मुख्तार अंसारी के विधायक बेटे की जमानत अर्जी खारिज की

*विवादित बयान के बाद दर्ज हुए मुकदमे को खारिज करने का मामला*

प्रयागराज 01 Feb,  (एजेंसी)। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने पूर्वांचल के माफिया मुख्तार अंसारी के विधायक बेटे अब्बास अंसारी की जमानत अर्जी खारिज कर दी है। हाईकोर्ट ने सुनवाई पूरी होने के बाद 17 जनवरी को फैसला सुरक्षित कर लिया था। विधानसभा चुनाव के दौरान विवादित बयान को लेकर अब्बास अंसारी पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया गया

अब्बास अंसारी ने विधान सभा चुनाव 2022 में मऊ में आयोजित रैली में विवादित बयान दिया था। कहा था कि प्रदेश में उनकी सरकार बनने पर अधिकारियों से हिसाब-किताब किया जाएगा। इस बयान को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की गई थी। इस मामले के खिलाफ अब्बास अंसारी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी और प्राथमिकी को रद्द करने की मांग की थी। जस्टिस दिनेश कुमार सिंह की सिंगल बेंच ने इस मामले की सुनवाई करते हुए बुधवार को अब्बास अंसारी की जमानत अर्जी को खारिज कर दिया है।

कोर्ट ने कहा यदि चार्जशीट से अपराध का खुलासा हो रहा हो तो हस्तक्षेप नहीं किया जा सकता। साक्ष्यों डद ट्रायल में विचार किया जायेगा। अब्बास अंसारी पर सार्वजनिक चुनावी सभा में अधिकारियों को लेकर विवादित बयान देने का आरोप है। याची के एडवोकेट उपेंद्र उपाध्याय का कहना था कि धारा 153 के तहत याची के खिलाफ कोई अपराध नहीं बनता। यह धारा बयान से दो समुदायों के बीच वैमनस्यता फैलाने पर लागू होती है। याची के बयान में सामुदायिक वैमनस्यता फैलाने के तत्व नहीं होते हैं। शेष धाराएं जमानती अपराध की राजनीति से प्रेरित होकर दर्ज कराई गई हैं। इसलिए कार्यवाही रद्द की जाय। राज्य सरकार की तरफ से कहा गया कि याची के बयान कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने वाले, समुदाय को धमकाने वाले हैं, जिसमें राहत नहीं दी जा सकती। अब्बास अंसारी ने पिछले विधान सभा चुनाव के दौरान मऊ में आयोजित रैली में प्रदेश में सरकार बनने पर अधिकारियों को 6 माह तक तबादला न कर उनसे हिसाब-किताब करने का विवादित बयान दिया था। इस पर कोतवाली मऊ में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की गई थी।

******************************

 

 

न्यूजीलैंड के साथ शृंखला का अंतिम टी20 आज

*निर्णायक मुकाबले में भारत की नजरें शीर्ष क्रम पर*

अहमदाबाद,01 फरवरी (एजेंसी)। भारतीय टीम बुधवार को यहां तीसरे और निर्णायक टी20 अंतर्राष्ट्रीय में जब न्यूजीलैंड से भिड़ेगी तो मेजबान देश के शीर्ष क्रम के युवा बल्लेबाजों पर अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव होगा।

रोहित शर्मा, विराट कोहली और लोकेश राहुल जैसे अनुभवी खिलाडिय़ों की गैरमौजूदगी में शुभमन गिल, इशान किशन और राहुल त्रिपाठी की तिकड़ी मौकों का फायदा उठाने में नाकाम रही है।

बुधवार को होने वाले मुकाबले के बाद भारत लंबे समय तक टी20 अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले नहीं खेलेगा जिसके चलते युवा खिलाडिय़ों के पास ऑस्टेलिया के खिलाफ टेस्ट शृंखला से पहले अपनी छाप छोडऩे का अंतिम मौका है।

बांग्लादेश में दोहरा शतक जडऩे के बाद से इशान बल्लेबाजी में लय हासिल करने में नाकाम रहे हैं जबकि टर्न होती गेंद के खिलाफ गिल को भी परेशानी का सामना करना पड़ा है।

गिल एकदिवसीय प्रारूप की फॉर्म को टी20 में दोहराने में विफल रहे हैं। नियमित रूप से तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले कोहली की गैरमौजूदगी में मिले मौकों का त्रिपाठी फायदा नहीं उठा पाए हैं।

रविवार को सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या की पारियों ने भारत बड़ी मुश्किल से 100 रन के लक्ष्य को हासिल करने में सफल हो पाया।

श्रृंखला की पिचें समीक्षा के दायरे में हैं और देखना होगा कि नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खिलाडिय़ों को एक बार फिर स्पिन की अनुकूल पिच का सामना करना पड़ता है या नहीं।

***************************

 

बबीता फोगाट जांच समिति में

*कुश्ती विवाद*

नयी दिल्ली,01 फरवरी (एजेंसी)। राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता पहलवान बबीता फोगाट भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के खिलाफ विभिन्न आरोपों की जांच के लिये गठित समिति में शामिल की गई हैं।

खेल मंत्रालय द्वारा गठित समिति महासंघ और उसके अध्यक्ष के खिलाफ यौन दुराचार, उत्पीडऩ, धमकी देना, वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं की जांच कर रही है।

विनेश फोगाट, बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक और रवि दहिया जैसे नामी पहलवानों ने ये आरोप लगाये हैं।

इस समिति में महान मुक्केबाज एम सी मेरीकोम, पूर्व पहलवान योगेश्वर दत्त, पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी तृप्ति मुरगुंडे भी शामिल हैं। खेलमंत्री अनुराग ठाकुर द्वारा समिति गठित किये जाने की घोषणा के बाद पहलवानों ने जंतर मंतर पर अपना धरना खत्म किया था। बाद में हालांकि पहलवानों ने कहा था कि समिति का गठन करने से पहले उनसे सलाह नहीं ली गई थी।

*******************************

 

म्यूजिक वीडियो ‘जंगल में मंगल’ की रिकॉडिंग सम्पन्न

01.02.2023  –  क्वीन स्टार इंटरटेनमेंट प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही म्यूजिक वीडियो ‘जंगल में मंगल’ की रिकॉडिंग म्यूजिक डायरेक्टर राजा अली के संगीत निर्देशन में पिछले दिनों इशरत पठान के स्वर में सम्पन्न हुई।

इस म्यूजिक वीडियो के गाने इशरत पठान ने ही लिखे हैं। इसमें मॉडल माही खान अभिनय करने वाली है। विदित हो कि सिंगर इशरत पठान को गाना गाने और लिखने का शौक बचपन से है।

यह इशरत के लिए एक कुदरती उपहार है। उनके परिवार में कोई भी फिल्म इंडस्ट्री से नहीं है लेकिन जब वह दिल्ली से मुम्बई आई और अपने लिखे गीत फिल्म लाइन से जुड़े कुछ लोगों को सुनाया तो सबने उनके गानों को बेहद पसंद किया और काफी प्रोत्साहित किया।

साथ ही इशरत पठान को गीत लेखन और गायन के क्षेत्र में तकदीर आज़माने की सलाह दी, फिर तक़दीर ने साथ दिया या यूं कहें उपरवाले की मर्जी थी जो उन्हें इस मुकाम पर ले आयी, प्रतिफलस्वरूप म्यूजिक वीडियो    ‘जंगल में मंगल’ सामने आ पाया है।

स्वर कोकिला लता मंगेशकर को इशरत अपना आदर्श मानती हैं। मशहूर संगीतकार और गायक बप्पी दा और उषा उत्थुप के गाने और उनके गाने की कला इशरत को बेहद प्रभावित करती है।

गजल, शायरी और कविता लेखन में निपुण इशरत पठान का एक और गीत ‘देवा ओ देवा’ भी बहुत जल्द ही

संगीतप्रेमियों तक पहुँचने वाला है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

**********************************

 

छोटे कारोबारियों को बड़ी सौगात, ब्याज पर मिली 1प्रतिशत छूट- मोबाइल और टीवी होंगे सस्ते

नई दिल्ली 01 फरवरी (एजेंसी)।  वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस बार के बजट में छोटे कारोबारियों को बड़ी राहत दी है।

छोटे कारोबारियों को ब्याज पर 1प्रतिशत छूट का ऐलान किया गया है।

इसके साथ ही केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि मोबाइल और टीवी के दाम सस्ते होंगे।

साथ ही खिलौने और साइकिलों के दाम भी कम होंगे।

******************************

 

डिजिटल इंडिया पर जोर, गांव-गांव में ई-लाइब्रेरी, ई कोर्ट का ऐलान

नई दिल्ली 01 फरवरी (एजेंसी)। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का आखिरी पूर्ण बजट पेश कर रही हैं। यह भारत के लिए बड़ी सफलता है।

उन्होंने कहा कि देश की इकॉनमी का आकार बढ़ा है और हम दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गए हैं। वित्त मंत्री ने कहा कि यह अमृतकाल का पहला बजट है।

बीते कुछ सालों में हमने इकॉनमी को मजबूत करने के लिए जो नींव रखी थी, अब उस पर मजबूत इमारत खड़ा करने का मौका है।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट में डिजिटल इंडिया पर जोर है। उन्होने कहा है कि देश के हर राज्य व हर गांव-गांव में ई-लाइब्रेरी होंगी, वहीं देश में ई कोर्ट का भी ऐलान किया गया है।

***************************

 

सुपर स्पीड से भागेगी भारतीय ट्रेन, निर्मला सीतारमण ने जारी किया रेलवे के लिए 2.4 लाख करोड़ का बजट

नई दिल्ली 01 फरवरी (एजेंसी)। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण वित्त वर्ष 2023-24 का आम बजट संसद में पेश कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि दुनिया में मंदी के माहौल में भी भारत की आर्थिक ग्रोथ 7 फीसदी तक रहने का अनुमान है। वहीं बजट में रेलवे के लिए 2.4 लाख करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया है।

रेलवे की नई योजनाओं के लिए 75000 करोड़ रुपये का फंड आवंटित किया जाएगा। रेलवे में 100 नई अहम योजनाओं की शुरुआत की जाएगी।

***************************

 

एजुकेशन सेक्टर को बूस्ट, 157 नर्सिंग कॉलेज खोलने का ऐलान- टीचरों को भी तोहफा

नई दिल्ली 01 फरवरी (एजेंसी)। संसद के बजट सत्र में आज देश का आम बजट पेश कर दिया गया है। इस बार के बजट में एजुकेशन सेक्टर के लिए भी बड़ा ऐलान किया गया है।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शिक्षा के लिए ऐलान करते हुए कहा कि देश में शिक्षकों की ट्रेनिंग के लिए नए प्रोग्राम शुरू किए जाएंगे।

इसके अलावा 157 नए नर्सिंग कॉलेज का ऐलान किया गया है। इसके अलावा नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी को पंचायत और वार्ड लेवल तक खोला जाएगा।

प्रादेशिक और अंग्रेजी भाषा में किताबे दी जाएंगी। एनजीओ के साथ मिलकर साक्षरता पर काम किया जाएगा। इसके अलावा एकलब्य स्कूलों के लिए 38800 शिक्षक-कर्मचारी की नियुक्ति की जाएगी।

*******************************

 

बजट से पहले शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स & 450 अंक उछला- निफ्टी भी मजबूत

मुंबई 01 फरवरी(एजेंसी)। बजट 2023 पेश होने में कुछ समय बचा है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सुबह 11 बजे संसद में बजट भाषण शुरू करेंगी। वहीं इससे पहले भारतीय शेयर बाजार गुलजार नजर आ रहा है।

सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ने तेज शुरुआत की है। वहीं रुपया मामूली गिरावट के साथ डॉलर के मुकाबले 81.77 रुपये पर खुला। रुपये में 0.18 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

सेंसेक्स में बुधवार को बाजार खुलते समय करीब 450 अंकों तक की बढ़त दिखी। फिलहाल यह 413 अंकों की बढ़त के साथ 59,963 अंकों पर कारोबार करता दिख रहा है।

वहीं निफ्टी 107 अंकों की बढ़त के साथ 17707 अंकों पर कारोबार कर रहा है। इससे पहले बुधवार को सेंसेक्स 451.27 अंकों की बढ़त के साथ 60,001.17 अंकों के लेवल पर खुला। वहीं निफ्टी में 17,811.60 अंकों के लेवल पर कारोबार शुरू हुआ।

*************************

 

फरक्का में अडानी पावर की हाई-टेंशन बिजली लाइनों के खिलाफ कलकत्ता हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर

कोलकाता 01 Feb, (एजेंसी): पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के फरक्का में अडानी समूह के स्वामित्व वाले बिजली संयंत्र द्वारा हाई-टेंशन बिजली लाइनों की स्थापना के खिलाफ मंगलवार को कलकत्ता हाईकोर्ट की एक खंडपीठ में एक जनहित याचिका (पीआईएल) दायर की गई है। झारखंड के गोड्डा जिले से बांग्लादेश तक फैली एक परियोजना के हिस्से के रूप में अडानी समूह के स्वामित्व वाले बिजली संयंत्र द्वारा द्विपक्षीय व्यापार समझौते के तहत हाई-टेंशन बिजली लाइनें स्थापित की जा रही थीं।

मुख्य न्यायाधीश प्रकाश श्रीवास्तव और न्यायमूर्ति राजर्षि भारद्वाज की खंडपीठ ने एसोसिएशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ डेमोक्रेटिक राइट्स (एपीडीआर) और फरक्का क्षेत्र के 30 फल किसानों द्वारा दायर याचिका को स्वीकार कर लिया। मामले की सुनवाई सात फरवरी को होगी।

याचिकाकर्ताओं ने जनहित याचिका में कहा है कि जिस इलाके से हाईटेंशन बिजली की लाइनें गुजरेंगी, वहां ज्यादातर लोग आम और लीची की खेती पर निर्भर हैं, ओवरहेड लाइनें उनकी आजीविका को प्रभावित करेंगी।

उनका दावा है कि ये हाई-टेंशन बिजली की लाइनें आम और लीची के बागानों के ऊपर से गुजर रही हैं और इसलिए उनके स्थान को वैकल्पिक क्षेत्रों में बदल दिया जाना चाहिए।

उन्होंने यह भी दावा किया है कि पहले भी उन्होंने इस घटनाक्रम का विरोध किया था और इसके लिए पुलिस ने उन्हें पीटा था।

*******************************

 

Budget में किसानों को मिला तोहफा, वित्त मंत्री ने किया श्री अन्न योजना का ऐलान

नई दिल्ली 01 Feb,. (एजेंसी): वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्त वर्ष 2023-24 के आज बजट को पेश करते हुये इसे अमृत काल का पहला बजट बताया और कहा कि यह समग्र विकास का बजट है जिसके परिणाम सभी देशवासियों तक पहुंचाने की कोशिश है। सीतारमण ने यहां लोकसभा में बजट भाषणा का शुभारंभ करते हुये कहा कि चालू वित्त वर्ष में विकास दर सात प्रतिशत रहने का अनुमान है। वैश्विक स्तर पर आर्थिक सुस्ती के बावजूद भारत दुनिया का सबसे तेजी से बढ़ने वाला अर्थव्यवस्था है। इस आखिरी पूर्ण बजट में कृषि और किसानों पर जोर दिया गया है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2023 पेश करते हुए कृषि क्षेत्र और किसानों को समृद्ध बनाने के लिए कई घोषणाएं कीं।

वित्त मंत्री ने कहा कि बाजरा, कोदो, सामा जैसे मोटे अनाज को बढ़ावा देने के लिए श्री अन्न योजना शुरू की जाएगी जिससे हम परंपरा में शामिल अच्छा स्वास्थ्य देने वाला भोजन कर सकें और दुनिया को भारत की परंपरा से अवगत करा सकें। उन्होंने कहा कि किसानों को प्रोत्साहित करे और उनकी मदद के लिए राष्ट्रीय मिलेट्स् संस्थान का गठन किया जाएगा। वित्त मंत्री ने कहा कि कृषि क्षेत्र के लिए स्टोर क्षमता भी बढ़ाई जाएगी।

इसमें एग्रिकल्चर एक्सलरेटर फंड की स्थापना की बात कही। होर्टिकल्चर और मत्स्य पालन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। साथ ही सहकार से समृद्धि की भी बात कही। वित्त मंत्री ने 63,000 पैक्स के डिजिटाइजेशन के साथ-साथ पैक्स के लिए मॉडल बाईलॉज बनाने की भी बात कही। वित्त मंत्री ने कहा कि कृषि क्षेत्र के लिए डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर की स्थापना की जायेगी, जो किसानों से जुड़ी समस्याओं को दूर करने में मददगार साबित होगा।

*************************

 

पीएम आवास योजना के लिए बजट में इजाफा, 79 हजार करोड़ होंगे जारी

नई दिल्ली 01 Feb, (एजेंसी): वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने बजट भाषण के दौरान देश की जनका को किफायती घर मुहैया करने के लिए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि पीएम आवास योजना का बजट आवंटन पहले की तुलना में 66 फीसदी बढ़ा दिया गया है। इसके बाद अब ये बजट बढ़कर 79,000 करोड़ रुपये से ज्यादा कर दिया गया है।

बता दें कि वित्त वर्ष 2022-23 में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) हेतु 48,000 करोड़ रुपये का आवंटन किया था। प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य देश के सभी लोगों को अपना घर देना है। इस योजना के तहत सरकार उन लोगों को घर बनाने के लिए राशि देती है जिनके पक्के घर नहीं हैं।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हर वित्त वर्ष में अलग-अलग लक्ष्य भारत सरकार और राज्य सरकार से आवंटित किए जाते हैं। पात्रता की बात करें तो इस योजना के तहत गरीब परिवारों को मकान आवंटित किए जाते हैं। इसमें उन लोगों को घर दिया जाता है, जिनके पास पक्का मकान न हो। आवास योजना के तहत लिस्ट तैयार करते समय ये चेक किया जाता है कि लाभार्थी के पास कोई मोटर युक्त दुपहिया या तिपहिया वाहन तो नहीं है। इसके साथ ही अन्य कई मानक तय किए गए हैं।

**********************

 

पहचान पत्र माना जाएगा PAN कार्ड, वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने की बड़ी घोषणा

नई दिल्ली 01 Feb, (एजेंसी): वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण वित्त वर्ष 2023-24 का आम बजट संसद में पेश कर रही हैं। इस दौरान वित्त मंत्री ने बजट में डिजिटल इकॉनमी को बढ़ावा देने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि डिजिलॉकर के इस्तेमाल में इजाफा किया जाएगा। बजट 2023 में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पैन कार्ड को नई पहचान दे दी है। पैन कार्ड का इस्तेमाल सभी के लिए कॉमन होगा। अब पहचान पत्र के रूप में पैन कार्ड का इस्तेमाल कर सकते हैं। कारोबार की शुरुआत भी पैन कार्ड से ही हो सकती है।

बता दें कि आयकर विभाग हर भारत के प्रत्येक व्यक्ति के लिए पैन कार्ड जारी करता है। पैन की मदद से इनकम टैक्स का भुगतान करने वाले व्यक्ति का पता चलता है। ऐसे में इनकम टैक्स रिटर्न, म्यूचुअल फंड लेने और लोन के आवेदन के लिए पैन कार्ड काफी जरूरी होता है।

पैन कार्ड को भारतियों के लिए एक पहचान पत्र के रूप में माना जाता है। कुछ कार्यों के लिए पैन कार्ड होना अनिवार्य है जैसे, इनकम टैक्स रिटर्न, म्यूचुअल फण्ड निवेश, लोन के अप्लाई करना और आदि। हालांकि, पैन कार्ड जारी करने का मुख्य उद्देश्य सभी की वित्तीय जानकारी रखना है ताकि टैक्स संबंधित लक्ष्य पूरे हो सकें।

*******************************

 

निमृत कौर अहलूवालिया बनी बिग बॉस 16 के फिनाले में पहुंचने वाली पहली कंटेस्टेंट

01.02.2023 –  टेलीविजन अभिनेत्री निमृत कौर अहलूवालिया विवादित रिएलिटी शो बिग बॉस 16 के फिनाले में पहुंचने वाली पहली प्रतियोगी हैं। वह नवीनतम एपिसोड में एक टास्क के दौरान टिकट टू फिनाले को सुरक्षित रखने में सफल रहीं।

लेटेस्ट एपिसोड में बिग बॉस ने सभी कंटेस्टेंट को एक-एक करके बुलाया और उनसे उस कंटेस्टेंट का नाम बताने को कहा जिसे वे कंट्रोल करना चाहते हैं। प्रियंका और शालिन दोनों ने शिव ठाकरे का नाम लिया। बाद में टिकट टू फिनाले को लेकर टास्क शुरू हुआ।

प्रतियोगियों को एक रिमोट-कंट्रोल टास्क खेलना था, जहां बगीचे में एक टेलीविजन सेट रखा गया था, जिसमें प्रतियोगियों को दिखाया गया था और घर का मालिक उस प्रतियोगी का चयन करेगा, जिसे कप्तानी की दौड़ से किसी को बाहर करने का मौका मिलता है।

प्रियंका और एमसी स्टेन किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचे तो बिग बॉस ने कार्य समाप्त कर दिया। निमृत कप्तान बनी हुई हैं और फिनाले वीक में पहुंचने वाली पहली व्यक्ति बन गई हैं।

बिग बॉस 16 के वर्तमान प्रतियोगी निमृत कौर, शालिन भनोट, सुम्बुल तौकर, प्रियंका चाहर, शिव ठाकरे, एमसी स्टेन और अर्चना गौतम हैं।कलर्स शो का फिनाले 12 फरवरी को होगा।

******************************

 

कटआउट थाई स्लिट ड्रेस में नेहा भसीन लगीं बेहद हॉट

*तस्वीरों में फ्लॉन्ट किया हाथ पर बना स्कॉर्पियो टैटू*

01.02.2023 – बिग बॉस सीजन 15 की एक्स कंटेसटेंट और बॉलीवुड सिंगर नेहा भसीन इन दिनों अपने बोल्ड फोटोज और वीडियोज से सोशल मीडिया का पारा गर्म करने में लगी हुई हैं। नेहा भसीन जब भी अपनी तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट करती हैं तो वो चंद ही मिनटों में सुर्खियां बटौरने लगती हैं।

हाल ही में नेहा का लेटेस्ट ग्लैमरस लुक ने एक बार फिर इंटरनेट पर तूफान ला दिया है। नेहा भसीन ने हाल ही में अपने लेटेस्ट फोटोशूट के दौरान की कुछ तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर की हैं। इन तस्वीरों में नेहा भसीन का हॉट अवतार देख कर फैंस उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं।

नेहा भसीन ने अपनी लेटेस्ट तस्वीरों में हॉल्टर नेकलाइन सिल्वर कलर की थाई स्लिट ड्रेस पहनी हुई है। सिंगर नेहा अपने इस आउटफिट में बेहद ही सिजलिंग और हॉट दिखाई दे रही हैं। उनकी इन तस्वीरों को देख कर फैंस एक बार फिर से उनकी अदाओं पर क्लीन बोल्ड हो गए हैं। ओपन हेयर और ग्लॉसी मेकअप के साथ नेहा भसीन ने अपने आउटलुक को कंप्लीट किया है।

इन तस्वीरों में नेहा भसीन अपना परफेक्ट फिगर, क्लीवेज और हाथ पर बना स्कॉर्पियो टैटू फ्लॉन्ट करते हुए हॉट फोटोशूट करवा रही हैं। नेहा भसीन इन दिनों भले ही ज्यादा काम करती हुई नहीं नजर आ रही हो लेकिन वो सोशल मीडिया पर आए दिन फैंस के साथ जुड़ी हुई रहती हैं।

बता दें कि नेहा भसीन सोशल मीडिया लवर हैं और आए दिन फैंस के बीच अपनी सिजलिंग और बोल्ड तस्वीरें शेयर करती रहती हैं, जिसमें फैंस अपनी प्रतिक्रियाएं भी देते हैं।

*************************

विटामिन- ए की कमी को दूर करने के लिए खांए ये फल

01.02.2023  –  अगर शरीर में पर्याप्त मात्रा में विटामिन- ए मौजूद हो तो यह फेफड़ों को कई तरह की समस्याओं से बचाए रखने में मदद कर सकता है। इसके अतिरिक्त, यह अग्नाश्य और आंतों को स्वस्थ रखने में भी सहायक है। आमतौर पर लोग विटामिन- ए की कमी को दूर करने के लिए सप्लीमेंट्स का सहारा लेते हैं, लेकिन आप चाहें तो कुछ फलों के सेवन से भी इसकी कमी दूर कर सकते हैं। आइए ऐसे ही कुछ फलों के बारे में जानते हैं। चकोतराचकोतरा संतरे की तरह दिखने वाला फल है, जिसका अंदरूनी भाग गुलाबी रंग का होता है। यह फल विटामिन- सी और फोलेट के साथ-साथ विटामिन- ए का अच्छा स्त्रोत है, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूती देने से लेकर आंतों को स्वस्थ रखने में मदद कर सकते हैं। इसलिए चकोतरा को डाइट में शामिल करना फायदेमंद साबित हो सकता है।

बता दें कि एक मध्यम आकार का चकोतरा खाने से लगभग 143 एमसीजी विटामिन- ए मिल सकता है। गोजी बेरीजगोजी बेरीज विटामिन- ए का बेहतरीन स्त्रोत है, इसलिए इसका सेवन फेफड़ों और आंतों में रोग पैदा करने वाले बैक्टीरिया से लडऩे में मदद कर सकता है। इसके अलावा, गोजी बेरीज में ओमेगा-3 और ओमेगा-6 फैटी एसिड भी अच्छी मात्रा में मौजूद होते हैं, जो मस्तिष्क, हृदय और रक्त वाहिकाओं के लिए अच्छे होते हैं। बता दें कि आधी कटोरी गोजी बेरीज में लगभग 26,822 आइयू विटामिन- ए होता है, इसलिए इसे भी डाइट में जरूर शामिल करें।

पपीतास्वाद में मीठा और रसीला पपीता एक बारहमासी फल है यानी आपको हर मौसम में यह आसानी से बाजार में मिल सकता है और इस फल में भरपूर मात्रा में विटामिन- ए पाया जाता है। बता दें कि 100 ग्राम पपीता में करीब 1000 आइयू विटामिन- ए पाया जाता है। ऐसे में विटामिन- ए की पूर्ति के लिए इस स्वास्थ्यवर्धक फल को एक अच्छे विकल्प के तौर पर डाइट में शामिल किया जा सकता है।

आड़ूशरीर से विटामिन- ए की कमी को दूर करने में आड़ू का सेवन भी मदद कर सकता है क्योंकि यह भी विटामिन- ए से समृद्ध होता है। इसके अतिरिक्त, आड़ू में फाइबर के साथ कई तरह के एंटी-ऑक्सीडेंट भी मौजूद होते हैं, जो शरीर में गैस्ट्रिक एंजाइम के उत्पादन को सुविधाजनक बनाकर पाचन क्रिया को बेहतर बनाने का काम करते हैं।

इसके साथ ही आड़ू में शामिल एंटी-माइक्रोबियल गुण पाचन संबंधित समस्याओं से भी निजात दिलाने में सहायक साबित हो सकते हैं।

आजकल मार्केट कई तरह के विटामिन- ए सप्लीमेंट्स मौजूद हैं, लेकिन भूल से भी डॉक्टरी सलाह के बिना उनका सेवन न करें क्योंकि गलत एमजी के विटामिन- ए सप्लीमेंट्स स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने का कारण बन सकते हैं।

********************************

 

मोबाइल फोन के ज्यादा इस्तेमाल से दिमाग पर पड़ सकते हैं ये 5 नकारात्मक प्रभाव

01.02.2023 – आज के समय में मोबाइल फोन जीवन की हर समस्या का समाधान बन गया है। आप चाहें अपने मन को बहला रहे हों या गणित के मुश्किल सवालों का हल खोज रहे हों, मोबाइल के पास सभी सवालों के जवाब हैं। इसी वजह से लोग मोबाइल उपकरणों पर ज्यादा निर्भर हो गए हैं। हालांकि, मोबाइल फोन का ज्यादा इस्तेमाल करने से आपके दिमाग पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।

आइए इसके पीछे के विज्ञान को समझते हैं। कॉग्निटिव क्षमता को कर सकता है खराबशोध से पता चला है कि मोबाइल आपकी अनुभूति पर खराब प्रभाव डाल सकता है। यह विचार, अनुभव और इंद्रियों के माध्यम से ज्ञान प्राप्त करने और लागू करने की प्रक्रिया है। दरअसल, मोबाइल के वजह से अब मानसिक रूप से संख्याओं की गणना करने, चीजों को याद रखने या किसी रास्ते को भी याद रखने की जरूरत नहीं है। इसी वजह से आप अपने दिमाग पर काम नहीं करते हैं, जिससे कॉग्निटिव क्षमताएं धीरे-धीरे कम हो जाती हैं।

सामाजिक और भावनात्मक स्किल्स पर डालता है नकारात्मक प्रभाववास्तविक दुनिया की समस्याओं के लिए वास्तविक दुनिया के समाधानों की ही जरूरत होती है, न कि डिजिटल समाधान की। इसी लिए हर छोटी या बड़ी असुविधा के लिए मोबाइल पर निर्भर न रहें क्योंकि यह आपकी स्किल्स को कमजोर कर सकता है। मोबाइल का इस्तेमाल तब एक समस्या बन जाता है, जब यह आपकी व्यावहारिक गतिविधियों और दूसरों के साथ बातचीत को कम कर देता है। ऐसा इसलिए क्योंकि इससे समस्या को सुलझाने की स्किल्स कम हो जाती हैं।

नींद के पैटर्न को कर सकता है खराबयदि आप ध्यान देंगे तो आपको पता चलेगा कि सोने से पहले मोबाइल फोन का इस्तेमाल वास्तव में आपकी नींद की गुणवत्ता और इसकी साइकिल को खराब कर देता है। यह देर रात तक सोशल मीडिया फीड चेक करने से ही नहीं है, बल्कि मोबाइल फोन से निकलने वाली खतरनाक नीली रोशनी के कारण ज्यादा होता है। ऐसा इसलिए क्योंकि यह आपके मेलाटोनिन के स्तर को गंभीर रूप से कम कर सकता है, जो नींद लाने में मदद करता है। मानसिक रूप से बना सकता है आलसीअब आपको अपने प्रोजेक्ट्स को पूरा करने के लिए मोबाइल फोन पर केवल एक टच करने की जरूरत है, न कि लाइब्रेरी जाकर किताबों को खोजने और उन्हें पढऩे की।

इसके अलावा अब आपको अपने प्रियजनों के फोन नंबर भी याद रखने की कोई जरूरत नहीं होती क्योंकि वह सभी फोन में सेव होते हैं। इन्हीं कारणों से लोग मोबाइल पर ज्यादा निर्भर हो गए हैं, जिसका मानसिक स्वास्थ्य पर खराब असर होता है और यह आलसी बना देता है।

आंखों को भी प्रभावित कर सकता है मोबाइलयदि आप अपने फोन को बिना किसी रुकावट के लंबे समय तक लगातार पास से देखते हैं तो यह मायोपिया का कारण बन सकता है। मायोपिया एक ऐसी आंख की बीमारी है, जिसमें आप पास की चीजों को तो स्पष्ट रूप से देख सकते हैं, लेकिन दूर की चीजें धुंधली दिखाई देती हैं। महामारी के बाद से लोगों के स्क्रीन टाइम में तेजी से वृद्धि हुई है, जो आंखों के स्वास्थ्य के लिए एक चिंता का विषय है।

**************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज आपका दिन अच्छा रहेगा। आप अपने खर्चों पर कंट्रोल करने की कोशिश करेंगे। प्रेमी के साथ विचारों को साफ प्रकट करने से गलतफ़हमियां दूर होंगी। आने वाले समय में आपकी महत्वकांक्षाएं और बढ़ सकती हैं। कुछ नई जिम्मेदारियां भी आपको जल्द ही मिल सकती हैं। बेरोजगार हैं तो आपको अपनी मनपसंद की कंपनी में इंटरव्यू के लिए बुलाया जा सकता है। आपके जीवन की बहुत सारी परेशानियों का हल निकलेगा। स्वास्थ्य सुधार होगा।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वु, वे, वो)

आपका दिन मनोनुकूल रहेगा। बच्चे आपको कोई शुभ समाचार देंगे, जिससे परिवार के सभी सदस्य खुश हो जायेंगे। आपका स्वास्थ्य बेहतर रहेगा। आपको अपनी मेहनत का फल जरूर मिलेगा। रचनात्मक कार्यों में आपका नाम होगा और आपको प्रसिद्धि भी मिलेगी। आपके मन की इच्छा पूरी होगी। आर्थिक मामलों में आपको लाभ मिलेगा। भविष्य को बेहतर बनाने के लिए आप नये कदम उठायेंगे। आपको लोगों का सहयोग मिलता रहेगा।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आपका दिन ठीक-ठाक रहेगा। आप ज्यादा समय परिवार वालों के साथ बिता सकते हैं। आपके लिए कोई फैसला करना थोड़ा कठिन हो सकता है। आपका पैसा कहीं अटक सकता है। बढ़ता खर्च आपको थोड़ा परेशान कर सकता है। आप जीवनसाथी के साथ कोई मन की बात शेयर कर सकते हैं। किसी काम में अनुमान से ज्यादा ही मेहनत और समय लग सकता है। विद्यार्थियों के लिए दिन बहुत अच्छा है, आपका पूरा ध्यान पढ़ाई में लगा रहेगा।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आपका दिन मिला-जुला रहेगा। किसी दूर के रिश्तेदार से आपकी मुलाकात हो सकती है, जिससे आपका मन प्रसन्न हो जाएगा। आपको पारिवारिक विवादों से बचने की कोशिश करना चाहिए। बातचीत करते समय आपको अपने वाणी पर संयम रखना चाहिए। इस राशि के इंजीनियर्स के लिए दिन फायदेमंद रहेगा। मेहनत करने पर आपका काम सफल हो जायेंगे। धन- धान्य में बढ़ोतरी होगी।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज आपका दिन अच्छा रहेगा। आप अपने कार्यक्षेत्र में बेहतर ढंग से काम कर सकते हैं। आपको किसी सामाजिक कार्यों में शामिल होने का मौका मिल सकता है। मेहनत से काम में आपको सफलता मिलेगी। इस राशि के कॉलेज के विद्यार्थियों को नयी गतिविधियों में शामिल होने का मौका मिल सकता है। किसी निजी काम पर अधिक पैसा खर्च कर सकते हैं या कहीं से आते हुए पैसे में भी रूकावटे आ सकती है। इसलिए किसी भी तरह के लेन देन से बचें।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आपका दिन शानदार रहेगा। इस राशि के जो लोग समाज सेवा से जुड़े हैं, उनकी आय में बढ़ोतरी होने के योग बन रहे हैं। आपको परिवार से जुड़ी कई जिम्मेदारियां भी निभानी पड़ेंगी, जो कि आप अच्छे से संभाल लेंगे। साथ काम करने वाले लोगों से आपको मदद मिलेगी। दोस्तों की मदद से आपकी प्लानिंग सक्सेस होगी। प्रेमी से उपहार मिलेगा, जिससे रिश्तें और मजबूत होंगे। बिजनेस में मनचाही सफलता मिलेगी।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आप अपने व्यक्तित्व को निखारने की कोशिश कर सकते हैं। आपका अच्छा व्यक्तित्व समाज में अलग पहचान बनाने में आपकी मदद करेगा। पैसों की चिंता आपको थोड़ा परेशान कर सकती है। आपके कुछ काम समय से पूरे ना होने में परेशानी आ सकती है, इसलिए अपना पूरा ध्यान काम पर बनाये रखें। ऑफिस में कामकाज थोड़ा ज्यादा हो सकता है, इससे बिल्कुल परेशान ना हो। दाम्पत्य जीवन में खुशियां बनी रहेगी। सेहत का खास ख्याल रखें।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आपका दिन बेहतरीन रहने वाला है। सरकारी नौकरी कर रहे लोगो के प्रमोशन की बात हो सकती है। इस राशि के व्यापारी वर्ग को अचानक से कोई बड़ा धन लाभ हो सकता है, जिससे आपको बहुत खुशी महसूस होगी। अगर आप डेकोरेशन बुकिंग का काम करते हैं, तो आपको किसी बड़ी पार्टी से बुकिंग का आदेश मिल सकता है। आपका आर्थिक पक्ष पहले की अपेक्षा अधिक मजबूत होगा। दिन बहुत अच्छा बीतेगा।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आपका दिन बेहतरीन रहेगा। किसी व्यक्ति से आपको उम्मीद से अधिक फायदा होगा। घर के किसी काम को पूरा करने में बड़े-बुजुर्ग की राय आपके लिए कारगर साबित होगी। इस राशि के प्रेमियों के लिए दिन बढिय़ा है आपको साथ समय बिताने का मौका मिलगा। थोड़ी मेहनत से किसी बड़े धन लाभ का अवसर आपको प्राप्त होगा। कार्यों में माता-पिता सहयोग आपको तरक्की की राह पर ले जायेगा।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आपका दिन उत्तम रहेगा। आपकी जिंदगी में होने वाला बदलाव आपके फेवर में रहेगा। इस राशि के विद्यार्थियों के लिए दिन अनुकूल रहेगा, किसी नये कोर्स को ज्वॉइन करने के लिए दिन शुभ है। आप दोस्तों के साथ खुशियां मनाएंगे। अचानक धन लाभ होने के योग बन रहे हैं। इस राशि के बच्चों का पढ़ाई में मन लगेगा। आपके सारे काम एक के बाद एक बनते जायेंगे। ऑफिस में प्रमोशन के योग बन रहे हैं।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आपका दिन महत्वपूर्ण रहेगा। आपका सोचा हुआ काम अचानक से पूरा हो जाएगा। आपकी आर्थिक स्थिति में काफी सुधार आएगा। कार्यालय में अधिकारी आपके काम को देखकर खुश होंगे। इस राशि के प्रेमियों के लिए दिन अनुकूल रहेगा। ऑफिस में कार्य समय से पूरा कर लेंगे। आपको काम के नए अवसर जल्दी ही मिलेंगे। आपका आत्मविश्वास भी बढ़ा हुआ रहेगा। साथ ही दूसरों से उम्मीदें भी ज्यादा रहेंगी। दिन खुशी भरा बीतेगा।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आपका दिन सामान्य रहेगा। किसी काम को करते समय आपको अपने मन को शांत रखना चाहिए। आपका काम आसानी से सफल हो जायेगा। पैसों से जुड़े बड़े फैसले आपको सोच-समझकर लेने चाहिए। किसी काम में की गई मेहनत का पूरा फल आपको नहीं मिल पायेगा, जिससे आप थोड़े परेशान हो सकते हैं। किसी भी काम में जल्दबाजी करने से आपको बचना चाहिए। किस्मत के भरोसे आपको बिल्कुल नहीं रहना चाहिए आपको मेहनत कर के सफलता हासिल करनी चाहिये।

********************************

 

सरकार सभी के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध : निर्मला सीतारमण

नई दिल्ली 31 जनवरी ()। केन्‍द्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री  निर्मला सीतारमण ने संसद में ‘आर्थिक समीक्षा 2022-23’ पेश करते हुए बताया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा जिसे संयुक्त राष्ट्र एसडीजी (एसडीजी 4) के अंतर्गत लक्ष्य 4 के रूप में सूचीबद्ध किया गया है, का उद्देश्य 2030 तक ‘समावेशी और समान गुणवत्ता वाली शिक्षा सुनिश्चित करना है और सभी के लिए आजीवन सीखते रहने के अवसरों को बढ़ावा देना’ है। इस संदर्भ में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (एनईपी) को 21वीं सदी की पहली शिक्षा नीति के रूप में निर्धारित किया गया था, जिसका लक्ष्य देश की कई बढ़ती विकास संबंधी आवश्यकताओं का पता लगाना था।

यह नीति शिक्षा ढांचे के सभी पहलुओं में संशोधन और सुधार के लिए बनायी गई है। वित्त वर्ष 22 में सकल नामांकन अनुपात (जीआईआर) में सुधार और लिंग समानता में सुधार देखा गया। 6 से 10 वर्ष की आयु के लड़के-लड़कियों की जनसंख्या के प्रतिशत के रूप में कक्षा 1 से 5 के प्राथमिक नामांकन में वित्त वर्ष 22 में सकल नामांकन अनुपात में सुधार हुआ। इस सुधार ने वित्त वर्ष 17 और वित्त वर्ष 19 के बीच गिरावट की प्रवृत्ति को उलट दिया है।

उच्च प्राथमिक स्तर पर सकल नामांकन अनुपात (11-13 वर्ष की आयु में जनसंख्या के प्रतिशत के रूप में छठी से आठवीं कक्षा में नामांकन), जो वित्त वर्ष 17 और वित्त वर्ष 19 के बीच स्थिर था, वित्त वर्ष 22 में सुधार हुआ। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तरों पर संबंधित आय़ु समूहों में लड़कियों का सकल नामांकन अनुपात लड़कों की तुलना में बेहतर है। वित्त वर्ष 22 में कुल मिलाकर 26.5 करोड़ बच्चे स्कूलो में नामांकित हुए और 19.4 लाख अतिरिक्त बच्चों को प्राथमिक से उच्चतर माध्यमिक स्तर तक नामांकित किया गया। वित्त वर्ष 22 में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (सीडब्ल्यूएसएन) का कुल नामांकन 22.7 लाख है, जबकि वित्त वर्ष 21 में यह 21.9 लाख था, जो 3.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।

पूर्व-प्राथमिक स्तर को छोड़कर सभी स्तरों अर्थात् प्राथमिक, उच्च-प्राथमिक, नामांकन 1.1 करोड़ से घटकर वित्त वर्ष 22 में 1.0 करोड़ हो गया। वर्ष के दौरान पूर्व-प्राथमिक स्तर पर लगभग 1.0 करोड़, प्राथमिक पर 12.2 , उच्च प्राथमिक पर 6.7 करोड़, माध्यमिक पर 3.9 करोड़ और उच्चतर माध्यमिक स्तर पर 2.9 करोड़ बच्चों का नामांकन हुआ। हाल के वर्षों में सभी स्तरों पर बच्चों के स्कूल छोड़ने की दर में लगातार गिरावट देखी गई।

लड़कियों और लड़कों दोनों के मामले में गिरावट देखी गई है। समग्र शिक्षा, शिक्षा का अधिकार अधिनियम, स्कूल के बुनियादी ढांचे और सुविधाओं में सुधार, आवासीय छात्रावास भवन, शिक्षकों की उपलब्धता, शिक्षकों का नियमित प्रशिक्षण, मुफ्त पाठ्यपुस्तकें, बच्चों के लिए यूनिफॉर्म, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण जैसी योजनाएं स्कूलों में नामांकन बढ़ाने और बच्चों की स्कूलों में पढ़ाई जारी रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।शिक्षकों की उपलब्धता, जिसे छात्र-शिक्षक अनुपात द्वारा मापा जाता है, संकेतक जो शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार से विलोम संबंध रखता है, में वित्त वर्ष 13 से वित्त वर्ष 22 की अवधि में लगातार सभी स्तरोः प्राथमिक स्तर पर 34.0 से 26.2, उच्च प्राथमिक में 23.0 से 19.6, माध्यमिक में 30.0 से 17.6 और उच्च माध्यमिक स्तर पर 39.0 से 27.1, तक की कमी हुई जिसके परिणाम स्वरूप शिक्षा के स्तर में सुधार हुआ।

स्कूलों की संख्य, शिक्षकों की उपलब्धता और स्कूलों में सुविधाओं के सुधार से नामांकन में सुधार होने और स्कूल छोड़ने (ड्रॉपआउट) की दरों में कम किए जाने की आशा है।वित्त वर्ष 23 के दौरान स्कूली शिक्षा के लिए शुरू किए गए विभिन्न कार्यक्रम और योजनाएं निम्नलिखित पैरा में प्रस्तुत की गई हैं। सरकार ने 7 सितंबर, 2022 को प्रधानमंत्री-स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया (उभरते भारत के लिए विद्यालय) नामक एक केन्द्र प्रयोजित योजना शुरू की गई। इस योजना के अंतर्गत, केन्द्र सरकार/राज्य सरकार/केन्द्र शासित प्रदेश सरकार/स्थानीय निकायों द्वारा प्रबंधित मौजूदा स्कूलों को मजबूत करके वित्त वर्ष 23 से वित्त वर्ष 27 तक 14,500 से अधिक पीएम श्री स्कूल स्थापित करने का प्रावधान है। यह स्कूल आधुनिक अवसंरचना एवं सुविधाओं से सुसज्ज्ति होंगे और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के कार्यान्वयन का निष्पादन करेंगे और समय के साथ-साथ आस-पड़ोस के अन्य स्कूलों को नेतृत्व प्रदान करते हुए अनुकरणीय स्कूलों के रूप में उभरेंगे।

इस योजना से 20 लाख से अधिक छात्रों को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है। मूलभूत स्तर की शिक्षा के लिए राष्ट्रिय पाठ्यक्रम ढांचा (नेशनल करिकुलम फ्रेमवर्क) को नए 5+3+3+4 करिकुलर स्ट्रक्चर के रूप में लांच किया गया है, जो 3 से 8 साल की उम्र के सभी बच्चों के लिए बचपन की देखभाल और शिक्षा को एकीकृत करता है।

49 केन्द्रीय विद्यालयों में 3+, 4+, और 5+, आयु वर्ग के छात्रों के लिए संज्ञानात्मक, भावात्मक और साइकोमोटर क्षमताओं को विकसित करने और प्रारंभिक साक्षरता और संख्यात्मकता पर ध्यान देने के साथ प्रोजेक्ट बालवाटिका, यानी ‘तैयारी कक्षा’ अक्टूबर 2022 में शुरू की गई थी।

*****************************

 

आसाराम को 2013 के बलात्कार मामले में उम्र कैद की सजा

अहमदाबाद,31 जनवरी (एजेंसी)। गांधीनगर की एक अदालत ने मंगलवार को स्वयंभू बाबा आसाराम को 2013 में एक पूर्व महिला शिष्य द्वारा दायर बलात्कार के एक मामले में दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

वर्तमान में जोधपुर जेल में बंद 81 वर्षीय आसाराम 2013 में राजस्थान में अपने आश्रम में एक नाबालिग लड़की से बलात्कार के एक अन्य मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। सत्र अदालत के न्यायाधीश डीके सोनी ने सजा पर दलीलें सुनने के बाद फैसला सुनाया।

अहमदाबाद के चांदखेड़ा थाने में दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, आसाराम ने 2001 से 2006 के बीच सूरत की रहने वाली महिला से कई बार बलात्कार किया, जब वह शहर के बाहरी इलाके मोटेरा में स्थित उसके आश्रम में रहती थी। अदालत ने सोमवार को इस मामले में आसाराम को दोषी ठहराया था।

अदालत ने अभियोजन के मामले को स्वीकार करते हुए आसाराम को भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (2) (सी), 377 (अप्राकृतिक यौनाचार) और अवैध रूप से बंधक बनाने से जुड़ी धाराओं के अलावा कई अन्य सुसंगत धाराओं के तहत दोषी ठहराया था। अदालत ने सबूतों के अभाव में आसाराम की पत्नी समेत छह अन्य आरोपियों को बरी कर दिया था।

**************************

 

ऐसा भारत बनाना है जो आत्मनिर्भर बने और मानवीय दायित्वों को पूरा करने में समर्थ हो : राष्ट्रपति मुर्मू

*बजट सत्र के पहले दिन दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित किया राष्ट्रपति ने*

नयी दिल्ली,31 जनवरी (एजेंसी)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को अगले 25 वर्ष में ऐसे राष्ट्र का निर्माण करने के लिए लोगों से उनके सर्वोत्तम प्रयास करने का अनुरोध किया जो हो। राष्ट्रपति ने यह बात आज बजट सत्र के पहले दिन संसद के ऐतिहासिक केंद्रीय कक्ष में दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए अपने पहले अभिभाषण में कही।

उन्होंने कहा, ‘हमें ऐसा भारत बनाना है जो आत्मनिर्भर हो और जो अपने मानवीय दायित्वों को पूरा करने में समर्थ हो। उन्होंने कहा कि सरकार ने देश की स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरा होने के अंतिम 25 वर्षों को ”अमृत काल की संज्ञा दी है। उन्होंने कहा, ”हमें 2047 तक ऐसे राष्ट्र का निर्माण करना है जो अतीत के गौरव से भी जुड़ा हो और जिसमें आधुनिकता का हर स्वर्णिम अध्याय हो।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के करीब नौ वर्षों के शासनकाल में भारत के लोगों ने कई सकारात्मक बदलाव पहली बार देखे हैं। उन्होंने कहा कि अमृत काल की 25 साल की अवधि आजादी का स्वर्णिम काल और विकसित भारत के निर्माण का समय है।

उन्होंने कहा कि भारत अपनी समस्याओं का समाधान करने के लिए अन्य लोगों पर निर्भर रहा करता था किंतु अब वह वैश्विक समस्याओं का समाधान कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों को वह बुनियादी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं जो दशकों से गायब थीं और देश भर में आधुनिक आधारभूत ढांचे का निर्माण हो रहा है जिसकी समाज लंबे समय से आकांक्षा कर रहा था।

उन्होंने कहा, ‘भारत के पास आज एक ऐसी सरकार है जो स्थिर, निर्भय और निर्णायक है जो बड़े सपनों को पूरा करने के लिए काम कर रही है। इसके पास एक ऐसी सरकार है जो ईमानदारी का सम्मान करती है, लोगों की समस्याओं का समाधान करती है और उन्हें स्थायी रूप से शक्तिसंपन्न बनाने के लिए काम करती है।

राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार ने समाज के वंचित वर्गों की आकांक्षाओं को पूरा किया है। मुर्मू ने कहा कि आज सबसे बड़ा बदलाव यह हुआ है कि हर भारतीय का आत्मविश्वास शीर्ष पर है एवं भारत के प्रति विश्व का नजरिया बदला है।

राष्ट्रपति के अभिभाषण के दौरान संसद के केंद्रीय कक्ष में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके मंत्रिमंडल के विभिन्न मंत्री, संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी, राज्यसभा में नेता सदन पीयूष गोयल और विभिन्न पार्टियों के नेता एवं सांसद मौजूद थे।

राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी एवं पार्टी के कुछ अन्य नेता श्रीनगर में खराब मौसम के कारण उड़ानों में विलंब के चलते राष्ट्रपति अभिभाषण शुरू होने के समय केंद्रीय कक्ष में नहीं पहुंच पाये।

*************************

 

दुनिया के लिए आशा की किरण बनेगा भारत का आम बजट : प्रधानमंत्री मोदी

नयी दिल्ली,31 जनवरी (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि वैश्विक आर्थिक उथल-पुथल के बीच भारत का बजट आम नागरिकों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने का प्रयास करेगा और साथ ही दुनिया के लिए आशा की किरण भी बनेगा।

संसद के बजट सत्र से पहले मीडिया को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि अर्थव्यवस्था की दुनिया की जानी-मानी आवाजें देश के लिए सकारात्मक संदेश ला रही हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि बजट सत्र में सरकार और विपक्ष के बीच तकरार होगी लेकिन साथ ही उन्होंने उम्मीद भी जताई कि इस दौरान विपक्षी सदस्य तैयारी के साथ तकरीर भी करेंगे।

उन्होंने कहा, आज की वैश्विक परिस्थिति में भारत के बजट की तरफ न सिर्फ भारत का, बल्कि पूरे विश्व का ध्यान है। विश्व की डांवाडोल आर्थिक परिस्थिति में भारत का बजट भारत के सामान्य जन की आशा-आकांक्षाओं को तो पूरा करने का प्रयास करेगा ही, लेकिन विश्व, जो आशा की किरण देख रहा है उसे वह और अधिक प्रकाशमान पाएगा।

प्रधानमंत्री ने कहा, मुझे पूरा भरोसा है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इन अपेक्षाओं को पूर्ण करने के लिए भरपूर प्रयास करेंगी। मोदी ने कहा कि आज का अवसर विशेष है क्योंकि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का यह पहला अभिभाषण है। उन्होंने कहा, राष्ट्रपति जी का अभिभाषण भारत के संविधान का गौरव है, भारत की संसदीय प्रणाली का गौरव है और विशेष रूप से आज नारी सम्मान का भी अवसर है।

दूर-सुदूर जंगलों में जीवन बसर करने वाले हमारे देश की महान आदिवासी परंपरा के सम्मान का भी अवसर आया है। मोदी ने कहा कि संसदीय कार्य में छह-सात दशक से जो परंपराएं विकसित हुई हैं, उन परंपराओं में देखा गया है कि अगर कोई भी नया सांसद पहली बार सदन में बोलने के लिए खड़ा होता है तो पूरा सदन उनको सम्मानित करता है। उन्होंने कहा कि उनका आत्मविश्वास बढ़े, इसके लिए एक प्रकार से अनुकूल वातावरण तैयार किया जाता है जो कि एक उज्जवल और उत्तम परंपरा है।

उन्होंने कहा, आज राष्ट्रपति का उद्बोधन भी उनका पहला उद्बोधन है। सभी सांसदों की तरफ से आज का यह पल उमंग, उत्साह और ऊर्जा से भरा हुआ हो, यह हम सबका दायित्व है। मुझे विश्वास है कि हम सभी सांसद इस कसौटी पर खरे उतरेंगे।प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार की कार्य संस्कृति के केंद्र बिंदु में भारत सर्वप्रथम, नागरिक सर्वप्रथम रहा है और उसी भावना को लेकर बजट सत्र में आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा, बजट सत्र में तकरार भी रहेगी लेकिन तकरीर भी तो होनी चाहिए।

मुझे विश्वास है हमारे विपक्ष के सभी साथी बड़ी तैयारी के साथ, बहुत बारीकी से अध्ययन करके सदन में अपनी बात रखेंगे। देश के नीति निर्धारण में सदन बहुत ही अच्छे तरीके से चर्चा करके अमृत निकालेगा जो देश के काम आएगा। संसद का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है।

संसद के केंद्रीय कक्ष में लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण से सत्र की शुरुआत हुई।सत्र के पहले दिन, दोनों सदनों में आर्थिक सर्वेक्षण पटल पर रखा गया। वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए बजट बुधवार को पेश किया जाएगा।

*****************************

 

बजट सत्र कल से, सत्ता पक्ष-विपक्ष तैयार

नई दिल्ली 31 Jan, (एजेंसी): संसद के बजट सत्र के पहले आज सर्वदलीय बैठक में विपक्ष ने जनगणना में जाति आधारित आर्थिक सर्वेक्षण कराने, सहकारी संघीय प्रणाली, किसान फसल बीमा, महिला आरक्षण जैसे मुद्दों पर सरकार से चर्चा कराने की मांग की लेकिन सरकार ने कहा कि राष्ट्रपति अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव एवं आम बजट पर चर्चा के दौरान इन सब विषयों पर चर्चा हो सकती है। संसद के पुस्तकालय भवन में आयोजित सर्वदलीय बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने संवाददाताओं से कहा कि संसद का बजट सत्र कल शुरू हो रहा है। कल राष्ट्रपति का अभिभाषण होगा।

परसों आम बजट पेश किया जाएगा। सदन में राष्ट्रपति के प्रति धन्यवाद प्रस्ताव तथा आम बजट पर चर्चा होगी। इसके बाद 13 फरवरी को मध्यावकाश होगा। इसके बाद 13 मार्च से सदन की कार्यवाही शुरू होगी और तब वित्त विधेयक पारित होगा। जोशी ने कहा कि सर्वदलीय बैठक में 27 पार्टियों के 37 नेताओं ने शिरकत की। कांग्रेस पार्टी ने एक पत्र भेज कर सूचित किया है कि श्रीनगर में मौसम खराब होने के कारण विमान सेवाएं प्रभावित हुईं हैं जिससे पार्टी के नेता बैठक में भाग लेने में असमर्थ रहे। उन्होंने कहा कि बैठक बहुत अच्छे एवं सकारात्मक माहौल में हुई। नेताओं ने कई मांगें की हैं।

सरकार की ओर से शीतकालीन सत्र में कुछ मुद्दों पर अल्पकालिक चर्चा करायी गयी थी। वित्तीय अनुपूरक अनुदानों की मांग पर करीब 12-13 घंटे चर्चा हुई थी। उसमें सभी विषयों को उठाया गया था। इस बार भी सरकार ऐसा ही चाहती है। धन्यवाद प्रस्ताव एवं आम बजट पर चर्चा में सब मुद्दे आ सकते हैं। इसके अलावा नियमों एवं प्रक्रियाओं के अधीन अनुमति से किसी भी मुद्दे पर अलग से भी चर्चा हो सकती है। बैठक में वाईएसआर कांग्रेस पार्टी ने देश में पिछड़े वर्ग की आर्थिक स्थिति को जानने के लिए जाति आधारित आर्थिक जनगणना कराये जाने की मांग की।

वाईएसआर कांग्रेस की इस मांग को तृणमूल कांग्रेस, जनता दल यूनाइटेड, बीजू जनता दल तथा कुछ अन्य पार्टियों का भी समर्थन मिला। वाईएसआर कांग्रेस के संसदीय दल के नेता वी. विजय साई रेड्डी ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने सरकार से संसद की कार्यवाही के दिनों में कमी आने पर चिंता व्यक्त की तथा महिलाओं के लिए आरक्षण, ब्लू इकॉनोमी, पिछड़े वर्ग के कल्याण के मुद्दे उठाये। उन्होंने कहा कि देश में करीब 50 प्रतिशत आबादी पिछड़े वर्ग की है।

पिछड़े वर्ग की जाति आधारित जनगणना की मांग पुरानी है। आज उन्होंने मांग की है कि पिछड़ी जातियों की आर्थिक स्थिति विशेष रूप से शैक्षणिक, स्वास्थ्य एवं रोजगार की स्थिति का आकलन किया जाना चाहिए, इसलिए जनगणना में जाति आधारित आर्थिक सर्वेक्षण किया जाना चाहिए। इससे पिछड़े वर्ग की वास्तविक स्थिति का पता चल पाएगा।

तेलंगाना राष्ट्र समिति के संसदीय दल के नेता केशव राव ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने सहकारी संघीय प्रणाली पर चर्चा की मांग की है। चूंकि सदन में राज्यपाल की भूमिका एवं गतिविधियों पर चर्चा नहीं हो सकती है इसलिए विपक्ष के कई दल संघीय व्यवस्था को लेकर चर्चा कराने के पक्ष में हैं। उन्होंने तमिलनाडु, तेलंगाना में राज्यपालों के आचरण के बारे में उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि संसद में भी केवल सरकारी विधेयकों को पारित कराने के अलावा कुछ नहीं हो रहा है।

लोकसभा अध्यक्ष ने संसद भवन परिसर में व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया

संसद के बजट सत्र से पहले लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज पूरे संसद भवन परिसर का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए। बिरला ने लोक सभा सचिवालय, सीपीडब्ल्यूडी और अन्य एजेंसियों के अधिकारियों के साथ संसद भवन परिसर में लोकसभा चैंबर, केन्द्रीय कक्ष, कॉरिडोर, लॉबी, प्रतीक्षालय और अन्य स्थानों का निरीक्षण किया। सत्र के दौरान स्वच्छता के उच्चतम मानकों को बनाए रखने पर ज़ोर देते हुए बिरला ने निर्देश दिया कि बजट सत्र का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए सभी एजेंसियां एकजुट होकर काम करें।

******************************

 

गणतंत्र दिवस परेड में कर्तव्य पथ पर उत्तराखंड की झांकी ने प्रथम स्थान पाकर बनाया इतिहास

देहरादून 30 Jan, (एजेंसी) । गणतंत्र दिवस परेड को अभी तक राजपथ के नाम से जाना जाता था, किंतु इस वर्ष उसका नाम बदलकर कर्तव्य पथ रखा गया है। नाम बदलने के बाद कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस की यह पहली परेड थी, जिसमे उत्तराखंड की झांकी मानसखंड को देश में प्रथम स्थान मिलने से इतिहास में उत्तराखंड राज्य का नाम दर्ज हो गया है।

सीएम ने दी बधाई, हम सभी के लिए गौरव का पल
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि के लिए प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि हम सबके लिए गौरवशाली पल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुराणों में गढ़वाल का केदारखंड और कुमाऊं का मानसखंड के रूप में वर्णन किया गया है। स्कंदपुराण में मानसखंड के बारे में बताया गया है। जागेश्वर मंदिर की बहुत धार्मिक मान्यता है। प्रधानमंत्री जी ने हमेशा अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करने की बात कही है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में सांस्कृतिक नवजागरण में उत्तराखंड सरकार भी काम कर रही है। मानसखंड मंदिर माला मिशन योजना भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। “मानसखण्ड” मंदिर माला मिशन के तहत चार धाम की तर्ज पर कुमाऊं क्षेत्र के पौराणिक मंदिरों को भी विकसित किया जा रहा है।

झांकी का विषय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सुझाया था
भारत सरकार को भेजे गए झांकी का विषय/टाइटिल “मानसखंड“मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सुझाया था। उन्होंने मंदिर माला मिशन के अंतर्गत मानसखंड के रूप में इस विषय का सुझाव दिया था।

गणतंत्र दिवस से पहले मुख्यमंत्री ने दिल्ली जाकर खुद किया था झांकी का निरीक्षण

झांकी निर्माण की गंभीरता का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि जब दिल्ली कैंट में झांकी का निर्माण किया जा रहा था तो मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने झांकी का निरीक्षण करते हुए झांकी को उत्कृष्ट एवं राज्य की संस्कृति के अनुरूप निर्माण के लिये सूचना विभाग के संयुक्त निदेशक/ नोडल अधिकारी के एस चौहान को निर्देश दिए थे तथा झांकी के कलाकारों से मिलकर उनको शुभकामनाएं भी दी थी

दिन रात की जाती है कलाकारों द्वारा मेहनत

झांकी के निर्माण तथा झांकी में सम्मिलित कलाकार दिन रात मेहनत करते है। झांकी निर्माण का कार्य 31 दिसंबर को प्रारंभ किया गया था, जिसको सुबह 4 बजे से रात 12 बजे तक किया जाता है। साथ ही झांकी में सम्मिलित कलाकारों को टीम लीडर के साथ कड़ाके की सर्दी में कर्तव्य पथ रिहर्सल के लिए 4 बजे जाना पड़ता है।

ऐसे होता है झांकी का अंतिम चयन

सितंबर माह में भारत सरकार द्वारा सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों एवं मंत्रालयों से प्रस्ताव मांगे जाते हैं।अक्टूबर तक राज्य सरकारें विषय का चयन कर प्रस्ताव भारत सरकार को भेजती है।उसके बाद भारत सरकार प्रस्तुतिकरण के किये आमंत्रित करती है। पहले बार की मीटिंग में विषय के आधार चार्ट पेपर में डिजाइन तैयार कर प्रस्तुत करना होता है। आवश्यक संशोधन करते हुए तीन बैठके डिजाइन निर्माण के सन्दर्भ में होती है जिन प्रदेशों के डिजाइन कमेटी को सही नही लगते हैं उनको शार्टलिस्ट कर देती है। उसके बाद झांकी का मॉडल बनाया जाता है। मॉडल के बाद थीम सॉंग 50 सेकंड का जो उस प्रदेश की संस्कृति को प्रदर्शित करता हो तैयार किया जाता है। इस प्रकार जब सभी स्तर से भारत सरकार की विशेषज्ञ समिति संतुष्ट हो जाती है तब झांकी का अंतिम चयन किया जाता है।

मानसखंड की झांकी में क्या था खास जो प्रथम स्थान प्राप्त किया!
गढ़वाल की चारधाम यात्रा की भांति सरकार कुमाऊं में मंदिर माला मिशन के अंतर्गत पर्यटन बढ़ाने का प्रयास कर रही हैं इसी के दृष्टिगत प्रसिद्ध पौराणिक जागेश्वर धाम को दिखाया गया था। उत्तराखंड का प्रसिद्ध कॉर्बेट नेशनल पार्क, बारहसिंगा, उत्तराखंड का राज्य पशु कस्तूरी मृग, गोरल, देश की राष्ट्रीय पक्षी मोर जो उधमसिंह नगर में पाई जाती है, उत्तराखंड के प्रसिद्ध पक्षी घुघुती, तीतर, चकोर, मोनाल आदि, तथा उत्तराखंड की प्रसिद्ध ऐपन कला को प्रदर्शित किया गया था। झांकी के आगे और पीछे उत्तराखंड का नाम भी ऐपन कला से लिखा गया था।
जागेश्वर धाम के मंदिर घनघोर देवदार के वृक्षों के बीच में है। इसलिए झांकी में मंदिर के आगे और पीछे घनघोर देवदार के वृक्षो का सीन तैयार किया गया था।

2025 तक उत्तराखंड देश का  सर्वोच्च राज्य
प्रधानमंत्री जी ने कहा कि यह दशक उत्तराखंड का है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 2025 तक उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का लक्ष्य रखा है। इसी दृष्टि से गणतंत्र दिवस परेड में उत्तराखंड की झांकी को देश में प्रथम स्थान पर आना उनके विजन को दर्शाता है।

मंदिर माला मिशन से वाकिफ होंगे देश विदेश के पर्यटक,क्षेत्र में बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
मानसखंड  की झांकी को देश मे प्रथम स्थान प्राप्त होने से कुमाऊं क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे क्योंकि देश विदेश के पर्यटको को मंदिर माला मिशन की जानकारी होने से वह कुमाऊं की ओर रुख करेंगे। इसलिए गढ़वाल मंडल के साथ अब कुमाऊं मंडल में भी धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

झांकी में इन कलाकारों ने निभाई थी अहम भूमिका
टीम लीडर संयुक निदेशक के एस चौहान के नेतृत्व में झांकी में उत्तराखंड की कला और संस्कृति को प्रदर्शित करने के लिए उत्तराखंड का प्रसिद्ध छोलिया नृत्य करने में पिथौरागढ़ के भीम राम के दल के 16 कलाकारों का उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा। उत्तराखंड को देवभूमि के साथ ही योग भूमि भी कहा जाता है। झांकी के ऊपर योग करते हुए बारु सिंह और अनिल सिंह ने योग करते हुए अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

झांकी का थीम सांग

झांकी का थीम सांग “जय हो कुमाऊं, जय हो गड़वाला“ को पिथौरागढ़ के प्रसिद्ध जनकवि जनार्दन उप्रेती ने लिखा था तथा उसको सौरभ मैठाणी और साथियों ने सुर दिया था। इस थीम गीत के निर्माता पहाड़ी दगड़िया, देहरादून थे।

सोशल मीडिया में करोड़ो लोगों ने देखी उत्तराखंड की झांकी
सोशल मीडिया के माध्यम से गणतंत्र दिवस परेड में उत्तराखंड की झांकी मानसखंड को देश विदेश में करोड़ो लोगों ने देखा।

क्या है मानसखंड मन्दिर माला मिशन?

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर केदारनाथ और बद्रीनाथ की भांति ही  कुमाऊं के प्रमुख पौराणिक महत्व के मंदिर क्षेत्रो में अवस्थापनात्मक विकास के लिए मानसखंड मन्दिर माला मिशन योजना पर काम किया जा रहा है। इन्हें बेहतर सड़कों से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही इस योजना के ज़रिए गढ़वाल और कुमाऊं के बीच सड़क कनेक्टिविटी को भी सुधारा जाएगा, ताकि उत्तराखण्ड में गढ़वाल और

कुमाऊं के बीच यातायात सुगम हो।

मानसखंड कॉरिडोर को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का  कहना है कि सरकार विभिन्न क्षेत्रों में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मानसखंड कॉरिडोर पर काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विभिन्न धार्मिक सर्किटों का विकास किया जाए। उन्होंने कहा इसके तहत प्रदेश  के विभिन्न क्षेत्रों में आने वाले मुख्य मंदिरों को आपस में जोड़ेंगे एवं सर्किट के रूप में विकसित करके धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा।

इन प्रमुख मंदिरों का होगा विकास

मुख्यमंत्री धामी के विजन के अनुसार पहले चरण में क़रीब 2 दर्जन से अधिक मंदिरों को इसमें शामिल किया गया है। इनमें  जागेश्वर महादेव, चितई गोलज्यू मंदिर, सूर्यदेव मंदिर, नंदादेवी मंदिर कसारदेवी मंदिर, झांकर सैम मंदिर पाताल भुवनेश्वर, हाटकालिका मंदिर, मोस्टमाणु मंदिर, बेरीनाग मंदिर, मलेनाथ मंदिर, थालकेदार मंदिर, बागनाथ महादेव, बैजनाथ मंदिर, कोट भ्रामरी मंदिर, पाताल रुद्रेश्वर गुफा, गोल्ज्यू मंदिर, निकट गोरलचौड मैदान, पूर्णागिरी मंदिर, वारही देवी मंदिर देवीधुरा, रीठा मीठा साहिब, नैनादेवी मंदिर, गर्जियादेवी मंदिर, कैंचीधाम, चैती (बाल सुंदरी) मंदिर, अटरिया देवी मंदिर व नानकमत्ता साहिब प्रमुख रूप से शामिल किए गए हैं।

*********************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version