जयपुर सीरियल ब्लास्ट: आरोपियों को बरी किए जाने के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएगी राजस्थान सरकार

जयपुर 01 April, (एजेंसी): राजस्थान सरकार ने 2008 के जयपुर सीरियल ब्लास्ट केस के आरोपियों को बरी करने के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने का फैसला किया है। शुक्रवार देर रात मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक उच्च स्तरीय बैठक में चारों आरोपियों को बरी किए जाने की समीक्षा की। उन्होंने मामले में कमजोर अभियोजन के लिए अतिरिक्त महाधिवक्ता (एएजी) राजेंद्र यादव को तत्काल प्रभाव से हटाने का फैसला किया।

साथ ही मुख्यमंत्री गहलोत ने बरी हुए आरोपियों के खिलाफ जल्द से जल्द सुप्रीम कोर्ट में स्पेशल लीव पिटीशन (एसएलपी) दायर करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि 2019 के जिला अदालत के फैसले को पलटते हुए राजस्थान उच्च न्यायालय ने सभी आरोपियों को बरी कर दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिले, जिसके लिए वह जल्द ही सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दाखिल करेगी।

उन्होंने आगे कहा कि राज्य सर्वश्रेष्ठ वकीलों को नियुक्त करके पीड़ितों को न्याय सुनिश्चित करेगा। बैठक में मुख्य सचिव उषा शर्मा, गृह विभाग के प्रमुख साची आनंद कुमार, डीजीपी उमेश मिश्रा, एडीजी एसओजी-एटीएस अशोक राठौर, एडीजी क्राइम दिनेश एमएन सहित अन्य उपस्थित थे।

*********************************

 

Ram Navami Violence: नहीं थमा बवाल- इंटरनेट बैन, धारा-144 लागू

नई दिल्ली 01 April (एजेंसी): रामनवमी का पर्व 30 मार्च को पूरे देश में उत्साह के साथ मनाया गया। हालांकि, इस दौरान देश के अलग-अलग राज्यों में शोभायात्रा पर पत्थरबाजी की घटनाओं से दंगे की स्थिति पैदा हो गई। महाराष्ट्र, गुजरात, यूपी, बिहार, पश्चिम बंगाल, हरियाणा और तेलंगाना में करीब 12 जगह हिंसा फैलाई गई। दंगाइयों ने इस कदर उत्पात मचाया कि लोगों की आत्मा तक सहम गई। पश्चिम बंगाल से लेकर गुजरात और महाराष्ट्र तक शांति और सौहार्द जैसे शब्दों को आग के हवाले कर दिया गया।

हालांकि में इनमें सबसे ज्यादा बुरे हालात संभाजीनगर, वडोदरा, हावड़ा, सोनीपत, सासाराम और बिहार रशरीफ में देखने को मिले। कई इलाकों में इंटरनेट बैन कर दिया गया है तो कहीं धारा-144 लागू कर दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी धरपकड़ कर रही है। आइए जानते हैं कहां कैसे भड़की हिंसा और अभी वहां क्या हैं हालात।

इस दौरान कानून व्यवस्था को बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने वाला सिस्टम भी आग की धधकती लपटों में स्वाहा हो गया। हैरानी इस बात की है सिर्फ रामनवमी के दिन ही हिंसा नहीं हुई, अगले दिन भी फोर्स तैनात होने के बावजूद भीड़ पत्थर चलाती दिखाई दी।

सासाराम के सब डिवीजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) मनोज कुमार ने बताया कि शोभायात्रा के दौरान शाह जलाल पीर, सोना पट्टी, कादिर गंज और नवरत्न पीर जैसे इलाकों में आक्रोशित भीड़ ने कई दुकानों और वाहनों को आग के हवाले कर दिया था। उन्होंने जमकर पत्थरबाजी की थी, जिसमें दो पुलिस कर्मियों समेत कई लोग घायल हुए हैं। इसके बाद कई इलाकों में धारा-144 लागू कर दी है। सासाराम की गोला बाजार, कादिरगंज, मुबारकगंज, चौखंडी और नवरत्न बाजार पूरी तरह से बंद हैं। पुलिस-प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति अभी भी बनी हुई है। पूरे इलाके में भारी सुरक्षाबल तैनात है। पुलिस इलाके में मार्च कर रही है। लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 2 अप्रैल को सासाराम में एक कार्यक्रम में शामिल होने आएंगे।

नालंदा के बिहार शरीफ में भी हिंसा भड़क गई थी। यहां शोभायात्रा निकालने के दौरान दो समुदायों हिंसक झड़प के बाद पत्थरबाजी हुई थी। इस दौरान कई राउंड फायरिंग भी हुई, जिसमें पांच जख्मी भी हो गए। कई घरों और दुकानों में भी तोड़-फोड़ की सूचना है। बिहारशरीफ में धारा-144 भी लागू की गई है। यहां भी भारी पुलिस बल तैनात है। एसपी अशोक मिश्रा ने बताया कि पुलिस इलाके में पेट्रोलिंग कर रही है और अलर्ट पर है। हिंसा फैलाने के आरोप में 20 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हिंसा में 8 लोग घायल हो गए हैं जबकि तीन को गोली लगी है। उन्होंने कहा कि लोग अफवाहों पर विश्वास न करें।

खरखोदा में रामनवमी पर यात्रा निकाली जा रही थी। इस दौरान मस्जिद में हाथ में झंडा और सिर पर भगवा पट्टी बांधे लोग नारेबाजी करते हुए मस्जिद में जा घुस गए थे। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ गया है। एसीपी लॉ एंड ऑर्डर विपिन कादियान ने बताया कि इस मामले में खरखोदा थाना पुलिस पांच युवकों को अरेस्ट भी कर चुकी है। वहीं इलाके में शांति बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई। ऐसा दावा किया जा रहा है कि ये लोग हिंदू संगठन से जुड़े हुए हैं।

पश्चिम बंगाल में हावड़ा के शिबपुर में रामनवमी पर विश्व हिंदू परिषद और बंजरग दल जुलूस निकाल रहे थे। तभी वहां हिंसा भड़क गई। कई वाहनों और दुकानों को फूंक दिया गया। यहां दो दिन तक अशांति बनी रही। फिलहाल अब इलाके में हालात सामान्य हो गए हैं। दुकानें फिर से खुलना शुरू हो गई हैं। जीटी रोड पर यातायात सामान्य हो गया है। हालांकि, हावड़ा के कुछ हिस्सों में धारा 144 लागू की गई है। इलाके में पुलिस पिकेट और रिजर्व बल अभी तैनात है। वहीं रात में कई घंटों तक इंटरनेट को बैन कर दिया गया था। सीआईडी भी घटना की जांच कर रही है।

गुजरात में वडोदरा के फतेपुरा इलाके में दो अलग-अलग जगह शोभायात्रा निकालने के दौरान पथराव किया गया। इसकी वजह से वहां भगदड़ मच गई थी। इसके बाद इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया। पुलिस इस मामले में 14 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। गृहराज्यमंत्री हर्ष संघवी का कहना है कि सीसीटीवी से आरोपियों की पहचान की जा रही है।

******************************

 

आईआईटी मद्रास के शिक्षक काशी के बच्चों को करेंगे शिक्षित

वाराणसी 01 April (एजेंसी) : प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के बच्चों को आईआईटी मद्रास की फैकल्टी ने पढ़ाने का बीड़ा उठाया है। इसे लेकर आईआईटी मद्रास व बेसिक शिक्षा कार्यालय के बीच प्रोजेक्ट विद्या शक्ति को लेकर एक करार हुआ है, इसमें वाराणसी के सरकारी स्मार्ट स्कूल में आईआईटी मद्रास के शिक्षक ऑनलाइन पढ़ाएंगे। पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर वाराणसी के 100 स्कूलों में ऑनलाइन क्लास शुरू होगी। इस प्रोजेक्ट के तहत बच्चों को गणित, विज्ञान और अंग्रेजी विषय पढ़ाया जाएगा, जिससे सौ लोगों को रोजगार भी मिलेगा।

बेसिक शिक्षा अधिकारी अरविन्द पाठक ने बताया कि आईआईटी मद्रास से एक कॉन्ट्रैक्ट हुआ है, इसमें वाराणसी के सरकारी स्कूलों के क्लास 6 से 8 तक के विद्यार्थियों को आईआईटी के शिक्षक पढ़ाएंगे। सभी क्लासेज स्कूल के समय के बाद ऑनलाइन चलेंगी।

बीएसए ने बताया कि वाराणसी में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर 100 स्कूलों में ऑनलाइन क्लास जल्द शुरू होगी। वाराणसी के चयनित स्कूलों में 70 स्मार्ट क्लास हो चुके हैं। 30 स्कूलों को जल्द आईआईटी मद्रास के माध्यम से स्मार्ट बनाया जाएगा। आईआईटी मद्रास प्रोजेक्ट विद्या शक्ति के लिए हर स्कूल में टेक्निकल सपोर्ट के लिए एक कोऑर्डिनेटर रखेगा, जो स्थानीय ही होगा। इससे 100 लोगों को रोजगार भी मिलेगा। इसका खर्च आईआईटी मद्रास वहन करेगा।

*******************************

 

फिल्म सिटी के लिए दूसरी बार निकाले गए ग्लोबल टेंडर में नहीं आगे आई कोई कंपनी

ग्रेटर नोएडा 01 April (एजेंसी) : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट फिल्म सिटी को लेकर यमुना अथॉरिटी ने दूसरी बार भी ग्लोबल टेंडर जारी किया था। लेकिन पिछली बार की तरह इस बार भी अंतिम तारीख निकलने के बाद भी किसी कंपनी ने अपनी रुचि फिल्म सिटी के डेवलपमेंट में नहीं दिखाई है। इसके चलते यमुना अथॉरिटी की चिंता बढ़ गई है। साथ ही साथ अथॉरिटी ने अन्य विकल्पों पर भी विचार शुरू कर दिया है। यमुना प्राधिकरण सेक्टर 21 में 1000 एकड़ भूमि पर यूपी की फिल्म सिटी विकसित करने जा रहा है। पीपीपी मॉडल पर इस परियोजना को बनाया जाएगा। जिसके लिए कंपनी का चयन होगा। इसके लिए प्राधिकरण ने 1 साल पहले ग्लोबल टेंडर निकाले थे, लेकिन उस दौरान कोई कंपनी फिल्म सिटी विकसित करने के लिए आगे नहीं आई थी। इसके चलते यमुना प्राधिकरण ने नियमों में कुछ फेरबदल कर फिर से ग्लोबल टेंडर निकाले। जिसके आवेदन की अंतिम तिथि 31 मार्च थी, लेकिन अंतिम तिथि निकलने के बावजूद भी एक भी निविदा नहीं आई।

हाल ही में फिल्म उद्योग से जुड़े निर्माता-निर्देशक केसी बोकाडिया, फिल्म स्टार रजनीकांत भी यहां जमीन लेने की इच्छा जाहिर कर चुके हैं। ऐसे हालात में अब यमुना अथॉरिटी इस बात पर भी विचार कर रही है कि वह फिल्म सिटी को एक ही बार पीपीपी मॉडल में ना बनाकर अलग-अलग चार हिस्सों में बांटकर इसे डेवलप करे।

**********************************

 

असम के मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता पर निशाना साधा- कहा- राहुल गांधी नैतिक रूप से भ्रष्ट हैं

गुवाहाटी 01 April (एजेंसी) : असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेता के नैतिक मूल्यों पर सवाल उठाते हुए वायनाड के पूर्व सांसद को लोकसभा से अयोग्य ठहराते के मामले में राहुल गांधी पर ताजा कटाक्ष किया। गुवाहाटी में एक कार्यक्रम के इतर मीडिया से बात करते हुए, सरमा ने कहा, 2013 में जब राहुल गांधी ने एक आपराधिक मामले में दो या अधिक वर्षों के लिए सजा के बाद भी सांसदों को पद पर बने रहने की अनुमति देने की यूपीए सरकार की पहल का विरोध किया, तो हमने सोचा कि उनके पास उच्च नैतिक मूल्य हैं।

हालांकि सरमा के मुताबिक मौजूदा हालात इसके उलट कहानी बयां कर रहे हैं। मनमोहन सिंह के अधीन यूपीए मंत्रिमंडल ने दो या अधिक वर्षों के लिए सजा के बाद भी सांसदों और विधायकों को पद पर बने रहने की अनुमति देने के लिए एक अध्यादेश लाया।उस समय यह राहुल गांधी थे जिन्होंने अध्यादेश को फाड़ दिया था और कहा था कि वह ऐसे मामलों में सांसदों की तत्काल अयोग्यता के पक्ष में हैं।

असम के मुख्यमंत्री ने कहा, हालांकि, अब आप स्थिति को देखें.. राहुल गांधी ने मल्लिकार्जुन खड़गे को अपनी तत्काल अयोग्यता का विरोध करने के लिए मजबूर किया है। यह साबित करता है कि राहुल गांधी नैतिक रूप से भ्रष्ट व्यक्ति हैं।

******************************

 

ईडी ने डीए मामले में 1.10 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की

नई दिल्ली 01 April (एजेंसी) : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में 1.10 करोड़ रुपये की दो अचल संपत्तियों को कुर्क करने का आदेश जारी किया है, एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। बेंगलुरु में कावेरी सिंचाई निगम लिमिटेड के पूर्व प्रबंध निदेशक टीएन चिक्करायप्पा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। ईडी ने टीएन चिकारयप्पा के खिलाफ बेंगलुरु शहर के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (अब कर्नाटक लोकायुक्त, बेंगलुरु) द्वारा दर्ज एक प्राथमिकी के आधार पर धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मामला दर्ज किया।

इसके अलावा, एसीबी, बेंगलुरु द्वारा चिकरयप्पा और अन्य आरोपी व्यक्तियों के खिलाफ शहर के सिविल और सत्र न्यायाधीश, बेंगलुरु की अदालत में आरोप पत्र भी दायर किया गया था। ईडी को पता चला कि चिकारयप्पा ने अन्य आरोपी व्यक्तियों की मदद से अवैध रूप से 5.33 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित की, जो उनकी आय के कानूनी स्रोत और उनके परिवार के सदस्यों से 304.93 प्रतिशत अधिक है।

अधिकारी ने कहा, इस तरह की अवैध आय से उसने अपने परिचितों के नाम से बेनामी अचल संपत्ति खरीदी और उसे अपने परिवार के सदस्यों के नाम पर स्थानांतरित कर लिया।

*****************************

 

फार्मा कंपनियों पर ED की रेड, करोड़ों की संपत्तियां जब्त

हैदराबाद 01 April (एजेंसी): हैदराबाद में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारी कई हिस्सों में छापेमारी कर रहे हैं। ईडी ने हैदराबाद की प्रमुख फार्मा कंपनियों में निरीक्षण किया है। बताया जा रहा है कि ईडी के अधिकारियों ने शनिवार सुबह से ही शहर की कई प्रमुख फार्मा कंपनियों में छारेमारी की है। ईडी के अधिकारी एक साथ 15 इलाकों में तलाशी ले रहे हैं। बंजारा हिल्स, जुबली हिल्स और पटांचेरु में निरीक्षण जारी है।

वहीं इससे पहले आज है प्रवर्तन निदेशालय ने महाराष्ट्र में मुंबई, रायगढ़, पनवेल, रत्नागिरि और पुणे में 6.69 करोड़ की आठ अचल संपत्तियां संलग्न की है। यह संपत्ति मैग्नम स्टील मुंबई के पार्टनर कुणाल गांधी और उनके परिवार की बताई जा रही है।

ईडी ने बैंक लोन धोखाधड़ी मामले के तहत उनके खिलाफ कार्रवाई की है। कुणाल गांधी ने बैंक लोन राशि को अपने दूसरे खाते में भेजकर तीन अस्थाई संपत्तियां खरीदी थी। ईडी ने कार्रवाई करते हुए संपत्तियों को जब्त कर लिया है।

******************************

 

हावड़ा में भड़की हिंसा को लेकर एक्शन में सरकार, अब CID करेगी जांच

नई दिल्ली 01 April (एजेंसी) : पश्चिम बंगाल के हावड़ा में हुई हिंसा के बाद से राजनीति अपने चरम पर है। वहीं इसके बाद पश्चिम बंगाल के हावड़ा में भड़की हिंसा को लेकर एक्शन तेज हो गया है। हिंसा की जांच अब CID करेगी। राम नवमी शोभायात्रा के दौरान पथराव हुआ था। पुलिस पर भी पत्थर फेंके गये। राज्यपाल ने CM से इस मामले में रिपोर्ट मांगी है। हिंसा के बाद हावड़ा में इंटरनेट सेवा सस्पेंड कर दी गई है।

इलाके में पुलिस की गश्त भी बढ़ा दी गई है। सीआईडी ​​के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप समेत कई ब्रांच जांच में शामिल होंगी। इसमें डीआईजी रैंक के अधिकारी होंगे।

दरअसल, राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी बीजेपी ने हिंसा को लेकर ममता सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी (Smriti Irani) ने ममता बनर्जी पर जुलूस के दौरान पथराव करने वालों को क्लीन चिट देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा “सवाल यह है कि ममता कब तक हिंदू समुदाय पर हमले करती रहेंगी।”

हावड़ा में हुई हिंसा पर बीजेपी ममता सरकार पर हमलावर है। बीजेपी के नेता शुभेंदु अधिकारी ने भी हावड़ा हिंसा में विदेशी साजिश बताते हुए मामले की सीबीआई जांच की मांग की थी। उन्होंने कहा कि बंगाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है।

इसके अलावा पश्चिम बंगाल बीजेपी के लोकसभा सांसद जगन्नाथ सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर मामले में एनआईए जांच की मांग की है। उनका कहना है कि हिंसा के कारणों का पता लगना चाहिए। इसके लिए उन्होंने केंद्रीय बलों के हस्तक्षेप का अनुरोध किया है।

हिंसा के बाद से इलाके में धारा 144 लगा दी गई है और पुलिस द्वारा लगातार माइकिंग की जा रही है। हावड़ा में कुछ अस्थिर जेबों में 3 अप्रैल तक धारा 144 बढ़ाई भी गई है। इसके अलावा हावड़ा के कई इलाकों 1 अप्रैल रात दो बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद हैं।

*******************************

 

शार्ट फिल्म ‘बेटी आरोही’ की ग्रैंड सक्सेस पार्टी सम्पन्न

01.04.2023  –  वी एस नेशन चैनल और ताल म्यूजिक एंड फिल्म्स के संयुक्त तत्वाधान में निर्मित शार्ट फिल्म ‘बेटी आरोही’ की ग्रैंड सक्सेस पार्टी केदौरान फिल्म के लेखक निर्माता निर्देशक देवेंद्र खन्ना ने अपनी तीन नई फिल्म क्रमशः ‘तलाक क्यूं’, ‘आज की मेनका’ और ‘आरोही 2’ की घोषणा कर दी है।

इन सभी फिल्मों की शूटिंग बहुत जल्द ही मुम्बई के निकटवर्ती इलाकों में शुरू की जाएगी। मुम्बई में आयोजित ग्रैंड सक्सेस पार्टी में कार्यक्रम को मनोरंजक बनाने के लिए संगीत का तड़का भी लगाया गया। जिसमें निकिता नागर, कल्पना दास, बॉस्को डिसोजा, नरेश कांबले, सतीश शेट्टी, अन्वेषा भट्टाचार्य और सुमोहन ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इन सभी  कलाकारों को भी मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। माँ बेटी के जज्बातों और संवेदनाओं की एक अनकही कहानी को बयां करती लघु फिल्म ‘बेटी आरोही’ के ग्रैंड सक्सेस के बाद लेखक निर्माता निर्देशक देवेंद्र खन्ना इन दिनों काफी उत्साहित हैं। विदित हो कि दिल को छू लेने वाली लघु फिल्म ‘बेटी आरोही’ को दर्शकों ने अच्छा खासा प्यार दिया है, यूं तो सोशल फिल्मों को लोग जायदा नहीं देखते, फिर भी ‘बेटी आरोही’ को अच्छे व्यू मिले हैं, पहले ही महीने 50 हजार से जायदा लोगों ने ये फिल्म देख ली ।

अभी 75 हजार से जायदा व्यू हो चुके हैं। उम्मीद की जारही है कि बहुत जल्द ये आंकड़ा 1 लाख तक पहुँच जाएगा।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*****************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज प्रभावशाली लोगों के साथ संबंधों को सही करने का अवसर मिलेगा। सामाजिक दायरा बढेगा। इस समय कार्यप्रणाली में कुछ बदलाव भी लाने की आवश्यकता है। ऑफिस या घर में कार्यभार की अधिकता की वजह से ओवरटाइम भी करना पड़ेगा। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। थोड़ा ध्यान देने की आवश्यकता है स्वास्थ्य सुधार होता जाएगा।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वु, वे, वो)

आज स्थान परिवर्तन संबंधी कोई योजना कार्य रूप में परिणित होने की संभावना है। आपका संतुलित व्यवहार आपको शुभ और अशुभ प्रत्येक परिस्थितियों में सामंजस्य बनाकर रखने में मदद करेगा। किसी नजदीकी मित्र की सलाह आपके लिए बहुत ही उपयोगी साबित होगी।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज का समय अनुकूल है ।व्यवसायिक स्थितियां और भी बेहतर हो रही हैं। लेकिन अभी कहीं भी पैसा निवेश ना करें, क्योंकि धोखाधड़ी में फंसने की आशंका है। परंतु कार्यस्थल में उत्पादन क्षमता में कोई कमीं नहीं आएगी। ऑफिस के स्टाफ में किसी तरह की राजनीति चल सकती है, सावधान रहें।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज भावनाओं की बजाय चतुराई और विवेक से काम लेना परिस्थितियों को आपके पक्ष में करेगा। तथा घर के बड़े बुजुर्गों का भी आशीर्वाद व सहयोग मिलेगा। बच्चे की किलकारी से संबंधित शुभ सूचना भी मिल सकती है। साथ ही किसी अटके हुए कार्य को पूरा करने के लिए भी समय उचित है।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज किसी प्रभावशाली व्यक्ति की मदद से आपकी व्यवसायिक परेशानी हल होगी। परंतु अपने ऑफिस या दुकान के स्टाफ पर कड़ी नजर रखें, उनकी मिलीभगत से कुछ नुकसान हो सकता है। आज कार्यक्षेत्र से जुड़े सभी फैसले स्वयं ही लें।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज आपके लिए बेहतरीन धनदायक परिस्थितियां बनी हुई हैं। पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी आर्थिक नीतियों पर काम करें। आज आप अपनी किसी नकारात्मक बात को छोडऩे का भी संकल्प करें। विद्यार्थियों के कैरियर संबंधी किसी समस्या का समाधान होने से घर में खुशी भरा वातावरण रहेगा।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज भविष्य संबंधी किसी महत्वपूर्ण कार्य की रूपरेखा भी बनेगी। आय के मार्ग अभी मंद ही रहेंगे। परंतु वर्तमान गतिविधियों का शुभ परिणाम निकट भविष्य में जल्दी ही प्राप्त होगा। कार्य संबंधी कोई लाभदायक यात्रा होगी।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आर्थिक योजनाओं को फलीभूत करने का उचित समय है। आज कोई भूमि खरीद-फरोख्त संबंधी काफी काम संपन्न हो सकते हैं। सामाजिक गतिविधियों के प्रति आपका योगदान आपको मानसिक सुकून प्रदान करेगा और मान-सम्मान भी बढ़ाएगा।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

इस समय पार्टनरशिप संबंधी कार्यों में लाभदायक परिस्थितियां बन रही हैं। व्यापार को विस्तृत करने संबंधी योजनाएं भी बनेगी। सरकारी सेवारत लोगों के ऊपर अतिरिक्त कार्यभार रहेगा। परंतु धैर्य पूर्वक कार्य संपन्न करने से आपको कोई महत्वपूर्ण अथॉरिटी भी मिल सकती है।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज पिछली कुछ कमियों से सीखकर अपनी दिनचर्या में और बेहतर सुधार लाने की कोशिश करेंगे। जिसमें आप कामयाब भी रहेंगे। प्रतिष्ठित लोगों के साथ समय व्यतीत करना आप में सकारात्मक परिवर्तन लाएगा। इस समय रुके हुए काम पूरा करने का उचित समय है।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज व्यवसायिक गतिविधियां सामान्य रहेगी। परंतु इस समय अचानक ही कुछ खर्चों की स्थितियां सामने आएंगी। आर्थिक मामलों में पूरी सावधानी और सतर्कता बरतें। सहकर्मियों के सहयोग से आप किसी महत्वपूर्ण आर्डर को पूरा करने में सक्षम रहेंगे।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज धर्म और अध्यात्म के प्रति आस्था रहेगी। आपका प्रभावशाली तथा सकारात्मक व्यक्तित्व दूसरों के लिए उदाहरण बनेगा। यही स्वभाव आपके कार्य को योजनाबद्ध तरीके से पूर्ण करने में भी मदद करेगा। युवा वर्ग भी गंभीरता से अपने जीवन के मूल्यों को समझेंगे।

*****************************************

 

हाई कोर्ट ने फेमिली कोर्ट के तलाक के आदेश को बरकरार रखा, पत्नी व पति व परिवार के प्रति सम्मान नहीं रखना क्रूरता

इंदौर,31 मार्च (एजेंसी)। मप्र हाईकोर्ट ने तलाक (विवाह के विघटन) के निर्णय को सही ठहराते हुए अत्यंत अहम टिप्पणी की कि पत्नी का पति और उसके परिवार के प्रति सम्मानजनक व्यवहार नहीं रखना, पति के प्रति क्रूरता माना जाएगा। कोर्ट ने इस तथ्य को भी ध्यान में रखा कि पत्नी ने अपना ससुराल छोड़ दिया और वर्ष 2013 से बिना किसी उचित कारण के पति से अलग रह रही है।

यह पति के साथ रहने की इच्छुक भी नहीं है। इस कारण यह क्रूरता के आधार पर विवाह विच्छेद का एक वैध मामला बनता है। हाई कोर्ट ने फैमिली कोर्ट के इन निष्कर्षों को बरकरार रखा जिनमें कहा गया था कि पति ने कू्ररता साबित कर दी है। इसलिए हाई कोर्ट ने फैमिली कोर्ट के आदेश के खिलाफ पत्नी की अपील खारिज कर दी।

फैमिली कोर्ट ने पति की याचिका मंजूर करते हुए तलाक की डिक्री पारित कर दी थी। पति पेशे से संयुक्त आयकर आयुक्त है। उसकी शादी वर्ष 2009 में हुई थी। हालांकि शादी चल नहीं सकी इसलिए उन्होंने क्रूरता और परित्याग के आधार पर फैमिली कोर्ट, जयपुर में तलाक की याचिका दायर की थी। बाद में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार याचिका मप्र में स्थानांतरित कर दी गई। कोर्ट ने दोनों आधारों को सही पाया।

हालांकि याचिका क्रूरता के आधार पर स्वीकार कर ली और तलाक की डिक्री के जरिए उनकी शादी को भंग कर दिया। युवती ने तलाक की डिक्री को चुनौती देते हुए मप्र हाईकोर्ट में अपील की। पत्नी ने अपील मेें कहा कि फैमिली कोर्ट ने इस बात पर ध्यान नहीं दिया कि पति का आचरण उसके प्रति उचित नहीं था। उसने केवल उसे परेशान करने और बच्चे की कस्टडी देने के लिए उसके खिलाफ कई तुच्छ शिकायतें दर्ज की।

युवती ने यह भी कहा कि फैमिली कोर्ट ने दहेज के खिलाफ धारा-498-ए के तहत याचिका लंबित होने के तथ्य को नजरअंदाज कर दिया था। इसलिए उसने विवादित फैसले के तहत दी गई तलाक की डिक्री को रद्द करने की प्रार्थना की।

यह भी दावा किया कि पर्याप्त दहेज नहीं लाने के लिए पति और उसके परिवार के अन्य सदस्य उसे ताने अपमान और परेशान करते थे। कई मौकों पर पति ने उसके साथ्ज्ञ मारपीट भी की थी।

******************************

 

 

मोदी आज भोपाल में करेंगे रोड शो, भाजपा नेता करेंगे स्वागत

भोपाल,31 मार्च (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक अप्रैल को एक दिवसीय भोपाल प्रवास पर भोपाल आ रहे हैं। वह यहां सेना की कमांडर कान्फ्रेंस में हिस्सा लेने के बाद रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली के लिए प्रारंभ हो रही वंदे भारत एक्सप्रेस को रवाना भी करेंगे।

इस दौरान कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह से रानी कमलापति स्टेशन के मार्ग में मोदी का रोड-शो भी निकलेगा। रास्ते में नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता मोदी का स्वागत करेंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री के स्वागत की भाजपा कार्यकर्ताओं ने व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं।

पीएम मोदी मध्यप्रदेश को वन्दे भारत ट्रेन की सौगत देंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एक अप्रैल को सुबह भोपाल विमानतल पर पहुंचने के बाद हेलीकाप्अर से लाल परेड ग्राउंड पहुचेंगे। जहां से कुशाभऊ ठाकरे सभागृह जाकर भारतीय सेना की कमाउंडर कान्फ्रेंस में शामिल होंगे।

पीएम दोपहर बाद रानी कमलापति स्टेशन से नई दिल्ली के लिए प्रारंभ हो रही नवीन वंदे भारत एक्सपे्रस को हरी झंडी दिखा कर रवाना करेंगे।

कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह से रानी कमलापति स्टेशन तक के मार्ग पर प्रमुख चौराहों पर भाजपा कार्यकर्ता मोदी का जगह-जगह पुष्प वर्षा और मप्र को वन्दे भारत ट्रेन की सौगात दिए जाने के लिए हाथों में धन्यवाद की तख्तियां लेकर स्वागत करेंगे।

************************

 

पुलिस ने जिस युवती का कंकाल किया था बरामद, वह नो साल बाद घर लौट आई

छिंदवाड़ा ,31 मार्च (एजेंसी)। पुलिस ने नौ साल साल पहले जिले के सिंगोड़ी पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम जोपनाला की जिस युवती की हत्या का मामला दर्ज कर उसका कंकाल बरामद करना बताया था, वह जिंदा लौट आई है।

अब इससे महकमे में हड़कंप मच गया है। क्यांकि हत्या के मामले में युवती के पिता और भाई को जेल भी भिजवा दिया गया था। कार्यशैल्ी पर उठ रहे सवाला के बीच पुलिस का कहना है कि डीएनए टेस्ट कराने के साथ ही मामले को फिर से जांच की जा रही है। 13 जून 2014 को दर्ज प्रकरण के अनुसार जोपनाला के सोनू उइके ने पिता कुंदन के साथ लाठी से पीटकर बहन कंचन की हत्या कर दी थी और शव को घर के पासखेत में दफना दिया था।

पुलिस ने कंकाल की 210 हड्डियों की बरामदगी भी दिखाई थी। युवती के भाई सोनू और पिता कुंदन से अपराध कुबूल भी करवा लिया। फिर आरोपित पिता व भाई को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने पुलिस द्वारा पेश किए गए सुबूतों के आधार पर दोनों को जेल भेज दिया था। लेकिन मंगलवार रात को युवती घर वापस आ गई।

उसने बताया कि वह मर्जी से घर से गई थी। इतने समय तक वह उज्जैन के पास रही और उसने शादी भी कर ली है। युवती का कहना है कि उसके पिता और भाई निर्दोष हैं। उन्हें पुलिस ने जबरन फंसाया है।

बता दें कि युवती का भाई दो साल से जेल में है, जबकि पिता को एक साल जेल में रहने के बाद उम्र के आधार पर जमानत मिली हुई है। अब कुंदन का कहना है कि पुलिस ने बेवजह परेशान किया और जबरदस्ती बेटी की हत्या का जुर्म कुबूलने के लिए मजबूर किया।

***************************

 

सीबीआई टीम का उत्तराखंड में फिर छापा, खरीद घोटाले पर एम्स ऋषिकेश में हो रही छापेमारी

ऋषिकेश 31 मार्च,(एजेंसी)। उत्तराखंड में सीबीआई की टीम ने एक बार फिर छापा मारा है। शुक्रवार को बहुत ही गुप्त तरीके से पहुंची सीबीआई टीम ने छापेमारी की कार्रवाई की। सीबीआई टीम की छापेमारी के बाद हड़कंप मच गया। सीबीआई की टीम ने एम्स ऋषिकेश में छापेमारी कर जांच करने में जुटी हुई है।

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में नियुक्तियों और उपकरणों की खरीद में अनियमितता के मामले में सीबीआई की टीम पूछताछ के लिए पहुंची है। सात सदस्य टीम चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय (एमएस) में प्रकरण से संबंधित आवश्यक जानकारियां जुटा रही है।

मामले में सीबीआई साल भर पहले वित्तीय अनियमितताओं को लेकर एम्स के माइक्रोबायोलाजी विभाग में तैनात तत्कालीन अतिरिक्त प्रोफेसर बलराम जी उमर, एनाटामी विभाग के तत्कालीन अध्यक्ष प्रोफेसर बृजेंद्र सिंह, तत्कालीन सहायक प्रोफेसर अनुभा अग्रवाल, प्रशासनिक अधिकारी शशि कांत, लेखाधिकारी दीपक जोशी और खनेजा कांप्लेक्स शकरपुर दिल्ली स्थित प्रो-मेडिक डियाईसेस के मालिक पुनीत शर्मा को नामजद हैं। जबकि, दो अन्य भी मुकदमे में आरोपी हैं। बता दें कि, सीआईडी की टीम डीएसपी लेवल के अफसर की अगुवाई में पहुंची हुई है।

********************************

 

दून, मसूरी में बारिश, जनजीवन प्रभावित

देहरादून 31 मार्च,(एजेंसी)। देहरादून शहर एवं पर्यटन नगरी मसूरी में गुरुवार देर रात से हो रही बारिश से आम जनजीवन प्रभावित हो गया। बारिश के चलते सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ी।

वहीं तापमान में आई भारी गिरावट के चलते ठंड बढ़ गई लोग गर्म कपड़ों में नजर आए। माल रोड पर भी सन्नाटा पसरा हुआ है। धनोल्टी में भी देर रात से बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो गया।

देहरादून शहर में विभिन्न इलाकों में शुक्रवार को बारिश के बीच स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट और अन्य योजनाओं का काम बंद रहा। जगह जगह खुदाई की वजह से लोगों को दिक्कतों का सामना कना पड़ा।

करणपुर, रायपुर, बंजारावाला, कारगी के अलावा विभिन्न इलाकों में आधे अधूरे निर्माण कार्यों के चलते राहगीरों, वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

**********************************

 

केदारनाथ में फिर हुई बर्फबारी, दिक्कतें बढ़ीं

रुद्रप्रयाग 31 मार्च,(एजेंसी)। इस बार मौसम लगातार लोगों की दिक्कतें बढ़ा रहा है। मार्च खत्म हो गया है और फिर भी लगातार बारिश जहां खेती के लिए नुकसानदायक हो रही है वहीं अब, केदारनाथ यात्रा तैयारियों में भी मौसम का यह रूप बाधक बन रहा है।

शुक्रवार को केदारनाथ सहित ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई जबकि निचले इलाकों में रिमझिम बारिश से ठंडक हो गई है।

बीती सांय से जिले के अनेक स्थानों पर आसमान में बादल छा गए। जबकि शुक्रवार सुबह से ही रिमझिम बारिश शुरू हो गई। विशेषकर केदारनाथ धाम सहित पैदल मार्ग में बर्फबारी जारी है इससे यात्रा तैयारियों में व्यवधान पैदा हो रहा है। केदारनाथ पैदल मार्ग में फिर से बर्फ जमा हो गई है।

जबकि लोनिवि डीडीएमए ने दो बार रास्ता खोल दिया था किंतु विभाग के सामने अब मौसम से लडऩा चुनौती बना है। केदारनाथ में लगातार बर्फबारी हो रही है।

जबकि मुख्यालय सहित सम्पूर्ण जिले में रिमझिम बारिश होने से ठंडक होने लगी है। केदारनाथ धाम में यात्रा तैयारियों में जुटे विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ ही मजदूरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भगवान केदारनाथ धाम के कपाट खुलने में अब एक महीने से भी कम का वक्त रह गया है ऐसे में बर्फबारी और मौसम का यह रूप सरकार, प्रशासन और बीकेटीसी की परेशानियां बढ़ा रहा है।

*************************************

 

मुख्तार अनीस गरीबों, किसानों के नेता थे -अखिलेश यादव

लखनऊ 31 मार्च,(एजेंसी)। पूर्व मुख्यमंत्री व  नेता विरोधी दल अखिलेश यादव ने आज समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में समाजवादी पार्टी सीतापुर के वरिष्ठ समाजवादी नेता पूर्व सांसद एवं पूर्व मंत्री  मुख्तार अनीस की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर माल्यार्पण अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उनके पुत्र  जहीर अब्बास ने भी नमन किया।

इस अवसर पर अखिलेश यादव ने अपने सम्बोधन में कहा कि मुख्तार अनीस गरीबों, किसानों की समस्याओं को लेकर हमेशा संघर्ष करते रहे। उन्हें गांजर का गांधी कहा जाता था। वे समाजवादी आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे। वे डॉ0 राममनोहर लोहिया की विचारधारा और समाजवादी पार्टी के प्रति सदैव निष्ठावान रहे।

वे समाजवादी पार्टी के स्थापनाकाल से जुड़े रहे। उनका परिवार आज भी समाजवादी पार्टी से जुड़ा है।श्री यादव ने कहा कि इस समय देश गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है। लोकतंत्र की मूल भावना पर प्रहार हो रहा है। संविधान को कमजोर करने की साजिशें हो रही है। पिछड़ों का आरक्षण छीनने के लिए षडयंत्र हो रहे हैं।

समाजवादी पार्टी भाजपा की जनविरोधी नीतियों का हमेशा विरोध करती रही है।अखिलेश यादव ने कहा कि हम सबको विरासत में मिली समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाना होगा। इसके लिए हर कार्यकर्ता और पदाधिकारी को जनता के सुख-दुख में शामिल रहना चाहिए। गरीब की मदद में पीछे नहीं रहना चाहिए।

नगर निकाय और सन् 2024 में लोकसभा चुनाव के लिए अभी से बूथस्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने के काम में जुट जाना होगा। वोट बढ़ाना है। जनसम्पर्क में तेजी लाना है। श्री यादव ने कहा कि भाजपा में कोई नैतिकता नहीं बची है। वह विपक्ष और लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए निम्नस्तरीय हथकंडे अपनाती है।

विरोध की आवाज को कुचलना भाजपा की नीति है। भाजपा के झूठ-फरेब का जवाब जनता 2024 के लोकसभा चुनाव में देगी।

इस अवसर पर सर्वश्री राजेन्द्र चौधरी राष्ट्रीय सचिव, नरेश उत्तम पटेल प्रदेश अध्यक्ष, मनोज पाण्डेय प्रमुख सचेतक विधानसभा, अतुल प्रधान, सुरेश यादव, डॉ0 ए.के. वर्मा, जासमीर अंसारी, विधायकगण सहित रामपाल यादव, उदयवीर सिंह, महेन्द्र सिंह झीन बाबू, हरगोविन्द भार्गव, राकेश राठौर, सभी पूर्व विधायक तथा गीता सिंह, इमरान अहमद, श्वेता, रामसागर, विजय सिंह, प्रदीप शर्मा, शमीम कौसर, एसएमए रिज़वी, तौकीर अहमद (अल्लन), राजेश गिरि, भूरे सिंह, राजेन्द्र यादव आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

*********************************

 

निकाय चुनाव में फिर से खिलेगा कमल : केशव प्रसाद मौर्या

*डिप्टी सीएएम ने मां कामाख्या धाम में किया दर्शन-पूजन

*कसारी गांव में लगाई चौपाल, सुनी शिकायतें

अयोध्या 31 मार्च,(एजेंसी)। भारतीय जनता पार्टी की केन्द्र व प्रदेश की सरकार ने सबका साथ दिया है, सबका विकास किया है तथा सबको न्याय दिया है, इसी विश्वास पर निकाय चुनाव में एक फिर कमल खिलेगा।

उक्त बातें  सूबे के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने ग्राम पंचायत कसारी में आयोजित चौपाल को संबोधित करते हुए कही। चौपाल में पहुंचे डिप्टी सीएम का विधायक रामचंद्र यादव ने माला पहनाकर स्वागत किया।

उन्होंने गांव को जोडऩे वाले सड़क निर्माण की स्वीकृति होने की जानकारी दी। इससे पहले उपमुख्यमंत्री सिद्धपीठ मां कामाख्या धाम पहुंचकर पूजन-अर्चन किया और आशीर्वाद लिया।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से हर वर्ग लाभांवित हो रहा है। क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति बेहतर हुई। पहले की सरकार में ऐसा नहीं था, जरा सी बरसात होने पर सड़क पर चला दुश्वार हो जाता था।

उन्होंने कहा कि लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत छत मिला है। विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में रुदौली विधानसभा ही नहीं बल्कि पूरी अयोध्या का तेजी से विकास हो रहा है।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, निर्मल शर्मा, तेज तिवारी, राजेश यादव, संतोष मिश्रा, कृष्ण सागर पाल, सीडीओ अनिता यादव, बीडीओ अखिलेश गुप्ता, एसडीएम रुदौली स्वप्निल यादव मौजूद रहे।

******************************

 

भूख से कोई मौत नहीं, केंद्र ने संसद को दी जानकारी-किसी भी राज्य ने नहीं दी ऐसी सूचना

नई दिल्ली 31 March, (एजेंसी) – सरकार ने संसद को सूचित किया है कि देश में भूख से किसी की मौत नहीं हुई है। क्या देश अभी भी भुखमरी से होने वाली मौतों की समस्या का सामना कर रहा है? लोकसभा में इस तारांकित प्रश्न का जवाब देते हुए केंद्रीय खाद्य और उपभोक्ता मामलों के मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, “नहीं सर। एक भी राज्य सरकार या केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासन ने भूख से मौत की कोई सूचना नहीं दी है।”

गोयल की यह प्रतिक्रिया ग्लोबल हंगर इंडेक्स 2022 में भारत के 121 देशों में से 107वें स्थान पर आने के कुछ ही महीनों बाद आई है, जिसमें बच्चों की बर्बादी की दर 19.3 प्रतिशत है, जो दुनिया में सबसे अधिक है।

अक्टूबर 2022 में आई रिपोर्ट में कहा गया था कि 2021 में भारत 101वें स्थान पर था, लेकिन वैश्विक स्तर पर भूख से मौत को ट्रैक करने वाले सूचकांक में और नीचे खिसक गया।

गोयल का बयान सितंबर 2022 में सुप्रीम कोर्ट को केंद्र सरकार से दिए गए जवाब के विपरीत है। केंद्र ने सूचित किया था कि पांच साल से कम उम्र के बच्चों में 69 प्रतिशत मौतें कुपोषण के कारण होती हैं।

केंद्र सरकार ने शीर्ष अदालत को यह भी बताया था कि भूखे रहने वाले भारतीयों की संख्या 19 करोड़ से बढ़कर अब 35 करोड़ हो गई है। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से कहा था कि वह राज्यों के साथ मिलकर देशभर में भुखमरी से होने वाली मौतों, भुखमरी और कुपोषण के आंकड़े मुहैया कराए।

सरकार ने ग्लोबल हंगर रिपोर्ट 2022 को भी यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि एक ऐसे राष्ट्र के रूप में भारत की छवि को धूमिल करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है, जो अपनी आबादी की खाद्य सुरक्षा और पोषण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा नहीं करता है।

***************************

 

आज और कल खूब बरसेंगे मेघ, पंजाब-हरियाणा सहित पूरे उत्तर भारत में बारिश व ओलावृष्टि की संभावना

नई दिल्ली 31 March, (एजेंसी): मार्च महीने की शुरुआत में गर्मी का रंग देख काफी लोग परेशान हो गए थे। हालांकि, मार्च के कुछ दिन गुजर जाने के बाद मौसम में बदलाव दर्ज किया गया और उत्तर भारत समेत देश के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिलीं हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन समूचे उत्तर भारत में झमाझम बारिश का अनुमान जताया है। अफगानिस्तान और ईरान से आने वाले दो पश्चिमी विक्षोभ की वजह से इस बार हीटवेव आने में देरी है। आईएमडी ने दो दिन जम्मू कश्मीर से राजस्थान समेत 17 राज्यों में अगले दो दिन जमकर बारिश की संभावना जताई है। इसमें दक्षिण और पूर्वी राज्य भी शामिल हैं। यह भी जानिए कि दो दिन हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पूर्वी राजस्थान में मौसम कैसा रहेगा।

आईएमडी के मुताबिक, अगले दो सप्ताह हीटवेव नहीं रहेगी। इसके पीछे बड़ी वजह दो पश्चिमी विक्षोभ हैं। पहला पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान से आगे बढ़ते हुए 27 मार्च को जम्मू कश्मीर पहुंचा था। दूसरा पश्चिमी विक्षोभ ईरान से होते हुए पूर्व की दिशा में बढ़ रहा है। यह 29 मार्च को पाकिस्तान में देखा गया था।

आईमडी ने दो दिन समूचे उत्तर भारत में अत्यधिक बारिश और कई राज्यों में ओलावृष्टि की संभावना जताई है। हिमाचल प्रदेश और पंजाब में भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। साथ ही पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, वेस्ट बंगाल समेत कई राज्यों में मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में भी भारी वर्षा की संभावना है।

वहीं, तमिलनाडु, केरल और तेलंगाना में भी अगले कुछ दिन अत्यधिक बारिश हो सकती है। कर्नाटक के कुछ हिस्सों को छोड़कर दक्षिण भारत के सभी राज्यों में अत्यधिक बारिश की संभावना है।

सप्ताह भर ऐसा ही रहेगा मौसम

आईएमडी का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते पूरे सप्ताह ऐसा ही मौसम बना रह सकता है। विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालयी राज्यों में गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। इसमें जम्मू कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान राज्य शामिल हैं।

हालांकि विक्षोभ का ज्यादातर असर दक्षिण प्रायद्वीपीय और मध्य में पड़ेगा। यहां वर्षा की गतिविधि सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।

आईएमडी के मुताबिक, पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में 3 अप्रैल तक तेज हवाओं, आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। यहां भारी वर्षा हो सकती है। यहां असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा में भारी बारिश की संभावना है।

*******************************

 

मधुमक्खियों के हमले में करीब आधा दर्जन विदेशी पर्यटक घायल

आगरा 31 March, (एजेंसी): फतेहपुर सीकरी स्मारक पर मधुमक्खियों के हमले में करीब आधा दर्जन विदेशी पर्यटक घायल हो गए।

घटना गुरुवार दोपहर की है। घायल पर्यटकों को फतेहपुर सीकरी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के संरक्षण सहायक दीपक कुमार ने कहा, ये विदेशी एक समूह में थे, जिनमें ज्यादातर फ्रांस के पर्यटक थे और आगरा गेट से फतेहपुर सीकरी में दीवान-ए-आम की ओर जा रहे थे।

आगरा शहर से 40 किलोमीटर दूर राजस्थान की सीमा की ओर स्थित फतेहपुर सीकरी के स्मारक पर मधुमक्खियों का हमला कोई नई बात नहीं है।

बुलंद दरवाजे के ऊपरी मोड़ और फतेहपुर सीकरी में शाही जामा मस्जिद के मेहराब पर मधुमक्खी के छत्ते आम हैं।

एएसआई के एक अधिकारी ने कहा, हम स्मारकों में मधुमक्खियों के छत्ते के प्रसार की समस्या से निपटने के लिए एक विस्तृत योजना बना रहे हैं।

****************************

 

अतीक को सजा : जज, वकीलों व पूर्व मंत्री की सुरक्षा बढ़ाई

प्रयागराज 31 March, (एजेंसी): उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रयागराज में विशेष न्यायाधीश दिनेश चंद्र शुक्ला, पूर्व मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह और उमेश पाल के वकीलों की सुरक्षा बढ़ा दी है। उमेश पाल अपहरण मामले में गैंगस्टर से राजनेता बने अतीक अहमद और दो सहयोगियों को उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के दो दिन बाद यह कदम उठाया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि उमेश पाल के वकीलों के घरों के बाहर पुलिस टीमों को तैनात किया गया है।

अतीक के गढ़ इलाहाबाद पश्चिम सीट से दूसरी बार विधायक रहे यूपी के पूर्व मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह को भी अतिरिक्त सुरक्षा दी गई है।

प्रयागराज के लूकरगंज में अतीक अहमद के अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई भूमि पर गरीबों के लिए फ्लैट निर्माण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सिद्धार्थ नाथ सिंह ने 26 दिसंबर 2021 को भूमि पूजन किया था।

इन फ्लैटों का निर्माण प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) कर रहा है।

*****************************

 

धर्म परिवर्तन के प्रयास देश के विकास में बाधक : इंद्रेश कुमार

नई दिल्ली 31 March, (एजेंसी): आरएसएस के वरिष्ठ नेता इंद्रेश कुमार ने कहा है कि किसी दूसरे के धर्म में दखलअंदाजी या धर्मांतरण की कोशिश देश के विकास और सद्भाव में बाधक है।

महाराष्ट्र सदन में ‘वाइब्रेंट नॉर्थ ईस्ट’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए, कुमार, जो भारतीय ईसाई मंच और मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के संरक्षक भी हैं, ने कहा कि सभी धर्मों को अपने-अपने धर्म का पालन करना चाहिए और एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए। कुमार ने जोर देकर कहा, हमारा धर्म कुछ भी हो, लेकिन सबसे बढ़कर, हम सभी भारतीय हैं।

ाभा को संबोधित करते हुए, आरएसएस नेता ने कहा कि यह आयोजन दिल्ली के लोगों को उत्तर पूर्व की सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के लिए एक सराहनीय कदम है।

पूर्वोत्तर के लोग देश की प्रगति में योगदान देने के लिए हमेशा आगे रहते हैं। आजादी की लड़ाई हो या आजादी के बाद देश को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए काम करना हो, उन्होंने हमेशा योगदान दिया है।

कुमार ने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार आने के बाद से नॉर्थ ईस्ट पर ज्यादा ध्यान दिया गया है. उन्होंने कहा, आज पूर्वोत्तर के राज्य चहुंमुखी विकास के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन का प्रभाव है।

कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता टॉम वडक्कन, राज्यसभा सांसद एस फंगनोक कोन्यान, भारतीय ईसाई मंच के प्रताप पल्ला और मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी शाहिद सईद भी मौजूद थे।

************************

 

इंदौर मंदिर हादसा: मरने वालों का होगा अंगदान, पीड़ित परिवारों ने लिया बड़ा फैसला

इंदौर 31 March, (एजेंसी): इंदौर में रामनवमी पर श्री बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में हुए हादसे में अब तक 35 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। अपनों को गंवाने वाले कुछ परिवारों ने मृतकों के अंग दान की पहल की है। परिवारों के इस फैसले का अधिकारियों और लोगों ने जमकर स्वागत किया है। अंगदान के लिए काम करने वाले मुस्कान ग्रुप ने पीड़ित परिवारों के इस कदम की जमकर सराहना की है। वहीं, सीएम शिवराज सिंह चौहान ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं।

मुस्कान ग्रुप के अंगदान विभाग के प्रभारी संदीपन आर्य ने कहा कि, इस दुख की घड़ी में भी कुछ परिवार ने मृतकों का अंग दान करने की बात कही है। उन्होंने कहा, ”हादसे में महिला मधु कुकरेजा की जान गई है। सबसे पहले उनका परिवार अंग दान के लिए आगे आया और उन्होंने हमसे संपर्क करते हुए मधु की आंखें दान करने की इच्छा जाहिर की है। 8 परिवार ऐसे हैं, जिन्होंने अपने परिवार के मृत सदस्य की आंख डोनेट करने की बात कही है। साथ ही तीन परिवार के ऐसे हैं जिन्होंने स्किन डोनेट करने की बात कही है। हम अन्य परिवारों से भी उनके परिवार के मृत सदस्य के अंगदान के लिए बात कर रहे हैं।”

भारती पति परमानंद, मधु पति राजेश, दीक्षा पति लक्ष्मीकांत, जयवंती पति परमानंद, लक्ष्मी पति रतनलाल, इंद्रकुमार पिता थवरलाल, मनीषा पति आकाश, गंगाबेन पति गंगादास, भूमिका पति उमेश, कनक पति कौशल पटेल, पुष्पा पति दिनेश पटेल, करिश्मा पिता राम वाधवानी, वर्षा पिता रवि पाल, पिंटू पिता मंगल सिंह, लोकेश पिता सुरेश, पुष्पा पाल पति रामकरण पाल, शारदा बेन पति केशवलाल, महक पिता राजेश, सुभाष पिता सुखलाल, तनीश पिता रवि पाल, प्रियंका प्रजेश पटेल, राजेंद्र पिता बद्रीनारायण, हितेश पिता प्रेमचंद, नंद किशोर पिता मोहन दास, कस्तूरी बेन पति मनोहर दास, घनश्याम पिता नौतन दास, सुरेश पिता अरुण दास, जितेंद्र पिता रतन सोलंकी, जया बेन पिता गंगाराम पटेल, विनोद पटेल पिता धनजी पटेल, इंद्रा पिता नारायण दास, उषा गुप्ता पिता प्रहलाद दास, शारदा लाड पति हुकुमचंद लाड, रतन बेन पति नानजी पटेल और सोमेश खत्री की मौत हो गई।

वहीं सीएम शिवराज सिंह चौहान ने पूरी घटना की न्यायिक जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने मृतकों के परिवार को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और घायलों को 50 हजार रुपये की मदद देने का ऐलान किया है। घायलों के इलाज का खर्च सरकार उठाएगी। इसके अलावा पीएम राष्ट्रीय राहत कोष से भी मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की मदद की घोषणा की गई है।

****************************

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version