हंसराज अकैडमी ने जीता रौशनलाल सेठी टूर्नामेंट

नयी दिल्ली 08 अपै्रल (एजेंसी)। सक्षम चौधरी (2/33) और तेजस (2/26) की शानदार गेंदबाजी के बाद कृष शर्मा (105) के शतक और यश भोज (44) की सराहनीय पारी की बदौलत हंसराज अकैडमी पंजाबी बाग ने एक रोमांचक फाइनल मुकाबले में दिल्ली क्रिकेट हब (204/5) को पांच विकेट से हराकर दूसरे रौशनलाल सेठी अंडर-14 टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली क्रिकेट हब ने साई अंश वोहरा के 92 रन और नूर मोहम्मद के 62 रन की बदौलत पांच विकेट पर 204 रन का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हंसराज की टीम को अंतिम ओवर में जीत के लिये 17 रन की दरकार थी, जिसे उसने एक गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।

साई अंश वोहरा को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, हर्षित चौधरी को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और अभिराज वशिष्ठ को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।

दिल्ली डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) के संयुक्त सचिव राजन मनचंदा ने विजेताओं को पुरस्कार बांटे। हरिचंद मेमोरियल स्पोर्ट्स इवेंट ट्रस्ट और दिल्ली स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट के पुरस्कार समारोह में बलजीत सिंह जोबान, राजिंदर आर्या, अनुज बंसल व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

*****************************

 

वायुसेना का खिताब तय, अजमल, वॉरियर्स जीते

नयी दिल्ली 08 अपै्रल (एजेंसी)। भारतीय वायुसेना (पालम) ने लगातार चौथी जीत के साथ फुटबॉल दिल्ली ए-डिवीजन लीग के खिताब पर कब्जा कर लिया।

अंबेडकर स्टेडियम पर खेले गये रोमांचक मुकाबले में वायुसैनिकों ने पिछडऩे के बाद शानदार वापसी की और यंगस्टर्स एफसी को 2-1 से हराकर सुपर सिक्स में अजेय बढ़त बना ली।

यंगस्टर्स ने 25वें मिनट में इमैनुअल के गोल से बढ़त बनायी। इमैनुअल को कुछ मिनट बाद रेफरी लक्ष्य ने लाल कार्ड दिखाकर बाहर का रास्ता दिखा दिया। दस खिलाडिय़ों के बावजूद यंगस्टर्स ने आखिर तक संघर्ष किया लेकिन जिको और सौरभ के गोलों से वायुसेना को जीत मिली।

एक अन्य महत्वपूर्ण मुकाबले में अजमल एफसी ने एम2एम एफसी को 3-2 से हराकर ए-डिवीजन लीग से आगे बढऩे की उम्मीद बनाये रखी। विजेता के लिये सुमित घोष, आदित्य शाह और प्रोसेनजीत ने गोल जमाये। एम2एम के गोल विशाल हरिजन और सुमन मांडी ने किये।

इसी बीच, नेहरू स्टेडियम पर खेले गये फुटबॉल दिल्ली बी-डिवीजन मैच में वॉरियर्स ने ईव्स स्पोर्ट्स क्लब को 3-1 से परास्त कर विजय अभियान शुरू किया। विजेता टीम के लिये मृदुल ने दो शानदार गोल जमाये। एक गोल मैन ऑफ द मैच मोहन ने किया। ईव्स का गोल आयुष्मान के नाम रहा। वॉरियर्स पहली बार फुटबॉल दिल्ली के आयोजन में भाग ले रही है।

**************************

 

माही के विजयी सिक्स को सम्मान, वानखेड़े में बना विक्ट्री मैमोरियल

मुंबई 08 अपै्रल (एजेंसी)। यहां वानखेड़े स्टेडियम में भारत की 2011 विश्व कप जीत की याद में एक विक्ट्री मेमोरियल बनाया गया है। यह मेमोरियल उसी जगह पर बनाया गया है, जहां महेंद्र सिंह धोनी का विजयी छक्का गिरा था।

धोनी की आईपीएल टीम चेन्नई सुपर किंग्स ने इस विक्ट्री मेमोरियल के उद्घाटन का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है।

इस मैमोरियल के लिए स्टैंड्स से 5 कुर्सियां भी हटाईं जाएंगी। इसके अलावा, धोनी को उसी स्पॉट पर एमसीए ने सम्मानित भी किया। इस मौके पर खुद धोनी भी मौजूद रहे।

धोनी के सम्मान में अब उन 5 कुर्सियों पर कोई नहीं बैठेगा, जहां उनके बल्ले से निकला वर्ल्ड कप विनिंग सिक्स आकर गिरा था। 2011 में टीम इंडिया ने श्रीलंका को हराकर विश्व कप जीता था।

बता दें कि दुनियाभर में क्रिकेट स्टेडिम में स्टैंड्स और पवेलियन तो कई क्रिकेट खिलाडिय़ों के नाम हैं, लेकिन, विक्ट्री मेमोरियल किसी प्लेयर या उनके शॉट पर भारत में पहली बार बनेगा।

************************

 

मुद्रा योजना में आठ वर्षों में 23.2 लाख करोड़ के 40.81 करोड़ ऋण मंजूर

नयी दिल्ली 08 अपै्रल (एजेंसी)।  वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (पीएमएमवाई) के शुभारंभ से लेकर अब तक 23.2 लाख करोड़ रुपये के 40.82 करोड़ से भी अधिक ऋण स्वीकृत किए गए हैं और इससे जमीनी स्तर पर बड़ी संख्या में रोजगार सृजित करने में मदद मिली है तथा यह भारतीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के साथ-साथ गेम चेंजर भी साबित हुई है।

वित्त मंत्री ने इस योजना के आठ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर यहां कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में शुरू की गई इस योजना से सूक्ष्म उद्यमों तक ऋणों की आसान एवं परेशानी मुक्त पहुंच संभव हो पाई है और इससे बड़ी संख्या में युवा उद्यमियों को अपना व्यवसाय शुरू करने में मदद मिली है।

प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (पीएमएमवाई) का शुभारंभ 8 अप्रैल 2015 को प्रधानमंत्री द्वारा आय सृजित करने वाली गतिविधियों के लिए गैर-कॉरपोरेट, गैर-कृषि लघु और सूक्ष्म उद्यमियों को 10 लाख रुपये तक के गिरवी-मुक्त सूक्ष्म ऋण आसानी से मुहैया कराने के उद्देश्य से किया गया था। ‘पीएमएमवाई’ के तहत ऋण दरअसल सदस्य ऋणदाता संस्थाओं (एमएलआई) यथा बैंकों, गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी), सूक्ष्म वित्त संस्थानों (एमएफआई) और अन्य वित्तीय मध्यस्थों द्वारा प्रदान किए जाते हैं।

पीएमएमवाई के आंकड़ों के संदर्भ में श्रीमती सीतारमण ने कहा कि इस योजना के शुभारंभ से लेकर 24 मार्च 2023 तक 40.82 करोड़ ऋण खातों में लगभग 23.2 लाख करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इस योजना के तहत लगभग 68 प्रतिशत खाते महिला उद्यमियों के हैं और 51 प्रतिशत खाते एससी/एसटी और ओबीसी श्रेणियों के उद्यमियों के हैं। यह दर्शाता है कि देश के नवोदित उद्यमियों को आसानी से ऋण की उपलब्धता से नवाचार और प्रति व्यक्ति आय में सतत वृद्धि हुई है।

एमएसएमई के माध्यम से विकास पर वित्त मंत्री ने कहा कि एमएसएमई के विकास ने ‘मेक इन इंडिया’ कार्यक्रम में व्यापक योगदान दिया है क्योंकि मजबूत घरेलू एमएसएमई की बदौलत घरेलू बाजारों के साथ-साथ निर्यात के लिए भी स्वदेश में उत्पादन काफी अधिक बढ़ गया है। पीएमएमवाई योजना से जमीनी स्तर पर बड़ी संख्या में रोजगार अवसर सृजित करने में मदद मिली है और यह भारतीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के साथ-साथ गेम चेंजर भी साबित हुई है।

********************************

 

मप्र के 6 और उत्पादों को मिला जीआई टैग

भोपाल 08 अपै्रल (एजेंसी)। मध्य प्रदेश के हस्त शिल्प उत्पाद ने नया इतिहास बनाया है। केन्द्रीय वाणिज्य मंत्रालय के इंडस्ट्री प्रमोशन एडं इंटरनल ट्रेड द्वारा मध्यप्रदेश के 6 उत्पादों को जीआई टैग प्रदान किया गया है। इनमें रीवा का सुंदरजा-आम भी है।

आधिकारिक तौर पर दी गई जानकारी में बताया गया है कि डिंडौरी की गोंड पेंटिंग, ग्वालियर का कार्पेट, उज्जैन की बाटिक प्रिंट, जबलपुर भेड़ाघाट का स्टोन क्राफ्ट, बालाघाट की वारासिओनी की साड़ी और रीवा के सुंदरजा-आम को जीआई टैग प्रदान किया गया है।

यह पहला अवसर है कि जब एक साथ प्रदेश के इतने उत्पादों को जीआई टैग दिया गया है। साथ ही प्रदेश में जीआई टैग प्राप्त उत्पादों की संख्या 19 हो गई है।

प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश खादी ग्रामोद्योग बोर्ड एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी संत रविदास हस्तशिल्प विकास निगम अनुभा श्रीवास्तव ने बताया कि जीआई टैग (जियोग्राफिकल इंडिकेशंस टैग) एक प्रकार का लेवल है.

जिसमें किसी प्रॉडक्ट को विशेष भौगोलिक पहचान दी जाती है, जो केन्द्रीय वाणिज्य मंत्रालय द्वारा दिया जाता है।

नाबार्ड टेक्सटाइल कमेटी और वस्त्र मंत्रालय के सहयोग से राज्य सरकार के कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के साथ स्थानीय उत्पादक संस्थाओं ने समन्वय से यह सफलता प्राप्त की गई है।

********************************

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने फाइटर जेट सुखोई-30 में भरी उड़ान

नई दिल्ली 08 April, (एजेंसी): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान सुखोई फाइटर जेट में उड़ान भरी। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने जानकारी दी कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को तेजपुर वायु सेना स्टेशन से सुखोई 30 एमकेआई लड़ाकू विमान में उड़ान भरी। इससे पहले 2009 में पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने अग्रिम पंक्ति के लड़ाकू विमान में उड़ान भरी थी।

आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू छह से आठ अप्रैल तक असम के दौरे पर रहेंगे। अधिकारी ने कहा, “आठ अप्रैल को राष्ट्रपति ने तेजपुर वायु सेना स्टेशन में सुखोई 30 एमकेआई लड़ाकू विमान से उड़ान भरेंगे।”

इससे पहले राष्ट्रपति ने 7 अप्रैल को काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में गज उत्सव-2023 का उद्घाटन किया। इसके बाद गुवाहाटी में माउंट कंचनजंगा अभियान-2023 को झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रवक्ता ने कहा कि उसी दिन वह गुवाहाटी में गुवाहाटी उच्च न्यायालय के 75 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित समारोह में भी शामिल होंगी।

****************************

 

तेज प्रताप का सामान होटल के कमरा से बाहर निकाला

पटना 08 April, (एजेंसी): बिहार के मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के बेटे तेज प्रताप यादव से बदसलूकी का मामला सामने आया है। यहां तेज प्रताप यादव का सामान वाराणसी के सिगरा क्षेत्र स्थित एक होटल से बाहर निकालने का प्रकरण सामने आया है। इस संबंध में मंत्री तेजप्रताप यादव के निजी सहायक विशाल सिन्हा ने सिगरा थाने में शिकायत भी दी है। डीसीपी काशी जोन आरएस गौतम ने बताया कि इस पूरे प्रकरण की छानबीन कराई जा रही है। होटल प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है।

सहायक विशाल सिन्हा के मुताबिक अरकडिया होटल में कमरा नंबर 205 और 206 में सामान रखा गया था। कमरा नंबर 206 मंत्री तेजप्रताप यादव रुके हुए थे। जबकि 205 में निजी सहायक एवं सुरक्षाकर्मी रुके हुए थे। शुक्रवार रात में गंगा में नौकायन के बाद मंत्री एवं अन्य सभी जब होटल पहुंचे तो दोनों कमरे का सामान रिसेप्शन पर रखा हुआ था। इस संबंध में होटल कर्मियों से पूछताछ करने पर बताया गया कि होटल के जीएम संजय कुमार के कहने पर ऐसा किया गया। घटनाक्रम के बाद मंत्री, उनके निजी सहायक एवं सुरक्षाकर्मी कार से सामान समेत वहां से रवाना हो गए।

इस संबंध में डीसीपी काशी बनारस गौतम ने बताया कि होटल प्रबंधन के मुताबिक दोनों कमरे ऑनलाइन किसी अन्य ने बुक किए थे। जबकि मंत्री एवं उनके लोगों ने यह कमरा बिना बुक कराए ही अपना सामान रख दिया था। इसी कारण उनका सामान निकलवाया गया। बिना बुकिंग के ही मंत्री एवं अन्य के सामान कैसे होटल में रखे गए,इस संबंध में छानबीन कराई जा रही है।

********************************

 

महाराष्ट्र में फिर बड़ा सियासी संकट! अजित पवार फिर गायब- सारे कार्यक्रम रद्द

मुंबई 08 April, (एजेंसी): राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता अजित पवार के फिर से ‘गायब’ होने की खबरें आ रही हैं। उन्होंने अपने सारे आधिकारिक कार्यक्रम रद्द कर दिए और काफिला भी छोड़ दिया। इससे पहले 2019 में भी ऐसा किया था, उस वक्त उन्होंने बीजेपी के साथ गठबंधन कर सरकार बना ली थी। हालांकि, पार्टी की ओर से आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है और बताया है कि वह पुणे में ही हैं।

एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अजित ने शुक्रवार और शनिवार के पुणे में होने वाले सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। इसके अलावा कयास लगाए जा रहे हैं कि वह एनसीपी के कुछ विधायकों के साथ संपर्क से बाहर हो गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, यह भी कहा जा रहा है कि पार्टी के कुछ विधायक भी गायब हैं। सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि अजित की तरफ से दिए गए ताजा इंटरव्यू और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के अयोध्या दौरे के बाद अटकलों का दौर शुरू हो गया था।

रिपोर्ट में कहा गया है कि हाल ही में अजित ने खुलासा किया था कि एनसीपी प्रमुख और कुछ अन्य लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को इस तरह की संभावित बगावत की चेतावनी थी, लेकिन उन्होंने इसे अनसुना कर दिया था। वह ठाकरे की अगुवाई वाली महाविकास अघाड़ी सरकार में उप मुख्यमंत्री भी रहे थे।

हाल ही में पवार ने एक रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डिग्री का मुद्दा उठाया था और कहा था कि इसके बारे में पूछना उचित नहीं है। उन्होंने कहा था, ‘2014 में क्या लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी को डिग्री के आधार पर वोट दिया था? यह उनका व्यक्तित्व था, जिसने उन्हें चुनाव जिताने में मदद की।’ उन्होंने कहा, ‘वह 9 सालों से देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उनकी डिग्री के बारे में पूछना उचित नहीं है। हमें उनसे महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सवाल पूछने चाहिए।’

उन्होंने आगे सवाल किया, ‘अगर हमें उनकी डिग्री पर सफाई मिल जाएगी, तो क्या महंगाई कम हो जाएगी? क्या उनकी डिग्री के बारे में जानकर लोगों को नौकरी मिल जाएगी?’

खास बात है कि सीएम शिंदे भी अयोध्या जा रहे हैं। सीएम बनन के बाद यह उनका पहला अयोध्या दौरा होगा। संभावनाएं जताई जा रही हैं कि उनके साथ 5 हजार शिवसैनिक भी जा सकते हैं। वह शनिवार शाम राजधानी लखनऊ पहुंचेंगे और यूपी के समकक्ष योगी आदित्यनाथ से मिलेंगे। रविवार को वह अयोध्या के लिए रवाना होंगे।

 

कर्नाटक चुनाव : येदियुरप्पा ने कहा जीतने की क्षमता के आधार पर दिया जाएगा टिकट

बेंगलुरु 08 April, (एजेंसी): कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा केंद्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य बी.एस. येदियुरप्पा ने कहा कि 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के उम्मीदवारों को अंतिम रूप से आलाकमान के परामर्श के बाद संभावित उम्मीदवार की जीतने की क्षमता को देखते हुए तय किया जाएगा, भले ही पार्टी टिकट देने के इच्छुक उम्मीदवारों के दबाव में हो। उन्होंने कहा, मैं टिकट फाइनल करने के सिलसिले में दिल्ली के लिए रवाना हो रहा हूं। इस मामले पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा करने की जरूरत है। चर्चा के बाद प्रत्याशियों की सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र के लिए दो या तीन नामों वाली एक सूची पहले ही आलाकमान को भेजी जा चुकी है। उन्होंने कहा, मैं मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और अन्य के साथ दिल्ली जा रहा हूं। हम जल्द ही सूची जारी करेंगे।

इस बीच, टिकटों को अंतिम रूप देने के लिए प्रारंभिक बैठक पार्टी आलाकमान द्वारा रद्द कर दी गई। बैठक शुक्रवार शाम को होनी थी। येदियुरप्पा और बोम्मई ने सुबह बेंगलुरु छोड़ने की योजना बनाई थी। केंद्रीय संसदीय बोर्ड की शनिवार को बैठक होगी और उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक रविवार को पार्टी केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक करेगी और उसी दिन पहली सूची की घोषणा की जाएगी।

बोम्मई ने कहा कि उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को दिल्ली में भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक होगी। उन्होंने शुक्रवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि विधानसभा और जिला स्तर पर फीडबैक और राय लेने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और राज्य स्तर पर भी इस पर चर्चा हुई है। उन्होंने कहा, संसदीय बोर्ड अंतिम निर्णय लेगा।

मंत्री वी. सोमन्ना के राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता सिद्धारमैया के खिलाफ वरुणा निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने के बारे में पूछे जाने पर बोम्मई ने कहा कि इस संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया गया है और सभी निर्वाचन क्षेत्रों के बारे में शनिवार को चर्चा की जाएगी।

**************************

 

 

संसदीय पैनल ने सरकार से घाटे में चल रहे सार्वजनिक उपक्रमों को पुनर्जीवित करने के लिए कदम उठाने को कहा

नई दिल्ली 08 April, (एजेंसी): भारी उद्योग मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण में चल रहे 16 सेंट्रल पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइजेज (सीपीएसई) में से पांच सीपीएसई जिनमें हैवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (एचईसी) और हिंदुस्तान मशीन टूल्स (एचएमटी) शामिल हैं, घाटे में चल रहे हैं। राज्यसभा के उच्च स्तरीय संसदीय पैनल ने इस तथ्य पर चिंता व्यक्त की है और यह भी नोट किया है कि मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण के तहत कई सीपीएसई धीरे-धीरे कम हो रहे हैं।

पैनल ने भारी उद्योग मंत्रालय से अपने नियंत्रण वाले सीपीएसई के प्रदर्शन को बढ़ाने की दिशा में काम करने और घाटे में चल रही इकाइयों को पुनर्जीवित करने के लिए पुनर्गठन उपायों को अपनाने के लिए कहा है, ताकि पीएसयू को और बंद न किया जा सके।

उद्योग पर संसदीय स्थायी समिति, जिसकी अध्यक्षता डीएमके सांसद तिरुचि शिवा कर रहे हैं, उन्होंने हाल ही में समाप्त हुए बजट सत्र के दौरान संसद में पेश की गई अपनी रिपोर्ट में कहा है कि एचईसी पिछले कई वर्षों से लगातार घाटे में चलने वाला उद्यम रहा है, फिर भी 2023-24 के लिए बजटीय सहायता के रूप में 0.01 करोड़ रुपये की नाममात्र राशि रखी गई है।

इस प्रकार समिति ने सिफारिश की है कि मंत्रालय को एचईसी की स्थिति में सुधार के लिए ठोस प्रयास करने चाहिए और यदि आवश्यकता पड़ी तो संशोधित अनुमान स्तर पर अतिरिक्त धन की मांग कर सकता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि मंत्रालय को अपने प्रशासनिक दायरे में सीपीएसई को पुनर्जीवित करने और मजबूत करने के लिए उठाए गए कदमों और योजनाओं का ब्योरा पैनल को देना चाहिए।

एचईसी और एचएमटी के अलावा, मंत्रालय के नियंत्रण में घाटे में चल रहे अन्य पीएसयू इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट्स (इंडिया) लिमिटेड (ईपीआईएल), राजस्थान इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंट्स लिमिटेड (आरईआईएल) और एनईपीए लिमिटेड हैं। समिति ने इस बात पर भी निराशा व्यक्त की कि साल दर साल भारी उद्योग मंत्रालय के नियंत्रण वाले सीपीएसई की संख्या घट रही है।

समिति ने सिफारिश की है कि मंत्रालय को उन कारणों का गंभीर और समग्र विश्लेषण करना चाहिए जो उसके पीएसई को बीमार और घाटे में चल रहे हैं, और उनके पुनरुद्धार और बहाली के लिए ठोस प्रयास करें।

************************

 

लिट्टे को फिर से खड़ा कर रहे रैकेट का भंडाफोड़, एनआईए ने चेन्नई में एक को पकड़ा

नई दिल्ली 08 April, (एजेंसी): राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (एलटीटीई) को पुनर्जीवित करने के लिए काम कर रहे भारत-श्रीलंका के अवैध ड्रग्स और हथियारों की तस्करी करने वाले रैकेट पर छापेमारी की है।

चेन्नई में संदिग्धों के कई स्थानों पर छापा मारकर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। एनआईए ने छापे के दौरान भारी मात्रा में नकदी, सोने के बिस्कुट, डिजिटल डिवाइस, ड्रग्स और दस्तावेज के साथ-साथ अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की।

एजेंसी ने जुलाई 2022 में रैकेट की जांच शुरू की। अब तक एनआईए ने मामले में 14 गिरफ्तारियां की हैं।

इससे पहले पिछले साल दिसंबर में पूरे तमिलनाडु में 21 जगहों पर छापेमारी कर 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।

मामले की जांच से पता चला है कि श्रीलंका में ड्रग्स और हथियारों तस्करी से होने वाली आय हवाला एजेंटों के माध्यम से भारत में प्राप्त हुई थी, इसमें चेन्नई का शाहिद अली भी शामिल था। यह भी पाया गया कि हवाला का लेन-देन मन्नदी, चेन्नई में स्थित होटलों और व्यवसायों के माध्यम से किया गया था।

गुरुवार की जब्ती में शाहिद अली की दुकान से 68 लाख रुपये भारतीय मुद्रा और 1,000 सिंगापुरी डॉलर, सोने के नौ बिस्कुट (कुल 300 ग्राम) शामिल हैं। एनआईए ने चेन्नई के होटल ऑरेंज पैलेस से भारतीय मुद्रा में 12 लाख रुपये भी बरामद किए।

गुरुवार की तलाशी के बाद गिरफ्तार संदिग्ध की पहचान अय्यप्पन नंदू के रूप में हुई है। वह एक श्रीलंकाई शरणार्थी और मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले मुहम्मद अस्मीन की ओर से नशीली दवाओं के व्यापार का प्रबंधन करता है।

उसने ड्रग्स और हथियारों के व्यापार के माध्यम से लिट्टे को पुनर्जीवित करने के लिए अन्य अभियुक्तों के साथ साजिश रची।

**************************

 

पिटबुल के हमले में दो नाबालिग भाई लहूलुहान

ग्रेटर नोएडा 08 April, (एजेंसी): ग्रेटर नोएडा के कासना थाना इलाके के लिया ना गांव में पिटबुल ने हमला कर दो भाइयों को घायल कर दिया। पिटबुल के मालिक पिता-पुत्र पर पुलिस में केस दर्ज हुआ है।

इससे पहले भी खतरनाक नस्ल के कुत्तों के हमले के कई मामले सामने आ चुके हैं, इनमें कई लोग घायल हो चुके हैं। कासना थाना इलाके के नियाना गांव में दिल्ली पुलिस के दरोगा नागेंद्र भाटी के दो नाबालिग बेटों को पिटबुल ने काट कर लहूलुहान कर दिया।

पिटबुल ने पहले छोटे भाई राज भाटी पर हमला किया और उसे बचाने का प्रयास करने आए बड़े भाई नारायण भाटी को भी काट लिया।

आरोप है कि फिरेराम और उसके बेटे अमित ने पालतू कुत्ते को गली में खुला छोड़ रखा था। नागेंद्र ने आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ कासना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

परिजनों के मुताबिक पिटबुल ने राज के हाथ की कोहनी से थोड़ा ऊपर के हिस्से को जबड़े में दबा लिया था। शोर मचाने पर भी पिटबुल ने उसे नहीं छोड़ा।

इसी बीच नारायण पिटबुल से भिड़ गया आसपास के लोग भी उसे छुड़ाने का प्रयास करने लगे, पिटबुल ने करीब 3 मिनट बाद राज का हाथ छोड़ा। कुत्ते ने राज के हाथ और पैर और नारायण के दोनों पैरों को जख्मी कर दिया है।

***************************

101 बिल्डरों के खिलाफ 1705 आरसी, 503 करोड़ रुपये की वसूली के लिए मुनादी

ग्रेटर नोएडा 08 April, (एजेंसी): गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन ने रेरा के बकाये की वसूली के लिए बकाएदार बिल्डरों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया हैं। उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) के आदेशों का पालन नहीं करने पर नोएडा और ग्रेटर नोएडा के 101 बिल्डर कंपनियों के खिलाफ 1705 आरसी रेरा ने जिला प्रशासन के पास भेज रखी हैं। इनसे 503 करोड़ रुपये की वसूली की जानी है।

जिला प्रशासन वर्ष 2021 में 32 बिल्डरों की 315 करोड़ रुपए की संपत्तियां जब्त कर चुका है। जिला प्रशासन की 40 टीमों ने बिल्डर कंपनियों के दफ्तरों से लेकर घरों तक जाकर मुनादी करना शुरू कर दिया। उनके घर और दफ्तर के बाहर आरसी के नोटिस चस्पा किए जा रहे हैं। जो मुनादी के बाद भी रिस्पांस नहीं करेंगे, जिला प्रशासन उनकी संपत्ति सील करेगा, जब्त करने की कार्रवाई करेगा और जेल भी भेजेगा। इनमें तमाम बिल्डर कंपनियों के मालिकों के दफ्तर दिल्ली, फरीदाबाद, गुड़गांव, गाजियाबाद या अन्य जिलों में है। वहां जाकर भी टीमें कार्रवाई करेंगी।

गौतमबुद्ध नगर के डीएम ने बताया कि 101 बिल्डर कंपनियों में तहसील दादरी के अंतर्गत 73 बिल्डर कंपनियां आती हैं। इनमें कई बड़े बिल्डर ग्रुपों की कंपनियां हैं। वेव मेगा सिटी सेंटर प्राइवेट लिमिटेड से 80.55 करोड़ की आरसी वसूली जानी है। लॉजिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर

प्रा. लि. से 34.57 करोड़, सुपरटेक टाउनशिप प्रोजेक्ट लि.से 33.56 करोड़, महागुन इंडिया प्रा. लि. से 19.97 करोड़, पाश्र्वनाथ डेवलपर्स लि. से 13.39 करोड़, इसके अलावा भी कई बड़े ग्रुपों की कंपनियां इनमें शामिल हैं, जिनसे वसूली होगी। एसडीएम सदर को अपनी टीम के साथ 28 बिल्डर कंपनियों से आरसी का पैसा वसूलना है। इनमें ग्रीनवे आरिस इंफ्रा से 17.63 करोड़ की वसूली का जानी है। इम्पीरिया स्ट्रक्च र लि. से 9.41 करोड़ की वसूली की जानी है। पाश्र्वनाथ डेवलपर्स लि. से 4.99 करोड़, न्यू टैंक प्रमोटर्स से 3.79 करोड़ व बाकी सब इससे कम की राशि वसूली जानी है।

जिला प्रशासन ने इस तरह आरसी वसूलने के लिए पहले भी बिल्डरों पर कार्रवाई की है। वर्ष 2021 में 32 बिल्डरों की 315 करोड़ रुपए की संपत्तियां जब्त कर चुका है. अब जिला प्रशासन ने बड़े स्तर पर वसूली के लिए अभियान चलाने का फैसला लिया है। आज से ही कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन का लक्ष्य है कि अगले एक दो महीने में इन 503 करोड़ में से ज्यादा से ज्यादा रकम बिल्डरों से वसूला जा सके।

**************************

जब नशे में धुत यात्री खोलने लगा उड़ते प्लेन का इमरजेंसी गेट

नई दिल्ली 08 April, (एजेंसी): उड़ानों के दौरान नशे में धुत यात्रियों द्वारा गलत व्यवहार करने के खबरें लगातार सामने आती रहती हैं। ऐसी ही एक घटना शुक्रवार को हुई, जब नशे में धुत एक पैसेंजर ने इंडिगो की दिल्ली-बेंगलुरु फ्लाइट के हवा में रहते ही इमरजेंसी दरवाजे के फ्लैप को खोलने की कोशिश की। उसकी इस हरकत को देखते ही क्रू मेंबर ने इसकी सूचना विमान के कैप्टन को दी। कैप्टन ने मौके पर ही उस शख्स को चेतावनी दी। इसके बाद जब विमान बेंगलुरु एयरपोर्ट पर लैंड कर गया तो उस शख्स को सीआईएसएफ (CISF) के हवाले कर दिया गया।

इंडिगो की एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि ‘दिल्ली-बेंगलुरु इंडिगो उड़ान के इमरजेंसी दरवाजे के फ्लैप को कथित तौर पर खोलने की कोशिश करने के लिए नशे में धुत एक 40 वर्षीय यात्री के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।’ विज्ञप्ति के मुताबिक ये घटना शुक्रवार सुबह करीब सात बजकर 56 मिनट पर आईजीआई हवाईअड्डे से उड़ी उड़ान संख्या 6E 308 में हुई। इस पूरी घटना का विवरण देते हुए इंडिगो ने कहा कि ‘दिल्ली से बेंगलुरु जाने वाली उड़ान 6E 308 में यात्रा कर रहे एक यात्री ने नशे की हालत में इमरजेंसी निकास के फ्लैप को खोलने की कोशिश की।’

इंडिगो एयरलाइंस ने अपने बयान में कहा कि ‘इस हरकत को नोटिस करने के बाद बोर्ड पर मौजूद चालक दल ने कप्तान को सतर्क किया और यात्री को तत्काल उचित रूप से सावधान किया गया। उस उड़ान के सुरक्षित संचालन पर कोई समझौता नहीं किया गया।’ बेंगलुरु पहुंचने पर यात्री को सीआईएसएफ को सौंप दिया गया है। मामले की आगे की जांच चल रही है।

****************************

 

1000 करोड़ के स्टूडियो पर चला बुल्डोजर, रामसेतु, आदिपुरुष जैसी फिल्मों की हुई है यहां शूटिंग

मुंबई 08 April, (एजेंसी)-यहां मड आइलैंड में बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने 1000 करोड़ के स्टूडियो के खिलाफ कार्रवाई करते हुए समुद्र किनारे पर बने इस स्टूडियो पर बुलडोजर चला दिया।

इस मामले की शिकायत बीजेपी के नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने की थी। इस स्टूडियो में रामसेतु, आदिपुरुष जैसी कई बड़ी फिल्मों की शूटिंग भी हुई थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, महाराष्ट्र के पर्यावरण मंत्रालय और राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) को अवैध स्टूडियो के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया था।

इस आदेश के बाद ही बीएमसी ने यह कार्रवाई की है। एनजीटी ने अपने आदेश में कहा था कि अस्थाई स्टूडियो बनाने की अनुमति दी गई थी।

इस अनुमति का दुरुपयोग करते हुए स्थायी स्टूडियो बनाया गया। इसलिए यह स्टूडियो अवैध है।

*****************************

लीजा मलिक ने अपने फिटनेस सीक्रेट्स का किया खुलासा

08.04.2023 (एजेंसी)  एक्ट्रेस और सिंगर लीजा मलिक रोजाना वर्कआउट करती हैं। उन्होंने अपने फिटनेस गोल्स को सोशल मीडिया पर शेयर किया। उन्होंने एक हेल्दी लाइफस्टाइल के लिए अपने सीक्रेट्स का भी खुलासा किया।

एक्ट्रेस ने कहा, लाइफस्टाइल को मेनटेंन रखने के लिए मैंने हमेशा घर का बना सादा संतुलित भोजन खाना पसंद किया। मैं कभी भी दुबले होने में विश्वास नहीं रखती।लिजा ने तोरबाज से बॉलीवुड में कदम रखा और कॉमेडी क्लासेस, कॉमेडी सर्कस, भाग बकूल भाग जैसे टीवी शो में काम किया।

एक्टिव और फिट रहने के बारे में बात करते हुए वह कहती हैं, मैं अपने दिन की शुरूआत शहद नींबू वाले गुनगुने पानी के साथ करती हूं, फिर ताजा जूस लेती हूं।

मैंने चावल की जगह दलिया या ब्राउन राइस और सामान्य गेहूं के आटे को मल्टीग्रेन आटे से बदल दिया है। मैंने पाया है कि दिन में 4 बार भोजन करना और समय पर सोना हमेशा हेल्थ के लिए फायदेमंद होता है।

इसलिए मैं सभी को हेल्दी खाने की सलाह दूंगी और कभी भी भूखा नहीं रहना चाहिए या आहार में कोई बड़ा बदलाव नहीं करना चाहिए।

*************************

 

सनी सिंह ने किया फिल्म लव की अरेंज मैरिज का ऐलान

08.04.2023 (एजेंसी)   बॉलीवुड इंडस्ट्री में आए दिन नई फिल्मों का अनाउंसमेंट होता रहता है। फैमिली एंटरटेनर पसंद करने वाले लोगों के लिए गुडन्यूज है।

दरअसल, राज शांडिल्य और विनोद भानुशाली ने मिलकर एक फिल्म बनाने का प्लान किया है और इसका अनाउंसमेंट हो गया है।

इस फिल्म का नाम लव की अरेंज मैरिज होगी और इसके डायरेक्शन की जिम्मेदारी इशरत खान के कंधों पर होगी। फिल्म लव की अरेंज मैरिज में लीड स्टार्स के तौर पर सनी सिंह और अवनीत कौर नजर आने वाले हैं।

आइए जानते हैं कि इसके अलावा फिल्म कौन-कौन से कलाकार हैं और फिल्म की शूटिंग कब शुरू होने वाली है।

डायरेक्टर राज शांडिल्य और प्रोड्यूसर विनोद भानुशाली ने फिल्म लव की अरेंज मैरिजके लिए हाथ मिलाया है। ये फिल्म फैमिली एंटरटेनर है और इसकी शूटिंग मध्यप्रदेश में शुरू हो गई है।

फिल्म लव की अरेंज मैरिज सनी सिंह और अवनीत कौर के अलावा अन्नू कपूर, सप्रिया पाठक, राजपाल यादव, सुधीर पांडे और पारितोष त्रिपाठी नजर आएंगे।

इस फिल्म का डायरेक्शन इशरत खान करेंगी। फिल्म को प्रोड्यूस करने की जिम्मेदारी विनोद भानुशाली, कमलेश भानुशाली, राज शांडिल्य और विमल लोहाटी के कंधों पर है।

बताते चलें कि ये पहला मौका होगा जब सनी सिंह और अवनीत कौर किसी फिल्म में साथ में काम करते नजर आएंगे।वर्क फ्रंट की बात करें तो सनी सिंह फिल्म लव की अरेंज मैरिज के अलावा फिल्म आदिपुरुष और फिल्म यार जिगरी में नजर आने वाले हैं।

वहीं, अवनीत कौर फिल्म लव की अरेंज मैरिज के अलावा फिल्म टीकू वेड्स शेरू में काम करते दिखाई देंगी। राज शांडिल्य ने आयुष्मान खुराना की फिल्म ड्रीम गर्ल को डायरेक्ट किया था और ये फिल्म हिट रही थी।

अब इस फिल्म का सीच्ल ड्रीम गर्ल 2 इसी साल जुलाई में रिलीज होने वाला है। इसके अलावा राज शांडिल्य ने कई फिल्मों के डायलॉग लिखे हैं।

वहीं, विनोद भानुशाली बॉलीवुड इंडस्ट्री के जाने-माने प्रोड्यूसर हैं और उन्होंने कई फिल्मों को प्रोड्यूस किया है।

****************************

 

अखिल अक्किनेनी की फिल्म एजेंट का पोस्टर जारी, हिंदी में भी होगी रिलीज

08.04.2023 (एजेंसी)  दक्षिण भारतीय सिनेमा के मशहूर अभिनेता अखिल अक्किनेनी के चाहने वाले दुनिया भर में मौजूद हैं, जो उनकी आगामी फिल्मों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अखिल ने अपना 29वां जन्मदिन के खास मौके पर उन्होंने अपनी पैन इंडिया फिल्म एजेंट का ऐलान किया है, जिसे लेकर उनके प्रशंसक काफी उत्साहित हैं।

एजेंट में वह मेगा स्टार मामूट्टी और साभी वैद्य के साथ नजर आएंगे। यह फिल्म सुरेंदर रेड्डी द्वारा निर्देशित है। निर्माताओं ने शुक्रवार को एजेंट का पोस्टर भी साझा किया है, जिसमें अखिल एक अलग अवतार में दिखाई दे रहे हैं। यह फिल्म 28 अप्रैल, 2023 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है।

एजेंट को आप हिंदी समेत तेलुगु, तमिल, मलयालम और कन्नड़ भाषा में देख सकते हैं। फिल्म की कहानी वक्कंथम वामसी द्वारा लिखी गई है, जबकि यह फिल्म रामब्रह्मम सुंकारा द्वारा निर्मित है।फिल्म में अखिल एक्शन से भरपूर अवतार में नजर आएंगे। उनके पास मशीनगन होंगी। यूनिट के सूत्रों का कहना है कि एजेंट एक स्पाई एंटरटेनर व एक्शन फिल्म है।

अखिल पहली बार एक्शन अवतार में नजर आएंगे। निर्माता सुरेंदर रेड्डी ने दावा किया है कि उनका किरदार ऐसा होगा, जो उन्होंने अपने करियर में कभी नहीं निभाया।फिल्म की कहानी वक्कंथम वामसी ने लिखी है। इसके अलावा, यह एके एंटरटेनमेंट्स और सुरेंद्र 2 सिनेमा के तहत रामब्रह्मम सुनकारा द्वारा निर्मित है।

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता नवीन नूली इसके एडिटर हैं, जबकि अविनाश कोल्ला आर्ट डायरेक्टर हैं।अजय सुनकारा, पाथी दीपा रेड्डी फिल्म के सह-निर्माता हैं।

ये फिल्म पूरे भारत में तेलुगु, हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी।अखिल के प्रशंसक उनकी इस फिल्म का इंतजार कर रहे हैं।

*******************************

 

पुष्पा 2 का टीजर जारी, अल्लू अर्जुन के प्रशंसकों मिला को जबरदस्त तोहफा

08.04.2023 (एजेंसी)  साउथ सिनेमा के सुपरस्टार अपनी नई फिल्म पुष्पा: द रूल को लेकर छाए हुए हैं. फैंस बेसब्री इस फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं.अब अल्लू अर्जुन ने अपने बर्थडे से पहले फैंस को स्पेशल तोहफा दिया है. उन्होंने फिल्म पुष्पा 2 का पोस्टर शेयर किया है, जिसमें वह बेहद खतरनाक लुक में नजर आ रहे हैं.

उनका ये लुक चर्चा का विषय बन गया है.अल्लू अर्जुन ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फैंस को पुष्पा: द रूल के पोस्टर की झलक दिखाई है, जिसमें उनका लुक रौंगटे खड़े कर देने वाला है. पोस्टर में देखा जा सकता है कि अल्लू अर्जुन साउथ इंडियन साड़ी में दिख रहे हैं. उनके गले में नींबू की माला है. एक्टर चूडिय़ां, अंगूठी और कई सारे नेकलेस पहने हुए नजर आ रहे हैं.

अल्लू ने कमर पर बेल्ट भी पहनी है, जो महिलाएं ट्रेडिशनल कपड़ों के साथ पहनती हैं.पोस्टर में अल्लू अर्जुन का मल्टीकलर मेकअप ने भी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. माथे पर बिंदी लगाई है, जो शिव की तीसरी आंख की तरह दिख रहा है. हाथ में बंदूक थामे अल्लू अर्जुन का ये लुक बेहद डरावना है.

पुष्पा: द रूल के इस पोस्टर को देखकर फैंस के होश उड़ गए हैं और कमेंट सेक्शन में रिएक्शंस दे रहे हैं. मेकर्स ने अल्लू अर्जुन के बर्थडे से एक दिन पहले पुष्पा 2 से एक वीडियो भी जारी किया गया है, जिसे खूब पसंद किया जा रहा है. गौरतलब है कि पुष्पा द राइज साल 2021 के दिसंबर महीने में रिलीज हुई थी. इसमें अल्लू अर्जुन ने चंदन तस्कर पुष्पा का रोल निभाया था.

रश्मिका मंदाना के साथ अल्लू अर्जुन की केमिस्ट्री को बहुत पसंद किया गया. इस बार मेकर्स ने पुष्पा 2 को और बड़े लेवल पर बनाया है. पुष्पा द राइज ने दुनियाभर में 300 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया था.

अब देखना है कि पुष्पा: द रूल बॉक्स ऑफिस पर क्या कमाल दिखा पाती है.

****************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज का दिन आपको सामाजिक क्षेत्र से मान-सम्मान दिलाएगा। आप भी आज परोपकार में रुचि लेंगे। धार्मिक क्षेत्र पर भी दान पुण्य करने के अवसर मिलेंगे परन्तु दिखावे की वृत्ति भी रहेगी। ठाठ-बाट की जीवनशैली रहने पर समाज में आपकी पहचान धनी जैसी बनेगी। कार्य क्षेत्र पर आज समय कम देंगे फिर भी अल्प समय में दिन भर की पूर्ति हो जाएगी। धन लाभ एक हाथ से होगा दूसरे हाथ से चला जायेगा। मध्यान बाद भी लाभ के अवसर मिलेंगे लेकिन मनोरंजन में रुचि होने पर ज्यादा ध्यान नहीं देंगे। लंबी दूरी की यात्रा के प्रसंग बनेंगे परन्तु किसी कारण स्थगित करने पड़ेंगे। अगर करनी भी पड़े तो सामान और सेहत का अधिक ध्यान रखें। घरेलू वातावरण व जीवनसाथी को खुश करने में सफलता मिलेगी। स्वास्थ्य सही रहेगा।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)

आज का दिन आपको किसी न किसी रूप में लाभ देकर जाएगा। दिन के आरंभी भाग में आलस्य दिखाएंगे मेहनत से बचने की मानसिकता रहने से आवश्यक कार्यो में विलंब होगा जिससे घर के सदस्यों से फटकार भी सुनने को मिलेगी। दोपहर का समय कार्य व्यवसाय के लिये शुभ रहेगा प्रतिस्पर्धा कम रहने से इसका जमकर लाभ उठाएंगे धन की आमद आशासे अधिक होगी लेकिन सहकर्मी का व्यवहार आज परेशान करने वाला रहेगा फिर भी संध्या से पूर्व ही दिन भर की पूर्ति कर लेंगे। संध्या का समय काम की जगह मनोरंजन में बिताना अधिक पसंद करेंगे। मौज शौक पर खर्च अधिक होगा व्यसनों से बचे अन्यथा अपमानित हो सकते है। जरूरी कार्य भी आज ही निपटा ले कल कुछ न कुछ व्यवधान आने से लटक सकते है।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज के दिन भी सेहत का साथ कम मिलेगा लेकिन बीते कल की तुलना में सुधार भी आयेगा। मध्यान तक कार्यो के प्रति लापरवाही करेंगे सोचने में ही समय खराब होगा मध्यान बाद व्यवसाय में अधूरे कार्य को पूर्ण करने की चिंता में रहेंगे प्रयास करने पर भी पूरे नही कर सकेंगे अधिकारी वर्ग से अनबन होगी। लेकिन थोड़ा बहुत धन लाभ जोड़ तोड़ कर कही न कही से अवश्य हो जाएगा। मध्यान बाद आरोग्य लाभ मिलेगा लेकिन कार्य करने की जगह मनोरंजन एवं व्यर्थ की गतिविधियों में रुचि लेंगे। विवेक से काम ले आज भी कामोतेजना अधिक रहेगी रंगीन मिजाजी के कारण घर मे कलह हो सकती है। गृहस्थी के कार्यो मे रुचि नही लेंगे बल्कि आस पड़ोसियों की बाते सुनने में आनंद आएगा। छोटी यात्रा हो सकती है।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज के दिन सुख शांति की चाह में रहेंगे लेकिन फल इसके विपरीत ही मिलेगा। आज दिन के पूर्वार्ध को छोड़ मध्यान बाद तक किसी न किस काम से भाग दौड़ लगी रहेगी। घर मे आज मन नही लगेगा लेकिन कई दिनों से लटके घरेलुकार्य आज एकसाथ सर पर आने से असहजता बनेगी फिर भी मध्यान तक धीरे धीरे काफी हद तक पूर्ण कर लेंगे। परिजनों का व्यवहार अत्यंत स्वार्थी रहेगा कामनापूर्ति करने पर ही चैन से बैठने देंगे। कार्य व्यवसाय से आज ज्यादा धन लाभ की आशा ना रखे नाहाई ज्यादा समय देंगे जिससे सीमित लाभ से ही संतोष करना पड़ेगा। संध्या के समय वरिष्ठ लोगो के टोकने के बाद भी किसी की नही सुनेंगे अपने मन की करेंगे बाद में पछतायेंगे भी। मनोरंजन के अवसर मिलेंगे पर अनैतिक कार्यो से बचे सेहत अकस्मात खराब हो सकती है।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज के दिन आपको कार्य क्षेत्र पर कल जैसी अनुकूलता नही मिलेगी फिर भी छोटे मोटे कार्यो में सफलता मिलने से धन की आमद निश्चित होगी। शरीर आलस्य में रहने के कारण आज ज्यादा उलझनों में पडऩे से बचेंगे घरलू कार्य भी चार बाते सुनने के बाद ही करेंगे। मध्यान तक दिनचार्य अस्त व्यस्त रहेगी मित्र अथवा रिश्तेदारी में जाने के कारण अन्य कार्यो में फेरबदल करना पड़ेगा। मध्यान बाद का समय दिन की तुलना में बेहतर रहेगा खर्च करने के बाद सुख सुविधा और आनंद में वृद्धि होगी। महिलाओ में आज अन्य लोगो से तुलना करने पर हीं भावना आएगी। धार्मिक अथवा पर्यटन क्षेत्र की योजना बनते बनते अंत समय मे निरस्त करने पर घर मे उदासीनता छाएगी। सेहत आज संध्या बाद खराब हो सकती है।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज आप दिन के आरंभ से ही आलस्य में भरे रहेगें मध्यान तक कि दिनचर्या धीमी रहेगी इसके बाद भी काम तो करेंगे लेकिन ध्यान कही और ही रहेगा। कार्य व्यवसाय में धन लाभ के अवसर अवश्य मिलेंगे लेकिन आज सुख सुविधाओं को बढ़ाने पर आवश्यकता से अधिक खर्च करेंगे जिससे धन संचय नही हो पायेगा। कार्य क्षेत्र पर अधिक कार्य भार सौपने पर आपसे अधीनस्थ लोग नाराज रहेंगे। नौकरी पेशाओ के लिये दिन आरामदायक रहेगा छोटे मोटे घरेलू कार्य को छोड़ अन्य किसी कार्य को नही करेंगे। सामाजिक क्षेत्र के लिये समय नही देने से प्रेमीजन नाराज होंगे लेकिन मित्र वर्ग से अच्छी पटेगी। घर मे भी समय पर आवश्यकता पूर्ति करने पर शांति बनी रहेगी। उत्तम भोजन वाहन पर्यटन के अवसर मिलेंगे सेहत बनी रहेगी।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज के दिन आपके हानि लाभ बराबर रहेंगे धन लाभ समय से थोड़ा विलंब से होगा जिससे थोड़ी असुविधा होगी इसके कारण कार्यक्रम में बदलाव भी करना पड़ेगा। मध्यान बाद दिनचर्या स्थिर बनेगी पर व्यस्तता भी बढ़ेगी कार्य क्षेत्र के साथ सामाजिक व्यवहारों के लिये भी समय निकालने से परेशानी आएगी घर के बड़ो का सहयोग मिलने से इसका भी समाधान हो जाएगा। व्यवसायी वर्ग दैनिक कार्यो के साथ नए कार्यो में भी भाग्य आजमाएंगे इसमे लाभ होगा लेकिन आशाजनक नही। घरेलू वातावरण गलतमहमी के कारण थोड़ी देर के लिये अशांत बनेगा कुछ देर में सामान्य भी हो जाएगा लेकिन किसी की जिद पूरी करने के बाद ही। सेहत संध्या बाद विपरीत होने की संभावना है ठंडे प्रदार्थो से परहेज करें। धार्मिक यात्रा के योग है इससे मन को शान्ति मिलेगी।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज का दिन भी छोटी मोटी घटनाओं से अशांत बनेगा फिर भी बीच बीच में थोड़ी शांति भी रहेगी। प्रात: काल घर के सदस्यों से बीती बातो के कारण मतभेद रहेंगे केवल मतलब से ही व्यवहार करेंगे लेकिन मध्यान बाद स्थिति बदलेगी घर के सभी सदस्य स्वार्थ से एक मत होंगे बाहर घूमने पर्यटन के अवसर मिलने से भी कड़वाहट में कमी आएगी लेकिन घर के बुजुर्गों को आज संतुष्ट नही कर पाएंगे। पैतृक संपत्ति के मामलों को छेडऩे की जगह अभी विराम दे अन्यथा दिन खराब हो सकता है। कार्य व्यवसाय से आज ज्यादा आशा नही रहेगी फिर भी अकस्मात लाभ होने से खुशी मिलेगी। महिलाए आज अधिक खर्चीली रहेंगी लेकिन खर्च घरेलू सामान पर अधिक करेंगी। संध्या बाद का समय दिन की तुलना में शांति से बीतेगा लेकिन सेहत में बदलाव भी आने से असहज रहेंगे।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज का दिन भी आपके लिये कुछ न कुछ लाभ देकर जाएगा दिन के आरंभ में कामो की गति धीमी रहेगी दैनिक कार्य भी आलस्य में करेंगे लेकिन मध्यान से पहले बाहर घूमने की योजना बनने पर शरीर मे चुस्ती आ जायेगी दिन का अधिकांश समय यात्रा पर्यटन में बीतेगा उत्तम भोजन वाहन सुख मिलने से मन प्रसन्न भी रहेगा लेकिन सेहत में नरमी आने से रंग में भंग पडऩे वाली स्थिति बनेगी। कार्य क्षेत्र के प्रति आज उदासीन रहेंगे अन्य लोगो के भरोसे रहने के कारण उचित लाभ से वंचित रह जाएंगे फिर भी धन लाभ जरूरत के अनुसार हो ही जायेगा। घरेलू सामान की आवश्यकता पडऩे पर भी कंजूस वृति के कारण खर्च करने में आनाकानी करेंगे जिससे परिजनों से कहासुनी होगी। संध्या के समय पेट की समस्या गैस कब्ज वमन की शिकायत रहेगी।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज के दिन आपका स्वभाव बीते कुछ दिनों से संतोषि रहेगा। आज धन संबंधित उलझने रहने के बाद भी पारिवारिक कार्यो एवं आपसी संबंधों को अधिक महत्त्व देंगे। मध्यान तक घर मे कोई न कोई आपसे असंतुष्ट रहेगा लेकिन संध्या बाद खर्च करने के बाद नाराजगी प्रसन्नता में बदल जाएगी मनोरंजन सुख वृद्धि के लिये खर्च में कमी नही करेंगे। भाई बंधुओ से ईर्ष्या युक्त संबंध कुछ समय के लिये मानसिक रूप से अशांत बनाएँगे पैतृक कारणों से बहस होने की संभावना है फिर भी आपका व्यवहार आज थोड़ा शालीन रहने से स्थिति को संभाल लेंगे। कार्य व्यवसाय से लाभ मेहनत के बाद ही साधारण रहेगा। संध्या के समय भाग दौड़ से बचने का प्रयास करेंगे दुर्व्यसनों पर भी खर्च होगा। सेहत में थोड़ी समस्या रहेगी।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज का दिन आपके लिये शुभफलदायी रहेगा स्वभाव में थोड़ी चंचलता अवश्य रहेगी लेकिन इससे आस पास का वातावरण खुशनुमा ही बनाएंगे। कार्य क्षेत्र पर आज किसी के भटकाने से गलत निर्णय हो सकते है देखभाल कर ही कार्य करें व्यवसाय में चाहकर भी निवेश करना पड़ेगा इसका भविष्य में सामान्य लाभ मिल जाएगा। उधारी के व्यवहार कुछ समय के लिये बेचैनी बढ़ाएंगे पुरानी शीघ्र चुकाने के प्रयास करें नई करने से बचे अपमानित हो सकते है। दोपहर के बाद काम करने का मन नही करेगा मित्र परिजनों के साथ धार्मिक अथवा एकांत स्थान की यात्रा करेंगे दिखावे से बचे नाहाई तो बाद में आर्थिक विषमताएं बनेगी। सेहत में आज सुधार रहेगा।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज का दिन हानिकर रहने वाला है किसी भी कार्य मे जल्दबाजी से बचे सोच समझकर अनुभवी व्यक्ति की सलाह के बाद ही कोई कदम उठाए। कार्य व्यवसाय आज भगवान भरोसे रहेगा लाभ होते होते किसी अन्य के पक्ष में जाने से निराशा होगी। आज जहां से सहायता की उम्मीद लगाएंगे वही आपको टरकायेगा ज्यादा जोर देने पर आगे के लिये संबंध खराब होने का भर रहेगा। धन की आमद अत्यंत सीमित होगी वह भी पुराने व्यवहारों से ही कार्य क्षेत्र पर स्वयं अथवा नौकरों के हाथ नुकसान हो सकता है क्रोध से बचे। घर मे भी परिजनों के द्वारा हानि होने की संभावना है। सेहत ठीक रहेगी लेकिन आकस्मिक चोटादि का भय है उपकरणों से काम करते समय सावधानी बरतें।

***************************************

 

महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे कल आयेंगे अयोध्या, संत-महंतों से लेंगे आशीर्वाद

अयोध्या,07 अपै्रल (एजेंसी)। महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे रविवार 9 अप्रैल को अयोध्या आ रहे हैं।उनके प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार एकनाथ शिंदे तकरीबन 9 घंटे अयोध्या में रुकेंगे और संत-महंतों का आशीर्वाद लेंगे।

गौरतलब है कि सीएम बनने के बाद वो पहली बार अयोध्या आ रहे है। सीएम एकनाथ शिंदे 9 अप्रैल को सुबह 11:00 बजे रामकथा पार्क हेलीपैड पहुंचेंगे। 11:15 बजे एकनाथ शिंदे होटल पंचशील पहुंचेंगे, 11:45 पर होटल पंचशील से राम जन्मभूमि परिसर के लिए होंगे रवाना।

एकनाथ शिंदे दोपहर 12:00 बजे भगवान रामलला की आरती में शामिल होंगे, इसके बाद सीएम शिंदे मंदिर निर्माण की प्रगति 1:30 बजे तक देखेंगे। एकनाथ शिंदे की प्रेस कॉन्फ्रेंस दोपहर 2:30 बजे होटल पंचशील में होगी।

जबकि शाम 3:30 बजे वे लक्ष्मण किला में आयोजित कार्यक्रम संत- महंतों से आशीर्वाद लेंगे । शाम 6:00 बजे एकनाथ शिंदे सरयू आरती स्थल पहुंचकर सरयू आरती में शामिल होंगे। महाराष्ट्र के सीएम शिंदे शाम 7:05 बजे सड़क मार्ग से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।

*******************************

 

माफिया अतीक के बेटे के साथ दिखे शाहिद मंजूर के बेटे

*उमेश पाल हत्याकांड

मेरठ,07 अपै्रल (एजेंसी)। प्रयागराज में हुए उमेश पाल हत्याकांड के आरोपी अतीक के बेटे के फोटो वायरल होने पर राधना गांव के पूर्व प्रधान उमर अली एसएसपी से मिले।

उन्होंने एसएसपी को बताया कि उनके बेटे हैदर का फोटो पांच साल पहले का है। जब अतीक का बेटा गौतमबुद्धनगर में पढ़ता था।

उन्होंने कुछ फोटो एसएसपी को दिखाते हुए बताया कि ये फोटो अतीक के बेटे के साथ पूर्व मंत्री एवं वर्तमान में सपा विधायक शाहिद मंजूर के बेटों के हैं।

राधना के पूर्व प्रधान उमर अली ने एसएसपी को बताया कि सपा विधायक शाहिद मंजूर के दो बेटों की फोटो भी अतीक के बेटे के साथ है। किठौर के 50 से ज्यादा युवकों के फोटो अतीक के बेटे के साथ हैं।

अपने बेटे को निर्दोष बताते हुए कहा कि उन्होंने इस बार भाजपा प्रत्याशी को चुनाव लड़ाया था, इस वजह से शाहिद मंजूर उनसे रंजिश रखते हैं।

उन्होंने राधना में एक स्कूल की जमीन पर फर्जी बैनामा कराकर अवैध कब्जा कर रखा है, जिसको लेकर उन पर लगातार फैसले का दबाव बनाया जा है।

इसी रंजिश में उनके बेटे को फंसाने की नीयत से फोटो वायरल कर दिया गया। वहीं, इस मामले में एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने कहा कि किसी के खिलाफ भी गलत कार्रवाई नहीं होगी।

किठौर से सपा विधायक शाहिद मंजूर का कहना है कि यह जमीन सिंचाई विभाग से उनके पिता ने खरीदी थी। इसमें स्कूल चल रहा है। जांच चल रही है, जो भी होगा जांच में आ जाएगा। बाकी किसी मामले में कुछ नहीं कहना।

बृहस्पतिवार को लिसाड़ी गेट मंजूर नगर जैदी फार्म निवासी अखलाक सैफी एसएसपी ऑफिस पहुंचे।

उन्होंने कहा कि वे पार्षद का चुनाव लड़ रहे हैं, ऐसे में उनसे रंजिश रखने वालों ने सोशल साइट पर अखलाक के नाम के साथ मेरा फोटो वायरल कर दिया।

************************************

 

विपक्षी एकता के लिए खडग़े ने बिहार के मुख्यमंत्री से फोन पर की बात

पटना, 07 अपै्रल (एजेंसी)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों को एकजुट करने के लिए शुक्रवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से फोन पर बात की।

सूत्रों ने कहा कि दोनों नेताओं ने विपक्षी एकता और बिहार में भाजपा को चुनौती देने के लिए भविष्य की रणनीति पर बातचीत की। एक सूत्र ने आगे कहा कि दोनों नेताओं को एक-दूसरे से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।

बिहार के सीएम नीतीश कुमार कई मौकों पर कह चुके हैं कि वह इंतजार कर रहे हैं कि कांग्रेस विपक्ष को साथ लाने की पहल करे।

बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद नीतीश कुमार ने नई दिल्ली का दौरा किया था और सोनिया गांधी, राहुल गांधी, शरद पवार, डी. राजा, सीताराम येचुरी, अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी।

पिछले महीने पटना में सीपीआई (एमएल) के अधिवेशन के दौरान नीतीश कुमार ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद से विपक्षी एकता के लिए कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को अपना संदेश पहुंचाने को कहा था।

कुमार के जवाब में उस मौके पर सलमान खुर्शीद ने कहा था कि वे एक तरफ खड़े हैं और इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि कौन पहले आई लव यू कह रहा है।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने सोमवार को एक सम्मेलन आयोजित किया, जिसमें राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत, झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन, बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े सहित अन्य लोगों ने भाग लिया।

सभी ने विपक्षी एकता की वकालत की। सूत्रों ने बताया कि खडग़े ने तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन और महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे से भी बातचीत की है।

***************************

 

दुनिया में हो रहा है राजस्थान मॉडल पर अध्ययन, पूरे देश में लागू हो स्वास्थ्य का अधिकार: कांग्रेस

नई दिल्ली,07 अपै्रल (एजेंसी। कांग्रेस ने राजस्थान सरकार की ‘चिरंजीवीÓ योजना और स्वास्थ्य के अधिकार विधेयक का उल्लेख करते हुए शुक्रवार को कहा कि आज पूरी दुनिया में राजस्थान मॉडल का अध्ययन हो रहा है तथा केंद्र सरकार को भी स्वास्थ्य का अधिकार कानून लागू करना चाहिए.

विश्व स्वास्थ्य दिवस के मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ट्वीट किया, हमें बहुत गर्व है कि कांग्रेस शासित राजस्थान देश का पहला राज्य बन गया है जिसने स्वास्थ्य का अधिकार दिया है. राजस्थान में चिरंजीवी योजना और छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लीनिक योजना से जनता को बहुत फायदा हुआ है.

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट कर कहा कि विश्व स्वास्थ्य दिवस पर यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि कांग्रेस शाषित राज्यों- राजस्थान और छत्तीसगढ़ ने नागरिकों के स्वास्थ्य को पहली प्राथमिकता दी है.

राजस्थान का स्वास्थ्य का अधिकार कानून 8 करोड़ से ज़्यादा नागरिकों को नि:शुल्क इलाज का अधिकार देगा. उनका यह भी कहना है, प्रदेश के लाखों लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा देने वाली चिरंजीवी स्वास्थ्य योजना इस उपलब्धि का आधार बनी.

छत्तीसगढ़ सरकार विभिन्न योजनाओं के जरिये हर नागरिक को घर बैठे सस्ती स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करा रही है. डॉ खूबचंद बघेल स्वास्थ्य योजना का लाभ 65 लाख परिवारों को मिल रहा है.

कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने संवाददाताओं कहा कि कोरोना काल से हर सरकार ने कुछ न कुछ सीख ली. राजस्थान सरकार ने यह सीखा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में किस तरह की सुविधाएं देनी चाहिए.

भाजपा सरकार की प्राथमिकता भी दिख जाएगी. हजारों करोड़ की एक आलीशान कोठी बन रही है, जिसमें मोदी जी रहने वाले हैं. उन्होंने कहा कि राजस्थान में चिरंजीवी योजना आई, उसके बाद से उत्सव का माहौल है.

राजस्थान में सबने अच्छा फीडबैक दिया है. इस योजना ने लोगों को छुआ है. पूरी दुनिया में राजस्थान मॉडल विकसित हो रहा है. राजस्थान का यह मॉडल विदेश में शोध का विषय बन गया है.

खेड़ा ने दावा किया कि आज यह स्थिति है कि गुजरात के लोग अपना उपचार राजस्थान में करा रहे हैं. राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा ने यहां संवाददाताओं से कहा कि आज राजस्थान में लोगों का 25 लाख रुपये तक उपचार मुफ्त हो रहा है.

स्वास्थ्य का अधिकार जिस तरह राजस्थान में मिल रहा है, उसी तरह से पूरे देश में मिलना चाहिए. प्रधानमंत्री जी को पूरे देश में इसे लागू करना चाहिए.

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के अधिकार को लेकर निजी अस्पतालों के चिकित्सकों ने जो आंदोलन किया था, उससे जुड़ा विषय सुलझा लिया गया है. मीणा का कहना था कि स्वास्थ्य के अधिकार कानून में ऐसे नियम होंगे जिससे चिकित्सकों और जनता सभी का हित होगा.

*****************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version