राजौरी में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़

जम्मू 05 May, (एजेंसी): जम्मू-कश्मीर में राजौरी जिले के कंडी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गयी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस, सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की एक संयुक्त टीम ने इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में विशेष जानकारी मिलने पर घेराबंदी एवं तलाशी अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि वहां छिपे हुए आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों की टीम पर गोलीबारी की, जिसका जवाब दिया गया और इसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।

सूत्रों ने कहा, “मुठभेड़ स्थल पर दो से तीन आतंकवादियों के फंसे होने का अनुमान है।” जम्मू जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह ने कंडी इलाके में मुठभेड़ की पुष्टि की है।

***************************

राजस्थान में सड़क कार्यों के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 3525 करोड़ रुपए के वित्तीय प्रावधान को दी स्वीकृति

जयपुर 05 May, (एजेंसी): मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश में 5 हजार से अधिक सड़क विकास कार्यों के लिए 3525 करोड़ रुपए के वित्तीय प्रावधान को स्वीकृति दी है।

इन कार्यों में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 10 करोड़ रुपए की लागत से नॉन पेचेबल/मिसिंग लिंक सड़कों के निर्माण कार्य हेतु कुल 1870 करोड़ रुपए की स्वीकृति शामिल है। साथ ही, आदिवासी एवं मरूस्थलीय क्षेत्रों के 250 से अधिक आबादी वाले राजस्व गांवों को चरणबद्ध रूप से डामर सड़कों से जोड़ने के लिए 694 गांवों हेतु 1166 करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे। मुख्यमंत्री गहलोत ने 96 नगरीय निकायों के 1375 कार्यों हेतु 488.80 करोड़ रुपए का भी वित्तीय प्रावधान किया है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री द्वारा वर्ष 2023-24 के बजट में प्रदेश में आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने की दृष्टि से विभिन्न सड़क विकास कार्यों की घोषणा की गई थी। इसी क्रम में विकास कार्यों हेतु यह प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई है।

***************************

 

मनीष सिसोदिया के खिलाफ ED की सप्लीमेंट्री चार्जशीट दायर, 2000 पन्नों के आरोप पत्र में पूर्व डिप्टी CM का नाम

नई दिल्ली 05 May, (एजेंसी) – दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के खिलाफ ईडी ने 2000 पन्नों की चार्जशीट दायर की है। ईडी ने मनीष सिसोदिया के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दायर की है। मनीष सिसोदिया के खिलाफ सीबीआई भी चार्जशीट दायर कर चुकी है।

मनीष सिसोदिया ने जमानत के लिए कोर्ट के दरवाजे भी खटखटाए थे, लेकिन उन्हें जमानत नहीं मिली थी। सिसोदिया फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद है।

इससे पहले मनीष सिसोदिया ने अपनी पत्नी के खराब स्वास्थ्य के चलते अंतरिम जमानत की भी मांग की थी। इस मामले को लेकर कोर्ट ने ईडी से जवाब दाखिल करने को कहा है। मामले में अगली सुनवाई 11 मई को होगी। सिसोदिया की जमानत याचिका को निचली अदालत ने 28 अप्रैल को खारिज कर दिया था।

**********************************

 

हिंसा की आग में जल रहा मणिपुर, दंगाइयों को देखते ही गोली मार देने का आदेश

नई दिल्ली 05 May, (एजेंसी)- मणिपुर में आदिवासी आंदोलन के दौरान बुधवार हुई हिंसा की चपेट में आठ जिले आ गए। जिस कारण मणिपुर के हिंसाग्रस्त माहौल को देखते हुए प्रभावित इलाकों में दंगाइयों को देखते ही गोली मार देने के आदेश दे दिए गए हैं। राज्यपाल ने हिंसाग्रस्त इलाकों में दंगाइयों को देखते ही गोली मार देने के राज्य सरकार के फैसले को मंजूरी दे दी है। इससे पहले हिंसाग्रस्त क्षेत्रों में धारा 144 लागू कर दी गई थी। वहीं राज्य में अगले पांच दिनों के लिए इंटरनेट भी बंद कर दिया गया है।

मणिपुर में असम राइफल्स की 34 और सेना की 9 कंपनियां तैनात हैं। इनके अलावा गृह मंत्रालय ने रैपिड एक्शन फोर्स की भी पांच कंपनियों को मणिपुर भेज दिया है। हालांकि, इसके बावजूद मणिपुर में बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है।

बताया जा रहा है कि अब तक साढ़े सात हजार लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले जाया जा चुका है। हालात को देखते हुए आठ जिलों- इम्फाल वेस्ट, काकचिंग, थौबाल, जिरिबाम, बिष्णुपुर, चुराचांदपुर, कांगपोकपी और तेंगनौपाल में कर्फ्यू लगा दिया गया है। इसके अलावा, पूरे राज्य में अगले पांच दिन के लिए मोबाइल इंटरनेट को बंद कर दिया गया है, हालांकि, ब्रॉडबैंड सर्विसेस चालू रहेंगी।

***************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज मन खुश रहेगा व जीवनसाथी का भरपूर सहयोग मिलेगा। नौकरी में पदोन्नति के आसार हैं। आपको थोड़ा संयम से रहने की आवश्यकता होगी। आपके परिवार का कोई सदस्य आपके लिये मार्गदर्शक बनेगा। घर में उत्सव जैसा माहौल बन सकता है। थकान महसूस होगी। आराम के लिए समय निकालें।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वु, वे, वो)

आज आपको स्वास्थ्य को लेकर आपको थोड़ा सचेत रहने की आवश्यकता होगी। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य हासिल करने में थोड़ी अधिक मेहनत करनी पड़ सकती है लेकिन उन्हें इस कड़ी मेहनत का अपेक्षित परिणाम भी हासिल होगा। दिन की शुरुआत में आपको थोड़ा सचेत रहने की आवश्यकता है।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज अपने स्वास्थ्य को लेकर ज्यादा चिंता न करें, क्योंकि इससे आपकी बीमारी और बिगड़ सकती है। पैसे कमाने के नए मौके मुनाफा देंगे। आपको पहली नजर में किसी से प्यार हो सकता है। घर में मरम्मत का काम या सामाजिक मेल-मिलाप आपको व्यस्त रखेगा। व्यापारियों के लिए अच्छा दिन है।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

दुश्मन की ताकत का अंदाजा लगाए बिना उलझना ठीक नहीं है। जीवनसाथी की भावनाओं का सम्मान करें। धर्म-कर्म में आस्था बढ़ेगी। विरोधी परास्त होंगे। महत्वपूर्ण कार्य में विलंब संभव है। लाभ होगा। अपने प्रेमी या जीवनसाथी की नाराजगी का सामना करना पड़ सकता है।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज किसी समारोह का मुख्य हिस्सा बनने के पूर्ण योग हैं। साझेदारी में चल रहा गतिरोध दूर होने के आसार है। आयात-निर्यात के कारोबार में बड़ा लाभ संभव है। समान विचारधारा वाले लोगों के साथ काम करना आसान रहेगा। दूसरों की गलती अपने पर आ सकती है। काम में देरी से लाभ की मात्रा सीमित होगी।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज के दिन आपको सुख-समृद्धि, कार्यक्षेत्र में उन्नति, सुखद सफल यात्राएं, परिवार और जीवन साथी का सहयोग सब मिलने के आसार हैं। विवाहित व्यक्ति अपने जीवनसाथी में पूर्णतया विश्वास जतायें अन्यथा संबंधों में खटास पैदा हो सकती है। आपके कर्मक्षेत्र, आपके सम्मान व आपके नाम पर पडऩे के आसार हैं।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज भाग्य आपके साथ है। लंबे समय से चले आ रहे प्रेम संबंधों को नया रूप देने के लिए अच्छा मौका है। आज स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहें। अचानक सेहत बिगड़ सकती है और कई जरूरी काम भी रुक सकते हैं। परिवार के लोग आपसे थोड़े नाराज हो सकते हैं।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आप अकेलापन महसूस कर सकते हैं, इससे बचने के लिए कहीं बाहर जाएं और दोस्तों के साथ कुछ समय बिताएं।आज जिस नए समारोह में आप शिरकत करेंगे, वहाँ से नयी दोस्ती की शुरुआत होगी। आज आपका प्रिय आपके साथ में समय बिताने और तोहफे की उम्मीद कर सकता है।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज आपके परिश्रम से किए गए कार्य में सिद्धि होगी। नौकरी में आप का सम्मान बढेगा। यात्रा के दौरान आप नयी जगहों को जानेंगे। और महत्वपूर्ण लोगों से मुलाक़ात होगी। आप अपने प्रिय द्वारा कही गयी बातों के प्रति काफ़ी संवेदनशील होंगे। अगर आप सूझ-बूझ से काम लें, तो आज अतिरिक्त धन कमा सकते हैं।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज आपके आय के नए स्रोत बनेंगे। आकस्मिक धन के अवसर मिलेंगे। मित्रों और जीवनसंगिनी के सहयोग से राह आसान होगी। आध्यात्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी। दफ़्तर का तनाव आपकी सेहत खऱाब कर सकता है। अपने जज्बात पर काबू रखें। आज आपको अपने प्रिय की याद सताएगी।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आप करिअर से जुड़े फैसले खुद करें, बाद में इसका लाभ आपको मिलेगा। सहकर्मियों और कनिष्ठों के चलते चिंता और तनाव के क्षणों का सामना करना पड़ सकता है। माता-पिता की मदद से आप आर्थिक तंगी से बाहर निकलने में कामयाब रहेंगे। आज दोस्तों के साथ बाहर घूमना आपके मन को खुशी देगा।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज भाग्य पर निर्भर न रहें और अपनी सेहत को सुधारने की कोशिश करें। आप उन लोगों की तरफ वादे का हाथ बढ़ाएंगे, जो आपसे मदद की गुहार करेंगे। यह दिन आपके सामान्य वैवाहिक जीवन से कुछ हटकर होने वाला है। आप अपना समय सही जगह उपयोग करने में कुछ हद तक सफल रहोगे।

*****************************

 

चर्चाओं के बीच : स्पाई सीरीज ‘सिटाडेल’ 

05.05.2023  –   रूसो ब्रदर्स के एजीबीओ और शो रनर डेविड वेइल की नवीनतम प्रस्तुति ‘सिटाडेल’ के पहले दो एपिसोड अब विशेष रूप से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रहे हैं। प्राइम वीडियो की ग्लोबल स्पाई सीरीज ‘सिटाडेल’ पूरी दुनिया में सबसे चर्चित सीरीज बन गई है। इस ग्लोबल स्पाई ड्रामा को एक इंटरकनेक्टेड यूनिवर्स के अपने अनूठे कॉन्सेप्ट, शानदार कलाकारों की टुकड़ी, मन को लुभाने वाले एक्शन सीन्स और जबरदस्त थ्रिल के लिए खूब सराहा जा रहा है।’सिटाडेल’ में रिचर्ड मैडेन, प्रियंका चोपड़ा जोनस, स्टेनली टुकी और लेस्ली मैनविल प्रमुख भूमिकाओं में हैं। इसके तीसरे एपिसोड का प्रीमियर इस शुक्रवार, 5 मई को हुआ है।

वहीं सीरीज का वीकली एपीसोड 26 मई तक अंग्रेजी, हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम समेत कई और अंतर्राष्ट्रीय भाषाओं में 240 देशों और क्षेत्रों में रिलीज होगा। विदित हो कि हाल में एक्टर स्टेनली टुकी,  जिन्होंने कई ग्लोबल फ्रेंचाइजी में काम किया है, जिनमें ‘द ट्रांसफॉर्मर्स’, ‘द हंगर गेम्स’, ‘मार्वल के कैप्टन अमेरिका’ जैसे कई और प्रोजेक्ट्स शामिल हैं, ने एक अत्यधिक स्मार्ट, टेक-जीनियस, होशियार लेकिन मजाकिया, एलीट सिटाडेल स्पाई- बर्नार्ड ऑरलिक की अपनी भूमिका पर बात की है।

बकौल एक्टर स्टेनली टुकी स्पाई सीरीज ‘सिटाडेल’ मेरी नज़र में वृहद दायरा युक्त और तकनीकी जटिलताओं से मुक्त साथ ही साथ रहस्य रोमांच से भरपूर, आज के दौर की शायद सबसे बड़े पैमाने की प्रोजेक्ट है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*******************************

 

नीतीश-तेजस्वी सरकार को बड़ा झटका, हाईकोर्ट ने जातीय जनगणना पर लगाई रोक

पटना , 04 मई (एजेंसी)। बिहार में जाति आधारित गणना पर रोक लग गई है। पटना हाईकोर्ट से नीतीश सरकार को बड़ा झटका लगा है। जातीय गणना के खिलाफ दायर याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए पटना हाईकोर्ट ने आझ अंतरिम आदेश जारी किया। पटना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के विनोद चंद्रन और जस्टिस मधुरेश प्रसाद की पीठ ने इस मामले पर बहस पूरी होने के बाद गुरुवार को फैसला सुनाया।

इस केस की अगली सुनवाई 3 जुलाई को होगी, तब तक जातिगत जनगणना पर स्टे रहेगा। हालांकि अब तक जो डेटा इक_ा किया गया है, उसे सुरक्षित रखा जाएगा।बता दें कि बिहार में जाति आधारित गणना का दूसरा और आखिरी चरण चल रहा है। अब इस पर संकट के बादल मंडरा गए हैं। पटना हाईकोर्ट ने अंतरिम आदेश जारी कर जातिगत गणना पर स्टे लगाया है।

महाधिवक्ता पीके शाही ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अभी तक उन्होंने फैसले की पूरी कॉपी पढ़ी नहीं है। पढऩे के बाद ही इस पर कुछ बता पाएंगे। हाईकोर्ट के खिलाफ शीर्ष अदालत में जाना है या नहीं, इसपर भी फैसला अभी नहीं लिया गया है।

वहीं, याचिकाकर्ताओं के वकील ने फैसले के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि बिहार सरकार का जातिगत गणना कराने का काम असंवैधानिक था। कोर्ट ने अभी स्टे कर दिया है। अब 3 जुलाई को विस्तार से दोनों पक्षों की दलीलें सुनी जाएंगी।

******************************

 

मनीष सिसोदिया के खिलाफ ईडी की सप्लीमेंट्री चार्जशीट दायर, 2000 पन्नों के आरोप पत्र में पूर्व डिप्टी सीएम का नाम

नई दिल्ली , 04 मई (एजेंसी)। दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के खिलाफ ईडी ने 2000 पन्नों की चार्जशीट दायर की है। ईडी ने मनीष सिसोदिया के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दायर की है।

मनीष सिसोदिया के खिलाफ सीबीआई भी चार्जशीट दायर कर चुकी है।मनीष सिसोदिया ने जमानत के लिए कोर्ट के दरवाजे भी खटखटाए थे, लेकिन उन्हें जमानत नहीं मिली थी। सिसोदिया फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद है।

इससे पहले मनीष सिसोदिया ने अपनी पत्नी के खराब स्वास्थ्य के चलते अंतरिम जमानत की भी मांग की थी। इस मामले को लेकर कोर्ट ने ईडी से जवाब दाखिल करने को कहा है। मामले में अगली सुनवाई 11 मई को होगी। सिसोदिया की जमानत याचिका को निचली अदालत ने 28 अप्रैल को खारिज कर दिया था।

*****************************

 

द केरल स्टोरी के खिलाफ याचिका फिर से खारिज सुप्रीम कोर्ट ने कहा- फिल्म निर्माता निवेश करते हैं, अभिनेता बहुत काम करते हैं

नई दिल्ली , 04 मई (एजेंसी)। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को फिल्म द केरला स्टोरी’ की रिलीज पर रोक लगाने की मांग करने वाले याचिकाकर्ता के नए प्रयास को खारिज करते हुए कहा कि एक फिल्मकार फिल्म बनाने में बहुत पैसा और समय लगाता है और अभिनेता भी बहुत काम करते हैं, और बाजार तय करेगा कि क्या यह स्तर तक है या नहीं है। भारत के मुख्य न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ और जस्टिस पी.एस. नरसिम्हा और जे.बी. पदीर्वाला की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा: एक तो सीबीएफसी ने फिल्म को रिलीज कर दिया है, दूसरा, केरल उच्च न्यायालय ने फिल्म पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है, और तीसरा, कल हमने कहा था कि हम अनुच्छेद 32 के तहत याचिका पर विचार नहीं करेंगे।

अब, इन चरणों के पूरा हो जाने के बाद और अब हमारे लिए इस तरह की अर्जी सुनना उचित नहीं है। पत्रकार कुर्बान अली द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान पीठ ने इस बात पर जोर दिया कि फिल्म के खिलाफ अदालत जाने से पहले फिल्म निर्माता और अभिनेताओं के बारे में विचार किया जाना चाहिए और इसे कितनी बार चुनौती दी जाएगी? पीठ ने याचिकाकर्ता के वकील, वरिष्ठ अधिवक्ता हुजेफा अहमदी और शोएब आलम से फिल्म निर्माता को देखने के लिए कहा, वह अपनी फिल्म की रिलीज के लिए अदालतों का सामना नहीं कर सकता है और केरल उच्च न्यायालय ने फिल्म पर रोक लगाने से पहले ही मना कर दिया है।

अहमदी ने प्रस्तुत किया कि केरल उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश को पत्र भेजा गया था, जिन्होंने कहा कि पीठ का गठन किया गया है। अहमदी ने तर्क दिया- रजिस्ट्री ने बाद में याचिकाकर्ता को सूचित किया कि पीठ गुरुवार को सुनवाई नहीं करेगी और केरल उच्च न्यायालय गर्मी की छुट्टी पर है। हालांकि, शीर्ष अदालत ने फिल्म के खिलाफ याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया।पीठ ने बताया कि याचिकाकर्ता ने शुरू में लंबित अभद्र भाषा के मामले में वाद-विवाद आवेदन के माध्यम से फिल्म की रिलीज को चुनौती देने की कोशिश की थी, जिसे एक अन्य पीठ ने खारिज कर दिया था। अहमदी ने पीठ से फिल्म की रिलीज से पहले अदालत में अपने मामले पर बहस करने की अनुमति देने का अनुरोध किया।

मुख्य न्यायाधीश ने वकील से कहा कि उच्च न्यायालय के समक्ष कोशिश करें।बुधवार को सुप्रीम कोर्ट ने जमीयत उलमा-ए-हिंद की एक याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया, जिसमें केंद्र और अन्य को सिनेमाघरों, ओटीटी प्लेटफार्मों और अन्य रास्ते में फिल्म की स्क्रीनिंग या रिलीज की अनुमति नहीं देने का निर्देश देने और ट्रेलर को इंटरनेट से हटाने की मांग की गई थी।

***********************************

 

भोजपुरी फिल्म ‘आज की बहू मांगे इंसाफ’ का फर्स्टलुक जारी

04.05.2023  –  चार्ली चैपलिन 2 के नाम से मशहूर अभिनेता राजन कुमार ने पिछले दिनों मोतीलाल नगर (गोरेगांव, मुम्बई ) स्थित पी एन बी क्रिएसन्स स्टूडियो में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अम्बर मूवीज के बैनर तले बनी भोजपुरी फिल्म ‘आज की बहू मांगे इंसाफ’ का फर्स्टलुक जारी किया।अभिनेता राजन कुमार थियेटर बैक ग्राउंड से आते हैं। ‘शहर मसीहा नहीं’ और ‘नमस्ते बिहार’ जैसी कई चर्चित फिल्मों में काम कर चुके अभिनेता राजन कुमार मुंगेर  (बिहार) के मूल निवासी हैं और बॉलीवुड में फिल्म निर्माण और अभिनय के क्षेत्र में क्रियाशील हैं।

नारी सशक्तिकरण की आवाज़ बुलंद करती इस फिल्म के निर्माता प्रमोद पलाश, सह निर्माता सीमा कुमारी व रमेश दुबे, गीतकार सन्तोषपुरी, संगीतकार अमन श्लोक, डीओपी मनीष मुस्कान, एडिटर नकुल के प्रसाद और प्रचारक समरजीत है। भोजपुरी फिल्मों के जानेमाने निर्देशक कुमार विकल के निर्देशन में बनी इस भोजपुरी फिल्म के मुख्य कलाकार अवध सिंह, वैशाली शर्मा, शिवानी, रणधीर चंद्रवंशी, संतोष साहनी, रमेश दुबे, सचित कुमार, विक्रम, घरावन बिहारी, सुभाष कुमार, राहुल पाण्डेय, देवेंद्र कुमार, किरण साह, सीमा सरगम, मोना, गुड़िया, जीतेन्द्र सिंह और मोनू दिलदार आदि हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

************************************

 

विक्की कौशल और सारा अली खान की फिल्म का नाम होगा जरा हटके जरा बचके

04.05.2023 (एजेंसी)  लक्ष्मण उतेकर द्वारा निर्देशित विक्की कौशल और सारा अली खान की फिल्म काफी समय से चर्चा में है। फिल्म के सेट से कई तस्वीरें सामने आई थीं। फिल्म से सारा और विक्की का पहला लुक भी सामने आ चुका था, लेकिन अब तक इसका नाम तय नहीं हुआ था। अब इस चर्चित फिल्म को नाम मिल गया है। इस रोमांटिक कॉमेडी फिल्म का नाम जरा हटके जरा बचके रखा गया है। जियो स्टूडियोज ने अपनी आने वाली फिल्मों की घोषणा की है। इस घोषणा में भेडिय़ा 2, स्त्री 2, डंकी जैसी फिल्मों का नाम शामिल हैं। इसी घोषणा में लक्ष्णन उतेकर की यह चर्चित फिल्म भी शामिल थी, जिसके टाइटल का खुलासा कर दिया गया। इससे पहले लक्ष्मण ने फिल्म की शूटिंग खत्म होने पर फिल्म से विक्की और सारा का लुक शेयर किया था। उन्होंने लिखा था, नाम में क्या रखा है, अभी तो रैप हुआ है।

फिल्म की शूटिंग खत्म होने पर सारा ने भी एक भावुक नोट लिखा था। उन्होंने लिखा था, मुझे विश्वास नहीं होता यह खत्म हो गया है। थैंक्यू लक्ष्मण उतेकर सर, मुझे सौम्या का किरदार देने के लिए। आपके सहयोग और धैर्य के लिए आपको धन्यवाद। आपने हर रोज मुझे बेहतर करने की प्रेरणा दी। सारा ने विक्की को भी इस सफर को यादगार बनाने के लिए धन्यवाद दिया।

उन्होंने बताया था कि विक्की के साथ सेट पर खूब मस्ती हुई। यह एक रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा फिल्म है। आईएमडीबी के अनुसार यह एक ऐसे कपल की कहानी है, जो अपने तरीके से एक घर लेने के फिराक में है। इसके लिए वह केंद्र सरकार की एक योजना का लाभ उठाना चाहता है। निर्माताओं ने फिलहाल फिल्मे की रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया है।

उम्मीद है यह फिल्म इसी साल रिलीज होगी। फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और अब लक्ष्मण इसके पोस्ट-प्रोडक्शन पर काम कर रहे हैं। विक्की ने एक लक्ष्मण उतेकर के साथ एक अन्य फिल्म के लिए भी हाथ मिलाया है। यह युद्ध पर आधारित एक बड़े बजट की फिल्म होगी। चर्चा है कि फिल्म में विक्की छत्रपति सांभाजी का किरदार निभाएंगे। इसके अलावा वह तृप्ति डिमरी के साथ एक रोमांटिक फिल्म में भी काम कर रहे हैं। सारा की बात करें तो वह फिल्म ऐ वतन मेरे वतन में एक स्वतंत्रता सेनानी का किरदार निभाएंगी। वह मर्डर मुबारक में भी नजर आएंगी।

**********************************

 

राजामौली की फिल्म में हनुमान से प्रेरित होगा महेश बाबू का किरदार

04.05.2023 (एजेंसी) एसएस राजामौली अपनी फिल्म आरआरआर के कारण दुनियाभर में लोकप्रिय हो गए। हालांकि, भारतीय दर्शकों के बीच वह अपनी भव्य फिल्मों के कारण काफी समय से लोकप्रिय हैं। आरआरआर की कई अंतरराष्ट्रीय समारोह में स्क्रीनिंग की गई। जेम्स कैमरून और स्टीवन स्पीलबर्ग जैसे हॉलीवुड निर्देशक भी राजामौली के निर्देशन के कायल हो चुके हैं।

अब महेश बाबू के साथ उनकी अगली फिल्म चर्चा में है। अब इस फिल्म को लेकर दिलचस्प जानकारियां सामने आई हैं। पुराने रिपोर्ट्स में कहा गया था कि राजामौली और महेश बाबू की नई फिल्म एक जंगल एडवेंचर फिल्म होगी। अब महेश बाबू के किरदार को लेकर दिलचस्प जानकारी सामने आई है।रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म में महेश बाबू का किरदार हनुमान के किरदार से प्रेरित होगा। उनके किरदार में हनुमान के गुण शामिल होंगे। खबरों की मानें तो फिल्म की कहानी में भी राजामौली रामायण की कहानियों को अपने तरीके से शामिल करेंगे।

राजामौली पहले भी अपनी फिल्मों में पौराणिक कहानियों को शामिल करते आए हैं। बाहुबली भी उनकी ऐसी ही फिल्मों में से एक है। आरआरआर में भी कुछ दृश्य रामायण से प्रेरित हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह एक जंगल एडवेंचर फिल्म होगी। इसकी शूटिंग अफ्रीका के जंगलों में होगी। एक पुरानी रिपोर्ट में कहा गया था कि जब राजामौली ने महेश बाबू के साथ काम करने का फैसला किया तो वह एक नया जॉनर तलाश रहे थे। जंगल एडवेंचर ना केवल अपेक्षाकृत नया जॉनर है, बल्कि यह महेश को हार्ड-कोर एक्शन और स्टंट करने का मौका भी देगा जो उन्होंने पहले नहीं किए हैं।

फिल्म के वीएफएक्स का काम राजामौली लॉस एंजेलिस में करेंगे। खबर आई थी कि राजामौली की इस फिल्म को डिज्नी प्रोड्यूस करेगी। नई जानकारी के मुताबिक फिल्म के लिए सोनी पिक्चर्स ने भी हाथ बढ़ाया है। राजामौली ने फिल्म इस बारे में अभी कोई आधिकारिक फैसला नहीं लिया है, क्योंकि दोनों ही कंपनियां उन्हें वैश्विक स्तर की तकनीक उपलब्ध कराने का वादा करती हैं। इस फिल्म की शूटिंग इस साल के अंत तक शुरू हो सकती है। राजामौली और महेश बाबू की इस फिल्म का नाम फिलहाल तय नहीं किया गया है।

फिल्म का लेखन राजामौली के पिता और बाहुबली के लेखक विजयेंद्र प्रसाद कर रहे हैं। जहां इसकी शूटिंग इस साल के अंत में शुरू होनी है, वहीं इसकी रिलीज 2025 में संभावित है। यह कई भारतीय भाषाओं में रिलीज होगी। ऐसे में यह महेश बाबू की पहली पैन इंडिया फिल्म होगी। अब तक सामने आई जानकारी के बाद दर्शक इस फिल्म को लेकर उत्साहित हैं।

***************************

 

ईशा तलवार को सास बहु और फ्लेमिंगो के सेट पर डिंपल कपाडिय़ा के साथ हार्मोनियम बजाना अच्छा लगता है

04.05.2023 (एजेंसी) एक्ट्रेस ईशा तलवार ने सास बहु और फ्लेमिंगो’ के शो पर जानी-मानी अभिनेत्री डिंपल कपाडिय़ा के साथ हार्मोनियम बजाने की प्रैक्टिस के अनुभव साझा किए। ईशा ने कहा, मुझे लगता है कि मैंने डिंपल कपाडिय़ा से जुड़ी सबसे बेवकूफी वाली बात यह की कि हार्मोनियम लेकर सरगम की प्रैक्टिस करने उनके रूम में चली गई।

मैं कोई एक्सपर्ट नहीं हूं। अक्सर मैं अकेली ही प्रैक्टिस करती हूं क्योंकि यह सबसे सुरक्षित विकल्प है। लेकिन जब डिंपल ने हार्मोनियम देख लिया तो मैंने उनके रूम में उनके लिए बेसिक धुन बजाई और हमने छोटे बच्चों की तरह प्रैक्टिस की।ईशा ने क्षेत्रीय और हिंदी सिनेमा में काम किया है। वह ट्यूबलाइट’, आर्टिकल 15′, शर्माजी नमकीन’, रन बेबी रन’ जैसी फिल्मों में आ चुकी हैं।उन्होंने मिर्जापुर’, रोज रोज’ और अन्य वेब शो में भी काम किया है।ईशा ने बताया कि डिंपल ने कैसे गाना और हार्मोनियम बजाना इन्जॉय किया।

उन्होंने कहा, उन्होंने साथ-साथ गाया और मेरे लिए उस यादागार दोपहर की अंत गर्मजोशी के साथ उनके गले लगने से हुई। उन्होंने अपनी जिंदगी के कुछ मीठे किस्से भी सुनाए।इस शो में सास-बहु के रिश्ते को नया आयाम दिया गया है और इसे नये सिरे से डिफाइन करने की कोशिश की गई है।

शो में डिंपल कपाडिय़ा ने सावित्री का रोल किया है जो एक कंपनी चलाती है और उसकी आड़ ड्रग्स का धंधा करती है।वह अपने परिवार की मुखिया है जिसमें उनके अलावा तीन और महिलाएं हैं – उनकी दो बहुएं और एक बेटी।मैडॉक फिल्म्स इस शो का निर्माता है जबकि इसके निर्देशक होमी अदजानिया हैं।

इसमें डिंपल कपाडिय़ा, राधिका मदान, अंगिरा धर और ईशा तलवार मुख्य भूमिकाओं में हैं। उनके साथ आशिष वर्मा, वरुण मित्रा, उदित अरोड़ा, दीपक डोबरियाल और मोनिका डोगरा भी हैं।सास बहु और फ्लेमिंगो’ डिजनीप्लस हॉटस्टार पर 5 मई को रिलीज हो रही है।

*****************************

 

मल्टीकट आउटफिट में एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर लगीं हुस्न की मलिका

04.05.2023 (एजेंसी)  जाह्नवी कपूर अपनी कातिलाना अदाओं और दिलकश अंदाज से हर किसी को अपना बनाने का हुनर रखती हैं। मिली फिल्म में उनके अभिनय ने फैंस को हैरान कर दिया। वहीं, सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाली जाह्नवी कपूर कहर बरपा रही हैं। जाह्नवी कपूर ग्रीन कलर की मल्टी कट आउटफिट में अपने हुस्न का जलवा बिखेरती नजर आ रही हैं।

उनकी किलर तस्वीरें फैंस को काफी पसंद आ रही है। ओपन हेयर स्टाइल के साथ मिनिमल मेकअप में एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर गजब की बला लग रही हैं। एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर अपनी खूबसूरती से अपने फैंस को रिझाना बखूबी जानती हैं। जाह्नवी कपूर ग्रीन कलर के आउटफिट में कई डिफरेंट अंदाज में पोज देती नजर आईं, जिन्हें फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीर वायरल होते ही फैंस उनकी तस्वीर पर ढेरों कमेंट्स कर रहे हैं। खूबसूरती और किलर स्माइल के चलते फैंस के दिलों पर राज करने वाली एक्ट्रेस जान्हवी कपूर ने बॉलीवुड में अच्छा मुकाम हासिल किया है।

ज्यादातर सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाली एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर एक बार फिर अपने कर्वी फिगर से फैंस की धड़कनें बढ़ाने का काम कर रही हैं। एक्ट्रेस जाहवी कपूर ने अपने निजी और प्रोफेशनल पलों को फैंस के साथ साझा करती रहती हैं। अगर जान्हवी की आगामी फिल्म की बात करें तो वो फिल्म मिली में नजर आ चुकी हैं। वहीं, वो अब वरुण धवन के साथ बवाल में नजर आएंगी

*****************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज आपको मान-सम्मान मिलेगा। कामकाज, व्यवहार, सौदेबाजी हर चीज में ईमानदारी रखें। पुराने दोस्त ओर रिश्तेदारों से बातचीत हो सकती है। अस्वस्थता का ध्यान रखें। कोई भी फैसला करने से पहले सावधानी रखें व उस पर गौर फरमाएँ। आपकी यात्रा सफल रहेगी। पति-पत्नी के संबंधों में मधुरता आएगी। स्वास्थ्य सही रहेगा।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वु, वे, वो)

कोई व्यक्ति आपके करियर की समस्या का सही समाधान निकाल सकता है। रास्ता साफ होते ही आप उस दिशा में कोशिशें शुरू कर दें। सफलता मिलेगी। काम में मन लगेगा। काम करना चाहेंगे तो परिस्थितियां आपके साथ हो सकती हैं। धैर्य रखें और समय बीत जाने दें। कुसंगति से बचें।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज आपको शुभ समाचार मिलेंगे। आपका स्वाभिमान बना रहेगा। किसी मजबूर व्यक्ति की मदद भी कर सकते हैं। किसी धार्मिक काम में भी आपका पैसा लग सकता है। सुबह व्यायाम करें, अतिरिक्त लाभ मिलेगा। आज आपके किसी काम की वजह से बहुत झुंझलाहट महसूस करेगा। आज आपका मन रोमांस की चाह रखेगा।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

दिन के शुरुआती समय में बड़े फायदे का कोई काम या सौदा आपके सामने आ सकता है। किसी भी बड़ी जरूरत पर कोई न कोई मदद मिल जाएगी। पैसों के संबंध में बड़े फैसले के लिए किसी से सलाह लेनी पड़ सकती है। किसी पुराने प्रोजेक्ट या काम को शुरु करने के लिए आज का दिन शुभ है।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज आपकी यात्रा आरामदेह रहेगी। आपको नवीन वस्त्राभूषण की प्राप्ति होगी। किस्मत का साथ मिलेगा। आत्मविश्वास बढ़ सकता है। दिमाग में कई तरह की बातें भी रहेंगी। कुछ कर दिखाने की इच्छा तेज हो सकती है। कोई अज्ञात भय सताएगा। आमदनी बढऩे के आसार हैं, कार्य क्षेत्र में लाभ होगा।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज फालतू खर्च होगा। आपका पुराना रोग उभर सकता है। सोचे हुए काम भी समय पर पूरे होंगे। बिजनेस, प्यार और परिवार के बारे में आपको कुछ बातें पता चलेंगी, जो आपके लिए बहुत ही महत्वपूर्ण रहेगी। अचानक यात्रा के कारण आप आपाधापी और तनाव का शिकार हो सकते हैं।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज धर्म-कर्म में रुचि रहेगी। आपको शुभ समाचार मिलेंगे। वरिष्ठजनों का सहयोग मिलेगा बेचैनी से मुक्ति पाने के लिए आने वाले दिनों में कुछ बदलाव करने पड़ सकते हैं। जिनसे आपको फायदा भी होगा। रुका हुआ धन मिलेगा और आर्थिक हालात में सुधार आएगा। संतान और शिक्षा से जुड़े काम पूरे होंगे।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आपके रचनात्मक कार्य लाभदायक रहेंगे। आज भागदौड़ रहेगी। कोई शोक समाचार मिल सकता है। आज आप परिवार के लिए समय निकाल सकते हैं, बाहर जाने का कार्यक्रम बनाएं तो बेहतर रहेगा। बच्चे आपके दिन को बहुत मुश्किल बना सकते हैं। गलत फहमियां दूर होंगी।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज नई योजना बनेगी। आपके कार्यप्रणाली में सुधार होगा। किसी काम के लिए सीमा तय करें और खुद पर कंट्रोल करें। अलग-अलग नज़रिए के चलते आपके और आपके जीवनसाथी के बीच वाद-विवाद हो सकता है। कई मामलों में प्रगति होगी। पैसों के मामलों में कोई कदम बढ़ाने के पहले अच्छी तरह जांच लें।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज आपकी यात्रा मनोरंजक रहेगी। शारीरिक कष्ट संभव है। आप धैर्य और संयम रखें। कोई बड़ी योजनाओं और विचारों के जरिए आपका ध्यान आकर्षित कर सकता है। किसी भी तरह का निवेश करने से पहले उस व्यक्ति के बारे में भली-भांति जाँच-पड़ताल कर लें। आपके प्रेम-प्रसंग अनुकूल रहेंगे।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज वैवाहिक प्रस्ताव मिल सकता है। चोट, चोरी व विवाद आदि से हानि संभव है। आपके आसपास के कुछ लोग तनाव से बाहर आने में आपकी मदद कर सकते हैं। आपके लिए अÓछा रहेगा। घर वालों के साथ मिलकर कुछ अलग और रोमांचक किया जाना चाहिए। एकतरफ़ा प्यार आपको निराश कर सकता है।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज जल्दबाजी न करें। किसी विवाद से बचें। भूमि व भवन संबंधी योजना बनेगी। रोजमर्रा की समस्याएं आसानी से सुलझ सकती हैं। अपना व्यवहार सकारात्मक बनाए रखें। अपनी व्यक्तिगत भावनाएँ और गोपनीय बातें अपने प्रिय से बाँटने का सही समय नहीं है। कार्यक्षेत्र में आपके कामकाज की सराहना होगी।

*************************************

 

सीएम योगी की जनसभा आज

अयोध्या 03 मई,(एजेंसी)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गुरुवार की जीआईसी के मैदान पर दोपहर 2 बजे से प्रारम्भ होने वाली चुनावी जनसभा की तैयारियां पूरी कर ली गयी है। कार्यक्रम का संयोजक सांसद लल्लू सिंह को बनाया गया है। सभा को भाजपा संगठन पूरी ताकत से जुट गया है। पार्टी 25 हजार लोगो को सभा में आने हेतु सूचीबद्ध किया है।

भाजपा मीडिया प्रभारी दिवाकर सिंह ने बताया कि सभा में प्रत्येक पन्ना व बूथ प्रमुख को अपने क्षेत्र से मतदाताओं को चुनावी जनसभा में लाने का लक्ष्य दिया गया है। इसके साथ में पार्शद प्रत्याशियों का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है। पार्टी द्वारा बनाये गये ग्रुपों में कार्यकर्ताओं को जनसभा में पहुंचने के लिए कहा जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की राजकीय इंटर कालेज में आयोजित होने वाली जनसभा ऐतिहासिक होगी।

******************************

 

अखिलेश यादव ने पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में मांगे वोट

लखनऊ 03 मई,(एजेंसी)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज कन्नौज जनपद में तालिग्राम, छिबरामऊ, गुरसहायगंज, समधन, सिकन्दरपुर और कन्नौज में सघन चुनाव प्रचार करते हुए समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को जिताने के लिए साइकिल चुनाव निशान पर मतदान करने की अपील की।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने विकास किया है, इसलिए समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को जिताने की अपील करने आया हूं। चुनाव के बाद फिर धन्यवाद दूंगा। लगातार, हम लोग आते रहेंगे। क्योंकि इन विधानसभा क्षेत्रों और फिर लोकसभा के चुनावों में ऐतिहासिक वोटों से जीतना है। समाजवादी पार्टी जीतेगी तभी कन्नौज भाजपा के भ्रष्टाचार की गंदगी और दुर्गंध से मुक्त होगा। कन्नौज में जितना भी विकास दिखाई दे रहा है वह सब समाजवादी पार्टी की सरकार की देन है।

उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में नगर निकाय चुनाव भाजपा हारेगी। भाजपाइयों में हार का डर इतना है कि पहली बार नगर निकाय के चुनाव में वह कई हेलीकॉप्टरों से पूरे प्रदेश में प्रचार कर रहे हैं। भाजपा धन बल का दुरूपयोग कर पूरे प्रदेश में चुनाव जीतना चाहती है। इसलिए भाजपाई सड़कों के गड्ढों, जाम, छुट्टा जानवरों और नाली नालों की गंदगी-बदबू से मुंह छिपाकर बचकर निकल जाना चाहते हैं।

जनता की जनसमस्याओं से भाजपा का कोई सरोकार नहीं है। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में बहुत विकास कार्य किये गये जिन्हें भाजपा ने बर्बाद कर दिया। भाजपा सरकार ने समाजवादी पार्टी की सरकार के चल रहे विकास कार्यों को रोक दिया। भाजपा विकास विरोधी है। जनता को बिजली का बिल महंगा देना पड़ रहा है। हाउस टैक्स बढ़ गया है। शहरों में कूड़ा भरा पड़ा है। सड़कों पर सांड घूम रहे हैं। भाजपा सरकार ने पूरे प्रदेश के शहरों में टैऊफिक व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है।

*******************************

 

अदाकारा सोनाक्षी सिन्हा की वेब सीरीज दहाड़ का ट्रेलर जारी 

03.05.2023  – अमेजन प्राइम वीडियो की वेब सीरीज ‘दहाड़’ से बॉलीवुड की दबंग गर्ल अदाकारा सोनाक्षी सिन्हा अभिनेता विजय वर्मा के साथ अपना डिजिटल डेब्यू करने वाली हैं। इस वेब सीरीज का ट्रेलर जारी कर दिया गया है और इसमें वो एक दबंग पुलिस वाली के किरदार में नजर आ रही हैं जो सीरियल किलिंग के मामले को सुलझाने की कोशिश करती नजर आती हैं।

 

हत्यारे की तलाश में निकलते समय वह हरियाणवी लहजे में दृढ़ता से दहाड़ती हुई दिखाई देती है। ट्रेलर का एक सीन बेहद खास है और एक अहम मुद्दे को हाइलाइट करता है। इसमें पुलिस की वर्दी में खड़ी सोनाक्षी सिन्हा को भी लड़कों द्वारा ईव टीजिंग का शिकार होना पड़ता है। ये सीरीज कुल 8-एपिसोड की सीरीज है।

कुल 8-एपिसोड की सीरीज में अभिनेता गुलशन भी इसमें एक पुलिस वाले की भूमिका में नजर आएंगे। ओटीटी स्पेस में सोनाक्षी की यह पहली वेब सीरीज है। इसके बाद सोनाक्षी संजय लीला भंसाली की वेब सीरीज ‘हीरामंडी’ में भी नज़र आएंगी।

रीमा कागती और जोया अख्तर की परिकल्पना को निर्माण की दिशा में अग्रसर होकर रितेश सिधवानी, जोया अख्तर, रीमा कागती और फरहान अख्तर ने संयुक्तरूप से साकार किया है। एक्सल एंटरटेनमेंट और टाइगर बेबी की नवीनतम प्रस्तुति के रूप में रीमा कागती और रुचिका ओबेरॉय द्वारा निर्देशित वेब सीरीज ‘दहाड़’ 12 मई से अमेजन प्राइम पर स्ट्रीम होगी।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***************************

 

अनियंत्रित कार खाई में पलटी, कार सवार दंपति की दर्दनाक मौत

सुल्तानपुर 03 मई,(एजेंसी)। दोपहर पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर एक कार खाई में पलट गई। कार सवार दंपति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वही दुर्घटना में मृतक का बेटा व भतीजी घायल हुई है। जिन्हें इलाज के लिए सीएचसी भेजा गया है।

घटना पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर अखंडनगर थानाक्षेत्र के  कनकपुर गांव के पास किमी 176 की है। जहां बुधवार दोपहर एक कार यूपी 50 ्र्रं 7879 लखनऊ से आजमगढ़ की ओर जा रही थी। एकाएक कार अनियंत्रित होकर एमबीसीईवी को तोड़ते हुए नीचे फेंसिंग और एमबीसीडी के बीच में पलट गई।

कार को आजमगढ़ हैरी की चुंगी बलरामपुर पुलिस चौकी के बगल के निवासी अरुण कुमार (62) पुत्र ओम प्रकाश चला रहे थे। उनके बगल में पत्नी संतोष देवी (56) बैठी हुई थी। दोनों की मौके पर मृत्यु हो गई है तथा गाड़ी में बैठी गुडिय़ा उर्फ रुकमणि (21) पुत्री प्रवीण कुमार व नैतिक (18) अरुण कुमार घायल हुए हैं। उनको हॉस्पिटल भेजा गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

लोगों ने ही घटना की सूचना पुलिस को दिया। सूचना पर अखंडनगर थाने की पुलिस व यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम में भेजकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दिया है।

***************************

 

आप सासंद संजय सिंह का दावा, शराब घोटाले में उनका नाम जोडऩे पर ईडी ने मांगी माफी, जताया खेद

नई दिल्ली 03 मई,(एजेंसी)। शराब घोटाले मामले पर मनीष सिसोदिया जेल में हैं। सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय उनसे पूछताछ भी कर रही है। पिछले दिनों सीबीआई ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से भी इस मामले में पूछताछ की थी। इस बीच, आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने दावा किया कि बिना किसी आधार के ईडी ने चार्जशीट में उनका भी नाम लिया है। संजय सिंह ने कहा कि ईडी ने उन्हें चि_ी लिखकर खेद जताया है। आप सांसद का कहना है कि ईडी ने अपनी गलती मानी है।

इस मामले में सांसद संजय सिंह ने केंद्रीय वित्त सचिव को चि_ी भी लिखी है। संजय सिंह ने शराब घोटाले में नाम लेने पर प्रवर्तन निदेशालय के डायरेक्टर और असिस्टेंट डायरेक्टर के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति मांगी है। संजय सिंह ने कहा कि बिना किसी आधार के मेरा नाम लिया गया है। डायरेक्टर संजय कुमार मिश्रा और असिस्टेंट डायरेक्टर जोगिंदर सिंह ने मेरी छवि को नुकसान पहुंचाया है। इन दोनों अधिकारीयों ने अपने पद का दुरूपयोग किया किया है। संजय सिंह ने कहा कि मैंने दोनों अधिकारियों को 48 घंटे का नोटिस दिया था। न अधिकारियो ने जवाब दिया है। न ही माफी मांगी है।

**********************************

 

समलैंगिक जोड़ों की समस्याएं सुलझाने के लिए कमेटी बनाएगी केंद्र सरकार

नई दिल्ली 03 May, (एजेंसी): केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि समलैंगिक जोड़ों की बुनियादी सामाजिक सुविधाओं से जुड़ी कुछ चिंताओं को दूर करने के लिए वह कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता में एक समिति के गठन के लिए सहमत है जो इसके लिए प्रशासनिक उपाय सुझाएगी। केंद्र सरकार की ओर से सॉलिसिटर जेनरल तुषार मेहता ने भारत के मुख्य न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय खंडपीठ को बताया कि पिछली सुनवाई के संदर्भ में यह मामला मानवीय चिंताओं से जुड़ा है और इस पर प्रशासनिक चर्चा की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि कुछ प्रशासनिक कदम उठाने के लिए सरकार सकारात्मक है तथा उसकी राय है कि इसके लिए एक से अधिक मंत्रालयों के बीच तालमेल की जरूरत होगी और इसलिए कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता में समिति बनाई जाएगी। मेहता ने कहा कि याचिकाकर्ताओं के अधिवक्ता उन्हें सुझाव दे सकते हैं या वे जिन समस्याओं का सामना कर रहे हैं उसके बारे में बता सकते हैं। समिति उन पर विचार करेगी और कोशिश करेगी कि कानून के दायरे के तहत जहां तक संभव हो उनका निदान किया जाए।

याचिकाकर्ताओं में एक के अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने प्रशासनिक शब्द के इस्तेमाल पर आपत्ति दर्ज की। उन्होंने कहा कि जब याचिकाकर्ता वैधानिक प्रावधानों में बदलाव की मांग कर रहे हैं, ऐसे में कुछ लीपापोती से काम नहीं चलेगा। मामले की सुनवाई अभी जारी है। उच्चतम न्यायालय ने 27 अप्रैल को सुनवाई के दौरान स्वीकार किया था कि समलैंगिक विवाह को मान्यता देने के लिए कानून बनाने का अधिकार केंद्र सरकार के पास है। उसने केंद्र से कहा था कि वह ऐसा तरीका ढूंढे ताकि विवाह को मान्यता दिए बिना भी समलैंगिक जोड़ों को बुनियादी सामाजिक सुविधाएं जैसे ज्वाइंट बैंक अकाउंट, जीवन बीमा में एक-दूसरे को नॉमनी बनाने जैसी सुविधाएं मिल सके।

इस खंडपीठ में मुख्य न्यायाधीश के अलावा अन्य सदस्य न्यायमूर्ति एस.के. कौल, एस. रवींद्र भट, हिमा कोहली और पी.एस. नरसिम्हा हैं। खंडपीठ ने केंद्र सरकार का पक्ष रख रहे सॉलिसिटर जेनरल तुषार मेहता से कहा था, अदालत के रूप में हम अपनी सीमाएं समझते हैं, इसके बारे में कोई प्रश्न नहीं है। कई मुद्दे हैं, निश्चित रूप से आपने वैधानिक पक्ष के बारे में अपने तर्क दिए हैं.. हमारे पास कोई मॉडल नहीं है.. और कोई मॉडल बनाना उचित भी नहीं होगा, लेकिन हम निश्चित रूप से सरकार को बता सकते हैं कि अब तक कानून कहां तक पहुंचा है। मेहता ने कहा कि श्रेणी विशेष से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जा सकता है। मुख्य न्यायाधीश ने कहा था, अब सरकार साथ रहने या साथ होने पर आधारित इन संबंधों को सुनिश्चित करने के लिए क्या कर सकती है ताकि उन्हें इस प्रकार मान्यता दी जा सके जिससे उनके लिए सुरक्षा, सामाजिक कल्याण की स्थिति बन सके और ऐसा करने के क्रम में हम यह सुनिश्चित कर सकें कि भविष्य में इस प्रकार के संबंधों का सामाजिक बहिष्कार न हो। शीर्ष अदालत ने केंद्र से समलैंगिक जोड़ों को वैवाहिक मान्यता दिए बिना उन्हें दी जा सकने वाली सामाजिक सुविधाओं के बारे में 3 मई को अपना जवाब देने के लिए कहा था।

**********************

 

CBI ने वाप्कोस के पूर्व CMD और उनके बेटे को किया गिरफ्तार, 38 करोड़ रुपए जब्त

नई दिल्ली 03 May, (एजेंसी): केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने आय से अधिक संपत्ति मामले में  वाप्कोस के पूर्व सीएमडी राजिंदर कुमार गुप्ता और उनके बेटे को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी और तलाशी अभियान के दौरान जांच एजेंसी ने 38.38 करोड़ रुपये बरामद किए। अब तक की कुल बरामदगी में से 20 करोड़ रुपये नकद मंगलवार को जब्त किए गए।

सीबीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, गुप्ता और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। दिल्ली, चंडीगढ़, गुरुग्राम, सोनीपत और गाजियाबाद के 19 स्थानों पर आरोपी के आवासीय और व्यावसायिक परिसरों में तलाशी ली गई थी।

रिटायरमेंट के बाद गुप्ता ने दिल्ली में एक कंसल्टेंसी फर्म खोली। आरोपियों की कथित अचल संपत्तियों में फ्लैट, व्यावसायिक संपत्तियां और दिल्ली, गुरुग्राम, पंचकुला, सोनीपत और चंडीगढ़ में एक फार्महाउस शामिल हैं।

**************************

 

केदारनाथ धाम: बर्फबारी से टूटे दर्जनों टेंट, धाम में ढाई फीट तक बर्फ, DGP ने केदार में संभाल मोर्चा

केदारनाथ 03 May, (एजेंसी): केदारनाथ में भारी बर्फबारी के कारण आज यात्रा बंद है। मौसम की भारी चेतावनी के बाद केदारनाथ धाम में कल रात से भारी बर्फबारी जारी है। बर्फबारी के कारण केदारनाथ धाम की यात्रा पूर्ण रूप से रोक दी गई है। यात्रियों को सोनप्रयाग से आगे नहीं जाने दिया जा रहा है। बर्फबारी इतनी ज्यादा है कि वहां दर्जनों टेंट टूट गए हैं। धाम में ढाई फीट तक बर्फ गिर चुकी है। कल केदारनाथ गये यात्रियों को आज सुरक्षित तरीके से दर्शन कराकर वापस लाया जा रहा है।

मौसम विभाग ने आज के लिए केदारनाथ धाम में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की थी। मौसम विभाग की भविष्वाणी सच साबित हो रही है। धाम में बर्फबारी जारी है। बर्फबारी के कारण आज केदारनाथ की यात्रा पूर्ण रूप से रोकी गई है। आज एक भी यात्री को केदारनाथ नहीं भेजा गया है। यात्रियों को रुद्रप्रयाग, गौरीकुंड, सोनप्रयाग, सीतापुर, फाटा, गुप्तकाशी, अगस्त्यमुनि आदि स्थानों पर सुरक्षित रोका गया है। धाम में बर्फबारी के कारण अत्यधिक ठंड बढ़ गई है। पैदल मार्ग पर भी खतरा बढ़ गया है। जो यात्री कल केदारनाथ भेजे गये थे। उन्हें दर्शन करवाकर नीचे वापस लाया जा रहा है। यात्रियों की सुरक्षा के लिये पैदल मार्ग सहित धाम में सुरक्षा के लिए जवानों को तैनात किया गया है।

केदारनाथ धाम में हो रही बर्फबारी के कारण सबसे ज्यादा समस्या स्थानीय लोगों की ओर से लगाये गये टेंट स्वामियों को रही है। इसके साथ ही गढ़वाल मंडल विकास निगम की ओर से लगाये गये टेंट भी क्षतिग्रस्त हो गये हैं। केदारनाथ धाम में दो से ढाई फीट तक बर्फ गिर चुकी है। बर्फ हटाने के लिए स्थानीय लोगों के साथ ही मजदूर भी जुटे हुए हैं। केदारनाथ धाम में इन टेंटों में तीर्थयात्रियों को ठहराया जाता है। मगर दर्जनों टेंटों के क्षतिग्रस्त होने से रहने की ज्यादा समस्या खड़ी हो गयी है। धाम में लगातार हो रही बर्फबारी के कारण दिक्कतें बढ़ती जा रही हैं।

साथ ही केदारनाथ में बारिश और बर्फबारी ने श्रद्धालुओं की दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। धाम में पड़ी बर्फ को जेसीबी की मदद से हटाया जा रहा है। वहीं मौसम साफ होने के बाद ही यात्रियों को केदारनाथ धाम भेजा जाएगा। वहीं पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार भी केदारनाथ धाम में डटे हुए हैं और यात्रियों से संवाद कर उन्हें सुरक्षित यात्रा करवा रहे हैं। केदारनाथ धाम में हेलीपैड में भी बर्फ जमी है, जिसे जेसीबी मशीन से हटाने का काम किया जा रहा है।

पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार एवं एसपी रुद्रप्रयाग डॉ. विशाखा अशोक भदाणे ने केदारनाथ धाम में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मंदिर प्रांगण में उपस्थित श्रद्धालुओं से संवाद स्थापित किया गया। मंदिर समिति पदाधिकारियों से वार्ता की। पुलिस महानिदेशक ने बताया कि केदारनाथ धाम में भारी बर्फबारी हो रही है। आज यात्रा को ऋषिकेश, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, फाटा, गौरीकुंड से पूरी तरह से रोक दिया गया है। यहां पर मौसम प्रतिकूल है। कल के आये यात्रियों को दर्शन कराने के बाद वापस भेजा जा रहा है।

डीजीपी ने देशवासियों से अपील की है कि 4 मई की यात्रा के  मौसम के अनुसार आज शाम को निर्णय लिया जायेगा। इस संबंध में एडवाइजरी का इंतजार करें।

****************************

मोदी सरनेम पर टिप्पणी केस में राहुल गांधी की मुश्किलें बढ़ी, रांची कोर्ट में होना पड़ेगा पेश

रांची 03 May, (एजेंसी): मोदी सरनेम वाले लोगों पर टिप्पणी से जुड़े केस में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अब रांची की अदालत में भी हाजिर होना पड़ेगा। रांची की विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट ने राहुल गांधी द्वारा दाखिल व्यक्तिगत उपस्थिति से छूट की अर्जी को खारिज कर दिया है।

यह केस रांची के रहने वाले प्रदीप मोदी ने दाखिल किया था। इसमें कहा गया है कि पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी रांची में चुनावी सभा को संबोधित करने आए थे, तब उन्होंने मोदी सरनेम वाले लोगों पर टिप्पणी की थी।

प्रदीप मोदी का कहना है कि इससे उनके अलावा पूरे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। यह मानहानि का मामला है। इस केस में राज्य सरकार की ओर से अपर लोक अभियोजक पुष्पा सिन्हा ने बहस की। वहीं राहुल गांधी की ओर से अधिवक्ता प्रदीप चंद्रा ने बहस की।

**********************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version