गो एयरलाइंस के पायलट एयर इंडिया में उड़ान भरने के लिए तैयार

चेन्नई 06 मई,(एजेंसी)। गो एयरलाइंस (इंडिया) लिमिटेड के पायलटों के लिए, ऐसा लगता है कि उनका नियोक्ता नो गो एयरलाइन है और यह दौड़ जारी है कि एयर इंडिया में कौन सवार होगा।

संयोग से, गो एयरलाइंस का ब्रांड गो फस्र्ट है और पायलटों के लिए यह गेट अवेय फर्स्ट लगता है।

एक वरिष्ठ पायलट ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, कि, गो एयरलाइंस के पायलट अनुभवी हैं और वे उड़ान भरने के लिए तैयार हैं। यह एयर इंडिया के लिए अच्छी पकड़ होगी।

उनके अनुसार, हायरिंग एयर इंडिया, विस्तारा और एयरएशिया के लिए नहीं बल्कि एयर इंडिया के लिए होगी।

अधिकारी ने कहा, आखिरकार विस्तारा और एयरएशिया का एयर इंडिया में विलय हो सकता है। इसलिए वहां जाकर एयर इंडिया में वापस आने का कोई मतलब नहीं है।

रिपोटरें के अनुसार, एयर इंडिया ने गो एयरलाइंस से बड़ी संख्या में आवेदकों के कारण एयरबस ए320 पायलटों के लिए गुरुग्राम में वॉक-इन इंटरव्यू एक दिन बढ़ा दिया है।

वाडिया ग्रुप की गो एयरलाइंस ने नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (एनसीएलटी) के साथ एक स्वैच्छिक दिवाला याचिका दायर की है और कुछ समय के लिए अपनी उड़ानें बंद कर दी हैं।

कहा जा रहा है कि इंडिगो एयरलाइंस को भी गो एयरलाइंस के पायलटों के आवेदन मिल रहे हैं।

**************************

 

पीएम की प्रस्तावित यात्रा – सांसद दीया कुमारी ने नाथद्वारा में सभास्थल का किया निरीक्षण

जयपुर 06 मई,(एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 10 मई को प्रस्तावित यात्रा और सभा को लेकर सांसद दिया कुमारी ने पार्टी पदाधिकारियों और प्रशासन के आला अधिकारियों के साथ सभा स्थल सहित अन्य स्थानों का निरीक्षण किया।

10 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राजसमंद लोकसभा क्षेत्र की विधानसभा में लालबाग स्थित दामोदर स्टेडियम में होने वाली सभा की तैयारियों को लेकर सभी स्थानों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सभा स्थल, पांडाल हेलीपेड, पार्किंग, यातायात सहित अन्य विषयों पर प्रशासनिक अधिकारियों से विचार विमर्श किया

***********************************

 

चिराग ने नीतीश को दी चुनौती, हिम्मत है तो बजरंग दल पर बैन लगाकर देख लें

पटना 06 मई,(एजेंसी)। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने शनिवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जोरदार निशाना साधते हुए कहा कि अगर हिम्मत है तो बैन लगाकर देख लें।

पटना में पत्रकारों से चर्चा करते हुए चिराग से जब जदयू सांसद की बजरंग दल पर बैन लगाने की मांग के संबंध में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि जदयू सांसद मांग क्या कर रहे हैं, राज्य में उनकी सरकार है अगर ताकत है तो बैन करके दिखाएं।

उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन को सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए उसके नाम को इस्तेमाल करने के लिए इस तरह का बयानबाजी करना बिल्कुल गलत है। उन्होंने कहा कि क्या विपक्ष के पास मोदी सरकार से चुनाव जीतने के लिए और दूसरा विकल्प नहीं रहा जो इस तरह का बयान दिया जा रहा है।

जमुई के सांसद ने कहा कि जदयू बताए की किस घटना के आधार पर बजरंग दल को बैन करने की मांग कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि महज एक राजनीतिक लाभ लेने के लिए विपक्ष कर्नाटक में विरोध कर रहा है, तो बाकी के भी विरोधी दल बहती गंगा में हाथ धोना चाहते हैं। इसके आलावा इनके पास कोई ठोस वजह नहीं है।

नीतीश के विरोधी दल को एकजुट करने के संबंध में चिराग ने कहा कि बिहार को तो एक कर ही नहीं पाए विपक्ष को क्या एक करेंगे।
उन्होंने कहा वे बिहार के लोगों को कभी दलित महादलित, पिछड़े अति पिछड़े, हिंदू मुस्लिम यहां तक कि महिला पुरुष में बांटते रहे और अब एकजुट करने की बात करते हैं।

***************************

 

राजौरी में शहीद जवानों के हत्यारे आतंकवादियों को तलाशा जाएगा : राजनाथ

जम्मू 06 मई,(एजेंसी)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में तैनात सैनिकों से बातचीत की और स्पष्ट संदेश दिया कि सैनिकों की हत्या में शामिल आतंकवादियों का पता लगाया जाएगा।

राजनाथ सिंह उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और सेना प्रमुख मनोज पांडे के साथ राजौरी में सेना के डिवीजन मुख्यालय पहुंचे।

जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (जीओसी-इन-सी) उत्तरी कमान, लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी और फील्ड कमांडरों ने रक्षा मंत्री को कंडी जंगल और राजौरी और पुंछ जिलों के अन्य क्षेत्रों में आतंकवादियों के खिलाफ चल रहे अभियान के बारे में जानकारी दी।

सूत्रों ने कहा कि रक्षा मंत्री ने अपनी यात्रा के दौरान स्पष्ट संदेश दिया कि सैनिकों को मारने वाले आतंकवादियों को हर कीमत पर खोजा जाएगा। सिंह ने अपनी यात्रा के दौरान कथित तौर पर कहा, जम्मू-कश्मीर में शांति भंग करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

राजौरी से वापस जम्मू के लिए उड़ान भरने के बाद, रक्षा मंत्री दोपहर में नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। शुक्रवार को कंडी वन क्षेत्र में आतंकवादियों के हमले में एलीट पैरा कमांडो समेत पांच जवान शहीद हो गए थे। आतंकियों के खिलाफ जारी ऑपरेशन में सेना ने एक आतंकी को मार गिराया जबकि एक अन्य के घायल होने की खबर है।

******************************

 

मणिपुर हिंसा दुर्भाग्यपूर्ण, भारत सरकार उठा रही है तमाम जरूरी कदम – किरेन रिजिजू

नई दिल्ली 06 मई,(एजेंसी)। केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री और नॉर्थ ईस्ट के अरुणाचल प्रदेश से लोक सभा सांसद किरेन रिजिजू ने मणिपुर की हिंसा को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा है कि इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह स्वयं निगरानी कर रहे हैं और सरकार की तरफ से जो भी जरूरी कदम उठाने चाहिए, वह सब कदम उठाए जा रहे हैं।

मणिपुर के हालात को लेकर दिल्ली में मीडिया द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मणिपुर में दुर्भाग्य से जो हिंसा हुई है उसे लेकर जो भी कदम उठाने चाहिए वो भारत सरकार, खासतौर से केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा उठाए जा रहे हैं। गृह मंत्री अमित शाह स्वयं हालात की निगरानी कर रहे हैं और जो भी जरूरी है वह तमाम कदम भी उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके पास भी नॉर्थ ईस्ट के कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और अन्य लोगों के फोन आ रहे हैं। जो भी संभव कदम उठाने चाहिए, वो सब भारत सरकार की तरफ से उठाए जा रहे हैं।

मणिपुर के लोगों से शांति की अपील करते हुए रिजिजू ने कहा कि दो समुदाय के बीच जब इस तरह की घटनाएं होती हैं तो यह बहुत ही दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण होता है। इस हिंसा में कई जानें गईं है, नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि हम सब भाई-भाई हैं, एक ही देश के है। मणिपुर के चाहे मैतेई हो या चाहे कुकी हो, ये सब एक ही राज्य के तो हैं इसलिए सबको मिलजुलकर रहना चाहिए और गलतफहमी को बातचीत करके सुलझाया जा सकता है।

राज्य के लोगों से विकास के लिए शांति की अपील करते हुए केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नॉर्थ ईस्ट विकास के मामले में बहुत आगे बढ़ चुका है अब इसको हिंसा से नुकसान नहीं पहुंचाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारा नॉर्थ ईस्ट बहुत खूबसूरत है, हमारा मणिपुर भी बहुत खूबसूरत राज्य है। लेकिन इस खूबसूरत नॉर्थ ईस्ट को और तेजी से आगे ले जाने के लिए शांति चाहिए। इसलिए केंद्रीय गृह मंत्रालय के गाइडेंस में शांति बहाल करने के लिए जो फोर्स तैनात की गई है या जो अन्य कदम उठाए जा रहे हैं, सबको इसका समर्थन करना चाहिए।

***************************

 

म्यूजिक वीडियो ‘बैक टू कॉलेज’ जारी

06.05.2023  –  टीसीरीज़ के भूषण कुमार द्वारा निर्मित म्यूजिक वीडियो ‘बैक टू कॉलेज’ जारी कर दिया गया है। यह म्यूजिक वीडियो अब टी-सीरीज के यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध है। रोमांटिक और दिल तोड़ने वाले गानों के लिए जाने जाने वाले सिंगर मनन भारद्वाज अपने लेटेस्ट ट्रैक के साथ लौट आए हैं। इस गाने के बोल- ‘बैक टू कॉलेज’ है।

इस गाने को मनन ने लिखा, कंपोज किया और गाया हैं, जो उनके पिछले हिट गानों की तरह ही दिलों को छूने का वादा करता है। गाने में मनन के साथ मेयांग चांग और विशाल पांडे भी हैं। सावियो संधू द्वारा निर्देशित ये गाना कॉलेज कैंपस की मस्ती, क्लासरूम डेज, लेट नाइट शोज के साथ हर उस खट्टे-मीठे पल की यादें ताजा करता है जिसे कभी आपने अपने कॉलेज डेज में जिया होगा, जो निश्चित ही लोगों को इमोशनल कर जाएगा।

बकौल मनन भारद्वाज ‘बैक टू कॉलेज’ एक बेहद खास इमोशनल ट्रैक है। हालांकि यह एक लव सॉन्ग या दिल तोड़ने वाला गाना नहीं है, लेकिन यह यकीनन दिलों को छूने वाला गाना है। उम्मीद है कि मेयांग, विशाल और मैंने इस गाने की शूटिंग के दौरान जो बॉन्ड शेयर किया है वो ऑनस्क्रीन भी दिखाई देगा।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*************************

 

राजौरी मुठभेड़: एक आतंकवादी ढेर, सेना के शीर्ष कमांडर ने की अभियान की समीक्षा

जम्मू 06 May, (एजेंसी): सेना के उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ उपेंद्र द्विवेदी ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में चल रहे आतंकवाद विरोधी अभियान की समीक्षा की, जिसमें शनिवार को एक आतंकवादी मारा गया था। राजौरी जिले के कंडी वन क्षेत्र में शुक्रवार को आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में पांच जवान शहीद हो गए थे।

आतंकवादियों और सेना के बीच शनिवार को फिर से मुठभेड़ जारी रही।

उत्तरी कमान ने अपने ट्विटर पेज पर कहा, ग्राउंड जीरो पर उत्तरी कमान राजौरी के कंडी में चल रहे अभियानों की समीक्षा कर रहा है, जहां आतंकवादियों का पता चला है।

कमांडरों ने उसे अभियान के सभी पहलुओं की जानकारी दी है।

राजौरी में आतंकवादियों के खिलाफ अभियान की अपडेट पर सेना ने कहा, शनिवार को गोलाबारी में एक आतंकवादी को मार गिराया गया है और एक अन्य के संभवत: घायल है। उनके पास से एक एके 56, एके के 4 मैगजीन और 56 गोलियां, एक 9 एमएम पिस्टल और मैगजीन, तीन ग्रेनेड और असलहे का एक पाउच बरामद हुआ है। मारे गए आतंकी की पहचान की जा रही है। ऑपरेशन जारी है।

सेना और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने शुक्रवार को राजौरी में मुठभेड़ स्थल का दौरा किया था।

*****************************

बेंगलुरु में रोड शो से पहले पीएम मोदी ने गिनाईं उपलब्धियां, लोगों को दिलाई पुराने संबंधों की याद

नई दिल्ली 06 May, (एजेंसी): कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में धुआंधार चुनाव प्रचार कर रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बेंगलुरु में रोड शो करने से पहले ट्वीट कर बेंगलुरु क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों को गिनाते हुए लोगों को भाजपा के साथ पुराने संबंधों की याद दिलाई। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, थोड़ी देर में मैं शहर के लोगों के साथ बातचीत करने के लिए बेंगलुरु में रोड शो शुरू करूंगा। बेंगलुरु और भाजपा के बीच पुराना और मजबूत रिश्ता है। इस शहर ने शुरुआती दिनों से हमारी पार्टी का समर्थन किया है और हमने इसके विकास के लिए कई प्रयास किए हैं।

प्रधानमंत्री ने अपने अगले ट्वीट में ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर लोगों का समर्थन मांगते हुए कहा, हम अपने ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर बेंगलुरू के लोगों का आशीर्वाद मांग रहे हैं। साथ ही अब तक हासिल की गई उपलब्धियों को आगे बढ़ाने का वादा भी कर रहे हैं। हमारा प्रयास है कि कर्नाटक को नंबर वन राज्य बनाया जाए और बेंगलुरु के विकास पथ में अद्वितीय गति भी जोड़ी जाए।

प्रधानमंत्री ने स्वास्थ्य, आवास, स्वच्छता, ट्रांसपोर्ट, रेलवे और एयरपोर्ट सहित विभिन्न क्षेत्र में केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों के बारे में बताते हुए दावा किया कि इन सबकी वजह से लोगों को लाभ हुआ है और उनके जीवन स्तर में सुधार हुआ है।

उन्होंने बताया कि बेंगलुरु शहरी क्षेत्र में आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना के तहत 3.11 लाख हेल्थ कार्ड जारी किए गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत 71,643 आवास का निर्माण किया गया है। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) योजना के तहत बेंगलुरु में कई हजार शौचालयों का निर्माण किया गया है। इसके अलावा भी सिलसिलेवार एक के बाद एक कई ट्वीट कर उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में हासिल की गई उपलब्धियां गिनाईं।

*********************************

 

कमांडो की हत्या के बाद एक्शन में CRPF, छुट्टी पर गए जवानों को सिक्योरिटी बेस पर रिपोर्ट करने का निर्देश

मणिपुर 06 May, (एजेंसी): पूर्वोत्तर का राज्य मणिपुर हिंसा की आग में जल रहा है। मणिपुर में भड़की हिंसा की आग पर काबू पाने के लिए सरकार ने इंटरनेट बैन करने के साथ ही उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने के आदेश दिए थे। इस बीच चुराचांदपुर में सीआरपीएफ के एक कोबरा कमांडो की हत्या के बाद स्थिति और भी खराब हो गई है। ऐसे में अब छुट्टी पर गए सीआरपीएफ के जवानों को करीबी सिक्योरिटी बेस में रिपोर्ट करने को कहा है। सीआरपीएफ ने अपने उन जवानों को परिवार के साथ सिक्योरिटी बेस में रिपोर्ट करने को कहा है जो मणिपुर में रहते हैं और अपने होम टाउन छुट्टी पर गए हैं।

बता दें, सीआरपीएफ के कोबरा कमांडो की हत्या उस वक्त हुई जब वह छुट्टी पर थे। इस दौरान शुक्रवार दोपहर को हमलावरों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। ऐसे में अब सीआरपीएफ के मुख्यालय ने फील्ड कमांडर्स को आदेश जारी किया है कि वह मणिपुर से आने वाले ऑफ ड्यूटी कमांडरों से तुरंत संपर्क करें और उन्हें सिक्योरिटी बेस में आने का मैसेज दें।

मीडिया के मुताबिक सीआरपीएफ के जवानों के लिए जारी किए गए आदेश के मुताबिक जो भी जवान छुट्टी पर होम टाउन गए हैं वह अगर खुद को असुरक्षित महसूस करते हैं तो तुरंत अपने पास के सिक्योरिटी फोर्स बेस में संपर्क करें। इसके साथ ही मणिपुर और नागालैंड सेक्टर में मौजूद सीआरपीएफ के ऑफिसों से हर संभव मदद उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है।

बता दें, सीआरपीएफ के जिस कमांडो की हत्या की गई है उसकी पहचान 204वीं कोबरा बटालियन के डेल्टा कंपनी के कॉन्सटेबल चोनखोलन हाओकिप के तौर पर की गई है। जानकारी के मुताबिक हमलवरों ने पुलिस की वर्दी पहनी हुई थी और इसी दौरान गांव में घुस कर उनकी हत्या कर दी गई। बता दें मणिपुर की हिंसा में अब तक 18-20 लोगों की मौत हो गई है जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। हालांकि कई जगहों पर स्थिति बेहतर होने की खबर भी सामने आ रही है और जिन इलाकों में हालात गंभीर हैं, उन्हें फोर्स काबू में लाने की कोशिश कर रही है।

इससे पहले शुक्रवार को गृह मंत्री अमित शाह ने हाई लेवल बैठक की थी। इस दौरान वीडियो क़ॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उन्होंने सीएम एन बीरेन सिंह से बात की और हालातों की समीक्षा की।

****************************

 

दिल्ली में भी बरसेंगे बादल, हिमाचल में ओले; कई राज्यों में चक्रवाती तूफान का अलर्ट

नई दिल्ली 06 May, (एजेंसी): मौसम के ट्रेंड में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। अप्रैल और मई के महीने में भी लोगों को गर्मी से राहत मिली हुई है। बीते कुछ वर्षों में ऐसी परिस्थिति कभी नहीं देखने को मिली है। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि आज से देश के कुछ हिस्सों में तापमान में वृद्धि हो सकती है। लेकिन साथ ही कुछ इलाके चक्रवाती तूफान की चपेट में भी आने वाले हैं। समुद्र से सटे ओडिशा और पश्चिम बंगाल के अलावा इसके आसपास के राज्यों के लोग भी इससे प्रभावित होंगे।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को 7 मई से 10 मई के बीच अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पर भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। आईएमडी के अनुसार, दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित होने की संभावना है। इसके कारण 7 मई के आसपास इसी क्षेत्र में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की भी संभावना है। आईएमडी ने यह भी कहा है कि, “8 मई के आसपास बंगाल की खाड़ी के दक्षिण पूर्व में चक्रवाती तूफान आने की संभावना है।”

7 मई को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अधिकांश स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। 8-10 मई के दौरान भारी बारिश का पूर्वानुमान है। इस दौरान आस-पास के क्षेत्रों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की भी संभावना है। यह गति 70 को भी पार सकती है। 10 मई के बाद से हवा की गति 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़कर 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक होने की प्रबल संभावना है।

मौसम विभाग की भविष्यवाणी के मुताबिक, दिल्ली में आज भी बारिश हो सकती है। साथ ही आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। इसका मतलब यह हुआ कि दिल्ली वालों को अभी गर्मी से राहत मिलती रहेगी। हालांकि, यह राहत कब तक जारी रहेगी, इसके बारे में अभी कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली में तापमान 21 से 35 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।

वहीं आईएमडी के मुताबिक 6 मई को पंजाब में अलग-अलग जगहों पर बिजली और तेज आंधी (30-40 किमी. प्रति घंटे की हवा) के साथ और हिमाचल प्रदेश में बिजली के साथ ओले गिरने (Hailstorm) की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में खराब मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया गया है। इसके साथ ही कई राज्यों में आंधी के साथ बिजली गिरने की उम्मीद है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश और रायलसीमा में बिजली गिरने के साथ आंधी आने की संभावना है। इसके अलावा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल और माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बिजली गिरने के साथ आंधी आ सकती है।

*******************************

 

मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने किया बीआरएस भवन का उद्घाटन

नई दिल्ली 06 May, (एजेंसी)- तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने बसंत विहार स्थित बीआरएस भवन का उद्घाटन किया। केसीआर बीआरएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। राजधानी में केन्द्रीय कार्यालय के उद्घाटन से पार्टी के देशभर में विस्तार को गति मिलेगी। इस अवसर पर केसीआर वेदोक्त रीति से पूजन कर कार्यालय का उद्घाटन किया। बीआरएस भवन वास्तु के अनुरूप बना है।

राजधानी में चार मंजिला बीआरएस भवन बनाया गया है। पिछले वर्ष इस पार्टी कार्यालय के निर्माण का काम शुरू किया गया था जो अब बनकर तैयार हुआ। बसंत विहार स्थित कार्यालय में कांफ्रेंस हॉल और अन्य सुविधाएं हैं।

भवननिर्माण मंत्री प्रशांत रेड्डी और राज्य सभा सांसद जोगिनापल्ली संतोष कुमार लगातार दिल्ली में इस भवन के निर्माण को पूरा कराने संबंधी कार्य का लगातार निरीक्षण करते रहे। यह भवन बीआरपार्टी के कामकाज को गति देगा। बीआरएस भवन ग्यारह हजार वर्ग फुट भूमि में बना है जिसमें चार तल हैं। प्रथम तल पर कांफ्रेस हॉल है। साथ ही बीआरएस अध्यक्ष का कार्यालय बना हुआ है।

*********************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आपको संतान पक्ष से सुख की अनुभूति होगी। आपको कार्यालय में कोई महत्वपूर्ण काम मिलेगा। आपको बिजनेस के सिलसिले में किसी से बेहतर सलाह मिलेगी, जिससे आपको फायदा होगा। विद्यार्थियों के लिए दिन बेहतर रहेगा। जीवनसाथी से सुख की अनुभूति प्राप्त होगी। आपकी आर्थिक स्थिति में मजबूती आयेगी। कला के क्षेत्र से जुड़े लोगों का दिन शानदार रहने वाला है। स्वास्थ्य सुधार होगा।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वु , वे, वो)

परिवार वालों का पूर्ण स्नेह और सहयोग प्राप्त होगा। आपके कुछ मित्र मददगार साबित होंगे। व्यापार में अचानक धन लाभ होने से आपकी आर्थिक स्थिति बेहतर होगी। माता के स्वास्थ्य में सुधार आयेगा। दाम्पत्य संबंध मधुरता से भरपूर रहेगा। प्रेमीजन के लिए दिन बेहतर रहने वाला है। कुल मिलाकर दिन अच्छा रहेगा।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

परिवार में कोई धार्मिक अनुष्ठान करने का मन बनायेंगे। कुछ लोगों के गलत बयान से आपका मूड थोड़ा खराब होगा, लेकिन जल्द ही सब ठीक हो जायेगा। इस राशि की महिलाओं को शाम को बाहर निकलते समय अपने पर्स का खास ध्यान रखना चाहिए। आपके कार्यों में जीवनसाथी का सहयोग प्राप्त होगा। नये व्यवसाय में पैसा लगाने के बारे में आप सोचेंगे।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आपका दिन बेहतरीन रहने वाला है। आपको गुस्से में किसी से बात करने से बचना चाहिए। आप दूसरों पर अपना प्रभाव बनाने की कोशिश करेंगे। आपको अपने आस आसपास के कुछ लोग आपका विरोध करेंगे। नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को सफलता मिलेगी। दाम्पत्य जीवन में आपसी ताल-मेल बना रहेगा। प्रेमीजन को अचानक उपहार मिलेगा।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज आपका दिन शुभ रहेगा। व्यापार को बढ़ाने के लिए कुछ नये प्लान बनायेंगे। कार्यों में मित्रों की सलाह फायदेमंद साबित होगा। संतान पक्ष से कोई शुभ समाचार मिलेगा। काफी दोनों से चल रही किसी समस्या का समाधान मिल जायेगा। लोग आपकी बातों से प्रभावित होंगे। महिलाएं घरेलू कार्यों को पूरा करने में व्यस्त रहेंगी। बच्चों का मन पढ़ाई में लगेगा।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

व्यापार में अचानक धन लाभ का अवसर प्राप्त होगा। कार्यालय के कुछ सहकर्मी आपके काम में सहायता करेंगे। किसी ऐसे व्यक्ति से मुलाकात होगी, जो आने वाले दिनों में आपकी मदद करेगा। बिजनेस में आप जो भी काम हाथ में लेंगे, उसे पूरा करने में सफलता मिलेगी। पारिवारिक रिश्तों के बीच आप सामंजस्य बनाने में सफल रहेंगे।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज आपका दिन बढिय़ा रहेगा। कार्यालय में अधिक समय देने से रूका हुआ काम पूरा हो जायेगा। किसी तरह के विवाद में पडऩे से बचना चाहिए। आपके मन में नए-नए विचार आयेंगे। साथ ही आप नए काम की योजना भी बनायेंगे। आय के स्रोतों में वृद्धि होगी। क्रॉकरी का व्यापार कर रहे लोगों को अच्छा मुनाफा होने वाला है।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आपका आर्थिक पक्ष मजबूत रहेगा। किसी दोस्त के साथ पार्टी करने का मन बनायेंगे। ऑफिस में आपके काम को लेकर अधिकारी आपकी तारीफ करेंगे। इस राशि के विद्यार्थी के लिए दिन अच्छा रहेगा। बहुत जरूरी हो तो ही यात्रा पर जाना चाहिए। प्रेमी एक दूसरे की भावनाओं को समझेंगे। जीवनसाथी आपके व्यवहार से प्रसन्न होंगे।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आपका ध्यान धार्मिक कार्यों में लगा रहेगा। आपको अचानक खुशखबरी मिलेगी। आप कुछ घरेलू सामान खरीदने का मन बनायेंगे माता-पिता अपने बच्चों की पढ़ाई में उनकी सहायता करेंगे। आप कोई नया काम करने की सोचेंगे। प्रेमी के लिए दिन अच्छा रहने वाला है। घरेलू सौहार्द में बढ़ोतरी होगी। वैवाहिक जीवन में नयी-नयी खुशियां आयेंगी।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आपको व्यापार में किसी बड़ी कंपनी से डील करने का ऑफर मिलेगा। इस राशि के संगीत से जुड़े लोगों को कोई बड़ा ऑफर मिलने का योग बन रहा है। आप अपने रिश्तों को मजबूत बनाने की कोशिश करेंगे। सभी कार्यों में माता-पिता का पूरा सहयोग मिलेगा। विद्यार्थी किसी नये कोर्स में दाखिला लेने का विचार बनायेंगे।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आपकी नये कार्यों में रूचि बढ़ेगी। आपका आर्थिक पक्ष पहले की अपेक्षा मजबूत होगा। परिवार का माहौल खुशनुमा बना रहेगा। शाम के समय बच्चों के साथ घर पर कोई मनोरंजन करेंगे। आपको धन लाभ के बड़े अवसर मिलेंगे। दिन व्यावसायिक प्रगति के लिए अनुकूल है। दाम्पत्य जीवन में चल रहा मन मुटाव समाप्त हो जायेगा।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज किसी शुभ समाचार की प्राप्ति हो सकती है। इस राशि के स्टूडेंट्स अपनी पढ़ाई-लिखाई में थोड़ा बदलाव करने की सोचेंगे। ऑफिस का माहौल थोड़ा अलग होने के कारण आपको कार्यों को पूरा करने में वक्त लगेगा। आपको अपने खान-पान में थोड़ी सावधानी रखने की जरूरत है। इस राशि के छोटे बच्चों को पिता से कोई अच्छा-सा गिफ्ट मिलेगा।

*******************************

 

आपके एक वोट से विकास की क्रांति होगी: योगी

लखनऊ 05 मई,(एजेंसी)। मुख्य मंत्री  योगी आदित्य नाथ ने आज मेरठ में  कहा कि 11 मई को आपको नगर निकाय चुनाव में भागीदार बनना है। आपका एक वोट नई क्रांति को जन्म देने का है। यह क्रांति सुशासन, विकास और राष्ट्रवाद की होगी। मेरठ में सपा-बसपा, लोकदल व कांग्रेस ने सोतीगंज की कालिख दी थी। जब आपकी अपनी सरकार आई तो सोतीगंज का कलंक समाप्त हुआ। आज मेरठ में शांति व सौहार्द है। सपा-लोकदल का गठबंधन अवसरवादी व अराजकतावादी है।

अराजकता की जड़ पर जब म_ा डालने का कार्य किया जा रहा है तो इन्हें परेशानी हो रही है। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित को करते हुए कहा कि 2017 में भी मेरठ नगर निगम का भाजपा बोर्ड बना होता तो मेरठ भी नई आभा के साथ बढ़ रहा होता। हमने पैसे की कमी आड़े नहीं आने दी, लेकिन पैसे का सही उपयोग अत्यंत आवश्यक है। आज मेरठ व यूपी नई विकास के दौर से गुजर रहा है। यूपी की पहचान सुशासन, विकास की सकारात्मक सोच व राष्ट्रवाद के आधार पर बन रही है।

यूपी में अब कर्फ्यू के लिए कोई जगह नहीं है। कांवड़ यात्रा यूपी की पहचान बन रही है। कोई सोचता था मेरठ को दिल्ली से जोडऩे के लिए 12  लेन हाइवे एक्सप्रेसवे समय से बनकर तैयार हो जाएगा। छह वर्ष पहले यह दूरी 4 घंटे में पूरी होती थी,  आज 45 मिनट लगते हैं। अगले महीने दिल्ली से मेरठ के बीच रैपिड रेल प्रारंभ होने जा रही है। यह यात्रा को और आसान करेगी। मेरठ से प्रयागराज की दूरी 16 घंटे में तय होती है पर दो वर्ष में आप छह घंटे में गंगा एक्सप्रेसवे से पहुंच जाएंगे।

सीएम ने कहा कि एक तरफ यहां का परंपरागत उद्यम खेल उत्पाद ओडीओपी के जरिए दुनिया में छा रहा है। लोगों को काम और मेरठ को पहचान मिल रही है। 2017 के पहले सोतीगंज सपा-बसपा व लोकदल की पहचान है। अब ओडीओपी पहचान है। उन्होंने कहा कि आज भगवान बुद्ध की आज पावन जयंती है। दुनिया में जहां कहीं भी शांति-सौहार्द, करुणा व मैत्री की बात होती है। दुनिया भगवान बुद्ध की तरफ देखती है। उनका संदेश मानव कल्याण का मार्ग प्रशस्त कर सकता है।

बुद्ध पूर्णिमा पर आपसे संवाद का सौभाग्य मिला। उनके संदेश को गांव-गांव, घर-घर पहुंचाने का कार्य हुआ। भगवान बुद्ध से जुड़े सर्वाधिक स्थल यूपी में हैं। पहला उपदेश उन्होंने सारनाथ में दिया। वहां सुंदरीकरण का कार्य हो रहा है। जिस श्रावस्ती में सर्वाधिक चातुर्मास व्यतीत किया, वहां नए एयरपोर्ट के निर्माण समेत समग्र विकास हो रहा है।

कपिलवस्तु में जहां उनका बचपन व्यतीत हुआ, वहां का समग्र विकास का कार्य हो रहा। कौशांबी व संकिसा में भी पर्यटन की दृष्टि से समग्र विकास हो रहा है। इस दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री धर्मपाल सिंह,  दिनेश खटिक,  डॉ.  सोमेंद्र तोमर, सांसद राजेंद्र अग्रवाल, कांता कर्दम, नोएडा के विधायक पंकज सिंह,  भाजपा के प्रदेश महामंत्री सुभाष यदुवंश, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया सहित  कई नेता मौजूद रहे।

******************************

 

‘लीजेंड दादासाहेब फाल्के अवार्ड 2023’ समारोह सम्पन्न

06.05.2023  –  अवार्ड समारोह आयोजन के मामले में बतौर आयोजक सुपर शोमैन का ख़िताब हासिल कर चुके  ‘कृष्णा चौहान फाउंडेशन’ (केसीएफ) के संस्थापक डॉ कृष्णा चौहान के द्वारा अपने जन्मदिन (4 मई) के अवसर पर अंधेरी (वेस्ट) मुम्बई स्थित मेयर हॉल में भारतीय सिनेमा के पितामह दादा साहेब फाल्के की स्मृति में आयोजित ‘लीजेंड दादासाहेब फाल्के अवार्ड समारोह 2023’ बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायक कुमार सानू, संगीतकार दिलीप सेन, सिंगर ऋतु पाठक, अभिनेता अली खान, कॉमेडियन सुनील पाल, एसीपी संजय पाटिल, बी एन तिवारी, ‘भुज’ के निर्देशक अभिषेक दुधैया, और मेगास्टार अमिताभ बच्चन के मेकअपमैन दीपक सावंत की मौजूदगी में सम्पन्न हुआ। इन सभी अतिथियों को अवार्ड दे कर सम्मानित किया गया।

ब्राइट आउटडोर मीडिया के योगेश लखानी, ऎक्टर रमेश गोयल,  हरियाणवी सिंगर डी सी मदाना, रैपर हितेश्वर, सुंदरी ठाकुर, परफॉर्मर शीरीं फरीद और एंकर डॉ भारती छाबड़िया व अनिल अरोड़ा को भी इस सम्मान से नवाजा गया। बेस्ट पब्लिसिटी डिज़ाइनर का अवार्ड आर राजपाल को दिया गया। सिंगर मंगेश ने अपनी गायकी से कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिया।

सिंगर राजू टांक को भी प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाजा गया। सिया काले और ज्योति ने स्टेज पर अपनी प्रस्तुति दी, उन्हें ट्रॉफी से भी नवाजा गया। स्टेज पर शानदार केक काटकर डॉ कृष्णा चौहान का जन्मदिन मनाया गया। कुमार शानू ने उन्हें केक खिलाकर हैप्पी बर्थडे कहा और ऐसे अवार्ड समारोह के आयोजन के लिए कृष्णा चौहान के प्रयासों की सराहना की। केसीएफ प्रस्तुत इस पुरस्कार समारोह में उन हस्तियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने फिल्मी दुनिया मे अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है साथ ही समाज सेवा और मानव सेवा का सराहनीय कार्य किया है।

अपने सभी अवार्ड समारोह की तरह इस समारोह में भी समाज सेवकों, बिज़नेसमैन, फ़िल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के साथ साथ डॉ कृष्णा चौहान ने इस बार भी कई पत्रकारों, फोटोग्राफर को अवार्ड देकर सम्मानित किया । उल्लेखनीय है कि डॉ कृष्णा चौहान न सिर्फ एक सफल बॉलीवुड डायरेक्टर और सोशल वर्कर हैं बल्कि अवार्ड्स फंक्शन्स करने के मामले में नम्बर वन माने जाते हैं।

उनका एक अवार्ड फंक्शन सम्पन्न होता है और वह प्रतिभाशाली कलाकारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अपने अगले पुरुस्कार समारोह की तैयारियों में लग जाते हैं। उनके द्वारा आयोजित महात्मा गांधी रत्न अवार्ड 2023 गांधी जी के जन्मदिन 2 अक्टूबर को होने जा रहा है। इस अवार्ड का यह तीसरा सीज़न होगा। डॉ कृष्णा चौहान अपनी नवीनतम हॉरर थ्रिलर फिल्म ‘आत्मा डॉट कॉम’ की शूटिंग भी जल्द शुरू करने जा रहे हैं। इस फिल्म के संगीतकार दिलीप सेन हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*******************************

 

मणिपुर के हालात को देखते हुए अमित शाह ने रद्द किया कर्नाटक का चुनावी दौरा

नई दिल्ली 05 May, (एजेंसी): मणिपुर में हुई हिंसा के बाद बने हालातों पर नजर बनाए रखने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज के अपने कर्नाटक के चुनावी दौरे को रद्द कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, कर्नाटक में चुनाव प्रचार के लिए गृह मंत्री अमित शाह को शुक्रवार को कर्नाटक के दौरे पर जाना था जहां उनके कई चुनावी कार्यक्रम पहले से ही तय थे।

शाह को कर्नाटक में आज दो रोड शो और एक बैठक करनी थी लेकिन मणिपुर के हालात पर नजर बनाए रखने के लिए उन्होंने कर्नाटक जाने का कार्यक्रम रद्द कर दिया है।

सूत्रों के मुताबिक, मणिपुर में हुई हिंसा के कारण बिगड़े हालात को लेकर गृह मंत्रालय लगातार नजर बनाए हुए हैं। गुरुवार को ही शाह ने राज्य के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह से बात की थी।

गृह मंत्री ने गुरुवार को ही दो बार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए केंद्र और राज्य सरकार के उच्चाधिकारियों के साथ बैठक कर हालात की समीक्षा की थी और केंद्र सरकार की तरफ से हर संभव सहायता का आश्वासन भी दिया था।

सूत्रों के मुताबिक, शाह आज भी दिल्ली से मणिपुर के हालात पर नजर बनाए रखेंगे और जरूरत पड़ने पर बैठक भी कर सकते हैं।

****************************

 

एनसीपी अध्यक्ष बने रहेंगे शरद पवार, वापस लिया इस्तीफा

मुंबई 05 मई,(एजेंसी)। शरद पवार ने एनसीपी अध्यक्ष पद से इस्तीफा वापस लेने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि सबकी भावनाओं को देखते हुए इस्तीफा वापस लेने का फैसला किया। इससे पहले उनके समर्थकों ने उनका इस्तीफा देने के फैसले को ठुकरा दिया था और उनसे इस पद पर बने रहने की गुजारिश की थी।

82 साल के नेता ने कहा था कि वो 199 से, जबसे पार्टी बनी, तब से इस पर हैं। फैसले पर दुबारा विचार करने के बाद उन्होंने कहा कि वो एनसीपी अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे।

*****************************

 

पंजाब में कोरोना संक्रमण के 100 नये मामले, एक मौत

चंडीगढ़ 05 मई,(एजेंसी)। पंजाब में गत 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 100 नये मामले आये हैं, इसके साथ ही राज्य में संक्रमित रोगियों की कुल संख्या अब 826 हो गई है।

राज्य सरकार की ओर जारी एक बुलेटिन के अनुसार इस दौरान 160 मरीज स्वस्थ हुये। फरीदकोट में एक कोरोना संक्रमित ने दम तोड़ दिया। रिपोर्ट के अनुसार कुल संक्रमितों में से 28 ऑक्सीजऩ और 11 वेंलिलेटर पर हैं।

इनमें से एक ही हालत गम्भीर है। राज्य में अब तक कोरोना मामलों की कुल संख्या 792874 हो चुकी है जिनमें से 771500 इस घातक संक्रमण को मात दे चुके हैं। राज्य में अब कोरोना संक्रमण के कारण अब कुल 20548 मौतें हो चुकी हैं।

*******************************

 

मोदी ने कांग्रेस पर लगाया आतंकवादी प्रवृतियों के साथ खड़े होने का आरोप

बेल्लारी 05 मई,(एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कर्नाटक में एक चुनावी रैली में भाषण की शुरुआत जय श्री राम और जय बजरंग बली के नारों से करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि वह आतंकी साजिश पर आधारित डॉक्यूमेंट्री-फिल्म केरल स्टोरी का विरोध कर आतंकवादी प्रवृत्तियों के साथ खड़ी है।

प्रधानमंत्री ने कहा,बम, बंदूक और पिस्टल की आवाज तो सुनाई देती है लेकिन भीतर से समाज को खोखला करने की आतंकी साजिश की आवाज नहीं सुनाई देती है। इस तरह के आतंक पर कोर्ट ने भी चिंता जताई है। ‘केरल स्टोरी फिल्म की चर्चा इन दिनों खूब हो रही है जो ऐसी ही एक आतंकी साजिश पर आधारित है। मोदी ने कहा, ऐसा कहा जाता है कि ‘केरल स्टोरी, की कहानी सिर्फ एक राज्य में आतंकवादी साजिशों पर आधारित है। देश के इतने खूबसूरत राज्य केरल में चल रही आतंकवादी साजिश, जहां के लोग इतने मेहनती और प्रतिभाशाली हैं, इस फिल्म में दिखाया गया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि लेकिन, देश का दुर्भाग्य देखिए कि आज कांग्रेस इस आतंकवादी प्रवृत्ति के साथ खड़ी नजर आ रही है, जो समाज को बर्बाद कर रही है। मोदी ने कांग्रेस और जो प्रतिबंधित पीपुल्स फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) की राजनीतिक शाखा एसडीपीआई के बीच सांठगांठ की ओर इशारा करते हुए कहा,इतना ही नहीं, कांग्रेस इस तरह की आतंकवादी प्रवृत्ति वाले लोगों के साथ पिछले दरवाजे से राजनीतिक सौदेबाजी भी कर रही है।

******************************

 

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता जयवीर शेरगिल के आवास पर शेखावत से मिले जालंधर के प्रमुख उद्योगपति

जालंधर 05 मई,(एजेंसी)। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कल शाम यहां जालंधर के प्रमुख उद्योगपतियों के एक समूह से मुलाकात की। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता जयवीर शेरगिल के आवास पर शेखावत और उद्योगपतियों के बीच अनौपचारिक बैठक के दौरान औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बातचीत के दौरान उद्योगपतियों ने पंजाब में मौजूदा औद्योगिक परिदृश्य के बारे में मंत्री को फीडबैक दिया।

उद्योगपतियों ने शेखावत को आप शासन में उनके सामने आ रही विभिन्न समस्याओं से भी अवगत कराया। उद्योगपतियों ने मंत्री को बताया कि पंजाब में मौजूदा सरकार द्वारा उद्योगों से संबंधित वास्तविक मुद्दों को हल करने के लिए कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिसके कारण उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस दौरान स्पोर्ट्स, हैंड टूल्स, लेदर आदि सहित विभिन्न उद्योगों के उद्योगपतियों ने इंडस्ट्री की बेहतरी के लिए शेखावत के साथ अपने बहुमूल्य सुझाव साझा किए। उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने मंत्री को उठाए जा सकने वाले विभिन्न संभावित कदमों के बारे में बताया, जो उद्योग को फलने-फूलने में मदद कर सकते हैं।

उद्योगपतियों ने पंजाब में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था पर अपनी गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए, शेखावत को बताया कि जिस तरह से पंजाब में हत्या, लूट, जबरन वसूली, गैंगवार आदि की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, इससे औद्योगिक क्षेत्र में दहशत की लहर है, जो पहले से बुरे दौर से गुजर रही है। उन्होंने शेखावत को हालात में सुधार नहीं होने की स्थिति में उद्योग को दूसरे राज्यों में पलायन करने की योजना के बारे में भी बताया।

इस क्रम में, सभी सुझावों को सुनने और उद्योगपतियों से पूरी प्रतिक्रिया लेने के बाद, शेखावत ने उद्योगपतियों को केंद्र सरकार से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इंडस्ट्री के विकास और प्रगति के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में पहले ही उद्योग को गति देने के लिए कई कदम उठाए जा चुके हैं। इसके अलावा, भविष्य में इंडस्ट्री की तरक्की के लिए केंद्र सरकार के स्तर पर उठाए जाने हेतु आवश्यक अन्य कदमों को भी शुरू किया जाएगा। बैठक में पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्विनी शर्मा भी शामिल थे।

********************************

वरिष्ठ फिल्म पत्रकार काली  दास पाण्डेय को मिला लीजेंड दादा साहेब फाल्के अवार्ड

05.05.2023  –  भारतीय सिनेमा के पितामह दादा साहेब फाल्के की स्मृति में कृष्णा चौहान फाउंडेशन (केसीएफ) के द्वारा संस्था के संस्थापक डॉ कृष्णा चौहान के जन्म दिन (4 मई) के अवसर पर आयोजित ‘लीजेंड दादासाहेब फाल्के अवार्ड समारोह 2023’ में बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायक कुमार सानू, संगीतकार दिलीप सेन, सिंगर ऋतु पाठक, अभिनेता अली खान, कॉमेडियन सुनील पाल, एसीपी संजय पाटिल, बी एन तिवारी, ‘भुज’ के निर्देशक अभिषेक दुधैया, और मेगास्टार अमिताभ बच्चन के मेकअपमैन दीपक सावंत की उपस्थिति में वरिष्ठ फिल्म पत्रकार काली दास पाण्डेय को लीजेंड दादा साहेब फाल्के अवार्ड दे कर सम्मानित किया गया।

संवाद प्रेषक : राजदीप पाण्डेय

********************************

 

मुरैना में जमीन के लिए ‘महाभारत, पुरानी रंजिश में 5 लोगों को गोलियों से भूना

मुरैना 05 May, (एजेंसी): मुरैना में आज सुबह गोली मारकर 5 लोगों की हत्या कर दी गई। घटना जिले के सिहोनिया थाना क्षेत्र के लेपा भिडोसा गांव की है।

जानकारी के मुताबिक पुरानी रंजिश के चलते एक पक्ष ने एक ही परिवार के 5 लोगों को गोलियों से भून दिया। इसमें 3 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। वही घायलों में 2 पुरुष और 1 महिला हैं। बताया जा रहा है कि इस गोलीकांड के पीछे करीब 10 साल पुरानी लड़ाई है। दस साल पहले मृतकों के परिवार के लोगों ने आरोपियों के परिजन की हत्या की थी। दिमनी विधायक रविंद्र सिंह भी लेपा भिडोसा गांव के रहने वाले हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। जमीन विवाद के चलते लेपा गांव में 2014 में भी मर्डर हो चुका है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों में काफी लंबे समय से विवाद चल रहा था।

*******************************

 

सुहागन बनने के कुछ ही घंटे में विधवा बन गई दुल्हन, दुल्हे की हार्ट अटैक से मौत

भागलपुर 05 May, (एजेंसी): बिहार के भागलपुर के विवाह समारोह की खुशी कुछ ही पलों में मातम में बदल गई जब कुछ ही समय पूर्व सुहागन बनी दुल्हन दुल्हे के निधन के बाद विधवा बन गई। पूरा मामला भागलपुर के एक विवाह भवन का है, जहां बुधवार की रात खंजरपुर के झौवा कोठी के रहने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर दिलीप प्रकाश की शादी झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम की आयुषी से हुई।

देर से शुरू हुई शादी के रस्म रिवाज निभाने में हुई देरी के कारण विवाह कार्यक्रम गुरुवार सुबह पांच बजे तक चलता रहा। बताया जाता है कि सुबह आठ बजे दूल्हा जब दुल्हन को विदा कराने को लेकर तैयारी में था, तभी उसके सीने में अचानक तेज दर्द हुआ और वह कुर्सी से नीचे गिर गया।

परिवार वाले उसे मायागंज अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दोनों परिवार में कोहराम मच गया। दुल्हन के जोड़े में अस्पताल पहुंची आयुषी ने पति को मृत देख बहदवास होकर गिर पड़ी। आयुषी दहाड़ मारकर रोते रोते कह रही थी कि जब साथ निभाना ही नहीं था तो मेरी जिंदगी में आए क्यों?

लड़की पक्ष के लोगों की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दिलीप दिल्ली में एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर था। आशंका व्यक्त की जा रही है कि दिलीप की हार्ट अटैक से मौत हो गई है।

आयुषी मल्टीनेशनल कंपनी में जॉब करती है। इधर, लड़के के परिजनों का कहना है कि सबकुछ ठीक ढंग से निभाया गया। दुल्हे की तबियत भी ठीक थी। अचानक सब कुछ समाप्त हो गया। जिस मंडप में कुछ देर पहले बैंड बाजा की धुन पर लोग नाच गाकर खुशियां मना रहे थे, वहा से रोने की आवाज सुनाई देने लगी। जिस दुल्हे के घर की महिलाएं नई बहू का इंतजार कर रही थी वहां दुल्हे की अर्थी की तैयारी शुरू ही गई।

****************************

 

 

शरद पवार का इस्तीफा नामंजूर, NCP की मीटिंग में बड़ा फैसला

नई दिल्ली 05 May, (एजेंसी): राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की कोर कमेटी ने एक बैठक कर शरद पवार का इस्तीफा नामंजूर कर दिया है। NCP कमेटी ने ये फैसला लिया है शरद पवार 2024 तक अध्यक्ष बने रहेंगे। NCP अध्यक्ष पद को लेकर घमासान के बीच एनसीपी कमिटी ने शरद पवार का इस्तीफा सर्वसम्मति से नामंजूर किया और पवार अध्यक्ष बने इस प्रस्ताव को पारित किया। अब कमिटी नेता शरद पवार को इस निर्णय के बारे में बताएंगे।

इससे पहले पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का नाम तय करने के लिए शरद पवार ने 18 सदस्यीय समिति का गठन किया था जिसमें प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे, पीसी चाको, नरहरि जिरवाल, अजीत पवार, सुप्रिया सुले, जयंत पाटिल, छगन भुजबल, दिलीप वलसे-पाटिल, अनिल देशमुख, राजेश टोपे, जितेंद्र आव्हाड, हसन मुश्रीफ, धनंजय मुंडे, जयदेव गायकवाड़ और पार्टी के अन्य नेता शामिल हैं।

********************************

 

सीमा पार से आतंकवाद बर्दाश्त नहीं करेंगे

नई दिल्ली 05 May, (एजेंसी): विदेश मंत्रियों की एससीओ परिषद की बैठक के लिए पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो इस समय भारत दौरे पर हैं। सत्र को संबोधित करते हुए बिलावल की मौजूदगी में एस जयशंकर ने पाकिस्तान को खूब सुनाया। आतंकवाद पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए उन्होंने आतंकी गतिविधियों के लिए फंडिंग को रोकने की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने पाकिस्तान, चीन समेत सभी SCO सदस्य देशों के सामने साफ कर दिया कि भारत सीमा पार से आतंकवाद बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा, हम सबको मिलकर आतंकवाद से लड़ना होगा। आतंकवाद को अभी भी हराया नहीं जा सका। आतंकवाद से मुकाबला हमारी सबसे पहली प्राथमिकता है।

विदेश मंत्रियों की एससीओ परिषद के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए एस जयशंकर ने कहा कि जब दुनिया कोरोना का सामना करने में लगी हुई थी, उस दौरान भी कुछ देश आतंकवाद को बढ़ावा दे रहे थे। इस खतरे से नजरें हटाना हमारी सुरक्षा के लिए हानिकारक साबित होगा। हमारा दृढ़ विश्वास है कि आतंकवाद का कोई औचित्य नहीं हो सकता है। इसे सीमा पार आतंकवाद सहित इसके सभी रूपों में रोका जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आतंकवादी गतिविधियों के लिए तैयार चैनलों को बिना किसी देरी के अवरुद्ध किया जाना चाहिए। सदस्य देशों को यह याद दिलाने की आवश्यकता नहीं है कि आतंकवाद का मुकाबला करना एससीओ के मूल जनादेशों में से एक है।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि मैं एससीओ की भारत की पहली अध्यक्षता के तहत आपकी मेजबानी करते हुए हर्षित महसूस कर रहा हूं। एससीओ की हमारी अध्यक्षता के तहत, हमने 100 से अधिक बैठक और कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न किये जिनमें 15 मंत्री स्तरीय बैठकें शामिल हैं।

***************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version