बाबा महाकाल की भस्मारती में शामिल हुए कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार

उज्जैन 11 जून,(एजेंसी)। ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में रविवार तड़के 4 बजे कर्नाटक के उप-मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बाबा महाकाल की भस्म आरती के दर्शन किए। आरती के उपरांत उन्होंने गर्भगृह में जाकर बाबा महाकाल का अभिषेक पूजन किया। पश्चात नंदीजी के कान में अपनी मनोकामना मांगी।

दो दिवसीय मध्य प्रदेश दौरे पर आए डीके शिवकुमार शनिवार रात उज्जैन पहुंच गए थे। इसके बाद उन्होंने कालभैरव मंदिर में भगवान कालभैरव के दर्शन पूजन किए। रविवार तड़के वे महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए। उनके साथ विधायक जीतू पटवारी, महेश परमार, शोभा ओझा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रवि भदौरिया सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद थे।

मीडिया से चर्चा करते हुए शिवकुमार ने कहा कि कर्नाटक की तरह मध्य प्रदेश में भी भारतीय जनता पार्टी के भ्रष्टाचार से जनता परेशान है। आगामी विधानसभा चुनाव में यहां भी कांग्रेस की सरकार बनना तय है। मध्य प्रदेश में कांग्रेस को कर्नाटक से अधिक सीट मिलेगी। मध्यप्रदेश में उनकी भूमिका के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसका निर्णय राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा।

उन्होंने दावा किया की कर्नाटक की तरह मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस पार्टी जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि महाकाल के आशीर्वाद से कर्नाटक के लोगों की सेवा करने के लिए हमारी सरकार बनी है। आज हमने कर्नाटक में महिलाओं के लिए फ्री बस सेवा की शुरुआत की है। हमारी सरकार वो पांचों वादे पूरी करने जा रहे है जो हमने किए थे।

*******************************

 

बंगाल के श्रीधाम मंदिर पर हमला, केंद्र से की हस्तक्षेप की मांग

कोलकाता 11 जून,(एजेंसी)। पंचायत चुनाव के बीच तनातनी के हालात तब आज बन गये जब श्रीधाम मंदिर पर कथित हमले की खबर मतुआ समुदाय के बीच फैली। आरोप है कि पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना और नदिया जिले में रहने वाले शरणार्थी मतुआ समुदाय के श्रीधाम मंदिर पर हमले किए गये । उक्त आरोप सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और समर्थकों पर लगा है।

इसे लेकर विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से हस्तक्षेप की मांग की है।शुभेंदु अधिकारी ने हमले से संबंधित दो वीडियो रविवार को ट्विटर पर साझा किया है। इसमें उन्होंने लिखा, मतुआ समुदाय के ठाकुरबाड़ी स्थित श्रीधाम मंदिर पर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने हमला कर दिया है। मैं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से अनुरोध करता हूं कि वह तत्काल हस्तक्षेप करें और अखिल भारतीय मतुआ महासंघ के सदस्यों और पदाधिकारियों को सुरक्षा प्रदान करें।

उल्लेखनीय है कि यह समुदाय पश्चिम बंगाल में कम से कम 07 लोकसभा सीटों और 70 से अधिक विधानसभा सीटों पर अपना प्रभाव रखता है। इस समुदाय को स्थाई नागरिकता देने का अपना वादा भाजपा अभी पूरा नहीं कर पाई है। शुभेंदु अधिकारी ने ट्वीट किया, तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने पुलिस के सामने मतुआ समुदाय के ठाकुरबाड़ी स्थित पवित्र श्रीधाम मंदिर पर हमला किया।  मैं माननीय केंद्रीय गृह मंत्री से अनुरोध करता हूं, कृपया हस्तक्षेप करें और अखिल भारतीय मतुआ महासंघ और मतुआ समुदाय के सदस्यों और पदाधिकारियों को सुरक्षा प्रदान करें।

*****************************

 

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 10 हजार से बढ़ा कर 13 हजार रूपए होगा

भोपाल 11 जून,(एजेंसी)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 10 हजार रूपए से बढ़ा कर 13 हजार रूपए किया जाएगा। मानदेय में इंसेंटिव के रूप में 1000 रूपए की वृद्धि प्रतिवर्ष की जाएगी। आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का 1000 रूपए प्रति माह अलग से प्राप्त होगा।

चौहान ने यह घोषणा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के यहां भेल दशहरा मैदान में हुए सम्मेलन में की। मुख्यमंत्री भारतीय मजदूर संघ तथा मध्य प्रदेश आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका महासंघ के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मिनी आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 6 हजार 500 रूपए प्रतिमाह होगा। आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सेवानिवृत्त होने पर एकमुश्त एक लाख 25 हजार रूपए और सहायिकाओं को एक लाख रूपए उपलब्ध कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं का 5 लाख रूपए का स्वास्थ्य और दुर्घटना बीमा कराया जाएगा।

आँगनबाड़ी कार्यकर्ता के 50 प्रतिशत पद सहायिकाओं की पदोन्नति से भरे जाएंगे और आँगनवाड़ी कार्यकर्ता को शासकीय कर्मचारियों को मिलने वाली सुविधाएं भी दी जाएगी। चौहान ने कहा कि शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। लाड़ली लक्ष्मी योजना लागू करने में आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना केक्रियान्वयन में आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहता हैं।

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना को लागू करवाने में आँगनवाड़ी की बहनों ने कठिन परिश्रम किया है, जो अभिनन्दनीय है। बहनों ने कम समय में दिन-रात एक कर एक करोड़ 25 लाख पंजीयन कराए, यह बड़ी उपलब्धि है। कुपोषण कम करने के लिए आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के सतत प्रयास जारी हैं। शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमोंके क्रियान्वयन में आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका सराहनीय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के परिश्रम और उनके द्वारा समाज के लिए किए जा रहे कार्यों का सदैव सम्मान किया है और समय -समय पर मानदेय में वृद्धि की है। चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, मेरे अंतर्मन से निकली योजना है। भारत में प्राचीनकाल में महिलाओं का बहुत सम्मान था, परंतु देश के गुलाम होने के बाद महिलाओं के साथ अन्याय हुआ।

उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक कारणों के परिणाम स्वरूप घरों में भी महिलाएं दोयम दर्जे के व्यवहार की शिकार हुईं। अपनी छोटी-मोटी जरूरतों के लिए भी बहने दूसरों पर निर्भर थीं। उनकी स्थिति में सुधार के लिए ही प्रदेश में लाड़ली लक्ष्मी योजना, कन्या विवाह योजना, अन्य प्रोत्साहन गतिविधियाँ और महिला सशक्तिकरण के लिए योजनाएँ क्रियान्वित की गयीं।

लाड़ली बहना योजना भी इस सामाजिक क्रांति की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। सम्मेलन में भारतीय मजदूर संघ और मध्यप्रदेश आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका महासंघ के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे।

*********************************

 

खराब मौसम के चलते पाकिस्तान में भटका इंडिगो एयरलाइंस का विमान, रिपोर्ट में खुलासा

रावलपिंडी 11 June (एजेंसी): अमृतसर से अहमदाबाद जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस की एक उड़ान खराब मौसम के कारण लाहौर के पास पाकिस्तान में भटक गई और लगभग 8 बजे भारतीय हवाई क्षेत्र में वापस जाने से पहले गुजरांवाला तक पहुंच गई। फ्लाइट रडार के अनुसार, भारतीय विमान ने शनिवार को लाहौर के उत्तर में लगभग 7:30 बजे प्रवेश किया और रात 8:01 बजे भारत लौट आया।

पाक नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (सीएए) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यह नई बात नहीं है क्योंकि खराब मौसम की स्थिति में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऐसी अनुमति है। इस बीच, सीएए द्वारा जारी अलर्ट के चलते हवाईअड्डों पर खराब ²श्यता के कारण कई उड़ानों को डायवर्ट किया गया और देरी की गई।

सीएए के प्रवक्ता ने कहा कि उसने लाहौर के लिए मौसम की चेतावनी रात 11:30 बजे तक बढ़ा दी। शनिवार को अल्लामा इकबाल अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर विजिविलिटी 5,000 मीटर थी।

खराब ²श्यता के कारण लाहौर जाने वाली कई उड़ानें इस्लामाबाद की ओर मोड़ दी गईं। इस बीच, अबू धाबी से इस्लामाबाद जाने वाली पीआईए की एक फ्लाइट को मुल्तान डायवर्ट कर दिया गया। जेद्दा-लाहौर की एक उड़ान को भी मुल्तान की ओर मोड़ दिया गया। लाहौर से मदीना और कराची से लाहौर के लिए पीआईए की उड़ानें और साथ ही लाहौर से अबू धाबी जाने वाली एतिहाद की उड़ानों में देरी हुई।

*********************************

 

जंक और अनहेल्थी भोजन पर सख्त कार्रवाई, अमरनाथ यात्रा में समोसा, जलेबी, पिज्जा, बर्गर सहित कई आइटम बैन

श्रीनगर 11 June (एजेंसी): जंक और अनहेल्थी भोजन पर सख्त कार्रवाई करते हुए श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) ने रविवार को कहा कि यात्रियों को हलवा पूरी, समोसा, जलेबी, गुलाब जामुन आदि खाद्य पदार्थ यात्रा के दौरान नहीं परोसे जाएंगे। इस साल की 62 दिवसीय अमरनाथ यात्रा 1 जुलाई से शुरू होगी। एसएएसबी के अधिकारियों ने कहा कि पहलगाम और बालटाल मार्गों पर तीर्थयात्रियों के लिए इस साल 120 से अधिक लंगर (सामुदायिक रसोई) लगाए जा रहे हैं।

एक अधिकारी ने कहा, तीर्थयात्रियों के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए एसएएसबी ने ‘लंगरों’ में प्रतिबंधित भोजन और खाद्य पदार्थों की एक सूची जारी की है और यह स्पष्ट किया है कि लगभग 120 लंगरों में जंक और तला हुआ भोजन परोसने की अनुमति नहीं दी जाएगी। लंगर अधिकारियों के साथ प्रतिबंधित और इजाजत दी गई वस्तुओं की सूची भी साझा की गई है।

प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों में पूरी, बथुरा, पिज्जा, बर्गर, परांठा, डोसा, तली हुई रोटी, मक्खन वाली ब्रेड, क्रीम आधारित खाद्य पदार्थ, अचार, चटनी, तले हुए पापड़, चाउमीन और अन्य सभी तले हुए/फास्ट फूड, कोल्ड ड्रिंक, कराह हलवा, जलेबी, गुलाब जामुन, लड्डू, खोया की बर्फी, रसगुल्ला और अन्य सभी हलवाई आइटम के अलावा स्नैक्स (वसा और नमक में उच्च) चिप्स/ कुरकुरे, मठ्ठी, नमकीन मिश्रण, पकोड़ा, समोसा, तले हुए सूखे मेवे और अन्य सभी डीप फ्राई आइटम शामिल हैं।

इसमें मांसाहारी भोजन, शराब, तंबाकू, गुटखा, पान मसाला, सिगरेट, अन्य नशीले पदार्थ भी शामिल हैं। जिन खाद्य पदार्थो की इजाजत दी गई है उनमें अनाज, दाल, हरी सब्जियां, हरा सलाद, फल और अंकुरित अनाज, चावल, गुड़, सांबर, इडली, उत्तपम, पोहा, हर्बल चाय, कॉफी, कम वसा वाले दही, शरबत, नींबू स्क्वैश/पानी, अंजीर, किशमिश, खुबानी, और अन्य सूखे मेवे शामिल हैं।

इसके अलावा, निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं जम्मू और कश्मीर ने सभी संबंधित अधिकारियों को यात्रा की अवधि के दौरान डॉक्टरों और पैरा मेडिकल स्टाफ के अवकाश आवेदनों को मंजूरी नहीं करने का निर्देश दिया है।

**************************

 

कर्नाटक में आज से महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा शुरु, CM सिद्दरमैया ने लॉन्च की शक्ति योजना

बेंगलुरु 11 June (एजेंसी): कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दरमैया ने आज प्रदेश में शक्ति योजना लॉन्च कर दी है। इस योजना के तहत महिलाएं राज्य सरकार की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। कर्नाटक में महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा, ‘पहले 30 फीसदी महिलाएं बसों में सफर करती थीं, जो बीजेपी सरकार के दौरान घटकर 24 फीसदी रह गई। वे नहीं चाहते थे कि महिलाएं घर से बाहर निकलें।

इस दौरान कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया और उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने ‘शक्ति योजना’ के तहत केएसआरटीसी और बीएमटीसी बस में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा के लिए महिलाओं को मुफ्त पास वितरित किए।

बता दें कि कर्नाटक चुनाव के दौरान कांग्रेस द्वारा की गई 5 गारंटियों में से यह एक गारंटी है जो लागू हो गई है। कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणापत्र में सरकारी बसों में महिलाओं के लिए निशुल्क यात्रा का वादा किया था और कहा था कि यह उन पांच चुनावी गारंटी में से एक है, जिन्हें राज्य में पार्टी के सत्ता में आने पर लागू किया जाएगा।

***************************

 

 

यौन उत्पीड़न के आरोपों में घिरे बृजभूषण सिंह ने की 2024 लोकसभा चुनाव लड़ने की घोषणा

गोंडा 11 June (एजेंसी): भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के प्रमुख और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने रविवार को घोषणा की कि वह 2024 का लोकसभा चुनाव एक बार फिर अपने कैसरगंज निर्वाचन क्षेत्र से लड़ेंगे। भारत की शीर्ष महिला पहलवानों द्वारा यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे बृजभूषण शरण सिंह नरेंद्र मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश के गोंडा में एक रैली को संबोधित कर रहे थे।

रैली का आयोजन 2024 के चुनाव के लिए भाजपा के महासंपर्क अभियान के तहत किया गया था। रैली सिंह का शक्ति प्रदर्शन थी, जिसे पहले 5 जून को अयोध्या में की जानी थी। हालांकि सिंह ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों का कोई सीधा उल्लेख नहीं किया लेकिन उन्होंने अपनी बात को समझाने के लिए उर्दू में एक दोहे का इस्तेमाल किया।

उन्होंने कहा, कभी अश्क, कभी गम, तो कभी जहर पिया जाता है.. तब जा कर जमाने में जिया जाता है। ये मिला मुझे मोहब्बत का सिला, बेवफा कह कर मुझे याद किया जाता है। उन्होंने मोदी सरकार के काम की सराहना की और पिछले नौ वर्षों की उपलब्धियों के बारे में बताया। इससे पहले, बृजभूषण ने अपने घर से रैली स्थल तक सैकड़ों कारों के काफिले के साथ रोड शो किया। रैली में सिंह के प्रभाव क्षेत्र के सभी छह लोकसभा क्षेत्रों के लोगों की उपस्थिति थी।

*****************************

 

नाइजीरियाई कैद से रिहा हुए भारतीय नाविकों का छलका दर्द, कहा- हमें टॉयलेट तक का पानी पीना पड़ा

कोच्चि 11 June (एजेंसी)- 10 महीने बाद नाइजीरियाई कैद से रिहा हुए और 10 जून को घर पहुंचे केरल के तीन नाविकों ने मीडियाकर्मियों को बताया कि उन्हें कैद में शौचालय का पानी तक पीने के लिए मजबूर होना पड़ा। तीनों जहाज के मुख्य अधिकारी कोच्चि के शानू जोसेफ, वीर इदुन और वी. विजिथ शनिवार को घर पहुंचे।

चालक दल के साथ जहाज को सबसे पहले गिनी द्वारा इस आरोप में हिरासत में लिया गया था कि जहाज ने अपने क्षेत्रीय जल को पार कर लिया था।

ऐसी खबरें थीं कि शिपिंग कंपनी ने इक्वेटोरियल गिनी को भारी फिरौती दी, लेकिन उन्हें रिहा नहीं किया गया और बीच में नाइजीरिया सरकार ने नए आरोप लगाए कि जहाज में चालक दल ने नाइजीरियाई तेल टैंकरों से तेल की तस्करी की थी।

नाइजीरियाई पुलिस ने जहाज और नाविकों को हिरासत में ले लिया और अगले आठ महीनों तक यह प्रक्रिया जारी रही। भारत सरकार के साथ-साथ कई अन्य एजेंसियों ने मामले में हस्तक्षेप किया और नाविकों की रिहाई सुनिश्चित की।

नाविकों ने कहा कि उन्हें कैद में बहुत अधिक कष्ट उठाना पड़ा और उनमें से कई मलेरिया बुखार के कारण बीमार पड़ गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। नाविकों में से एक ने कहा कि उन्होंने उम्मीद खो दी थी। उन्हें परिवार और दोस्तों को फिर से देखने की उम्मीद नहीं थी।

**************************

 

देशभर में ग्रेजुएशन के छात्र अब पढ़ेगे जलवायु परिवर्तन, स्वच्छता और पर्यावरण का पाठ

नई दिल्ली 11 June (एजेंसी): ग्रेजुएशन के छात्र अब पर्यावरण शिक्षा जैसा विषय भी पढ़ेगें। अंडर ग्रेजुएट पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने वाले देशभर के छात्रों के सिलेबस में पर्यावरण शिक्षा को शामिल करने के लिए दिशा निर्देश दिए गए हैं। इसके अंतर्गत पढ़ाई जाने वाली पर्यावरण शिक्षा में जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण, स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन, जैविक विविधता संरक्षण, सतत विकास वन और वन्यजीव संरक्षण, जैविक संसाधन और जैव विविधता प्रबंधन जैसे विषय पढ़ाए जांएगे।

इन दिशा निर्देशों का पालन होने पर ग्रेजुएशन स्तर की पढ़ाई कर रहे छात्र पर्यावरण से जुड़े पाठ्यक्रम का हिस्सा भी बनेंगे। यूजीसी ने यह दिशानिर्देश केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की पहल पर जारी किए हैं।

यूजीसी का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में देश के सभी विश्वविद्यालयों को एक सूचना के माध्यम से आधिकारिक दिशा निर्देश भेजे हैं। इन दिशा निर्देशों में कहा गया है कि सभी कॉलेजों में पढ़ाए जाने वाले सभी अंडर ग्रेजुएट प्रोग्राम में पर्यावरण संबंधी इस पाठ्यक्रम को शामिल किया जाए।

यूजीसी का कहना है कि शिक्षा मंत्रालय का ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ‘स्वयं’ इस विषय के लिए वीडियो और ई-सामग्री की पेशकश भी कर रहा है। शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर मौजूद शिक्षण सामग्री का उपयोग देशभर के विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थान कर सकते हैं। शिक्षा मंत्रालय का कहना है कि देश भर में स्कूल जाने वाले बच्चों और अन्य लोगों को भी इसके बारे में जागरूक होना चाहिए।

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक, पर्यावरण शिक्षा का पाठ्यक्रम बहु-विषयक प्रकृति वाला है। यही कारण है कि देश भर के उच्च शिक्षण संस्थान इस पाठ्यक्रम को लागू करने के लिए अपनी पसंद की पद्धति व प्रक्रिया चुन सकते हैं। शिक्षा मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि इस कार्यक्रम का मूल उद्देश्य पर्यावरण के प्रति छात्रों में जागरूकता उत्पन्न करना है, ऐसे में बहु विषयक प्रकृति होने पर विश्वविद्यालयों को इसमें अनुकूलता के हिसाब से चयन करने की स्वतंत्रता मिलेगी।

वहीं इस नई पहल पर यूजीसी का कहना है पर्यावरण संबंधी यह पाठ्यक्रम सीखने के परिणाम पर आधारित है। साथ ही इस संबंध में जारी किए गए दिशा निर्देश राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के अनुसार हैं। यूजीसी का मानना है कि उनके यह दिशानिर्देश अंडर ग्रेजुएट स्तर पर पर्यावरण शिक्षा को डिग्री प्रोग्राम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने पर जोर देते हैं। पाठ्यक्रम पर्यावरण जागरूकता और इसके संरक्षण और सतत विकास के प्रति संवेदनशीलता को भी प्रोत्साहित करता है।

इसके अलावा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इसके अंतर्गत छात्र यदि तय समय से पहले ही अपनी डिग्री कार्यक्रम के लिए आवश्यक क्रेडिट हासिल कर लेते हैं तो उन्हें डिग्री प्रदान की जा सकती है। यूजीसी के मुताबिक सर्टिफिकेट, डिप्लोमा या डिग्री की न्यूनतम अवधि पूरी न होने के बावजूद आवश्यक क्रेडिट संख्या पूरी कर ली जाती है तो ऐसे छात्रों को डिग्री दे दी जाएगी।

यूसीसी की विशेषज्ञ समिति के मुताबिक यदि किसी छात्र ने साढ़े तीन वर्ष में चार साल के कार्यक्रम के लिए सभी आवश्यक क्रेडिट अर्जित कर लिए हैं तो ऐसी स्थिति में वह छात्र वह डिग्री प्राप्त करने के योग्य माना जाना चाहिए।

दरअसल यूजीसी की एक्सपर्ट कमेटी ने इस नए बदलाव की सिफारिश की है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत यूजीसी ने डिग्री नामकरण की समीक्षा के लिए समिति गठित की थी। अब इस समिति ने अपनी सिफारिश दी है। यूजीसी के मुताबिक नए चार वर्षीय स्नातक डिग्री कार्यक्रम को बैचलर ऑफ साइंस (बीएस) की डिग्री के रूप में पेश किया जा सकता है।

यूजीसी के मुताबिक लागू किए जा रहे 4 वर्षीय चार अंडरग्रेजुएट डिग्री प्रोग्राम को बीए ऑनर्स, बीकॉम ऑनर्स, या बीएस ऑनर्स कहा जाएगा। यानी इन पाठ्यक्रमों के नामों में ‘ऑनर्स’ जुड़ा होगा। वहीं चार वर्ष के रिसर्च कार्यक्रमों के नाम में भी ऑनर्स जुड़ा होगा। बीए के ऐसे कार्यक्रमों को बीए ऑनर्स विद रिसर्च और बीकॉम के कार्यक्रमों को बीकॉम ऑनर्स विद रिसर्च के नाम से जाना जाएगा। इसके अलावा विशेषज्ञ समिति ने एमफिल कार्यक्रम को समाप्त करने की सिफारिश की है।

इन नए नामों व बदलावों के बावजूद यूजीसी की विशेषज्ञ समिति ने कहा है कि डिग्री के नए नाम केवल संभावित रूप से लागू होंगे। विभिन्न डिग्रियों के लिए नई शब्दावली का उपयोग किए जाने के बाद भी पुराने डिग्री का नाम फिलहाल चलता रहेगा। यानी कि तीन साल का मौजूदा अंडर ग्रेजुएट ऑनर्स डिग्री प्रोग्राम, नए लागू होने वाले 4 वर्षीय ऑनर्स डिग्री प्रोग्राम के साथ जारी रहेगा।

******************************

 

यौन उत्पीड़न के फोटो, ऑडियो-वीडियो जमा करें, पुलिस ने महिला पहलवानों से बृजभूषण के खिलाफ मांगे सबूत

नई दिल्ली 11 June (एजेंसी): भारतीय कुश्ती महासंघ के निवर्तमान अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली दो टॉप महिला पहलवानों को दिल्ली पुलिस ने नोटिस भेजा है और उनसे यौन उत्पीड़न के सबूत मांगे हैं। मीडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक इसमें कथित तौर पर ‘गले लगाने’ की एक तस्वीर भी शामिल है। जिसे सिंह ने शिकायत करने वाली एक महिला पहलवान को दिया था। डब्ल्यूएफआई चीफ बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ दर्ज एफआईआर के मुताबिक यौन उत्पीड़न की ये घटनाएं 2016 और 2019 के बीच कथित रूप से डब्ल्यूएफआई ऑफिस 21, अशोक रोड पर और विदेश में टूर्नामेंट के दौरान हुईं। डब्ल्यूएफआई ऑफिस सिंह के सांसद आवास का पता है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पांच जून को महिला पहलवानों को सीआरपीसी की धारा 91 के तहत अलग से नोटिस जारी किया गया और उन्हें जवाब देने के लिए एक दिन का समय दिया गया। एक पहलवान ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि ‘हमारे पास जो भी सबूत हैं, हमने मुहैया कराए हैं। हमारे एक रिश्तेदार ने भी पुलिस को वह दिया है, जो उन्होंने मांगा था।’ शिकायतकर्ताओं में से एक की शिकायत के मुताबिक एफआईआर में कहा गया है कि विदेश में एक बड़ा पदक जीतने के बाद सिंह ने उसे 10 से 15 सेकंड के लिए कसकर गले लगाया।

पहलवान ने दावा किया कि टटोले जाने से बचने के लिए उसे अपना हाथ अपने स्तन के पास रखना पड़ा। कहा जाता है कि पुलिस ने इस पहलवान से उस घटना की तस्वीर मांगी थी जब गले मिले थे। 7 जून को खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ बातचीत में पहलवानों ने 15 जून तक अपना विरोध प्रदर्शन रोकने पर सहमति जताई थी। 15 जून को इस मामले में दिल्ली पुलिस चार्जशीट दायर करेगी। पुलिस ने शिकायतकर्ताओं से कथित घटनाओं की तारीख और समय, डब्ल्यूएफआई कार्यालय में बिताए गए समय और उनके रूम मेट्स और अन्य संभावित गवाहों के नाम पेश करने के लिए कहा है। पुलिस ने उस होटल का ब्योरा भी मांगा है जहां एक पहलवान डब्ल्यूएफआई ऑफिस में जाने के दौरान ठहरी थी।

********************************

 

कुछ घंटों में काल बनेगा बिपोर्जॉय, NDRF टीमें अलर्ट- IMD ने किया अलर्ट

नई दिल्ली 11 June (एजेंसी): चक्रवात तूफान बिपोर्जॉय अगले छह घंटे में एक अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने वाला है। मौसम विभाग ने रविवार के अपडेट में बताया कि अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान उत्तर पश्चिम में बढ़ेगा, और फिर गुरुवार तक पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों सौराष्ट्र और कच्छ तक पहुंचेगा। इसकी वजह से महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा समेत कई राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है। तेज हवाओं और बारिश के कारण तापमान में कमी दर्ज की जा सकती है। आईएमडी ने यह भविष्यवाणी की है।

हिमाचल प्रदेश में सोमवार से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इस दौरान कुछ स्थानों पर अंधड़ चलने और ओलावृष्टि का ‘येलो अलर्ट’ भी जारी किया गया है। वहीं, उच्च पर्वतीय एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। उधर तेलंगाना के 23 जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा बिजली चमकने के साथ आंधी-तूफान आने का अनुमान है।

चक्रवात के गुजरात के पोरबंदर तट से 200-300 किलोमीटर की दूरी से गुजरने का अनुमान है, लेकिन अगले पांच दिनों के दौरान गुजरात में आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है। अपने नवीनतम पूर्वानुमान में, आईएमडी ने कहा कि बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान ‘बिपोर्जॉय’ के अगले 12 घंटों के दौरान एक अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। उन्होंने कहा कि अगले तीन दिन के दौरान उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ने से पहले इसके धीरे-धीरे उत्तर-उत्तरपूर्व की ओर बढ़ने का अनुमान है।

अहमदाबाद (भारत मौसम विज्ञान विभाग) केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा, ‘चक्रवाती तूफान वर्तमान में पोरबंदर से 600 किमी दूर है। जैसे-जैसे यह आगे बढ़ेगा, बंदरगाह संकेत चेतावनी इसके अनुसार बदल जाएगी। इस समय चक्रवात के पोरबंदर से 200-300 किमी और नलिया (कच्छ) से 200 किमी की दूरी से गुजरने का अनुमान है। जहां तक मौजूदा पूर्वानुमान का संबंध है, इसके गुजरात तट से टकराने की आशंका नहीं है।’ उन्होंने पत्रकारों से कहा कि मछुआरों को अगले पांच दिन के दौरान अरब सागर में न जाने की चेतावनी दी गई है। मछली पकड़ने की सभी गतिविधियों को स्थगित कर दिया गया है।

मोहंती ने कहा,‘चक्रवात उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है। अगले 24 घंटों में इसकी गति बदलकर उत्तर पूर्व की ओर होने का अनुमान है। इसके बाद, चक्रवात की गति उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर होगी।’ उन्होंने कहा कि गुजरात में अगले पांच दिन में गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान है, खासकर सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र में हवा की गति तेज रहेगी। मोहंती ने कहा,‘अगले दो दिनों के दौरान, सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र में 30-40 किमी प्रति घंटे की हवा की गति देखी जा सकती है। इसके बाद, इस क्षेत्र में 30-50 किमी प्रति घंटे से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है।’

*************************

 

 

झूठे ड्रग्स मामले में 8 माह जेल में रहा शख्स निर्दोष, अब कोर्ट ने किया बरी

आगरा 11 June (एजेंसी): आगरा के 37 वर्षीय एक व्यक्ति को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत आठ माह जेल में रहे एक शख्स को बरी कर दिया गया है। अंकित गुप्ता, एक खाद्य उत्पाद फर्म के लिए सेल्समैन के रूप में काम करता था, को जमानत मिलने से पहले आठ महीने जेल में बिताने पड़े।

उसका कोई आपराधिक इतिहास नहीं था। दो साल की सुनवाई के दौरान, पुलिस अदालत के सामने उसके खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं पेश कर सकी। चार्जशीट में, पुलिस ने दावा किया कि उसकी कार से 74.9 किलोग्राम वजन वाले मारिजुआना के 35 पैकेट बरामद किए गए। अंकित ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि 12 मार्च 2021 को उन्होंने अपनी शादी की सालगिरह पर घर पर एक पार्टी रखी थी। उनकी कार बाहर खड़ी थी।

उन्होंने कहा, दो पुलिसकर्मी मेरे घर में घुस आए और मुझे गालियां देते हुए कार हटाने को कहा। सिविल ड्रेस में आए पुलिसकर्मियों से अंकित की हल्की बहस हुई। जल्द ही, वर्दी में तीन और पुलिसकर्मी आए और अंकित को उठा ले गए। अगले दिन, एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया।

सब इंस्पेक्टर विपिन कुमार की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। अंकित ने कहा, पुलिसकर्मी मुझे कई जगहों पर ले गए। मुझे पीटा गया। उन्होंने धमकी दी कि अगर मैंने उन्हें 3 लाख रुपये नहीं दिए, तो मुझे जेल भेज देंगे। पैसे का इंतजाम करने में असमर्थ होने पर मुझ पर एक फर्जी मामला दर्ज किया गया।

बचाव पक्ष के वकील विनय गौड़ ने कहा, पुलिस ने एक निर्दोष व्यक्ति के खिलाफ एक फर्जी मामला तैयार किया। अभियोजन पक्ष कोई सार्वजनिक गवाह पेश करने में सक्षम नहीं था। गौड़ ने कहा, पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत अनिवार्य कानूनी प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित नहीं किया।

******************************

 

बिग बॉस विनर रुबीना दिलैक की कार का एक्सीडेंट, डॉक्टर्स की निगरानी में एक्ट्रेस

मुंबई 11 June, (एजेंसी): बिग बॉस 14 की विजेता रुबीना दिलैक रुबीना दिलैक टीवी की मोस्ट पॉपुलर एक्ट्रेस हैं। रुबीना हमेशा किसी ना किसी वजह से सुर्खियों में बनी रहती हैं। अब उनको लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। एक्ट्रेस की कार का एक्सीडेंट हो गया है। फिलहाल एक्ट्रेस डॉक्टर्स की निगरानी में है।

दरअसल रुबीना के पति और एक्टर अभिनव शुक्ला ने इस बात की जानकारी सभी के साथ शेयर की है कि कैसे किसी बेवकूफ की नासमझी के चलते उनकी पत्नी की कार का एक्सीडेंट हो गया। अभिनव ने एक ट्वीट शेयर किया है जिसमें उनका गुस्सा साफ-साफ देखा जा सकता है। हालांकि अभिनव की जगह कोई भी होता तो उसका गुस्सा करना लाजमी ही होती। अभिनव ने अपने ट्वीट के जरिए उन सभी लोगों को फटकार लगाई है जो कार चलाने के दौरान फोन का इस्तेमाल या बात करते हैं।

अभिनव शुक्ला के ट्वीट के मुताबकि उनके साथ हुआ है, किसी के साथ भी हो सकता है। एक्टर ने उन बेवकूफों से बचने का सुझाव दिया है जो ट्रेफिक लाइट पर फोन पर बात करते हुए सिग्नल जंप करते हैं और वहां खड़े होकर मुस्कुराते हैं। इसके आगे उन्होंने रुबीना का हेल्थ अपडेट देते हुए लिखा कि पूरी जानकारी जल्द देंगे। रुबीना कार में ट्रेवल कर रही थीं वह ठीक हैं। उन्हें मेडिकल के लिए ले जा रहा हूं।

इतना ही नहीं अभिनव ने मुंबई पुलिस को टैग करते हुए दो कार की तस्वीरें भी शेयर की हैं और पुलिस से इस मामले पर सख्त कार्रवाई करने की गुजारिश भी की है। हालांकि इस हादसे के बाद से अभी तक रुबीना की तरफ से किसी भी तरह का रिएक्शन सामने नहीं आया है। वहीं रुबीना के फैंस उनके ठीक होने की दुआ कर रहे हैं। काम की बात करें तो रुबीना को पिछले कुछ वक्त में बैक-टू-बैक रियलिटी शोज में देखा गया है। अब फैंस उनके जल्द पर्दे पर वापसी का इंतजार कर रहे हैं।

***********************************

 

दुखद: नहीं रहे मशहूर एक्टर मंगल ढिल्लों, लंबे समय से कैंसर से थे पीड़ित

मुंबई 11 June (एजेंसी): मशहूर फिल्म और टीवी एक्टर मंगल ढिल्लों का निधन हो गया है। मंगल ढिल्लों कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे। एक्टर यशपाल शर्मा ने उनके निधन की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि मंगल ढिल्लों लंबे समय से बीमार थे, और एक महीने से उनका अस्पताल में कैंसर का इलाज चल रहा था। लेकिन एक्टर की हालत बिगड़ती चली गई और 11 जून को उन्होंने दम तोड़ दिया।

सबसे दुख की बात ये है कि 18 जून को उनका जन्मदिन था, लेकिन बर्थडे से ठीक एक हफ्ते पहले उन्होंने इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया। बताया जा रहा है कि मंगल ढिल्लों का लुधियाना के एक अस्पताल में करीब एक महीने से कैंसर का इलाज चल रहा था। मंगल ढिल्लों पंजाब के फरीदकोट जिले के वांडर जटाना गांव में जन्मे थे। वहीं के सरकारी स्कूल से चौथी क्लास तक की पढ़ाई पूरी करने के मंगल ढिल्लों उत्तर प्रदेश आ गए थे। यहां उन्होंने जिला परिषद स्कूल से आगे की पढ़ाई की और फिर वापस पंजाब लौट गए।

मंगल ढिल्लों ने 1980 में एक्टिंग में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा कोर्स किया था। उन्होंने दिल्ली में थिएटर में भी काम किया। इसके बाद उन्होंने साल 1986 में टीवी शो ‘कथा सागर’ के साथ एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में अपना डेब्यू किया था। इसी साल उन्हें दूसरा टीवी शो ‘बुनियाद’ मिल गया था, जिसमें उन्होंने शानदार काम किया था। इसके अलावा वो जूनून, किस्मत, द ग्रेट मराठा, पैंथर, साहिल, मौलाना आजाद, मुजरिम हाजिर, रिश्ता, युग और नूरजहां समेत कई शोज में नजर आए।

****************************

रामायण महाकाव्य पर आधारित फिल्म ‘आदिपुरुष’ 16 जून को रिलीज होगी 

11.06.2023  –  टी सीरीज के भूषण कुमार द्वारा निर्मित और ओम राउत द्वारा निर्देशित रामायण महाकाव्य पर आधारित फिल्म ‘आदिपुरुष’ 16 जून को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म की कहानी मुख्य रूप से प्रभु श्री राम के इर्द-गिर्द घूमती है और बुराई पर अच्छाई की जीत का जश्न मनाती है।

एडवांस बुकिंग ओपन होने के साथ तमिल, मलयालम और कन्नड़ में डब किए गए संस्करणों के साथ साथ हिंदी और तेलुगु में भी रिलीज होने वाली मेगा भारतीय फिल्म ‘आदिपुरुष’ के द्वार अब सिनेदर्शकों के लिए रिलीज के पूर्व ही खुल चुके हैं।

यह फिल्म पूरी दुनिया में भारत का नाम रौशन करने के लिए तैयार है, तो ये वकाई भारतीय सिनेमा के लिए एक बहुत बड़ा पल है। इस फिल्म में प्रभास, कृति सेनन, सैफ अली खान और सनी सिंह नजर आएंगे।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय 

**********************

 

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज आपका दिन बेहतरीन रहेगा। आप काफी सक्रिय रहेंगे। कार्यक्षेत्र में प्रगति होगी। दिन आनंद पूर्वक बीतेगा। मान-सम्मान में वृद्धि होगी। यात्रा का अवसर मिलेगा। जीवनसाथी से पूर्ण सहयोग मिलेगा। शुभ चिंतकों की सलाह पर ध्यान देना चाहिए। सलाह है कि अति उत्साह में सेहत की अनदेखी ना करें।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वु, वे, वो)

आज आपका दिन मंगलमय होगा। सगे संबंधियों से मुलाकात हो सकती है। दिन उत्सव और आनंद में बीतेगा। शत्रुओं पर विजय कर पाएंगे। अधूरे कार्य संपन्न होंगे। कोई शुभ सूचना मन को प्रसन्न रखेगी। वैवाहिक जीवन में काफी रोमांटिक नजर आएंगे। बच्चों से खुशी मिलेगी।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज आपका दिन बढिया रहेगा। लेखक और कलाकार अपने क्षेत्र में कुछ अलग और बेहतर कर सकते हैं। मन में कल्पना की तरंगे उठेंगी। रोमांटिक मूड में रहेंगे। लोगों से विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी। आपका सम्मान और महत्व बढ़ेगा।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज आपका दिन मिलाजुला रहेगा। आपकी मन:स्थिति नकारात्मकता की ओर प्रेरित करेगी इसका ध्यान रखें । मन को सकारात्मक रखें। परिवार में आपसी तालमेल और सहयोग के लिए योगदान दें। खुद को सबल रखें। जीवनसाथी की भावनाओं को समझें धन लाभ होगा। धार्मिक विचारों में वृद्धि होगी।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज आपका दिन उत्साह से भरपूर रहेगा। नींद अच्छी आएगी। मानसिक रूप से आज आप बहुत हल्कापन महसूस करेंगे। आपके मन पर छाए हुए चिंता के बादल हटने से आपके उत्साह में वृद्धि होगी। शॉपिंग कर सकते हैं, अपनों से मेल-मुलाकात होगी। यात्रा का योग है।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज आपका दिन मनोनुकूल रहेगा। आज रुका हुआ धन आपको प्राप्त हो सकता है। धन निवेश के लिए दिन लाभकारी है। स्वयं पर विश्वास रखकर ही आज कार्यों को क्रियान्वित करें। खान-पान के मामले में संयम रखें। सामाजिक जीवन में सक्रिय रह सकते हैं। यात्रा हो सकती है। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज आपका दिन खुशनुमा व अनुकूल रहेगा। बीमार लोगों की सेहत में सुधार होगा। सुबह से ही आप सक्रिय रहेंगे और काम को समय पर पूरा कर लेंगे। पारिवारिक जीवन में प्रेम और आपसी सहयोग बढ़ेगा। दोपहर के बाद अधिक आनंदित और उत्साहित रहेंगे। यात्रा हो सकती है। सामाजिक दायरा बढेगा। स्वास्थ्य में सुधार होगा।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आपका दिन मिलाजुला रहेगा। सुस्ती रहेगी, खान-पान का ध्यान रखें। दूसरों के मामले में हस्तक्षेप से बचें क्योंकि आज किसी का भला करने के चक्कर में आप खुद परेशानी में आ सकते हैं। पैसों की लेन-देन से दूर रहें। धर्म में नीयती रहेगी। स्वास्थ्य आज नरम रह सकता है।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज आपका दिन बेहतरीन रहेगा। दिन विशेष लाभदायी है। निवेश, व्यापार, नौकरी, शिक्षा सभी क्षेत्रों में आज लाभ के संकेत हैं। सभी कार्य समय से पूरे होंगे। धर्म-कर्म में रुचि रहेगी। मान-प्रतिष्ठा का लाभ मिलेगा। मित्रों और शुभचिंतकों से संवाद होगा, कोई अच्छी खबर मिलेगी।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज आपका दिन ऊर्जावान रहेगा। आप आज हर काम सरलता से संपन्न कर पाएंगे। नौकरी में आपके उच्च अधिकारी खुश रहेंगे। कार्य की व्यस्तता रहेगी एवं स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। पारिवारिक जीवन भी आज आनंद में बीतेगा। कोई उपहार भी मिल सकता है।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आपका दिन सही रहेगा। भाग्य का साथ मिलेगा। पूर्वनिर्धारित कार्यों को पूरा करने में सफल होंगे। धार्मिक एवं मांगलिक कार्यो में व्यस्त रहेंगे। परिवार संग खान-पान का आयोजन हो सकता है। मित्रों और सहकर्मियों के सहयोग से मिलेगा।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज आपका दिन बढिया रहेगा। आज का दिन संयम और शांति से गुजारें। किसी नए काम को शुरू करने के लिए दिन उचित नहीं है। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं। दूसरों के मामलों से दूर रहना बेहतर होगा। कार्यक्षेत्र में स्थिति सामान्य रहेगी।

*********************************

 

दिल्ली की कोर्ट ने 2020 दंगों के मामले में नूर मोहम्मद को बरी किया

नई दिल्ली 10 जून,(एजेंसी)।  यहां की एक अदालत ने 2020 के उत्तरी-पूर्वी दिल्ली दंगों से संबंधित एक मामले में एक शिकायतकर्ता द्वारा आरोपी की पहचान करने का झूठा दावा करने के कारण दिल्ली पुलिस की खिंचाई की है, जबकि आरोपी नूर मोहम्मद को दंगा और गैरकानूनी जमावड़ा संबंधित अपराधों से बरी कर दिया है। अदालत ने एक पुलिस गवाह की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए कहा, उसका बयान झूठा और देर से लिया गया लगता है।

कड़कडड़ूमा कोर्ट के मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट शिरीष अग्रवाल ने कहा, तथ्य यह है कि पुलिस ने शिकायतकर्ता को एक गवाह के रूप में गलत तरीके से उद्धृत किया है, जो इंगित करता है कि अभियोजन पक्ष का यह कहना कि नूर मोहम्मद ने अपराध किया था, झूठ है।
न्यायाधीश ने एक हेड कांस्टेबल द्वारा नूर मोहम्मद की पहचान के बारे में भी संदेह जताया और कहा कि हेड कांस्टेबल का यह दावा भी सही नहीं लगता कि वह दंगे का चश्मदीद था।

अदालत ने अपराध को देखने के बावजूद कार्रवाई करने या सबूत पेश करने में हेड कांस्टेबल की विफलता पर रोशनी डाली।

न्यायाधीश ने कहा, जब दंगा और लूटपाट हो रहा था तो पुलिस अधिकारी को भीड़ को रोकने का प्रयास करना चाहिए था, जबकि वह मूक दर्शक के रूप में वहां खड़ा था। इस पर गवाह द्वारा कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है। पुलिस अधिकारी खड़े होकर सिर्फ देख रहा था और घटना हो जाने का प्रतीक्षा कर रहा था। उसने अपराध किए जाने का वीडियो बनाना भी उचित नहीं समझा।

अभियोजन पक्ष का दूसरा गवाह एक हेड कांस्टेबल ने स्वीकार किया कि उसने अपराध की रिपोर्ट नहीं की और अपराधियों की पहचान नहीं की। विरोधाभासों के कारण कोर्ट ने हेड कांस्टेबल की गवाही को अविश्वसनीय माना।

न्यायाधीश को यह विश्वास करना कठिन लगा कि एक पुलिस अधिकारी के रूप में हेड कांस्टेबल ने अपराध की रिपोर्ट नहीं की या अपराधियों को गिरफ्तार करने का कोई प्रयास नहीं किया।

अदालत ने कहा : यह विश्वास करना मुश्किल है कि जिस पुलिस अधिकारी ने अपने पोस्टिंग क्षेत्र में अपराध होते हुए देखा, उसने इस संबंध में कोई शिकायत नहीं की। उन्होंने प्राथमिकी दर्ज करने के लिए कभी भी अपने पुलिस स्टेशन को मामले की सूचना नहीं दी। उन्होंने तत्काल पुलिस सहायता लेने के लिए 100 नंबर पर कॉल नहीं किया। उन्होंने किसी भी अपराधी को गिरफ्तार करने का कोई प्रयास नहीं किया।

न्यायाधीश ने कहा, .. उसने दावा किया है कि उसने भीड़ को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसे नियंत्रित नहीं कर सका। अगर उसमें भीड़ को रोकने का साहस था, तो वह अपराधियों को गिरफ्तार करने का प्रयास भी कर सकता था, मगर उसने ऐसा नहीं किया। शिकायतकर्ता से यह पूछने की जहमत उठाएं कि क्या शिकायतकर्ता ने मामले की सूचना पुलिस को दी थी।

अदालत ने यह भी कहा कि हेड कांस्टेबल और शिकायतकर्ता का नूर मोहम्मद से पूछताछ के दौरान पुलिस स्टेशन में मौजूद होना संयोग की बात लगती है।

अदालत ने कहा, जाहिर है, शिकायतकर्ता पुलिस स्टेशन नहीं आया और प्राथमिकी दर्ज होने के बाद यह पहली बार था, जब शिकायतकर्ता अपने मामले की पूछताछ करने के लिए पुलिस स्टेशन आया था।

अदालत ने कहा कि नूर मोहम्मद को सिर्फ संदेह के आधार पर दोषी नहीं ठहराया जा सकता, क्योंकि सजा के लिए सबूत की जरूरत आवश्यकता होती है।

*******************************

 

अखिलेश बोले, सॉफ्ट तो पहले से हैं अब हार्ड होने की जरूरत

सीतापुर 10 जून,(एजेंसी)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने नया शब्द याद किया है सॉफ्ट हिंदुत्व कह रहे हैं कि सपाई सॉफ्ट हिंदुत्व के रास्ते पर जा रहे हैं। कहा हम लोग पहले से ही बहुत सॉफ्ट हैं बस अब हार्ड होने की जरूरत है।

अखिलेश यादव शनिवार को नैमिषारण्य में सपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हम पहले से सॉफ्ट हैं अब हार्ड होने की जरूरत है. ये सॉफ्ट वाला मामला नहीं चल सकता है। पिछले सभी चुनावों में आपने देखा कि कैसे बेईमानी की गई. चंदौली में कैसे परिणाम बदला गया, किन्नर समाज के रोष से उनके ही पक्ष में नतीजा आया। उन्होंने कहा, सॉफ्ट होगे तो मारे जाओगे। हार्ड होगे तो मार भगाएंगे।

अखिलेश ने कहा कि समाजवादियों का कोई मुकाबला नहीं कर पाएगा। सबसे ज्यादा गर्मी वाले दिनों में हम सब अपना पसीना बहा रहे हैं, पंखे से कुछ हवा चल रही है। यहां 44 डिग्री सेल्सियस तापमान होगा, महसूस 46 हो रहा होगा। पास में 48 डिग्री होगा और भाजपा की हालत उससे खराब हो गई होगी।

सपा मुखिया ने कहा कि ट्रैफिक सीतापुर में ठीक चलता दिखा, लेकिन गौर करने पर पता चला सांड बड़े पैमाने में घूम रहे थे। भाजपा के सांड ट्रैफिक व्यवस्था देख रहे हैं। सांड से ना खेत सुरक्षित हैं और ना ही इंसान। कई किसान की जान जा चुकी है। पूरे प्रदेश में सांड की टक्कर से हर दिन कोई न कोई मारा जा रहा है।

जातीय जनगणना को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि टेक्नोलॉजी का जमाना है, तकनीक का जमाना है। तकनीक के माध्यम से सरकार चाहे तो कुछ ही महीने के अंदर जातीय जनगणना हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने लाभ के लिए तो भाजपा सब कुछ गिन लेती है, लेकिन किसी योजना के लिए गिनने में हिचक रही है। यह ऐलान भी किया कि जब भी समाजवादियों को मौका मिलेगा तो जातीय जनगणना कराएंगे और जब तक सत्ता में नहीं है सरकार के लोगों से जातीय जनगणना की बात करते रहेंगे ,क्योंकि जातीय जनगणना होगी तभी सामाजिक न्याय मिलेगा।

अखिलेश यादव ने कहा, नैमिष धाम हमारे आपके लिए बहुत महत्त्वपूर्ण है, हमारी आपकी संस्कृति और परम्पराओं के लिए बहुत मान्यता वाला स्थान है. जो जानकारी यहां आपको मिली है, गांव में जनता तक जरूर ले जाएं।

***************************

 

खडग़े ने मोदी पर साधा निशाना, कहा – मणिपुर हिंसा पर आपकी चुप्पी लोगों के जले पर नमक छिड़क रही है

नई दिल्ली 10 जून,(एजेंसी)। केंद्र द्वारा शनिवार को मणिपुर के लिए राज्यपाल अनुसुइया उइके की अध्यक्षता में एक शांति समिति के गठन की घोषणा के बाद कांग्रेस ने राज्य में हिंसा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अडिग चुप्पी पर सवाल उठाया और कहा कि यह लोगों के घावों पर नमक छिड़क रही है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा, नरेंद्र मोदी जी, 3 मई 2023 को मणिपुर में सबसे पहले हिंसा भड़की।

आपको केंद्रीय गृह मंत्री (अमित शाह) को राज्य भेजने में लगभग एक महीना लग गया। गृह मंत्री के जाने के आठ दिन बाद भी मणिपुर में हिंसा जारी है। पूर्वोत्तर भारत के लिए तथाकथित एक्ट ईस्ट नीति के समर्थक के नाते मणिपुर में हिंसा पर आपकी अडिग चुप्पी लोगों के घावों पर नमक छिड़कने जैसी है। प्रधानमंत्री के रूप में कम से कम आप शांति की अपील तो कर सकते थे। आपने मणिपुर को धोखा दिया है।

इससे कुछ ही देर पहले गृह मंत्रालय ने यहां कहा था कि सरकार ने मणिपुर के राज्यपाल की अध्यक्षता में मणिपुर में एक शांति समिति का गठन किया है।

इसने आगे कहा कि शांति समिति के अध्यक्ष के रूप में मणिपुर के राज्यपाल के अलावा, अन्य सदस्यों में मुख्यमंत्री, राज्य सरकार के कुछ मंत्री, सांसद, विधायक और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, पूर्व सिविल सेवक, शिक्षाविद्, साहित्यकार, कलाकार, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न जातीय समूहों के प्रतिनिधि शामिल हैं।

मंत्रालय ने कहा कि समिति का काम राज्य के विभिन्न जातीय समूहों के बीच शांति प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने के लिए शांतिपूर्ण वार्ता और परस्पर विरोधी दलों या समूहों के बीच बातचीत तथा शांति बहाली के अन्य प्रयास करने का होगा।

समिति को सामाजिक एकजुटता, आपसी समझ को मजबूत करना चाहिए और विभिन्न जातीय समूहों के बीच सौहार्दपूर्ण संचार की सुविधा प्रदान करनी चाहिए।

मणिपुर में 3 मई को हिंसा भड़कने के बाद से अब तक 105 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और 40,000 से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं।

*******************************

 

अमित शाह चेन्नई में उद्योगपतियों से मिलेंगे

चेन्नई 10 जून,(एजेंसी)।  केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पार्टी कार्यकर्ताओं और उद्योगपतियों से मिलने के लिए शनिवार को तमिलनाडु जाएंगे। अपने आगमन पर शाह सबसे पहले चेन्नई में उद्योगपतियों से मुलाकात करेंगे। वह कोविलंबक्कम में एक मैरिज हॉल में चेन्नई दक्षिण लोकसभा क्षेत्र के पार्टी नेताओं से भी मिलेंगे।

भाजपा नेताओं के अनुसार, शाह की यात्रा का उद्देश्य 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना है।

भाजपा अन्नाद्रमुक के साथ गठबंधन में लोकसभा चुनाव लड़ेगी और पार्टी को 11 सीटें जीतने की उम्मीद है, जिसमें चेन्नई दक्षिण, द नीलगिरि, कोयम्बटूर, वेल्लोर, शिवगंगा, रामनाथपुरम, कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली और कुछ अन्य सीटें शामिल हैं।

अन्नाद्रमुक के महासचिव और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एडप्पादी के. पलानीस्वामी भी चेन्नई में शाह से मिलने वाले हैं।

भाजपा सूत्रों ने अन्नाद्रमुक से निष्कासित नेता ओ. पन्नीरसेल्वम ने भी गृहमंत्री से मिलने का समय मांगा है।

चेन्नई से शाह रविवार को एक सार्वजनिक रैली में भाग लेने के लिए हेलिकॉप्टर से वेल्लोर के लिए रवाना होंगे।

******************************

 

गुजरात हाईकोर्ट ने पीएम के खिलाफ अपमानजनक सामग्री पोस्ट करने के आरोपी को जमानत देने से किया इनकार

अहमदाबाद 10 जून,(एजेंसी)।  गुजरात हाईकोर्ट ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां हीराबेन मोदी के खिलाफ फेसबुक पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने के आरोपी अफसलभाई कसमभाई लखानी की जमानत याचिका खारिज कर दी। न्यायमूर्ति निरजार देसाई की अध्यक्षता वाली एकल-न्यायाधीश पीठ ने कहा कि कोई भी व्यक्ति प्रधानमंत्री को पंसद या नापसंद करने के लिए स्वतंत्र है, लेकिन उनके खिलाफ अपमानजनक और अपमानजनक भाषा का उपयोग करना अनुचित है।

न्यायमूर्ति देसाई ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को किसी व्यक्ति को पसंद या नापसंद करने का अधिकार है, लेकिन यह उसे प्रधानमंत्री और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ अपमानजनक या अपमानजनक भाषा का उपयोग करने का अधिकार नहीं है। इसलिए इस अदालात द्वारा केवल सामान्य टिप्पणियां की जाती हैं।

जस्टिस देसाई ने कहा कि लखानी की पोस्ट सामाजिक शांति को भंग करने की सामग्री थी। उनकी पोस्ट में न केवल पीएम और उनकी दिवंगत मां के बारे में अपमानजनक टिप्पणी थी, बल्कि पोर्नोग्राफी और अश्लील सामग्री भी शामिल थी।

अदालत ने आगे कहा कि लखानी ने पाकिस्तान समर्थक और भारत विरोधी सामग्री साझा की थी जो सांप्रदायिक कलह और सामाजिक अशांति को भड़का सकती थी।

न्यायमूर्ति देसाई ने कहा कि पोस्ट में प्रधानमंत्री के खिलाफ इस्तेमाल की जाने वाली भाषा अत्यधिक अपमानजनक थी कि उनका उल्लेख अपने आर्डर में नहीं कर सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि पोस्ट एजेंडा से प्रेरित प्रतीत होती हैं। यहां तक कि अगर अपराध के लिए अधिकतम पांच साल की सजा पर विचार किया जाता है, तो मुझे जमानत देने के लिए कोई बाध्यकारी कारण नहीं मिलता है।

अदालत ने अपने फैसले में संकेत दिया कि पोस्ट का उद्देश्य न केवल देश के नेता की छवि को धूमिल करना था, बल्कि लखानी के व्यक्तिगत छिपे हुए एजेंडे को पूरा करना भी था।

न्यायमूर्ति देसाई ने चिंता व्यक्त की कि यदि ऐसे व्यक्ति को जमानत दे दी जाती है, तो इस बात की पूरी उम्मीद है कि वह एक बार फिर किसी अन्य नाम का उपयोग करके और फर्जी आईडी बनाकर इस तरह का अपराध कर सकता है, क्योंकि तकनीक अब तक उन्नत हो चुकी है और एक बार ऐसे व्यक्ति को समाज में स्वतंत्र रूप से घूमने की अनुमति मिल जाती है।

वे सोशल मीडिया पर उसकी पोस्ट से नुकसान कर सकते हैं और एक बार नुकसान हो जाने के बाद, उस व्यक्ति को गिरफ्तार करने और उसे दंडित करने का कोई मतलब नहीं है क्योंकि जब तक ऐसे व्यक्ति की पहचान की जाती है, तब तक बड़ा नुकसान गड़बड़ी के रूप में पहले ही हो चुका होता है।

पुलिस ने देवुभाई गढ़वी की शिकायत पर मामला दर्ज करके लखानी को गिरफ्तार किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि वह फेसबुक पेज गुजरात त्रास्त भाजपा मस्त पर आए, जिसमें पीएम मोदी और उनकी मां के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट किए गए थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी लखानी के खिलाफ मानहानि, अभद्र भाषा, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, अश्लीलता, सूचना और प्रौद्योगिकी अधिनियम के साथ अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया था।

*******************************

 

सूर्या फाउण्डेशन द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति- 2020 पर सेमिनार का आयोजन

नई दिल्ली 10 जून,(एजेंसी)। सूर्या फाउण्डेशन द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 पर सेमिनार का आयोजन कॉन्स्टीट्यशन क्लब ऑफ इंडिया, नई दिल्ली में किया गया। जिसका उद्देश्य बच्चों के बस्ते का वजन कम करना और शिक्षा को हर वर्ग तक कैसे पहुँचाना, पर चर्चा करना था।
सूर्या फाउण्डेशन के चेयरमैन पद्मश्री जयप्रकाश अग्रवाल जी का विचार रहा है कि बच्चों के बस्ते का बोझ और मानसिक तनाव कम किया जाए।

उनकी प्रेरणा से सूर्या फाउण्डेशन द्वारा चलाए जा रहे ”शिक्षा थिंक टैंक” के माध्यम से सभी विषयों को समेकित कर ”एक कक्षा-एक पुस्तक ऑल-इन-वन”, सूर्य भारती पुस्तकें बनाई गई। प्रो. एच.एल शर्मा की अगुवाई में देश के जाने-माने शिक्षाविदों-प्रो. चंद्रभूषण, श्री गंगादत्त शर्मा, श्री प्रभाकर द्विवेदी, श्री शांति स्वरूप रस्तोगी, श्री टी.आर. गुप्ता, डॉ. गुज्जरमल वर्मा, प्रो. डी.पी. नय्यर जैसे अनेक विषय विशेषज्ञों ने कई वर्षों की कठोर मेहनत करके ये पुस्तकें बनाई। इन पुस्तकों में शिक्षण की सभी बातों का ध्यान रखा गया है। खेल-खेल में पढ़ाई कैसे कराई जा सकती है, इस विषय पर विशेष बल दिया गया है।

प्रो. एच.एल शर्मा जी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की महान परंपरा व संस्कृति का परिचय, कहानी, योग, पहेली और ढेर सारे चित्रों को पुस्तकों में स्थान दिया गया है। संस्कारों के साथ-साथ पर्यावरण सुरक्षा के लिये भी प्रेरित किया गया है। पुस्तकों में सीखने के न्यूनतम स्तर का ध्यान रखते हुए पाठों की रचना की गई है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के निदेशानुसार इन पुस्तकों में सभी विषयों का इंटीग्रेशन किया गया है।

ये पुस्तकें बच्चों, उनके माता-पिता, शिक्षकों, शिक्षण प्रबंध समितियों के सदस्यों के लिए भी उपयोगी है। ये पुस्तकें 18 राज्यों में 80 से अधिक विद्यालयों, 300 से अधिक संस्कार केन्द्रों व एकल विद्यालयों एवं 10 से अधिक अन्य समाज सेवी शिक्षा केन्द्रों में पढ़ाई जा रही हैं। विद्या भारती, सेवा भारती, समर्थ शिक्षा समिति, सनातन धर्म शिक्षा समिति, डी.ए.वी. शिक्षा समिति आदि की ओर से सूर्य भारती पुस्तकों के विषय में प्रशंसा पत्र प्राप्त हुए हैं, जो इन पुस्तकों की गुणवत्ता और उपयोगिता साबित करते हैं। इस अवसर पर एन.सी.ई.आर.टी., एस.सी.ई.आर.टी., डिस्ट्रीक्ट इंस्टीट्यूट आफ एजुकेशन एंड ट्रेनिंग (डाइट), टिहरी स्कूल ऑफ एडवांस स्ट्डीस के वाइस चांसलर, दिल्ली यूनिवसिर्टी के कुछ प्रोफेसर, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि समेत कई शिक्षण संस्थाओं से आए शिक्षाविद और सूर्या फाउण्डेशन के कार्यकर्ता शामिल रहे।

******************************

 

पंजाब कैबिनेट मीटिंग में CM मान ने लिए अहम फैसले, 14,239 टीचर होंगे पक्के; डॉक्टर-नर्स की भर्ती को मंजूरी

चंडीगढ़ 10 June (एजेंसी): मानसा में पंजाब कैबिनेट की हुई बैठक में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कच्चे अध्यापकों को पक्का करना, चिट फंड कंपनियों पर कार्रवाई और मवेशी पशुओं के लिए पॉलिसी को समेत कई फैसलों को हरी झंडी दी है।

14,239 अध्यापक होंगे पक्के

बैठक में सीएम ने 14,239 टीचरों को रेगुलर करने की घोषणा की है। मान ने कहा- जो 7092 टीचर 10 साल या इससे अधिक समय तक नौकरी कर चुके हैं, उन्हें रेगुलर किया जाएगा। जिन 6437 टीचरों की सर्विस में ब्रेक आने से वह 10 साल पूरे नहीं कर सके। ऐसे अध्यापकों के सर्विस ब्रेक को भी पंजाब सरकार ने उनके सर्विस काल में गिनने का फैसला किया है। ऐसे में पड़ाव में नौकरी की शर्त हटाकर रेगुलर किए जाएंगे। उन्होंने टीचरों के पे-स्केल, पेड छुट्‌टी व मैटरनिटी लीव और हर साल सैलरी में बढ़ौतरी का मामला विधानसभा में लाने की बात कही है।

चिट फंड कंपनियों के दोषियों को 10 साल कैद

मान ने कहा कि पंजाब में चिट फंड कंपनियों से बहुत लोग ठगे गए हैं। उन्होंने पर्ल कंपनी का जिक्र किया। ऐसी चिट फंड कंपनियों के लिए एक्ट में 10 साल तक की सख्त सजा का प्रावधान किए जाने बारे जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आरोपी कंपनियों के प्रबंधक/जिम्मेदार को सजा दिलाने के लिए मामला विधानसभा में लाया जाएगा।

मवेशी पशुओं के लिए लाई जाएगी पॉलिसी

आवारा पशुओं के कारण खेत और सड़कों पर नुकसान होता है। लोगों की जान जाती हैं। इस कारण लोगों की जान बचाने और खेतों के नुकसान के बचाव के लिए एक नई पॉलिसी लाई जाएगी।

हाउस जॉब के लिए 435 डॉक्टर होंगे नियुक्त

पंजाब सरकार द्वारा हाउस जॉब के लिए कुल 435 पदों पर एमबीबीएस डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी। डॉक्टर और नर्स मिलाकर कुल 1880 पदों पर भर्ती की जाएगी।

इन मामलों को दी मंजूरी

सीएम मान ने कहा कि वाटर एंड सेनिटेशन विभाग के 2020-21 व 2021-22 की सालाना प्रबंधकीय रिपोर्ट्स को मंजूरी दी गई है। साथ ही सजा पूरी करने वाले कैदियों के आचरण के आधार पर उन्हें बरी करने संबंधी रिपोर्ट गवर्नर को भेजी गई है। उन्होंने कहा कि पंचायत और नगर निगम के वित्त कमीशन को लागू करने को मंजूरी दी गई है। इससे केंद्र से पंजाब सरकार को फंड मिलेगा और इस फंड को आगे पंचायत व नगर निगम को दिया जाएगा।

19-20 जून को विधानसभा सेशन

मान ने कहा कि 19-20 जून को पंजाब विधानसभा का स्पेशल सेशन बुलाया गया है। इस सेशन में कैबिनेट के सभी फैसलों को लाया जाएगा। जो टेबल एजेंडे लाए जाएंगे, विधानसभा में मौके पर ही मंजूरी देकर उन पर भी चर्चा की जा सकती है। उन्होंने कहा कि विधानसभा का मानसून सेशन इसके बाद बुलाया जाएगा।

**********************************

 

वर्ष 2040 तक 27-28 ट्रिलियन डॉलर की होगी भारतीय इकॉनमी: हरदीप सिंह पुरी

नई दिल्ली 10 June (एजेंसी): केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मोदी सरकार के नौ साल की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए दावा किया है कि वर्ष 2040 तक भारत की अर्थव्यवस्था 27-28 ट्रिलियन डॉलर की हो जाएगी। एक अंतर्राष्ट्रीय एजेंसी की रिपोर्ट के हवाले से यह दावा करते हुए उन्होंने यह भी जोड़ा की उस समय भारत विश्व की तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था होगी जो दूसरे नंबर के काफी करीब होगी।

पुरी ने शनिवार को भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए यूपीए सरकार और मोदी सरकार के कार्यकाल की तुलना करते हुए कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल के दौरान, राजनीतिक निर्णय लेने की प्रक्रिया निष्क्रियता और पॉलिसी पैरालीसिस का शिकार थी। उस समय देश में विकास पर कोई ध्यान नहीं था और भारत ‘फ्रैजाइल-फाइव’ अर्थव्यवस्थाओं में से एक था। लेकिन 2014 में मोदी के सत्ता में आने के बाद उनके नेतृत्व में भारत ने एक अभूतपूर्व परिवर्तन देखा और आज भारत दुनिया की 5 वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।

केंद्रीय मंत्री ने नीति-नीयत और नेता, इन तीनों के ठीक होने की बात कहते हुए कहा कि 2047 तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कहे अनुसार भारत एक विकसित देश होगा।

उन्होंने देश भर में बढ़ रहे एयरपोर्ट, मेट्रो नेटवर्क, नेशनल हाईवे सहित आधारभूत ढांचे के विकास की गति और मोदी सरकार की अमृत, उज्जवला और स्वच्छ भारत जैसी अनेक योजनाओं का जिक्र करते हुए यह कहा कि कोरोना काल में भारत ने न केवल 220 करोड़ वैक्सीन बनाई बल्कि उनको सही तरीके से वितरित भी किया। दुनिया के 100 देशों को तो भारत ने सीधे तौर पर कोरोना की वैक्सीन दी।

पेट्रोल-डीजल पर वैट कम नहीं करने के विपक्षी दलों के आरोपों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि ये मांग उन दलों की तरफ से आती है, जिनकी राज्य सरकारों ने अपने करों को कम नहीं किया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों द्वारा शासित राज्यों में पेट्रोल डीजल की कीमत भाजपा शासित राज्यों की तुलना में लगभग 10 रुपये प्रति लीटर तक ज्यादा है। विपक्षी दलों के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने उज्जवला योजना को भी हाइली सक्सेसफुल करार दिया।

उन्होंने एक बार फिर से यह स्पष्ट किया कि दिल्ली में अवैध कॉलोनी, अवैध निर्माण और अतिक्रमण को लेकर सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करती रहेगी लेकिन सरकार के पास अवैध कॉलोनियों को लेकर एक योजना भी है।

**************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version