एआईसीटीई ने जम्मू में प्लेसमेंट ड्राइव का किया आयोजन: जेईईटी छात्रों को शीर्ष नियोक्ताओं से जोड़ा

*AICTE, ICT अकादमी के सहयोगात्मक प्रयास से 768 छात्रों को जेईईटी कार्यक्रम के माध्यम से किया गया प्रशिक्षित*

*जम्मू में एआईसीटीई और आईसीटी द्वारा प्लेसमेंट ड्राइव में निकाली गईं 1200 नौकरियां*

जम्मू, 27 अगस्त, (एजेंसी)। ऑल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्निकल एजुकेशन (एआईसीटीई) ने 26 अगस्त 2023 को जम्मू और कश्मीर एम्प्लॉयबिलिटी एन्हांसमेंट ट्रेनिंग (JEET) के तहत प्रशिक्षित छात्रों के लिए योगानंद कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया।

जम्मू और कश्मीर एम्प्लॉयबिलिटी एन्हांसमेंट ट्रेनिंग प्रोग्राम (JEET): एआईसीटीई ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के 5 हजार अंतिम व पूर्व-अंतिम वर्ष के छात्रों को JEET के तहत प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए आईसीटी अकादमी के साथ एक एमओयू साइन किया है। अब तक कुल 768 छात्रों ने प्रशिक्षण पूरा कर लिया है। लिंक मेगा जॉब फेयर: JEET के तहत प्रशिक्षित छात्रों की मदद के लिए, उनके तकनीकी प्रशिक्षण के फलस्वरूप मिलने वाले लाभों को और स्थानीय जीवनोत्तरता को सुधारने के लिए प्रमुख कंपनियों में करियर के अवसर प्रदान करके एआईसीटीई और आईसीटी अकादमी ने लिंक मेगा जॉब फेयर का आयोजन किया था, जिसमें 16 नियोक्ता कंपनियां शामिल हुईं, जिन्होंने 1200 से अधिक नौकरियां निकाली।

नियोक्ता कंपनियों में कॉन्सेंट्रिक्स, हाइक एजुकेशन, इन्फोसॉफ्ट टेक्नोलॉजिस, कृष्णा मारुति, एमआरएफ टायर, न्यू एलनबेरी वर्क, ओकाया पावर, पेटीएम, रिलायबल ऑटोमोटिव, सिद्धि इन्फोनेट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, सुपर होज़, योकोहामा, डिक्सन टेक्नोलॉजी, इंडियन जापान लाइटिंग प्राइवेट लिमिटेड, बजाज मोटर्स और एयरटेल शामिल रहीं।

एआईसीटीई प्रतिनिधि के रूप में डिप्टी डायरेक्टर डॉ. नीतू भगत ने चयनित छात्रों को नौकरी के प्रस्ताव और JEET परियोजना के तहत प्रशिक्षित छात्रों के लिए पाठ्यक्रम पूरा करने का प्रमाण पत्र सौंपा।

इस मौके पर आईसीटी अकादमी के वीपी श्री गणेश, आईसीटी अकादमी एवीपी श्री जी. सरवणन, डीन अकादमिक्स ईआर. दिनेश गुप्ता और योगदानंद कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के चीफ को-ऑर्डिनेटर बीआर वर्मा मौजूद रहे।

***************************

 

लेट्स इंस्पायर बिहार कार्यक्रम में विकास वैभव का स्वागत किया गया

पटना , 26 अगस्त (एजेंसी)।  मुंगेर के टाउन हॉल मे लेट्स इंस्पायर बिहार कार्यक्रम मे आईजी विकास वैभव का स्वागत किया गया और बुके देकर महिला मोर्चा नेत्री स्वाती सिंह ने किया इस अवसर पर पटना मुख्यालय डीएसपी विनय रंजन, बीके  सिंह मुंगेर जिला अध्यक्ष अरुण पौदार, अंजू भारद्वाज भी उपस्थित रहे.

उनके बातो को सुनकर युवा मे काफ़ी उत्साह था इस अवसर पर स्वाती सिंह ने कहा की आईजी विकास वैभव जी इतने बड़े पदों पर रहकर भी बिहार के लोगो के बारे मे इतना सोच रहे है और लेट्स इंस्पायर बिहार का जो मुहीम चला रहे.

युवा को प्रेरित कर रहे बिहार के प्रति यह बहुत अच्छी बात है की अपना समय निकालकर हमलोगो को भी भविष्य के बारे मे सोच रहे है और आगे का मार्गदर्शन दे रहे है काफ़ी सराहनीय प्रयास है ।

**********************************

 

 

नूंह में ब्रजमंडल शोभा यात्रा की अनुमति नहीं, प्रशासन ने यात्रा रोकने को किए बड़े इंतजाम

नूंह 27 Aug. (एजेंसी): हरियाणा सरकार ने नूंह में सर्वजातीय हिंदू महापंचायत के 28 अगस्त को पुन: ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा निकालने के आह्वान के मद्देनजर यहां सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। वहीं सरकार ने खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट तथा हर सूरत में कानून व्यवस्था, शांति और सद्भाव बनाये रखने को लेकर यात्रा की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। जिला प्रशासन ने नूंह जिले में जहां निषेधाज्ञा लागू की है वहीं राज्य सरकार ने नूंह जिले में एहतियाती कदम के तौर पर, 26 अगस्त को दोपहर 12 बजे से 28 अगस्त को रात 11ः59 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों को स्टेशन नहीं छोड़ने के आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा अलग-अलग इलाकों में ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए गए हैं। नूंह जिला उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने साफ तौर कहा है कि इलाके में हर हाल में अमन-शांति कायम रखी जाएगी।

वहीं विश्व हिंदू परिषद(वीएचपी) समेत अनेक हिंदू संगठन ने कहा कि गत 31 जुलाई को उक्त शोभा यात्रा पर एक समुदाय के लोगों द्वारा पथराव और हिंसा किये जाने पर यह अधूरी रह गई थी जिसे केवल पूरा किया जा रहा है। किसी धर्म और सम्प्रदाय को अपनी धार्मिक रस्मों या कार्यक्रम करने का अधिकार है तथा इसके लिये किसी अनुमति की जरूरत नहीं है। अलबत्ता हिंदू संगठनों ने कहा है कि यात्रा निकालने के बारे में स्थानीय प्रशासन को पहले की सूचित किया जाएगा तथा यात्रा के स्वरूप और आकार को लेकर भी चर्चा हो सकती है। हिंदू संगठनों का यह भी कहना है कि यात्रा में केवल स्थानीय लोग ही शामिल होंगे तथा कोई भी बाहरी व्यक्ति इसमें भाग नहीं लेगा। ऐसे में राज्य सरकार के लिये अब अजमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी हिंदू संगठनों से यात्रा नहीं निकालने की अपील कर चुके हैं।

इससे पहले हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) शत्रुजीत कपूर, हिंदू संगठनों के उक्त ऐलान के मद्देनजर गत शनिचार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीमावर्ती राज्यों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए समन्वित प्रयास का आह्वान कर चुके हैं। बैठक में पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और केंद्र शासित क्षेत्र चंडीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि नूंह जिला प्रशासन ने तीन से सात सितम्बर तक यहां होने वाली जी20 शेरपा समूह की बैठक के मद्देनजर यात्रा की अनुमति देने से इनकार कर दिया है तथा इस बारे में आयोजकों को सूचित भी कर दिया गया है। लेकिन फिर से ऐसी सूचनाएं हैं कि हिंदू संगठनों ने हरियाणा और अन्य पड़ोसी राज्यों के लोगों को 28 अगस्त को नूंह पहुंचने के लिए आमंत्रित किया है।

श्री कपूर ने पड़ोसी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के अधिकारियों ने उत्पन्न स्थिति को लेकर तथा इससे प्रभावी ढंग से निपटने के लिए खुफिया जानकारी साझा करने पर जोर देते हुए, सोशल मीडिया प्लेटफार्मों की नियमित निगरानी करने तथा शांति भंग करने वालों के बारे में जानकारी साझा करने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने तथा लोगों की किसी भी तरह की भीड़ को रोकने के लिए अंतरराज्यीय सीमा पर अवरोधक लगाने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि गत 31 जुलाई को यहां आयोजित बृज मंडल शोभा यात्रा के दौरान साम्प्रदायिक हिंसा भड़क गई थी। इस दौरान एक समुदाय के लोगों ने इस पर पथराव कर दिया था। इस हिंसा में दो होमगार्ड सहित छह लोगों की मौत हो गई थी तथा अनेक घायल हो गए थे। नूंह हिंसा का असर हरियाणा के गुरूग्राम और फरीदाबाद समेत अन्य जिलों में भी हुआ था जां आगजनी और मारपीट की घटनाएं सामने आईं थीं। इस घटना के बाद जिला प्रशासन ने उपद्रवियों पर कड़ी कार्रवाई करते हुये लगभग 300 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा करीब 150 एफआईआर दर्ज की गई हैं। धरपकड़ का यह सिलसिला अभी जारी है। कुछ उपद्रवियों के घरों को भी जमींदोज किया गया है। जिला प्रशासन हिंसा में शामिल किसी को भी बख्शने के मूड में नहीं है।

*************************

 

जम्मू बंद के एक दिन बाद हिरासत में लिए राजपूत सभा के नेताओं को किया रिहा

जम्मू 27 Aug. (एजेंसी): चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा बुलाए गए पूर्ण जम्मू बंद के एक दिन बाद, अधिकारियों ने रविवार को युवा राजपूत सभा के हिरासत में लिए गए नेताओं को रिहा कर दिया। युवा राजपूत सभा सांबा जिले में सरोर टोल प्लाजा की स्थापना के खिलाफ आंदोलन कर रही है। जम्मू चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने सरोर टोल प्लाजा और स्मार्ट इलेक्ट्रिक मीटर लगाने के खिलाफ शनिवार को बंद का आह्वान किया था।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने युवा राजपूत सभा के 26 नेताओं को रिहा कर दिया, जिन्हें 21 अगस्त को खराब सड़क व एक क्षतिग्रस्त पुल के कारण जम्मू-पठानकोट राजमार्ग पर सरोर प्लाजा में टोल संग्रह के निलंबन की मांग को लेकर प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया गया था। राजपूत सभा के नेताओं को रविवार तड़के कठुआ जेल से रिहा कर दिया गया और पुलिस वाहनों में उन्हें उनके घरों तक ले जाया गया। सूत्रों ने कहा, “ज्यादातर नेताओं को पुलिस वाहनों में उनके मूल स्थान पर वापस ले जाया गया, जबकि कई अभी भी अपने रास्ते में थे।”

********************************

 

पढ़ने-पढ़ाने का तरीका, परीक्षा, क्लासरूम, यूनिफार्म, असेंबली में होगा बदलाव

नई दिल्ली 27 Aug. (एजेंसी): स्कूलों की बोर्ड परीक्षाएं साल में दो बार होंगी। स्कूली शिक्षा में ऐसे कई और बदलाव होने हैं। इसके लिए ‘नेशनल करिकुलम फ्रेमवर्क’ तैयार किया गया है। यह बताएगा कि कक्षा 1 से 12वीं तक छात्र क्या पढ़ेंगे, कैसे पढ़ेंगे, छात्रों को स्कूलों में पढ़ाने सिखाने का तरीका क्या होगा।

बारीकी से तैयार किए गए इस दस्तावेज में यह तक बताया गया है कि स्कूलों की असेंबली कैसे होंगी, स्कूल बैग का भार कैसे कम होगा, किताबें कैसी होंगी और विभिन्न कक्षाओं में पढ़ने वाले छात्रों के मूल्यांकन का आधुनिक तरीका क्या होगा। नेशनल करिकुलम फ्रेमवर्क की बात करें तो देशभर के स्कूलों की यूनिफार्म में काफी विविधता देखने को मिल सकती है। मसलन देश के साथ इलाकों में यूनिफार्म अलग तरह की हो सकती है। गर्म इलाकों के लिए अलग यूनिफॉर्म डिजाइन किए जाने का प्रस्ताव है।

फ्रेमवर्क में कहा गया है कि स्थानीय मौसम के अनुकूल स्कूलों की यूनिफार्म तैयार की जाए। छात्रों को लिंग समानता के आधार पर यूनिफार्म का चुनाव करने का विकल्प भी दिया जा सकता है। गौरतलब है कि अभी तक कुछ खास स्कूलों की यूनिफार्म के आधार पर अधिकांश स्कूल वैसी ही यूनिफॉर्म को कॉपी करते दिखाई पड़ते हैं।

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय का मानना है कि नेशनल करिकुलम फ्रेमवर्क (एनसीएफ) को केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने पिछले सप्ताह ही जारी किया है। यह फ्रेमवर्क बीते 36 वर्षों से जारी शिक्षा प्रणाली को बदलेगा। करिकुलम फ्रेमवर्क में कक्षा के आकार, डिजाइन व छात्रों की बैठने की व्यवस्था का भी जिक्र है।

फ्रेमवर्क में कहा गया है कि कक्षा में छात्र गोलाकार आकार या अर्ध गोलाकार आकार में बैठ सकते हैं। इसके साथ ही स्कूलों की असेंबली प्रक्रिया को केवल एक रस्म अदायगी की बजाए अर्थपूर्ण व सिखाने वाली प्रक्रिया में परिवर्तित करने की सिफारिश की गई है।

वहीं मूल शिक्षा प्रणाली की बात करें तो नेशनल करिकुलम फ्रेमवर्क सेकेंडरी स्तर को चार अलग-अलग हिस्सों 9वीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं में विभाजित करता है। इसमें छात्रों को कुल 16 विकल्प आधारित पाठ्यक्रमों को पूरा करना होगा। सेकेंडरी स्तर पर छात्रों को प्रत्येक स्तर के लिए 16 टेस्ट देने होंगे। 11वीं-12वीं में छात्रों को 8 विषयों में से हर ग्रुप के दो-दो विषय यानी कुल 16 विषय दो साल के दौरान पढ़ने होंगे।

वहीं छात्रों को साल में दो बार होने वाली बोर्ड परीक्षाओं में से अपने सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाए रखने की अनुमति होगी।केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक अब बोर्ड परीक्षाओं का उद्देश्य छात्रों में विषयों की समझ का मूल्यांकन करना होगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इस नई पद्धति से कोचिंग और याद रखने की आवश्यकता में कमी आएगी।

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने बताया कि इसके अलावा, 11वीं और 12वीं कक्षा में पढ़ाई के दौरान विषयों का चयन सीमित नहीं रहेगा। छात्रों को 11वीं और 12वीं कक्षा में अपनी पसंद के विषय चुनने की सुविधा मिलेगी।

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक कक्षा 11 और 12 के छात्रों को कम से कम दो भाषाएं पढ़नी होंगी। मंत्रालय का कहना है कि 11वीं और 12वीं कक्षा में पढ़ाई जाने वाली इन भाषाओं में से एक भारतीय भाषा होनी चाहिए। यह इसरो के पूर्व अध्यक्ष के कस्तूरीरंगन की अगुआई में 12 सदस्यीय संचालन समिति द्वारा तैयार किया गया है।

सिफारिशों को अपनाने के बाद एक बड़ा बदलाव होगा। गौरतलब है कि शिक्षा मंत्रालय द्वारा गठित नेशनल करिकुलम फ्रेमवर्क के चार स्टेज हैं। इनमें फाउंडेशन, प्रीप्रेट्री, मिडिल और सेकेंड्री स्टेज शामिल हैं।

एनसीएफ के मुताबिक करिकुलम तैयार करने में शिक्षा बोर्डों की कोई भूमिका नहीं होनी चाहिए। एनसीएफ में वोकेशनल, आर्ट्स, फिजिकल एजुकेशन को करिकुलम का अभिन्न अंग माना गया है। इसके लिए बोर्डों को इन एरिया के लिए हाई क्वालिटी टेस्ट सिस्टम को तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

**********************************

 

चंद्रयान-3 के डिजाइन में शामिल होने का दावा करने वाले मितुल त्रिवेदी गायब, आवास पर ताला; फोन भी बंद

सूरत 27 Aug. (एजेंसी): खुुद को इसरो से जुड़ने का दावा करने वाले सूरत निवासी मितुल त्रिवेदी ने चंद्रयान 3 के डिजाइन तैयार करने की बात कही थी, मगर अब वह जांच अधिकारियों से बचते नजर आ रहे हैं। चंद्रयान 3 के डिजाइन तैयार करने को लेकर सुर्खियां बटोरने वाले मितुल त्रिवेदी अब गायब हैं। कथित तौर पर त्रिवेदी के आवास पर ताला लगा हुआ है और उनका फोन भी बंद है, जिससे उनके दावों को लेकर शंका और बढ़ गई है।

त्रिवेदी के दावों की जांच अब पुलिस की सूरत अपराध शाखा को सौंप दी गई है। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि हालांकि त्रिवेदी के दावे से नुकसान कुछ नहीं है, वे उनके बढ़ा-चढ़ाकर बयान देने की प्रवृत्ति को उजागर करते हैं।

त्रिवेदी के बयानों की जांच पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हेतल पटेल को सौंपी गई थी। शहर के पुलिस आयुक्त के कार्यालय तक पहुंचने के बावजूद, त्रिवेदी भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के साथ अपने कथित जुड़ाव को साबित करने वाला कोई भी दस्तावेज उपलब्ध कराने में असमर्थ रहे।

त्रिवेदी ने सफल चंद्रयान-3 मिशन के बाद अपनी भागीदारी के दावे कर ध्यान आकर्षित किया था। उन्होंने जोर देकर कहा कि लैंडर के उनके डिजाइन में पारंपरिक लैंडर के विपरीत, लैंडिंग पर धूल के बिखरने को रोकने वाली एक अनूठी विशेषता शामिल थी। उन्होंने यह भी कहा कि वह 2011 से इसरो और 2013 से नासा से जुड़े हुए हैं। यहां तक कि उन्होंने नासा के 2024 चंद्र मानव मिशन और इसरो के आदित्य एल1 और गगनयान मिशन डिजाइन परियोजनाओं में भूमिका का दावा भी किया।

त्रिवेदी की कथित शैक्षणिक उपलब्धियों में भौतिकी में बीएससी और एमएससी, और कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में क्वांटम भौतिकी में अध्ययन, और पीएचडी के लिए ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में मानव विज्ञान और वेदांत शामिल हैं। उन्होंने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की सदस्यता और 45 प्राचीन भाषाओं को पढ़ने की क्षमता का भी दावा किया थाा।

त्रिवेदी की प्रसिद्धि तब बढ़ी जब उनके शिक्षक अर्जुन पटेल से बात करते हुए एक ऑडियो क्लिप वायरल हो गई। इससे पहले त्रिवेदी ने दक्षिण गुजरात में ओलपाड के पास समुद्र में द्वारिका नाम की स्वर्ण नगरी होने का दावा किया था।

***************************

 

I.N.D.I.A. गठबंधन में शामिल होंगी कुछ और पार्टियां, मुंबई बैठक से पहले नीतीश ने किया खुलासा

नई दिल्ली 27 Aug. (एजेंसी): विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इंक्लूसिव अलायंस’ (I.N.D.I.A.) पर भाजपा समेत एनडीए के साथी लगातार निशाना साध रहे हैं। इस बीच मुंबई में होने वाली इंडिया की अगली बैठक को लेकर नीतीश कुमार ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया है कि अभी गठबंधन में और भी दल शामिल होने जा रहे हैं।

मीडिया ने जब नीतीश कुमार से ये पूछा कि मुंबई में जो बैठक होने वाली है उस पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। इसके जवाब में नीतीश कुमार ने कहा कि क्या सवाल खड़ा हो रहा है हम तो जा रहे हैं। मुझे कुछ नहीं चाहिए व्यक्तिगत, हम तो सबको एकजुट करना चाहते हैं। हम तो शुरू से ही बोलते हैं, कोई क्या बोलता है उससे कोई मतलब नहीं है। कुछ और पार्टियां भी हमारे गठबंधन से जुड़ रही हैं। सब मिलकर कौन-कौन कहां-कहां से चुनाव लड़ेगा ये सब जल्दी तय करने की कोशिश होगी।

जब मीडिया ने ये कहा कि भाजपा के नेता ये कह रहे हैं कि आपसे बिहार नहीं संभल रहा है। इसके जवाब में नीतीश ने कहा कि ‘इन सभी बातों का कोई मतलब नहीं है। हमारे बारे में जो भी बोलते हैं मैं ध्यान भी नहीं देता हूं।’ नीतीश कुमार ये दावा कर रहे हैं कि उन्हें कुछ नहीं चाहिए वो बस सभी को एकजुट करना चाहते हैं।

***************************

 

भारत में 44 नए कोविड मामले दर्ज

नई दिल्ली 27 Aug. (एजेंसी): स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को अपने ताजा अपडेट में कहा कि भारत में 44 नए कोविड-19 मामले दर्ज किए गए हैं। 44 नए मामलों के साथ, देश में अब तक सामने आए कोविड-19 के कुल मामले 4,49,96,963 हो गए।

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 45 लोग महामारी से ठीक भी हुए है, जिससे कोविड से ठीक होने वालों की कुल संख्या 4,44,63,533 हो गई। रिकवरी रेट 98.91 फीसदी है। एक्टिव केसलोड 1,502 है, और मरने वालों की संख्या 5,31,928 है। आंकड़ों के अनुसार, अब तक कोविड-19 वैक्सीन की 220.67 करोड़ से अधिक डोज दी जा चुकी हैं।

*****************************

 

मुंबई के सांताक्रूज इलाके के गैलेक्सी होटल में लगी भीषण आग, 3 लोगों की मौत; 8 बुरी तरह झुलसे

मुंबई 27 Aug. (एजेंसी): मुंबई के सांताक्रुज इलाके में स्थित गैलेक्सी होटल में आग लग गई, आग की इस घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई, बताते हैं कि इस हादसे में 3 लोगों की झुलकर मौत हो गई वहीं 8 लोग बुरी तरीके से झुलस गए हैं, आग की लगने की सूचना मिलने के बाद मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंच गई हैं।

फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर आग को बुझाने की कोशिशों में जुटी हैं, वहीं गैलेक्सी होटल के बाकी हिस्से को खाली करा दिया गया है, आग किस वजह से लगी इसका पता नहीं चल सका है। दोपहर में लगी आग देखते ही देखते होटल का बड़ा इलाका आग की चपेट में आ गया और हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

मुंबई फायर ब्रिगेड के मुताबिक होटल में यह आग तीसरे माले पर स्थित कमरा नंबर 103 और 203 में लगी थी, आग की वजह शॉर्ट सर्किट को बताया जा रहा है जिससे कमरे में लगे एसी यूनिट, पर्दे, गद्दे, फर्नीचर के सामान जल गए।

**************************

 

चंद्रयान 3 का थर्मामीटर ऑन, ये है चांद की सतह का तापमान

नई दिल्ली 27 Aug. (एजेंसी): चंद्रयान 3 मिशन की कामयाबी की इबारत के क्रम में आज एक और अच्छी खबर सामने आई है। विक्रम लैंडर पर लगे ChaSTE (चंद्रमा की सतह थर्मोफिजिकल एक्सपेरिमेंट) Payload पहली बार ऑब्जरवेशन आए सामने आए हैं। ChaSTE चंद्रमा की सतह के थर्मल व्यवहार यानि तापमान संबंधी गतिविधियों को समझने के लिए है, जो चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव की ऊपरी मिट्टी के तापमान प्रोफाइल को मापता है। इसमें एक नियंत्रित प्रवेश तंत्र से सुसज्जित तापमान जांच है जो सतह के नीचे 10 सेमी की गहराई तक पहुंचने में सक्षम है। जांच में 10 अलग अलग तापमान सेंसर लगे हैं।

प्रस्तुत ग्राफ विभिन्न गहराई पर चंद्र सतह/सतह के तापमान में भिन्नता को दर्शाता है, जैसा कि जांच के प्रवेश के दौरान दर्ज किया गया था। चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के लिए यह पहली ऐसी प्रोफ़ाइल है। इसका विस्तृत ऑब्जरवेशन चल रहा है। पेलोड को अंतरिक्ष भौतिकी प्रयोगशाला (एसपीएल), वीएसएससी के नेतृत्व वाली एक टीम द्वारा विकसित किया गया है। यहां विक्रम लैंडर पर चाएसटीई पेलोड के पहले ऑब्जरवेशन हैं।

बता दें कि चंद्रमा में तापमान में बहुत बड़ा अंतर है और यहां तेजी से तापमान घटता और बधता है। चंद्र दक्षिणी ध्रुव में सूर्य क्षितिज के नीचे या ठीक ऊपर मंडराता है, जिससे सूर्य की रोशनी की अवधि के दौरान तापमान 130 डिग्री फ़ारेनहाइट (54 डिग्री सेल्सियस) से ऊपर हो जाता है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, रोशनी की इन अवधियों के दौरान भी ऊंचे पहाड़ काली छाया डालते हैं और गहरे गड्ढे अपनी गहराइयों में शाश्वत अंधेरे की रक्षा करते हैं। इनमें से कुछ क्रेटर स्थायी रूप से छाया वाले क्षेत्रों के घर हैं, जिन्होंने अरबों वर्षों में दिन का उजाला नहीं देखा है, जहां तापमान -334 डिग्री फ़ारेनहाइट से -414 डिग्री फ़ारेनहाइट (-203 डिग्री सेल्सियस से -248 डिग्री सेल्सियस) तक होता है।

चंद्रमा प्रत्येक 27.322 दिन में एक बार हमारे ग्रह के चारों ओर चक्कर लगाता है। चंद्रमा पृथ्वी के साथ ज्वारीय रूप से घिरा हुआ है, जिसका अर्थ है कि जब भी यह तुल्यकालिक घूर्णन करता है तो यह अपनी धुरी पर ठीक एक बार घूमता है। भारत ने चंद्रमा के रहस्‍यों का पता लगाने और समझने और इसका उपयोग बाहरी अंतरिक्ष में आगे जाने वाले मिशनों के लिए को और बेहतर बनाने के लिए भी करना है।

********************************

 

सिनेबस्टर मैगज़ीन के प्रकाशक रॉनी रॉड्रिग्स ने शिक्षा के क्षेत्र में रखा कदम 

27.08.2023  –  मुम्बई के चर्चित व्यवसायी और सिनेबस्टर मैगज़ीन के प्रकाशक रॉनी रॉड्रिग्स ने पिछले दिनों मुम्बई स्थित डब्ल्यू मेरिएट होटल में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में फिल्म  निर्माता निर्देशक धीरज कुमार, अभिनेता दर्शन कुमार, पंकज बेरी, अभिनेत्री नायरा बनर्जी, आरती नागपाल, संगीतकार दिलीप सेन सहित कई गणमान्य फिल्मी हस्तियों की उपस्थिति में पीबीसी एजुकेशन एंड फाइनेंशियल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड को लॉन्च किया।

डॉ. राजा रॉय चौधरी पीबीसी एजुकेशन एंड फाइनेंशियल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के प्रमुख सलाहकार हैं। मुम्बई के सांताक्रूज में स्थित पीबीसी एजुकेशन एंड फाइनेंशियल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद रॉनी रॉड्रिग्स ने डब्ल्यू मेरिएट होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस के साथ भव्य रूप से इस कंपनी को लॉन्च किया। कम्पनी के पास कई विशेषज्ञ हैं जैसे श्री रवि राजा, डीन पीजी कैंपस और डायरेक्टर डिपार्टमेंट ऑफ लॉ, प्रेस्टीज इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च, इंदौर।

उनके पास शैक्षणिक क्षेत्र में जबरदस्त अनुभव है जो छात्रों के लिए काफी मददगार साबित होगा। कंपनी के सुचारू कामकाज के लिए अमेरिका और सिंगापुर में कंपनियों को जोड़ा गया है। अगली कड़ी में यूके, कनाडा, यूरोप हैं। अमेरिका के कार्यालय के लिए डॉ. किरण कदम स्थानीय निदेशक हैं जो आईआईटी स्नातक हैं।

सिंगापुर में, श्री धर्मराज थंगराज संचालन संभालेंगे। वह योग्य इंजीनियर हैं। शैक्षिक क्षेत्र में अच्छा अनुभव रखने वाले श्री थंगराज का ज्ञान और विशेषज्ञता छात्रों के लिए उपयोगी होगी। रॉनी रॉड्रिग्स अमेरिका और सिंगापुर की कंपनियों अर्थात पीबीसी एजुकेशन एंड फाइनेंशियल सर्विसेज एलएलसी (यूएसए) और पीबीसी एजुकेशन एंड फाइनेंशियल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, (सिंगापुर) में डायरेक्टर हैं। भारत में निशा वर्मा काम संभालेंगी।

कीर्तिकुमार कदम, तीन कंपनियों यानी पीबीसी एजुकेशन एंड फाइनेंशियल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, पीबीसी एजुकेशन एंड फाइनेंशियल सर्विसेज एलएलसी (यूएसए) और पीबीसी एजुकेशन एंड फाइनेंशियल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, (सिंगापुर) में निदेशक हैं। वह मुंबई कार्यालय में कामकाज संभालेंगे। सुश्री नाजनीन बराय एजुकेशनल लोन के संबंध में छात्रों का मार्गदर्शन करेंगी और अभिभावकों को परामर्श देंगी। सुज़ाना अलफोंसो मार्केटिंग विभाग को संभालेंगी और दिपेश सोमैया ट्रैवेल पार्टनर रहेंगे जो वीज़ा, टिकट में सहायता करेंगे।

रॉनी रॉड्रिग्स ने कहा कि आज के समय मे भारी संख्या में भारत के छात्र उच्च शिक्षा के लिए विदेश जाने का विकल्प चुनते हैं। लेकिन वहां जाने के बारे में निष्पक्ष और ईमानदार सलाह मिलना मुश्किल होती है जिसके कारण छात्रों और उनके पैरेंट्स, अभिभावकों को अनावश्यक रूप से भारी रकम खर्च करनी पड़ती है।

ऐसा भी देखा जा रहा है कि कई कंसल्टेंसी सेवाएँ इच्छुक छात्रों और उनके अभिभावकों को आखिरी समय में ज्यादा पैसे की मांग करते हुए धोखा देती हैं। खुद मैंने एक स्टूडेंट के साथ ऐसा होता देखा जहां उससे कुछ और रकम का खर्च बताया गया था मगर आखरी लम्हों में और 20-25 लाख रुपए की मांग कर ली गई। ऐसे हालात में अभिभावक एक और लोन के बोझ तले दब जाते हैं। ऐसी परिस्थितियों में हमने पीबीसी एजुकेशन एंड फाइनेंशियल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड शुरू करने का फैसला लिया, यह कंपनी वास्तविक, प्रामाणिक और साथ ही ईमानदार सेवाएं प्रदान करेगी।

हमारा स्लोगन है ‘हम ईमानदारी में विश्वास करते हैं।’ इस सर्विसेज में कोई छिपी हुई लागत नहीं होगी। उनकी सेवाओं के लिए नाममात्र एकमुश्त शुल्क लिया जाएगा। इस कंपनी के द्वारा सक्षम छात्रों को बिना किसी कठोर नियम और शर्तों के लोन देकर सहायता करने की भी योजना है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***********************************

 

नूंह में धारा 144: हिंदू संगठन यात्रा निकालने पर अड़े, CM बोले- इजाजत नहीं, मंदिर में कर सकेंगे जलाभिषेक

नूंह 27 Aug. (एजेंसी): हरियाणा के नूंह जिले में ब्रजमंडल यात्रा निकालने को लेकर हिंदू संगठन और प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन आमने-सामने है। सरकार ने किसी भी हाल में ब्रजमंडल यात्रा निकालने की मंजूरी नहीं दी है। वहीं, दूसरी ओर हिंदू संगठन यात्रा निकालने पर अड़े हुए हैं। पुलिस प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था के तमाम इंतजाम किए हैं। सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील जिले में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।

वहीं, यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल का भी बयान सामने आ गया है। सीएम ने कहा कि ब्रज मंडल यात्रा की अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा कि सावन का महीना है, सभी लोगों की श्रद्धा है, इसलिए मंदिरों में जलाभिषेक करने की अनुमति रहेगी। सीएम ने कहा कि लोग घरों के आसपास स्थित मंदिरों में जलाभिषेक कर सकेंगे। सीएम ने कहा पिछले दिनों नूहं में जो घटनाक्रम हुआ है। इसके चलते कानून व्यवस्था के लिहाज से यात्रा की अनुमति नहीं दी गई है।

मुख्यमंत्री खट्टर ने कहा कि पिछले दिनों नूंह में जो घटनाक्रम हुआ है, इसके चलते कानून व्यवस्था के लिहाज से यात्रा की अनुमति नहीं दी है। मंदिर के आसपास हरियाणा पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्सेज की कड़ी सुरक्षा के बीच जलाभिषेक करने की अनुमति रहेगी।

**************************

 

चंद्रमा पर फतेह के बाद अब सूर्य व शुक्र ग्रह पर जाने की तैयारी, इसरो प्रमुख ने दिए संकेत

नई दिल्ली 27 Aug. (एजेंसी): चंद्रयान-3 के चांद पर सफल लैंडिंग के बाद पूरे देश को इसरो (ISRO) पर गर्व है। इसी बीच इसरो अध्यक्ष एस सोमनाथ ने कहा है कि भारत स्पेस सेक्टर में और भी कई बुलंदियां छू सकता है, जिसके लिए उन्हें निवेश की और सहयोग की जरूरत है। दरअसल, मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए एस सोमनाथ (S Somnath) ने कहा, “भारत के पास चंद्रमा, मंगल और शुक्र की यात्रा करने की क्षमता है, लेकिन हमें अपना आत्मविश्वास बढ़ाने की जरूरत है। हमें और अधिक निवेश की आवश्यकता है और अंतरिक्ष क्षेत्र का विकास होना चाहिए। इससे पूरे देश का विकास होना चाहिए, यही हमारा मिशन है। हम उस विजन को पूरा करने के लिए तैयार हैं, जो पीएम मोदी ने हमें दिया था।”

इसरो की ओर से चंद्रयान-3 के सफल मिशन के बाद सूर्य मिशन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के प्रमुख एस सोमनाथ ने कहा कि देश का पहला सौर मिशन आदित्य-एल1 (Aditya-L1) तैयार है और इसे सितंबर के पहले सप्ताह में लॉन्च किया जाएगा।

उन्होंने कहा, “आदित्य- एल1 उपग्रह तैयार है। यह श्रीहरिकोटा पहुंच गया है और पीएसएलवी से जुड़ गया है। इसरो का अगला लक्ष्य इसका प्रक्षेपण (Launch) करना है। प्रक्षेपण सितंबर के पहले सप्ताह में होगा। तारीख की घोषणा दो दिनों के भीतर की जाएगी। आदित्य- एल1 उपग्रह (Aditya L1 satellite) प्रक्षेपण के बाद अण्डाकार कक्षा में जाएगा और वहां से वह एल1 बिंदु तक यात्रा करेगा, जिसमें लगभग 120 दिन लगेंगे।”

************************

 

महंगाई को लेकर विपक्ष के हमलों का जवाब देने के लिए तैयार बीजेपी

नई दिल्ली 27 Aug. (एजेंसी): महंगाई खासकर खाद्य पदार्थों की कीमतों में आया उछाल इस देश में हमेशा से चुनावी मुद्दा रहा है। जनता पार्टी की सरकार के दौरान प्याज की बेतहाशा बढ़ती कीमत के खिलाफ इंदिरा गांधी ने जनमत तैयार करने के लिए प्याज की माला पहनकर घूमना शुरू कर दिया था। 1980 के लोक सभा चुनाव में इंदिरा गांधी ने इसे बड़ा मुद्दा बनाया और चुनाव जीत कर प्रधानमंत्री बनी।

1998 में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार द्वारा पोखरण में परमाणु परीक्षण करने से बने माहौल के बावजूद प्याज की बढ़ती कीमतों के कारण भाजपा को दिल्ली विधान सभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा और भाजपा इसके बाद आज तक दिल्ली विधान सभा का चुनाव जीत नहीं पाई है।

यही वजह है कि भाजपा ने महंगाई के मसले पर विपक्षी दलों की रणनीति का काट तैयार करना शुरू कर दिया है। भाजपा के एक नेता ने बताया कि विपक्षी दल महंगाई को लेकर जो दुष्प्रचार करने का प्रयास कर रहा है, उसका जवाब आने वाले दिनों में भाजपा के नेता हर मंच से देंगे और विपक्षी दल खासकर कांग्रेस की पोल खोलेंगे।

आपको याद दिला दें कि केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी कई बार संसद के अंदर और बाहर पेट्रोल-डीजल की ज्यादा कीमत का ठीकरा कांग्रेस पर फोड़ते हुए यह कह चुके हैं कि कांग्रेस की सरकार द्वारा जारी किए गए तेल बांड का भुगतान करने के कारण पेट्रोलियम कंपनियां काफी दबाव में है। वे यहां तक कह चुके हैं कि भाजपा शासित राज्यों ने पेट्रोल-डीजल पर वैट और अन्य तरह के टैक्स कम कर जनता को राहत दी है लेकिन कांग्रेस और अन्य विपक्षी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने अपने-अपने राज्यों में जनता को कोई राहत नहीं दी है।

*****************************

 

नीतीश बिहार में अप्रासंगिक, लालू का जंगलराज नहीं भूले लोग : विजय सिन्हा

पटना 27 Aug. (एजेंसी): भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिन्हा के विधानमंडल का नेता प्रतिपक्ष बने एक साल पूरे हो गए। इस दौरान उनका दावा है कि भाजपा ने विपक्ष की भूमिका में बेहतर काम किया है और कई कार्यों के लिए सरकार पर दबाव बनाकर उसे झुकने को मजबूर किया।नीतीश कुमार बिहार की राजनीति के लिए अप्रासंगिक हो गए हैं और लालू प्रसाद के ‘जंगलराज’ को आज भी लोग नहीं भूले हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि आज जो महागठबंधन की सरकार चल रही है उसे जनादेश नहीं मिला था। नीतीश कुमार प्रधानमंत्री बनने की चाहत में एनडीए छोड़कर गए हैं।

सिन्हा कहते हैं कि राजद के सत्ता में आते ही अपराधिक घटनाएं बढ़ गई हैं। रोजगार देने के महागठबंधन के वादे के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि हकीकत है कि जो भी नियुक्ति पत्र अब तक इस सरकार में बांटे गए हैं, वे एनडीए की सरकार के थे। यहां तक कि सरकार ने उन लोगों को नियुक्ति पत्र दिए जो पहले से ड्यूटी कर रहे थे। बीपीएससी द्वारा 1.70 लाख शिक्षक पदों के लिए शिक्षक नियुक्ति परीक्षा के विषय में उन्होंने कहा कि परिणाम तो जारी होने दीजिए। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद को जहां अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना है वहीं नीतीश को प्रधानमंत्री बनना है, जनता इनकी प्राथमिकता में है ही नहीं।

इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (आईएनडीआईए यानि इंडिया) के विषय में उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिहार में इस गठबंधन के बनने के बाद जीतन राम मांझी की पार्टी बाहर हो गई है। बिहार में आज जो महागठबंधन है वही आईएनडीआईए का स्वरूप है। इसी स्वरूप में बिहार में उपचुनाव हुए, जिसमें भाजपा अकेले उतरी और अधिकांश परिणाम भाजपा के पक्ष में आए।

******************************

 

टेंडर धोखाधड़ी मामला : सीबीआई ने आईआईटीएम अधिकारियों, निजी फर्म के खिलाफ एफआईआर दर्ज की

नई दिल्ली 27 Aug. (एजेंसी): केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने कहा है कि मुंबई स्थित एक निजी फर्म, जिसने डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड के मूल उपकरण निर्माता (ओईएम) होने का दावा किया था, वास्तव में एलईडी पैनल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स चीन से आयात करती थी। सीबीआई ने कहा कि फर्म के अधिकारियों ने अहमदाबाद (एसएएफएआर-अहमदाबाद) के लिए वायु गुणवत्ता और मौसम पूर्वानुमान और अनुसंधान को अत्यधिक कीमतों पर बेचा।

एजेंसी ने आईआईटीएम, पुणे के अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, जिसमें ‘वैज्ञानिकजी’ कहे जाने वाले गुफरान बेग और अन्य अधिकारी भी शामिल हैं। उन पर उपरोक्त फर्म को टेंडर देकर और बाद में पूर्ण भुगतान को मंजूरी देकर उसका पक्ष लेने की साजिश रचने का आरोप है। सीबीआई ने कहा कि अहमदाबाद (एसएएफएआर-अहमदाबाद) के लिए वायु गुणवत्ता और मौसम पूर्वानुमान और अनुसंधान प्रणाली के लिए डिजिटल डिस्प्ले सिस्टम (डीडीएस) के लिए निविदा जारी की गई थी।

सीबीआई ने कहा कि विश्‍वसनीय जानकारी मिली थी कि 2015-16 के दौरान गुफरान बेग, ‘वैज्ञानिकजी’ और अन्य अधिकारियों सहित आईआईटीएम के अधिकारियों ने वीडियो वॉल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मुंबई के निदेशक अनिल गिरकर के साथ साजिश रची थी। सीबीआई ने कहा, उन्होंने डिजिटल डिस्प्ले सिस्टम के लिए वीडियो वॉल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को टेंडर दिया। लिमिटेड के आरोपों में कहा गया है कि उन्होंने निविदा के नियमों और शर्तों के साथ-साथ आवश्यक वस्तु विनिर्देशों को कमजोर कर दिया।

सीबीआई ने कहा कि अनिल गिरकर ने आउटडोर डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड के लिए बेईमानी से चीन से पचास लाख रुपये से अधिक की घटिया चीजें आयात कीं। इसके बाद उन्होंने आईआईटीएम को अत्यधिक ऊंची दरों पर इनकी आपूर्ति की, जिसकी कुल कीमत लगभग दो करोड़ रुपये थी। सीबीआई ने कहा कि आईआईटीएम अधिकारियों ने कथित तौर पर वीडियो वॉल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को भुगतान जारी किया। लिमिटेड ने उचित निरीक्षण के बिना, भले ही आइटम निर्दिष्ट निविदा आवश्यकताओं को पूरा नहीं करते थे।

इसमें कहा गया कि इस कार्रवाई से आईआईटीएम और भारत सरकार को गलत तरीके से नुकसान हुआ, जबकि आपूर्तिकर्ता और आरोपी अधिकारियों को फायदा हुआ। सीबीआई ने कहा कि चीन से एलईडी पैनल और इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स आयात करने के बावजूद गिरकर ने झूठा दावा किया कि उनकी कंपनी डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड की ओईएम है। निर्दिष्ट आपूर्ति आदेश आवश्यकताओं को पूरा करने में विफल रहने पर उन्होंने इन वस्तुओं को इकट्ठा किया और आईआईटीएम को आपूर्ति की। इसके अलावा, उसने कथित तौर पर लागू सीमा शुल्क का भुगतान करने से बचने के लिए सीमा शुल्क अधिकारियों को धोखाधड़ी वाली घोषणाएं कीं।

********************************

 

दामाद को माता-पिता को छोड़ने, घर जमाई बनकर रहने के लिए कहना क्रूरता जैसा : दिल्ली हाईकोर्ट

नई दिल्ली 27 Aug. (एजेंसी): दिल्ली उच्च न्यायालय ने एक व्यक्ति को तलाक का आदेश देते हुए फैसला सुनाया है कि किसी व्यक्ति पर अपने माता-पिता को छोड़ने और अपने ससुराल वालों के साथ “घर जमाई” के रूप में रहने के लिए दबाव डालना क्रूरता के समान है।यह फैसला उस व्यक्ति की तलाक की याचिका शुरू में एक पारिवारिक अदालत द्वारा खारिज किए जाने के बाद आया।

उच्च न्यायालय के न्यायाधीश सुरेश कुमार कैत और नीना बंसल कृष्णा की पीठ ने पारिवारिक अदालत के आदेश को रद्द कर दिया और पत्‍नी द्वारा क्रूरता और परित्याग के आधार पर जोड़े के तलाक पर मुहर लगा दी। अपनी याचिका में व्यक्ति ने कहा था कि उसकी शादी मई 2001 में हुई थी। एक साल के भीतर उसकी पत्‍नी गर्भवती होने पर गुजरात में अपना ससुराल छोड़कर दिल्ली में अपने माता-पिता के घर लौट आई।

उस व्यक्ति ने कहा कि उसने सुलह के लिए गंभीर प्रयास किए, लेकिन उसकी पत्‍नी और उसके माता-पिता ने जोर देकर कहा कि वह गुजरात से दिल्ली आ जाए और उनके साथ “घर जमाई” के रूप में रहे। मगर उसने ऐसा करने से इनकार कर दिया, क्योंकि उसे अपने बूढ़े माता-पिता की देखभाल करनी थी।

दूसरी ओर, महिला ने दहेज के लिए उत्पीड़न का दावा किया और आरोप लगाया कि वह व्यक्ति शराबी था, जो उसके साथ शारीरिक दुर्व्यवहार और क्रूरता करता था। इसलिए मार्च 2002 में उसने पति का घर छोड़ दिया। हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले का हवाला दिया, जिसमें कहा गया था कि किसी के बेटे को अपने परिवार से अलग होने के लिए कहना क्रूरता के समान है।

फैसले में कहा गया था कि भारत में किसी बेटे के लिए शादी के बाद अपने परिवार से अलग होना वांछनीय नहीं है, और उम्र बढ़ने पर अपने माता-पिता की देखभाल करना उसका नैतिक और कानूनी दायित्व है। उच्च न्यायालय ने माना कि पत्‍नी के परिवार का पति पर अपने माता-पिता को छोड़ने और “घर जमाई” बनने का आग्रह करना क्रूरता के समान है।

उच्च न्यायालय ने यह भी कहा कि दोनों पक्ष कुछ महीनों तक एक साथ रहे थे, जिस दौरान उन्‍हें वैवाहिक संबंध को बनाए रखने में असमर्थता का पता चला। निष्कर्ष यह निकला कि दाम्पत्य संबंधों से वंचित करना अत्यधिक क्रूरता का कार्य है।

अदालत ने इस बात पर प्रकाश डाला कि उस व्यक्ति को उसकी पत्‍नी द्वारा दायर एक आपराधिक मामले में बरी कर दिया गया था, जिसमें उसने उस पर क्रूरता और विश्‍वास तोड़ने का आरोप लगाया था। महिला के आरोप प्रमाणित नहीं हुए और अदालत ने कहा कि झूठी शिकायतें क्रूरता का कृत्य बनती हैं।

विवाहेतर संबंधों के आरोपों के संबंध में अदालत ने कहा कि लंबे समय तक अलगाव के कारण पुरुष और महिला दोनों को अपनी शादी के बाहर दूसरेे साथी की तलाश करनी पड़ी। अदालत ने अंततः निष्कर्ष निकाला कि सबूतों से पता चलता है कि महिला बिना किसी उचित कारण के अपने पति से अलग रहने लगी थी, जिसके कारण तलाक हुआ।

*************************

 

परिजनों ने गड़बड़ी का संदेह जताया, बिहार पुलिस ने दफनाने के हफ्ते बाद महिला का शव निकाला

पटना 27 Aug. (एजेंसी): बिहार के बगहा में पुलिस ने एक महिला के शव को कब्र से बाहर निकाला है, जिसे एक सप्ताह पहले दफनाया गया था। महिला के भाई ने अपने जीजा को उसकी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया और आरोप लगाया कि वह उससे शारीरिक संबंध बनाना चाहता था। बगहा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सूत्रों के मुताबिक, महिला अपने ससुराल से लगातार अपने भाई से फोन पर बात करती थी, लेकिन पिछले एक हफ्ते से उसकी तरफ से कोई बातचीत नहीं हो रही थी। संदेह होने पर उसने उसके बारे में पूछताछ की और उसके पड़ोसियों से पता चला कि उसकी एक सप्ताह पहले मौत हो गई थी और उसके शव को दफना दिया गया था। इसके बाद मृतका के भाई ने एसडीएम के पास एक आवेदन दायर किया, जिन्होंने मामले को देखने के लिए सर्कल अधिकारी विनोद कुमार मिश्रा को नियुक्त किया। मिश्रा की निगरानी में पुलिस ने शनिवार को कब्रगाह खोदकर उसका शव बाहर निकाला।

“हमने शव को कब्र से बाहर निकालने के बाद उसके ससुराल वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पश्चिम चंपारण जिले के रामनगर क्षेत्र के डीएसपी नंद जी प्रसाद ने कहा, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगा। मृतका के भाई ने आरोप लगाया, “मेरी बहन की शादी 2012 में हुई थी। उसका पति दूसरे राज्य में प्रवासी मजदूर के रूप में काम करता था। दूसरा जीजा उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा था, जिससे वह इनकार कर रही थी। इसीलिए उसने गुस्‍से में मेरी बहन की हत्या कर दी और हमें बताए बिना उसे दफना दिया।”

******************************

 

कांग्रेस का 11 वचनों के साथ खुशहाली का संकल्प : कमलनाथ

भोपाल 27 Aug. (एजेंसी): कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज कहा कि कांग्रेस अपने 11 वचनों के साथ मध्यप्रदेश के हर घर में ख़ुशहाली लाने के संकल्प को लेकर जनता के बीच है। कमलनाथ ने एक्स किया, कांग्रेस अपने 11 वचनों के साथ मध्यप्रदेश के हर घर में ख़ुशहाली लाने के संकल्प के साथ जनता के बीच है।

मध्यप्रदेश की जनता को सुनिश्चित करना है कि वोटों की बोली लगाने वाली सौदागर सरकार के नापाक मंसूबे कामयाब न हों, अब सच्चाई की राजनीति को ही समर्थन और आशीर्वाद मिले।

उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी सरकार इस समय जनता को राहत देने के लिये नहीं बल्कि अपनी डूबती नैय्या बचाने के लिये रोज मुखौटे बदल रही है। इसके साथ ही कमलनाथ ने कांग्रेस के 11 वचन भी दोहराए, जिसमें महिलाओं को डेढ़ हजार रुपए प्रतिमाह और 500 रुपए में गैस सिलेंडर शामिल है।

*****************************

 

असम में भाजपा सांसद के आवास से मिला 10 साल के लड़के का शव, पुलिस कर रही मामले की जांच

नई दिल्ली 27 Aug. (एजेंसी) : असम के भाजपा सांसद राजदीप रॉय के सिलचर स्थित आवास से एक 10 साल के लड़के का शव बरामद किया गया है। बताया गया कि नाबालिग का शव पंखे से लटकता हुआ पाया गया। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सिलचर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। संयोग से मृतक नाबालिक का भी नाम राजदीप रॉय है।

पुलिस ने बताया कि लड़के की मां सांसद के आवास पर काम करती थीं। ऐसे में लड़का अपनी बड़ी बहन के साथ यहीं रहता था। वह कक्षा 5वीं का छात्र था। परिवार के एक शख्स ने बताया, वे लोग कछार जिले के पालोंग घाट इलाके के रहने वाले थे। लड़के की मां राजदीप रॉय के आवास पर काम करती थीं। अच्छी शिक्षा के लिए 2 साल पहले वह दोनों बच्चों को भी सिलचर ले आई थीं।

भाजपा सांसद को जब जानकारी मिली तो वह अपने आवास पर पहुंचे। उन्हें पता चला था कि उनके आवास का दरवाजा अंदर से बंद है। जब पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो लड़का बेहोशी की हालत में पाया गया। उसे पास के अस्पताल में ले जाया गया। डॉक्टरों ने पूरी कोशिश की लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। पुलिस का कहना है कि प्रथम संदर्भ से मामला खुदकुशी का लगता है। लोगों ने यह भी बताया कि वह अपनी मां से बेहद नाराज था। उसे मोबाइल फोन नहीं दिलाया गया था। वह वीडियो गेम खेलने के लिए कई दिनों सो मोबाइल फोन की मांग कर रहा था।

लड़के की मां बेटी के साथ बाजार से सामान लेने जा रही थी। लड़के ने उनसे फोन मांगा था लेकिन उन्होंने मना कर दिया। जब वह 40 मिनट बाद लौटीं तो देखा कि दरवाजा अंदर से बंद था। सांसद का कहना है कि हो सकता है कि यह खुदकुशी न हो इसलिए पुलिस से हर ऐंगल से जांच करने को कहा गया है।

*********************************

 

पश्चिम बंगाल में अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, छह लोगों की मौत- कई घर भी क्षतिग्रस्त

दत्तपुकुर 27 Aug. (एजेंसी): पश्चिम बंगाल के दत्तपुकुर में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक पटाखा फैक्ट्री में जबरदस्त विस्फोट हुआ है। इस धमाके में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल भी बताए जा रहे है। सूत्रों के अनुसार जिस पटाखा फैक्ट्री में धमाका हुआ है, वह अवैध है।

इस धमाके से कई घरों को भी नुकसान हुआ है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस पार्टी और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिए है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पास्टमार्टम के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवा दिया है। फिलहाल धमाके के कारणों का पता नहीं चल पाया है। इस धमाके में मरने वालों की संख्या में इजाफा हो सकता है।

बता दें कि इससे पहले मेदिनीपुर जिले के एगरा में मई के महीने में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया था। इस घटना में 9 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हुए थे। एगरा इलाका ओडिशा सीमा राज्य की सीमा के नजदीक है।

*****************************

पीएम मोदी ने चंद्रयान मिशन-3 में महिला वैज्ञानिकों के योगदान को सराहा, बोले- जी-20 के लिए भारत तैयार

नई दिल्ली 27 Aug. (एजेंसी)- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान चंद्रयान मिशन की सफलता को लेकर देशवासियों को बधाई दी और इस मिशन में महिला वैज्ञानिकों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा, मन की बात के अगस्त के इस एपिसोड में आपका स्वागत है। मुझे याद नहीं कि ऐसा कभी हुआ हो कि सावन के महीने में दो-दो बार मन की बात कार्यक्रम हुआ हो। लेकिन इस बार ऐसा हो रहा है। चंद्रयान को चंद्रमा पर पहुंचे तीन दिन का समय हो रहा है। यह सफलता इतनी बड़ी है कि इसकी जितनी चर्चा की जाए कम है। आसमान में घने बादल को चीरकर, रोशना का संकल्प ले, अभी तो सूरज उगा है। दृढ़ निश्चय को साथ ले, घोर अंधेरे को मिटाने अभी तो सूरज उगा है।

पीएम मोदी ने कहा, चंद्रयान उस भारत का प्रतीक बन गया है जो कि हर हाल में जीतना चाहता है और जीतना जानता है। इस मिशन का एक पक्ष ऐसा भी रहा जिसकी विशेष तौर पर चर्चा करना चाहता हूं। इस बार मैंने लालकिले से कहा कि हमें राष्ट्रीय चरित्र को सशक्त करना है। जहां महिला शक्ति का सामर्थ्य जुड़ जाता है वहां असंभव को भी संभव बनाया जा सकता है। इस पूरे मिशन में अनेक महिला वैज्ञानिक और इंजीनियर जुड़ी रहीं। इन्होंने प्रोजेक्ट डायरेक्टर, प्रोजेक्टक मैनेजर की जिम्मेदारी संभाली है। भारत की बेटियां अब अंतरक्षि को भी चुनौती दे रही हैं। किसी देश की बेटियां जब इतनी आकांक्षी हो जाएं तो उस देश को विकसित बनने से भला कौन रोक सकता है।

पीएम मोदी ने कहा, आज हमारी इतनी ऊंची उड़ान इसलिए है क्योंकि हमारे प्रयास बड़े हैं। इस मिशन में दुनिया के कई देशों का सहयोग मिला। मेरे परिवारजनों सितंबर का महीना भारत के सामर्थ्य का साक्षी बनने जा रहा है। अगले महीने होने जा रही जी20 बैठक के लिए भारत तैयार है। जी20 इतिहास में यह सबसे बड़ी साझेदारी होगी। 40 देशों के राष्ट्राध्यक्ष दिल्ली आ रहे हैं।

मन की बात में हम अकसर युवा पीढ़ी के सामर्थ्य की चर्चा करते हैं। खेलकूद के क्षेत्र में युवा नाम रोशन कर रहे हैं। कुछ दिन पहले चीन में वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम हुए थे। इस बार भारत की अबतक की सबसे अच्छी पर्फॉर्मेंस रही है। हमारे खिलाड़ियों ने 26 मेडल जीते जिनमें से 11 स्वर्ण पदक थे। पीएम मोदी ने खिलाड़ियों से बात करते हुए कहा, कबड्डी, खोखो, ये सारे गेम हमारी धरती से जुड़े हैं। इन्हें जरूर खेलना चाहिए। पहले बच्चा खेलने जाते थे तो लोग रोकते थे। लेकिन अब परिवारों का भाव बदला है अब जहां भी हमारे बच्चे जा रहे हैं, वे कुछ ना कुछ अच्छा करके आते हैं।

*****************************

 

ड्रीम गर्ल 2 के आगे निकला गदर 2 का दम, ओएमजी 2 की हालत भी बेहद बुरी

27.08.2023 (एजेंसी)  – सनी देओल और अमीषा पटेल की पीरियड एक्शन ड्रामा गदर 2′ और अक्षय कुमार, पंकज त्रिपाठी और यामी गौतम की भारतीय स्कूलों में सेक्स एजुकेशन पर बेस्ड कॉमेडी-ड्रामा फिल्म ओएमजी 2′ ने तीसरे हफ्ते में एंट्री कर ली है. इन दोनों फिल्मों को दर्शकों ने भरपूर प्यार दिया है.

जहां गदर 2′ ने बॉक्स ऑफिस पर गर्दा उड़ाते हुए 400 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है तो वहीं ओएमजी 2′ ने भी 100 करोड़ से ज्यादा कमाई कर ली है. हालांकि तीसरे हफ्ते में इन दोनों फिल्मों के कलेक्शन की रफ्तार धीमी हो गई है. चलिए यहां जानते हैं रिलीज के 15वें दिन ओएमजी 2′ और गदर 2′ ने कितने करोड़ का कारोबार किया है.गदर 2′ ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त परफॉर्म किया है. सनी देओल की इस फिल्म का क्रेज दर्शकों के सिर चढ़कर बोला.

साल 2001 में आई फिल्म गदर एक प्रेम कथा की सीक्वल गदर 2′ ने रिलीज होते ही सिनेमाघरों में गदर मचा दिया. फिल्म को देखने के लिए जमकर ऑडियंस पहुंची और इसने खूब नोट भी छापे. हालांकि तीसरे हफ्ते में गदर 2′ की रफ्तार धीमी पड़ गई है और इसके कलेक्शन में कमी आ रही है. वहीं अब फिल्म की रिलीज के 15वें दिन यानी तीसरे फ्राइडे की कमाई के शुरुआती आंकड़े आ गए हैं.रिपोर्ट के मुताबिक गदर 2′ ने रिलीज के 15वें दिन यानी तीसरे शुक्रवार को 6.70 करोड़ का कारोबार किया है.

इसी के साथ गदर 2′ की 15 दिनों की कुल कमाई अब 425.80 करोड़ रुपये हो गई है.ओएमजी 2′ में अक्षय कुमार शिवदूत बने नजर आए हैं. ये फिल्म भारत में स्कूल में सेक्स एजुकेशन पर बेस्ड है. फिल्म को रिलीज से पहले काफी विवाद का सामना करना पड़ा. इसे ए सर्टिफिकेट मिला था साथ ही फिल्म को सनी देओल की गदर 2 से क्लैश भी करना पड़ा. बावजूद इसके ओएमजी 2′ ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कलेक्शन किया. फिल्म 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर चुकी है.

हालांकि तीसरे हफ्ते में ओएमजी 2′ की बॉक्स ऑफिस पर हालत पतली हो गई है. वहीं अब इस फिल्म की रिलीज के 15वें दिन की कमाई के शुरुआती आंकड़े भी आ गए हैं.रिपोर्ट के मुताबिक ओएमजी 2′ ने रिलीज के 15वें दिन महज 1.80 करोड़ का कलेक्शन किया है. इसी के साथ ओएमजी 2′ की 15 दिनों की कुल कमाई अब 128.22 करोड़ रुपये हो गई है.बता दें कि सिनेमाघरों में बीते दिन आयुष्मान खुराना की कॉमेडी ड्रामा फिल्म ड्रीम गर्ल 2 रिलीज हुई है. ये फिल्म भी सिक्वल है और इसका पहला पार्ट भी सुपर-डुपर हिट रहा था.

वहीं ड्रीम गर्ल 2 को पहले दिन दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है जिसके चलते ओएमजी 2′ और गदर 2′ की कमाई पर भी असर पड़ा है. अब देखने वाली बात होगी की वीकेंड पर ये ड्रीम गर्ल 2′ के आगे ओएमजी 2′ और गदर 2′ कितना कलेक्शन कर पाती हैं.

**************************

 

कांतारा 2 की शूटिंग नवंबर में होगी शुरू, 2024 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म

27.08.2023 (एजेंसी)  – कन्नड़ फिल्म स्टार ऋषभ शेट्टी के डायरेक्शन में ही बनी उनकी ब्लॉकबस्टर मूवी कांतारा के प्रीक्वल को लेकर एक दिलचस्प जानकारी हाथ लगी है। खबर है कि साउथ सिनेमा के जाने-माने स्टार और डायरेक्टर ऋषभ शेट्टी ने अपनी अपकमिंग मूवी कांतारा 2 के बजट में भारी बढ़ोतरी कर दी है। जिसके बाद फिल्म इंडस्ट्री में खासी हलचल बढ़ गई। वर्ल्डवाइड करीब 400 करोड़ रुपये कमा लेने के बाद कांतारा के प्रीक्वल का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है।

इस मूवी का ऐलान कांतारा के ब्लॉकबस्टर होते ही कर दिया गया था। जिसके साथ ही मूवी प्री-प्रोडक्शन में चली गई थी। मूवी के हिट होते ही निर्देशक ऋषभ शेट्टी ने प्रीक्वल की स्क्रिप्ट तैयार करनी शुरू कर दी थी। अब इस फिल्म जल्दी ही शूटिंग स्टेज पर पहुंचने वाली है।प्राप्त समाचारों के अनुसार ऋषभ शेट्टी के निर्देशन में बनी फिल्म कांतारा के प्रीक्वल की शूटिंग इसी साल नवंबर महीने से शुरू हो जाने वाली है। कांतारा-2 में निर्माता-निर्देशक इस फिल्म के पहले की कहानी दिखाने वाले हैं।

जिसे लेकर अभी से ही लोग उत्सुक हैं। सबसे बड़ी हैरानी इसी बात को लेकर है। रिपोर्ट्स की मानें तो कांतारा 2 को पहले से भी ज्यादा भव्य और विशाल बनाने के लिए निर्माता-निर्देशकों ने इस मूवी के प्रीक्वल पर मोटा खर्च करने की तैयारी की है। लेटेस्ट रिपोर्ट्स के मुताबिक कांतारा 2 के लिए निर्माताओं ने पूरा 125 करोड़ रुपये बजट रखा है। जो कांतारा की मेकिंग कॉस्ट से कहीं ज्यादा है।इससे पहले निर्देशक ऋषभ शेट्टी की मूवी कांतारा को मेकर्स ने कुल 20 करोड़ रुपये के ही बजट में बनाया था। मात्र 20 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड स्तर पर करीब 400 करोड़ रुपये कमा डाले थे।

अकेले हिंदी बेल्ट में ही बिना किसी बज के ये मूवी 80 करोड़ से ज्यादा की रकम कमा ले गई थी। यही वजह है कि मूवी के दूसरे पार्ट के लिए हिंदी दर्शक भी उत्सुक हैं। लोगों के इस प्यार को देखते हुए निर्माता-निर्देशक फिल्म की मेकिंग में कोई कोर-कसर नहीं छोडऩा चाहते। कांतारा की सफलता को लेकर निर्माता निर्देशक अभिनेता ऋषभ शेट्?टी पूरी तरह से आश्वस्त नजर आ रहे हैं।

उन्हें उम्मीद है कि कांतारा-2 बॉक्स ऑफिस पर 600 करोड़ का कारोबार करने में सफल हो सकती है। शायद इसी को ध्यान में रखते हुए इसका बजट इतना बढ़ा दिया गया है।

*********************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version