आंध्र प्रदेश सरकार का बड़ा फैसला, स्कूलों में मोबाइल फोन हुआ बैन, शिक्षक भी नहीं कर सकेंगे इस्तेमाल

अमरावती ,28 अगस्त (एजेंसी)। आज के समय में स्मार्ट गैजेट और मोबाइल फोन का इस्तेमाल काफी तेजी से होने लगा है। इसका बच्चों के दिमाग पर काफी गहरा असर पड़ रहा है। इसको ध्यान में रखते हुए आंध्र प्रदेश सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। दरअसल, अब राज्य भर के स्कूलों में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया गया है।

शिक्षक के लिए भी फोन पर लगा प्रतिबंध

स्कूल शिक्षा विभाग ने आदेश जारी करते हुए विद्यार्थियों को स्कूलों में मोबाइल फोन लाने और इस्तेमाल करने से रोक लगा दिया है। इतना ही नहीं, विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, अब शिक्षकों को भी अपनी कक्षाओं में जाने से पहले अपना फोन हेडमास्टर के पास जमा करना होगा।

यूनेस्को ने दी चेतावनी

दरअसल, विभाग की ओर से यह प्रतिबंध इसलिए लगाया गया है, ताकि शिक्षण में किसी तरह की लापरवाही न हो। अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) की वैश्विक शिक्षा निगरानी रिपोर्ट के अनुसार की गई है।

बच्चों की भलाई और सुरक्षा के कारण लिया फैसला

यूनेस्को ने स्कूलों में स्मार्टफोन पर प्रतिबंध लगाने का समर्थन किया। इसमें कहा गया है कि विश्व स्तर पर चार में से एक देश ने डेटा गोपनीयता, सुरक्षा और बच्चों की भलाई के लिए कानून या नीति के तौर पर इस तरह का प्रतिबंध लगाया है। शैक्षिक क्षेत्र में डिजिटल उत्पादों का काफी तेजी से इस्तेमाल हो रहा है, जिसको ध्यान में रखते हुए यूनेस्को की ओर से चेतावनी दी गई है।

सख्ती से पालन करने का आदेश

स्कूल शिक्षा विभाग ने पहले ही शिक्षकों को कक्षा में मोबाइल फोन का इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने की बात कही थी, लेकिन इस आदेश का सख्ती से पालन नहीं किया जा रहा था। शिक्षकों द्वारा कक्षा के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग करने से, छात्रों को स्वयं ही पाठ पढऩे और समझने के लिए मजबूर होना पड़ता है।

************************************

 

CBI कोर्ट ने चारा घोटाले में 90 को ठहराया दोषी, 35 बरी

रांची 28 Aug. (एजेंसी): अभियुक्तों की संख्या के लिहाज से संयुक्त बिहार के चारा घोटाले के सबसे बड़े मुकदमे में सीबीआई की रांची स्थित स्पेशल कोर्ट ने सोमवार को फैसला सुना दिया है। 125 अभियुक्तों में से 35 को बरी और 90 को दोषी करार दिया गया। उन्हें अलग-अलग सजाएं सुनाई गई हैं।

52 को तीन-तीन साल की सजा सुनाई गई है। जिन अभियुक्तों को तीन साल की सजा सुनाई गई है, उनमें रांची के भाजपा के पूर्व विधायक गुलशन लाल अजमानी भी शामिल हैं। चारा घोटाले के पांच बड़े मामलों में से यह इकलौता मामला है, जिसमें बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव अभियुक्त नहीं थे।

यह मामला रांची के डोरंडा स्थित कोषागार से 36.59 करोड़ की अवैध निकासी का है। 1990-91 और 1994-95 की अवधि में फर्जी अलॉटमेंट लेटर के आधार पर सरकारी खजाने से अवैध निकासी हुई थी। इस मामले में वर्ष 1996 में केस संख्या आरसी 48 ए/96 के तहत सुनवाई चल रही थी। जिन चर्चित अभियुक्तों को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई गई है, उनमें डॉ. केएम प्रसाद, गौरीशंकर प्रसाद, सुनील कुमार सिन्हा, अजय कुमार सिंह , जगदीश प्रसाद, नंद किशोर सिंह, राजीव कुमार , नरेश प्रसाद, रविंद्र प्रसाद, रविंद्र कुमार मेहरा, अजय वर्मा, डॉ. हीरालाल, डॉ. बिनोद कुमार, रामा शकर सिंह, अरुण कुमार वर्मा, शरद कुमार, अशोक कुमार यादव, राम नंदन सिंह, अजय कुमार सिंह, राजेंद्र कुमार सिंह सुरेश दुबे, मदन कुमार पाठक सहित अन्य शामिल हैं।

दोषी करार दिए जानेे वालों में सबसे उम्रदराज तत्कालीन जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. गौरी शंकर प्रसाद भी हैं, जिनकी उम्र 90 वर्ष हो रही है। जिन अभियुक्तों को बरी किया गया है, उनमें एनुल हक, राजेंद्र पांडेय, राम सेवक साहू, दीनानाथ सहाय, साकेत, हरीश खन्ना, कैलाश मनी कश्यप, बलदेव साहू, सिद्धार्थ कुमार, निर्मला प्रसाद, अनिता कुमारी, एकराम, मो हुसैन, सनाउल हक, सैरु निशा, चंचला सिन्हा, ज्योति कक्कड़, सरस्वती देवी, रामावतार सिन्हा, रीमा बड़ाईक और मधु पाठक शामिल हैं।

लगभग 26 साल पुराने इस केस के 124 आरोपितों में से 62 का निधन ट्रायल के दौरान हो चुका है। आरोपितों में पशुपालन विभाग के कई बड़े अफसर, आठ कोषागार पदाधिकारी, 29 पशु चिकित्सक, रांची के पूर्व विधायक गुलशन लाल अजमानी, एक वक्त में लालू प्रसाद के करीबी माने जाने वाले बिहार प्रदेश 20 सूत्रीय कमेटी के तत्कालीन उपाध्यक्ष दयानंद प्रसाद कश्यप शामिल थे। आरोपियों में 9 महिलाएं भी थीं।

बता दें कि सीबीआई के विशेष न्यायाधीश विशाल श्रीवास्तव की अदालत ने 24 जुलाई को सभी पक्षों की बहस पूरी होने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था। सीबीआई के विशेष लोक अभियोजक रविशंकर ने सुनवाई के दौरान 617 गवाहों को प्रस्तुत किया।

*******************************

 

उड़ती फ्लाइट में 2 साल की बच्ची के लिए देवदूत बने पांच डाक्टर, ओपन हार्ट सर्जरी करके बचाई जान

नई दिल्ली 28 Aug. (एजेंसी)-विस्तारा एयरलाइन की फ्लाइट यूके-814 में डाक्टरों ने एक 2 साल की बच्ची की जान बचाकर कमाल कर दिया। ये पांच डाक्टर इस फ्लाइट में सफर कर रहे थे। AIIMS) के ये पांचों पांच वरिष्ठ रेजिडेंट डॉक्टर इंडियन सोसाइटी फॉर वैस्कुलर एंड इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी की बैठक में भाग लेकर दिल्ली लौट रहे थे।

रविवार शाम बेंगलुरु से विस्तारा की यूके-814 फ्लाइट दिल्ली के लिए उड़ी। उड़ती फ्लाइट में इमरजेंसी कॉल की घोषणा की गई। 2 साल की बच्ची जो कि सियानोटिक बीमारी से पीड़ित थी, वह बेहोश थी। बच्ची की हालत बिगड़ गई, इस दौरान उसकी पल्स गायब थी और हाथ-पैर भी ठंडे पड़ गए थे। तभी फ्लाइट में मौजूद एम्स के डॉक्टर मदद के लिए आगे आए। मौजूद डॉक्टर्स ने बच्ची का सीपीआर शुरू किया और उनके पास जो भी संसाधन मौजूद थे, उसके साथ काम किया गया।

इस दौरान फ्लाइट में ही IV कैनुला दिया गया और डॉक्टर्स ने इमरजेंसी प्रोसेस को स्टार्ट किया। मुश्किल तब बढ़ी जब इस इलाज के दौरान ही बच्ची को कार्डिएक अरेस्ट हुआ और बाद में AED का इस्तेमाल हुआ. इस दौरान करीब 45 मिनट तक डॉक्टरों ने बच्ची का ट्रीटमेंट किया। इस दौरान उनके पास जो भी संसाधन थे उनके यूज से बच्ची की जान बचा ली गई।

जिन पांच डाक्टरों ने बच्ची की जान बचाई वे पांच डॉक्टर डॉ नवदीप कौर- एसआर एनेस्थीसिया, डॉ. दमनदीप सिंह- एसआर कार्डियक रेडियोलॉजी, डॉ. ऋषभ जैन- पूर्व एसआर एम्स रेडियोलॉजी, डॉ. ओइशिका- एसआर ओबीजी, डॉ. अविचला टैक्सक- एसआर कार्डियक रेडियोलॉजी हैं।

*************************

 

बम रखे जाने की कॉल के बाद इंडिगो विमान में मचा हड़कंप, रनवे पर वापस लौटा विमान

कोच्चि 28 Aug. (एजेंसी): कोच्चि अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार को विमान में बम रखे होने की कॉल मिलने के बाद बेंगलुरु जा रहे इंडिगो के एक विमान को रनवे से वापस बुला लिया गया। जब कॉल आई तो विमान रनवे पर टैक्सी कर रहा था।

यात्रियों और सामान को उतारने के बाद गहन तलाशी के बाद बम की कॉल अफवाह निकली। इसके बाद दोपहर 1 बजे से विमान को अपने गंतव्य की ओर जाने की अनुमति दे दी गई। इस बीच, स्थानीय पुलिस ने घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

***************************

 

मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट लागू न होने से सरकार से डॉक्टर नाराज, आंदोलन की चेतावनी

रांची 28 Aug. (एजेंसी): मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट और क्लीनिकल इस्टैब्लिशमेंट एक्ट लागू न किए जाने पर झारखंड के डॉक्टर नाराज हैं। राज्य भर के डॉक्टरों ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और झारखंड हेल्थ सर्विसेज एसोसिएशन के बैनर तले रांची में बैठक करने के बाद सरकार से कहा कि इन दोनों प्रस्तावित कानूनों को जिस तरह लटकाया जा रहा है, वह समझ से परे है।

सरकार इन्हें लागू करने की दिशा में पहल नहीं करती है तो विवश होकर चिकित्सा व्यवस्था ठप करने जैसा आंदोलन करना पड़ सकता है। रांची स्थित आईएमए बिल्डिंग में बैठक के बाद आईएमए की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने कहा कि इन दोनों एक्ट को पांच महीने पहले विधानसभा की प्रवर समिति के पास भेजे जाने के बाद कोई सुगबुगाहट नहीं है।

राज्य में डॉक्टर्स के लिए काम करने का सुरक्षित माहौल नहीं है। सुरक्षा संबंधी कारणों से राज्य में डॉक्टर ज्वाइन नहीं करना चाहते। आईएमए के स्टेट सेक्रेटरी डॉ. प्रदीप कुमार ने कहा कि क्लीनिकल इस्टैब्लिशमेंट एक्ट का जो ड्राफ्ट है, उसमें भी हमने संशोधन की मांग की है। एकल डॉक्टरों के क्लीनिक, दंपति डॉक्टरों के क्लीनिक और 50 बेड से कम के अस्पतालों को सीईए के दायरे से बाहर रखा जाना चाहिए।

ऐसा नहीं होता है एकल डॉक्टर क्लीनिक, दंपति डॉक्टरों के क्लीनिक और 50 बेड से नीचे के अस्पताल अपने प्रतिष्ठान बंद करने के लिए मजबूर होंगे।

*******************************

 

भारतीय खेलों के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया नीरज चोपड़ा का नाम

नयी दिल्ली, 28 अगस्त (एजेंसी)। अपना वजन कम करने के लिये खेलना शुरू करने वाले नीरज चोपड़ा का हरियाणा के एक गांव से भारत के महानतम खिलाडिय़ों में नाम दर्ज कराने तक का सफर इतना गौरवमयी रहा है कि हर कदम पर एक नयी विजयगाथा वह लिखते चले जा रहे हैं ।
दो साल पहले तोक्यो में उन्होंने ओलंपिक ट्रैक और फील्ड स्पर्धा में भारत की झोली में पहला पीला तमगा डाला । उस समय उनकी उम्र सिर्फ 23 साल थी और महान निशानेबाज अभिनव बिंद्रा के बाद ओलंपिक की व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण जीतने वाले वह दूसरे भारतीय बने ।
खेलों के महासमर में एथलेटिक्स में लंबे समय से पदक का सपना संजोये बैठे भारत को रातोंरात मानों एक चमकता हुआ सितारा मिल गया । पूरा देश उसकी कामयाबी की चकाचौंध में डूब गया और यह सिलसिला बदस्तूर जारी है ।

बिंद्रा ने बीजिंग ओलंपिक 2008 में दस मीटर एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था । इससे पहले भारतीय हॉकी टीम ने भारत की झोली में आठ स्वर्ण डाले थे ।

अब रविवार को बुडापेस्ट में विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण जीतकर चोपड़ा ने भारतीयों को गौरवान्वित होने का एक और मौका दिया है । चंद्रयान 3 की कामयाबी , फिडे शतरंज विश्व कप में उपविजेता रहे आर प्रज्ञानानंदा की सफलता के बाद चोपड़ा के विश्व चैम्पियन बनने के साथ भारत के लिये बीता सप्ताह ऐतिहासिक रहा ।

एक ही समय में ओलंपिक और विश्व खिताब जीतने वाले चोपड़ा अब बिंद्रा के बाद दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए । बिंद्रा ने 23 वर्ष की उम्र में विश्व चैम्पियनशिप और 25 की उम्र में ओलंपिक स्वर्ण जीता था ।

फिटनेस का स्तर बनाये रखने पर चोपड़ा अभी कई नये आयाम छू सकते हैं । वह कम से कम दो ओलंपिक और दो विश्व चैम्पियनशिप और खेल सकते हैं ।

विश्व जूनियर चैम्पियनशिप 2016 जीतकर पहली बार विश्व स्तर पर चमके चोपड़ा ने तोक्यो में स्वर्ण जीतकर भारतीय खेलों के इतिहास में नाम दर्ज करा लिया था । पूरे देश ने जिस तरह उन पर स्नेह बरसाया, वह अभूतपूर्व था । ऐसा तो अब तक क्रिकेटरों के लिये ही देखने को मिला था ।

तोक्यो के बाद उन्हें अनगिनत सम्मान समारोहों में भाग लेना पड़ा जिससे उनका वजन बढ गया और वह इतने आयोजनों के कारण अभ्यास नहीं कर सके । लेकिन फिर उन्होंने इसे नहीं दोहराने का प्रण लिया ।

तोक्यो ओलंपिक के बाद चोपड़ा आनलाइन सबसे ज्यादा सर्च किये जाने वाली भारतीय हस्ती बने । विराट कोहली और रोहित शर्मा से भी ऊपर । प्रायोजकों की मानों उनके दरवाजे पर कतार लग गई । ट्विटर और इंस्टाग्राम पर उनके फालोअर बढते चले गए ।

पिछले साल दिसंबर में वह फर्राटा धावक उसेन बोल्ट को पछाड़कर दुनिया के ऐसे एथलीट बन गए जिनके बारे में सबसे ज्यादा लिखा गया है । उनके नाम से 812 लेख छपे हैं ।

तोक्यो ओलंपिक के बाद से प्रदर्शन में निरंतरता उनकी सफलता की कुंजी रही है । पिछले दो साल में हर टूर्नामेंट में उन्होंने 86 मीटर से ऊपर का थ्रो फेंका है । पिछले साल जून में स्टॉकहोम डायमंड लीग में उन्होंने 89 . 94 मीटर का थ्रो फेंककर दूसरा स्थान हासिल किया था ।

चोपड़ा भले ही बिंद्रा की तरह वाकपटु नहीं हो लेकिन अपनी विनम्रता से हर किसी का मन मोह लेते हैं । भारत में और विदेश में भी सेल्फी या आटोग्राफ मांगने वालों को निराश नहीं करते । वह दिल से बोलते हैं और अपने हिन्दी भाषी होने में उन्हें कोई हिचक नहीं होती ।

बचपन में बेहद शरारती चोपड़ा संयुक्त परिवार में पले और लाड़ प्यार में वजन बढ गया । परिवार के जोर देने पर वजन कम करने के लिये उन्होंने खेलना शुरू किया । उनके चाचा उन्हें पानीपत के शिवाजी स्टेडियम ले जाते । उन्हें दौडऩे में मजा नहीं आता लेकिन भाला फेंक से उन्हें प्यार हो गया ।

उन्होंने इसमें हाथ आजमाने की सोची और बाकी इतिहास है जिसे शायद स्कूल की किताबों में बच्चे भविष्य में पढेंगे ।

************************

 

उत्कृष्टता का उदाहरण हैं नीरज चोपड़ा, प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई

नयी दिल्ली, 28 अगस्त (एजेंसी)। विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने नीरज चोपड़ा को ‘उत्कृष्टता का उदाहरण’ बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वह एथलेटिक्स ही नहीं बल्कि समूचे खेल जगत में अद्वितीय उत्कृष्टता के परिचायक हैं ।

मौजूदा ओलंपिक चैम्पियन चोपड़ा ने बुडापेस्ट में चल रही विश्व चैम्पियनशिप में कल देर रात पुरूषों की भालाफेंक स्पर्धा में 88 . 17 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता । वह ओलंपिक और विश्व चैम्पियनशिप स्वर्ण एक समय पर जीतने वाले निशानेबाज अभिनव बिंद्रा के बाद दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए ।

मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्हें बधाई देते हुए लिखा , प्रतिभाशाली नीरज चोपड़ा उत्कृष्टता का उदाहरण हैं । उनकी प्रतिबद्धता , जुनून और जज्बा उन्हें सिर्फ एथलेटिक्स में ही नहीं बल्कि समूचे खेल जगत में अद्वितीय उत्कृष्टता का परिचायक बनाता है ।
उन्होंने कहा, विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने पर उन्हें बधाई ।

*****************************

 

दिल्ली में नौकरानी ने की आत्महत्या, नियोक्ता पर केस दर्ज

नई दिल्ली 28 Aug. (एजेंसी): दिल्ली में एक 20 वर्षीय नौकरानी ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सोमवार को सूचित किया कि मामले में उसके नियोक्ता के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। मामला गाजीपुर थाने में दर्ज किया गया है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, 26 अगस्त को सुबह करीब 6.20 बजे थाने को एक पीसीआर कॉल मिली, जिसमें कॉलर ने कहा कि उनकी घरेलू सहायिका ने आत्महत्या कर ली है।

अधिकारी ने कहा, “कॉल मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उत्तर प्रदेश के हरदोई की रहने वाली पीड़िता नेहा को एक कमरे में दुपट्टे के सहारे छत के पंखे से लटका हुआ पाया।”

“क्राइम टीम को बुलाया गया और तस्वीरें ली गईं। जांच करने पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला और पीड़िता को एलबीएस अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।”

अधिकारी ने बताया कि पीड़िता के परिवार के सदस्य देर शाम पहुंचे और उनके बयान दर्ज किए गए। मृतक की मां ने नियोक्ता पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए एक लिखित शिकायत दी है। अधिकारी ने कहा, “पोस्टमॉर्टम सोमवार को किया जाएगा।”

****************************

 

कोटा में पांच घंटे के भीतर दो छात्रों ने की खुदकुशी, इस साल अब तक 22 छात्र दे चुके है जान

जयपुर 28 Aug. (एजेंसी): कोटा में परीक्षा में कम अंक आने पर एक ही दिन में पांच घंटे के भीतर दो छात्रों ने आत्महत्या कर ली। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कोटा में इस साल अब तक 22 छात्र अपनी जान दे चुके हैं। एएसपी भगवत सिंह हिंगड़ ने बताया कि दोपहर करीब तीन बजे रविवार को लातूर (महाराष्ट्र) निवासी आविष्कार संभाजी कासले (16) ने कोटा के एक कोचिंग इंस्टीट्यूट की छठी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। कासले तीन साल से शहर के तलवंडी इलाके में रह रहा था और वह राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (एनईईटी) की तैयारी कर रहा था।

वह परीक्षा देने के लिए दिन में कोचिंग सेंटर आया था। दूसरी घटना में, बिहार के 18 वर्षीय आदर्श को रविवार शाम को शाम करीब 7 बजे अपने कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया गया। आदर्श चार महीने से अपने भाई-बहन के साथ कोटा के कुन्हाड़ी इलाके में रह रहा था और नीट की तैयारी भी कर रहा था।

एएसपी ने बताया कि रविवार को परीक्षा देने के बाद आदर्श आया और सीधे अपने कमरे में चला गया। शाम करीब 7 बजे जब उसकी बहन उसे खाने के लिए बुलाने आई, तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। इस पर बहन ने अपने दूसरे भाई को बताया और वे कुछ देर तक दरवाजा खटखटाते रहे। जब उन्होंने दरवाजा तोड़ा, तो आदर्श को फंदे पर लटका हुआ मिला। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बचाया नहीं जा सका।

पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में पता चला है कि आदर्श को कोचिंग इंस्टीट्यूट के टेस्ट में लगातार कम नंबर मिल रहे थे। एएसपी ने कहा कि कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और उसके कमरे की जांच की जाएगी। 12 अगस्त को कोटा कलेक्टर ओपी बुनकर ने गाइडलाइन जारी कर कोचिंग संचालकों और सेंटरों को निर्देश दिए थे कि रविवार को टेस्ट नहीं कराए जाएं। इसके बावजूद, रविवार को कराए गए टेस्‍ट के बाद दो दुखद घटनाएं हुईं।

बुनकर ने रविवार रात नया आदेश जारी किया। इसके तहत किसी भी कोचिंग संस्थान को दो महीने तक छात्रों के लिए परीक्षण आयोजित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस महीने में शिक्षा नगरी में इसके पहले ही चार आत्महत्याएं हो चुकी हैं।

*********************************

 

प्रधानमंत्री मोदी आज 51,000 युवाओं को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र, देश भर में 45 जगहों पर लगेगा रोजगार मेला

नई दिल्ली 28 Aug. (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रोजगार मेले के तहत 51000 से ज्यादा युवाओं को जॉइनिंग लेटर सौंपेंगे। रोजगार मेला देश में 45 जगहों पर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान PM युवाओं को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित भी करेंगे।

पीएमओ के मुताबिक आज देश भर में 45 स्थानों पर रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। इस रोजगार मेले में केंद्रीय गृह मंत्रालय केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), सीमा सुरक्षा बल (BSF), सशस्त्र सीमा बल (SSB), असम राइफल्स, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), भारत तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के साथ-साथ दिल्ली पुलिस में कर्मियों की भर्ती की गई है।

देशभर से चुने गए नए कर्मी केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत विभिन्न संगठनों में कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी), सब-इंस्पेक्टर (जनरल ड्यूटी) और नॉन-जनरल ड्यूटी कैडर पदों जैसे विभिन्न पदों पर शामिल होंगे। पीएमओ ने कहा कि सीएपीएफ के साथ-साथ दिल्ली पुलिस को मजबूत करने से इन बलों को आंतरिक सुरक्षा, आतंकवाद का मुकाबला करने, उग्रवाद, वामपंथी उग्रवाद का मुकाबला करने और राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा करने में सहायता करने जैसी अपनी बहुआयामी भूमिका को अधिक प्रभावी ढंग से निभाने में मदद मिलेगी।

पीएमओ ने कहा कि रोजगार सृजन को मुख्‍य प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता पूरी करने की दिशा में यह रोजगार मेला महत्‍वपूर्ण कदम है। उसने कहा कि रोजगार मेला रोजगार सृजन में उत्प्रेरक के रूप में कार्य करेगा और युवाओं को उनके सशक्तिकरण और राष्ट्रीय विकास में भागीदारी के लिए सार्थक अवसर प्रदान करेगा। नवनियुक्त कर्मियों को कर्मयोगी प्रारंभ मॉड्यूल के माध्यम से खुद को प्रशिक्षित करने का अवसर भी मिलेगा।

********************************

 

महिला सुरक्षाकर्मी से सुपरवाइजर समेत तीन लोगों ने किया गैंगरेप, अस्पताल में भर्ती; हालत गंभीर

गाजियाबाद 28 Aug. (एजेंसी): गाजियाबाद की एक सोसाइटी में एक महिला सुरक्षाकर्मी के साथ उसके सुपरवाइजर और दो अन्य लोगों ने गैंगरेप किया है। महिला की हालत बिगड़ने पर उसे उसे एम्स में भर्ती करा दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक झारखंड निवासी 19 वर्षीय महिला थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक के अंतर्गत बनी हुई सृष्टि हाउसिंग सोसायटी में गार्ड की नौकरी कर रही थी। वह यहां पर अपनी मौसी के घर पर रहती है।

आरोप है कि सोसाइटी के सिक्योरिटी सुपरवाइजर ने उसके साथ मारपीट की, फिर दो साथियों संग गैंगरेप किया। इससे आहत पीड़िता ने जहरीला पदार्थ पी लिया। उसे एम्स दिल्ली में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बताई गई है। डॉक्टरों ने पीड़िता के शरीर में प्‍वॉइजन की पुष्टि की है।

मामले में थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी सिक्योरिटी सुपरवाइजर अजय को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी दो लोगों की तलाश जारी है।पुलिस को इसकी जानकारी रविवार दोपहर को युवती के मौसेरे भाई ने दी है। पुलिस के पहुंचने से पहले ही सहकर्मियों के द्वारा उसको ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी स्थित वृंदावन हॉस्पिटल में भर्ती कराया जा चुका था।

इस मामले में पीड़िता के मौसेरे भाई ने सिक्योरिटी सुपरवाइजर अजय सहित दो अज्ञात युवकों पर गैंगरेप करने, मारपीट करने, कपड़े फाड़ने की एफआईआर दर्ज कराई है।

डीसीपी विवेक चंद्र यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस हॉस्पिटल पहुंची। यहां डॉक्टरों ने बताया कि युवती ने कुछ जहरीला पदार्थ खाया है। इससे उसकी हालत बिगड़ गई है। इसी बीच मजिस्ट्रेट भी बयान दर्ज करने के लिए हॉस्पिटल पहुंच गए। पीड़िता बहुत ज्यादा बोलने की स्थिति में नहीं थी। लेकिन कागज पर लिखकर बयान दिया है। इसमें उसने घटना में सिर्फ अजय के शामिल होने की बात लिखी है।

इस आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सिक्योरिटी सुपरवाइजर अजय को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है।

डीसीपी ने बताया, यह घटना सोसाइटी के बेसमेंट में हुई, जहां सिक्योरिटी सुपरवाइजर का कमरा है। इस पूरे मामले में जांच की जा रही है। वहां पर मौजूद अन्य सुरक्षाकर्मियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पीड़िता अभी बोलने की स्थिति में नहीं है।

सोसाइटी में ही तैनात एक सुरक्षाकर्मी ने बताया, ”पीड़िता दोपहर में हमारे पास आकर बैठ गई। उसकी हालत ठीक नहीं लग रही थी। हमने पूछा- तबीयत तो ठीक है? अगर ठीक नहीं हाे तो दवा दिलवा दें। लेकिन वो गुमसुम बैठी रही। जब हमने जोर देकर पूछा, तब उसने हमें पूरा वाकया बताया।”

******************************

 

एबीवीपी ने डूसू चुनावों के लिए उम्मीदवारों की सूची की तैयार

नई दिल्ली 28 Aug. (एजेंसी): दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा विश्वविद्यालय छात्र संघ (डीयूएसयू) चुनावों की घोषणा के बाद एबीवीपी ने अपने उम्मीदवारों की सूची तैयार कर ली है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), जो आरएसएस की छात्र राजनीतिक शाखा है, ने रविवार को डूसू चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।

इस सूची में तुषार डेढ़ा, वैभव चौधरी, सुशांत धनखड़, आशीष सिंह, अंकिता विश्वास, मुस्कान बेदी, अपराजिता, राहुल डेढ़ा, अमन कपासिया, हिमांशु नागर, सचिन बैसला, भानु प्रताप सिंह, सारांश भाटी, बालकिशन चौधरी, ऋषभ चौधरी, ऋषिराज सिंह और आकाश यादव को शामिल किया गया है।

एबीवीपी का कहना है कि इन नामों में से ही डूसू सेंट्रल पैनल के आखिरी चार नाम तय होंगे। इन छात्र नेताओं को अलग-अलग ग्रुप में बांटकर डीयू से संबद्ध सभी कॉलेजों में एक साथ एबीवीपी का प्री-कैंपेन शुरू होगा।

उम्मीदवारों के नाम की घोषणा के साथ ही एबीवीपी सोमवार से 52 कॉलेजों और विभागों में अपना अभियान शुरू कर देगी।

अपने चुनाव अभियान को प्रभावी बनाने के लिए, एबीवीपी ने दिल्ली भर में फैले डीयू कॉलेजों को सात क्षेत्रों में विभाजित किया है, जहां वह एक साथ व्यापक स्तर पर विश्वविद्यालय के छात्रों के साथ संवाद करेगी और डूसू चुनावों के लिए अपना एजेंडा पेश करेगी।

एबीवीपी के छात्र नेता हर्ष अत्री ने कहा कि एबीवीपी आगामी डूसू चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। छात्रों से जुड़े मुद्दों की समझ रखने वाले उम्मीदवारों के जरिए एबीवीपी का छात्र केंद्रित एजेंडा छात्रों के सामने रखा जाएगा।

विश्वविद्यालय के छात्रों से बातचीत के आधार पर एबीवीपी जल्द ही अपना घोषणापत्र जारी करेगी।

दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि चुनाव के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 12 सितंबर और चुनाव की तारीख 22 सितंबर है.

पिछला डूसू चुनाव 2019 में हुआ था।

***************************

 

आपदा का टिकट है राहुल गांधी को पीएम पद का उम्मीदवार बनाना : भाजपा

नई दिल्ली 28 Aug. (एजेंसी): भाजपा ने प्रधानमंत्री पद के लिए राहुल गांधी की दावेदारी पर एक बार फिर से तंज करते हुए यह कहा है कि राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करना आपदा का टिकट होगा।

भाजपा ने अपने आधिकारिक एक्स (पहले ट्विटर ) अकाउंट पर सोमवार सुबह राहुल गांधी की तस्वीर वाले पोस्टर को शेयर करते हुए उन्हें नए तरीके से पेश करने पर तंज करते हुए यह कहा कि ब्रांड भले ही नया हो, लेकिन है यह पुराना ही।

इसके साथ ही भाजपा ने राहुल गांधी की प्रधानमंत्री पद की दावेदारी पर कटाक्ष करते हुए और विपक्षी गठबंधन को हॉट एयर आई.एन. डी.आई.ए. करार देते हुए यह भी लिखा कि, कांग्रेस द्वारा राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करना आपदा का टिकट होगा।

इससे पहले भाजपा ने रविवार को भी सोनिया गांधी और राहुल गांधी की तस्वीर वाले पोस्टर को शेयर करते हुए कटाक्ष किया था कि, ” कुछ प्रक्षेपण इसरो से भी परे भी हैं। ” उल्‍लेखनीय है कि, रियल वर्ल्ड के साथ-साथ सोशल मीडिया की दुनिया में भी भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक लड़ाई लगातार जारी है और दोनों ही दल एक दूसरे दल के नेताओं पर तीखा निशाना साधते रहते हैं।

***************************

 

कांग्रेस में उम्मीदवार चयन की कवायद तेज

भोपाल 28 Aug. (एजेंसी): मध्य प्रदेश में राजनीतिक दल विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे हुए हैं। भाजपा उम्मीदवारों की एक सूची जारी कर चुकी है और अब कांग्रेस ने भी उम्मीदवारों के नाम पर मुुुहरर लगाने की कवायद तेज कर दी है। संभावना इस बात की जताई जा रही है कि कांग्रेस की पहली सूची सितंबर के पहले पखवाड़े में आ सकती है।

राज्य में विधानसभा चुनाव नवंबर-दिसंबर में होने की संभावना है। एक तरफ जहां चुनाव आयोग प्रशासनिक तैयारी में जुटा हुआ है, तो वहीं राजनीतिक दल सियासी माहौल बनाने में लगे हैं। दोनों प्रमुख राजनीतिक दल जमीनी स्तर से संभावित उम्मीदवारों को लेकर सर्वे कर रहे हैं और इस आधार पर सूची जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।

भाजपा ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है, इसमें 39 नाम है। संभवत मध्य प्रदेश की सियासत में यह पहली बार हुआ होगा जब चुनाव की तारीख के ऐलान से पहले ही भारतीय जनता पार्टी ने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी हो। पार्टी दूसरी सूची जारी करने की भी तैयारी में है।

एक तरफ जहां भाजपा उम्मीदवारों की एक सूची जारी कर चुकी है, तो दूसरी ओर कांग्रेस भी उम्मीदवारों के नाम पर मंथन करने में जुटी हुई है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ भी यह बात कह चुके हैं कि कांग्रेस उम्मीदवारों को लेकर सर्वे कर रही है और इसी आधार पर उम्मीदवारी तय की जाएगी।

कांग्रेस द्वारा उम्मीदवार चयन के लिए बनाई गई स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष भवन जितेंद्र सिंह भी उम्मीदवारों के नामों पर मंथन करने के लिए राज्य के पांच दिन के दौरे पर आ रहे हैं। स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष सिंह के राज्य में 5 दिन रहने का कार्यक्रम है। वह एक सितंबर से पांच सितंबर तक भोपाल में रहेंगे। इस दौरान वे कई बैठकर भी करने वाले हैं । उनकी विधायकों, पूर्व विधायकों, सांसदों, पूर्व सांसदों, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक प्रस्तावित है।

इन बैठकों के जरिए उम्मीदवारों के नाम पर आम सहमति बनाए जाने की भी कोशिश होगी और कहा जा रहा है कि स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष भंवर जितेंद्र सिंह के दिल्ली लौटने बाद पार्टी उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है।

**************************

 

भारत का पहला सूर्य मिशन सितंबर के पहले सप्ताह में होगा लाॅन्च, साथ ले जाएगा 7 वैज्ञानिक पेलोड

चेन्नई 28 Aug. (एजेंसी): भारत का पहला सौर अन्वेषण मिशन आदित्य-एल1 उपग्रह सूर्य की सतह का व्यवस्थित अध्ययन करने के लिए देश में विभिन्न प्रयोगशालाओं द्वारा स्वदेशी रूप से विकसित सात वैज्ञानिक पेलोड ले जाएगा। जो सितंबर के पहले सप्ताह में लाॅन्च किया जाएगा।

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने बताया कि आदित्य एल-1 के साथ 7 पेलोड (नीतभार) भी अंतरिक्ष में भेजे जाएंगे। ये पेलोड सूरज की प्रकाशमंडल, वर्णमंडल और सबसे बाहरी परत का अध्ययन करेंगे। सात में से चार पेलोड लगातार सूर्य पर नजर रखेंगे,जबकि तीन पेलोड परिस्थितियों के हिसाब से कणों और मैग्नेटिक फील्ड का अध्ययन करेंगे।

इसरो ने कहा कि आदित्य-एल1 मिशन के साथ सूर्य का व्यवस्थित अध्ययन करने के लिए सात वैज्ञानिक पेलोड ले जाएगा। इसके अलावा विजिबल एमिशन लाइन कोरोनाग्राफ (वीईएलसी) सौर कोरोना और कोरोनल मास इजेक्शन की गतिशीलता का अध्ययन करता है। अंतरिक्ष यान वैद्युत-चुम्बकीय और कण और चुंबकीय क्षेत्र संसूचकों का उपयोग करके फोटोस्फीयर, क्रोमोस्फीयर और सूर्य की सबसे बाहरी परतों (कोरोना) का निरीक्षण करने के लिए सात नीतभार ले जाएगा।

विशेष सहूलियत बिंदु एल1 का उपयोग करते हुए, चार नीतभार सीधे सूर्य को देखते हैं और शेष तीन नीतभार लाग्रेंज बिंदु एल1 पर कणों और क्षेत्रों का यथावस्थित अध्ययन करते हैं, इस प्रकार अंतर-ग्रहीय माध्यम में सौर गतिकी के प्रसार प्रभाव का महत्वपूर्ण वैज्ञानिक अध्ययन प्रदान करते हैं। सौर अल्ट्रा-वायलेट इमेजिंग टेलीस्कोप (एसयूआईटी) पेलोड अल्ट्रा-वायलेट (यूवी) के निकट सौर प्रकाशमंडल और क्रोमोस्फीयर की तस्वीरें लेता है और यूवी के निकट सौर विकिरण भिन्नता को भी मापता है।

आदित्य सोलर विंड पार्टिकल एक्सपेरिमेंट (एएसपीईएक्स) और प्लाज्मा एनालाइजर पैकेज फॉर आदित्य (पीएपीए) पेलोड सौर पवन और ऊर्जावान आयनों के साथ-साथ उनके ऊर्जा वितरण का अध्ययन करते हैं। सोलर लो एनर्जी एक्स-रे स्पेक्ट्रोमीटर और हाई एनर्जी एल1 ऑर्बिटिंग एक्स-रे स्पेक्ट्रोमीटर विस्तृत एक्स-रे ऊर्जा रेंज में सूर्य से आने वाली एक्स-रे फ्लेयर्स का अध्ययन करते हैं। मैग्नेटोमीटर पेलोड एल1 बिंदु पर अंतरग्रहीय चुंबकीय क्षेत्र को मापने में सक्षम है। आदित्य-एल1 के विज्ञान पेलोड देश में विभिन्न प्रयोगशालाओं द्वारा स्वदेशी रूप से विकसित किए गए हैं।

वीईएलसी उपकरण भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान, बैंगलोर में, इंटर यूनिवर्सिटी सेंटर फॉर एस्ट्रोनॉमी एंड एस्ट्रोफिजिक्स, पुणे में,एसयूआईटी उपकरण, भौतिक अनुसंधान प्रयोगशाला, अहमदाबाद में,एएसपीईएक्स उपकरण, अंतरिक्ष भौतिकी प्रयोगशाला, विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र, तिरुवनंतपुरम में, पापा पेलोड, सोलेक्स और हेल1ओएस पेलोड यू आर राव सैटेलाइट सेंटर, बेंगलुरु में और मैग्नेटोमीटर पेलोड इलेक्ट्रो ऑप्टिक्स सिस्टम प्रयोगशाला, बैंगलोर में विकसित किया गया है। सभी पेलोड इसरो के विभिन्न केंद्रों के निकट सहयोग से विकसित किए गए हैं।

*******************************

 

जेयू में रैगिंग रोकने के लिए पूर्व सैनिकों की तैनाती, 26 सीसीटीवी कैमरे लगेंगे

कोलकाता ,27 अगस्त (एजेंसी)। जादवपुर विश्वविद्यालय के छात्रावास में रैगिंग के कारण हुई मौतों के मद्देनजर, विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने परिसर में 26 सीसीटीवी कैमरे लगाने और इसकी पुनरावृत्ति को रोकने के लिए आउटसोर्स सुरक्षा गार्डों की जगह पूर्व सैनिकों को तैनात करने का फैसला किया है।

जेयू के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, परिसर के सभी प्रवेश द्वारों और छात्रों के छात्रावास के प्रवेश बिंदु सहित परिसर के विभिन्न कोनों पर 26 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित जेयू में 10 अगस्त को एक नये छात्र का शव मिला था।

सभी सीसीटीवी कैमरे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से लैस होंगे और नेटवर्क से जुड़े होंगे जो किसी दुर्घटना की रिपोर्ट करने से पहले सभी संभावित त्रुटियों को ध्यान में रखता है और झूठे अलार्म की दर को कम करता है। ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग सुविधा वाले 26 सीसीटीवी कैमरे लगाने की अनुमानित लागत लगभग 38 लाख रुपये होगी।

विश्वविद्यालय मौजूदा आउटसोर्स गार्डों की जगह पूर्व सैनिकों की तैनाती करेगा, जिसके लिए निदेशालय पुनर्वास क्षेत्र (पूर्व) को पहले ही मांग भेजी जा चुकी है।

जेयू के अंदरूनी सूत्रों ने कहा कि कुल 30 पूर्व सैनिकों को इस उद्देश्य के लिए प्रतिनियुक्त किया जाएगा और उनका काम मुख्य रूप से विश्वविद्यालय परिसर के भीतर निर्धारित कार्य घंटों की समाप्ति के बाद परिसर के भीतर गहन गश्त करना होगा। इस मद में वार्षिक अनुमानित लागत लगभग तीन करोड़ रुपये होगी।

जेयू के अंदरूनी सूत्रों ने स्वीकार किया कि सुरक्षा उद्देश्यों के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने या पूर्व सैनिकों की तैनाती को लेकर विश्वविद्यालय के छात्रों के एक वर्ग के बीच अभी भी आपत्ति है।

वे यह समझने में असफल हो रहे हैं कि यदि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा उल्लिखित रैगिंग विरोधी दिशानिर्देशों को अभी भी लागू नहीं किया गया है, तो भविष्य में विश्वविद्यालय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, जो अंतत: छात्रों के करियर में बाधा डाल सकता है।

*********************************

 

हिंदी सिनेमा में सलमान खान को हुए 35 साल पूरे, शेयर की वीडियो

28.08.2023 (एजेंसी) –  सुपरस्टार सलमान खान ने हिंदी सिनेमा में 35 साल पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर सलमान खान फिल्म्स ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया।इंस्टाग्राम पर प्रोडक्शन हाउस ने कैप्शन के साथ एक छोटी क्लिप शेयर की, सिनेमा के साथ सलमान खान के रोमांस के 35 साल, एक्शन से भरी जर्नी और एक विरासत जो जारी रहेगी।

इंडस्ट्री में उनके 35 साल पूरे होने का जश्न मनाने के लिए, सलमान खान फिल्म्स ने एक वीडियो असेंबल पोस्ट किया, जिसमें शुरूआत से लेकर वर्तमान तक की उनकी पूरी जर्नी को दिखाया गया।इसमें उनकी कुछ सबसे आइकोनिक फिल्मों जैसे प्यार किया तो डरना क्या, वांटेड, दबंग, सुल्तान, बॉडीगार्ड और टाइगर के क्लिप शामिल हैं, जिसमें उनके कुछ सबसे पॉपुलर डायलॉग और क्लिप शामिल हैं।

दबंग स्टार ने 1988 में फिल्म बीवी हो तो ऐसी में सपोर्टिंग रोल के जरिए भारतीय मनोरंजन उद्योग की दुनिया में अपनी जर्नी शुरू की।लेकिन, एक्टर को फिल्म मैंने प्यार किया से लोकप्रियता मिली। इसके बाद उन्होंने करण अर्जुन, हम आपके हैं कौन, हम साथ-साथ हैं, बीवी नंबर 1 और हम दिल दे चुके सनम जैसी कई अन्य फिल्मों के साथ आगे बढ़े।उन्होंने बॉडीगार्ड, दबंग, टाइगर, वांटेड और किक समेत कई अन्य फिल्में कर लोगों के दिलों में जगह बनाई।

सुपरस्टार एक सफल निर्माता भी बन गए हैं और उन्होंने साल 2011 में सलमान खान फिल्म्स की शुरुआत की, जिसके बाद उन्होंने चिल्लर पार्टी जैसी फिल्में बनाईं। मेगा-ब्लॉकबस्टर बजरंगी भाईजान, जिसने न केवल बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया, बल्कि उन्हें कई पुरस्कार और प्रशंसाएं भी मिलीं।सलमान की हाल ही में फिल्म किसी का भाई किसी की जान बड़े पर्दे पर रिलीज हुई। उनकी एक्शन-स्पाई-थ्रिलर फिल्म टाइगर 3 सिनेमाघरों में धमाल मचाने के लिए तैयार हैं, जो इस दिवाली पर रिलीज होने वाली है।

****************************

 

डांस फ्लोर पर थिरकने को तैयार हो जाइए, यारियां 2 का पहला गाना सौरे घर रिलीज

28.08.2023 (एजेंसी) – फिल्म यारियां 2 का पहला गाना सौरे घर रिलीज हो गया है. इस गाने पर दिव्या खोसला कुमार, पर्ल वी पुरी, मीजान जाफरी का इस साल का परफेक्ट वेडिंग एंथम है. फिल्म यारियां का सीक्वल आखिरकार 20 अक्टूबर, 2023 को रिलीज होने के लिए तैयार है. यारियां 2 में दिव्या खोसला कुमार, मिजान जाफरी और पर्ल वी पुरी लीड रोल में हैं. फिल्म का टीजऱ पहले ही रिलीज़ हो चुका है और इसे फैंस से पॉजिटिव कमेंट्स मिल रहे हैं.

लीड एक्टर दिव्या, मिज़ान और पर्ल के बीच दिखाई गई क्रेजी कजिन केमिस्ट्री को बेहद पसंद किया जा रहा है. यह फिल्म दोस्ती, प्यार और भाईचारे को देखने का एक नया नजरिया दिखाएगी. फिल्म का पहला गाना आखिरकार आज रिलीज हो गया जो इस साल का वेडिंग थीम बनेगी.यारियां 2 का पहला गाना सौरे घर रिलीजदिव्या खोसला कुमार, मीजान जाफरी और पर्ल वी पुरी एक्टेड सीक्वल यारियां 2 का पहला गाना, सौरे घर आखिरकार रिलीज हो गया है. यह हाई-एनर्जी सॉन्ग इस साल का शादी गान है.

फिल्म का यह फुट-टैपिंग ट्रैक दिव्या, मिज़ान और पर्ल के बीच साझा किए गए मजबूत और अटूट बंधन को खूबसूरती से दिखाता है. तीनों न केवल खून से चचेरे भाई-बहन हैं बल्कि पसंद से सबसे अच्छे दोस्त भी हैं, जो उनके बंधन को और भी मजबूत बनाता है.विशाल मिश्रा और नीति मोहन ने गाया है ये गानाइस गाने को विशाल मिश्रा और नीति मोहन ने गाया है जबकि म्यूजिक और सॉन्ग मनन भारद्वाज का है. सौरे घर एक ऐसा गाना है जो वास्तव में दोस्ती को परिभाषित करता है, खासकर चचेरे भाई-बहनों के साथ.

दिव्या खोसला कुमार, मिजान जाफरी और पर्ल वी पुरी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्टर साझा करके गाने की रिलीज की घोषणा की। पोस्टर शेयर करते हुए दिव्या ने लिखा, आइए परियों की कहानियों की हमारी दुनिया में शामिल हों.

*******************************

 

इंग्लिश विंग्लिश की बाल अभिनेत्री नविका कोटिया क्योंकि…सास मां, बहू बेटी होती है में आएंगी नजर

28.08.2023 (एजेंसी) –  2012 की फिल्म इंग्लिश विंग्लिश में श्रीदेवी की बेटी की भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री नविका कोटिया आगामी टेलीविजन शो क्योंकि… सास मां, बहू बेटी होती है में केसर की भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं।उनके किरदार को निर्माताओं ने महत्वाकांक्षी बताया है लेकिन वह जानती हैं कि अपने परिवार के सपनों के साथ-साथ अपने सपनों को कैसे संतुलित करना है। उसका कभी हार न मानने वाला रवैया है।

शो के बारे में बात करते हुए नाविका ने कहा, मैं इतने प्रगतिशील शो क्योंकि…सास मां, बहू बेटी होती है में केसर के रूप में अपनी पहली मुख्य भूमिका पाकर रोमांचित हूं। मेरा किरदार केसर एक ऐसा व्यक्ति है जो जानता है कि उसे कैसे संतुलित करना है। जब बात परिवार और करियर की आती है तो मैं उनके कभी हार न मानने वाले रवैये को दृढ़ता से पहचानता हूं क्योंकि यह जीवन के प्रति मेरे अपने दृष्टिकोण को प्रतिबिंबित करता है।कहानी दर्शकों को गुजरात ले जाती है जहां एक जीवंत नवरात्रि उत्सव के बीच, सूरत के राजगौर परिवार के भीतर एक तूफ़ान शुरू हो जाता है जब सबसे छोटी बहू – हेतल एक बहू की पारंपरिक भूमिका को चुनौती देते हुए अलग होने की मांग करती है। घटनाओं के इस अप्रत्याशित मोड़ ने राजगौर राजवंश की सबसे बड़ी बहू और कुलमाता अंबिका को तबाह कर दिया है क्योंकि परिवार को एक साथ रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है।

अपनी भाभी हेतल की इस धारणा को गलत साबित करने की तीव्र इच्छा के साथ कि सास कभी माँ, और बहू कभी बेटी नहीं बन सकती, अंबिका ने एक ऐतिहासिक निर्णय में, अपने परिवार के अनाथालय के दरवाजे पर छोड़े गए एक बच्चे, केसर को गोद ले लिया। और उसे बड़ा करने की कसम खाता है – एक बेटी के रूप में नहीं बल्कि एक बहू के रूप में।अभिनेत्री ने आगे उल्लेख किया: एक बार जब मैंने स्क्रिप्ट और चरित्र विवरण के बारे में सीखा, तो मुझे एहसास हुआ कि यह वही है जिसकी मैं तलाश कर रही थी। स्क्रिप्ट वास्तव में आकर्षक है, और कलाकार और चालक दल बहुत प्रतिभाशाली हैं।

मैं इसे शुरू करने के लिए बहुत उत्साहित हूं इस महाकाव्य यात्रा पर, और मैं वास्तव में ऐसे कलाकारों के समूह का हिस्सा बनकर धन्य महसूस करता हूं।क्योंकि…सास मां, बहू बेटी होती है का प्रीमियर 18 सितंबर को ज़ी टीवी पर होगा।

******************************

 

मालदीव पहुंचते ही मौनी रॉय के सिर चढ़ा बोल्डनेस का खुमार

28.08.2023 (एजेंसी) –  टीवी की नागिन बनकर मौनी रॉय ने खूब पॉपुलैरिटी बटोरी. एक्ट्रेस की अदाएं और लुक्स की भी खूब चर्चा हुईं. लेकिन इस सीरियल के बाद मौनी रॉय दिन पर दिन इतनी ज्यादा बोल्ड होती जा रही हैं कि उनके लुक के चर्चे हर तरफ हो रहे हैं. हाल ही में मौनी ने मालदीव से कई फोटोज शेयर की. इन तस्वीरों में मौनी कैमरे के सामने बिकिनी पहनकर लेटकर ऐसे-ऐसे पोज दे रही हैं कि फैंस उनके लुक को देखकर अपने दिलों पर काबू नहीं कर पा रहे हैं.

मौनी रॉय की ये तस्वीरें मालदीव की हैं. जहां पर एक्ट्रेस कैमरे के सामने अपने हुस्न को फ्लॉन्ट करते हुए नजर आ रही हैं. इन तस्वीरों में मौनी ने टू पीस पहनकर ऐसा कहर बरपाया है कि फैंस उनकी फोटोज से नजरें नहीं हट पा रहे हैं.मौनी रॉय इन तस्वीरों में कभी कैमरे के सामने लेटकर पोज देती नजर आईं तो कभी कैमरे के सामने बैठकर ऐसे पोज दिए, कि लोगों के दिलों से खेल गईं. मौनी रॉय की ये कातिलाना लुक की फोटोज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं.

इन तस्वीरों में मौनी राय ने अपने लुक को पूरा करने के लिए कैमरे के सामने लाइट मेकअप और दो चोटी में नजर आईं. मौनी ने इस तस्वीरों को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर शेयर किया है. कैप्शन में लिखा- फिलहाल सपने देख रही हूं. इससे पहले मौनी रॉय ने कैमरे के सामने ब्लैक कलर की साड़ी पहनकर हुस्न की ऐसी बिजलियां गिराई थीं कि उनकी खूबसूरती लोगों की रातों की नीदें उड़ा ले गई. फोटोज में एक्ट्रेस ब्लैक प्लेन साड़ी के साथ गोल्डन कलर का चोकर हार और कानों में बड़े बड़े झुमके पहनकर अपने लुक को पूरा किया.

****************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज का दिन आपके लिए उत्तम रहने वाला है। विद्यार्थियों का पढ़ाई में मन लगेगा। अपनी आर्थिक स्थिति के हिसाब से खर्चे करें। ऑफिस में कोई नया प्रोजेक्ट मिल सकता है। दांपत्य जीवन में आपसी तालमेल बढ़ेगा, पूरा दिन मौज मस्ती में बीतेगा। फैशन डिजाइनर को किसी कस्टमर से अच्छा लाभ होगा। किसी खास दोस्त से फ़ोन पर देर तक बातचीत चलेगी, अपना व्यवहार लचीला रखें। धैर्य के साथ की गई मेहनत का नतीजा आज आपके फेवर में ही आने वाला है।

* लकी रंग – सफेद

* लकी नंबर – 5

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी , वु , वे, वो

आज का दिन आपके अनुकूल रहने वाला है। किसी काम में परिवार के लोगों का साथ मिलेगा, जिससे आपकी उलझन कम होंगी। अगर आप प्रॉपर्टी डीलर हैं तो आपको आज अधिक फायदा होगा। काम के प्रति भागदौड़ बनी रहेगी, धैर्य के साथ काम को अच्छे तरीके से करेंगे तो काम में आसानी होगी। आप फिजूल की बातों में पडऩे से बचें, बेहतर होगा की आवश्यकता पडऩे पर ही बात करें, मन शांत रहेगा। महिलाएं आज अपने घरेलू कामों में बिजी रहेंगी। बच्चे आज अपने लिए ड्राइंग बुक खरीदने के लिए कहेंगे।

* लकी रंग – सिल्वर

* लकी नंबर – 7

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज का दिन आपके लिए बेहतर रहने वाला है। घर में सुख-समृद्धि बढ़ेगी। स्कूल टीचर से आपकी मुलाकात होगी। दोस्तों के साथ शाम को कॉफी पीने का प्लान बनाएंगे। रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। ट्रिप का प्लान करें, तो जरूरी सामान रख लें। आपके दांपत्य जीवन में मधुरता बढ़ेगी। घर में सुख-सुविधाओं से संबंधित कुछ नया सामान खऱीदने मार्केट जाएंगे। आप मित्रों के साथ मिलकर कई मनोरंजक गतिविधियों में भाग लेंगे इससे आपको बहुत खुशी मिलेगी।

* लकी रंग – पीच

* लकी नंबर – 2

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज का दिन आपके लिए शानदार रहने वाला है। छात्रों को सीनियर्स से कुछ नया सीखने को मिलेगा। किसी काम को लेकर आज भागदौड़ करनी पड़ सकती है। ऑफिस में आपके काम की तारीफ होगी। दांपत्य रिश्ते में नयापन आएगा कोई नयी योजना की शुरुआत करेंगे। परिवार में किसी की तरक्की से उत्सव का माहौल बनेगा अपने बच्चो को उपहार देंगे। बच्चों में काफी खुशी का माहौल दिखेगा। बुजुर्गों के साथ समय बिताएं, उन्हें काफी अच्छा लगेगा। परिवार में आपनी जिम्मेदारियां पूरी कर लेने से मन उत्साह से भरा रहेगा। साथ ही भविष्य की योजनाएं भी शीघ्र ही पूरी हो जाएंगी।

* लकी रंग – ब्राउन

* लकी नंबर – 9

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज का दिन आपके लिए ख़ास होने वाला है। बिसनेसमैन किसी दूसरी कंपनी के साथ पार्टनरशिप कर सकते हैं। आपके मन में कोई बात लेकर उलझने होंगी, दोस्तों से उसे शेयर कर सकते हैं। विद्यार्थी कॉलेज प्रोजेक्ट बनाने में बिजी रहेंगे। आपको कोई नई जानकारी भी मिल सकती है, आपको कुछ सीखने को मिलेगा। रिश्तों में संतुलन बनाने के लिए आपको आपना व्यवहार दूसरों से अच्छा रखना चाहिए। किसी कठिन या रहस्यपूर्ण मामले की ओर आपका ध्यान आकर्षित होगा। दाम्पत्य जीवन में नयी-नयी खुशियां आएंगी।

* लकी रंग – लाल

* लकी नंबर – 7

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज का दिन आपके लिए खुशियों से भरा रहने वाला है। आपकी नयी जॉब के योग बन रहे हैं। कई दिनों से मन में चल रही कोई उलझन आज जीवनसाथी से शेयर करने से समाप्त हो जाएगी। कोई दोस्त आपसे आर्थिक रूप से मदद मांग सकता है। ऑफिस के काम से बाहर जा सकते हैं, जाते समय जरूरत का सामान ले जाना न भूलें। राजनीतिक कार्यक्रमों में आज आप ज्यादा रुचि लेंगे, आपके अच्छे कामों की आज तारीफ़ होगी। लवमेट्स एक दूसरे की भावनाओं को समझने की कोशिश करें, रिश्ते में मजबूती बनी रहेगी।

* लकी रंग – पर्पल

* लकी नंबर – 3

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज का दिन आपके लिए ठीक-ठाक रहने वाला है। ऑफिस के दोस्तों के साथ कहीं घूमने का प्लान बनाएंगे। घर के किसी काम को लेकर काफी व्यस्त रहेंगे। स्वास्थ्य के लिहाज से दिन अच्छा रहेगा। हार्डवेयर कारोबारियों का कारोबार अच्छा चलेगा, आज इनकम में बढ़ोतरी होगी। परिवार में चल रही अनबन आज समाप्त होगी। पैरेंट्स बच्चों के मनपसंद की ड्रेस खरीदेंगे। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को सफलता मिलेगी। आपकी व्यावसायिक सफलता से आपके माता-पिता को खूब खुशी मिलेगी।

* लकी रंग – काला

* लकी नंबर – 6

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। किसी को दिए रुपए आज आपको वापस मिलेंगे। काम के सिलसिले में दोस्त का घर आना हो सकता है। दांपत्य रिश्ते को मजबूत बनाने के लिए एक दूसरे को समझें। सरकारी कर्मचारियों को उनके कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा। छात्र अपने डाउट टीचर से क्लियर करेंगे। ऑफिस में किसी प्रेजेंटेशन की जिम्मेदारी मिल सकती है। समाज में आपको अपनी कार्यशीलता के लिए सम्मानित किया जा सकता है।

* लकी रंग – गोल्डन

* लकी नंबर – 3

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे):

आज का दिन आपके लिए सुनहरा रहने वाला है। किसी बुजुर्ग की सहायता करने पर आपको अच्छा महसूस होगा। गलत सलाह देने वाले लोगों की संगति से दूर रहें और अच्छाइयों को अपनाएं जिससे आपका जीवन और अधिक सुंदर बनेगा। आपको किसी भी तरह के विवाद से दूर रहना चाहिए। साइंस के अध्यापको का दिन आज काफी व्यस्त रहेगा। ऑफिस में मन लगाकर काम करें ताकि आपकी कोई बैक बाईटिंग न करने पाएं। घर में नन्हें मेहमान के आने से ख़ुशी का माहौल रहेगा।

* लकी रंग – पिंक

* लकी नंबर – 8

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज का दिन फेवरेबल रहने वाला है। बिजनेस में तरक्की होने के योग बने हुए है। अपने आस पास की सफाई का पूरा ध्यान रखेंगे। आपको किसी काम में कम मेहनत से अधिक लाभ मिलेगा। हॉकी खेल रहे खिलाडिय़ों को आज अपने कोच के द्वारा प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे वह खेल मैदान में अच्छा प्रदर्शन कर सकें। मेडिकल की पढ़ाई कर रहे छात्रों को आज किसी बड़े डॉक्टर से सलाह मिलेगी। जीवनसाथी से उपहार मिलेगा, जिससे आपका मन प्रसन्न रहेगा। स्वास्थ्य के लिहाज से आज आपका दिन अच्छा रहने वाला है।

* लकी रंग – मैरून

* लकी नंबर – 4

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा):

आज का दिन आपके लिए नई उमंग से भरा रहने वाला है। किसी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को अच्छे अंक हासिल होंगे। बिजनेस को बढ़ाने के लिए आज आप किसी अनुभवी व्यक्ति से सलाह लेंगे। सोशल मीडिया से जुड़े लोगों की पोस्ट पर लाइक्स और कमेंट्स ज्यादा आएंगे जिससे उनके फोल्लोवेर्स बढ़ेंगे। आपका स्वास्थ्य फिट एंड फाइन रहेगा। परिवार के साथ किसी धार्मिक जगह पर दर्शन करने जाएंगे। लवमेट्स के लिए आज का दिन शानदार रहने वाला है। अविवाहित लोगों के विवाह के अच्छे रिश्ते आएंगे।

* लकी रंग – लाल

* लकी नंबर – 1

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची):

आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। जीवनसाथी को डिनर के लिए किसी रेस्टोरेंट ले जाएंगे, जिससे आपसी ताल-मेल बढ़ेगा। रुके हुए कार्य पूरे होंगे और नए कामों की शुरुआत करने का मन बनाएंगे। बिजनेस में अचानक धन लाभ होने से आर्थिक स्थिति बेहतर बनेगी। पारिवारिक रिश्तों में मेल-जोल बढ़ेगा और आपसी सौहार्द अधिक होगा। आपको अपनी सोच सकारात्मक रखने की आवश्यकता है। कार्यों में माता-पिता का सहयोग मिलेगा। लवमेट्स आज एक दूसरे के भावनाओं की कद्र करेंगे।

* लकी रंग – हरा

* लकी नंबर – 8

****************************

राजस्थानी फिल्म ‘रंग जमायो बाईसा जोरदार’ का मुहूर्त सम्पन्न

28.08.2023  –   रेनबो कलर्स मूवीज के बैनर तले बनने वाली राजस्थानी फिल्म ‘रंग जमायो बाईसा जोरदार’ का भव्य संगीतमय मुहूर्त पिछले दिनों चार बंगला म्हाडा, अंधेरी (पश्चिम), मुंबई स्थित ए.बी. साउंड रिकॉर्डिंग एंड डबिंग स्टूडियो में सिंगर पामेला जैन के गाये गीत की रिकॉर्डिंग के साथ सम्पन्न हुआ। साथ ही साथ यश परिहार के गीत को उनके ही संगीतबद्ध धुन में पामेला के अतिरिक्त रेखा राव और डीसी मदाना ने भी अपने स्वर दिये।

फिल्म के कुल तीन गीत मुहूर्त के दिन ही रिकॉर्ड कर लिये गए। सुधीर शर्मा कौशिक और पार्थसारथी शर्मा द्वारा प्रस्तुत व निर्मित हो रही इस फिल्म के निर्देशक निक्की बत्रा हैं। निक्की बत्रा की कहानी के लिए पटकथा संवाद त्रिलोकी सिरसिलावाले ने लिखा है। विकास सक्सेना सिनेमैटोग्राफर हैं और राजीव मित्तल एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर। आर्यन और पूर्णिमा सिंह फिल्म में नायक नायिका हैं। मुकुन्द महाले ने नारियल फोड़कर कार्यक्रम का श्रीगणेश किया। इस अवसर पर टार्जन फेम अभिनेता हेमंत बिर्जे और कॉमेडियन सुनील पाल भी विशेष रूप से उपस्थित थे।

‘रंग जमायो बाईसा जोरदार’ एक नारी प्रधान फिल्म है जिसमें आठ विवाहित युवतियों की प्रगतिशील सोच को रेखांकित करने की कोशिश की गई है। राजस्थान की ग्रामीण पृष्ठभूमि में विचरती कहानी में गृहिणी स्त्रियों की आकांक्षा और प्रतिभा से जुड़े विषय को बड़ी साफगोई और बेबाकी से उठाया गया है। तीन सप्ताह तक शूटिंग शेड्यूल के साथ बहुत जल्द ही इस फिल्म की शूटिंग बीकानेर (राजस्थान) के निकटवर्ती इलाकों में शूटिंग शुरू होगी।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*****************************

 

हिमाचल में भारी बारिश का कहर, 8000 करोड़ का नुकसान, 300 से अधिक लोगों की हुई मौत

धर्मशाला ,27 अगस्त (एजेंसी)।  हिमाचल प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा है कि राज्य में भारी बारिश के चलते आठ हजार करोड़ का नुकसान एवं 300 से अधिक लोग इस मानसून का शिकार होकर जान गंवा चुके हैं।

श्री अग्निहोत्री ने कहा कि आपदा प्रभावितों के पुनर्वास के लिए सरकार कारगर कदम उठाएगी इस के लिए तत्परता के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में भारी बारिश के चलते आठ हजार करोड़ का नुक्सान एवं 300 से अधिक लोग इस मानसून का शिकार होकर जान गंवा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार युद्व स्तर पर राहत एवं पुनर्वास कार्यक्रम चला रही है और अपने स्रोतों से जो भी राज्यवासियों की सुरक्षा के लिए किया जा सकता है, वो किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में आपदा की इस घड़ी में प्रभावितों के पुनर्वास पर विशेष फोक्स किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बाढ़ सुरक्षा, भूस्खलन, भूकंप और अन्य संवेदनशील स्थितियों के लिए एक स्थायी वैज्ञानिक योजना तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में पुलिस बल को आगे आकर कार्यवाही करनी होती है, ऐसे में इन बलों को त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया के लिए भी प्रशिक्षित करने पर बल दिया जाएगा। सभी शहरी स्थानीय निकायों द्वारा आदर्श भवन नियम अपनाने तथा इनके सख्ती से कार्यान्वयन पर भी बल दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भारी बरसात से हरिपुर की धंगड़ पंचायत में भूस्खलन से दो दर्जन के करीब परिवारों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, प्रशासन ने सात परिवारों को धंगड़ में राहत शिविर में ठहराया गया है जबकि अन्य अपने रिश्तेदारों के यहां चले गए हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रही है। सभी विभागों को क्षतिग्रस्त योजनाओं एवं अन्य अधोसंरचना की मरम्मत में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मरम्मत एवं रखरखाव कार्यों तथा प्रभावितों को राहत पहुंचाने के लिए धन की कोई कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।

********************************

 

बाढ़ के बाद प्रदेश में डेंगू और चिकनगुनिया का प्रकोप : डा. अशोक तंवर

कुरुक्षेत्र ,27 अगस्त (एजेंसी)। आम आदमी पार्टी के प्रदेश चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष डा. अशोक तवंर ने रविवार को झांसा के कम्युनिटी सैंटर में बिजली आंदोलन व सदस्यता ग्रहण समारोह में शिरकत की। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने आम आदमी पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी को ज्वाइन किया। डा. अशोक तंवर ने कहा कि प्रदेश के लोग महंगे बिजली के बिलों की मार झेल रहे हैं।

आम आदमी पार्टी के कार्यकत्र्ता गांवों में घर घर जाकर लोगों को बिजली के मुद्दो पर जागरूक कर रहे हैं। आज पूरे प्रदेश में बिजली आंदोलन को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब व दिल्ली की तर्ज पर हरियाणा में भी बिजली बिल माफ किए जाएंगे और प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनते ही 300 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी। आज दिल्ली में 80 और पंजाब में 90 प्रतिशत घरों का बिजली बिल जीरो आ रहा है। इस मौके प्रदेश उपाध्यक्ष बलबीर सैनी,कुरुक्षेत्र जिलाध्यक्ष जगबीर जोगनाखेड़ा, कुरुक्षेत्र लोकसभा उपाध्यक्ष सर्वजीत सिंह विर्क, ब्लॉक अध्यक्ष बाबू राम, इस्माईलाबाद ब्लॉक अध्यक्ष धर्मेंद्र गोस्वामी, सरपंच ज्ञानचंद,ओम प्रकाश, लीगल सेल जिला अध्यक्ष वीरभान भाखली सहित कई कार्यकत्र्ता व लोग मौजूद रहे। डा. अशोक तंवर ने कहा कि आज भाजपा ने देश को डूबो दिया और प्रदेश की गठबंधन सरकार ने कुरुक्षेत्र, युमनानागर और सिरसा संसदीय क्षेत्र को बाढ़ में डुबोया।

बाढ़ के बाद अब प्रदेश में डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का प्रकोप बना हुआ है। स्थानीय लोगों द्वारा सरकार के प्रति विरोध प्रदर्शन दर्शाता है कि प्रदेश की गठबंधन सरकार का बीमारियों पर कहीं भी अंकुश नहीं है। प्रदेश में भाजपा द्वारा आयोजित पन्ना प्रमुख सम्मेलन पर कटाक्ष करते हुए अशोक तंवर ने कहा कि आम आदमी पार्टी की आंधी में पन्ना और उनके प्रमुख दोनों उड़ जाएंगे। हरियाणा में जिन जिलों में बाढ़ आई थी वहां प्रदेश की गठबंधन सरकार के चुने हुए नुमाईंदे और पन्ना प्रमुख कहीं नजर नहीं आए।

*******************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version