बिहार में नवरात्रि पर भाजपा की फलाहार पॉलिटिक्स

पटना 22 Oct, (एजेंसी): अगले साल होने वाले संभावित लोकसभा चुनाव को लेकर सभी दल अपनी-अपनी रणनीति के तहत तैयारी में जुट गए हैं। इस बीच, भाजपा अपने हिंदुत्व के मुद्दे को हवा देने में जुटी है। वैसे, बिहार में इफ्तार को लेकर सियासत कोई नई बात नहीं है। राजद और जदयू के नेता रमजान के महीने में इफ्तार पार्टी का आयोजन करते रहे हैं। इस नवरात्रि को लेकर भाजपा के कई नेताओं ने फलाहार का आयोजन किया है।

भाजपा के नेताओं का कहना है कि अगर रमजान के महीने में इफ्तार पार्टी आयोजित की जा सकती है तो नवरात्र के मौके पर सनातन धर्मावलंबी उपवास करते हैं, ऐसे में फलाहार पार्टी देने में क्या बुराई है। इस नवरात्रि में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा, प्रदेश के कोषाध्यक्ष राकेश सिन्हा, प्रवक्ता नीरज कुमार सहित कई नेताओं ने फलाहार पार्टी आयोजित की, जिसमे पार्टी के नेताओं के अलावा आम लोगों को आमंत्रित किया गया। बड़ी संख्या में लोग भी इनकी फलाहार पार्टियों में पहुंचे।

विधानसभा में विपक्ष के नेता सिन्हा कहते हैं कि महागठबंधन के लोग तुष्टिकरण के लिए इफ्तार पार्टी का आयोजन करते हैं, जबकि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित सभी वर्गों के संतुष्टिकरण सिद्धांत के तहत नवरात्र में फलाहार प्रसाद का निरंतर आयोजन करेगी। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म का अपमान और इसके प्रति भ्रामक वातावरण बनाना सनातन विरोधियों की आदत बन गई है। फलाहार का आयोजन इन अराजकतत्वों को सकारात्मक संदेश देने के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि शक्ति की भक्ति से ही मुक्ति का मार्ग प्रशस्त होगा। सिन्हा द्वारा आयोजित फलाहार कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह सहित भाजपा के कई नेता पहुंचे।

इधर, जदयू के राष्ट्रीय महासचिव राजीव रंजन कहते हैं कि भाजपा की शुरू से ही राजनीति मंदिर के इर्द गिर्द घूमती है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा छह महीने के बाद भाजपा के नेताओं को फलाहार ही करना होगा और मंदिर में ही जाकर बैठना होगा। जनता इनकी सियासत को जान चुकी है। राजीव रंजन ने भाजपा के नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि अभी भी भाजपा के नेताओं के पास समय है कि जनता से जुड़े कामों पर ध्यान दे, शायद लोग कुछ इन्हें दे दें।

इधर, बिहार के मंत्री अशोक चौधरी कहते हैं कि भाजपा को हिन्दू-मुस्लिम के अलावा और कुछ नहीं आता है। सिर्फ फलाहार, इफ्तार, चंदन, रुद्राक्ष, टिकी पर बोलेंगे, लेकिन जनता क्या चाहती है, इसपर कुछ नहीं बोलेंगे। उन्होंने कहा कि ये महाघृनित टाइप के लोग हैं। चौधरी ने कहा कि देश की जो आत्मा है, उसको समझना होगा। हम गंगा जमुनी संस्कृति के लोग हैं। भाजपा के पास हिंदू मुस्लिम करने के अलावा और कुछ नहीं है।

भाजपा के नेता और बिहार के पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा का कहना है कि आखिर महागठबंधन के नेताओं को हमारे फलाहार के आयोजन से इतनी घृणा क्यों है। हमलोगों ने तो इफ्तार का विरोध कभी नहीं किया। उन्होंने कहा कि सभी को अपने अपने धर्म को लेकर कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर छूट है। सभी इसे आयोजित करते हैं। बहरहाल, भाजपा के नेताओं द्वारा किए जा रहे फलाहार कार्यक्रम को लेकर प्रदेश में सियासत जमकर हो रही है। माना जा रहा है कि महागठबंधन के नेता जहां भाजपा को हिंदुत्व के मुद्दे को कुंद करने की रणनीति को लेकर आगे बढ़ रहे हैं, वहीं भाजपा विभिन्न मामलो के जरिए हिंदुत्व के मुद्दे को हवा देने में जुटी है। अब किसके मुद्दे को जनता पसंद करती है, यह तो आने वाला समय ही बताएगा।

********************************

समलैंगिक विवाह को मान्यता देने के पक्ष में नहीं है भाजपा और आरएसएस

नई दिल्ली 22 Oct, (एजेंसी): समलैंगिक विवाह को लेकर हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने अपना ऐतिहासिक फैसला देते हुए ऐसे विवाह को मान्यता देने से इनकार कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने इस मसले पर फैसला देते हुए यह भी साफ कर दिया कि वह सिर्फ कानून की व्याख्या कर सकता है और कानून में बदलाव का काम देश की संसद को करना है। इसी के साथ देश में एक नया सवाल खड़ा हो गया कि क्या समलैंगिक विवाह के समर्थक लोगों की बात मानते हुए सरकार संसद के जरिए कानून बनाकर इस तरह के विवाह को मान्यता दे सकती है या नहीं?

सरकार इस मसले पर क्या करेगी इसका अंदाजा सुप्रीम कोर्ट में दिए गए केंद्र सरकार के हलफनामे, समलैंगिक विवाह पर भाजपा का रुख और सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर आए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बयान से लगाया जा सकता है। केंद्र सरकार ने समलैंगिक विवाह के मसले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई शुरू होने से पहले ही हलफनामा दायर कर इस विवाह को मान्यता देने से जुड़ी याचिकाओं को खारिज करने की मांग की थी। केंद्र सरकार ने अपने हलफनामे में कई कानूनी उलझनों एवं समस्याओं को गिनाते हुए सुप्रीम कोर्ट को यह बताया था कि भारत सरकार समलैंगिक विवाह को मान्यता देने के खिलाफ क्यों हैं। भाजपा के स्टैंड की बात करें तो, पार्टी इसे कानूनी से ज्यादा सामाजिक और संस्कृति से जुड़ा मुद्दा मानती है।

पार्टी के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने दिसंबर 2022 में राज्य सभा में समलैंगिक विवाह को कानूनी मान्यता देने का विरोध करते हुए कहा था कि भारतीय समाज समलैंगिक विवाह को स्वीकार करने को तैयार नहीं है और यह भारत की संस्कृति और परंपरा के लिए अनुचित है। देश के केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल तो समलैंगिक विवाह ही नहीं बल्कि समलैंगिक संबंधों के भी कट्टर विरोधी हैं। मेघवाल ने तो मनमोहन सिंह सरकार के कार्यकाल में बतौर सांसद वर्ष 2012 में लोक सभा में प्राइवेट मेंबर बिल के तौर पर समलैंगिकता विरोधी विधेयक पेश तक कर दिया था।

सुप्रीम कोर्ट द्वारा समलैंगिक विवाह को मान्यता देने से इनकार करने के फैसले का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने भी स्वागत किया। संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि उच्चतम न्यायालय का समलैंगिक विवाह संबंधी निर्णय स्वागत योग्य है। हमारी लोकतांत्रिक संसदीय व्यवस्था इससे जुड़े सभी मद्दों पर गंभीर रूप से चर्चा करते हुए उचित निर्णय ले सकती है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने इसी वर्ष मार्च में हरियाणा के पानीपत में आयोजित संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक के अंतिम दिन मीडिया से बात करते हुए समलैंगिक विवाह पर आरएसएस के स्टैंड को एक बार फिर से स्पष्ट कर दिया था।

होसबाले ने समलैंगिक विवाह को कानूनी मान्यता देने का विरोध करते हुए कहा था कि समलैंगिक विवाह पर आरएसएस केंद्र सरकार के नजरिए से सहमत है। उन्होंने कहा कि शादी दो अलग-अलग जेंडर के लोगों के बीच ही हो सकती है, इसको कॉन्ट्रैक्ट नहीं कह सकते। यह शारीरिक इच्छापूर्ति के लिए नहीं होती। शादी से गृहस्थ जीवन के आदर्श मिलते हैं। हिंदू जीवन में विवाह ‘संस्कार’ है, यह आनंद के लिए नहीं है। दो व्यक्ति विवाह करते हैं और समाज के लाभ के लिए एक परिवार बनाते हैं। विवाह न तो यौन आनंद के लिए है और न ही अनुबंध के लिए है।

**************************

 

भारत ने बढ़ाया मदद का हाथ, राहत सामग्री लेकर फिलिस्तीन रवाना हुआ वायु सेना का विमान C-17

नई दिल्ली 22 Oct, (एजेंसी) : भारत ने एक बार फिर से बहुत ही अच्छी मिसाल पेश की है। इजराइल और फिलिस्तीन के बीच चल रहे भीषण युद्ध में हर तरफ तबाही का मंजर देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में भारत ने फिलिस्तीन को मानवीय सहायता भेजी है, जहां गाजा पट्टी में हजारों की संख्या में फिलिस्तीनी मारे गए हैं। भारतीय वायु सेना का C-17 विमान आज लगभग 6.5 टन मेडिकल और 32 टन डिजास्टर रिलीफ सामग्री लेकर मिस्र के एल-अरिश हवाई अड्डे के लिए रवाना हुई। सामग्री में दवाएं, सर्जिकल सामान, तंबू, स्लीपिंग बैग, तिरपाल, स्वच्छता सुविधाएं, जल शुद्धिकरण टैबलेट सहित अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं।

भारत के पीएम नरेंद्र मोदी और भारत ने इजराइल-फिलिस्तीन संघर्ष पर एक नरम रुख अपनाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजराअल पर हमास के हमले से हैरानी जताई थी और इसे आतंकवादी हमला करार दिया था। हाल ही में गाजा पट्टी के एक अस्पताल पर हमले की प्रधानमंत्री ने आलोचना की थी, जहां इजराइल लगातार हमले से इनकार कर रहा है। प्रधानमंत्री ने अपने एक ट्वीट में इजराइल-फिलिस्तीन के मुद्दे पर भारत के पुराने रुख को दोहराया।

*************************

 

उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता का सनसनीखेज खुलासा, अपने ही परिवार पर लगाए गंभीर आरोप

उन्नाव 22 Oct, (एजेंसी): उत्तर प्रदेश में 2017 के उन्नाव बलात्कार पीड़िता ने अपने रिश्तेदारों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन पर सरकार और गैर सरकारी संगठनों से मिले पैसे हड़पने और उन्हें घर से बाहर निकालने का आरोप लगाया गया है। गौरतलब है कि इस मामले में 2019 में तत्कालीन बीजेपी विधायक कुलदीप सेंगर को दोषी ठहराया गया था।

एएसपी शशि शेखर सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर माखी थाने में उनके चाचा, मां, बहन और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ आईपीसी की धारा 406 (आपराधिक विश्वासघात) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। एएसपी ने कहा, “मामले की जांच शुरू कर दी गई है।” शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि उसे अपने परिवार से धमकियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया, “जब मैंने अपने खर्चों के लिए पैसे मांगे, जो मुझे अदालत के आदेश पर सरकार और गैर सरकारी संगठनों द्वारा दिए गए थे, तो मेरे चाचा ने कहा कि मामले पर 7 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं और प्राप्त धन पर्याप्त नहीं है।” महिला ने बताया कि उनके चाचा हत्या के प्रयास के एक मामले में तिहाड़ जेल में 10 साल की सजा काट रहे हैं।

उन्होंने अपनी शिकायत में कहा, “उनके निर्देश पर मेरी मां और बहन मेरे पति की जान की दुश्मन बन गई हैं।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें और उनके पति को सरकार से मिले घर से बाहर निकाल दिया गया। उन्नाव के माखी रेप केस में विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को सजा दिलाने में पीड़िता के चाचा ने अहम भूमिका निभाई थी। पीड़िता ने जेल में बंद अपने चाचा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उनके पति और उन्हें परिवार वालों से खतरा है।

***************************

 

मप्र में Congress को नुकसान पहुंचाने के लिए सपा तैयार; बसपा व जीजीपी भी करेगी वोटों का बंटवारा

लखनऊ 22 Oct, (एजेंसी): लोकसभा चुनाव से पहले हो रहे पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में इंडिया गठबंधन के दलों के बीच मनमुटाव या कहें कि टकराव सामने आया है। मध्यप्रदेश में कांग्रेस के साथ सीटों की साझेदारी न होने पर सपा ने खुलकर नाराजगी जताई है। इतना ही नहीं, सपा ने मध्य प्रदेश में कई सीटों पर अपने उम्मीदवार भी उतार दिए हैं।

पिछले चुनाव में जीत-हार का रिकॉर्ड देखें तो कई जगहों पर सपा और बसपा के उम्मीदवार काफी कम मार्जिन से हारे थे। अगर इस बार उन्होंने उस अंतर को पूरा कर लिया तो मध्य प्रदेश में सरकार बनाने का कांग्रेस का सपना टूट सकता है। राजनीतिक जानकर कहते हैं कि मध्य प्रदेश के चुनावी रण में सपा भाजपा के साथ कांग्रेस को भी पटखनी देने की योजना पर काम कर रही है। कांग्रेस के साथ गठबंधन न होने पर 230 सीटों वाली मध्य प्रदेश विधानसभा के लिए अब तक 33 प्रत्याशी सपा घोषित कर चुकी है।

अगर 2018 के चुनावी आंकड़ों को देखें तो सपा के चुनावी मैदान में होने से कांग्रेस को कई सीटों पर नुकसान उठाना पड़ा था। इस बार भी सपा अकेले लड़ रही है। कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन में बसपा को शामिल करने की हसरत पाल रखी है। लेकिन मध्य प्रदेश में बसपा और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी आपस में मिलकर चुनाव मैदान में है। बसपा 178 और जीजीपी 52 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार रही है।

बसपा ने 2018 में यहां दो सीटें जीती थी। एक भाजपा में शामिल हो गया था। पिछले विधानसभा चुनाव में बसपा ने भिंड और मुरैना के रास्ते मध्य प्रदेश में प्रवेश किया था। इन दोनों जिलों में इसका प्रभाव भी अच्छा खासा रहा है।

पिछले 30 वर्षों में मप्र विधानसभा चुनाव में भिंड और मुरैना की तीन-सीटों, शिवपुरी में एक, ग्वालियर में दो, व दतिया में इसे सफलता भी मिल चुकी है। वर्ष 2018 में पोहरी में करीब 32 फीसद वोटों के साथ बसपा प्रत्याशी दूसरे स्थान पर रहे थे। वहीं, करैरा में बसपा तीसरे स्थान पर रही थी।राजनीतिक जानकर कहते हैं कि बसपा बागी नेताओं की पहली पसंद होती है, क्योंकि इसका सॉलिड वोट बैंक है। मध्यप्रदेश बसपा के प्रदेश अध्यक्ष रमाकांत पिप्पल कहते हैं कि बसपा इस बार एमपी में 178 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इस बार बगैर बसपा के यहां सरकार नहीं बनेगी।

****************************

 

आजम खां और बेटे को दूसरी जेल किया शिफ्ट

रामपुर 22 Oct, (एजेंसी) : बेटे के दो जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के मामले में फंसे समाजवादी पार्टी आजम खां को रविवार सुबर जेल से निकाला गया तो वह बोले, हमारी जान को खतरा है। हमारा एनकाउंटर हो सकता है और कुछ भी हो सकता है। आजम खां को बेटे अब्दुल्ला के दो जन्म प्रमाण पत्र मामले में 18 अक्टूबर को सात साल की सजा सुनाई गई थी। उनके साथ ही उनकी पत्नी पूर्व सांसद तजीन फात्मा और अब्दुल्ला को भी सात साल की सजा हुई है।

 प्रशासन ने अब्दुल्ला को हरदोई और आजम खां को सीतापुर की जेल स्थानांतरित किया है। रविवार सुबह 4:50 बजे अब्दुल्ला और आजम खां को जेल से बाहर निकल गया तो वहां कुछ मीडिया कर्मी पहुंच गए। उन्हें देखते ही आजम खां बोले, हमारी जान खतरे में है। हमारा एनकाउंटर भी हो सकता है। आजम खां समाजवादी पार्टी के फायर ब्रांड नेता रहे हैं। वह रामपुर शहर से 10 बार विधायक चुने गए।

पुलिस ने जेल से बाहर निकालने के बाद आजम खां को गाड़ी में बैठाया तो बीच में बैठने से मना करने लगे। बोले मैं बीमार हूं। बीच में नहीं बैठ सकता। मेरी उम्र का तो लिहाज कीजिए। सीओ रवि खोकर ने उनसे कई बार बीच में बैठने का आग्रह किया, लेकिन वह नहीं माने। बोले, अगर हाथ पैर तोड़ कर ले जाओ तो चला जाऊंगा, वर्ना बीच में नहीं बैठ पाऊंगा। इस पर पुलिस उन्हें खिड़की की साइड में बैठ कर ही ले गई। पुलिस वाले चाहते थे कि उनकी दोनों साइड में एक-एक पुलिसकर्मी तैनात हो। लेकिन, बाद में दो पुलिसकर्मियों को उनकी एक साइड में बैठना पड़ा।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आजम खां को फिर सीतापुर की जेल भेज दिया गया है, जबकि अब्दुल्ला को हरदोई भेजा है। प्रशासन को शनिवार की रात शासन का आदेश मिला। इसके बाद सुबह 4:50 बजे दोनों को रामपुर जेल से सीतापुर और हरदोई ले जाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक संसार सिंह ने बताया कि अब्दुल्ला हरदोई की जेल पहुंच गए हैं, जबकि आजम खां सीतापुर पहुंचने वाले हैं।

****************************

 

राजस्थान में डेढ़ सौ से अधिक सीटें जीतकर भाजपा बनाएगी सरकार : पूनियां

जयपुर 22 Oct, (एजेंसी) : राजस्थान में उपनेता प्रतिपक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पार्टी के जयपुर के आमेर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी डा. सतीश पूनियां ने दावा किया है कि प्रदेश आगामी विधानसभा चुनाव में डेढ़ सौ से अधिक सीटें जीतकर भाजपा प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगी।

डा. पूनियां ने भाजपा की जारी हुई प्रत्याशियों की दूसरी सूची में उन्हें फिर से आमेर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी उम्मीदवार बनाए जाने के बाद मीडिया से बातचीत में यह दावा किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भाजपा आमेर से लेकर पूरे राजस्थान में 150 से अधिक सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगी।

भाजपा द्वारा उन्हें फिर से आमेर से चुनाव मैदान में उतार देने के बाद उन्होंने क्षेत्र के बुगलिया ग्राम पंचायत के चंदपुरा जाटान गाँव और दादर धाम पहुंचकर बड़े-बुजुर्गों और संतों का आशीर्वाद लिया।

****************************

 

….हमने नहीं कहा कि हम भाजपा के साथ हैं : नीतीश

पटना 22 Oct, (एजेंसी) : बिहार के मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के शीर्ष नेता नीतीश कुमार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं के साथ दोस्ती वाले बयान को लेकर जारी अटकलों पर विराम लगाते हुए आज स्पष्ट किया कि उन्होंने कहीं ऐसी बात नहीं की है कि वह उनके (भाजपा) साथ हैं।

कुमार ने बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में भाजपा नेताओं से दोस्ती वाले बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा, ‘जब हम कुछ बोलते हैं तो आप लोग ध्यान से नहीं सुनते हैं। मोतिहारी के महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय विश्वविद्यालय के निर्माण के संबंध में हम बता रहे थे। उस समय की केंद्र सरकार से हमने केंद्रीय विश्वविद्यालय निर्माण के संबंध में कहा था। चंपारण क्षेत्र राष्ट्रपिता महात्मा गांधी से संबंधित है इसलिए हमने कहा था कि यहीं पर केंद्रीय विश्वविद्यालय का निर्माण किया जाए।’

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले तो आश्वासन मिला लेकिन कुछ वर्ष बीत जाने के बाद कहा गया कि वहां निर्माण नहीं किया जा सकता है और उन लोगों ने गया में केन्द्रीय विश्वविद्यालय बनवाने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने गया जैसे पौराणिक स्थल पर बनाने की बात को भी स्वीकार कर लिया। इसके अलावा उन्होंने कहा कि गया के अलावा मोतिहारी में भी केंद्रीय विश्वविद्यालय का निर्माण कराया जाए। मोतिहारी में कार्यक्रम में सारे दलों के लोग बैठे हुए थे तो हमने अपनी बातों को रखा।

**************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज का दिन आपके लिए अच्छा है। आज आपको अचानक नए स्रोतों से धन मिलेगा, जो आपके दिन को खुशनुमा बना देगा। देवी कालरात्रि आपके जीवन से सभी बाधाएं दूर करेगी। आज व्यापार को आगे बढ़ाने में जीवनसाथी की मदद मिलेगी। किसी नयें प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए आ आप खुद को तैयार रखेंगे। प्रोफेसर्स के लिए आज का दिन शानदार रहने वाला है7 स्वास्थ्य आज पहले से काफी अच्छा रहेगा। माता का आशीर्वाद लें, तरक्की के नयेरास्ते मिलेंगे।

* शुभ रंग- गोल्डन

* शुभ अंक- 5

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी , वु , वे, वो

आज का दिन आपके लिए शानदार रहने वाला है। छात्रों के लिये आज का दिन करियर में नया बदलाव लायेगा। आज नवरात्र के सातवें दिन पर माँ कालरात्रि आपके परिवार में सुख-शांति बनाये रखेगी। किस्मत का साथ मिलने से किसी खास काम में आपको सफलता मिलेगी। अगर आप किसी नये बिजनेस की शुरुआत कर रहे हैं, तो घर के बुजुर्गों की राय जरूर लें। आज हर कोई आपकी बातों को ध्यान से सुनेगा। जीवनसाथी को आज कोई जरुरत की वस्तु उपहार देंगे। माँ कालरात्रि के मन्त्रों का जप करें, कष्टों से मुक्ति मिलेगी।

* शुभ रंग- नारंगी

* शुभ अंक- 1

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज आपका दिन अच्छा रहेगा। आज आपको किसी अजनबी व्यक्ति से ऐसी बाते पता चलेंगी जिसकी वजह से आपके जीवन में नया बदलाव आ सकता है। आज आपको कोई भी मौका गंवाना नहीं चाहिए। जीवनसाथी के सुझावसे आपको पैसा कमाने का कोई नया जरिया मिलेगा। किसी विशेष कार्य में दोस्तो का सहयोग मिलेगा। नौकरी में पदोन्नति होने के योग बन रहे हैं। स्टूडेंट्स को कोई नया प्रोजेक्ट मिलेगा। आज अपनी सेहत का खास ख्याल रखे। दुर्गा मां को गुड़ से बनी चीजों का भोग लगायें, पारिवारिक रिश्तों में मिठास बढ़ेगी।

* शुभ रंग- पीला

* शुभ अंक- 4

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो

आज आपका दिन खास रहने वाला है। इस राशि के जो लोग अपना बिजनेस करते हैं, उन्हें मुनाफा मिलने की संभावना है। आज नवरात्र के शुभ अवसर पर देवी कालरात्रि आपके जीवन में खुशियां ही खुशियां लायएंगी। आप बच्चों के साथ अधिक समय बिताएंगे। संतान आपकी बातों से प्रभावित होंगे। किसी उच्च अधिकारी से आपका संपर्क होने के कारण सरकारी कार्यों में फायदा होगा। घर के कार्यो को लेकर महिलाओं की जिम्मेदारियां बढ़ेगी। आज आपसोच-विचार में रहेंगे। माता को लाल चुनरी चढ़ाएं, विवाह में आ रही रुकावटें दूर होंगी।

* शुभ रंग- बैंगनी

* शुभ अंक- 2

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज का दिन मिला-जुला रहने वाला है। आज के दिन मां कालरात्रि की उपासना से आप हर तरह के भय, आदि से दूर रहेंगे। आज शत्रु पक्ष आपसे दूरी बनाकर रहेगा। ऑफिस के काम में आपको पूर्ण सफलता मिलेगी। अधिकारी लोग आपके काम से प्रभावित होंगे। आज आप किसी अनुभवी की राय लेकर कार्य करेंगे तो सफलता मिलेगी। इलेक्ट्रानिक कार्यों से जुड़े लोगों को आज अधिक धन लाभ होगा। माता को लौंग अर्पित करें, पदोन्नति के अवसर प्राप्त होंगे।

* शुभ रंग- हरा

* शुभ अंक- 9

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज आपको भाग्य का पूरा साथ मिलेगा। अगर आपका कार्य शिक्षण संस्थान से जुड़ा है, तो आज लाभ होगा। व्यावसायिक प्रगति के लिए दिन अनुकूल है। आज नवरात्र के सातवें दिन मां कालरात्रि चीज़ों को बेहतर बनाने में आपकी मदद करेगी। आज आप किसी व्यक्ति से प्रभावित होंगे। जीवनसाथी के साथ कुछ समय बिताना आपके रिश्तों के लिये अच्छा रहेगा। फोन पर आपकी किसी ऐसे व्यक्ति से बात होगी, जिससे भविष्य में आपको फायदा जरूर होगा।दुर्गा मन्दिर जाकर फल अर्पित करें, आपको अपनी मेहनत का अच्छा परिणाम मिलेगा।

* शुभ रंग- नीला

* शुभ अंक- 3

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते

आज आपका दिन फेवरेबल रहेगा। किसी भी काम में जल्दबाजी करने की बजाय धैर्य से काम लेना चाहिए। किसी भी तरह की यात्रा करने से आज आपको बचना चाहिए, बहुत जरुरी हो तभी यात्रा पर जायें। आज ऑफिस केकिसी काम में गलतियों को नजर अंदाज न करें। आज आप समाज के लिये कोई ऐसा काम कर सकते हैं, जिससे आपके यश-सम्मान में वृद्धि होगी। दोस्तों की मदद से आपकी कोई इच्छा पूरी होगी। मां दुर्गा को मिश्री का भोग लगायें, घर मेंशांति का माहौल रहेगा।

* शुभ रंग- लाल

* शुभ अंक- 6

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

-आज का दिन आपके लिए ठीक रहने वाला है। कॉन्ट्रैक्ट का कार्य कर रहे लोगों को आज नया कॉन्ट्रैक्ट मिलेगा। ऑफिस के लोग आपके कार्यो की खूब तारीफ करेंगें। आज शिक्षा के क्षेत्र में आपको कोई बड़ी कामयाबी मिलेगी।देवी कालरात्रि की कृपा से आपके कार्य अच्छे से पूरे होंगे। आपके धन के खजाने भरे रहेंगे। दोस्तों से आपको भरपूर सहयोग मिलेगा। इस राशि के फैशन डिजाइनिंग के छात्रों को कुछ नया सीखने को मिलेगा। मां दुर्गा को खोये का भोगलगायें, जीवन में खुशियां बनी रहेंगी।

* शुभ रंग- गुलाबी

* शुभ अंक- 8

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। आज आपकी बात किसी खास रिश्तेदार से होगी, उनके साथ कोई व्यापार शुरू करने की बात रखेंगे। आज अपने खर्चों को नियंत्रित करने के लिए नयी योजना बनायेंगे। आजअपना कार्य अच्छी तरह से पूरा करने पर वाहवाही मिलेगी। देवी मां आपकी यात्रा को सफल बनायेगी। आर्थिक रूप से आप मजबूत रहेंगे। कोई बड़ा फैसला लेने से आज आपको बचना चाहिए। आज नवरात्र के सातवें दिन मां कालरात्रि को हाथजोड़कर प्रणाम करें, आपके साथ सब अच्छा रहेगा।

* शुभ रंग- पिच

* शुभ अंक- 7

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज पारिवारिक सुख में वृद्धि होगी। करियर को लेकर आज आप कुछ अच्छे फैसले लेंगे। आज आप अपने कार्यों को समय से पूरा करने में सफल होंगे। किसी प्रापर्टी में निवेश करने से पहले घर में विचार विमर्श जरूर करें। मेडिकल की पढ़ाई कर रहे छात्रों को आज किसी बड़े डॉक्टर का सहयोग मिलेगा। आज आपके किसी करीबी रिश्तेदार से फोन पर बात होगी। आपको उनसे बात करके अच्छा लगेगा। देवी मां को बेसन से बनी मिठाई का भोग लगाएं, पूरे दिन प्रसन्न रहेंगे।

* शुभ रंग- मैहरुन

* शुभ अंक- 1

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज का दिन आपके लिए सुनहरा रहने वाला है। आज उच्च अधिकारियों से परिचय आपके काम आयेगा। करियर में तरक्की के योग बन रहे है। शाम को परिवार के साथ अच्छा समय बितायेंगें। पहले से लिये गए फैसले आपको बेहतर फल देंगे। मां कालरात्रि की कृपा से ऑफिस में सबके साथ सामंजस्य बिठाने में आप सफल रहेंगे। परिवार के किसी काम को आप बखूबी निभाएंगे, जिससे परिवार के लोग आपसे खुश रहेंगे। देवी मां को वस्त्र भेंट करें, सब लोग आपसे खुश रहेंगे।

* शुभ रंग- मैजेंटा

* शुभ अंक- 5

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज आपका दिन आपके अनुकूल रहेगा। कार्यक्षेत्र में नये विचारों पर अमल करने के लिए दिन अच्छा है। आज जिस कार्य को करने की सोचेंगें, उसमें कामयाबी मिलेगी। साथ ही घरेलू कार्यों को पूरा करने में परिवार का सहयोग मिलेगा। आज आपको किसी अच्छे वकील के साथ इंटर्नशिप करने का मौका मिलेगा। राजनीति से जुड़े लोगों का मान-सम्मान बढेगा। लवमेट आज घर पर अपनी शादी की बात चलाये तो बात बन सकती है। आज मां कालरात्रि के मंत्रों का जप करें, आपके रिश्ते बेहतर बने रहेंगे।

* शुभ रंग- ग्रे

* शुभ अंक- 3

*********************************

 

टिकट बंटते ही कांग्रेस में किचकिच शुरू, दिग्विजय सिंह की फोटो पर जूते मारे, गोबर भी पोता

भोपाल ,21 अक्टूबर (एजेंसी)। टिकट वितरण के साथ ही कांग्रेस में बवाल शुरू हो गया है। कुछ दावेदार व उनके समर्थक इतने नाराज हैं कि उन्होंने दिग्विजय सिंह की फोटो को जूते मारे और गोबर भी पोता। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने तोडफ़ोड़ भी की। नाराज कार्यकर्ताओं ने आज भोपाल पहुंचकर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रदर्शन किया। इसके अलावा शाजापुर जिले के शुजालपुर, निवाड़ी, दतिया जिले की सेवढ़ा और मंदसौर की मल्हारगढ़ सीट के कैंडिडेट्स के खिलाफ असंतुष्ट कार्यकर्ताओं ने पीसीसी दफ्तर के सामने नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और उनके विधायक बेटे जयवर्धन सिंह का पुतला जलाया।

वहीं, मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपनी दूसरी लिस्ट जारी की है। इसमें जबलपुर जबलपुर की दो विधानसभा सीटों के प्रत्याशी के नाम भी दूसरी लिस्ट में शामिल किए गए हैं। इन्हीं में से एक पनागर विधानसभा सीट है। जहां से राजेश पटेल को कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं, कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री विनोद श्रीवास्तव को नरजअंदाज कर दिया गया। इससे कांग्रेस नेता की नाराजगी सामने आई है। विनोद श्रीवास्तव ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के नाम एक पत्र लिखते हुए कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दिया है।

****************************

 

राजस्थान चुनाव के लिए बीजेपी की दूसरी सूची जारी, वसुंधरा राजे समेत 83 नेताओं को मिला टिकट

नई दिल्ली  ,21 अक्टूबर (एजेंसी)। भाजपा ने राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए अपने 83 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। पार्टी ने राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया को उनके वर्तमान विधान सभा सीट झालरापाटन से ही चुनावी मैदान में उतारा है। आपको बता दें कि भाजपा की वर्तमान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया प्रदेश की झालरापाटन विधान सभा से वर्ष 2003, 2008, 2013 और 2018 में लगातार चार बार चुनाव जीत चुकी हैं।

 

 

भाजपा ने हाल ही में कांग्रेस छोड़कर पार्टी में शामिल होने वाली ज्योति मिर्धा को नागौर विधान सभा सीट से एवं इसी सप्ताह 17 अक्टूबर को भाजपा में शामिल होने वाले महाराणा प्रताप के वंशज विश्वराज सिंह मेवाड़ को नाथद्वारा से उम्मीदवार घोषित किया है।
अन्य उम्मीदवारों की बात करें तो भाजपा ने शनिवार को जारी अपनी दूसरी लिस्ट में सिद्धि कुमारी को बीकानेर पूर्व, राजेंद्र राठौड़ को तारानगर, संतोष अहलावत को सुरजगढ़, सतीश पुनिया को अम्बेर, कालीचरण सराफ को मालवीय नगर, हेम सिंह भड़ाना को थानागाजी, नरपत सिंह राजवी को चित्तौडग़ढ़, दीप्ति महेश्वरी को राजसमंद और गोविंद रानीपुरिया को मनोहर थाना से उम्मीदवार घोषित किया है।
इससे पहले, भाजपा ने राजस्थान के लिए अपनी पहली लिस्ट 9 अक्टूबर को जारी की थी, जिसमें पार्टी ने 41 उम्मीदवारों की घोषणा की थी। दूसरी लिस्ट के 83 उम्मीदवारों को मिलाकर पार्टी अब तक राजस्थान के कुल 124 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर चुकी है।

******************************

 

MP Election: BJP ने जारी की 92 उम्मीदवारों की 5वीं लिस्ट, कैलाश विजयवर्गीय के बेटे का काटा टिकट

नई दिल्ली 21 Oct, (एजेंसी): भाजपा ने मध्य प्रदेश में होने वाले आगामी विधान सभा चुनाव के लिए 92 उम्मीदवारों की अपनी पांचवी लिस्ट जारी कर दी है। भाजपा ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के बेटे आकाश विजयवर्गीय का टिकट काट कर इंदौर-3 विधान सभा सीट से राकेश गोलू शुक्ला को उम्मीदवार बनाया है।

 

 

***************************************************************************************

 

 

 

 

 

 

 

 

 

मार्शल आर्ट गुरु डॉ. चीता यज्ञेश शेट्टी बने 9 ड्रॉप्स व बी 9 हनी के ब्रांड एम्बेसडर 

21.10.2023  –   भारतीय फिल्म जगत के मशहूर मार्शल आर्ट गुरु चीता यज्ञेश शेट्टी अब 9 ड्रॉप्स व बी 9 हनी के ब्रांड एम्बेसडर बन गए हैं। उन्होंने हाल ही में मैसूर में भारत के पहले बी 9 कैफे और हनी स्टोर का उद्घाटन किया।

बी 9 कैफे और हनी स्टोर के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कई नामचीन हस्तियाँ शामिल थीं जिनमें श्री गोपी माल्या (चेयरमैन माल्या ग्रुप मुम्बई), श्रीमती सुजाता एस लाड (इंडस्ट्रियलिस्ट संदूर बेल्लारी), श्री जी जे संतोष (ब्लू वाटर्स एडवेंचर स्पोर्ट्स, पॉन्डिचेरी), श्री पी के वेंकटेश (एग्री मार्केटिंग रिटायर्ड) और अनूप (बी 9) का नाम उल्लेखनीय हैं।

‘चीता जीत कुने दो ग्लोबल स्पोर्ट्स फेडरेशन’ के अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ चीता यज्ञेश शेट्टी देश भर में ‘महिला सशक्तिकरण और आत्मरक्षा कार्यक्रम’ में भी शामिल हैं। एक्शन डायरेक्टर चीता यज्ञेश शेट्टी मार्शल आर्ट के जरिए युवाओं को प्रेरित करते आ रहे हैं।

वह अब तक 150 से ज्यादा बॉलीवुड स्टार्स को मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण दे चुके हैं। ‘निर्भय महिला अधिकारिता एवं प्रशिक्षण’ कार्यक्रम के तहत वह अब तक करीब 10 लाख महिलाओं को भी मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग दे चुके हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*************************

दिल्ली आ रही फ्लाइट में बम की सूचना से मचा हड़कंप, 40 मिनट तक हवा में रहा विमान

नई दिल्ली 21 Oct, (एजेंसी)-पुणे से दिल्ली जा रही अकासा फ्लाइट की मुंबई में बम की सूचना के बाद इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। जैसे ही फ्लाइट ने टेकऑफ किया फ्लाइट में बम की सूचना मिली थी। इसके बाद विमान को मुंबई की ओर मोड़ दिया गया। इस दौरान विमान करीब 40 मिनट तक हवा में रहा। रात 12:42 बजे फ्लाइट छत्रपति शिवाजी महाराज एयरपोर्ट पर लैंड हुई और सभी पैसेंजर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया। फ्लाइट में 6 क्रू मेंबर्स सहित 185 यात्री सवार थे।

एक अधिकारी ने बताया कि बीती रात क़रीब 2.30 बजे सीआईएसएफ़ के अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने मुंबई पुलिस कंट्रोल के हॉट लाइन पर इसकी जानकारी दी। जिसके बाद फ़्लाइट के उस यात्री के सामान की तलाशी ली गई और उस समय वहां पर BDDS की टीम के साथ-साथ पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे। संदिग्ध यात्री के सामान की सघन जांच के दौरान पुलिस को किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। एक अधिकारी ने बताया कि जिस शख़्स ने उसके बैग में बम होने की बात कही थी, उसके सीने में दर्द हो रहा था। जिसके बाद उसे तुरंत एंबुलेंस की मदद से अस्पताल ले जाया गया।

*************************

 

SC ने 50 वर्षों से अधिक समय से लंबित मुकदमों पर व्यक्त की नाराजगी, जारी किए दिशानिर्देश

नई दिल्ली 21 Oct, (एजेंसी): सुप्रीम कोर्ट ने अपने हालिया फैसले में 50 साल से अधिक समय से लंबित मुकदमेबाजी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि न्यायिक देरी के कारण जनता का न्याय वितरण प्रणाली से मोहभंग हो रहा है। न्यायमूर्ति एस. रवींद्र भट्ट और न्यायमूर्ति अरविंद कुमार की पीठ ने राष्ट्रीय न्यायिक डेटा ग्रिड (एनजेजीडी) से डेटा निकाला और पाया कि देश का सबसे पुराना सिविल मामला 1952 से पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में सिविल जज सीनियर डिवीजन की अदालत में लंबित है।

पीठ ने कहा कि महाराष्ट्र में विभिन्न मजिस्ट्रेट अदालतों में लंबित शीर्ष तीन आपराधिक मामले 1961 और उससे भी पहले के हैं। इसमें कहा गया है कि कानून में कई खामियां, अनावश्यक और बड़ी कागजी कार्रवाई, गवाहों की अनुपस्थिति, बिना किसी उचित कारण के स्थगन मांगा और दिया गया, समन की सेवा में देरी, नागरिक प्रक्रिया संहिता (सीपीसी) के प्रावधानों के कार्यान्वयन की कमी और दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) देरी का प्रमुख कारण है।

सुप्रीम कोर्ट ने लंबित मामलों की त्वरित सुनवाई के लिए विस्तृत दिशानिर्देश जारी करने की बात कही। कोर्ट ने कहा, न केवल सभी स्तरों पर लंबित मामलों के विशाल ढेर को निपटाने के लिए सक्रिय कदम उठाने की तत्काल आवश्यकता है, बल्कि वादी जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए सभी हितधारकों को आत्मनिरीक्षण करना चाहिए। भारत में लगभग 6 प्रतिशत आबादी मुकदमेबाजी से प्रभावित है और अदालतें कानून के शासन द्वारा शासित राष्ट्र के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वादी जनता या बार के सदस्यों या न्याय देने की प्रक्रिया से जुड़े किसी भी व्यक्ति को किसी भी तरह से उक्त प्रक्रिया में देरी करके न्यायिक प्रक्रियाओं को कमजोर करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।

हमें प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करना चाहिए, बुनियादी ढांचे को मजबूत करना चाहिए, प्रौद्योगिकी में निवेश करना चाहिए और हमारे समय की मांगों को पूरा करने के लिए अपनी न्यायपालिका को सशक्त बनाना चाहिए। इसने शीर्ष अदालत के महासचिव को उचित कदम उठाने के लिए सभी उच्च न्यायालयों के रजिस्ट्रार जनरल को अपने फैसले की एक प्रति प्रसारित करने का आदेश दिया।

**************************

 

अहमदाबाद के एक व्यक्ति पर अमेरिकी से धोखाधड़ी का मामला दर्ज, क्रिप्टो वॉलेट से 9.3 लाख डॉलर बरामद

नई दिल्ली 21 Oct, (एजेंसी): केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शनिवार को कहा कि उसने रामावत शैशव उर्फ जेम्स कार्लसन के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाशी ली और उसके क्रिप्टो वॉलेट से 9.3 लाख अमेरिकी डॉलर बरामद किए। सीबीआई के एक प्रवक्ता ने यहां बताया कि अहमदाबाद में शैशव के परिसरों पर तलाशी ली गई, जिसमें क्रिप्टो वॉलेट्स और आपत्तिजनक सामग्री से 9.3 लाख अमेरिकी डॉलर मूल्य की क्रिप्टो मुद्राएं – बिटकॉइन, एथेरियम, रिपल, यूएसडीटी आदि की बरामदगी और जब्ती हुई।

अधिकारी ने कहा कि तलाशी के दौरान अहमदाबाद के रहने वाले दो अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता भी सामने आई है।
इसलिए, उक्त व्यक्तियों के परिसरों पर भी तलाशी ली गई, जिसके परिणामस्वरूप मोबाइल फोन, आपत्तिजनक सामग्री वाले लैपटॉप आदि बरामद हुए।

एजेंसी ने कहा कि यह आरोप लगाया गया था कि उक्त शैशव ने “जेम्स कार्लसन” के छद्म नाम से एक अमेरिकी नागरिक से फोन पर संपर्क किया, खुद को एक मल्टी-नेशनल कंपनी के धोखाधड़ी विभाग से बताया और पीड़ित को गलत तरीके से सूचित किया कि कोई पीड़ित के खाते का उपयोग करके एक कंप्यूटर का ऑर्डर देने की कोशिश कर रहा है। अधिकारी ने कहा, यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी ने पीड़ित को गुमराह भी किया कि चार अलग-अलग प्रांतों में लोगों ने उक्त एमएनसी के खाते खोलने के लिए पीड़ित के सामाजिक सुरक्षा नंबर का इस्तेमाल किया था।

सीबीआई ने यह भी आरोप लगाया कि शैशव ने पीड़ित को अपने बैंक खातों से नकदी निकालने और रॉकिटकॉइन एटीएम वॉलेट में बिटकॉइन में जमा करने के लिए प्रेरित किया और एक क्यूआर कोड साझा किया और उसे गलत जानकारी दी कि यह पीड़ित के लिए अमेरिकी ट्रेजरी द्वारा खोला गया खाता था।

एजेंसी ने कहा, “आरोपी ने पीड़ित का विश्वास हासिल करने के लिए 20.09.2022 को कथित तौर पर संघीय व्यापार आयोग, अमेरिका द्वारा जारी एक फर्जी पत्र भी ईमेल किया। पीडि़त ने पिछले साल 30 अगस्त से 9 सितंबर की अवधि के दौरान अलग-अलग तारीखों पर अपने बैंक खातों से 1,30,000 अमेरिकी डॉलर निकाले और उसे आरोपी द्वारा दिए गए बिटकॉइन पते पर जमा कर दिया।

अधिकारी ने कहा, “इसके बाद, आरोपी द्वारा धोखाधड़ी से उसका दुरुपयोग किया गया, जिससे पीड़ित को 1,30,000 डॉलर का नुकसान हुआ। ये इनपुट अमेरिका के फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन से प्राप्त हुए थे।”

***************************

 

झारखंड के चार देवी पीठों में होता है 16 दिनों का नवरात्रि अनुष्ठान, उमड़ रहे श्रद्धालु

रांची 21 Oct, (एजेंसी): नवरात्रि में यूं तो मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा-आराधना होती है, लेकिन झारखंड के चार देवी पीठ ऐसे हैं जहां शारदीय नवरात्रि पर 16 दिनों का अनुष्ठान होता है। विशिष्ट परंपराओं, मान्यताओं और ऐतिहासिक कहानियों वाले इन देवी स्थलों पर हर नवरात्र में बड़ी तादाद में श्रद्धालु जुटते हैं। इस वर्ष 15 अक्टूबर को नवरात्रि की शुरुआत हुई है, जिसका समापन 24 अक्टूबर को होगा।

झारखंड के इन चार मंदिरों में 9 अक्टूबर को जिउतिया (जीवित्पुत्रिका व्रत) नामक पर्व के अगले दिन यानी आश्विन कृष्ण पक्ष नवमी को कलश स्थापना के साथ नवरात्रि के अनुष्ठान प्रारंभ हो गये थे। जिन देवी पीठों में 16 दिनों का नवरात्रि अनुष्ठान होता है, उनमें लातेहार जिले के चंदवा स्थित उग्रतारा मंदिर, बोकारो जिले के कोलबेंदी मंदिर, चाईबासा स्थित केरा मंदिर और सरायकेला-खरसावां में राजागढ़ स्थित मां पाउड़ी मंदिर शामिल हैं।

16 दिनों की नवरात्रि आराधना के पीछे की मान्यता के बारे में आचार्य संतोष पांडेय बताते हैं कि भगवान राम ने लंका विजय के लिए बोधन कलश स्थापना कर 16 दिनों तक मां दुर्गा की आराधना की थी। झारखंड के कई राजघरानों ने इस परंपरा को चार-पांच सौ वर्षों से जारी रखा है। संभवतः पूरे भारतवर्ष में और किसी स्थान पर 16 दिनों के नवरात्रि अनुष्ठान की परंपरा नहीं है।

इन चार मंदिरों में से लातेहार के चंदवा स्थित मां उग्रतारा नगर मंदिर की मान्यता सिद्ध शक्तिपीठ के रूप में है। यह मंदिर हजारों साल पुराना बताया जाता है। शारदीय नवरात्रि में सामान्य तौर पर 16 दिनों का नवरात्रि अनुष्ठान तो यहां होता ही है, जिस वर्ष नवरात्रि वाले महीने के साथ मलमास जुड़ा हो, उस वर्ष 45 दिनों का नवरात्रि अनुष्ठान होता है। हिंदू पंचांग के अनुसार हर तीन वर्ष पर एक वर्ष ऐसा होता है, जिसमें 12 के बदले 13 यानी एक अतिरिक्त मास होता है। इसे ही मलमास कहा जाता है।

खास बात यह है कि इस मंदिर में पूजा-आराधना लगभग 500 साल पहले हस्तलिखित पुस्तक के अनुसार होती है। इस पुस्तक के पन्‍ने अभी भी पूरी तरह सुरक्षित हैं और अक्षर चमकदार हैं। पुस्तक को सुरक्षित रखने के लिए इसकी प्रतिलिपि बनाने की विधि भी उसी में दर्ज है। स्याही किस तरह तैयार की जाएगी, कैसे लिखी जायेगी, ये सभी विवरण इसी पुस्तक में हैं।

इस मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए झारखंड के विभिन्न हिस्सों के साथ ही पड़ोसी राज्य बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ समेत कई अन्य राज्यों से श्रद्धालु यहां आते रहते है। मंदिर के पुजारी पंडित अखिलानंद मिश्र व पंडित विनय मिश्र बताते हैं कि 16 दिन पूजा के बाद विजयादशमी के दिन मां भगवती को पान चढ़ाया जाता है। आसन से पान गिरने पर माना जाता है कि भगवती ने विसर्जन की अनुमति दे दी। इस दौरान हर दो-दो मिनट पर आरती की जाती है। कभी-कभी तो पूरी रात पान नहीं गिरता और आरती का दौर निरंतर जारी रहता है। पान गिरने के बाद विसर्जन की पूजा होती है।

इस मंदिर के साथ राजघराने की कहानियां भी जुड़ी हैं। बताते हैं कि तत्कालीन राजा आखेट के लिए लातेहार के मनकेरी जंगल में गये थे। जहां तोड़ा तालाब में पानी पीने के दौरान देवियों की मूर्तियां राजा के हाथ में आ जा रही थीं। लेकिन, राजा ने मूर्तियों को तालाब में डाल दिया। भगवती ने रात में राजा को स्वप्न दिया और मूर्तियों को महल में लाने को कहा। इसके बाद तालाब से मूर्तियों को लेकर राजा अपने महल में पहुंचे और आंगन में मंदिर का निर्माण कराया।

यह भी कहा जाता है कि मराठा रानी अहिल्याबाई भी मां उग्रतारा मंदिर में पूजा अर्चना करने आयी थीं। मंदिर की परंपराओं से मुसलमानों का भी गहरा संबंध है। मंदिर में जो नगाड़ा बजाया जाता है, उसकी व्‍यवस्‍था का जिम्‍मा मुसलमानों के पास है। मंदिर के पीछे यानी पूरब की तरफ मदार शाह की मजार है। कहते हैं कि मदार शाह नगर भगवती के अनन्य भक्त थे। विजयादशमी के समय मंदिर में पांच झंडे लगाये जाते हैं, और यहीं से छठा सफेद रंग का झंडा मदार शाह के मजार के ऊपर लगाने के लिए भेजा जाता है।

इसी तरह 350 सालों से भी ज्यादा पुराने बोकारो के कोलबेंदी दुर्गा मंदिर में भी 16 दिनों का नवरात्रि अनुष्ठान होता है। कोलबेंदी दुर्गा मंदिर के पुजारी चंडीचरण बनर्जी के अनुसार ठाकुर किशन देव ने मंदिर बनवाया था। उनके वंशज आज भी परंपरा निभा रहे हैं।

सरायकेला राजघराने में वर्ष 1620 से 16 दिनों का नवरात्रि अनुष्ठान होता है। इस राजवंश के राजा विक्रम सिंहदेव ने राजमहल परिसर में पूजा शुरू की थी। यहां नवमी को नुआखाई होती है। इस दिन नई फसल से तैयार चावल का भोग देवी पर चढ़ता है।

पश्‍च‍िमी स‍िंहभूम जि‍ले के चक्रधरपुर में 400 वर्ष पुराने ऐतिहासिक मां भगवती केरा देवी में भी हर साल होने वाले 16 दिनों के नवरात्र अनुष्ठान के दौरान झारखंड के अलावा ओडिशा और पश्‍च‍िम बंगाल से भी श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।

*********************************

 

राजस्थान चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची जारी, CM गहलोत समेत 33 नामों का ऐलान

नई दिल्ली 21 Oct, (एजेंसी): 200 सदस्यीय राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने शनिवार को 33 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की, इसमें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उनके पूर्व डिप्टी सचिन पायलट, पार्टी के वरिष्ठ नेता सीपी जोशी सहित अन्य शामिल है। कांग्रेस ने गहलोत को सरदारपुर विधानसभा सीट से, जबकि पायलट को उनकी पारंपरिक टोंक विधानसभा सीट से मैदान में उतारा है।

पार्टी ने जोशी को नाथद्वारा विधानसभा सीट से, राज्य इकाई प्रमुख गोविंद डोटासरा को लक्ष्मणगढ़ विधानसभा सीट से, हरीश चौधरी को बायतु विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने ओसियां विधानसभा सीट से दिव्या मदेरणा, सादुलपुर विधानसभा सीट से कृष्णा पूनिया को भी उम्मीदवार बनाया है।

पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भंवर सिंह भाटी, मनोज मेघवाल, अमित चाचाण, रीटा चौधरी, इंद्राज सिंह गुर्जर, लालत कुमार यादव, टीकाराम जूली को भी पार्टी का उम्मीदवार बनाया है। 200 सदस्यीय राजस्थान विधानसभा के लिए मतदान 25 नवंबर को र्निर्धारित किया गया है और वोटों की गिनती 3 दिसंबर को होगी। कांग्रेस की नजर राजस्थान में लगातार दूसरे कार्यकाल पर है और उसने रेगिस्तानी राज्य में कई जन-समर्थक योजनाएं शुरू की हैं।

***************************

 

दिल्ली में एक टन से ज्यादा अवैध पटाखे जब्त, दो गिरफ्तार

नई दिल्ली 21 Oct, (एजेंसी): दो अलग-अलग ऑपरेशन्स में दो आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ, दिल्ली पुलिस ने शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में बैन पटाखों का कारोबार करने वाले एक रैकेट का भंडाफोड़ किया और 1104 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद करने का दावा किया।

आरोपियों की पहचान रोशनआरा रोड निवासी सौरभ (25) और गोपालपुर निवासी रामप्रकाश (35) के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, उन्हें दिल्ली के बुराड़ी के जगतपुर गांव स्थित एक गोदाम में बड़ी मात्रा में अवैध पटाखे रखे जाने की विशेष जानकारी मिली थी। इस खुफिया सूचना पर कार्रवाई करते हुए छापेमारी की गई, जिसमें रामप्रकाश नाम के एक व्यक्ति को पकड़ा गया। विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध) रवींद्र सिंह यादव ने कहा, “गोदाम का निरीक्षण करने पर, पटाखों के कुल 53 कार्टन जब्त किए गए, जिनका वजन लगभग 1000 किलोग्राम था।”

पूछताछ के दौरान, रामप्रकाश ने पटाखों की बिक्री और भंडारण के अवैध कारोबार में शामिल होने की बात कबूल की। यादव ने कहा, “आरोपी ने बताया कि उसने परवेज, जय रावल और मनोज जैन नाम के व्यक्तियों से अवैध पटाखे खरीदे थे।” अधिकारी ने कहा, “इन लोगों को पकड़ने के लिए फिलहाल छापेमारी चल रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।”

एक अलग ऑपरेशन में, एक गुप्त सूचना के आधार पर, पुलिस ने एक कार को रोका और सौरभ नाम के एक व्यक्ति को पकड़ा। कार की तलाशी लेने पर उन्हें 104 किलोग्राम अवैध पटाखे मिले। उन्होंने आगे कहा, ”सौरभ ने स्वीकार किया कि उसने जल्दी ही लाभ कमाने के इरादे से हरियाणा के फारुख नगर के खुले बाजार से अवैध पटाखे खरीदे थे। जब पुलिस टीम ने उसे दिल्ली के क्राउन प्लाजा में रोका तो उसने अपनी अर्टिगा कार में 104 किलोग्राम पटाखे लाद लिए थे।”

***************************

 

मध्यप्रदेश को बेरोजगारों का प्रदेश बनाया भाजपा ने : कमलनाथ

भोपाल 21 Oct, (एजेंसी) : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने आज आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने मध्यप्रदेश को ‘बेरोजगारों का प्रदेश’ बना दिया है।

कमलनाथ ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट के जरिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को संबोधित करते हुए लिखा है कि राज्य में युवाओं के साथ अन्याय किया जा रहा है। उनका दावा है कि आज राज्य में लगभग 40 लाख बेरोजगार पंजीकृत हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस की सरकार बनने पर नौजवानों के लिए दस बड़े काम किए जाएंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राज्य में दो लाख सरकारी पद भरे जाएंगे। प्रदेश के युवाओं को ही सरकारी नौकरी में प्राथमिकता मिले, इसके लिए भी आगे बढ़ेंगे। प्रतियोगी परीक्षा शुल्क में सौ प्रतिशत छूट दी जाएगी। इसके अलावा युवा स्वाभिमान योजना के तहत जरूरतमंद शिक्षित बेरोजगार युवाओं को 1500 से 3000 रुपए तक प्रतिमाह आर्थिक सहायता देंगे। उन्होंने और भी वादे किए हैं।

********************************

 

अपने पहले सफर पर रवाना हुई Namo Bharat ट्रेन, लोगों में दिखा गजब का उत्साह; ये हैं खूबियां

नई दिल्ली 21 Oct, (एजेंसी) : आज से Namo Bharat ट्रेन के सुहाने सफर की शुरुआत हो गई है। इस ट्रेन की पहली टिकट लेने वाली यात्री प्रेमलता बनीं। लोग बड़ी उत्सुकता से ट्रेन की यात्रा करने पहुंच रहे हैं। लोग परिवार के साथ भी सफर के लिए पहुंचे। पहली ट्रेन साहिबाबाद से दुहाई के लिए रवाना हुई।

Namo Bharat train first journey

खूबियां जो रैपिड रेल को मेट्रो से अलग बनाती हैं

मेट्रो के स्टेशन एक किमी की दूरी पर हैं, जबकि नमो भारत के स्टेशनों की दूरी लगभग चार किलोमीटर है।

*मेट्रो में सामान रखने को रैक नहीं है। नमो भारत में रैक है।

*मेट्रो में प्रत्येक सीट पर लैपटॉप, मोबाइल चार्ज करने के लिए चार्जिंग प्वाइंट नहीं है, नमो भारत में हैं।

*मेट्रो के अंदर खानपान का सामान नहीं मिलता है, नमो भारत के प्रीमियम कोच में यह सुविधा है।

*मेट्रो में स्ट्रेचर पर मरीज ले जाने की सुविधा नहीं है, नमो भारत में है।

*मेट्रो के स्टेशन दो तल के हैं, नमो भारत के दो से चार तल तक के हैं।

*मेट्रो में प्रीमियम कोच नहीं होता है, नमो भारत में प्रीमियम कोच है।

*मेट्रो पर पुलिस पोस्ट नहीं है, नमो भारत के प्रत्येक स्टेशन पर है।

*मेट्रो में अटेंडेंट की व्यवस्था नहीं है, नमो भारत में अटेंडेंट की व्यवस्था है।

*मेट्रो के दरवाजे खुद खुलते हैं, नमो भारत के बटन दबाने के बाद खुलेंगे।

*मेट्रो की अधिकतम स्पीड 60 किमी प्रतिघंटा होती है, नमो भारत की अधिकतम स्पीड 180 किमी. प्रतिघंटा है।

*मेट्रो के एक कोच में 50 लोग बैठ सकते हैं, नमो भारत के एक कोच में 72 लोग बैठ सकते हैं।

*********************************

ISRO ने रचा इतिहासः गगनयान मिशन की पहली टेस्ट फ्लाइट सफलतापूर्वक लॉन्च

नई दिल्ली 21 Oct, (एजेंसी): इसरो ने शनिवार सुबह गगनयान मिशन की पहली टेस्ट फ्लाइट लॉन्च कर इतिहास रच दिया है। इसरो ने शनिवार सुबह 10 बजे श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से गगनयान के क्रू मॉड्यूल को सफलता पूर्वक लॉन्च किया। हालांकि पहले तकनीकी कारणों से लांचिंग को कुछ समय से टाल दिया गया था।

बाद में इसरों ने सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से गगनयान मिशन की पहली टेस्ट फ्लाइट की सफलतापूर्वक लॉन्च कर दिया है। इसे टेस्ट व्हीकल अबॉर्ट मिशन-1 और टेस्ट व्हीकल डेवलपमेंट फ्लाइंट कहा जा रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए इसरो चीफ एस सोमनाथ ने कहा कि मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि टीवी-डीवी 1 (क्रू मॉड्यूल) मिशन का सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया गया है। उन्होंने इस सफलता के इसरो की पूरी टीम को बधाई दी।

टेस्ट व्हीकल एस्ट्रोनॉट के लिए बनाए गए क्रू मॉड्यूल को अपने साथ ऊपर ले गया। रॉकेट क्रू मॉड्यूल को लेकर साढ़े सोलह किलोमीटर ऊपर जाएगा और फिर बंगाल की खाड़ी में लैंड करेगा।

*************************

 

 

HC ने कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े जबरन वसूली मामले में पिंकी ईरानी को जमानत दी

नई दिल्ली 21 Oct, (एजेंसी): दिल्ली हाईकोर्ट ने 200 करोड़ रुपये से जुड़े एक हाई-प्रोफाइल जबरन वसूली मामले में कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर की करीबी सहयोगी पिंकी ईरानी को जमानत दे दी। दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने पिछले साल 30 नवंबर को पिंकी ईरानी को गिरफ्तार किया था, तब से वह हिरासत में थीं।

हाईकोर्ट ने जमानत देते समय विभिन्न फेक्टरों पर विचार किया। अदालत ने अपने फैसले में कहा कि पिंकी ईरानी के आपराधिक इतिहास के बारे में रिकॉर्ड पर कुछ भी नहीं है। वह 52 वर्षीय महिला है और करीब एक साल से हिरासत में है। अदालत ने यह भी कहा कि मुकदमे के दौरान आरोपों का परीक्षण करने की जरूरत होगी ताकि यह निर्धारित किया जा सके कि वे महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) की आवश्यकताओं को पूरा करते हैं या नहीं।

हाईकोर्ट ने आदेश दिया है कि पिंकी ईरानी किसी भी परिस्थिति में संबंधित अदालत की पूर्व अनुमति के बिना भारत नहीं छोड़ेंगी। इसके अलावा कोर्ट ने 5 लाख रुपये के निजी मुचलके व इतनी ही राशि के दो जमानती पर जमानत देते हुए आदेश दिया कि पिंकी ईरानी मामले से परिचित किसी भी व्यक्ति को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कोई प्रलोभन, धमकी देने की कोशिश नहीं करेंगी।

ईओडब्ल्यू ने आरोप लगाया था कि पिंकी ईरानी ने चंद्रशेखर को बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस से मिलवाया और उगाही की गई 200 करोड़ रुपये की रकम को ठिकाने लगाने में भूमिका निभाई। ईरानी पर चंद्रशेखर को एक बिजनेस टाइकून के रूप में पेश करने और कुछ बॉलीवुड हस्तियों के साथ उनकी बैठकें कराने का आरोप लगाया गया था।

*****************************

 

हायर के फेस-टू की इकाई का मैप स्वीकृत, 400 करोड़ के निवेश से 1,000 युवाओं को मिलेगा रोजगार

ग्रेटर नोएडा 21 Oct, (एजेंसी): ग्रेटर नोएडा में आईआईटीजीएनएल की इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप में हायर अप्लायंसेज दूसरे चरण की इकाई का निर्माण शुरू करने जा रहा है। हायर के फेस-टू की इकाई का निर्माण करने के लिए मैप स्वीकृत हो गया है।

कंपनी के मुताबिक दूसरे चरण की विस्तार इकाई में करीब 400 करोड़ रुपये का निवेश होगा और 1,000 युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। यह प्लांट करीब एक साल में बनकर तैयार हो जाएगा।

इस प्लांट में इंजेक्शन मोल्डिंग और शीट मेटल का निर्माण किया जाएगा, जो वर्तमान में कार्यरत इकाइयों में ही इस्तेमाल होगा। यह हायर अप्लायंसेज का चौथा प्लांट है। इससे पहले एसी, फ्रिज और वॉशिंग मशीन का प्लांट शुरू किया जा चुका है।

हायर कंपनी को वर्ष 2018 में 122 एकड़ का भूखंड आवंटित किया गया है। कंपनी प्रथम चरण में लगभग 1,600 करोड़ रुपये का निवेश और करीब 2,500 लोगों को रोजगार के अवसर प्रदान कर चुकी है।

आईआईटीजीएनएल के प्रबंध निदेशक व ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने कहा है कि निवेशकों से अपील की है कि इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप और ग्रेटर नोएडा में निवेश के इच्छुक निवेशकों को दोनों संस्थानों की तरफ से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

**************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version