पंजाब पुलिस ने मुकेरियां में नेशनल हाईवे पर धरना दे रहे किसान खदेड़े

मुकेरियां 02 Dec, (एजेंसी) – शुगर मिल मुकेरियां के सामने कल से धरना प्रदर्शन कर रहे किसानों को पुलिस ने आज खदेड़ दिया। पुलिस कुछ प्रदर्शनकारियों को साथ ले गई है। पुलिस किसान नेताओं को कहां लेकर गई, अभी इसकी जानकारी नहीं हुई है।

किसान नेशनल हाईवे की खोली गई एक साइड और सर्विस रोड को बंद करने लगे थे, इसी के चलते पुलिस ने बल प्रयोग किया और किसानों को वहां से खदेड़ते हुए उठा कर ले गई। हालांकि किसानों ने अपना रोष प्रदर्शन बंद नहीं किया है और गन्ने का एमएसपी बढ़ाने की मांग वे कर रहे हैं।

***************************

 

पंजाब के तरनतारन में पाकिस्तानी ड्रोन बरामद

जालंधर 02 Dec, (एजेंसी) : सीमा सुरक्षा बल(बीएसएफ) ने पंजाब के जिला तरनतारन के गांव खालड़ा से एक पाकिस्तानी ड्रोन बरामद किया है। बीएसएफ के जनसंपर्क अधिकारी ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार की शाम को एक ड्रोन की उपस्थिति के संबंध में विशेष सूचना पर बीएसएफ द्वारा गांव खालड़ा के बाहरी इलाके में तलाश अभियान शुरू किया गया था।

इसी दौरान एक खेत से एक क्वाडकॉप्टर (मॉडल – डीजेआई माविक 3 क्लासिक, चीन में निर्मित) ड्रोन बरामद किया गया।

**********************

 

रामभक्तों के लिए Good News, अयोध्या में श्रीराम इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनकर तैयार

अयोध्या 02 Dec, (एजेंसी)-अयोध्या में श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनकर तैयार हो चुका है। आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एयरपोर्ट पहुंचे। उनके साथ केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह भी रहे। सभी ने एयरपोर्ट के निर्माण काम का जायजा लिया।

टर्मिनल बिल्डिंग में एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री योगी व ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अयोध्या की हनुमान गढ़ी में दर्शन-पूजन किए। इस रनवे को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। नाइट लैंडिंग तथा कोहरे एवं धुंध में लैंडिंग के लिए कैट–वन एवं रेसा सुविधाओं का काम लगभग पूरा हो चुका है। एटीसी टॉवर का काम भी जल्द पूरा कर दिया जाएगा। अयोध्या की गरिमा के अनुरूप एयरपोर्ट का निर्माण किया जा रहा है। इसका डिजाइन राम मंदिर मॉडल के मुताबिक ही बनाया जा रहा है। 24 घंटे इस एयरपोर्ट का संचालन किया जाएगा। एयरपोर्ट को 500 यात्रियों की क्षमता के लिए बनाया गया है। इसी के साथ ही हवाई अड्डे पर लोगों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधा दी जाएंगी।

*****************************

 

बिहार : BJP को घेरने के लिए जिलों में संविधान बचाओ मार्च करेगी JDU

पटना 02 Dec, (एजेंसी) । बिहार में सत्तारूढ़ महागठबंधन में शामिल जदयू लोकसभा चुनाव के पहले भाजपा को घेरने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाह रही है। हाल ही में पटना में भीम संसद की सफलता के बाद जदयू भाजपा को घेरने के लिए जिलों में ‘संविधान बचाओ मार्च ‘ करने जा रही है।

जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने बताया कि मार्च का उद्देश्य केंद्र सरकार की संविधान विरोधी कार्य करने, संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग करने तथा इतिहास को मिटाने की कोशिश करने के खिलाफ लोगों को जागरूक करना तथा ऐसे कार्यों का विरोध करना है।

उन्होंने कहा कि राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में डॉ भीम राव अंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर छह दिसंबर को इस मार्च का आयोजन किया जाएगा। इसका आयोजन पार्टी के अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ द्वारा किया जा रहा है। मार्च में संबंधित जिले के सभी अधिकारी भी शामिल होंगे। उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर को जदयू ने पटना में भीम संसद का आयोजन किया था, इसमे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी शिरकत की थी।

************************

 

कम दृश्यता के कारण दिल्ली आने वाली 15 से ज्यादा उड़ानों को किया डायवर्ट

नई दिल्ली 02 Dec, (एजेंसी) । शनिवार सुबह कम दृश्यता के कारण दिल्ली आने वाली 15 से अधिक उड़ानों को जयपुर, लखनऊ, अहमदाबाद और अमृतसर की ओर मोड़ दिया गया।

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे के सूत्रों के मुताबिक, सुबह 7 बजे से 10 बजे के बीच उड़ानों को डायवर्ट किया गया।

विस्तारा एयरलाइन ने एक्स पर एक ट्वीट में कहा, “मुंबई से दिल्ली (बीओएम-डीईएल) की उड़ान यूके954 को दिल्ली हवाई अड्डे पर खराब मौसम के कारण जयपुर (जेएआई) की ओर मोड़ दिया गया है और यह 0842 बजे जयपुर (जेएआई) पहुंची है।”

“चेन्नई से दिल्ली (एमएए-डीईएल) की उड़ान यूके832 को दिल्ली (डीईएल) हवाई अड्डे पर कम दृश्यता के कारण अमृतसर (एटीक्यू) की ओर मोड़ दिया गया है और इसके 1100 बजे अमृतसर पहुंचने की उम्मीद है।”

एयरलाइंस के एक अन्य ट्वीट में लिखा है, “मुंबई से दिल्ली (बीओएम-डीईएल) की उड़ान यूके928 को दिल्ली हवाई अड्डे पर कम दृश्यता के कारण जयपुर (जेएआई) की ओर मोड़ दिया गया है।”

राष्ट्रीय राजधानी में आज सुबह हल्का कोहरा छाया रहा और न्यूनतम तापमान गिरकर 12.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है।

मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है जबकि हल्का कोहरा रहेगा।

**************************

 

मतगणना परिसर के अंदर अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश नहीं हो सकेगा, कोई भी रिकॉर्डिंग उपकरण मतगणना हॉल के अंदर नहीं ले जा सकेंगे

मीडिया कर्मी केवल मीडिया सेन्टर में ही मोबाइल का उपयोग कर सकेंगे
श्रीगंगानगर 02 Dec, (एजेंसी) । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा आम चुनाव 2023 के अंतर्गत 3 दिसम्बर 2023 को होने वाली मतगणना के दौरान मतगणना परिसर के अंदर अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश को रोकने के लिये मतगणना परिसरों में त्रि-स्तरीय घेरा बंदी प्रणाली स्थापित की जानी चाहिए।

जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशदीप ने बताया कि सुरक्षा घेरे का पहला स्तर मतगणना परिसर के चारों ओर 100 मीटर की परिधि से शुरू होगा, जिसे पैदल यात्री क्षेत्र के रूप में सीमांकित किया जाना चाहिए। इस परिधि के भीतर किसी भी वाहन को अनुमति नहीं दी जायेगी। इस सीमांकित क्षेत्र की उचित बैरीकेटिंग की जायेगी। ईसीआई के विधिवत जारी प्राधिकार पत्र या संबंधित डीईओ या आरओ द्वारा जारी फोटो आई कार्ड या ऐसे मीडियाकर्मी द्वारा प्रदर्शित मीडिया पास के बिना किसी भी व्यक्ति को सुरक्षा घेरे के प्रथम स्तर से गुजरने की अनुमति नहीं दी जायेगी।

निषिद्ध वस्तु मतगणना स्थल पर नहीं ले जा सकेंगे

द्वितीय एवं मध्य घेरा मतगणना परिसर के गेट पर होगा। इसका संचालन संबंधित राज्य सशस्त्र पुलिस द्वारा किया जायेगा। दूसरे घेरे में व्यक्तियों के प्रवेश की अनुमति देने से पहले राज्य पुलिस कर्मियों द्वारा उचित तलाशी ली जानी चाहिए ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी निषिद्ध वस्तु जैसे माचिस, हथियार और अन्य ज्वलनशील लेख आदि अन्दर नहीं ले जा सके। महिलाओं की तलाशी केवल महिला पुलिस द्वारा की जायेगी। उन्हें यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि मोबाइल, आई-पैड, लेपटॉप और इसी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या कोई रिकॉर्डिंग उपकरण मतगणना हॉल के अंदर नहीं ले जा सके। ऐसी सभी वस्तुएं मीडिया कक्ष/सार्वजनिक संचार कक्ष में रखी जायेगी। द्वितीय स्तर पर तैनात बल यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी काउंटिंग हॉल के बाहर न घूम रहा हो। मोबाइल फोन या अन्य संचार उपकरणों का उपयोग केवल मतगणना केन्द्रों पर निर्दिष्ट कमरों से ही किया जा सकता है।

मतगणना हॉल में मोबाइल फोन नहीं ले जा सकेंगे

उन्होंने बताया कि तीसरा स्तर और सबसे भीतरी घेरा मतगणना हॉल के दरवाजे पर होगा। इसका संचालन केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल द्वारा किया जायेगा। इस स्तर पर उचित तलाशी की व्यवस्था होगी ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी मोबाइल फोन और अन्य निर्दिष्ट वस्तुएं मतगणना हॉल के अंदर नहीं ले जा सके।

मतगणना हॉल के अदंर अधिकारिक रिकॉर्डिंग के लिये अधिकारिक वीडियो कैमरे को छोड़कर किसी भी अचल चित्र/वीडियो कैमरे की अनुमति नहीं होगी। चुनाव आयोग द्वारा जारी मीडिया पास को लेकर आने वाले प्रेस के व्यक्तियों को बिना स्टैंड के हाथ से पकड़े जाने वाले कैमरे का मतगणना हॉल के अंदर ले जाने की अनुमति दी जा सकती है। इसके अलावा मीडिया कर्मियों, पत्रकारों द्वारा हाथ में लिये गये कैमरों से मतगणना प्रक्रिया का ऑडियों विजुअल कवरेज लेते समय किसी व्यक्ति, सीयू, वीवीपेट या मतपत्र पर दर्ज किये गये वास्तविक वोटों की फोटो नहीं खींची जानी चाहिए या किसी भी परिस्थिति में ऑडियो विजुअल कवरेज द्वारा कवर नहीं किया जाना चाहिए।

मीडिया सेन्टर में डयूटी पर तैनात अधिकारी कम संख्या में मीडिया समूहों को केवल थोड़े समय के लिये नियमित अंतराल पर मतगणना हॉल में ले जायेंगे। सटीक सीमा, जहां तक मीडिया कर्मियों, पत्रकारों के अचल चित्र/वीडियो कैमरे जा सकते हैं, रिटर्निंग अधिकारी द्वारा पहले ही बता दी जानी चाहिए। मार्गदर्शन के लिये एक रेखा या डोरी द्वारा चिन्हित किया जा सकता है। मतगणना केन्द्र में प्रवेश, हर समय कानून व्यवस्था बनाये रखना उचित शिष्टाचार और शान्तिपूर्ण मतगणना के संचालन की समग्र आवश्यकता के अधीन है।

मीडिया सेन्टर में डयूटी पर तैनात अधिकारी मीडिया समूहों को केवल छोटी अवधि के लिये नियमित अंतराल में काउंटिंग हॉल में ले जायेंगे। मीडिया सेन्टर में मोबाइल फोन को सुरक्षित रूप से रखने की उचित व्यवस्था की जायेगी, क्योंकि मतगणना हॉल के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। मीडिया कर्मियों द्वारा केवल फोन और अन्य संचार उपकरणों का उपयोग केवल मीडिया सेन्टर में ही किया जायेगा।

**************************

 

उत्तर प्रदेश में तीन नई SDRF गठित

लखनऊ 02 Dec, (एजेंसी) । आपदाओं से निपटने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने तीन नये राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) का गठन किया है। बाढ़, सूखा, भूकंप, आकाशीय बिजली जैसी अपादाओं के साथ 11 अन्य अपदाओं को भी राज्य आपदा घोषित किया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश में तीन नई राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) गठित की गयीं हैं। इसके अलावा प्रदेश की 11 आपदाओं को भी राज्य आपदा में शामिल किया गया। राज्य आपदा की सूची में सामान्य समझी जाने वाली जिन घटनाओं को शामिल किया गया है, उनमें नाव दुर्घटना, सर्पदंश, सीवर सफाई, गैस रिसाव, बोरवेल में गिरना, मानव वन्य जीव द्वन्द, नदी में डूबना, सांढ और नीलगाय आघात समेत 11 आपदाएं शामिल हैं। अब इन्हें जन जन तक पहुंचाने के लिए और आम जनमानस को जागरुक करने के लिए ग्राम स्तर पर राहत चौपाल का आयोजन हो रहा है।

मौसम संबंधी पूर्व चेतावनी तंत्र हो रहा सुदृढ़ मौसम संबंधी पूर्व चेतावनी तंत्र को सुदृढ़ करने के लिए प्रदेश की सभी तहसीलों में 450 आटोमेटिक वेदर स्टेशन (एडब्ल्यूएस), ब्लॉक स्तर पर 02 हजार आटोमेटिक रेनगेज (एआरजी) और प्रदेश के 05 प्रमुख शहरों में 05 डॉप्लर रडार की स्थापना की जा रही है। इससे बचाव के लिए आम जनमानस को जागरूक करने के उद्​देश्य से ग्राम स्तर पर सात हजार राहत चौपालों का आयोजन किया जा चुका है। जनपद स्तर के अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को आपदाओं से बचाव व तैयारी, आपदा के दौरान क्या करें व क्या न करें आदि के संबंध में भी जागरूक किया जा रहा है।

राहत आयुक्त जीएस नवीन के ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों को बाढ़, फ्लैश फ्लड, वेक्टर जनित बीमारियों, औद्योगिक दुर्घटनाओं, भूकंप, नाभिकीय खतरा समेत किसी भी प्रकार की आपदा से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन तंत्र को और मजबूत करने के निर्देश दिये थे। इस वजह से प्रदेश में तीन नई राज्य आपदा मोचन बल का गठन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नई कंपनी के लिए 80.75 करोड़ से इक्विपमेंट एवं 9.99 करोड़ से वाहन खरीदे जा रहे हैं। जल्दी ही ये धरातल पर होंगे।

पाठ्यक्रम में शामिल हुआ आपदा प्रबंधन सरकार ने स्कूलों के पाठ्यक्रमों एवं उत्तर प्रदेश के शिक्षा परिषदों में आपदा प्रबंधन के विषयों को शामिल किया गया। इसमें प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थान, पुलिस अकादमी, राज्य ग्राम्य विकास संस्थान, सचिवालय प्रशिक्षण संस्थान, राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान सहित अन्य संस्थानाें में आपदा प्रबंधन विषय शामिल है। प्रदेश में नौका दुर्घटनाएं रोकने के लिए नाव सुरक्षा एवं नाविक कल्याण नीति-2020 बनाई गयी है। इसके जरिये प्रथम फेज में 872 गोताखोर एवं 5123 नाविकों को नाव सुरक्षा किट का वितरण किया गया।

वहीं आपदा के दौरान राहत वितरण प्रणाली को समयबद्ध व पारदर्शी बनाने के लिए इंड टू इंड कंप्यूटराइजेशन ऑफ बेनिफिशरी मैनेजमेंट सिस्टम का शुभारंभ किया गया। इससे लाभार्थी के चयन से लेकर डिजिटल अप्रूवल तथा अकाउंट में धनराशि हस्तातंरित करने तक की पूरी प्रक्रिया पेपरलेस हो गई है, जिससे राहत वितरण में पारदर्शिता के साथ-साथ समयबद्धता भी सुनिश्चित हुई है। इसके अलावा प्रदेश में डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए वाराणसी, प्रयागराज एवं गोरखपुर में मुख्यमंत्री बाल तरणवीर कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

**************************

 

पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब में बड़ी वारदात : बाप ने गोली मारकर किया बेटे का कत्ल, 10 दिसंबर को युवक ने जाना था कनाडा

श्री मुक्तसर साहिब 02 Dec, (एजेंसी) : पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। हलका लंबी के गांव धौला में पिता ने अपने भाई के साथ मिलकर अपने इकलौते बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक युवक को 10 दिसंबर को कनाडा जाना था। थाना लंबी की पुलिस ने लड़के की मां के बयानों पर पिता और चाचा के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।

 बता दें कि आरोपी ने अपने इकलौते बेटे नवजोत सिंह को गोली मार दी थी। मृतक युवक की उम्र 22 साल है, जिसका इलाज चल रहा था और आज उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि हत्या का कारण यह था कि लड़के के पिता और चाचा को शक था कि लड़का उनका बच्चा नहीं है, जिसके लिए उन्होंने लाइसेंसी हथियार से उसे गोली मार दी।

************************

 

पंजाबः संगरूर के मेरिटोरियस स्कूल में परोसा दूषित खाना, 40 बच्चों को तबीयत बिगड़ी- मचा हड़कंप

संगरूर 02 Dec, (एजेंसी): संगरूर के नजदीकी सरकारी मेरिटोरियस स्कूल में दूषित भोजन खाने से 40 बच्चे बीमार हो गए है। बीमार बच्चों का इलाज सिविल अस्पताल संगरूर में किया जा रहा है। अस्पताल में उपचाराधीन बच्चों ने स्कूल में मिल रहे भोजन को घटिया होने की बात कही। दरअसल, सरकारी मेरिटोरियस स्कूल में दूषित भोजन खाने से देर रात 18 बच्चों को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जिसमें से 14 बच्चों को प्राथमिकी इलाज कर छुट्टी दे दी गई, जबकि 4 बच्चों की हालत गंभीर होने की वजह से भर्ती कर लिया है।

शनिवार सुबह स्कूल से 20 बच्चों को भर्ती करवाया गया। भर्ती बच्चों के मुंह से झाग, पेट में दर्द व उल्टियां होने की शिकायत सामने आई है। अस्पताल में भर्ती बच्चों ने कहा कि उन्हें दीपावली के बाद से ही घटिया सामग्री वाला खाना खिलाया जा रहा है। इस संबंधी प्रबंधकों को शिकायत भी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

बच्चों ने कहा कि रात के भोजन में कीड़े चलते दिखाई दे रहे थे, लेकिन मैस के ठेकेदार ने कीडों वाला ही खाना ही परोस दिया। अभिभावकों ने कहा कि कई बार खाने को लेकर बच्चों से आई शिकायत के आधार पर प्रबंधकों को बताया गया है, लेकिन कोई कार्रवाई न होने के चलते उनके बच्चों की तबीयत बिगड़ी है। अभिभावकों ने मामले की जांच कर घटिया सामग्री परोसने वालों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

*************************

 

दर्दनाक हादसा : कार की अज्ञात वाहन से हुई भीषण टक्कर, 3 बच्चों समेत 4 की मौत; 5 गंभीऱ घायल

चुरू 02 Dec, (एजेंसी) : राजस्थान के चुरु से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां चूरू के सरदारशहर में आज सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में 3 बच्चों समेत 4 की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 5 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार एक कार की अज्ञात वाहन से जबरदस्त टक्कर हुई। जिससे कार के परखच्चे उड़ गए।

घटना के बाद सड़क पर जाम की स्थिति बन गई और वाहनों को गुजरने में काफी परेशानी हो रही थी। इसके बाद घटना की सूचना मिलने का बाद स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहंची। पुलिस ने स्थिति को अपने नियंत्रण में लिया। अंतिम समाचार मिलने तक पुलिस ने घायलों को अस्पताल में पहुंचाया और टीम आगे मामले की जांच में जुट गई है।

****************************

 

ACD की बड़ी कार्रवाईः 20 लाख की रिश्वत की रकम के साथ ईडी अधिकारी गिरफ्तार

चेन्नई 02 Dec, (एजेंसी): तमिलनाडु सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय के अधिकारियों ने राज्य सरकार के एक कर्मचारी से 20 लाख रुपये की उगाही करने के आरोप में केंद्रीय एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के एक अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया और मदुरै में उसके कार्यालय की तलाशी ली।

डीवीएसी अधिकारियों ने एक सरकारी डॉक्टर से रिश्वत मांगने और स्वीकार करने के आरोप में अंकित तिवारी को गिरफ्तार किया, जो आय से अधिक संपत्ति के मामले में आरोपी हैं। अधिकारियों ने उनकी कार से 20 लाख रुपये नकद जब्त किए, जो उन्हें कथित तौर पर रिश्वत के रूप में मिले थे।

इसके बाद ईडी अधिकारी को पूछताछ के लिए डिंडीगुल स्थित वीएंडएसी कार्यालय ले जाया गया। बाद में उन्होंने देर रात ईडी के मदुरै कार्यालय और उनके आवास पर तलाशी ली और कई अन्‍य दस्तावेज जब्त किए और बाद में अधिकारी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। तमिलनाडु में यह पहली बार है कि ईडी के किसी अधिकारी को गिरफ्तार किया गया है।

डिंडीगुल के डॉ. सुरेश बाबू से मिली शिकायत के बाद वीएंडएसी ने गुरुवार को ईडी अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, वह डिंडीगुल के सरकारी अस्पताल में उपाधीक्षक के रूप में काम करता था। उनके खिलाफ 2018 में आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति जमा करने का मामला दर्ज किया गया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ महीने पहले तिवारी ने उनसे संपर्क किया था और उन्हें आरोपों से मुक्त करने के लिए 3 करोड़ रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

जब डॉक्टर ने बड़ी रकम देने से इनकार कर दिया, तो तिवारी ने उनसे 51 लाख रुपये देने के लिए बातचीत की। शिकायतकर्ता ने कहा कि 1 नवंबर को उसने तिवारी को 20 लाख रुपये नकद सौंपे थे। चूंकि, ईडी अधिकारी ने 31 लाख रुपये और देेेेनेे के लिए उसे परेशान करना शुरू कर दिया, इसलिए डॉक्टर ने वीएंडएसी में शिकायत दर्ज कराई। एजेंसी ने बाबू को तिवारी को 20 लाख रुपये नकद सौंपने के लिए कहकर जाल बिछाया।

ईडी अधिकारी को डिंडीगुल-मदुरै राजमार्ग पर थॉमिअरपुरम में बाबू से नकदी मिलने के बाद, वी एंड एसी अधिकारियों की एक टीम ने तिवारी की कार का पीछा किया, उन्हें कोडाइकनाल रोड टोल कलेक्शन प्लाजा पर रोका और नकदी जब्त कर ली और बाद में गिरफ्तार कर लिया। ईडी अधिकारी की गिरफ्तारी अवैध रेत खनन से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के सिलसिले में पांच जिला कलेक्टरों को समन जारी करने को लेकर राज्य सरकार और ईडी के बीच टकराव के बीच हुई है।

*********************************

 

नव वर्ष पर लग सकते हैं बिजली के “झटके”, 25 फीसदी तक कीमतें बढ़ाने का प्रस्ताव

रांची 02 Dec, (एजेंसी): 2024 में झारखंड में लोगों को बिजली के तेज ‘झटके’ लग सकते हैं। राज्य में बिजली की दरें बढ़ाए जाने की तैयारी चल रही है। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड ने बिजली की कीमतों में 25 फीसदी तक की वृद्धि का प्रस्ताव झारखंड इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन के समक्ष जमा किया है।

कमीशन ने इस प्रस्ताव का अध्ययन कर लिया है और इसे लेकर विभिन्न प्रमंडलों में जनसुनवाई की तारीखें तय कर दी। जनसुनवाई की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग नई दरों का अंतिम निर्धारण करेगा। कमीशन ने 11 दिसंबर को मेदिनीनगर, 13 दिसंबर को चाईबासा, 15 दिसंबर को धनबाद, 18 को देवघर और 19 दिसंबर को रांची में प्रस्तावित दरों पर जनसुनवाई का कार्यक्रम तय किया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, नई दरें आगामी अप्रैल माह से प्रभावी होंगी। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड ने नई दरों को लेकर जो प्रस्ताव दिया है, वह वर्ष 2024-25 के लिए है। बिजली वितरण निगम ने कमीशन के समक्ष दिए दिए प्रस्ताव में अपने खर्चों के लिए 10 हजार 800 करोड़ की सालाना जरूरत बताई है और इस आधार बिजली की दरों में बढ़ोतरी की जरूरत बताई है।

निगम ने रेवेन्यू रिक्वायरमेंट और मौजूदा रेवेन्यू के बीच 2500 करोड़ का गैप दिखाया है। बता दें कि इस साल एक जून से झारखंड में बिजली की दरों में 6.50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई थी। हालांकि, यह वृद्धि तीन साल के बाद की गई थी। अब अगर कमीशन जनसुनवाई के बाद बिजली दरों में वृद्धि के प्रस्ताव पर मुहर लगा देता है तो एक साल में दूसरी बार बिजली की कीमतें बढ़ने के आसार हैं।

************************

 

मतगणना से पहले नक्सलियों का उत्पात, दंतेवाड़ा में IED ब्लास्ट; CRPF के 2 जवान घायल

रायपुर 02 Dec, (एजेंसी) : छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव मतगणना से पहले नक्सलियों ने उत्पात मचाना शुरू कर दिया है। आज सुबह दंतेवाड़ा के बारसूर पुलिस थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने IED ब्लास्ट को अंजाम दिया। आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ के 2 जवान घायल हो गए हैं। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। घटना बारसूर पल्ली मार्ग पर हुई, जहां 195वीं बटालियन के जवान एक पुल के पास बैनर पोस्टर हटाने में लगे हुए थे। दंतेवाड़ा पुलिस ने कहा, “घायल जवान खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज चल रहा है। आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि इससे पहले 27 नवंबर को संदिग्ध नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में निर्माण कार्यों में लगे कम से कम 14 वाहनों और मशीनों को आग लगा दी थी। दंतेवाड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरके बर्मन ने बताया कि यह घटना भांसी पुलिस थाना क्षेत्र के तहत बंगाली कैंप में देर रात करीब 1.30 बजे हुई। उन्होंने बताया कि घटना में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ है।

राज्य में विधानसभा चुनाव की मतगणना कल यानी 3 दिसंबर को होनी है। ऐसे में नक्सल प्रभावित इलाके में सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किये गए हैं। नक्सल घटना के बाद इलाके में गहन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

**************************

 

सूर्य मिशन आदित्य-एल1 को लेकर आया बड़ा अपडेट, एएसपीईएक्स उपकरण ने काम करना किया शुरू

चेन्नई 02 Dec, , (एजेंसी) : भारत के पहले सूर्य मिशन आदित्य-एल1 उपग्रह पर लगे आदित्य सोलर विंड पार्टिकल एक्सपेरिमेंट (एएसपीईएक्स) पेलोड ने अपना काम सामान्य रूप से शुरू कर दिया है।इसरो ने शनिवार को एक अपडेट में कहा कि एएसपीईएक्स में दो अत्याधुनिक उपकरण – सोलर विंड आयन स्पेक्ट्रोमीटर (स्विस) और सुप्राथर्मल एंड एनर्जेटिक पार्टिकल स्पेक्ट्रोमीटर (स्टेप्स) शामिल हैं। स्टेप्स उपकरण गत 10 सितंबर तथा स्विस उपकरण 02 नवंबर को सक्रिय हुआ और इसने इष्टतम प्रदर्शन किया है।स्विस, उल्लेखनीय रूप से 360° क्षेत्र के साथ दो सेंसर इकाइयों का उपयोग करते हुए सौर पवन आयनों, मुख्य रूप से प्रोटॉन और अल्फा कणों का मापन सफलतापूर्वक किया है।

नवंबर 2023 में दो दिनों में एक सेंसर से प्राप्त नमूना ऊर्जा हिस्टोग्राम प्रोटॉन (एच+) और अल्फा कण (दोगुना आयनित हीलियम, एच 2+) गिनती में भिन्नता दर्शाता है। इन विविधताओं को नाममात्र अनुकलन समय के साथ दर्ज किया गया, जो सौर पवन व्यवहार का एक व्यापक स्नैपशॉट प्रदान करता है।स्विस की दिशात्मक क्षमताएं सौर पवन प्रोटॉन और अल्फा के सटीक मापन को सक्षम बनाती हैं, जो सौर पवन गुणों, अंतर्निहित प्रक्रियाओं और पृथ्वी पर उनके प्रभाव के बारे में लंबे समय से चले आ रहे सवालों को संबोधित करने में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।स्विस द्वारा मापे गए प्रोटॉन और अल्फा कण संख्या अनुपात में परिवर्तन, सूर्य-पृथ्वी लैग्रेंज पॉइंट एल1 पर कोरोनल मास इजेक्शन (सीएमई) के आगमन के बारे में अप्रत्यक्ष जानकारी प्रदान करने की क्षमता रखता है और इसे अंतरिक्ष मौसम अध्ययन के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है।जैसा कि शोधकर्ता एकत्रित किए गए डेटा की गहराई में जा रहे हैं, अंतर्राष्ट्रीय वैज्ञानिक समुदाय उत्सुकता के साथ ज्ञानवर्धन होने का इंतजार कर रहा है जो आदित्य-एल1 का एएसपीईएक्स रहस्यमय सौर हवा और हमारे ग्रह के निहितार्थ के बारे में खुलासा करने के लिए तैयार है।

इसरो ने 19 सितंबर 2023 को पृथ्वी की कक्षा से आदित्य एल1 को सफलतापूर्वक प्रक्षेपित किया था और इसके साथ सबसे गर्म ग्रह के बाहरी वातावरण का अध्ययन करने के लिए हेलो लैग्रेंज-1 एलआई प्वाइंट की चार महीने लंबी यात्रा शुरू हो गई थी।इसरो के वैज्ञानिकों ने अंतरिक्ष यान के ट्रांस-लैगरेजन पॉइंट 1 इंसर्शन (टीएल 1 आई) का कुशलतापूर्वक प्रदर्शन किया, जिसने पृथ्वी से पांच लाख किमी से ज्यादा दूरी पर वैज्ञानिक डेटा एकत्रित करना शुरू कर दिया है।इसरो के चेयरमैन एस. सोमनाथ के अनुसार, अंतरिक्ष यान के 07 जनवरी, 2024 को एल1 बिंदु पर पहुंचने की उम्मीद है। यह लगातार पांचवीं बार है जब इसरो ने किसी वस्तु को अंतरिक्ष में किसी अन्य खगोलीय पिंड या अंतरिक्ष में सफलतापूर्वक स्थानांतरित किया है।टीएलआई 1 से, अंतरिक्ष यान धीरे-धीरे सौर गतिविधियां और लंबी यात्रा करने के बाद अंतरिक्ष मौसम पर इसके प्रभाव का अध्ययन करने के लिए अपने अंतिम गंतव्य की ओर बढ़ेगा। यह कम समय में चंद्र मिशन के बाद भारत की दूसरी अंतरिक्ष यात्रा है, जिसने अंतरिक्ष यात्रा करने वाले देशों के वैश्विक अंतरिक्ष कार्यक्रम में भारत की प्रगति पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया है।

*****************************

 

सालार का दमदार ट्रेलर रिलीज, जबर्दस्त एक्शन सीक्वेंस के साथ धांसू अवतार में छाए प्रभास

02.12.2023 (एजेंसी) –  प्रभास पिछले काफी समय से अपनी फिल्म सालार: पार्ट 1 सीजफायर को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं, जिसका निर्देशन प्रशांत नील ने किया है।एक ओर प्रशंसक फिल्म के सिनेमाघरों में आने का इंतजार कर रहे हैं तो इसकी रिलीज तारीख में कई बार बदलाव हो चुका है। अब आखिरकार इसका ट्रेलर जारी हो गया है, जिसमें प्रभास के शानदार अंदाज ने प्रशंसकों को उत्सुक कर दिया है। आइए जानते हैं कि फिल्म का ट्रेलर कैसा है।सालार की कहानी दो दोस्तों वर्धराज (पृथ्वीराज सुकुमारन) और देवा (प्रभास) के इर्द-गिर्द घूमती है।इसमें दिखाया गया है कि देवा, वर्धराज के लिए कुछ भी कर गुजरने के लिए तैयार है, लेकिन बाद में दोनों एक-दूसरे के सबसे बड़े दुश्मन बन जाते हैं।

ट्रेलर में प्रभास एक्शन अवतार में धांसू लग रहे हैं तो पृथ्वीराज ने अपने अभिनय से दिल जीत लिया है।इसके अलावा फिल्म में वीएफएक्स और एक्शन को भी शानदार तरीके से दिखाया गया है।बातचीत में निर्देशक प्रशांत ने बताया था कि दोस्ती की मूल भावना वाली इस फिल्म के पहले भाग में वे केवल आधी कहानी ही बताने वाले हैं। इन दोनों दोस्तों के इस सफर को 2 फिल्मों के जरिए दर्शकों के बीच लाया जाएगा।सालार में प्रभास और पृथ्वीराज के साथ श्रुति हासन, जगपति बाबू, ईश्वरी राव, टीनू आनंद, श्रिया रेड्डी, माइम गोपी सहित कई शानदार सितारे शामिल हैं।इसके अलावा फिल्म में गदर 2 में दिखाई दी अभिनेत्री सिमरत कौर भी एक गाने में नजर आएंगी।

फिल्म का निर्माण विजय किरगंदूर ने अपने होम्बले फिल्म्स बैनर के तले किया है, जो केजीएफ और कंतारा जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में बना चुके हैं। प्रभास की यह फिल्म तेलुगु, मलयालम, तमिल, कन्नड़ और हिंदी में रिलीज होगी।सालार पहले 28 सितंबर को रिलीज होने वाली थी, लेकिन फिर इसके पोस्ट प्रोडक्शन का काम पूरा न होने के चलते तारीख को आगे बढ़ा दिया गया।इसके बाद 22 दिसंबर की तारीख तय हुई, जिस दिन शाहरुख खान की फिल्म डंकी भी रिलीज होनी है।

ऐसे में खबरें आने लगीं कि निर्माता एक बार फिर रिलीज तारीख में बदलाव करने का विचार बना रहे हैं।हालांकि, ऐसे नहीं हुआ और अब दोनों फिल्में बॉक्स ऑफिस पर टकराएंगी।डंकी और सालार से पहले हाल ही में रणबीर कपूर की फिल्म एनिमल और विक्की कौशल की सैम बहादुर के बीच टक्कर हुई है। इससे पहले सनी देओल की गदर 2 और अक्षय कुमार की ओह माय गॉड 2 की भिड़ंत हुई थी।सालार के बाद प्रभास एक और फिल्म के लिए प्रशांत के साथ सहयोग करने जा रहे हैं।

कहा जा रहा है दिल राजू इस फिल्म के निर्माता होंगे।अभिनेता दीपिका पादुकोण और अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म कल्कि 2898 एडी का हिस्सा हैं, जो अगले साल 12 जनवरी को रिलीज होगी।प्रभास फिल्म कन्नप्पा के साथ 16 साल बाद नयनतारा के साथ भी पर्दे पर वापसी करेंगे तो वह निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म स्पिरिट में भी दिखाई देंगे।

********************************

 

दिल्ली की जानलेवा हवा, 26 दिन -1जहरीली-1 सांस लेने के लिए मजबूर हुए लोग

New Delhi, 01 Dec, (एजेंसी) : राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग ने बताया कि शुक्रवार को सुबह साढ़े आठ बजे शहर की सापेक्षिक आर्द्रता 100 प्रतिशत थी। मौसम विभाग ने एक से पांच दिसंबर तक हल्के से मध्यम कोहरा छाये रहने की संभावना व्यक्त की है।

वहीं अब इस बीच चिंता भरी खबर सामने आई है कि राजधानी में हवा की सेहत बिगड़ रही है।  लोग दूषित हवा में सांस लेने को मजबूर हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार इस साल नवंबर माह में वर्ष 2022 की तुलना में गंभीर श्रेणी में हवा के दिन तीन गुणा बढ़े हैं।  यानि 26 दिन सांसों पर संकट रहा। वहीं, चार दिन भी हवा खराब श्रेणी में रही।

विशेषज्ञों के मुताबिक, प्रदूषण के बढ़ने के पीछे की वजह दिल्ली व पड़ोसी राज्यों में हवा की गति कम होना है। इसके अलावा दीपावली के बाद पराली जलाने की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।

सीपीसीबी के मुताबिक इस वर्ष नवंबर माह में नौ दिन हवा गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई।  वहीं, 17 दिन हवा बेहद खराब श्रेणी में रही। इसके अलावा, चार दिन हवा खराब श्रेणी में दर्ज की गई।  विशेषज्ञों का कहना है कि हवा की दशा सुधरने के बजाए, इस बार हवा और बिगड़ गई है।

*************************

 

बड़े देश स्वार्थ छोड़कर, स्वच्छ ऊर्जा की आपूर्ति श्रृंखला को सशक्त बनाएं : मोदी

दुबई 01 Dec, (एजेंसी)-प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वैश्विक समुदाय का आज आह्वान किया कि जलवायु लक्ष्यों को हासिल करने के लिए उन्हें स्वार्थ प्रेरित सोच के अंधेरे से बाहर निकलना होगा और ऊर्जा संक्रमण, न्यायपूर्ण, समावेशी एवं समानतापूर्ण बनाने के लिए दूसरे देशों को प्रौद्योगिकी हस्तांतरण सुलभ करके स्वच्छ ऊर्जा की आपूर्ति श्रृंखला को सशक्त बनाना होगा। मोदी ने यहां संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की अध्यक्षता में आयोजित विश्व जलवायु कार्रवाई शिखर सम्मेलन (सीओपी-28) में विशेष संबोधन में इस आह्वान के साथ ग्रीन क्रेडिट पहल की घोषणा की और सभी देशों से इससे जुड़ने की अपील भी की। इस मौके पर संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुटेरस भी मौजूद थे।

प्रधानमंत्री ने विश्व नेताओं को दो टूक शब्दों में नसीहत देते हुए कहा, “पिछली शताब्दी की गलतियों को सुधारने के लिए हमारे पास बहुत ज्यादा समय नहीं है। मानव जाति के एक छोटे हिस्से ने प्रकृति का अंधाधुंध दोहन किया। लेकिन इसकी कीमत पूरी मानवता विशेषकर ग्लोबल साउथ के निवासियों को चुकानी पड़ रही है। सिर्फ मेरा भला हो, ये सोच, दुनिया को एक अंधेरे की तरफ ले जाएगी। इस हॉल में बैठा प्रत्येक व्यक्ति, प्रत्येक राष्ट्राध्यक्ष बहुत बड़ी जिम्मेदारी के साथ यहां आया है। हम में से सभी को अपने दायित्व निभाने ही होंगे। पूरी दुनिया आज हमें देख रही है, इस धरती का भविष्य हमें देख रहा है। हमें सफल होना ही होगा।” मोदी ने कहा, “हमें निर्णायक होना होगा। हमें संकल्प लेना होगा कि हर देश अपने लिए जो जलवायु लक्ष्य तय कर रहा है, जो संकल्प कर रहा है, वो पूरा करके ही दिखाएगा। हमें एकता से काम करना होगा। हमें संकल्प लेना होगा कि हम मिलकर काम करेंगे, एक दूसरे का सहयोग करेंगे, साथ देंगे। हमें वैश्विक कार्बन बजट में सभी विकासशील देशों को उचित शेयर देना होगा। हमें अधिक संतुलित होना होगा। हमें ये संकल्प लेना होगा कि अनुकूलन, शमन, जलवायु वित्तपोषण, प्रौद्योगिकी, हानि और क्षति इन सब पर संतुलन बनाते हुए आगे बढ़ें। हमें महत्वाकांक्षी हाेना होगा। हमें संकल्प लेना होगा कि ऊर्जा संक्रमण, न्यायपूर्ण, समावेशी एवं समानतापूर्ण हो। हमें नवान्वेषी बनना होगा। हमें ये संकल्प लेना होगा कि नवान्वेषी तकनीक का लगातार विकास करें। अपने स्वार्थ से ऊपर उठकर दूसरे देशों को प्रौद्योगिकी हस्तांतरण करें। स्वच्छ ऊर्जा की आपूर्ति श्रृंखला को सशक्त करें।”

उन्होंने कहा, “ इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी का अध्ययन है कि इस तरह से हम 2030 तक प्रति वर्ष 2 अरब टन कार्बन उत्सर्जन कम कर सकते हैं। आज मैं इस फोरम से एक और, पर्यावरण के अनुकूल, प्रभावी एवं सकारात्मक पहल का आह्वान कर रहा हूँ। यह है ग्रीन क्रेडिट्स इनीशिएटिव। यह कार्बन क्रेडिट की वाणिज्यिक मानसिकता से आगे बढ़कर, जन भागीदारी से कार्बन सिंक बनाने का अभियान है। मैं उम्मीद करता हूं कि आप सब इससे जरूर जुड़ेंगे।”

इससे पहले अपने भारत की शुरुआत करते हुए श्री मोदी ने विश्व समुदाय का इस बात के लिए आभार ज्ञापन किया कि उनके द्वारा उठाए गए जलवायु न्याय, जलवायु वित्तपोषण औऱ ग्रीन क्रेडिट जैसे विषयों को सभी देशों ने निरंतर समर्थन दिया है। हम सभी के प्रयासों से ये विश्वास बढ़ा है कि विश्व कल्याण के लिए सबके हितों की सुरक्षा आवश्यक है, सबकी भागीदारी आवश्यक है। उन्हाेंने कहा कि आज भारत ने पारिस्थिकी एवं अर्थव्यवस्था के उत्तम संतुलन का उदाहरण विश्व के सामने रखा है। भारत में विश्व की 17 प्रतिशत आबादी होने के बावजूद, ग्लोबल कार्बन उत्सर्जन में हमारी हिस्सेदारी केवल चार प्रतिशत से भी कम है। भारत विश्व की उन कुछ अर्थव्यवस्थाओं में से एक है जो राष्ट्रीय विकास परिषद के लक्ष्यों को पूरा करने की राह पर है।

उन्होंने कहा कि उत्सर्जन तीव्रता सम्बन्धी लक्ष्यों को हमने 11 साल पहले ही हासिल कर लिया है। गैर जीवाश्मीय ईंधन के लक्ष्यों को हम निर्धारित समय से नौ साल पहले ही प्राप्त कर चुके हैं। और भारत इतने पर ही नहीं रुका है। हमारा लक्ष्य 2030 तक उत्सर्जन तीव्रता को 45 प्रतिशत घटाना है। हमने तय किया है कि गैर जीवाश्मीय ईंधन का हिस्सा हम बढ़ा कर 50 फीसदी करेंगे और, हम 2070 तक नेट ज़ीरो के लक्ष्य की तरफ भी बढ़ते रहेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने अपनी जी-20 अध्यक्षीय काल में ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’ की भावना के साथ जलवायु के विषय को निरंतर महत्व दिया है। सतत भविष्य के लिए, हमने मिलकर ग्रीन डेवेलपमेंट पैक्ट पर सहमति बनाई। हमने सतत विकास के लिए जीवनशैली के सिद्धांत तय किए। हमने वैश्विक स्तर पर नवीकरणीय ऊर्जा को तीन गुना करने की प्रतिबद्धता जताई। भारत ने वैकल्पिक ईंधन के लिए हाइड्रोजन के क्षेत्र को बढ़ावा दिया औऱ वैश्विक जैवईंधन गठबंधन भी स्थापित किया। हम मिलकर इस नतीजे पर पहुंचे कि जलवायु वित्तपोषण के लिए संकल्प को अरब से बढ़ा कर कई खरबों तक ले जाने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि ग्लासगो में भारत ने ‘द्वीपीय देशों’ के लिए टिकाऊ बुनियादी ढांचा पहल की शुरुआत की थी। भारत 13 देशों में इससे जुड़े प्रोजेक्ट्स तेजी से आगे बढ़ा रहा है। ग्लासगो में ही उन्होंने मिशन लाइफ– पर्यावरण के लिए जीवनशैली का विजन आपके सामने रखा था। उन्होंने कहा, “भारत, संयुक्त राष्ट्र के लिए जलवायु परिवर्तन की प्रक्रिया के प्रति प्रतिबद्ध है । इसलिए, आज मैं इस मंच से 2028 में सीओपी-33 शिखर सम्मेलन को भारत में आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखता हूँ। मुझे आशा है कि आने वाले 12 दिनों में उत्सर्जन नियंत्रित करने के वैश्विक प्रयासों की समीक्षा से हमें सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य का रास्ता मिलेगा। कल, हानि एवं क्षतिपूर्ति निधि को क्रियान्वित करने का जो निर्णय लिया गया है उससे हम सभी की उम्मीद और बढ़ी है। मुझे विश्वास है, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की मेजबानी में, ये सीओपी 28 शिखर सम्मेलन, सफलता की नई ऊंचाई पर पहुंचेगा।

प्रधानमंत्री ने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद और संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव एंतोनियो गुटरेस का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।

****************************

 

टाइगर 3 की कमाई तीसरे सप्ताह में भी जारी, अब इन फिल्मों से होगा मुकाबला

02.12.2023 (एजेंसी)  –  बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों सलमान खान, इमरान हाशमी और कैटरीना कैफ जैसे सितारों से सजी फिल्म टाइगर 3 का जलवा देखने को मिल रहा है। फिल्म ने दिवाली (12 नवंबर) के मौके पर सिनेमाघरों का दरवाजा खटखटाया था और अब यह दुनियाभर में 450 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है।पिछले कुछ दिनों से फिल्म की कमाई में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। आइए जानते हैं टाइगर 3 ने 19वें दिन कितने करोड़ रुपये कमाए।रिपोर्ट के अनुसार, टाइगर 3 ने रिलीज के 19वें दिन 1.85 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जिसके बाद इसका कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 279.90 करोड़ रुपये हो गया है।

फिल्म अभी 300 करोड़ का आंकड़ा पार करने से थोड़ी दूर है।अब टिकट खिड़की पर इस फिल्म का मुकाबला एनिमल और सैम बहादुर से होगा।ऐसे में अब कयास लगाए जा रहे हैं कि दोनों फिल्मों की रिलीज के बाद टाइगर 3 के लिए कमाई करना मुश्किल हो होगा।टाइगर फ्रैंचाइजी की शुरुआत 2012 में फिल्म एक था टाइगर से हुई और इसके बाद टाइगर जिंदा है आई।

दोनों ही फिल्मों ने जबरदस्त कमाई की थी।इस यूनिवर्स की अब तक टाइगर जिंदा है, वॉर और पठान रिलीज हो चुकी हैं।टाइगर 3 यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की पांचवीं फिल्म है।टाइगर 3 में ऋतिक रोशन की वॉर 2 की पुष्टि हो गई, जो 14 अगस्त, 2025 में रिलीज होगी। शाहरुख खान के साथ टाइगर वर्सेज पठान आएगी।

***************************

 

कैसे मुझे तुम मिल गए में अरिजीत तनेजा के साथ काम करना खुशी का एहसास हैं : सृति झा

02.12.2023 (एजेंसी)  –  शो कैसे मुझे तुम मिल गए में अमृता के किरदार में नजर आने वाली एक्ट्रेस सृति झा ने अरिजीत तनेजा के साथ अपनी दोस्ती के बारे में खुलासा किया और कहा कि वे सिर्फ को-स्टार्स नहीं बल्कि बहुत अच्छे दोस्त हैं। उन्हें उम्मीद है कि उनकी दोस्ती और केमिस्ट्री स्क्रीन पर भी बेहतरीन दिखाई देगी।कैसे मुझे तुम मिल गए दो अलग-अलग किरदारों, अमृता और विराट के बीच की लव-स्टोरी है, जिन्हें क्रमश: सृति और अरिजीत ने निभाया है।

सृति ने कहा, कैसे मुझे तुम मिल गए का हिस्सा बनना एक रोमांचक अनुभव है और जी टीवी सबसे लंबे समय तक एक घर जैसा रहा है, चैनल पर वापस आना मेरे लिए घर वापसी जैसा है।उन्होंने कहा, अरिजीत के साथ काम करना शानदार है। हम सिर्फ को-स्टार नहीं हैं, बल्कि बहुत अच्छे दोस्त हैं और मुझे उम्मीद है कि हमारी दोस्ती और केमिस्ट्री स्क्रीन पर भी बेहतरीन दिखेगी।

सृति ने कहा, मेरा मानना है कि अमृता का किरदार बहुत अच्छे से लिखा गया है। पहले एपिसोड की शुरुआती प्रतिक्रिया उत्साहजनक रही है और दिल्ली में अविश्वसनीय प्यार देखने के बाद, मैं बहुत खुश महसूस कर रही हूं।कैसे मुझे तुम मिल गए शो जी टीवी पर प्रसारित होता है।

*****************************

 

चमक में अपने किरदार को मजबूत बनाने के लिए ईशा तलवार ने समझी पंजाबी संस्कृति, सीखा ढोल बजाना

02.12.2023 (एजेंसी)  –  अभिनेत्री ईशा तलवार, जो अपने आगामी स्ट्रीमिंग शो चमक की तैयारी कर रही हैं, ने कहा कि शो की दुनिया में खुद को डुबोने के लिए, वह स्थानीय संस्कृति और वहां के लोगों से परिचित होने के लिए कुछ समय के लिए पंजाब चली गईं। उन्होंने पंजाबी संगीतकार जैज़ के अपने किरदार को प्रामाणिकता देने के लिए ढोल बजाना भी सीखा।अभिनेत्री ने बताया कि शो में वह जसमीत कौर (जैज़) का किरदार निभा रही हैं, जो एक संघर्षरत गायिका और ढोल वादक है जो पंजाब के संगीत उद्योग में सही अवसर पाने के लिए अपना रास्ता तलाश रही है।

अपने किरदार के लिए अपनी तैयारियों पर प्रकाश डालते हुए अभिनेत्री ने कहा, किसी किरदार में ढलने के लिए, उस क्षेत्र के परिवेश को समझना बहुत महत्वपूर्ण है जिस पर कहानी आधारित है।चमक में परमवीर सिंह चीमा, मनोज पाहवा, गिप्पी गरेवाल, मोहित मलिक, ईशा तलवार, मुकेश छाबड़ा, प्रिंस कंवलजीत सिंह, सुविंदर (विक्की) पाल और अकासा सिंह सहित कई स्टार कलाकार शामिल हैं।इसमें गिप्पी ग्रेवाल, मीका सिंह, मलकीत सिंह, एमसी स्क्वायर, अफसाना खान, असीस कौर, सुनिधि चौहान, कंवर ग्रेवाल, शाश्वत सिंह और हरजोत कौर जैसे कई पंजाबी संगीत आइकन के गाने भी शामिल हैं।

अभिनेत्री ने आगे उल्लेख किया: इसलिए मैंने मुंबई के बाहर एक पंजाबी घराने के कामकाज को देखने और सांस लेने के लिए मोगा, पंजाब में अपने दोस्त जस्सी संघा के साथ रहने का फैसला किया, जिस शहर में मैं पली-बढ़ी थी। मुझे सबसे पहले ईशा की जड़ों को ढूंढना था। जैज़ की जड़ों तक। इसके अतिरिक्त, मैंने अपने प्रदर्शन में प्रामाणिकता लाने के लिए ढोल बजाना भी सीखा।रोहित जुगराज चौहान द्वारा निर्मित और निर्देशित, चमक 7 दिसंबर को सोनी लिव पर आएगी।

*****************************

 

छोटी सी ड्रेस में बेड पर बैठ मोनालिसा ने दिए ऐसे-ऐसे पोज

02.12.2023 (एजेंसी)  –  भोजपुरी इंडस्ट्री से टीवी तक का सफर तय करने वाली एक्ट्रेस मोनालिसा हमेशा अपने बोल्ड और स्टनिंग लुक्स के कारण इंटरनेट पर पर तबाही मचाती रहती हैं। 41 साल की उम्र में भी एक्ट्रेस की बोल्डनेस थमने का नाम नहीं ले रही है। साथ ही उनकी हॉटनेस देखकर फैंस एक बार फिर से उनके लुक पर अपना दिल हार गए हैं। एक्ट्रेस मोनालिसा ने हालिया फोटोशूट के दौरान की बेहद बोल्ड तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर इंटरनेट का तापमान बढ़ा दिया है।

इन तस्वीरों में मोनालिसा बेड पर बैठे हुए कैमरे के सामने एक से बढ़कर एक सिजलिंग अंदाज में पोज देती हुई नजर आ रही हैं। भोजपुरी क्वीन मोनालिसा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। इंस्टाग्राम पर उनकी फैन फॉलोइंग लिस्ट काफी तगड़ी है। मोनालिसा ने अपनी इन फोटोज को क्लिक करवाते हुए पिंक कलर की शॉर्ट ड्रेस पहनी हुई है, जिसमें वो बेड पर बैठकर सिजलिंग अदाओं में पोज दे रही हैं।

एक्ट्रेस मोनालिसा ने रूम के अंदर सोफे पर बैठे हुए प्यारी सी स्माइल देकर फैंस का सारा ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। इन तस्वीरों में आप देख सकते हैं मोनालिसा अपनी विंडो से बाहर मौसम का नजारा उठाती हुई नजर आ रही हैं।

बालों का हाई बन बनाकर और साथ ही न्यूड मेकअप कर के एक्ट्रेस ने अपने आउटलुक को और भी खूबसूरती से निखारा है। एक्ट्रेस सोशल मीडिया सेंसेशन हैं। इंस्टाग्राम पर उनकी फैन फॉलोइंग लिस्ट काफी तगड़ी है।

*************************

 

आज का राशिफल

मेष राशि-

इस राशि की महिलाओं के लिए आज का दिन राहतपूर्ण रहेगा, वह ऑनलाइन शॉपिंग में समय बिता सकती है। नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को आज किसी मल्टीनेशनल कंपनी में जॉब के लिए आपको कॉल आ सकती है। दांपत्य जीवन में आज मधुरता बनी रहेगी। घर के कामों में परिवार के लोग सहायता करेंगें। इलेक्ट्रानिक सामान खरीदना चाहत हैं तो आज खरीद सकते हैं। आर्थिक पक्ष मजबूत बना रहेगा। किसी कोर्ट केस का फैसला आज आपके पक्ष में आएगा।

शुभ रंग- ग्रे

शुभ अंक- 4

वृष राशि-

आज आपका दिन बेहतरीन रहने वाला है। आज आपके चंचल स्वाभाव के कारण लोग आपसे प्रभावित होंगे। आज बेहतर होगा आप बड़ों की राय को सुने और उनको माने। अगर आप वाहन खरीदने का प्लान बना रहें तो थोड़ा रूक जाये। लम्बे समय से सोचा हुआ कार्य आज पूरा हो जाएगा। जिसके प्रभाव से आर्थिक स्थिति में काफी सुधार आएगा। आज बॉस आपके कार्यो को देखकर आपकी प्रशंसा कर सकते है। माता के साथ धार्मिक स्थल पर जायेंगे। छात्रों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है।

शुभ रंग- नीला

शुभ अंक- 1

मिथुन राशि-

आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। राजनीति से जुड़े लोगों के लिए दिन अच्छा है, पूराने किये गये कार्यो की प्रशंसा होगी। आज अपने उच्चाधिकारी के सामने बात रखने पर पॉजीटिव रिस्पॉन्स मिलेगा। महिलाएं अपने जीवनसाथी को आज कुछ मिठा बना कर खिला सकती है, दोनों के बीच रिश्तों में मधुरता बढ़ेगी। स्वास्थ्य आज पहले से काफी अच्छा रहेगा। आर्किटेक से जुड़े लोगों को अच्छी जॉब का ऑफर मिल सकता है। पिता बच्चों के साथ समय बितायेंगे। आज आपको अपने सेहत का खास ज्याद ध्यान रखने की जरूरत है।

शुभ रंग- बैंगनी

शुभ अंक- 3

कर्क राशि-

आज आप परिवार के साथ समय बितायेंगें। घर में खुशी का महौल बना रहेगा। इस राशि के व्यापारी वर्ग को आज अचानक कोई बड़ा फायदा हो सकता है। टेन्ट हाउस के लिए आज का दिन बहुत अच्छा है। पुराना रूका हुआ पैसा आज वापस मिलेगा। आर्थिक पक्ष पहले से मजबूत रहेगा।स्वास्थ्य फिट रखने के लिए फल खायें, फायदा मिलेगा। धार्मिक कार्यो में मन लगाने से आपको मानसिक शांति मिलेगी। घर के बढो का सहयोग आपको मिलता रहेगा। छात्रों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। सफलता मिलने के योग बने हुए हैं।

शुभ रंग- नारंगी

शुभ अंक- 6

सिंह राशि-

आज का दिन आपके लिए महत्वपूर्ण रहेगा। आज आपके सारे काम आसानी से हो जाएंगे। आपका आर्थिक पक्ष मजबूत रहेगा। साइंस से जुड़े बच्चों को अच्छी जॉव का ऑफर मिल सकता है। बिजनेस के सिलसिले में दोस्त के साथ बाहर जा सकते है। लवमेट्स आज कहीं घूमने जायेंगे। आज आपका दांपत्य जीवन शानदार रहने वाला है। जीवनसाथी प्रसन्न होने की वजह देंगे। नन्हें मेहमान के आने से घर में खुशियों का माहौल बना रहेगा। छात्र किसी प्रतियोगी परीक्षा का फॉर्म भरने का मन बनाएंगे।

शुभ रंग- पीला

शुभ अंक- 4

कन्या राशि-

आज का दिन आपके अनुकूल रहने वाला है। परिवार के सभी सदस्यों मिलकर आज मनोरंजक गतिविधियों का आनन्द उठायेंगे। इस राशि के व्यापारी वर्ग को आज अचानक कोई बड़ा फायदा हो सकता है। आज आपके व्यापार में वृद्धि होने के योग बने हुए है। आर्थिक पक्ष पहले से मजबूत बना रहेगा। बिना वजह घर के किसी सदस्य पर गुस्सा न करें। आज भाई बहन के साथ गेम खेलने का प्लान करेंगे। आज आप कई दिनों से रुके हुये कार्य को पूरा करने में सफल होंगे।

शुभ रंग- गुलाबी

शुभ अंक- 9

तुला राशि-

आज का दिन आपके लिए उत्तम रहने वाला है। बीजनेस में अचानक कहीं से धनलाभ होगा। इससे आपकी आर्थिक स्थिति और मजबूत होगी। आज कोई भी काम माता-पिता का आर्शीवाद लेकर शुरू करेंगे, तो निश्चित ही आपको सफलता मिलेगी। आज जरूरतमंद की मदद करेंगे। लोग आपकी प्रशंसा करेंगे, समाज में आपका नाम होगा। आज किसी काम को करने में जल्दबाजी न करें ,अन्यथा वह काम दोबारा करना पड़ सकता है। छात्र आज अपना प्रोजेक्ट पूरा करने में सफल होंगे।

शुभ रंग- लाल

शुभ अंक- 5

वृश्चिक राशि-

आज के दिन भाग्य आपका पूरा साथ देगा। अगर आप नई जमीन लेने का प्लान बना रहे हैं तो घर के बड़ों की राय जरूर लें। इस राशि के स्टूडेंट्स के लिए आज का दिन अच्छा रहेगा। थोड़ी और मेहनत करने की जरूरत है, सफलता मिलने के योग बने हुए है। लवमेट्स आज एक दूसरे को उपहार देंगे, इससे रिश्ते में मधुरता बनी रहेगी। शाम को परिवार के साथ किसी जरूरी मामले पर बात होगी। बाहर रहकर जॉब कर रहे लोगों को आज अपने परिवार से मिलने का मौका मिलेगा।

शुभ रंग- मैजेंटा

शुभ अंक- 8

धनु राशि-

आज आपको मेहनत का फल जरूर मिलेगा। कई दिनों से चल रही कड़ी मेहनत आज रंग लाएगी। आज आपको कोई बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है जिन्हे आप बखूबी निभायेंगे। आज किसी कार्य को पूरा करने के लिए आस-पास के कई लोग आपको सलाह देगें। जीवनसाथी पर भरोसा बनायें रखें, रिश्ते मजबूत होंगे। सेहत के लिहाज से आज आप ठीक रहेंगे। आज कई दिनों से चल रही कोई पारिवारिक समस्या समाप्त होगी, घर में खुशहाली बनी आएगी। स्टेशनरी का कारोबार कर रहे लोगों को आज उम्मीद से अच्छा लाभ होगा।

शुभ रंग- मैहरुन

शुभ अंक- 6

मकर राशि-

आज का दिन आपके लिए ठीक-ठाक रहेगा। इस राशि के इंजीनियर्स के लिए आज का दिन फायदा देने वाला है। करियर में आये उतार- चढ़ाव से आज आप निपटने में सक्षम होंगे। लेकिन किसी अनुभवी सीनियर्स की मदद से आपको थोड़ी राहत मिलेगी। आज घर में बच्चों के साथ आपका ज्यादा टाइम बितेगा। माता पिता बच्चों को कोई अच्छी सलाह भी दे सकते है। छात्रों को आज ऑनलाईन कुछ नया सीखने को मिलेगा। व्यापार को आगे बढ़ाने में पिता का सहयोग आपको प्राप्त होगा। आज आपकी सेहत अच्छी रहेगी।

शुभ रंग- हरा

शुभ अंक- 5

कुंभ राशि-

आज आपका दिन बेहतरीन रहने वाला है। आज आपके सामने कई चुनौतियां भी आएंगी लेकिन आप इनका डटकर मुकाबला करने में सफल होंगे। इस राशि के स्टूडेंट्स के लिए आज का दिन सफलता दिलाने वाला साबित होगा। करियर संबंधी चुनाव करने के लिए आज का दिन शानदार रहने वाला है। सेहत के प्रति आज आपको सतर्क रहना होगा। लवमेट्स के लिए आज का दिन शानदार रहने वाला है। नवविवाहित दंपत्ति के लिए आज का दिन अच्छा है मूवी देखने का प्लान बनाएंगे।

शुभ रंग-भूरा

शुभ अंक- 8

मीन राशि-

आज का दिन आपके लिए मिला-जुला रहने वाला है। नौकरी कर रहे लोगो को पदोन्नती के अवसर प्राप्त होंगे। ऑफिस में कार्यशीलता के लिए आपको सम्मानित किया जा सकता है। पहले से चल रही किसी दोस्त से अनबन आज समाप्त हो जायेंगी। आज परिवार के साथ घर पर स्वादिष्ट डीनर का प्लान बना सकते हैं। आज आपके जीवन में चल रही सारी समस्याओं का हल निकल जाएगा। महिलाए आज घर के कामो में बिजी हो सकती है, बच्चे उनकी मदद करेंगे। आज योगा करने से सेहत अच्छी रहेगी।

शुभ रंग- पिच

शुभ अंक- 9

*****************************

 

बनारस की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म ‘कैसी ये डोर’ का म्यूजिक और ट्रेलर जारी

02.12.2023  –   मानवीय संवेदनाओं व रिश्तों की जटिलताओं को भी उम्दा ढंग से रेखांकित करती बनारस की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म ‘कैसी ये डोर’ का म्यूजिक और ट्रेलर जारी कर दिया गया है। निर्माता द्वय कोमल पाटिल और रोहित पाटिल द्वारा ओजस एंटरटेनमेंट के बैनर तले निर्मित इस फिल्म का निर्देशन रत्ना नीलम पांडेय और संदीप एस. चौधरी ने संयुक्तरूप से किया है।

इस फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश के बनारस,‌ लखनऊ, चुन्नार फ़ोर्ट, आगरा और उन्नाव के निकटवर्ती इलाकों में की गई है। 15 दिसम्बर को देश भर के सभी सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही फिल्म ‘कैसी ये डोर’ में देश की आध्यात्मिक राजधानी कहलाए जाने वाले बनारस जैसे शहर की आपाधापी और उसकी गूढ़ता को बड़े ही असरदार ढंग से पेश किया गया है। आज के आधुनिक दौर में जब रिश्तों की महत्ता घटती जा रही है, तब इस फिल्म में रिश्तों की जटिलताओं पर रौशनी डालने की  सराहनीय कोशिश की गई है।

इस फिल्म में ‘इरादा’ और ‘बंदा’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके निखिल पांडेय अहम भूमिका में नज़र आएंगे। तीन पंजाबी फिल्म में अभिनय कर चुकी जश्न अग्निहोत्री भी इस फिल्म में एक बेहद महत्वपूर्ण किरदार निभाती नज़र आएंगी। संगीतकार पुनीत अवस्थी के कर्ण प्रिय संगीत से सजी इस फिल्म में रत्ना नीलम पांडे, बृजेंद्र काला, सुनीता राजवर, अश्वत भट्ट, सत्यकाम आनंद और तुलिका बैनर्जी ने भी अपनी भूमिकाओं को असरदार ढंग से निभाया है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*****************************

 

सिनेमाघर में नहीं, नेटफ्लिक्स पर दस्तक देगी फिल्म खो गए हम कहां; रिलीज तारीख आई सामने

01.12.2023 (एजेंसी)  –  सिद्धांत चतुर्वेदी, आदर्श गौरव और अनन्या पांडे की आने वाली फिल्म खो गए हम कहां की रिलीज डेट का एलान कर दिया गया है। यह फिल्म सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज की जा रही है। फिल्म का पहला पोस्टर भी जारी किया गया है। खो गए हम कहां को अर्जुन वरैन सिंह ने डायरेक्ट किया है, जबकि अर्जुन के साथ जोया अख्तर और रीमा कागती ने फिल्म का लेखन किया है। खो गए हम कहां का निर्माण एक्सेल एंटरटेनमेंट बैनर के तले रितेश सिधवानी, जोया अख्तर, रीमा कागती और फरहान अख्तर ने किया है।

यह उम्र के तीसरे दशक में चल रहे इमाद (सिद्धांत चतुर्वेदी), अहाना (अनन्या पांडे) और नील (आदर्श गौरव) के बीच दोस्ती की कहानी है। खो गए हम कहां 26 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज की जाएगी। प्लेटफॉर्म ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी। फिल्म को लेकर जोया अख्तर और रीमा कागती कहती हैं- खो गए हम कहां हमारे दिलों में एक खास स्थान रखती है। अर्जुन के साथ इस कहानी को लिखने और जुडऩे की प्रक्रिया रोमांचक थी। यह डिजिटल जनरेशन की आने वाली फिल्म है, जिससे उम्मीद है कि यह युवाओं को पसंद आएगी।

नेटफ्लिक्स इंडिया ओरिजिनल फिल्म्स की डायरेक्टर रुचिका कपूर शेख ने फिल्म के बारे में कहा, सिद्धांत चतुर्वेदी, अनन्या पांडे और आदर्श गौरव अभिनीत यह फिल्म दिल को छू लेने वाली कहानी है, जो पुराने जमाने की दोस्ती की भावनाओं पर आधारित है।इससे पहले 7 दिसम्बर को जोया अख्तर की फिल्म द आर्चीज भी नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।

इस फिल्म से शाह रुख खान की बेटी सुहाना खान, अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा और बोनी-श्रीदेवी कपूर की बेटी खुशी कपूर बॉलीवुड डेब्यू कर रहे हैं। यह पीरियड फिल्म है, जिसकी कहानी की प्रेरणा आर्चीज कॉमिक्स से ली गयी है।

************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version