राम नगरी में उमड़ा आस्था का सैलाबः सुबह तीन बजे ही लाइनों में लगे श्रद्धालु- हनुमान गढ़ी मंदिर के बाहर फोर्स बढ़ाई

अयोध्या 24 Jan, (एजेंसी): अयोध्या के राम मंदिर में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। पहले दिन करीब पांच लाख श्रद्धालुओं ने श्रीरामलला के भव्य दर्शन किए हैं। वहीं, बुधवार को दूसरे दिन भी मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। मंदिर खुलने का समय सुबह सात बजे है, लेकिन रामजन्मभूमि पथ पर तड़के तीन बजे से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे।

रामभक्तों की अप्रत्याशित भीड़ ने शासन को भी चिंता में डाल दिया तो भीड़ नियंत्रण प्रबंधों की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी अयोध्‍या पहुंचना पड़ा। उन्होंने हवाई सर्वे कर व्यवस्थाएं देखीं और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। आज (बुधवार) सुबह से ही दर्शन के लिए लोगों की भारी भीड़ पहुंचना शुरू हो गई। सुरक्षा के मद्देनजर हनुमान गढ़ी मंदिर के बाहर पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है।

आईजी रेंज अयोध्या प्रवीण कुमार ने कहा कि भीड़ लगातार है लेकिन तैयारी पूरी है। हम बुजुर्ग और दिव्यांग लोगों से अपील करते हैं कि वे दो सप्ताह बाद अपनी यात्रा का कार्यक्रम बनाएं।”

**********************************

 

रामभक्त ध्यान दें…अयोध्या में श्री राम लला के विग्रह का नाम अब होगा बालक राम

अयोध्या 24 Jan, (एजेंसी): अयोध्या में श्रीराम मंदिर में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के आयोजन के बाद प्रभु श्री राम लला के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। वहीं, अब रामलला के विग्रह को ‘बालक राम’ के नाम से जाना जाएगा। इस विग्रह का नाम ‘बालक राम’ इसलिए रखा गया है क्योंकि भगवान पांच वर्ष के बच्चे के रूप में खड़ी मुद्रा में स्थापित किए गए हैं।

प्राण प्रतिष्ठा समारोह से जुड़े एक पुजारी अरुण दीक्षित ने बताया कि भगवान राम की मूर्ति, जिसका अभिषेक 22 जनवरी को किया गया था उसका नाम बालक राम रखा गया है। मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में एक भव्य समारोह में की गई। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा कि यह एक नए युग के आगमन का प्रतीक है।

वाराणसी के रहने वाले अरुण दीक्षित ने बताया कि पहली बार जब मैंने मूर्ति देखी, तो मेरी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मेरी आंखों में खुशी के आंसू बहने लगे। उस समय मुझे जो अनुभूति हुई, उसे मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता। उन्होंने आगे कहा कि अब तक मैं 50-60 बड़े अभिषेक में शामिल रहा, लेकिन मेरे जीवन का यह सबसे अलौकिक, दिव्य और सर्वश्रेष्ठ कार्यक्रम रहा। दीक्षित ने कहा कि उन्हें मूर्ति की पहली झलक 18 जनवरी को मिली थी।

*******************************

 

बिहार के पूर्व सीएम कर्पूरी ठाकुर को मिलेगा भारत रत्न

नई दिल्ली 24 Jan, (एजेंसी): केंद्र सरकार ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिए जाने की घोषणा की है। उक्त जानकारी राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी बयान में दी गई है। कर्पूरी ठाकुर की बुधवार को होने वाली 100वीं जन्म जयंती से पहले उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किए जाने का ऐलान किया गया है।

कर्पूरी ठाकुर के बेटे रामनाथ ठाकुर ने कहा कि हमें 36 साल की तपस्या का फल मिला है, मैं अपने परिवार और बिहार के 15 करोड़ो लोगों की तरफ से सरकार को धन्यवाद देना चाहता हूं। बिहार के समस्तीपुर में जन्मे कर्पूरी ठाकुर दो बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे। हालांकि वह कभी अपना कार्यकाल नहीं पूरा कर पाए।

उन्हें पिछड़ें वर्गों के लिए आरक्षण का रास्ता साफ करने के लिए जाना जाता है। उन्होने मुंगेरी लाल आयोग की सिफारिशों को लागू करवाया था। इसके लिए उनको अपनी सरकार की भी कुर्बानी देनी पड़ गई। इसके अलावा उन्होंने बिहार की शिक्षा व्यवस्था में भी कई अमूलचूक परिवर्तन किए थे।

*************************

 

लोकसभा चुनाव को लेकर ममता बनर्जी का ऐलान: कहा -बंगाल में हम अकेले लड़ेंगे

कोलकता 24 Jan, (एजेंसी) । पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लोकसभा चुनाव में सीट शेयरिंग को लेकर कहा कांग्रेस पार्टी के साथ मेरी कोई चर्चा नहीं हुई। मैंने हमेशा कहा है कि बंगाल में हम अकेले लड़ेंगे।

मुझे इस बात की चिंता नहीं है कि देश में क्या किया जाएगा लेकिन हम एक धर्मनिरपेक्ष पार्टी हैं और बंगाल में हैं।

हम अकेले ही भाजपा को हरा देंगे। मैं INDIA गठबंधन का हिस्सा हूं। राहुल गांधी की न्याय यात्रा हमारे राज्य से गुजर रही है लेकिन हमें इसके बारे में सूचित नहीं किया गया है।

**********************

 

बिजनौर में कार सवार पांच लोग राम गंगा नदी बैराज में डूबे, चार की मौत

बिजनौर 24 Jan, (एजेंसी) । उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में देर रात अफजलगढ़ थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार अनियंत्रित वैगनआर कार हरेवली स्थित राम गंगा नदी बैराज में गिर गई। हादसे में कार सवार चार लोगों की डूबकर मौत हो गई।

मृतकों की पहचान खुर्शीद, राशिद, फैसल और माहरुफ के रूप में हुई है। अफजलगढ़ पुलिस उपाधीक्षक अर्चना सिंह ने बुधवार को बताया कि  देर करीब रात आठ बजे अफजलगढ़ थाना अंतर्गत हरेवली राम गंगा नदी बैराज में पांच लोगों के डूबने की सूचना मिली थी। राहत-बचाव दल के साथ पुलिस मौके पहुंची।

डीएसपी ने कहा कि हादसा उस वक्त हुआ जब ग्राम नूरपुर छिपरी के रहने वाले पांच लोग सफेद रंग की वैगनआर कार से अफजलगढ़ से नुमाइश देखकर घर वापस लौट रहे थे। हरेवली राम गंगा नदी बैराज पर चालक ने कार पर अपना नियंत्रण खो दिया और कार नदी में जा गिरी।

डीएसपी ने कहा कि हादसे में स्थानीय गोताखोर की मदद से सिकन्दर को सकुशल बचा लिया गया जबकि खुर्शीद, राशिद, फैसल और माहरुफ की मौके पर ही मौत हो गई। शवों को पोस्टमार्टम के शवगृह भेजा गया है। आगे जांच जारी है।

*************************

 

दिल्ली गैस चैंबर में तब्दील, हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में

नई दिल्ली 24 Jan, (एजेंसी) । कमीशन ऑफ एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (सीएक्यूएम) के ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (जीआरएपी) के दूसरे चरण के होने के बावजूद द्ल्ली में बिगड़ती वायु गुणवत्ता से कोई राहत नहीं मिलती दिख रही है। बुधवार की सुबह कई जगहों पर एयर क्वालिटी इंडेस्क (एक्यूआई) ‘गंभीर’ स्तर पर दर्ज किया गया।

एक्सपर्ट्स खराब वायु गुणवत्ता और राष्ट्रीय राजधानी को “गैस चैंबर” में बदलने के लिए वर्तमान मौसम की स्थिति को जिम्मेदार मानते हैं।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, आनंद विहार स्टेशन पर सुबह 8 बजे पीएम2.5 का स्तर 411 और पीएम10 का स्तर 385 यानी ‘बहुत खराब’ के साथ ‘गंभीर’ श्रेणी में था, जबकि एनओ 87 तक गिर गया और सीओ 66 तक पहुंच गया, दोनों ‘संतोषजनक’ श्रेणी में थे।

हालांकि, सुबह 10 बजे आनंद विहार स्टेशन पर पीएम2.5 में थोड़ा सुधार हुआ और यह 385 और पीएम10 का स्तर 363 पर पहुंच गया, दोनों ‘बहुत खराब’ श्रेणी में हैं।

द्वारका सेक्टर 8 में पीएम2.5 का स्तर 437 पर और पीएम10 का स्तर 403 पर था, दोनों ‘गंभीर’ श्रेणी में थे, जबकि सीओ 96 पर था, जो संतोषजनक स्तर पर था।

इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे टी3 क्षेत्र में हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ थी, जिसमें पीएम2.5 का स्तर 359 और पीएम10 का स्तर 358 दर्ज किया गया, जबकि सीओ ‘संतोषजनक’ श्रेणी में गिरकर 68 पर आ गया।

ओखला फेज-2 स्टेशन पर, पीएम2.5 का स्तर गिरकर 411 पर और पीएम10 का स्तर 403 पर था, दोनों ‘गंभीर’ श्रेणी में थे, जबकि एनओ2 बढ़कर 78 हो गया और सीओ 62 पर था। दोनों संतोषजनक स्तर पर थे।

*************************

 

राहुल गांधी ने असम सीएम को दी चुनौती, कहा- जितने चाहे केस फाइल करो डरेंगे नहीं

गुवाहाटी 24 Jan, (एजेंसी) । गुवाहाटी पुलिस द्वारा कथित तौर पर भीड़ को उकसाने के लिए राहुल गांधी के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद, बुधवार को राहुल गांधी ने भाजपा के नेतृत्व वाली असम सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि वे उनके खिलाफ “जितना संभव हो उतने केस” दर्ज करें, लेकिन वो डरेंगे नहीं।

कांग्रेस नेता ने बारपेटा जिले में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के सातवें दिन अपने पहले सार्वजनिक संबोधन में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर जम कर हमला बोला।

उन्होंने सरमा को देश का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री कहा और भ्रष्टाचार के कई आरोप लगाए।

मुझे नहीं पता कि हिमंता बिस्वा सरमा को यह धारणा कहां से मिली कि वह पुलिस शिकायतें दर्ज कर मुझे डरा सकते हैं। जितने केस आप कर सकते हैं, दायर करें। मैं भयभीत नहीं हूं। 25 केस और दर्ज करो। मैं भाजपा-आरएसएस से डरता नहीं हूं।’

गुवाहाटी पुलिस ने मंगलवार को राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज की।

राहुल गांधी ने कहा, भाजपा-आरएसएस का लक्ष्य असमिया इतिहास, संस्कृति और भाषा को मिटाना है। हम उन्हें नागपुर से असम पर शासन करने की अनुमति नहीं देंगे। असम को असम से ही चलाया जाएगा।

कांग्रेस नेता के अनुसार, असम में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार है और हिमंता बिस्वा सरमा देश के सबसे भ्रष्ट सीएम हैं।

राहुल गांधी ने दावा किया, ‘वह (सरमा) आपसे बात करते समय आपकी जमीन ले लेते हैं। जब आप सुपारी खाते हैं तो वह सुपारी कारोबार पर कब्ज़ा कर लेते हैं। उन्होंने काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में भी जमीन ली है।’

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके दिल में काफी नफरत है।

*****************************

 

आज का राशिफल

मेष राशि-

आज आपका दिन शानदार रहेगा। आज आपकी परिस्थितियां पहले से अनुकूल रहेंगी। व्यापारिक क्षेत्र में आपको मेहनत से आज अधिक लाभ होगा। आज आपको धन लाभ के अनेक अवसर प्राप्त होंगे। आज दोस्तों के साथ ट्रिप का प्लान कर सकते हैं। ऑफिस का कोई महत्वपूर्ण कार्य करने में आज बिजी रहेंगे। ट्रांसफर के लिए परेशान लोगों को पसंदीदा जगह ट्रांसफर की खुशखबरी मिलेगी। किसी अनजान की हेल्प करके आप अपने आप को कुछ बेहतर फील महसूस करेंगे।

शुभ रंग- भूरा

शुभ अंक- 6

वृष राशि-

आज आपका दिन लाभदायक रहेगा। आज आपको कार्य क्षेत्र में सफलता मिलेगी। आज आपके रुकावट भरे कार्य पूरे होंगे। दांपत्य जीवन में आपसी तालमेल बढ़ेगा। आज किसी कार्य में घरवाले आपकी तारीफ करेंगे। छात्रों की पढ़ाई में रूचि बढ़ेगी। आपकी नौकरी में कुछ सकारात्मक परिवर्तन आयेंगे। किसी से लिया ऋण आज वापस करेंगे। आज आपकी परेशानियां कम होंगी आपका मन हल्का होगा। लवमेट आज डिनर पर जाएंगे।

शुभ रंग- गुलाबी

शुभ अंक- 4

मिथुन राशि-

आज आपका दिन उत्तम रहने वाला है। आज आपके पारिवारिक जीवन में सौहार्द्र की वृद्धि होगी। आज कोई बड़ी जिम्मेदारी का निर्वाहन करना पड़ सकता है। आज धन लाभ के मौके हाथ लगेगे। आज आपकी आर्थिक स्थिति में मजबूती आयेगी। आज संतान पक्ष से आपको सुखद अनुभूति होगी। इंजीनिरिंग के छात्रों को आगे बढऩे के मौके मिलेंगे। आज कोई महत्वपूर्ण प्रैक्टिकल को पूरा करने में छात्र व्यस्त रहेंगे। आज जीवनसाथी के साथ रिश्ते में मधुरता बढ़ेगी।

शुभ रंग- पीला

शुभ अंक- 1

कर्क राशि-

आज आपका दिन बढिय़ा रहने वाला है। आज आप अपनी किसी जॉब के लिए इंटरव्यू देने जाएंगे जिसमे आपको सेलेक्ट कर लिया जायेगा। कोई नया बिजनेस स्टार्ट करने से पहले किसी अनुभवी से सलाह लेंगे जिससे आपका बिजनेस अच्छे से चले। पुस्तकालय के कारोबारी नयी ब्रांच खोलने का मन बना सकते हैं। दांपत्य जीवन में एक-दूसरे को अच्छे से समझेंगे। आज अपने निर्णय में परिवार की सलाह लेंगे। आज अपनी सेहत पर थोड़ा ध्यान जरूर देना होगा।

शुभ रंग- सिल्वर

शुभ अंक- 2

सिंह राशि-

आज आपका दिन मिला-जुला रहने वाला है। विद्यार्थियों को अपनी मेहनत के बेहतर परिणाम हासिल होंगे। दांपत्य जीवन में ख़ुशी का माहौल बनेगा। धार्मिक कार्यों में आज आप धन खर्च करेंगे। साथ ही किसी धार्मिक अनुष्ठान में जाने का मौका मिल सकता है। आज आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत बनेगी। आज जरूरत से ज्यादा खर्चों पर रोंक लगाना चाहिए। विद्यार्थी अपने रुके काम को पूरा कर सकते हैं। स्वास्थ्य के लिहाज से आज आप फिट रहेंगे।

शुभ रंग- पिच

शुभ अंक- 9

कन्या राशि-

आज आपका दिन बेहतरीन रहेगा। काफी दिनों बाद आज परिवार के साथ समय बिताएंगे। आज उनके प्रति लागाव बढ़ेगा। आज रुके कार्यों में प्रगति होगी। आपके गृहस्थ जीवन में सुख शांति का माहौल बना रहेगा। डिप्लोमा कर रहे छात्रों को अपने सीनियर्स से महत्वपूर्ण जानकारियां मिलेंगी। ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के लिए आप किसी अच्छी कंसलटेंट टीम से बातचीत करेंगे। लवमेट शाम को डिनर साथ में करेंगे, जिससे उनके बीच में और ज्यादा प्रेम बढ़ेगा।

शुभ रंग- गोल्डन

शुभ अंक- 7

तुला राशि-

आज आपका दिन अच्छा रहने वाला है आज जीवनसाथी को उनके मनपसंद चीजों की शॉपिंग करा सकते हैं। संतान पक्ष से सुखद अनुभूति होगी। माता-पिता आज बच्चों का पूरा सहयोग भी करेंगे। ऑफिस में किसी पर निर्भर होकर काम न करें। अपनी इच्छा शक्ति के साथ अपनी भावनाओं में भी सुधार लाने की कोशिश करेंगे। इस राशि के छात्रों को प्रतियोगी क्षेत्र में सफलता मिलने के योग बन रहे हैं।

शुभ रंग- नीला

शुभ अंक- 6

वृश्चिक राशि-

आज आपका दिन अनुकूल रहने वाला है। आज आप कोई नया कारोबार शुरू करने का मन बना सकते हैं। साथ ही बड़ों की सलाह लेना उचित रहेगा। इस राशि के डांस में रूचि लेने वाले लोगों को ऊंचाइयों तक पहुंचने का जल्द मौका मिलेगा। आज किसी विषय में ज्यादा न सोचें, वरना आपको उलझन होगी और सेहत पर असर पड़ सकता है। आज आपके दोस्त आपसे मुलाकात करने घर आ सकते हैं।

शुभ रंग- ग्रे

शुभ अंक- 9

धनु राशि-

आज के दिन आप महत्वपूर्ण कार्यों को पूरा करने में व्यस्त रहेंगे। आज किसी रिश्तेदार को दिए रुपए आपको वापस मिलेंगे। सोंचे हुए कार्यों में उनका इस्तेमाल करेंगे। मीडिया से जुड़े लोगों को आज अच्छा लाभ मिलेगा। प्राइवेट जॉब के लोगों को आज प्रमोशन से जुडी अच्छी खबर मिल सकती है। आज आपको सभी परेशानियों से छुटकारा मिलेगा। लवमेट की आज फ़ोन पर देर तक बात होगी। आज आपका स्वास्थ्य चुस्त दुरुस्त बना रहेगा। राजनीति से जुड़े लोग आज सामाजिक कार्यों में रूचि लेंगे।

शुभ रंग- नारंगी

शुभ अंक- 4

मकर राशि-

आज आपका दिन बढिय़ा रहेगा। प्रतियोगी परिक्षा के छात्र अपनी तैयारी जम कर करें, जल्द ही अच्छे परिणाम हासिल होंगे। ऑफिस में फोन का उपयोग कम करें, अन्यथा आपकी छवि खऱाब हो सकती है। स्वास्थ्य सम्बन्धी समस्या को किसी अच्छे डॉक्टर से चेक कराएंगे। बेवजह की भागदौड़ से आपको थकावट महसूस होगी। बच्चों के साथ आज मनोरंजन करके समय बिताएंगे। सरकारी विभाग से जुड़े लोगों का पद बढ़ेगा। आपके वेतन में बढ़ोतरी होने के योग बन रहे हैं।

शुभ रंग- मैजेंटा

शुभ अंक- 5

कुंभ राशि-

आज आपका दिन फेवरेबल रहेगा। नौकरी में आज आपको सुखद परिवर्तन नजर आएंगे। तैयारी कर रहे छात्रों को अच्छे अंक मिलेंगे, जिससे आप आगे बढ़ पायेंगे। आज आपका स्वास्थ्य फिट एंड फाइन रहेगा। आपकी सभी उलझने आज समाप्त होंगी। कपड़ा व्यापारियों को आज उनकी मेहनत के उपरांत लाभ मिलेगा। आज आप अपनी माता की मनपसंद चीज लाकर गिफ्ट देंगे। बुजुर्गों का आज दान पुण्य के कार्यों में मन लगेगा। अपनी कोई बात जो आप अपने परिवार के साथ शेयर करेंगे।

शुभ रंग- पीला

शुभ अंक- 4

मीन राशि-

आज आपका दिन बेहतरीन रहने वाला है। आज आर्थिक स्थिति मजबूत बनेगी। आज फैशन डिजाइनर्स का दिन बेहतर रहेगा। आज कोई ऑनलाइन बड़ा आर्डर आपको मिलेगा। दांपत्य जीवन में मधुरता बढ़ेगी। आपकी पारिवारिक स्थितियां पहले से अनुकूल बनेंगी। आज बेटे का कोई रिजल्ट आ सकता है, रिजल्ट आपके पक्ष में होगा। आज आपके शत्रु परास्त्र होंगे। आज किसी कार्य में आपके विरोधी आपकी सलाह मांगेंगे।

शुभ रंग- मैहरुन

शुभ अंक- 3

**********************************

 

शिवम पार्वती आर्ट्स् क्रियेशन्स की नई फिल्म ‘मेरे साथी मेरे प्यार’ का ट्रेलर जारी

24.01.2024  –  मानवीय संवेदनाओं व रिश्तों की जटिलताओं को भी उम्दा ढंग से रेखांकित करती बिहार और झारखंड की पृष्ठभूमि पर बनी हिंदी फीचर फिल्म ‘मेरे साथी मेरे प्यार’ अब बहुत जल्द ही सिनेदर्शकों तक पहुँचने वाली है। शिवम पार्वती आर्ट्स् क्रियेशन्स के बैनर तले निर्मित इस फिल्म का ट्रेलर पटना गांधी मैदान के नज़दीक स्थित आई एम ए हॉल में आयोजित एक भव्य समारोह में जारी किया गया। जयराम प्रसाद व गोपाल चन्द्र गोप द्वारा प्रस्तुत इस पारिवारिक फिल्म की कहानी ग्रामीण परिवेश से आरंभ होकर शहर तक पहुंचती है।

अनाथ बिरजू को हीरा और उसकी पत्नी गौरी पुत्रवत स्नेह देते हैं जो पड़ोसी महिलाओं को रास नहीं आता। उधर उसी गाँव का रवि बिरजू के पीछे पड़ जाता है।आखिरकार बिरजू कैसे स्वयं को, अपने स्वजनों सहित बचाता है, इसी रहस्य का खुलासा ‘मेरे साथी मेरे प्यार’ में किया गया है। इस फिल्म की खास बात यह है कि इस फिल्म के निर्माता, निर्देशक व लेखक अजय वीरेन्द्र साहा बिहार और झारखंड प्रदेश से संयुक्त रूप से जुड़े हैं। इस फिल्म के मुख्य कलाकार विकास कुमार, श्वेता शर्मा, सचिन कुमार, गोपाल चन्द्र गोप, वीरेन चौहान, सीमा गोस्वामी, हेमलता शर्मा, विकाश कुमार बिट्टू, असनीव, सीमा गुप्ता, रेणु, अशोक कुमार, रोशन कुमार, निवास कुमार और आइटम गर्ल गुड़िया यादव आदि हैं।

बिहार और झारखंड के खूबसूरत वादियों में फिल्मांकित इस फिल्म के सहनिर्माता सपन दास, सुरेश महतो व आनंद राय, गीतकार इंदल पंडित, संगीतकार नीतेश निराला, नृत्य निर्देशक अशोक माईती व गणेश अक्षत, एक्शन मास्टर नवीन, प्रोडक्शन डिजाइनर रमेश सिन्हा और कैमरामैन कमल हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***************************

 

पीएम मोदी ने पराक्रम दिवस पर सुभाष चंद्र बोस को किया नमन, लाल किले में कार्यक्रम में भी होंगे शामिल

नई दिल्ली 23 Jan, (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जन्म जयंती के अवसर पर उनके जीवन और साहस का सम्मान करते हुए उन्हें नमन किया है। उनकी जयंती को देशभर में पराक्रम दिवस के तौर पर मनाया जाता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार शाम को लाल किले में पराक्रम दिवस कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। उन्होंने नेताजी के जीवन और साहस को याद करते हुए उनके बारे में दिए गए अपने भाषणों के कुछ वीडियो शेयर करते हुए एक्स पर पोस्ट कर कहा, “पराक्रम दिवस पर भारत के लोगों को शुभकामनाएं। आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर हम उनके जीवन और साहस का सम्मान करते हैं। देश की आजादी के प्रति उनका अटूट समर्पण प्रेरणा देता रहता है।”

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मंगलवार शाम 6:30 बजे लाल किले में पराक्रम दिवस कार्यक्रम में भी शामिल होंगे जहाँ नेताजी और आजाद हिंद फौज की विरासत का स्मरण होगा। इस दौरान वह गणतंत्र दिवस की झांकी तथा सांस्कृतिक प्रदर्शनियों के साथ देश की समृद्ध विविधता दिखाने वाले भारत पर्व का भी उद्घाटन करेंगे।

स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले महान लोगों के योगदान का सम्मान करने के लिए कदम उठाने के प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जन्म जयंती को 2021 से पराक्रम दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस वर्ष लाल किले में आयोजित होने वाला कार्यक्रम ऐतिहासिक प्रतिबिंबों तथा जीवंत सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों को एक साथ बुनने वाला बहुआयामी उत्सव होगा। आगंतुकों को अभिलेखागार की प्रदर्शनियों, दुर्लभ तस्वीरों तथा दस्तावेजों के प्रदर्शन के माध्यम से नेताजी और आजाद हिंद फौज की उल्लेखनीय यात्रा के विवरण वाले गहन अनुभव से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

भारत पर्व 31 जनवरी तक चलेगा। यह गणतंत्र दिवस झांकी और सांस्कृतिक प्रदर्शनों के साथ देश की समृद्ध विविधता को दिखाएगा। इसमें 26 मंत्रालयों और विभागों के प्रयास शामिल होंगे। इसमें नागरिक केंद्रित पहलों पर प्रकाश डाला जाएगा, वोकल फॉर लोकल, विविध पर्यटक आकर्षण को विशिष्ट रूप से दिखाया जाएगा। यह लाल किले के सामने राम लीला मैदान और माधव दास पार्क में होगा।

*****************************

 

अयोध्या में श्री रामलला के दर्शनों को उमड़ा आस्था का सैलाब, एटीएस जवानों को संभालनी पड़ी भीड़

अयोध्या 23 Jan, (एजेंसी)-आज भक्तों के लिए श्रीराम लला के दर्शन करने का पहला दिन था। रात से ही मंदिर प्रांगण में भीड़ इकट्ठी हो गई थी। भीड़ का यह सिलसिला दोपहर तक जारी रहा। भीड़ को संभालने में पुलिसवालों को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। मंदिर में बढ़ती भीड़ को देखकर एटीएस और आरएएफ के जवानों को रामलला मंदिर के अंदर भेजा गया है।

दर्शन के लिए उमड़े हुजूम का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दोपहर में शयन के लिए बंद किए गए भगवान रामलला के कपाट एक घंटे पहले ही खोल दिए गए। रामलला के शयन के लिए पट 2 बजे तक बंद रहने थे, लेकिन भीड़ के चलते 1 बजे ही खोल दिए गए। लोगों को दर्शन के लिए छोटे-छोटे ग्रुपों में भेजा जा रहा है। एक बार तो लोग सिक्योरिटी तोडक़र ही भाग निकले।

***************************

 

महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस ने किया डॉ. मुस्तफ़ा युसूफ अली गोम को सम्मानित

23.01.2024  –  अँधेरी(पश्चिम),मुंबई स्थित मुक्ति प्रेक्षागृह में वाग्धारा संस्थान द्वारा आयोजित ‘वाग्धारा सम्मान समारोह 2024’ में समारोह के मुख्य अतिथि महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस ने मुंबई के जाने माने उद्योगपति और समाजसेवी तथा केयर टेकर्स एक्सटीरियर एंड इंटीरियर प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. मुस्तफ़ा युसूफ अली गोम को उनके द्वारा किए गए समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए ‘वाग्धारा सम्मान’ देकर सम्मानित किया। विदित हो कि डॉ. मुस्तफ़ा यूसुफ़ अली गोम, मुंबई के कांदिवली में अंजुमन ए नजमी दाऊदी बोहरा जमात के सचिव हैं। अपनी अंजुमन के माध्यम से वह सामाजिक कार्य भी करते हैं। कोरोना काल में डॉ. मुस्तफ़ा यूसुफ़ अली गोम की संस्था ने बड़े पैमाने पर लोगो की मदद की और कम्युनिटी किचेन के माध्यम से जरूरत मंद लोगो तक खाने और पीने की व्यवस्था करवाई थी। साथ ही साथ डॉ. मुस्तफ़ा यूसुफ़ अली गोम द्वारा शिक्षा, चिकित्सा के क्षेत्र में काम कर रही संस्थाओं को समय – समय पर मदद और उनका मागर्दर्शन देते रहे हैं।

उनके अच्छे सामाजिक कार्यों के लिए कई सम्मान मिल चुके हैं। महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने भी उन्हें ‘गऊ भारत भारती’ के ‘सर्वोत्तम सम्मान’ से सम्मानित किया है। इसके अलावा केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान द्वारा पूर्व में भी ‘वाग्धारा सम्मान’ से उन्हें सम्मानित किया जा चुका है साथ ही साथ पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ. सी. वी.आनंद बोस ने भी राजभवन में डॉ. बीआर अंबेडकर पुरस्कार देकर उनको सम्मानित किया है। सुप्रसिद्ध समाजसेवी मुस्तफा गोम की कंपनी केयर टेकर्स एक्सटीरियर एंड इंटीरियर प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक हैं जो पुरानी ईमारतों के मरम्मत का काम करती है।

डॉ मुस्तफा गोम को इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरप्रेन्योरशिप एंड मैनेजमेंट स्टडीज द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है। इसके अतिरिक्त श्री गोम वर्ल्ड ह्यूमन राईट प्रोटेक्शन कमीशन से भी जुड़ कर देश की सेवा कर रहे हैं। ‘वाग्धारा’ के अध्यक्ष डॉ बागीश सारस्वत इस सम्मान समारोह के प्रमुख आयोजक थे। वाग्धारा सम्मान समारोह 2024 के चयन समिति के अध्यक्ष जयंत देशमुख थे। कार्यकारी अध्यक्ष दुर्गेश्वरी सिंह ‘महक,‘ भार्गव तिवारी और अन्य इस सम्मान समारोह के सहयोगी रहे। इस सम्मान समारोह में अभिनेत्री सीमा विस्वास, पत्रकार पराग छापेकर , साहित्यकार नन्दलाल पाठक , पत्रकार/ संपादक नरेंद्र कोठेकर , राजेश बादल , छत्तीगढ़ की ऋतू वर्मा को भी कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*******************************

 

मानवीय संवेदनाओं को उजागर करती फिल्म ‘मनी मैटर्स बट लव’ का स्पेशल शो सम्पन्न

23.01.2024  –  अंधेरी (वेस्ट), मुम्बई स्थित इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के प्रेक्षागृह में बॉलीवुड के नामचीन हस्तियों की उपस्थिति में रागिनी फिल्म्स इंटरनेशनल के बैनर तले रागिनी पाण्डेय द्वारा निर्मित संदेशपरक हिंदी फीचर फिल्म ‘मनी मैटर्स बट लव’ का स्पेशल शो संपन्न हुआ। मानवीय संवेदनाओं को उजागर करने के साथ साथ रिश्तों की अहमियत पर जोर देते हुए प्यार के धागों से बंधे रिश्तों को अनोखे अंदाज में परिभाषित करती इस फिल्म में सामाजिक बंदिशों के बीच रिश्तों को एक सूत्र में जोड़ कर रखने का संदेश दिया गया है।

संजय उपाध्याय, रागिनी पाण्डेय, माधुरी पाण्डेय और विक्रम राठौर जैसे कई अन्य प्रतिभाशाली नवोदित कलाकारों के अभिनय से सजी इस संदेशपरक फिल्म के निर्देशक आदर्श त्रिपाठी, संगीतकार अंकित हर्षित, पटकथा लेखक व गीतकार संजय उपाध्याय, एडिटर राजीव प्रसाद और कैमरामैन विपिन त्रिपाठी हैं। कुल चार कर्णप्रिय गानों से सजी इस फिल्म के माध्यम से ये संदेश देने का प्रयास किया गया है कि रिश्ते बनाना आसान काम है लेकिन कायम रखना कठिन काम है, इंसान को बने रिश्तों को सहेज कर रखने का प्रयास करना चाहिए, मतलब निकलने के बाद रिश्तों के टूटने का अंजाम बहुत खतरनाक होता है।

‘मनी मैटर्स बट लव’ के स्पेशल शो के अवसर पर अभिनेता संजय उपाध्याय ने इस फिल्म के मेकिंग की विस्तृत चर्चा करते हुए अपनी नवीनतम फिल्म ‘बाप तो बाप होता है’ की घोषणा की और नवोदित फिल्म निर्माताओं के लिए एक वेबसाईट ‘सिनेमा बाजार डॉट कॉम’ लॉन्च किया। विदित हो कि आज के दौर में फिल्म निर्माताओं के लिए निर्माण और वितरण कार्य काफी कठिन हो गया है। किसी विशेष फिल्म के लिए सही वितरण चैनल प्राप्त करना और सही वितरण शेयर प्राप्त करना और भी कठिन हो गया है।

इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए अभिनेता संजय उपाध्याय ने नवोदित फिल्म निर्माताओं की कठिनाइयों को सुलझाने के लिए सिनेमा बाजार डॉट कॉम (वेबसाईट) लॉन्च किया है। इस वेबसाईट पर अपनी फिल्म को अपलोड कर फिल्म निर्माता अपनी फिल्म का वितरण अधिकार अपनी निर्धारित प्राइस पर किसी भी फिल्म वितरक को सौंप सकते हैं। पिछले 20 वर्षो से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय ‘सिनेमा बाजार’ के संचालक संजय उपाध्याय के अनुसार सिनेमा बाजार से जुड़े फिल्म निर्माताओं को फिल्म निर्माण एवं वितरण से जुड़े कानूनी मुद्दे, मूल्य निर्धारण, पायरेसी की समस्या से निदान दिलाते हुए सहयोग देने के उद्देश्य से सिनेमा बाजार डॉट कॉम’ वेब साईट लॉन्च किया गया है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*********************************

 

नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 127 वी जयंती मनाई गई

*भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी कार्यालय में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 127 वी जयंती मनाई गई*

रांची, 23.01.2024  –  नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित कि गई । कार्यक्रम में मुख्य रूप से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता, राज्य सचिव महेंद्र पाठक, जिला सचिव अजय कुमार सिंह , झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता जितेंद्र कुमार गुप्ता, राष्ट्रीय जनता दल के नेता राजेश यादव , खेत मजदूर यूनियन के नेता इम्तियाज़ खान सहित कई लोग उपस्थित थे।

पूर्व सांसद भवनेश्वर प्रसाद मेहता ने कहा की नेताजी सुभाष चंद्र बोस की सपना आज भी अधूरा है । रामगढ़ के अधिवेशन में उन्होंने गरम दल का निर्माण किया था, आज देश के अंदर जात धर्म के नाम पर राजनीति की जा रही है। देश में बेकारी, बेरोजगारी ,महंगाई चरम पर है। लेकिन धर्म की घुट्टी पिलाकर केंद्र की मोदी सरकार लोगों को वर्ग ला रही है । आज नेताजी की जयंती के अवसर पर सभी लोग संकल्पित हैं, की आने वाले दिन में धर्म के नाम पर राजनीति करने वाले लोगों को सबक सिखाने के लिए देश के तमाम धर्मनिरपेक्ष पार्टियों एकजुट होकर के देश में लोकतंत्र ,संविधान और देश की आजादी को बचाने के लिए संघर्ष को तेज करेंगे ।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता, राज्य सचिव महेंद्र पाठक ,जिला सचिव अजय कुमार सिंह ,झारखंड मुक्ति मोर्चा के जितेंद्र प्रसाद गुप्ता, इम्तियाज़ खान, कमरुद्दीन निशा,मनोज ठाकुर,श्यामल चक्रवर्ती, मेहुल मृगेंद्र,किरण कुमारी,गोपाल पांडेय, सुनील सिंह, नागो चौधरी,सहित कई लोग शामिल थे।

उक्त जानकारी सीपीआई  के  अजय सिंह ने दी है.

********************************

 

लाखों दीपों से जगमगाई राम की पैड़ी

अयोध्या ,22 जनवरी (एजेंसी)। प्रभु श्रीराम के अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद देश भर में लोग दीपावली मना रहे हैं। अयोध्या में राम की पैड़ी पर अवध विश्वविद्यालय के छात्रों, सिपाहियों व आम लोगों ने दीपोत्सव मनाया। यहाँ एक लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किये गए हैं। पूरे शहर में आतिशबाजी शुरू हो गई है।

सोमवार सांझ ढलते ही मठ-मंदिरों और घरों में श्रीराम ज्योति प्रज्वलित हो उठी। मंगल आरती के साथ राम भक्तों ने पांच दीपक श्रीराम के नाम प्रज्वलित करते हुए आतिशबाजी और पटाखे छोडऩे शुरू कर दिए। शहर से लेकर गावों तक दिव्य दीपोत्सव के बीच बच्चों और महिलाओं ने भी आनंदित होकर उल्लास की फुलझडिय़ां छुड़ाई। नगर क्षेत्र में चहुंओर से आती पटाखों की आवाज और आकाश तक दिखती आतिशबाजी के नजारे दीपावली का दृश्य उत्पन्न करते रहे। लोग और बच्चे सड़कों पर निकल आए और जमकर आतिशबाजी की।

********************************

 

मेरी स्थिति भी रामलला प्राण-प्रतिष्ठा के बाद वशिष्ठ ऋषि जैसी : रामभद्राचार्य

अयोध्या ,22 जनवरी (एजेंसी)। जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने सोमवार को कहा कि जब भगवान राम 14 वर्ष के वनवास के बाद लौटे थे तो उनकी स्थिति भी वशिष्ठ ऋषि जैसी ही थी। जगद्गुरु ने आज यहां राम जन्मभूमि मंदिर में राम लला के बाल स्वरूप विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के बाद संवाददाताओं से कहा, मैं अभी भी भावुक हूं।

आज मेरी स्थिति वशिष्ठ की स्थिति के समान है जब भगवान राम वनवास के बाद अयोध्या लौटे थे। मुझे और क्या कहना चाहिए। जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने हिंदू धर्मग्रंथों और तुलसीदास रचित ग्रथों का हवाला देकर भगवान राम के अस्तित्व और अयोध्या में उनकी भूमि के खिलाफ विपक्ष के दावों का खंडन किया। इन उद्धरणों ने रामभद्राचार्य की गवाही की पुष्टि करते हुए भगवान राम के पक्ष में उच्च्तम न्यायालय के 2019 के फैसले को काफी प्रभावित किया था।

उच्चतम न्यायालय में अपने हलफनामे में रामभद्राचार्य ने अयोध्या को हिंदुओं का पवित्र नगर और मर्यादा पुरुषोतम राम की जन्मभूमि के प्रमाण प्रस्तुत किए थे। उन्होंने इसमें संत कवि तुलसीदास के दो ग्रंथों के छंदों का भी हवाला दिया था। उन्होंने दोहा शतक के आठ छंदों का उल्लेख किया था जिनमें 1528 ईस्वी में अयोध्या में विवाद की जगह पर एक मंदिर ध्वंस कर एक मस्जिद के निर्माण का वर्णन है।

उनके हलफनामे में तुलसीकृत कवितावली के एक छंद उल्लेख है जिसमें इस विवाद का उल्लेख किया गया है। जगद्गुरु रामभद्राचार्य जन्मांध हैं। उनका जन्म उत्तर प्रदेश के छोटे से गांव शांतिखुर्द में श्री गिरिधर मिश्र के घर में हुआ था। जगद्गुरु का एक आध्यात्मिक गुरु, दार्शनिक और विद्वान के रूप में बहुत सम्मान किया जाता है। उनकी आध्यात्मिक यात्रा उनके प्रारंभिक वर्षों में शुरू हुई और उन्होंने शिक्षा और धार्मिक अध्ययन दोनों में उल्लेखनीय प्रतिभा दिखाई।

जगद्गुरु रामभद्राचार्य को वेद-पुराण और रामायण सहित की धार्मिक संस्कृत ग्रंथ कंठस्थ है और उनकी विद्ववता और तर्क शक्ति से उनकी बड़ी ख्याति है।

***************************

 

देशभर में दीपावली से ज्यादा जगमग, अयोध्या समेत पूरे भारतवर्ष में दीपकों की जगमगाहट

अयोध्या ,22 जनवरी (एजेंसी)। अयोध्या में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से रामभक्त उत्साहित हैं। देश-विदेश में रामभक्तों ने सारा दिन जहां धार्मिक समारोहों के माध्यम से खुशी जताई वहीं शाम को दीपकों की रोशनी से पूरा भारतवर्षजगमगा उठा।सोमवार शाम को अयोध्या 10 लाख दीयों से प्रकाशमय हो गई। रामभक्तों ने घरों, प्रतिष्ठानों, दुकानों और पौराणिक स्थलों पर राम ज्योति प्रज्ज्वलित की। अयोध्या सरयू नदी के तटों की मिट्टी से बने दीपों से रोशन हुई। रामलला, कनक भवन, हनुमानगढ़ी, गुप्तारघाट, सरयू तट, लता मंगेशकर चौक, मणिराम दास छावनी समेत 100 मंदिरों, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर दीप जलाए गए।

भगवान राम के ससुराल मिथिलांचल क्षेत्र के साथ-साथ पूरे बिहार में दीपावली मनाई गई। शाम के वक्त लोगों ने मंदिरों से लेकर घरों तक में दीप प्रज्ज्वलित किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद अपने आवास यानी पीएमओ में रामज्योति जलाते हुए नजर आए।पूरे पीएमओ में दीपोत्सव मनाया गया और दीये जलाए गए. पीएम के साथ-साथ कैबिनेट में उनके सहयोगी भी अपने आवास पर भगवान राम के अयोध्या आगमन पर श्रीराम ज्योति जलाते हुए नजर आए। जालंधर में उत्तर भारत के प्रसिद्धशक्तिपीठ श्री देवी तालाब मंदिर में 1 लाख21 हजार दीपक जलाए।कार्यक्रम की शुरुआत पंजाबभाजपा प्रधान सुनील जाखड़ ने की।

*****************************

 

100 वर्षीय परवारी देवी ने कहा- आज मिला मुझे संतोष व खुशी

चंडीगढ़ ,22 जनवरी (एजेंसी)।  500 वर्ष बाद भगवान श्री राम के मंदिर के निर्माण का सपना पूरा होने पर देश भर में जश्न का माहौल है, वहीं गांव झांसा में भी बाबरी मस्जिद गिराने को लेकर गए कार सेवकों में शामिल कुरुक्षेत्र के गांव झांसा के स्वर्गीय सरदा राम पाल की धर्मपत्नी परवारी देवी जोकि जीवन के 100 बसंत देख चुकी हैं इस उम्र में अब उनकी आंखों की पुतलियां पूरी तरह नहीं खुल रही, लेकिन वह इस पल की गवाह बनी हैं। अयोध्या में श्री राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के उत्सव को लेकर उनका जोश देखते ही बनता है।

भगवान श्री राम मंदिर के निर्माण को लेकर जहां उनकी खुशी का कोई ठिकाना नहीं वहीं वह उनके लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी कोटि-कोटि आभार व्यक्त करने से गुरेज नहीं करती। उन्होंने कहा कि आज करोड़ भारतवंशियों का सपना सच हो गया है जिसकी कभी कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था।

उन्होंने बताया कि जब उनके पति स्वर्गीय सरदा राम पाल गडरिया समाज से जोकि प्रदेश भर में इस समाज से इकलौते कार सेवक थे। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व वरिष्ठ नेता व हरियाणा साहित्य अकादमी के सदस्य दिवंगत धनीराम भारती के साथ दिवंगत पूर्व सरपंच हेमराज गिरधर ,दिवंगत बंताराम लोहिया, दिवंगत अमरनाथ गाबा, दिवंगत भगवान दास गिरधर, दिवंगत भगवान दास कक्कड़ के अलावा रामस्वरूप दहिया, पंडित ओम प्रकाश शर्मा, रामकुमार कंसल ही अभी जीवित बचे हैं।

परवारी देवी ने बताया कि जब उनके पति बाबरी मस्जिद गिराने के लिए अयोध्या गए थे उस दौरान वहां पर गोलियां चलने और लाठी चलने की बात सुनने में आई थी जिसके बाद पूरा परिवार सहम गया था और जब तक उनके पति सरदा राम सहित अन्य सदस्य सकुशल घर वापस नहीं लौटे थे तब तक परिवार सहित गांव के लोगों में चिंता बनी रही।

****************************

 

22 जनवरी का दिन हमारी सभ्यता के इतिहास में दिव्यता के साथ साक्षात्कार के रूप में परिभाषित रहेगा

*उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा*

नई दिल्ली,22 जनवरी (एजेंसी)। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के शुभ अवसर की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि 22 जनवरी का यह दिन हमारी सभ्यता के इतिहास में दिव्यता के साथ साक्षात्कार के क्षण के रूप में परिभाषित रहेगा।

राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा के अवसर को देश के गौरव के प्रति राष्ट्र की असीम जागृत चेतना का द्योतक बताते हुए उपराष्ट्रपति धनखड़ ने 11 दिवसीय कठिन अनुष्ठान और अपने संकल्प को सफलतापूर्वक सिद्ध करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन भी किया।
उपराष्ट्रपति ने कहा, आज श्री राम जन्मभूमि अयोध्या की ऐतिहासिक नगरी में आयोजित, युगांतरकारी भव्य राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के शुभ अवसर की हार्दिक शुभकामनाएं ! हर्ष और उल्लास से सराबोर यह अवसर देश के गौरव के प्रति राष्ट्र की असीम जागृत चेतना का द्योतक है।

उपराष्ट्रपति ने आगे कहा, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अपने 11 दिवसीय कठिन अनुष्ठान को साधु संतों, यजमानों के मार्गदर्शन में अयोध्या में श्री रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा संस्कार के साथ संपन्न करेंगे। अपने संकल्प को सफलतापूर्वक सिद्ध करने पर, प्रधानमंत्री का कोटिश: अभिनंदन !

रामलला के प्राण प्रतिष्ठा को भारतीय सभ्यता में इतिहास का महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए धनखड़ ने यह भी कहा, 22 जनवरी का यह दिन, हमारी सभ्यता के इतिहास में दिव्यता के साथ साक्षात्कार के क्षण के रूप में परिभाषित रहेगा। आज के दिन प्रभु श्री राम के क्षमा, सत्यनिष्ठा, पराक्रम, शालीनता, दया और करुणा जैसे सद्गुणों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लें जिससे हमारे चतुर्दिक शांति, सौहार्द, शुचिता, शुभता और विद्वत्ता का प्रकाश फैले।

****************************

 

सभी दोषियों ने जेल में आत्मसमर्पण किया

*बिलकिस बानो गैंगरेप मामला*

नईदिल्ली ,22 जनवरी (एजेंसी)। बिलकिस बानो के गैंगरेप मामले में सभी 11 दोषियों ने रविवार रात को गुजरात के पंचमहल जिले स्थित गोधरा उप जेल में आत्मसमर्पण कर दिया।

रिपोर्ट के मुताबिक, सभी दोषी रात करीब 11:30 बजे 2 निजी वाहनों से सिंगवाड रणधीकपुर से गोधरा की जेल पहुंचे और जेल अधिकारी के सामने आत्मसमर्पण किया।बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने सभी दोषियों को रविवार तक आत्मसमर्पण करने को कहा था।

गोधरा में हुए दंगों के दौरान बिलकिस बानो से गैंगरेप और उसके परिजनों की हत्या के 11 दोषियों की रिहाई को सुप्रीम कोर्ट ने 8 जनवरी को रद्द कर दिया था। यह रिहाई गुजरात सरकार की ओर से दी गई थी।न्यायमूर्ति बीवी नागरथाना और उज्जल भुइयां की पीठ ने गुजरात सरकार के इस कदम को गलत ठहराया और 2022 में स्वतंत्रता दिवस के दिन आजाद किए गए दोषियों को 2 सप्ताह के भीतर वापस जेल जाने का आदेश दिया।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद दोषियों ने याचिका लगाकर आत्मसमर्पण के लिए अतिरिक्त समय मांगा। उन्होंने बीमारी से लेकर अपने बुजुर्ग मां-बाप की सेवा का हवाला दिया।कोर्ट ने शुक्रवार को सभी याचिकाएं खारिज कर दीं और तय समयसीमा के अनुसार 21 जनवरी तक आत्मसमर्पण करने को कहा।बता दें, 11 दोषियों में बाकाभाई वोहानिया, बिपिन चंद्र जोशी, केसरभाई वोहानिया, गोविंद नाई, जसवंत नाई, मितेश भट्ट, प्रदीप मोरधिया, राधेश्याम शाह, राजूभाई सोनी, रमेश चंदना और शैलेश भट्ट शामिल हैं।

********************************

 

मंदिर में प्रवेश नहीं मिलने के बाद धरने पर बैठे राहुल गांधी

नई दिल्ली,22 जनवरी (एजेंसी)। कांग्रेस पार्टी पूर्वोत्तर के राज्यों में भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रही है। कुछ जगहों पर कथित तौर पर कांग्रेस नेताओं के ऊपर हमले की भी खबर सामने आई है। वहीं आज भी राहुल गांधी के एक मंदिर में प्रवेश करने को लेकर काफी देर तक हंगामा होता रहा है। मंदिर में नहीं जाने से नाराज कांग्रेस सांसद राहुल गांधी धरने पर बैठ गए हैं। इसके साथ ही राहुल गांधी ने सरकार पर भी कई सारे सवालिया निशान खड़े किए हैं।

बता दें कि असम के नगांव जिले में स्थित वैष्णव संत शंकरदेव के जन्मस्थान पर जाने के लिए राहुल गांधी वहां पहुंचे हुए थे। लेकिन उन्हें बाहर ही रोक दिया गया। इस पर राहुल गांधी ने कहा कि प्राधिकारी उन्हें नगांव स्थित श्री श्री शंकरदेव मंदिर में जाने की अनुमति नहीं दे रहे हैं। राहुल गांधी ने असम के नगांव स्थित मंदिर में जाने से रोके जाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए प्राधिकारियों से पूछा कि क्या अब यह प्रधानमंत्री मोदी तय करेंगे कि मंदिर में कौन जाएगा? हम कोई समस्या पैदा नहीं करना चाहते, केवल मंदिर में पूजा करना चाहते हैं। वहीं मंदिर में जाने से रोके जाने के बाद राहुल गांधी कांग्रेस के अन्य नेताओं के साथ धरने पर बैठ गए।

वहीं असम में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के काफिलों पर हो रहे कथित हमलों को लेकर कांग्रेस ने घोषणा की है कि वह इन हमलों के विरोध में सोमवार शाम को देश भर में प्रदर्शन करेगी। रविवार को देर रात सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि असम में यात्रा के प्रवेश करने के बाद से भारत में सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री अपने गुंडों का इस्तेमाल कर हमारे काफिलों, संपत्ति और नेताओं पर लगातार हमले कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, यह एक ऐसा मामला है जिसे हर भारतीय को गंभीरता से लेना चाहिए क्योंकि यह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के फासीवाद और गुंडागर्दी को उजागर करता है। पूरे भारत में सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया जाता है कि वे कल शाम बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन करें और उजागर करें कि कैसे (नरेन्द्र) मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा असम में अपने मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के माध्यम से लोकतंत्र की हत्या कर रही है। उन्होंने कहा, सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय के लिए हमारी लड़ाई निरंतर जारी रहेगी।

दरअसल, इससे पहले भी असम के सोनितपुर जिले में असम कांग्रेस प्रमुख भूपेन कुमार बोरा पर कथित तौर पर हमला किया गया जबकि कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश की कार को निशाना बनाया गया। वहीं अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी रविवार शाम असम के नगांव जिले में सड़क किनारे एक भोजनालय में भीड़ ने घेर लिया। भीड़ ने वायनाड सांसद के खिलाफ नारे लगाए और सामागुरी कांग्रेस विधायक रकीबुल हुसैन का जिक्र करते हुए ‘अन्याय यात्रा’ और ‘रकीबुल वापस जाओ’ जैसे नारे लिखी तख्तियां भी दिखाई थी।

**************************

 

राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल नहीं पहुंचे आडवाणी

नई दिल्ली/अयोध्या,22 जनवरी (एजेंसी)। भाजपा के वरिष्ठ नेता, देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए देशभर में आंदोलन करने वाले लालकृष्ण आडवाणी राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल नहीं हुए । 96 वर्षीय लालकृष्ण आडवाणी की सेहत को देखते हुए यह फैसला किया गया है।

खराब मौसम, ज्यादा ठंड और स्वास्थ्य के कारण उन्होंने अयोध्या दौरे के कार्यक्रम को रद्द कर दिया है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह कृष्ण गोपाल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख राम लाल और विश्व हिंदू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष आलोक कुमार ने आडवाणी के घर पहुंचकर उन्हें 22 जनवरी के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का न्योता दिया था।
बाद में विहिप नेता आलोक कुमार ने लालकृष्ण आडवाणी और उनके परिवार के साथ हुई बातचीत की जानकारी साझा करते हुए यह दावा किया था कि आडवाणी कार्यक्रम में शामिल होंगे और उन्होंने उनके परिवार को यह आश्वासन दिया है कि आडवाणी के स्वास्थ्य को देखते हुए उनके अयोध्या आगमन पर डॉक्टर और मेडिकल सुविधाओं सहित जिस-जिस व्यवस्था की आवश्यकता होगी और जो भी व्यवस्था वो करना चाहेंगे, वो सारी व्यवस्था की जाएगी।

हालांकि खराब मौसम, ज्यादा ठंड और उनके स्वास्थ्य के कारण अंतिम समय पर उनके अयोध्या दौरे के कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है।
अयोध्या में होने वाले राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर प्रसन्नता जाहिर करते हुए आडवाणी ने अपने एक लेख में यह भी कहा था कि नियति ने भगवान राम का भव्य मंदिर बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पहले ही चुन लिया था।

आडवाणी ने राष्ट्र धर्म पत्रिका के विशेष अंक के लेख में राम मंदिर के लिए निकाले गए अपने रथ यात्रा को याद करते हुए कहा था कि रथ यात्रा को 33 साल पूरे हो रहे हैं। वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उस पूरी रथ यात्रा के दौरान उनके साथ थे। उस समय नरेंद्र मोदी ज्यादा प्रसिद्ध नहीं थे, लेकिन उसी समय नियति ने उन्हें भगवान राम का भव्य मंदिर बनाने के लिए चुन लिया था।

आडवाणी ने राम मंदिर के सपने को साकार करने और अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बनाने के उनके संकल्प को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए कहा था कि जब प्रधानमंत्री मोदी राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा करेंगे तो वह उस समय देश के प्रत्येक नागरिक का प्रतिनिधित्व करेंगे।

****************************

 

रामलला की अभिजीत मुहूर्त में हुई प्राण प्रतिष्ठा; मोदी, भागवत, योगी बने यजमान

अयोध्या,22 जनवरी (एजेंसी)। अयोध्या में रामलला के आगमन का इंतजार खत्म हो गया है। रामलला की अभिजीत मुहूर्त में प्राण प्रतिष्ठा हो गई है। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के लिए गर्भ गृह में प्रधानमंत्री मोदी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बैठे थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चांदी का छत्र लेकर राम मंदिर के गर्भगृह में पहुंचे। पीएम नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में राम लला की मूर्ति का अनावरण किया। राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम की शुरुआत मंगल ध्वनि के बीच हुई।

पांच साल पुरानी रामलला की भव्य पांच फीट ऊंची प्रतिमा का आखिरकार दुनिया के सामने अनावरण किया गया।

यह समारोह शंखनाद और हेलीकॉप्टर द्वारा मंदिर पर फूलों की वर्षा के बीच पूरा हुआ।

रामलला की प्रतिमा बनाने वाले मूर्तिकार योगीराज अरुण ने कहा, मुझे लगता है कि मैं इस धरती पर सबसे भाग्यशाली व्यक्ति हूं। कभी-कभी मुझे ऐसा लगता है जैसे मैं सपनों की दुनिया में हूं।

राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव ने कहा कि राम मंदिर के लिए देशभर में लोगों ने दिल खोलकर दान दिया है। देश का ऐसा कोई कोना नहीं रहा है जहां से राम के लिए उपहार ना आए हों।

एक बानगी गिनाते हुए उन्होंने कहा कि मंदिर के लिए घंटा कासगंज से आया तो नीचे पडऩे वाली राख रायबरेली के ऊंचाहार से आई है। गिट्टी मध्य प्रदेश के छतरपुर से पहुंची तो ग्रेनाइट तेलांगाना से आया। पत्थर राजस्थान के भरतपुर से पहुंचा तो दरवाजों की लकड़ी महाराष्ट से। उस दरवाजे पर पर सोने और डायमंड का काम मुंबई के एक व्यापारी का है।

जिन्होंने बनाया वो मैसूर के हैं। गरुण की मूर्ति राजस्थान के कलाकार ने बनाई है। लकड़ी के काम के कारीगर कन्याकुमारी के हैं और कपड़े और भगवान के वस्त्र दिल्ली के एक युवक मनीष त्रिपाठी ने बनाए। आभूषण लखनऊ से बनवाए गए हैं। इनकी नक्काशी राजस्थान में हुई है। देश का ऐसा कोई कोना नहीं है जहां से राम मंदिर के लिए समर्पण ना आया हो।

***************************

 

राम मंदिर: पूर्ण सुसज्जित रामलला की पहली तस्वीर सामने आई

अयोध्या,22 जनवरी (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर का उद्घाटन हो गया। गर्भगृह से पूर्ण रूप से सुसज्जित रामलला की पहली तस्वीर सामने आ गई है।

भगवान राम के 5 वर्ष के बालस्वरूप को दिखाया गया है। मूर्ति ने मुकुट धारण किया हुआ है और माथे पर तिलक लगा है।रामलला के हाथों में धनुष और तीर दिख रहा है। मूर्ति पीतांबर वस्त्रों में आभूषणों से सुशोभित है।

प्राण प्रतिष्ठा के दौरान गर्भगृह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत मौजूद रहे।इस दौरान मोदी और भागवत ने मूर्ति के दोनों तरफ खड़े होकर पूजा-अर्चना की और पुष्प अर्पित किए। आनंदीबेन पटेल और योगी आदित्यनाथ भी भगवान को पुष्प अर्पित करते नजर आए। सभी से विधिवत पूजा कराने का कार्य पुजारियों ने किया।

***************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version