Category Archives: news

सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने हाईकोर्ट के 9 जजों के तबादले की सिफारिश की

नई दिल्ली 11 Aug. (Rns) : सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने तीन हाईकोर्ट के 9  जजों का तबादला करने की सिफारिश की है.इनमें गुजरात और पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के चार-चार जज हैं. कॉलेजियम ने गुजरात हाईकोर्ट में जिन चार जजों का तबादला करने की सिफारिश केंद्र सरकार से की है, उनमें जस्टिस हेमंत एम प्रचछक भी शामिल हैं. उन्होंने राहुल गांधी की दोष सिद्धि पर रोक लगाने से इंकार कर दिया था ,

उनके अलावा जस्टिस गीता गोपी ने भी राहुल गांधी के ‘मोदी मानहानि’ मामले की सुनवाई से यह कहते हुए इनकार कर दिया था कि मेरे सामने मत सूचीबद्ध करें.

इस तरह देखा जाए तो राहुल गांधी के मुकदमे से जुड़े दो जज तबादला सूची में हैं. जस्टिस गोपी को गुजरात से मद्रास और जस्टिस प्रच्छक को पटना हाईकोर्ट भेजने की सिफारिश है. वहीं, जस्टिस समीर जे दवे का तबादला राजस्थान हाईकोर्ट में करने को सिफारिश की गई है. जस्टिस दवे ने तीस्ता सीतलवाड़ की याचिका पर सुनवाई से खुद को अलग कर लिया था .इनके अलावा चौथे जज अल्पेश वाई कोगजे को इलाहाबाद हाईकोर्ट भेजने की सिफारिश है.

********************************

 

मोहब्बत दिल में रहती है, दुकान में नहीं. : नए गाने के ज़रिये BJP ने कांग्रेस पर साधा निशाना

New Dellhi , 11 Aug. (एजेंसी)  – इन दिनों संसद का मानसून सत्र चल रहा है, जिसमें जोरदार हंगामा देखने को मिल रहा है. संसद में विपक्ष सरकार को मणिुपर समेत कई मुद्दों पर घेर रहा है. जवाब में कल पीएम मोदी ने सदन में बोलते हुए विपक्ष दलों पर जमकर निशाना साधा. अब बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अपने ट्वीटर पर एक गाना शेयर किया है. इस गाने के जरिए बीजेपी ने कांग्रेस को घेरा है. जबकि बीजेपी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया गया है.

ट्वीटर पर शेयर किए गए इस गाने में लिखा गया है कि मोहब्बत दिल में रहती है, दुकान में नहीं ये तो कमाई जाती है, कहीं बिकती नहीं ये तो दिल में रहती है, दुकान में नहीं. इस गाने की शुरुआत पीएम के उस भाषण से हो रही है, जिसमें वो भ्रष्टाचार, परिवारवाद, नफरत और तुष्टीकरण के मुद्दे पर कांग्रेस पर हमला बोल रहे हैं. दरअसल बीते दिन पीएम मोदी ने संसद में अविश्वास प्रस्ताव पर विपक्षों दलों को जवाब दिया.

राहुल गांधी का मोहब्बत की दुकान का नारा देशभर में काफी सुर्खियां बटोर रहा है. ये नारा कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के समय से चर्चा का विषय बना हुआ है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने का दावा कर बीजेपी को घेरते रहे हैं. राहुल गांधी के इसी नारे को लेकर बीजेपी के तमाम नेता भी अपनी प्रतिक्रिया देते रहे हैं. अब पीएम मोदी ने अपने भाषण के जरिए फिर से निशाना साधा.

***************************

 

Chandrayaan-3 के बाद चांद के सफर पर रवाना हुआ Luna-25, 21 अगस्त को हो सकती है चंद्रमा पर लैंडिंग

नई दिल्ली 11 Aug. (Rns): रूस ने चंद्रमा पर कदम रखने के लिए 47 साल बाद अपना अभियान लॉन्च कर दिया है। शुक्रवार तड़के स्थानीय समय के मुताबिक 2 बजकर 11 मिनट पर बोस्तोनी कॉस्मोड्रोम से लूना-25 को लॉन्च किया गया। रूस से पहले भारत अपने अंतिरक्ष यान चंद्रयान-3 को चंद्रमा पर भेजा गया है। दोनों ही मिशन का उद्देश्य चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग कराना और चांद की सतह का अध्ययन करना है। रूस और भारत दोनों के यान चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग करेंगे।

रूस ने 1976 के बाद पहली बार चंद्रमा पर अपने ‘लूना-25’ यान को भेजा है। इस यान का प्रक्षेपण यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी की मदद के बिना किया गया। यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद मॉस्को के साथ इस एजेंसी ने अपना सहयोग समाप्त कर दिया था।

रूस की अंतरिक्ष एजेंसी रोस्कोस्मोस के प्रमुख यूरी बोरिसोव के मुताबिक, लूना का लैंडर 21 अगस्त को चंद्रमा की सतह पर उतर सकता है। पहले इसके लैंडिंग की तारीख 23 अगस्त बताई जा रही थी। इंटरफैक्स के मुताबिक, बोरिसोव ने लॉन्च के बाद वोस्तोचन कोस्मोड्रोम में कार्यकर्ताओं से कहा, “अब हम 21 तारीख का इंतजार करेंगे। मुझे उम्मीद है कि चंद्रमा पर बेहद सटीक सॉफ्ट लैंडिंग होगी।” लूना-25, लगभग एक छोटी कार के आकार का है, जो चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर एक वर्ष तक काम करने के लक्ष्य से बनाया गया है।

लूना-25 मिशन की सफलता महत्वपूर्ण महत्व रखती है, क्योंकि रूसी सरकार का दावा है कि यूक्रेन संघर्ष के कारण पश्चिमी देशों द्वारा लगाए गए प्रतिबंध से रूसी अर्थव्यवस्था को गंभीर नुकसान पहुंचा है। ऐसे में पहली बार रूस ने अपने दम पर इस अंतरिक्ष मिशन को लॉन्च किया है। फरवरी 2022 में यूक्रेन से युद्ध के परिणामस्वरूप अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में रूस की भागीदारी खत्म हो गई थी, जिसके कारण पश्चिमी देशों के साथ रूस के अंतरिक्ष-संबंधी सहयोग में काफी कमी आई।

**********************************

 

नूंह में 11 दिन बाद खुले शैक्षणिक संस्थान, बैंक और एटीएम, परिवहन सेवा भी बहाल

गुरुग्राम 11 Aug. (एजेंसी): हरियाणा के नूंह जिले में 31 जुलाई को धार्मिक यात्रा के दौरान भड़की हिंसा के बाद अब धीरे-धीरे माहौल सामान्य होने लगा है। जिले में करीब 11 दिन बाद आज यानी 11 अगस्त से सभी शैक्षणिक संस्थान खोलने के आदेश जारी हो गए हैं। इसके साथ ही जिले में परिवहन सेवा भी शुरू हो गई है।

हरियाणा राज्य परिवहन की बस सेवाएं पूरी तरह से बहाल हो गई है। साथ ही नूंह में बैंक और एटीएम भी खोले जा रहे है। बता दें कि एटीएम सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक खुले रहेंगे। जिले में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया है। प्रशासन की ओर से भी लोगों से अमन-शांति और धैर्य बनाए रखने की अपील की जा रही है।

जिला उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने उलेमाओं से अपील की है कि वो शुक्रवार को जुम्मे की नमाज अपने घरों में ही अदा करें। जिला उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने धारा 144 के तहत नए आदेश जारी किए है। वहीं, दूसरी ओर नूंह से कांग्रेस विधायक आफताब अहमद ने उन ग्राम पंचायतों पर कार्रवाई करने की मांग की है, जिन्होंने गांवों में मुस्लिम व्यापारियों की एंट्री पर रोक लगा दी है। आफताब अहमद ने कहा कि ये पूरी तरह से असंवैधानिक है।

********************************

 

भारत-पाक सीमा पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम, BSF ने मार गिराया पाकिस्तान तस्कर

चंडीगढ़ 11 Aug. (एजेंसी): सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने शुक्रवार को पंजाब के तरनतारन में सीमा पर एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया और घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया। सीमा सुरक्षा बल ने अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी है।

अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार सुबह अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संदिग्ध गतिविधियां देखने पर बीएसएफ जवानों ने घुसपैठिए को चुनौती दी, लेकिन वह नहीं रुका और आगे बढ़ता रहा। अधिकारी ने बताया कि खतरे को भांपते हुए कर्मियों ने गोली चला दी, इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

**************************

 

तबादले के बाद भी नोएडा प्राधिकरण की पूर्व सीईओ ने खाली नही किया सरकारी बंगला

नोएडा 11 Aug. (एजेंसी): नोएडा में जो एक बार आता है, वह कहीं और जाने का नाम नहीं लेता और अगर उसका ट्रांसफर भी हो जाता है तो वह सरकारी बंगले पर कुंडली मारकर बैठा रहता है। नोएडा प्राधिकरण की पूर्व सीईओ रितु माहेश्वरी के नोएडा अथॉरिटी पद से ट्रांसफर होने के बाद उन्होंने घर खाली नहीं किया, तो विवाद बढ़ने लगा था। अब इसी क्रम में नोएडा अथॉरिटी ने 4 आईएएस और 2 आईपीएस के घर के बाहर नोटिस लगाया है कि 7 दिन के अंदर घर खाली कर दें।

बताया गया है कि इन अफसरों का काफी पहले ही नोएडा से दूसरे जिलों में ट्रांसफर हो चुका है, लेकिन अभी तक इन्होंने घर खाली नहीं किया है। अफसरों को बंगला खाली करने के लिए सात दिन का समय दिया है, जिसकी मियाद इसी शुक्रवार को खत्म हो रही है। अब ऐसे में अधिकारी भवन न खाली करने के लिए सिफारिश लगा रहे हैं।

आईएएस आराधना शुक्ला, जो नोएडा प्राधिकरण में अगस्त 2015 से जून 2018 तक तैनात रहीं। इस दौरान प्राधिकरण ने उनके लिए भवन आवंटित किया था। लेकिन तबादला होने के बाद भी उन्‍होंने भवन नहीं छोड़ा। अब हालात यह है कि रिटायर होने के बावजूद वह उस भवन में काबिज हैं। दूसरी आईएएस मोनिका गर्ग हैं। ये अगस्त 2016 से मार्च 2017 तक नोएडा प्राधिकरण में रहीं। अभी प्रदेश में कहां तैनात है, इसकी जानकारी प्राधिकरण अधिकारियों को भी नहीं है। इन्होंने भी अभी तक भवन खाली नहीं किया है।

एक आईएएस राजेश प्रकाश भी हैं। ये अक्टूबर 2014 में नोएडा प्राधिकरण आए और जुलाई 2016 में इनका ट्रांसफर कर दिया गया। इसके बाद अप्रैल 2017 एडिशनल कमिश्नर एनसीआर गाजियाबाद में तैनात रहे। अब तक इन्होंने नोएडा का भवन नहीं छोड़ा है। इसके अलावा आईएएस अनुराग श्रीवास्तव दिसंबर 2017 से जनवरी 2020 तक नोएडा में रहे। इन्होंने भी अभी तक सरकारी बंगला खाली नहीं किया है।

इस सूची में आईएएस ही नहीं, बल्कि आईपीएस अधिकारी भी शामिल हैं। आईपीएस अभिषेक वर्मा नोएडा में तैनात रहे और 15 जनवरी 2023 को उनका तबादला हो गया। लेकिन, अभी तक इन्होंने सरकारी आवास खाली नहीं किया है।

वहीं, आईपीएस लव कुमार का ट्रांसफर जनवरी 2023 में दिल्ली में हुआ। हालांकि, उन्होंने अर्जी दी है कि वे जल्द ही भवन खाली कर देंगे। ट्रांसफर होने के बाद नोएडा नहीं छोड़ने की एक बड़ी वजह दिल्ली के नजदीक होना है। साथ ही यहां का रहन सहन भी कई बार बड़े अधिकारियों को नोएडा नहीं छोड़ने का कारण बन रहा है।

******************************

 

लोकसभा में गिरा मोदी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव

नई दिल्ली ,10 अगस्त (एजेंसी)। विपक्षी गठबंधन इंडिया द्वारा मोदी सरकार के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव आज गिर गया। पीएम मोदी के संबोधन के बाद लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग हुई।

अविश्वास प्रस्ताव ध्वनिमत से गिर गया। इसके बाद संसद को स्थगित कर दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंत में अविश्वास प्रस्ताव पर जवाब दिया। मोदी ने 2 घंटे 12 मिनट का भाषण दिया। बड़ी बात ये कि जब प्रधानमंत्री ने मणिपुर पर बात शुरू की, उसके पहले ही विपक्ष सदन से वॉकआउट कर चुका था।

पीएम ने ये भी कहा- यूपीए को लगता है कि देश के नाम का इस्तेमाल कर विश्वसनीयता बढ़ाई जा सकती है। ये इंडिया गठबंधन नहीं है। ये घमंडिया गठबंधन है। इसकी बारात में हर कोई दूल्हा बनना चाहता है। सबको प्रधानमंत्री बनना है।

****************************

मोदी पर टिप्पणी करना पड़ा महंगा, कांग्रेस नेता अधीर रंजन सदन से निलंबित

नई दिल्ली ,10 अगस्त (एजेंसी)। अविश्वास प्रस्ताव पर लोकसभा में चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में अपशब्दों का इस्तेमाल करने पर सदन में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी को सदन से निलंबित करते हुए उनका मामला सदन की प्रिविलेज कमेटी को भेज दिया गया है।

सदन में केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी द्वारा पेश किए गए प्रस्ताव को स्वीकार किये जाने के बाद लोकसभा स्पीकर बिरला ने अधीर रंजन चौधरी द्वारा सदन में लगातार किये जा रहे व्यवहार की जांच का मामला सदन की प्रिविलेज कमेटी को भेजते हुए कमेटी की रिपोर्ट आने तक उन्हें सदन से निलंबित करने की घोषणा कर दी।

सदन में जब उनके निलंबन का यह प्रस्ताव पारित हुआ, उस समय अधीर रंजन चौधरी सहित कांग्रेस और अन्य कई विपक्षी दलों के सांसद मौजूद नहीं थे क्योंकि वे प्रधानमंत्री के भाषण के दौरान ही सदन से वॉकआउट कर गए थे।

इससे पहले भाजपा सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने सदन में खड़े होकर अपने कृत्य के लिए माफी मांगते हुए कहा कि वे अपने नेता के अपमान को सहन नहीं कर पाए इसलिए ऐसा कर गए और वे अपने व्यवहार के लिए माफी मांगते हैं।

**************************

 

मेरठ में दिनदहाड़े वारदात: घर के बेडरूम में घुसकर दंपती पर बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां, व्यापारी की मौत

मेरठ 10 Aug. (एजेंसी)।  मेरठ में गुरुवार सुबह एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। यहां ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में घर में घुसकर दंपती पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। हमले में व्यापारी पति की मौत हो गई है। सूचना पर ब्रह्मपुरी थाना पुलिस समेत कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा है।

बताया गया कि ब्रह्मपुरी निवासी मृतक धन कुमार जैन (70) अपनी पत्नी अंजू जैन के साथ गुरुवार सुबह के समय परिवार सहित रहते हैं। यहां गुरवार सुबह बदमाशों ने उन पर घर में घुसकर गोलियां बरसा दीं। हमले में पति-पत्नी घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना से क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। वहीं वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए। बताया गया कि व्यापारी धन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण भी मौके पर पहुंचे हैं।

ब्रह्मपुरी थानाक्षेत्र निवासी धनकुमार जैन अपने दो बेटों के साथ रहते हैं। उनका बड़ा बेटा नवीन और उसकी पत्नी बेटे को प्रतिदिन स्कूल छोडऩे के लिए जाते हैं जहां से वह कंपनी बाग में टहलने के लिए निकल जाते हैं। गुरुवार को भी नवीन बेटे को स्कूल छोडऩे के लिए निकले थे। दूसरा बेटा घर पर ही था। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश घर में घुस गए और छोटे बेटे को एक कमरे में बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाश दूसरे कमरे में पहुंचे जहां धनकुमार जैन पत्नी के अंजू जैन के साथ मौजूद थे। बदमाशों ने घर में लूटपाट की कोशिश की। वारदात का विरोध करने पर बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।

चीख पुकार व गोलियों की आवाज सुनकर दूसरे कमरे से पोती आशिमा बाहर आई तो बदमाशों ने उसे भी गनप्वाइंट पर लेकर बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाश लूटपाट कर फरार हो गए। वहीं बदमाशों के जाने के बाद पोती ने खुद को जैसे-तैसे बंधनमुक्त कर पिता नवीन को सूचित किया। नवीन तुरंत पुलिस को सूचित कर मौके पर पहुंचे और घायल मां को अस्पताल पहुंचाया जबकि पिता धनसिंह की मौत हो चुकी थी।

इसके बाद दूसरे बेटे को भी कमरे से बंधनमुक्त कराया गया। बताया गया कि बदमाशों ने हेलमेट पहने थे। बदमाश घर में तकरीबन एक घंटा रहे। पड़ोसियों का कहना है कि इस दौरान दूध वाला भी घर में आया था, लेकिन उसे वारदात के बारे में जानकारी है या नहीं यह नहीं कहा जा सकता है। पुलिस फिलहाल मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुटी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
गौरीपुरा पुलिस चौकी के पीछे धनकुमार जैन का मकान है। 70 वर्षीय धनकुमार जैन व्यापारी है। गुरुवार की सुबह आठ बजे उनके घर के अंदर बदमाशों ने धावा बोल दिया। धनकुमार जैन ने लूटपाट का विरोध किया, जबकि अन्य सदस्यों को बदमाशों ने घर के अंदर कमरे में बंद कर दिया था। विरोध करने पर बदमाशों ने धनकुमार जैन के सीने में गोली मार दी। उसके बाद पत्नी अंजू जैन ने बदमाशों को पकडऩे का प्रयास किया। बदमाशों ने अंजू को भी गोली मार दी। उसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। हमलावर आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे में हुए कैद घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे कई थानों की फोर्स एसओजी टीम फॉरेंसिंग टीम  पुलिस आईजी भी पहुंचे घटना की जानकारी प्राप्त की गई है ।
बदमाश यहां कैसे आए यह अभी पता नहीं चल सका है। बदमाशों ने लूटपाट भी है। बदमाश तकरीन एक घंटा घर के भीतर रहे और वारदात को अंजाम दिया। जिस वक्त घटना हुई उस वक्त घर पर व्यापारी का छोटा बेटा, पोती और दंपती ही थे। बदमाशों ने घर में घुसते ही सबसे पहले छोटे बेटे को बंधक बनाया। इसके बाद पोती को गन प्वाइंट पर ले लिया। दंपती के कमरे में बदमाश घुसे तो उन्होंने विरोध किया जिसके बाद बदमाशों ने दोनों पर गोलियां बरसा दीं। हमले में व्यापारी की मौत हो गई जबकि पत्नी घायल हो गई।

वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। बताया गया कि व्यापारी का छोटो बेटा अभिषेक नॉर्वे में जॉब करता है। जबकि पोती आशी मेरठ के एक स्कूल में कक्षा 11 की छात्रा है। वहीं बड़ा बेटा नवीन पत्नी के साथ बेटे को स्कूल छोडऩे के बाद कंपनी बाग में सैर पर गया था। इसी दौरान बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। एसएसपी रोहित सिंह साजवाण ने बताया कि सर्विलांस व क्राइम ब्रांच समेत पुलिस की 4 टीमें खुलासे में लगी हुई है। दो युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने घायल दूधिया रंजीत को भी हिरासत में लिया है। उससे भी पूछताछ हो रही है।

*****************************

 

कपूरथला के युवक की मनीला में हत्या, हत्यारों ने सिर पर मारी गोली

कपूरथला 10 Aug. (एजेंसी)-सब-डिवीजन भुलत्थ के गांव रंधावा निवासी निशान सिंह पुत्र प्रेम सिंह की मनीला में गोली मारकर हत्या कर दी गई। निशान सिंह के सिर पर गोली मारी गई है। जिस समय वारदात हुई उस समय निशान सिंह रेस्टोरेंट में अपने दोस्तों के साथ बैठा था। निशान सिंह 4 साल पहले मनीला गया था।

विधायक सुखपाल सिंह खैसब-डिवीजन भुलत्थ के गांव रंधावा निवासी निशान सिंह पुत्र प्रेम सिंह की मनीला में गोली मारकर हत्या कर दी गई। निशान सिंह के सिर पर गोली मारी गई है। रा ने हत्या की कड़े शब्दों में निंदा की है।

निशान सिंह के पिता प्रेम सिंह के अनुसार, निशान सिंह काम से लौटने के बाद शाम के समय शहर एगलज़ में अपने मित्रों के साथ किसी रेस्टोरेंट के अंदर बैठा था। उसी समय 2 व्य​क्ति बाइक पर सवार होकर आए और उन्होंने आते ही निशान के सिर में गोली मार दी।

**************************

 

गृह मंत्रालय ने आईपीएस अधिकारी बसंत कुमार रथ को जनहित में सेवानिवृत्ति दी

नई दिल्ली 10 Aug. (एजेंसी): गृह मंत्रालय ने एजीएमयूटी-कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी बसंत कुमार रथ को “सार्वजनिक हित में” तत्काल प्रभाव से समय से पहले सेवानिवृत्ति दे दी।

गृह मंत्रालय ने एक आदेश में कहा, “मुझे ऊपर उद्धृत विषय पर 7 अगस्त, 2023 के पुलिस डिवीजन को संदर्भित करने और यह कहने का निर्देश दिया गया है कि सक्षम प्राधिकारी ने बसंत कुमार रथ, आईपीएस (एजीएमयूटी: 2000) की समयपूर्व सेवानिवृत्ति को मंजूरी दे दी है। अखिल भारतीय सेवा (मृत्यु-सह-सेवानिवृत्ति-लाभ) नियम, 1958 के नियम 16(3) के तहत सार्वजनिक हित में नोटिस के बदले तीन महीने का वेतन और भत्ते देकर तत्काल प्रभाव से सेवानिवृत्ति दी जाती है।”

इसमें यह भी कहा गया है कि रथ की समयपूर्व सेवानिवृत्ति के 7 अगस्त, 2023 के आदेश की एक प्रति संलग्न है।

अनुरोध है कि आदेश की एक प्रति रथ को तीन महीने की अवधि के लिए उनके वेतन और भत्तों की कुल राशि के बराबर राशि के चेक के साथ दी जाए, जिसकी गणना उसी दर पर की जाए, जिस पर वह पहले आहरित कर रहे थे।

यह आदेश 7 अगस्त का है। इसमें कहा गया है कि अपेक्षित राशि का चेक जम्मू-कश्मीर प्रशासन द्वारा तैयार किया जा सकता है और उसे तामील किए जाने वाले आदेश के साथ अधिकारी को सौंपा जा सकता है।

इसमें कहा गया है, “समयपूर्व सेवानिवृत्ति के आदेश की प्राप्ति की स्याही-हस्ताक्षरित दिनांकित पावती के साथ-साथ अपेक्षित राशि के चेक रथ, आईपीएस (एजीएमयूटी: 2000) से प्राप्त किए जा सकते हैं और जल्द से जल्द इस मंत्रालय को भेजे जा सकते हैं।”

पिछले महीने गृह मंत्रालय ने रथ का निलंबन अगले छह महीने के लिए बढ़ा दिया था।

उन्हें घोर कदाचार और दुर्व्यवहार के लिए जुलाई 2020 में निलंबित कर दिया गया था।

*************************

 

अफसोस की बात है कि पीएम को मणिपुर जाने का समय नहीं मिला: चिदंबरम

नई दिल्ली 10 Aug. (एजेंसी): कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी.चिदंबरम ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तंज किया और हिंसा प्रभावित मणिपुर का दौरा नहीं करने को लेकर प्रधानमंत्री से सवाल भी किया।

गृह मंत्री ने एक ट्वीट में कहा, ”जातीय सफाया शर्मनाक है।” यह उनकी निगरानी में हुआ। उन्होंने कहा कि इससे भी अधिक शर्मनाक है कि इस पर राजनीति हो रही है, यह गलत है।”

कांग्रेस नेता ने कहा, “जातीय सफाए का मुद्दा उठाना और बहस करना हर नागरिक का कर्तव्य है, खासकर राजनीतिक नेताओं और सांसदों का। अफसोस की बात यह है कि प्रधानमंत्री को पिछले 100 दिनों में मणिपुर जाने का समय नहीं मिला।” .

उनकी टिप्पणी तब आई, जब एक दिन पहले शाह ने लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर बोलते हुए कहा था कि मणिपुर में जातीय संघर्ष “शर्मनाक है, लेकिन इससे भी अधिक शर्मनाक बात यह है कि विपक्ष इस मुद्दे पर राजनीति कर रहा है।”

शाह ने लोकसभा में पूछा, “वीडियो को डीजीपी और पुलिस एजेंसियों के साथ साझा क्यों नहीं किया गया? पुलिस को घटनाओं के बारे में अंधेरे में क्यों रखा गया?”

उन्होंने कहा, “जैसे ही वीडियो सार्वजनिक डोमेन में आया, हमने तुरंत कार्रवाई की। हमने दोषियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।”

मणिपुर में तीन मई को जातीय संघर्ष भड़क उठा और तब से अब तक सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है, जबकि हजारों लोगों को राहत शिविरों में शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

मणिपुर को लेकर लोकसभा में विपक्षी गठबंधन (इंडिया) की ओर से कांग्रेस द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है। मंगलवार को इस बहस की शुरुआत कांग्रेस के लोकसभा सांसद गौरव गोगोई ने की। बुधवार को राहुल गांधी और कई अन्य विपक्षी सांसदों ने सरकार की आलोचना की, जबकि केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और अमित शाह ने अविश्वास प्रस्ताव के खिलाफ बात की।

*****************************

 

 

भगवान महाकाल के एक करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किये

उज्जैन 10 Aug. (एजेंसी): मध्यप्रदेश के उज्जैन में श्रावण माह में देश और विदेश से एक करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल के दर्शन कर चुके है। मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक संदीप कुमार सोनी ने बताया कि 12 ज्योतिर्लिंगों में प्रमुख महाकालेश्वर मंदिर में श्रावण माह के प्रारंभ हुए 04 जुलाई से 07 अगस्त तक 1 करोड़ 5 लाख 20 हज़ार भक्तो ने भगवान महाकाल के दर्शन किये।

देश का एकमात्र ऐसा शिवालय है जहां प्रतिदिन भस्म आरती होती है और यह मंदिर दक्षिणमुखी होने के कारण तांत्रिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है। अधिक मास होने से चलित भस्म आरती की विशेष व्यवस्था की गई है। चलित भस्मारती को 08 लाख 89 हज़ार 226 भक्तों ने दर्शन किये।
उन्होंने बताया कि श्रावण माह में भगवान महाकाल की भस्मारती हेतु मंदिर के पट 04 जुलाई से 11 सितंबर तक प्रत्येक सोमवार प्रात: 2.30 बजे और अन्य दिनों 3 बजे खुलेंगे।

12 सितम्बर से पुनः प्रात: 04 बजे खुलेगे। मंदिर प्रबंध समिति की वेबसाईट पर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओ के लिए ऑनलाइन 400 सीटे उपलब्ध है। फॉर्म में चाही गई जानकारी भरकर रूपये 200 प्रति व्यक्ति का शुल्क ऑनलाइन जमाकर अनुमति प्राप्त कर सकते है। निशुल्क भस्मार्ती काउंटर प्रातः 07 बजे खुलता है जहा श्रद्धालु स्वयं उपस्थित होकर अपनी मूल आई.डी. दिखाकर फॉर्म प्राप्त कर सकते है।

****************************

 

सीतापुर: सड़क दुर्घटना में एक की मौत, आठ घायल

सीतापुर 10 Aug. (एजेंसी): उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के बिस्वान थाना अंतर्गत बिस्वान-सिधौली मार्ग पर एक साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में पिकअप के पलटने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी है और आठ अन्य घायल हो गए हैं।

पुलिस ने गुरूवार को बताया कि बिस्वान-सिधौली मार्ग पर टिकरा गांव के पास बुधवार देर रात एक साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में लागों से भरी एक पिकअप पलट गयी, जिससे एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई और आठ लोग घायल हो गए तीन घायलों को जिला चिकित्सालय उपचार हेतु भेजा गया है बाकी का इलाज सीएचसी में चल रहा है।

पुलिस के अनुसार पिकअप लखनऊ से बिसवन जा रही थी जब ग्राम टिकरा के पास पहुंची तो एक साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में पिकअप अनियंत्रित होकर प्राथमिक विद्यालय की दीवार तोड़ते हुए परिसर में घुसकर पलट गई इस दुर्घटना में राममिलन की मृत्यु हो गई और अमित ,जमशेद, हर्ष श्रीवास्तव, गौरव शुक्ला, नीतीश भार्गव, सुरेंद्र, सुनील कुमार ,अंगद आदि घायल हो गए। पुलिस ने मामले पर वैधानिक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।

******************************

 

चुनाव आयुक्तों के चयन के लिए केंद्र ला रहा नया बिल, नियुक्ति पैनल में सीजेआई नहीं

नई दिल्ली 10 Aug. (एजेंसी): केंद्र सरकार एक ऐसा कानून बनाने जा रही है जिसमें शीर्ष चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया मेें मुख्य न्यायाधीश की भूमिका नहीं होगी। इस विधेयक के मुताबिक चुनाव आयुक्त की नियुक्ति प्रधानमंत्री, लोकसभा में विपक्ष के नेता और एक केंद्रीय कैबिनेट मंत्री की समिति द्वारा की गई की सिफारिश के आधार पर की जाएगी।

इससे पहले सुप्रीम कोर्ट की खंडपीठ ने देश के मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति में मुख्य न्यायाधीश की भूमिका तय की थी। देश के मुख्य चुनाव आयुक्त व अन्य चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से जुड़ा बिल गुरुवार को राज्यसभा में पेश किया जाना है। सरकार के इस विधेयक में प्रस्ताव किया गया है कि है कि चुनाव आयुक्त की नियुक्ति राष्ट्रपति द्वारा प्रधानमंत्री, लोकसभा में विपक्ष के नेता और प्रधानमंत्री द्वारा नामित एक केंद्रीय कैबिनेट मंत्री की समिति द्वारा की गई की सिफारिश पर की जाएगी। सरकार द्वारा लाए जा रहे हैं इस नए

बिल के मुताबिक प्रधानमंत्री इस पैनल की अध्यक्षता करेंगे। विपक्ष के कई सांसदों का कहना है कि सरकार द्वारा लाए जा रहे इस बिल का उद्देश्य सुप्रीम कोर्ट के मार्च 2023 के फैसले को कमजोर करना है जिसमें संविधान पीठ ने अपने फैसले में कहा था कि मुख्य चुनाव आयुक्त, चुनाव आयुक्तों का चयन राष्ट्रपति द्वारा प्रधानमंत्री, विपक्ष के नेता और भारत के मुख्य न्यायाधीश के पैनल की सलाह पर किया जाएगा।

इससे पहले तक मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति केंद्र सरकार करती थी। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने ये भी साफ किया था कि मौजूदा व्यवस्था तब तक जारी रहेगी, जब तक संसद इस पर कानून न बना दे।

केंद्र सरकार राज्यसभा में गुरुवार को चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति संबंधी विधेयक पेश करने जा रही है। सरकार का यह विधेयक मुख्य न्यायाधीश को चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया से बाहर करेगा। दोपहर बाद राज्यसभा में मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्त (नियुक्ति, सेवा की शर्तें और कार्यालय की अवधि) विधेयक, 2023 पेश किया जाएगा।

गौरतलब है कि चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडे अगले साल 14 फरवरी को सेवानिवृत्त हो जाएंगे। इसके बाद चुनाव आयोग में एक पद खाली हो जाएगा। उनकी सेवानिवृत्ति चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित 2024 लोकसभा चुनावों की संभावित घोषणा से कुछ दिन पहले होगी।

*************************

 

सुप्रीम कोर्ट ने पलटा हाईकोर्ट का फैसला, वरिष्ठ वकील इकबाल हसन अली सैयद के खिलाफ FIR की रद्द

अहमदाबाद 10 Aug. (एजेंसी): सुप्रीम कोर्ट ने वरिष्ठ वकील इकबाल हसनअली सैयद के खिलाफ एफआईआर को खारिज कर दिया है, जो पहले गुजरात उच्च न्यायालय में सहायक सॉलिसिटर-जनरल के रूप में कार्यरत थे। इस फैसले से एक साल से अधिक समय से चली आ रही कानूनी लड़ाई का अंत हो गया है, इसमें सैयद और पांच अन्य लोगों पर चोट पहुंचाने और आपराधिक धमकी देने से लेकर जबरन वसूली और गलत तरीके से कैद करने जैसे अपराधों का आरोप लगाया गया था।

ये आरोप अहमदाबाद स्थित व्यवसायी विरल शाह की शिकायत के बाद लगाए गए थे। यह मामला शाह से जुड़ी एक घटना से जुड़ा है, जिन्होंने आरोप लगाया था कि उन्हें एक व्यावसायिक विवाद के संबंध में उनके निजी सहायक ने पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला के गांधीनगर आवास पर बुलाया था।

व्यवसायी ने दावा किया कि उनकी कार में भागने से पहले वाघेला के आवास पर उन्हें धमकी दी गई, हिरासत में लिया गया और उन पर हमला किया गया। मामले की निगरानी जस्टिस एएस बोपन्ना और प्रशांत कुमार मिश्रा की खंडपीठ ने की। उन्होंने आपराधिक प्रक्रिया संहिता, 1973 की धारा 482 के तहत गुजरात उच्च न्यायालय द्वारा उनकी याचिका को रद्द करने से इनकार करने के खिलाफ सैयद की अपील की अनुमति दी।

सुप्रीम कोर्ट का फैसला शिकायतकर्ता के एक हलफनामे के बाद आया, जिसमें उसने सैयद का नाम लेने और ‘गलत धारणा’ के कारण उसकी संलिप्तता का आरोप लगाने की बात स्वीकार की और उसके खिलाफ शिकायत पर मुकदमा चलाने में रुचि की कमी व्यक्त की।

अदालत के आदेश में कहा गया है: “हमारी राय है कि वर्तमान तथ्यों और परिस्थितियों में, अपीलकर्ता के खिलाफ एफआईआर उचित नहीं होगी और आगे की सभी कार्रवाई अनावश्यक होगी। इसलिए, जो प्रार्थना की गई है, उसे स्वीकार किया जाना चाहिए। इसलिए इसमें विवादित आदेश रद्द किया जाता है।”

15 मई, 2022 को गांधीनगर के पेठापुर पुलिस स्टेशन में छह आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता, 1860 की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद, गांधीनगर सत्र अदालत ने उसी महीने सैयद को अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया, और न्यायमूर्ति समीर दवे की अध्यक्षता वाली गुजरात उच्च न्यायालय की एकल-न्यायाधीश पीठ ने बाद में उनकी याचिका को अनुमति देने से इनकार कर दिया।

**************************

 

बेटे ने अपने पिता को दिया जीवनदान, अपनेे लीवर का एक हिस्सा किया डोनेट

लखनऊ 10 Aug. (एजेंसी): एक बेटे ने अपने पिता को जीवनदान देते हुए उन्‍हें अपनेे लीवर का एक हिस्सा दान में दिया। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के डॉक्टरों ने सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया। इस लीवर ट्रांसप्लांट का पूरा खर्च सरकार ने उठाया। 13 जुलाई को डॉक्टरों ने लीवर ट्रांसप्लांट का सफल ऑपरेशन किया। मरीज को ऑपरेशन के बाद बुधवार को छुट्टी दे दी गई।

ऑपरेशन के लिए परिवार को सरकार से भी पूरा समर्थन मिला। इस प्रत्यारोपण से जुड़े खर्चों को मुख्यमंत्री राहत कोष से जारी किया गया था। डॉक्टरों के अनुसार इंदिरा नगर निवासी एक दुकानदार रवि केशरवानी (47) लीवर सिरोसिस से पीड़ित थे। बेटे सुकेश केशरवानी ने अपने लीवर का एक हिस्‍सा पिता को देकर उनका जीवन बचाया।

यह ट्रांसप्लांट प्रक्रिया 10 घंटे तक चली। इसमें डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ सहित 40 से अधिक सदस्यों की एक टीम ने काम किया। सर्जरी करने वाले केजीएमयू में सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के प्रमुख प्रोफेसर अभिजीत चंद्रा ने कहा कि भारत में हर साल लगभग 2,000 लीवर प्रत्यारोपण किए जाते हैं, यह ज्यादातर निजी अस्पतालों में किए जाते है, जिनमें 30 से 40 लाख रुपये तक का खर्चा आता है।

हालांकि, राज्य सरकार का संस्थान होने के कारण केजीएमयू ने इसे घटाकर 10 लाख रुपये कर दिया है। केजीएमयू राज्य में लीवर प्रत्यारोपण और अंग दान में सबसे आगे है। यह सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहा है। अंग दान के लिए राज्य का पहला ग्रीन कॉरिडोर तब बनाया गया जब 28 अगस्त 2015 को एक लीवर ट्रांसप्लांट के लिए दिल्ली ले जाया गया। दिल्ली में 22 लीवर ट्रांसप्लांट किए जा चुके हैं। इसके अलावा, एसजीपीजीआईएमएस और केजीएमयू ने 48 किडनी और 50 से अधिक कॉर्निया का ट्रांसप्लांट किया है। केजीएमयू में पहला लीवर प्रत्यारोपण 2019 में किया गया था। तब से कुल 25 लीवर प्रत्यारोपण किए गए हैं।

इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केजीएमयू के सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के कर्मचारियों को 25वें सफल लीवर ट्रांसप्लांट पर बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे यह जानकर बेहद खुशी हुई कि सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग ने 13 जुलाई 2023 को 25वां लीवर ट्रांसप्लांट सफलतापूर्वक किया, जो लीवर ट्रांसप्लांट के क्षेत्र में एक अभूतपूर्व मील का पत्थर है। उन्होंने केजीएमयू की सराहना करते हुए स्वीकार किया कि विश्वविद्यालय चिकित्सा जगत में विशेष स्थान रखता है।

*****************************

 

कांग्रेस सांसद ने सदन में पार की हदें, PM मोदी को लेकर की अशोभनीय टिप्पणी

नई दिल्ली 10 Aug. (एजेंसी): लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी के भाषण के दौरान उस समय सदन में एक अजीब सी स्थिति पैदा हो गई, जब वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लगातार तीखा हमला बोल रहे थे। उनके भाषण के दौरान ही भाजपा सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त विरोध जताते हुए उनकी तरफ दौड़े।

सत्ता पक्ष की तरफ से केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी, अर्जुन राम मेघवाल और भाजपा सांसद निशिकांत दुबे सहित अन्य कई सांसदों ने तुरंत दौड़ते हुए उन्हें अधीर रंजन चौधरी के पास जाने से रोका।

दरअसल विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी ने ऐसा बयान दे दिया जिसके बाद संसद में खूब हंगामा मचा। मणिपुर की घटना का जिक्र करते हुए अधीर रंजन चाैधरी ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधा, साथ ही महाभारत के एक प्रसंग का उदाहरण दिया और कहा कि आज मणिपुर और हस्तिनापुर में कोई फर्क नहीं है। इस बीच विपक्ष के भी कई सांसद गुस्से में वेल में आ गए।

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने उन्हें रोका और शांत किया। प्रल्हाद जोशी ने इसके बाद विपक्षी बेंच की तरफ जाकर भी विपक्षी सांसदों से बात कर उन्हें शांत किया। जिस समय सदन में यह स्थिति पैदा हुई, उस समय सदन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और सोनिया गांधी समेत दोनों पक्षों से कई दिग्गज नेता मौजूद थे। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी के बारे में बोले गए अधीर रंजन चौधरी के भाषण पर कड़ा ऐतराज जताते हुए अमित शाह और प्रल्हाद जोशी ने इसे कार्यवाही से निकालने और अधीर से माफी मांगने की मांग की।

थोड़ी देर बाद स्पीकर ओम बिरला ने अगले वक्ता के तौर पर बोलने के लिए ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम लिया। अधीर रंजन चौधरी के भाषण को बीच में ही रोकने से नाराज विपक्षी दलों ने सदन से वॉकआउट कर दिया।

*************************

 

मोदी सरकार अड़ियल है, मणिपुर पर बहस नहीं चाहती: कांग्रेस

नई दिल्ली 10 Aug. (एजेंसी)-कांग्रेस ने गुरुवार को कहा कि केंद्र मणिपुर मुद्दे पर बहस नहीं चाहता है। वह इस बात पर भी अड़ी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्वोत्तर राज्य की स्थिति पर राज्यसभा में नहीं बोलेंगे। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक ट्वीट में कहा, “राज्यसभा में आज ‘इंडिया’ गठबंधन के तीन सांसदों – द्रमुक के तिरुचि शिवा, माकपा के एलामाराम करीम और भाकपा के बिनॉय विश्वम – ने मणिपुर पर नियम 167 के तहत अर्थपूर्ण चर्चा के लिए राज्‍य सभा में एक प्रस्ताव पेश किया।”

“सभापति गतिरोध को तोड़ने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। ‘इंडिया’ गठबंधन के दलों ने जरूरत पड़ने पर पारस्परिक रूप से स्वीकार्य मसौदे पर पहुंचने के लिए भाजपा द्वारा प्रतिनियुक्त लोगों के साथ बैठने की भी पेशकश की है। लेकिन मोदी सरकार जिद्दी है – यह ‘मेरी बात माननी है तो मानो नहीं तो चलते बनो’ वाली बात है। स्पष्ट रूप से, वह बहस नहीं चाहती है।

निश्चित रूप से सरकार इस बात अड़ी है कि प्रधानमंत्री राज्यसभा में मणिपुर पर नहीं बोलेंगे।” रमेश की यह टिप्पणी मणिपुर में हिंसा पर चर्चा की विपक्ष की मांग पर राज्यसभा में हंगामे के बाद आई।

विपक्ष इस मुद्दे पर संसद के दोनों सदनों में प्रधानमंत्री मोदी से विस्तृत बयान के साथ-साथ पूर्वोत्तर राज्य की स्थिति पर चर्चा की मांग कर रहा है।

***********************

 

ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में राजस्थान सरकार के अधिकारी को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली ,10 अगस्त (एजेंसी)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम मामले में कई राज्यों में छापेमारी के बाद राजस्थान सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग के संयुक्त निदेशक वेद प्रकाश यादव को गिरफ्तार किया है।

सूत्रों के मुताबिक, यादव को बुधवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया।

ईडी ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ और राजस्थान के जयपुर में छापेमारी की। तलाशी के दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद और जब्त किए गए।

गुरुवार को ईडी दस्तावेजों के बारे में यादव से पूछताछ कर सकती है। ईडी द्वारा जुटाए गए सबूतों से उनका आमना-सामना कराया जाएगा।
ईडी उसे राजस्थान की विशेष पीएमएलए अदालत में पेश करेगी। सूत्रों ने कहा कि वे उसकी हिरासत की मांग करेंगे।

सूत्रों ने कहा, हम 2 करोड़ 31 लाख रुपये की नकदी के संभावित लिंक की जांच कर रहे हैं, जो जयपुर स्थित योजना भवन के तहखाने से बरामद की गई थी।

मई में 2.31 करोड़ रुपये नकद और एक किलो सोना बरामद हुआ था। इसके बाद जयपुर पुलिस ने यादव को आरोपी बनाया था। इसके बाद अशोक नगर थाना प्रभारी ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद यादव को हिरासत में ले लिया गया और एसीबी को सौंप दिया गया।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यादव पर रिश्वत लेने का आरोप लगाया है। फिलहाल ईडी ने कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

*************************

 

अलीगढ़ में वकील की गोली मारकर हत्या, तीन गिरफ्तार

अलीगढ़ ,10 अगस्त (एजेंसी)।  अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) परिसर के पास जेएन मेडिकल कॉलेज के सामने बाइक सवार हमलावरों ने एक वकील की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने 36 वर्षीय अब्दुल मुगिस को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के परिवार ने दावा किया कि किसी के साथ उनकी रंजिश थी। इसके बाद तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
मुगीस अलीगढ़ जिले के जमालपुर गांव का रहने वाला था।

हत्या के बाद वकीलों ने मामले में तत्काल पुलिस कार्रवाई और पीडि़त परिवार को मुआवजा देने की मांग को लेकर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

अलीगढ़ एसएसपी कलानिधि नैथानी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

उन्होंने कहा, हमने मृतक के भाई से बात की है, जिसने कहा कि वह प्रॉपर्टी का कारोबार भी करता था। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मुगीस कोर्ट जा रहा था, तभी बदमाशों ने उसे गोली मार दी और फरार हो गए।

गोलियों की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी।

******************************

 

जम्मू-कश्मीर के बडगाम से लश्कर के तीन आतंकी सहयोगी गिरफ्तार

श्रीनगर ,10 अगस्त (एजेंसी)। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सुरक्षा बलों के साथ मिलकर मध्य कश्मीर के बडगाम जिले से प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) से जुड़े तीन आतंकवादी सहयोगियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा, पुलिस ने सेना (62 आरआर) के साथ मिलकर जिला बडगाम के खानसाहब इलाके में 3 आतंकवादी सहयोगियों को गिरफ्तार किया।
उनकी पहचान क्रेमशोरा निवासी क़ैसर अहमद डार, वागर निवासी ताहिर अहमद डार और वागर निवासी आकिब रशीद गनी के रूप में की गई है।
उनके कब्जे से एक चीनी हथगोला, दो मैगजीन और 57 जिंदा राउंड सहित आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस ने कहा, बरामद की गई सभी सामग्रियों को जांच के लिए केस रिकॉर्ड में ले लिया गया है।
मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

***************************

 

चार्जिंग के दौरान बैटरी स्कूटर में विस्फोट, घर पूरी तरह जलकर हुआ खाक

लखनऊ ,10 अगस्त (एजेंसी)। लखनऊ के चौक इलाके में एक घर के अंदर चार्ज होते समय एक बैटरी स्कूटर में विस्फोट हो गया, इससे एक घर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। आग में स्कूटी के साथ लाखों का सामान भी जलकर खाक हो गया। चौक फायर स्टेशन अधिकारी पुष्पेंद्र कुमार यादव ने कहा, यह घटना ठाकुरगंज पुलिस स्टेशन के अंतर्गत जल निगम रोड निवासी मोहम्मद नसीम के घर में हुई।

उन्होंने कहा, जैसे ही हमें सूचना मिली, दो दमकल गाडिय़ों को भेजा गया और आग पर काबू पा लिया गया। मोहम्मद नसीम ने बताया कि जिस स्कूटर में विस्फोट हुआ, वह चाइनीज था और उन्होंने इसे डेढ़ साल पहले 65 हजार रुपये में खरीदा था।

उन्होंने कहा, मुझे यकीन नहीं है कि कोई विस्फोट हुआ या यह जल गया, हालांकि हमने एक बड़ी आवाज़ सुनी। मैंने अपने घर के ग्राउंड फ्लोर पर स्कूटी को चार्ज पर लगा दिया, लेकिन कुछ घंटों बाद जब मैं सीढिय़ों से नीचे आया, तो मैंने धुआं और आग देखी। मैंने तुरंत पड़ोसियों से मदद ली और अग्निशमन विभाग को सूचित किया।

उन्होंने कहा, मैंने हमेशा बैटरी स्कूटर का उपयोग किया है। मुझे बैटरी स्कूटर पर स्विच किए हुए 15 साल हो गए हैं। पहले स्कूटर भारतीय ब्रांड के होते थे। लेकिन इस बार मैंने यह चीनी स्कूटी खरीदी, जिसकी बैटरी वारंटी केवल एक वर्ष थी। उनके मुताबिक, स्कूटी का चार्जर ज्यादा गर्म होने से आग लग सकती है। इन बैटरी स्कूटरों की चार्जिंग केबल अक्सर ज़्यादा गरम हो जाती है। इस बार भी वैसा ही हुआ होगा।

***************************

 

कर्नाटक टॉयलेट फिल्मांकन विवाद – सीआईडी ने कॉलेज का दौरा किया, बयान दर्ज किए

उडुपी 10 Aug. (एजेंसी) । आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) के अधिकारियों ने कॉलेज के शौचालय के अंदर अन्य छात्राओं द्वारा लड़कियों के वीडियो बनाने से संबंधित मामले की जांच के सिलसिले में यहां नेथराज्योति पैरामेडिकल कॉलेज का दौरा किया।

पुलिस अधीक्षक राघवेंद्र हेगड़े के नेतृत्व में सीआईडी टीम ने परिसर का निरीक्षण किया और छात्रा का बयान दर्ज किया।
टीम ने कॉलेज प्रबंधन और स्टाफ के बयान भी दर्ज किए।

सीआईडी टीम ने कॉलेज के टॉयलेट और कॉमन हॉल में अपराध स्थल का ‘महाजर’ किया।

कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी ने टॉयलेट मामले में विवाद पैदा करने वाले फिल्मांकन की जांच सोमवार को सीआईडी की विशेष शाखा को सौंप दी।मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने कहा था, “मामले की सीआईडी जांच के आदेश दे दिए गए हैं, क्योंकि आरोप है कि वीडियो एक निजी कॉलेज के टॉयलेट में शूट किया गया था। यह एक संवेदनशील मामला है और अतिरिक्त जांच के लिए मामला सीआईडी को सौंप दिया गया है।”

इससे पहले, भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने राजभवन में राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मुलाकात की थी और विशेष जांच दल (एसआईटी) से जांच की मांग करते हुए एक ज्ञापन सौंपा था।सीएम सिद्दारमैया ने डिप्टी एसपी रैंक के पुलिस अधिकारी को जांच का आदेश दिया था।

हालांकि, भाजपा ने कहा कि डीएसपी रैंक का अधिकारी इस मामले की जांच नहीं कर पाएगा और “सरकार अपनी तुष्टिकरण की राजनीति के तहत मामले को दबा देगी”।

भाजपा तीन मुस्लिम लड़कियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर रही है और आरोप लगाया है कि वे वॉशरूम में हिंदू लड़कियों का वीडियो बना रही थीं और वीडियो दूसरों को प्रसारित करने के लिए भेज रही थीं।

पार्टी नेताओं ने दावा किया था कि यह हिंदू लड़कियों के खिलाफ एक संगठित अपराध था।कर्नाटक पुलिस पर इस मुद्दे को लेकर आवाज उठाने पर महिला कार्यकर्ता रश्मि सामंत को परेशान करने का भी आरोप लगा।

हालांकि, कॉलेज ने कहा था कि ‘पीड़िताएं’ मुस्लिम लड़कियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की इच्छुक नहीं हैं।

******************************