Category Archives: news

अन्नाद्रमुक ने राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों का किया ऐलान

चेन्नई ,01 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कडग़म (अन्नाद्रमुक) ने आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए रविवार को उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी। पार्टी के उप महासचिव के.पी. मुनुसामी और मुख्यालय सचिव एस.पी. वेलुमणि ने चेन्नई के रोयापेट्टा स्थित पार्टी मुख्यालय में संयुक्त रूप से यह घोषणा की।

अन्नाद्रमुक ने इनबाथुराई और धनपाल को राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। इस घोषणा के साथ ही पार्टी ने देसिया मुरपोक्कु द्रविड़ कडग़म (डीएमडीके) के साथ अपने गठबंधन को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

के.पी. मुनुसामी ने बताया कि अन्नाद्रमुक और डीएमडीके के बीच गठबंधन 2026 के विधानसभा चुनावों के बाद होने वाले राज्यसभा चुनावों तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि डीएमडीके को 2026 में होने वाले राज्यसभा चुनाव में एक सीट आवंटित की जाएगी।

इस गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर मुनुसामी ने स्पष्ट किया कि डीएमडीके ने इस व्यवस्था को स्वीकार कर लिया है। उन्होंने कहा, डीएमडीके द्वारा गठबंधन को स्वीकार करने का सवाल ही नहीं उठता, क्योंकि हमने आधिकारिक तौर पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। यह गठबंधन की मजबूती का प्रतीक है।

अन्नाद्रमुक ने अपने लीगल विंग के सचिव इनबाथुराई और चेंगलपट्टू ईस्ट के जिला अध्यक्ष धनपाल को उम्मीदवार बनाया है। दोनों नेताओं को पार्टी के भीतर उनकी निष्ठा और सक्रियता के लिए जाना जाता है।

इनबाथुराई ने पार्टी के कानूनी मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जबकि धनपाल ने स्थानीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने में योगदान दिया है। पार्टी नेताओं ने विश्वास जताया कि ये उम्मीदवार राज्यसभा में तमिलनाडु के हितों का मजबूती से प्रतिनिधित्व करेंगे।

यह घोषणा तमिलनाडु की राजनीति में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, क्योंकि अन्नाद्रमुक और डीएमडीके का गठबंधन राज्य की राजनीति को प्रभावित कर सकता है। अन्नाद्रमुक ने इस गठबंधन को 2026 के विधानसभा चुनावों की रणनीति के हिस्से के रूप में देखा है।

पार्टी नेताओं ने कहा कि यह गठबंधन न केवल राज्यसभा चुनावों में, बल्कि भविष्य के विधानसभा चुनावों में भी उनकी स्थिति को मजबूत करेगा। राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है कि यह गठबंधन और उम्मीदवारों का चयन तमिलनाडु की राजनीति में नया मोड़ ला सकता है।

*****************************

 

ऑपरेशन सिंदूर को : संजय कुमार झा के नेतृत्व में मलेशिया पहुंच सांसदों का टीम

भारत की वैश्विक शांति-नीति और आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख की मलेशिया ने सराहना की

नई दिल्ली , 01 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल मलेशिया के दौरे पर है।  मलेशिया में सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में पहुंचे सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल को प्रवासी भारतीयों का व्यापक समर्थन मिला है।

प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात के दौरान प्रवासी भारतीयों ने भारत की वैश्विक शांति-नीति और आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख की सराहना की। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर भारतीय प्रवासी समुदाय में स्पष्ट समर्थन दिखा। प्रतिनिधिमंडल के साथ संवाद करते हुए कई प्रवासी सदस्यों ने भारत के बहुसांस्कृतिक समाज की एकजुटता और शांति की भावना दुनिया भर में फैलाने की आवश्यकता पर ज़ोर दिया।

प्रवासी भारतीयों ने कहा कि भारत की छवि एक शांतिप्रिय और एकजुट देश के रूप में उभर रही है, जो वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। प्रतिनिधिमंडल की इस यात्रा से भारत-मलेशिया संबंधों में और मजबूती आने की उम्मीद है।

इस समर्थन से स्पष्ट है कि ऑपरेशन सिंदूर और भारत की वैश्विक आतंकवाद विरोधी रणनीति को न केवल देश में बल्कि विदेशों में भी समर्थन मिल रहा है।इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मलेशियाई मीडिया और डिजिटल प्लेटफार्मों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की।

बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने अपनी यात्रा के उद्देश्य के बारे में जानकारी साझा की और मलेशिया में प्रमुख कार्यक्रमों पर चर्चा की। इसके अलावा, आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस पॉलिसी के बारे में भी विस्तार से बताया गया। जदयू नेता संजय कुमार झा ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करना और आपसी समझ बढ़ाना है।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मलेशियाई मीडिया के साथ बातचीत के दौरान भारत की सांस्कृतिक और आर्थिक पहलुओं पर भी प्रकाश डाला।दोनों देशों के बीच मीडिया और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह यात्रा महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मलेशियाई पक्ष से आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा की। संजय कुमार झा ने कहा कि यात्रा के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत कर प्रतिनिधिमंडल भारत-मलेशिया संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेगा।

*****************************

 

खडग़े को राफेल की नहीं, कांग्रेस की चिंता करनी चाहिए जो डूब रही है : आचार्य प्रमोद कृष्णम

संभल ,01 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘ऑपरेशन सिंदूरÓ की सफलता पर विपक्ष के आरोपों पर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने विपक्ष को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि विपक्ष को इस बात का डर सताता है कि जब तक देश में पीएम मोदी रहेंगे उनकी सत्ता में वापसी तय नहीं है।

आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के बयान पर कहा कि वे कांग्रेस के बहुत वरिष्ठ नेता हैं, लेकिन वह बचकानी टिप्पणी कर रहे हैं।

विपक्ष को मालूम है कि पीएम मोदी के रहते वह सत्ता में वापसी नहीं कर सकते हैं, इसलिए मोदी विरोध में इतना डूब चुके हैं कि वह भारत के खिलाफ बोल रहे हैं, जबकि उन्हें भारत के साथ खड़ा रहना चाहिए।

आचार्य प्रमोद ने कहा कि विपक्ष नरेंद्र मोदी का अपमान नहीं कर रहा है बल्कि वो भारत के सम्मान, शौर्य का अपमान कर रहा है। विपक्ष भारत की बेटियों के सिंदूर का अपमान कर रहा है।

मल्लिकार्जुन खडग़े को राफेल पर मजाक नहीं बनाना चाहिए। राफेल हमारे गौरव का प्रतीक है। लेकिन कांग्रेस पार्टी मानसिक दिवालियापन का शिकार हो चुकी है। उन्हें राफेल की नहीं बल्कि कांग्रेस पार्टी की चिंता करनी चाहिए जो डूब रही है।

कांग्रेस के अन्य नेताओं के आरोपों पर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि कांग्रेस में कुछ राहु-केतु हैं जो कांग्रेस को बर्बाद कर रहे हैं। लेकिन इसकी चिंता मल्लिकार्जुन खडग़े और राहुल गांधी को नहीं है। भारत की बेटियों के सिंदूर की शक्ति क्या है, यह पाकिस्तान सहित पूरा विश्व देख रहा है।

पीएम मोदी ने पूरी दुनिया को दिखा दिया है कि हमारी सेना कैसे अपने दुश्मनों को करारा जवाब देती है। लेकिन अफसोस की बात यह है कि भारत के विपक्ष के नेताओं को समझ में नहीं आया कि भारत की बेटियों की सिंदूर की ताकत क्या है। जबकि यह पूरी दुनिया जान चुकी है। विपक्ष के नेताओं की ओर से मजाक बनाया जा रहा है।

***************************

 

सिक्किम में भारी बारिश का कहर, लापता लोगों की तलाश स्थगित

गंगटोक ,01 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। सिक्किम में रविवार को लगातार बारिश हुई, जिससे तीस्ता नदी का जलस्तर बढ़ गया, जबकि इस सप्ताह की शुरुआत में हुई एक दुखद दुर्घटना के बाद नौ लापता लोगों की तलाश अभी भी स्थगित है।

शुक्रवार को मंगन जिले के चुबोम्बु के पास 11 लोगों को ले जा रहा एक पर्यटक वाहन सड़क से उतरकर करीब 1,000 फीट नीचे तीस्ता नदी में जा गिरा। उस रात दो यात्रियों को बचा लिया गया, जबकि चालक सहित शेष नौ लोगों का अभी भी पता नहीं चल पाया है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) सोनम देचू भूटिया ने शनिवार को पुष्टि की कि बचाव अभियान दूसरे दिन भी जारी है, जिसमें आईटीबीपी, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के जवान शामिल हैं।

एसपी भूटिया ने मीडिया को बताया, वाहन मलबे में फंसा हुआ है और उसे निकाला नहीं जा सका है। आस-पास कोई शव नहीं मिला है।
उन्होंने कहा कि खराब मौसम के कारण अभियान में बाधा आ रही है।

रात भर हुई भारी बारिश और ऊपरी क्षेत्रों में बादल फटने से हालात और खराब हो गए हैं।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने मंगन जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जिसमें भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। अगले 24 घंटों के लिए ग्यालशिंग, नामची, सोरेंग, गंगटोक और पाकयोंग के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

जिला अधिकारियों ने पुष्टि की है कि लगातार बारिश के कारण हुए भूस्खलन से उत्तरी सिक्किम के थींग और चुंगथांग क्षेत्रों में कई संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है।

मंगन के पुलिस अधीक्षक सोनम देचू भूटिया के अनुसार, 115 पर्यटक वर्तमान में लाचेन में और लगभग 1,350 लाचुंग में फंसे हुए हैं। भूटिया ने कहा, कई भूस्खलनों के कारण दोनों दिशाओं से पहुंच अवरुद्ध होने के कारण, पर्यटकों को अपने होटलों में रहने की सलाह दी गई है। एक बार सड़कें पूरी तरह से साफ हो जाने के बाद निकासी शुरू हो जाएगी।

पूरे दिन क्षेत्र में भारी बारिश जारी रही, जिसका खास तौर पर चुंगथांग उप-विभाग पर असर पड़ा। शुक्रवार दोपहर को बाधित हुई बिजली आपूर्ति शनिवार शाम तक बहाल हो गई। करीब 24 घंटे से बंद मोबाइल कनेक्टिविटी शनिवार दोपहर करीब 3 बजे बहाल हुई।

अधिकारी रविवार तक पेयजल आपूर्ति बहाल करने के लिए भी काम कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में बादल फटने से तीस्ता नदी में उफान आया है, जिससे बचाव और राहत कार्यों में चुनौतियां बढ़ गई हैं।

****************************

 

उत्तर प्रदेश : हेट स्पीच मामले में सजा के बाद अब्बास की सदस्यता खत्म

लखनऊ ,01 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)।  हेट स्पीच मामले में सजा के बाद यूपी के मऊ से सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी की विधायकी खत्म हो गई है। विधानसभा के प्रमुख सचिव ने पत्र जारी कर सीट को रिक्त घोषित कर दिया है। कोर्ट का आदेश जारी होने के 24 घंटे के अंदर मऊ से लखनऊ फाइल पहुंची। फिर रविवार के दिन विधानसभा सचिवालय खोला गया।

विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप दुबे ने अब्बास की सदस्यता समाप्त कर सीट को रिक्त घोषित करने का आदेश जारी कर दिया। साथ ही मुख्य निर्वाचन अधिकारी को उपचुनाव कराने का प्रस्ताव भी भेज दिया। उत्तर प्रदेश विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप दुबे ने अपने पत्र में कहा कि अब्बास अंसारी जनपद मऊ से 356 विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए थे।

फौजदारी मुकदमा थाना कोतवाली जनपद मऊ के प्रकरण में न्यायालय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट / विशेष न्यायाधीश एमपी एमएलए मऊ द्वारा दोष सिद्ध पाते हुए धारा 171 एफ, आरोप में छह माह के साधारण कारावास की सजा एवं 2,000 के अर्थदंड लगा है।

इस आरोप में दो वर्ष के साधारण कारावास की सजा एवं 3,000 के अर्थदंड लगाया गया है। इसके अलावा धारा 53ए के आरोप में दो वर्ष के साधारण कारावास की सजा एवं 3,000 के अर्थदंड से धारा 506 के आरोप में एक वर्ष के साधारण कारावास की सजा एवं 2,000 के अर्थदंड से पूर्व धारा 120बी के आरोप में छह माह के साधारण कारावास की सजा एवं 1,000 के अर्थदंड से दंडित किया गया है। सभी साथ-साथ चलेंगी।

भारत निर्वाचन आयोग के पत्र संख्या में उल्लिखित रिट याचिका सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पारित निर्णय के अनुक्रम में अब्बास अंसारी 31 मई, 2025 से निरर्ह माने जाएंगे। उत्तर प्रदेश विधानसभा में अब्बास अंसारी का स्थान 31 मई, 2025 से रिक्त हो गया है।

ज्ञात हो कि मऊ सदर सीट से सुभासपा के विधायक और पूर्व बाहुबली मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी को विशेष एमपी-एमएलए अदालत ने नफरत भरे भाषण के मामले में दोषी करार देते हुए शनिवार को दो साल की सजा सुनाई थी।

अभियोजन पक्ष के अनुसार पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान मऊ सदर सीट से सुभासपा के प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में उतरे अब्बास अंसारी ने तीन मार्च 2022 को पहाड़पुर मैदान में एक जनसभा के दौरान मऊ प्रशासन को चुनाव के बाद सबक सिखाने की धमकी दी थी।

अब्बास अंसारी के अधिवक्ता दरोगा सिंह ने बताया कि हेट स्पीच मामले में आज एक फैसला आया है। 2022 में एक मामला कोतवाली नगर में कायम हुआ था। उस मामले में छह गवाह सामने आए। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने दो साल की सजा सुनाई है। इस आदेश के खिलाफ हम लोग सेशन न्यायालय जाएंगे। विधायकी पर असर सेशन न्यायालय के आदेश के आधार पर होगा। इस मामले के खिलाफ सेशन न्यायालय जाने की तैयारी की जा रही है।

ज्ञात हो कि 2022 को विधानसभा चुनाव के दौरान सदर विधानसभा सीट से सुभासपा के प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहे अब्बास अंसारी ने हेट स्पीच दिया। नगर के पहाड़पुर मैदान में जनसभा के दौरान कहा था कि मऊ प्रशासन को चुनाव के बाद हिसाब-किताब करने और इसके बाद सबक सिखाने की धमकी भी मंच से दी गई थी।

******************************

 

ऑपरेशन सिंदूर पर संजय राऊत का विवादित बयान

भाजपा को बताया जेहाद फैलाने वाली पार्टी

मालेगांव ,01 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता और राज्यसभा सांसद संजय राऊत ने रविवार को कई तीखे और विवादित बयान देकर सियासी हलचल तेज कर दी। ऑपरेशन सिंदूर पर भाजपा को आड़े हाथ लेते हुए उन्होंने कहा कि इस देश में अगर कोई जेहाद कर रहा है, तो वह भाजपा है।

मालेगांव में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राऊत ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा, अब घर-घर में सिंदूर लेकर जा रहे हैं। ये वन हसबैंड, वन सिंदूर का नया प्रोग्राम है क्या? सुंदर पति देता है सिंदूर, कोई बाहर का नहीं देता। ये कौन सा जेहाद है आपका?
उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में पूछा, कौन किसका हसबैंड है, इस पर भी मीडिया को सवाल करना चाहिए।

संजय राऊत ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अब मालेगांव महानगरपालिका चुनाव होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्षों में प्रशासक के जरिए शासन चलाकर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया गया। उन्होंने कहा, पार्षद और जिला परिषद सदस्य तक नहीं चुनवा पाए। अब उन्हें अपनी जीत की कोई गारंटी नहीं दिख रही है।

उन्होंने कहा कि मालेगांव का चुनाव जाति, धर्म, गुट और पैसे के खिलाफ लड़ा जाएगा और जल्द ही कोर कमेटी बनाई जाएगी।

धुले नकदी घोटाले पर बोलते हुए राऊत ने आरोप लगाया कि जांच समिति के प्रमुख को रिश्वत देने के लिए यह रकम लाई गई थी। उन्होंने कहा, इसमें से एक हिस्सा किसी बड़ी हस्ती को गया। 10 करोड़ रुपए जलगांव में लिए गए। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर तंज कसते हुए कहा, उनके कार्यालय का नाम बदलकर देवेंद्र केंद्रीय कारागार कर देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जिन नेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप थे, उन्हें भाजपा ने गले लगा लिया। उन्होंने अजित पवार, प्रफुल्ल पटेल और अशोक चव्हाण का नाम लेते हुए भाजपा की कथनी और करनी पर सवाल उठाए।

उन्होंने संजय शिरसाट को मूर्ख बताया और कहा कि भाजपा नेता अब भी नहीं समझ पाए कि महाराष्ट्र प्रगतिशील विचारों का सम्मान करता है। अजित पवार और शरद पवार के एकसाथ आने की संभावना पर कहा, मुझे ऐसा नहीं लगता।

वहीं, राऊत ने किरीट सोमैया को नाली की गंदगी बताया और कहा कि उन्हें अपने ही नेताओं के खिलाफ जांच बैठानी चाहिए। उन्होंने कहा, वो एक बकवास नेता हैं।

**************************

 

भाजपा-टीएमसी हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करती है : अधीर रंजन चौधरी

मुर्शिदाबाद ,01 जून(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को यहां की आम जनता के विकास से कुछ भी लेना-देना नहीं है। दोनों पार्टियां सिर्फ सत्ता पाने के लिए हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करती हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बंगाल दौरे को लेकर रविवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पीएम मोदी का चुनाव प्रचार शुरू हो गया है। जहां पीएम मोदी जाएंगे, वहां जाने से अमित शाह पीछे कैसे रह सकते हैं।

चौधरी ने कहा कि मकसद साफ है कि बंगाल में चुनाव को लेकर जंग शुरू हो गई है। केंद्र और राज्य सरकार में तनातनी शुरू हो गई है। पीएम मोदी के संबोधन का लगातार ममता बनर्जी की ओर से विरोध किया जा रहा है। ऐसा लगता है कि पीएम मोदी किन-किन मुद्दों पर भाषण देंगे, दीदी को पहले से ही पता चल जाता है। इसीलिए, मीडिया के सामने वह पीएम मोदी के भाषणों में उठाए गए मुद्दों का विरोध जताती हैं।

उन्होंने कहा कि बंगाल में आम लोगों की बात नहीं होती है। बंगाल में रोजगार, कारोबार पर चर्चा नहीं होती है। अगर यहां पर चर्चा होती है तो बस हिंदू-मुस्लिम के वोट को कैसे अपनी ओर करना है। बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा ऑपरेशन सिंदूर का इस्तेमाल करेगी तो वहीं, सीएम बनर्जी मुस्लिम वोटों को अपनी ओर लाने का प्रयास करेंगी।

केंद्रीय गृहमंत्री रविवार को कोलकाता में थे। यहां उन्होंने विजय संकल्प कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा के कार्यकर्ता जनविरोधी ममता सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए कटिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल का चुनाव सिर्फ बंगाल का भविष्य तय नहीं करता। बल्कि, बंगाल का चुनाव देश की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है।

******************************

 

दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदला, तेज आंधी और बारिश से तापमान में गिरावट

नई दिल्ली ,31 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। दिल्ली-एनसीआर में शनिवार शाम को मौसम ने अचानक करवट ली। शाम होते-होते आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश ने पूरे क्षेत्र को भिगो दिया। दिनभर उमस और गर्मी झेल रहे लोगों को इस मौसम के बदलाव से बड़ी राहत मिली है।

मौसम विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को राजधानी दिल्ली और आस-पास के क्षेत्रों में 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ-साथ गरज और चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी गई थी। यह चेतावनी पूरी तरह से सटीक साबित हुई, जब शाम को अचानक तेज हवाएं चलने लगीं और उसके बाद कई इलाकों में बारिश ने दस्तक दी।

इसके साथ ही, सुबह से ही एनसीआर के अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाए हुए थे और वातावरण में नमी बनी हुई थी। अधिकतम तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहा, लेकिन शाम को हुई बारिश के बाद तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहाना हो गया।

आईएमडी की वेबसाइट पर दी गई 7 दिन की पूर्वानुमान रिपोर्ट के अनुसार, आगामी दिनों में भी मौसम इसी प्रकार अस्थिर बना रह सकता है। 1 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, 2 से 4 जून के बीच गरज और बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं, जबकि 5 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।

इस मौसम के बदलाव से एक ओर जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं तेज आंधी और बिजली गिरने की संभावनाओं को देखते हुए नागरिकों को सतर्क रहने की भी सलाह दी गई है। खासकर खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे या कच्चे निर्माण स्थलों से दूर रहने की चेतावनी दी गई है। हालांकि, मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन अचानक बदलते मौसम को देखते हुए सतर्कता बरतना आवश्यक है।

**************************

 

सिंदूर भारत के शौर्य का प्रतीक : नरेंद्र मोदी

नई दिल्ली ,31 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि सिंदूर हमारी परंपरा में नारी शक्ति का प्रतीक है, रामभक्त हनुमान भी सिंदूर का ही धारण करते हैं। यह हमारे शौर्य का प्रतीक है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के जंबूरी मैदान में आयोजित महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में महिलाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम के हमले का जिक्र किया।

पीएम मोदी ने कहा, पहलगाम में आतंकियों ने सिर्फ भारतीय खून नहीं बहाया, उन्होंने हमारी संस्कृति पर भी प्रहार किया है। उन्होंने हमारे समाज को बांटने की कोशिश की। आतंकवादियों ने भारत की नारी की शक्ति को चुनौती दी है, यही चुनौती आतंकवादियों और उनके आकाओं के लिए काल बन गई है।

ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत के इतिहास का सबसे बड़ा और सफल ऑपरेशन है, हमारी सेना ने आतंकियों के ठिकानों को मिट्टी मिला दिया, सैकड़ों किलोमीटर दूर घुसकर मिट्टी मिला दिया। ऑपरेशन सिंदूर ने डंके की चोट पर कह दिया है कि आतंकवाद के जरिए छद्म युद्ध, प्रॉक्सी वार नहीं चलेगा। अब घर में घुसकर भी मारेंगे और जो आतंक की मदद करेगा, उसको भी इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।

पीएम मोदी ने आगे कहा, देश के 140 करोड़ लोग कह रहे हैं कि अगर तुम गोली चलाओगे, तो गोला से जवाब दिया जाएगा। ऑपरेशन सिंदूर हमारी नारी शक्ति के समर्थन का प्रतीक रहा है। भारत संस्कृति और संस्कारों का देश है। सिंदूर हमारी परंपरा में नारी शक्ति का प्रतीक है, रामभक्ति के रंग में रंगे हनुमान जी भी सिंदूर को ही धारण किए हुए हैं। शक्ति पूजा में हम सिंदूर का अर्पण करते हैं और यही सिंदूर अब भारत के शौर्य का प्रतीक बना है।

देवी अहिल्या बाई का स्मरण करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ये मेरा सौभाग्य है कि जिस काशी में लोकमाता अहिल्याबाई ने विकास के इतने काम किए, उस काशी ने मुझे भी सेवा का अवसर दिया है। आज अगर आप काशी विश्वनाथ महादेव के दर्शन करने जाएंगे, तो वहां आपको देवी अहिल्याबाई की मूर्ति भी मिलेगी।

देवी अहिल्याबाई भारत की विरासत की बहुत बड़ी संरक्षक थीं। जब देश की संस्कृति पर, हमारे मंदिरों, हमारे तीर्थ स्थलों पर हमले हो रहे थे, तब लोकमाता ने उन्हें संरक्षित करने का बीड़ा उठाया। उन्होंने काशी विश्वनाथ सहित पूरे देश में हमारे अनेकों मंदिरों का, हमारे तीर्थों का पुनर्निर्माण किया।

अहिल्या बाई के कार्यों को याद करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर का नाम सुनते ही मन में श्रद्धा का भाव उमड़ पड़ता है। उनके महान व्यक्तित्व के बारे में बोलने के लिए शब्द कम पड़ जाते हैं। देवी अहिल्याबाई प्रतीक हैं कि जब इच्छाशक्ति होती है, दृढ़ प्रतिज्ञा होती है, तो परिस्थितियां कितनी ही विपरीत क्यों न हों, परिणाम लाकर दिखाया जा सकता है।

250-300 साल पहले जब देश गुलामी की जंजीरों में जकड़ा हुआ था, उस समय ऐसे महान कार्य कर जाना कि आने वाली अनेक पीढिय़ां उसकी चर्चा करें, ये कहना तो आसान है, करना आसान नहीं था। अहिल्याबाई ने प्रभुसेवा और जनसेवा को कभी अलग नहीं माना। कहते हैं कि वे हमेशा शिवलिंग अपने साथ लेकर चलती थीं।

*****************************

 

देश में अभी भी टुकड़े-टुकड़े गैंग के लोग पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं : गिरिराज सिंह

बेगूसराय 31 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के नेता गिरिराज सिंह ने कांग्रेस पार्टी पर जोरदार सियासी हमला बोला है। उन्होंने सीजफायर को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति के दावे पर कांग्रेस की ओर से सवाल उठाने पर कहा कि कांग्रेस पार्टी हो या और कोई, देश में टुकड़े-टुकड़े गैंग के सदस्य हैं जो अभी भी पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं और सबूत मांग रहे हैं।

बेगूसराय में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने ऐसे लोगों को सलाह देते हुए कहा कि अगर सबूत मांगना है तो चले जाएं पाकिस्तान, वहां के प्रधानमंत्री से सबूत मांग लें, वे दे देंगे। सेना के प्रवक्ता ने जवाब दे दिया है। आज पाकिस्तान बाप-बाप कर रहा है जब उसके देश में घुसकर आतंकियों के ठिकाने पर लक्षित अटैक हुआ।

उन्होंने कहा, आज वहां का आतंकवादी बड़ी-बड़ी सभा कर हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गालियां दे रहा है। आज तो जिसको सबूत लेना हो वह पाकिस्तान जाए और पाकिस्तान में सबूत लेकर आए, वह सबूत होगा आतंकियों का खंडहर घर, सबूत होगा नौ एयर बेस जो खंडहर बन गया। हवाई जहाज या एक भी लड़ाकू विमान उडऩे लायक नहीं रहा। पूरे देश-दुनिया ने देखा है। लेकिन, भारत के कुछ लोग हैं जिनको सबूत चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारत में भी कुछ लोग हैं जो पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं। वे पाकिस्तान जाकर सबूत मांगे, चाहे कांग्रेस के हों या चाहे कोई और हो।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ऑपरेशन सिंदूर के बाद विपक्ष पर आक्रामक रहे हैं। केंद्रीय मंत्री पहले भी कह चुके हैं कि आतंकवाद का नाश होना है। पड़ोसी देश की हालत अच्छी नहीं है। उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान आंतरिक कलह से जूझ रहा है। कुछ देशों को छोड़कर पूरी दुनिया में अलग पड़ गया है।

****************************

 

दिल्ली सरकार के 100 दिन , मंत्रियों ने गिनाईं उपलब्धियां, विपक्ष पर साधा निशाना

नई दिल्ली 31 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। दिल्ली सरकार ने अपने 100 दिन पूरे होने पर अपनी उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। दिल्ली सरकार में मंत्री पंकज सिंह, मनजिंदर सिंह सिरसा और आशीष सूद ने सरकार के कामकाज की सराहना की और विपक्ष की आलोचनाओं को खारिज किया।

दिल्ली सरकार में मंत्री पंकज सिंह ने कहा कि उनकी सरकार ने स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं जैसे क्षेत्रों में ठोस काम किया है। उन्होंने विपक्ष पर झूठे वादे करने और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।

पंकज सिंह ने कहा, हमने जो काम किया, उसे दिल्ली की जनता देख रही है। हमने झूठे वादे नहीं किए, बल्कि काम करके दिखाया। अगले 100 दिन की रणनीति तैयार है। हम सोमवार से और तेजी से काम शुरू करेंगे, ताकि दिल्ली के लोग लाइन में न लगें, खासकर हमारे बुजुर्ग।
उन्होंने यह भी कहा कि बचे हुए कामों को जल्द पूरा किया जाएगा।

मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि यह सरकार काम करने वाली है, न कि झगड़े या बहाने बनाने वाली।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित दिल्ली’ के विजन को पूरा करने का दावा किया।

सिरसा ने कहा, पिछले 100 दिनों में हमने सड़कों का निर्माण शुरू किया, नए अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्र बनाए और पर्यावरण से जुड़े काम किए। विपक्ष को सिर्फ प्रदर्शन करना आता है, क्योंकि उनके पास कोई काम नहीं है। हमारा ध्यान दिल्ली के विकास पर है।

उन्होंने विपक्ष पर राजनीतिक नौटंकी करने का आरोप लगाया।

आशीष सूद ने विपक्षी नेताओं को ‘स्वघोषित बेरोजगार’ करार देते हुए कहा कि वे अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता बचाने के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं।

सूद ने कहा, जब भारतीय जनता पार्टी अपनी उपलब्धियां गिना रही है, तो विपक्ष को अपनी जगह बचाने के लिए कुछ तो करना होगा। इसलिए वे हमारे कार्यक्रमों के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। अगर वे ऐसा नहीं करेंगे, तो उनकी बची-खुची साख भी चली जाएगी।

दिल्ली सरकार के 100 दिन पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक अभय वर्मा ने सरकार की उपलब्धियों की सराहना की और विपक्षी आम आदमी पार्टी (आप) पर तीखा हमला बोला।

अभय वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने जनता की समस्याओं को गंभीरता से लिया और उनके समाधान के लिए सक्रियता दिखाई।

अभय वर्मा ने कहा, दिल्ली की जनता मानती है कि रेखा गुप्ता की सरकार ने काम किया है। मुख्यमंत्री ने हर समस्या को संबोधित किया है। हाल ही में सवा सौ साल में आई सबसे भयंकर बारिश और तूफान के दौरान रात ढाई बजे मुख्यमंत्री ने मुझे फोन कर क्षेत्र की स्थिति का जायजा लेने को कहा।

सड़कों पर उतरकर काम करने वाली ऐसी मुख्यमंत्री को हमने पहली बार देखा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पिछले 100 दिनों में सरकार और उनकी पूरी टीम सड़कों पर उतरकर जनता की समस्याओं का समाधान कर रही है, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।

हालांकि, वर्मा ने यह भी स्वीकार किया कि सभी समस्याओं का समाधान अभी नहीं हुआ है, लेकिन सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा, यह नहीं कह रहा कि सारी समस्याएं खत्म हो गई हैं, लेकिन काम हो रहा है, और यह 100 दिनों की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

विपक्षी आम आदमी पार्टी की आलोचनाओं और उनकी महिला विंग के प्रस्तावित प्रदर्शन पर तंज कसते हुए वर्मा ने कहा, विपक्ष के पास अब कोई रास्ता नहीं बचा। जो समस्याएं वे गिना रहे हैं, वे उनके 10 साल के शासन में पैदा हुई हैं।

वे सोचते हैं कि 100 दिन में सब कुछ ठीक हो जाएगा, यह उनकी नादानी है। अपनी मौजूदगी दिखाने के लिए वे इस तरह के प्रदर्शन कर रहे हैं।

वर्मा ने विपक्ष पर दिल्ली को 10 साल तक समस्याओं में उलझाए रखने का आरोप लगाया और कहा कि जनता उनकी सच्चाई समझ चुकी है।

भाजपा विधायक ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतर रही है और आने वाले दिनों में और बेहतर काम करेगी। उन्होंने दिल्ली की जनता से सरकार के प्रयासों का समर्थन करने की अपील की।

***********************

 

पाकिस्तान की सीमा से लगे राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आज ‘ऑपरेशन शील्ड’ के तहत की जाएगी मॉक ड्रिल

नई दिल्ली 31 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): राष्ट्रीय सुरक्षा तैयारियों को बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम के तहत, शनिवार को पाकिस्तान के साथ सीमा साझा करने वाले कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ‘ऑपरेशन शील्ड’ के तहत सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।

मॉक ड्रिल का अभ्यास शनिवार शाम 5 बजे शुरू होगा और पंजाब, राजस्थान, गुजरात, जम्मू और कश्मीर, हरियाणा और चंडीगढ़ में आयोजित किया जाएगा, जिसमें सीमा के सबसे निकट और सीमा पार से खतरों के प्रति सबसे अधिक संवेदनशील क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

पहले यह अभ्यास 29 मई के लिए निर्धारित था, लेकिन प्रशासनिक कारणों से इसे पुनर्निर्धारित कर दिया गया।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह अभ्यास नागरिकों, सुरक्षाबलों और प्रशासनिक एजेंसियों के बीच तालमेल और प्रतिक्रिया प्रणाली को परखने का एक महत्वपूर्ण माध्यम होगा।

‘ऑपरेशन शील्ड’ शत्रुतापूर्ण हमलों से बचाव को लेकर डिजाइन किया गया है, जिसमें हवाई हमले के सायरन, ब्लैकआउट प्रोटोकॉल और नागरिक अधिकारियों, आपातकालीन सेवाओं और स्थानीय आबादी की तैयारी का मूल्यांकन करने के लिए विभिन्न आपातकालीन प्रतिक्रिया क्रियाएं शामिल हैं।

अभ्यास का उद्देश्य नियंत्रण रेखा (एलओसी) और अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) के निकट संवेदनशील जिलों में संभावित बाहरी खतरों से उत्पन्न होने वाले वास्तविक समय के परिदृश्यों को दोहराना है, ताकि सुरक्षा बलों की तैयारियों, प्रतिक्रिया क्षमता और समन्वय को परखा और मजबूत किया जा सके।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, पंजाब के चिन्हित संवेदनशील नागरिक क्षेत्रों में पूर्ण ब्लैकआउट लागू होगा, जिसमें अस्पताल और आपातकालीन प्रतिक्रिया इकाइयों जैसी आवश्यक सेवाएं शामिल नहीं होंगी। निवासियों को सचेत करने के लिए सायरन बजाए जाएंगे, और समुदाय व प्रतिक्रिया एजेंसियों की दबाव में प्रभावशीलता जांचने हेतु नकली प्रतिक्रिया उपाय लागू किए जाएंगे।

सरकारी अधिकारियों ने बताया कि देश भर में किए गए पिछले अभ्यास में कई परिचालन संबंधी कमियां सामने आई थीं, जिसके कारण विशेष रूप से उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करते हुए फॉलो-अप अभ्यास की आवश्यकता महसूस की गई।

यह पहल बढ़ती क्षेत्रीय सुरक्षा चिंताओं के बीच नागरिक सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने के लिए सरकार के चल रहे प्रयासों को रेखांकित करती है।

अभ्यास से एजेंसियों के बीच तालमेल, जन जागरूकता, और सीमावर्ती क्षेत्रों में शत्रुतापूर्ण कार्रवाई या प्राकृतिक आपदा की स्थिति में स्थानीय प्रणालियों की त्वरित व कुशल प्रतिक्रिया क्षमता में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद है।

***********************

 

भोपाल में पीएम मोदी को सुनने के लिए सिंदूरी कलर की साड़ियों में पहुंची महिलाएं

भोपाल 31 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): भोपाल में पीएम मोदी को सुनने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं सिंदूरी कलर की साड़ियां पहनकर पहुंची हैं। महिलाओं का कहना है कि वह अपनी ओर से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता को लेकर पीएम मोदी का आभार जताना चाहती हैं।

प्रधानमंत्री सुबह करीब 11:15 बजे भोपाल में लोकमाता देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में शामिल होंगे। यहां वह महिलाओं को सशक्त बनाने और नागरिक बुनियादी ढांचे को बढ़ाने के उद्देश्य से कई प्रमुख बुनियादी ढांचे और विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। पीएम मोदी को सुनने के लिए सिंदूरी कलर की साड़ियों में पहुंची महिलाओं ने पीएम मोदी के प्रति अपनी उत्सुकता जाहिर की।

एक महिला ने बताया कि पीएम मोदी के आगमन को लेकर हम लोग काफी उत्साहित हैं। हम सुबह छह बजे ही उठ गए और पीएम को सुनने के लिए घर से निकल गए।

एक अन्य महिला ने कहा कि पीएम मोदी का स्वागत करने के लिए हम लोग तैयार हैं। पीएम मोदी ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए ऑपरेशन सिंदूर चलाया। यह ऑपरेशन महिलाओं की सुरक्षा का सैन्य अभियान था। पाकिस्तान को हमने मुंहतोड़ जवाब दिया। हमारे सैनिकों ने पहलगाम आतंकी हमले का बदला ले लिया है।

ज्योति ने कहा कि पीएम मोदी के काम से हम काफी प्रभावित हैं। उनकी योजनाओं से महिलाओं को स्वरोजगार मिला है। मेरे साथ आई सभी महिलाएं पीएम मोदी के कार्यों से काफी प्रभावित हैं। देश में इससे पहले कोई ऐसा पीएम नहीं हुआ, जिसने देश की महिलाओं के उत्थान के लिए काम किया हो।

शोभा ने बताया कि बहुत खुशी हो रही है कि पीएम मोदी भोपाल आ रहे हैं। आज हम सभी लोग उन्हें सुनने के लिए आ रहे हैं।

बता दें कि मध्यप्रदेश के इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी अहिल्याबाई होल्कर के सम्मान में एक स्मारक डाक टिकट और 300 रुपए का विशेष सिक्का जारी करेंगे, जिसमें उनकी तस्वीर होगी।

वह आदिवासी, लोक और पारंपरिक कलाओं में उनके योगदान के सम्मान में एक प्रतिष्ठित महिला कलाकार को राष्ट्रीय देवी अहिल्याबाई पुरस्कार भी प्रदान करेंगे।

************************

 

कांग्रेस नेता खुर्शीद ने PAK के साथ अपनी पार्टी को भी दिखाया आईना

बोले- पाकिस्तान ने सीजफायर के लिए जोड़े थे हाथ

नई दिल्ली 31 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने भारत-पाकिस्तान संघर्ष के बाद हुए सीजफायर को लेकर दो टूक जवाब दिया है। कांग्रेस नेता ने कहा है कि पाकिस्तान को संघर्ष में भारी नुकसान हुआ था और इसी वजह से उसने सीजफायर की पेशकश की। इसके साथ ही उन्होंने सीजफायर से जुड़े तमाम दावों और अफवाहों को बकवास करार दिया है।

कांग्रेस नेता का ये बयान खुद उनकी पार्टी लाइन से इतर है। कांग्रेस लगातार सरकार से सीजफायर में ट्रंप के कथित हस्तक्षेप के दावों पर सवाल उठा रही थी। सलमान खुर्शीद ने कहा कि भारत ने पाकिस्तान के साथ संपर्क नहीं किया, बल्कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तनाव खत्म करने के लिए पाकिस्तान के डीजीएमओ से संपर्क किया था।

कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा, “आप में से एक ने पूछा, हम क्यों (सीजफायर) रुके? यह कहना पूरी तरह से बकवास है कि हमने उन्हें (पाकिस्तान को) पहले फोन किया। हमने उन्हें पहले क्यों बुलाया? जब फोन किया गया, तब कौन रिसीव कर रहा था? यह सभी के लिए साफ है कि फोन पाकिस्तान के डीजीएमओ से भारत के डीजीएमओ को आया था। और जब उन्होंने कहा कि ‘रोक दीजिए’ तो हमने रोक दिया और फिर हमने उन पर कोई और हमला नहीं किया।

**************************

 

प्राइम वीडियो ने जारी किया ‘द ट्रेटर्स’ का धमाकेदार ट्रेलर……..प्रीमियर 12 जून को………!

31.05.2025 – प्राइम वीडियो द्वारा अपकमिंग अनस्क्रिप्टेड ओरिजिनल शो ‘द ट्रेटर्स’ का धमाकेदार ट्रेलर जारी कर दिया गया है। ट्रेलर में 20 कंटेस्टेंट्स राजस्थान के रॉयल सूर्यगढ़ पैलेस पहुंचते नजर आते हैं, जहां उनका एक ही मकसद है, टाइटल जीतना और मिशनों के ज़रिए जमा हुई बड़ी इनामी रकम हासिल करना। शो की शुरुआत में होस्ट करण जौहर कुछ खिलाड़ियों को गुपचुप तरीके से ‘गद्दार’ चुनते हैं। बाकियों को ‘मासूम’ माना जाता है और उन्हें इन गद्दारों को पहचानकर गेम से बाहर करना होता है।

इंटरनेशनल हिट रियलिटी सीरीज़ के इस इंडियन एडैप्टेशन को करण जौहर होस्ट कर रहे हैं। शो 12 जून से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगा, और हर गुरुवार रात 8 बजे नया एपिसोड आएगा, जो एक ग्रैंड फिनाले की ओर ले जाएगा। ऑल 3 मीडिया इंटरनेशनल और बीबीसी स्टूडियोज इंडिया प्रोडक्शंस के सहयोग से निर्मित, धोखे और चालबाजियों से भरपूर इस रियलिटी सीरीज़ के पहले सीज़न में 20 सेलिब्रिटीज़ हिस्सा ले रहे हैं।

इनमें अंशुला कपूर, अपूर्वा, आशीष विद्यार्थी, एलनाज़ नौरोज़ी, हर्ष गुर्जराल, जान्नत जुबैर, जान्वी गौर, जैस्मिन भसीन, करण कुंद्रा, लक्ष्मी मांचू, महीप कपूर, मुकेश छाबड़ा, निकिता लूथर, पुरव झा, रफ़्तार, राज कुंद्रा, साहिल सलाथिया, सुधांशु पांडे, सूफ़ी मोतीवाला और उर्फी जावेद शामिल हैं। सभी एक-दूसरे को चकमा देने की इस गेम में अपनी अक्ल और इरादों की असली परीक्षा देंगे। इस रियलिटी सीरीज़ में गद्दारी, धोखे और माइंड गेम्स का जबरदस्त पावर प्ले देखने को मिलेगा।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

https://www.instagram.com/share/BALt-bNf-M

************************

 

दिल्ली-एनसीआर के लिए आईएमडी ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

नई दिल्ली ,30 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)।  दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। हल्की से तेज बारिश के साथ तेज आंधी देखने को मिल सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने क्षेत्र के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसी के साथ 50-60 किमी प्रति घंटा तेज हवा चलने की चेतावनी भी दी गई है।

आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, पूरे दिन आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और शहर के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

मौसम में आए बदलाव के बाद ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। गुरुवार को, दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और 60 किमी प्रति घंटे तक तेज हवाएं चली।

आईएमडी ने कहा कि शुक्रवार को 70 किमी/घंटा तक की तेज हवाएं चल सकती हैं। बारिश की वजह से दिल्ली-एनसीआर में जलभराव, यातायात में बाधा और बुनियादी ढांचे को मामूली नुकसान की संभावना बढ़ सकती है।

ऑरेंज अलर्ट तब जारी किया जाता है जब भारी बारिश की आशंका होती है, जो आमतौर पर 24 घंटों के भीतर 115.6 मिमी से अधिक और 204.4 मिमी तक होती है।

दिल्ली में इस साल मई में अब तक 186.4 मिमी बारिश हो चुकी है, जिससे यह शहर के लिए अब तक का सबसे अधिक बारिश वाला मई बन गया है। यह अनियमित वर्षा पैटर्न दक्षिण-पश्चिम मानसून के समय से पहले पहुंचने से जुड़ा है, जो तय समय से एक सप्ताह पहले 24 मई को केरल पहुंचा था, और मुंबई में 26 मई को पहुंचा था, जो 11 जून की अपनी सामान्य तिथि से काफी पहले था।

इस बीच, दिल्ली की वायु गुणवत्ता गुरुवार को ‘मध्यम’ श्रेणी में रही, और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शाम 4 बजे 151 दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले इसी समय मापे गए 133 से थोड़ा खराब था।

गुरुवार को शाम को हुई बारिश से कुछ समय के लिए राहत मिली। हालांकि, बारिश इतनी तेज नहीं थी कि मौजूदा उमस और गर्मी को कम कर सके।

आईएमडी ने निवासियों को तूफानी मौसम के दौरान घर के अंदर रहने, पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने, तथा दुर्घटनाओं या क्षति से बचने के लिए बाहर पड़ी वस्तुओं को सुरक्षित रखने की सलाह दी है।

***************************

 

बिगड़े बोल: पहलगाम हमले के 6 आतंकी एक दिन ज्वाइन कर लेंगे बीजेपी – संजय राउत

संजय राउत के विवादित बयान से बवाल

नई दिल्ली ,30 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । शिवसेना (यूबीटी) नेता और राज्य सभा सांसद संजय राउत ने पीएम मोदी पर तीखा हमला किया है। उन्होंने पीएम पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का राजनीतिकरण का आरोप लगाया। इसके साथ ही संजय राउत ने बड़ा दावा किया है कि एक दिन पहलगाम हमले के छह आतंकी बीजेपी ज्वाइन कर सकते हैं, इसीलिए अब तक पकड़े नहीं गए हैं।

शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा, पहलगाम हमले के छह आतंकवादियों को इसलिए नहीं पकड़ा जा रहा है क्योंकि एक दिन आपको भाजपा कार्यालय से एक प्रेस नोट मिल सकता है जिसमें कहा जाएगा कि वे छह लोग भाजपा में शामिल हो गए हैं।

वहीं, इससे पहले भी संजय राउत ने बयान दिया था कि केंद्र ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद सांसदों के बहुदलीय प्रतिनिधिमंडलों को कई ऐसे देशों की यात्रा करने के लिए भेजा है जिनका भारत-पाकिस्तान मुद्दे से कोई लेना-देना नहीं है।

उन्होंने कहा कि सरकार वास्तविकता के बजाय दिखावे में रुचि रखती है। एक क्षेत्रीय समाचार चैनल से बातचीत में राउत ने सवालिया अंदाज में कहा, उन देशों में प्रतिनिधिमंडल भेजने की क्या ज़रूरत है जिनका भारत और पाकिस्तान के मुद्दे से कोई लेना-देना नहीं है? लाइबेरिया, कांगो और सिएरा लियोन जैसे देशों का चयन गंभीर सवाल खड़े करता है।

बता दें कि 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की जान चली गई थी। बैसरन घाटी में यह हमला तब हुआ था, जब पर्यटक घूमने गए हुए थे। पहलगाम आतंकी हमले को पाकिस्तान के लश्कर ए तैयबा के मुखौटा आतंकी संगठन टीआरएफ के आतंकवादियों ने अंजाम दिया था।

कई आतंकियों ने अचानक पर्यटकों पर हमला बोलते हुए गोलीबारी करके उनकी जान ले ली थी। पहले आतंकी ने लोगों से धर्म पूछा और फिर उन पर गोलियां चला दीं। हमले के कुछ दिनों बाद भारत ने आप्रेशन सिंदूर चला कर पाकिस्तान में कई आतंकी ठिकानों पर हमले किए थे।

****************************

 

पीएम मोदी की सुरक्षा के साथ स्वास्थ्य का भी रखा जा रहा ध्यान

चाहे कोई वीआईपी क्यों ना हो, ये टेस्ट करवाना होगा अनिवार्य

कानपुर ,30 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कानपुर के दौरे पर हैं। इस दौरान उनका शहर के कई प्रमुख लोगों से मुलाकात का कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्थानीय प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं।

इसके तहत, प्रधानमंत्री से मिलने वाले सभी व्यक्तियों के लिए कोरोना वायरस की जांच अनिवार्य कर दी गई है। जब तक उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट नेगेटिव नहीं आती, उन्हें प्रधानमंत्री से मिलने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

प्रशासन ने प्रधानमंत्री से मुलाकात करने वाले विशिष्ट लोगों की एक सूची तैयार की है, जिसमें स्थानीय नेता, वरिष्ठ अधिकारी और अन्य प्रमुख व्यक्ति शामिल हैं। इन सभी को प्रधानमंत्री से मुलाकात करने से पहले अनिवार्य रूप से कोरोना जांच करानी होगी। जांच में नेगेटिव पाए जाने पर ही वे आगे की मुलाकात के लिए पात्र होंगे।

जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कुल छह अलग-अलग मुलाकातों में शामिल होंगे, जिनमें विभिन्न समूहों के लोग उनसे भेंट करेंगे। कानपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉक्टर हरिदत्त नेमी ने इस संबंध में एक आधिकारिक पत्र जारी किया है।

पत्र में उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि प्रधानमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करना होगा। इस प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एक विशेष टीम का गठन भी किया है। इस टीम में तीन अनुभवी डॉक्टर और अन्य आवश्यक स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं, जो सभी आगंतुकों की कोरोना जांच की जिम्मेदारी संभालेंगे।

प्रधानमंत्री से मिलने वाले लोगों की कोरोना जांच के लिए प्रशासन ने मुंबई से विशेष तौर पर 300 रैपिड एंटीजन किट मंगवाई हैं। इन्हीं किटों के माध्यम से सभी व्यक्तियों की त्वरित जांच की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से सतर्क है और हर स्तर पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। यह निर्णय देश में एक बार फिर से कोरोना वायरस के मामलों में देखी जा रही मामूली वृद्धि को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य किसी भी प्रकार की संभावित लापरवाही से बचना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

*****************************

 

सुक्खू ने चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

शिमला ,30 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)।  हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गुरुवार को किसानों और गरीबों की आवाज़ एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया और श्रद्धांजलि दी।

सुक्खू ने कहा कि चौधरी चरण सिंह का देश के प्रति समर्पण और सेवाभाव सदियों तक प्रेरणा की अलख जगाता रहेगा। उन्होंने बताया कि चरण सिंह ने हमेशा किसानों के हितों के लिए संघर्ष किया। वह एक ईमानदार और कर्मठ राजनेता थे। देश की आजादी की लड़ाई में उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में भी उन्होंने सराहनीय कार्य किए। उत्तर प्रदेश में भूमि सुधार का श्रेय उन्हें जाता है। उन्होंने ग्रामीण कर्जदारों को राहत देने वाला ऋण मुक्ति विधेयक तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

****************************

 

मुंबई एयरपोर्ट पर विदेशी यात्री के पेट से मिली कोकीन, कीमत जानकर उड़ जाएंगे होश!

मुंबई 30 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। खुफिया जानकारी के आधार पर डीआरआई मुंबई ने मादक पदार्थों की तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए 6.74 करोड़ रुपए की कोकीन बरामद की।

दरअसल, अधिकारियों को सूचना मिली थी कि घाना का एक नागरिक देश में कोकीन की तस्करी की योजना बना रहा है। जानकारी के आधार पर, डीआरआई अधिकारियों ने लाइबेरिया से मुंबई पहुंचे एक पुरुष यात्री को एयरपोर्ट पर रोका। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान यात्री ने यह स्वीकार किया कि उसने देश में तस्करी के उद्देश्य से मादक पदार्थों से युक्त कैप्सूल निगले हैं।

इसके बाद अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे एक नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकीय निगरानी में उससे कुल 50 कैप्सूल बरामद किए गए।

इन कैप्सूल में कुल 674 ग्राम कोकीन पाई गई, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय अवैध बाजार में अनुमानित कीमत 6.74 करोड़ रुपए है। यह कोकीन एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत जब्त कर ली गई है। डीआरआई अधिकारियों ने यात्री को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

इससे पहले मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट 5 ने जोगेश्वरी इलाके में दो ड्रग्स सप्लायरों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से दो किलोग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इस ड्रग्स की कीमत लगभग चार करोड़ रुपए आंकी गई थी।

क्राइम ब्रांच की टीम को जोगेश्वरी बस डिपो के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों पर शक हुआ। तलाशी लेने पर उनके पास से भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स मिला। दोनों आरोपियों के खिलाफ अंबोली पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

मुंबई क्राइम ब्रांच अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि यह ड्रग्स कहां से लाया गया था और इसे किन-किन लोगों तक पहुंचाने की योजना थी। पुलिस को शक है कि यह एक बड़े ड्रग्स रैकेट का हिस्सा हो सकता है।

***************************

 

बीएसएफ ने अमृतसर में दो ड्रोन, हेरोइन बरामद की

जालंधर ,30 मई (एजेंसी)। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने गुरुवार को दो अलग-अलग बरामदगी में दो और ड्रोन और एक पैकेट हेरोइन जब्त की।
बीएसएफ के प्रवक्ता ने गुरुवार के बताया कि सुबह के समय, बीएसएफ सैनिकों द्वारा किये गये तलाशी अभियान के दौरान अमृतसर जिले के महावा गांव से सटे सीमा सुरक्षा बाड़ के आगे एक खेत से जली हुई हालत में एक छोटा ड्रोन और एक पैकेट संदिग्ध हेरोइन (कुल वजन- 508 ग्राम) बरामद किया गया।

बाद में शाम को, एक विशेष सूचना पर कार्रवाई करते हुए, बीएसएफ सैनिकों ने अमृतसर जिले के रोरनवाला खुर्द गांव से सटे सीमा बाड़ के आगे एक खेत से जली हुई हालत में डीजेआई माविक 3 क्लासिक ड्रोन को सफलतापूर्वक बरामद किया।

***************************

 

अमरनाथ यात्रा को लेकर J&K में अमित शाह की हाई लेवल मीटिंग

गृह मंत्री ने सुरक्षा बलों को दिए निर्देश

जम्मू 30 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सभी सुरक्षा एजेंसियों को अत्यधिक सतर्कता और चौकसी बनाए रखते हुए आगामी अमरनाथ यात्रा को पूरी तरह शांतिपूर्ण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अमित शाह ने राजभवन में सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव अटल डुल्लू, डीजीपी नलिन प्रभात और गृह मंत्रालय, सेना, अर्धसैनिक बलों, जम्मू-कश्मीर पुलिस, नागरिक प्रशासन और केंद्र और केंद्र शासित प्रदेश की खुफिया एजेंसियों के अन्य शीर्ष अधिकारी शामिल हुए।

केंद्रीय गृह मंत्री ने आगामी अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने यात्रा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र और केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन तीर्थयात्रियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा। बैठक लगभग एक घंटा 30 मिनट तक चली।

अमित शाह ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “अमरनाथ तीर्थयात्रा के लिए समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की और तीर्थयात्रियों के लिए सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों का मूल्यांकन किया। अत्यंत सतर्कता बनाए रखने और पवित्र यात्रा को निर्बाध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। केंद्र सरकार और जम्मू-कश्मीर प्रशासन तीर्थयात्रियों को सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा।”

गृह मंत्री शुक्रवार को सीमावर्ती पुंछ जिले का दौरा करेंगे, जहां वे पाकिस्तान की गोलाबारी से प्रभावित नागरिकों से मुलाकात करेंगे। वे खानेतर स्थित यूनिट मुख्यालय में बीएसएफ के जवानों को भी संबोधित करेंगे, क्षतिग्रस्त धार्मिक स्थलों का दौरा करेंगे और गोलाबारी में मारे गए लोगों के परिजनों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।

गुरुवार की बैठक का फोकस अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं के साथ-साथ घुसपैठ और आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस पर था। 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद की सुरक्षा व्यवस्था पर गहन चर्चा हुई, जिसमें पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने केंद्रीय गृह मंत्री को अपडेट दिया। अमरनाथ यात्रा 2025 3 जुलाई से शुरू होगी और 38 दिनों के बाद 9 अगस्त को समाप्त होगी।

***************************

 

पटना में पीएम मोदी का रोड शो, ऑपरेशन सिंदूर की गूंज, लोगों ने की फूलों की बारिश

भाजपा नेता राकेश सिंह ने सारण के  कार्यकर्ता के साथ नरेंद्र मोदी का जोरदार अभिनन्दन किया

पटना , 29 मई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑपरेशन सिंदूर के बाद बिहार के दो दिवसीय दौरे पर हैं। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। पीएम मोदी ने पटना में रोड शो किया। फिर पार्टी ऑफिस में बीजेपी नेताओं से मिले। वो पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन भी किया।

बिहटा एयरपोर्ट का शिलान्यास किया। इसके बाद वो रोहतास में शुक्रवार को एक जनसभा को संबोधित करेंगे।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सिंदूर ऑपरेशन के सफलता पर सेना के सम्मान में पटना में तिरंगा यात्रा में बेली रोड अभिलेख भवन के सामने छपरा जिला के आवंटित स्थल पर बिहार सरकार मंत्री मंटू सिंह जिला अध्यक्ष रंजीत सिंह और भाजपा नेता प्रदेश कार्य समिति सदस्य राकेश सिंह ने सारण के हज़ारो कार्यकर्ता के साथ उनका पटना मे जोरदार अभिनन्दन किया.

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष निरंजन शर्मा बिनोद सम्राट मंडल अध्यक्ष रामानंद सिंह भूलन जी मंटू बाबा मिथलेश मांझी अजय नाथ पूरी गया सिंह पवन सिंह संतोष शर्मा मोनू सिंह सुमंत बाबा अमन तिवारी छोटे बाबू चंदन सिंह विकास सिंह मनोज ठाकुर सरवन राम युगल किशोर जी धर्मेंद्र चौहान संजय गिरी मनीष गुप्ता जीतेन्द्र गिरी जिला उपाध्यक्ष अणु सिंह गायत्री देवी सहित हज़ारो लोग उपस्थित थे इस कार्यक्रम के लिए कार्यकर्त्ता से बढ़ चढ़ कर भाग लेने के लिए सांसद राजीव प्रताप रूडी और बिहार सरकार मंत्री मंटू सिंह ने भी लोगो से आने का आग्रह किया था जिससे प्रधानमंत्री का हौसला बढेगा।

**************************

 

अगर हिम्मत है तो कल ही चुनाव की तारीख का ऐलान करेंः ममता बनर्जी

सीएम ने पीएम पर लगाया सिंदूर का अपमान करने का आरोप

कोलकाता 29 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। आज बंगाल में जब बारिश व हवाओं के कारण जब लोगों को उमस व गर्मी से थोड़ी राहत मिली तो दूसरी ओर प्रदेश पीएम मोदी व राज्य की सीएम ममता बनर्जी के बयानों से तपने लगा। जी हां, जब पीएम मोदी ने एक सभा में भाजपाइयों को चुनाव के लिए कमर कसने की सलाह दी तो भला सीएम ममता कहां पीछे रहने वाली थीं। उन्होंने भी पीएम

मोदी को चुनाव की खुली चुनौती दे दी। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार और पीएम मोदी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर का नाम जानबूझकर राजनीतिक पकड़ बनाने के लिए दिया गया था। उन्होंने कहा कि वे ऑपरेशन बंगाल करने की बात कर रहे हैं। मैं उन्हें खुली चुनौती देती हूं अगर हिम्मत है तो कल ही चुनाव  की तारीख का ऐलान करें।

सीएम ममता ने कहा कि पीएम मोदी ऐसे बात कर रहे हैं, जैसे हर महिला के पति हों। वे अपनी पत्नी को सिंदूर क्यों नहीं देते? हालांकि मैं इस संबंध में बात नहीं करना चाहती, लेकिन आपने मुझे बोलने के लिए मजबूर कर दिया।सिंदूर का संबंध हर महिला से है। सिंदूर को पवित्र माना जाता है। महिलाएं इसे अपने पति के लिए लगाती हैं। ऑपरेशन सिंदूर को लेकर मैं कोई कमेंट नहीं करना चाहती। हर महिला का सम्मान होता है। ममता बनर्जी ने कहा कि कहा कि पीएम मोदी ने आज जो कहा, उससे हम न केवल स्तब्ध हैं, बल्कि यह सुनना दुर्भाग्यपूर्ण भी हैं।

पूरा विपक्ष दुनिया के सामने देश का प्रतिनिधित्व कर रहा है। उन्होंने देश के राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए एक साहसिक कदम उठाया है, लेकिन क्या पीएम मोदी और उनके नेताओं के लिए यह कहने का समय आ गया है कि वे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की तरह ‘ऑपरेशन बंगाल’ भी करेंगे। मैं उन्हें चुनौती देती हूं कि अगर उनमें हिम्मत है तो कल चुनाव लड़ें।

मोदी तब पश्चिम बंगाल की आलोचना कर रहे हैं जब हम आतंकवाद के खिलाफ केंद्र का समर्थन कर रहे हैं। सीएम ममता ने आगे कहा कि, ‘बंगाल में मतदान होने वाला है। लेकिन अभी भी देर है। उससे पहले, ध्यान रखें कि आप सत्ता में रहेंगे या नहीं। जान लें कि बंगाल कभी भी भाजपा के हाथों में नहीं जाएगा!’ सीएम ने कहा कि, पहले ‘‘बंगाल जो बकाया एक लाख 75 हजार करोड़ रुपए  है वह पैसा दीजिए, फिर बड़ी-बड़ी बात कीजिएगा।’’ मैं आपको खुली चुनौती दे रही हूं।

आप चुनाव से ठीक पहले यहां आए और कह रहे है कि बंगाल आज सुरक्षित है। क्या आप बंगाल के लोगों को गुमराह करने, बदनामी फैलाने और साजिश रचने आए हैं। आप मणिपुर क्यों नहीं गए? आपको पहले वहां जाना चाहिए था।” सीएम ने कहा कि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले भी कई बार प्रधानमंत्री को अपना ‘मित्र’ कह चुके हैं। ममता ने इस मुद्दे पर भी प्रधानमंत्री पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, “आप इतने महान नेता हैं, जब आप अमेरिका का जिक्र करते हैं, तो चुप हो जाते हैं!”

*****************************