Women wearing sindoori coloured saris reached Bhopal to listen to PM Modi

भोपाल में पीएम मोदी को सुनने के लिए सिंदूरी कलर की साड़ियों में पहुंची महिलाएं

भोपाल 31 May, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): भोपाल में पीएम मोदी को सुनने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं सिंदूरी कलर की साड़ियां पहनकर पहुंची हैं। महिलाओं का कहना है कि वह अपनी ओर से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता को लेकर पीएम मोदी का आभार जताना चाहती हैं।

प्रधानमंत्री सुबह करीब 11:15 बजे भोपाल में लोकमाता देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में शामिल होंगे। यहां वह महिलाओं को सशक्त बनाने और नागरिक बुनियादी ढांचे को बढ़ाने के उद्देश्य से कई प्रमुख बुनियादी ढांचे और विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। पीएम मोदी को सुनने के लिए सिंदूरी कलर की साड़ियों में पहुंची महिलाओं ने पीएम मोदी के प्रति अपनी उत्सुकता जाहिर की।

एक महिला ने बताया कि पीएम मोदी के आगमन को लेकर हम लोग काफी उत्साहित हैं। हम सुबह छह बजे ही उठ गए और पीएम को सुनने के लिए घर से निकल गए।

एक अन्य महिला ने कहा कि पीएम मोदी का स्वागत करने के लिए हम लोग तैयार हैं। पीएम मोदी ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए ऑपरेशन सिंदूर चलाया। यह ऑपरेशन महिलाओं की सुरक्षा का सैन्य अभियान था। पाकिस्तान को हमने मुंहतोड़ जवाब दिया। हमारे सैनिकों ने पहलगाम आतंकी हमले का बदला ले लिया है।

ज्योति ने कहा कि पीएम मोदी के काम से हम काफी प्रभावित हैं। उनकी योजनाओं से महिलाओं को स्वरोजगार मिला है। मेरे साथ आई सभी महिलाएं पीएम मोदी के कार्यों से काफी प्रभावित हैं। देश में इससे पहले कोई ऐसा पीएम नहीं हुआ, जिसने देश की महिलाओं के उत्थान के लिए काम किया हो।

शोभा ने बताया कि बहुत खुशी हो रही है कि पीएम मोदी भोपाल आ रहे हैं। आज हम सभी लोग उन्हें सुनने के लिए आ रहे हैं।

बता दें कि मध्यप्रदेश के इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी अहिल्याबाई होल्कर के सम्मान में एक स्मारक डाक टिकट और 300 रुपए का विशेष सिक्का जारी करेंगे, जिसमें उनकी तस्वीर होगी।

वह आदिवासी, लोक और पारंपरिक कलाओं में उनके योगदान के सम्मान में एक प्रतिष्ठित महिला कलाकार को राष्ट्रीय देवी अहिल्याबाई पुरस्कार भी प्रदान करेंगे।

************************