Category Archives: news

केदारनाथ धाम में जून में बर्फबारी, यात्रियों में उत्साह

रुद्रप्रयाग 03 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)।  केदारनाथ धाम में इस वर्ष जून के महीने में भी मौसम लगातार बिगड़ा हुआ है। मंगलवार को केदारनाथ मंदिर और बेस कैंप क्षेत्र में हल्की बर्फबारी हुई, जिससे तीर्थयात्रियों में उत्साह और आश्चर्य दोनों देखने को मिले। हालांकि बर्फ गिरते ही जमीन पर पिघलने लगी, जिससे कुछ ही देर में बर्फ का नामोनिशान नहीं रहा।

मंगलवार को सुबह से ही जनपदके अधिकांश क्षेत्रों में मौसम बदला हुआ था। दोपहर बाद मुख्यालय समेत कई इलाकों में बारिश हुई, जबकि केदारनाथ में सुबह करीब 11 बजे बर्फबारी शुरू हुई जो साढ़े 12 बजे तक चली। एक घंटे की इस हल्की बर्फबारी में बर्फ गिरते ही पिघल गई, जिससे चारों ओर सफेदी का नज़ारा ज्यादा देर टिक नहीं पाया।

बीकेटीसी के प्रशासनिक अधिकारी युद्धवीर पुष्पवाण ने बताया कि जून माह में पहले भी केदारनाथ में बर्फबारी होती रही है, लेकिन इस समय बर्फ टिकती नहीं है। बावजूद इसके, बर्फबारी का नज़ारा देखने वाले यात्रियों में काफी उत्साह देखा गया।

लगातार खराब मौसम के चलते यात्रा प्रभावित हो रही है। पैदल मार्ग पर यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं हेलीकॉप्टर सेवाएं भी बार-बार बाधित हो रही हैं। स्थानीय प्रशासन मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।

****************************

 

ट्रेड एक्सपो यूएसए कंपनी में 4.66 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी

फरार आरोपी राजाराम तारक को पुलिस ने दबोचा, भेजा जेल!

राजिम 03 June (एजेंसी) –  गरियाबंद राजिम थाना में दिनांक 19.12.2024 को प्रार्थी संतोष देवांगन द्वारा प्रस्तुत लिखित आवेदन जिसमें राजाराम तारक, शरदचंद्र वर्मा, कमलेश साहू, यशवंत नाग एवं अरूण द्विवेदी के द्वारा ट्रेड एक्सपो यूएसए कंपनी में अधिक लाभांस देने की लालच देकर रूपये की धोखाधड़ी करने एवं गबन करने संबंध आवेदन प्राप्त हुआ था।

जिसमें थाना राजिम में अपराध क्रमांक 408/2024 धारा 420,34 भादवि0 कायम कर विवेचना में लिया गया था। विवेचना के दौरान यह भी पता चला की उक्त ट्रेड एक्सपो यूएसए कंपनी के मुख्य सरगना अरूण द्विवेदी के खिलाफ सी.आई.डी. रांची में भी झारखण्ड के 11 लोगों से 46699820 रूपये की धोखाधडी करने का अपराध पंजीबद्ध हुआ है।

छ.ग. एवं झारखण्ड के लोगों से मिली अबतक कि जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के 94 लोगों से 55373000 एवं झारखण्ड के 11 लोगों से 46699820 रूपये कुल 102072820 (दस करोड़ बीस लाख बहत्तर हजार आठ सौ बीस रूपये) जमा कराकर छलपूर्वक बेईमानी करने के नियत से आरोपीगण द्वारा उक्त धनराशि का गबन किया गया है।

जिससे मामले में 409 भादवि0 की धारा भी जोड़ी गई है। आम जनता को कम समय में निवेश को दुगना करने का लालच देकर फर्जी प्लेटफार्म पर अकाऊँट बनाया जाता था। जिसमें प्रति-दिन के हिसाब से ब्याज दिखाकर भरोसा दिलाया जाता था। किन्तु निवेशक मुल रकम या ब्याज कुछ भी निकालने में असमर्थ रहा। इसी कारण ये धोखाधड़ी उजागर हुई। प्लेटफार्म पर बने अकाऊँट में ट्रेड डॉलर में किया जा रहा था। जो की फर्जी तरीके से बने बैंक अकाऊँट से लिंक थे।

प्रकरण में विवेचना के दौरान पूर्व के आरोपीगण 01) शरदचंद्र शर्मा पिता स्व रिपुदमन शर्मा उम्र 50 वर्ष साकिन वुड आईलैंड कॉलोनी अमलेश्वर थाना अमलेश्वर जिला दुर्ग (छ.ग.) 02) यशवंत कुमार नाग पिता स्व परसराम नाग उम्र 45 वर्ष साकिन पीपरछेड़ी थाना राजिम जिला गरियाबंद (छ.ग.) 03) कमलेश साहू पिता गोरेलाल साहू उम्र 34 वर्ष साकिन नयापारा उजियारपुर थाना लालपुर जिला मुंगेली हाल मुकाम वार्ड नम्बर 01 श्यामा प्रसाद मुखर्जी भाठापारा थाना भाठापारा जिला बलौदाबजार (छ.ग.) को दिनांक 20.12.2024 को  गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। प्रकरण में विवेचना के दौरान अन्य फरार मुख्य आरोपी (04) अरूण द्विवेदी पिता स्व. लाल बिहारी उम्र 47 साल निवासी कछुवारा पोस्ट पोस्ट बीड़ा थाना सेमरिया (म.प्र.) को दिनांक 23.12.2024 को रीवा (म.प्र.) से गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया था।

इस क्रम में प्रकरण में विवेचना के दौरान फरार आरोपी (05) अभिषेक सिंह गहरवारा एवं (06) अजय कुमार विश्वकर्मा को दिनांक 12.03.2025 कों गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। प्रकरण में आरोपियों की पतासाजी लगातार जारी है। इसी क्रम में अन्य फरार आरोपी (07) राजाराम तारक पिता खोरबाहरा उम्र 47 साल निवासी ग्राम तामासिवनी थाना आरंग जिला रायपुर हाल मुकाम ग्राम कोकड़ी रोड गरियाबंद थाना व जिला गरियाबंद दिनांक 28.05.2025 को माननीय न्यायालय के समक्ष सरेण्डर किया था। जिसे पुछताछ हेतु माननीय न्यायालय से दिनांक 28.05.2025 से 02.06.2025 तक पुलिस रिमाण्ड लेकर पुछताछ किया गया।

जिसके कब्जे से ट्रेड एक्सपो यूएसए कंपनी के नाम से धोखाधडी कर निवेशकों की राशी को गबन कर खरीदे हुए एक ब्रेजा कार क्रमांक सीजी.04 पी.के. 1536, किमती 14 लाख रूपए, दो नग आई.फोन किमती लगभग 04 लाख रूपये, एक नग सोने का अंगुठी  एवं एक नग सोने का चैन किमती लगभग 02 लाख रूपये, नगदी रकम 10,200 रूपये, आई.डी.बी.आई. खाते का डेबिट कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड के साथ समक्ष गवाहन के जप्त कर कब्जा पुलिस लिया गया साथ ही आरोपी के खाते से लगभग 08 लाख रूपये होल्ड कराया गया है।

आरोपी द्वारा ट्रेड एक्सपो यूएसए कंपनी के माध्यम से धोखाधड़ी एवं गबन से प्राप्त राशि से अपने कोकड़ी रोड गरियाबंद स्थित ससूराली मकान में 60 लाख रूपये खर्च किया गया है। अपना 25 लाख रूपये का पुराना कर्ज चुकाया गया है। लगभग 28 लाख रूपये का अपना जमीन गिरवी रखा था, जिससे छुडवाया है।

इस प्रकार प्राप्त जानकारी अनुसार राजाराम तारक द्वारा कुल 01 करोड़ 43 लाख रूपये की राशि को इनवेस्टर से धोखाधड़ी कर गबन किया गया है। आरोपी राजाराम तारक का औपचारिक गिरफ्तारी उपरांत माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। आरोपी राजाराम तारक द्वारा अपराध के आगम से अवैध रूप से प्राप्त सम्पत्ती पर पृथक से धारा 107 बी.एन.एस.एस. के तहत कार्यवाही की जा रही है।

उक्त कार्यवाही मे थाना प्रभारी राजिम निरीक्षक अमृत साहू एवं साइबर सेल का विशेष योगदान रहा।

*****************************

 

 

 

असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती में पेपर लीक की आशंका, अभ्यार्थियों को दिए गए सील टूटे पेपर : हुड्डा

चंडीगढ़ ,03 जून(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि बीजेपी की भर्तियों में गड़बड़झाले रुकने का नाम नहीं ले रहे। एक के बाद एक, अनगिनत घोटाले उजागर होने के बाद अब असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के पेपर में गड़बड़ी सामने आई है।

कई परीक्षाओं में अभ्यर्थियों को ऐसे पेपर बांटे गए, जिनकी सील पहले से ही टूटी हुई थी। यह गड़बड़ी हिंदी, जूलॉजी, केमिस्ट्री और फिजिक्स जैसी भर्तियों के पेपर उजागर हुई है। इसीलिए अभ्यार्थी पेपर लीक की आशंका जता रहे हैं। इतना ही नहीं अभ्यार्थियों ने पेपर में सिलेबस से बाहर के सवाल आने की भी शिकायत की है।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग करी है। उन्होंने कहा कि पीडि़त अभ्यार्थियों की शिकायतों का संज्ञान लिया जाए, दोषियों पर सख़्त कार्रवाई हो और अभ्यर्थियों की मांग अनुसार परीक्षाएं दोबारा करवाई जाएं।

क्योंकि कोई भी भर्ती पूरी होने के लिए ज़रूरी है कि प्रक्रिया के स्तर कोई धांधली ना हो। लेकिन बीजेपी जानबूझकर हरेक भर्ती में ऐसे लूपहोल छोड़ देती है, जिसके चलते भर्तियां कोर्ट में जाकर अटक जाती हैं।

इसीलिए खुद हाई कोर्ट ने बार-बार इस सरकार की लगभग हरेक भर्ती पर बड़ा सवालिया निशान लगाया है। यहां तक कि कोर्ट ने कहा है कि 2019 के बाद हुई सभी भर्तियों के परिणाम अब दोबारा से जारी करने होंगे।

क्योंकि सरकार ने गलत नियमों के तहत ये भर्तियां की हैं। इससे पहले भी बीजेपी कार्यकाल के भर्ती घपलों, घोटालों और अनियमितताओं को लेकर हाई कोर्ट बार-बार कड़ी टिप्पणियां कर चुकी है। कई बार सरकार पर जुर्माना भी थोपा गया है। बावजूद इसके सरकार अपने रवैया से बाज नहीं आई।

हुड्डा ने कहा कि भर्तियों को जानबूझकर लटकाना, भड़काना और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करना बीजेपी की तय नीति बन चुकी है। यही वजह है कि आज हरियाणा के सरकारी विभागों में 2 लाख से पद ज्यादा पद खाली पड़े हुए हैं।

नई भर्ती करवाना तो दूर, बीजेपी कॉमन एंट्रेंस टेस्ट तक नहीं करवा पा रही है। इतना ही नहीं, अभी तक सरकार ने टेस्ट के नियम तक तय नहीं किए।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने सड़क से लेकर विधानसभा और संसद तक इस सरकार के मंसूबों को जगजाहिर किया था। बार-बार जनता को बताया कि इस सरकार का मकसद नौकरी देना नहीं बल्कि नौकरी को छीनना है।

लेकिन कई भर्तियों के रिजल्ट को चुनाव के टाइम रोककर और कौशल निगम कर्मियों में भ्रम व झूठ फैलाकर भाजपा ने हजारों परिवारों के वोट हासिल कर लिए। अब उन परिवारों और बेरोजगार युवाओं को बीजेपी पर भरोसा जताने का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।

***************************

 

राजा रघुवंशी की हत्या का मामला दर्ज, शिलांग में SIT गठित

पत्नी सोनम की मिली टी शर्ट, तलाश जारी

इंदौर 03 June (एजेंसी) । सोहरा (मेघालय) से लापता हुए इंदौर के दंपती सोनम और राजा रघुवंशी की खोज में जुटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लगातार 8 दिन के सर्च ऑपरेशन के बाद कल 2 जून को राजा रघुवंशी का शव वीसावडोंग के पास एक गहरी खाई में मिला। इस मामले में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और जांच के लिए साथ SIT गठित कर दी है। साथ ही लापता पत्नी की तलाश में जुट गई है।

शव को सबसे पहले पुलिस ड्रोन ने वीसावडोंग पार्किंग लॉट के पास रिआत अरलियांग की गहरी खाई में सुबह 11:48 बजे देखा। खतरनाक और दुर्गम इलाके में शव मिलने के कारण पुलिस टीम ने शव को पार्किंग लॉट तक लाया। जहां 3:30 से 4:00 बजे के बीच मजिस्ट्रेटी जांच की गई। जांच की अध्यक्षता सोहरा की एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट स्म्टि अडियल आर. किन्टा ने की।

शव की पहचान मृतक के दाहिने हाथ पर बने ‘Raja’ टैटू से की गई। घटनास्थल से एक महिला की सफेद शर्ट, पेंट्रा 40 की स्ट्रिप, वीवो मोबाइल की टूटी एलसीडी स्क्रीन और मृतक की कलाई से स्मार्ट वॉच जब्त की गई है

शव को पोस्टमार्टम के लिए शिलॉन्ग स्थित NEIGRIHMS भेजा गया है। पुलिस ने अभी तक किसी भी संभावना को खारिज नहीं किया है, यहां तक कि हत्या की आशंका भी बरकरार है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई जा रही है। गौरतलब है कि मृतक की पत्नी सोनम रघुवंशी अब भी लापता है और उसका कोई सुराग नहीं मिला है।

कठिन मौसम और चुनौतीपूर्ण इलाके के बावजूद पुलिस, SDRF, SOT और वेस्ट जयंतिया हिल्स डिस्ट्रिक्ट एडवेंचर माउंटेनियरिंग क्लब की टीमों ने लगातार सर्च अभियान जारी रखा, जिसका नतीजा मिला।

***********************

 

आईपीएस मोहम्मद नौशाद आलम को पलामू रेंज के डीआईजी बनाये गए

भाजपा नेता राकेश सिंह ने मोहम्मद नौशाद आलम को डीआईजी बनाए जाने पर बधाई दी

रांची , 03 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। आईपीएस मोहम्मद नौशाद आलम को झारखण्ड के पलामू रेंज के डीआईजी बनाये जाने पर उन्होंने झारखण्ड सरकार को और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को इस विश्वास के लिए बधाई दिया.

भाजपा नेता प्रदेश कार्य समिति सदस्य राकेश सिंह ने भी उनको बधाई और शुभकामना दी.

कहा की यह हमलोगो के लिए और परसा के लिए काफ़ी ख़ुशी की बात है इतने बड़े पद पर जाकर भी अपने छेत्र के लोगो के प्रति उनका हमेशा सरल बेहवार रहा है और आज भी लोगो को गाँव के जैसा मान समान देते है मिलने पर पता नहीं चलता है की इतने बड़े अधिकारी होंगे वह बहुत ही मिलनसार बेवक्ति है जिसकी जितनी तारीफ की जाये वह कम है.

ज्ञात हो की इससे पहले भी रांची एसपी के रूप मे और ट्रैफिक एएपी के रूप मे अपना योगदान दे चुके है और इनके कार्य शैली की भी चर्चा हमेशा होती है रांची मे काफ़ी सराहनीय कार्य किये है अब पलामू के लोगो को भी इनके जाने से इनके अनुभव का काफ़ी लाभ मिलेगा.

इस अवसर पर कई सामाजिक कार्यकर्त्ता ने भी उनको डीआईजी बनने पर संतोष शर्मा मंडल अध्यक्ष अजय नाथ मंटू बाबा पूरी मोनू सिंह भूलन जी चंदन सिंह विकास सिंह मिथलेश मांझी रामानंद सिंह सहित अनेक लोगो ने शुभकामनायें दिया ज्ञात हो की उनकी शुरुवाती शिक्षा गाँव सच्ची एक से पांच तक परसा प्राइमरी स्कूल से हुए जिसके 6 से 10 तक परसा हाई स्कूल से हुआ इसके बाद आईएससी दरभंगा से किया और बीएससी पूषा से किया।

*************************

 

मध्य प्रदेश : ग्वालियर के हजीरा में गैंगवार, फायरिंग में एक की मौत

एक गंभीर रूप से घायल

ग्वालियर 03 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : मध्य प्रदेश के ग्वालियर के हजीरा थाना क्षेत्र में एक बार फिर गैंगवार की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है। लाइन नंबर दो में दो पक्षों के बीच हुए विवाद में जमकर फायरिंग हुई, जिसमें दो लोग गोली लगने से घायल हो गए।

इनमें से एक, भोला सिकरवार की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा, पवन उर्फ कल्लू नाई गंभीर रूप से घायल है। घायल कल्लू को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस के अनुसार, इस घटना के पीछे इलाके के हिस्ट्रीशीटर बदमाश बंटी भदौरिया और उसके साथियों का हाथ है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कृष्ण लाल चंदानी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बंटी भदौरिया का नाम सामने आया है। बंटी और उसके दो साथियों ने मिलकर भोला सिकरवार और कल्लू पर गोलीबारी की। भोला के पेट में और कल्लू के दाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने बताया कि यह गैंगवार शराब बेचने को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद का नतीजा है।

परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बंटी भदौरिया को पुलिस का संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते वह इस तरह की आपराधिक घटनाओं को बेखौफ अंजाम दे रहा है। इस घटना के बाद हजीरा के लाइन नंबर एक और दो में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों में डर का माहौल है और वे इस तरह की घटनाओं के होने से चिंतित हैं।

पुलिस ने बताया कि बंटी भदौरिया और उसके साथियों का आपराधिक इतिहास रहा है। हजीरा थाने में उनके खिलाफ पहले से ही कई मामले दर्ज हैं। भोला सिकरवार पर भी कई आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

एएसपी चंदानी ने कहा कि जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की गहन जांच की जा रही है।

**********************

 

चीन चाहकर भी नहीं रोक सकता ब्रह्मपुत्र नदी का पानी

असम CM ने फैक्ट के साथ दिया करारा जवाब

गुवाहटी (असम) 03 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : पहलगाम हमले के बाद भारत ने सिंधु नदी का पानी रोका तो पाकिस्तान ने भी भारत को धमकी दे डाली। पाकिस्तान का कहना था कि चीन भी ब्रह्मपुत्र नदी का पानी रोक सकता है, जिससे भारत के उत्तर पूर्वी राज्यों में सूखे की स्थिति उत्पन्न हो जाएगी। वहीं अब असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है।

पाकिस्तान का मानना है कि भारत चीन से आने वाली ब्रह्मपुत्र नदी के पानी पर निर्भर करता है। हालांकि हिमंत बिस्वा सरमा ने पड़ोसी मुल्क के इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है।

हिमंत बिस्वा सरमा के अनुसार, ब्रह्मपुत्र नदी चीन से सिर्फ 30-35 प्रतिशत पानी लेकर आती है। ब्रह्मपुत्र नदी को यह पानी हिमालयन ग्लेशियर पिघलने और बारिश से मिलता है। वहीं नदी का बाकी 65-70 प्रतिशत पानी भारत में बहने वाली नदियों और बारिश से मिलता है।

हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा- भारत ने जब से सिंधु नदी समझौते को रद किया है, तभी से पाकिस्तान देश में डर फैलाने की कोशिश कर रहा है। पाकिस्तान कहना है कि चीन ब्रह्मपुत्र देगा तो? वास्तव में ब्रह्मपुत्र नदी का पानी भारत में ही बढ़ता है। चीन ब्रह्मपुत्र नदी के जल प्रवाह में मात्र 30-35 प्रतिशत का योगदान देता है और बाकी 65-70 फीसदी पानी नदी को भारत में ही मिलता है।

हिमंत बिस्वा सरमा ने इसका कारण बताते हुए कहा, “ब्रह्मपुत्र नदी के पानी का मुख्य स्रोत अरुणाचल प्रदेश, मेघायलय, असम और नागालैंड में होने वाली मूसलाधार बारिश है। इसके अलावा सुबनसिरी, लोहित, कामेंग, मानस, धनसिरी, जिया भाराली, कोपिली, दिगारु और कुलसी जैसी अनेक सहायक नदियां ब्रह्मपुत्र में जाकर मिलती है, जिससे नदी का जल प्रवाह बढ़ जाता है।”

************************

 

रांची जा रही Indigo फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग

4000 फीट ऊंचाई पर खतरे में थी 175 यात्रियों की जान

रांची 03 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। पटना से रांची आ रहा एक विमान, जिसमें 175 यात्री सवार थे, लैंडिंग से ठीक पहले एक पक्षी से टकरा गया। इस घटना के बाद पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को लगभग 40 मिनट तक हवा में रखा और फिर सुरक्षित रूप से इमरजेंसी लैंडिंग कराई। विमान में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

अधिकारियों ने बताया कि इंडिगो का एयरबस 320 विमान पटना से 175 यात्रियों को लेकर रांची के लिए रवाना हुआ था। एयरपोर्ट के डायरेक्टर आरआर मौर्य ने बताया कि विमान जब रांची एयरपोर्ट से 10-12 नॉटिकल माइल्स दूर और 3000-4000 फीट की ऊंचाई पर था, तभी यह एक पक्षी से टकरा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टकराने वाला पक्षी एक गिद्ध था।

बर्ड हिट के बाद विमान में मामूली कंपन महसूस हुआ, लेकिन पायलट ने स्थिति को नियंत्रण में रखा और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क कर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। एटीसी से अनुमति मिलने के बाद पायलट ने विमान को 40 मिनट तक हवा में सुरक्षित रूप से उड़ाया और फिर सफलतापूर्वक इमरजेंसी लैंडिंग कराई।

अधिकारियों ने बताया कि गिद्ध के टकराने से विमान के कुछ हिस्सों में मामूली डेंट आया है। फिलहाल, इंजीनियर्स की एक टीम विमान का निरीक्षण कर रही है और नुकसान का आकलन करने में जुटी हुई है।

एयरपोर्ट प्रशासन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें विमान से उतारकर टर्मिनल भेज दिया गया है। इस घटना के कारण एयरपोर्ट पर कुछ देर के लिए विमानों का परिचालन प्रभावित रहा, जिसे अब धीरे-धीरे सामान्य किया जा रहा है।

************************

 

दिल्ली में जारी है मौसम विभाग का अलर्ट, दो दिन और रहेगी गर्मी से राहत

फिर बढ़ेगा तापमान

नई दिल्ली 03 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): मौसम विभाग ने राजधानी समेत उत्तर भारत के कई इलाकों के लिए आज 3 जून को भी अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि आज गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है, साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मंगलवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जबकि ह्यूमिडिटी का स्तर 70 से 50 प्रतिशत के बीच रहा। मौसम विभाग के अनुसार 4 जून को भी मौसम सुहावना बना रहेगा और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है, लेकिन इस दिन कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। तापमान लगभग 35 (अधिकतम) और 23 डिग्री सेल्सियस (न्यूनतम) के आस-पास बना रहेगा, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

हालांकि 5 जून से मौसम में फिर से बदलाव देखने को मिलेगा। इस दिन आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी। अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसके बाद 6 जून से 8 जून तक तापमान में और इजाफा होगा। इन दिनों अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है। इस अवधि में मौसम सामान्य रहेगा और किसी प्रकार की कोई चेतावनी नहीं दी गई है।

विशेषज्ञों के अनुसार, प्री-मानसून गतिविधियों के कारण जून की शुरुआत में तापमान में थोड़ी गिरावट देखी गई है, लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक टिकेगी नहीं। अगले कुछ दिनों में गर्मी दोबारा अपना असर दिखा सकती है। ऐसे में नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे मौसम विभाग के अपडेट पर नजर रखें और आवश्यकता पड़ने पर सावधानी बरतें।

**********************

 

PM मोदी ने बाढ़ प्रभावित असम और सिक्किम के मुख्यमंत्री से की बात

हर संभव मदद का दिया आश्वासन 

नई दिल्ली 03 June , (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई है। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पूर्वोत्तर राज्यों के कई मुख्यमंत्रियों से बाढ़ के कारण उत्पन्न हुई स्थिति पर बात की। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग और मणिपुर के राज्यपाल अजय भल्ला से बात की। इस दौरान उन्होंने भारी बारिश और बाढ़ के कारण उत्पन्न हुई स्थिति के बारे में भी जानकारी ली। प्रधानमंत्री ने उन्हें हर संभव मदद और समर्थन का आश्वासन दिया।

इससे पहले, सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने पूर्वोत्तर राज्यों के कई हिस्सों में हो रही लगातार भारी बारिश पर गहरी चिंता जताई थी।

जे.पी. नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की और भाजपा की राज्य इकाइयों और कार्यकर्ताओं को राहत कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लेने का निर्देश दिया है।

नड्डा ने अपनी पोस्ट में लिखा, “पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश से प्रभावित लोगों के लिए बहुत चिंतित हूं। मैंने भाजपा की राज्य इकाइयों और कार्यकर्ताओं को जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार हर संभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है। मैं प्रभावित क्षेत्रों में सभी से आग्रह करता हूं कि वे आवश्यक सावधानी बरतें, अनावश्यक यात्रा से बचें और स्थानीय अधिकारियों की सलाह का पालन करें।”

बीते रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम (हिमंत बिस्वा सरमा), अरुणाचल प्रदेश (पेमा खांडू) और सिक्किम (प्रेम सिंह तमांग) के मुख्यमंत्रियों और मणिपुर के राज्यपाल (अजय कुमार भल्ला) से टेलीफोन पर बातचीत कर बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी ली थी।

विभिन्न पूर्वोत्तर राज्यों के अधिकारियों के अनुसार, 29 मई से जारी बारिश और बाढ़ के दौरान हुई 34 मौतों में असम में कम से कम 10 लोग मारे गए, इसके बाद अरुणाचल प्रदेश में नौ, मेघालय और मिजोरम में छह-छह, त्रिपुरा में दो और नागालैंड में एक व्यक्ति की मौत हुई।

पूर्वोत्तर राज्यों के आपदा प्रबंधन अधिकारियों ने बताया कि ये मौतें डूबने, भूस्खलन और जलभराव के कारण हुई हैं।

************************

 

एक माह में केदारनाथ धाम की यात्रा में 200 करोड़ का कारोबार

देहरादून ,02 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। दो मई को बाबा केदार के कपाट खुले थे और आज केदारनाथ धाम को एक माह पूरा हो गया है। इस एक माह की यात्रा में करीब 200 करोड़ का कारोबार हुआ है। इस 200 करोड़ में होटल कारोबार से 100 करोड़, हेली सेवा से 35 करोड़, घोड़ा खच्चर संचालन से 40.50 करोड़ की आमदनी हुई है।

श्री केदारनाथ धाम पैदल यात्रा मार्ग पर जितने घोड़े- खच्चरों का संचालन महत्वपूर्ण है उतना ही डंडी- कंडी संचालन भी। पैदल चलने में असमर्थ कई भक्त डंडी कंडी की जगह डंडी- कंडी से यात्रा करना पसंद करते हैं।

वहीं, छोटे बच्चों के लिहाज से भी यह ज्यादा सुरक्षित माना जाता है। 31 मई तक 29275 श्रद्धालु डंडी- कंडी के माध्यम से यात्रा कर चुके हैं, जिससे एक करोड़ 16 लाख, 89 हजार 100 रुपए की आय प्राप्त हुई है।

केदारनाथ धाम की यात्रा में हेली सेवा की डिमांड बहुत रहती है। 31 मई तक लगभग 33000 श्रद्धालु हेली सेवाओं के जरिए बाबा केदारनाथ धाम पहुंचे हैं। इसके चलते करीब 35 करोड़ रुपये की आमदनी हुई है। यात्रा मार्ग पर सफाई और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों से 2 लाख 26 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया है।

************************

 

राजीव शुक्ला बन सकते हैं बीसीसीआई के अंतरिम अध्यक्ष, रोजर बिन्नी की लेंगे जगह

मुंबई ,02 जून(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)।  भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड से जुड़ी एक अहम जानकारी सामने आई है। राजीव शुक्ला बीसीसीआई के अंतरिम अध्यक्ष बन सकते हैं। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वर्तमान अध्यक्ष रोजर बिन्नी की आयु सीमा पूरी होने के बाद यह बदलाव संभावित है।

बीसीसीआई के संविधान के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए अधिकतम आयु सीमा 70 वर्ष निर्धारित है, और रोजर बिन्नी आगामी 19 जुलाई को 70 वर्ष के हो जाएंगे। ऐसे में उनके कार्यकाल की समाप्ति के बाद जब तक नए अध्यक्ष का चुनाव नहीं होता, तब तक राजीव शुक्ला अंतरिम अध्यक्ष के तौर पर कार्यभार संभालेंगे।

वर्तमान में बीसीसीआई के उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत राजीव शुक्ला की उम्र 65 वर्ष है। वे साल 2020 से उपाध्यक्ष के तौर पर सेवाएं दे रहे हैं।

इसके अलावा वे उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (क्कष्ट्र) के सचिव और इंडियन प्रीमियर लीग (ढ्ढक्करु) के अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी कार्य कर चुके हैं। शुक्ला को क्रिकेट प्रशासन में लंबे अनुभव और राजनीतिक समझ के लिए जाना जाता है, जिससे उनके अंतरिम कार्यकाल में स्थिरता की उम्मीद की जा रही है।

****************************

 

तेलंगाना के स्थापना दिवस पर राहुल गांधी समेत नेताओं ने दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली ,02 जून(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। तेलंगाना स्थापना दिवस पर सोमवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत अन्य नेताओं ने शुभकामनाएं दी।

राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, तेलंगाना के लोगों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। 11 साल पहले, डॉ. मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी के नेतृत्व में, तेलंगाना राज्य का जन्म हुआ।

जिसने लाखों लोगों की उम्मीदों और सपनों को आकार दिया। तेलंगाना आंदोलन के लिए अपना पसीना बहाने और बलिदान देने वाले सभी लोगों को मेरी हार्दिक श्रद्धांजलि। कांग्रेस पार्टी ‘प्रजालु तेलंगाना’ के निर्माण में आपके साथ खड़ी है। हर नागरिक के लिए एक न्यायपूर्ण, सम्मानजनक और समृद्ध भविष्य। हमारी गारंटी उस अटूट प्रतिबद्धता का प्रतिबिंब है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, तेलंगाना स्थापना दिवस पर हार्दिक शुभकामनाएं। 11 साल पहले, लाखों लोगों की आकांक्षाओं की परिणति भारत के सबसे युवा राज्य, तेलंगाना के निर्माण में हुई। डॉ. मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस-यूपीए ने तेलंगाना के लोगों की इच्छा का समर्थन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस महत्वपूर्ण दिन पर, हम तेलंगाना के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले छात्रों सहित अनगिनत शहीदों को सम्मानपूर्वक याद करते हैं। कांग्रेस सरकार प्रजाला तेलंगाना के लिए दृढ़ता से प्रतिबद्ध है- एक ऐसा राज्य जहां सभी 3.8 करोड़ लोगों के लिए सामाजिक न्याय, आर्थिक सशक्तिकरण और निरंतर प्रगति सुनिश्चित हो।

तेलंगाना स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हैदराबाद के गन पार्क स्थित शहीद स्मारक पर तेलंगाना शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया।

उन्होंने लिखा, शहीदों की आकांक्षाओं के लिए, लोगों की आकांक्षाओं के लिए, गरीबों के कल्याण के लिए, किसानों के सपनों के लिए, लड़कियों की आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए, युवाओं के सुनहरे भविष्य के लिए, तेलंगाना के उभरते विजन के लिए, इस शुभ दिन पर आइए हम सब फिर से उत्साहित हों। राज्य के लोगों को तेलंगाना के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, तेलंगाना के लोगों को राज्य स्थापना दिवस पर हार्दिक शुभकामनाएं। अपनी दृढ़ता और विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान के लिए जाने जाने वाले इस राज्य ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है, जो विकास और कल्याण के प्रति इसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। राज्य और इसके लोग आने वाले वर्षों में और अधिक ऊंचाइयों को प्राप्त करते हुए निरंतर प्रगति करते रहें।

***************************

 

तपसिया से एनआईए के हत्थे चढ़ा सुरक्षा गार्ड

पाक के जासूसी नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप

कोलकाता 02 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । एक कहावत है कि, घर का भेदी लंका ढाये जी हां, इस देश का खाकर इसी देश के साथ गद्दारी करने वालों की कमी नहीं है। अभी एक दिन पहले ही एनआईए ने कोलकाता के पार्क सर्कस, अलीपुर, बेनियापुकुर और खिदिरपुर में  ताबड़तोड़ छापेमारी को अंजाम दिया है।

इसी बीच ऑपरेशन सिंदूर के तहत राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शनिवार को कोलकाता में एक कथित सुरक्षा गार्ड मो. वकील को गिरफ्तार किया। वकील को तपसिया इलाके के एक होटल से हिरासत में लिया गया, जहां वह सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम करता था। एनआईए को वकील के पाकिस्तानी जासूसी नेटवर्क से जुड़े होने का संदेह है।

मोहम्मद वकील मूल रूप से इंटाली के भोलाचंद रोड का रहने वाला है और पिछले एक साल से बीएमबी सुरक्षा प्रबंधन एजेंसी में कार्यरत है, जो चंपदानी से संचालित होती है। कथित तौर पर सुरक्षा गार्ड के तौर पर उसकी नौकरी ने उसे उस परिसर में जाने की अनुमति दी, जहां वह तैनात था।

यह गिरफ्तारी ऑपरेशन सिंदूर के तहत एनआईए द्वारा की जा रही जांच का हिस्सा है, जो सीमा पार नेटवर्क से जुड़ी जासूसी गतिविधियों को लक्षित करती है। वकील से फिलहाल पूछताछ चल रही है, क्योंकि अधिकारी उसकी कथित संलिप्तता के बारे में और जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।

*************************

 

शर्मिष्ठा की गिरफ्तारी पर फूटा पवन कल्याण व कंगना रनौत का गुस्सा

कोलकाता 02 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर विवादित बयान देने के आरोप में गिरफ्तार 22 साल की लॉ स्टूडेंट और इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर शर्मिष्ठा पनोली का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ऐसे में शर्मिष्ठा की गिरफ्तारी पर जनसेना पार्टी के प्रमुख अभिनेता पवन कल्याण व बॉलीवुड एक्ट्रेस और राजनेता कंगना रनौत ने भी गहरी नाराजगी जताई है।

शर्मिष्ठा पनोली क बचाव में आंध्र प्रदेश में उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण उतर आये हैं। उन्होंने शर्मिष्ठा के खिलाफ कार्रवाई को टीएमसी पर निशाना साधा।  उन्होंने एक्स हैंडल पर लिखा, “ऑपरेशन सिंदूर को लेकर लॉ की छात्रा शर्मिष्ठा ने अपनी बात रखी। कुछ लोगों को उनके शब्द आपत्तिजनक लगे। उन्होंने अपनी गलती स्वीकार की और वीडियो डिलीट कर माफी मांग ली।

पश्चिम बंगाल पुलिस ने शर्मिष्ठा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तुरंत कार्रवाई की।” उन्होंने सवाल पूछा, “जब टीएमसी के चुने हुए नेता, सांसद सनातन धर्म का मजाक उड़ाते हैं तो लाखों लोगों को बहुत दुख होता है, उसका क्या?” पवन कल्याण ने आगे कहा, “जब हमारे धर्म को गंध धर्म कहा जाता है तो गुस्सा कहां है? उन नेताओं की माफी कहां है? तुरंत उनकी गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई?

” इधर  कंगना रनौत ने कहा, ‘किसी को ‘लॉ एंड ऑर्डर’ के नाम पर इस तरह से परेशान करना ठीक नहीं है, खासकर जब उसने अपनी गलती के लिए माफी मांग ली हो और आपत्तिजनक पोस्ट को हटा भी लिया हो। किसी एक गलती के कारण उसके पूरे करियर और कैरेक्टर को तबाह कर देना न्यायसंगत नहीं है. ऐसा व्यवहार किसी भी बेटी के साथ नहीं होना चाहिए।

’कंगना रनौत ने बंगाल सरकार से अपील की कि राज्य को ‘नॉर्थ कोरिया’ न बनाया जाए, बल्कि लोगों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की जाए। कंगना ने ममता बनर्जी से अनुरोध किया कि शर्मिष्ठा की कम उम्र और भविष्य को देखते हुए उसे जल्द से जल्द रिहा किया जाए, क्योंकि यह एक तरह से उसकी पूरी जिंदगी को बर्बाद करने की साजिश लगती है।

गौरतलब है कि कोलकाता के पोर्ट क्षेत्र की गार्डेनरीच थाने की पुलिस ने शर्मिष्ठा को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है।  शर्मिष्ठा पनोली की गिरफ्तारी को लेकर सियासी बयानबाजी भी खूब हो रही है।

*************************

 

पोर्ट इलाके के मोमिनपुर से आईएसआई एजेंट को भेजे गए पैसे

मोमिनपुर की दुकान से चार बार भेजी गई मतिराम को टेरर फंडिंग की रकम

कोलकाता 02 June (एजेंसी) । पहलगाम हमले के बाद से राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की निगाह खास तौर पर कोलकाता में है। एनआईए ने अपनी पड़ताल में पाया है कि महानगर के पोर्ट इलाके के मोमिनपुर से एक आईएसआई एजेंट को पैसे भेजे गए। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले से पहले पकड़े गए संदिग्ध आईएसआई एजेंट मतिराम जाट को मोमिनपुर की एक दुकान से 22 हजार रुपये भेजे गए थे।

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जांच एजेंसी को शक है कि यह मामला टेरर फंडिंग से जुड़ा हो सकता है। एनआईए सूत्रों के मुताबिक, कोलकाता के मोमिनपुर इलाके की एक ही दुकान से मतिराम के बैंक खाते में चार बार पैसे भेजे गए। पहली बार 13 हजार 500, फिर 15 हजार, उसके बाद पांच हजार और अंत में 22 हजार रुपये। अंतिम रकम 25 मार्च को भेजी गई थी, जो कि पहलगाम हमले से ठीक पहले थी।

अब यह जांच की जा रही है कि यह पैसा हवालाकांड के जरिए भेजा गया या नहीं। इसी कड़ी में महानगर के तपसिया स्थित एक होटल में काम करने वाले मोहम्मद वाकिल से रविवार को एनआईए दफ्तर में कई बार पूछताछ की गई। पता चला है कि वाकिल एक पूर्व सैनिक है और वह भी ई-वॉलेट के जरिये मतिराम को पैसा भेजता था। एनआईए का मानना है कि इन पैसों को पाकिस्तानी हैंडलरों के माध्यम से आईएसआई एजेंट तक पहुंचाया गया।

दरअसल गत शनिवार को एनआईए ने मोमिनपुर की उस दुकान पर छापा मारा, जहां से यह धनराशि भेजी गई थी। सोमवार को दुकान के मालिक को पूछताछ के लिए तलब किया गया है। जांच एजेंसी दुकान के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि पता चल सके कि पैसा जमा करवाने वाला कौन था।

एनआईए को शक है कि कोलकाता या उसके आसपास के किसी राज्य का कोई व्यक्ति, जो आईएसआई के लिए काम करता है, उसने जानबूझकर उस दुकान के जरिए मतिराम को पैसा भिजवाया। इससे यह संकेत मिलते हैं कि वह दुकानदार सीधे न सही, पर अप्रत्यक्ष रूप से जासूसी नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है। एनआईए अब इस पूरे फंडिंग चैनल को खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।

**************************

 

भाजपा सरकार ने बिजली व्यवस्था को चौपट किया, निजीकरण के नाम पर चल रही है लूट: अखिलेश यादव

लखनऊ, 02 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश की मौजूदा भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि सरकार ने बिजली व्यवस्था को पूरी तरह से चौपट कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के आठ वर्षों के शासनकाल में न तो बिजली उत्पादन बढ़ाने की कोई ठोस योजना बनाई गई, न ही किसी नए पावर प्लांट की शुरुआत हुई।

अखिलेश यादव ने कहा कि वर्तमान में जनता को जो भी बिजली मिल रही है, वह समाजवादी सरकार के समय लगाए गए पावर प्लांट्स और उन प्रयासों का ही परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में न तो पारेषण की व्यवस्था पर ध्यान दिया गया और न ही ट्रांसफार्मरों की स्थिति सुधारी गई। “ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं, तार गिर रहे हैं, और अघोषित बिजली कटौती आम हो गई है। खासकर ग्रामीण इलाकों और छोटे शहरों में बिजली संकट ने आमजन को बेहाल कर दिया है,” उन्होंने कहा।

अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि सरकार की प्राथमिकता न तो बिजली आपूर्ति दुरुस्त करने में है और न ही वितरण प्रणाली को बेहतर बनाने में। इसके बजाय, वह विद्युत विभाग के निजीकरण को लेकर तिकड़मों में लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों को डराया-धमकाया जा रहा है और विभाग को निजी हाथों में सौंपने की साजिश चल रही है।

समाजवादी नेता ने भाजपा सरकार पर सीधे भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा, “इस सरकार का पूरा फोकस कमीशनखोरी पर है। विभागों को बेचना और बदले में कमीशन खाना ही इसका एकमात्र एजेंडा रह गया है। भाजपा की सरकार अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार साबित हुई है, जिसने बिजली के साथ-साथ समूची व्यवस्था को बर्बादी के कगार पर ला खड़ा किया है।

“अखिलेश यादव ने कहा कि बिजली, पानी और मूलभूत सुविधाओं के अभाव में जनता त्रस्त है, और जगह-जगह बिजली उपकेंद्रों पर विरोध प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वह इस जनविरोधी और भ्रष्ट सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब दे।

***************************

तमिल निर्देशक विक्रम सुगुमारन नहीं रहे, बस में सफर करते हुए पड़ा दिल का दौरा

चेन्नई,02 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। दक्षिण भारतीय सिनेमा से एक दुखद खबर सामने आ रही है। तमिल सिनेमा के जाने-माने निर्देशक और फिल्म निर्माता विक्रम सुगुमारन का 2 जून को निधन हो गया है। उन्होंने 47 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया है।

बताया जा रहा है कि विक्रम का निधन बस में सफर करते हुए दिल का दौरा पडऩे की वजह से हुआ है।

विक्रम के अचानक निधन से तमिल फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, विक्रम एक फिल्म निर्माता को स्क्रिप्ट सुनाने के बाद मदुरई से चेन्नई जाने वाली बस में सवार हुए, लेकिन सफर के दौरान उन्हें सीने में तेज दर्द हुआ।

इसके बाद विक्रम को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। विक्रम के परिवार में उनकी पत्नी और बच्चे हैं, जो चेन्नई में रहते हैं।

विक्रम को पोलाधवन,कोडीवीरन, माधा यानाई कूटम, रावण कोट्टम और थीरम बोरम जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है।

**************************

 

शिरडी साईं बाबा के मंदिर से कर्मचारियों ने दान के पैसे उड़ाए, धरे गए

अहमदनगर,02 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में स्थित शिरडी के विश्व प्रसिद्ध साईं बाबा मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है, जिसे वहां का कर्मचारी अंजाम दे रहा था।

रिपोर्ट के मुताबिक, श्री साईंबाबा संस्थान ट्रस्ट शिरडी के कर्मचारी ने दक्षिणा हुंडी (दान पात्र) से पैसे गिनते समय नकदी चुराई थी, जिसे सीसीटीवी में पकड़ा गया।

आरोपी कर्मचारी बालासाहेब नारायण गोंडकर हैं, जिनको ट्रस्ट से निकाल दिया गया है और उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, नकदी गिनने वाले विभाग के कर्मचारियों ने पिछले दिनों आरोपी कर्मचारी गोंडकर की कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखी थीं, जिसके बाद जांच शुरू की गई।

पिछले महीने की सीसीटीवी फुटेज देखी गई तो 4 अप्रैल, 8 अप्रैल और 11 अप्रैल को गोंडकर काफी चालाकी से 500 रुपये के नोटों को बंडल को छिपाते हुए दिखा।

गोंडकर नोट के बंडल को अपनी जांघ के नीचे, कपड़ों में और नोट गिनने वाली मशीन में छिपाता था।

शिरडी में साईं बाबा के दर्शन के बाद भक्त अपनी श्रद्धा के अनुसार वहां मंदिर और परिसर में रखे अन्य दान पात्रों में दान देते हैं, जिसकी गिनती सप्ताह में 2 बार मंगलवार और शुक्रवार को होती है।

पैसों की गिनती के लिए शिरडी संस्थान के कई विभागों के कर्मचारियों को लगाया जाता है। इन पैसों का उपयोग शिरडी के विकास कार्य, अस्पताल और भक्तों की सुविधा के लिए उपयोग में लाया जाता है।

यह पहली बार नहीं है, जब शिरडी में दान पात्र के पैसे किसी कर्मचारी ने चुराए हों, इससे पहले भी एक कर्मचारी ने यह हरकत की थी, जिसके बाद कई कठोर निर्णय लिए गए थे।

शिरडी में दान पात्र के पैसे गिनने वाले कर्मचारियों को विशेष कपड़े दिए जाते हैं, जिसमें जेब नहीं होती है और उनकी सुरक्षा कर्मियों द्वारा जांच होती है।

बता दें कि शिरडी में हर साल 400 करोड़ रुपये से अधिक का चढ़ावा आता है।

****************************

 

2,000 से अधिक अवैध प्रवासी बांग्लादेश वापस भेजे गए

नईदिल्ली,02 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भारतीय सेना ने 7 मई को जब पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था, तब से अब तक 2,000 से अधिक अवैध प्रवासियों को बांग्लादेश वापस भेजा जा चुका है।

रिपोर्ट के मुताबिक, सीमा पार अपने देश वापस जाने वाले अधिकतर प्रवासियों ने खुद से ही यह फैसला लिया है, जिसका कारण कार्रवाई का डर बताया जा रहा है।

अवैध बांग्लादेशियों को उनके दस्तावेजों के सत्यापन के बाद वापस भेजा गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, संबंधित अधिकारियों का कहना है कि वैसे तो यह एक सतत प्रक्रिया है, लेकिन ऑपरेशन सिंदूर के बाद इसमें तेजी दिखी है।

यह पहल गुजरात में सबसे पहले शुरू हुई, उसके बाद दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और महाराष्ट्र से भी लोग वापस जाने लगे। लोगों को त्रिपुरा, मेघालय और असम में बांग्लादेश सीमा से वापस भेजा जा रहा है।

राज्य भी इसमें सहयोग कर रहे हैं, जिसको लेकर गृह मंत्रालय के निर्देश भी स्पष्ट हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, अवैध अप्रवासियों को भारतीय वायुसेना के विमानों से विभिन्न राज्यों से सीमा तक लाया जा रहा है और उनको सीमा सुरक्षा बल को सौंपा जा रहा है।

यहां उन्हें अस्थायी शिविरों में रखने के बाद कुछ बांग्लादेशी मुद्रा और भोजन देकर वापस उनके देश भेजा जाता है।

पकड़े गए लोगों में कोई विरोध नहीं दिख रहा है क्योंकि वे हिरासत केंद्रों में जाने से डर रहे हैं। बॉर्डर गार्ड्स बांग्लादेश भी सहयोग कर रहा है।

****************************

 

पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़, भूस्खलन से मचा हाहाकार; अगले 5 दिन नहीं मिलेगी राहत

नईदिल्ली,02 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। मानसून की दस्तक के साथ ही पूर्वोत्तर राज्यों में हो रही भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। इससे जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो रहा है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिनों तक इन राज्यों में झमाझम बारिश जारी रहने की संभावना है।

इसके साथ ही दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में भी 1-2 दिन तक हल्की बारिश और तेज हवा चलने के आसार बने हुए हैं। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

दक्षिण-पश्चिम मानसून से असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, सिक्किम और मणिपुर में बाढ़ और भूस्खलन से हाहाकार मचा हुआ है।

ब्रह्मपुत्र और बराक समेत 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

असम के सिलचर में 24 घंटे में 415.8 मिमी बारिश हुई, जो कि एक दिन में हुई सबसे अधिक बारिश है, जिसने 1893 में 290.3 मिमी बारिश के 132 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया। बारिश जनित हादसों में अब तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है।

मौसम विभाग के अनुसार, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मणिपुर और मिजोरम में आगामी दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

अगले 3-4 दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में भी गरज और तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है।

इसके अलावा केरल, तटीय कर्नाटक और कोंकण और गोवा में 3 जून तक भारी बारिश हो सकती है। अगले 3 दिन में उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 3-4 डिग्री की गिरावट होगी।

उत्तर प्रदेश में सोमवार (2 जून) को कुछ इलाकों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है।

इस दौरान 30-50 की रफ्तार से हवा चल सकती है। पूर्वी हिस्से में मौसम शुष्क रहने से गर्मी-उमस का असर रहेगा।

राजस्थान में 2 जून से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे कई इलाकों में बारिश और 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।

दिल्ली में रविवार (1 जून) शाम को तेज हवा के साथ हुई बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। कुछ जगह जलभराव के साथ पेड़ टूट गए।

आईएमडी के अनुसार, देश की राजधानी में 2 से 4 जून तक आंधड़ चलने के साथ बारिश होने की संभावना है।

सोमवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूजनत 23 डिग्री रहने का अनुमान है। साथ ही 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलेगी।

***************************

 

राजस्थान में एनआईए की बड़ी कार्रवाई : पाक जासूसी नेटवर्क से जुड़े संदिग्ध के ठिकाने पर छापा

जयपुर ,01 जून(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। पाकिस्तान समर्थित जासूसी नेटवर्क को लेकर राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने राजस्थान में बड़ी कार्रवाई की। एनआईए की टीम ने राज्य के एक अहम ठिकाने पर छापेमारी कर अहम दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक सबूत जब्त किए हैं। यह कार्रवाई पाकिस्तान इंटेलिजेंस ऑपरेटिव्स से जुड़े संदिग्धों की भूमिका की जांच के तहत की गई है।

सूत्रों के मुताबिक, एनआईए को इनपुट मिला था कि राजस्थान में कुछ व्यक्ति पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी से संपर्क में हैं और गोपनीय जानकारी साझा कर रहे हैं। इस आधार पर जयपुर सहित अन्य स्थानों पर छापा मारा गया। कार्रवाई के दौरान टीम को कई डिजिटल डिवाइस, संदिग्ध फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन से जुड़े कागज़ात और अन्य आपत्तिजनक सामग्री हाथ लगी है।

एनआईए की जांच में सामने आया है कि संदिग्धों को पाकिस्तान से हवाला के जरिये फंडिंग हो रही थी और वे भारत की सामरिक जानकारियां लीक कर रहे थे। यह जासूसी नेटवर्क 2023 से सक्रिय बताया जा रहा है, जिसकी कड़ी राजस्थान से भी जुड़ती दिख रही है।

एनआईए पहले ही इस केस को गंभीर मानते हुए आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम 1923 और यूएपीए एक्ट 1967 सहित अन्य धाराओं के तहत दर्ज कर चुकी है। राजस्थान में की गई कार्रवाई को जांच की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

पाक जासूसी केस में 8 राज्यों के 15 ठिकानों पर छापेमारी

पाकिस्तान से जुड़े जासूसी मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (हृढ्ढ्र) ने देश के आठ राज्यों में 15 स्थानों पर एक साथ बड़ी छापेमारी की। यह कार्रवाई पाकिस्तान इंटेलिजेंस ऑपरेटिव्स (क्कढ्ढह्रह्य) से जुड़े संदिग्धों के खिलाफ की गई।

एनआईए ने जिन राज्यों में छापे मारे उनमें दिल्ली, महाराष्ट्र (मुंबई), हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, असम और पश्चिम बंगाल शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान टीमों ने संदिग्धों के ठिकानों से कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, संवेदनशील वित्तीय दस्तावेज और अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है। ये सभी सबूत पाकिस्तान के इशारे पर भारत में चल रहे जासूसी नेटवर्क की जांच के तहत खंगाले जा रहे हैं।

जांच में सामने आया है कि जिन लोगों के यहां छापे मारे गए, उनके पाकिस्तान स्थित जासूसी नेटवर्क से सीधे संपर्क थे। यह भी पता चला है कि इन लोगों को भारत में जासूसी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए वित्तीय मदद मिल रही थी।

एनआईए ने इस केस (क्रष्ट-12/2025/हृढ्ढ्र/ष्ठरुढ्ढ) को 20 मई को दर्ज किया था। इसकी शुरुआत उस आरोपी की गिरफ्तारी से हुई थी, जो 2023 से ही क्कढ्ढह्रह्य के साथ मिलकर संवेदनशील सूचनाएं साझा कर रहा था। बदले में उसे भारत के विभिन्न राज्यों में हवाला के जरिए पैसे मिल रहे थे।

****************************

 

ममता बनर्जी ने बंगाल को बनाया घुसपैठ, भ्रष्टाचार, स्त्रियों पर अत्याचार का केंद्र, हिंदुओं के साथ हुआ दुराचार : अमित शाह

कोलकाता ,01 जून(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में विजय संकल्प कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए ममता सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर राज्य में भ्रष्टाचार, हिंसा और घुसपैठ को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।

अमित शाह ने कहा कि वर्षों तक बंगाल ने हर क्षेत्र में देश का नेतृत्व किया है। कई वर्षों तक यहां कम्युनिस्टों का भी शासन रहा। उसके बाद ममता दीदी ने आकर इस भूमि को घुसपैठ, भ्रष्टाचार, अपराध और हिंदुओं पर अत्याचार का केंद्र बना दिया।

उन्होंने कहा कि वन्दे मातरम् के रचयिता महान बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की इस भूमि ने वर्षों तक देश का मार्गदर्शन किया। ज्ञान, धर्म, स्वतंत्रता संग्राम समेत हर क्षेत्र में देश का नेतृत्व करने वाले बंगाल में कई साल तक कम्युनिस्टों का शासन रहा। उसके बाद मां, माटी, मानुष का नारा देकर सत्ता में आने वाली ममता बनर्जी ने महान बंग भूमि को आज घुसपैठ, भ्रष्टाचार, स्त्रियों पर अत्याचार, अपराध, बम धमाकों और हिंदुओं के साथ दुराचार का केंद्र बनाकर रख दिया है।

उन्होंने कहा कि बंगाल की इसी धरती पर चुनाव के दौरान और तृणमूल कांग्रेस के चुनाव जीतने के बाद भाजपा के अनेक कार्यकर्ताओं की हत्या की गई। पूरे देश में चुनाव के दौरान हिंसा खत्म हो गई होगी, लेकिन बंगाल में हिंसा जारी है।

केंद्रीय गृह मंत्री ने तृणमूल सुप्रीमो को चुनौती देते हुए कहा, दीदी, हिंसा करने वालों को आप कब तक बचाती रहेंगी? आपका समय पूरा हो गया है और 2026 में पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। पिछले 10 वर्षों में पश्चिम बंगाल सरकार को जारी किए गए 8,27,000 करोड़ रुपए यूपीए की तुलना में चार गुना अधिक हैं। हमारा फोकस प्रदेश का विकास है। हमें भरोसा है कि प्रदेश की जनता भारतीय जनता पार्टी को सेवा करने का अवसर जरूर देगी।

उन्होंने मुख्यमंत्री को ललकारते हुए कहा, हिम्मत हो तो बिना हिंसा के चुनाव कराकर देखिए, आपकी जमानत जब्त हो जाएगी। उन्होंने ममता बनर्जी पर ऑपरेशन सिंदूर का विरोध कर देश की करोड़ों माताओं-बहनों के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया और राज्य की महिलाओं से चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को सिंदूर की कीमत समझा देने की अपील की।

अमित शाह ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि सेना ने पाकिस्तान में 100 किलोमीटर अंदर जाकर आतंकवादियों के मुख्यालयों पर हमला किया। इसमें कई आतंकवादी मारे गए, लेकिन लगता है कि ममता बनर्जी को इससे परेशानी हो रही है। उन्होंने ऑपरेशन का विरोध एक खेदजनक बयान के माध्यम से न केवल मिशन का विरोध किया, बल्कि देश की महिलाओं की भावनाओं का भी अनादर किया।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि बंगाल का चुनाव सिर्फ बंगाल के भविष्य को ही नहीं तय करता है, बल्कि यह देश की सुरक्षा से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ने अपना वोट बैंक बढ़ाने के लिए बंगाल की सीमाओं को बांग्लादेशियों के लिए खुला छोड़ दिया है। उनके आशीर्वाद से बंगाल में घुसपैठ हो रही है। उन्होंने कहा कि यह घुसपैठ सिर्फ भाजपा की सरकार रोक सकती है क्योंकि मुख्यमंत्री का ध्यान देश की सीमा की सुरक्षा से अधिक अपने भतीजे (अभिषेक बनर्जी) का भविष्य सुरक्षित करने पर है।

अमित शाह ने कहा कि विकास को बढ़ावा देने के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। दशकों से पश्चिम बंगाल के लोग बंगाली को शास्त्रीय भाषा के रूप में मान्यता दिलाने की वकालत कर रहे थे। हालांकि ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार का समर्थन किया, लेकिन वह बंगाली को लंबे समय से प्रतीक्षित मान्यता दिलाने में असमर्थ रहीं। हालांकि पीएम मोदी के नेतृत्व में बंगाली भाषा को अंतत: शास्त्रीय भाषा का प्रतिष्ठित दर्जा दिया गया।

उन्होंने ममता सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि कलकत्ता के बाजार में युवाओं की नौकरियां बिकती हैं। तृणमूल कांग्रेस नेताओं के घरों से इतना पैसा पकड़ा जाता है कि गिनते-गिनते मशीनें थक जाती हैं। अब इस सिलसिले को बंद करना ही होगा।

मुर्शिदाबाद में हाल ही में हुई हिंसा के बारे में केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि गृह मंत्रालय बार-बार कहता रहा कि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को बुला लीजिए, लेकिन पश्चिम बंगाल सरकार ने नहीं बुलाया क्योंकि अगर बीएसएफ आता तो हिंदुओं की रक्षा होती। फिर भाजपा कार्यकर्ता हाई कोर्ट गए, तब जाकर बीएसएफ आया और हिंदुओं को बचाया।

उन्होंने कहा कि हिंदू शरणार्थियों को नोटिस भेजे जा रहे हैं, जिसमें कहा गया है कि उनका नाम मतदाता सूची से हटाया जा सकता है। उन्होंने उन शरणार्थियों को भरोसा दिलाया कि बस सीएए आवेदन भरें और केंद्र सरकार सुनिश्चित करेगी कि उन्हें भारतीय नागरिकता दी जाए। उन्होंने नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में शरणार्थियों को वोट देने का अधिकार देने और भारतीय नागरिक के रूप में उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए लागू किया गया था।

*************************

 

राजद ने तेजप्रताप यादव को आधिकारिक तौर पर 6 साल के लिए निष्कासित किया

पटना ,01 जून(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने रविवार को तेजप्रताप यादव को आधिकारिक रूप से पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। पार्टी ने इस संबंध में एक कार्यालय आदेश जारी कर इसकी जानकारी दी है।

दरअसल, तेजप्रताप यादव को पार्टी से निष्कासित करने का यह आदेश राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी की ओर से जारी किया गया है।

आदेश में कहा गया, राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश के आलोक में तेजप्रताप यादव को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्षों के लिए निष्कासित किया जाता है।

इससे पहले, राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के माध्यम से तेजप्रताप यादव को पार्टी से निकाले जाने के बारे में जानकारी दी थी।

लालू प्रसाद ने 25 मई को अपने एक्स हैंडल पर लिखा था, निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना करना हमारे सामाजिक न्याय के लिए सामूहिक संघर्ष को कमजोर करता है। ज्येष्ठ पुत्र की गतिविधि, लोक आचरण तथा गैर जिम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों के अनुरूप नहीं है।

उपरोक्त परिस्थितियों के चलते उसे पार्टी और परिवार से दूर करता हूं। अब से पार्टी और परिवार में उसकी किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं रहेगी। उसे पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया जाता है।

उन्होंने आगे कहा था, अपने निजी जीवन का भला-बुरा और गुण-दोष देखने में वह स्वयं सक्षम है। उससे जो भी लोग संबंध रखेंगे वो स्वविवेक से निर्णय लें। लोकजीवन में लोकलाज का सदैव हिमायती रहा हूं। परिवार के आज्ञाकारी सदस्यों ने सार्वजनिक जीवन में इसी विचार को अंगीकार कर अनुसरण किया है।

पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव पहले से शादीशुदा हैं। तेजप्रताप यादव की शादी ऐश्वर्या राय से हुई थी। हालांकि, दोनों के बीच तलाक का मामला अभी कोर्ट में चल रहा है। ऐसे में अचानक एक महिला के साथ तेजप्रताप की तस्वीर वायरल होने के बाद खलबली मच गई थी और उसके बाद लालू ने उन्हें पार्टी और परिवार से बेदखल कर दिया।

***************************