नई दिल्ली 09 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजरायल और हमास के बीच हुए शांति समझौते का स्वागत किया है। उन्होंने इस समझौते को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ‘पीस प्लान’ का हिस्सा बताते हुए इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के मजबूत नेतृत्व की सराहना की।
अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “हम राष्ट्रपति ट्रंप के ‘पीस प्लान’ के पहले चरण पर हुए समझौते का स्वागत करते हैं। यह प्रधानमंत्री नेतन्याहू के सशक्त नेतृत्व का भी प्रतीक है।”
उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “हमें उम्मीद है कि बंधकों की रिहाई और गाजा के लोगों को मानवीय सहायता में वृद्धि से उन्हें राहत मिलेगी व स्थायी शांति का मार्ग प्रशस्त होगा।”
भारत में इजरायल के राजदूत रूवेन अजार ने प्रधानमंत्री मोदी की पोस्ट पर जवाब देते हुए उनका धन्यवाद किया है।
इससे पहले, राजदूत रूवेन अजार ने एक पोस्ट किया, “हमारे सभी बंधकों को रिहा करने के समझौते तक पहुंचने में इजरायली प्रतिनिधिमंडल और सभी संबंधित लोगों के प्रयासों के लिए आभारी हूं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का विशेष धन्यवाद। हम जल्द ही शांति बहाल होते और आतंकवादी खतरों से मुक्त होते हुए देखेंगे। भारत के निरंतर समर्थन की सराहना करता हूं।”
इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की कि इजरायल और हमास शांति समझौते के पहले चरण के लिए सहमत हो गए हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने इस समझौते को ‘ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण कदम’ बताया, जिससे दो साल से जारी युद्ध को समाप्त करने की दिशा में प्रगति होगी।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की घोषणा के अनुसार, हमास सभी बंधकों को रिहा करेगा, जबकि इजरायल अपनी सेना को एक सहमत सीमा तक पीछे हटाएगा। यह अमेरिकी राष्ट्रपति के ’20-सूत्रीय पीस प्लान’ के पहले चरण का हिस्सा है।
राष्ट्रपति ट्रंप की घोषणा पर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सहमति व्यक्त करते हुए कहा कि यह एक कूटनीतिक सफलता है और इजरायल राज्य के लिए एक राष्ट्रीय व नैतिक जीत है।
लखनऊ 09 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): कांशीराम स्मारक स्थल पर गुरुवार को आयोजित बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की रैली में पार्टी प्रमुख मायावती ने संबोधन किया। बसपा सुप्रीमो मायावती 9 साल बाद लखनऊ में शक्ति प्रदर्शन कर रही हैं।
उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) पर हमला बोलते हुए कहा कि बसपा शासनकाल में कासगंज जिले का नाम *मान्यवर कांशीराम नगर* रखा गया था, लेकिन सपा सरकार आते ही उसका नाम बदल दिया गया।
मायावती ने कहा कि इमरजेंसी के दौरान संविधान को कुचला गया था और बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर को न तो संसद पहुंचने दिया गया, न ही उन्हें समय पर भारत रत्न सम्मान दिया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने हमेशा मान्यवर कांशीराम का अपमान किया है, इसलिए दलित समाज को अब जागरूक होना होगा।
इस दौरान मायावती ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा सरकार की कार्यशैली की भी सराहना की। उन्होंने कहा, “हम वर्तमान भाजपा सरकार के आभारी हैं क्योंकि सपा शासनकाल की तरह इस स्थल से एकत्र किया गया धन उन्होंने दबाया नहीं है।
बसपा सरकार के दौरान हमने यह स्मारक बनवाया था और इसके रखरखाव के लिए टिकट व्यवस्था शुरू की थी। इससे होने वाली आय का उपयोग लखनऊ में बने पार्कों और अन्य स्मारकों के संरक्षण के लिए किया जाता था।”
मायावती ने कहा कि बसपा शासनकाल में बने कांशीराम स्मारक की मरम्मत कार्य अब लगभग पूरा हो चुका है, जिसके चलते इस बार बड़ी संख्या में लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा, “आप सभी ने अपने ही रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और लाखों की संख्या में मान्यवर कांशीराम को श्रद्धांजलि अर्पित की है।”
09.10.2025 – दिल्ली की मुख्य मंत्री रेखा गुप्ता पिछले दिनों ‘मुख्यमंत्री जनसेवा सदन’ में से मिली, जिसमें अभिनेता और निर्देशक ऋषभ शेट्टी भी शामिल थे। इस मुलाकात में भारतीय फिल्मों की बढ़ती पहचान और यह दिखाने की ताकत बताई गई कि कैसे ये फिल्में भारत की आध्यात्मिक और पारंपरिक संस्कृति को सामने लाती हैं और उसे बचाती हैं।
यहां उल्लेखनीय है कि दुनियाभर में लंबे इंतज़ार के बाद, होम्बले फिल्म्स और ऋषभ शेट्टी की ‘कांतारा : चैप्टर 1’, जो ‘कांतारा: ए लीजेंड’ का प्रीक्वल है, यह फिल्म 2 अक्टूबर को दुनियाभर में रिलीज हो चुकी है। फिल्म के ट्रेलर और गानों ने पहले ही इंटरनेट पर धमाल मचा दिया था लेकिन रिलीज़ के बाद इसने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ दिए और एक ग्लोबल फेनोमेनन बन गई।
दुनियाभर के दर्शक और समीक्षको ने इसकी दमदार कहानी, शानदार परफॉर्मेंस और लाजवाब विजुअल्स की तारीफ करनी जारी रखा है। बताते चलें कि ‘कांतारा : चैप्टर 1’ को ऋषभ शेट्टी ने लिखा, डायरेक्ट किया और उसमें लीड भूमिका निभाई निभाई है।
इस फिल्म को विजय किरगंदुर ने होम्बले फिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। फिल्म में अरविंद एस. कश्यप की सिनेमेटोग्राफी है, जबकि बी. अजनीश लोकनाथ का म्यूजिक है।
फिल्म में ऋषभ शेट्टी, सप्तमी गौड़ा, गुलशन देवैया, रुक्मिणी वसंत, जयराम, पीडी सतीश चंद्र, प्रकाश थुमिनाड जैसे कई कलाकार हैं। फिल्म भारत की आध्यात्मिक गहराई और सांस्कृतिक समृद्धि को खूबसूरती से पेश करती है, हमारी परंपराओं की आत्मा को जीवंत करती है। ‘कांतारा’ जैसी फिल्में गर्व से हमारी विरासत की भावना को वैश्विक मंच तक पहुँचाती हैं।
उच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में जिला प्रशासन द्वारा जारी किया गया निर्देश
रांची,08.10.2025 – दुर्गा पूजा 2025 का पर्व दिनांक 02 अक्टूबर एवं विसर्जन 03 अक्टूबर को संपन्न हो चुका है, बावजूद इसके कई पूजा समितियों द्वारा बनाए गए अस्थायी पूजा पंडाल, गेट एवं तोरणद्वार अब तक नहीं हटाए गए हैं। इससे शहर में यातायात बाधित हो रहा है तथा दुर्घटनाओं की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
उक्त परिस्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा पूजा समितियों को निर्देश जारी किया गया है कि वे तत्काल प्रभाव से दो दिनों के भीतर अपने-अपने क्षेत्रों में बनाए गए अस्थायी पूजा पंडालों, गेट एवं तोरणद्वारों को खोलकर हटा दें।
ज्ञात हो कि माननीय झारखंड उच्च न्यायालय ने W.P. (PIL) No. 4838/2025 में दिनांक 23 सितंबर 2025 को अपने आदेश में यह स्पष्ट निर्देश दिया है कि पूजा समाप्ति के पश्चात सभी पूजा पंडालों एवं तोरणद्वारों को हटाकर भूमि को पूर्ववत समतल बना दिया जाए।
जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि सार्वजनिक हित एवं यातायात की सुगमता को ध्यान में रखते हुए सभी पूजा समितियों के अध्यक्ष/सचिव यह सुनिश्चित करें कि निर्धारित अवधि में सभी अस्थायी संरचनाओं को हटा दिया जाए तथा संबंधित स्थानों को समतल एवं सुव्यवस्थित कर दिया जाए।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण व सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया दक्षिण के तीन संतों की मूर्तियों का अनावरण
उत्तर-दक्षिण संस्कृति का संगम बना बृहस्पति कुंड, भक्ति और संगीत की बिखरी अनोखी छटा
निर्मला सीतारमण बोलीं अयोध्या भारत की सांस्कृतिक आत्मा का प्रतीक
योगी आदित्यनाथ ने कहा अयोध्या बन रही सांस्कृतिक पुनर्जागरण की केंद्रस्थली
त्यागराज, पुरंदर दास और अरुणाचल कवि की मूर्तियों से अयोध्या में बसा कर्नाटक का संगीत भाव
अयोध्या 08 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक एकता का अद्भुत संगम बुधवार को अयोध्या की पावन भूमि पर देखने को मिला। दो दिवसीय दौरे पर पहुंचीं केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मिलकर दक्षिण भारत के तीन महान संगीत संतों त्यागराज स्वामीगल, पुरंदर दास और अरुणाचल कवि की मूर्तियों का बृहस्पति कुंड में भव्य अनावरण किया।
टेढ़ी बाजार स्थित बृहस्पति कुंड का वातावरण उस समय भक्तिरस और संगीत की पवित्र भावना से सरोबार हो उठा जब केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने दक्षिण भारतीय परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना कर अनावरण समारोह की शुरुआत की। इस दौरान सीतारमण के माता-पिता भी मौजूद रहे, जिससे यह पल और भी भावनात्मक हो गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय वित्त मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर पारंपरिक अयोध्या शैली में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बृहस्पति कुंड केवल एक ऐतिहासिक स्थल नहीं, बल्कि सांस्कृतिक समरसता का प्रतीक है, जहां उत्तर भारत की श्रद्धा और दक्षिण भारत की भक्ति का संगम होता है।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि अयोध्या केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक आत्मा का प्रतीक है। उन्होंने तीनों संतों के योगदान को नमन करते हुए कहा कि त्यागराज स्वामीगल, पुरंदर दास और अरुणाचल कवि ने भारतीय शास्त्रीय संगीत और भक्ति परंपरा को विश्व पटल पर स्थापित किया।
उनके काव्य और रचनाओं ने समाज को प्रेम, भक्ति और एकता के सूत्र में पिरोया। सीतारमण ने बृहस्पति कुंड की भव्यता और शांति देखकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अयोध्या और कर्नाटक के सांस्कृतिक संबंध सदियों पुराने हैं।
आज इन संतों की मूर्तियों के अनावरण के माध्यम से भारत की उत्तर-दक्षिण परंपरा एक सूत्र में बंधी है। इस अवसर पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि श्रीराम की नगरी अयोध्या अब केवल आध्यात्मिक ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक पुनर्जागरण की केंद्रस्थली बन रही है। उन्होंने कहा कि निर्मला सीतारमण का यह दौरा भारत की सांस्कृतिक एकता और समरसता का सशक्त प्रतीक है।
बृहस्पति कुंड परिसर में स्थापित सुंदर पत्थर की बेंचों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह कुछ देर के लिए विराम लेते हुए बैठे।
शांत सरोवर, मधुर वातावरण और सुव्यवस्थित परिसर को निहारते हुए तीनों जनप्रतिनिधियों ने उस पल में अयोध्या की सौंदर्य व सांस्कृतिक गरिमा का आनंद अनुभव किया। मुख्यमंत्री ने बेंचों की कलात्मक बनावट और परिसर के सौंदर्यीकरण की सराहना करते हुए कहा कि बृहस्पति कुंड अब श्रद्धा और सौंदर्य का आदर्श संगम बन चुका है।
भोपाल 08 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। सीएम ने अमित शाह से प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
सीएम डॉ मोहन यादव बुधवार को दिल्ली दौरे पर रहे। जहां वे केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के निवास पर पहुंचे और उनसे मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अमित शाह से मध्य प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
सम्पूर्ण क्रांति मंच’ ने की एनडीए से उचित प्रतिनिधित्व की मांग, स्वतंत्र चुनाव की भी दी चेतावनी
पटना, 08 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। लोकनायक जयप्रकाश नारायण की पुण्यतिथि पर पटना के होटल बुद्धा इंटरनेशनल में ‘सम्पूर्ण क्रांति मंच’ ने एक ऐसी सभा का आयोजन किया, जो न केवल जेपी आंदोलन की विरासत को पुनर्जनन देती है, बल्कि बिहार के भविष्य के लिए एक नया दृष्टिकोण भी प्रस्तुत करती है।
इस अवसर पर ‘बिहार डेवलपमेंट अलायंस (BDA)’ ने 2025 के विधानसभा चुनाव के लिए अपने रणनीतिक रोडमैप का ऐलान किया। सभा में राजनीतिक दिग्गजों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों और पत्रकारों की मौजूदगी रही। सम्पूर्ण क्रांति मंच’ के अध्यक्ष राम प्रवेश सिंह ने कहा कि गठबंधन NDA के साथ है, लेकिन जेपी आंदोलन से जुड़े नेताओं को विधानसभा चुनाव में उचित हिस्सेदारी मिलनी चाहिए।
“हम हक मांग रहे हैं। अगर हमारी मांगें अनसुनी हुईं, तो हम स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने को तैयार हैं,” उन्होंने चेतावनी दी। जेपी सेना के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद डॉ. सूरज मंडल ने जेपी आंदोलन के आदर्शों को फिर से जीवंत करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा, “बिहार को वंशवादी और भ्रष्ट राजनीति से मुक्ति चाहिए। हमारा लक्ष्य है—न्याय, पारदर्शिता और जनता के हित में शासन।यह आयोजन बिहार की सियासत में नई हलचल का संकेत देता है। अब देखना होगा कि BDA का यह रोडमैप बिहार के मतदाताओं को कितना प्रभावित करता है।
कोलकाता 08 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । बिगत कई सालों से महानगर कोलकाता के तमाम जगहों पर कई मामलों में ईडी की कार्रवाई समय समय पर होती रही है। अब ईडी ने आज महानगर कोलकाता के जगहों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई एक बड़े वित्तीय घोटाले के मामले में की गई।
सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी ने सॉल्टलेक के सीएफ ब्लॉक स्थित एक आवासीय फ्लैट में छापा मारा, जहां एक चार्टर्ड अकाउंटेंट रहते हैं। केंद्रीय बलों की मौजूदगी में सुबह से ही वहां तलाशी अभियान जारी रहा। ईडी अधिकारियों ने उस व्यक्ति के कार्यालय में भी छापेमारी की, जो कि कोलकाता के किरण शंकर राय रोड पर स्थित है।
इस दौरान जांच अधिकारी कई दस्तावेजों की बारीकी से जांच करते रहे। ईडी सूत्रों के मुताबिक, यह मामला ग्रह-रत्न (ज्योतिषीय पत्थरों) की बिक्री के नाम पर हुए एक बड़े वित्तीय घोटाले से जुड़ा है। बताया गया है कि हैदराबाद और अहमदाबाद में भी एक साथ छापेमारी की गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कम कीमत वाले रत्नों को महंगे दामों में बेचकर भारी रकम वसूली गई थी। बाद में यह मामला करीब 350 करोड़ रुपये के वित्तीय घोटाले तक पहुंच गया। जांच एजेंसी यह भी पता लगाने में जुटी है कि यह 350 करोड़ रुपये किन माध्यमों से विदेश भेजे गए और इसमें किन लोगों की संलिप्तता रही।
ईडी के अधिकारियों का कहना है कि रत्न व्यापार के नाम पर विदेशी मुद्रा के अवैध लेनदेन का एक संगठित नेटवर्क सक्रिय था। अब यह जांच की जा रही है कि यह नेटवर्क कैसे काम करता था, किन चैनलों से पैसा विदेश भेजा गया और इस पूरे खेल में कौन-कौन शामिल थे।
नई दिल्ली ,08 अक्टूबर(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में मंगलवार देर शाम जहां पहाड़ी का मलबा बस पर गिर गया, जिसमें कई लोग हताहत हो गए। बस में 35 लोग सवार थे।
बताया जा रहा है कि हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है और अभी भी युद्ध स्तर पर बचाव कार्य जारी है। हादसे पर पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू ने दुख जताया है। अब बॉलीवुड एक्ट्रेस और मंडी से सांसद कंगना रनौत ने हादसे पर संवेदना व्यक्त की है।
कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर दुख जाहिर करते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए पोस्ट लिखा है। एक्ट्रेस ने पोस्ट पर लिखा, “हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के झंडूता विधानसभा क्षेत्र के बरठीं में हुआ बस हादसा अत्यंत हृदय विदारक और पीड़ादायक है।
इस हादसे में अपनी जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दें और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”
पीएम मोदी ने भी हादसे को लेकर दुख जाहिर किया है और मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये देने का ऐलान किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी ट्वीट में लिखा, “हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में हुए एक हादसे में हुई जान-माल की हानि से दुखी हूं।
इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।”
वर्क फ्रंट की बात करें तो हाल ही में कंगना को सालों बाद रैम्प पर देखा गया। एक्ट्रेस ‘अप्सरा’ बन स्टेज पर रैम्प वॉक करती दिखीं। एक्ट्रेस का लुक उनकी फिल्म ‘झांसी की रानी’ जैसा था। एक्ट्रेस ने डिजाइनर राब्ता बाय राहुल के लिए रैंप पर वॉक किया, जोकि ब्राइडल ज्वैलरी कलेक्शन के लिए जाने जाते हैं। शो का नाम ‘सल्तनत’ रखा गया, जिसमें रॉयल लुक वाली ज्वेलरी को नए अंदाज में रिप्रेजेंट किया गया। कंगना को सालों बाद स्टेज पर देखकर फैंस भी काफी खुश हुए।
नई दिल्ली ,08 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा है कि महर्षि वाल्मीकि जी ने अपनी अमर कृति रामायण के माध्यम से संदेश दिया है कि समाज की सच्ची शक्ति करुणा, समानता और श्रम की गरिमा में निहित है।
महर्षि वाल्मीकि जी का जीवन इस बात का प्रतीक है कि मानवता का सर्वोच्च रूप सेवा और समरसता में निहित होता है।
मुख्यमंत्री ने यह विचार आज वाल्मीकि दलित महापंचायत में व्यक्त किए। महर्षि वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर त्रिलोकपुरी क्षेत्र में इसका आयोजन किया गया था।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। यदि महर्षि वाल्मीकि जी न होते तो हम प्रभु श्रीराम के व्यक्तित्व व कृतित्व को गहराई से नहीं जान पाते।
इस विशेष कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों से आए नागरिकों, समाजसेवियों, और जनप्रतिनिधियों ने महर्षि वाल्मीकि जी के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में विधायक श्री रविकांत भी मौजूद थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान वाल्मीकि जी और प्रभु श्रीराम के जीवन प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि रामायण हमें समानता, करुणा और समरसता का संदेश देती है।
उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम ने समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का संदेश दिया, चाहे वह केवट हों, निषादराज हों, शबरी हों या वानर सेना। यह सोच इस बात का प्रतीक है कि धर्म और विकास का मार्ग तभी सफल होता है जब समाज का हर वर्ग समान अवसर के साथ आगे बढ़े। महर्षि वाल्मीक ने रामायण जैसी अमर कृति रचकर प्रभु श्रीराम के जीवन के प्रत्येक आदर्श को समाज के सामने रखा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी की जीवनगाथा हमें यह सिखाती है कि आत्मज्ञान और साधना से कोई भी व्यक्ति अपने जीवन का रूपांतरण कर सकता है। उनका जीवन केवल तपस्या का नहीं, बल्कि समाज में ज्ञान, न्याय और समरसता के प्रसार का प्रतीक है।
उन्होंने अपनी दिव्य कृति रामायण के माध्यम से न केवल धर्म, नीति और आदर्श जीवन का मार्ग प्रशस्त किया, बल्कि यह भी बताया कि सच्चा धर्म करुणा, सत्य और सेवा में निहित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी का चरित्र यह प्रेरणा देता है कि जीवन में कितनी भी विपरीत परिस्थितियां क्यों न हों, यदि हमारे भीतर आत्मबोध की ज्योति प्रज्वलित हो जाए, तो हम संसार के लिए आलोक स्तंभ बन सकते हैं।
महर्षि ज्ञान, भक्ति और श्रम की गरिमा के महान उपासक थे। मुख्यमंत्री के अनुसार आज के युग में जब समाज विविध चुनौतियों से जूझ रहा है, महर्षि वाल्मीकि जी का संदेश पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक है कि समरसता ही समाज की सच्ची शक्ति है।
मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने यह भी कहा कि जनता के आशीर्वाद और सहयोग का परिणाम है कि आज दिल्ली में सभी लोगों को साथ लेकर चलने वाली सरकार कार्यरत है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी को विकसित करने के लिए हर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराएगी।
मुख्यमंत्री के अनुसार समाज एक गाड़ी की तरह है, जब उसके सभी पहियों में समान संतुलन रहेगा, तभी वह गति पकड़ेगी। इसलिए सरकार का उद्देश्य है कि दिल्ली में हर नागरिक को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सम्मान के समान अवसर मिलें।
उन्होंने कहा कि जब पूरी दिल्ली समानता और सम्मान के भाव से आगे बढ़ेगी, तभी विकसित भारत और विकसित दिल्ली का सपना साकार होगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार भी इन्हीं मूल्यों के अनुरूप समरस समाज के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा लक्ष्य है कि दिल्ली का हर नागरिक विकास, सम्मान और अवसरों का समान अधिकार प्राप्त करे।
बेंगलुरु ,08 अक्टूबर (एजेंसी) । कर्नाटक के चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस कन्नड़’ के फैंस के लिए खबर सामने आ रही है। राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने शो के स्टूडियो को तत्काल प्रभाव से बंद करने का आदेश जारी किया है। फिलहाल स्टूडियो में बिग बॉस कन्नड़ 12 की शूटिंग चल रही थी, लेकिन शटडाउन के आदेश के बाद स्टूडियो को तत्कालीन रूप से बंद करना पड़ेगा। ऐसे में शूटिंग भी प्रभावित होगी।
दरअसल, कर्नाटक राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (केएसपीसीबी) ने बिदादी औद्योगिक क्षेत्र, रामनगर जिले में स्थित एम/एस वेल्स स्टूडियोज एंड एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड, जिसे जॉली वुड स्टूडियोज एंड एडवेंचर्स के नाम से जाना जाता है, को तत्काल प्रभाव से बंद करने का आदेश जारी किया है। यह कार्रवाई जल (प्रदूषण रोकथाम और नियंत्रण) अधिनियम, 1974 की धारा 33(ए) के तहत की गई है।
केएसपीसीबी ने यह निर्णय स्टूडियो द्वारा कई नियमों का उल्लंघन करने के बाद लिया। इसमें मुख्य रूप से बिना वैध अनुमति संचालन करना, बिना उपचार के अपशिष्ट जल का निपटान करना और असंगत कचरा प्रबंधन जैसी समस्याएं शामिल हैं।
बोर्ड के अधिकारियों ने कहा कि स्टूडियो ने कई निरीक्षणों और चेतावनियों के बावजूद नियमों का पालन नहीं किया और प्रदूषण फैलाना जारी रखा। ऐसे हालात में स्टूडियो को बंद करना ही अंतिम उपाय था। जॉली वुड स्टूडियोज में वर्तमान में बिग बॉस कन्नड़ सीजन 12 की शूटिंग चल रही है।
केएसपीसीबी के आदेश से शूटिंग में व्यवधान आने की संभावना है। बोर्ड ने निर्देश दिया है कि स्टूडियो को तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए, रामनगर के उप आयुक्त स्टूडियो के परिसर को सील करें, और बेसकॉम को बिजली की आपूर्ति तुरंत काटने के लिए कहा गया है।
केएसपीसीबी के एक अधिकारी ने कहा कि यह निर्णय प्रदूषण और नियमों की अवहेलना को रोकने के लिए अनिवार्य था। उन्होंने बताया कि स्टूडियो ने बोर्ड द्वारा निर्धारित पर्यावरणीय दिशानिर्देशों का पालन नहीं किया और लगातार गैर-कानूनी संचालन किया।
नई दिल्ली ,08 अक्टूबर (एजेंसी) । भारत की अंडर-19 टीम ने मैके के ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में खेले गए दूसरे यूथ टेस्ट को 7 विकेट से जीता। इसी के साथ भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसी के घर टेस्ट सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप कर लिया है।
भारत ने 21-26 सितंबर के बीच खेली गई तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया था, जिसके बाद मेहमान टीम ने ब्रिस्बेन में खेला गया पहला यूथ टेस्ट पारी और 58 रन के विशाल अंतर से अपने नाम किया। ऐसे में ऑस्ट्रेलियाई टीम के पास अंतिम मुकाबले को जीतकर टेस्ट सीरीज बराबरी पर खत्म करने का मौका था, लेकिन इसमें मेजबान नाकाम रहे।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनते हुए ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम अपनी पहली पारी में महज 135 रन पर सिमट गई। इस टीम के लिए एलेक्स ली यंग ने 108 गेंदों में सर्वाधिक 66 रन बनाए। भारतीय खेमे से हेनिल पटेल और खिलन पटेल को 3-3 विकेट हाथ लगे।
इसके जवाब में भारत की अंडर-19 टीम ने पहली पारी में 171 रन बनाते हुए 36 रनों की बढ़त हासिल कर ली। इस पारी में भारत की तरफ से दीपेश देवेंद्रन ने सर्वाधिक 28 रन बनाए, जबकि खिलन पटेल ने 26 रन की पारी खेली। विपक्षी टीम की ओर से केसी बार्टन ने 57 रन देकर 4 विकेट निकाले।
ऑस्ट्रेलियाई खेमा दूसरी पारी में महज 116 रन पर ऑलआउट हो गया। एलेक्स ली यंग इस पारी में एक बार फिर सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। उन्होंने 78 गेंदों में 38 रन टीम के खाते में जोड़े। भारत की तरफ से हेनिल पटेल और नमन पुष्पक ने 3-3 विकेट हासिल किए।
इसी के साथ भारत को जीत के लिए सिर्फ 81 रन का टारगेट मिला, जिसे मेहमान टीम ने 12.2 ओवर में 3 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। भारत की ओर से वेदांत त्रिवेदी ने 35 गेंदों में 6 चौकों के साथ नाबाद 33 रन बनाए, जबकि कप्तान आयुष म्हात्रे और राहुल कुमार ने 13-13 रन टीम के खाते में जोड़े।
मुंबई ,08 अक्टूबर (एजेंसी) । भारतीय शेयर बाजार मंगलवार के कारोबारी सत्र में हरे निशान में बंद हुआ। दिन के अंत में सेंसेक्स 136.63 अंक या 0.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 81,926.75 और निफ्टी 30.65 अंक या 0.12 प्रतिशत की मजबूती के साथ 25,108.30 पर था।
लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में खरीदारी देखी गई। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 274.30 अंक या 0.47 प्रतिशत की मजबूती के साथ 58,289.40 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 55.35 अंक या 0.31 प्रतिशत की बढ़त के साथ 17,983.40 पर था।
बाजार को ऊपर खींचने का काम रियल्टी शेयरों ने किया। निफ्टी रियल्टी इंडेक्स 1.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। निफ्टी ऑटो (0.28 प्रतिशत), निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज (0.24 प्रतिशत), निफ्टी फार्मा (0.24 प्रतिशत), निफ्टी एनर्जी (0.28 प्रतिशत) और निफ्टी इन्फ्रा (0.37 प्रतिशत) हरे निशान में बंद हुआ। दूसरी तरफ निफ्टी पीएसयू बैंक (0.41 प्रतिशत), निफ्टी एफएमसीजी (0.53 प्रतिशत), निफ्टी मेटल (0.28 प्रतिशत) और निफ्टी मीडिया (0.48 प्रतिशत) की गिरावट के साथ बंद हुआ।
सेंसेक्स पैक में भारती एयरटेल, एचसीएल टेक, अल्ट्राटेक सीमेंट, पावर ग्रिड, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा स्टील, इटरनल (जोमैटो) और मारुति सुजुकी टॉप गेनर्स थे। एक्सिस बैंक, टाटा मोटर्स, ट्रेंट, इन्फोसिस, एसबीआई, एचयूएल, कोटक महिंद्रा, बीईएल, टाइटन और टीसीएस टॉप लूजर्स थे।
बाजार के जानकारों ने कहा कि वैश्विक बाजारों से सकारात्मक रुझान के कारण घरेलू इक्विटी बाजार तेजी के साथ बंद हुए। आगामी आय सीजन में अच्छे अनुमान के कारण यह तेजी बनी रहनी की संभावना है।
उन्होंने आगे कहा कि सेक्टोरल प्रदर्शन मिश्रित रहा, जहां आरबीआई की पिछली नीतिगत बैठक में घोषित सुधारों के कारण वित्तीय शेयरों में तेजी आई, वहीं एफएमसीजी शेयर कमजोर नतीजों के अनुमान के कारण लाल निशान में बंद हुए। भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत तेजी के साथ हुई थी। सुबह 9:22 सेंसेक्स 124 अंक या 0.15 प्रतिशत की तेजी के साथ 81,914 और निफ्टी 40 अंक या 0.15 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,115 के ऊपर था।
नई दिल्ली 08 oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी का आभार जताते हुए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि आपके खूबसूरत शब्दों के लिए धन्यवाद।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि सामाजिक न्याय के प्रतीक और जनसेवा के प्रति समर्पित बिहार के लोकप्रिय नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को उनकी पुण्यतिथि पर मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि। उन्होंने हमेशा समाज के वंचित और शोषित समुदायों के कल्याण के लिए कार्य किया। राजनीति के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण के लिए उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
पीएम के पोस्ट पर आभार जताते हुए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने एक्स पोस्ट में लिखा कि अपने खूबसूरत शब्दों में पापा को श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु पीएम मोदी आपका हार्दिक आभार।
पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर लोजपा (रामविलास) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि आज मेरे नेता रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पार्टी के हर कार्यकर्ता के लिए संकल्प दिवस के रूप में है। बिहार और बिहारियों को फर्स्ट बनाने की सोच के साथ लोजपा (रामविलास) का हर कार्यकर्ता चुनावी रण में उतरेगा। लक्ष्य बिहार को एक विकसित राज्य बनाना है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने एक्स पोस्ट में लिखा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री, पद्म भूषण रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। शोषितों, वंचितों और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के अधिकारों की रक्षा के लिए उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। सामाजिक न्याय और जनतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनके विचार और कार्य अविस्मरणीय हैं।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पोस्ट में लिखा कि लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर उन्हें सादर नमन।
सामाजिक न्याय के प्रखर योद्धा, वंचितों, पिछड़ों और दलितों की आवाज़ उठाने वाले रामविलास पासवान ने सदैव गरीबों और शोषितों के अधिकारों की लड़ाई लड़ी। उनका लंबा सार्वजनिक जीवन सेवा, संघर्ष और समर्पण का प्रतीक रहा। भारतीय राजनीति में उनकी छवि एक संवेदनशील और जनप्रिय नेता के रूप में सदैव याद की जाए
नई दिल्ली 08 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर दो दिवसीय यात्रा पर भारत पहुंचे हैं। बुधवार की सुबह मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर महाराष्ट्र के गवर्नर आचार्य देवव्रत ने उनका स्वागत किया। इस दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे भी मौजूद रहे।
बता दें, पीएम स्टार्मर ने जब से ब्रिटेन का पदभार संभाला है, उसके बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है। ब्रिटेन पीएम के डाउनिंग स्ट्रीट के ऑफिस नंबर 10 ने उनकी इस यात्रा को ‘मुंबई के लिए दो दिवसीय व्यापार मिशन’ बताया।
पीएम ऑफिस की ओर से साझा जानकारी के अनुसार इस यात्रा पर भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने और रणनीतिक सहयोग बढ़ाने पर ज्यादा फोकस रहेगा।
बता दें, इससे पहले भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिटेन की यात्रा की थी। जुलाई 2025 में पीएम मोदी ब्रिटेन पहुंचे थे, जिसके कुछ ही महीनों के बाद अब ब्रिटेन के पीएम का भारत दौरा हुआ है। पीएम मोदी के ब्रिटेन दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच लंबे समय से चर्चा में रहे व्यापार समझौते पर मुहर लगी थी।
अमेरिका की ओर से लगाए जा रहे टैरिफ के बीच पीएम स्टार्मर की यात्रा को बेहद अहम बताया जा रहा है। वहीं भारत के विदेश मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, दोनों नेता विजन 2035 रोडमैप के अनुरूप ‘भारत-यूके व्यापक रणनीतिक साझेदारी के विविध पहलुओं में प्रगति’ की समीक्षा करेंगे।
बता दें, यह दस वर्षीय योजना व्यापार और निवेश, नवाचार, रक्षा, जलवायु, स्वास्थ्य, शिक्षा और लोगों के बीच संबंधों जैसे प्रमुख स्तंभों पर केंद्रित होगी।
वहीं पीएम स्टार्मर के साथ उनका एक प्रतिनिधिमंडल भी पहुंचा है, जिसमें प्रमुख ब्रिटिश उद्योगों के सीईओ और वरिष्ठ अधिकारी, साथ ही प्रमुख विश्वविद्यालयों और संस्थानों के प्रतिनिधि हैं। इसके अलावा ब्रिटेन के व्यापार और व्यवसाय मंत्री पीटर काइल और निवेश मंत्री जेसन स्टॉकवुड भी भारत दौरे पर पहुंचे हैं।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “दोनों नेता भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते (सीईटीए) द्वारा प्रस्तुत अवसरों पर व्यवसायों और उद्योग जगत के नेताओं के साथ चर्चा करेंगे, जो भविष्य की भारत-ब्रिटेन आर्थिक साझेदारी का एक केंद्रीय स्तंभ है। वे क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।”
कीर स्टार्मर और पीएम मोदी मुंबई में आयोजित हो रहे ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के छठे संस्करण में शामिल हो सकते हैं। ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के मंच से दोनों नेता दुनिया भर के नीति निर्माताओं, उद्योग जगत के नेताओं और नवप्रवर्तकों के साथ बातचीत करेंगे।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, “यह यात्रा 23-24 जुलाई 2025 को प्रधानमंत्री मोदी की ब्रिटेन यात्रा में हुई प्रगति को आगे बढ़ाएगी। यह भारत और यूनाइटेड किंगडम के एक दूरदर्शी साझेदारी बनाने के साझा दृष्टिकोण की पुष्टि करने का एक मूल्यवान अवसर प्रदान करेगी।”
जालंधर 08 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : पंजाब में सीमा पार तस्करी गतिविधियों के खिलाफ अपने निरंतर अभियान में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने तरनतारन सीमा पर पिस्तौल के पुर्जे और कारतूस बरामद किए।
बीएसएफ के प्रवक्ता ने बताया कि सोमवार शाम तरनतारन सीमा पर तलाशी के दौरान, सतर्क बीएसएफ जवानों ने नौशेरा ढल्ला गाँव के पास एक पिस्तौल की स्लाइड असेंबली वाली एक प्लास्टिक की बोतल बरामद की। बोतल पीले रंग के चिपकने वाले टेप में लिपटी हुई थी और उसमें एक धातु का तार लगा हुआ था, जो ड्रोन द्वारा गिराए जाने का संकेत देता है।
प्रवक्ता ने बताया कि आज सुबह एक संदिग्ध ड्रोन गतिविधि पर नज़र रखते हुए बीएसएफ जवानों ने तरनतारन के राजोके गाँव से सटे एक खेत से 9 मिमी कैलिबर के 75 कारतूसों से भरा एक पैकेट सफलतापूर्वक जब्त किया।
गोला-बारूद पर पाकिस्तान ऑर्डिनेंस फैक्ट्री की मुहरें लगी थीं, जिससे भारतीय धरती पर आतंकवादी गतिविधियों की योजना बना रहे पाक प्रायोजित तत्वों की संलिप्तता की पुष्टि होती है।
नई दिल्ली 08 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): भारतीय वायुसेना बुधवार को अपना 93वां स्थापना दिवस मनाने जा रही है। इस अवसर पर वायु वायुसेना के जाबांज फाइटर पायलट्स एवं अन्य एयरफोर्स अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें एयरफोर्स के वे वीर भी शामिल हैं जिन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान पर जीत हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
गाजियाबाद स्थित हिंडन एयर बेस पर होने वाले एयरफोर्स डे कार्यक्रम में दुश्मन पर बिजली बनकर टूट पड़ने वाले 97 एयर फाइटर्स को सम्मानित किया जाएगा। इससे पहले बुधवार सुबह तीनों सेनाओं के प्रमुख एवं चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे।
93वें वायुसेना दिवस की पूर्व संध्या पर वायुसेना प्रमुख, एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के अनिश्चित वैश्विक माहौल में वायु शक्ति राष्ट्रीय सुरक्षा का निर्णायक साधन बन चुकी है। भारतीय वायुसेना हर चुनौती का सामना करने के लिए तीव्रता, सटीकता और दृढ़ संकल्प के साथ सदैव तैयार है।
उन्होंने कहा कि मैं अपने सभी वायुसैनिकों को नमन करता हूं। देश की सीमाओं की रक्षा, नागरिक आबादी की सुरक्षा और सैन्य ठिकानों की सुरक्षा हमारे सर्वोच्च दायित्व हैं।
हमारी प्रतिबद्धता अडिग है। राष्ट्र की सेवा में असफल न होना हमारा संकल्प है। भारतीय वायुसेना के हर अभियान में अनुशासन, तकनीकी दक्षता और सर्वोच्च पेशेवरता का परिचय मिलता है।
उन्होंने कहा, “हमारे संचालन सटीकता और अनुशासन का प्रतीक हैं। हमारे वायुसैनिक देश के आकाश के सच्चे प्रहरी हैं।”
एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने विशेष रूप से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह अभियान भारतीय सशस्त्र बलों के बीच समन्वय, उच्च स्तरीय नेतृत्व और देश में विकसित स्वदेशी क्षमताओं का उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर इस बात का प्रमाण है कि जब हमारे सशस्त्र बल एकजुट होते हैं, तो कोई भी चुनौती असंभव नहीं रहती। भारतीय वायुसेना ने हमेशा अपने युद्धक दायित्वों से परे जाकर देशवासियों की सेवा की है।
उन्होंने कहा कि चाहे बाढ़ राहत कार्य हों, प्राकृतिक आपदाएं हों, या विदेशी धरती से भारतीय नागरिकों की वापसी, वायुसेना सदैव सबसे पहले पहुंची है।
‘ऑपरेशन सिंधु’ और ‘ऑपरेशन ब्रह्मा’ के दौरान हमारे वायुसैनिकों ने जो कार्य किया, वह मानवीय सेवा का सर्वोत्तम उदाहरण है। वायुसेना के पूर्व सैनिकों के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे वायुसेना के दिग्गजों ने जो विरासत, दृष्टि और नेतृत्व हमें दिया है, वह हमारी प्रेरणा का आधार है। हम उन्हें कभी नहीं भूल सकते।
भविष्य की दिशा पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना अपनी क्षमताओं को लगातार निखारते हुए, नवाचार, प्रौद्योगिकी और आत्मनिर्भरता को अपनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
हम अपनी लड़ाकू क्षमताओं को और सुदृढ़ करेंगे, और आने वाले समय में भी राष्ट्र के आकाश की रक्षा पूरी निष्ठा से करते रहेंगे।
अंत में एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने देशवासियों को वायुसेना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “आकाश के रक्षक होने का गौरव हमें मिला है, और हम इस जिम्मेदारी को पूरे समर्पण के साथ निभाते रहेंगे। जय हिंद।”
मुंबई 08 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंबई में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के करीबी सलीम डोला से जुड़े ड्रग सिंडिकेट पर शिकंजा कसा है। मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत ईडी ने बुधवार को मुंबई में 8 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया।
यह छापेमारी फैसल जावेद शेख और अल्फिया फैसल शेख की ओर से संचालित एक ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़ी अवैध कमाई का पता लगाने के लिए की गई है। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि फैसल शेख, कुख्यात ड्रग तस्कर सलीम डोला के जरिए एमडी जैसे ड्रग्स की खरीद-फरोख्त कर रहा था।
सलीम डोला लंबे समय से कानून प्रवर्तन एजेंसियों की निगरानी में है। उस पर न सिर्फ मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप हैं, बल्कि उसके खिलाफ अवैध नेटवर्क को फंडिंग करने के भी गंभीर आरोप हैं।
मुंबई पुलिस के मुताबिक, सलीम डोला दाऊद इब्राहिम के उस विश्वसनीय सर्कल का हिस्सा है, जो भारत में ड्रग्स तस्करी का नेटवर्क संभालता है।
सलीम डोला का नाम ड्रग्स केस में पहले भी आया था, जब मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स सेल ने 100 किलो फेंटानिल ड्रग्स जब्त की थी। अवैध कारोबार में सलीम का बेटा ताहिर और भांजा मुस्तफा भी मदद करते थे। इसी कारण उन्हें आरोपी बनाकर इसी साल जुलाई में गिरफ्तार किया गया।
जून में सलीम डोला के बेटे ताहिर को अबू धाबी से भारत लाया गया। जांच में पता चला कि ताहिर सलीम डोला विदेश से इस गैरकानूनी ड्रग कारोबार को चला रहा था।
मुंबई पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई ने 25 नवंबर 2024 को इंटरपोल के जरिए रेड नोटिस जारी कराया। सीबीआई ने इंटरपोल की अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग इकाई (आईपीसीयू) के साथ मिलकर डोला का यूएई में पता लगाया, जहां उसे 27 जनवरी को गिरफ्तार किया गया। बाद में प्रत्यर्पण संधि के तहत उसे भारत लाया गया।
नई दिल्ली ,०७ अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। लंबी कानूनी लड़ाई और केंद्र सरकार के साथ चली तनातनी के बाद आखिरकार आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ९५ लोधी एस्टेट स्थित बंगला आवंटित कर दिया गया है। यह आवास उन्हें बतौर राष्ट्रीय पार्टी के प्रमुख के नाते दिया गया है।
यह आवंटन तब हुआ जब दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार को आवास आवंटन में की जा रही देरी पर सख्त टिप्पणी की थी। अदालत ने कहा था कि सरकारी आवासों के वितरण में पारदर्शिता और समानता सुनिश्चित की जानी चाहिए। कोर्ट ‘आप’ की उस याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें पार्टी ने अपने राष्ट्रीय संयोजक के लिए केंद्र सरकार से आवास की मांग की थी।
हाईकोर्ट ने १६ सितंबर को सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार के रवैये को टालमटोल करार देते हुए कहा था कि आवास आवंटन की प्रक्रिया किसी विशेष व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि समान अवसर की प्रणाली होनी चाहिए। अदालत ने केंद्र को स्पष्ट किया था कि सरकारी आवास किसी भी व्यक्ति या पद के प्रति भेदभाव के आधार पर नहीं दिया जा सकता।
इससे पहले, आम आदमी पार्टी ने ३५ लोधी एस्टेट स्थित बंगला अरविंद केजरीवाल को देने का प्रस्ताव किया था। यह वही बंगला था जो बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सुप्रीमो मायावती ने मई में खाली किया था। हालांकि, केंद्र सरकार ने उस बंगले को केजरीवाल के बजाय एक केंद्रीय राज्य मंत्री को आवंटित कर दिया था। इस फैसले के बाद मामला और विवादित हो गया था।
इसके बाद, हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार को फटकार लगाते हुए कहा था कि वह अपने आवंटन की प्राथमिकता और प्रक्रिया के रिकॉर्ड अदालत के समक्ष प्रस्तुत करे और यह भी स्पष्ट करे कि आखिर किस आधार पर अरविंद केजरीवाल को प्राथमिकता सूची में पीछे रखा गया। अब जबकि ९५ लोधी एस्टेट का बंगला केजरीवाल को मिल गया है, ‘आप’ ने इसे न्याय की जीत बताया है।
पार्टी नेताओं ने कहा कि यह फैसला न केवल कानूनी रूप से सही है, बल्कि यह दिखाता है कि संस्थाओं में पारदर्शिता और समानता अभी भी कायम है।
कोलकाता 07 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । भाजपा सांसद खगेन मुर्मू पर हमले का मामला जहां तूल पकड़ चुका है वही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज दोपहर सिलीगुड़ी अस्पताल में भर्ती माल्दा उत्तर के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद खगेन मुर्मू से मुलाकात की। उन्होंने घायल सांसद का हालचाल लिया और उनके परिजनों तथा चिकित्सकों से भी बातचीत की।
मुख्यमंत्री ने इलाज की प्रगति की जानकारी लेने के बाद चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री के इस सौजन्य भरे दौरे से सांसद के परिवार के सदस्य संतुष्ट नजर आए। उन्होंने बताया कि ममता बनर्जी ने स्वयं सांसद की चोटों को देखा और डॉक्टरों से उपचार के संबंध में चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने खगेन मुर्मू से पूछा, “क्या आपको डायबिटीज है? क्या आप इंसुलिन लेते हैं? दवा नियमित रूप से लेते हैं? अपनी देखभाल करते हैं?” इसके बाद उन्होंने उन्हें चिकित्सकों की सलाह का पालन करने की हिदायत दी। सांसद के परिवार से बातचीत के दौरान ममता बनर्जी ने कहा कि किसी भी जरूरत की स्थिति में वे स्वयं सहायता के लिए उपलब्ध रहेंगी।
उन्होंने यहां तक कहा कि अगर अन्यत्र इलाज की आवश्यकता हो, तो उन्हें तुरंत सूचित किया जाए। अस्पताल से बाहर निकलते समय मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा, ” वे (खगेन मूर्मू)अभी ठीक हैं, स्थिति गंभीर नहीं है। मैंने डॉक्टरों की रिपोर्ट देखी है। फिलहाल वे निगरानी में हैं। उन्हें डायबिटीज है, जिसे नियंत्रण में रखना जरूरी है। मैंने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।”
Ranchi DC श्री मंजूनाथ भजंत्री के निदेशानुसार प्रत्येक मंगलवार को जनता दरबार का आयोजन
कई लोगों की शिकायतों का हुआ ऑन द स्पॉट निष्पादन
07.10.2025 – उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री के निदेशानुसार जिले के सभी अंचलों में प्रत्येक मंगलवार को जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान, पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था की स्थापना और राजस्व संबंधित कार्यों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करना है।
आज भी जिला के सभी अंचलों में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न प्रकार के राजस्व एवं नागरिक सेवाओं से संबंधित कार्यों का निष्पादन किया गया। भू-राजस्व संबंधित कार्य जैसे-दाखिल-खारिज, करेक्शन स्लिप निर्गमन, सीमांकन, भूमि विवाद निपटारा तथा भूमि अभिलेख का सत्यापन एवं सुधार, जाति, आय, निवास, पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र निर्गत करने का कार्य जनता दरबार में किया गया।
सिल्ली अंचल में आपदा से प्रभावित व्यक्ति के आश्रितों को मुआवजा राशि का वितरण
सिल्ली अंचल में सड़क दुर्घटना में मृत व्यक्तियों के आश्रितों को एक-एक लाख रुपये की मुआवजा राशि का चेक प्रदान किया गया। लाभुकों में पुरुषोत्तम महतो, अहिल्यादेवी और मालती देवी को चेक वितरण किया गया। अंचलाधिकारी द्वारा लाभुकों को सहायता योजना की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।
नामकुम अंचल में एक व्यक्ति की 13 वर्षों से लंबित रसीद कटने की समस्या का निष्पादन किया गया। अंचलाधिकारी द्वारा तुरंत कार्यवाही कर आवेदक को रसीद प्रदान की गई।
बुढ़मू और सोनाहातू अंचल में त्वरित प्रमाण पत्र निर्गत
बुढ़मू और सोनाहातू अंचल में कई आवेदकों को पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र मौके पर निर्गत किए गए। साथ ही जाति, आय, निवासी प्रमाण पत्रों से संबंधित आवेदनों की समीक्षा की गई और पात्र आवेदकों को मौके पर प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
चान्हो अंचल में दाखिल-खारिज एवं करेक्शन स्लिप निर्गत
चान्हों अंचल में कई आवेदकों के दाखिल-खारिज (डनजंजपवद) आवेदन का निपटारा कर करेक्शन स्लिप वितरित किया गया। भूमि अभिलेख में सुधार से संबंधित आवेदन भी निष्पादित किए गए।
अंचलवार जनता दरबार में निष्पादित आवेदनों का विवरण
सिल्ली अंचल में कुल 51 आवेदन निष्पादित किए गए। इनमें पारिवारिक सदस्यता के 2, तत्काल जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र के 3, आचरण पत्र के 4, आवासीय प्रमाण पत्र के 11, जाति प्रमाण पत्र के 9, आय प्रमाण पत्र के 18 तथा आपदा सहायता के 4 आवेदन शामिल हैं।
बुढ़मू अंचल में कुल 79 आवेदन निष्पादित हुए। इनमें आवासीय प्रमाण पत्र के 13, जाति प्रमाण पत्र के 10, आय प्रमाण पत्र के 19, पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र का 1, ब्मतजपपिमक ब्वचल के 4, अनुमति वाद के 6 तथा दाखिल-खारिज के 26 आवेदन शामिल हैं।
रातू अंचल कार्यालय में कुल 59 आवेदन निष्पादित किए गए। इनमें दाखिल-खारिज के 14, पारिवारिक सदस्यता के 1, जाति प्रमाण पत्र के 12, विविध आय प्रमाण पत्र के 1, आवासीय प्रमाण पत्र के 10, आय प्रमाण पत्र के 18 तथा क्ब्स्त् डवकनसम के अंतर्गत 3 आवेदन शामिल हैं।
राहे अंचल कार्यालय में कुल 107 आवेदन निष्पादित किए गए। इनमें पारिवारिक सदस्यता के 2, आवासीय प्रमाण पत्र के 30, जाति प्रमाण पत्र के 35, आय प्रमाण पत्र के 35, तत्काल आवेदन के 2, सुधार के 1 तथा दाखिल-खारिज के 2 आवेदन शामिल हैं। राहे अंचल के अंतर्गत ग्राम दुल्मी की आवेदिका सीता देवी द्वारा ऑनलाइन पंजी-2 के अंतर्गत मौजा दुल्मी, खाता संख्या 237, प्लॉट संख्या 1931, रकबा 10 डी का दाखिल-खारिज किया गया। इसी प्रकार ग्राम राहे के गोविंद महतो द्वारा मौजा राहे, खाता संख्या 117, प्लॉट संख्या 913, रकबा 6 डी का दाखिल-खारिज सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।
अनगड़ा अंचल कार्यालय में कुल 76 आवेदन निष्पादित हुए। इनमें पारिवारिक सदस्यता का 1, आवासीय प्रमाण पत्र के 16, जाति प्रमाण पत्र के 21, आय प्रमाण पत्र के 35 तथा अनुमति वाद के 3 आवेदन शामिल हैं। अन्य अंचलों में भी कई आवेदनों का निष्पादन किया गया।
उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जनता दरबार को नागरिक समस्याओं के त्वरित समाधान का सशक्त माध्यम बनाया जाए। किसी भी नागरिक को बेवजह कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़े। पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा सर्वाेच्च प्राथमिकता हो। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जनता दरबार के माध्यम से नागरिकों को उनके अधिकारों और सरकारी सेवाओं तक सरल, त्वरित एवं पारदर्शी पहुँच सुनिश्चित की जा रही है। यह पहल सुशासन, जवाबदेही और जन-सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
अस्पताल के विभिन्न वार्डों का दौरा किया और वहाँ की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया
सदर अस्पताल, राँची जिले का एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है, और यहाँ की सेवाएँ मरीजों के लिए सुगम और गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए – उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, राँची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री
रांची,07.10.2025 – उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, राँची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने 07 अक्टूबर 2025 को सदर अस्पताल, राँची का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन, राँची, डॉ. प्रभात कुमार, जिला जन संपर्क पदाधिकारी राँची, श्रीमती उर्वशी पाण्डेय, डॉ. बिमलेश कुमार, एवं अन्य संबंधित चिकित्सा पदाधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण का उद्देश्य अस्पताल की व्यवस्थाओं, चिकित्सा सुविधाओं, और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन करना था।
अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण
उपायुक्त ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का दौरा किया और वहाँ की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और अस्पताल में मिल रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। कई मरीजों ने अस्पताल की व्यवस्था और उपचार की गुणवत्ता पर संतुष्टि व्यक्त की। उपायुक्त ने मरीजों से दवाइयों की उपलब्धता और उपचार प्रक्रिया के संबंध में भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
अस्पताल की सिटी स्कैन मशीन यूनिट का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल की सिटी स्कैन मशीन यूनिट का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों से सिटी स्कैन सुविधा और आयुष्मान भारत योजना के तहत मिल रहे लाभ के बारे में पूछताछ की। मरीजों ने बताया कि उन्हें आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क और सुगम उपचार प्राप्त हो रहा है, जिससे उनकी संतुष्टि झलक रही थी। उपायुक्त ने इस योजना के प्रभावी कार्यान्वयन की सराहना की और इसे और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
कैंटीन में बैठने की व्यवस्था, स्वच्छता, और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का जायजा
उपायुक्त ने अस्पताल परिसर में संचालित कैंटीन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कैंटीन में बैठने की व्यवस्था, स्वच्छता, और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का जायजा लिया। कैंटीन संचालक एजेंसी को निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कहा कि मरीजों और उनके परिजनों को गुणवत्तापूर्ण और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कैंटीन की सेवाओं में और सुधार लाने पर जोर दिया।
वार्ड की व्यवस्थाओं को और बेहतर करने के लिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए
बच्चा वार्ड के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं, स्वच्छता, और चिकित्सकों की उपस्थिति का आकलन किया। उन्होंने सिविल सर्जन, डॉ. प्रभात कुमार को वार्ड की व्यवस्थाओं को और बेहतर करने के लिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने चिकित्सकों और कर्मचारियों को मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने की सलाह दी।
मरीजों को समय पर उपचार सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने का निर्देश
निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त ने सिविल सर्जन और अस्पताल प्रशासन को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में स्वच्छता, चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, और मरीजों को समय पर उपचार सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही, उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत लाभार्थियों को सुगम और पारदर्शी सेवाएँ प्रदान करने के लिए प्रक्रियाओं को और सुदृढ़ करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि सदर अस्पताल, राँची जिले का एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है, और यहाँ की सेवाएँ मरीजों के लिए सुगम और गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया कि मरीजों की सुविधा और संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। यह औचक निरीक्षण स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने की टाना भगतों के साथ बैठक
टाना भगतों की मांगों पर विधिसम्मत एवं व्यावहारिक समाधान का दिया गया आश्वासन
रांची,07.10.2025 – उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री ने समाहरणालय स्थित सभागार में टाना भगत समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस बैठक में रांची सहित 5-6 जिलों से आए टाना भगत उपस्थित थे। बैठक में टाना भगतों ने अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं को उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री के समक्ष रखा। उन्होंने ने सभी मांगों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए विधिसम्मत एवं व्यावहारिक समाधान का आश्वासन दिया।
उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन टाना भगतों की समस्याओं को संवेदनशीलता से हल करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि टाना भगत और प्रशासन मिलकर व्यवहारिक और कानूनी प्रस्ताव पर काम करें, तो सभी मुद्दों का स्थायी समाधान संभव है।
स्वतंत्रता संग्राम में योगदान का उल्लेख
उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि टाना भगतों का स्वतंत्रता संग्राम और समाज निर्माण में अमूल्य योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि आप लोगों ने अंग्रेजों से आजादी की लड़ाई लड़ी थी, अब समय है नए अंग्रेजों यानी नशा, मादक पदार्थों की खेती और सामाजिक कुरीतियों से लड़ने का।
‘नए अंग्रेजों’ से लड़ाई का आह्वान
उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि वर्तमान समय में नशा, अफीम की खेती, डायन-बिसाही जैसी कुप्रथाएं, जड़ी-बूटी के नाम पर झोलाछाप इलाज, और हड़िया (स्थानीय शराब) समाज को कमजोर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उस समय अंग्रेज थे और आज नशा-पान, अफीम की खेती और कुरीतियाँ हमारे समाज के नए अंग्रेज हैं। अगर टाना भगत ठान लें, तो इन बुराइयों को समाज से खत्म किया जा सकता है। उपायुक्त ने कहा कि टाना भगतों ने जिस तरह अंग्रेजों के खिलाफ सत्य, अहिंसा और अनुशासन के साथ लड़ाई लड़ी, उसी आत्मबल से अब समाज को नशा, अंधविश्वास और कुरीतियों से मुक्त करना होगा, यही सच्ची देशभक्ति और समाज सेवा है।
सौहार्दपूर्ण सहयोग पर जोर
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि टाना भगत तपस्वी और अनुशासित समुदाय हैं, और प्रशासन के साथ सहयोग कर वे समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। जिला प्रशासन उनके मांगों के समाधान के लिए समर्पित भाव से कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि संवेदनशील शासन और जागरूक समाज मिलकर ही समृद्ध झारखंड का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने टाना भगतों से सामाजिक सुधार के लिए प्रशासन के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने की अपील की।
बैठक में अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) श्री राजेेश्वरनाथ आलोक, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती उर्वशी पांडेय एवं सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी उपस्थित थे।
नई दिल्ली 07 Oct,(एजेंसी) : त्योहारी सीजन से पहले भारतीय सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने की कीमतों में सुनामी जैसी तेजी देखने को मिली। दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने का भाव ₹9,700 प्रति 10 ग्राम की एकदिनी उछाल के साथ ₹1,30,300 प्रति 10 ग्राम के अब तक के सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया। इस ऐतिहासिक वृद्धि के बाद अब 10 ग्राम सोने के आभूषण खरीदने के लिए ग्राहकों को सवा लाख रुपये से भी ज्यादा चुकाने होंगे।
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी आग लग गई। चांदी का वायदा भाव ₹2,233 की तेजी के साथ ₹1,47,977 प्रति किलोग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, इस अभूतपूर्व तेजी के पीछे कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कारण जिम्मेदार हैं। इनमें सबसे प्रमुख वैश्विक अनिश्चितता है, जिसके तहत अमेरिका में सरकारी कामकाज को लेकर बने गतिरोध (शटडाउन) और बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण निवेशक शेयर बाजार जैसे जोखिम भरे विकल्पों से पैसा निकालकर सोने में लगा रहे हैं, जिसे सबसे सुरक्षित निवेश (सेफ हेवन) माना जाता है।
इसके अलावा, डॉलर के मुकाबले रुपये में आई कमजोरी ने भी सोने के आयात को महंगा कर दिया है, जिसका सीधा असर घरेलू कीमतों पर पड़ा है।
साथ ही, मजबूत हाज-पड़ोस की मांग को देखते हुए सटोरियों ने वायदा बाजार में भी सोने की जमकर खरीदारी की है, जिसके चलते मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दिसंबर डिलीवरी वाले सोने का भाव ₹1,20,075 प्रति 10 ग्राम और फरवरी 2026 डिलीवरी का भाव ₹1,21,350 प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया।
वैश्विक स्तर पर भी सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। दिसंबर में आपूर्ति वाले सोने का वायदा भाव दो प्रतिशत की बढ़त के साथ $3,973.60 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जबकि चांदी की कीमत भी $48.58 डॉलर प्रति औंस के नए शिखर पर रही।
विश्लेषकों का मानना है कि जब तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आर्थिक और राजनीतिक अनिश्चितता का माहौल बना रहेगा, कीमती धातुओं में तेजी का रुख जारी रह सकता है।