प्रधानमंत्री ने राष्ट्र की सामूहिक चेतना को जागृत करने में सोमनाथ धाम की शाश्वत भूमिका को एक सुभाषित के माध्यम से रेखांकित किया

नई दिल्ली – प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आज पावन सोमनाथ धाम में श्रद्धांजलि अर्पित की और राष्ट्र की सामूहिक चेतना को जागृत करने में इसकी शाश्वत भूमिका को रेखांकित किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पावन सोमनाथ धाम ने सदियों से अपनी दिव्य ऊर्जा के माध्यम से पीढ़ियों को प्रेरित किया है। उन्होंने उल्लेख किया कि यह ऊर्जा आज भी आस्था, साहस और आत्मसम्मान के मार्ग को आलोकित करती हुई युगों से सभी भारतवासियों के लिए एक मार्गदर्शक प्रकाश के रूप में कार्य कर रही है।

एक संस्कृत श्लोक को एक्स पर उद्धृत करते हुए श्री मोदी ने लिखा:

“पावन-पुनीत सोमनाथ धाम की भव्य विरासत सदियों से जन-जन की चेतना को जागृत करती आ रही है। यहां से निकलने वाली दिव्य ऊर्जा युग-युगांतर तक आस्था, साहस और स्वाभिमान का दीप प्रज्वलित करती रहेगी।

आदिनाथेन शर्वेण सर्वप्राणिहिताय वै।

आद्यतत्त्वान्यथानीयं क्षेत्रमेतन्महाप्रभम्।

प्रभासितं महादेवि यत्र सिद्ध्यन्ति मानवाः॥”

****************************

झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार से रांची प्रेस क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की

रांची,08.01.2026 –   अध्यक्ष शंभु नाथ चौधरी के नेतृत्व में 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की. मुलाकात के दौरान राज्यपाल महोदय का निम्नांकित बिंदुओं की तरफ ध्यान आकर्षित कराते हुए ज्ञापन सौंपा गया.

1.सेवानिवृत पत्रकारों के लिए पेंशन स्कीम के कार्यान्वयन का प्रस्ताव.

2.पत्रकारों के लिए रांची और राज्य के अन्य प्रमुख शहरों में आवासीय कॉलोनी के विकास संबंधित प्रस्ताव.

3.पत्रकारों के स्वास्थ्य बीमा और पत्रकार सुरक्षा कानून शीघ्र लाने संबंधी प्रस्ताव.

4. रांची प्रेस क्लब में राज्यपाल महोदय के साथ ’संवाद’ कार्यक्रम के तहत पत्रकारों के साथ बातचीत का प्रस्ताव जिसपर उन्होंने निकट भविष्य में आयोजन पर सहमति जताई.

प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष बिपिन उपाध्याय, सचिव अभिषेक सिन्हा, संयुक्त सचिव चन्दन भट्टाचार्य एवं कार्यकारिणी सदस्य प्रतिमा कुमारी शामिल थे.

उक्त जानकारी रांची प्रेस क्लब के सचिव अभिषेक सिन्हा ने दी.

***************************

 

ठंड के बढ़ते प्रभाव एवं शीतलहर को देखते हुए सभी कोटि के विद्यालयों में कक्षाएं बंद रखने का आदेश

मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के बाद उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा जारी किया गया आदेश

वर्ग KG से वर्ग 12वीं तक की कक्षाएं स्थगित

रांची,08.01.2026 – रांची जिला अंतर्गत संचालित सभी सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त, गैर सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) एवं सभी निजी विद्यालयों में कक्षाएं 09 से 10 जनवरी तक बंद

सभी कोटि के सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मी उक्त अवधि में विद्यालयों में अपनी उपस्थिति दर्ज करते हुए गैर-शैक्षणिक कार्यों का करेंगे निष्पादन

**********************

 

दिशोम गुरु शिबू सोरेन के जन्म दिवस पर “गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना” संवाद कार्यक्रम का होगा आयोजन

11 जनवरी 2026 को टाना भगत स्टेडियम खेलगांव में आयोजित होगा कार्यक्रम

कार्यक्रम की तैयारी को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने की संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक

उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा तैयारी को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश

रांची,08.01.2026 – दिशोम गुरु शिबू सोरेन के जन्म दिवस के अवसर पर दिनांक 11 जनवरी 2026 को टाना भगत स्टेडियम, खेलगांव, रांची में गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना” संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री, झारखंड श्री हेमंत सोरेन राज्य के 10वीं से 12वीं कक्षा में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद करेंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गयी। इसमें कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से राज्य के 10वीं से 12वीं कक्षा में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना के अंतर्गत लाभ प्रदान किया जाएगा। यह योजना विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा हेतु वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है।

उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, मंच एवं पंडाल निर्माण, बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, अग्नि सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा तथा आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि विद्यार्थियों के आगमन एवं निकासी की व्यवस्था सुव्यवस्थित हो, पंजीकरण प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित की जाए तथा योजना से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेजों एवं जानकारी की पूर्व तैयारी सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त द्वारा सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन और समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। करें।

बैठक में उप विकास आयुक्त, रांची, पुलिस अधीक्षक नगर/ यातायात, राँची, परियोजना निदेशक, समेकित जनजाति विकास अभिकरण, राँची, अपर जिला दण्डाधिकारी, विधि-व्यवस्था, राँची, अनुमण्डल पदाधिकारी, सदर, राँची, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, उप प्रशासक, नगर निगम, राँची, विशेष विनियमन पदाधिकारी, जिला नजारत उपसमाहर्ता, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा, जिला शिक्षा पदाधिकारी, राँची, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला खेल पदाधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक उपस्थित थे।

****************************

 

प्रधानमंत्री ने विशाख रिफाइनरी में अवशिष्ट उन्नयन इकाई के सफल संचालन की सराहना की

नई दिल्ली – प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के विशाख रिफाइनरी में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के अवशिष्ट उन्नयन इकाई (आरयूएफ) के सफल संचालन की सराहना की। उन्होंने इसे ऊर्जा सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक निर्णायक कदम बताया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह अत्याधुनिक इकाई आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य के अनुरूप ऊर्जा स्वतंत्रता को बढ़ावा देने के राष्ट्र के प्रयासों में अहम भूमिका निभाएगी।

केंद्रीय मंत्री श्री हरदीप सिंह पुरी के ‘एक्स’ पर किए गए एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री मोदी ने लिखा:

“यह अत्याधुनिक इकाई ऊर्जा सुरक्षा को बढ़ावा देने के हमारे प्रयासों को नई दिशा प्रदान करेगी जिससे हम इस क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेंगे। @HardeepSPuri”

*********************

श्री अमित शाह ने तमिलनाडु के श्रीरंगम के पवित्र अरुलमिगु अरंगनाथ स्वामी मंदिर और तिरुचिरापल्ली में तिरुवनई कोविल के अरुलमिगु जंबुकेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की

नई दिल्ली –  केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने तमिलनाडु के श्रीरंगम के पवित्र अरुलमिगु अरंगनाथ स्वामी मंदिर और तिरुचिरापल्ली में तिरुवनई कोविल के अरुलमिगु जंबुकेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की। केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में पोंगल उत्सव समारोह में भी हिस्सा लिया।

X प्लेटफॉर्म पर पोस्ट्स की श्रृंखला में केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि तमिलनाडु के श्रीरंगम में पवित्र अरुलमिगु अरंगनाथ स्वामी मंदिर में पूजा करने का सौभाग्य मिला। हमारे देश के सभी नागरिकों की भलाई के लिए आशीर्वाद मांगा।

श्री अमित शाह ने कहा कि तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली के थिरुवनई कोविल में अरुलमिगु जंबुकेश्वरार मंदिर में प्रार्थना करने का सौभाग्य मिला।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि आज तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में पोंगल समारोह में शामिल होकर बहुत खुशी हुई। उन्होंने कहा कि यह एक पवित्र त्योहार है जो कृतज्ञता और सद्भाव के ज़रिए प्रकृति और हमारे समुदायों के साथ हमारे गहरे संबंध को फिर से जागृत करता है। यह सभी के लिए समृद्धि, खुशी और अच्छे स्वास्थ्य का आशीर्वाद लाए।

*********************************

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने राष्ट्रीय राजमार्ग को लेकर समीक्षा बैठक की

नई दिल्ली  – केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी जी ने सोमवार को नई दिल्ली के भारत मण्डपम में मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में करोड़ों की लागत से चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना को लेकर केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी जी ने मध्य में 29,278 करोड़ रुपए की लागत से चल रही कुल 1,832 किमी लंबाई वाली 45 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में 6-लेन एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे अटल प्रोग्रेस-वे (चंबल एक्सप्रेस-वे) के एलाइनमेंट पर सकारात्मक चर्चा हुई।

इस बैठक में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव जी, केंद्रीय पर्यावरण मंत्री श्री भूपेंद्र यादव जी, केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जी, केंद्रीय राज्यमंत्री श्री अजय टम्टा जी, केंद्रीय राज्यमंत्री श्री हर्ष मल्होत्रा जी, मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर जी, मध्य प्रदेश के लोकनिर्माण विभाग मंत्री श्री राकेश सिंह जी तथा केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारी भी शामिल हुए।

 

साथ ही, केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी जी ने उत्तराखंड में 13,783 करोड़ रुपए की लागत से चल रही कुल 656 किमी लंबाई वाली 25 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी, केंद्रीय राज्यमंत्री श्री अजय टम्टा जी, श्री हर्ष मल्होत्रा जी तथा केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ समीक्षा की।

बैठक में उत्तराखंड के चार प्रमुख तीर्थस्थलों – केदारनाथ, बद्रीनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री को सड़कों से जोड़ने वाली चारधाम परियोजना की समीक्षा की गई। साथ ही भूस्खलन से बचाव के कार्य और राष्ट्रीय राजमार्ग स्ट्रेच के रखरखाव के स्थिति की समीक्षा की गई।

***************************

 

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने की शिष्टाचार भेंट, सभी ने मुख्यमंत्री को दी नव वर्ष 2026 की बधाई एवं शुभकामनाएं

रांची,06.01.2026 – मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को सभी ने नव वर्ष की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

मौके पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने सभी का हार्दिक स्वागत एवं नववर्ष शुभकामनाओं के लिए उनके प्रति आभार प्रकट किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि नव वर्ष नया संकल्प, नई ऊर्जा तथा नए अवसरों को लेकर आता है।

हम सभी लोग इस नव वर्ष में सकारात्मक ऊर्जा एवं प्रतिबद्धता के साथ राज्य के सर्वांगीण विकास में अपनी महत्ती भूमिका निभाने को लेकर दृढ़ संकल्पित रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 झारखंड की विकास यात्रा में मील का पत्थर साबित हो, इस लक्ष्य के साथ राज्य सरकार आगे बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन-प्रशासन और जनता के सहयोग से झारखंड को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शुमार करने की दिशा में यह वर्ष एक महत्वपूर्ण पड़ाव सिद्ध होगा।

मुख्यमंत्री ने सभी लोगों से एकजुट होकर सरकार की विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने अपनी ओर से समस्त राज्यवासियों के सुख, समृद्धि, उन्नति और खुशहाली की कामना की तथा नववर्ष की शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रशासनिक अधिकारियों में अध्यक्ष, राज्य वित्त आयोग श्री अमरेंद्र प्रताप सिंह, सीईओ जेएसएलपीएस श्री अनन्य मित्तल, अपर सचिव उद्योग श्रीमती प्रीति रानी, अपर सचिव वित्त श्री धनंजय सिंह, अपर सचिव स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता श्रीमती सीता पुष्पा, निदेशक सामाजिक सुरक्षा श्री विजय कुमार सिंह, उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम श्री कर्ण सत्यार्थी, उपायुक्त सरायकेला-खरसावां श्री नीतीश कुमार सिंह, उपायुक्त कोडरमा श्री ऋतुराज वहीं पुलिस अधिकारियों में डीजी होमगार्ड श्री एम० एस० भाटिया, डीआईजी दुमका श्री अमर लकड़ा, एसपी लोहरदगा श्री सादिक अनवर रिज़वी, एसपी सरायकेला-खरसावां श्री मुकेश कुमार लुनायत, एसपी गोड्डा श्री मुकेश कुमार, एसपी गुमला श्री हारिश बिन जमां, एसपी खूंटी श्री मनीष टोप्पो, एसपी ट्रेनिंग सेंटर मुसाबनी श्री विजय आशीष कुजूर सहित अन्य अधिकारी सम्मिलित थे।

***************************

 

जीवनांक (जन्म-मृत्यु) सीआरएस पोर्टल का तीन दिवसीय जिलास्तरीय प्रशिक्षण का समापन

उपायुक्त-सह-जिला रजिस्ट्रार (जन्म-मृत्यु), रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम का किया गया था शुभारंभ

दिनांक 02.01.2026, 05.01.2026 एवं 06.01.2026 को आयोजित किया गया प्रशिक्षण कार्यक्रम

नागरिक निबंधन कार्य (जन्म-मृत्यु) से जुड़े पदाधिकारियों/कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण

पदाधिकारी एवं कर्मियों को निर्धारित समय सीमा (21 दिनों के अंदर जन्म-मृत्यु) का निबंधन पूर्ण करवाने का निर्देश

निबंधन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जायेगी – उपायुक्त-सह-जिला रजिस्ट्रार (जन्म-मृत्यु), रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री

रांची,06.01.2026 – रांची जिले में नागरिक निबंधन प्रणाली को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी तथा समयबद्ध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दिनांक 02.01.2026, 05.01.2026 एवं 06.01.2026 को समाहरणालय ब्लॉक-बी स्थित कमरा संख्या- 505 में नागरिक निबंधन कार्य (जन्म-मृत्यु) से जुड़े पदाधिकारियों/कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया।

उपायुक्त-सह-जिला रजिस्ट्रार (जन्म-मृत्यु), रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा दिनांक 02.01.2026 को दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया था। इस दौरान उन्होंन कहा कि निबंधन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जायेगी। प्रशिक्षण में सभी पदाधिकारी एवं कर्मी को यह सुनिश्चित करने की सलाह दी गई कि निर्धारित समय सीमा (21 दिनों के अंदर जन्म/मृत्यु) का निबंधन पूर्ण कराया जाये। उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा निर्देश दिया गया कि पदाधिकारी/कर्मी प्रशिक्षण का उपयोग कर अपनी कार्य कुशलता बढ़ाएं एवं आम नागरिकों को दलालों के चक्कर से मुक्त दिलाते हुए त्वरित एवं पारदर्शी सेवा प्रदान करें।

दिनांक 06.01.2026 को त्रिदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन जिला सांख्यिकी पदाधिकारी-सह-अपर जिला रजिस्ट्रार (जन्म-मृत्यु) रांची श्री शेषनाथ बैठा द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला प्रशासन की उस प्रतिबद्धता का हिस्सा है जिसमें सरकारी सेवाओं को जनता के द्वार तक पहुंचाने तथा डिजिटल इंडिया की भावना को साकार करने के साथ जन्म-मृत्यु निबंधन में शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने पर जोर दिया जा रहा है।

जन्म और मृत्यु रजिस्ट्रेशन अधिनियम 1969 में निहित प्रावधान के अंतर्गत राज्य में होने वाली प्रत्येक जन्म-मृत्यु की घटना का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। यह न केवल व्यक्ति के मूलभूत अधिकारों की रक्षा करता है, अपितु जन्म की तिथि एवं स्थान का यह एक प्रमाणिक दस्तावेज है। स्कूल में प्रवेश, राशन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, विदेश यात्राओं के लिए पासपोर्ट, मताधिकार प्राप्त करने के लिए, वृद्धावस्था पेंशन, बालिका समृद्धि योजना, बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी, देश की वर्तमान जनसंख्या की स्थिति एवं मृत्यु की तारीख का एक प्रमाणिक दस्तावेज है। संपत्ति के दावे, कोर्ट कचहरी में मृत्यु का साक्ष्य, जीवन बीमा, बैंक खातों, दुर्घटना आदि, देश की वर्तमान जनसंख्या, चिकित्सा विज्ञान, शिशु मृत्यु दर, संपत्ति हस्तांतरण तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सहायक होता है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी, सदर रांची श्री कुमार रजत, अपर समाहर्ता, रांची श्री रामनारायण सिंह, जनगणना कार्य निदेशालय, रांची के संयुक्त निदेशक श्री सत्येन्द्र कुमार गुप्ता, उप नगर प्रशासक-सह-रजिस्ट्रार (जन्म-मृत्यु) श्रीमती निहारिका तिर्की, सहायक निदेशक श्री ज्ञानचन्द्र महतो, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी श्री शेषनाथ बैठा एवं संबंधित सभी सांख्यिकी कर्मी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, सभी प्रखंड सांख्यिकी पर्यवेक्षक, सभी पंचायत सचिव-सह-रजिस्ट्रार (जन्म-मृत्यु), रांची संबंधित सभी कंप्यूटर ऑपरेटर उपस्थित थे।

**********************

 

Ranchi DC श्री मंजूनाथ भजंत्री ने आम जनता से मिल कर  उनकी शिकायतें एवं समस्याएं सुनी तथा संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित निष्पादन हेतु आवश्यक निर्देश दिए

सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को मौके पर ही निर्देशित किया कि प्राप्त फरियादों का समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए

जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर किया जाए तथा किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी:-उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, राँची श्री मंजूनाथ भजंत्री

राँची,06.01.2026 – उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, राँची श्री मंजूनाथ भजंत्री, ने 06 जनवरी 2026 को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आम जनता से मिल कर उनकी समस्याओं को सुना एवं उनकी शिकायतें एवं समस्याएं सुनी तथा संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित निष्पादन हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।

इस दौरान मुख्य रूप से भूमि संबंधी विवाद, भूमि उपयोग की अनुमति (परमिशन) तथा अन्य विविध समस्याओं से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं। उपायुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को मौके पर ही निर्देशित किया कि प्राप्त फरियादों का समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर किया जाए तथा किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य आमजन तक सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं को सुगमता से पहुंचाना है। जनता दरबार जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है, जिससे समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो पाता है।

इस दौरान राष्ट्रीय जतरा महोत्सव के आयोजकों के प्रतिनिधि मंडल ने उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राँची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री से मुलाकात की। उन्होंने ज्ञापन देते हुए कहा की विगत कई वर्षों से रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में सफलतापूर्वक आयोजित हो रहे इस महोत्सव के बैनर तले आदिवासी समाज की प्राचीन परंपराओं, रीति-रिवाजों, लोककला एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन किया जाता रहा है।

इस महोत्सव में झारखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों से आदिवासी कलाकार एवं खोड़ा दल एकत्रित होकर अपनी पारंपरिक कला, संस्कृति एवं सामाजिक एकता का जीवंत प्रदर्शन करते हैं। यह आयोजन आने वाली पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। प्रतिनिधियों ने उपायुक्त से विनम्र अनुरोध किया कि इस वर्ष राष्ट्रीय जतरा महोत्सव के आयोजन हेतु 31 जनवरी से मोराबादी मैदान आवंटित किया जाए, ताकि यह सांस्कृतिक कार्यक्रम पूर्ववत शांतिपूर्ण, गरिमामय एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। जिसपर उपायुक्त ने उनके अनुरोध पर विचार करने का आश्वासन दिया।

***************************

 

रांची जिला के विभिन्न अंचलों/प्रखण्डों में आयोजित जनता दरबार से आमजनों को त्वरित राहत

उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देशानुसार विभिन्न अंचलों आयोजित जनता दरबार में सैकड़ों आवेदनों का ऑन द स्पॉट निष्पादन

चान्हो में 89, बेड़ो में 136, राहे में 95, सिल्ली में 51, अरगोड़ा में 72, बुढ़मू में 66, खलारी में 24 तथा बुंडू में 43 आवेदनों का निष्पादन

अन्य अंचलों में भी कई आवेदनों का निष्पादन

रांची,06.01.2025 – उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री के निदेशानुसार जिले के सभी प्रखंडों एवं अंचलों में प्रत्येक मंगलवार को जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में आज दिनांक 06.01.2026 को जिले के विभिन्न अंचलों में आयोजित जनता दरबार में बड़ी संख्या में प्राप्त आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन किया गया।

अंचल कार्यालय सोनाहातू में चिरगाडीह पंचायत की यमुना देवी को पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र तथा बुद्धेश्वर पुरान को आचरण प्रमाण पत्र निर्गत किया गया। सिल्ली अंचल के तिरगा ग्राम की नीलम देवी को पारिवारिक प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

अनगड़ा अंचल अंतर्गत बरवादाग अंचल के आवेदक दुलाल महतो द्वारा पंजी-2 में सुधार हेतु दिए गए आवेदन का निष्पादन किया गया। इसी अंचल के चिलदाग ग्राम के विनोद कुमार महतो एवं जमल मुंडा के पंजी-2 सुधार संबंधी आवेदनों का भी निस्तारण किया गया। साथ ही चिलदाग सोसो ग्राम के राजू कुमार एवं ग्राम जराटोली के मार्शल उरांव के शुद्धि पत्र में जाति सुधार किया गया।

मांडर अंचल में आयोजित जनता दरबार में आवेदिका बेबी कुमारी एवं गुलशन खातून को जाति प्रमाण पत्र निर्गत किया गया। नगड़ी अंचल के ग्राम टुण्डूल की दीपिका को लगान रसीद प्रदान की गई।

चान्हो अंचल में दाखिल-खारिज, पंजी-2 सुधार, पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, आवासीय/जाति/आय प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा सहित कुल 89 आवेदनों का निष्पादन किया गया। वहीं बेड़ो में 136, राहे में 95, सिल्ली में 51, अरगोड़ा में 72, बुढ़मू में 66, खलारी में 24 तथा बुंडू में 43 आवेदनों का निष्पादन किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य अंचलों में भी कई आवेदनों का समाधान किया गया।

उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का समाधान समय पर पारदर्शी तरीके से हो। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करें और अधिक से अधिक आवेदनों का ऑन द स्पॉट निष्पादन सुनिश्चित करें।

***************************

 

एडीए का दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्‍ठी ‘एयरोनॉटिक्स  2047’ बेंगलुरु में शुरू हुआ

नई दिल्ली – एयरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी (एडीए) द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी ‘एयरोनॉटिक्स  2047’ का शुभारंभ 4 जनवरी, 2026 को बेंगलुरु स्थित सेंटर फॉर एयरबोर्न सिस्टम्स (सीएबीएस) में हुआ। संगोष्ठी का उद्घाटन वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने किया। अपने संबोधन में वायुसेना प्रमुख ने लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (एलसीए) तेजस के 25 वर्ष पूरे होने पर एडीए को बधाई दी और आज के निरंतर बदलते समय में भारतीय वायु सेना (आईएएफ) को परिचालन रूप से तैयार रखने के लिए सुपुर्दगी की समयसीमा का पालन करने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर बोलते हुए, रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव और डीआरडीओ के अध्यक्ष डॉ. समीर वी. कामत ने आयात पर निर्भरता को कम करने के लिए स्वदेशी अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी के विकास के महत्व पर जोर दिया जिससे 2047 तक विकसित भारत के परिकल्‍पना को साकार किया जा सके।

इस संगोष्‍ठी में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ, औद्योगिक भागीदार, शिक्षाविद, विमानन क्षेत्र के अग्रणी और एयरोस्पेस क्षेत्र के वक्ता एक साथ आए हैं ताकि वे वैमानिकी के विकास, डिजाइन नवाचार, विनिर्माण और भविष्य की संभावनाओं पर अपने विचार साझा कर सके। एयरोनॉटिक्स-2047 का मुख्य उद्देश्य आधुनिक एयरोस्पेस प्रौद्योगिकियों के विभिन्न पहलुओं का पता लगाना है, जिनमें अगली पीढ़ी के विमानों के लिए विनिर्माण और असेंबली, डिजिटल विनिर्माण, अगली पीढ़ी के लड़ाकू विमानों के लिए वायुगतिकी, प्रणोदन प्रौद्योगिकियां, उड़ान परीक्षण तकनीकें, डिजिटल ट्विन प्रौद्योगिकी, प्रमाणन चुनौतियां, उड़ान नियंत्रण प्रणाली और एवियोनिक्स, लड़ाकू विमानों में रखरखाव संबंधी चुनौतियां, विमान डिजाइन में एआई और एक्चुएटर्स के लिए सटीक विनिर्माण शामिल हैं।

इस संगोष्‍ठी में भारतीय अंतरिक्ष प्रौद्योगिकियों के भविष्य और एलसीए तेजस के प्रारंभिक डिजाइन से लेकर स्क्वाड्रन में शामिल होने तक के सफर पर चर्चा की जाएगी। एडीए ने एलसीए तेजस को डिजाइन और विकसित किया है। इसके 5,600 से अधिक सफल उड़ान परीक्षण हो चुके हैं। इस कार्यक्रम में सरकारी प्रयोगशालाओं, शैक्षणिक संस्थानों और उद्योगों सहित 100 से अधिक डिजाइन कार्य केंद्र शामिल थे। एलसीए को चौथी पीढ़ी का लड़ाकू विमान बनाने के लिए कार्बन कंपोजिट, हल्के पदार्थ, फ्लाई-बाय-वायर फ्लाइट कंट्रोल, डिजिटल यूटिलिटी मैनेजमेंट सिस्टम, ग्लास कॉकपिट आदि जैसी कई विशिष्ट प्रौद्योगिकियों का विकास किया गया।

एलसीए एमके1ए स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित लड़ाकू विमान का एक उन्नत संस्करण है और यह भारतीय वायु सेना की परिचालन आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए एक शक्तिशाली मंच के रूप में कार्य करेगा। एलसीए एमके II और एलसीए नेवी पर वर्तमान में कार्य चल रहा है। संगोष्‍ठी के दौरान, तेजस कार्यक्रम से जुड़े प्रतिष्ठित और प्रसिद्ध वक्ताओं द्वारा तकनीकी वार्ता की एक श्रृंखला प्रस्तुत की जाएगी।

भारत को एलसीए तेजस के विकास से अपार लाभ हुआ है क्योंकि अब उसके पास स्वदेशी रूप से लड़ाकू विमान बनाने की क्षमता और सामर्थ्य दोनों हैं। एलसीए कार्यक्रम सबसे सफल स्वदेशी रक्षा कार्यक्रमों में से एक है जिसके माध्यम से भारतीय वायु सेना को असाधारण वायु श्रेष्ठता वाला लड़ाकू विमान प्राप्त हुआ। अब तक, 38 विमान (32 लड़ाकू विमान और 6 प्रशिक्षण विमान) भारतीय वायु सेना के दो स्क्वाड्रनों में शामिल किए जा चुके हैं।

संगोष्‍ठी के एक भाग के रूप में, बड़ी संख्या में सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (पीएसयू), डीपीएसयू, उद्योग और एमएसएमई अपने स्वदेशी रूप से डिजाइन और विकसित किए गए उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं जो हवाई अनुप्रयोगों के लिए उपयुक्त हैं।

*************************

 

श्री शिवराज सिंह चौहान ने आईसीएआर द्वारा विकसित 25 फसलों की 184 नई किस्में राष्ट्र को किया समर्पित

नई दिल्ली – केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज नई दिल्ली के एनएएससी कॉम्प्लेक्स स्थित ए.पी. शिंदे ऑडिटोरियम में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा विकसित 25 फील्ड फसलों की 184 उन्नत किस्मों का अनावरण किया। यह कार्यक्रम भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के तत्वावधान में आयोजित किया गया जिसमें वैज्ञानिकों, वरिष्ठ अधिकारियों और कृषि विशेषज्ञों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत ने उच्च उत्पादक बीजों के विकास में अभूतपूर्व सफलता हासिल की है। वर्ष 1969 में शुरू हुई गजट अधिसूचना प्रक्रिया के बाद अब तक कुल 7205 फसल प्रजातियों को अधिसूचित किया जा चुका है जिनमें धान, गेहूं, ज्वार, मक्का, दलहन, तिलहन, रेशेदार और अन्य फसलें शामिल हैं, वहीं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी  के नेतृत्व में पिछले 11–12 वर्षों में नई किस्मों के विकास की गति और तेज हुई है, अकेले इस अवधि में 3236 उच्च उत्पादक प्रजातियों को मंजूरी मिली है, जबकि 1969 से 2014 तक 3969 प्रजातियों को अधिसूचित किया गया था। अब अधिसूचित 184 उन्नत किस्मों का लोकार्पण किया गया है, जो देश के किसानों को अधिक उपज, बेहतर गुणवत्ता और जलवायु सहनशीलता जैसे लाभ देंगी।

उन्होंने बताया कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की फसल संबंधी समन्वित परियोजनाओं के तहत परिषद की संस्थाओं, राज्य व केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालयों और निजी बीज कंपनियों ने मिलकर इन किस्मों के विकास में अहम योगदान दिया है। विशेष गुणों वाली कई प्रजातियां, जैसे सूखा सहनशील, लवणीय‑क्षारीय मिट्टी में उपज देने वाली और रोग‑कीट प्रतिरोधी किस्में, किसानों को बदलते मौसम और जलवायु संकट से सुरक्षा कवच देंगी।

श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत उच्च उत्पादक और जलवायु सहनशील बीजों के विकास के दम पर कृषि में नई क्रांति के दौर में प्रवेश कर चुका है। केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह उपलब्धि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की फसलों की अखिल भारतीय समन्वित परियोजनाओं, राज्य व केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालयों और निजी बीज कंपनियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। कुल 184 हाल की प्रजातियों के विकास में परिषद की संस्थाओं, विश्वविद्यालयों और निजी क्षेत्र की बीज कंपनियों ने क्रमशः 60, 62 और 62 प्रजातियों के साथ योगदान दिया है।

श्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि कई नई लोकार्पित किस्मों में सूखा, बाढ़, लवणीयता और रोग‑कीट प्रतिरोध जैसे विशेष गुण निहित हैं, जो मौसम की अनिश्चितता के बीच स्थिर उत्पादन सुनिश्चित करेंगे। उच्च पैदावार के साथ‑साथ इन किस्मों में बेहतर गुणवत्ता, पोषण‑समृद्धि और प्रसंस्करण‑उपयुक्तता जैसे गुण भी हैं, जिससे किसानों को बाजार में बेहतर दाम और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न मिलेगा। यह ‘लैब से लैंड’ की यात्रा का सफल मॉडल है।

उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि हर किसान के खेत तक उच्च गुणवत्ता वाले बीज पहुंचें, ताकि भारत न सिर्फ अपने लिए बल्कि पूरे विश्व के लिए अन्न उत्पादन करने वाला देश बने। केंद्रीय कृषि मंत्री ने भारतीय कृषि को ‘विकसित भारत’ के निर्माण की आधारशिला बताते हुए कहा कि देश ने चावल उत्पादन में चीन को पीछे छोड़कर 150.18 मिलियन टन उत्पादन के साथ नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि भारत अब खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित कर चुका है और दुनिया को अन्न प्रदान करने वाला राष्ट्र बन गया है। केंद्रीय मंत्री ने इस उपलब्धि के लिए किसानों, वैज्ञानिकों, शोध संस्थानों और निजी क्षेत्र को बधाई दी।

केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर और शक्तिशाली भारत के निर्माण का महायज्ञ चल रहा है, जिसमें कृषि क्षेत्र की अहम भूमिका है। उन्होंने बताया कि बीज किसी भी उत्पादन प्रणाली की आत्मा है और अब भारत केवल अन्न ही नहीं बल्कि पोषणयुक्त अन्न के उत्पादन की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है। देश भर के किसानों के लिए 25 फसलों की 184 नवीन प्रजातियां जारी की गई हैं, जिन्हें तीन वर्षों के भीतर किसानों तक पहुँचाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार कृषि योजनाओं के साथ ‘विकसित भारत जी-राम-जी’ जैसी नई योजनाओं का कन्वर्जेन्स बढ़ाकर जल संरक्षण, कृषि वानिकी और पशुपालन जैसे क्षेत्रों में कार्य करेगी। केंद्रीय मंत्री ने दलहन-तिलहन उत्पादन बढ़ाने पर भी जोर दिया और कहा कि इस क्षेत्र में उत्पादकता बढ़ाना, मूल्य स्थिर रखना और प्रोसेसिंग व्यवस्था विकसित करना केंद्र की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में कुल 122 अनाज फसलों की किस्में जारी की गईं, जिनमें धान की 60 और मक्का की 50 नई किस्में प्रमुख हैं। इनमें ज्वार, बाजरा, रागी, लघु मिलेट्स और प्रोसो मिलेट की भी उन्नत किस्में शामिल हैं, जो पोषण सुरक्षा और जलवायु सहनशीलता को मजबूत करेंगी। दलहनों की 6 नई किस्में (अरहर, मूंग और उड़द) जारी की गई हैं जो प्रोटीन सुरक्षा और फसल विविधीकरण को गति देंगी। तिलहनों के लिए सरसों, कुसुम, तिल, मूंगफली, गोभी सरसों और अरंडी सहित 13 नई किस्में तथा 11 चारा फसलों की किस्में पशुपालकों के लिए महत्वपूर्ण संसाधन साबित होंगी। कार्यक्रम में गन्ने की 6 और कपास की 24 किस्में, जिनमें 22 बीटी कपास भी शामिल हैं, किसानों के लिए जारी की गईं। जूट और तंबाकू की एक-एक नई किस्म भी रिलीज की गई जो संबंधित क्षेत्रों के किसानों के लिए अधिक उत्पादन और बेहतर रिटर्न का अवसर प्रदान करेगी।

इन 184 किस्मों को आईसीएआर के वैज्ञानिकों ने विभिन्न कृषि-जलवायु परिस्थितियों, मिट्टी के प्रकार और खेती की पद्धतियों को ध्यान में रखते हुए वर्षों के शोध, परीक्षण और मूल्यांकन के बाद विकसित किया है।

कार्यक्रम के दौरान कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के सचिव डॉ देवेश चतुर्वेदी, आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट भी उपस्थित थे जिन्होंने अपने विचार व्यक्त किए। वहीं, राष्ट्रीय बीज निगम (NSC) की अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक और केंद्रीय कृषि मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव डॉ. श्रीमती मनिंदर कौर द्विवेदी ने NSC की ओर से 33.26 करोड़ रुपए के लाभांश का चेक केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को भेंट किया।

***************************

 

राह-वीर: बिना किसी डर के जीवन बचाएं – नेक आदमी की सुरक्षा यह सुनिश्चित करती है कि आपको किसी भी बात की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है

नई दिल्ली – सड़क दुर्घटना के दौरान हर पल महत्‍वपूर्ण होता है, विशेषकर उस महत्‍वपूर्ण ‘गोल्डन आवर’ में जब समय पर सहायता मिलने से किसी की जान बच सकती है। ऐसे क्षणों में आगे आने वाले लोगों का समर्थन और सुरक्षा करने के लिए, सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने मोटर वाहन (संशोधन) अधिनियम, 2019 की धारा 134ए के तहत 2020 में गुड समैरिटन रूल्स अधिसूचित किए। ये नियम एक सरल विश्वास पर आधारित हैं – दुर्घटना पीड़ित की सहायता करने वाले किसी भी व्यक्ति को ऐसा करने से कभी डरना नहीं चाहिए। जो लोग साहस दिखाते हुए किसी घायल अजनबी को उठाकर, अक्सर उसका नाम भी जाने बिना, उसे निकटतम अस्पताल ले जाते हैं, उन्हें राह-वीर कहा जाता है।

किसी दुर्घटना पीड़ित की सहायता करने वाले नेक आदमी को कानूनी झंझटों में नहीं फंसाया जा सकता, उससे व्यक्तिगत जानकारी देने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता या उसे अनावश्यक रूप से हिरासत में नहीं लिया जा सकता है। उनकी सहायता करने की इच्छा का सम्मान किया जाता है और उनकी गरिमा और निजता की रक्षा की जाती है।

गोल्‍डन आवर में जीवन बचाना

कानून के अनुसार, गंभीर चोट लगने के बाद का पहला घंटा ‘गोल्डन आवर’ कहलाता है जो चिकित्सा सहायता के लिए सबसे महत्वपूर्ण समय होता है। इस अवधि के दौरान त्वरित सहायता से आजीवन विकलांगता, आघात और अनगिनत मौतों को रोका जा सकता है।

सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि राह-वीर बनने के लिए आपको चिकित्सा प्रशिक्षण की आवश्यकता नहीं है। आपको विशेष उपकरणों की भी आवश्यकता नहीं है। कभी-कभी, आपकी सहायता करने की इच्छा ही सबसे बड़ी सहायता होती है।

एक नेक आदमी बनना: आपको जानना चाहिए – क्या करें और क्या न करें

क्या करें: आपके अधिकार और जिम्मेदारियां

  • बिना किसी डर के सहायता करें: सद्भावना से कार्य करने पर आपको कानूनी रूप से नागरिक या आपराधिक दायित्व से सुरक्षा प्राप्त है।
  • यह जान लें कि आप गुमनाम रह सकते हैं: जब तक आप गवाह बनना न चाहें, तब तक आपको व्यक्तिगत विवरण साझा करने की आवश्यकता नहीं है।
  • कृपया केवल एक बार ही पुलिस को बयान दे सकते हैं: यदि आप गवाह के रूप में स्वेच्छा से उपस्थित होते हैं तो आपकी सुविधानुसार किसी भी समय और स्थान पर आपसे एक बार पूछताछ की जा सकती है।
  • अस्पताल से रसीद अवश्य प्राप्त करें: आपको इस बात की साधारण पुष्टि प्राप्त करने का अधिकार है कि आप पीड़ित को उपचार के लिए लाए थे।

क्या न करें: वे मिथक जिन पर आपको विश्वास नहीं करना चाहिए

  • कानूनी चिंताओं के कारण संकोच न करें: यह प्रणाली राह-वीरों की रक्षा के लिए बनाई गई है।
  • अस्पताल में रुकने के लिए बाध्य महसूस न करें: एक बार मरीज को भर्ती कर लिया जाए तो आप जाने के लिए स्वतंत्र हैं।
  • इलाज के लिए भुगतान न करें: अस्पताल आपातकालीन देखभाल के लिए आपसे भुगतान की मांग नहीं कर सकते।
  • एफआईआर दर्ज कराने या गवाही देने के लिए खुद को बाध्य महसूस न करें: गवाह बनना आपकी व्यक्तिगत पसंद है।
  • यदि आप गुमनाम रहना पसंद करते हैं तो व्यक्तिगत विवरण प्रकट न करें: यह आपका अधिकार है।
  • अधिकारियों द्वारा हिरासत में लिए जाने की अनुमति न दें: इसकी अनुमति‍ नहीं है।

हमें और अधिक राह-वीरों की आवश्यकता है

बेहतर सड़कों और बढ़ते बुनियादी ढांचे के बावजूद, भारत में सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने और मरने वालों की संख्या में चिंताजनक वृद्धि हो रही है। इसके अलावा, भारत दुनिया में सबसे अधिक सड़क दुर्घटनाओं वाले देशों में से एक है। वास्‍तव में, माननीय केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने कहा कि इन दुर्घटनाओं का आर्थिक प्रभाव बहुत बड़ा है जिससे देश को अपने सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का लगभग 3 प्रतिशत नुकसान होता है। यह आईआईटी दिल्ली की एक रिपोर्ट में बताया गया है।

सड़कें लोगों को जोड़ने और अवसर पैदा करने के लिए होती हैं, फिर भी अक्सर वे दुखद, रोकी जा सकने वाली दुर्घटनाओं का कारण बन जाती हैं। इनमें से कई मौतें इसलिए नहीं होती कि सहायता संभव नहीं थी बल्कि इसलिए होती हैं क्योंकि सहायता समय पर नहीं पहुंच पाती। राहगीर अक्सर पुलिस की पूछताछ, अस्पताल की प्रक्रियाओं या कानूनी पेचीदगियों के डर से दुर्घटना पीड़ितों की सहायता करने में हिचकिचाते हैं। इस हिचकिचाहट के कारण ‘‘गोल्डन आवर’’ के कीमती मिनट बर्बाद हो जाते हैं, जब समय पर चिकित्सा देखभाल जीवन बचा सकती है।

राह-वीरों के लिए मान्यता और वित्तीय सहायता

‘राह-वीर’ (नेक आदमी) योजना इन व्यक्तियों को वित्तीय मान्यता भी प्रदान करती है और उन्हें वास्तविक जीवन के नायकों के रूप में सम्मानित करती है जिन्होंने संकोच के बजाय करुणा को चुना।

इस योजना के तहत, जो भी व्यक्ति दुर्घटना पीड़ित को गोल्डन आवर के भीतर चिकित्सा सहायता दिलाने में मदद करता है, उसे 25,000 रुपये का पुरस्कार और प्रशंसा पत्र दिया जाता है। साथ ही, बहादुरी के ऐसे कार्यों को दोहराने पर साल में पांच बार तक यह सम्मान प्राप्त किया जा सकता है। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि यह योजना आत्मविश्वास, भरोसा और एक ऐसी संस्कृति को बढ़ावा देती है जहां सड़क पर दूसरों की सहायता करना एक साझा जिम्मेदारी और राष्ट्र के लिए गर्व होता है।

राह-वीर केवल एक योजना या नीति से कहीं बढ़कर है। यह साहस, सहानुभूति और सामूहिक जिम्मेदारी है।

अगली बार जब आप कोई दुर्घटना देखें, तो याद रखें: त्रासदी और जीवन के बीच आप ही एकमात्र उम्मीद हो सकते हैं। और किसी की जान बचाने के लिए आपको डॉक्टर होने की जरूरत नहीं है, बस इंसान होना जरूरी है।

*************************

 

पीपीए ने 21वीं पारादीप मैराथन के साथ पत्तन स्थापना दिवस की 65वीं वर्षगांठ मनाई

नई दिल्ली – ओडिशा के पारादीप पत्तन प्राधिकरण ने शनिवार को 21वीं पारादीप मैराथन 2026 के सफल आयोजन के साथ अपना 65वां पत्तन स्थापना दिवस मनाया। इस कार्यक्रम का आयोजन पीपीए की गोपबंधु क्रीड़ा संसद द्वारा किया गया था और मुख्य अतिथि, पीपीए के अध्यक्ष श्री पीएल हरनाध ने हनुमान मंदिर चौक से इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर पीपीए के उपाध्यक्ष श्री टी. वेणु गोपाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

14 किलोमीटर की दौड़ गोपबंधु स्टेडियम में संपन्न हुई, जहां पत्तन शहर के निवासियों और विभिन्न संगठनों ने उत्साहपूर्वक समर्थन दिया। कुल 336 धावकों ने भाग लिया जिनमें 280 पुरुष और 56 महिलाएं शामिल थी।

गोपबंधु स्टेडियम में आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित श्री हरनाध ने याद दिलाया कि पारादीप पत्तन प्राधिकरण जिसकी आधारशिला 3 जनवरी 1962 को रखी गई थी एक छोटे से घाट से बढ़कर भारत के प्रमुख पत्तनों में से एक बन गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में यह पत्तन रेटेड क्षमता के मामले में सबसे बड़ा प्रमुख पत्तन है, भारतीय प्रमुख पत्तनों में सर्वश्रेष्ठ बर्थ उत्पादकता दर्ज करता है और देश का सबसे लागत प्रभावी प्रमुख पत्तन है। उन्होंने आगे कहा कि चल रहे आधुनिकीकरण, हरित विकास पर विशेष ध्यान और कर्मचारी कल्याण के साथ, पत्तन 2030 तक 400 मिलियन मीट्रिक टन की क्षमता की ओर लगातार प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि पारादीप मैराथन विकास, अनुशासन और सामूहिक भागीदारी की इसी भावना को प्रतिबिंबित करता है।

इस अवसर पर, ओडिशा के उभरते हुए धावक प्रतीक महाराणा को जिन्होंने हाल ही में पुरुषों की 200 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक जीता और भारतीय पुरुषों की 4×100 मीटर रिले टीम का हिस्सा थे, जिसने चौथी दक्षिण एशियाई सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में रजत पदक हासिल किया था, उनको पारादीप पत्तन प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री पीएल हरनाध द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

पुरुषों की श्रेणी में, ओडिशा पुलिस के श्री अशोक दंडसेना ने पारादीप मैराथन 2026 में 43 मिनट 52.2 सेकंड के समय के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। रांची के श्री गुलसन दुंग दुंग 44 मिनट 11.9 सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे जबकि झारखंड के श्री राकेश महंत 44 मिनट 18.3 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

महिलाओं की श्रेणी में झारखंड की सुश्री अनीता दास ने 51 मिनट 8.4 सेकंड में दौड़ पूरी करके प्रथम स्थान प्राप्त किया। मयूरभंज की सुश्री संध्या मुर्मु ने 54 मिनट 24.2 सेकंड के समय के साथ दूसरा स्थान हासिल किया जबकि ओडिशा पुलिस की सुश्री बसंती मंडिया ने 54 मिनट 51.6 सेकंड में तीसरा स्थान प्राप्त किया।

गोपबंधु स्टेडियम में आयोजित समापन समारोह में पीपीए के उपाध्यक्ष श्री टी. वेणु गोपाल और पीपीए के विभागाध्यक्ष भी उपस्थित थे।

पारादीप पत्तन खेल परिषद के अधिकारियों और तकनीकी सदस्यों द्वारा श्री एच.एस. राउत, अध्यक्ष; डॉ. डी.पी. सेठी, कार्यकारी अध्यक्ष, गोपबंधु क्रीड़ा संसद; श्री धुना चंद्र तराई, सचिव, जी.के.एस. के नेतृत्व में और ओडिशा ओलंपिक एसोसिएशन के अधिकारियों के सहयोग से मैराथन का सुचारू रूप से संचालन किया गया.

***********************

 

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वाराणसी में 72वें राष्ट्रीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का उद्घाटन किया

नई दिल्ली –  प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उत्तर प्रदेश के वाराणसी में 72वें राष्ट्रीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। श्री मोदी ने इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए कहा कि उन्‍हें वाराणसी से सांसद होने के नाते सभी खिलाड़ियों का स्वागत और अभिनंदन करते हुए प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप आज से वाराणसी में शुरू हो रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि खिलाड़ी अथक परिश्रम के बाद इस राष्ट्रीय टूर्नामेंट तक पहुंचे हैं और आने वाले दिनों में वाराणसी के मैदान पर उनके परिश्रम की परीक्षा होगी। उन्होंने कहा कि देश के 28 राज्यों की टीमें एकत्रित हुई हैं जो एक भारत, श्रेष्ठ भारत का सुंदर चित्र प्रस्तुत करती हैं। प्रधानमंत्री ने चैंपियनशिप के सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी।

बनारसी की एक स्थानीय कहावत का उल्‍लेख करते हुए श्री मोदी ने कहा कि खिलाड़ी अब वाराणसी पहुंच चुके हैं और शहर को अच्छी तरह जान लेंगे। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वाराणसी खेल प्रेमियों का शहर है जहां कुश्ती, कुश्ती के अखाड़े, मुक्केबाजी, नौका दौड़ और कबड्डी बहुत लोकप्रिय हैं। उन्होंने कहा कि वाराणसी ने कई राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी दिए हैं और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, यूपी कॉलेज और काशी विद्यापीठ जैसे संस्थानों के खिलाड़ियों ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। श्री मोदी ने कहा कि हजारों वर्षों से वाराणसी ज्ञान और कला की खोज में आने वाले सभी लोगों का स्वागत करता आया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप के दौरान वाराणसी का उत्साह बरकरार रहेगा, खिलाड़ियों को उनका उत्साहवर्धन करने के लिए दर्शक मिलेंगे और वे वाराणसी की समृद्ध आतिथ्य सत्कार की परंपरा का अनुभव भी करेंगे।

प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि वॉलीबॉल कोई साधारण खेल नहीं है बल्कि यह संतुलन और सहयोग का खेल है जहां गेंद को हमेशा हवा में रखने के प्रयास में दृढ़ संकल्प झलकता है। उन्होंने बताया कि वॉलीबॉल खिलाड़ियों को टीम भावना से जोड़ता है, जहां हर खिलाड़ी ‘टीम पहले’ के मंत्र से प्रेरित होता है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि भले ही प्रत्येक खिलाड़ी के पास अलग-अलग कौशल हों लेकिन सभी अपनी टीम की जीत के लिए खेलते हैं। श्री मोदी ने भारत के विकास की कहानी और वॉलीबॉल के बीच समानताओं का उल्‍लेख करते हुए कहा कि यह खेल सिखाता है कि कोई भी जीत अकेले प्राप्‍त नहीं होती बल्कि जीत समन्वय, विश्वास और टीम की तैयारी पर निर्भर करती है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि हर किसी की अपनी भूमिका और जिम्मेदारी होती है और सफलता तभी मिलती है जब हर कोई गंभीरता से अपनी जिम्‍मेदारी को निभाता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश भी इसी तरह प्रगति कर रहा है, स्वच्छता से लेकर डिजिटल भुगतान तक, ‘एक पेड़ मां के नाम’ से लेकर विकसित भारत के अभियान तक, हर नागरिक, हर वर्ग और हर प्रांत सामूहिक चेतना और ‘भारत पहले’ की भावना के साथ काम कर रहा है।

श्री मोदी ने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की विकास और अर्थव्यवस्था की सराहना कर रही है। उन्होंने कहा कि यह प्रगति केवल आर्थिक मोर्चे तक ही सीमित नहीं है बल्कि खेल जगत में दिख रहे आत्मविश्वास में भी झलकती है। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में, 2014 से विभिन्न खेलों में भारत का प्रदर्शन लगातार बेहतर हुआ है और उन्‍हें जेन-जेड खिलाड़ियों को मैदान पर तिरंगा फहराते देखकर गर्व महसूस होता है।

प्रधानमंत्री ने याद दिलाया कि एक समय ऐसा था जब सरकार और समाज दोनों ही खेलों के प्रति उदासीन थे जिससे खिलाड़ियों के भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी रहती थी और बहुत कम युवा खेलों को अपना करियर बनाते थे। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पिछले एक दशक में खेलों के प्रति सरकार और समाज दोनों की सोच में बदलाव आया है। श्री मोदी ने कहा कि सरकार ने खेल के बजट में उल्लेखनीय वृद्धि की है और आज भारत का खेल मॉडल ‘खिलाड़ी-केंद्रित’ हो गया है जिसमें प्रतिभा की पहचान, वैज्ञानिक प्रशिक्षण, पोषण और पारदर्शी चयन पर ध्यान केंद्रित किया जाता है जिससे यह सुनिश्चित होता है कि खिलाड़ियों के हितों को हर स्तर पर प्राथमिकता दी जाए।

प्रधानमंत्री ने कहा, “आज देश में तेजी से सुधार हो रहे हैं, हर क्षेत्र और हर विकास लक्ष्य इससे जुड़ा हुआ है, और खेल भी उनमें से एक है।” उन्होंने बताया कि सरकार ने खेल के क्षेत्र में कई बड़े सुधार किए हैं जिनमें राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम और खेलो भारत नीति 2025 शामिल हैं। इनसे प्रतिभाओं को अवसर मिलेंगे और खेल संगठनों में पारदर्शिता बढ़ेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन प्रावधानों से युवाओं को खेल और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में एक साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

श्री मोदी ने कहा कि टीओपी जैसी पहल भारत में खेल जगत को बदल रही हैं जिनमें मजबूत बुनियादी ढांचा तैयार करने, वित्तपोषण तंत्र विकसित करने और युवा खिलाड़ियों को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में भारत ने कई शहरों में 20 से अधिक प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय आयोजनों की मेजबानी की है जिनमें फीफा अंडर-17 विश्व कप, हॉकी विश्व कप और प्रमुख शतरंज टूर्नामेंट शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने आगे कहा, “2030 के राष्ट्रमंडल खेल भारत में आयोजित किए जाएंगे और देश 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भी प्रयासरत है जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा करने के बेहतर अवसर प्रदान करना है।”

श्री मोदी ने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि विद्यालय स्तर पर भी युवा खिलाड़ियों को ओलंपिक खेलों से परिचित कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘खेलो इंडिया’ अभियान के माध्यम से सैकड़ों युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का मौका मिला है। उन्होंने आगे कहा कि कुछ ही दिन पहले सांसद खेल महोत्सव का समापन हुआ जिसमें लगभग एक करोड़ युवाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वाराणसी से सांसद होने के नाते उन्होंने गर्व से बताया कि सांसद खेल महोत्सव के दौरान वाराणसी के लगभग तीन लाख युवाओं ने मैदान पर अपनी ताकत और कौशल का प्रदर्शन किया।

खेलों के लिए बुनियादी ढांचे में हो रहे बदलावों से वाराणसी को भी लाभ मिल रहा है, इस बात पर प्रकाश डालते हुए श्री मोदी ने कहा कि आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं और विभिन्न खेलों के लिए स्टेडियम बन रहे हैं। उन्होंने बताया कि नए खेल परिसर आसपास के जिलों के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण प्राप्‍त करने के अवसर प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सिगरा स्टेडियम, जहां यह आयोजन हो रहा है, अब कई आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है।

प्रधानमंत्री ने वाराणसी की बड़े आयोजनों के लिए तैयारियों पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के माध्यम से देश के खेल नक्‍शे पर स्थान बनाना शहर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने याद दिलाया कि इस चैंपियनशिप से पहले, वाराणसी ने कई महत्वपूर्ण आयोजनों की मेजबानी की है जिनसे स्थानीय लोगों को अवसर मिले और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिला जिनमें जी-20 की बैठकें, काशी तमिल संगमम और काशी तेलुगु संगमम जैसे सांस्कृतिक उत्सव, प्रवासी भारतीय सम्मेलन और शंघाई सहयोग संगठन की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में वाराणसी का नाम शामिल है। उन्होंने कहा कि अब इन उपलब्धियों में यह चैंपियनशिप और जुड़ रही है और ऐसे आयोजन वाराणसी को बड़े मंचों के लिए एक प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने उल्लेख किया कि वाराणसी में इस समय सुहावना ठंडा मौसम रहता है, साथ ही स्वादिष्ट मौसमी व्यंजन भी उपलब्ध होते हैं, और उन्होंने मलाइयो का आनंद लेने का सुझाव दिया। उन्होंने प्रतिभागियों से बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने, गंगा में नौका विहार करने और शहर की विरासत का अनुभव करने का भी आग्रह किया। अपने संबोधन के समापन में, प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों को टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया और आशा व्यक्त की कि वाराणसी की धरती से लगाया गया हर स्पाइक, ब्लॉक और पॉइंट भारत की खेल आकांक्षाओं को और ऊंचा करेगा और एक बार फिर सभी को अपनी शुभकामनाएं दी।

इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ उपस्थित थे।

पृष्ठभूमि

4 से 11 जनवरी तक आयोजित होने वाले 72वें राष्ट्रीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट में पूरे भारत से भागीदारी देखने को मिलेगी जिसमें विभिन्न राज्यों और संस्थानों का प्रतिनिधित्व करने वाली 58 टीमों के हिस्से के रूप में 1,000 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे। इस टूर्नामेंट में भारतीय वॉलीबॉल में उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा, खेल भावना और प्रतिभा का प्रदर्शन होने की उम्मीद है।

वाराणसी में 72वें राष्ट्रीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट की मेजबानी शहर में खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और खेल विकास को बढ़ावा देने पर बढ़ते जोर को दर्शाती है। यह महत्वपूर्ण सांस्कृतिक और खेल पहलों की मेजबानी में शहर की बढ़ती भूमिका के अनुरूप, प्रमुख राष्ट्रीय आयोजनों के केंद्र के रूप में शहर की प्रतिष्ठा को भी और बढ़ाती है।

*********************

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने प्रधानमंत्री मोदी के जन-केंद्रित शासन मॉडल में प्रेस की स्वतंत्रता और कल्याणकारी योजनाओं के वितरण पर जोर दिया

नई दिल्ली – केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री (एमओपीएसडब्ल्यू) सर्बानंद सोनोवाल ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया की अपरिहार्य भूमिका को स्वीकारते हुए पत्रकारों को समाज के सतर्क प्रहरी और जनता की प्रामाणिक आवाज के रूप में रेखांकित किया।

असम के तिनसुकिया में असम प्रेस संवाददाता संघ (एपीसीयू) के 17वें केंद्रीय मध्यावधि सम्मेलन को संबोधित करते हुए सोनोवाल ने कहा कि तेजी से बदलते सूचना परिदृश्य में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में प्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका है।

सोनोवाल ने कहा कि समाज के जागरूक प्रहरी के रूप में मीडिया की भूमिका अतुलनीय है। जनता की आवाज के रूप में पत्रकारों ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा करने और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम किया है।

जिम्मेदारी पूर्ण पत्रकारिता की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने मीडिया पेशेवरों से सत्य, विश्वसनीय और नैतिक रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देने और गलत सूचना एवं सनसनीखेज खबरों से दूर रहने का आग्रह किया। सोनोवाल ने कहा कि पत्रकारिता को सरकार और जनता के बीच एक सेतु के रूप में कार्य करना चाहिए। साथ ही सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देते हुए लोगों की समस्याओं को सामने लाना चाहिए।

श्री सोनोवाल ने समन्वय, संवाद और आम सहमति बनाने के महत्व पर भी जोर दिया और कहा कि मीडिया टकराव के बजाय रचनात्मक जुड़ाव के माध्यम से समाज को मजबूत करने में निर्णायक भूमिका निभा सकता है। सोनोवाल ने कहा कि पत्रकारों के सामने आने वाली बदलती चुनौतियों के लिए निरंतर क्षमता निर्माण, पेशेवर ईमानदारी और नई तकनीकों के अनुकूलन की आवश्यकता है। साथ ही सार्वजनिक हित की पत्रकारिता में दृढ़ता से जुड़े रहना भी जरूरी है।

इस कार्यक्रम में विधायक संजय किशन और बोलिन चेतिया के साथ-साथ वरिष्ठ पत्रकार और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

इससे पहले दिन में माकुम एलएसी में सोनोवाल ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की आधारशिला रखने और उद्घाटन के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लिया और प्रधानमंत्री के प्रमुख कल्याणकारी कार्यक्रमों के लाभार्थियों के साथ बातचीत की। सोनोवाल ने स्थानीय उद्यमियों के साथ बातचीत कर स्थानीय अर्थव्यवस्था के विकास में उनके योगदान को स्वीकार किया।

श्री सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंच गया है, जिससे यह सुनिश्चित हो रहा है कि कल्याणकारी योजनाएं सीधे लाभार्थियों को सशक्त बनाती हैं और जमीनी स्तर पर उद्यमशीलता को मजबूत करती हैं। इस समावेशी दृष्टिकोण ने शासन को एक जन-केंद्रित मॉडल में बदल दिया है जो सामाजिक उत्थान और आर्थिक विकास दोनों को गति प्रदान करता है।

श्री सोनोवाल ने पनीटोला में सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीएलएडीएस) के तहत निर्मित नवनिर्मित वरिष्ठ नागरिक कार्यालय भवन का उद्घाटन किया। यह सुविधा 2024-25 वित्तीय वर्ष के दौरान 15 लाख रुपये की लागत से विकसित की गई थी और इसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के लिए संस्थागत सहायता को मजबूत करना है। सोनोवाल ने कहा कि इस तरह का बुनियादी ढांचा समावेशी विकास, गरिमा, पहुंच और जमीनी स्तर पर बुजुर्गों के लिए सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इस मौके पर मकुम नगर पालिका बोर्ड की अध्यक्ष अर्चना सैकिया, मकुम कॉलेज की उप-प्रधानाचार्य पापोरी बरुआ, डिब्रूगढ़ विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष अशिम हजारिका, असम राज्य आवास बोर्ड के अध्यक्ष पुलक गोहैन, भाजपा तिनसुकिया के जिला अध्यक्ष कुशाकांत बोरा के अलावा लखीनाथ कोच, जेउती मोरन, गिरज बरुआ और रुक्मिणी पातर सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।

**********************

 

2nd All India Judges Badminton Championship 2026 का सफल समापन

विभिन्न वर्गों में देशभर के माननीय न्यायाधीशों ने किया उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन

देश के विभिन्न 09 उच्च न्यायालयों के 31 माननीय न्यायाधीशों ने प्रतियोगिता में लिया भाग

3-4 जनवरी 2026 तक खेलगांव परिसर स्थित ठाकुर विश्वनाथ शहदेव इंडोर स्टेडियम, मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित की गई प्रतियोगिता

रांची, 04.01.2026 – माननीय उच्च न्यायालय, झारखण्ड के तत्वावधान में आयोजित 2nd All India Judges Badminton Championship 2026 का आज सफलतापूर्वक समापन हो गया।

यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता दिनांक 03 से 04 जनवरी 2026 तक रांची के खेलगांव परिसर स्थित ठाकुर विश्वनाथ शहदेव इंडोर स्टेडियम, मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित की गई।

प्रतियोगिता में देश के विभिन्न उच्च न्यायालयों से आए 31 माननीय न्यायाधीशों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान मेन सिंगल्स, वूमेन सिंगल्स, मेन डबल्स एवं मिक्स्ड डबल्स कुल चार वर्गों में मुकाबले खेले गए, जिनमें प्रतिभागियों ने उच्च स्तरीय खेल भावना, अनुशासन एवं उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय दिया।

माननीय मुख्य न्यायाधीश, झारखण्ड उच्च न्यायालय न्यायमूर्ति श्री तरलोक सिंह चौहान द्वारा विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

समापन अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी तथा इस प्रकार की प्रतियोगिताओं को न्यायपालिका के सदस्यों के शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य, आपसी सौहार्द एवं खेल भावना को सुदृढ़ करने वाला बताया।

प्रतियोगिता का परिणाम

मेन सिंगल्स

🥇 विजेता : माननीय न्यायमूर्ति फरहान परवेज़ दुबास (बॉम्बे हाईकोर्ट)

🥈 उपविजेता : माननीय न्यायमूर्ति बेचू कुरियन थॉमस (केरल हाईकोर्ट)

🥉 तृतीय स्थान : माननीय न्यायमूर्ति तेज प्रताप तिवारी (इलाहाबाद हाईकोर्ट)

वूमेन सिंगल्स

🥇 विजेता : माननीय न्यायमूर्ति सावित्री राठो (उड़ीसा हाईकोर्ट)

🥈 उपविजेता : माननीय न्यायमूर्ति रेखा बोराना (राजस्थान हाईकोर्ट)

🥉 तृतीय स्थान : माननीय न्यायमूर्ति नूपुर भाटी (राजस्थान हाईकोर्ट)

मेन्स डबल्स

🥇 विजेता : माननीय न्यायमूर्ति फरहान परवेज़ दुबास एवं माननीय न्यायमूर्ति सारंग वी. कोटवाल (बॉम्बे हाईकोर्ट)

🥈 उपविजेता : माननीय न्यायमूर्ति बेचू कुरियन थॉमस एवं माननीय न्यायमूर्ति राजा विजयराघवन वी. (केरल हाईकोर्ट)

🥉 तृतीय स्थान : माननीय न्यायमूर्ति सी. सारावाना एवं माननीय न्यायमूर्ति जी.के. इलंथिरैयन (मद्रास हाईकोर्ट)

मिक्स्ड डबल्स

🥇 विजेता : माननीय न्यायमूर्ति वी. नरसिंह एवं माननीय न्यायमूर्ति सावित्री राठो (उड़ीसा हाईकोर्ट)

🥈 उपविजेता : माननीय न्यायमूर्ति रवि चिरानिया एवं माननीय न्यायमूर्ति रेखा बोराना (राजस्थान हाईकोर्ट)

🥉 तृतीय स्थान : माननीय न्यायमूर्ति फरजान्द अली एवं माननीय न्यायमूर्ति नूपुर भाटी (राजस्थान हाईकोर्ट)

प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए जिला प्रशासन, रांची द्वारा किए गए उत्कृष्ट प्रबंधन, समन्वय एवं सुविधाओं की व्यापक रूप से सराहना की गई।

*************************

 

125 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद भारत की विरासत लौट और देश की अनमोल धरोहर घर वापस आ गई है: प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी

नई दिल्ली –  प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली के राय पिथोरा सांस्कृतिक परिसर में भव्य अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी “प्रकाश और कमल: भगवान बुद्ध के अवशेष” का उद्घाटन किया। संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित यह ऐतिहासिक प्रदर्शनी एक सदी से भी अधिक समय में पहली बार भगवान बुद्ध के पवित्र पिपरावा अवशेषों, रत्नों और अवशेषों के सबसे व्यापक संग्रह को एक साथ लाती है, जिनमें वे अवशेष भी शामिल हैं जिन्हें हाल ही में भारत वापस लाया गया है।

इस अवसर पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “125 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद भारत की विरासत और राष्ट्र की अनमोल धरोहर वापस घर आ गई है। आज से भारत के लोग भगवान बुद्ध के इन पवित्र अवशेषों के दर्शन कर सकेंगे और उनका आशीर्वाद प्राप्त कर सकेंगे।”

 

इस अवसर पर बोलते हुए केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री, जिनमें भारत की भावना को शासन की गतिविधियों में रूपांतरित करने की विलक्षण क्षमता है, की उपस्थिति हमेशा प्रेरणा और महत्व का क्षण होता है। उन्होंने आगे कहा कि इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री का स्वागत करना हम सभी के लिए अत्यंत गर्व की बात है।

यह उद्घाटन भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक यात्रा का एक ऐतिहासिक क्षण है, जो 127 वर्षों के बाद पिपरावा अवशेषों के पुनर्मिलन का स्मरण कराता है। इस संग्रह में कपिलवस्तु में 1898 में हुए उत्खनन से प्राप्त अवशेष, 1972-75 के उत्खनन से मिली वस्तुएँ, कोलकाता के भारतीय संग्रहालय में संरक्षित खजाने और पेप्पे परिवार का संग्रह शामिल है, जिसे भारत सरकार के निर्णायक हस्तक्षेप के बाद जुलाई 2025 में भारत वापस लाया गया, जिसने विदेशों में उनकी नीलामी को रोक दिया था।

आगमन पर प्रधानमंत्री का स्वागत दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता, केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री श्री किरेन रिजिजू, दिल्ली के उपराज्यपाल श्री विनय कुमार सक्सेना, संस्कृति राज्य मंत्री श्री राव इंद्रजीत सिंह और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री श्री रामदास अठावले ने किया।

अपनी यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री ने प्रदर्शनी का भ्रमण किया और बैठे हुए बुद्ध की मूर्ति पर खटाक और गुलाब की पंखुड़ियाँ अर्पित कीं। उन्होंने पिपरावा स्थल से प्राप्त एक प्राचीन मुहर को पवित्र किया, बोधि वृक्ष का पौधा लगाया, आगंतुक पुस्तिका पर हस्ताक्षर किए, प्रदर्शनी सूची जारी की और उपस्थित पूजनीय बौद्ध भिक्षुओं को चिवर दान दिया।

“प्रकाश और कमल: भगवान बुद्ध के अवशेष” विषय के अंतर्गत आयोजित इस प्रदर्शनी में छठी शताब्दी ईसा पूर्व से लेकर वर्तमान तक की 80 से अधिक असाधारण वस्तुएं प्रदर्शित की गई हैं। इनमें मूर्तियां, पांडुलिपियां, थांगका चित्र, धार्मिक वस्तुएं, अवशेष पात्र और रत्नजड़ित खजाने शामिल हैं। प्रदर्शनी का केंद्र बिंदु वह अखंड पत्थर का संदूक है जिसमें पवित्र अवशेष मूल रूप से पाए गए थे।

कपिलवस्तु के नाम से जाने जाने वाले प्राचीन स्तूप स्थल पर विलियम क्लैक्सटन पेप्पे द्वारा 1898 में खोजे गए पिपरावा अवशेष, बुद्ध के जीवन से संबंधित सबसे महत्वपूर्ण पुरातात्विक खोजों में से हैं। आज इनका पुनः एकीकरण भारत की अपनी सांस्कृतिक धरोहर को पुनः प्राप्त करने, संरक्षित करने और सम्मानित करने की अटूट प्रतिबद्धता का एक सशक्त प्रमाण है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, भारत की वैश्विक भागीदारी में उसकी सभ्यतागत और आध्यात्मिक विरासत का उपयोग लगातार बढ़ता जा रहा है। अब तक 642 प्राचीन वस्तुएं भारत वापस लाई जा चुकी हैं, जिनमें पिपरावा अवशेषों की वापसी सांस्कृतिक कूटनीति और विरासत संरक्षण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री, राजनयिक कोर के सदस्य, राजदूत, पूजनीय बौद्ध भिक्षु, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, विद्वान, विरासत विशेषज्ञ, कला जगत के सदस्य, छात्र और भारत तथा विदेश से बौद्ध धर्म के अनुयायी उपस्थित थे।

यह प्रदर्शनी विरासत संरक्षण और सांस्कृतिक नेतृत्व के प्रति संस्कृति मंत्रालय की प्रतिबद्धता की पुष्टि करती है, साथ ही बुद्ध धम्म के जन्मस्थान के रूप में भारत की अनूठी स्थिति और दुनिया के साथ अपनी सभ्यतागत विरासत को साझा करने के प्रति इसके अटूट समर्पण का जश्न मनाती है।

इस अवसर पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “125 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद भारत की विरासत लौट और राष्ट्र की अनमोल धरोहर वापस घर आ गई है। आज से भारत के लोग भगवान बुद्ध के इन पवित्र अवशेषों के दर्शन कर सकेंगे और उनका आशीर्वाद प्राप्त कर सकेंगे।”

*****************************

भारत के उपराष्ट्रपति ने वेल्लोर में श्री शक्ति अम्मा के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लिया

नई दिल्ली  –  भारत के उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन ने आज तमिलनाडु के वेल्लोर जिले के श्रीपुरम में श्री शक्ति अम्मा के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लिया और श्री शक्ति अम्मा की आध्यात्मिक यात्रा के 50 वर्ष पूरे होने के इस अवसर का हिस्सा बनकर अपार प्रसन्नता व्यक्त की।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि श्रीपुरम स्वर्ण मंदिर की पवित्रता और आध्यात्मिक श्रेष्ठता भारत के पूर्व राष्ट्रपतियों डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम और श्री राम नाथ कोविंद, और हाल ही में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के दर्शनों से स्पष्ट होती है, जिन्होंने पिछले महीने मंदिर का दौरा किया था।

श्री शक्ति अम्मा की धर्म के प्रति प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि उनका मार्गदर्शन आध्यात्मिकता से परे व्यापक सामाजिक सेवा तक फैला हुआ है। उन्होंने श्रीपुरम में किए जा रहे विभिन्न परोपकारी कार्यों की सराहना की, जिनमें उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों के लिए छात्रवृत्ति, जल-संकटग्रस्त क्षेत्रों में पेयजल की व्यवस्था, छात्रों को साइकिल वितरण जैसी दीर्घकालिक पहल और हजारों लोगों को भोजन कराने वाला दैनिक अन्नदान कार्यक्रम शामिल हैं। उन्होंने इन पहलों को सच्ची भक्ति भावना से प्रेरित नेक सेवा बताया।

उपराष्ट्रपति ने आगे कहा कि श्रीपुरम परिसर में 50,000 से अधिक वृक्षारोपण किए गए हैं और पास की कैलाशगिरि पहाड़ियों पर कई लाख पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने इसे धरती माता और मानवता के लिए एक महत्वपूर्ण योगदान और प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी की पर्यावरण संरक्षण पहलों को सशक्त बनाने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना भी एक प्रकार की दिव्य सेवा है।

उपराष्ट्रपति ने इस बात पर जोर दिया कि सच्ची आध्यात्मिकता केवल कर्मकांडीय पूजा में नहीं बल्कि प्रेम, करुणा और साथी मनुष्यों की सेवा में निहित है। उन्होंने कवि सुब्रमण्य भारती के शब्दों का उदाहरण देते हुए कहा, प्रेम से बढ़कर कोई तपस्या नहीं है।” उन्होंने कहा कि समाज से प्रेम करना और उसकी सेवा करना ही सर्वोच्च आध्यात्मिक अनुशासन है।

उपराष्ट्रपति ने श्री शक्ति अम्मा को वर्तमान युग की एक महान आध्यात्मिक हस्ती बताया जो अपने जीवन और कार्यों से “प्रेम पवित्र है” के सिद्धांत का उदाहरण प्रस्तुत करती हैं और समाज में धार्मिकता और आध्यात्मिक चेतना को बढावा देती है।

इससे पहले दिन में, उपराष्ट्रपति ने तमिलनाडु के वेल्लोर जिले के श्रीपुरम स्थित श्री नारायणी मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने देवी लक्ष्मी से सभी के लिए शांति, समृद्धि और सुख की प्रार्थना की।

***************************

 

रांची जिला प्रशासन द्वारा शीतलहर से राहत हेतु व्यापक स्तर पर कंबल वितरण एवं अलाव की व्यवस्था

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राँची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा चिरोंदी स्थित वृद्धा आश्रम में पहुंचकर वृद्धजनों एवं आश्रमवासियों के बीच कंबल वितरित किए गए

कोई भी व्यक्ति यदि ठंड से पीड़ित बेसहारा व्यक्ति को देखे तो तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष या निकटतम थाने/प्रखंड कार्यालय को सूचित करें, ताकि समय पर राहत पहुंचाई जा सके:- उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राँची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री

रांची,04.01.2026 – रांची जिले में पड़ रही कड़ाके की ठंड एवं शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा जरूरतमंदों, बेसहारा एवं असहाय लोगों को राहत पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।(3जनवरी 2026) जिला प्रशासन द्वारा आश्रितों एवं जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए जा रहे हैं तथा जिले के सभी प्रखंडों एवं रांची शहरी क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों पर अलाव की व्यापक व्यवस्था की गई है।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री स्वयं इस अभियान की निगरानी कर रहे हैं। वे प्रतिदिन रात में रांची शहर के प्रमुख स्थलों का निरीक्षण कर रहे हैं तथा स्वयं कंबल वितरण कर रहे हैं। पूर्व में ही उपायुक्त द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को कड़े निर्देश जारी कर दिए गए थे, कि शीतलहर से किसी भी व्यक्ति को कोई कष्ट न हो तथा सभी जरूरतमंदों को कंबल मिलें यह सुनिश्चित हो।

इसी क्रम में आज उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राँची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा चिरौंदी, राँची स्थित वृद्धा आश्रम में पहुंचकर वृद्धजनों एवं आश्रमवासियों के बीच कंबल वितरित किए गए। इस अवसर पर वृद्धजनो ने उपायुक्त का आभार व्यक्त किया तथा ठंड से राहत मिलने पर खुशी जाहिर की।

इस दौरान सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा, रांची श्री रविशंकर मिश्रा तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कोई भी व्यक्ति यदि ठंड से पीड़ित बेसहारा व्यक्ति को देखे तो तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष या निकटतम थाने/प्रखंड कार्यालय को सूचित करें, ताकि समय पर राहत पहुंचाई जा सके

जिला प्रशासन की ओर से अपील की गई है कि कोई भी व्यक्ति यदि ठंड से पीड़ित बेसहारा व्यक्ति को देखे तो तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष या निकटतम थाने/प्रखंड कार्यालय को सूचित करें, ताकि समय पर राहत पहुंचाई जा सके। जिला प्रशासन ठंड से बचाव को अपनी प्राथमिकता मानकर कार्य कर रहा है तथा यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

************************************

 

भारत निर्वाचन आयोग ने ईसीआईनेट में सुधार के लिए नागरिकों से 10 जनवरी तक सुझाव आमंत्रित किए हैं।

  1. भारत निर्वाचन आयोग सभी नागरिकों को ईसीआईनेट ऐप डाउनलोड करने और ऐप में मौजूद सुझाव प्रस्तुत करें‘ टैब का उपयोग कर ऐप को बेहतर बनाने की दिशा में अपने सुझाव देने के लिए आमंत्रित करता है। नागरिक 10 जनवरी, 2026 तक अपने सुझाव दे सकते हैं।
  2. नए ईसीआईएनईटी ऐप के प्रयोगत्मक प्रारूपों से मतदाताओं को बेहतर सेवाएं मिलेंगी, मतदान प्रतिशत के रुझान तेजी से उपलब्ध होंगे और मतदान समाप्त होने के 72 घंटों के भीतर इंडेक्स कार्ड प्रकाशित किए जा सकेंगे, जो प्रक्रिया पहले कई हफ्तों या महीनों में पूरी हो जाती थी। इस ऐप का बिहार विधानसभा चुनाव 2025 और उपचुनावों के दौरान सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया।
  3. सीईओ, डीईओ, ईआरओ, ऑब्जर्वर और फील्ड अधिकारियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर इस प्लेटफॉर्म को लगातार बेहतर और परिष्कृत किया जा रहा है। उपयोगकर्ताओं के सुझावों की जांच की जाएगी और प्लेटफॉर्म को और अधिक उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाने के लिए अपडेट किया जाएगा। ईसीआईनेट प्लेटफॉर्म को इस महीने आधिकारिक तौर पर शुरू किया जाएगा।
  4. ईसीआईनेट, मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी के साथ शुरू की गई आयोग की प्रमुख पहलों में से एक है। ईसीआईनेट ऐप के विकास पर काम 4 मई, 2025 को इसकी घोषणा के बाद शुरू हुआ।
  5. ईसीआईनेट ऐप नागरिकों के लिए एक एकीकृत ऐप है जो पहले से मौजूद 40 अलग-अलग चुनाव संबंधी एप्लिकेशन/वेबसाइटों जैसे वोटर हेल्पलाइन ऐप (वीएचए), सीविजिल, सक्षम, पोलिंग ट्रेंड्स (मतदाता मतदान ऐप), नो योर कैंडिडेट (केवाईसी) ऐप को एक ही इंटरफ़ेस में एकीकृत करता है। यह ऐप गूगल प्ले स्टोर और एप्पल एप स्टोर दोनों से डाउनलोड किया जा सकता है।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने राज्यों के साथ कृषि योजनाओं एवं बजट उपयोग की समीक्षा की

नई दिल्ली – केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज राज्यों के कृषि मंत्रियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (PM-RKVY), कृषोन्नति योजना (KY) समेत विभिन्न केंद्रीय कृषि योजनाओं की प्रगति एवं बजट उपयोग की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छोटे-छोटे प्रशासनिक एवं प्रक्रियागत मुद्दों के कारण कई बार बजट आवंटन में देरी होती है, जिससे योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर असर पड़ता है। उन्होंने राज्यों को निर्देश दिया कि विभिन्न योजनाओं के लिए आवंटित बजट का उपयोग मार्च माह से पहले सुनिश्चित किया जाए।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यदि राज्य समय पर बजट खर्च नहीं कर पाते हैं तो इससे राज्यों को ही नुकसान होता है।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि राज्यों को पूर्व नियोजित रणनीति के साथ बजट का उपयोग करना चाहिए, ताकि योजनाओं का लाभ किसानों तक समय पर पहुँचे और केंद्र से अगली किश्त समय पर जारी की जा सके।

बैठक में केंद्रीय मंत्री ने पीएम किसान योजना के तहत पात्र किसानों के शीघ्र सत्यापन, फसल बीमा योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक किसानों को कवर करने तथा दावों के समयबद्ध निपटान पर विशेष बल दिया। साथ ही बीज एवं उर्वरकों की उपलब्धता, संतुलित उपयोग और केंद्र–राज्य समन्वय को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

इस बैठक में उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही, महाराष्ट्र के कृषि मंत्री श्री दत्तात्रेय भरणे, राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किशोरी लाल मीणा, उत्तराखंड के कृषि मंत्री श्री गणेश जोशी तथा मिजोरम के कृषि मंत्री ने भाग लिया।

बैठक में कृषि मंत्रालय के सचिव श्री देवेश चतुर्वेदी सहित मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने राज्यों को आश्वस्त किया कि केंद्र सरकार कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ करने और किसानों के हित में हर संभव सहयोग प्रदान करती रहेगी।

****************************

 

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का निरीक्षण किया

नई दिल्ली – रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने आज भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का निरीक्षण करने के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का दौरा किया।

 

निरीक्षण के दौरान, केंद्रीय मंत्री ने स्लीपर कोचों का बारीकी से निरीक्षण किया, जिसमें बैठने और सोने की व्यवस्था, आधुनिक इंटीरियर, सुरक्षा सुविधाएँ और यात्री सुविधा प्रणालियाँ शामिल थीं। ट्रेन में यात्री सुरक्षा और उपलब्ध सुविधाओं पर खास जोर दिया गया है।

इस ट्रेन में स्वचालित दरवाजे, कवच सुरक्षा प्रणाली, आधुनिक अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, कीटाणुनाशक तकनीक और सभी डिब्बों में सीसीटीवी निगरानी जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। स्वच्छता बढ़ाने और पानी के छींटे रोकने के लिए शौचालयों को खास तौर पर नई डिजाइनों के साथ तैयार किया गया है, जो यात्रियों के आराम और स्वच्छता पर भारतीय रेलवे के विशेष ध्यान को दर्शाता है।

पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन असम के गुवाहाटी और पश्चिम बंगाल के हावड़ा के बीच चलेगी, जो देश में लंबी दूरी की रात्रिकालीन रेल यात्रा में एक क्रांतिकारी कदम होगा। ट्रेन के परीक्षण, जांच और प्रमाणीकरण की पूरी प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जनवरी में इस मार्ग पर पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।

केंद्रीय मंत्री ने इस दौरान रेल अधिकारियों से बातचीत की और ट्रेन के तकनीकी पहलुओं की समीक्षा कर इस निष्कर्ष पर पहुंचे कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन पूरी तरह से तैयार है। ट्रेन में 16 कोच हैं, जिनमें 11 एसी थ्री-टियर कोच, चार एसी टू-टियर कोच और एक एसी फर्स्ट क्लास कोच शामिल हैं और इसमें करीब 823 यात्री सफर कर सकते हैं। उन्नत सस्पेंशन सिस्टम, एर्गोनॉमिक इंटीरियर और उच्च स्वच्छता मानकों के साथ इस ट्रेन को उत्कृष्ट यात्रा और आरामदायक बनाने के लिए डिज़ाइन किया गया है।

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में यात्रा करने वाले मुसाफिरों को यात्रा के दौरान क्षेत्र विशेष व्यंजनों का आनंद मिलेगा। गुवाहाटी से शुरू होने वाली ट्रेन में प्रामाणिक असमिया व्यंजन परोसे जाएंगे, जबकि कोलकाता से शुरू होने वाली ट्रेन में पारंपरिक बंगाली व्यंजन उपलब्ध होंगे, जिससे ट्रेन में एक आनंददायक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध भोजन का अनुभव होगा।

180 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार पर चलने वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन कम समय लेने के साथ ही आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराती है, जिससे साफ होता है कि भारतीय रेलवे यात्री-केंद्रित सेवाओं और तकनीकी नवाचार पर फोकस कर लगातार आगे बढ़ रही है।

***************************