केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जे. पी. नड्डा ने विज्ञान भवन में विश्व एड्स दिवस 2025 कार्यक्रम का उद्घाट

विश्व एड्स दिवस के अवसर पर, केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज यहां विज्ञान भवन में विश्व एड्स दिवस 2025 के राष्ट्रीय समारोह का उद्घाटन किया और एड्स को एक सार्वजनिक स्वास्थ्य खतरे के रूप में समाप्त करने से संबंधित प्रगति में तेजी लाने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया।

 

अपने मुख्य भाषण में, केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह दिन हमारी प्रतिबद्धता को दोहराने, अतीत से सीखे गए सबक पर विचार करने और वर्तमान एवं भविष्य के लिए कारगर  रणनीतियां अपनाने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने राष्ट्रीय एड्स एवं यौन संचारित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत भारत की निरंतर प्रगति पर प्रकाश डाला और अधिकार-आधारित, कलंक-मुक्त और समावेशी एचआईवी प्रतिक्रिया के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। केन्द्रीय मंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि प्रमुख कार्यक्रम क्षेत्रों में ठोस और निरंतर गति प्रदर्शित करते हुए एनएसीपी-V के तहत रोकथाम, परीक्षण और उपचार सेवाओं की सुलभता का लगातार  विस्तार हुआ है।

 

श्री नड्डा ने इस तथ्य को रेखांकित किया कि भारत का एचआईवी और यौन संचारित रोग (एसटीडी) कार्यक्रम लगातार ठोस परिणाम दे रहा है, जो नए संक्रमणों और मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी के साथ-साथ आवश्यक सेवाओं की सुलभता में हुई वृद्धि से स्पष्ट होता है। वर्ष 2010 और 2024 के बीच, नए एचआईवी संक्रमणों में 48.7 प्रतिशत, एड्स से संबंधित मौतों में 81.4 प्रतिशत और मां से बच्चे में होने वाले संक्रमण में 74.6 प्रतिशत की कमी आई है। परीक्षण कवरेज 2020-21 में 4.13 करोड़ से बढ़कर 2024-25 में 6.62 करोड़ हो गया, जबकि उपचाराधीन लोगों की संख्या 14.94 लाख से बढ़कर 18.60 लाख हो गई। वायरल लोड परीक्षण में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है – जो 8.90 लाख से बढ़कर 15.98 लाख परीक्षण हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि ये उपलब्धियां इसी अवधि के वैश्विक औसत से अधिक हैं और मजबूत राजनीतिक प्रतिबद्धता, सतत घरेलू निवेश, साक्ष्य-आधारित कार्यक्रम वाली रणनीतियों तथा निरंतर सामुदायिक सहभागिता को दर्शाती हैं।

भारत की प्रगति के नवीनतम संकेतकों को साझा करते हुए, श्री नड्डा ने इस तथ्य को रेखांकित किया कि देश ने एचआईवी के नए संक्रमणों में 35 प्रतिशत की कमी (वैश्विक स्तर 32 प्रतिशत की तुलना में) और एचआईवी से संबंधित मौतों में 69 प्रतिशत की कमी हासिल की है, जोकि वैश्विक स्तर पर हुई 37 प्रतिशत की कमी से कहीं अधिक है। एचआईवी की स्थिति के बारे में जागरूकता 85 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जबकि राष्ट्रीय लक्ष्य 95 प्रतिशत का है। उपचार कवरेज अब 88 प्रतिशत है और वायरल लोड में कमी 97 प्रतिशत के असाधारण उच्च स्तर पर बना हुआ है। भारतीय दवा उद्योग के प्रयासों की सराहना करते हुए, श्री नड्डा ने कहा कि भारत पूरी मानवता के प्रति अपनी ज़िम्मेदारी निभाते हुए वैश्विक स्तर पर एड्स के खिलाफ लड़ाई का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने आगे कहा, भारत न केवल अपने लोगों की रक्षा कर रहा है, बल्कि दुनिया भर में सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण दवाओं की आपूर्ति करके एड्स नियंत्रण में दुनिया का सहयोग भी कर रहा है।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने देश भर में एचआईवी सेवाओं को मजबूत बनाने में नाको और सभी राज्य एड्स नियंत्रण समितियों के निरंतर प्रयासों एवं समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि अब प्रत्येक जिले के हर अनुमंडल में एआरटी केन्द्र सुलभ हैं, जिससे बेहतर उपचार तक पहुंच, शीघ्र चिकित्सा की शुरुआत और देखभाल की निरंतरता सुनिश्चित हो रही है।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत 2030 तक वैश्विक 95-95-95 लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में दृढ़ता से अग्रसर है। सह-संक्रमणों के बारे में बोलते हुए, केन्द्रीय मंत्री ने इस तथ्य को रेखांकित किया कि टीबी के रोगियों की एक बड़ी संख्या एचआईवी के साथ भी जी रही है और इस बात पर जोर दिया कि खराब अनुपालन – जैसे कि एआरटी गोलियां नियमित रूप से न लेना या एआरटी केन्द्रों पर न जाना – एक चुनौती बनी हुई है, जिसके लिए गहन परामर्श, अनुवर्ती कार्रवाई और सामुदायिक समर्थन की आवश्यकता है।

श्री नड्डा ने इस बात पर जोर दिया कि प्रगति की वर्तमान गति के साथ, भारत अपने 2030 के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए तैयार तो है, लेकिन अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करना होगा और सामुदायिक भागीदारी को निरंतर बढ़ाना होगा। उन्होंने 2017 में लागू किए गए ऐतिहासिक एचआईवी/एड्स (रोकथाम एवं नियंत्रण) अधिनियम, 2014 पर प्रकाश डाला, जो कानूनी रूप से सुरक्षित, भेदभाव-मुक्त वातावरण प्रदान करता है और एचआईवी से पीड़ित लोगों के अधिकारों और सम्मान को मजबूत करता है।

इस आयोजन के एक भाग के रूप में, माननीय मंत्री ने तीन विषयों – युवाओं में जागरूकता; एचआईवी एवं सिफलिस के ऊर्ध्वाधर संचरण का उन्मूलन; और कलंक एवं भेदभाव की समाप्ति – पर आधारित एक राष्ट्रीय मल्टीमीडिया अभियान श्रृंखला का शुभारंभ भी किया। उन्होंने संकलक के 7वें संस्करण, भारत एचआईवी अनुमान 2025, अनुसंधान संग्रह और एक आईटी-आधारित वर्चुअल प्लेटफॉर्म ‘ब्रेकफ्री’ (https://breakfreeindia.org/) सहित प्रमुख कार्यक्रम दस्तावेज जारी किए, जो गोपनीय जोखिम मूल्यांकन, परीक्षण लिंकेज और रोकथाम, उपचार और देखभाल सेवाओं के बारे में युवाओं के अनुकूल जानकारी प्रदान करते हैं। इस कार्यक्रम में एक प्रदर्शनी जोन भी था जिसमें डिजिटल समाधान, समुदाय के नेतृत्व वाले मॉडल और युवाओं पर केन्द्रित प्लेटफॉर्म को प्रदर्शित करने वाले संवाददात्मक स्टॉल थे, जिनमें नागालैंड के सिटी बार्न यूथ स्पेस और मुंबई के फास्ट-ट्रैक सिटी मॉडल जैसी नवीन पहल शामिल थीं।

उन्होंने राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम में उनकी विशिष्ट सेवा और दीर्घकालिक योगदान के लिए तीन प्रतिष्ठित वरिष्ठ तकनीकी विशेषज्ञों को सम्मानित किया। इसके अलावा, उन्होंने एचआईवी से पीड़ित दो व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जिन्होंने अपनी व्यक्तिगत यात्रा के बारे में जानकारियां साझा कीं और इस बीमारी के खिलाफ अपनी लड़ाई में हुई महत्वपूर्ण प्रगति को दर्शाया। उनकी कहानियों ने उपचार, सहायता और जागरूकता की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया, जो उनकी दृढ़ता और सशक्तिकरण के लिए महत्वपूर्ण रहे हैं।

इस अवसर पर बोलते हुए, केन्द्रीय स्वास्थ्य सचिव श्रीमती पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने इस बात पर प्रकाश डाला कि भारत की एचआईवी प्रतिक्रिया “एक मामूली पहल के रूप में शुरू हुई थी जो अब देश के सबसे व्यापक और प्रभावशाली सार्वजनिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों में से एक बन गई है और हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता एवं दृढ़ संकल्प का एक स्थायी प्रमाण है।” उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एड्स के खिलाफ भारत की लड़ाई, वर्तमान में जारी सघन टीबी मुक्त भारत अभियान सहित अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य पहलों के लिए भी महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर स्वास्थ्य सेवाओं की महानिदेशक डॉ. सुनीता शर्मा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव श्रीमती वी. हेकाली झिमोमी, तथा राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (एनएसीओ) के अलावा विकास एजेंसियों, सामुदायिक संगठनों, युवा नेटवर्क और अग्रिम पंक्ति के कार्यक्रम टीमों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

इस समारोह का समापन सामूहिक जिम्मेदारी के नए आह्वान के साथ हुआ, जिसमें यह सुनिश्चित किया गया कि पहचान, लिंग, भूगोल या परिस्थिति से परे जाकर हर व्यक्ति को कलंक-मुक्त, गोपनीय और उच्च-गुणवत्ता वाली एचआईवी सेवाएं मिलें। डिजिटल नवाचार और युवा नेतृत्व को आगे रखते हुए, भारत एक ऐसे भविष्य को सुदृढ़ कर रहा है जहां एचआईवी सेवाएं अधिक सुलभ, कलंक-मुक्त और जन-केन्द्रित होंगी।

*************************

 

डीआरडीओ ने नई दिल्ली में उद्योग संपर्क कार्यक्रम का आयोजन किया

नई दिल्ली – आत्मनिर्भरता और विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के सरकार के दृष्टिकोण के अनुरूप, डीआरडीओ ने 01 दिसंबर, 2025 को डीआरडीओ भवन, नई दिल्ली में एक उद्योग संपर्क कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में उत्तर भारत की डीआरडीओ प्रयोगशालाओं और उनके उद्योग भागीदारों को शामिल किया गया, जिसमें 18 डीआरडीओ प्रयोगशालाओं से विशिष्ट और महत्वपूर्ण रक्षा प्रौद्योगिकियों पर काम करने वाले 220 वैज्ञानिकों और रक्षा उद्योगों के विविध समूह से जुड़े 271 उद्योग नेताओं ने भाग लिया।

रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव और डीआरडीओ के अध्यक्ष डॉ. समीर वी. कामत मुख्य अतिथि थे और सचिव (रक्षा उत्पादन) श्री संजीव कुमार विशिष्ट अतिथि थे। इस कार्यक्रम के दौरान, ‘डीआरडीओ की टीओटी नीति-2025’ के कार्यान्वयन हेतु एक नई प्रक्रिया जारी की गई।

 

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ओपन हाउस चर्चा थी, जिसमें विशिष्ट अतिथियों और डीआरडीओ विशेषज्ञों के पैनल ने सचिव (रक्षा उत्पादन) के साथ मिलकर उद्योग जगत के विभिन्न प्रश्नों, चिंताओं और सुझावों पर विचार किया और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और निजी उद्योगों से जुड़े स्वदेशी रक्षा उत्पादन से जुड़े जटिल और चुनौतीपूर्ण मुद्दों का समाधान खोजने का संकल्प लिया। इस कार्यक्रम में डीआरडीओ मुख्यालय के विभिन्न कॉर्पोरेट निदेशालयों और डीआरडीओ प्रयोगशालाओं के वैज्ञानिकों के साथ आंतरिक विचार-मंथन भी शामिल था। कॉर्पोरेट निदेशकों ने डीआरडीओ प्रयोगशालाओं में स्वदेशी अनुसंधान परियोजनाओं से जुड़ी विभिन्न नीतियों और प्रक्रियाओं और सैन्य सेवाओं के लाभ के लिए उनके परिणामों पर प्रकाश डाला।

अपने संबोधन में, डीआरडीओ के अध्यक्ष ने भारतीय उद्योग जगत की क्षमताओं में आशावाद व्यक्त किया और विश्वास व्यक्त किया कि अगले पाँच वर्षों में, विभिन्न सरकारी नीतियाँ परिपक्व होंगी और स्वदेशी रक्षा औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र कई गुना विकसित होगा, जिससे आत्मनिर्भरता का विजन साकार होगा। उन्होंने सशस्त्र बलों और अन्य सरकारी एजेंसियों की तकनीकी ज़रूरतों को पूरा करने के लिए डीआरडीओ के साथ साझेदारी में उद्योगों के लिए विभिन्न अवसरों की रूपरेखा प्रस्तुत की।

सचिव (रक्षा उत्पादन) ने स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देने में सरकार की नीतियों पर प्रकाश डाला और इस बात पर जोर दिया कि सच्ची आत्मनिर्भरता तभी प्राप्त की जा सकती है जब डिजाइनिंग से लेकर विनिर्माण और बड़े पैमाने पर उत्पादन का पूरा चक्र देश में ही संचालित किया जाए।

बातचीत की शुरुआत करते हुए, महानिदेशक (उत्पादन समन्वय एवं सेवा संपर्क) डॉ. (श्रीमती) चंद्रिका कौशिक ने स्वदेशीकरण को बढ़ावा देने और रक्षा औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र के विकास की दिशा में डीआरडीओ की विभिन्न पहलों पर प्रकाश डाला। उन्होंने उस बढ़ती प्रवृत्ति पर प्रकाश डाला, जिसमें भारत अब रक्षा उपकरणों के आयातक से शुद्ध निर्यातक के रूप में उभर रहा है। उन्होंने भारतीय उद्योगों को निरंतर अनुसंधान एवं विकास तथा डीआरडीओ के साथ गहरे सहयोग के लिए प्रोत्साहित किया।

परमवीर चक्र विजेता लांस नायक अल्बर्ट एक्का की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि

उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री तथा वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची श्री राकेश रंजन ने अल्बर्ट एक्का चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्प गुच्छ अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

परमवीर चक्र विजेता लांस नायक अल्बर्ट एक्का का बलिदान युवाओं और देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा – उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री

रांची,03.12.2025  –  परमवीर चक्र विजेता लांस नायक अल्बर्ट एक्का की पुण्यतिथि पर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री तथा वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची श्री राकेश रंजन ने रांची की हृदयस्थली अल्बर्ट एक्का चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्प गुच्छ अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री ने इस अवसर पर कहा कि परमवीर चक्र विजेता लांस नायक अल्बर्ट एक्का का सर्वोच्च बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने 1971 के युद्ध में अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और वीरता का परिचय देकर देश की रक्षा हेतु अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनका बलिदान युवाओं और देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

***************************

 

प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी ने फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम की प्रशंसा की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के दौरान ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ पहल पर चर्चा की।

नई दिल्ली – प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 128वें एपिसोड में कहा कि ऐसी कई अन्य प्रतियोगिताएं भी हैं जो हमारे युवा मित्रों के बीच बहुत लोकप्रिय हो रही हैं। कई लोग ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ जैसे कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए एक साथ आ रहे हैं। ये सभी फिटनेस को बढ़ावा देने के तरीके हैं।

रविवार को राष्ट्रव्यापी साइकिलिंग अभियान का 51वां संस्करण सफलतापूर्वक आयोजित किया गया, जिसमें एथेंस 2004 ओलंपिक रजत पदक विजेता और राजस्थान के खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने जयपुर में इस आयोजन का नेतृत्व किया।

 

कर्नल राठौर ने बेहतर स्वास्थ्य और कल्याण की संस्कृति को आगे बढ़ाने में राष्ट्र को दिए गए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निरंतर प्रोत्साहन की सराहना की।

कर्नल राठौर ने जयपुर के अमर जवान ज्योति पर आयोजित “संडे ऑन साइकिल” कार्यक्रम के दौरान कहा कि विश्‍व में ऐसे बहुत कम प्रधानमंत्री हैं जो अपने नागरिकों के स्वास्थ्य और कल्याण पर ध्यान केंद्रित करते हुए इतने स्पष्ट आह्वान करते हैं। श्री नरेन्‍द्र मोदी जी ने कई बार फिट इंडिया की बात की है।

कर्नल राठौर ने कहा कि तेल की खपत कम करने से लेकर श्री अन्न खाने और मोटापा कम करने के लिए समर्पित भाव से काम करने तक, हमारे प्रधानमंत्री ने हमेशा हमें फिट रहने के लिए हर संभव उपाय अपनाने का आग्रह किया है, चाहे वह योग हो, साइकिल चलाना हो, दौड़ना हो या अन्य कई तरीके। संडे ऑन साइकिल के ज़रिए देश में शुरू किया गया आंदोलन इसका एक स्पष्ट उदाहरण है। जयपुर में लगभग 1000 बच्चे इसमें हिस्सा ले रहे हैं। उनके लिए साइकिलें भी उपलब्ध हैं। कर्नल राठौर को आज़ादी के बाद ओलंपिक में व्यक्तिगत रजत पदक जीतने वाले पहले भारतीय होने का गौरव प्राप्त है।

फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल के 30 नवंबर के संस्करण में देश भर के पत्रकारों ने अपने-अपने राज्यों और क्षेत्रों से रैली में भाग लिया।

राजस्थान में चल रहे खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के अवसर पर, जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में एक विशेष फिट इंडिया जोन भी स्थापित किया गया है, जो सभी आगंतुकों के लिए एक गतिशील, गहन और इंटरैक्टिव अनुभव के लिए प्रमुख फिटनेस तत्वों को एक साथ लाता है।

इस जोन में तीन प्रमुख तत्व शामिल हैं: उच्च-ऊर्जा फिटनेस चैलेंज जोन जिसमें रोमांचक पुरस्कारों के साथ ज़ुम्बा और रस्सी कूदना शामिल है, एक समर्पित साइकिलिंग जोन और अभिनव बिंद्रा टारगेट परफॉर्मेंस द्वारा संचालित व्यापक शारीरिक और मानसिक फिटनेस आकलन।
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया के मार्गदर्शन में, फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल की शुरुआत दिसंबर 2024 में हुई थी।

अब यह एक साप्ताहिक कार्यक्रम बन गया है जो प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज’ और ‘मोटापे के खिलाफ लड़ाई’ के दृष्टिकोण को पुष्ट करता है।

आज संडे ऑन साइकिल एक वास्तविक जन आंदोलन बन गया है, जिसमें देश भर में आम नागरिक अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।

4000 से ज़्यादा नमो फिट इंडिया साइक्लिंग क्लब, लाखों आम नागरिकों के साथ, नियमित रूप से साइकिल चलाते हैं और हर हफ़्ते इसमें भाग लेते हैं, जिससे यह पहल एक राष्ट्रव्यापी सामुदायिक-नेतृत्व वाली फिटनेस क्रांति बन गई है। इन क्लबों द्वारा यह कार्यक्रम साप्ताहिक रूप से आयोजित किया जाता है।

भारतीय खेल प्राधिकरण अपने प्रशिक्षण केंद्रों (एसटीसीएस) के नेटवर्क में आयोजित खेलो इंडिया गतिविधियों के माध्यम से एक मजबूत राष्ट्रव्यापी उपस्थिति सुनिश्चित करता है, जिनमें असम में कोकराझार, पंजाब में जगतपुर और बादल, मणिपुर में उत्लू, लद्दाख में कारगिल और कई अन्य शामिल हैं। इसका आयोजन देश भर में 23  राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों (एनसीओई) के अलावा, भद्रक, झारसुगुड़ा, ढेंकनाल सहित कई खेलो इंडिया केंद्रों में भी हर रविवार को किया जा रहा है।

***************************

 

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने कानपुर स्थित डीआरडीओ प्रयोगशाला के अंतर्गत रक्षा सामग्री एवं भंडार अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान का दौरा किया

नई दिल्ली – रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने 30 नवंबर, 2025 को रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की कानपुर स्थित प्रयोगशाला के अंतर्गत रक्षा सामग्री एवं भंडार अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान (डीएमएसआरडीई) का दौरा किया। उन्होंने प्रयोगशाला में चल रहे अत्याधुनिक रक्षा सामग्री अनुसंधान और नवाचारों का अवलोकन किया।

 

रक्षा मंत्री श्री सिंह को रक्षा सामग्री एवं भंडार अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान के निदेशक द्वारा प्रयोगशाला के विज़न, मिशन, चार्टर, चल रही परियोजनाओं और प्रौद्योगिकी केंद्रित क्षेत्रों के बारे में जानकारी दी गई। रक्षा सामग्री एवं भंडार अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान द्वारा सिरेमिक और सिरेमिक मैट्रिक्स कंपोजिट, स्टील्थ और कैमोफ्लेज सामग्री, नैनो सामग्री, कोटिंग्स, पॉलिमर और रबर, ईंधन और लुब्रीकेन्‍ट्स, तकनीकी वस्त्र और व्यक्तिगत सुरक्षा प्रणालियों में विकसित सामग्री, प्रौद्योगिकियों और उत्पादों का भी प्रदर्शन किया गया।

श्री राजनाथ सिंह ने रक्षा उत्पादों, विशेष रूप से बुलेटप्रूफ जैकेट (स्तर-6), ब्रह्मोस मिसाइल के लिए नैफ्थिल ईंधन, भारतीय तटरक्षक जहाजों के लिए उच्च दाब पॉलीमेरिक मेंब्रेन, सिलिकॉन कार्बाइड फाइबर, सक्रिय कार्बन फैब्रिक-आधारित रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल और परमाणु सूट तथा विभिन्न अन्य स्टील्थ उत्पादों के सफल निर्माण में प्रयोगशाला के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी विकास को अंतिम उपयोगकर्ता की आवश्यकताओं के अनुरूप होना चाहिए।

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने सरकार के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के सपने को साकार करने के लिए पिछले दो वर्षों में बड़ी संख्या में प्रौद्योगिकियों के हस्तांतरण के लिए रक्षा सामग्री एवं भंडार अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान की सराहना की। उन्होंने विकसित रक्षा उत्पादों/प्रौद्योगिकियों की निर्यात संभावनाओं का पता लगाने का आह्वान किया। उन्‍होंने कहा कि उद्योगों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए डीटीटीसी, लखनऊ में एमएसएमई और उद्योगों के बीच बातचीत बढ़ाई जानी चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी के विकसित भारत@2047 के सपने को साकार करने में उद्योग और शिक्षा क्षेत्र के साथ प्रयोगशाला के बढ़ते तालमेल की सराहना की।

श्री राजनाथ सिंह ने इससे पहले परिसर में पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। रक्षा विभाग (अनुसंधान एवं विकास) के सचिव एवं रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन के अध्यक्ष डॉ. समीर वी. कामत ने उनका स्वागत किया।

***********************

 

एयर मार्शल तेजबीर सिंह ने महानिदेशक (निरीक्षण एवं सुरक्षा) के रूप में पदभार संभाला

नई दिल्ली – एयर मार्शल तेजबीर सिंह ने 01 दिसंबर, 2025 को वायु सेना मुख्यालय में महानिदेशक (निरीक्षण और सुरक्षा) यानी डीजी (आई एंड एस) के रूप में पदभार ग्रहण किया।

वायु सेना अधिकारी ने अपने 37 वर्षों के शानदार करियर में, विभिन्न कमान और स्टाफ पदों पर कार्य किया है, जिनमें बांग्लादेश में हमारे एयर अटैची, राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज, नई दिल्ली में वरिष्ठ निर्देशन स्टाफ (वायुसेना) और वायु सेना मुख्यालय में सहायक वायु सेना संचालन प्रमुख (टी एंड एच) शामिल हैं। वे रॉयल कॉलेज ऑफ डिफेंस स्टडीज, ब्रिटेन के पूर्व-छात्र हैं।

एयर मार्शल तेजबीर सिंह के पास व्यापक संचालन का अनुभव है और उनके नाम 7000 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव है। वे भारतीय वायु सेना में सी-130जे ‘सुपर हरक्यूलिस’ विमान को शामिल करने और संयुक्त अभियानों के उद्देश्य से पहली ‘स्पेशल ऑप्स’ स्क्वाड्रन की स्थापना में अग्रणी रहे हैं। एयर ऑफिसर ने दो प्रमुख उड़ान अड्डों, एक प्रमुख प्रशिक्षण अड्डे और उत्तरी क्षेत्र को सहायता प्रदान करने वाले एक अग्रिम पंक्ति के परिचालन हवाई अड्डे की कमान संभाली है। मुख्यालय प्रशिक्षण कमान में वरिष्ठ वायु कर्मचारी अधिकारी के रूप में अपने पिछले कार्यकाल में, उन्होंने प्रशिक्षण दर्शन को संचालन संबंधी उद्देश्यों के साथ तालमेल बिठाने के लिए एक रणनीतिक परिवर्तन का नेतृत्व किया।

एयर मार्शल तेजबीर सिंह को उनकी विशिष्ट सेवा के सम्मान में 2010 में वायु सेना पदक और 2018 में अति विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया।

उन्‍होंने एयर मार्शल मकरंद भास्कर रानाडे का स्थान लिया, जो 39 वर्षों की विशिष्ट सेवा के बाद 30 नवंबर, 2025 को सेवानिवृत्त हुए।

 

************************

 

नालंदा में उत्खनन और संरक्षण

नई दिल्ली – सरकार नालंदा में पुरातात्विक उत्खनन और संरक्षण कार्य के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) को पर्याप्त धन और संसाधन उपलब्ध करा रही है।

एएसआई के पास उत्खनन और संरक्षण कार्य के लिए एक अनुभवी टीम है। उत्खनन और संरक्षण कार्य में स्थानीय समुदायों की भागीदारी से स्थानीय लोगों को रोजगार मिलता है और साथ ही उन्हें अपनी विरासत के संरक्षण में भाग लेने में सक्षम बनाता है।

नालंदा, संरक्षण कार्यों और पुरातात्विक उत्खनन के माध्यम से एक प्रमुख पर्यटन स्थल बन गया है। नालंदा 2010 से विश्व धरोहर स्थल है।

यह जानकारी केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने आज लोकसभा में एक लिखित उत्तर में दी।

**************************

 

विलुप्तप्राय भाषाओं की सुरक्षा

नई दिल्ली – भारत की जनगणना 2011 (भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त का कार्यालय) के अनुसार, देश में कुल 121 भाषाएँ सूचित की गई हैं। इनमें से कई भाषाओं की अपनी विशिष्ट लिपियां हैं, जबकि अन्य साझा लिपि या क्षेत्रीय लिपियों में लिखी जाती हैं।

शिक्षा मंत्रालय द्वारा भारत की विलुप्तप्राय भाषाओं की सुरक्षा और संरक्षण स्कीम (एसपीपीईएल) के अंतर्गत केन्‍द्रीय भारतीय भाषा संस्थान (सीआईआईएल), मैसूरु के माध्‍यम से 10,000 से कम लोगों द्वारा बोली जाने वाली भारत की उन सभी मातृभाषाओं/भाषाओं जिन्हें विलुप्तप्राय भाषाएं कहा जाता है, के संरक्षण, परिरक्षण और प्रलेखन का कार्य किया जाता है। स्कीम के प्रथम चरण में, पूरे भारत से 117 विलुप्तप्राय भाषाओं/मातृभाषाओं को अध्‍ययन और प्रलेखन के लिए चुना गया है, जिनका ब्यौरा अनुलग्नक में दिया गया है।

संस्कृति मंत्रालय साहित्य अकादमी के माध्यम से 24 मान्यताप्राप्त भाषाओं और अनेक जनजातीय और गैर-मान्यताप्राप्त भाषाओं में पुरस्कारों, अनुवादों और कार्यक्रमों के माध्यम से साहित्यिक संवाद और प्रकाशन को बढ़ावा देता है। यह मौखिक और जनजातीय साहित्य के प्रलेखन और संरक्षण के लिए विशेष कार्यक्रम और केन्द्र भी सृजित करता है, जैसे वाचिक एवं जनजातीय साहित्य केन्द्र और कम मान्यताप्राप्त भाषाओं में काम करने वाले विद्वानों को भाषा सम्मान प्रदान करता है।

यह जानकारी केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने आज लोकसभा में एक लिखित उत्तर में दी।

*************************

 

अस्सी घाट पर सजी रंग–बिरंगी रंगोलियाँ, काशी तमिल संगमम् 4.0 के तहत रंगोली प्रतियोगिता का सफल आयोजन

काशी के प्रसिद्ध अस्सी घाट पर मंगलवार को काशी तमिल संगमम् 4.0 के अंतर्गत भव्य रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में 150 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और काशी व तमिल संस्कृति की समृद्ध विरासत को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। घाट पर सुबह से ही रंगों की रौनक देखकर स्थानीय लोगों के साथ-साथ देश-विदेश से आए पर्यटक भी आकर्षित हुए।

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने काशी और तमिलनाडु के मंदिर स्थापत्य, लोककला, पौराणिक कथाओं और सांस्कृतिक प्रतीकों को अपनी रचनात्मकता से उकेरा। किसी ने मदुरै के मीनाक्षी मंदिर को रंगों में सँवारा तो किसी ने काशी विश्वनाथ धाम को केंद्र में रखकर अद्भुत कला प्रस्तुत की। दोनों संस्कृतियों के संगम की झलक इन रंगोलियों में स्पष्ट दिखाई दी। कई विदेशी मेहमानों ने भी कार्यक्रम में शिरकत किया और कलाकारों से उनकी कृतियों और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

इस भव्य रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन बीएचयू द्वारा कराया गया । पूरे कार्यक्रम का संचालन और पर्यवेक्षण नोडल अधिकारी प्रोफेसर अंचल श्रीवास्तव, ज्ञानेंद्र कुमार तथा डॉ. ललित मोहन (डिपार्टमेंट ऑफ पेंटिंग) की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। आयोजन समिति के सदस्यों ने प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को अपनी जड़ों और भारतीय कला परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

अस्सी घाट पर दिनभर चली इस रंगोली प्रतियोगिता ने न केवल सांस्कृतिक समन्वय की मिसाल पेश की बल्कि काशी तमिल संगमम् 4.0  के उद्देश्य को देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाया। प्रतियोगिता के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया, वहीं उपस्थित दर्शकों ने इस अनोखी कलात्मक प्रस्तुति की सराहना की।

*****************************

 

प्रधानमंत्री ने नारी शक्ति को भारत के भविष्य के केंद्र में बताते हुए एक लेख साझा किया

नई दिल्ली, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज केंद्रीय मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी द्वारा लिखा एक लेख साझा किया, जिसमें बताया गया है कि इस प्रकार नारी शक्ति भारत के भविष्य के केंद्र में है। श्री मोदी ने कहा, “भारत अमृत काल में प्रवेश कर रहा है, यह शब्द अब केवल एक नारा नहीं रह गया है; यह एक राष्ट्रीय मिशन है। वन-स्टॉप सेंटर से लेकर फास्ट-ट्रैक कोर्ट तक, हेल्पलाइन से लेकर सामाजिक सुरक्षा केंद्रों तक, मिशन शक्ति के तहत सरकार महिलाओं के लिए सम्मान और अवसर सुनिश्चित कर रही है।”

श्री मोदी ने केंद्रीय मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी द्वारा एक्स पर लिखे गए एक पोस्ट पर अपनी राय व्‍यक्‍त करते हुए कहा:

“नारी शक्ति भारत के भविष्य का केंद्र है। जैसे-जैसे भारत अमृत काल में प्रवेश कर रहा है, यह शब्द अब केवल एक नारा नहीं रह गया है; यह एक राष्ट्रीय मिशन है। वन-स्टॉप सेंटर से लेकर फास्ट-ट्रैक कोर्ट तक, हेल्पलाइन से लेकर सामाजिक-सुरक्षा केंद्रों तक, मिशन शक्ति के तहत, सरकार महिलाओं के लिए सम्मान और अवसर सुनिश्चित कर रही है।

केंद्रीय मंत्री श्रीमती @Annapurna4BJP का एक बहुत ही विवेकपूर्ण आत्मचिंतन। अवश्‍य पढ़ें!”

*************************

“एक भारत की मशाल लेकर चलने वाले हैं युवा”: वडोदरा में सरदार@150 मार्च में केद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल

नई दिल्ली, केंद्रीय मंत्री, पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय (एमओपीएसडब्लू)  सर्बानंद सोनोवाल ने आज वडोदरा में अन्य नेताओं के साथ सरदार@150 मार्च में भाग लिया। सोनोवाल ने कहा कि सरदार@150 राष्ट्रीय एकता मार्च ने “पूरे भारत में देशभक्ति की एक शक्तिशाली लहर पैदा की है और एक अखंड भारत के सरदार वल्लभभाई पटेल के दृष्टिकोण को बनाए रखने के लिए देश के युवाओं के दृढ़ संकल्प को प्रदर्शित किया है”।

पदयात्रा के तीसरे दिन वडोदरा में प्रवेश करने पर आरणा लॉन्स, सेवासी में आयोजित उद्घाटन सांस्कृतिक कार्यक्रम में बोलते हुए, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि यह मार्च सामूहिक संकल्प और राष्ट्रीय गौरव का एक प्रमाण है। सर्बानंद सोनोवाल ने कहा, “हमारे युवाओं का उत्साह साबित करता है कि ‘एक भारत’ की भावना हर नागरिक को प्रेरित करती रहेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के गतिशील नेतृत्व में, भारत ‘श्रेष्ठ भारत’ और ‘विकसित भारत’ के मिशन के साथ आगे बढ़ रहा है।”

पदयात्रा की शुरुआत अंकलाव में हरे कृष्ण मंदिर से हुई और इसमें छात्रों, सांस्कृतिक समूहों और सामुदायिक संगठनों की भारी भागीदारी रही। माई भारत के अनुसार, इस पहल में पहले ही 620 से अधिक जिलों और 440 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 1,514 पदयात्राएँ हो चुकी हैं, जिनमें 15 लाख से अधिक नागरिकों ने भाग लिया है, जिन्होंने सामूहिक रूप से देश भर में 10,007 किलोमीटर की दूरी तय की है।

उद्घाटन कार्यक्रम में “विट्ठलभाई – मणिबेन – सरदार” पर आधारित सरदार गाथा की प्रस्तुति हुई, जिसके बाद ग्राम सभा, नृत्य नाटिका और भजन संध्या सहित सांस्कृतिक प्रदर्शन हुए, जिन्होंने कला और विरासत के माध्यम से एकता का उत्सव मनाया।

पदयात्रा शनिवार को वडोदरा के प्रमुख स्थानों से होकर गुजरेगी, जिसका समापन एक बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए नवलखी मैदान में होगा।

सरदार पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में यह 11 दिवसीय मार्च, राष्ट्रीय एकीकरण और आत्मनिर्भरता के आदर्शों के इर्द-गिर्द युवा भारत को लगातार प्रेरित कर रहा है।

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल के साथ अन्य गणमान्य व्यक्ति भी शामिल हुए, जिनमें डॉ. मनसुख मंडाविया, केंद्रीय युवा मामले और खेल तथा श्रम और रोजगार मंत्री, अजय टम्टा, सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री, शीशपाल राजपूत, अध्यक्ष, गुजरात राज्य योग बोर्ड, जगदीशभाई मकवाना, विधायक और उप मुख्य सचेतक, गुजरात विधान सभा, विजयभाई पटेल, विधायक और उप मुख्य सचेतक, गुजरात विधान सभा, हेमांग जोशी, संसद सदस्य (सांसद), श्रीमती रंजनबेन भट्ट, पूर्व सांसद, नरहरि अमीन, गुजरात के पूर्व उपमुख्यमंत्री और सांसद और जशुभाई भीलुभाई राठवा, सांसद रहे।

 

**************************

 

वरिष्ठ नागरिकों में वृद्धावस्था के प्रति जागरूकता और अंतर-पीढ़ीगत संबंधों को बढ़ावा देने के लिए “आराधना” सांस्कृतिक कार्यक्रम

नई दिल्ली, भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए वृद्धजन दिवस (आईडीओपी)-2025 के समारोहों की श्रृंखला के क्रम में वृद्धावस्था के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अंतर-पीढ़ीगत संबंधों को बढ़ावा देने के लिए 28.11.2025 को जनपथ, नई दिल्ली स्थित डीआईएसी के भीम हॉल में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम “आराधना” का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का विषय “अनुभव से ऊर्जा तक” था।

इस सत्र में माननीय केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री श्री बी.एल.वर्मा, सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग के सचिव, सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विद्यार्थी, वरिष्ठ नागरिक और विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

 

भारतीय संविधान के अनुच्छेद 41 के अंतर्गत, राज्य को वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए प्रभावी प्रावधान करने का अधिकार दिया गया है। इसी भावना से माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007 लागू किया गया था। यह ऐतिहासिक कानून हमारे सांस्कृतिक मूल्यों का प्रतीक है—देखभाल, कर्तव्य और प्रेम को प्रवर्तनीय अधिकारों में परिवर्तित करता है। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय वरिष्ठ नागरिकों से संबंधित मामलों के लिए नोडल विभाग है।

2011 की जनगणना के अनुसार, देश में लगभग 10 करोड़ वरिष्ठ नागरिक हैं। 2036 तक यह संख्या बढ़कर 22 करोड़ होने का अनुमान है। यह बढ़ती जनसंख्या एक चुनौती के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिक केंद्रित नीतियों पर अपना ध्यान केंद्रित करने का अवसर भी प्रस्तुत करती है। हमारे देश ने नीतिगत और कानूनी ढाँचे, दोनों स्तरों पर इस दिशा में पहले ही कई पहल की हैं।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान वायुसेना बैंड ने स्पेस फ़्लाइट, सुजलाम सुफलाम, रिजॉइस इन रइसाना, इवनिंग स्टार, वंदे मातरम और सारे जहाँ से अच्छा जैसे गीतों की धुनें बजाईं। वायुसेना बैंड द्वारा बजाई गई धुनों ने उपस्थित लोगों में भारत माता के प्रति गौरव, राष्ट्रवाद और देशभक्ति की भावना जगाई। इसने एक बार पुन: मातृभूमि के प्रति प्रेम को जागृत कर दिया।

पद्मश्री गीता चंद्रन ने अपनी टीम के साथ भरतनाट्यम का प्रदर्शन किया। लवंगी राग में त्रिधारा, नमः शिवाय, ओंकार कारिणी और संकीर्तन का प्रदर्शन किया। भारतीय नृत्य शैलियों की इन भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

अपने संबोधन में, माननीय केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री, श्री बी.एल. वर्मा ने कहा कि हमारे वरिष्ठ नागरिकों को सदैव ज्ञान, धैर्य और मूल्य-आधारित जीवन का प्रतीक माना गया है। उनके जीवन का प्रत्येक अध्याय—कड़ी मेहनत, संघर्ष, त्याग और उपलब्धियों से भरा—युवा पीढ़ी के लिए एक मार्गदर्शक का काम करता है। यह सांस्कृतिक कार्यक्रम इसलिए विशेष है क्योंकि संगीत, नृत्य और कला मिलकर अनुभवों को अभिव्यक्त करते हैं और ऊर्जा को एक सुंदर रूप प्रदान करते हैं, जैसा कि भारतीय वायु सेना के संगीत बैंड द्वारा प्रस्तुत किया गया—सेवा और एकता की मधुर अभिव्यक्ति—और भारत की सुप्रसिद्ध नृत्यांगना पद्मश्री सुश्री गीता चंद्रन का सम्मानित नृत्य और संगीत प्रदर्शन।

यह आयोजन इसलिए यादगार है क्योंकि आज तीन पीढ़ियाँ इस मंच पर एक साथ हैं—हमारे बुजुर्गों की संगीतमय प्रस्तुतियाँ, हमारे युवाओं की कलात्मक अभिव्यक्तियाँ और बच्चों की आनंदमय उपस्थिति। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय इसी दिशा में कार्यरत है, क्योंकि इसका प्रत्येक कार्यक्रम हमारे वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा, सक्रिय जीवन और भागीदारी को सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता से प्रेरित है।

सांस्कृतिक कार्यक्रम “आराधना” ने वृद्धावस्था के प्रति जागरूकता और अंतर-पीढ़ीगत संबंधों को बढ़ावा देने के लिए वरिष्ठ नागरिकों, विद्यार्थी, नीति निर्माताओं, गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) को एक मंच पर एकत्रित किया।

*************************