जीतन राम मांझी को बड़ा झटका, हम पार्टी के दो बड़े नेताओं ने दिया इस्तीफा

गया,25 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बिहार विधानसभा चुनाव के बीच जीतन राम मांझी की हम पार्टी को एक बड़ा झटका लगा है. पार्टी के राष्ट्रीय संगठन सचिव प्रो. कौशलेंद्र कुमार और पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. राधेश्याम प्रसाद ने अपनी प्राथमिक सदस्यता और पद से इस्तीफा दे दिया है. इन दोनों नेताओं ने अपनी पूरी कमेटी के साथ यह कदम उठाया है, जो पार्टी के लिए एक गंभीर चुनौती साबित हो सकता है.

हम पार्टी के इन दो प्रमुख नेताओं ने लंबे समय से जीतन राम मांझी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर पार्टी को मजबूत करने का काम किया था. प्रो. कौशलेंद्र कुमार राष्ट्रीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते रहे हैं, जबकि प्रो. राधेश्याम प्रसाद पिछड़े वर्गों के बीच पार्टी की पैठ बढ़ाने के लिए जाना जाते हैं. इनके इस्तीफे से पार्टी का संगठनात्मक ढांचा कमजोर पड़ सकता है.

दोनों नेताओं ने कहा है कि वे पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा के बावजूद अब आगे नहीं चल पा रहे, क्योंकि नेतृत्व की नीतियां उनके मूल्यों से मेल नहीं खा रही. यह कदम न केवल व्यक्तिगत बल्कि सामूहिक विद्रोह का रूप ले चुका है, जो पार्टी के अन्य सदस्यों को भी प्रभावित कर सकता है.

इस्तीफे के पीछे सबसे बड़ा कारण बिहार विधानसभा चुनाव में टिकट बंटवारे को लेकर लगाए गए गंभीर आरोप हैं. प्रो. कौशलेंद्र कुमार और प्रो. राधेश्याम प्रसाद ने जीतन राम मांझी और उनके पुत्र संतोष कुमार सुमन पर धनबल के दुरुपयोग का आरोप लगाया है. उन्होंने दावा किया कि टिकट वितरण में पैसों का खेल हुआ, जिससे मेहनती कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज कर दिया गया.

************************

 

सैकड़ों स्मार्टफोन के विस्फोट से भड़की आग, फोरेंसिक टीम का खुलासा

कुरनूल बस हादसा

अमरावती,25 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । कुरनूल बस हादसे की जाँच के दौरान एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. फोरेंसिक टीम की प्रारंभिक जांच में पाया गया कि बस के लगेज केबिन में बड़ी संख्या में स्मार्टफोन रखे हुए थे जिसमें भीषण विस्फोट हुआ. इसके चलते आग और भड़क गई. इस हादसे में 19 यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई.

फोरेंसिक टीम ने प्रारंभिक जांच में पाया कि कुरनूल के बाहरी इलाके चिन्नाटेकुर के पास आग लगने वाली वेमुरी कावेरी ट्रैवल बस के लगेज केबिन में सैकड़ों मोबाइल फोन रखे हुए थे.

इसमें विस्फोट होने से आग और अधिक भड़क गई. इसके चलते भारी जनहानि हुई. सबसे पहले जैसे ही बस ने दोपहिया वाहन को टक्कर मारी उसका तेल टैंक का ढक्कन फट गया और पेट्रोल रिसने लगा.

इसी दौरान दोपहिया वाहन बस के नीचे फंस गया और बस उसे कुछ दूर तक घसीटती हुई ले गई. इस बीच में चिंगारियाँ निकली और फिर पेट्रोल में आग लग गई. इससे सबसे पहले लगेज केबिन में आग लगी.

इस पार्सल में करबी 400 से अधिक स्मार्टफोन रखे हुए थे. तेज गर्मी के कारण फोन की बैटरियाँ फट गई. इससे आग भड़की और लगेज केबिन के ऊपर वाले हिस्से तक फैल गई.

नतीजतन लगेज केबिन के ठीक ऊपर वाली सीटों और बर्थ पर बैठे लोगों को भागने का समय नहीं मिला. घटनास्थल और जली हुई बस की जांच करने वाली फोरेंसिक टीम ने बताया कि यही कारण है कि बस के आगे की सीटों और बर्थों पर बैठे अधिकांश लोगों की जान चली गई.

जब सामान रखने वाले केबिन में स्मार्टफोन की बैटरियाँ एक साथ फटने लगी गई तो जोरदार आवाज हुई. इससे ड्राइवर बस रोककर अपनी सीट के पास वाली खिड़की से बाहर निकला और यात्रियों को बस में फंसा छोड़कर वहाँ से भाग गया.

बस पहले से ही घने धुएँ और आग की लपटों में घिरी हुई थी. हालाँकि बस के अंदर फंसे यात्रियों ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन उनकी कोशिशें बेकार गई क्योंकि दाहिनी ओर का आपातकालीन द्वार नहीं खुला.

अपने निजी सामान के अलावा किसी भी अन्य सामान का परिवहन यात्री वाहनों में नहीं किया जाना चाहिए. लेकिन प्राइवेट ट्रैवल्स बसों के मालिक सामान ढोने के लिए यात्री वाहनों का उपयोग कर रहे हैं. वे कमर्शियल सामानों को बस केबिन में रख कर ढोते हैं. हादसे की स्थिति में आग लगने से दुर्घटना की गंभीरता बढ़ जाती है.

कुरनूल की घटना में भी प्रारंभिक रूप से यह पाया गया कि दुर्घटना की गंभीरता बढऩे का कारण मोबाइल फोन का फटना था. आमतौर पर मोबाइल फोन का ऊपरी हिस्सा प्लास्टिक का होता है और बैटरियाँ लिथियम की होती है.

प्लास्टिक कुछ ही सेकंड में जल जाता है. अगर लिथियम में आग लग जाए तो वह फट जाता है. यह जानते हुए भी यात्री वाहनों में इनका रखना इतनी बड़ी जनहानि का मुख्य कारण बन गया.

***********************

 

पीओके में मानवाधिकार उल्लंघन बंद करे पाकिस्तान, जम्मू-कश्मीर हमारा अभिन्न अंग

भारत ने संयुक्त राष्ट्र में कहा

नईदिल्ली,25 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । संयुक्त राष्ट्र (यूएन) में भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान को कटघरे में खड़ा किया है।

भारत ने कहा कि पाकिस्तान के लिए लोकतंत्र की अवधारणा बाहरी है और उसे अवैध तरीके से कब्जाए इलाकों में गंभीर मानवाधिकार उल्लंघनों को तत्काल बंद करना चाहिए। भारत ने ये बात संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) की एक महत्वपूर्ण बहस के दौरान दिया है। भारत ने कहा कि आतंकवाद के मामले में पाकिस्तान ने हमेशा दोहरा रवैया अपनाया है।

यूएनएससी में यूनाइटेड नेशंस ऑर्गेनाइजेशन: लुकिंग इंटू फ्यूचर विषय पर आयोजित बहस में भारत के स्थायी प्रतिनिधि और राजदूत पार्वथानेनी हरीश ने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य अंग था, है और हमेशा रहेगा। उन्होंने कहा, भारत का यह रुख न केवल क्षेत्रीय अखंडता का प्रतीक है, बल्कि दक्षिण एशिया में शांति और स्थिरता का मजबूत संदेश भी है।

जम्मू-कश्मीर के लोग भारत की समय-परीक्षित लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक ढांचे के अनुसार मौलिक अधिकारों का प्रयोग करते हैं।

भारत ने कहा कि पाकिस्तान के लिए लोकतंत्र की अवधारणा बाहरी है और उसे अवैध कब्जे वाले क्षेत्रों में हो रहे गंभीर मानवाधिकार उल्लंघनों को तत्काल बंद करना चाहिए।

हरीश ने कहा, हम पाकिस्तान से इन इलाकों में मानवाधिकारों के घोर उल्लंघनों को रोकने का आह्वान करते हैं, जहां स्थानीय जनता उसके सैन्य कब्जे, दमनकारी नीतियों, क्रूरता और प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन के विरुद्ध खुला विद्रोह कर रही है।

भारत ने यूएन प्रणाली की सीमाओं पर भी गंभीर सवाल उठाए। हरीश ने कहा,  यूएन80 के अवसर पर संयुक्त राष्ट्र को सिर्फ बजटीय या प्रशासनिक सुधार तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे व्यापक संरचनात्मक सुधार की दिशा में ले जाना चाहिए।

शांति अभियानों को वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप तकनीकी और संसाधन समर्थन मिलना चाहिए, जिससे वैश्विक शांति सुनिश्चित की जा सके। हरिश ने  यूएन महासभा को और प्रभावी, निर्णायक और समन्वित बनाने का आग्रह किया।

हरीश ने कहा, भारत दुनिया को एक परिवार के रूप में देखता है। यह न केवल हमारे विश्वदृष्टिकोण का आधार है, बल्कि यही कारण है कि भारत ने सभी समाजों और लोगों के लिए न्याय, सम्मान, अवसर और समृद्धि की निरंतर वकालत की है।

भारत बहुपक्षवाद, अंतरराष्ट्रीय साझेदारी और सहयोग में विश्वास रखता है। भारत हमेशा वैश्विक दक्षिण के हमारे भाइयों-बहनों के साथ खड़ा रहा है और सभी क्षेत्रों में अपनी विशेषज्ञता और दीर्घकालिक अनुभव के साथ मदद करता रहेगा।

****************************

 

चक्रवात तूफान का खतरा मंडराया, कई राज्यों में दिखेगा बारिश का कहर

नईदिल्ली,25 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। उत्तर भारत में सर्दी दस्तक देने की तैयारी में है। पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण रात सर्द होने लगी है। दूसरी तरफ दक्षिण और पूर्वी राज्यों में भारी बारिश का कहर लगातार जारी है।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना नया निम्न दबाव का क्षेत्र अगले 2 दिनों में चक्रवाती तूफान मोंथा में बदल सकता है। इसका असर ओडिशा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, केरल और तमिलनाडु तक देखने को मिलेगा।

तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कई इलाकों में पिछले 24 घंटों से झमाझम बारिश हो रही है। केरल में लगातार बारिश और तेज हवाओं से पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और जलभराव की जानकारी सामने आई है।

आईएमडी ने केरल के 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि गोवा में येलो अलर्ट है। इसके साथ ही आने वाले दिनों में दक्षिणी राज्यों में बारिश का दौर और तेज होने की चेतावनी दी गई है।

उत्तर प्रदेश में सुबह-शाम के वक्त गुलाबी सर्दी पडऩे लगी है, जबकि कुछ जगह हल्का कोहरा भी नजर आने लगा है। बिहार में भी छठ पूजा से पहले मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। यहां सुबह के वक्त घना होकरा दिखाई दे रहा है।

मध्य प्रदेश में 27 अक्टूबर तक तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा राजस्थान में सर्दी का असर बढ़ रहा है। कुछ जिलों में तापमान 14 डिग्री से नीचे चला गया।

पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं से दिल्ली में सर्दी का अहसास बढऩे लगा है। शनिवार सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिली है, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है।

इस दौरान अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री और न्यूनतम 16-18 डिग्री के बीच रहेगा और 10 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। राजधानी में शनिवार को अधिकतर इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 को पार कर गया है, वहीं कई इलाके रेड जोन में हैं।

*****************************

 

दिल्ली में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, 4 अपराधी गोली लगने से घायल

नईदिल्ली,25 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। दिल्ली के महरौली और नांगलोई इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ की बड़ी खबर आई है। इस मुठभेड़ में पलिस की गोली लगने से 4 अपराधी घायल हो गए हैं।

हालांकि, पुलिसकर्मियों को भी गोली लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट के कारण उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ। घायल अपराधियों पर पुलिस पर गोलीबारी करने के मामले पहले से दर्ज हैं। नागलोई में 3 आरोपियों को गोली लगी है, जबकि महरौली में एक अपराधी घायल हुआ है।

महरौली इलाके में दिल्ली पुलिस और वांछित अपराधी कोकू पहाडिय़ा के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें पहाडिय़ा घायल हो गया। इस दौरान दो पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी, जबकि एक कांस्टेबल के हाथ में चोट लगी।

आरोपी ने भागने की कोशिश में टीम पर गोली चलाई। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। गोली लगने के बाद पहाडिय़ा को काबू कर लिया गया और उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

वहीं, दिल्ली के द्वारका में अवैध शराब की एक बड़ी खेप बरामद की गई और इस सिलसिले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी हरियाणा के रोहतक निवासी ऋतिक (21) है, उसे द्वारका एक्सप्रेसवे पर एक एम्बुलेंस में अवैध शराब ले जाते समय पकड़ा गया।

द्वारका पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने कहा, “अभियान के दौरान कुल 1,400 क्वार्टर और 84 बोतल शराब बरामद की गई हैं। वाहन भी जब्त कर लिया गया.

******************************

 

CM श्री हेमन्त सोरेन ने चौथी सैफ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप–2025 का किया आगाज

चौथी सैफ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2025 का शानदार आगाज..

इस अवसर पर कलाकारों ने झारखंड की संस्कृति, लोक कला एवं परंपरा के जलवे बिखेरे।

 सैफ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2025 की मेजबानी झारखंड के लिए गर्व की बात

 अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड के खिलाड़ियों ने देश का गौरव बढ़ाया है

राज्य सरकार का प्रयास, झारखंड में खेल प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन निरंतर होता रहे – श्री हेमन्त सोरेन, मुख्यमंत्री

बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम मोरहाबादी रांची  –  मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आज बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम मोरहाबादी में आयोजित चौथी सैफ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2025 का विधिवत आगाज किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि लम्बे समय के बाद चतुर्थ सैफ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2025 के आयोजन की मेजबानी का अवसर झारखंड प्रदेश को मिला है, यह हमारे राज्य के लिए गर्व और सम्मान की बात है। इस आयोजन में दक्षिण एशिया के विभिन्न देशों (भारत, बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, नेपाल एवं श्रीलंका) के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इस चैंपियनशिप के सफल आयोजन से राज्य का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रतिष्ठित होगा।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड के खिलाड़ियों ने देश का गौरव बढ़ाया है

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि खेल के प्रति झारखंड प्रदेश के नौजवानों में उत्साह और समर्पण देखने को मिलता है। विभिन्न खेल जैसे क्रिकेट, हॉकी, तीरंदाजी सहित कई अन्य खेलों में यहां के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर दिखाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हम सभी लोग यहां चतुर्थ सैफ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह में उपस्थित हुए हैं। झारखंड के नौजवान एथलेटिक्स के क्षेत्र में भी काफी रुचि रखते हैं। उन्होंने कहा कि इस चैंपियनशिप में देश के सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों का बेहतर प्रदर्शन देखने को मिले इसके लिए हमें स्टेडियम में उपस्थित होकर उनका उत्साह बढ़ाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस चैंपियनशिप में भी हमारे खिलाड़ियों पर हमें पूरा विश्वास है कि वे अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से झारखंड और देश का गौरव बढ़ाएंगे।

राज्य में खेल प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन होता रहेगा

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि इस चैंपियनशिप में हिस्सा ले रहे बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, नेपाल एवं श्रीलंका के खिलाड़ियों का झारखंड राज्य हार्दिक अभिनंदन करता है। उन्होंने कहा कि उद्घाटन अवसर पर आज इन सभी खिलाड़ियों का यहां के कलाकारों ने झारखंड की समृद्ध कला, संस्कृति एवं लोक नृत्य के साथ स्वागत और अभिनंदन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में भी इस प्रकार के खेलों का आयोजन होता रहे इसके लिए हमारी सरकार निरंतर प्रयासरत है। आज उत्साह भरे माहौल में खिलाड़ियों को हमारे राज्य के नौजवान स्टेडियम में उपस्थित होकर उनका मनोबल बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इस चैंपियनशिप में हिस्सा ले रहे सभी खिलाड़ियों तथा एथलेटिक्स फेडरेशन के प्रति आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि एथलेटिक्स फेडरेशन एवं राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय से ही इस चैंपियनशिप का भव्य आयोजन हो रहा है।

खेल के समग्र विकास के लिए आधारभूत संरचनाओं का होगा बेहतर उपयोग

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल के समग्र विकास के लिए राज्य में बेहतर आधारभूत संरचना स्थापित है, इन आधारभूत संरचनाओं का बेहतर उपयोग करते हुए आने वाले समय में ऐसी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होती रहेंगी इसके लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। मौके पर मुख्यमंत्री ने सभी को अपनी ओर से हार्दिक शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर खेल विभाग के मंत्री श्री सुदिव्य कुमार, स्वास्थ्य विभाग के मंत्री श्री इरफान अंसारी, कृषि विभाग की मंत्री श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की, सांसद राज्यसभा श्रीमती महुआ माजी, विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन, विधायक श्रीमती श्वेता सिंह, विधायक श्री सुरेश बैठा, प्रेसिडेंट सैफ डॉ० ललित भनोट, पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के अध्यक्ष श्री बहादुर सिंह सागू,पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी श्रीमती कृष्णा पूनिया सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

*********************************

 

पन्ना में मजदूर की चमकी किस्मत: खदान में मिले 3 बेशकीमती हीरे; अब होगी नीलामी

पन्ना 24 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । मध्य प्रदेश के पन्ना की धरती ने एक बार फिर गरीब की किस्मत बदल दी। जिले के बेनिसागर निवासी वृद्ध मजदूर महादेव प्रसाद प्रजापति को दो हफ्ते के भीतर उथली हीरा खदान पटी से एक नहीं, बल्कि तीन चमचमाते हीरे मिले हैं। महादेव प्रसाद ने इन हीरों को हीरा कार्यालय में जमा किया।

जानकारी के अनुसार, उन्होंने लगभग 20 दिन पहले ही पट्टा लेकर हीरा खादन शुरू की थी। इस दौरान उन्हें क्रमशः 2.58 कैरेट, 2.75 कैरेट और 3.09 कैरेट के जैम्स क्वालिटी के तीन हीरे प्राप्त हुए, जिनका कुल वज़न 8.42 कैरेट है। हीरा पारखी अनुपम सिंह के मुताबिक, इनकी अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये से अधिक हो सकती है।

वृद्ध महादेव प्रसाद ने बताया कि वह मजदूर तबके से हैं, कम सुनाई देता है और कच्चे घर में रहते हैं। उन्होंने कहा कि नीलामी के बाद मिलने वाली राशि से वे अपनी आर्थिक स्थिति सुधारना चाहते हैं। बताया गया कि आज दो लोगों ने कुल चार हीरे जमा किए हैं, जबकि अक्टूबर माह में अब तक 10 हीरे और साल की शुरुआत से अब तक 68 हीरे हीरा कार्यालय में जमा किए जा चुके हैं।

*****************************

 

हाईकोर्ट ने शुभेंदु अधिकारी के सुरक्षा कवच को लिया वापस

नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ दर्ज 15 एफआईआर को भी निरस्त किया

कोलकाता 24 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । राज्य में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी को बड़ा झटका लगा है। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने वर्ष 2022 में दी गई सुरक्षा कवच (प्रोटेक्शन) को वापस ले लिया है। न्यायमूर्ति जय सेनगुप्ता की खंडपीठ ने आज यह फैसला सुनाया। इसके साथ ही अदालत ने शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ दर्ज 15 एफआईआर को भी निरस्त कर दिया।

दिसंबर 2022 में न्यायमूर्ति राजाशेखर मंथा की पीठ ने शुभेंदु अधिकारी को सुरक्षा कवच देते हुए राज्य पुलिस द्वारा दर्ज 26 एफआईआर पर रोक लगा दी थी और यह निर्देश दिया था कि उनके खिलाफ कोई नई एफआईआर दर्ज करने से पहले अदालत की अनुमति आवश्यक होगी। इस आदेश के कारण बीते दो वर्षों में उनके खिलाफ नए मामले दर्ज नहीं हो सके थे।

राज्य सरकार ने हाल ही में इस आदेश को चुनौती दी थी, यह कहते हुए कि इससे जांच प्रक्रिया बाधित हो रही है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को सुरक्षा कवच हटाने का फैसला सुनाया। 2026 के विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले आया यह फैसला विपक्ष के नेता के लिए राजनीतिक रूप से झटका माना जा रहा है।

अब राज्य सरकार उनके खिलाफ लंबित शिकायतों पर कार्रवाई शुरू कर सकेगी। अदालत ने साथ ही यह भी कहा है कि यदि शुभेंदु अधिकारी के वकीलों की ओर से कोई लिखित आपत्ति या स्पष्टीकरण देना हो, तो वह सोमवार तक प्रस्तुत किया जा सकता है.

******************************

आपके हाथ में सुदर्शन चक्र है, सभी नापाक गठबंधनों…,’ सीएम डॉ. मोहन ने एनडीए के लिए मांगे वोट, बोले- हिसाब करने का यही सही समय

भोपाल/पटना  24 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) ।  विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 24 अक्टूबर को बिहार के तीन विधानसभा क्षेत्रों बगहा-सहरसा-सिकटा में धुंआधार चुनाव प्रचार किया। उन्होंने बगहा में राम सिंह, सहरसा में आलोक रंजन झा और सिकटा में समृद्ध वर्मा के समर्थन में जनता से वोट देने की अपील की।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने प्रत्याशियों का नामांकन भी भराया। इस दौरान जनसभाओं में वे कांग्रेस और महागठबंधन पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि बिहार में कांग्रेस के पहले की सत्ता में हालात खराब थे। लोग काम खत्म करके सूर्यास्त से पहले घर लौट जाते थे। क्या हाल था राज्य का। लेकिन, आज बिहार बदल गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्णिया में एयरपोर्ट तैयार है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस के लोग हर बार उल्टी बात करते हैं। देश में तो वे जनता का अपमान करते ही हैं, विदेश में भी यही काम करते हैं। ये बड़े शर्म की बात है। कांग्रेसी देश की रक्षा करने वाले सैनिकों के पराक्रम का सबूत मांगते हैं। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी को शर्म आनी चाहिए।

यही सही समय है कांग्रेस के कर्मों का हिसाब करने का। कांग्रेस को जो करना है, वो जैसा करेगी, वैसा भरेगी। भगवान श्री कृष्ण ने शिशुपाल की 100 गलतियां माफ कीं और उसके बाद सुदर्शन से गला काट दिया। आज हमें इसी तरह इन नापाक गठबंधनों का नाश करना है। आपके हाथ में जल्द सुदर्शन चक्र आने वाला है, वक्त आने पर इसका उपयोग करना है। लोकतंत्र के लिए-प्रदेश के विकास के लिए-भारत को मजबूत करने के लिए आइए हम एनडीए को भारी मतो से जिताएं।

सीएम ने कहा कि जिन लोगों ने मीसा में राजद अध्यक्ष को बंद किया उन्होंने अपनी बेटी का नाम मीसा रखा। आज कांग्रेस डूबता हुआ जहाज है। उसका कहीं कोई पता नहीं है। उसका शहजादा पता नहीं क्या-क्या बोलकर कांग्रेस की मटियामेट करने पर तुला है। उसके बावजूद राजद कांग्रेस के साथ खड़ी है। यह दुर्भाग्य की बात है।

**************************

 

कुरनूल बस हादसा: राहुल गांधी ने सार्वजनिक परिवहन की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए

नई दिल्ली/कुरनूल 24 oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में हैदराबाद-बेंगलुरु हाईवे पर एक निजी बस में अचानक आग लगने से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इस हादसे पर शोक व्यक्त किया है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “आंध्र प्रदेश के कुरनूल में हैदराबाद-बेंगलुरु हाईवे पर बस में आग लगने के भीषण हादसे में कई निर्दोष लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। इस त्रासदी में जान गंवाने वाले सभी यात्रियों के शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं।”

उन्होंने यह भी कहा कि बार-बार हो रही ऐसी दुर्घटनाएं हमारे सार्वजनिक परिवहन की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर प्रश्नचिह्न हैं। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है जिसके लिए वाहनों के रख-रखाव की जिम्मेदारी के साथ-साथ इन हादसों पर जवाबदेही तय करना अनिवार्य है।

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने भी इस हादसे पर दुख जताया। डीके शिवकुमार ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “हैदराबाद-बेंगलुरु मार्ग पर कुरनूल के पास बस में लगी भीषण आग से मैं बेहद स्तब्ध और दुखी हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। हम सभी प्रभावित लोगों के साथ हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।”

इससे पहले, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की। इसके अलावा, घायलों के लिए 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे।

बता दें कि यह हादसा चिन्नाटेकुर गांव के पास हुआ, जिसमें कई यात्री घायल भी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे के समय बस में 40 लोग सवार थे। यह निजी बस बेंगलुरु से हैदराबाद जा रही थी। इसी दौरान बस में आग लगी, जिससे वह जलकर राख हो गई।

************************

 

दिल्ली के 4 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप, 3 जगह जांच पूरी; पुलिस ने बताया हॉक्स

नई दिल्ली 24 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के चार अलग-अलग स्कूलों को यह धमकी मिली, जिसके बाद अभिभावकों और स्कूल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं।

जिन स्कूलों को धमकी मिली, वे द्वारका, गोयल डायरी और प्रसाद नगर इलाकों में स्थित हैं। धमकी के तुरंत बाद, एहतियात के तौर पर स्कूलों में तलाशी अभियान शुरू किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि चार में से तीन स्कूलों में जांच पूरी कर ली गई है। गोयल डायरी और प्रसाद नगर स्थित स्कूलों के अलावा द्वारका के स्कूल में भी गहन तलाशी ली गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। जांच के बाद इन तीनों धमकियों को ‘हॉक्स’ यानी झूठी जानकारी घोषित कर दिया गया है।

फिलहाल, एक अन्य स्कूल में तलाशी अभियान अभी भी जारी है। फायर और पुलिस की गाड़ियां मौके पर तैनात हैं और स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है। पुलिस अब धमकी भरे कॉल या ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में भी जुट गई है।

****************************

 

हिमाचल में एक नवंबर से होटलों की बुकिंग पर मिलेगी 40 प्रतिशत छूट

शिमला 24 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) ने एक नवंबर से 20 दिसंबर तक शीतकालीन छूट के रूप में अपने होटलों में ग्राहकों को 40 प्रतिशत की छूट देने का फैसला किया है।

एचपीटीडीसी की एक विज्ञप्ति में बताया गया है कि रामपुर में 11 से 15 नवंबर तक लवी और रेणुका मेलों और रेणुका में एक से पांच नवंबर तक चलने वाले मेलों के दौरान यह छूट उपलब्ध नहीं होगी। पर्यटन विकास निगम ने इस शीतकाल में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए यह विशेष पेशकश की है।

गौरतलब है कि राज्य में शीतकाल के दौरान पर्यटकों की अच्छी आमद होती है। इस पेशकश से घरेलू पर्यटन को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। पर्यटन निगम के अधिकारियों ने कहा कि यह योजना पर्यटकों को ऑफ-सीजन में राज्य की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

सर्दियों के दौरान मनाली, कुफरी, फागू, चैल, कसौली और नारकंडा बर्फ से ढक जाते हैं। इसलिए, रियायती होटल बुकिंग से राज्य के पर्यटन राजस्व में वृद्धि होने की उम्मीद है।

एचपीटीडीसी के एक प्रवक्ता ने बताया कि राज्य के चार होटलों मनाली लॉग हट, एप्पल ब्लॉसम फागू, पैलेस होटल चैल और कसौली स्थित न्यू रॉस कॉमन होटल में कमरों पर 40 प्रतिशत तक की छूट उपलब्ध होगी। इसके अतिरिक्त, 30 होटलों पर 20 प्रतिशत, दो होटलों पर 25 प्रतिशत और आठ होटलों पर 30 प्रतिशत की शीतकालीन छूट लागू होगी।

उन्होंने बताया कि ये दर्रें 21 दिसंबर से सभी होटलों पर सामान्य रूप से लागू होंगी। निगम के महाप्रबंधक ने इस संबंध में सभी होटल प्रबंधकों को पत्र जारी कर दिया है।

एचपीटीडीसी ने जिन होटलों में 20 फीसदी की छूट पेशकश की है, उनमें हमीरपुर में होटल हमीर, सुंदरनगर में सुकेत, रोहड़ू में चांशल, नूरपुर में होटल नुपुर, चंबा में इरावती, दाड़लाघाट में बाघल, ज्वालामुखी में होटल ज्वालाजी, स्वारघाट में हिलटॉप, बुशहर रीजेंसी रामपुर, धर्मशाला में कुणाल, परवाणू में शिवालिक, पांवटा साहिब में यमुना, पौंग बांध में कैंपिंग साइट, खरापत्थर में गिरीगंगा, यात्री निवास।

चामुंडा, कसौली में ओल्ड रॉस कॉमन, सराहन में श्रीखंड, जोगिंदरनगर में उहल, मैक्लोडगंज में भागसू, कुल्लू में सरवरी, शिमला में पीटरहॉफ, मैक्लोडगंज में क्लब हाउस, राजगढ़ में टूरिस्ट इन, भरमौर में गौरीकुंड, केलांग में चंद्रभागा, मनाली में कुंजुम, नारकंडा में हाटू, डलहौजी में गीतांजलि, क्यारीघाट में मेघदूत और मणिमहेश डलहौजी में होटल शामिल हैं।

वहीं, शिमला में होटल हॉलिडे होम और रेणुका में रेणुका जी होटल में 25 प्रतिशत की छूट मिलेगी। भरवाईं में चिंतपूर्णी हाइट्स, पालमपुर में न्यूगल, बिलासपुर में लेक व्यू, पालमपुर में टी बड, धर्मशाला में होटल धौलाधार, बड़ोग में पाइनवुड, चायल में पैलेस होटल एनएक्ससी और नालदेहरा में गोल्फ ग्लेड होटल में कमरे की बुकिंग पर 30 प्रतिशत तक की छूट उपलब्ध होगी।

**********************

 

मान अपने कथित वायरल वीडियो पर दो दिन तक चुप क्यों रहेः भाजपा

चंडीगढ़ 24 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : पंजाब भारतीय जनता पार्टी के मीडिया प्रमुख विनीत जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के कथित वायरल वीडियो को लेकर पंजाब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा द्वारा किए गए ट्वीट के बाद आम आदमी पार्टी घबरा गई है, जिसके चलते आप नेता प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बेतुके बयान दे रहे हैं।

विनीत जोशी ने कहा कि वीडियो वायरल होने के 48 घंटे बाद अश्वनी शर्मा ने यही ट्वीट किया, जो आदमी हर छोटी-छोटी बात पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करता था, वो अपने कथित वीडियो पर इतना चुप क्यों है? पंजाब को जवाब चाहिए, भगवंत साहब, स्पष्टीकरण देना चाहिए” , इसमें कुछ भी ग़लत नहीं है।

जोशी ने कहा, “अगर वीडियो फ़र्ज़ी है, तो मुख्यमंत्री चुप क्यों हैं।” उन्होने कहा कि यह मामला सिर्फ़ एक वीडियो तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सरकार के ‘ईमानदारी’ और नैतिकता के दावों पर एक बड़ा सवालिया निशान है।

आप ने लोगों को साफ़-सुथरी राजनीति के सपने दिखाए थे, लेकिन अब जब उनके अपने मुख्यमंत्री पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, तो पूरी टीम दो दिन से चुप है।

जोशी ने आप नेता बलतेज पन्नू और मलविंदर सिंह कंग पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये दोनों नेता हर मामले में दूसरों पर उंगली उठाते रहे हैं, लेकिन अब जब मामला उनके अपने घर तक पहुँच गया है, तो उनकी भाषा बदल गई है। विनीत जोशी ने साइबर सेल द्वारा दर्ज की गई एफ़आईआर पर भी कई सवाल उठाए।

उन्होंने पूछा कि जब वीडियो में मुख्यमंत्री का ज़िक्र है तो उनके बयान को एफ़आईआर का हिस्सा क्यों नहीं बनाया गया। क्या साइबर सेल का कोई दबाव है या सरकार मामले को दबाने की कोशिश कर रही है?

*********************

 

दो शराब ठेकेदारों की रंजिश में चली गोलियां, तीन घायल; एक गंभीर

सोनीपत 24 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : हरियाणा के सोनीपत जिले में दो शराब ठेकेदारों के बीच पुरानी रंजिश के चलते गोली और लाठी-डंडे चलने का मामला सामने आया है। जहां विवाद के दौरान आरोपी खुलेआम पिस्तौल और डंडे लेकर पहुंचे और फायरिंग कर दी। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।

मौके पर एफएसएल टीम पहुंची है और साक्ष्य जुटाएं है। वहीं मामले में एसीपी और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची है। जहां घायलों को खरखौदा के अस्पताल से रोहतक रेफर किया गया है। भूपेंद्र ठेकेदार पर गोली चलाने की आरोप खरखौदा के गांव पीपली के पूर्व सरपंच और शराब कारोबारी रामनिवास ने बताया कि गोली चलाने का काम भूपेंद्र शराब ठेकेदार वासी सिसाना और उसके साथ आए 8-10 लोगों ने किया।

उन्होंने बताया कि उनकी और भूपेंद्र की पुरानी रंजिश तथा आपसी मुकदमेबाजी पहले से चल रही है। इसी रंजिश के चलते विरोधी गुट ने आज हमला किया। सूचना मिलते ही खरखौदा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुका है जिससे पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की रंजिश पुरानी है और घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

शराब कारोबारी भूपेन्द्र पर अकेले शराब तस्करी के 30 से ज्यादा मामले चल रहे हैं। वर्ष 2020 में कोरोना काल में लॉकडाउन के दौरान वह करीब एक करोड़ रुपए की सीलबंद शराब बेचकर चर्चा में आया था।

पूर्व सरपंच और शराब कारोबारी रामनिवास ने बताया कि वह अपने पड़ोसी के घेर में बैठे हुए थे और कुछ समय बाद वहां से चले गए। तभी तीन-चार गाड़ियों में सवार होकर 8-10 युवक पहुंचे। ये पहले रामनिवास के घेर में गए और फिर गली में फायरिंग करते हुए आए। इस दौरान नवीन निवासी पिपली के ऊपर गोली चलाई गई जिससे उसकी जांघ में गोली लगने की सूचना है।

वहीं, सोनू और भगत को भी लाठी-डंडों से चोटें लगी हैं। घटना में घायल तीनों लोगों को पहले निजी अस्पताल खरखौदा ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।

खरखौदा के गांव पीपली के पूर्व सरपंच और शराब कारोबारी रामनिवास ने बताया कि गोली चलाने का काम भूपेंद्र शराब ठेकेदार वासी सिसाना और उसके साथ आए 8-10 लोगों ने किया। उन्होंने बताया कि उनकी और भूपेंद्र की पुरानी रंजिश और आपसी मुकदमेबाजी पहले से चल रही है। इसी रंजिश के चलते विरोधी गुट ने आज हमला किया।

पूर्व सरपंच और शराब कारोबारी रामनिवास ने बताया कि वह अपने पड़ोसी के घेर में बैठे हुए थे और कुछ समय बाद वहां से चले गए। तभी तीन-चार गाड़ियों में सवार होकर 8-10 युवक पहुंचे। ये पहले रामनिवास के घेर में गए और फिर गली में फायरिंग करते हुए आए।

इस दौरान नवीन निवासी पिपली के ऊपर गोली चलाई गई, जिससे उसकी जांघ में गोली लगने की सूचना है। वहीं, सोनू और भगत को भी लाठी-डंडों से चोटें लगी हैं। घटना में घायल तीनों लोगों को पहले निजी अस्पताल खरखौदा ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।

कोरोना महामारी के दौरान लॉकडाउन के दौरान शराब माफिया और तस्कर भूपेंद्र ने आबकारी विभाग और पुलिस के कुछ कर्मचारियों के साथ मिलकर पुलिस द्वारा जब्त की गई शराब को बेच दिया था। इसमें भूपेंद्र और उसके भाई जितेंद्र उर्फ धोला को भी गिरफ्तार किया गया था और तत्कालीन थाना प्रभारी को बर्खास्त कर दिया गया था।

पुलिस की मानें तो भूपेंद्र ने अपने भाई जितेंद्र उर्फ धोला से साल 2023 में पिपली ठेका के पास रामनिवास निवासी पिपली पर हमला करवाया था। इसमें भूपेंद्र मुख्य आरोपी था और इस मामले में उसे भगोड़ा घोषित किया गया था। इस मामले में सोनीपत पुलिस ने 5,000 रुपए का इनाम घोषित किया था।

शराब तस्करी में वह बहुत संपत्ति कमा चुका था। इसका अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि सोनीपत के सिसाना गांव में सकते हैं कि सोनीपत के सिसाना गांव में साधारण किसान परिवार में जन्मे भूपेंद्र दहिया के पास खरखौदा में एक स्कूल है जो उसकी मां के नाम पर है। एक ईंट भट्ठा, एक रेस्टोरेंट, खुद की जमीन, 2 लग्जरी गाड़ी हैं। वर्ष 2022 में प्रशासन ने नशे के कारोबार से खड़ी की गई उसकी संपत्ति पर बुलडोजर भी चलाया था। तब उसके आठ मकान और गोदाम तोड़े गए थे।

**************************

 

बीएसएफ ने पंजाब सीमा पर दो पाकिस्तानी ड्रोन गिराए

जालंधर 24 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : असाधारण सतर्कता और परिचालन सटीकता का प्रदर्शन करते हुए, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने  पंजाब सीमा पर दो और पाकिस्तानी ड्रोन को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया।

बीएसएफ के प्रवक्ता ने बताया कि प्रभावी तकनीकी उपायों और जवानों की त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप, फिरोजपुर के हबीबवाला गाँव और अमृतसर के महावा गाँव के निकट क्रमशः एक डीजेआई माविक 03 क्लासिक और एक डीजेआई माविक 04 प्रो ड्रोन बरामद किए गए। ये लगातार बरामदगी बीएसएफ जवानों की पेशेवर दक्षता और पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के उनके सर्वोत्तम प्रयासों का प्रमाण है।

**************************

 

रक्षा मंत्रालय ने 79 हजार करोड़ के सौदे को दी मंजूरी

नई दिल्ली 24 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)- केंद्र सरकार ने देश की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई रक्षा अधिग्रहण परिषद (DAC) की बैठक में करीब 79,000 करोड़ के रक्षा सौदों को मंजूरी दी गई। यह फैसला भारतीय थलसेना, नौसेना और वायुसेना — तीनों सेनाओं की युद्धक क्षमता में बड़ा इजाफा करेगा और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को नई गति देगा।

थलसेना को मिलेगी नई मिसाइल और निगरानी शक्ति

थलसेना के लिए नाग मिसाइल सिस्टम एमके-IIग्राउंड बेस्ड मोबाइल इलेक्ट्रॉनिक इंटेलिजेंस सिस्टम और हाई मोबिलिटी व्हीकल्स की खरीद को मंजूरी दी गई है।

  • नाग मिसाइल सिस्टम एमके-II दुश्मन के टैंकों और किलेबंद ठिकानों को सटीकता से नष्ट करने में सक्षम है।
  • ग्राउंड बेस्ड इंटेलिजेंस सिस्टम से सेना दुश्मन की रेडियो तरंगों और इलेक्ट्रॉनिक गतिविधियों की 24 घंटे निगरानी कर सकेगी।
  • वहीं, हाई मोबिलिटी व्हीकल्स कठिन इलाकों में रसद और भारी उपकरण पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाएंगे।

नौसेना की समुद्री शक्ति होगी और मजबूत

भारतीय नौसेना के लिए लैंडिंग प्लेटफॉर्म डॉक्स30 मिमी नेवल सरफेस गनएडवांस्ड लाइट वेट टॉरपीडोइलेक्ट्रो-ऑप्टिकल इंफ्रारेड सर्च एंड ट्रैक सिस्टम और स्मार्ट गोला-बारूद की खरीद को स्वीकृति मिली है।

  • इन प्रणालियों से नौसेना की उभयचर युद्धक और समुद्री निगरानी क्षमता में भारी सुधार होगा।
  • लैंडिंग प्लेटफॉर्म डॉक्स से थलसेना और वायुसेना के साथ संयुक्त ऑपरेशन संभव होंगे।
  • एडवांस्ड टॉरपीडो को DRDO ने विकसित किया है, जो दुश्मन की पनडुब्बियों को सटीकता से निशाना बना सकता है।

वायुसेना को मिलेगा अत्याधुनिक हमला सिस्टम

वायुसेना के लिए कॉलैबोरेटिव लॉन्ग रेंज टारगेट सैचुरेशन/डिस्ट्रक्शन सिस्टम और कई अन्य अत्याधुनिक हथियार प्रणालियों की खरीद को मंजूरी दी गई है।
यह सिस्टम स्वचालित टेकऑफ, लैंडिंग और लक्ष्य पर सटीक हमला करने में सक्षम है। इससे वायुसेना की रणनीतिक मारक क्षमता और सटीकता में बड़ा सुधार होगा।

आत्मनिर्भर भारत की दिशा में निर्णायक कदम

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इन सभी परियोजनाओं से देश की सैन्य ताकत आधुनिक होगी और साथ ही स्वदेशी रक्षा उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा। ज्यादातर प्रणालियाँ भारत में निर्मित की जाएंगी, जिससे ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ मिशन को बल मिलेगा। रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि इस मंजूरी से तीनों सेनाओं की क्षमता में बड़ा विस्तार होगा और भारत किसी भी परिस्थिति में पूर्ण सैन्य तैयारी के साथ जवाब देने में सक्षम होगा।

नौसेना को मिली पहली स्वदेशी एंटी-सबमरीन युद्धपोत ‘माहे’

इस बीच, कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (CSL) ने भारतीय नौसेना को स्वदेशी तकनीक से बनी पहली एंटी-सबमरीन वॉरफेयर शैलो वॉटर क्राफ्ट ‘माहे’ सौंप दी है। यह आठ जहाजों की श्रृंखला का पहला पोत है, जिसे कोच्चि में औपचारिक रूप से नौसेना को सुपुर्द किया गया। इस मौके पर CSL के निदेशक डॉ. एस. हरिकृष्णन और ‘माहे’ के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर अमित चंद्र चौबे के बीच हस्ताक्षर हुए। कार्यक्रम में रियर एडमिरल आर. अधिस्रीनिवासनकमोडोर अनुप मेनन सहित नौसेना और शिपयार्ड के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

***************************

 

छठ पूजा पर बिहार के यात्रियों के लिए हरियाणा से बिहार तक चलेंगी एसी बसें: अनिल विज

चंडीगढ़ 23 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): छठ पूजा के पावन अवसर पर बिहार के लोगों की सुविधा के लिए हरियाणा सरकार ने बिहार के बेगूसराय, पूर्णिया, मधुबनी पटना और गया के लिए विशेष एसी बस सेवायें शुरू की हैं।

राज्य के परिवहन मंत्री अनिल विज ने बताया कि बिहार सरकार से पत्र प्राप्त हुआ था कि हरियाणा में कार्यरत बिहारवासी छठ पूजा पर बड़ी संख्या में अपने गृह राज्य जाना चाहते हैं। इस मांग को ध्यान में रखते हुए हरियाणा से बिहार के लिए विशेष बसें चलायी गयी हैं।

विज ने कहा कि हरियाणा से बिहार का रूट लंबा होने के कारण यात्रियों की सुविधा के लिए एसी बसें चलायी गयी हैं, ताकि उन्हें यात्रा के दौरान आराम और सुरक्षा मिल सके। सरकार का उद्देश्य है कि सभी यात्रियों को सुरक्षित और समय पर अपने परिवारों के साथ छठ पर्व मना सकें।

उल्लेखनीय है कि ये बसें अंबाला से पूर्णिया के लिए सायं चार बजे और 4.30 बजे, अंबाला से मधुबनी के लिए शाम पांच बजे, पानीपत से मधुबनी के लिए दोपहर 12 बजे, अपराह्न तीन बजे और शाम पांच बजे रवाना होंगी। गुरुग्राम के राजीव चौक से बेगूसराय के लिए शाम पांच बजे, पटना के लिए शाम छह बजे और गया के लिए शाम सात बजे बसें चलेंगी। कुल 14 विशेष बसें क्रमवार चलायी जा रही हैं।

**************************

 

यूक्रेन का रूसी गैस प्लांट पर बड़ा ड्रोन हमला, कजाकिस्तान से सप्लाई ठप; ट्रंप ने कहा- शांति के लिए जमीन छोड़े कीव

कीव ,23 अक्टूबर (एजेंसी) ।  रूस-यूक्रेन युद्ध थमने के बजाय और भड़कता जा रहा है। यूक्रेन ने रविवार को दक्षिणी रूस में स्थित एक प्रमुख गैस प्रसंस्करण संयंत्र को ड्रोन हमले का निशाना बनाया। इस हमले के कारण कजाकिस्तान से होने वाली गैस की आपूर्ति अस्थायी रूप से रोक दी गई है।

रूसी अधिकारियों के अनुसार, ओरेनबर्ग स्थित यह संयंत्र दुनिया के सबसे बड़े गैस उत्पादन और प्रसंस्करण संयंत्रों में से एक है। इसकी वार्षिक क्षमता 45 अरब क्यूबिक मीटर है और इसका संचालन रूसी सरकारी कंपनी गैजप्रोम करती है। यह संयंत्र मुख्य रूप से कजाकिस्तान के कराचगनाक क्षेत्र से आने वाले गैस कंडेन्सेट को संसाधित करता है।

क्षेत्रीय गवर्नर येवगेनी सोलंतसेव ने बताया कि ड्रोन हमलों से संयंत्र की एक कार्यशाला में आग लग गई और उसका कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, कजाकिस्तान के ऊर्जा मंत्रालय ने भी पुष्टि की कि गैजप्रोम ने सूचित किया है कि ड्रोन हमले के कारण संयंत्र अस्थायी रूप से कजाकिस्तान की गैस को संसाधित करने में असमर्थ है।

यूक्रेन के जनरल स्टाफ ने भी एक बयान में ओरेनबर्ग संयंत्र में आग लगने और एक गैस प्रसंस्करण व शोधन इकाई के क्षतिग्रस्त होने की पुष्टि की है। यूक्रेन ने हाल के महीनों में रूसी ऊर्जा सुविधाओं पर हमले इसलिए तेज कर दिए हैं, क्योंकि वह मानता है कि ये सुविधाएं मास्को के युद्ध प्रयास को सीधे तौर पर वित्तपोषित (स्नह्वठ्ठस्र) कर रही हैं।

इस सैन्य तनाव के बीच अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने फॉक्स न्यूज को दिए एक साक्षात्कार में संकेत दिया कि शांति स्थापित करने के लिए यूक्रेन को रूस के हाथों खोई हुई अपनी कुछ भूमि छोडऩी पड़ सकती है। ट्रंप ने कहा, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन कुछ न कुछ ले ही लेंगे और अमेरिका ही ऐसा देश है जो युद्ध जीतकर (इलाका) छोड़ देता है।

उधर, यूक्रेनी अभियोजकों ने दावा किया है कि रूस नागरिक इलाकों को निशाना बनाने के लिए अपने हवाई निर्देशित बमों को बदल रहा है। खार्किव क्षेत्र में रूस द्वारा नए रॉकेट-संचालित बम रूक्कक्च-5क्र का इस्तेमाल किया गया, जो 130 किलोमीटर तक मार कर सकता है।

इसके अलावा, डोनिप्रोपेत्रोव्स्क क्षेत्र में एक रूसी ड्रोन हमले में कम से कम 11 लोग घायल हो गए और कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। रूस ने एक कोयला खदान पर भी हमला किया, जहां से 192 खनिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

यूक्रेनी जनरल स्टाफ ने रूस के समारा क्षेत्र में नोवोकुइबिशेव्स्क तेल रिफाइनरी पर भी ड्रोन हमले का दावा किया है। दूसरी ओर, रूसी रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि उसने रात भर में 45 यूक्रेनी ड्रोनों को मार गिराया है।

***********************

 

उड़ते इंडिगो विमान में फ्यूल लीकेज से मची अफरातफरी, वाराणसी में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

वाराणसी ,23 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। कोलकाता से श्रीनगर जा रही इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान (संख्या 6श्व-551) में उस समय हड़कंप मच गया जब विमान में अचानक फ्यूल लीकेज की जानकारी मिली। पायलट ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए वाराणसी एयरपोर्ट के एटीसी से संपर्क किया और आपातकालीन लैंडिंग की अनुमति मांगी। अनुमति मिलते ही विमान को वाराणसी में सुरक्षित उतार लिया गया।

विमान में सवार थे 166 यात्री

जानकारी के अनुसार, विमान में 166 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। उड़ान कोलकाता से रवाना होकर श्रीनगर जा रही थी। रास्ते में तकनीकी जांच के दौरान फ्यूल सिस्टम में गड़बड़ी के संकेत मिले। क्रू मेंबर्स ने त्वरित निर्णय लेते हुए एटीसी को सूचित किया। वाराणसी एयरपोर्ट प्रशासन ने तुरंत आपातकालीन सेवाएं सक्रिय कीं और रनवे पर फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया।

यात्रियों में मची घबराहट, सभी सुरक्षित

अचानक विमान के उतरने और सुरक्षा वाहनों को देखकर यात्रियों में कुछ देर के लिए घबराहट का माहौल बन गया। हालांकि विमान के सुरक्षित उतरने के बाद सभी यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया। किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई है। विमान को एप्रन (पार्किंग जोन) में खड़ा कर उसकी तकनीकी जांच की गई। मेंटेनेंस टीम ने करीब दो घंटे तक निरीक्षण और मरम्मत कार्य किया।

एयरलाइन ने जारी किया बयान

इंडिगो एयरलाइंस ने बयान जारी कर कहा कि, हमारे क्रू मेंबर ने फ्यूल सिस्टम में संभावित तकनीकी समस्या का पता लगते ही सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत वाराणसी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की। सभी यात्री और क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। असुविधा के लिए हमें खेद है।

************************

 

छठ पर्व को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सूर घाट और मुनक नहर पर तैयारियों का किया निरीक्षण

नई दिल्ली ,23 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने छठ पर्व की तैयारियों के तहत आज वजीराबाद स्थित सूर घाट और उत्तरी दिल्ली स्थित प्रेमबाड़ी पुल से एयू ब्लॉक तक मुनक नहर के किनारे बन रहे छठ घाटों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए।

मुख्यमंत्री ने वहां घाट निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, सफाई- स्वच्छता आदि की प्रगति की जानकारी भी ली। मुख्यमंत्री का कहना है श्रद्धा, आस्था और शुचिता के इस पर्व को लेकर दिल्ली सरकार उत्साहित है। सरकार का संकल्प है कि छठ व्रतधारियों को पूरा सम्मान और अपनापन मिले। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पर्व के दौरान सरकार की ओर से श्रद्धालुओं को पूरी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि छठ पर्व पर प्रकृति के प्रति समर्पण हमें पर्यावरण की सुरक्षा का भी संदेश देता है।

मुख्यमंत्री सबसे पहले सूर घाट पहुंची। वहां निरीक्षण के दौरान उनके साथ दिल्ली सरकार के विकास मंत्री श्री कपिल मिश्रा व विधायक श्री अभय वर्मा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

मुख्यमंत्री का स्पष्ट निर्देशा था कि घाट पर स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतज़ाम और भीड़ प्रबंधन की सभी तैयारियाँ समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से पूरी की जाएं, ताकि छठ पर्व के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा चूंकि इस घाट पर लाखों श्रद्धालु आएंगे, इसलिए यहां यातायात व्यवस्था के लिए भी व्यापक इंतजाम किए जाएं।

मुख्यमंत्री इसके बाद मुनक नहर पहुंची, जहां छठ व्रतधारियों के लिए बड़े स्तर पर घाटों का निर्माण किया जा रहा है। इस दौरे में उनके साथ स्थानीय पार्षद डॉ. अमित नागपाल, समाजसेवी सहित आला अधिकारी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने वहां बन रहे घाटों के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि इनका निर्माण इस तरह से किया जाए कि किसी भी व्रतधारी को परेशानी न हो। घाटों पर सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं से संवाद भी किया।

मुख्यमंत्री के अनुसार हरियाणा से निकलकर दिल्ली से गुजरने वाली मुनक नहर पर छठ पूजा के दौरान लाखों की संख्या में श्रद्धालु एकत्र होते हैं, जिससे पहले भारी भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति बन जाती थी। लेकिन इस वर्ष, सरकार ने समय रहते सफाई अभियान, डिसिल्टिंग कार्य और घाट निर्माण प्रारंभ कर दिया है। अब तक यहां से ट्रकों के माध्यम से सिल्ट हटाई जा चुकी है और यह कार्य तेजी से जारी है ताकि छठ पर्व पर कोई असुविधा न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि छठ पर्व केवल एक धार्मिक आयोजन न होकर, स्वच्छता, संस्कृति और सुशासन का प्रतीक बने। सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रभाव रूप से कार्यरत है कि हर श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के पूजा-अर्चना कर सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम चाहते हैं कि इस बार छठ पर्व की हर झलक भव्य, दिव्य और यादगार हो। दिल्ली सरकार इसके लिए पूरी तत्परता, कार्यकुशला व समर्पण भाव से कार्य कर रही है।

*****************************

 

कुमारी सैलजा की चिट्ठी पर सीएम सैनी का जवाब, फतेहाबाद की सेमग्रस्त भूमि पर होगा सुधार कार्य तेज

चंडीगढ़ ,23 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा द्वारा फतेहाबाद जिले की सेमग्रस्त भूमि की समस्या को लेकर उठाए गए मुद्दे पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी पत्र (संख्या सीएमएच -2025/5428 दिनांक 14 अक्तूबर 2025) में मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कुमारी सैलजा को संबोधित करते हुए कहा है कि फतेहाबाद जिले के कई गांवों में सेमग्रस्त भूमि की स्थिति में सुधार हेतु राज्य सरकार गंभीर है और इस दिशा में पहले से किए जा रहे कार्यों को और गति देने के निर्देश जारी किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में लिखा है कि कुमारी सैलजा द्वारा पूर्व में भेजे गए पत्र (दिनांक 16 मई 2025) में जिन गांवों बनमंदोरी, खाबर कलां, पिलनवासरी, बडोला तथा चंदल मोरी का उल्लेख किया गया था, वहां सोलर प्रचलित कम गहराई वाले ट्यूबवेल्स लगाकर भूमि सुधार कार्य पहले ही प्रारंभ किया जा चुका है। इस योजना से लगभग 10,000 एकड़ भूमि को पुन: कृषि योग्य बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह ने आगे कहा कि अब अगली कड़ी में खोदद, मोहम्मदपुर रोही, बिझुआ व भिखुपुर जाट्टी जैसे गांवों में भी सोलर ट्यूबवेल लगाने व नहरों से सिंचाई सुविधा के विस्तार के निर्देश संबंधित विभागों को दे दिए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी 4 से 5 माह में सेमग्रस्त भूमि की समस्या में उल्लेखनीय सुधार होगा और प्रभावित किसानों को राहत मिलेगी।

इस पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है तथा सांसद कुमारी सैलजा द्वारा उठाए गए मुद्दों पर संवेदनशीलता से कार्रवाई जारी है। यह पत्र न केवल प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, बल्कि राजनीतिक रूप से भी यह संकेत देता है कि राज्य सरकार विपक्षी सांसदों द्वारा उठाए गए जनहित मुद्दों को भी गंभीरता से ले रही है।

****************************

 

पंजाब के रेलवे स्टेशनों पर प्रवासियों की भीड़, सुविधाओं को लेकर नाराजगी

अमृतसर ,23 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। छठ पर्व के पावन अवसर पर पंजाब के रेलवे स्टेशनों पर बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाले प्रवासियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। अमृतसर, लुधियाना, जालंधर और पटियाला जैसे प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों का मेला लगा हुआ है।

प्लेटफॉर्म पर सामान के बैग, परिवारों की चहल-पहल और बच्चों की खुशी से माहौल गुलज़ार है, लेकिन टिकट और यात्रा सुविधाओं की कमी के कारण प्रवासी नाराजगी जता रहे हैं। अमृतसर रेलवे स्टेशन पर बिहार और यूपी जाने वाली ज्यादातर ट्रेनों में रिजर्वेशन पूरी तरह भर चुका है।

जनरल डिब्बों में भी यात्रियों की इतनी भीड़ है कि पैर रखने की जगह नहीं मिल रही। कई यात्रियों ने बताया कि उन्हें रिजर्वेशन नहीं मिल सका, जिसके चलते मजबूरी में जनरल टिकट लेकर सफर करना पड़ रहा है।

बिहार जा रहे बूधन ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा, हम छठ पूजा के लिए घर जा रहे हैं। लेकिन, ट्रेन में सीट नहीं मिल रही। सरकार कहती है कि उसने सुविधाएं बढ़ाई हैं, पर हमें इसका कोई फायदा नहीं मिल रहा।

इसी तरह, महेश राम यादव ने बताया, मैं एक महीने के लिए बिहार जा रहा हूं, लेकिन ट्रेन में जगह नहीं है। सरकार की स्पेशल ट्रेनों की बातें सिर्फ कागजों तक सीमित हैं।

शत्रुघ्न माझी ने भी कहा, 20-25 दिन के लिए घर जा रहा हूं, लेकिन ट्रेन नहीं मिल रही। अब देखें कैसे पहुंचते हैं।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। रेलवे के अनुसार, छठ पूजा के दौरान कुछ दिनों के लिए अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिनकी समय-सारिणी भी जारी कर दी गई है।

हालांकि, प्रवासी इन इंतजामों से संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि जमीनी स्तर पर सुविधाएं नाकाफी हैं, और टिकट की कमी के कारण लंबी यात्रा में भारी परेशानी हो रही है।

रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा और व्यवस्था के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों को तैनात किया गया है, लेकिन भीड़ के दबाव के कारण यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रवासियों ने रेलवे से और ट्रेनें चलाने और रिजर्वेशन प्रक्रिया को आसान करने की मांग की है।

*********************************

 

दिल्ली से पटना जाने वाला स्पाइसजेट का विमान तकनीकी खराबी के कारण लौटा वापस

नई दिल्ली ,23 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। छठ के पावन अवसर से पहले पटना जाने वाला स्पाइसजेट का एक विमान गुरुवार सुबह तकनीकी खराबी के कारण उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दिल्ली लौट आया। एयरलाइन ने बताया कि बोइंग 737 एयरक्राफ्ट से दिल्ली से पटना के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट एसजी 497 वापस दिल्ली लौट गई और सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से उतार लिया गया। इसके अलावा, यात्रियों के लिए एक दूसरे विमान की व्यवस्था भी की गई।

हालांकि, एयरलाइन की ओर से विमान में मौजूद यात्रियों की संख्या को लेकर फिलहाल कोई जानकारी साझा नहीं की गई है। एयरलाइन ने एक बयान में कहा, 23 अक्टूबर को, दिल्ली से पटना के लिए उड़ान भरने वाला स्पाइसजेट का विमान एसजी 497 तकनीकी खराबी के कारण उड़ान भरने के बाद वापस दिल्ली लौट आया। एयरलाइन ने आगे कहा, विमान सामान्य रूप से उतरा और यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया।

यात्रियों के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई, जो अब पटना के लिए रवाना हो गया है। इससे पहले, 12 सितंबर को गुजरात के कांडला से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाले स्पाइसजेट के एक विमान का बाहरी पहिया उड़ान भरते समय टूट गया था। हालांकि, विमान को सुरक्षित रूप से मुंबई उतार लिया गया था, जिसमें 75 यात्री मौजूद थे।

स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने इस मामले को लेकर कहा, 12 सितंबर को, कांडला से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाले स्पाइसजेट क्यू400 विमान का एक बाहरी पहिया उड़ान भरने के बाद रनवे पर पाया गया। विमान ने मुंबई की अपनी यात्रा जारी रखी और सुरक्षित उतर गया।

इससे पहले दिल्ली से काठमांडू जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट एसजी041 को टेलपाइप में आग की आशंका पर वापस लाया गया। हालांकि, इंजीनियरिंग जांच में कोई असामान्यता न मिलने पर विमान को दोबारा उड़ान पर भेज दिया गय। इस उड़ान में करीब 4 घंटे की देरी हुई।

इस स्पाइसजेट विमान को जमीन पर खड़े एक दूसरे विमान से संदिग्ध टेलपाइप आग की सूचना मिली थी। हालांकि, कॉकपिट में कोई चेतावनी या संकेत नहीं दिखा लेकिन पायलटों ने अपनी सूझबूझ दिखाते हुए वापस लौटने का फैसला किया।

**************************

 

दिल्ली में बड़ा एनकाउंटर: पुलिस के साथ मुठभेड़ में 4 गैंगस्टर ढेर, तीन बिहार के मोस्ट वांटेड

नई दिल्ली 23 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस को एक संयुक्त अभियान में बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। बुधवार देर रात रोहिणी इलाके में हुई एक मुठभेड़ में पुलिस ने चार खूंखार गैंगस्टरों को मार गिराया। मारे गए बदमाशों में तीन बिहार के मोस्ट वांटेड अपराधी थे।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह मुठभेड़ बुधवार देर रात करीब 2:20 बजे बहादुर शाह मार्ग पर हुई। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम को इन बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। जब पुलिस टीम ने इन्हें घेरकर पकड़ने की कोशिश की, तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में चारों बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए।

चारों घायल बदमाशों को तुरंत रोहिणी के डॉ. बीएसए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि एनकाउंटर में मारे गए अपराधियों की पहचान रंजन पाठक (25), बिमलेश महतो (25), मनीष पाठक (33) और अमन ठाकुर (21) के रूप में हुई है। इनमें से रंजन पाठक, बिमलेश महतो और मनीष पाठक बिहार के सीतामढ़ी के रहने वाले थे और इन पर कई संगीन मामले दर्ज थे। चौथा बदमाश अमन ठाकुर दिल्ली के करावल नगर का निवासी था। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

***************************