ग्लैडरैग्स मेगामॉडल अचीवर वैशाली भाऊरज़ार को मिला महात्मा गांधी रत्न अवार्ड

04.10.2025 – कृष्णा चौहान फाउंडेशन के द्वारा गांधी जयंती के अवसर पर मेयर हॉल, अंधेरी पश्चिम मुम्बई में आयोजित ‘महात्मा गांधी रत्न अवार्ड 2025’ समारोह में अभिनेता दीपक पराशर, संगीतकार दिलीप सेन, एसीपी संजय पाटिल, गायिका रेखा राव, दीपक देसाई, विश्वजीत सोनी, मुस्तफा यूसुफअली गोम, रमेश गोयल, ब्राइट आउटडोर मीडिया के योगेश लखानी और पवन तोडी (महात्मा गांधी के अवतार में) की उपस्थिति में राष्ट्रीय स्तर पर ग्लैडरैग्स मेगामॉडल अचीवर रही मॉडल वैशाली भाऊरज़ार को अवार्ड देकर सम्मानित किया गया।

विदित हो कि वैशाली ने अपनी प्रतिभा और कला कौशल से कई राज्यस्तरीय और राष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिताओं में जीत हासिल की है। जहाँ से उसे मॉडलिंग और विज्ञापन की दुनिया में जाने का मौका मिला। वह कोविड प्रोडक्ट्स की ब्रांडिंग के विज्ञापन किये हैं। उन्होंने कई विज्ञापन किये हैं जिनमें लोगों को जागरूक करने वाले विज्ञापन हैं जैसे ‘डोंट ड्रिंक एंड ड्राइव के प्रति सतर्कता’ आदि।

साथ ही बीएसएनएल और कई छोटे बड़े विज्ञापन भी उन्होंने किये हैं। कुछ प्रोडक्ट की ब्रांड एम्बेसडर बनने का वैशाली को ऑफर मिला है। टेलीविजन जगत और फ़िल्म जगत में भी वह अपनी पहचान बनाती जा रही हैं। वैशाली अभी कई ब्रांड्स की मॉडल हैं और फेस्टीवल पर परफॉर्मेंस भी करती हैं।

वैशाली भाऊरज़ार को सुपर ह्यूमन एक्सीलेंस अवार्ड 2024 का सम्मान चिन्ह भी मिला है। यह अवार्ड (सम्मान चिन्ह) वैशाली को बॉलीवुड गायक पद्मश्री उदित नारायण के हाथों मिला। इस विशेष सम्मान को प्राप्त कर वैशाली भाऊरज़ार बेहद प्रसन्न और गौरवान्वित है। वैशाली इससे पहले भी कई अवार्ड से सम्मानित हो चुकी हैं। मुम्बई ग्लोबल की ओर से अखण्ड भारत गौरव अवार्ड भी इन्हें मिला है। यह अवार्ड भी उन्हें पद्मश्री उदित नारायण के हाथों मिला है।

नेहरू युवा केन्द्र मुम्बई द्वारा महाराष्ट्र मिनिस्ट्री ऑफ युथ अफेयर्स एंड स्पोर्ट्स सम्मान चिन्ह भी वैशाली को मिल चुका है। जहां एक ओर नारी शक्ति सम्मान समारोह में उन्हें बेस्ट फेस ऑफ द ईयर अवार्ड से नवाजा गया वहीं दूसरी ओर नारी शक्ति अवार्ड शो में राज्य स्तर पर अतिथि के रूप में उपस्थित होकर फॉर्मेसी के विद्यार्थियों को उन्होंने अपने हाथों से अवार्ड दिया है।

सिनेमा आज तक अवार्ड समारोह में उन्हें बेस्ट फेस ऑफ द ईयर 2022 से सम्मानित किया जा चुका है। छत्तीसगढ़ राज्य के भिलाई की मूल निवासी वैशाली भाऊरज़ार की मॉडल बनने की कहानी काफी दिलचस्प और प्रेरणादायक है।

वैशाली प्रारंभ में एयर होस्टेस बनना चाहती थी और वह बनी भी। किंगफिशर एयरलाइंस के साथ उन्होंने एक्स कैबिन क्रू (एयरहोस्टेस) के रूप में काम भी किया मगर उनकी किस्मत ने उन्हें मॉडलिंग की दुनिया मे ला दिया। वह अपनी कड़ी मेहनत और लगन से लगातार अपने कर्मपथ पर आगे बढ़ रही हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

****************************

 

वरिष्ठ अधिवक्ता एवं फिल्म पत्रकार काली दास पाण्डेय को मिला ‘महात्मा गांधी रत्न अवार्ड’

04.10.2025 – गांधी जयंती के अवसर पर कृष्णा चौहान फाउंडेशन के द्वारा मेयर हॉल, अंधेरी पश्चिम मुम्बई में आयोजित’महात्मा गांधी रत्न अवार्ड 2025′( पांचवां सीजन) समारोह में अभिनेता दीपक पराशर, संगीतकार दिलीप सेन, एसीपी संजय पाटिल, गायिका रेखा राव, दीपक देसाई, विश्वजीत सोनी, मुस्तफा यूसुफअली गोम, रमेश गोयल, ब्राइट आउटडोर मीडिया के योगेश लखानी और पवन तोडी (महात्मा गांधी के अवतार में) सहित बॉलीवुड के कई नामचीन शख्सियतों की उपस्थिति में वरिष्ठफिल्म पत्रकार एवं अधिवक्ता काली दास पाण्डेय को’महात्मा गांधी रत्न अवार्ड’ दे कर सम्मानित किया गया।

बॉलीवुड के चर्चित फिल्म पत्रकार काली दास पाण्डेय ने अपना करियर 1981 में स्वतंत्र पत्रकार के रूप में जमशेदपुर (झारखंड) से प्रकाशित हिंदी दैनिक समाचार पत्र ‘उदित वाणी’ से किया था।

80 के दशक से वर्तमान समय तक बतौर फिल्म पत्रकार बॉलीवुड में उनकी सक्रियता जारी है। हजारीबाग (झारखंड) बार एसोसिएशन की सदस्यता ग्रहण कर 1992 से वकालत के पेशे में क्रियाशील काली दास पाण्डेय को यह सम्मान फिल्म पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया।

संवाद प्रेषक : अभिषेक कुमार पाण्डेय

*************************

 

जिला प्रशासन ने दुर्गापूजा 2025 के सफल आयोजन को लेकर अपने सभी सहयोगियों को हार्दिक बधाई और आभार व्यक्त किया है

राज्य सरकार के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन ने इस वर्ष दुर्गापूजा 2025 के आयोजन को भव्य, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए अपनी सक्रियता और समर्पण के साथ पूरा किया

जिला प्रशासन ने कहा, “दुर्गापूजा 2025 का आयोजन हमारी एकता, समर्पण और सामुदायिक भावना का प्रतीक है। हम सभी के सहयोग से इस पर्व को न केवल भक्तिमय, बल्कि सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में सफल रहे

जिला प्रशासन ने इस आयोजन की सफलता का श्रेय सभी पूजा आयोजन समितियों,सर्व धर्म केंद्रीय शांति समिति, सभी मीडिया बन्धुओं और समाज के प्रबुद्ध व्यक्तियों को दिया

रांची,04.10.2025 – राज्य सरकार के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन ने इस वर्ष दुर्गापूजा 2025 के आयोजन को भव्य, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए अपनी सक्रियता और समर्पण के साथ पूरा किया।

इस पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, और जनसुविधाओं के लिए व्यापक इंतजाम किए गए, जिसके परिणामस्वरूप यह आयोजन न केवल भक्तिमय रहा, बल्कि पूरी तरह से सुरक्षित और सुव्यवस्थित भी रहा।

जिला प्रशासन द्वारा निम्न व्यवस्था की गई थी

1. विधि-व्यवस्था और सुरक्षा- जिला प्रशासन ने पूजा पंडालों और प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात किए। सीसीटीवी मॉनिटरिंग के माध्यम से निरंतर निगरानी सुनिश्चित की गई, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सका।

2. पंडालों में सुविधाएँ – सभी पूजा पंडालों में बिजली, पानी, और साफ-सफाई की उत्तम व्यवस्था की गई। भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष उपाय किए गए, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

3.जिला प्रशासन द्वारा ट्रैफिक व्यवस्था त्योहार के दौरान सड़कों पर यातायात को सुचारू रखने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन किया गया, जिससे श्रद्धालुओं और आम जनता को आवागमन में सहूलियत हुई।

4. मूर्ति विसर्जन मूर्ति विसर्जन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। विसर्जन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया।

5. जिला प्रशासन द्वारा पूजा स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाए गए थे। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए भी कई कदम उठाए गए।

प्रशासन ने सभी सहयोगियों को हार्दिक बधाई और आभार व्यक्त किया

जिला प्रशासन ने इस आयोजन की सफलता का श्रेय सभी पूजा आयोजन समितियों, सर्वधर्म केंद्रीय शांति समिति, सभी मीडिया बन्धुओं और समाज के प्रबुद्ध व्यक्तियों को दिया है। उनके सक्रिय सहयोग और समन्वय के बिना इतना भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन संभव नहीं था। प्रशासन ने सभी सहयोगियों को हार्दिक बधाई और आभार व्यक्त किया है।

भविष्य में भी हम इसी तरह के सामूहिक प्रयासों के साथ उत्सवों को और बेहतर बनाएंगे

जिला प्रशासन ने कहा, “दुर्गापूजा 2025 का आयोजन हमारी एकता, समर्पण और सामुदायिक भावना का प्रतीक है। हम सभी के सहयोग से इस पर्व को न केवल भक्तिमय, बल्कि सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में सफल रहे। भविष्य में भी हम इसी तरह के सामूहिक प्रयासों के साथ उत्सवों को और बेहतर बनाएंगे।”

जिला प्रशासन भविष्य में भी सभी धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को इसी तरह की उत्कृष्ट व्यवस्था के साथ संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

*******************************

 

इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय पेंशन योजनाओं के तहत लाभुकों के खाते में भुगतान

रांची,03.10.2025 – इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना, और इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना के तहत पात्र लाभुकों के खाते में जुलाई और अगस्त 2025 की पेंशन राशि का भुगतान किया गया

जिन लाभुकों को अभी तक पेंशन राशि प्राप्त नहीं हुई है, उन्हें अपने आधार कार्ड की NPCI मैपिंग (Aadhaar Seeding) सुनिश्चित करानी होगी

इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना, और इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना के तहत पात्र लाभुकों के खाते में जुलाई और अगस्त 2025 की पेंशन राशि का भुगतान किया गया है।

विवरण निम्नलिखित हैं:

1. इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना:

*लाभुकों की संख्या: 51,211

*भुगतान माह: जुलाई और अगस्त 2025

2. इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना:

*लाभुकों की संख्या: 11,299

*भुगतान माह: जुलाई और अगस्त 2025

3. इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना:

*लाभुकों की संख्या: 345

*भुगतान माह: जुलाई और अगस्त 2025

महत्वपूर्ण सूचना:

1. जिन लाभुकों को अभी तक पेंशन राशि प्राप्त नहीं हुई है, उन्हें अपने आधार कार्ड की NPCI मैपिंग (Aadhaar Seeding) सुनिश्चित करानी होगी। यह प्रक्रिया पेंशन प्राप्ति के लिए अनिवार्य है।

2. राँची जिला के सभी लाभुकों, जिनका डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) अभी तक Beneficiary Satyapan App या अन्य माध्यम से जमा नहीं हुआ है, से अनुरोध है कि वे अविलंब स्वयं, अपने प्रखंड, अंचल कार्यालय, या राँची समाहरणालय में जाकर DLC जमा कराएं। यदि DLC जमा न होने के कारण पेंशन बाधित होती है, तो इसकी समस्त जिम्मेदारी लाभुक की होगी।

राँची जिला प्रशासन सभी लाभुकों से अपील करता है कि वे उक्त प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करें ताकि पेंशन योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त हो सके।

*************************

 

Ranchi DC श्री मंजूनाथ भजन्त्री से फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सदस्यों ने मुलाक़ात की

चैंबर के सदस्यों ने राँची जिले के विकास से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की और अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए

जिले के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने पर जोर दिया गया

रांची,03.10.2025 – उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी,राँची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री से 03 अक्टूबर 2025 को समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित कार्यालय कक्ष में फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सदस्यों ने मुलाकात की। इस बैठक में चैंबर के सदस्यों ने जिला प्रशासन के साथ विकास कार्यों में सहयोग देने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई।

बैठक में फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रेसिडेंट, श्री आदित्य मल्होत्रा, जेनरल सेक्रेटरी, श्री रोहित अग्रवाल, वाइस प्रेसिडेंट, श्री प्रवीण लोहिया, जॉइंट सेक्रेटरी एस. नवजोत अलंग एवं रोहित पोद्दार, Treasurer श्री अनिल अग्रवाल उपस्थित थे।

बैठक के दौरान चैंबर के सदस्यों ने राँची जिले के विकास से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की और अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। उन्होंने जिला प्रशासन को हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने चैंबर के सुझावों का स्वागत करते हुए उनके सहयोग की सराहना की और जिले के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने पर जोर दिया।

फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने इस बैठक को रचनात्मक और सकारात्मक बताते हुए भविष्य में भी जिला प्रशासन के साथ निरंतर सहयोग बनाए रखने की इच्छा व्यक्त की।

*************************

 

Ranchi DC की अध्यक्षता में जिला के वरीय पदाधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक

संबंधित पदाधिकारियों को पूर्व में दिए गए निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश

समाहरणालय परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर बनाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करें

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राँची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में 03 अक्टूबर 2025 को समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित कार्यालय कक्ष में जिला के वरीय पदाधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पूर्व में आयोजित वरीय पदाधिकारियों की बैठक (SOM), ऑल हैंड मीटिंग, तथा अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर दिए गए दिशा-निर्देशों की क्रमवार समीक्षा की गई।

बैठक में जिला नजारत उप समाहर्ता राँची, डॉ. सुदेश कुमार, विशेष विनियमन पदाधिकारी राँची, श्रीमती मनीषा तिर्की, जिला सूचना एवं जन संपर्क पदाधिकारी राँची, श्रीमती उर्वशी पांडेय, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी राँची, श्री राजीव कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा राँची, श्री रवि शंकर मिश्रा सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

संबंधित पदाधिकारियों को पूर्व में दिए गए निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश

उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को पूर्व में दिए गए निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का आदेश दिया। बैठक में निम्नलिखित प्रमुख बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया गया और दिशा-निर्देश जारी किए गए:

1. समाहरणालय परिसर की सभी आवश्यक जगहों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने का निर्देश दिया गया ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सके।

2. समाहरणालय ब्लॉक-ए और ब्लॉक-बी की विशेष साफ-सफाई, पार्किंग क्षेत्र की सफाई, और लंबे समय से खड़े वाहनों को हटाने के लिए तत्काल कार्रवाई करने का आदेश दिया गया।

3. समाहरणालय के मुख्य गेट पर बायोमेट्रिक मशीन स्थापित करने का निर्देश दिया गया ताकि कर्मचारियों की उपस्थिति ससमय हो।

4. समाहरणालय परिसर और सुभाषचंद्र बोस पार्क के सौंदर्यीकरण हेतु ठोस कदम उठाने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया।

5. विभिन्न विभागों से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की गई और समयबद्ध तरीके से कार्यान्वयन के लिए निर्देश दिए गए।

पूर्व में दिए गए निर्देशों का अनुपालन समयबद्ध और प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करें

उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा, “पूर्व में दिए गए निर्देशों का अनुपालन समयबद्ध और प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए। समाहरणालय परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर बनाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। यह हमारी प्राथमिकता है कि जनता को बेहतर सुविधाएँ और कार्यालय परिसर में उचित व्यवस्था उपलब्ध हो।”

उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशों के अनुपालन की प्रगति पर नियमित रूप से रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया। अगली समीक्षा बैठक में इन कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।

***********************

 

महात्मा गांधी रत्न अवार्ड 2025 समारोह संपन्न

03.10.2025 – गांधी जयंती के अवसर पर कृष्णा चौहान फाउंडेशन के द्वारा मेयर हॉल, अंधेरी पश्चिम मुम्बई में आयोजित’ महात्मा गांधी रत्न अवार्ड 2025′( पांचवां सीजन) समारोह अभिनेता दीपक पराशर, संगीतकार दिलीप सेन, एसीपी संजय पाटिल, गायिका रेखा राव, दीपक देसाई, विश्वजीत सोनी, मुस्तफा यूसुफअली गोम, रमेश गोयल, ब्राइट आउटडोर मीडिया के योगेश लखानी और पवन तोडी (महात्मा गांधी के अवतार में) सहित बॉलीवुड के कई नामचीन शख्सियतों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारम्भ अभिनेता दीपक पराशर ने दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह के दौरान सभी विशिष्ट अतिथियों को सम्मानित करने के साथ साथ सिंगर एनके नरेश, विक्की नागर, फिल्म पत्रकार काली दास पाण्डेय, भारती छबड़िया, अभिनेत्री रंगीता सिंह, अभिनेत्री सानिया वर्मा और मॉडल वैशाली भाऊरज़ार सहित कई हस्तियों को अवॉर्ड दे कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम मेंआरजे आरती सजवाण ने एंकरिंग की और सिंगर नरेश और सागर आचार्य ने अपने गीतों से वातावरण को खुशनुमा बना दिया।

इस अवसर पर डॉ. कृष्णा चौहान और अभिनेत्री शिरीन फरीद पर फ़िल्माया गया हिंदी म्युज़िक वीडियो “दिलों की बात” भी रिलीज किया गया। निर्माता निर्देशक डॉ. कृष्णा चौहान इस गीत से अभिनेता भी बन गए हैं। विख्यात डांसर और अभिनेत्री शिरीन फरीद के साथ उन्होंने इस हिंदी एल्बम में बतौर हीरो काम किया है। कृष्णा म्यूजिक से ये गीत रिलीज किया गया। इसके संगीतकार राजेश घायल और गायिका करिश्मा शेख और गीतकार शाइस्ता देशमुख हैं। डीओपी पप्पू शेट्टी, कोरियोग्राफर एगनेस, एडिटर संदीप मिश्रा हैं। शिरीन फरीद ने इस गीत पर लाइव परफार्म भी किया।

इस मौके पर डायरेक्टर डॉ. कृष्णा चौहान और सिंगर एनके नरेश के हिन्दी एल्बम “जोड़ दे दिल से दिल की कड़ी” को भी रिलीज किया गया जो विनायक सोनी और अभिनेत्री रंगीता सिंह पर फ़िल्माया गया वीडियो सॉन्ग है। मशहूर सिंगर परफॉर्मर एनके नरेश के म्युज़िक वीडियो “जोड़ दे दिल से दिल की कड़ी” का संगीत दिग्गज संगीतकार दिलीप सेन ने दिया है जिसे विख्यात गीतकार सत्यप्रकाश ने लिखा है।

इस गीत मे विनायक सोनी और प्रतिभाशाली अभिनेत्री रंगीता सिंह ने बेहतरीन काम किया है. वीडियो सांग में सिंगर एनके नरेश की झलकियां भी दिखाई दे रही हैं। इस गीत की डांस मास्टर एगनेस और कैमरामैन पप्पू शेट्टी और को-प्रोड्यूसर नीलम जितेन्द्र हैं। विदित हो कि बॉलीवुड के फेमस निर्माता निर्देशक और अवॉर्ड किंग का खिताब पा चुके डॉ कृष्णा चौहान गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) के मूल निवासी हैं और पिछले लगभग 28 वर्षों से बॉलीवुड में सक्रिय हैं।

इन्होंने अपना फिल्मी सफर बतौर सहायक निर्देशक शुरू किया था। इन्होंने कई एड फिल्म्स, म्यूजिक वीडियो का निर्माण किया है। डॉ कृष्णा चौहान न केवल एक कामयाब फिल्म निर्देशक एवं चर्चित समाज सेवक हैं बल्कि अवार्ड्स फंक्शन करने के मामले में सबसे अधिक सुर्खियों में रहने वाले पर्सनाल्टी के रूप में जाने जाते हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*************************

 

देश को फिर से अपने स्वरूप में खड़ा करने का समय आ गया है: मोहन भागवत

नागपुर 03 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि भारत को फिर से आत्मस्वरूप में खड़ा करने का समय आ गया है।

उन्होंने कहा कि लंबे समय तक चले विदेशी आक्रमणों के कारण हमारी देशी प्रणालियां नष्ट हो गई थीं, जिन्हें अब समय के अनुसार, समाज और शिक्षा प्रणाली के भीतर दोबारा स्थापित करने की आवश्यकता है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि लंबे समय तक चले विदेशी आक्रमणों के कारण हमारी देशी प्रणालियां नष्ट हो गई थीं, जिन्हें अब समाज और शिक्षा प्रणाली के भीतर दोबारा स्थापित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भारत को फिर से आत्मस्वरूप में खड़ा करने का समय आ गया है।

डॉ. भागवत ने स्पष्ट कहा, “हमें ऐसे व्यक्तियों को तैयार करना होगा जो इस कार्य को कर सकें। इसके लिए सिर्फ मानसिक सहमति नहीं, बल्कि मन, वाणी और कर्म में भी बदलाव लाने की आवश्यकता है। यह बदलाव किसी भी सिस्टम के बिना संभव नहीं है और संघ की शाखा यही एक मजबूत व्यवस्था है जो ये कार्य कर रही है।”

उन्होंने बताया कि शाखा केवल शारीरिक अभ्यास की जगह नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण और समाज में सकारात्मक आदतों के निर्माण की प्रयोगशाला है।

भागवत ने कहा, “सौ वर्षों से संघ के स्वयंसेवक इस व्यवस्था को हर परिस्थिति में चलाते आ रहे हैं और आगे भी चलाते रहेंगे। स्वयंसेवकों को चाहिए कि वे नित्य शाखा के कार्यक्रमों को पूरी श्रद्धा से करें और अपने आचरण में परिवर्तन लाने की साधना करें।”

उन्होंने यह भी कहा कि समाज की उन्नति के लिए सिर्फ व्यवस्थाएं जिम्मेदार नहीं होतीं, बल्कि परिवर्तन की असली शक्ति समाज की इच्छाशक्ति में होती है। इसलिए व्यक्तिगत सद्गुणों, सामूहिकता और सेवा भावना को समाज में फैलाने का कार्य संघ कर रहा है।

भागवत ने कहा, “संपूर्ण हिंदू समाज का संगठित, शील संपन्न बल इस देश की एकता, अखंडता, विकास और सुरक्षा की गारंटी है। हिंदू समाज ही इस देश के लिए उत्तरदायी समाज है और यह सर्व-समावेशी समाज है।”

उन्होंने भारत की ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की परंपरा को याद दिलाते हुए कहा कि यह उदार और समावेशी विचारधारा ही भारत की ताकत है और इस विचार को दुनिया तक पहुंचाना हिंदू समाज का कर्तव्य है।

संघ, संगठित कार्यशक्ति के द्वारा भारत को वैभव संपन्न और धर्म के मार्ग पर चलने वाला देश बनाने के संकल्प के साथ कार्य कर रहा है।

विजयादशमी के पावन अवसर पर उन्होंने सीमोल्लंघन की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा, “आज की देश-काल-परिस्थिति को देखते हुए हमें अपने पूर्वजों के बताए कर्तव्य को निभाते हुए साथ मिलकर एक सशक्त भारत के निर्माण के लिए आगे बढ़ना होगा।”

संघ के शताब्दी वर्ष को लेकर भागवत ने बताया कि इसका उद्देश्य व्यक्ति निर्माण को देशव्यापी बनाना और पंच परिवर्तन कार्यक्रम को समाज में लागू करना है।

***************************

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की पाक को वार्निंग…दुस्साहस किया तो इतिहास और भूगोल बदल जाएंगे

नई दिल्ली 03 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)  रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि अगर पाकिस्तान ने सर क्रीक इलाके में कोई भी हिमाकत की तो उसे ऐसा करारा जवाब मिलेगा कि इतिहास और भूगोल दोनों बदल जाएंगे।

उन्होंने कहा कि 1965 की जंग में भारत की सेना ने लाहौर तक पहुंचने का सामर्थ्य दिखाया था। आज 2025 में पाकिस्तान को याद रखना चाहिए कि कराची का एक रास्ता क्रीक से होकर गुजरता है।

रक्षा मंत्री ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान ने लेह से लेकर सर क्रीक के इस इलाके तक भारत के डिफेंस सिस्टम को भेदने की नाकाम कोशिश की, जबकि भारत की सेनाओं ने अपनी जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी एयर डिफेंस सिस्टम को पूरी तरह एक्सपोज कर दिया।

विजयदशमी के अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सेना के जवानों के बीच भुज एयरबेस पर मौजूद रहे। यहां उन्होंने शस्त्र पूजा की। इस दौरान रक्षा मंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के जरिए दुनिया को यह संदेश दे दिया गया है कि भारत की सेनाएं जब चाहें, जहां चाहें और जैसे भी चाहें पाकिस्तान को भारी नुकसान पहुंचा सकती हैं।

रक्षा मंत्री ने कहा कि अपने सामर्थ्य के बावजूद हमने संयम का परिचय दिया, क्योंकि हमारी सैन्य कार्रवाई आतंकवाद के विरोध में थी। इसका विस्तार करके जंग छेड़ना ऑपरेशन सिंदूर का उद्देश्य नहीं था।

उन्होंने कहा, “मुझे इस बात की खुशी है कि भारतीय सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर के सभी सैन्य लक्ष्यों को सफलतापूर्वक प्राप्त किया है। मगर आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी है।”

रक्षा मंत्री ने कहा कि आजादी के 78 साल बीत जाने के बावजूद भी सर क्रीक इलाके में सीमा को लेकर एक विवाद खड़ा किया जाता है। भारत ने कई बार बातचीत के रास्ते इसका समाधान करने का प्रयास किया है, मगर पाकिस्तान की नीयत में ही खोट है, उसकी नीयत साफ नहीं है। जिस तरह से हाल में पाकिस्तान की फौज ने सर क्रीक से सटे इलाकों में अपना मिलिट्री इन्फ्रास्ट्रक्चर बढ़ाया है, वह उसकी नीयत बताता है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत की सीमाओं की रक्षा भारतीय सेनाएं और बीएसएफ मिलकर मुस्तैदी से कर रही हैं। अगर सर क्रीक इलाके में पाकिस्तान की ओर से कोई भी हिमाकत की गई तो उसे ऐसा करारा जवाब मिलेगा कि इतिहास और भूगोल दोनों बदल जाएंगे। पाकिस्तान को याद रखना चाहिए कि कराची का एक रास्ता क्रीक से होकर गुजरता है।

गांधी जयंती पर महात्मा गांधी का स्मरण करते हुए उन्होंने कहा, “जब मैं मनोबल की बात कर रहा हूं, तो स्वाभाविक रूप से हम सबका ध्यान महात्मा गांधी जी की ओर भी जाता है। वह तो अपने आप में मनोबल के ज्वलंत उदाहरण थे। उनके पास दुश्मन से लड़ने के लिए सिवाय मन की शक्ति के अतिरिक्त और कोई भी हथियार नहीं था, इसके बावजूद, उन्होंने उस समय के सबसे शक्तिशाली साम्राज्य को घुटनों पर ला दिया। फिर हमारे सैनिकों के पास तो शस्त्र भी हैं और मनोबल भी है, हमारे सामने तो कोई चुनौती टिक ही नहीं सकती।”

रक्षा मंत्री ने कहा, “मैं शस्त्र पूजा के इस अवसर पर, मां दुर्गा से यही प्रार्थना करता हूं, कि वह हमारे शस्त्रों को सदैव धर्म की रक्षा के लिए प्रेरित करें। हमारे सैनिकों को असीम शक्ति और साहस प्रदान करें, ताकि वो इसी तरह अधर्म और आसुरि शक्तियों के नाश के लिए काम करते रहें, और इस राष्ट्र को अजेय और अभेद्य बनाए रखें। थल सेना, वायु सेना और नौसेना, ये तीनों ही सेवाएं हमारी शक्ति के तीन स्तंभ हैं। जब ये तीनों सेवाएं मिलकर कार्य करती हैं, तभी हम हर चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना कर सकते हैं। हमारी सरकार लगातार अपनी सेनाओं की संयुक्तता पर जोर दे रही है। मैं आज इस अवसर पर ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर अपने वीर जवानों और अधिकारियों को भी विशेष बधाई देना चाहता हूं।”

रक्षा मंत्री ने कहा कि धर्म की स्थापना करने के लिए, धर्म की रक्षा करने के लिए केवल संकल्प ही पर्याप्त नहीं है। संकल्प के साथ-साथ शक्ति भी आवश्यक है। और वह शक्ति शस्त्र के माध्यम से प्रकट होती है। इसलिए हमारे यहां शस्त्रों की पूजा को भी उतना ही महत्व दिया गया है। शस्त्रों का सम्मान करने का एक अर्थ अपने सैनिकों का सम्मान करना भी है, जो उन्हें धारण करते हैं।

***********************

 

कंगना रनौत ने राहुल गांधी को बताया ‘कलंक’, बोलीं- जहां जाते हैं, भारत को बदनाम करते हैं

नई दिल्ली 03 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : भारतीय जनता पार्टी की सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने एक बार फिर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। कंगना ने राहुल गांधी को ‘देश पर एक कलंक’ बताते हुए आरोप लगाया है कि वह हर मंच पर जाकर भारत को बदनाम करते हैं।

राजधानी दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए कंगना रनौत ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, “वह (राहुल गांधी) एक कलंक हैं। सब जानते हैं कि वह हर जगह देश को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।

अगर वह देश की आलोचना कर रहे हैं, कह रहे हैं कि यहां के लोग झगड़ालू हैं, ईमानदार नहीं हैं, तो इन सब बातों से वह यह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि भारत के लोग नासमझ हैं। इसीलिए मैं उन्हें कलंक कहती हूं। वह हमेशा देश को शर्मसार करते हैं और देश को भी उन पर शर्म आती है।”

दरअसल, कंगना रनौत आज (2 अक्टूबर) गांधी जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर दिल्ली में खादी खरीदने पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने कहा, “आप देख सकते हैं कि मैंने खादी की साड़ी और खादी का ब्लाउज पहना है। हमारे स्वदेशी कपड़ों की आज पूरी दुनिया में भारी मांग है।

जैसा कि प्रधानमंत्री कहते हैं, आत्मनिर्भर होने का समय आ गया है। प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में अपील की थी कि हमें 2 अक्टूबर को खादी खरीदनी चाहिए, इसलिए उनके शब्दों का सम्मान करते हुए हम आज यहां आए हैं।” इसी कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने राहुल गांधी पर यह विवादित टिप्पणी की।

************************

 

 

भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा लोकतंत्र पर हमला हैः राहुल गांधी

नई दिल्ली 03 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)- लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर विदेश में जाकर भारत के लोकतंत्र पर टिप्पणी की है। उन्होंने कोलंबिया के ईआईए विश्वविद्यालय में एक संवाद कार्यक्रम में कहा कि भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा ‘लोकतंत्र पर हमला’ है।

राहुल गांधी ने कहा कि भारत में कई धर्म, परंपराएं और भाषाएं हैं। लोकतांत्रिक प्रणाली इन सभी को स्थान देती है, लेकिन अभी भारत में लोकतंत्र पर हर तरफ से हमला हो रहा है।

भारत की वैश्विक भूमिका पर पूछे गए सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने कहा, “भारत की 1.4 अरब की आबादी में अपार संभावनाएं हैं, लेकिन भारत का ढांचा चीन से बिल्कुल अलग है।

चीन एक केंद्रीकृत और एकरूप प्रणाली वाला देश है, जबकि भारत में अनेक भाषाएं, संस्कृतियां, परंपराएं और धर्म हैं। भारत की व्यवस्था कहीं अधिक जटिल है।”

उन्होंने कहा कि भारत दुनिया को बहुत कुछ दे सकता है और वह बहुत आशावादी हैं। इसके साथ ही, राहुल गांधी ने कहा, “भारतीय संरचना में भी कई कमियां हैं, कुछ जोखिम हैं, जिनसे भारत को पार पाना होगा। सबसे बड़ा जोखिम लोकतंत्र पर हो रहा हमला है।”

कांग्रेस सांसद ने कहा कि भारत अपने सभी लोगों के बीच संवाद का केंद्र है। विभिन्न परंपराओं, धर्मों और विचारों को जगह की जरूरत होती है। उस जगह को बनाने का सबसे अच्छा तरीका लोकतांत्रिक व्यवस्था है। वर्तमान में भारत में लोकतांत्रिक व्यवस्था पर व्यापक हमला हो रहा है।

इंजीनियरिंग के छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत, चीन का पड़ोसी और अमेरिका का घनिष्ठ साझेदार है। हम बिल्कुल उस जगह पर बैठे हैं, जहां ताकतें आपस में टकरा रही हैं।

अमेरिका के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ध्रुवीकरण अभियान ज्यादातर बेरोजगारों पर केंद्रित है।

उन्होंने कहा, “भारत में आर्थिक विकास के बावजूद, हम रोजगार देने में असमर्थ हैं, क्योंकि हमारी अर्थव्यवस्था सेवा-आधारित है और हम उत्पादन करने में असमर्थ हैं।”

*****************************

 

इसी महीने शुरू होगी भारत-चीन के बीच डायरेक्ट फ्लाइट सेवा, पांच साल बाद हो रही बहाल

नई दिल्ली/बीजिंग 03 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)- भारत और चीन के बीच डायरेक्ट फ्लाइट सेवाएं पांच साल बाद अक्टूबर के अंत तक फिर से शुरू हो सकती हैं। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को यह जानकारी दी। भारत और चीन के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण इस साल की शुरुआत से दोनों देशों के बीच सीधी हवाई सेवाओं को फिर से शुरू करने और एक संशोधित हवाई सेवा समझौते पर चर्चा कर रहे हैं।

यह भारत सरकार की दोनों देशों के बीच संबंधों को धीरे-धीरे सामान्य करने की नीति का हिस्सा है। विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, इन चर्चाओं के बाद अब यह सहमति बनी है कि भारत और चीन के बीच नामित स्थानों को जोड़ने वाली डायरेक्ट फ्लाइट सेवाएं अक्टूबर 2025 के अंत तक शुरू हो सकती हैं। यह शीतकालीन मौसम की समय-सारिणी के अनुसार होगा, बशर्ते दोनों देशों की नामित एयरलाइंस का व्यावसायिक निर्णय और सभी परिचालन मानदंड पूरे हों।

बयान में आगे कहा गया, “नागरिक विमानन प्राधिकरणों के इस समझौते से भारत और चीन के बीच लोगों के बीच संपर्क को और बढ़ावा मिलेगा, जिससे द्विपक्षीय आदान-प्रदान को धीरे-धीरे सामान्य बनाने में मदद मिलेगी।” सीधी उड़ानें डोकलाम विवाद के बाद बंद कर दी गई थीं और कोविड-19 महामारी के कारण इसे और आगे टाला गया।

पिछले महीने, शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन के दौरान तियानजिन में अपनी बैठक के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने वार्ता, विश्वास-निर्माण उपायों और क्षेत्रीय जुड़ाव को प्राथमिकता देने के दोनों देशों के व्यावहारिक दृष्टिकोण पर विचार किया था।

बैठक का उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना तथा भारत-चीन संबंधों में हाल की प्रगति को आगे बढ़ाना था। दोनों देशों ने 3,500 किमी लंबी वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर गश्त के नियमों पर सहमति बनाई, जिससे चार साल पुराना सीमा विवाद कम हुआ।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों नेताओं ने पिछले साल हुए समझौते और सीमा पर शांति बनाए रखने की सराहना की। उन्होंने आपसी सहमति से सीमा मुद्दे का उचित समाधान निकालने और दोनों देशों के लोगों के दीर्घकालिक हितों को ध्यान में रखने की प्रतिबद्धता जताई।

दोनों नेताओं ने इस महीने की शुरुआत में विशेष प्रतिनिधियों की बातचीत में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों का समर्थन करने पर भी सहमति जताई।

सितंबर में चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने भारत का दौरा किया और सीमा मुद्दे पर विशेष प्रतिनिधि वार्ता की। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से मुलाकात में कहा कि स्थिर भारत-चीन संबंध दोनों देशों के हित में है और विकासशील देश इसे चाहते हैं। इससे पहले, लंबे समय से स्थगित कैलाश-मानसरोवर यात्रा को 2025 की गर्मियों के लिए बहाल कर दिया गया था।

**************************

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया रावण दहन, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को आतंकवाद पर मानवता की विजय बताया

नई दिल्ली 03 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)- देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार को श्री धार्मिक लीला समिति द्वारा विजयादशमी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी शामिल हुईं। राष्ट्रपति ने मंच से रावण के पुतले पर तीर चलाकर बुराई के अंत का संदेश दिया। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।

अपने संबोधन में राष्ट्रपति मुर्मू ने दशहरे के धार्मिक और सामाजिक महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि यह पर्व केवल रावण के वध की स्मृति मात्र नहीं है। यह अच्छाई की बुराई पर, विनम्रता की अहंकार पर और प्रेम की घृणा पर विजय का संदेश देता है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने हाल ही में भारतीय सेना द्वारा की गई सैन्य कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए कहा कि जब आतंकवाद का दानव मानवता पर प्रहार करता है, तब उसका दमन करना अनिवार्य हो जाता है। भारतीय सेना का ‘ऑपरेशन सिंदूर’ आतंकवाद के रावण पर मानवता की विजय का प्रतीक है। इसके लिए हम भारत माता की रक्षा में तैनात सभी सैनिकों को नमन करते हैं और उनका आभार व्यक्त करते हैं।

उन्होंने कहा कि हर वर्ष दशहरे पर हम रावण का पुतला जलाते हैं, लेकिन उससे भी अधिक जरूरी है कि लोग अपने भीतर के रावण, जैसे घृणा, अहंकार, लालच और ईर्ष्या को खत्म करें। जब तक हम अपने अंदर की बुराई को खत्म नहीं करेंगे, तब तक असली विजयादशमी अधूरी रहेगी। हमें ऐसा प्रयास करना होगा कि देश में सुख, शांति, आनंद और प्रेम की नदियां बहें।

राष्ट्रपति मुर्मू ने दिल्लीवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व हमें हर साल यह याद दिलाता है कि चाहे बुराई कितनी भी प्रबल क्यों न हो, अंततः जीत सदैव सत्य और धर्म की होती है।

विजयादशमी नवरात्रि और दुर्गा पूजा उत्सवों के समापन का प्रतीक है। यह भगवान राम की राक्षसराज रावण पर विजय और देवी दुर्गा की महिषासुर पर विजय का प्रतीक है, जो बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह दिन नई शुरुआत और नवीनीकरण का है। वहीं, यह अहंकार और अन्याय जैसे नकारात्मक गुणों के विनाश का भी प्रतीक है।

आध्यात्मिक रूप से दशहरा इस विश्वास को पुष्ट करता है कि अंततः धर्म और सत्य की ही बुराई पर विजय होती है, चाहे अंधकार की शक्तियां कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हों। जैसे-जैसे पुतले जलते हैं और उत्सव शुरू होता है, संदेश स्पष्ट रहता है, अच्छाई की हमेशा बुराई पर विजय होती है।

*************************

 

सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, पत्नी ने की बिना शर्त रिहाई की अपील

नई दिल्ली 03 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): लद्दाख के पर्यावरण कार्यकर्ता और नेता सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा है। सोनम वांगचुक की रिहाई की मांग करते हुए उनकी पत्नी गीतांजलि अंगमो ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।

वांगचुक को 26 सितंबर को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत हिरासत में लिया गया था। सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि अंगमो ने पति की गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से सोनम वांगचुक की बिना शर्त रिहाई का आदेश जारी करने की अपील की।

याचिका में गीताजंलि ने सोनम की गिरफ्तारी को गैरकानूनी बताया है। उन्होंने कहा कि एक हफ्ते बाद भी गिरफ्तारी के आधार नहीं मिले और न ही सोनम की कोई जानकारी मिल रही है। ⁠सोनम की पत्नी ने हैबियस कॉर्पस (बंदी प्रत्यक्षी) याचिका दाखिल कर तत्काल रिहाई की मांग की। ⁠सोमवार को सुप्रीम कोर्ट से मामले में जल्द सुनवाई की मांग की जा सकती है।

इससे पहले, बुधवार को गीतांजलि अंगमो ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को एक भावुक पत्र लिखा और पति की रिहाई की मांग की। पत्र में उन्होंने लिखा, “मेरे पति को पिछले 4 साल से लोगों के हितों के लिए काम करने की वजह से बदनाम किया जा रहा है। वह कभी भी किसी के लिए खतरा नहीं बन सकते।” उन्होंने कहा कि वह नहीं जानतीं कि उनके पति किस हालात में हैं।

बता दें कि केंद्र शासित प्रदेश में 24 सितंबर को हुई हिंसा के मामले में चार लोगों की जान चली गई थी। यह हिंसा लेह में लद्दाख को छठी अनुसूची का दर्जा और राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुई। करीब 90 लोग हिंसा के दौरान घायल हुए थे।

26 सितंबर को सोनम वांगचुक को लद्दाख में हिंसक विरोध प्रदर्शन भड़काने के आरोप में हिरासत में लिया गया। इसके बाद उन्हें राजस्थान की जोधपुर सेंट्रल जेल में भेजा गया। इसके अलावा, प्रशासन ने चार लोगों की मौत के मामले में मजिस्ट्रेट जांच का आदेश दिया है। हालांकि, स्थानीय लोगों ने न्यायिक जांच की मांग उठाई थी।

***************************

 

माननीय राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार, माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन एवं विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन करते हुए समस्त राज्य वासियों को हार्दिक शुभकामनाएं – श्री हेमन्त सोरेन, मुख्यमंत्री, झारखंड

02 अक्टूबर 2025, बापू वाटिका, मोरहाबादी, रांची – गांधी जयंती के अवसर पर आज माननीय राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार, माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन एवं विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन ने मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार, उनकी अहिंसा एवं सत्य की राह पर चलने की प्रेरणा आज भी पूरे देश और विश्व के लिए मार्गदर्शक है।

मुख्यमंत्री ने कहा आगे कि आज का दिन भारत के इतिहास का स्वर्णिम दिवस है। गांधी जी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी शिक्षा और सिद्धांतों ने न केवल स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी बल्कि आजादी के बाद भी लोकतंत्र को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि ऐसे महान विभूतियों के आदर्श और त्याग ही हैं जिनकी वजह से आज भारत एक सशक्त और गौरवशाली लोकतंत्र के रूप में दुनिया के सामने खड़ा है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर समस्त राज्यवासियों से आह्वान किया कि हम सभी अपने जीवन में पूरी संजीदगी से बापू के सिद्धांतों को अपनाएं और समाज में शांति, भाईचारा एवं एकता के माहौल को और मजबूती दें।

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आज के दिन देश के पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर भी उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी सादगी, ईमानदारी एवं कर्मठता की मिसाल थे।

उनके दिए गए नारे “जय जवान, जय किसान” आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी के जीवन से हमें कर्तव्यपरायणता, देशभक्ति और जनसेवा की सीख मिलती है, जिसे आत्मसात कर हम झारखंड और भारत को और सशक्त बना सकते हैं।

*************************

राँची उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने गांधी जयंती के अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी

रांची,02.10.2025 – गांधी जयंती के अवसर पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, राँची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने 02 अक्टूबर 2025 को मोरहाबादी अवस्थित बापू वाटिका में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ‘बापू’ को शत्-शत् नमन किया एवं उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया।

इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक राँची, श्री राकेश रंजन,हस्त शिल्प निदेशालय से श्री अमित कुमार, मुख्यमंत्री लघु कुटीर उद्योग विकास बोर्ड सीईओ राजीव रंजन, मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी झारखण्ड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, श्रीमती सुमन पाठक, अपर जिला दंडाधिकारी राँची, श्री राजेश्वर नाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर राँची, श्री उत्कर्ष कुमार, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राँची, श्री प्रवीण पुष्कर, पुलिस अधीक्षक शहर राँची, श्री पारस राणा, पुलिस अधीक्षक यातायात राँची, श्री राकेश सिंह एवं अन्य सम्बंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

**************************

 

निर्देशक शशांक खेतान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ रिलीज

02.010.2025 – डायरेक्टर शशांक खेतान एक बार फिर अपने रोमांटिक जोन के साथ लौटे हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ रिलीज हो चुकी है। फिल्म में वरुण धवन, जाह्ववी कपूर, सान्या मल्होत्रा और रोहित श्रॉफ लीड रोल में हैं।

भारतीय फिल्म जगत के चर्चित फिल्म निर्माता करन जौहर की धर्मा प्रोडक्शन कंपनी की इस फिल्म में ब्रेक अप और रिश्तों की उलझनों को काफी बेहतरीन अंदाज में स्क्रीन पर पेश किया गया है।

फिल्म की कहानी में दिखाया कि सनी (वरुण धवन) और तुलसी (जाह्नवी कपूर) दोनों एक्स-लवर्स हैं और दोनों ही अपने एक्स यानी अनन्या (सान्या मल्होत्रा) और विक्रम (रोहित सराफ) की शादी तोड़ने के लिए दोबारा से दोस्ती करते हैं, फिर शुरू होता है हाई वोल्टेज ड्रामा।

मनमोहक व प्रभावशाली अदायगी के साथ वरुण धवन का कॉमिक और डांस मूव्स कमाल के हैं। जाह्नवी कपूर ने अपनी मासूमियत से जवां दिलों को धड़काने में कामयाब कही जा सकती है। स्क्रीन पर दोनों के बीच की केमिस्ट्री शानदार लगी है।

इनके अलावा सान्या मल्होत्रा, रोहित श्रॉफ और मनीष पॉल ने भी अपने-अपने किरदार के साथ पूरी तरह से न्याय किया है। मानुष नंदन की सिनेमैटोग्राफी काबिलेतारिफ है। फिल्म का गीत संगीत शानदार है।

यह फिल्म पूरी तरह से कॉमेडी, रोमांस, म्यूजिक और ड्रामा मिश्रित एंटरटेनमेंट पैकेज है जो सेल्फ रेस्पेक्ट की वकालत करता है और संदेश देता है कि केवल जन्म कुंडली और बायोडाटा मिल जाने से रिश्ते नहीं बनते बल्कि दिलों के मिलने से ही रिश्ते स्थाई रूप से बनते हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक सिनेमाघरों में धमाल मचाने के बाद मेकर्स इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर भी पेश करेंगे।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

**************************

 

बिहार डेवलपमेंट एलायंस का हुआ गठन, बिहार में तीसरे मोर्चा के रूप में बीडीए लड़ेगा विधानसभा चुनाव

पी आंदोलन के पुराने साथी आए साथ, बिहार को विकास और खुशहाल बनाने के लिये लिया प्रण।

55 सीटों पर उम्मीदवार उतारने का ऐलान, विकास और पारदर्शिता की राजनीति का भरोसा

नई दिल्ली, 01 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया, नई दिल्ली में जनहित दल, जे.पी. सेनानी और जनता पार्टी ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अपने गठबंधन “बिहार डेवलपमेंट अलायंस” की आधिकारिक घोषणा की।

इस मौके पर डॉ. सुरज मंडल, अनशुमन जोशी और नवनीत चतुर्वेदी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। गठबंधन ने घोषणा की कि वे आगामी चुनाव में लगभग 55 सीटों पर उम्मीदवार उतारेंगे। उनका कहना है कि यह नया और तीसरा मोर्चा बिहार की राजनीति में एक सशक्त विकल्प बनकर उभरेगा और जनता को पारदर्शी, विकासोन्मुखी तथा जनहित केंद्रित राजनीति प्रदान करेगा।

जनहित दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनशुमन जोशी ने कहा, ” आज की राजनीति में आमजन और अल्पसंख्यकों की आवाज़ को वह स्थान नहीं मिलता जिसकी उन्हें आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से गठबंधन ने एक राष्ट्रीय अल्पसंख्यक समिति का गठन किया है, ताकि मुस्लिम, सिख, ईसाई और अन्य समुदायों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिल सके।

नेताओं ने एक “पोटली” भी प्रदर्शित की, जिसे उन्होंने जनता तक अपने विचार और वादे पहुँचाने का प्रतीक बताया। उनका कहना था कि इस “बदलाव की पोटली” में वे बिहार के भविष्य की नई राह छुपाए हुए हैं—जिसमें अल्पसंख्यकों को वास्तविक प्रतिनिधित्व, भ्रष्टाचार-मुक्त शासन और विकास केंद्रित राजनीति का संकल्प शामिल है। नेताओं ने कहा कि यही पोटली अब घर-घर जाकर जनता को जागरूक करेगी और चुनावी अभियान का आधार बनेगी।

****************************

 

दिवाली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स की हुई बल्ले-बल्ले, DA में हुई 3% की बंपर बढ़ोतरी

नई दिल्ली 01 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : दशहरा और दिवाली के त्योहारी सीजन से ठीक पहले केंद्र की मोदी सरकार ने देश के एक करोड़ से ज्यादा सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ी सौगात दी है।

बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में महंगाई भत्ते (DA) में 3% की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी गई है। इस फैसले के बाद अब केंद्रीय कर्मचारियों की जेब में हर महीने बढ़कर सैलरी आएगी।

इस बढ़ोतरी के बाद केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनरों का महंगाई भत्ता 55% से बढ़कर 58% हो गया है। सरकार ने इस बढ़ोतरी को 1 जुलाई, 2025 से लागू किया है, जिसका मतलब है कि कर्मचारियों को जुलाई, अगस्त और सितंबर, इन तीन महीनों का एरियर भी मिलेगा।

यह पैसा दिवाली से पहले एकमुश्त खाते में आने की उम्मीद है, जिससे त्योहारों का मजा दोगुना हो जाएगा। इस फैसले का सीधा लाभ 49.2 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68.7 लाख पेंशनर्स को मिलेगा।

आपको बता दें कि इससे पहले मार्च महीने में महंगाई भत्ते में सिर्फ 2% की बढ़ोतरी की गई थी, जो पिछले 7 सालों में सबसे कम थी। इससे कर्मचारियों में थोड़ी मायूसी थी।

आमतौर पर डीए में 3% से 4% की बढ़ोतरी होती है, इसलिए इस बार 3% की बढ़ोतरी से कर्मचारियों की उम्मीदें पूरी हो गई हैं।

सरकार अपने कर्मचारियों और पेंशनरों को बढ़ती महंगाई से राहत देने और उनके जीवन स्तर को बनाए रखने के लिए हर 6 महीने में महंगाई भत्ते में संशोधन करती है। इसकी गणना ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (AICPI) के आधार पर की जाती है।

***************************

 

पाक बॉर्डर पर गरजेगा मेड इन इंडिया तेजस, अमेरिकी इंजन मिलते ही HAL ने पकड़ी रफ्तार

नई दिल्ली 01 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : भारतीय वायुसेना के बेड़े में स्वदेशी लड़ाकू विमान ‘तेजस’ की दहाड़ सुनने का लंबा इंतजार अब खत्म होने वाला है। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) को अमेरिका की जनरल इलेक्ट्रिक (GE) कंपनी से तेजस का चौथा इंजन मिल गया है, जिससे विमानों के निर्माण में आ रही सबसे बड़ी बाधा दूर हो गई है। इस बड़ी सफलता के साथ ही यह तय हो गया है कि नवंबर महीने तक पहले दो advanced तेजस मार्क-1ए फाइटर जेट भारतीय वायुसेना को सौंप दिए जाएंगे।

अमेरिकी इंजन की देरी से अटका था प्रोजेक्ट

दरअसल, फरवरी 2021 में सरकार ने 83 तेजस मार्क-1ए विमानों के लिए HAL के साथ 48,000 करोड़ रुपये का सौदा किया था। लेकिन अमेरिकी इंजन की डिलीवरी में हो रही देरी के कारण अब तक एक भी विमान वायुसेना को नहीं मिल पाया था। अब इंजन की आपूर्ति शुरू होने के साथ ही उम्मीद है कि 2028 तक सभी 83 विमान वायुसेना के बेड़े में शामिल हो जाएंगे।

मिग-21 की जगह, बीकानेर में होगी पहली तैनाती

तेजस मार्क-1ए विमान वायुसेना के उस महान योद्धा ‘मिग-21’ की जगह लेंगे, जो 62 साल की शानदार सेवा के बाद 26 सितंबर को ही रिटायर हुआ है। वायुसेना की योजना है कि तेजस के पहले स्क्वाड्रन को पाकिस्तान सीमा के पास राजस्थान के बीकानेर स्थित नाल एयरबेस पर तैनात किया जाए, ताकि पश्चिमी सीमा पर भारत की हवाई ताकत कई गुना बढ़ जाए।

पहले से ज्यादा ‘देसी’ और खतरनाक है नया तेजस

LCA मार्क-1ए तेजस का एक बेहद उन्नत संस्करण है, जिसमें अत्याधुनिक एवियॉनिक्स और रडार सिस्टम लगे हैं। इन विमानों में 65% से ज्यादा उपकरण भारत में ही बने हैं। हाल ही में 25 सितंबर को रक्षा मंत्रालय ने HAL को अतिरिक्त 97 तेजस बनाने के लिए ₹62,370 करोड़ का एक और बड़ा कॉन्ट्रैक्ट दिया है। यह सिंगल इंजन वाला हल्का लड़ाकू विमान हवा, पानी और जमीन, तीनों जगहों पर सटीकता से हमला करने में सक्षम है। नए विमानों में दुश्मनों को चकमा देने के लिए ‘स्वयं रक्षा कवच’ जैसी आधुनिक तकनीक भी होगी।

यह सफलता ‘मेक इन इंडिया’ अभियान के लिए एक बड़ी छलांग है, जिससे न केवल वायुसेना की ताकत बढ़ेगी, बल्कि भारत रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में भी एक नई ऊंचाई हासिल करेगा।

**************************

 

पीएम मोदी सहित नेताओं ने पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को दी जन्मदिन की शुभकामानएं

नई दिल्ली 01 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल सहित अन्य नेताओं ने पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को जन्मदिन की शुभकामानएं दीं।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं।

राष्ट्र के प्रति उनकी विशिष्ट सेवा और जनकल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने उन्हें अपार सम्मान दिलाया है। विभिन्न मुद्दों पर उनके ज्ञान और मार्गदर्शन का हम गहरा सम्मान करते हैं। ईश्वर उन्हें उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु प्रदान करे।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने लिखा कि भारत के पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपका सरल एवं सहज स्वभाव, राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत है। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लिखा कि देश के पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना करता हूं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि आपको सुदीर्घ, सुयशपूर्ण जीवन और उत्तम स्वास्थ्य की प्राप्ति हो।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने लिखा कि भारत के पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करता हूं।

सांसद रवि किशन ने लिखा कि सहज-सरल स्वभाव के धनी, सादगी की प्रतिमूर्ति, देश के सर्वांगीण विकास में उत्कृष्ट योगदान देने वाले, भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि आप सदैव स्वस्थ एवं प्रसन्न रहें और हम सबका मार्गदर्शन करते रहें।

सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने लिखा कि देश के पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना करता हूं।

*****************************

 

नवमी पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मुंबई के मंदिरों में किया दर्शन पूजन, देशवासियों के कल्याण की प्रार्थना की

मुंबई 01 oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : शारदीय नवरात्रि की नवमी तिथि के अवसर पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने उत्तर मुंबई के अलग-अलग मंदिरों में दर्शन पूजन किया। इसी तरह, उन्होंने श्री महालक्ष्मी मंदिर, मुंबई में विराजमान जगद्जननी शक्ति स्वरूपा मां जगदंब का दर्शन कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने देशवासियों के कल्याण के लिए मां दुर्गा से प्रार्थना की।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “मां भवानी की आराधना के पावन पर्व महानवमी की सभी परिवारजनों को ढेर सारी शुभकामनाएं। यह पवित्र दिन सुख, सौभाग्य, संपन्नता, संपूर्णता, खुशियां और आरोग्य लेकर आए, अंबे मां से यही प्रार्थना करता हूं।”

इससे पहले, पीयूष गोयल ने रात में दहिसर, बोरीवली, कांदिवली और मलाड क्षेत्रों में विभिन्न नवरात्रि पंडालों का दौरा किया। पीयूष गोयल ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत निरंतर ऊंचाइयों तक पहुंचेगा और हर क्षेत्र में प्रगति करेगा।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मैंने दुर्गा उत्सव के दिन पूरे उत्तर मुंबई में उमंग और उत्साह का आनंद लिया है। कामना की है कि मां दुर्गा का आशीर्वाद सभी के ऊपर बना रहे, देश की विकास यात्रा में हम सभी सहभागी बनें।

उन्होंने मुंबई समेत पूरे देशवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही, पीयूष गोयल ने कहा कि सुख, समृद्धि और शांति वाला देश भारत और नई ऊंचाई तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पहुंचे, यह हम सभी का दृढ़ संकल्प और विश्वास है।

अपने इस दौरे के बीच उन्होंने एक कार्यक्रम को संबोधित भी किया और वहां उपस्थित लोगों में नए उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया। उत्तर मुंबई के नागरिकों ने केंद्रीय मंत्री के इस दौरे और उनके प्रेरणादायी शब्दों की सराहना की।

भाजपा विधायक मनीषा चौधरी ने कहा कि खुशी की बात है कि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल नवरात्रि के मौके पर अपने क्षेत्र में दुर्गा पंडालों में दर्शन पूजन करने गए। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी मुलाकात की।

**************************

 

वाराणसी : महानवमी पर मां सिद्धिदात्री के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु, ‘मां’ के जयकारे से गूंज उठा मंदिर परिसर

वाराणसी 01 Oct,(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): शारदीय नवरात्र की महानवमी के पावन अवसर पर वाराणसी में मां सिद्धिदात्री के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।

बुधवार सुबह से ही गोलघर के समीप सिद्धमाता गली स्थित मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। इस दौरान मंदिर परिसर ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंज उठा।

महानवमी पर माता के नौवें स्वरूप सिद्धिदात्री की विशेष पूजा-अर्चना की गई। ब्रह्म मुहूर्त से ही भक्त नारियल, गुड़हल की माला, लाल चुनरी और प्रसाद लेकर मंदिर पहुंचे। मंगला आरती के बाद जैसे ही मंदिर के कपाट खुले, वातावरण भक्ति और उत्साह से सराबोर हो उठा। भक्तों ने मां सिद्धिदात्री से सिद्धि, सुख, शांति और सौभाग्य की कामना की।

मंदिर के महंत प्रेम शंकर ने कहा, “महानवमी का दिन मां सिद्धिदात्री की कृपा प्राप्त करने का विशेष अवसर है। काशी में नौ दुर्गा की अलग-अलग मूर्तियां स्थापित हैं और यह मंदिर सिद्ध माता को समर्पित है।”

श्रद्धालु रमेश चंद्र जायसवाल ने बताया, “आज के दिन मां सिद्धिदात्री देवी को पूजा जाता है और उनकी कृपा अपने भक्तों पर हमेशा बनी रहती है। साथ ही माता की कृपा से जीवन में सुख-शांति भी आती है।”

श्रद्धालु इंद्रा ने कहा, “मां सिद्धिदात्री के दर्शन मात्र से मन को असीम शांति मिलती है।”

वहीं, श्रद्धालु आशा ने कहा, “मैंने नौ दिन तक मां की पूजा अर्चना की है और आज कन्या-पूजन करुंगी। माता की पूजा से हर मनोकामना पूरी होती है। यह पर्व हम सभी के लिए बहुत खास है।”

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां सिद्धिदात्री भक्ति से प्रसन्न होकर श्रद्धालुओं पर अपनी कृपा बरसाती हैं।

शास्त्रों में उल्लेख है कि भगवान शिव को भी माता की कृपा से ही सर्व सिद्धियां प्राप्त हुई थीं।

मां सिद्धिदात्री का पूजन न केवल भौतिक सुख-समृद्धि के लिए, बल्कि आध्यात्मिक उन्नति के लिए भी किया जाता है।

******************************

 

राँची उपायुक्त  श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने की नवनियुक्त मुख्य सचिव झारखण्ड, श्री अविनाश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात

01.010.2025 – उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राँची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने आज दिनांक 01 अक्टूबर 2025 को झारखंड के नवनियुक्त मुख्य सचिव, श्री अविनाश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की।

इस अवसर पर उपायुक्त ने श्री अविनाश कुमार को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके नए दायित्व के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

**************************