सीपी राधाकृष्णन होंगे नए उपराष्ट्रपति, 152 वोट से हुई जीत

नई दिल्ली ,09 सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। सीपी राधाकृष्णन देश के नए उपराष्ट्रपति बन गए हैं. उन्होंने सीधे मुकाबले में विपक्ष के उम्मीदवार जस्टिस (रिटायर) सुदर्शन रेड्डी को हराया.

उन्हें चुनाव में 452 वोट हासिल हुए. जबकि रेड्डी 300 वोट ही हासिल कर पाए. 38 साल बाद तमिलनाडु से उपराष्ट्रपति बनने वाले वे दूसरे व्यक्ति हैं.

यह चुनाव निवर्तमान उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के स्वास्थ्य आधार पर एकाएक दिए गए इस्तीफे की वजह से करवाना पड़ा. रिटर्निंग ऑफिसर और राज्यसभा महासचिव पीसी मोदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव नतीजों की जानकारी दी.

रिटर्निंग ऑफिसर मोदी ने बताया कि कुल 767 सदस्यों ने वोट दिया. कुल 98.2 फीसदी मतदान हुआ. इनमें 752 वोट वैध थे और 15 अवैध थे. सीपी राधाकृष्णन को 452 वोट मिले.

इसमें इंडी गठबंधन को 300 और NDA को 452 वोट मिले. चूंकि सीपी राधाकृष्णन को पहली वरीयता में ही जीत के लिए निर्धारित वोट मिल गए.

******************************

 

दुर्गा पूजा के अवसर पर विभिन्न तैयारियों से संबंधित बैठक

उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बैठक

तैयारी को लेकर संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को दिए गये आवश्यक दिशा-निर्देश

सभी अधिकारी सामूहिक जिम्मेवारी के साथ टीम वर्क में पूरी कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करें – उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री

त्योहार के दौरान छुट्टी में न जायें – उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री

रांची,09.09.2025 – दुर्गा पूजा के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारी सुनिश्चित की जा रही है। इसी कड़ी में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। समाहरणालय स्थित उपायुक्त सभागार में आयोजित बैठक में अपर जिला दंडाधिकारी विधि व्यवस्था, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, रांची नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे। उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया ताकि जिलावासी स्वस्थ, सुरक्षित एवं सौहार्दपूण वातावरण में त्योहार मना सकें।

सामूहिक जिम्मेवारी के साथ टीम वर्क में कार्य करें, छुट्टी में न जायें – उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री

बैठक में उपायुक्त ने कहा कि त्योहार आम नागरिकों के लिए होते हैं, हम प्रशासनिक स्तर पर कार्य करते हैं तभी आम लोग सुरक्षित वातावरण में त्योहार मना पाते हैं, छोटी-सी लापरवाही से जान-माल एवं सुरक्षा से जुड़ी असुविधा उत्पन्न हो सकती है। अतः सभी अधिकारी सामूहिक जिम्मेदारी के साथ टीम वर्क में पूरी कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करें और अधीनस्थ कार्यालयों में भी त्यौहार के दौरान छुट्टी पर न जाएं।

ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर निर्देश

पर्व के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रहे इसके लिए उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने एसडीओ सदर को ट्रैफिक एसपी एवं नगर निगम पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक समन्वय स्थापित करने को कहा।

रांची नगर निगम से संबंधित निर्देश

उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने बैठक में कहा कि सड़कों की मरम्मत एवं स्ट्रीट लाइट की कार्यशीलता सुनिश्चित की जाए। पूजा समितियों द्वारा सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग न करने को कहें। उन्होंने आम नागरिकों से भी सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पूजा पण्डाल निर्माण को लेकर तय मानकों को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन की टीम द्वारा पंडालों का निरीक्षण किया जायेगा।

अग्निशमन विभाग के पदाधिकारी को उपायुक्त द्वारा सभी पूजा पंडालों के आसपास अग्निशमन सुरक्षा गाइडलाइन के अनुसार आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

विद्युत विभाग के संबंधित पदाधिकारी को जर्जर तार, ट्रांसफॉर्मर एवं खंभों की मरम्मती का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान बिजली आपूर्ति सुचारु रखने की पूरी तैयारी करें।

सिविल सर्जन रांची को उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा सभी बड़े पूजा पंडालों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर एंबुलेंस, मेडिकल टीम एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही जिला एवं प्रखंड स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय रखने का भी निर्देश उपायुक्त द्वारा दिया गया ताकि किसी भी आपातस्थिति में तुरंत चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

पेयजल एवं स्वच्छता विभाग पूजा पंडालों एवं भीड़भाड़ वाले स्थलों पर शुद्ध पेयजल आपूर्ति और अस्थायी पेयजल टैंकर की उपलब्धता सुनिश्चित का निर्देश दिया गया।

दुर्गा पूजा की तैयारी एवं आयोजन की निगरानी हेतु जिला प्रशासन, लाइन विभाग, पूजा समिति एवं अन्य संबद्ध एजेंसियों को जोड़ते हुए विशेष व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का निर्देश उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा दिया गया। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी समन्वय स्थापित करते हुए ग्रुप में दिए गए निर्देशों का ससमय अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया एवं व्हाट्सएप ग्रुप पर भी नजर रखे जाने का निर्देश दिया ताकि स्वतः संज्ञान लेकर त्वरित आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

**************************

 

उपराष्ट्रपति चुनाव : एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने राम मंदिर के किए दर्शन, भाजपा की जीत का दावा

नई दिल्ली 09 Sep,(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मंगलवार सुबह 10 बजे से मतदान शुरू होगा। इस बीच, एनडीए के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार और महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने महाराष्ट्र सदन से लोधी कॉलोनी स्थित श्री राम मंदिर में दर्शन किए। उनका मुकाबला ‘इंडिया अलायंस’ के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी से है।

उपराष्ट्रपति चुनाव पर केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने कहा, “हमें पूरा विश्वास है कि उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए की जीत होगी।”

भाजपा के राज्यसभा सांसद रामभाई मोकारिया ने एनडीए उम्मीदवार की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा, “सीपी राधाकृष्णन की जीत 100 प्रतिशत निश्चित है। उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग 10 बजे शुरू होगी, और हमारा दायित्व है कि सीपी राधाकृष्णन को बड़े अंतर से जिताएं।”

वहीं, भाजपा सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने  कहा, “देशभर में उत्साह का माहौल है। पीएम मोदी के नेतृत्व में हमें बड़ी जीत मिलने वाली है। यह खुशी का माहौल है और मुझे उम्मीद है कि सीपी राधाकृष्णन उपराष्ट्रपति चुनाव में भारी बहुमत से जीतेंगे।”

भाजपा की राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने कहा, “यह लोकतांत्रित व्यवस्था है और उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर हम सभी उत्साहित हैं। हम अपनी बुद्धि और विवेक के साथ मतदान करेंगे।”

उपराष्ट्रपति चुनाव पर भाजपा सांसद भागवत कराड ने कहा, “आज के उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए के पास बहुमत है। मुझे उम्मीद है कि एनडीए के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन जीतेंगे।”

भाजपा की राज्यसभा सांसद मेधा कुलकर्णी ने कहा, “एनडीए की पूरी योजना तैयार है और हमारी जीत निश्चित है। यह चुनाव हमारे लिए गौरव की बात है। राज्यसभा को नए उपसभापति मिलने वाले हैं और हम सब इस चुनाव को लेकर उत्साहित हैं।”

भाजपा के राज्यसभा सांसद मयंक नायक ने कहा, “सीपी राधाकृष्णन उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। एनडीए के सभी सांसद उनके पक्ष में मतदान करेंगे और हमारी जीत निश्चित है।”

भारत के उपराष्ट्रपति पद के लिए एनडीए प्रत्याशी और महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन और इंडिया ब्लॉक के प्रत्याशी, पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज बी सुदर्शन रेड्डी के बीच मुकाबला है।

***********************

 

उपराष्ट्रपति चुनाव : विपक्ष ने बी. सुदर्शन रेड्डी की जीत का किया दावा, भाजपा का पलटवार

नई दिल्ली 09 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान शुरू हो चुका है। इस बीच, विपक्षी गठबंधन ने अपने उम्मीदवार और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज बी. सुदर्शन रेड्डी की जीत का दावा किया।

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर कहा, “यह चुनाव देश की आत्मा को बचाने के लिए है। अब देश की आत्मा बचाने के लिए लोगों की अंतरात्मा जागेगी तो चुनाव का नतीजा चौंकाने वाला होगा।”

उपराष्ट्रपति चुनाव पर कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने कहा, “जगन और चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली वाईएसआरसीपी और टीडीपी द्वारा जमीनी स्तर पर विरोध का दावा करने के बावजूद वे एक आरएसएस समर्थित उम्मीदवार के लिए मिलकर वोट कर रहे हैं।

लोग जानते हैं कि वे जगन के खिलाफ सीबीआई मामलों का फायदा उठाकर मतदाताओं पर दबाव बना रहे हैं। इस तरह की कार्रवाइयां लोकतंत्र को कमजोर करती हैं।”

कांग्रेस सांसद चमाला किरण कुमार रेड्डी ने कहा, “बी. सुदर्शन रेड्डी ‘इंडिया अलायंस’ के उम्मीदवार हैं, लेकिन वास्तव में वह ऐसे उम्मीदवार हैं, जिनका कोई राजनीतिक जुड़ाव नहीं है।

सभी सांसदों, चाहे वे इंडिया अलायंस के हों या एनडीए के, को मतदान से पहले गंभीरता से सोचना चाहिए, क्योंकि लोकतंत्र संकट में है।”

कांग्रेस सांसद धरमवीर गांधी ने रेड्डी की जीत की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा, “हमारा उम्मीदवार बहुत ईमानदार है, उनके पास मजबूत और अच्छी विचारधारा है।

हमें पूरा विश्वास है कि हम यह चुनाव जीतेंगे। हमारा गठबंधन एकजुट है और मुझे उम्मीद है कि भाजपा के लोग भी अपनी आत्मा की आवाज सुनकर हमारे उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करेंगे।”

समाजवादी पार्टी के सांसद छोटेलाल ने जीत का दावा किया। उन्होंने कहा, “मुझे विश्वास है कि बी. सुदर्शन रेड्डी यह चुनाव जीतेंगे, क्योंकि भाजपा से गठबंधन वाली कई पार्टियों ने उनके उम्मीदवार को वोट देने से इनकार कर दिया है और हमें बड़े पैमाने पर क्रॉस वोटिंग की उम्मीद है। बी. सुदर्शन रेड्डी की जीत निश्चित है।”

उपराष्ट्रपति चुनाव पर कांग्रेस सांसद अमर सिंह ने कहा, “इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी इस चुनाव में जरूर जीतेंगे।”

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि हमारा उम्मीदवार जीतेगा। इंडिया गठबंधन ने एक मजबूत उम्मीदवार उतारा है।”

उपराष्ट्रपति चुनाव पर कांग्रेस सांसद जेबी माथेर ने कहा, “यह केवल भारत के उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव नहीं है। यह लोकतंत्र को बचाने और हमारे राष्ट्र की आत्मा की रक्षा करने का क्षण है।”

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा, “एनडीए की जीत उतनी ही निश्चित है, जितना सूरज का पूर्व में उगना और पश्चिम में अस्त होना।”

इंडिया गठबंधन के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार और पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज बी. सुदर्शन रेड्डी पर तंज कसते हुए गिरिराज सिंह ने कहा, “सुना है वह जज थे। लेकिन वह किनसे मिलने जाते हैं? चारा घोटाले में दोषी ठहराए गए लोगों से और फिर भी नैतिकता की बात करते हैं।”

उपराष्ट्रपति चुनाव पर भाजपा सांसद गुलाम अली खटाना ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन कल उपराष्ट्रपति का पद ग्रहण करेंगे।”

भाजपा सांसद गोविंद ढोलकिया ने कहा, “भारत में उपराष्ट्रपति का चुनाव हो रहा है और हम बहुत भाग्यशाली हैं कि हमें इसमें वोट देने का अधिकार मिला है। गुजरात के सभी सांसद केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया के यहां आए हैं और आज उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान करेंगे।”

**************************

 

TikTok की वापसी पर सरकार ने खत्म किया सस्पेंस

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिया फाइनल जवाब

नई दिल्ली 09 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): भारत और चीन के बीच सुधरते रिश्तों के बीच क्या देश में लोकप्रिय शॉर्ट वीडियो ऐप टिकटॉक (TikTok) की भी वापसी होगी?

पिछले कुछ हफ्तों से चल रही इन अटकलों पर अब केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पूरी तरह से विराम लगा दिया है। उन्होंने दो टूक शब्दों में साफ किया है कि सरकार की टिकटॉक पर से प्रतिबंध हटाने की कोई योजना नहीं है।

एक निजी मीडिया हाउस ‘मनी कंट्रोल’ को दिए इंटरव्यू में केंद्रीय मंत्री ने इन अफवाहों पर सरकार का पक्ष आधिकारिक तौर पर स्पष्ट किया।

जब उनसे पूछा गया कि क्या टिकटॉक की वापसी को लेकर सरकार में कोई विचार-विमर्श चल रहा है, तो उन्होंने कहा, “इस मुद्दे पर सरकार के भीतर अभी तक कोई चर्चा नहीं हुई है। इतना ही नहीं, टिकटॉक की मूल कंपनी ‘बाइटडांस’ (ByteDance) की ओर से भारत में वापसी के किसी भी प्रयास पर उन्होंने कहा, “हमें अभी तक किसी भी ओर से कोई प्रस्ताव नहीं मिला है।

दरअसल, टिकटॉक की वापसी की अटकलें यूं ही शुरू नहीं हुई थीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया चीन यात्रा और राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ बातचीत के बाद दोनों देशों के रिश्तों में आई गर्मजोशी को एक बड़े कारण के तौर पर देखा जा रहा था।

इसी बीच, पिछले महीने भारत में एक तकनीकी गड़बड़ी (ग्लिच) के कारण टिकटॉक की वेबसाइट कुछ समय के लिए खुल गई थी। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर अफवाहों ने जोर पकड़ लिया कि सरकार चुपके से ऐप को वापस लाने की तैयारी कर रही है।

आपको बता दें कि भारत सरकार ने जून 2020 में चीन के साथ सीमा पर बढ़े तनाव के बीच राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए टिकटॉक समेत 59 चीनी ऐप्स पर प्रतिबंध लगा दिया था।

सरकार का आरोप था कि ये ऐप्स भारतीय यूजर्स का डेटा चीन भेज रहे हैं जो देश की सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा है। बाद में जनवरी 2021 में इस प्रतिबंध को स्थायी कर दिया गया। प्रतिबंध के समय भारत, टिकटॉक का सबसे बड़ा बाजार था और यहां इसके करीब 20 करोड़ यूजर्स थे।

*************************

 

130 साल पुरानी दीवार ताश के पत्तों की तरह ढही, CCTV में कैद हुई तबाही; सेकंडों की देरी से बची कई जानें

नागपुर 09 Sep,(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): नागपुर में देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब शहर के एम्प्रेस मिल इलाके में स्थित 130 साल पुरानी एक विशाल दीवार ताश के पत्तों की तरह ढह गई। रात 11 बजकर 19 मिनट पर हुए इस हादसे का खौफनाक मंजर पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं।

वीडियो में साफ दिख रहा है कि सड़क पर सामान्य आवाजाही है और दोपहिया वाहन चालक गुजर रहे हैं। तभी अचानक पूरी की पूरी दीवार भरभराकर सड़क पर आ गिरती है। गनीमत यह रही कि दीवार गिरने और वहां से गुजर रहे बाइक सवारों के बीच महज कुछ सेकंड का फासला था, जिससे वे बाल-बाल बच गए।

यह दीवार एम्प्रेस मिल से सटी मारवाड़ी चाल पर गिरी, जिसकी चपेट में आकर सड़क किनारे खड़ी चार कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। राहत की बात यह रही कि इन कारों के अंदर भी कोई मौजूद नहीं था, जिससे इस घटना में कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इस घटना ने एक बार फिर नागपुर में पुरानी और निर्माणाधीन इमारतों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह कोई पहली घटना नहीं है। ठीक एक महीने पहले, 9 अगस्त को शहर के कोराडी स्थित महालक्ष्मी जगदंबा देवस्थान मंदिर में एक निर्माणाधीन द्वार का स्लैब गिरने से 17 मजदूर घायल हो गए थे, जिनमें से तीन की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।

उस घटना के बाद भी प्रशासन ने जांच और कार्रवाई की बात कही थी, लेकिन महीने भर के भीतर ही इस दूसरी बड़ी घटना ने प्रशासनिक दावों की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन समय रहते जर्जर हो चुकी इमारतों और दीवारों पर ध्यान देता, तो इस तरह के हादसों से बचा जा सकता था। फिलहाल, प्रशासन की तरफ से किसी बड़े कदम का इंतजार है।

***************************

 

नॉर्थ दिल्ली में बड़ा हादसा: पंजाबी बस्ती में 4 मंजिला इमारत ढही, 14 लोगों का रेस्क्यू

नई दिल्ली 09 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । राजधानी दिल्ली के सब्जी मंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत पंजाबी बस्ती में मंगलवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक चार मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई।

दिल्ली फायर सर्विस को मंगलवार सुबह 2.52 बजे इस घटना की सूचना मिली। गनीमत रही कि हादसे के समय इमारत खाली थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई है।

जानकारी सामने आई है कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने पहले ही इस इमारत को खतरनाक घोषित कर रखा था। हादसे के बाद पास की एक इमारत में फंसे 14 लोगों को दिल्ली फायर सर्विस के कर्मियों ने सुरक्षित निकाला। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दिल्ली फायर सर्विस की 5 गाड़ियां मौके पर तैनात हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। इमारत के मलबे में कई वाहन दब गए हैं। दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस और अन्य एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं और राहत कार्य में जुटी हैं।

हादसे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इमारत की जर्जर स्थिति इसके ढहने का प्रमुख कारण हो सकती है। प्रशासन ने क्षेत्र की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने शुरू कर दिए हैं, और जांच जारी है।

स्थानीय युवक ने बताया कि मकान मालिकों को दो महीने पहले ही बोला गया था कि बिल्डिंग को खाली कर दो, लेकिन इन लोगों ने बात नहीं मानी। रात को करीब 2.52 मिनट पर मैंने देखा कि बिल्डिंग हिल रही है। इसके बाद मैंने शोर मचाया और सभी को बताया कि बिल्डिंग गिरने वाली है। उसके बाद मैं खुद एक सेफ जगह पर जाकर खड़ा हुआ।

एक महिला ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद प्रशासन की टीमों ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। इमारत की स्थिति को लेकर शिकायतें दी गई थीं। रात को यह बिल्डिंग गिर गई।

इससे पहले, दिल्ली के यमुना विहार इलाके में स्थित एक पिज्जा हट आउटलेट में सोमवार रात एक विस्फोट हुआ, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दिल्ली फायर सर्विस को रात में इस घटना की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की तीन गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। प्रारंभिक जांच के अनुसार, विस्फोट पिज्जा हट के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित एसी के कंप्रेसर में हुआ।

स्थानीय थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए तफ्तीश जारी है।

**************************

 

‘तेरा प्यार है मेरी जिंदगी’ एल्बम की रिकॉर्डिंग संपन्न

09.09.2025 – वीबी म्यूजिक एंड प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही म्यूजिक वीडियो ‘तेरा प्यार है मेरी जिंदगी’ की एक गीत की रिकॉर्डिंग पिछले दिनों मुंबई के अशोक होंडा साउंड ऑफ म्यूजिक स्टूडियो में सम्पन्न हुई।

गीतकार नफीस आलम के द्वारा लिखे गए इस गीत को मधुर संगीत से सजाया है संगीतकार वकील बाबू ने और स्वर दिया है सिंगर कुमार विलास सावंत ने।

युवा पीढी के टेस्ट को ध्यान में रखकर बनाई गई इस एल्बम के लिए संगीतकार वकील बाबू ने प्रसिद्ध सैक्सोफोनिस्ट श्यामराज जी से सैक्सोफोन की सेवा ली है, जिससे संगीत और ज्यादा प्रभावशाली बन गया है। उम्मीद की जा रही है कि निश्चिततौर पर यह एल्बम युवा दिलों को धड़कने में कामयाब होगा।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

************************

 

15 सितम्बर को पीएम मोदी, राजनाथ सिंह व अजीत डोभाल का कोलकाता दौरा

कोलकाता 08 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल 15 सितम्बर को कोलकाता में मौजूद होंगे। वह लोग महत्वपूर्ण सैन्य कार्यक्रम में भाग लेने के लिए कोलकाता में होंगे।

इस कार्यक्रम में तीनों की उपस्थिति, विशेष रूप से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के मद्देनजर, राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है और उनका कार्यक्रम पूरी तरह से सैन्य कार्यक्रम पर केंद्रित है, जिसमें किसी राजनीतिक कार्यक्रम से इंकार किया गया है।

एक आधिकारिक बयान में बताया गया है कि यह सम्मेलन 15 से 17 सितंबर तक चलेगा। कार्यक्रम कोलकाता के ऐतिहासिक फोर्ट विलियम में आयोजित होगा। इसमें सुधार, बदलाव और संचालन की तैयारी पर फोकस किया जाएगा।

बयान में बताया गया कि इस साल के सम्मेलन का विषय ‘सुधारों का वर्ष-भविष्य के लिए बदलाव’ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को कोलकाता में तीन दिन चलने वाले संयुक्त कमांडर सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे।

बयान में कहा गया है कि इस सम्मेलन का फोकस सशस्त्र बलों के अंदर सुधार लाने, उनकी एकता बढ़ाने और नई तकनीक अपनाने पर होगा। साथ ही, यह सुनिश्चित करना है कि सेना हर तरह के हालात में पूरी तैयारी के साथ काम कर सके।

इस सम्मेलन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल, सीडीएस जनरल अनिल चौहान और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे। यह सम्मेलन सशस्त्र बलों का सर्वोच्च विचार-विमर्श मंच है, जो देश के शीर्ष नागरिक और सैन्य नेतृत्व को साथ लाकर रणनीतिक और वैचारिक स्तर पर विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर देता है।

पूर्वी कमान के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ग्रुप कैप्टन हिमांशु तिवारी ने उनकी उपस्थिति की पुष्टि की है।इस कार्यक्रम में सेना के साथ एक अलग, महत्वपूर्ण बैठक की योजना भी शामिल है। इस बैठक में पूर्वोत्तर सीमा की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। भू-राजनीतिक जटिलताओं और क्षेत्र के सामरिक महत्व को देखते हुए, यह चर्चा देश की रक्षा योजना के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

पूर्वी कमान ने स्पष्ट कर दिया है कि प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा पूरी तरह से आधिकारिक उद्देश्यों के लिए है। यह पुष्टि की गई है कि प्रधानमंत्री कोलकाता प्रवास के दौरान किसी भी राजनीतिक या सार्वजनिक रैली में शामिल नहीं होंगे। इस सैन्य आयोजन और राष्ट्र की सुरक्षा पर ही पूरा ध्यान केंद्रित रहेगा

*****************************

 

रांची लालपुर के गर्ल्स हॉस्टल में सेक्स रैकेट, 10 लड़कियां हिरासत में

झारखंड की राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है।

गुप्त सूचना के आधार पर ओम गर्ल्स हॉस्टल में छापेमारी कर पुलिस ने 10 लड़कियों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि इस हॉस्टल से लड़कियों को विभिन्न स्थानों पर अवैध देह व्यापार के लिए सप्लाई किया जा रहा था।

छापेमारी में पुलिस का एक्शन

रांची पुलिस को सूचना मिली थी कि ओम गर्ल्स हॉस्टल में अवैध रूप से सेक्स रैकेट चल रहा है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सिटी DSP, कोतवाली DSP, लालपुर और कोतवाली थाने के अधिकारियों सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हॉस्टल पर छापा मारा गया। इस दौरान 10 लड़कियों को हिरासत में लिया गया।

नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी पुलिस

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हॉस्टल एक सेक्स रैकेट का अड्डा बन चुका था, जहां से लड़कियों को रांची और आसपास के इलाकों में सप्लाई किया

*************************

 

खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने संडे ऑन साइकिल में स्वदेशी खेल सामग्री का समर्थन किया

नई दिल्ली ,07 सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने रविवार को मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में आयोजित संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम में हिस्सा लिया, जिसकी थीम गर्व से स्वदेशी थी।

इस मौके पर मांडविया ने स्वदेशी खेल उपकरण, जिम वियर और जूतों के अलग-अलग स्टॉल का दौरा किया और भारतीय निर्माताओं के गुणवत्तापूर्ण उत्पादों की सराहना की।

मनसुख मांडविया ने पत्रकारों से कहा, हमारा घरेलू खेल उद्योग फिटनेस और खेलों को किफायती और सुलभ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मुझे खुशी है कि पीएम मोदी ने जीएसटी कम कर दी है। स्पोर्ट्स गुड्स से जुड़े सभी व्यापारियों ने पीएम मोदी को इसके लिए धन्यवाद दिया है।

पहले स्वदेशी जूते 2,000 रुपए में मिलते थे। अब जीएसटी 18 प्रतिशत से घटकर 5 प्रतिशत रह गई है। ऐसे में इनकी कीमत 1,650 रुपए रह गई है। अब खिलाडिय़ों को कम कीमत पर जूते मिल सकेंगे। उन्हें इसके लिए 350 रुपए कम चुकाने होंगे।

उन्होंने कहा, साइकिल पर भी जीएसटी 18 प्रतिशत से घटकर 5 प्रतिशत रह गई है। इसकी कीमत 1,500 रुपए कम हो गई है। साइकिल स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का उत्तम उदाहरण है। साइकिलिंग फिटनेस का मंत्र और पॉल्युशन का सॉल्यूशन भी है।

केंद्रीय मंत्री का यह दौरा हाल ही में हुए जीएसटी सुधारों की पृष्ठभूमि में हुआ है, जिसके तहत कई खेल वस्तुओं पर जीएसटी 18-12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दी गई है।

स्टॉल मालिकों और ब्रांड प्रतिनिधियों ने इस राहत के लिए केंद्र सरकार का धन्यवाद किया और कहा कि कम दरों से उपभोक्ताओं की लागत में उल्लेखनीय कमी आई है और बिक्री में वृद्धि हुई है।

स्वदेशी ब्रांड चलाने वाले एक व्यापारी ने कहा, हमें खुशी है कि स्पोर्ट्स इंडिया के जरिए सरकार सपोर्ट कर रही है। जीएसटी कम होने की वजह से उपभोक्ताओं को काफी लाभ मिलेगा। कीमतों में काफी कटौती होगी।

फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने वाले इस साप्ताहिक साइकिलिंग कार्यक्रम में एथलीट्स, फिटनेस प्रेमियों और आम जनता ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

***************************

 

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएगी नीतीश सरकार की रोजगार योजना : सम्राट चौधरी

पटना ,07 सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बिहार में महिला रोजगार योजना की औपचारिक शुरुआत हुई। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि यह कदम बिहार की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए सरकार ने तय किया है कि राज्य की 2 करोड़ 70 लाख महिलाओं को रोजगार से जोड़कर बिहार की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जाएगा।

सम्राट चौधरी ने रविवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि जिस बेटी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 20 साल पहले साइकिल और पोशाक देकर शिक्षा के लिए प्रेरित किया था।

आज वही बेटी 30-35 साल की होकर मां बन चुकी है। अब उसकी आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता के लिए मुख्यमंत्री रोजगार का अवसर देने जा रहे हैं। यह सिर्फ रोजगार देने की योजना नहीं, बल्कि बिहार में उद्योग खड़ा करने का एक बड़ा लक्ष्य है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना के तहत करीब 2 करोड़ 70 लाख महिलाओं को रोजगार के लिए सहयोग मिलेगा। इस दिशा में महिलाओं को 2 लाख रुपए तक की सहायता दी जाएगी, जिसमें सितंबर से ही 10 हजार रुपए की पहली किस्त दी जाएगी ताकि महिलाएं स्वरोजगार की ओर कदम बढ़ा सकें और अपने परिवार को आगे बढ़ा सकें।

सम्राट चौधरी ने आगे कहा कि जीविका दीदियों के ग्रुप ने बिहार में महिलाओं को समृद्धि का प्रतीक बना दिया है। महिलाएं उद्योग चला रही हैं और अब इस नई योजना से उन्हें और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि जैसे नीतीश कुमार ने बच्चियों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया था, वैसे ही अब रोजगार के क्षेत्र में मदद करके उन्हें फिर से प्रोत्साहित कर रहे हैं।

महिला रोजगार योजना पर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर उप मुख्यमंत्री ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम ही है बिना आधार के सवाल उठाना। लालू यादव की पार्टी राजद और कांग्रेस का इतिहास सबको पता है। लालू यादव ने 15 साल बिहार को लूटा और उससे पहले 40 साल कांग्रेस ने। जनता इनके बारे में सब जानती है।

कश्मीर में अशोक स्तंभ से जुड़े विवाद पर सम्राट चौधरी ने कांग्रेस और महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि यह भारत और बिहार की अस्मिता पर हमला है। उन्होंने कहा कि पहले प्रधानमंत्री का अपमान, फिर बिहार का अपमान और अब अशोक स्तंभ का अपमान किया गया।

कश्मीर से कन्याकुमारी तक इस पर आक्रोश है। अशोक स्तंभ पर हमला बिहार के गौरव और भारत की आत्मा पर प्रहार है। जिस तरह वहां के मुख्यमंत्री ने बयान दिया, वह शर्मनाक है। यह वही मगध की धरती है, जिसकी राजधानी कभी कश्मीर हुआ करती थी। ऐसे में अशोक स्तंभ का अपमान दरअसल बिहार का भी अपमान है।

**************************

 

सोलन में भारी बारिश से सड़कें बहीं, पीडब्ल्यूडी को पांच करोड़ का नुकसान

सोलन ,07 सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। हिमाचल प्रदेश के सोलन में हाल ही में हुई भारी बरसात ने सड़कों को बुरी तरह प्रभावित किया है। भारी बारिश से पीडब्ल्यूडी को पांच करोड़ का नुकसान हुआ है। सहायक अभियंता ने जनता से सहयोग की अपील की।

लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सहायक अभियंता सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि बरसात शुरू होने के बाद से अब तक विभाग को लगभग 5 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है।

उन्होंने कहा कि लगातार पांच दिनों से जारी बारिश के चलते जगह-जगह सड़कें बंद हो रही हैं, कहीं पेड़ गिर रहे हैं तो कहीं रोड बह गई हैं। विभाग की मशीनरी और मैनपावर रात-दिन सड़कों को खोलने में जुटा है ताकि आम जनता को परेशानी न झेलनी पड़े।

सुरेंद्र शर्मा ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि लोक निर्माण विभाग पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रहा है, लेकिन जनता का सहयोग भी जरूरी है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि सोलन से जौणाजी रोड और सोलिनी मंदिर से बजडोल की तरफ जाने वाले एमसी रोड पर दो भू-मालिकों द्वारा प्लॉट काटने के दौरान निकाली गई मिट्टी को सड़क पर फेंक दिया जा रहा है।
भारी बारिश के दौरान यही मिट्टी बार-बार सड़क को बंद कर देती है। पिछले 24 घंटों में यह सड़क आठ से दस बार अवरुद्ध हो चुकी है।

उन्होंने बताया कि संबंधित भू-मालिकों को नोटिस दिया गया है। मिट्टी फेंकने का सिलसिलाअभी तक नहीं रुका। उन्होंने कहा कि इस तरह की लापरवाहियां न केवल सरकार को करोड़ों का नुकसान पहुंचा रही हैं, बल्कि आम जनता की जान जोखिम में डाल रही हैं।

शर्मा ने बताया कि जिन सड़कों पर सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है, उनमें सोलन-जौणाजी रोड, ओच्छघाट -कुम्हारहट्टी रोड और सोलन-मीनस रोड प्रमुख हैं। बाकी लगभग सभी सड़कों पर एकतरफा आवागमन बहाल कर दिया गया है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश में कई स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई है। सोलन जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से करीब 150 पंचायतें प्रभावित हुई हैं।

*****************************

 

चंबा : लैंडस्लाइड से एनएच और भरमौर की सड़कें बंद, यातायात प्रभावित

हिमाचल प्रदेश 07 सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भूस्खलन ने एक बार फिर जनजीवन को प्रभावित किया है। बत्ती के हट्टी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर हुए भूस्खलन के कारण सड़क पूरी तरह से बंद हो गई है, जिससे यातायात ठप्प पड़ गया है।

आम लोगों को इस वजह से काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, मौके पर पहुंचे विधायक जनकराज ने स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को तुरंत सड़क खोलने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रशासन और संबंधित विभाग दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द राहत मिल सके।

इसके अलावा, भरमौर क्षेत्र में भी कई जगहों पर भूस्खलन की वजह से सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। इससे स्थानीय लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। लोग अपनी सुरक्षा को खतरे में डालकर यात्रा करने को मजबूर हैं।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण पहाड़ों से मिट्टी और पत्थर गिर रहे हैं, जिससे सड़कें खतरनाक हो गई हैं। उनका कहना है कि यह स्थिति उनके दैनिक जीवन को मुश्किल बना रही है।

विधायक जनकराज ने लोगों से धैर्य रखने की अपील की और बताया कि प्रशासन पूरी ताकत के साथ सड़कों को बहाल करने में जुटा है। उन्होंने कहा कि मशीनरी और कर्मचारियों को तैनात किया गया है, लेकिन मौसम की मार से काम में देरी हो सकती है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में और बारिश की चेतावनी जारी की है, जो राहत कार्यों को और चुनौतीपूर्ण बना सकती है।

पुलिस और आपदा प्रबंधन टीम मौके पर सक्रिय हैं। वे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में मदद कर रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, सड़कें खोलने का प्रयास तेजी से चल रहा है, लेकिन भूस्खलन के खतरे को देखते हुए सावधानी बरती जा रही है। स्थानीय लोग सरकार से मांग कर रहे हैं कि उन्हें मुआवजा दिया जाए और सड़कों की हालत बेहतर की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी परेशानियां न हों।

*****************************

 

मोदी और नायब सरकार की नीतियों व योजनाओं का हर वर्ग को मिल रहा है लाभ : बड़ौली

सिरसा ,07 सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा का सेवा पखवाड़ा जनसेवा का पर्व है। भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ता सेवा पखवाड़ा के जरिए लोगों के दिलों से जुड़ेंगे और पार्टी की नीतियों, उपलब्धियों और योजनाओं पर चर्चा करेंगे।

बड़ौली ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इस दौरान भाजपा के कार्यकर्ता लोगों को मोदी और नायब सरकार की योजनाओं से जोडऩे का माध्यम भी बनेंगे।

ये बातें बड़ौली ने शनिवार को सिरसा स्थित भाजपा कार्यालय सरसाई कमल में कार्यशाला को संबोधित करते हुए कही। इस मौके पर संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, जिलाध्यक्ष यतींद्र सिंह एडवोकेट, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, पूर्व विधायक मक्खन लाल सिंगला व अमीरचंद मेहता मौजूद रहे।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक सेवा पखवाड़ा के दौरान दर्जन भर कार्यक्रम होंगे। रक्तदान और स्वच्छता अभियान जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी लोगों तक पहुंचेगी।

मोदी और नायब सरकार की योजनाओं का प्रचार किया जाएगा ताकि गरीब, किसान, महिलाएं, युवाओं को लाभ मिल सके। भाजपा का लक्ष्य 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करना है।

बड़ौली ने सेवा पखवाड़ा के दौरान कार्यकर्ताओं से समाज के हर वर्ग व व्यक्ति तक पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह पखवाड़ा केवल पार्टी का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है।

कार्यशाला के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए बड़ौली ने कहा कि 21 सितंबर को युवा मैराथन होगी जिसमें युवाओं को नशा से बचने का संदेश दिया जाएगा। रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन होगा।

पर्यावरण की दृष्टि से एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम चलेगा। 2 अक्टूबर को शहीद स्मारक, धार्मिक स्थल, सार्वजनिक स्थलों, तालाबों, सरकारी अस्पतालों में कार्यकर्ता सफाई अभियान के तहत सफाई करेंगे।

उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर प्रबुद्धजन सम्मेलन होंगे जिसमें डाक्टर, इंजीनियर, वकील व शिक्षाविदों के साथ चर्चा होगी।

हाल ही में जीएसटी की दरों में की गई कटौती पर मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मोदी सरकार के इस निर्णय से जनता को सीधा लाभ मिलेगा।

बाढ़ संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि शासन-प्रशासन की ओर से पुख्ता व्यवस्थाएं की गई है। इस संकट की घड़ी में नायब सरकार और भाजपा के कार्यकर्ता जनता के साथ हैं।

दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना को लेकर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव में अपने घोषणा पत्र में महिलाओं को 2100 रुपये देने का वादा किया था जिसे अब मुख्यमंत्री नायब सिंह पूरा कर रहे हैं।

एक सवाल पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि मोदी और नायब सरकार सभी वर्गों को ध्यान में रखकर ही नीतियां बनाती है। भाजपा सरकार की हर नीति जनकल्याण के लिए होती है। सभी वर्गों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

****************************

 

राजस्थान : पिकनिक स्पॉट बना रायपुर बांध, ओवरफ्लो देखने उमड़ी भीड़, सुरक्षा इंतजाम नदारद

नीमकाथाना ,07 सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। सात साल बाद राजस्थान के नीमकाथाना का सबसे बड़ा रायपुर बांध लबालब भर गया है। बांध में पानी का स्तर 14 फीट तक पहुंचने के बाद बांध पर चादर (ओवरफ्लो) चलने लगी।

यह नजारा देखते ही लोगों का उत्साह चरम पर पहुंच गया और सैकड़ों ग्रामीण व आसपास के लोग बांध पर उमड़ पड़े। बांध से पानी की चादर बहने का दृश्य इतना आकर्षक रहा कि पूरा इलाका मानो पिकनिक स्पॉट में बदल गया।

जहां एक ओर पानी की आवक से ग्रामीणों और किसानों के चेहरे खिल उठे, तो वहीं दूसरी तरफ सुरक्षा इंतजामों की पोल खुल गई। बांध पर उमड़ी भीड़ में कई युवक और बच्चे जान जोखिम में डालकर पानी में छलांग लगाते दिखे।

कुछ लोग फिसलन भरे किनारों से नीचे उतरकर नहाने की कोशिश करते रहे। स्थानीय लोग का मानना है कि इस तरह की लापरवाही कभी भी बड़े हादसे को जन्म दे सकती है।

पुलिस की ओर से समय-समय पर गश्त की जा रही है, लेकिन भीड़ पर इसका कोई खास असर नहीं दिख रहा। लोग लगातार बांध पर पहुंच रहे हैं और ओवरफ्लो का आनंद लेते नजर आ रहे हैं।

लगातार बारिश और बांध के भरने से अब पाटनवाटी क्षेत्र के कुओं व हैडपंपों में भी पानी आने लगा है। लंबे समय से सूखे हालात झेल रहे किसानों को अब सिंचाई की चिंता से राहत मिलने लगी है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह पानी आने वाले दिनों में फसलों के लिए संजीवनी साबित होगा।

हरियाणा निवासी संदीप ने आईएएनएस को बताया कि रायपुर बांध से निकला पानी नारनौल, अटेली और नांगल चौधरी जैसे इलाकों के लिए भी बेहद लाभकारी होगा।

वहीं, बांध से पानी की तेज आवक को देखते हुए हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में अलर्ट जारी किया गया है।

हालांकि, बांध के भरने और ओवरफ्लो से क्षेत्र में खुशी का माहौल है, लेकिन सुरक्षा की अनदेखी चिंता का विषय बनी हुई है। बिना पुख्ता इंतजामों के भीड़ का बांध पर पहुंचना प्रशासन के लिए चुनौती साबित हो रहा है।

*********************

 

अशोक गहलोत ने अजमेर में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया, सरकार से तत्काल सर्वे और राहत पैकेज की मांग

अजमेर ,07 सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अजमेर के फायसागर रोड स्थित स्वास्तिक नगर कॉलोनी में भारी बारिश और बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लिया।

उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हालात बेहद गंभीर हैं और एक-एक घर की अपनी अलग कहानी है। उन्होंने कहा कि यह कोई मामूली नुकसान नहीं है और सरकार को इस बात को गंभीरता से समझना होगा।

एक-एक घर का सर्वे हो: गहलोत ने जोर देकर कहा कि सरकार को तत्काल पूरे इलाके का, और विशेष रूप से हर एक घर का सर्वे करवाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि केवल खाना या बस्ती में राहत सामग्री पहुंचाना पर्याप्त नहीं है। सर्वे से यह पता चलेगा कि किसको कितना नुकसान हुआ है, चाहे वह कम हो या ज्यादा, और उसी के अनुसार सरकार की तरफ से एक विशेष राहत पैकेज मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक यह सर्वे और पैकेज नहीं मिलेगा, तब तक इन परिवारों का भला नहीं हो सकता।

स्पीकर और मुख्यमंत्री से करेंगे बात: पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि वह अजमेर के कलेक्टर और विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से बात करेंगे, क्योंकि यह उनका ही क्षेत्र है।

उन्होंने कहा कि देवनानी को खुद यहां आकर स्थिति देखनी चाहिए।

गहलोत ने मुख्यमंत्री से भी बात करने का आश्वासन दिया और कहा कि जब तक सरकार एक-एक घर के सर्वे का आदेश नहीं देगी, तब तक लोगों को सही राहत नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि वे धर्मेंद्र राठौड़ के साथ मिलकर प्रभावित परिवारों से लिखित में जानकारी लेंगे और उसे सरकार तक पहुंचाएंगे।

पूरे राजस्थान में खराब है स्थिति: जब एक पत्रकार ने उनसे पूछा कि पूरे राजस्थान में भी ऐसे ही हालात हैं, तो गहलोत ने कहा कि अजमेर में स्थिति बेहद नाजुक और गंभीर लगी।

उन्होंने कहा कि पूरे राजस्थान में भी हालात खराब हैं और मुख्यमंत्री को सभी जिलों में सर्वे करवाकर तत्काल राहत पहुंचानी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को तुरंत सहायता मिलनी चाहिए, तभी जाकर उन्हें राहत मिलेगी।

***************************

 

बस चालकों की हर तीन महीने में मेडिकल और फिटनेस जांच अनिवार्य हो : सीएम योगी

लखनऊ ,06 सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर तीन माह में बस चालकों की मेडिकल और फिटनेस जांच अनिवार्य होनी चाहिए।

उन्होंने सख्त निर्देश दिया कि फाइल को लटकाने की आदत बंद करनी पड़ेगी। जनसुनवाई को तेजी से आगे बढ़ाना पड़ेगा। विभाग में टीम वर्क को और सशक्त बनाना पड़ेगा तो परिणाम आने में देर नहीं लगेगी।

मुख्यमंत्री योगी ने लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में परिवहन विभाग की विभिन्न सेवाओं का शुभारंभ और डिजिटल लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि बस चालकों का नियमित मेडिकल और फिजिकल फिटनेस टेस्ट हर तीन महीने में अनिवार्य रूप से कराया जाए। विशेष रूप से आंखों की जांच जरूरी है ताकि दृष्टि दोष के कारण दुर्घटनाएं न हों।

उन्होंने कहा कि सड़क पर अंदाजे से गाड़ी चलाने की छूट नहीं दी जा सकती। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के पास देश में सबसे बड़ा बेड़ा है। इतनी बड़ी संख्या में सेवाएं देना अपने आप में एक उपलब्धि है, लेकिन इसके साथ ही चुनौतियां भी कम नहीं हैं।

उन्होंने रक्षाबंधन पर बहनों को तीन दिनों तक मुफ्त बस यात्रा उपलब्ध कराने की पहल को सराहनीय बताया और कहा कि विभाग भविष्य में इस तरह की सेवाओं का प्रचार-प्रसार और प्रभावी तरीके से करे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी व्यक्ति, समाज या राष्ट्र यदि समय की गति से पीछे जाता है तो हमेशा के लिए पीछे रह जाता है। लेकिन यदि वह समय की गति से दो कदम आगे चलने की क्षमता रखता है, तो विजयश्री का ध्वज फहराता है।

उन्होंने परिवहन विभाग से अल्पकालिक (3 वर्ष), मध्यम अवधि (10 वर्ष) और दीर्घकालिक (22 वर्ष) योजनाएं तैयार करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि परिवहन विभाग ने समय-समय पर अपनी सेवाओं से मिसाल पेश की है।

2019 के प्रयागराज कुंभ और 2020 की वैश्विक महामारी कोरोना के दौरान जब करोड़ों कामगार और श्रमिक अपने-अपने राज्यों और गांवों की ओर लौट रहे थे, तब विभाग ने उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि बिहार, झारखंड, ओडिशा, असम, पश्चिम बंगाल और उत्तराखंड तक प्रवासियों को सुरक्षित पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

इसी वर्ष आयोजित प्रयागराज महाकुंभ में भी विभाग ने रेलवे स्टेशनों और अन्य स्थानों पर उमड़ी भीड़ को नियंत्रित करते हुए करोड़ों श्रद्धालुओं को सुरक्षित ढंग से उनके गंतव्य तक पहुंचाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर संकट की घड़ी में परिवहन विभाग ने समय का सच्चा साथी बनकर प्रदेश और समाज की सेवा की है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रदेश के लिए एक गंभीर चुनौती है।

कोरोना काल के तीन वर्षों में जितनी जानें नहीं गईं, उससे अधिक लोग हर साल सड़क हादसों में मारे जाते हैं। इनमें अधिकतर युवा होते हैं, जिससे परिवार उजड़ जाते हैं। यह समाज और सरकार दोनों के लिए चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि सड़क पर चलने वाले हर व्यक्ति की सुरक्षा परिवहन विभाग की जिम्मेदारी है। यदि किसी यात्री की जान बचती है तो यह विभाग की सकारात्मक छवि बनाता है, लेकिन लापरवाही से जान जाने पर न केवल विभाग की बदनामी होती है, बल्कि आर्थिक क्षति भी होती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाना होगा। इसके लिए आईआईटी खडग़पुर जैसी संस्थाओं की तकनीकी मदद, पुलिस और अन्य विभागों का समन्वय, साथ ही स्कूलों में ट्रैफिक नियमों पर शिक्षा जरूरी है।

उन्होंने हेलमेट, सीट बेल्ट, नशे में ड्राइविंग, ओवरस्पीडिंग जैसी स्थितियों पर कड़े नियम लागू करने और मीडिया- डिजिटल, प्रिंट, सोशल व विजुअल के माध्यम से प्रचार-प्रसार बढ़ाने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून कभी-कभी कठोर लगता है, लेकिन यही कानून अंतत: आपकी सुरक्षा और जीवन की गारंटी है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकार या विभाग की नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग—गांव-शहर, युवा-बुजुर्ग, महिला-पुरुष—की साझा जिम्मेदारी है। जब सभी लोग इसमें जुड़ेंगे तो सड़क हादसों को न्यूनतम स्तर तक लाया जा सकेगा।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा विकसित एक ऐप के जरिए अत्यधिक दुर्घटना वाले क्षेत्रों की पहचान की गई, जिससे कई स्थानों पर हादसों की संख्या घटकर महीने में 18 से घटकर 3 तक हो गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के साथ-साथ हमें प्रकृति के अनुरूप विकास करना होगा। प्रधानमंत्री के नेट जीरो एमिशन लक्ष्य को पूरा करने के लिए इलेक्ट्रिक व्हीकल महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि परिवहन विभाग को समय की मांग के अनुसार अपनी सेवाओं को आधुनिक और प्रतिस्पर्धी बनाना होगा। बस स्टेशन विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस हों, बसें सड़कों पर अव्यवस्थित खड़ी न रहें और यात्रियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित माहौल मिले—इसके लिए ठोस प्रयास जरूरी हैं।

उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बस सेवा से पर्यावरण संरक्षण के साथ बेहतर यात्रा अनुभव भी संभव है। चार्जिंग स्टेशनों के लिए निजी क्षेत्र को जोड़ा जा सकता है। साथ ही, पुराने वाहनों की स्क्रैपिंग को बढ़ावा देना होगा ताकि प्रदूषण और सड़क हादसों का खतरा कम हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि ड्राइविंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट्स को और सुदृढ़ किया जाए और विभाग जवाबदेही के साथ काम करे।

**********************

 

बीड़ी-बिहार पोस्ट पर सियासी बवाल, बैकफुट पर आई कांग्रेस; सोशल मीडिया चीफ का इस्तीफा

तिरुवनंतपुरम 06 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): ‘बीड़ी और बिहार’ को लेकर की गई एक सोशल मीडिया पोस्ट ने कांग्रेस पार्टी को बैकफुट पर ला दिया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा इसे बिहारियों का अपमान बताए जाने के बाद मचे सियासी बवाल के बीच, केरल कांग्रेस ने न सिर्फ माफी मांगी है, बल्कि उसके सोशल मीडिया चीफ और पूर्व विधायक वीटी बलराम ने अपने पद से इस्तीफा भी दे दिया है।

कांग्रेस की केरल इकाई ने हाल ही में अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर एक पोस्ट में तंज कसते हुए कहा था कि बीड़ी और बिहार ‘बी’ से शुरू होते हैं, अब इसे पाप नहीं माना जा सकता। इस पोस्ट के सामने आते ही भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की और इसे सभी बिहारियों का घोर अपमान बताया। बढ़ते राजनीतिक दबाव के बाद शुक्रवार को इस पोस्ट को हटा दिया गया था।

शनिवार को मामले पर सफाई देते हुए केरल कांग्रेस (केपीसीसी) के अध्यक्ष सनी जोसेफ ने स्वीकार किया कि यह पोस्ट करते समय पार्टी की सोशल मीडिया टीम से गलती हुई और सतर्कता की कमी रही। उन्होंने एक टीवी चैनल से कहा, “पोस्ट हटा दी गई है। जिम्मेदार व्यक्तियों ने इसे वापस ले लिया है और माफी मांगी है। कांग्रेस इसका समर्थन नहीं करती है।”

इससे पहले शुक्रवार को पार्टी ने एक नई पोस्ट में कहा था, “जीएसटी दरों को लेकर मोदी के चुनावी हथकंडे पर हमारे तंज को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। अगर आपको ठेस पहुंची हो, तो हम क्षमा चाहते हैं।”

इस पूरे विवाद की जिम्मेदारी लेते हुए केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के सोशल मीडिया और डिजिटल सेल के प्रमुख वीटी बलराम ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बलराम केरल के थ्रिथला निर्वाचन क्षेत्र से दो बार के विधायक रह चुके हैं और पार्टी के डिजिटल मीडिया प्रकोष्ठ के प्रभारी थे।

***************************

 

बिहार में पढ़ाई, कमाई, सिंचाई की हालत बदतर : तेजस्वी यादव

पटना ,06 सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने शनिवार को एनडीए सरकार पर जुबानी हमला किया। उन्होंने कहा कि 20 वर्षों से भाजपा और जदयू सत्ता में हैं, फिर भी बिहार में शिक्षा, रोजगार और सिंचाई की हालत बदतर है।

पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने इंडिया गठबंधन की बैठक के संबंध में कहा कि हम लोग नेताओं से मिलते रहते हैं, बातचीत चलती रहती है। यह प्रक्रिया है, चलती रहती है।

उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि बिहार में 20 साल से एनडीए सत्ता में है, लेकिन बिहार में क्या है? बिहार में अपराध बढ़ गया है, भ्रष्टाचार चरम पर है। बिहार में न दवाई है, न पढ़ाई है, न सिंचाई है।

उन्होंने कहा कि देश में बिहार प्रति व्यक्ति आय में सबसे फिसड्डी है। किसानों की आय के मामले में बिहार पीछे है। कोई उद्योग धंधा नहीं है। अब जब चुनाव का समय आया है, तो ये हमारी नकल कर रहे हैं। एक उद्योग कारखाना क्यों नहीं है? पहले ये लोग बात क्यों नहीं करते थे?

माई बहिन योजना के फॉर्म को लेकर फर्जीवाड़ा कहने पर तेजस्वी यादव ने कहा कि लोग स्वेच्छा से फॉर्म भर रहे हैं। इसमें क्या गलत है? भाजपा-जदयू की हालत खराब है, ये लोग हिले हुए हैं।

इससे पहले, राजद नेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने एनडीए की सरकार पर पिछले 20 वर्षों में राज्य की दो पीढिय़ों को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए दस सवाल पूछे।

तेजस्वी यादव ने एनडीए पर हमला करते हुए कहा है कि बिहार के मुख्यमंत्री के 20 वर्षों और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ उनकी 11 वर्षों की डबल इंजन सरकार ने बिहार की दो पीढिय़ों का जीवन बर्बाद किया है।

उन्होंने दस सवालों की एक सूची जारी की है, जिसमें मतदाताओं से आग्रह किया गया है कि जब सत्ताधारी गठबंधन एनडीए के नेता वोट मांगने आएं, तो उनसे गरीबी, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और राज्य की जर्जर स्थिति जैसे बुनियादी मुद्दों पर सवाल पूछें।

**************************

 

लैंडस्लाइड से एनएच और भरमौर की सड़कें बंद, यातायात प्रभावित

हिमाचल प्रदेश ,06 सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भूस्खलन ने एक बार फिर जनजीवन को प्रभावित किया है। बत्ती के हट्टी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर हुए भूस्खलन के कारण सड़क पूरी तरह से बंद हो गई है, जिससे यातायात ठप्प पड़ गया है।

आम लोगों को इस वजह से काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, मौके पर पहुंचे विधायक जनकराज ने स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को तुरंत सड़क खोलने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रशासन और संबंधित विभाग दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द राहत मिल सके।

इसके अलावा, भरमौर क्षेत्र में भी कई जगहों पर भूस्खलन की वजह से सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। इससे स्थानीय लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। लोग अपनी सुरक्षा को खतरे में डालकर यात्रा करने को मजबूर हैं।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण पहाड़ों से मिट्टी और पत्थर गिर रहे हैं, जिससे सड़कें खतरनाक हो गई हैं। उनका कहना है कि यह स्थिति उनके दैनिक जीवन को मुश्किल बना रही है।

विधायक जनकराज ने लोगों से धैर्य रखने की अपील की और बताया कि प्रशासन पूरी ताकत के साथ सड़कों को बहाल करने में जुटा है।

उन्होंने कहा कि मशीनरी और कर्मचारियों को तैनात किया गया है, लेकिन मौसम की मार से काम में देरी हो सकती है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में और बारिश की चेतावनी जारी की है, जो राहत कार्यों को और चुनौतीपूर्ण बना सकती है।

पुलिस और आपदा प्रबंधन टीम मौके पर सक्रिय हैं। वे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में मदद कर रहे हैं।

अधिकारियों के अनुसार, सड़कें खोलने का प्रयास तेजी से चल रहा है, लेकिन भूस्खलन के खतरे को देखते हुए सावधानी बरती जा रही है।

स्थानीय लोग सरकार से मांग कर रहे हैं कि उन्हें मुआवजा दिया जाए और सड़कों की हालत बेहतर की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी परेशानियां न हों।

***************************

 

राजस्थान के सभी जिलों में होगा क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण : आरसीए

जयपुर ,06 सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) की वार्षिक आम बैठक (एजीएम)एसएमएस स्टेडियम में आयोजित की गई। बैठक में राज्य में क्रिकेट के भविष्य को लेकर अहम फैसले लिए गए।

एडहॉक समिति के संयोजक डी.डी. कुमावत ने बताया कि दो वर्षों में पहली बार सभी 33 जिलों के क्रिकेट संघों के प्रतिनिधि एक मंच पर एकत्रित हुए। बैठक के अहम निर्णयों में एक जयपुर के चॉम्प में नए अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण में तेजी लाना था।

वार्षिक आम बैठक (एजीएम) ने नवगठित जिलों में हुए चुनावों के साथ-साथ पिछली एडहॉक और अन्य समितियों द्वारा लिए गए सभी निर्णयों को रद्द करने का निर्णय लिया। साथ ही राजस्थान के सभी 33 जिला क्रिकेट केंद्रों में स्टेडियम विकसित किए जाने की घोषणा की गई।

कुमावत ने कहा, इस कदम से राज्य भर के उभरते क्रिकेटरों को विश्व स्तरीय सुविधाएं मिलेंगी, जिससे वे उचित खेल मैदानों पर प्रशिक्षण और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।

एडहॉक समिति के सदस्य आशीष तिवारी की अध्यक्षता में इसके लिए एक समिति का गठन किया गया है।
बैठक के दौरान, राजस्थान के दिवंगत अंतरराष्ट्रीय टेस्ट खिलाड़ी हनुमंत सिंह, पार्थसारथी शर्मा और सलीम दुर्रानी को श्रद्धांजलि दी गई।

बीसीसीआई और राजस्थान क्रिकेट में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पूर्व प्रशासकों महाराणा भगवत सिंह, पी.एम. रूंगटा, राज सिंह डूंगरपुर, कमल मोरारजी, किशन रूंगटा, मानवेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह राठौर, अशोक ओहरी और राकेश अग्रवाल शामिल को याद किया गया। साथ ही राजस्थान क्रिकेट में सामने आई सभी वित्तीय अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की घोषणा भी की गई।

राजस्थान क्रिकेट संघ के नए चुनाव कराने की तैयारी जल्द शुरू होगी। इसकी शुरुआत जिलों में चुनाव से होगी। आरसीए ने संरचनात्मक सुधारों, बुनियादी ढांचे के विकास और राज्य भर में जमीनी स्तर पर क्रिकेट को मजबूत करने पर नए सिरे से ध्यान केंद्रित करने का मार्ग प्रशस्त किया है।

*************************

 

कांग्रेस बिहार के लोगों को हीन दृष्टि से देखती है : अमित मालवीय

नई दिल्ली ,06 सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने कांग्रेस और उसके नेताओं पर बिहार की जनता का अपमान करने का गंभीर आरोप लगाया।

मालवीय ने कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत के एक बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस बिहार के लोगों को हीन दृष्टि से देखती है। इस पोस्ट के साथ उन्होंने सुप्रिया श्रीनेत के बयान का वीडियो भी शेयर किया।

अमित मालवीय ने एक्स पोस्ट में लिखा, बिहार के लोग मेहनतकश हैं, ईमानदार हैं और अपने पसीने से इस देश की मिट्टी को सींचते हैं। लेकिन कांग्रेस और उसके नेताओं की नजर में वे गंदे कपड़े पहनने वाले, इन्फेक्शन फैलाने वाले और एक अस्पृश्य समाज की तरह हैं।

कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने राहुल गांधी के त्याग का बखान करते हुए कहा कि वे बिना किसी डर के बिहार के लोगों से हाथ मिला रहे थे, गले लगा रहे थे और माथा चूम रहे थे। जरा सोचिए- बिहार की जनता को किस हीन दृष्टि से देखा जा रहा है!

उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि क्या जनता से मिलना और गले लगना किसी एहसान की तरह बताया जाएगा? कांग्रेस को याद रखना चाहिए- लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरि है।

नेताओं को जनता के समर्थन और वोट की ज़रूरत है, न कि जनता को नेताओं की। यह सामंती मानसिकता, यह रजवाड़ों वाली सोच अब ख़त्म होनी चाहिए।

बिहार को न राहुल गांधी जैसे युवराज चाहिए और न तेजस्वी जैसे वारिस, जो जनता से मिलने के बाद उनकी ही बेइज्जती करें, उनके जीवन स्तर का मजाक उड़ाएं।

अमित मालवीय ने आगे लिखा, बिहार की जनता सम्मान की हकदार है, दया की नहीं।

वीडियो में सुप्रिया श्रीनेत को यह कहते सुना गया कि बिहार में लोग पसीने से तरबतर हैं, उनके कपड़े साफ नहीं दिख रहे हैं, फिर भी राहुल गांधी उनसे गले मिल रहे हैं और उनका माथा चूम रहे हैं।

**************************

 

गुजरात के पावागढ़ में बड़ा हादसा, मंदिर का कंस्ट्रक्शन रोपवे टूटने से 6 लोगों की मौत, कई घायल

पंचमहल 06 सितंबर , (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। गुजरात के पंचमहल जिले में स्थित प्रसिद्ध पावागढ़ शक्तिपीठ में शनिवार को एक बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया।

मंदिर में चल रहे निर्माण कार्य के लिए सामग्री ले जा रहा एक मालवाहक रोपवे (रोपवे) टूटकर नीचे गिर गया, जिससे दो लिफ्ट ऑपरेटरों समेत छह लोगों की मौत हो गई। हादसे में चार अन्य लोगों के घायल होने की भी खबर है।

दोपहर 3.30 बजे हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे हुई। रोपवे कंस्ट्रक्शन का सामान लेकर पहाड़ी पर मंदिर की ओर जा रहा था, जब प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसकी रस्सी टूट गई और यह हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रशासन ने 6 मौतों की पुष्टि की

पंचमहल के डीएसपी डॉ. हर्ष दुधात ने हादसे में छह लोगों की मौत की पुष्टि की है। वहीं, पंचमहल के डीएम ने बताया कि मृतकों में दो लिफ्टमैन, दो श्रमिक और दो अन्य लोग शामिल हैं।

प्रशासन के सभी वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

जिला प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है, ताकि यह पता चल सके कि हादसे के पीछे तकनीकी खराबी थी या कोई लापरवाही।

**********************