सूरत में आफत की बारिश, हर तरफ तबाही का मंजर

घरों में चार फीट तक पानी घुसा

सूरत,25 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भारी बारीश ने सूरत शहर समेत जिले के कई तालुकाओं में कहर बरपाया है, जिसके चलते शहर के कई इलाकों में जल भराव की स्थिति हो गई हैं. हर तरफ तबाही का मंजर दिख रहा है. सूरत जिले में पिछले चार दिनों से भारी बारिश हो रही है, जिसके कारण जन-जीवन प्रभावित हो गया है और हर जगह पानी भर गया है. लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है.

सूरत जिले के पलसाना तालुका के कई गांवों में बारिश का पानी भरने से स्थिति गंभीर हो गई है. कारेली गांव की सीमा में स्थित रुद्राक्ष रेजीडेंसी, राही रेजीडेंसी, स्वास्तिक और सावनविला समेत कई सोसायटी में पानी भर गया है. भारी बारिश के कारण जिले के नदी-नालों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है.

वहीं, कई सोसायटी में फंसे लोगों को बचाने के लिए तालुका विकास अधिकारी ने बारडोली फायर ब्रिगेड को सूचना दी. बारडोली फायर ब्रिगेड और पुलिस ने फंसे हुए लोगों को ट्रैक्टरों की मदद से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया है. पलसाना के पुलिस इंस्पेक्टर समेत अधिकारी मौके पर पहुंच कर राहत और बचाव कार्य में जुट गए हैं. स्थानीय प्रशासन भी स्थिति पर नजर रखे हुए है.

सूरत के सरथाणा इलाके में खाड़ी में पानी का स्तर बढने से सरथाणा विस्तार में लोगों के घरों में चार-चार फीट पानी घुस गया, लोगों को अपने घरों से जरूरी सामान लाने के लिए भी ट्रैक्टरों का सहारा लेना पड़ रहा है.

सुरत की अक्षरधाम सोसायटी मे जलभराव की स्थिति बनी हुई है. यहां लोगों के घरों में 2-2 फीट पानी भर गया है, जिससे घरों में रखे सामान को भी काफी नुकसा हुआ है, वहीं कई लोग घरेलू वस्तुओं को हुए नुकसान से काफी मायूस दिखे और प्रशासन के प्रति नाराजगी व्यक्त की.
सूरत नगर निगम की डिप्टी कमिश्नर स्वाति देसाई ने कहा, हमने यहां बैरिकेड्स लगा दिए हैं.

बारिश के कारण नदी-नालों में पानी का स्तर बढ़ गया है, हमारे निगम की स्वास्थ्य और इंजीनियरिंग टीम इस पर नजर रख रही है. हमारी टीम ने जल निकासी, सफाई और शेल्टर होम में रहने वाले लोगों की वापसी सुनिश्चित करने के लिए पूरी तैयारी कर ली है. शेल्टर होम में रहने वाले लोगों को खाद्य सामग्री भी मुहैया कराई जा रही है.

सूरत शहर में भारी बारिश के कारण मौजूदा स्थिति को देखते हुए, नगर आयुक्त द्वारा एकीकृत कमांड और नियंत्रण केंद्र में स्थिति की निगरानी की जा रही है, और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. सूरत नगर निगम ने सोशल मीडिया एक्स पर इस बारे में जानकारी दी.

सूरत नगर निगम आयुक्त शालिनी अग्रवाल ने लिंबायत क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया और नागरिकों से बातचीत की. घुटने तक पानी में चल कर कमिशनर ने ग्राउंड जीरो पर जाकर स्थिति का जायजा लिया. इस बीच, बारिश के पानी से प्रभावित कई लोगों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है. भारी बारिश को देखते हुए, ग्राम पंचायतों की मदद से बारडोली तालुका के ग्रामीण इलाकों में भोजन वितरित किया गया.

***************************

क्या सासंद शशि थरूर के खिलाफ कार्रवाई करेगी कांग्रेस? मल्लिकार्जुन खडग़े ने दिया जवाब

नईदिल्ली,25 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। कांग्रेस सांसद शशि थरूर पिछले काफी समय से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा कर रहे हैं। वह ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत के कूटनीतिक संपर्क के प्रमुख चेहरों में से एक भी बन गए हैं।

इस बीच जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े से पूछा गया कि क्या कांग्रेस इस मामले में थरूर के खिलाफ कोई कार्रवाई करेगी तो उन्होंने ऐसा नहीं किए जाने का संकेत दिया। उन्होंने कहा एक पार्टी में अलग-अलग राय रखने वाले सदस्य हो सकते हैं।

नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में खडग़े ने थरूर पर कटाक्ष करते हुए कहा, मुझे अंग्रेजी पढऩा नहीं आता, लेकिन उनकी (थरूर) अंग्रेजी पर अच्छी पकड़ है। यही वजह है कि हमने उन्हें कांग्रेस कार्यकारी समिति (सीडब्ल्यूसी) का सदस्य बनाया।

उन्होंने कहा, पूरा विपक्ष कहता है कि हम अपनी सेना, सैनिक और ऑपरेशन सिंदूर के साथ हैं। हमारे लिए राष्ट्र पहले है, लेकिन कुछ लोग कहते हैं मोदी पहले और राष्ट्र बाद में, तो हम क्या कर सकते हैं?

तिरुवनंतपुरम सांसद के खिलाफ कांग्रेस के कोई कार्रवाई करने के सवाल पर खडग़े ने कहा, लोग जो महसूस करेंगे, वही लिखेंगे, हम उसमें शामिल नहीं होना चाहते। हम देश के लिए एकता चाहते हैं और हम देश के लिए लड़ते रहेंगे।

उन्होंने कहा, करीब 34 सीडब्ल्यूसी सदस्य और 30 विशेष आमंत्रित सदस्य हैं, जिनमें प्रत्येक के अपने विचार हैं। वह जो कह रहे हैं, वह उनकी निजी राय को दर्शाता है। हमारा ध्यान देश को बचाने पर है।

थरूर पर सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, आप जिस तरह से चाहें व्याख्या कर सकते हैं, आप क्या चाहते हैं कि किसी को पार्टी से बाहर निकाल दिया जाए।

एक पार्टी में अलग-अलग राय रखने वाले सदस्य हो सकते हैं और ऐसा होना भी चाहिए। यही कांग्रेस पार्टी की खूबसूरती है। हालांकि, जब पार्टी स्तर पर कोई अंतिम निर्णय लिया जाता है, तो सभी को उसका पालन करना चाहिए।

बता दें कि सांसद थरूर ने ऑपरेशन सिंदूर और अमेरिकी मध्यस्थता के दावे के बीच भारत-पाकिस्तान संघर्ष विराम पर अलग रुख अपनाया था। वह कांग्रेस के विचारों से अलग था। उन्होंने इस पूरे मामले में प्रधानमंत्री मोदी और उनके प्रयासों की प्रशंसा की है।

इसके चलते वह अपनी ही पार्टी के सहयोगियों के निशाने पर आ गए हैं। पवन खेड़ा और उदित राज समेत कई कांग्रेस नेताओं ने विदेश गए प्रतिनिधिमंडल में थरूर के चयन पर निशाना साधा था।

****************************

 

चुनाव आयोग ने जन सुराज पार्टी को आवंटित किया चुनाव चिह्न

स्कूल बैग के निशान पर ताल ठोकेंगे सभी 243 प्रत्याशी

पटना,25 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। चुनाव आयोग ने जन सुराज पार्टी को आगामी चुनावों के लिए स्कूल बैग चुनाव चिह्न आवंटित किया है। पार्टी के सभी 243 प्रत्याशी इस निशान पर चुनाव मैदान में उतरेंगे।

जन सुराज पार्टी ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि स्कूल बैग शिक्षा और प्रगति का प्रतीक है, जो उनकी विचारधारा को दर्शाता है।

बता दें कि जन सुराज बिहार में एक उभरता हुआ राजनीतिक दल है, जिसकी स्थापना प्रशांत किशोर ने की है। प्रशांत किशोर, जिन्हें पीके के नाम से भी जाना जाता है, एक प्रसिद्ध राजनीतिक रणनीतिकार रहे हैं, जिन्होंने कई बड़े नेताओं के लिए चुनावी रणनीति बनाई।

2015 में उन्होंने नीतीश कुमार और लालू यादव को मिलाकर बिहार में महागठबंधन की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।

सियासी रणनीतिकार के रूप में लंबा समय बिताने के बाद प्रशांत किशोर खुद सक्रिय राजनीति में उतर गए और जन सुराज पार्टी की स्थापना की। प्रशांत किशोर के मुताबिक, जन सुराज पार्टी का मुख्य उद्देश्य बिहार में शिक्षा, रोजगार और प्रशासनिक सुधारों पर जोर देना है।

पार्टी सभी 243 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लडऩे की तैयारी कर रही है, और वह फिलहाल किसी गठबंधन में नहीं है। प्रशांत किशोर को पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए मुख्यमंत्री उम्मीदवार के रूप में पेश किया है, और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह (पप्पू सिंह) ने दावा किया है कि किशोर बिहार में सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री उम्मीदवार हैं।

प्रशांत किशोर और उनकी जन सुराज पार्टी बिहार की राजनीति में तीसरे विकल्प के रूप में उभरने की कोशिश कर रहे हैं, जो नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले एनडीए और तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले महागठबंधन के खिलाफ है।

किशोर दोनों नेताओं की नीतियों और शासन की आलोचना करते हैं, और बिहार में शिक्षा, रोजगार और सुशासन को बढ़ावा देने का दावा करते हैं। उनकी आक्रामक रणनीति और बयानबाजी बिहार के आगामी विधानसभा चुनाव में एक रोचक राजनीतिक मुकाबले का संकेत देती है।

बता दें कि निर्वाचन आयोग ने प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के अलावा अन्य दलों को भी चुनाव चिह्र आवंटित किए हैं। ये चुनाव चिह्न इन पार्टियों के लिए बिहार विधानसभा चुनावों के दौरान सभी 243 विधानसभा सीटों पर मान्य होंगे।

बता दें कि बिहार में आने वाले दिनों में विधानसभा चुनाव का ऐलान होना है और सभी पार्टियों ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है। पिछले विधानसभा चुनावों में मुकाबला बेहद करीबी था, हालांकि नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए ने सरकार बना ली थी।

*****************************

 

एक्सिओम-4 मिशन की सफल लॉन्चिंग पर प्रधानमंत्री मोदी ने दी शुभांशु शुक्ला को बधाई

नईदिल्ली,25 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। शुभांशु शुक्ला को अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (आईएसएस) ले जाने वाला एक्सिओम-4 मिशन सफलतापूर्वक लॉन्च हो गया है। अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित कैनेडी स्पेस सेंटर से यह मिशन स्पेस-एक्स के फाल्कन-9 रॉकेट की मदद से रवाना हुआ।

भारत, अमेरिका, हंगरी और पोलैंड के कुल 4 अंतरिक्ष यात्री इस मिशन का हिस्सा हैं। ग्रुप कैप्टन शुक्ला को इस मिशन में पायलट की भूमिका मिली है। इस मिशन की लॉन्चिंग के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम को एक्स पोस्ट में शुभकामनाएं दीं।

एक्स पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, हम इस अंतरिक्ष मिशन की सफल लॉन्चिंग का स्वागत करते हैं, जिसमें भारत, हंगरी, पोलैंड और अमेरिका के अंतरिक्ष यात्री शामिल हैं।

प्रधानमंत्री ने इसे भारत के लिए ऐतिहासिक बताया और कहा, भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन जाने वाले पहले भारतीय बनने की ओर बढ़ रहे हैं। यह मौका देश के लिए गर्व का क्षण है, क्योंकि 4 दशक बाद कोई भारतीय अंतरिक्ष जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पोस्ट में शुक्ला की ऐतिहासिक भूमिका की सराहना करते हुए कहा, वह अपने साथ 1.4 अरब भारतीयों की इच्छाएं, सपने और उम्मीदें लेकर गए हैं।

उन्होंने कहा कि यह केवल एक अंतरिक्ष मिशन नहीं, बल्कि भारत के भविष्य की ओर बढ़ाया गया एक मजबूत कदम है। प्रधानमंत्री ने आगे कहा, शुक्ला और अन्य अंतरिक्ष यात्रियों को इस अहम मिशन के लिए ढेरों शुभकामनाएं। बता दें, कल शाम करीब 04:30 बजे शुक्ला आईएसएस पहुंच जाएंगे।

***************************

 

ऑपरेशन सिंदूर में रही अडाणी डिफेंस की भूमिका

ड्रोन-एंटी ड्रोन सिस्टम से सेना को मिली मदद

नईदिल्ली,24 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। अडाणी समूह के प्रमुख अरबपति गौतम अडाणी ने ऑपरेशन सिंदूर में समूह की भूमिका को लेकर जानकारी दी है। एक वीडियो में उन्होंने बताया कि कैसे अडाणी डिफेंस ने इस अभियान में सेना का साथ दिया।

यह अभियान 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में शुरू हुआ था। अडाणी ने भारतीय सशस्त्र बलों के साहस की सराहना की और कहा कि डिफेंस टेक्नोलॉजी में देश की जरूरतों को पूरा करना उनका कर्तव्य है।

अडाणी ने कहा, ऑपरेशन सिंदूर में अडाणी डिफेंस के ड्रोन और एंटी-ड्रोन सिस्टम अग्रिम मोर्चे पर तैनात किए गए थे। उन्होंने बताया कि हमारे ड्रोन निगरानी करने के साथ-साथ हमले की ताकत भी बने।

एंटी-ड्रोन सिस्टम ने सेना और नागरिकों की रक्षा में अहम भूमिका निभाई। अडाणी ने कहा कि हम वहां काम करते हैं जहां भारत को हमारी सबसे ज्यादा जरूरत होती है और हमारा मकसद सिर्फ व्यापार नहीं, बल्कि देश की सेवा करना है।

अडाणी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमारे वर्दीधारी जवान सिर्फ शोहरत या पदक के लिए नहीं, बल्कि कर्तव्य के लिए डटे रहे। उन्होंने कहा कि शांति कभी मुफ्त नहीं मिलती, उसे अर्जित करना पड़ता है।

भारत को शांति बनाए रखने की कीमत अच्छी तरह पता है, लेकिन यदि कोई आंख दिखाए तो देश जवाब देना भी जानता है। उन्होंने कहा कि सपनों को साकार करने की आज़ादी उन्हीं के कंधों पर टिकी है जो इसकी रक्षा करते हैं।

अडाणी ने एयर इंडिया ड्रीमलाइनर दुर्घटना के पीडि़तों को भी श्रद्धांजलि दी। यह हादसा 12 जून को अहमदाबाद में हुआ था, जिसमें जमीन पर मौजूद लोगों समेत 250 से अधिक लोगों की जान चली गई।

उन्होंने कहा कि इस हादसे ने कई सपनों को एक पल में खामोश कर दिया। अडाणी ने सभी मृतकों के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि यह हादसा पूरे देश के लिए एक भावनात्मक क्षति है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।

****************************

 

22 मिनट में दुश्मन ढेर, मेड इन इंडिया हथियारों की ताकत साबित हुई: पीएम मोदी

नई दिल्ली,24 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने पूरी दुनिया के सामने यह स्पष्ट कर दिया है कि भारत आतंकवाद के खिलाफ अब कठोर और निर्णायक नीति अपना चुका है.

उन्होंने यह बात श्री नारायण गुरु और महात्मा गांधी के बीच ऐतिहासिक संवाद की 100वीं वर्षगांठ के अवसर पर विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में कही. प्रधानमंत्री ने कहा, हमने दुनिया को दिखा दिया है कि भारत के निर्दोष नागरिकों का खून बहाने वाले आतंकवादियों के लिए अब कोई भी ठिकाना सुरक्षित नहीं है. आज का भारत वही करता है जो राष्ट्रहित में उचित और संभव हो.

प्रधानमंत्री ने बताया कि भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान मेड इन इंडिया हथियारों का उपयोग करते हुए केवल 22 मिनट में दुश्मनों को घुटनों पर ला दिया. यह जवाबी कार्रवाई पाहलगाम में आतंकियों द्वारा आम नागरिकों की हत्या के बाद की गई थी. मोदी ने कहा, ऑपरेशन सिंदूर ने दिखा दिया कि मेड इन इंडिया हथियार कितने प्रभावशाली हैं. मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में ये हथियार पूरी दुनिया में प्रसिद्ध होंगे.

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अब रक्षा जरूरतों के लिए विदेशी देशों पर निर्भर नहीं रहना चाहता. देश ने बीते 11 वर्षों में सामाजिक, आर्थिक और सैन्य क्षमताओं को मज़बूती देने की दिशा में तेज़ी से काम किया है. उन्होंने जोड़ा, हम ‘आत्मनिर्भर भारत’ की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. आज हमारा लक्ष्य सिर्फ सुरक्षा नहीं, बल्कि सुरक्षा में स्वदेशी समाधान भी है.

मोदी ने अपनी सरकार की जनकल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आवास, शुद्ध पेयजल, और स्वास्थ्य बीमा जैसी योजनाओं से गरीब और वंचित वर्गों को वास्तविक सशक्तिकरण मिला है. उन्होंने यह भी बताया कि बीते 11 वर्षों में सरकार ने सबसे अधिक आईआईटी, आईआईएम और एम्स स्थापित किए हैं, जिससे उच्च शिक्षा और चिकित्सा सुविधाओं के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है.

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उनकी सरकार श्री नारायण गुरु के उन विचारों पर चल रही है, जो एक भेदभाव रहित, समावेशी और सशक्त भारत की कल्पना करते थे, हमारा लक्ष्य वही भारत है जिसकी कल्पना श्री नारायण गुरु और महात्मा गांधी ने की थी — एक ऐसा भारत जो सशक्त भी हो.

*******************************

 

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का आज से तीन दिवसीय उत्तराराखंड दौरा

सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद

हल्द्वानी (उत्तराखंड),24 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ 25 जून से तीन दिवसीय दौरे पर नैनीताल आ रहे हैं. उपराष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं. उपराष्ट्रपति कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल के 50 वर्ष पूर्ण होने पर आयेाजित समारोह के अतिरिक्त अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे.

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ कुमाऊं विश्वविद्यालय की फैकल्टी के साथ संवाद करेंगे और शेरवुड कॉलेज में विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे. ऐसे में नैनीताल के विभिन्न हिस्सों में सुरक्षा एजेंसियों द्वारा रिहर्सल और सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है.

आईजी नीलेश आनंद भरणे ने जानकारी दी कि उपराष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए 400 से अधिक पुलिसकर्मी तीन कंपनी पीएसी, एक कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स, इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी), एटीएस और ड्रोन सर्विलांस समेत सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं.

उन्होंने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक ना हो, इसके लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है. उपराष्ट्रपति के कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

स्थानीय प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रबंधन भी उपराष्ट्रपति की मेजबानी को लेकर व्यापक तैयारियों में जुटा है. नैनीताल में यातायात व्यवस्था, ठहराव स्थल और सभास्थलों पर सुरक्षा और सुविधा दोनों सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं.

उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट हो गया है. उपराष्ट्रपति के साथ जिले से तीन डॉक्टर हर समय साथ में रहेंगे. बीडी पांडे अस्पताल, डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय अस्पताल और सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल को प्रोटोकॉल सेवाओं के लिए सेफ हाउस बनाया गया है.

सीएमओ डॉ. हरीश चंद्र पंत ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से पूरी तैयारियां हैं. इसके अलावा सुशीला तिवारी अस्पताल और हल्द्वानी के निजी अस्पताल को भी रिजर्व किया गया है.

बता दें कि सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए सोमवार को पुलिस अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक और सुरक्षा ब्रीफिंग आयोजित की गई, जिसमें आईजी लॉ एंड ऑर्डर नीलेश आनंद भरणे, आईजी कुमाऊं रिद्धिमा अग्रवाल एसएसपी नैनीताल प्रह्लाद नारायण मीणा व अन्य उच्चाधिकारी शामिल रहे.

*******************************

भारत की बड़ी योजना: पानी के अंदर लगेगा स्मार्ट सेंसर, सुनामी और भूकंप का पता चलेगा

नई दिल्ली,24 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)सुनामी और भूकंप का पहले से पता लगाने के लिए भारत एक बड़ी योजना पर काम कर रहा है।

इसके तहत एक स्मार्ट सेंसर बनाया जा रहा है, जो हिंद महासागर में 275 किलोमीटर लंबे केबल के साथ पानी के अंदर सुनामी और भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली को विकसित करेगा।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह प्रणाली कामयाब हुई तो भूकंपीय गतिविधि, पनडुब्बी भूस्खलन और गहरे समुद्र के खतरे का पता लगाने का तरीका बदल देगा।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह योजना अभी प्रस्ताव के लिए अनुरोध के चरण में है। इस पर हैदराबाद का भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (इनकॉइस) काम कर रहा है।

इनकॉइस के निदेशक टीएम बालकृष्णन नायर कहते हैं कि अभी इस क्षेत्र की निगरानी सुनामी बुओ से होती है, लेकिन डाटा इनकॉइस में भारतीय सुनामी प्रारंभिक चेतावनी केंद्र को भेजा जाता है। नायर कहते हैं कि बुओ को बनाए रखना चुनौतीपूर्ण है, इसलिए यह प्रणाली अधिक विश्वसनीय होगी।

पानी के अंदर सेंसर युक्त संचार केबल को अंडमान द्वीप समूह से भूकंपीय रूप से सक्रिय अंडमान-निकोबार सब-डक्शन जोन तक हिंद महासागर में 2,500 मीटर की गहराई तक बिछाया जाएगा।

केबल में बॉटम प्रेशर रिकॉर्डर, सीस्मोमीटर, टिल्ट मीटर और हाइड्रोफोन युक्त सेंसर का सेट होगा, जिससे भूकंपीय गतिविधि, समुद्र के नीचे भूस्खलन और अचानक दबाव में बदलाव की निगरानी होगी। अंडमान द्वीप में तटीय स्टेशन भी बनेगा और अलर्ट के लिए संचार केबल हैदराबाद में डेटा प्रोसेसिंग सेंटर से जुड़ेगा।

*************************

 

गोलियों की गूंज से दहली दिल्ली! मोबाइल लूटकर मर्डर करने वाला बदमाश गिरफ्तार

अपराध जगत से 

नई दिल्ली,24 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। नॉर्थ दिल्ली इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है. जिसमें पुलिस और बदमाशों के बीच कई राउंड गोलियां भी चली. पुलिस ने बीतों दिनों अशोक विहार में हुई लूट और मर्डर केस में फरार चल रहें आरोपी को पकडऩे में कामयाबी हालिस हुई. बताया जा रहा है कि बदमाश के पैर में गोली लगी है. जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है.

उत्तर-पश्चिम जिले के वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार रात एक बड़ी मुठभेड़ के दौरान स्पेशल स्टाफ की टीम ने अशोक विहार मर्डर केस में वांटेड चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. यह मुठभेड़ प्रेमबाड़ी पुल के पास नहर के किनारे हुई, जहां पुलिस और बदमाशों के बीच तीन राउंड फायरिंग हुई.

इंस्पेक्टर सोमवीर सिंह के नेतृत्व में स्पेशल स्टाफ की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी इस इलाके में आने वाला है. टीम ने इलाके में जाल बिछाया और जैसे ही बदमाश मौके पर पहुंचा, पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी, जिसके बाद उसे काबू में किया गया.

आरोपी पर आरोप है कि उसने 10 जून की रात को अशोक विहार इलाके में लूटपाट का विरोध करने पर 45 वर्षीय दर्जी अमित की प्रेमबाड़ी पुल के पास मोबाइल लूटकर हत्या कर दी थी. इस मामले में तीन नाबालिग पहले ही पकड़े जा चुके हैं, जबकि एक बदमाश फरार था.

घायल हालत में आरोपी को पास के ताला बी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी.

*******************************

 

ईरान-इजराइल युद्ध के चलते अबतक 48 फ्लाइट्स रद्द, कई शहरों से उड़ानें प्रभावित

नई दिल्ली,24 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। ईरान-इजराइल वॉर का असर हवाई सफर पर भी नजर आने लगा है. दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कल रात से फ्लाइटें बुरी तरह से प्रभावित हुई हैं. हवाई अड्डे के सूत्रों के अनुसार दिल्ली एयरपोर्ट आने वाली और जाने वाली 48 उड़ानें कैंसिल की गई है

प्रभावित सेवाओं में 28 आगमन वाली उड़ानें और 20 जाने वाली उड़ानें शामिल हैं, जिसमें एयर इंडिया और इंडिगो को खामियाजा भुगतना पड़ा है. एयर इंडिया की 17 आगमन और 10 प्रस्थान रद्द कर दी गई है. जबकि इंडिगो ने 8 आगमन और 7 प्रस्थान उड़ानें रद्द कीं हैं.

वहीं इंटरनेशनल एयरलाइनों ने 3 आगमन और 3 प्रस्थान रद्द किए हैं. इस बीच, कतर और खाड़ी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण सोमवार को देश के कई हवाई अड्डों से उड़ान संचालन बाधित हुआ.

इसमें अहमदाबाद में (एसवीपीआईए), तिरुवनंतपुरम अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा और मंगलुरु अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा शामिल थे. इसके अलावा, लखनऊ में चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे और केरल में कोचीन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे ने भी यात्रियों को संभावित देरी और कैंसिलेशन के बारे में एडवाइजरी जारी की.

एक बयान में, कोचीन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे ने परिचालन कारणों से कई उड़ानों के परिचालन में व्यवधान की पुष्टि की. इन सभी हवाईअड्डों के अधिकारियों ने यात्रियों को हवाईअड्डे पर जाने से पहले अपनी एयरलाइनों के साथ उड़ान की स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी है और इस दौरान उनका सहयोग मांगा है.

यह उस महत्वपूर्ण तनाव के बाद आया है जो ईरान द्वारा कतर और इराक में अमेरिकी सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर कई मिसाइलों का प्रक्षेपण करने के बाद सामने आया है. ईरान द्वारा यह कदम रविवार की सुबह तीन ईरानी परमाणु संयंत्रों – नतांज, इस्फ़हान और फ़ोर्डो – पर अमेरिकी हवाई हमलों के बाद उठाया गया.

****************************

 

मानसून से पहले दिल्ली सरकार ने चलाया सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का अभियान

एक दिन में 3,400 गड्ढों को भरने का लक्ष्य 

नई दिल्ली,24 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। दिल्ली सरकार की तरफ से मंगलवार को आगामी मानसून के मद्देनजर सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का बड़ा अभियान चलाया गया. इसके तहत पीडब्ल्यूडी की ओर से 3400 गड्ढों को भरने का काम किया जा रहा है.

ऐसे में जब इसे लेकर पड़ताल की गई, तो लक्ष्मी नगर के विकास मार्ग पर गड्ढा भरने का काम होता हुआ मिला. वहीं, शाहदरा, चितरंजन पार्क, साउथ दिल्ली, महरौली, नई दिल्ली, बाहरी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली सहित अन्य जगहों पर सड़कों के गड्ढे भरने का काम सुबह से ही जारी है.

इस दौरान विकास मार्ग पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां पर काफी समय से गड्ढे थे, लेकिन इसकी तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा था. लेकिन, अब इन गड्ढों को भर दिया गया है. यह अच्छा कदम है. इससे यहां जलभराव नहीं होगा और लोगों को आने-जाने में परेशान नहीं होगी.

उधर विकास मार्ग पर स्थित मंदिर के पुजारी ने बताया कि यहां काफी समय से मंदिर के सामने गड्ढा था, जिससे श्रद्धालुओं को आने जाने में दिक्कत होती थी, लेकिन अब लोगों को आने-जाने में सहूलियत होगी. इससे पहले दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा था कि लोक निर्माण विभाग मानसून से पहले 1,400 किलोमीटर से अधिक सड़कों पर एक दिन के भीतर 3,400 गड्ढों को भरकर सुरक्षित और सुगम बनाएगा.

मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि यह अभियान सिर्फ सड़कों की मरम्मत का नहीं है, यह दिल्ली की जनता के प्रति हमारी जवाबदेही का प्रतीक है. मैं हर इंजीनियर, सुपरवाइजर और मजदूर से यही कहता हूं यह दिन सिर्फ काम का नहीं, सेवा का है.

गड्ढा भरना सिर्फ कोलतार डालना नहीं है, यह उस नागरिक के लिए राहत है जो हर दिन इन सड़कों से गुजरता है. जब सिस्टम जवाबदेह होता है, तो काम भी टिकाऊ होता है. पीडब्ल्यूडी ने अब तक 150 किलोमीटर सड़क बना दी है.

साकेत इलाके के प्रेस एन्क्लेव में सड़कों पर गड्ढे भरने के काम का निरीक्षण करने पर दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा, हमारी प्रतिबद्धता दिल्ली के लोगों को अच्छी सड़कें देने की है. हमने एक दिन में 3400 गड्ढे भरने का बीड़ा उठाया है और सुबह 11 बजे तक हमने उनमें से 50त्न भर दिए गए हैं.

हम शाम तक सभी गड्ढे भर देंगे. एक गड्ढा भरने में करीब 20 मिनट लगते हैं. सड़कों का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है – हमने 150 किलोमीटर लंबी सड़कें बनाई हैं और इस साल 500 किलोमीटर का लक्ष्य रखा है.

पिछली सरकार ने घटिया गुणवत्ता वाली सड़कें बनाईं. हम सभी सड़कों की रीकार्पेटिंग करेंगे. जहां भी जलभराव हुआ, पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई और डीडीए की हमारी टीमों ने उस पर काम किया. हम विश्लेषण कर रहे हैं कि जलभराव क्यों होता है.

*****************************

 

हैदराबाद में ड्रग्स तस्करी के इंटरनेशनल रैकेट का भंडाफोड़, नाइजीरियाई समेत दो गिरफ्तार

हैदराबाद,24 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। तेलंगाना एंटी-नारकोटिक्स ब्यूरो ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हैदराबाद और गोवा में सक्रिया एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है. इसके तार विदेशों से जुड़े हैं. जांच एजेंसी ने रविवार को एक नाइजीरियाई नागरिक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया.

अधिकारियों ने पकड़े गए आरोपियों के पास से 30 लाख रुपये की कीमत की 107 ग्राम कोकीन और छह मोबाइल फोन जब्त किए. राजेंद्रनगर के डीसीपी चिंतामनेनी श्रीनिवास ने सोमवार को इस बारे में जानकारी दी.

पुलिस के अनुसार नाइजीरियाई नागरिक मैक्स उर्फ प्रिंसवेल उर्फ गेब्रियल इस सिंडिकेट के पीछे का मास्टरमाइंड है. वह विदेशों से भारत में ड्रग्स लाने और उन्हें आजीविका के अवसरों की तलाश में देश में आने वाले नाइजीरियाई और अफ्रीकियों को सौंपने के लिए जाना जाता है. 2022 में मैक्स ने एक अन्य नाइजीरियाई, चुकुमेका विजडम ओनेका उर्फ मेजर कार्टेल (22) को छात्र वीजा पर भारत भेजा. ओनेका ने गोवा में ड्रग्स ऑपरेशन का आधार बनाया.

अगले साल विक्टर एक और नाइजीरियाई हैदराबाद में मादक पदार्थों की बढ़ती मांग के बारे में जानने के बाद भारत आया. उसे साइबराबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया और उसके पास से 303 ग्राम कोकीन जब्त की गई. उसके बाद उसका पासपोर्ट रद्द कर दिया गया. जेल से रिहा होने के बाद भी विक्टर ने शहर में ड्रग्स सप्लायर्स और उपयोगकर्ताओं के साथ संपर्क बनाए रखा.

रायदुर्गम पुलिस ने मई 2023 में विक्टर को फिर से पकड़ा. इस बार एक स्थानीय रियल एस्टेट व्यवसायी और कार डीलर से उसके संबंध सामने आए. मणिकोंडा का व्यवसायी बोम्मादेवरा वीरराजू (32) कथित तौर पर अपने सहयोगी गोपीसेट्टी राजेश (40) के साथ ड्रग्स वितरण में शामिल था. वो मणिकोंडा का ही रहने वाला था.

31 मई को राजेश ने कथित तौर पर मंगलगिरी में फणीराज नाम के एक व्यक्ति को 15 ग्राम कोकीन बेची. गिरोह की गतिविधियों पर नजर रखने वाली टीजीएएनबी की टीमों ने मणिकोंडा में राजेश और वीरराजू को ड्रग्स सौंपते हुए विक्टर को रंगे हाथों पकड़ लिया.

जांच एजेंसी की पूछताछ के दौरान ड्रग्स तस्करी के जाल में फणीराज, पवित्र रेड्डी, सतीश, सदाशिव, सुधीर और भानु सहित कई अन्य नाम सामने आए. इन व्यक्तियों पर गिरोह से ड्रग्स खरीदने का संदेह है. विशेष टीमों ने उनके ठिकानों का पता लगाने के लिए तलाशी शुरू कर दी है, और उनके मोबाइल फोन वर्तमान में फोरेंसिक जांच के अधीन हैं.

****************************

 

माता वैष्णो देवी मार्ग पर भूस्खलन के बाद आवाजाही प्रभावित, बैटरी कार सेवा स्थगित

रियासी,24 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर के लिए बनाया गया नया हिमकोटि मार्ग सोमवार को तेज बारिश की वजह से भूस्खलन की चपेट में आ गया। इसका असर मंगलवार को भी दिखा।

रास्ते में मिट्टी और पत्थरों से श्रद्धालुओं को आने-जाने में समस्या हुई। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन बैटरी कार की सेवा स्थगित कर दी गई है। श्राइन बोर्ड के कर्मचारी पुलिस और प्रशासन की मदद से मार्ग को सुचारू कर रहे हैं।

नए मार्ग पर विपदा आने के बाद तीर्थ यात्रियों को पुराने मार्ग पर भेज दिया गया है। यहां से मंदिर तक के लिए यात्रा जारी है। नए हिमकोटि मार्ग पर सत्या व्यू प्वाइंट के निकट मार्ग पर भूस्खलन तब हुआ, जब क्षेत्र में तीर्थयात्रियों की आवाजाही नहीं थी।

इससे बड़ा हादसा टल गया। भूस्खलन का मलबा 30 फीट से अधिक मार्ग पर फैला हुआ है। मार्ग की सफाई के बाद बैटरी कार सेवा को बहाल किया जाएगा।

हिमकोटि मार्ग पर भूस्खलन का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें श्रद्धालु कीचड़ और मलबे के बीच से निकलते नजर आ रहे हैं। पहाड़ पर बारिश की वजह से हेलीकॉप्टर सेवा भी 5 दिन से स्थगित है।

इसके अलावा वैष्णो देवी के भवन से भैरव घाटी तक केबल कार की सेवा भी रोक दी गई है। यहां मार्ग पर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और सुरक्षा बलों के जवानों को अलर्ट पर रखा गया है।

********************************

 

ऑपरेशन सिंधु: ईरान और इजरायल संघर्ष के बीच 2,460 भारतीयों को सुरक्षित देश लाया गया

नईदिल्ली,24 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। ईरान और इजरायल में चल रहे युद्ध के बीच वहां फंसे भारतीय छात्रों और नागरिकों को ऑपरेशन सिंधु के जरिए वापस लाने का क्रम जारी है। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि ऑपरेशन सिंधु के तहत आईएएफ सी-17 विमान ने 165 भारतीय नागरिकों को इजराइल से निकाला गया।

विमान सुबह 8:45 बजे जॉर्डन के अम्मान से दिल्ली पहुंचा है। इसके अलावा मंगलवार को मशहद से एक विशेष उड़ान 292 भारतीय नागरिकों को ईरान से निकालकर दिल्ली लाया है।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि अब तक कुल 2,460 भारतीय नागरिकों को युद्ध ग्रस्त ईरान और इजरायल से निकाला जा चुका है। ईरान से कुल 2,295 भारतीय नागरिक और इजरायल से 165 नागरिक दिल्ली पहुंचे हैं।

सोमवार 23 जून को 290 भारतीयों को ईरान से दिल्ली लाया गया था, जिसमें एक श्रीलंकाई नागरिक भी शामिल था। मंगलवार को दिल्ली पहुंचे भारतीय नागरिकों का विदेश राज्य मंत्री डॉ एल. मुरुगन ने स्वागत किया।

मंगलवार तड़के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान-इजरायल के बीच युद्ध विराम की घोषणा की। उन्होंने कहा कि तेहरान के समय के अनुसार सुबह 7:30 बजे युद्ध विराम लागू होगा।

इससे कुछ मिनट पहले ईरान ने इजरायल पर अंतिम हमला किया और 15 बैलिस्टिक मिसाइल दागे, जिसमें 4 की मौत हुई। इसके बाद ईरान ने युद्ध विराम लागू होने की घोषणा की। ट्रंप ने कहा अब कोई उल्लंघन नहीं करेगा। इजरायल ने भी युद्ध विराम समझौता स्वीकार कर लिया है।

*****************************

 

दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर मुठभेड़: काला राणा गिरोह का कुख्यात शूटर रोमिल वोहरा ढेर

अपराध जगत 

दो पुलिसकर्मी भी जख्मी

नई दिल्ली,24 जून(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। राजधानी दिल्ली के माड़ी इलाके में दिनांक 23/24 जून की मध्यरात्रि को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट और हरियाणा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान कुख्यात अपराधी रोमिल वोहरा के साथ जमकर मुठभेड़ हुई.

दिल्ली पुलिस और हरियाणा पुलिस के द्वारा की गई ये संयुक्त कार्रवाई दिल्ली-हरियाणा सीमा के पास डेरा मंडी इलाके में उस वक्त की गई जब हरियाणा पुलिस से मिली सूचना के आधार पर स्पेशल सेल ने कुख्यात अपराधी पर चौकसी बढ़ाई थी.

मिली जानकारी के अनुसार , 23 और 24 जून की दरम्यानी रात को दिल्ली पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नामी काला राणा-नोनी राणा गैंग का सक्रिय शूटर रोमिल वोहरा दिल्ली में मौजूद है. मामले की गंभीरता को देखते हुए और गुप्त सूचना के आधार पर सुबह के शुरुआती घंटों में जब पुलिस ने संदिग्ध इलाकों में तलाशी अभियान चलाया, तो एक मुखबिर की मदद से रोमिल की पहचान हुई.

जैसे ही दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस टीम और हरियाणा पुलिस ने उसे पकडऩे की कोशिश की, कुख्यात अपराधी रोमिल ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने की कोशिश की.

जवाबी कार्रवाई में पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में गोली चलाई. अपराधी और पुलिस की इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी एसआई प्रवीण और एसआई रोहन और रोमिल घायल हो गए. तीनों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जिसके बाद रोमिल वोहरा की मौत हो गई.

बता दें कि पिछले दो महीने में हरियाणा में लगातार हो रहे निर्मम हत्याकांडों में अपराधी रोमिल वोहरा वांछित चल रहा था. इसके द्वारा कुरुक्षेत्र में सनसनीखेज़ शान्तनु हत्याकांड तथा यमुनानगर में एक जघन्य तिहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया था.

आपको बता दें कि अपराधी रोमिल वोहरा हरियाणा के यमुनानगर का रहने वाला है और काला राणा गिरोह का सक्रिय सदस्य है. वह कुरुक्षेत्र के चर्चित शांतनु हत्याकांड और यमुनानगर के ट्रिपल मर्डर केस में वांछित था.

इसके अलावा, वह दिल्ली में शस्त्र अधिनियम के तहत दर्ज एक मामले में भी आरोपी है. हरियाणा पुलिस के द्वारा अपराधी रोमिल पर एक लाख का इनाम भी घोषित किया गया था.

*****************************

 

पहाड़ से लेकर मैदानी इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली,23 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार, राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, असम, मेघालय, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल समेत कई अन्य राज्यों के अलग-अलग हिस्सों में आज से लेकर अगले एक दो दिनों के दौरान भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है.

इस दौरान कुछ जगहों पर आंधी, चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है. बता दें कि देश के कई राज्यों में पहले से ही घनघोर बारिश जारी है.

आईएमडी के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य प्रदेश, गुजरात, गोवा में अलग-अलग स्थानों पर आज से लेकर अगले दो तीन दिनों के दौरान सामान्य से भारी वर्षा होने की संभावना है. अगले 3 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश जारी रहने के आसार हैं.

पूर्वी मध्य प्रदेश, गुजरात, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई. असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी भाग, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, कोंकण, गोवा, तटीय कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हुई.

पश्चिमी मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर 23 और 24 जून को अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है. पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाके, बिहार, झारखंड में अगले एक दो दिनों के दौरान बारिश होने का अनुमान है.

मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, कोंकण और गोवा में अलग-अलग स्थानों पर सामान्य से भारी से बारिश होने की संभावना है.

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान में अगले एक दो दिनों के दौरान अलग-अलग स्थानों भारी बारिश होने के आसार हैं. इस दौरान इनमें से कुछ जगहों पर बिजली चमकने और तेज हवा चलने का भी अनुमान है.

पूर्वोत्तर राज्यों में शामिल असम, मेघालय अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर में अलग-अलग जगहों पर आज भारी बारिश होने का अनुमान है. इनमें से अलग-अलग स्थानों बारिश के साथ आंधी, बिजली गिरने की भी संभावना है.

दक्षिणी राज्य तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल, तटीय कर्नाटक और महाराष्ट्र में अलग-अलग स्थानों पर अगले एक दो दिनों के दौरान सामान्य से भारी बारिश होने के आसार हैं.

पूरे देश में अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन होने की संभावना नहीं है.

तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम,रायलसीमा के अलग-अलग इलाकों में अगले एक दो दिनों के दौरान गर्म और आर्द्र स्थितियों की संभावना है.

*****************************

 

मुंबई पुलिस और जीएमसीएल नशा मुक्त महाराष्ट्र मिशन को आगे बढ़ाने की दिशा में अग्रसर…….!

23.06.2025 – महाराष्ट्र में मादक द्रव्यों के सेवन के खिलाफ़ चल रहे आंदोलन को मज़बूती देने के लिए मुंबई पुलिस और ‘गली मोहल्ला क्रिकेट लीग’ (जीएमसीएल) ने संयुक्त रूप से नशाखोरी के खिलाफ जन जागरुकता अभियान के तहत शनिवार 21 जून को बांद्रा वेस्ट ग्राउंड में क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया। यह टूर्नामेंट राज्य के नशा मुक्ति अभियान के तहत एक रणनीतिक सामुदायिक जुड़ाव स्तंभ है।

मुंबई पुलिस और ‘गली मोहल्ला क्रिकेट लीग’ (जीएमसीएल) ने इस आयोजन के लेकर अभूतपूर्व सार्वजनिक उत्साह दिखाया क्योंकि छह टीमों ने प्रतिस्पर्धा की, जो नशा मुक्त भविष्य के लिए एक साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। कॉर्पोरेट चैंपियन गिरिराज लाड (रिलायंस अस्पताल) और रवि जी. भट्टराई (बालाजी टेलीफिल्म्स) ने इस पहल को और मजबूत किया। विद्युतीय माहौल और खचाखच भरे ग्राउंड ने महाराष्ट्र की बहुआयामी नशा विरोधी रणनीति में मुंबई पुलिस के सफल समुदाय-केंद्रित दृष्टिकोण को रेखांकित किया।

* टूर्नामेंट के प्रमुख खिलाड़ी : छह प्रतिस्पर्धी टीमों में से

मोहल्ला कमेटी खार डांडा ने चैंपियंस का खिताब जीता (₹11,000), बांद्रा वेस्ट पुलिस वॉरियर्स ने दूसरा रनर-अप (₹5,100), स्टैलियन 11(ठाणे) ने रनर-अप (₹5,100) ने हासिल किया। बड़ौदा की मुख्य अतिथि राजकुमारी आशाराजा गायकवाड़ ने उपस्थित लोगों को प्रेरित किया “महलों से लेकर खेल के मैदानों तक, हम एक हैं। इन जीतों से ऐसे समुदायों को प्रेरणा मिले, जहां उम्मीद नशे पर हावी हो।”

आध्यात्मिक नेता बाबा इंदर प्रीत सिंह ने इस आयोजन के महत्व को परिभाषित करते हुए कहा “यहाँ बनाया गया हर रन उम्मीद का एक नया अध्याय लिखता है। यह पिच वह जगह है जहाँ हम महाराष्ट्र की आत्मा को नशे की छाया से मुक्त करते हैं।”

अमन बांदवी (ग्लोबल मिडास कैपिटल) ने कॉर्पोरेट एकजुटता की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा “जब युवा ड्रग्स के बजाय चमगादड़ों को चुनते हैं तो हमारी सड़कें फलती-फूलती हैं। यह निवेश स्थायी विरासत बनाता है।” जीएमसीएल के सीईओ रमन गांधी और हरमीत सिंह (प्राइड एकेडमी) ने राज्य भर में इस पहल को दोहराने की योजना की घोषणा की।

डीसीपी दीक्षित गेदम ने परिचालन दृष्टि पर जोर दिया और कहा “जब अधिकारी और नागरिक एक साथ मिलकर काम करते हैं, तो हम विश्वास का निर्माण करते हैं जो तस्करों को अलग-थलग कर देता है। यह सबसे बेहतरीन सक्रिय पुलिसिंग है।” एसीपी अधिकाराव पोल, वरिष्ठ पीआई संजीव धूमल, संजय मराठे, और पीआई वैभव काटकर सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने इस आयोजन का नेतृत्व किया।

जीएमसीएल के राज्य प्रमुख रिजवान खान, कोर टीम इम्तियाज शेख, सूरज पालकर, जावेद शेख, मुनाफ अली, सीडीआर रऊफ, संदीप, और कोच शशांक ने संयुक्तरूप से घोषणा की “क्रिकेट की एकजुटता की शक्ति के माध्यम से, हम हर गली को ड्रग्स के खिलाफ प्रतिरोध के प्रकाश स्तंभ में बदल देंगे। यह तो बस शुरुआत है।”

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

************************

 

‘बॉलीवुड आइकॉनिक अवार्ड 2025’ समारोह संपन्न

23.05.2025 – अंधेरी वेस्ट, मुंबई के मेयर हॉल में अवार्ड किंग, निर्माता व निर्देशक डॉ. कृष्णा चौहान द्वारा आयोजित ‘बॉलीवुड आइकॉनिक अवार्ड 2025’ समारोह, अभिनेता धीरज कुमार, दीपक पराशर, प्रतिमा कनन, कन्नन अरुणाचलम, बी एन तिवारी, गायिका दीपा नारायण झा, गायिका ऋतु पाठक, एसीपी संजय पाटिल, दिलीप सेन, निर्माता ऐक्टर सीडी शेटे, रेखा राव, अभिषेक खन्ना, ब्राइट आउटडोर मीडिया के प्रतिनिधि, सागर आचार्य और सिंगर नरेश की उपस्थिति में समारोह संपन्न हुआ।

केसीएफ प्रस्तुत इस पुरस्कार समारोह में उन हस्तियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने फिल्मी दुनिया मे अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। अपनी पुरानी परंपरा को कायम रखते हुए डॉ कृष्णा चौहान ने सभी अतिथियों को अवार्ड दे कर सम्मानित किया साथ ही साथ समारोह के दौरान शिरीन फरीद, कबीना महराजन, सीडी शेटे, सोनू श्रीवास्तव, दीपक देसाई, ऋतु पाठक, गीतकार विक्की नागर, गीतकार एम प्रकाश, कोरियोग्राफर दिलीप मिस्त्री, निर्माता दिलीप पटेल,मनोज तिवारी, दिनकर कपूर, जिग्ना सेठ, भेरु जैन, फोटोग्राफर दिनेश पारेशा को भी सम्मानित किया गया। स्टेज पर शानदार केक काटकर साउथ ऐक्टर जयप्रभु आर. लिंगायत का जन्मदिन भी मनाया गया।

इस अवार्ड समारोह के सीजन 6 की बेपनाह सफलता के बाद फ़िलवक्त डॉ कृष्णा चौहान बेहद उत्साहित हैं। इस अवसर पर दीपक देसाई के गुजराती अल्बम ‘चलो ने आपने गरबे’ का पोस्टर लांच किया गया जिसके गीतकार और निर्माता दीपक देसाई, सिंगर राजू टांक, डॉ पूजा शाह हैं। इस गरबा गीत मे कशिश खण्डेलवाल नजर आएंगी. दीपक देसाई की काव्य संग्रह ‘यादों के गुब्बारे’ मे यह गीत प्रकाशित है।

विदित हो कि डॉ कृष्णा चौहान न सिर्फ एक सफल बॉलीवुड डायरेक्टर हैं, एक्टिव सोशल वर्कर हैं बल्कि अवार्ड्स फंक्शन्स करने के मामले में नम्बर वन माने जाते हैं। उनका एक अवार्ड फंक्शन सम्पन्न होता है और वह अपने अगले पुरुस्कार समारोह की तैयारियों में लग जाते हैं। डॉ कृष्णा चौहान की हॉरर थ्रिलर फिल्म ‘आत्मा डॉट कॉम’ बहुत जल्द ही फ्लोर पर जाने वाली है।

संगीतकार दिलीप सेन के संगीत निर्देशन में इस फिल्म के कई गाने रिकॉर्ड हो चुके हैं। ‘आत्मा.कॉम’ के बाद डॉ कृष्णा चौहान के प्रोडक्शन हाउस की सेकंड फिल्म ‘दांव’ का मुहूर्त हाल ही में संपन्न हो चुका है। अब ये फिल्म भी बहुत जल्द ही फ्लोर पर जाने वाली है।

मानवीय संवेदनाओं को उजागर करने वाली फिल्म ‘दांव’ के संगीतकार दिलीप सेन, लेखक शिव ओंकार, डीओपी पप्पू के शेट्टी, कोरियोग्राफर दिलीप मिस्त्री, एक्शन डायरेक्टर टीनु वर्मा, पब्लिसिटी डिज़ाइनर आर राजपाल और प्रोडक्शन मैनेजर पी के गुप्ता हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*****************************

 

रूस में निर्मित युद्धपोत तमाल भारतीय नौसेना में होगा शामिल

भारतीय नौसेना की बढ़ेगी ताकत

नई दिल्ली, 22 जून(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। रूस के कालिनिनग्राद में नवीनतम स्टिल्थ मल्टी-रोल फ्रिगेट ‘तमाल’ भारतीय नौसेना में शामिल होगा। ‘तमाल’ यानी भारतीय नौसेना का नया युद्धपोत 1 जुलाई को नौसेना में कमीशन किया जाएगा। भारतीय नौसेना इसके लिए पूरी तरह से तैयार है।

‘तमाल’ भारत द्वारा रूस से प्राप्त की गई क्रिवाक क्लास फ्रिगेट्स की श्रृंखला का आठवां और तुशील क्लास का दूसरा युद्धपोत है। तुशील क्लास, पूर्ववर्ती तलवार और टेग क्लास (प्रत्येक में तीन-तीन जहाज) का उन्नत संस्करण है।

इस परियोजना के तहत भारत में भी गोवा शिपयार्ड लिमिटेड में रूसी तकनीक और डिजाइन सहयोग से त्रिपुट क्लास के दो फ्रिगेट्स का निर्माण किया जा रहा है। इस पूरी श्रृंखला के पूरा होने के बाद भारतीय नौसेना के पास समान क्षमताओं वाले 10 युद्धपोत होंगे।

नौसेना के मुताबिक, युद्धपोत तमाल का निर्माण रूस के यंतर शिपयार्ड, कालिनिनग्राद में किया गया है। यह विदेश से प्राप्त होने वाला अंतिम युद्धपोत होगा, जो सरकार की ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ पहल के अनुरूप है।

इस युद्धपोत में 26 स्वदेशी उपकरण लगाए गए हैं, जिनमें समुद्र और जमीन पर लक्ष्य भेदने में सक्षम ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल भी शामिल हैं।

तमाल की क्षमताओं की बात करें तो इसमें वर्टिकल लॉन्च सतह से वायु में मार करने वाली मिसाइलें हैं। यह उन्नत 100 मिमी गन, अत्याधुनिक सिस्टम, हेवीवेट टॉरपीडो व त्वरित हमला करने वाले एंटी-सबमरीन रॉकेट से लैस है।

इसके अलावा, यह अत्याधुनिक युद्धपोत नेटवर्क सेंट्रिक वॉरफेयर क्षमता और आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणाली युक्त है। यह 30 नॉट्स से अधिक की गति और लंबी समुद्री दूरी तक संचालन कर सकता है।

नौसेना के मुताबिक, तमाल नाम देवताओं के राजा इंद्र की युद्ध में इस्तेमाल होने वाली मायथिकल तलवार से प्रेरित है। इसका शुभंकर भारत के पौराणिक जाम्बवन्त (जाम्बवंत) और रूस के राष्ट्रीय पशु यूरेशियन ब्राउन बियर के संगम से प्रेरित है।

क्रू दल को ‘द ग्रेट बीयर’ कहा जाता है। जहाज का ध्येय वाक्य है- ‘सर्वदा सर्वत्र विजय’ (हर समय, हर स्थान पर विजय)।

इस युद्धपोत में 250 से अधिक नौसैनिक हैं, जिन्होंने सेंट पीटर्सबर्ग और कालिनिनग्राद की कठोर सर्दियों में व्यापक प्रशिक्षण प्राप्त किया है। तमाल ने बीते तीन महीनों में कई गहन समुद्री परीक्षण सफलतापूर्वक पूरे किए हैं। तमाल, भारतीय और रूसी युद्धपोत निर्माण की सर्वोत्तम तकनीकों का प्रतीक है।

यह भारत-रूस की दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी को और सुदृढ़ करेगा। कमीशन के बाद यह जहाज भारतीय नौसेना के पश्चिमी बेड़े में शामिल होकर भारत की समुद्री सुरक्षा को और मजबूत बनाएगा।

******************************

 

डीजीसीए की एयर इंडिया को लायसेंस रद्द करने की चेतावनी

नईदिल्ली ,22 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। अहमदाबाद विमान हादसे के बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) एयरलाइंस पर लगातार सख्ती कर रहा है।

अब डीजीसीए ने एयर इंडिया को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर विमानों के संचालन में गड़बडिय़ां जारी रहीं, तो एयरलाइन का लायसेंस रद्द किया जा सकता है या वापस लिया जा सकता है। दूसरी ओर, डीजीसीए ने विमानन सुरक्षा निगरानी को मजबूत करने के लिए व्यापक विशेष ऑडिट के लिए नई रुपरेखा तैयार की है।

डीजीसीए ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में गलती के गंभीर परिणाम होंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, डीजीसीए ने कहा, किसी भी पोस्ट-ऑडिट या निरीक्षण में चालक दल के शेड्यूलिंग मानदंडों, लाइसेंसिंग या उड़ान समय सीमाओं का कोई भी भविष्य का उल्लंघन पाया जाता है, तो सख्त प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी। इसमें जुर्माना, लाइसेंस निलंबन या ऑपरेटर की अनुमति वापस लेना शामिल है। हालांकि, कार्रवाई इन्हीं विकल्पों तक सीमित नहीं है।

डीजीसीए ने वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में ऑडिट टीमों का गठन किया है। ये टीमें भौतिक सुविधा निरीक्षण, दस्तावेजों की समीक्षा, कर्मियों के साक्षात्कार और हवाई अड्डों पर रैंप जांच जैसे तकनीकी पहलुओं की सख्त निरीक्षण कर रही हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह प्रक्रिया 3 चरणों में पूरी होगी, जिसमें प्री ऑडिट, ऑन साइट ऑडिट और पोस्ट ऑडिट शामिल है। इन ऑडिटों से प्राप्त निष्कर्षों को गंभीरता के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों में रखा जाएगा।

ऑडिट के दायरे में सभी एयरलाइंस, रखरखाव मरम्मत और ओवरहाल (एमआरओ) संगठन, उड़ान प्रशिक्षण संगठन (एफटीओ), एयर नेविगेशन सेवा प्रदाता (एएनएसपी) और ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसियां आदि शामिल हैं।

ऑडिट के बाद संस्थाओं को 15 दिनों के भीतर सुधारात्मक कदम उठाने होंगे, जिनकी निगरानी डीजीसीए करेगा। डीजीसीए ने कहा कि ऑडिट सिफारिशों का अनुपालन न करने पर जुर्माना लगाया जा सकता है, परिचालन निलंबित किया जा सकता है या लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है।

कल डीजीसीए ने एयर इंडिया को अपने 3 कर्मचारियों को हटाने का आदेश दिया था। इनमें डिवीजनल उपाध्यक्ष चूड़ा सिंह, मुख्य प्रबंधक (क्रू शेड्यूलिंग) पिंकी मित्तल और क्रू शेड्यूलिंग (योजना) पायल अरोड़ा शामिल हैं।

डीजीसीए ने कहा था कि एयर इंडिया द्वारा लाइसेंसिंग, आराम और रीसेंसी आवश्यकताओं में चूक के बावजूद फ्लाइट क्रू के शेड्यूल और संचालन के संबंध में बार-बार और गंभीर उल्लंघन किए गए हैं। इसके बाद एयर इंडिया ने इन कर्मचारियों को हटा दिया था।

12 जून को अहमदाबाद हवाई अड्डे से लंदन के लिए उड़ान भरने वाला एयर इंडिया का बोइंग ड्रीमलाइनर (एआई-171) मेडिकल कॉलेज के छात्रावास से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

विमान में 242 यात्री, 2 पायलट और 10 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिसमें सिर्फ एक यात्री की जान बच सकी। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी की भी हादसे में मौत हो गई। वहीं, जमीन पर करीब 20 लोगों की मौत हुई है।

*********************

 

योगांध्र के गिनीज रिकॉर्ड बनाने पर पीएम मोदी खुश, आंध्र प्रदेश की जनता को सराहा

नई दिल्ली,22 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। ‘योगांध्र 2025 कार्यक्रम के गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। पीएम मोदी ने आंध्र प्रदेश के लोगों की सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह से उन्होंने योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने के लिए आंदोलन को मजबूत किया है। योगांध्र कार्यक्रम हमेशा लोगों को अच्छे स्वास्थ्य और कल्याण के लिए प्रेरित करेगा।

पीएम मोदी ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की पोस्ट को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रिपोस्ट करते हुए लिखा, योग एक बार फिर लोगों को साथ लाता है। आंध्र प्रदेश के लोगों को बधाई, जिस तरह से उन्होंने योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने के लिए आंदोलन को मजबूत किया है। योगांध्र पहल और विशाखापत्तनम में कार्यक्रम, जिसमें मैंने भी भाग लिया, हमेशा कई लोगों को अच्छे स्वास्थ्य और कल्याण के लिए प्रेरित करेगा।

इससे पहले ‘योगांध्र 2025 कार्यक्रम के गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने पर मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इसे आंध्र प्रदेश के नागरिकों की उपलब्धि बताया।

उन्होंने कहा, मैं आप सभी का धन्यवाद अदा करता हूं, जिन्होंने इसे संभव बनाया। आपका उत्साह और समर्पण प्रेरणादायक रहा। यह रिकॉर्ड दिखाता है कि जब हम एकजुट होकर काम करते हैं, तो क्या हासिल कर सकते हैं। सभी को बधाई।

भारत सरकार की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 3,00,105 लोगों ने हिस्सा लिया। इसने अब तक के सबसे बड़े योग सत्र का रिकॉर्ड बनाया। प्रधानमंत्री मोदी ने आरके बीच पर आयोजित कॉमन योग प्रोटोकॉल का प्रदर्शन कर प्रतिभागियों का नेतृत्व किया। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री नायडू, डिप्टी सीएम पवन कल्याण, राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर और केंद्रीय व राज्य मंत्री शामिल हुए।

यह आयोजन आरके बीच से भोगापुरम तक 28 किमी के क्षेत्र में हुआ। इसने 2023 में सूरत में 1.47 लाख प्रतिभागियों के साथ बने रिकॉर्ड को तोड़ा। मुख्य आयोजन से एक दिन पहले विशाखापत्तनम ने 22,122 आदिवासी छात्रों के एक साथ प्रदर्शन के साथ सबसे बड़े सिंक्रोनाइज्ड सूर्य नमस्कार का एक अन्य गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया।

इसके अलावा राज्य ने विश्व रिकॉर्ड बुक में 21 मान्यताएं हासिल कीं, जो इसकी संगठनात्मक उत्कृष्टता और जन उत्साह को दर्शाती हैं।

***********************

 

ईरान-अमेरिका अटैक पर पीएम मोदी ने दी प्रतिक्रिया, कहा-शांति-स्थिरता की बहाली जरूरी

नईदिल्ली ,22 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। अमेरिका की ओर से रविवार तड़के ईरान के 3 परमाणु ठिकानों पर किए गए हवाई हमले के बाद दोपहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से फोन पर बात की।

इस दौरान उन्होंने पेजेशकियन से तनाव को कम करने और बातचीत के जरिए इसका समाधान निकालने की अपील की। प्रधानमंत्री मोदी ने खुद एक्स पर दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीज की जानकारी दी है। आइए जानते हैं दोनों के बीच क्या वार्ता हुई है।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से बात की। हमने मौजूदा स्थिति के बारे में विस्तार से चर्चा की। हाल ही में बिगड़ी स्थिति पर भी गहरी चिंता व्यक्त जताई है।

हमने तत्काल तनाव कम करने, वार्ता और कूटनीति के माध्यम से आगे बढऩे तथा क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता की शीघ्र बहाली के लिए अपना आह्वान दोहराया। दोनों नेताओं के बीच हुई इस बातचीत के कई मायने निकाले जा रहे हैं।

अमेरिका ने ईरान और इजरायल संघर्ष में कूदते हुए ईरान के 3 परमाणु ठिकानों पर हमला कर दिया। इन ठिकानों में नतांज, फोर्दो और इस्फहान शामिल है। हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हमलों से तीनों परमाणु सुविधाओं बर्बाद हो गई हैं।

अब ईरान को शांति कायम करनी चाहिए। अगर वह ऐसा नहीं करता है, तो उस पर और बड़े हमले किए जाएंगे। इधर, ईरान ने हमले में मामूली नुकसान की बात कही है।

******************************

 

ईसीआई का बड़ा कदम: मीडिया के सहयोग से मतदाता जागरूकता अभियान चलाने की तैयारी

नई दिल्ली,22 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भारत निर्वाचन आयोग मीडिया के सहयोग से मतदाता पहुंच बढ़ाने के लिए पहली बार केंद्रीय स्तर पर एक राष्ट्रीय मीडिया कार्यशाला आयोजित करेगा.

7 जुलाई को दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट में यह कार्यशाला होगी. सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को इस बाबत पत्र भेजा है.

ईसीआई ने पत्र में लिखा है, दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (आईआईआईडीईएम) में 7 जुलाई को एक राष्ट्रीय मीडिया कार्यशाला आयोजित की जाएगी. कार्यशाला का उद्देश्य क्षेत्रीय मीडिया के साथ आयोग के जुड़ाव को मजबूत करना तथा चुनावी जागरूकता और पहुंच बढ़ाने के लिए एक मजबूत संचार नेटवर्क विकसित करना है.

पत्र के अनुसार, प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश से प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 10 प्रमुख क्षेत्रीय मीडियाकर्मी कार्यशाला में भाग लेंगे. इसके अलावा सीईओ कार्यालय के अधिकारी जो सीधे मीडिया और संचार कार्य से जुड़े हैं, वे भी कार्यशाला में भाग लेंगे.

पत्र में कहा गया है, क्षेत्रीय मीडियाकर्मियों के लिए हवाई यात्रा (इकोनॉमी क्लास) और हवाई अड्डे से आने-जाने का खर्च शुरू में सीईओ कार्यालय द्वारा वहन किया जाएगा. जिसकी प्रतिपूर्ति ईसीआई द्वारा की जाएगी. आवास और अन्य व्यवस्थाएं आईएचआईडीईएम द्वारा प्रबंधित की जाएंगी.

कार्यशाला का व्यापक उद्देश्य रणनीतिक मीडिया सहयोग के माध्यम से मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाना, क्षेत्रीय मीडिया पेशेवरों के साथ संपर्क को मजबूत करना और ईसीआई संचार की पहुंच को अधिकतम करने के लिए संचार नेटवर्क विकसित करना है.

चुनाव आयोग के सूत्रों ने बताया, कार्यशाला का उद्देश्य मीडियाकर्मियों को चुनावी प्रक्रिया के बारे में जानकारी देना है. इससे उन्हें अपना ज्ञान बढ़ाने में मदद मिलेगी. इससे उन्हें सटीकता बनाए रखते हुए अपनी रिपोर्टिंग में मदद मिलेगी.

बता दें कि ईसीआई ने लोगों को बेहतर सेवा प्रदान करके चुनावी प्रक्रिया की गुणवत्ता में सुधार करने के उद्देश्य से डीईओ, ईआरओ और बीएलओ सहित 3,000 से अधिक चुनाव पदाधिकारियों को प्रशिक्षित किया है.

***************************

 

ईरान-इजरायल युद्ध से भारत में नौकरियों पर मंडराया खतरा, सर्वे में किया दावा

नईदिल्ली ,22 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। ईरान-इजरायल युद्ध के बीच भू-राजनीतिक तनाव का असर भारतीय कंपनियों पर भी पडऩा शुरू हो गया है। एक रिपोर्ट के अनुसार, 63 प्रतिशत कंपनियों ने इन परिस्थितियों में या तो भर्तियां रोकने या कर्मचारियों की छंटनी करने का फैसला किया है।

दूसरी तरफ कुछ कंपनियां नए कर्मचारी अनुबंध के आधार पर या फ्रीलांस के तौर पर ले रही है। यह रिपोर्ट 12 मई से 6 जून के दौरान 2,006 कर्मचारियों के बीच हुए ऑनलाइन सर्वे पर आधारित है।

स्टाफिंग समाधान और मानव संसाधन सेवा प्रदाता जीनियस कंसल्टेंट्स के अनुसार, सर्वे में शामिल 63 प्रतिशत से अधिक कर्मचारियों ने कहा कि उनकी कंपनी या तो भर्ती रोक रही है या टीम का आकार घटा रही है।

दूसरी तरफ 15 प्रतिशत ने बताया कि भू-राजनीतिक तनाव बढऩे के बीच अनुबंध-आधारित या फ्रीलांस भूमिकाओं की ओर बदलाव देखने को मिल रहा है। 36 प्रतिशत कर्मचारियों ने कहा कि युद्ध के हालात से उनकी वेतनवृद्धि, बोनस या मूल्यांकन प्रभावित हुआ है।

सर्वे में 21 प्रतिशत से अधिक कर्मचारियों ने यह भी बताया कि उन पर कार्य का दबाव बढ़ा है, जबकि 22 फीसदी ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार संपर्क या यात्रा बाधित होने का दावा किया।

रिपोर्ट में कहा गया है कि 30 प्रतिशत कर्मचारियों ने स्वीकार किया कि वे बेहद चिंतित हैं और पहले से ही चेतावनी के शुरुआती संकेत देख रहे हैं। दूसरी तरफ, 31 प्रतिशत का कहना था कि वे नौकरी के नए अवसरों की तलाश कर रहे हैं।

******************************