चर्चाओं के बीच : फिल्म निर्माता सुरेंद्र श्रीवास्तव

21.04.2025 – ‘जुर्माना’, ‘सूरज’, ‘कहानी किस्मत की’, ‘आज का रावण’ जैसी सफल फिल्मों के निर्माता सुरेंद्र श्रीवास्तव इन दिनों अपनी पुस्तक ‘संगम से सागर तक’, ‘साउंड कैमरा एक्शन’ और ‘आउट डोर शूटिंग : खट्टे मीठे अनुभव’ को ले कर काफी चर्चा में हैं। भारत सरकार द्वारा प्रगति मैदान दिल्ली में आयोजित विश्व पुस्तक मेला (2025) में उनकी उपरोक्त सभी पुस्तकों को अच्छा रेस्पॉन्स मिला।

सुरेंद्र श्रीवास्तव ने अपनी पुस्तक ‘संगम से सागर तक’ में अपनी जीवन यात्रा को चित्रित करते हुए संदेश देने का प्रयास किया है कि सेवा, समर्पण और सदभाव सफलता के मूल मंत्र हैं। साथ ही साथ लगन में सच्चाई हो तो सफलता सदैव कदम चूमती है।

प्रयागराज (इलाहाबाद) से मुंबई तक के अपने सफर को बड़े ही हृदयस्पर्शी भाव के साथ कागज पे उतारा है सुरेंद्र श्रीवास्तव ने। ‘साउंड कैमरा एक्शन’ में सुरेंद्र श्रीवास्तव ने बतौर फिल्म प्रचारक और फिल्म प्रबंधन का कार्य करते हुए जो देखा सुना और समझा व अनुभव हासिल किया उसे फिल्म विधा में रुचि रखने वालों के लिए बड़े ही सरल शब्दों में चित्रित किया है।

यह पुस्तक फिल्मप्रेमियों को फिल्म निर्माण से संबंधित प्रत्येक विभाग की छोटी से बड़ी बातों को जानने और समझने का अवसर प्रदान करेगा, दूसरे शब्दों में उनकी पुस्तक ‘साउंड कैमरा एक्शन’ को फिल्म निर्माण कला का संपूर्ण गाइड कहा जा सकता है।

तीसरी पुस्तक ‘आउट डोर शूटिंग : खट्टे मीठे अनुभव’ में सुरेंद्र श्रीवास्तव ने दबे स्वर में बॉलीवुड के काला सच को भी महसूस करने का अवसर पाठकों को प्रदान किया है। फिल्म निर्माण के क्षेत्र में क्रियाशील अथवा फिल्म निर्माण में रुचि रखने वाले के लिए ये पुस्तक काफी उपयोगी साबित होगी।

विदित हो कि 9 वर्षों तक एसोसिएशन ऑफ सिने एंड टीवी /एड प्रोडक्शन एग्जिक्यूटिव्स के अध्यक्ष रह चुके सुरेंद्र श्रीवास्तव फिलवक़्त भी एसोसिएशन के प्रशासनिक प्रबंधन से जुड़े हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*************************

 

झारखंड के बोकारो में सुरक्षाबलों का बड़ा एक्शन

मुठभेड़ में 6 नक्सलियों को किया ढेर,भारी मात्रा में हथियार बरामद

बोकारो/रांची 21 April, (एजेंसी) : झारखंड के बोकारो जिले के लुगू पहाड़ की तलहटी में आज सुबह पुलिस और सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन ने संयुक्त अभियान में 6 नक्सलियों को ढेर कर दिया। मुठभेड़ के बाद इलाके से भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किए गए हैं।

इस ऑपरेशन की कमान डीआईजी सुरेंद्र कुमार झा और एसपी मनोज स्वर्गियारी जैसे वरिष्ठ अधिकारियों के हाथ में रही। कार्रवाई में 209 कोबरा बटालियन के कमांडोज़ शामिल थे, जिन्होंने माओवादियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की।

Big action by security forces in Bokaro, Jharkhand, 6 Naxalites killed in an encounter; huge amount of weapons recovered : मारे गए नक्सलियों के पास से 2 इंसास राइफल, 1 एसएलआर (सेल्फ लोडिंग राइफल) और 1 पिस्तौल बरामद की गई है। ऑपरेशन में किसी भी सुरक्षाकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है, जो इसे और अधिक सफल बनाता है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सुबह करीब 4 बजे से लुगू पहाड़ के चोरगांवा मुंडाटोली इलाके में गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई देने लगी। जागने के बाद जब लोगों ने बाहर झांका तो पुलिस और अर्धसैनिक बलों की बड़ी तादाद इलाके में तैनात दिखी।

मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया है। माना जा रहा है कि कुछ अन्य नक्सली भागने में सफल रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।

गौरतलब है कि कोबरा सीआरपीएफ की एक विशिष्ट इकाई है, जो जंगल और गुरिल्ला युद्ध में विशेष रूप से प्रशिक्षित होती है। यह इकाई नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बड़े ऑपरेशनों को अंजाम देती है।

********************************

अब दिल्ली में ट्रिपल इंजन की सरकार बनना तय

मेयर चुनाव नहीं लड़ेगी आम आदमी पार्टी

नई दिल्ली 21 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : दिल्ली की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के मेयर पद का चुनाव न लड़ने का ऐलान करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को राज्य, केंद्र और नगर निगम में ‘ट्रिपल सरकार’ का रास्ता साफ कर दिया है।

सोमवार को दिल्ली की पूर्व मंत्री आतिशी और पार्टी के दिल्ली संयोजक सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह घोषणा की। आतिशी ने कहा कि भाजपा के पास एमसीडी में बहुमत है और आम आदमी पार्टी किसी भी प्रकार की खरीद-फरोख्त या तोड़फोड़ की राजनीति में शामिल नहीं होना चाहती।

आतिशी ने कहा, “अब जब भाजपा के पास दिल्ली की सत्ता के तीनों स्तर – केंद्र, राज्य और नगर निगम हैं, तो दिल्ली के लोगों से किए गए वादों को पूरा करना उनकी जिम्मेदारी है। हम देख रहे हैं कि अब तक एमसीडी के नाम पर बहाने बनाए जा रहे थे।

अब वो बहाने खत्म हो गए हैं।” उन्होंने कहा कि अब भाजपा को सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, सफाई और प्रदूषण जैसे मुद्दों पर ठोस काम करके दिखाना होगा। आप पार्टी इन तमाम मुद्दों पर एमसीडी में एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएगी।

आम आदमी पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया कि वो मेयर चुनाव में उतरती तो बहुमत साबित करने के लिए पार्षद तोड़ने या खरीदने जैसे हथकंडों का सहारा लेना पड़ता, जो पार्टी के सिद्धांतों के खिलाफ है।

इसलिए पार्टी ने संवैधानिक और नैतिक दृष्टिकोण से पीछे हटने का फैसला किया है। अब भाजपा के पास दिल्ली में ट्रिपल इंजन की सरकार चलाने का अवसर है – केंद्र, राज्य और नगर निगम तीनों पर नियंत्रण होने के चलते अब विकास कार्यों में कोई रुकावट नहीं होनी चाहिए।

*****************************

 

अभिनेता यश ने किए महाकाल के दर्शन, भस्म आरती में हुए शामिल

उज्जैन 21 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): अभिनेता यश सोमवार को मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर के मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने महाकाल के दर्शन-पूजन किए और बताया कि उनका अनुभव अविश्वसनीय रहा। यश महाकाल के भस्म आरती में भी शामिल हुए।

भस्म आरती देखने के बाद उन्होंने चांदी द्वार से बाबा महाकाल का पूजन किया और वहीं माथा टेका। पूजन आकाश पुजारी ने सम्पन्न करवाया। मंदिर के नंदी हॉल में बैठकर अभिनेता शिव साधना करते नजर आए। चांदी द्वार से उन्होंने माथा टेककर आशीर्वाद लिया। दर्शन के पश्चात पुजारी ने अभिनेता को प्रसाद स्वरूप लाल रंग का महाकाल नाम का छपा पटका भेंट किया।

मंदिर पहुंचे साउथ के सुपरस्टार यश ने कहा, “महाकाल का दर्शन करके बहुत अच्छा लग रहा है। यहां पर दर्शन करने का अनुभव अविश्वसनीय था। मैं यहां की व्यवस्थाएं देखकर बहुत खुश हूं। सभी श्रद्धालुओं को देखकर बहुत अच्छा लगा।”

अभिनेता रेशमी धोती के साथ पटका और साथ में रुद्राक्ष की माला पहने और मस्तक पर अष्टगंध लगाए नजर आए।

वर्कफ्रंट की बात करें तो यश जल्द नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ में लंकापति रावण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में उनके साथ रणबीर कपूर और साई पल्लवी मुख्य भूमिकाओं में हैं।

महाकालेश्वर मंदिर में होने वाली भस्म आरती लोकप्रिय है और इसमें शामिल होने के लिए दुनियाभर से श्रद्धालु उज्जैन आते हैं। भस्म आरती का काफी पौराणिक महत्व है। आरती में श्मशान से लाई गई चिता की भस्म से भगवान शिव का श्रृंगार किया जाता है। चिता भस्म के अलावा इसमें गोहरी, पीपल, पलाश, शमी और बेल की लकड़ियों की राख को भी मिलाया जाता है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भस्म आरती के दौरान महिलाएं सिर पर घूंघट या ओढ़नी डाल लेती हैं। मान्यता है कि उस वक्त महाकालेश्वर निराकार स्वरूप में होते हैं, इसलिए महिलाओं को आरती में शामिल न होने और न ही देखने की अनुमति होती है।

***************************

 

करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या, सिर पर लगी थी गोली

जमशेदपुर 21 April, (Rns): झारखंड के जमशेदपुर में एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। बीते दिन रविवार शाम को करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनका शव बालीगुमा इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-33 के पास से बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, विनय सिंह रविवार सुबह से ही लापता थे और परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर तलाश शुरू की और बालीगुमा क्षेत्र में एक खेत के पास से उनका शव बरामद किया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि विनय सिंह के सिर पर गोली का निशान था और उनके बाएं हाथ में एक पिस्तौल भी मिली है। मौके से उनकी स्कूटी और मोबाइल भी बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में हत्या के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस इसे आत्महत्या या सुनियोजित हत्या दोनों दृष्टिकोण से देख रही है।

जमशेदपुर पुलिस ने बताया कि अज्ञात हमलावरों ने 46 वर्षीय विनय सिंह पर उस समय गोलीबारी की जब वे कुछ अन्य लोगों के साथ घर लौट रहे थे। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए।

इस हत्याकांड के विरोध में करणी सेना के समर्थकों में भारी आक्रोश देखा गया। उन्होंने डिमना चौक और एनएच-33 को जाम कर प्रदर्शन किया और हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है और सीसीटीवी फुटेज तथा मोबाइल कॉल डिटेल्स खंगाल रही है। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या अन्य किसी कारण की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

****************************

 

एक मंत्री सात विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी

दिल्ली में पीएम मोदी वाला मॉडल

नई दिल्ली,20 अपै्रल (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)।  केंद्र सरकार की सांसद आदर्श ग्राम योजना की तर्ज पर अब दिल्ली में भी विकास को तेज गति देने के लिए एक नई पहल की गई है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने राजधानी के सभी मंत्रियों को सात-सात विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी है। इसका उद्देश्य विकास कार्यों में तेजी लाना और अफसरशाही की जटिलताओं से बचते हुए समस्याओं का समय पर समाधान करना है।

सूत्रों के अनुसार, प्रत्येक मंत्री ने अपने अधीनस्थ विधायकों के साथ संवाद और समन्वय के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया है। इस ग्रुप में सरकार की योजनाओं की जानकारी, क्रियान्वयन की स्थिति और संबंधित प्रगति साझा की जाती है।

साथ ही, विधायक अपने क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं और विकास कार्यों की अद्यतन जानकारी भी इस मंच पर रख सकेंगे।

दिल्ली सरकार के विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, भाजपा के लगभग 90 प्रतिशत विधायक ऐसे हैं, जिन्हें प्रशासनिक अनुभव नहीं है। ऐसे में कई बार विकास कार्य फाइलों में ही अटक जाते हैं।

इसी चुनौती से निपटने के लिए यह नई रणनीति तैयार की गई है, ताकि मंत्रीगण स्वयं निगरानी करें और काम में देरी न हो।

इस अभियान की गंभीरता को देखते हुए खुद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी सात विधानसभा क्षेत्रों की अतिरिक्त जिम्मेदारी संभाली है। मुख्यमंत्री का मानना है कि इससे न केवल विकास कार्यों में तेजी आएगी, बल्कि विधायक सीधे उनसे संवाद कर सकेंगे और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा।

नई व्यवस्था के तहत अगर किसी विधायक को कोई कार्य कराना हो, तो उसे पारंपरिक सरकारी प्रक्रिया से हटकर सीधे उस मंत्री से संपर्क करना होगा, जिन्हें उसकी विधानसभा सौंपी गई है।

मंत्री का दायित्व होगा कि वह काम को समयबद्ध तरीके से पूरा करवाएं। साथ ही, प्रगति रिपोर्ट तैयार कर विधायक को सौंपना भी मंत्री के दफ्तर की जिम्मेदारी होगी। यदि कोई काम किसी विभागीय टेबल पर अटका हो, तो उसे साफ करवाना भी उसी कार्यालय का कार्य होगा।

सरकार का दावा है कि इस प्रणाली से विकास कार्यों को समय रहते पूरा किया जा सकेगा और प्रशासनिक पारदर्शिता तथा जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी। यदि यह मॉडल सफल होता है, तो इसे राजधानी के अन्य विभागों और संस्थाओं में भी लागू किया जा सकता है।

*******************************

 

भारतीय वायुसेना डेजर्ट फ्लैग-10 युद्धाभ्यास में होगी शामिल

यूएई में दिखेगा मिग-29 और जैगुआर का जलवा

नईदिल्ली ,20 अपै्रल (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भारतीय वायुसेना का एक दल संयुक्त अरब अमीरात के अल धाफरा एयर बेस पहुंच चुका है, जहां वह डेजर्ट फ्लैग-10 नामक बहुराष्ट्रीय हवाई युद्धाभ्यास में हिस्सा लेगा. इस प्रतिष्ठित अभ्यास में भारतीय वायुसेना की ओर से मिग-29 और जैगुआर लड़ाकू विमानों को तैनात किया गया है.

एक्सरसाइज़ डेजर्ट फ्लैग यूएई एयर फोर्स द्वारा आयोजित एक प्रमुख बहुराष्ट्रीय अभ्यास है, जिसमें भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, बहरीन, फ्रांस, जर्मनी, कतर, सऊदी अरब, कोरिया गणराज्य, तुर्किये, यूनाइटेड किंगडम और अमेरिका की वायु सेनाएं भाग ले रही हैं. यह युद्धाभ्यास 21 अप्रैल से 8 मई 2025 तक आयोजित किया जाएगा.

इस अभ्यास का उद्देश्य जटिल और विविध प्रकार की फाइटर एंगेजमेंट्स को अंजाम देना, संचालन संबंधी अनुभव साझा करना और बेहतरीन कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान करना है. यह अभ्यास प्रतिभागी देशों के बीच आपसी समझ, इंटरऑपरेबिलिटी और रक्षा सहयोग को मजबूत करता है.

भारतीय वायुसेना की भागीदारी भारत की मित्र देशों के साथ रक्षा संबंधों को मजबूत करने और क्षेत्रीय एवं वैश्विक स्तर पर सैन्य साझेदारी को सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है.

******************************

 

बिहार को डबल इंजन नहीं, एक ही पावरफुल इंजन की जरूरत: मल्लिकार्जुन खडग़े

बक्सर,20 अपै्रल (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)।  कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने रविवार को एक रैली को संबोधित किया। उन्होंने राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा और जदयू को घेरते हुए भाजपा पर झूठ बोलने और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर बार-बार पाला बदलने का भी आरोप लगाया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा और जदयू वाले डबल इंजन की सरकार की बात करते हैं, लेकिन आज बिहार ह्यूमैन इंडेक्स के मामले में काफी नीचे है। उन्होंने कहा कि बिहार को डबल इंजन नहीं, एक ही पावरफुल इंजन की जरूरत है, जो महागठबंधन का इंजन है।

कांग्रेस नेता खडग़े ने बिहार की एनडीए सरकार पर हमला करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और नीतीश कुमार के बीच अवसरवादी गठबंधन बिहार के लोगों के लिए अच्छा नहीं है।

उन्होंने कहा कि वक्फ (संशोधन) अधिनियम समुदायों के बीच विभाजन पैदा करने के लिए भाजपा-आरएसएस की साजिश है। उन्होंने नीतीश कुमार को निशाने पर लेते हुए कहा कि वह इधर-उधर का खेल खेलते रहते हैं।

उन्होंने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि बिहार की प्रगति, उन्नति और यहां के शैक्षणिक स्तर में सुधार के लिए भाजपा को हटाएं, नीतीश कुमार को हटाएं।

मल्लिकार्जुन खडग़े ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता अब बिहार की जनता को बहका नहीं सकते हैं। बिहार के लोग इनके बहकावे में इस बार के चुनाव में नहीं आने वाले हैं।

उन्होंने लोगों को एक ऑडियो सुनाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर झूठ बोलने का आरोप लगाया और कहा कि उन्होंने बिहार को एक लाख 25 हजार करोड़ का विशेष पैकेज देने का वादा किया था, लेकिन आज तक बिहार को कुछ भी नहीं मिला।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को झुकाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन कांग्रेस पार्टी झुकेगी नहीं। बिहार में महागठबंधन की सरकार बनाने का आह्वान करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि हमें संविधान को बचाने के लिए एकजुट रहना होगा और लड़ाई लडऩी होगी।

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष खडग़े ने कहा कि भाजपा झूठ बोलकर यहां तक पहुंच सकी है। आज बिहार ही नहीं, देश के लोग बेरोजगारी से त्रस्त हैं। कांग्रेस ने देश को आईआईएम, आईआईटी और एम्स दिए, लेकिन इन्होंने क्या बनाए? इन्होंने केवल झूठ की फैक्टरी बनाई। ये देश को गुमराह कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि किसी को एक बार झूठ बोलकर फंसा सकते हैं, लेकिन हमेशा के लिए गुमराह नहीं कर सकते। झूठ बोलकर सभी को मूर्ख नहीं बनाया जा सकता।

****************************

 

बीजेपी सांसदों की सुप्रीम कोर्ट टिप्पणी पर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा

नई दिल्ली,20 अपै्रल (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। कांग्रेस ने रविवार को भाजपा सांसदों निशिकांत दुबे और दिनेश शर्मा की न्यायपालिक पर की गई कथित टिप्पणियों से खुद को अलग करने को डैमेज कंट्रोल बताया. साथ ही कहा कि उनके खिलाफ न्यूनतम कार्रवाई पार्टी से उनका निष्कासन होना चाहिए.

विपक्षी दल ने यह भी पूछा कि दोनों सांसदों के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई और उन्हें कारण बताओ नोटिस क्यों नहीं जारी किया गया.

कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा कि बीजेपी के दो सांसदों द्वारा न्यायपालिका पर की गई टिप्पणी के बाद पार्टी अध्यक्ष का उनसे किनारा करना कोई मायने नहीं रखता है. उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि नड्डा वैसे भी जाने वाले हैं.

रमेश ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, जब नफरत फैलाने वाले भाषण की बात आती है तो ये सांसद बार-बार अपराध करते हैं और अक्सर जी2 द्वारा समुदायों, संस्थाओं और व्यक्तियों पर हमला करने के लिए इनका इस्तेमाल किया जाता है.

भाजपा अध्यक्ष का स्पष्टीकरण कुछ और नहीं बल्कि डैमेज कंट्रोल है.

निवर्तमान भाजपा अध्यक्ष न्यायपालिका पर अस्वीकार्य टिप्पणियों पर पूरी तरह से चुप हैं. कांग्रेस नेता ने सवाल किया कि संविधान पर बार-बार हो रहे हमलों पर पीएम मोदी की चुप्पी एक तरह से मौन समर्थन है क्योंकि इनके खिलाफ कोई कार्रवाई भी नहीं की गई.

उन्होंने पूछा क्या नड्डा जी ने इन दोनों सांसदों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है?

कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक ने रमेश की एक्स पर टिप्पणी को टैग किया और कहा कि सीजेआई और सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ सबसे घृणित टिप्पणी करने वाले भाजपा सांसदों के खिलाफ न्यूनतम कार्रवाई उन्हें पार्टी से निष्कासित करना है.

वासनिक ने कहा, लेकिन क्या भाजपा के निवर्तमान अध्यक्ष सांसदों को चेतावनी देने से आगे कुछ करेंगे? हम जानते हैं कि कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी.

भाजपा ने शनिवार को दुबे और शर्मा द्वारा सुप्रीम कोर्ट की आलोचना से खुद को अलग कर लिया और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इन टिप्पणियों को उनका निजी विचार बताया.

नड्डा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि पार्टी का सांसदों निशिकांत दुबे और दिनेश शर्मा की न्यायपालिका के ऊपर की गई टिप्पणी से कोई वास्ता नहीं है. ये उनकी निजी टिप्पणियां हैं. बीजेपी उन दोनों सांसदों की टिप्पणी से सहमति नहीं रखती है किसी भी तरह से समर्थन नहीं करती है.

********************************

 

निशिकांत दुबे की सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी पर असदुद्दीन ओवैसी ने बीजेपी पर साधा निशाना

नईदिल्ली ,20 अपै्रल (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रमुख एवं सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ सांसद निशिकांत दुबे की टिप्पणी के बाद भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है।

ओवैसी ने कहा, आप लोग  ट्यूबलाइट हैं। इस तरह से अदालत को धमकी दे रहे हैं। क्या आप जानते हैं कि (अनुच्छेद) 142 (संविधान का) क्या है? इसे भीमराव अंबेडकर ने बनाया था।

इसके साथ ही ओवैसी ने कहा, बीजेपी धोखाधड़ी कर रही है और धार्मिक युद्ध की धमकी दे रही है। आप लोग सत्ता में हैं और आप इतने कट्टरपंथी हो गए कि आप अदालत को धार्मिक युद्ध की धमकी दे रहे हैं।

ओवैसी ने आगे कहा, मोदी जी, अगर आप इन लोगों को नहीं रोकेंगे तो देश कमजोर हो जाएगा। देश आपको माफ नहीं करेगा और कल आप सत्ता में नहीं रहेंगे।

बता दें कि शनिवार को बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने सुप्रीम कोर्ट पर देश में धार्मिक युद्ध भड़काने का आरोप लगाया था। बीजेपी नेता दुबे ने कहा, सुप्रीम कोर्ट का एक ही उद्देश्य है मुझे चेहरा दिखाओ, मैं तुम्हें कानून दिखाऊंगा।

सुप्रीम कोर्ट अपनी सीमाओं से परे जा रहा है। अगर हर चीज के लिए सुप्रीम कोर्ट जाना पड़ता है, तो संसद और राज्य विधानसभा को बंद कर देना चाहिए।

झारखंड के गोड्डा से बीजेपी सांसद दुबे ने कहा, अनुच्छेद 368 कहता है कि संसद को सभी कानून बनाने का अधिकार है और सुप्रीम कोर्ट को कानून की व्याख्या करने का अधिकार है। सुप्रीम कोर्ट राष्ट्रपति और राज्यपाल से पूछ रही है कि वे बताएं कि विधेयकों के संबंध में उन्हें क्या करना है।

जब राम मंदिर या कृष्ण जन्मभूमि या ज्ञानवापी की बात आती है, तो आप कहते हैं हमें कागज दिखाओ। लेकिन जब मुगलों के आने के बाद बनी मस्जिदों की बात आती है, तो आप कहते हैं कि दिखाने के लिए कोई दस्तावेज नहीं है।

बीजेपी ने दुबे की टिप्पणी से खुद को अलग कर लिया और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, न्यायपालिका और मुख्य न्यायाधीश पर सांसद निशिकांत दुबे और दिनेश शर्मा की टिप्पणियों से बीजेपी का कोई लेना-देना नहीं है।

ये उनकी निजी टिप्पणियां हैं लेकिन बीजेपी न तो उनसे सहमत है और न ही ऐसी टिप्पणियों का कभी समर्थन करती है। बीजेपी इन बयानों को पूरी तरह से खारिज करती है।

*****************************

 

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के न्यायपालिका पर दिए बयान को लेकर विवाद

पार्टी ने किया किनारा

नईदिल्ली ,20 अपै्रल (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे की ओर से सुप्रीम कोर्ट और मुख्य न्यायाधीश को लेकर दिए गए बयान के बाद बवाल मच गया है। इसे लेकर जहां विपक्ष ने सरकार को घेरा है वहीं, खुद भाजपा ने भी इससे किनारा कर लिया है।

भाजपा ने इसे निजी टिप्पणी बताते हुए कहा कि पार्टी का इससे कोई लेना-देना नहीं है।

दुबे के अलावा उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने भी न्यायपालिका को लेकर टिप्पणी की थी।

दुबे ने कहा था, देश में धार्मिक युद्ध भड़काने के लिए सुप्रीम कोर्ट जिम्मेदार है। सुप्रीम कोर्ट अपनी सीमा से बाहर जा रहा है। अगर हर बात के लिए सुप्रीम कोर्ट जाना है तो संसद और विधानसभा का कोई मतलब नहीं है, इसे बंद कर देना चाहिए।

इस देश में जितने गृह युद्ध हो रहे हैं, उसके जिम्मेदार केवल मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना साहब हैं। संसद देश का कानून बनाती है। क्या आप उस संसद को निर्देश देंगे।

दुबे ने कहा था, राष्ट्रपति भारत के मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति करते हैं। आप नियुक्ति प्राधिकारी को कैसे निर्देश दे सकते हैं? आपने नया कानून कैसे बना दिया? किस कानून में लिखा है कि राष्ट्रपति को 3 महीने के भीतर फैसला लेना है? इसका मतलब है कि आप देश को अराजकता की ओर ले जाना चाहते हैं।

बता दें कि हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रपति को लंबित विधेयकों पर 3 महीने के भीतर फैसला लेने को कहा था।

भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा था, लोगों में यह आशंका है कि जब डॉक्टर अंबेडकर ने संविधान लिखा था तो उसमें विधायिका और न्यायपालिका के अधिकार स्पष्ट रूप से लिखे गए थे। भारत के संविधान के अनुसार, कोई भी लोकसभा और राज्यसभा को निर्देश नहीं दे सकता है और राष्ट्रपति पहले ही इस पर अपनी सहमति दे चुके हैं।

कोई भी राष्ट्रपति को चुनौती नहीं दे सकता, क्योंकि राष्ट्रपति सर्वोच्च हैं।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया पर लिखा, भाजपा ऐसे बयानों से न तो कोई इत्तेफाक रखती है और न ही कभी भी ऐसे बयानों का समर्थन करती है। भाजपा इन बयान को सिरे से खारिज करती है।

पार्टी ने सदैव ही न्यायपालिका का सम्मान किया है, उनके आदेशों और सुझावों को सहर्ष स्वीकार किया है, क्योंकि एक पार्टी के नाते हमारा मानना है कि सर्वोच्च न्यायालय सहित देश की सभी अदालतें हमारे लोकतंत्र का अभिन्न अंग हैं।

*****************************

 

इंडिगो एयरलाइंस के विमान से टकरा गई मिनी बस

एयरपोर्ट की सुरक्षा पर खड़े हुए सवाल

बेंगलुरु,20 अपै्रल (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है। एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइंस के एक खड़े हुए विमान से मिनी बस टकरा गई। इससे एयरपोर्ट की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयर पोर्ट के प्रवक्ता ने कहा कि मिनी बस इंडिगो विमान के ‘अंडरकैरेज’ (निचले ढांचे) से टकरा गई। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। विमान से टकराने के बाद मिनी बस की छत क्षतिग्रस्त हो गई। ये घटना दो दिन पहले शुक्रवार की है।

इंटरनेशनल एयरपोर्ट द्वारा जारी बयान में कहा गया कि शुक्रवार (18 अप्रैल) को दोपहर लगभग 12:15 बजे, रखरखाव के काम से जुड़ी एक एजेंसी (थर्ड पार्टी) द्वारा संचालित मिनी बस केम्पेगौड़ा रनवे पर खड़े एक विमान के अंडरकैरेज से टकरा गया।

साथ ही ये भी बताया गया कि संबंधित पक्षों के साथ समन्वय कर सभी आवश्यक प्रोटोकॉल तत्काल लागू किए गए हैं। इसके साथ ही एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी ने कहा कि यात्रियों और हवाई अड्डा कर्मियों की सुरक्षा और संरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस मामले पर इंडिगो एयरलाइंस का भी बयान सामने आया है। इंडिगो एयरलाइंस ने कहा, ‘हम बेंगलुरु एयर पोर्ट पर पार्क किए गए इंडिगो विमान और एक ‘थर्ड पार्टी’ के वाहन के बीच हुई घटना से अवगत हैं। मामले की जांच जारी है। जरूरत के अनुसार इस मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

******************************

 

भारतीय वायु सेना के पराक्रम से गौरवांवित हुई रांची

रांची,20 अपै्रल (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भारतीय वायु सेना की सूर्य किरण ऐरोबेटिक्स टीम ने रविवार 20 अप्रैल को रांची में दूसरे दिन भी अपने पराक्रम से लोगों का दिल जीत लिया. रांची के नामकुम स्थित आर्मी मैदान में एयर शो के दूसरे दिन आसमान में एक से बढ़कर एक करतब दिखाए.

आज सूर्य किरण टीम के सभी नौ फाइटर विमान एयर शो में शामिल हुए. शुक्रवार को रांची में ओलावृष्टि और पानी की वजह से तीन फाइटर प्लेन को कुछ नुकसान पहुंचा था. इस वजह से पहले दिन के एयर शो में सिर्फ 6 लड़ाकू विमान ही शामिल हो पाए थे.

एयर शो के दूसरे दिन सभी नौ लड़ाकू विमानों में बैठे दक्ष पायलटों ने अपनी कौशल का प्रदर्शन किया. आसमान में कभी दिल, कभी युवा भारत को समर्पित वाई की आकृति तो कभी एयर फोर्स को समर्पित ए की आकृति से लोग रोमांचित होते रहे तो आसमान में ही तिरंगा बनाकर भारतीय एयर फोर्स की सूर्य किरण टीम मानो दुश्मनों को सावधान कर रही हो कि हम भारतीयों से मत टकराना. आज के एयर शो में फाइटर विमानों के द्वारा आसमान में डीएनए की आकृति बनाई गई. जिसे देख लोगों ने दांतों तले अंगुलियां दबा ली.

इंडियन एयर फोर्स की सूर्य किरण एयरोबेटिक्स  टीम की सदस्य कंवलजीत संधू ने कहा कि आज रविवार होने के नाते उन्हें उम्मीद थी कि बड़ी संख्या में लोग एयर शो देखने आएंगे, लेकिन जिस तरह का प्यार रांची में मिला है उसके लिए एक ही शब्द है थैंक्यू रांची.

कंवलजीत संधू उस समय बेहद भावुक हो गईं जब एक सरकारी स्कूल की बच्ची ने एयर शो के दौरान ही अपने नन्हें हाथों से एयर लेफ्टिनेंट कंवलजीत संधू की पेंटिंग बना दी. एयर लेफ्टिनेंट ने उस बच्ची की हौसलाअफजाई की और दिल लगाकर खूब मेहनत कर पढ़ाई करने और आगे बढऩे का आशीर्वाद दिया.

भारतीय वायु सेना की सूर्य किरण टीम थाईलैंड में एयर शो करने के बाद रांची आयी थी. रांची में 19 और 20 अप्रैल को सफलतापूर्वक एयर शो करने के बाद अब टीम 22 और 23 अप्रैल को पटना में एयर शो करेगी.

****************************

 

दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना को लागू करने के लिए 8 समितियां गठित

नई दिल्ली 20 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य योजना आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) को दिल्ली में लागू करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया।

दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने इस योजना के प्रभावी और सुचारु क्रियान्वयन के लिए कुल आठ समितियों का गठन किया है। ये समितियां योजना से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं और सेवाओं को व्यवस्थित ढंग से लागू करने का काम करेंगी।

इन आठ समितियों में सबसे अहम मुख्य राज्य एम्पैनलमेंट समिति है। इसकी अध्यक्षता एबी-पीएमजेएवाई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) करेंगे।

इस समिति का काम दिल्ली के अस्पतालों के पंजीकरण, अनुशासनात्मक कार्रवाई और पंजीकृत अस्पतालों की जांच की निगरानी करना होगा। इसके अलावा 3 अन्य समितियां भी अहम भूमिका निभाएंगी।

इनमें जिला एम्पैनलमेंट समिति अस्पतालों के समय पर पंजीकरण, दस्तावेजों की जांच और फील्ड वेरिफिकेशन सुनिश्चित करेगी। जिला कार्यान्वयन समिति का काम आयुष्मान कार्ड बनवाने, जागरूकता अभियानों और लाभार्थियों की शिकायतों के समाधान में सहयोग करना होगा।

राज्य शिकायत निवारण समिति (एसजीआरसी) का काम लाभार्थियों और अस्पतालों से जुड़ी जटिल शिकायतों का अंतिम समाधान करना होगा। राज्य एंटी-फ्रॉड सेल सेवा के दुरुपयोग और संभावित धोखाधड़ी को रोकने के लिए निगरानी और नीतियों का निर्माण करेगी।

इसके अलावा, राज्य दावा समीक्षा समिति (सीआरसी) अस्वीकृत दावों की समीक्षा और रैंडम ऑडिट करने का काम करेगी। इसी तरह, राज्य चिकित्सा समिति अस्पष्ट शल्य चिकित्सा पैकेज (यूएसपी) की समीक्षा कर उचित निर्णय में सहयोग करेगी।

तो वहीं, राज्य अपीलीय प्राधिकरण का काम शिकायतों पर अंतिम निर्णय देने वाली संस्था के रूप में कार्य करना होगा।

आयुष्मान भारत योजना देश की सबसे बड़ी सार्वजनिक स्वास्थ्य बीमा योजना है। यह योजना 27 विशिष्टताओं में 1,961 चिकित्सा प्रक्रियाओं को कवर करती है, जिसमें अस्पतालों में भर्ती, सर्जरी, दवाइयां, जांच और देखभाल शामिल हैं।

अब दिल्ली देश का 35वां राज्य/केंद्रशासित प्रदेश बन गया है, जिसने इस योजना को अपनाया है। इसके साथ ही दिल्ली के हजारों जरूरतमंद नागरिकों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं मुफ्त में प्राप्त हो सकेंगी।

****************************

 

भाजपा आज से शुरू कर रही वक्फ सुधार जन जागरूकता अभियान

नई दिल्ली ,20 अपै्रल (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। वक्फ कानून को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए भारतीय जनता पार्टी एक्शन मोड में है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस कानून की खूबियों को मुस्लिम समाज तक पहुंचाने के लिए एक विशेष जागरूकता अभियान शुरू करने का फैसला किया है।

पार्टी ने इस पहल को ‘वक्फ सुधार जन जागरूकता अभियान’ नाम दिया है, जो 20 अप्रैल से लेकर 5 मई तक चलेगा।

भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को इस अभियान के तहत देशभर में भेजा जाएगा, जहां वे मुस्लिम समुदाय के बीच जाकर वक्फ संशोधन अधिनियम की विशेषताओं और इसके संभावित लाभों के बारे में जानकारी देंगे।

पार्टी का मानना है कि इस कानून को लेकर समाज में कई तरह की गलतफहमियां फैल गई हैं, जिन्हें दूर करना बेहद जरूरी है।

इस अभियान को लेकर तैयारियों की शुरुआत पहले ही की जा चुकी है। 10 अप्रैल को भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू और अन्य प्रमुख नेताओं ने हिस्सा लिया।

इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वक्फ कानून के प्रमुख बिंदुओं और उसके लाभों की विस्तार से जानकारी देना था।

जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह कानून पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के उद्देश्य से लाया गया है और इसका उद्देश्य वक्फ संपत्तियों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करना है।

कार्यशाला के बाद तय किया गया कि प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं को विभिन्न राज्यों में भेजा जाएगा, जहां वे मुस्लिम समाज के बीच संवाद स्थापित करेंगे। भाजपा का यह कदम न केवल कानून को लेकर उठाए गए सकारात्मक प्रयासों को सामने लाने की कोशिश है, बल्कि पार्टी

मुस्लिम समाज के साथ बेहतर संबंध स्थापित करने की दिशा में भी इसे एक अहम पहल मान रही है।

फिलहाल वक्फ कानून को लेकर मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है, जहां इस पर बहस चल रही है।

***************************

 

गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया रुद्राभिषेक

गोरखपुर ,20 अपै्रल (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह अपने गोरखपुर प्रवास के दौरान गोरखनाथ मंदिर में विधि विधान से रुद्राभिषेक और हवन-पूजन किया।

गोरखनाथ मंदिर के आधिकारिक एक्स हैंडल पर इस जानकारी को साझा करते हुए बताया गया कि मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर में विधि-विधान से मंत्रोच्चारण के साथ रुद्राभिषेक और हवन-पूजन किया। इस पोस्ट को मुख्यमंत्री कार्यालय के एक्स हैंडल पर भी रिपोस्ट किया गया, जिसमें पूजा-पाठ के दौरान की झलकियां साझा की गईं।

गोरखनाथ मंदिर के आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा गया, गोरक्षपीठाधीश्वर, महंत योगी आदित्यनाथ जी महाराज ने आज श्री गोरखनाथ मंदिर में विधि-विधान से मंत्रोच्चारण के साथ रुद्राभिषेक और हवन-पूजन किया। महाराज जी ने देवाधिदेव महादेव से संपूर्ण जगत के कल्याण की कामना की।”

इससे पहले शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान वह लोगों की समस्याएं सुनने के लिए स्वयं उपस्थित रहे और प्रत्येक फरियादी से सीधे संवाद किया। किसी को भूमि विवाद था, किसी को चिकित्सा सहायता की जरूरत थी तो किसी को पुलिस से जुड़ी शिकायत थी।

मुख्यमंत्री ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि किसी भी पीडि़त को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें और हर मामले का निष्पक्ष एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जनता दर्शन में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जिनकी समस्याएं मुख्यत: राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य और भूमि विवादों से जुड़ी थीं। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि सरकार आमजन के साथ खड़ी है और हर जरूरतमंद को न्याय दिलाया जाएगा।

विशेष बात यह रही कि जब सुबह तेज बारिश हो रही थी, तब भी मुख्यमंत्री योगी अपने तय कार्यक्रम के अनुसार मंदिर परिसर में भ्रमण के लिए निकले और पूरे क्षेत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर प्रबंधन को भी निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

******************************

सीलमपुर मर्डर केस में पुलिस का Action : इसलिए रची गई थी हत्या की साजिश

‘लेडी डॉन’ समेत सात आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली 20 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में 17 वर्षीय कुणाल की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता जिकरा उर्फ ‘लेडी डॉन’ समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

इनमें कुणाल पर चाकू से हमला करने वाले साहिल और दिलशाद भी शामिल हैं। इसके अलावा, कुछ नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि बीते साल दिवाली पर कुणाल के दोस्तों लाला और शंभू ने आरोपी साहिल पर चाकू से हमला किया था। इसी रंजिश के चलते साहिल ने अपने दोस्तों और बहन जिकरा के साथ मिलकर कुणाल की हत्या की साजिश रची।

वारदात की योजना और गिरफ्तारी

गुरुवार को कुणाल की उसके घर से कुछ दूरी पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मुख्य साजिशकर्ता जिकरा को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस उससे हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य आरोपियों की भूमिका के बारे में पूछताछ कर रही है।

पुलिस अब जिकरा के गैंगस्टर हाशिम बाबा और शोएब मस्तान से संभावित रिश्तों की भी जांच कर रही है। शुरुआती पूछताछ में जिकरा ने माना है कि हत्या की साजिश बदले की भावना से रची गई थी क्योंकि लाला, जो साहिल पर हुए हमले में शामिल था, पुलिस की पकड़ से बाहर है।

घटना के बाद इलाके में तनाव की आशंका के चलते सुरक्षा बढ़ा दी गई थी, लेकिन अब सुरक्षा बलों की संख्या घटा दी गई है। गलियों में गिनी-चुनी पुलिस की मौजूदगी दिखी, जबकि जीटी रोड पर अर्धसैनिक बल की एक टुकड़ी तैनात है। शनिवार को मृतक कुणाल के घर के बाहर भी सन्नाटा पसरा रहा।

*************************

 

ATS की बड़ी कार्रवाई, भारत-इजरायल के रक्षा ठिकानों पर फिदायीन हमले की साजिश नाकाम

तीन संदिग्ध पकड़े

लखनऊ 20 April, (एजेंसी) : उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (UP ATS) ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। इन युवकों पर भारत और इजरायल के रक्षा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर फिदायीन हमला करने की साजिश रचने का आरोप है। वे सोशल मीडिया के जरिए अन्य युवाओं को भी इस दिशा में उकसाने की कोशिश कर रहे थे।

हिरासत में लिए गए दो युवक उत्तर प्रदेश के संभल जिले से हैं, जबकि तीसरा युवक बिहार की राजधानी पटना का रहने वाला है। ATS ने इन्हें खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर दबोचा है। फिलहाल पूछताछ जारी है और अभी तक औपचारिक गिरफ्तारी नहीं की गई है।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया पर कट्टरपंथी विचारधारा से जुड़े भड़काऊ वीडियो और भाषण साझा कर रहे थे। वे हथियारों की ट्रेनिंग से जुड़े कंटेंट भी अपलोड कर रहे थे, जिनका उद्देश्य युवाओं को उग्रवादी गतिविधियों की ओर प्रेरित करना था। इसके अलावा, भारत और इजरायल के खिलाफ नफरत फैलाने वाले संदेश भी लगातार पोस्ट किए जा रहे थे।

ATS और केंद्रीय एजेंसियां अब इस बात की गहराई से जांच कर रही हैं कि क्या इनके पीछे कोई संगठित अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क सक्रिय है या ये किसी विदेशी आतंकी संगठन के संपर्क में थे। साथ ही, इनके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।

पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही इस साजिश के सभी पहलुओं से पर्दा उठने की संभावना है।

*******************************

 

आज से दिल्ली में दौड़ेंगे 1111 जीपीएस युक्त वॉटर टैंकर, दिखाई गई हरी झंडी

दावा- पानी की बर्बादी और चोरी पर लगेगी लगाम

नई दिल्ली 20 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): दिल्ली सरकार ने रविवार को लोगों को जल संकट से मुक्ति दिलाने के लिए 1,111 पानी टैंकर को हरी झंडी दिखाई। यह टैंकर खास हैं क्योंकि ये जीपीएस सिस्टम से लैस हैं। दावा है कि इससे पानी की बर्बादी और चोरी पर रोक लगेगी।

इसका मकसद उन इलाकों तक पानी पहुंचाना है, जहां पाइपलाइन नहीं है या पानी की सप्लाई बहुत कम है। इन टैंकरों की शुरुआत बुराड़ी के निरंकारी ग्राउंड से की गई, जहां से इन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस दौरान सांसद बांसुरी स्वराज समेत तमाम दिग्गज मौजूद रहे।

पानी के टैंकरों पर सही निगरानी रखने के लिए बुराड़ी के निरंकारी ग्राउंड में एक नया कमांड सेंटर बनाया गया है। यहां से टैंकरों की हर गतिविधि को रियल टाइम यानी तुरंत देखा जा सकेगा।

दिल्ली जल बोर्ड के मुताबिक, यह हाईटेक सिस्टम टैंकर की मूवमेंट, स्पीड और पानी की डिलीवरी के समय पर नजर रखेगा। इससे यह सुनिश्चित होगा कि हर टैंकर समय पर और सही जगह पर पानी पहुंचाए।

यह पूरी पहल दिल्ली में जल सप्लाई सिस्टम को आधुनिक बनाने की एक बड़ी योजना का हिस्सा है। इस योजना का मकसद सिर्फ पानी की सप्लाई सुधारना नहीं, बल्कि पानी की चोरी, गलत इस्तेमाल और शहर में पानी के असमान बंटवारे को रोकना भी है।

शुक्रवार को इस योजना की जानकारी देते हुए जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा था कि जीपीएस से लैस इन पानी के टैंकरों की तैनाती, लोगों को समय पर और पारदर्शी तरीके से पानी पहुंचाने के मिशन का हिस्सा है।

उन्होंने कहा था, “हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह सपना पूरा करने की दिशा में काम कर रहे हैं कि हर किसी को समय पर पानी मिले।”

वर्मा ने यह भी कहा था, “यह सिर्फ पानी पहुंचाने की बात नहीं है, बल्कि लोगों के प्रति हमारी जवाबदेही, पारदर्शिता और सम्मान दिखाने की कोशिश है।”

दिल्ली की भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने आईएएनएस से बातचीत में कहा था, “गर्मियों में दिल्ली के लोगों के लिए पानी के टैंकर बहुत ज़रूरी थे। अब इन टैंकरों में जीपीएस ट्रैकर लगे हैं ताकि पानी की सप्लाई में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे और लोगों को कोई परेशानी न हो।

****************************

 

नशामुक्त भारत अभियान के समर्थन में आवाज बुलंद करती शॉर्ट फिल्म ‘दिशा’

20.04.2025 – ब्लैक कॉफी और स्मोक फिल्म्स द्वारा दुनिया के दूसरे सबसे बड़े बाल रोग विशेषज्ञों के संघ – IAP (भारतीय बाल चिकित्सा अकादमी) के लिए निर्मित शॉर्ट फिल्म ‘दिशा’ इन दिनों सर्वत्र चर्चा का विषय बनी हुई है।

इस शॉर्ट फिल्म की सबसे खास बात यह है कि भारतीय फिल्म जगत के पहले सुपर स्टार राजेश खन्ना की बेटी ट्विंकल खन्ना बतौर मेहमान कलाकार भारतीय बाल चिकित्सा अकादमी और उनके साथ काम करने वाले बाल विशेषज्ञों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए नजर आती हैं।

मादक पदार्थों व नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर आधारित इस शॉर्ट फिल्म के लेखक और निर्देशक बॉलीवुड के चर्चित संगीतकार, गीतकार व गायक राहुल बी सेठ हैं जिन्होंने जनहित में कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ संगीतमय अभियान छेडा था और आज भी इस दिशा में सक्रिय हैं। राहुल बी सेठ को ब्रिटिश संसद लंदन के ‘हाउस ऑफ लॉर्ड्स’ में सम्मानित किया जा चुका है।

शॉर्ट फिल्म ‘दिशा’ से राहुल बी सेठ निर्देशन के क्षेत्र में अपना कदम बढ़ाया है। विदित हो कि धर्मेन्द्र, सन्नी देओल और बॉबी देओल की लोकप्रिय हिन्दी फिल्म ‘यमला पगला दीवाना’ समेत कई फिल्मों में संगीत दे चुके राहुल बी सेठ गायन, संगीत, लेखन व निर्देशन के क्षेत्र में समान रूप से अपनी पकड़ बनाये हुए हैं।

राहुल सेठ ने विश्व शांति के लिए तैयार किए गए विशेष गीत ‘वी आर टूगेदर’ में भी अपने संगीत का जादू बिखेरा है। इसके अलावा ‘ग्लोबल वार्मिंग’ और विश्व व्यापी आतंकवाद जैसे गंभीर मसले पर लिखे गए कई गीतों को उन्होंने अपने संगीत से सजाया है।

भारतीय बाल चिकित्सा अकादमी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. वसंत खालटकर की परिकल्पना पर आधारित इस शॉर्ट फिल्म के कार्यकारी निर्माता – सुनील तिवारी, क्रिएटिव डायरेक्टर – चेतन राव, डीओपी – मुकेश शर्मा, संगीतकार अर्पण आरेकर और राहुल बी सेठ हैं।

भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर संचालित नशामुक्त भारत अभियान के समर्थन में आवाज बुलंद करती शॉर्ट फिल्म ‘दिशा’ के मुख्य कलाकार किरण कुमार, विष्णु लतावा, देवेंद्र पंडित, श्वेता कटारिया, नीतू भट्ट और ट्विंकल खन्ना आदि हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*****************************

 

भूकंप से फिर हिली दिल्ली-एनसीआर की धरती, जम्मू-कश्मीर में भी महसूस हुए झटके

अफगानिस्तान बॉर्डर पर था केंद्र

नई दिल्ली ,19 अपै्रल(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। अफगानिस्तान में शनिवार दोपहर 12:17 बजे रिक्टर पैमाने पर 5.8 तीव्रता का भूकंप आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए भूकंपीय गतिविधि की पुष्टि की। भूकंप का केंद्र 36.10 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 71.20 डिग्री पूर्वी देशांतर पर 130 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था।

भूकंप के झटके जम्मू-कश्मीर और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र सहित भारत के कई उत्तरी क्षेत्रों में महसूस किए गए। हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं आई।

इससे पहले बुधवार को अफगानिस्तान में 5.6 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसका केंद्र बगलान से लगभग 164 किलोमीटर पूर्व में था। यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र (ईएमएससी) ने शुरू में भूकंप की तीव्रता 6.4 बताई थी, लेकिन बाद में इसे संशोधित कर 5.6 किया गया।

जम्मू और कश्मीर के किश्तवाड़ क्षेत्र में भी बुधवार सुबह करीब 5:14 बजे रिक्टर पैमाने पर 2.4 तीव्रता का हल्का भूकंप आया।
मानवीय मामलों के समन्वय हेतु संयुक्त राष्ट्र कार्यालय (यूएनओसीएचए) ने का कहना है कि अफगानिस्तान भूकंप, भूस्खलन और मौसमी बाढ़ जैसे प्राकृतिक खतरों के प्रति अत्यंत संवेदनशील है।

यूएनओसीएचए का कहना है कि अफगानिस्तान में लगातार होने वाली भूकंपीय गतिविधियां पहले से ही कमजोर समुदायों को गंभीर रूप से प्रभावित करती हैं, जिन्होंने वर्षों से संघर्ष और पिछड़ेपन को सहन किया है। रेड क्रॉस के अनुसार, अफगानिस्तान में शक्तिशाली भूकंपों का अनुभव करने का एक लंबा इतिहास रहा है, खासकर हिंदू कुश क्षेत्र में। यह इलाका अपनी तीव्र भूगर्भीय गतिविधि और लगातार झटकों के लिए जाना जाता है।

यह देश कई प्रमुख फॉल्ट लाइनों के बीच स्थित है, जहां भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटें मिलती हैं। इनमें से एक फॉल्ट लाइन सीधे हेरात से होकर गुजरती है, जिससे इस क्षेत्र में भूकंपीय घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। अक्टूबर 2023 में, 6.3 तीव्रता सहित कई शक्तिशाली भूकंपों ने पश्चिमी अफगानिस्तान, विशेष रूप से हेरात को तबाह कर दिया था, जिसमें 1,000 से अधिक लोगों की मौत हो गई और हजारों लोग विस्थापित हुए।

*****************************

 

अमेरिका और पेरू की यात्रा पर जाएंगी वित्त मंत्री सीतारमण

आईएमएफ-विश्व बैंक की बैठकों में होंगी शामिल

नई दिल्ली 19 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण रविवार को अमेरिका और पेरू की यात्रा पर रवाना होंगी। अमेरिका प्रवास के दौरान वह वाशिंगटन डीसी में आईएमएफ-विश्व बैंक की ग्रीष्मकालीन बैठकों में भी शामिल होंगी। उनके अमेरिका के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने की भी उम्मीद है।

वित्त मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि अपने अमेरिका प्रवास के पहले चरण में निर्मला सीतारमण 20 अप्रैल को सैन फ्रांसिस्को पहुंचेंगी। दूसरे चरण में वह 22 से 25 अप्रैल तक वाशिंगटन डीसी में होंगी। सैन फ्रांसिस्को में वह स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के हूवर इंस्टीट्यूशन में ‘विकसित भारत 2047 की नींव रखना’ विषय पर बोलेंगी। इसके बाद, एक फायरसाइड चैट सत्र में हिस्सा लेंगी।

वित्त मंत्री निवेशकों के साथ गोलमेज बैठक के दौरान प्रमुख फंड मैनेजमेंट कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) के साथ वार्ता करेंगी। इसके अलावा, वह सैन फ्रांसिस्को में स्थित सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र की शीर्ष कंपनियों के सीईओ के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगी। वह सैन फ्रांसिस्को में भारतीय मूल के लोगों के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में वहां बसे भारतीय समुदाय के लोगों से भी बात करेंगी।

मंत्रालय ने बताया कि वाशिंगटन डीसी में निर्मला सीतारमण का कार्यक्रम काफी व्यस्त होगा। वह आईएमएफ-विश्व बैंक की ग्रीष्मकालीन बैठकों में शामिल होने के अलावा जी20 देशों के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंकों के गवर्नरों की दूसरी बैठक, डेवलपमेंट कमेटी की आम बैठक, आईएसएफसी प्लेनरी और वैश्विक सरकारी ऋण पर आयोजित गोलमेज सम्मेलन में भी शिरकत करेंगी।

ग्रीष्मकालीन बैठकों से इतर, वह अर्जेंटीना, बहरीन, जर्मनी, फ्रांस, लक्जमबर्ग, सऊदी अरब, ब्रिटेन और अमेरिका सहित कई देशों के अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगी। इसके अलावा, वह वित्तीय सेवाओं के लिए यूरोपीय संघ के आयुक्त; एशियाई विकास बैंक (एडीबी) के अध्यक्ष; एशियाई अवसंरचना निवेश बैंक (एआईआईबी) के अध्यक्ष; वित्तीय स्वास्थ्य के लिए संयुक्त राष्ट्र महासचिव के विशेष अधिवक्ता (यूएनएसजीएसए); और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के प्रथम उप प्रबंध निदेशक से भी मुलाकात करेंगी।

वित्त मंत्री 26-30 अप्रैल तक पेरू की अपनी पहली यात्रा के दौरान मंत्रालय के अधिकारियों और व्यापार जगत के दिग्गजों के एक भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगी, जो दोनों देशों के बीच मजबूत होते द्विपक्षीय आर्थिक और व्यापार संबंधों पर प्रकाश डालेगा।

राजधानी लीमा में वह पेरू के राष्ट्रपति दीना बोलुआर्ट और प्रधानमंत्री गुस्तावो एड्रियनजेन से मुलाकात करेंगी। इसके अलावा, वह पेरू के वित्त एवं अर्थव्यवस्था, रक्षा, ऊर्जा और खान मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगी और स्थानीय जन प्रतिनिधियों के साथ बातचीत भी करेंगी।

वित्त मंत्री भारत-पेरू व्यापार मंच की बैठक की अध्यक्षता करेंगी, जिसमें दोनों देशों के प्रमुख व्यापार प्रतिनिधि शामिल होंगे।

वह पेरू में वर्तमान में काम कर रहे भारतीय निवेशकों और व्यवसायों के साथ-साथ पेरू का दौरा करने वाले भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल के साथ भी बातचीत करेंगी।

मंत्रालय के बयान के अनुसार, वित्त मंत्री लीमा में एक सामुदायिक कार्यक्रम में भी भाग लेंगी, जहां वह पेरू में रहने वाले भारतीय प्रवासियों के साथ बातचीत करेंगी।

*****************************

 

हम इस तरह नहीं जी सकते दंगा प्रभावित मुर्शिदाबाद में एनसीडब्ल्यू अध्यक्ष के सामने रो पड़ीं महिलाएं

कोलकाता ,19 अपै्रल (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में से एक धुलियान की महिलाओं ने केंद्र से हिंसा प्रभावित इलाकों में स्थायी रूप से सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) शिविर स्थापित करने का आग्रह किया है, ताकि सांप्रदायिक अशांति के बाद उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को अपनी अध्यक्ष विजया रहाटकर के नेतृत्व में हिंसा प्रभावित लोगों से मिलने के लिए धुलियान का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल से बातचीत के दौरान कई महिलाएं रो पड़ीं और केंद्रीय बलों की स्थायी तैनाती की गुहार लगाई।

एक महिला ने रोते हुए और प्रतिनिधिमंडल के एक सदस्य के पैर छूते हुए कहा कि हम यहां स्थायी बीएसएफ शिविरों के बिना जीवित नहीं रह सकते। यदि आवश्यकता हुई, तो हम उन्हें स्थापित करने के लिए अपनी जमीन और घर देने के लिए तैयार हैं। एनसीडब्ल्यू की टीम ने स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी चिंताओं को केंद्रीय गृह मंत्रालय तक पहुंचाया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल के एक सदस्य ने महिलाओं से कहा कि इस संकट की घड़ी में हम आपके साथ खड़े हैं। पूरा देश आपको देख रहा है और आपका समर्थन कर रहा है। हम केंद्र को एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपेंगे और इस क्षेत्र में बीएसएफ की स्थायी उपस्थिति की मांग भी शामिल करेंगे।

शनिवार के दौरे से पहले ही, एनसीडब्ल्यू सदस्य अर्चना मजूमदार ने क्षेत्र में स्थायी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) शिविरों की आवश्यकता पर जोर दिया था। मजूमदार ने शुक्रवार को कहा था कि मुर्शिदाबाद में पीडि़त महिलाओं ने अपनी गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सीएपीएफ की स्थायी तैनाती की आवश्यकता को स्पष्ट रूप से व्यक्त किया है। हम इस मुद्दे को केंद्र सरकार के समक्ष उठाएंगे।

इस बीच, मुर्शिदाबाद जिला प्रशासन ने संपत्ति के नुकसान पर एक प्रारंभिक रिपोर्ट तैयार की है। शुरुआती अनुमानों के अनुसार, अशांति के दौरान 250 से अधिक घरों और 100 दुकानों में तोडफ़ोड़ की गई। एक वरिष्ठ जिला अधिकारी ने कहा कि यह सिर्फ शुरुआती अनुमान है। विस्तृत आकलन पूरा होने पर वास्तविक आंकड़ा बढ़ सकता है।

****************************

 

19 साल बाद फिर एकसाथ आ सकते हैं उद्धव और राज ठाकरे

बोले झगड़े से जरूरी महाराष्ट्र

मुंबई ,19 अपै्रल (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ी हलचल देखने को मिल रही है। खबर ये है कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शनिवार को महाराष्ट्र और मराठी लोगों के हितों के लिए अपने बीच मतभेदों को भुलाकर एकजुट होने की इच्छा जताई है। राज ठाकरे ने अपने चचेरे भाई उद्धव ठाकरे को साथ आने का प्रस्ताव दिया है।

मनसे प्रमुख ने कहा है कि महाराष्ट्र और मराठियों के अस्तित्व के आगे उद्धव और उनके झगड़े बहुत छोटे हैं। महाराष्ट्र बहुत बड़ा है। उनके लिए उद्धव के साथ आना और साथ में रहना कोई मुश्किल काम नहीं हैं।

राज ठाकरे ने ये बात फिल्म निर्देशक महेश मांजरेकर के साथ किए पॉडकास्ट के दौरान कही। राज ठाकरे ने उद्धव ठाकरे को साथ आने का प्रस्ताव देते हुए अपनी तरफ से ये साफ कर दिया कि उद्धव के साथ आने में उनको कोई परेशानी नहीं है। महाराष्ट्र के लिए दोनों एक साथ आ सकते हैं।

राज ठाकरे के साथ आने के प्रस्ताव पर उद्धव ठाकरे का भी बयान सामने आया है। उद्धव का कहना है कि उनकी तरफ से कोई झगड़ा नहीं था। महाराष्ट्र के हित के लिए वे साथ आने को तैयार हैं। उद्धव ठाकरे भी भाई राज ठाकरे के प्रस्ताव से सहमत दिखाई दे हैं। उन्होंने मिलकर काम करने के संकेत दिए हैं।

उद्धव ने कहा कि महाराष्ट्र की भलाई के लिए वह छोटे-मोटे झगड़ों को छोड़कर आगे बढऩे के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि अगर हमने सही फैसला लिया होता तो हम केंद्र और राज्य में सरकार बना सकते थे।

पहले उनके साथ जाओ, फिर उनका विरोध करो, फिर एडजस्टमेंट करो, इससे काम नहीं चलेगा, सिर्फ महाराष्ट्र का भविष्य, फिर जो बीच में आएगा, उसका मैं स्वागत नहीं करूंगा।

बता दें कि राज ने शिवसेना में उद्धव को उत्तराधिकारी घोषित करने के बाद 27 नवंबर 2005 को पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद अपनी पार्टी ‘महाराष्ट्र नव निर्माण सेना’ बनाई थी। तब दोनों के बीच रिश्ते अच्छे नहीं रहे।

*************************