आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज का दिन आपका अच्छा रहेगा। आज किसी काम को लेकर बाहर की यात्रा आदि में जाना पड़ सकता है। स्वास्थ्य आपका ठीक रहेगा। व्यापार-व्यवसाय में कोई नई डील या पार्टनरशिप आज हो सकती है। परिवार में मांगलिक कार्य के योग बनेंगे। कोई नया मेहमान परिवार में आ सकता है।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी , वु , वे, वो

आज का दिन आपका कोई रुका हुआ कार्य पूर्ण होगा। जिस कारण मन प्रसन्न रहेगा। आज स्वास्थ्य में थोड़ी गिरावट महसूस होगी। व्यापार-व्यवसाय में लाभ के योग बन रहे हैं। परिवार में मेहमानों का आना होगा। पत्नी और बच्चों के साथ शॉपिंग और बाहर घूमने जा सकते हैं।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज का दिन आपका उतार-चढ़ाव वाला रह सकता है। आज न चाहते हुए भी आपको कोई बड़ा डिसीजन फैमिली को लेकर लेना पड़ सकता है, इससे आपका मन भी दुखी रहेगा। व्यापार-व्यवसाय में विरोधी काम बिगाड़ सकते हैं। स्वास्थ्य में कुछ परेशानी महसूस होगी पत्नी से मतभेद बने रहेंगे।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो

आज आप अंदर से अपने आप को काफी मजबूत महसूस करेंगे, जिस कारण आपके विरोधी भी आपका सामना नहीं कर पाएंगे। आज आप अपने दम पर अपना कोई पुराना काम पूर्ण करेंगे। परिवार में मांगलिक कार्यों के योग बनेंगे। व्यापार-व्यवसाय में आज बड़ा आर्थिक लाभ आपको मिल सकता है। आज वाहन आदि खरीदने का मन आप बना सकते हैं।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज का दिन आपके लिए कोई नई बड़ी सौगात लेकर आ सकता है। परिवार में किसी को पदोन्नति मिल सकती है, जिस कारण मन प्रसन्न रहेगा। आय के स्रोत में इजाफा होगा। वाणी पर संयम रखें व वाद-विवाद से दूर रहें। पत्नी के स्वास्थ्य को लेकर कुछ परेशानियां महसूस होगी।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज आप किसी बड़े कार्य में साझेदार बन सकते हैं, जिसमें आपको बड़ा लाभ प्राप्त होगा। साथ ही आज कोई पुराना मित्र आपसे मिल सकता है। जिसके मिलने से आपका मन प्रसन्न होगा। व्यापार-व्यवसाय में परिवर्तन के योग बन रहे हैं। साथ ही पत्नी से चल रहे मतभेद आज दूर होंगे। बच्चों की पढ़ाई की चिंता बनी रहेगी।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते

आज आपका मन कुछ अशांत रह सकता है। स्वास्थ्य को लेकर भी आज कुछ परेशानी महसूस होगी। आज आप पारिवारिक किसी झगड़े में फंस सकते हैं, जिस कारण आपको अपमानित होना पड़ सकता है। व्यापार-व्यवसाय में गिरावट की स्थिति महसूस होगी। पत्नी का स्वास्थ्य बिगड़ सकता है। मित्रों से आर्थिक मदद लेना पड़ सकता है।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आपका मूड किसी कारण खराब रहेगा। परिवार में किसी अपने का दुखद समाचार प्राप्त होगा। साथ ही आपका किसी मित्र से झगड़ा हो सकता है। व्यापार-व्यवसाय में किसी पर विश्वास करना आपके लिए बड़ा नुकसानदायक रहेगा। आज कार्यक्षेत्र में परिवर्तन ना करें। पत्नी के साथ कहीं बाहर जाने का प्लान बन सकता है।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज आपके मन में किसी नए काम की कार्य योजना बन सकती है, जिसके लिए आप अपने मित्र और संबंधियों से आर्थिक मदद मांग सकते हैं। आज आपके द्वारा सोचे हुए कार्य पूर्ण होंगे। साथ ही परिवार में मांगलिक कार्य के योग बनेंगे। आप कहीं बाहर की यात्रा पर जा सकते हैं। पत्नी और बच्चों के स्वास्थ्य में कुछ गिरावट महसूस होगी।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज आपका कोई महत्वपूर्ण कार्य पूर्ण होने वाला है, जिससे आपको सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में बड़ा सम्मान मिल सकता है। व्यापार-व्यवसाय में किसी बड़े व्यक्ति के साथ समझौता हो सकता है। साथ ही पुराने किसी विवाद में न्यायालय पक्ष से आपको विजय प्राप्त होगी। परिवार में माहौल अच्छा रहेगा। पत्नी और बच्चों के लिए आज स्थान परिवर्तन करना पड़ सकता है।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आप काम की तलाश में कहीं बाहर की यात्रा कर सकते हैं, जिसमें किसी विशिष्ट व्यक्ति से मिलना होगा। आज आपको सफलता मिलने में संदेह है। आपके पुराने व्यवसाय में आपको नुकसान हो सकता है। परिवार में किसी अपने को खो सकते हैं। पत्नी और बच्चों का स्वास्थ्य बिगड़ सकता है।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज आप किसी विशेष व्यक्ति के संपर्क में आने से बड़ा लाभ अर्जित कर सकते हैं। सामाजिक व राजनीतिक क्षेत्र में आपको बड़ा पद या दायित्व मिल सकता है। जिस कारण आपका कद बढ़ेगा। व्यापार-व्यवसाय में किसी नए काम की शुरुआत आज आप कर सकते हैं। प्रॉपर्टी में बड़े निवेश करने का आज आपका मन बन सकता है। साथ ही पत्नी और बच्चों के लिए शॉपिंग आज आप कर सकते हैं।

*************************

 

सरकारी धन गबन मामला : दिल्ली के उपराज्यपाल ने 10 पुलिस अफसरों के खिलाफ मुकदमे की दी मंजूरी

नई दिल्ली ,29 अक्टूबर (एजेंसी)। दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने 2.44 करोड़ रुपये के सरकारी धन गबन मामले में दिल्ली पुलिस के 10 अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। 2019 में धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और आपराधिक विश्वासघात के अपराध के लिए आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) द्वारा 2 सब-इंस्पेक्टर, 3 हेड कांस्टेबल और 5 कांस्टेबल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।

आरोपियों की पहचान उप-निरीक्षक (एसआई) मीना कुमारी, हरेंद्र (एसआई), विजेंदर सिंह, विजू पीके, आनंद कुमार (सभी हेड कांस्टेबल), कृष्ण कुमार, अनिल कुमार, रविंदर, संजय दहिया और रोहित (सभी कांस्टेबल) के रूप में की गई है। इन पर वेतन, एरियर और ट्यूशन फीस आदि के फंड को अपने निजी इस्तेमाल में गबन करने का आरोप लगाया गया है।

आपराधिक प्रक्रिया संहिता, 1973 की धारा 197 (1) के तहत इन अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी देते हुए एलजी ने कहा कि रिकॉर्ड पर उपलब्ध सबूतों की सावधानीपूर्वक जांच करने पर उनके खिलाफ प्रथम दृष्टया मामला बनता है। दिल्ली पुलिस को एक अन्य आरोपी विजय पाल (हेड कांस्टेबल), का ट्रैफिक का मामला भी शीघ्र प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

इन पुलिस अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी मांगते हुए गृह विभाग ने प्रस्तुत किया कि प्रकटीकरण बयानों में कृष्ण, विजेंद्र सिंह, अनिल कुमार और मीना कुमारी ने उनके द्वारा सरकारी धन के गबन की बात स्वीकार की है और गवाहों के बयान, जब्ती ज्ञापन के साथ-साथ खातों को भी स्वीकार किया है। अन्य छह आरोपी व्यक्तियों के बयान उनके व्यक्तिगत उपयोग के लिए धन की हेराफेरी में उनकी संलिप्तता को दर्शाते हैं।

ईओडब्ल्यू, दिल्ली ने इस मामले में चार आरोपियों – कृष्ण, विजेंदर सिंह, अनिल कुमार और मीना कुमारी के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है और अन्य छह के खिलाफ आरोप पत्र दायर करने के लिए अदालत से मंजूरी मांगी गई है। दिल्ली पुलिस संविधान के अनुच्छेद 311(2)(बी) के प्रावधानों को लागू करके पहले ही कृष्ण कुमार, विजेंदर सिंह, अनिल कुमार और मीना कुमारी को सेवा से बर्खास्त कर चुकी है। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खाते सीज होने के कारण गबन की गई धनराशि की वसूली नहीं हो सकी है।

**************************

 

कांग्रेस बताए उसे राम शब्द से आपत्ति है या मंदिर से- सुधांशु त्रिवेदी

भोपाल ,29 अक्टूबर (एजेंसी)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा है कि वह बताएं कि उसे राम से आपत्ति है या मंदिर से।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के प्रवास पर आए भाजपा सांसद त्रिवेदी ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कांग्रेस का एक पुराना रोग जो अक्सर टीस मारता रहता है, इन दिनों फिर उभर आया है।

कांग्रेस राम मंदिर के विषय को लेकर चुनाव आयोग चली गई है। मैं कांग्रेस के लोगों से यह पूछना चाहता हूं कि उन्हें ‘राम’ शब्द से आपत्ति है या ‘मंदिर’ से। अगर राम से आपत्ति है, तो यह शब्द महात्मा गांधी की समाधि पर लिखा है। रघुपति राघव राजाराम उनका प्रिय भजन था और रामराज्य उनका आदर्श था। क्या यह सब सांप्रदायिक है? अगर मंदिर शब्द से आपत्ति है, तो चुनाव के मौसम में कांग्रेस के नेता ही सबसे ज्यादा मंदिर जा रहे हैं और फोटो खिंचवा रहे हैं। अगर कांग्रेस को राम और मंदिर शब्दों पर आपत्ति नहीं है, तो राममंदिर शब्द पर आपत्ति क्यों है?

भाजपा नेता ने कहा कि वास्तव में राममंदिर का निर्माण पूरा होते देख कांग्रेस के सीने की आग भड़क उठी है, क्योंकि वह कभी नहीं चाहती थी कि राममंदिर का निर्माण हो।त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस राममंदिर का निर्माण कभी नहीं चाहती थी और वह यह भी नहीं चाहती थी कि यह विवाद सुलझे। 22-23 दिसंबर 1949 की रात जब अयोध्या में श्री रामलला का प्राकट्य हुआ, तो उत्तरप्रदेश के तत्कालीन कांग्रेसी मुख्यमंत्री इस मामले को रफादफा करने के लिए फैजाबाद गए, लेकिन जिला मजिस्ट्रेट ने उन्हें रोक दिया। बाद में जब यह विवाद अदालत पहुंचा, तो 1961 तक मुस्लिम वर्ग इसमें पक्षकार ही नहीं बना।

उन्होंने कहा कि आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के के.के. मोहम्मद ने अपनी किताब में लिखा है कि उस समय मुस्लिम समाज में एक विचार था कि हमें इस चक्कर में नहीं पडऩा चाहिए। लेकिन टाइटल सूट की मियाद बीतने के 11 दिन पहले दिसंबर 1961 में वे अचानक पक्षकार बन गए। त्रिवेदी ने दावा किया कि निश्चित तौर पर कांग्रेस ने ही मुस्लिम पक्ष को इसके लिए उकसाया था।भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यही नहीं, 1976 में इंदिरा गांधी के जमाने में जब आर्कियोलॉजिकल सर्वे की खुदाई चल रही थी, तो नीचे आठ खंबे निकल आए। तब वामपंथी इतिहासकारों के दबाव में सरकार ने खुदाई रुकवा दी और कोर्ट से यह स्टे ले लिया गया कि खुदाई कभी नहीं की जाएगी, क्योंकि उन्हें डर था कि अगर खुदाई हुई, तो कुछ निकल आएगा।त्रिवेदी ने कहा कि 21 वीं सदी में रडार मैपिंग की टेक्नोलॉजी आ गई। कोर्ट ने खुदाई के लिए मना किया था, रडार मैपिंग जैसी तकनीक के प्रयोग पर रोक नहीं थी। इसलिए जब अटल जी की सरकार ने रडार मैपिंग कराकर उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत की, तो कोर्ट ने खुदाई की परमिशन दे दी।

खुदाई में 2003 में सबकुछ निकल आया। उसके बाद कांग्रेस के ही नेता वकील का चोला ओढ़ कर तथाकथित बाबरी मस्जिद एक्शन कमेटी की ओर से कोर्ट में खड़े होते थे।त्रिवेदी ने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव ने 7 दिसंबर 1992 को कहा था कि हम बाबरी मस्जिद दोबारा तामीर करेंगे। उन्होंने 15 जनवरी 1993 को फिर एक इंटरव्यू में इस बात को दोहराया। उत्तरप्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने विधानसभा में यही बात कही थी।

ये लोग सिर्फ जन भावना का ही अपमान नहीं कर रहे थे, सांप्रदायिक वातावरण बिगाड़ रहे थे और इस्लाम का भी अपमान कर रहे थे, क्योंकि ये लोग इस्लाम की मान्यता के अनुसार काफिर थे और एक काफिर को मस्जिद की तामीर करने का हक नहीं है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के संवैधानिक पद पर बैठे ये लोग संविधान का भी अपमान कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 6 दिसंबर 1992 की घटना के बाद कांग्रेस ने उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश और राजस्थान की सरकारों को बर्खास्त कर दिया था।

इसके पीछे कांग्रेस का क्या तर्क था? उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस की कैबिनेट ने यह फैसला लिया, तब कमलनाथ कैबिनेट मंत्री हुआ करते थे। कांग्रेस के लोग कहते थे 2019 से पहले इसका जजमेंट मत आने दीजिए, वरना भाजपा को राजनीतिक लाभ मिल जाएगा।

सुप्रीम कोर्ट द्वारा कभी विवादित रहे स्थल को स्पष्ट तौर पर राम जन्मभूमि कहे जाने के बावजूद कांग्रेस के लोग ‘बाबरी मस्जिद’ शब्द का प्रयोग कर रहे हैं। इसका मतलब है कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को राजनीतिक लाभ-हानि के तराजू पर तौलती रही है जबकि हमारे लिए यह आस्था का विषय था और है।

***************************

 

मणिपुर से असम लाई गई 5 करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त, एक गिरफ्तार

गुवाहाटी , 29 अक्टूबर (एजेंसी)। असम पुलिस ने कार्बी आंगलोंग जिले में एक अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए 5 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ जब्त किए हैं। वहीं, ड्रग तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस के मुताबिक ड्रग्स की खेप मणिपुर से आ रही थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुरक्षाकर्मियों ने एक सूचना मिलने के बाद बीती रात जिले के लाहौरिजन चौकी क्षेत्र के पास एक कार को रोका। पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सैकिया ने कहा, वाहन की गहन तलाशी के बाद हमने भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद किया और एक तस्कर को गिरफ्तार किया, जो मणिपुर का है।

इस बीच, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पुलिस ऑपरेशन की प्रशंसा की और एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उन्हें 50 साबुन के डिब्बे मिले हैं जिनमें 637.28 ग्राम हेरोइन थी। उन्होंने लिखा, असम में चल रहे ड्रग्स के खिलाफ अभियान के तहत, कार्बी आंगलोंग पुलिस ने पड़ोसी राज्य से आ रहे एक वाहन को रोका और 50 साबुन के डिब्बों में रखी 637.28 ग्राम हेरोइन बरामद की। इस संबंध में ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। असम पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के दिशानिर्देशों के अनुसार, जब्त की गई ड्रग्स की कुल कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये होगी।

****************************

 

क्रिप्टोकरंसी मामले में हमीरपुर जिला में एसआईटी की बड़ी कार्रवाई : कई जगहों पर छापेमारी

हमीरपुर , 29 अक्टूबर (एजेंसी)। क्रिप्टोकरंसी मामले को लेकर हमीरपुर जिले में रविवार को एसआईटी ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। शिकायतों को लेकर जिलेभर के तकरीबन एक दर्जन जगहों पर छापेमारी जारी है।

अलग-अलग टीमें जिलेभर के कई क्षेत्रों में संबंधित घरों में पहुंचकर रिकॉर्ड को खंगाल रही हैं। जिले में दो दर्जन से ज्यादा शिकायतें क्रिप्टोकरंसी मामले को लेकर आई हैं। इनमें तीन मामले भी पुलिस में दर्ज हैं। 100 करोड़ से ज्यादा का यह गड़बड़ झाला बताया जा रहा है।

कहां-कहां जारी है छापेमारी;

नौहंगी में दो जगह पर और रंगस पंचायत में कुछ और स्थानों पर भी पुलिस की टीम जांच कर रही हैं। इसी तरह सुजानपुर इलाके में भी एसआईटी की टीमें जांच कर रही हैं। कुछ और टीमें अलग-अलग पंचायतों में पहुंचकर संबंधित घरों में छानबीन में जुटी हैं। तकरीबन एक दर्जन ठिकानों पर यह कार्रवाई जारी है।

बड़े लोग साइलेंट;

क्रिप्टोकरंसी मामले में जिन लोगों ने पैसा लगाया है, उन्हें बड़े लोग साइलेंट मोड पर चले गए हैं। जिला मुख्यालय के अलावा अन्य इलाकों में उनकी मौजूदा स्थिति से इस बात का पता चल रहा है कि उन्होंने समय रहते बहुत कमाई की। और अब यदि कुछ पैसा डूबने की स्थिति में भी चला गया है, तो उन्हें ज्यादा फर्क नहीं पड़ा होगा। लेकिन ऐसे लोगों की चर्चा शहर में खूब है।

पूर्व कर्मचारी के घर भी हुई जांच;

एसआईटी की टीम ने रविवार को पुलिस के उस कर्मचारी के घर पर जाकर भी छानबीन की है, जो इस मामले में संलिप्त बताया गया है। उसका भी अच्छा खासा कारोबार क्रिप्टोकरंसी में पिछले कुछ सालों से जारी था। इधर, एएसपी अशोक वर्मा का कहना है कि टीमें जांच कर रही हैं, लेकिन पूरा ब्यौरा शाम तक ही मिल पाएगा।

*************************

 

25टी बोलार्ड पुल टग महाबली का लॉन्च

नई दिल्ली , 29 अक्टूबर (एजेंसी)। 25टी बोलार्ड पुल (बीपी) टग, ‘महाबली’ को  मेसर्स शॉफ्ट शिपयार्ड प्राइवेट लिमिटेड, भरूच, गुजरात में सीएमडीई सुनील कौशिक, एनएम, डब्ल्यूपीएस (एमबीआई) द्वारा लॉन्च किया गया था। यह टग रक्षा मंत्रालय की “मेक इन इंडिया” पहल का गौरवशाली ध्वजवाहक है। भारत सरकार की “आत्मनिर्भर भारत” पहल के अनुरूप, तीन 25टी बीपी टग के निर्माण और वितरण के लिए एक एमएसएमई, मेसर्स शॉफ्ट शिपयार्ड प्राइवेट लिमिटेड (एसएसपीएल) के साथ अनुबंध संपन्न हुआ। ये टग भारतीय शिपिंग रजिस्टर (आईआरएस) के वर्गीकरण नियमों के तहत बनाए गए हैं।

टग की उपलब्धता नौसेना के जहाजों और पनडुब्बियों को बर्थिंग और अन-बर्थिंग, मोड़ और सीमित पानी में पैंतरेबाज़ी के दौरान सहायता की सुविधा प्रदान करके आईएन की परिचालन प्रतिबद्धताओं को गति प्रदान करेगी। टग्स जहाजों के साथ-साथ और लंगरगाह पर अग्निशमन सहायता भी प्रदान करेगा, और इसमें सीमित खोज और बचाव अभियान चलाने की क्षमता होगी।

****************************

 

बंगाल में नशा तस्‍करी के पीछे पूर्वोत्तर के विद्रोही समूहों की संलिप्तता का संदेह

कोलकाता 29 Oct, (एजेंसी): पश्चिम बंगाल में एक महीने से भी कम समय में 20 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की खेप की बरामदगी के बाद विशेष कार्य बल के अधिकारियों को ऐसे रैकेटों के पीछे विभिन्न पूर्वोत्तर क्षेत्र आधारित विद्रोही समूहों के हाथ होने का संदेह है। राज्य पुलिस सूत्रों ने कहा कि कई कारण हैं जो संदेह को बढ़ाते हैं।

राज्य पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, पिछले एक महीने के दौरान इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों ने कबूल किया है कि इन प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की खेप की आपूर्ति मुख्य रूप से विभिन्न पूर्वोत्तर राज्यों से होती थी। हालांकि, अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों ने दावा किया है कि ये खेप बिचौलियों-संचालकों द्वारा उन्हें सौंपी गई थी और उन्हें उन स्रोत संगठनों के बारे में बिल्कुल भी पता नहीं है जहां से ये खेप वास्तव में आ रही थी। जहां विक्रेताओं को आपूर्ति के मूल स्रोत के बारे में कोई सुराग नहीं है, पूर्वोत्तर स्थित विद्रोही समूहों की भागीदारी के बारे में संदेह को मजबूत बनाता है।

राज्य पुलिस अधिकारी ने कहा, “यह सबको पता है कि पूर्वोत्तर स्थित विद्रोही समूह इस क्षेत्र में सक्रिय विभिन्न नशीले पदार्थ विनिर्माण रैकेटों को वित्त पोषित करते हैं। इसके बाद निर्माता क्षेत्र में उत्पादित इन उच्च गुणवत्ता वाले प्रतिबंधित नशीले पदार्थों को मध्यवर्ती संचालकों के माध्यम से पूरे देश में विभिन्न तस्करों तक प्रसारित करते हैं। इस बहु-श्रृंखला व्यापार में विशिष्ट घटना यह है कि विनिर्माण स्तर पर बहुत कम शीर्ष को छोड़कर कोई भी वित्तपोषकों के साथ बातचीत नहीं कर सकता है, जो पूर्वोत्तर स्थित विद्रोही समूहों के प्रतिनिधि हैं। यह हाल ही में बंगाल में भंडाफोड़ किए गए रैकेट से स्पष्ट है कि गिरफ्तार लोगों को फाइनेंसरों के बारे में कोई सुराग नहीं है।”

इस संबंध में संदेह का दूसरा बिंदु पश्चिम बंगाल में गिरफ्तार किए गए तस्कराें से जब्त किए गए नशीले पदार्थों की खेप की उच्च और शुद्ध गुणवत्ता है। राज्य पुलिस के सूत्रों ने कहा कि हालांकि बंगाल से सटे ओडिशा, बिहार और यहां तक ​​कि उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से में भी इसी तरह के नशीले पदार्थ विनिर्माण अड्डे हैं, लेकिन वहां उत्पादित खेप की गुणवत्ता और शुद्धता विभिन्न पूर्वोत्तर राज्यों में उत्पादित की तरह उच्च नहीं है।

*******************************

 

भाजपा सांसद का महुआ मोइत्रा पर तंज, उनके पास नैतिकता पैनल की जांच से बचने के लिए साक्षात्कार देने का है समय

नई दिल्ली 29 Oct, (एजेंसी): भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और तृणमूल कांग्रेस नेता महुआ मोइत्रा के बीच वाकयुद्ध रविवार को और तेज हो गया, जब भगवा पार्टी के नेता ने कथित तौर पर संसद में प्रश्नों के लिए नकद मामले में संसद की आचार समिति से बचकर मीडिया को साक्षात्कार देने के लिए उन पर निशाना साधा। दुबे ने एक्स को संबोधित करते हुए कहा, मीडिया के सभी सम्मानित मित्रों से अनुरोध है कि लोकसभा की एथिक्स कमेटी पैसे लेकर भ्रष्टाचार और राष्ट्रीय सुरक्षा को ताक पर रखने की जांच कर रही है।

उन्होंने कहा कि समिति के सामने जो आया है, वह ”गोपनीय” है। भाजपा के लोकसभा सांसद ने कहा,”आरोपी के पास कमेटी के पास जाने का समय नहीं लेकिन मीडिया को इंटरव्यू देने के लिए पर्याप्त समय है। मैंने आज तक इस विषय पर किसी भी मीडिया को इंटरव्यू नहीं दिया है, यह संसद की गरिमा है।” आरोपी सांसद के मित्र दर्शन हीरानंदानी जी हैं, जो उनके विदेश जाने, रहने, कीमती सामान देने और यात्रा खर्च (नकद) देने के लिए जिम्मेदार हैं। हलफनामे में इसका उल्लेख है। हमें समिति की रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए। यह पक्ष और विपक्ष का सवाल नहीं है, पुरुष या महिला का नहीं, राष्ट्रीय सुरक्षा, भ्रष्टाचार, संसद की गरिमा और हम सांसदों के आचरण और व्यवहार का सवाल है। कृपया संसद को निर्णय लेने दें।”

उनकी यह टिप्पणी मोइत्रा द्वारा कई मीडिया आउटलेट्स को दिए गए साक्षात्कार के बाद आई है। उन्हें सबसे पहले एथिक्स कमेटी ने 31 अक्टूबर को अपने सामने पेश होने के लिए कहा था। घटनाक्रम के बाद, मोइत्रा ने एथिक्स कमेटी के अध्यक्ष विनोद सोनकर को एक पत्र भेजकर कहा कि वह अपने पूर्व निर्धारित निर्वाचन क्षेत्र कार्यक्रम समाप्त होने के बाद 5 नवंबर के बाद किसी भी समय पेश होंगी।

सोनकर को लिखे अपने दो पेज के पत्र में, पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर से तृणमूल कांग्रेस सांसद ने कहा कि 20 अक्टूबर को दुबई में भारतीय उच्चायोग में नोटरीकृत एक हलफनामा समिति को स्वत: संज्ञान के आधार पर प्रस्तुत किया गया था और हीरानंदानी द्वारा सार्वजनिक रूप से मीडिया में जारी किया गया था। उन्होंने कहा कि हीरानंदानी ने 23 अक्टूबर को एक समाचार चैनल को दिए सार्वजनिक साक्षात्कार में समिति के सामने पेश होने की इच्छा व्यक्त की थी।

उनके पत्र के बाद, एथिक्स कमेटी ने उन्हें फिर से 2 नवंबर को पेश होने के लिए कहा। एथिक्स कमेटी ने मोइत्रा को चेतावनी दी है कि 2 नवंबर से आगे की तारीखों में कोई विस्तार नहीं किया जाएगा। आचार समिति भाजपा सांसद दुबे के आरोपों की जांच कर रही है कि मोइत्रा ने व्यवसायी हीरानंदानी के कहने पर व्यवसायी गौतम अदाणी पर लोकसभा में सवाल पूछने के लिए नकद और लाभ लिया। गुरुवार को दुबे और वकील जय अनंत देहाद्राई ने मोइत्रा के खिलाफ पैनल को “मौखिक साक्ष्य” दिए।

******************************

 

दिवाली को लेकर PM मोदी की लोगों से अपील, स्थानीय स्तर पर बने उत्पाद खरीदने का किया आग्रह

नई दिल्ली 29 Oct, (एजेंसी): दिवाली का मौसम नजदीक आने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को लोगों से स्थानीय स्तर पर बने उत्पाद खरीदने का आग्रह किया। अपने मासिक रेडियो प्रसारण ‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने कहा, जब आप अपनी दिवाली भारत में बने, भारतीयों द्वारा बनाए गए उत्पादों से रोशन करेंगे, अपने परिवार की हर छोटी-छोटी जरूरत को स्थानीय स्तर पर पूरा करेंगे, तो दिवाली की चमक और बढ़ जाएगी। उन कारीगरों के जीवन में, एक नई दिवाली चमकेगी, जीवन का एक सवेरा होगा, उनका जीवन अद्भुत होगा। भारत को आत्मनिर्भर बनाएं, ‘मेक इन इंडिया’ को चुनते रहें, ताकि करोड़ों देशवासियों की दिवाली भी रोशन हो।

उन्होंने आगे बताया कि 31 अक्टूबर को सरदार पटेल की जयंती पर एक बहुत बड़े देशव्यापी संगठन की नींव रखी जा रही है। इस संगठन का नाम है- ‘मेरा युवा’ ‘भारत’ यानी मेरा भारत। मेरा भारत संगठन भारत के युवाओं को राष्ट्र निर्माण के विभिन्न आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर प्रदान करेगा। विकसित भारत के निर्माण में भारत की युवा शक्ति को एकीकृत करने का यह एक अनूठा प्रयास है। प्रधान मंत्री ने आगे कहा, मेरा युवा भारत की वेबसाइट मेरा भारत भी लॉन्च होने वाली है। मैं युवाओं से आग्रह करूंगा कि मेरे देश के आप सभी युवा, मेरे देश के आप सभी बेटे-बेटियां माई भारत जीओवी डॉट इन पर रजिस्टर करें और विभिन्न कार्यक्रमों के लिए साइन अप करें।

पीएम मोदी ने कहा, 31 अक्टूबर को पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी जी की भी पुण्य तिथि है। मैं उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ मिजोरम और राजस्थान के आदिवासी बहुल राज्यों में आगामी चुनावों के बीच विशाल आदिवासी वोट बैंक पर नजर रखते हुए, पीएम मोदी ने देश के स्वतंत्रता संग्राम में बिरसा मुंडा, तांतिया भील और कई अन्य आदिवासी व्यक्तित्वों द्वारा किए गए योगदान को याद किया।

हमें गर्व है कि योद्धा टंटिया भील ने हमारी धरती पर जन्म लिया। हम शहीद वीर नारायण सिंह को पूरी श्रद्धा के साथ याद करते हैं, जो कठिन परिस्थितियों में अपने लोगों के साथ खड़े रहे। चाहे वीर रामजी गोंड हों, वीर गुंडाधुर हों, भीमा नायक हों, उनका साहस आज भी प्रेरणा देता है। अल्लूरी सीताराम राजू ने आदिवासी भाई-बहनों में जो भावना भरी, उसे देश आज भी याद करता है।

उन्‍होंने कहा, हमें पूर्वोत्तर में कियांग नोबांग और रानी गाइदिन्ल्यू जैसे स्वतंत्रता सेनानियों से भी बहुत प्रेरणा मिलती है। आदिवासी समुदाय से ही देश को राजमोहिनी देवी और रानी कमलापति जैसी वीरांगनाएं मिलीं। देश इस समय आदिवासी समाज को प्रेरणा देने वाली रानी दुर्गावती जी की 500वीं जयंती मना रहा है। मुझे आशा है कि देश के अधिक से अधिक युवा अपने क्षेत्र की आदिवासी विभूतियों के बारे में जानेंगे और उनसे प्रेरणा लेंगे। देश अपने आदिवासी समाज का आभारी है। पीएम मोदी ने कहा, स्वाभिमान और राष्ट्र का उत्थान सर्वोपरि है।

*******************************

 

केरल ब्लास्ट के बाद दिल्ली और UP में हाई अलर्ट जारी, CM विजयन ने बुलाई सर्वदलीय बैठक

नई दिल्ली 29 Oct, (एजेंसी): केरल में हुए बम धमाके के बाद दिल्ली और उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल सेंट्रल एजेंसियों के संपर्क में है। यूपी एटीएस को भी अलर्ट किया गया है। ATS की टीमें बीते दिनों में मिले नए इनपुट को फिर से खंगालने में लगी हैं। इन सबके बीच केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने सर्वदलीय बैठक बुलाई। कल सुबह 10 बजे सचिवालय स्थित मुख्यमंत्री कॉन्फ्रेंस हॉल में सर्वदलीय बैठक होगी।

केरल के कलामासेरी कन्वेंशन सेंटर में रविवार को हुए बम विस्फोटों की जांच से पता चला है कि विस्फोट को अंजाम देने के लिए टिफिन बॉक्स में रखे गए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) का इस्तेमाल किया गया था। धमाकों में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 40 घायल हो गए। घायलों में सात लोगों की हालत गंभीर है। केरल के डीजीपी शेख दरवेश साहब ने बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण विस्फोट होने की शुरुआती रिपोर्टों को खारिज कर दिया और पुष्टि की कि वह एक बम विस्फोट था।

सूत्रों ने यह भी पुष्टि की है कि यह आतंक पैदा करने के इरादे से किया गया कृत्य था। विस्फोट के समय कन्वेंशन सेंटर में लगभग 2,000 लोग प्रार्थना के लिए एकत्र हुए थे। कोच्चि से राष्ट्रीय खुफिया एजेंसी (एनआईए) की चार सदस्यीय टीम मौके पर थी। सूत्रों ने पुष्टि की कि नई दिल्ली से एनआईए टीम जांच संभालने के लिए केरल रवाना हो गई है।

पुलिस के अनुसार, उस स्थान से कई विस्फोटों की सूचना मिली थी, जहां यहोवा के साक्षी विश्वासियों की बैठक आयोजित की गई थी। विस्फोट सुबह करीब 9 बजे हुए थे। हॉल को सील कर दिया गया था और केरल पुलिस का आतंकवाद निरोधक दस्ता घटनास्थल पर था।

यहोवा के साक्षी ईसाइयों का एक समूह है जो खुद को प्रोटेस्टेंट नहीं मानते हैं। यहोवा साक्षी सम्मेलन एक वार्षिक सभा है, जहां बड़ी सभाएं होती हैं, जिन्हें क्षेत्रीय सम्मेलन कहा जाता है, जो तीन दिनों तक आयोजित की जाती हैं। सूत्रों के मुताबिक यह आयोजन पिछले शुक्रवार को शुरू हुआ था और रविवार को इसका समापन होना था।

सूत्रों ने कहा कि सभी घायलों को कलामासेरी के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने इस घटना को “बहुत दुर्भाग्यपूर्ण” बताया। उन्होंने रेखांकित किया कि सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जाएगी। सीएम विजयन, जो दिल्ली में अपनी पार्टी की बैठक में भाग ले रहे हैं, ने राज्य के सहकारिता मंत्री वी.एन. वासवन को प्रतिनियुक्त किया है।

****************************

 

हरियाणा सरकार ने खेड़की दौला टोल प्लाजा के लिए जमीन की पेशकश की

चंडीगढ़ 29 Oct, (एजेंसी): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने एनएचएआई को 30 एकड़ जमीन मुफ्त देने की पेशकश की है, और केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर खेड़की दौला टोल प्लाजा को उधर ट्रांसफर करने का अनुरोध किया है।

नितिन गडकरी को संबोधित एक संचार में मुख्यमंत्री ने कहा कि खेड़की दौला टोल प्लाजा राजमार्ग पर एक बड़ी बाधा है, जिससे गुरुग्राम क्षेत्र में यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण ट्रैफिक जाम होता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पंचगांव गांव में एक नया टोल प्लाजा स्थापित करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को जमीन की पेशकश की है।

यह रणनीतिक स्थान यातायात प्रवाह को सुविधाजनक बनाने और गुरुग्राम शहरी क्षेत्रों में भीड़भाड़ को कम करने में मदद करेगा।

मुख्यमंत्री ने गडकरी को आश्वासन दिया है कि गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमडीए) पूरी प्रक्रिया का त्वरित और कुशल परिवर्तन सुनिश्चित करने के लिए जल्द से जल्द भूमि हस्तांतरित करने के लिए तैयार है।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि इस कदम से मौजूदा यातायात बाधा का समाधान होने और क्षेत्र के समग्र विकास में योगदान मिलने की उम्मीद है।

******************************

 

PM मोदी का ऐलान, एकता दिवस पर रखी जाएगी युवाओं के सबसे बड़े संगठन मेरा युवा भारत की नींव

नई दिल्ली 29 Oct, (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज घोषणा की कि इस वर्ष 31 अक्टूबर को एकता दिवस के मौके पर आज़ादी के अमृत महोत्सव का समापन होने के साथ ही एक बहुत बड़े राष्ट्रव्यापी संगठन ‘मेरा युवा भारत’ की नींव रखी जाएगी जो नौजवानों को राष्ट्रनिर्माण के विभिन्न आयोजनों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर प्रदान करेगा।

मोदी ने यहां आकाशवाणी पर अपने नियमित मासिक कार्यक्रम मन की बात की 106 वीं कड़ी में यह घोषणा की। मोदी ने कहा कि 31 अक्टूबर का दिन हम सभी के लिए बहुत विशेष होता है। इस दिन हमारे लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्म-जयंती मनाते हैं। हम भारतवासी, उन्हें, कई वजहों से याद करते हैं, और श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं। सबसे बड़ी वजह है – देश की 580 से ज्यादा रियासतों को जोड़ने में उनकी अतुलनीय भूमिका।

उन्होंने कहा कि हम जानते हैं हर साल 31 अक्टूबर को गुजरात में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर एकता दिवस से जुड़ा मुख्य समारोह होता है। इस बार इसके अलावा दिल्ली में कर्तव्य पथ पर एक बहुत ही विशेष कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। उन्होंने कहा, “आपको याद होगा, मैंने पिछले दिनों देश के हर गाँव से, हर घर से मिट्टी संग्रह करने का आग्रह किया गया था।हर घर से मिट्टी संग्रह करने के बाद उसे कलश में रखा गया और फिर अमृत कलश यात्राएं निकाली गईं। देश के कोने-कोने से एकत्रित की गयी ये माटी, ये हजारों अमृत कलश यात्राएं अब दिल्ली पहुँच रही हैं।यहाँ दिल्ली में उस मिट्टी को एक विशाल भारत कलश में डाला जाएगा और इसी पवित्र मिट्टी से दिल्ली में ‘अमृत वाटिका’ का निर्माण होगा। यह देश की राजधानी के हृदय में अमृत महोत्सव की भव्य विरासत के रूप में मौजूद रहेगी।”

प्रधानमंत्री ने कहा, “31 अक्टूबर को ही देशभर में पिछले ढ़ाई साल से चल रहे आजादी के अमृत महोत्सव का समापन होगा। आप सभी ने मिलकर इसे दुनिया में सबसे लंबे समय तक चलने वाले महोत्सव में से एक बना दिया। अपने सेनानियों का सम्मान हो या फिर हर घर तिरंगा, आजादी के अमृत महोत्सव में, लोगों ने अपने स्थानीय इतिहास को, एक नई पहचान दी है। इस दौरान सामुदायिक सेवा की भी अद्भुत मिसाल देखने को मिली है।”

श्री मोदी ने कहा, “मैं आज आपको एक और खुशखबरी सुना रहा हूँ, विशेषकर मेरे नौजवान बेटे-बेटियों को, जिनके दिलों में देश के लिए कुछ करने का जज़्बा है, सपने हैं, संकल्प हैं।ये खुशखबरी देशवासियों के लिए तो है ही है, मेरे नौजवान साथियो आपके लिए विशेष है। दो दिन बाद ही 31 अक्टूबर को एक बहुत बड़े राष्ट्रव्यापी संगठन की नींव रखी जा रही है और वो भी सरदार पटेल की जन्मजयन्ती के दिन। इस संगठन का नाम है – मेरा युवा भारत, यानी माईभारत संगठन। यह संगठन भारत के युवाओं को राष्ट्रनिर्माण के विभिन्न आयोजनों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर देगा।” उन्होंने कहा, “ये, विकसित भारत के निर्माण में भारत की युवा शक्ति को एकजुट करने का एक अनोखा प्रयास है। ‘मेरा युवा भारत’ की वेबसाइट माईभारत भी शुरू होने वाली है। मैं युवाओं से आग्रह करूँगा, बार-बार आग्रह करूंगा कि आप सभी मेरे देश के नौजवान, आप सभी मेरे देश के बेटे-बेटी माईभारत डॉट जीओवी डॉट इन पर रजिस्टर करें और विभिन्न कार्यक्रम के लिए साइन अप करें।”

मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को भी उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, 31 अक्टूबर को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गाँधी जी की पुण्यतिथि भी है। मैं उन्हें भी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ।

**************************

 

केरल की रैली में हमास नेता की मौजूदगी पर बवाल, BJP ने कहा- देश के लिए चिंता की बात

तिरुवनंतपुरम 29 Oct, (एजेंसी): इजरायल-हमास युद्ध को तीन सप्ताह से अधिक का समय हो गया है, लेकिन इस युद्ध के थमने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं। इस बीच केरल में फलस्तीन के समर्थन में एक रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में हमास नेता भी वर्चुअली रूप से शामिल हुए। भाजपा की केरल उपाध्यक्ष ने इस पर सवाल खड़े किए हैं।

हमास नेता खालिद मशाल के रैली में वर्चुल शामिल होने पर केरल की भाजपा उपाध्यक्ष वीटी रेमा ने हैरानी जताई है। उन्होंने कहा कि हमास नेता खालिद मशल का रैली में वर्चुअल तौर पर शामिल होना इस्लामिक आतंकवादियों के एक समूह ने भारत जैसे धर्मनिरपेक्ष देश में अपनी असली मानसिकता दिखाई है।

वहीं, केरल भाजपा अध्यक्ष के. सुरेंद्रन ने भी हमास नेता के कार्यक्रम में शिरकत पर सवाल उठाए थे। उन्होंने राज्य सरकार की आलोचना करते हुए कहा था कि इस तरह के आयोजन अस्वीकार्य हैं।

बता दें कि केरल में जमात-ए-इस्लामी की युवा शाखा सॉलिडैरिटी यूथ मूवमेंट ने फलस्तीन के समर्थन में एक सभा का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम में हमास नेता ने वर्चुअली रूप से शिरकत की थी। हमास के पूर्व प्रमुख मशाल ने सभा को अरबी भाषा में संबोधित किया था।

*****************************

 

कांग्रेस ने कर्नाटक विधान परिषद चुनाव के लिए की पांच उम्मीदवारों की घोषणा

नई दिल्ली 29 Oct, (एजेंसी): कांग्रेस ने रविवार को कर्नाटक विधान परिषद के आगामी द्विवार्षिक चुनाव के लिए पांच उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।

कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने कहा, स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए आगामी चुनाव में “कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बेंगलुरु ग्रेजुएट्स के लिए रामोजी गौड़ा, बेंगलुरु टीचर्स के लिए पुत्तन्ना, साउथ वेस्ट टीचर्स के लिए के.के. मंजूनाथ, साउथ ईस्ट टीचर्स के लिए डी.टी. श्रीनिवास और नॉर्थ ईस्ट ग्रेजुएट्स के लिए डॉ. चन्द्रशेखर बी. पाटिल की उम्मीदवारी को मंजूरी दे दी है।”

इस साल की शुरुआत में कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जीत मिली थी।

****************************

 

मध्य प्रदेश में महिला ओबीसी चेहरों को भाजपा और कांग्रेस ने किया पीछे

भोपाल 29 Oct, (एजेंसी): मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में पिछड़े वर्ग और आधी आबादी का वोट हासिल करने के लिए दोनों प्रमुख राजनीतिक दल खूब गाल बजा रहे हैं, मगर महत्वपूर्ण बात यह है कि भाजपा और कांग्रेस ने पिछड़े वर्ग की आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करने वाली दो बड़ी नेत्रियों भाजपा की उमा भारती और कांग्रेस की साधना भारती को प्रचार के मैदान से ही बाहर रखा है।

राज्य में अगले माह की 17 तारीख को होने वाले मतदान की तैयारी में सभी राजनीतिक दल जुटे हुए हैं, कांग्रेस और भाजपा उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है और प्रचार अभियान गति पकड़ गया है। दोनों ही दलों के स्टार प्रचारकों की सूचियां जारी हो चुकी हैं। इन सूचियां में राष्ट्रीय और स्थानीय नेताओं के नाम तो नजर आ रहे हैं मगर कुछ ऐसे चेहरे हैं जिनके नाम इस सूची से नदारद हैं।

पहले हम बात करते हैं भारतीय जनता पार्टी की स्टार प्रचारक की सूची में पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती का नाम नहीं है। संभवत पहला ऐसा अवसर होगा जब उमा भारती का प्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए बनाई गई 40 लोगों की प्रचार सूची में नाम नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश की राजनीति में भाजपा का और पिछड़े वर्ग का बड़ा चेहरा है। उमा भारती लोधी समाज का प्रतिनिधित्व करती हैं और इस वर्ग के मतदाता करीब एक दर्जन विधानसभा सीटों पर नतीजे को प्रभावित करने में सक्षम है।

वहीं दूसरी और कांग्रेस ने भी साधना भारती को अपनी स्टार प्रचारक की सूची से बाहर रखा है। साधना भारती का मध्य प्रदेश से नाता है और वह हर चुनाव में पार्टी के लिए लगातार जनसभाएं भी करती हैं। इस बार उन्हें पार्टी ने चुनाव से पहले मीडिया तक अपनी बात पहुंचाने की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी और वह कई दिन तक राज्य में रहकर पार्टी की नीतियों का प्रचार और भाजपा पर हमला करती नजर आई।

अब जब स्टार प्रचारकों की सूची आई तो उनका नाम ही नहीं है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों ने आखिर लोधी समाज की आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करने वाली दो महिला नेत्रियों को चुनाव प्रचार के अभियान से दूर क्यों रखा है, यह सवाल हर किसी के मन में है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उमा भारती का जहां पार्टी के कुछ नेताओं से टकराव चलता है, वहीं साधना भारती की राज्य में सियासी हैसियत बढ़ रही थी जो दिल्ली से नाता रखने वाले कुछ नेताओं को रास नहीं आ रहा था। लिहाजा उन नेताओं ने अपनी रणनीति के मुताबिक साधना भारती को स्टार प्रचारक की सूची से बाहर करा दिया।

**********************

 

बिहार में गठबंधन सहयोगी होने के बावजूद कांग्रेस को नीतीश से ज्यादा भरोसा लालू पर

पटना 29 Oct, (एजेंसी): बिहार में भले ही राष्ट्रीय जनता दल (राजद), जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और कांग्रेस सहित कई दल मिलकर सरकार चला रहे हों, लेकिन कांग्रेस अभी भी लालू प्रसाद को ही भरोसेमंद मानती है। हाल के दिनों में प्रदेश की सियासत में कई तस्वीर ऐसी सामने आई हैं, जिससे इस बात को बल मिलता है कि राजद और कांग्रेस नीतीश कुमार पर आंख बन्द कर विश्वास करने की स्थिति में नहीं है।

इधर, जदयू ने भी मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में अपने प्रत्याशियों को उतार कर यह साफ कर दिया है कि उनकी रणनीति बदलती रहती है। ऐसे में कांग्रेस को जदयू पर संशय बरकरार है। वैसे, कहा यह भी जा रहा है कि नीतीश कुमार ने जिस तरह मोतिहारी के महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह में भाजपा की तारीफ करते हुए बयान दिया था, उसके बाद कांग्रेस और राजद सतर्क हो गई है।

इसके बाद जब जदयू ने मध्य प्रदेश चुनाव में 10 प्रत्याशियों को उतारकर अपनी रणनीति के संकेत दिए तो राजद के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में आयोजित पहले मुख्यमंत्री श्री कृष्ण सिंह की जयंती समारोह में शामिल होकर नीतीश कुमार की पार्टी को समझाने में देरी नहीं की।

इसमें कोई शक नहीं कि दशकों से अधिक समय तक राजद और कांग्रेस बिहार ही नहीं केंद्र की राजनीति में भी एक साथ कदमताल करती रही है। कांग्रेस और राजद की नजदीकी का अंदाजा इससे भी लगाया जा सकता है कि विपक्षी दलों को एकजुट करने में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुख्य भूमिका निभाई, लेकिन लालू प्रसाद ने कांग्रेस के राहुल गांधी को ‘दुल्हा’ और सभी को बराती बनने की बातकर विपक्षी दलों के गठबंधन के नेता बनाए जाने के संकेत दे दिए।

जदयू के नेता भी मानते हैं कि राजद और कांग्रेस के बीच अच्छी समझ को नकारा नहीं जा सकता। बिहार के मंत्री और जदयू के नेता अशोक चौधरी से जब आठ साल बाद लालू प्रसाद के कांग्रेस प्रदेश कार्यालय जाने और श्री कृष्ण सिंह की जयंती समारोह में भाग लेने के संबंध में पूछा गया तो उन्होंने बेबाक अंदाज में कहा कि राजद और कांग्रेस में अच्छी अंडरस्टैंडिंग है। दोनों दल मिलकर लंबे समय से काम कर रहे हैं।

इधर, कहा जाता है कि जदयू की मध्य प्रदेश में भले पकड़ नहीं हो, लेकिन जदयू ने जिन 10 क्षेत्रों में अपने प्रत्याशी उतारने की घोषणा की है उसमे वे कांग्रेस का खेल बिगाड़ सकते हैं। राजद के एक नेता ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर कहा कि 2015 में जिस तरह नीतीश कुमार ने राजद से मिलकर सरकार बनाई और फिर अलग हो गए, उसे राजद नहीं भूल सकी है। उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार कब क्या निर्णय लें यह वो भी नहीं जानते, ऐसे में उन पर आंख मूंद कर विश्वास करना खतरा ही है।

बिहार की राजनीति के जानकार अजय कुमार भी कहते हैं कि कांग्रेस और जदयू अपने-अपने सियासी मोहरे चल रहे हैं। बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा भी होती रही हैं। कांग्रेस मंत्रिमंडल में अपने कोटे के अनुसार मंत्री बनाने की मांग भी करते रही हैं, लेकिन अब तक मंत्रिमंडल विस्तार नहीं हुआ है। कांग्रेस की नीतीश से यह भी नाराजगी है।

उन्होंने कहा कि अब तक देखें तो नीतीश बिना किसी रणनीति के कोई निर्णय नहीं करते। मध्य प्रदेश में भी प्रत्याशी उतारने के पीछे उनका कोई मकसद होगा। वैसे, नीतीश की खास रणनीति दबाव की रही है। वे अपने सहयोगी पर दबाव बनाए रखते हैं। ऐसे में यह देखने वाली बात है कि वे कांग्रेस के साथ चलेंगे या फिर अलग राह पकड़ने की कोई रणनीति तो नहीं बना चुके हैं। वैसे, विपक्षी दलों के गठबंधन के संयोजक को लेकर भी नीतीश के नाम की चर्चा होते रही है, लेकिन अब तक इंडिया गठबंधन में संयोजक का नाम तय नहीं हुआ है।

**************************

 

खड़गे ने प्याज की बढ़ती कीमतों को लेकर बीजेपी पर किया तंज

नई दिल्ली 29 Oct. (एजेंसी): कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे ने रविवार को प्याज की बढ़ती कीमतों को लेकर भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर तंज किया।

खड़गे ने अपने एक्स अकाउंट पर एक कार्टून शेयर करते हुए हिंदी में लिखा, ‘पिछले 9.5 सालों से बीजेपी बढ़ती महंगाई और ऊंची कीमतों के खिलाफ जनता के आक्रोश का मजाक उड़ा रही है, हर बार महंगाई के मुद्दे पर मोदी सरकार ने लोगों का मजाक उड़ाया है।’ “महंगाई दिखाई नहीं देती, मैं प्याज नहीं खाता, हम दूसरे देशों से बेहतर हैं।” खड़गे ने पूछा,”फिर प्याज फिर महंगा क्यों?”

उन्होंने आगे कहा कि पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में जनता बीजेपी को हराकर इसका जवाब देगी। पिछले हफ्ते प्याज की कीमतें करीब 50 फीसदी तक पहुंच गईं। गुणवत्ता के आधार पर दिल्ली-एनसीआर में सब्जी 60-80 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिक रही हैं।

***************************

 

पीएम मोदी ने मिस्र के राष्ट्रपति से की बात, फिलिस्तीन-इजराइल मुद्दे पर भारत का रुख दोहराया

नई दिल्ली 29 Oct, (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देर रात मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी से टेलीफोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति और क्षेत्र तथा दुनिया पर इसके प्रभाव पर चर्चा की।

दोनों नेताओं ने आतंकवाद, हिंसा और नागरिक जीवन के नुकसान पर अपनी साझा चिंता व्यक्त की। पीएम मोदी ने इजराइल-फिलिस्तीन मुद्दे पर भारत की दीर्घकालिक और सैद्धांतिक स्थिति को दोहराया।

प्रधान मंत्री ने फिलिस्तीन के लोगों के लिए भारत की विकास साझेदारी और मानवीय सहायता पर प्रकाश डाला। दोनों नेता शांति और स्थिरता की शीघ्र बहाली और मानवीय सहायता की सुविधा की आवश्यकता पर सहमत हुए।

***************************

 

HIV पॉजिटिव रिपोर्ट देेख डॉक्टर हुआ आगबबूला, मरीज को मारे चांटे

इंदौर 29 Oct, (एजेंसी) : इंदौर में एचआईवी संक्रमित मरीज को पीटने के मामले में महाराजा यशवंतराव अस्पताल (एमवाईएच) के जूनियर डॉक्टर को निलंबित कर दिया गया. पीड़ित को थप्पड़ मारने का वीडियो सामने आने के बाद डॉक्टर के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। सांवेर के पंचचिड़िया निवासी एक 45 साल के एसआईवी पीड़ित शख्स का सड़क हादसे में पैर फ्रैक्चर हो गया था। घायल को उज्जैन के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, लेकिन गंभीर रूप से टूटी हड्डी के इलाज के लिए मरीज को उज्जैन से एमवायएच भेजा गया था।

इंदौर के एमवाईएच में जूनियर डॉक्टर आकाश कौशल इलाज शुरू होने से पहले मरीज या उसके परिजनों की तरफ से एचआईवी संक्रमण के बारे में नहीं बताए जाने से नाराज था। घटना के वीडियो में जूनियर डॉक्टर ड्रेसिंग टेबल पर लेटे मरीज को लगातार थप्पड़ मारता दिख रहा है और गालियां भी दे रहा है।

इस मामले में एमवायएच अधीक्षक डॉ. प्रमेंद्र ठाकुर ने कहा कि हड्डी रोग एवं ट्रॉमेटोलॉजी विभाग में पदस्थ जूनियर डॉक्टर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। ठाकुर ने बताया कि एमवायएच शहर के सरकारी महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज से संबद्ध है। डीन डॉ. संजय दीक्षित ने मामले की जांच करने और तीन दिनों में रिपोर्ट देने के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है। मरीज के संग आए परिजन ने दावा किया, “हम मरीज को फ्रैक्चर के इलाज के लिए एमवायएच लाए थे। वह पहले से ही एचआईवी से संक्रमित है। एचआईवी संक्रमण के बारे में नहीं बताने पर जूनियर डॉक्टर ने उसकी पिटाई कर दी। जब मैंने दखल दिया तो मुझे भी मारा गया। पीड़ित परिवार ने इस घटना की शिकायत सीएम हेल्पलाइन में दर्ज कराई है।

****************************

 

नए शैक्षणिक सत्र से देश भर की 300 यूनिवर्सिटी में लागू होगा 4 वर्षीय अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम

नई दिल्ली 29 Oct, (एजेंसी): आने वाले नए शैक्षणिक सत्र से देश भर की 300 से अधिक यूनिवर्सिटीज 4 वर्षीय अंडरग्रैजुएट प्रोग्राम यानि एफवाईयूपी लागू कर सकती हैं। हालांकि यह नियम बाध्यकारी नहीं होगा। छात्रों के पास एफवाईयूपी या फिर 3 वर्षीय अंडर ग्रेजुएट प्रोग्राम को अपनाने का विकल्प मौजूद रहेगा। यूजीसी के मुताबिक छात्रों को रिसर्च स्पेशलाइजेशन के साथ चार वर्षीय स्नातक ‘यूजी ऑनर्स’ डिग्री मिलेगी। फिलहाल देश भर की करीब 150 यूनिवर्सिटी में मौजूदा सत्र 2023-24 से एफवाईयूपी लागू हो गया है।

यूजीसी चेयरमैन प्रोफेसर एम. जगदीश कुमार के मुताबिक अगले सत्र में यह संख्या दोगुनी हो जाएगी। शैक्षणिक सत्र 2023-24 की शुरुआत में देशभर के 105 विश्वविद्यालयों ने एफवाईयूपी को लागू किया था। 4 वर्षीय अंडर ग्रेजुएट पाठ्यक्रमों को लागू करने वाले विश्वविद्यालयों में 19 केंद्रीय विश्वविद्यालय, 24 राज्य स्तरीय विश्वविद्यालय, 44 डीम्ड विश्वविद्यालय और 18 प्राइवेट विश्वविद्यालय शामिल थे। इनमें दिल्ली विश्वविद्यालय, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी, जम्मू केंद्रीय विश्वविद्यालय, विश्व भारती विश्वविद्यालय, राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय व मौलाना आजाद राष्ट्रीय उर्दू विश्वविद्यालय शामिल हैं।

अब इन विश्वविद्यालयों की संख्या बढ़कर 150 तक पहुंच चुकी है। एफवाईयूपी की रूपरेखा के तहत यूजीसी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के प्रावधानों का पालन करते हुए छात्रों को तीन वर्षीय स्नातक डिग्री के साथ-साथ 4 वर्षीय ऑनर्स डिग्री हासिल करने का विकल्प प्रदान किया है।

यूजीसी चेयरमैन के मुताबिक छात्र 120 क्रेडिट पूरा होने पर तीन वर्षीय यूजी डिग्री और 4 वर्ष में 160 क्रेडिट पूरा करने पर एफवाईयूपी ऑनर्स डिग्री हासिल कर सकेंगे। रिसर्च स्पेशलाइजेशन के इच्छुक छात्रों को चार साल के अंडर ग्रेजुएशन पाठ्यक्रम में एक रिसर्च प्रोजेक्ट शुरू करना होगा। इससे उन्हें रिसर्च स्पेशलाइजेशन के साथ साथ ऑनर्स की डिग्री हासिल होगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि चार वर्षीय अंडर ग्रेजुएट प्रोग्राम (एफवाईयूपी) के नए ड्राफ्ट से विदेशों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक छात्रों को मदद मिलेगी। भारतीय छात्रों में विदेशों में पढ़ाई को लेकर क्रेज साल दर साल बढ़ रहा है। बीते साल नवंबर तक 6 लाख से ज्यादा भारतीय छात्र, उच्च शिक्षा के लिए विदेश गए हैं, जबकि 2021 में यह संख्या 4.44 लाख थी।

इन आंकड़ों में कहा गया है कि कनाडा, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त राज्य अमेरिका और इटली ऐसे शीर्ष 5 देश हैं जहां पर भारतीय छात्र पढ़ने के लिए ज्यादा जा रहे हैं।

यूजीसी के नए ड्राफ्ट के अनुसार, अब छात्र तीन साल के बजाय चार साल पूरा करने पर ही अंडरग्रेजुएट ‘ऑनर्स’ की डिग्री प्राप्त कर सकेंगे।

यूजीसी का कहना है कि एफवाईयूपी का पाठ्यक्रम और क्रेडिट फ्रेमवर्क’ का ड्राफ्ट अंतरराष्ट्रीय स्टैण्डर्ड के अनुसार है। शिक्षा के स्तर में अंतरराष्ट्रीय बराबरी का एक लाभ यह भी है कि भारतीय छात्र को अमेरिका और पश्चिमी देशों के विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा के लिए पहले से अधिक अवसर प्राप्त हो सकेंगे। हालांकि कुछ शिक्षाविद् इससे सहमत नहीं हैं।

प्रसिद्ध शिक्षाविद् सीएस कांडपाल के मुताबिक एफवाईयूपी उन छात्रों को मदद करेगी जो अमेरिका के कई प्रसिद्ध विश्वविद्यालय में एडमिशन पाने के इच्छुक हैं। लेकिन प्रोग्राम में इस तरह की स्किल सिखाने की जरूरत है जिससे रोजगार बढ़ाया जा सके। इस तरह की स्किल विदेश में पढ़ने वाले छात्रों के भी लिए बहुत मददगार होगी। इन स्किल में कम्युनिकेशन, एडाप्टिबिलिटी, विदेशी भाषा, और सेल्फ-अवेयरनेस शामिल हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि मूल उद्देश्य देश में तीन साल के प्रोग्राम में ज्यादा संख्या में छात्रों को शामिल करना था। एफवाईयूपी, डिग्री तीन वर्षीय कार्यक्रम का विस्तार है। जैसे कि स्कूलों में आप क्लास में जाते हैं, नोट्स तैयार करते हैं और परीक्षा देते हैं। परीक्षा में आपके प्रदर्शन के हिसाब से आपको ग्रेड मिलता है। इस प्रकार की शिक्षा से छात्र विदेशों में अच्छी यूनिवर्सिटी में ग्रेजुएशन शिक्षा पाने के साथ-साथ करियर बनाने के लिए तैयार नहीं होते हैं क्योंकि उनका उद्देश्य मात्र विदेश के विश्वविद्यालय में प्रवेश पाना है। जो संस्थान एफवाईयूपी शुरू करने की योजना बना रहे हैं, उन्हें उसे इस बारे में सोचने की जरूरत है।

************************

 

ईसाइयों की प्रार्थना सभा में 3 ब्लास्ट, 1 की मौत; 20 से ज्यादा घायल

एर्नाकुलम 29 Oct, (एजेंसी) : केरल के एर्नाकुलम में कलामसेरी स्थित एक कन्वेंशन सेंटर में तीन जबरदस्त धमाके हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिस समय यह धमाके हुए उस समय कन्वेंशन सेंटर यहोवा के साक्षियों की प्रार्थना चल रही थी। धमाकों में एक शख्स की मौत हो गई है जबकि 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक यह घटना करीब 9 बजे की है। धमाके के बाद स्थानीय लोगों की मदद से लोगों को बाहर निकाला गया। यहां मौजूद कई लोगों का यह भी कहना है कि कन्वेंशन सेंटर में लगातार पांच धमाके हुए जिसमें से एक बेहद तेज था। केरल के मंत्री पी राजीव धणाके के बाद मौके पर पहुंचे। केरल के स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने तुरंत स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को भी हाजिर होने का आदेश दिया है।

कई मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि कन्वेंशन सेंटर में उस वक्त कुछ यहूदी भी मौजूद थे। ऐसे में संभव है कि उनको निशाना बनाकर ही यह धमाका किया गया हो। एक दिन पहले ही मलप्पुरम में आयोजित रैली में हमास के पूर्व चीफ ने हिंदुत्व और यहूदियों के खिलाफ जहर उगला था। इसके बाद रैली का आयोजन करने वाले संगठन ने यह भी कहा था कि हमास भारत में कोई प्रतिबंधित या फिर आतंकी संगठन नहीं है।

***************************

 

रोज़गार मेले के तहत 51,000+ नियुक्ति पत्रों के वितरण पर प्रधानमंत्री का संबोधन

नमस्कार।

रोजगार मेले की ये यात्रा इस महीने एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंची है। पिछले वर्ष अक्टूबर महीने में ही रोजगार मेले की शुरुआत हुई थी। तब से निरंतर केंद्र और एनडीए शासित, भाजपा शासित राज्यों में रोजगार मेले का आयोजन लगातार किया जा रहा है, बार-बार किया जा रहा है। अब तक लाखों युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। आज भी 50 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। दीवाली में अभी कुछ ही समय बाकी है, लेकिन नियुक्ति पत्र पाने वाले 50 हजार युवाओं के परिवार के लिए ये मौका दीवाली से जरा भी कम नहीं है। आप सभी ने कड़ी मेहनत से ये मुकाम हासिल किया है। इसके लिए आप सभी मेरे नौजवान साथी विशेषकर हमारी बेटियां बहुत-बहुत बधाई के पात्र हैं। आपके परिवार को विशेष रूप से मेरी तरफ से बहुत-बहुत शुभकामनाएं।

साथियों,

देश के अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आयोजित होने वाले रोजगार मेले युवाओं के प्रति हमारे commitment का प्रमाण है। हमारी सरकार युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखकर mission mode में काम कर रही है। हम ना सिर्फ रोजगार दे रहे हैं, बल्कि पूरे system को पारदर्शी भी बनाए हुए हैं, जिससे नियुक्ति प्रक्रिया पर युवाओं का भरोसा बना हुआ है। हमने भर्ती प्रक्रिया को ना सिर्फ streamline किया है, बल्कि कुछ परीक्षाओं को restructure भी किया है। Staff Selection Commission (SSC) की recruitment cycle में जो समय लगता था वो लगने वाला समय अब करीब-करीब आधा हो गया है। यानि circular पत्र जारी होने से लेकर नियुक्ति पत्र देने तक के समय को काफी कम कर दिया है। इससे युवाओं के समय की बड़ी बचत हुई है। युवाओं के हित में सरकार ने एक और महत्वपूर्ण बदलाव किया है। SSC ने कुछ परीक्षाओं को हिंदी, इंग्लिश और 13 क्षेत्रीय भाषाओं में लेना शुरू कर दिया है। इससे बड़ी संख्या में उन युवाओं को नौकरी के लिए आवेदन करने का अवसर मिल रहा है, जिनके रास्ते में भाषा की दीवार खड़ी थी।

साथियों,

आज भारत जिस दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिस तेजी से आगे बढ़ रहा है, उससे हर sector में रोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं। आपने देखा होगा, कुछ ही दिन पहले गुजरात के धोरडो गांव को, आपको पता होगा धोरडो कच्छ जिले में पाकिस्तान की सीमा पर का गांव है। इस धोरडो गांव को United Nations ने Best Tourism Village के रूप में सम्मानित किया है। इससे पहले कर्नाटका के होयसला मंदिरों और पश्चिम बंगाल के शांतिनिकेतन को World Heritage Site की पहचान मिली है। आप कल्पना कर सकते हैं कि इससे यहां पर्यटन की संभावना और अर्थव्यवस्था के विस्तार की संभावना कितनी बढ़ गई है। पहले, पर्यटन बढ़ने का सीधा मतलब है कि वहां रोजगार के नए अवसर तेजी से बढ़ेंगे, जिसका फायदा, ये tourism का ही तो परिणाम है, जिसका फायदा आसपास के होटल, छोटे-छोटे दुकानदार, बस चलाने वाले, टैक्सी चलाने वाले, ऑटो रिक्शा चलाने वाले, even टूरिस्ट गाइड का काम करने वाले, हर किसी को लाभ होता है। ऐसे ही sports क्षेत्र ये ऐसे sector भी हैं जो रोजगार के नए अवसर तैयार कर रहे हैं। नेशनल- इंटरनेशनल खेलों में हमारे खिलाड़ी ऐतिहासिक प्रदर्शन कर रहे हैं। ये उपलब्धियां हमारे देश के sports landscape में भी बड़े बदलाव और विकास का संकेत है। और जब sports sector का विकास होता है, तो सिर्फ बेहतर खिलाड़ी ही तैयार होते हैं, ऐसा नहीं है बल्कि इससे trainers, physios, referees और sports nutritionists जैसे अनेक नए अवसर तैयार होते हैं।

साथियों,

हम रोजगार देने वाले traditional sectors को मजबूत कर रहे हैं। और इसके साथ ही, हम renewable energy, space, automation और defense exports जैसे नए sectors को promote कर रहे हैं। Drone technology में संभावनाओं के नए द्वार खुल गए हैं। आज किसान ड्रोन्स का crop assessment और nutrients के छिड़काव में उपयोग धीरे-धीरे बहुत बढ़ रहा है। स्वामित्व योजना के तहत ड्रो न्स का land mapping में उपयोग हो रहा है। आपने कुछ दिन पहले एक वीडियो देखा होगा। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पिति में ICMR ने ड्रोन की मदद से एक जगह से दूसरी जगह दवा पहुंचाई। इस काम में पहले दो घंटे का समय लगता था लेकिन ड्रोन की मदद से ये 20, 25, 30 मिनट में ही, उससे भी कम समय में काम हो गया। ड्रोन्स ने बड़ी संख्या में startups को भी बढ़ावा दिया है। इस क्षेत्र में हो रहे निवेश से युवाओं को नए तरह के ड्रोन्स की designing में मदद मिल रही है।

मेरे परिवारजनों,

इसी महीने, हमने पूज्य बापू की जयंती भी मनाई है। गांधी जी ने चरखे को स्वदेशी और कर्मयोग के एक शक्तिशाली प्रतीक के रूप में इस्तेमाल किया। जो खादी अपनी चमक खो चुकी थी, उसकी चमक भी अब वापस लौट आई है। 10 साल पहले खादी की बिक्री 30 हजार करोड़ रुपए के आस-पास थी। अब ये सवा लाख करोड़ रुपए को भी पार कर गई है। इससे खादी और ग्राम उद्योग सेक्टर में अनेक रोजगार के नए अवसर बने हैं। विशेषकर महिलाओं को इससे बहुत मदद मिली है।

साथियों,

हर देश के पास अलग तरह का सामर्थ्य होता है। किसी के पास प्राकृतिक संसाधन होते हैं, कोई खनिज से संपन्न होता है, तो किसी के पास लंबे समुद्र तट की ताकत होती है। लेकिन इस सामर्थ्य का उपयोग करने के लिए, जिस सबसे बड़ी ताकत की आवश्यकता होती है, वो होती है हमारी युवा शक्ति। युवा शक्ति जितनी ज्यादा मजबूत होगी, देश उतना ज्यादा विकास करेगा। आज भारत अपने युवाओं को skilling और education के द्वारा नए अवसरों का लाभ उठाने के लिए तैयार कर रहा है। भविष्य की आधुनिक जरूरतों को देखते हुए देश में आधुनिक राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू की जा रही है। देश में बड़ी संख्या में नए medical college, IIT, IIM या triple IT जैसे कौशल विकास संस्थान खोले गए हैं। करोड़ों युवाओं को प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत training दी गई है। हमारे देश में करोड़ों कारीगर अपने पारंपरिक व्यवसायों के माध्यम से आजीविका चलाते हैं। ऐसे विश्वकर्मा कारीगरों उनके लिए पीएम विश्वकर्मा योजना भी शुरू की गई है। आज तकनीक के दौर में सब कुछ तेजी से बदल रहा है, इसलिए हर किसी को अपने हुनर और ज्ञान को update करते रहना होगा। कोई भी नई skill सीखने के बाद ये बहुत जरूरी है कि उसे निरंतर upskill और re-skill किया जाए। पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत कारीगरों के traditional skills को modern technology और tools से जोड़ा जा रहा है।

मेरे परिवारजनों,

युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार करना, राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ये विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में एक जरूरी कदम है। सरकारी कर्मचारी के तौर पर आपको ऐसी सारी योजनाओं को आगे बढ़ाना है, उन्हें जमीन पर लागू करना है। आज, आप सभी राष्ट्र निर्माण की हमारी यात्रा में महत्वपूर्ण सहयोगी बनकर हमसे जुड़ रहे हैं। मेरा आपसे आग्रह है कि आप अपने सपनों को आज पूरा कर रहे हैं लेकिन आप देशवासियों के सपनों की ownership ले रहे हैं। मेरा आपसे आग्रह है कि इस यात्रा को लक्ष्य तक पहुंचाने में पूरी तत्परता से आपका सक्रिय, proactive योगदान बहुत जरूरी है। I-Got portal पर आप अपना ज्ञान भी बढ़ाते चलें। आपका हर कदम देश को विकास के रास्ते पर तेजी से आगे ले जाने में मदद करेगा। एक बार फिर आप सभी को मेरी तरफ से बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आपके परिवारजनों को भी बहुत-बहुत शुभकामनाएं और आने वाला पूरा समय, आज तो शरद पूर्णिमा है। आने वाला पूरा समय त्योहारों का समय है, आप जहां हो भले सरकारी काम में लगे हो लेकिन vocal for local इस मंत्र को हर जगह पर पहुंचाइए, आप अपने परिवारजनों को भी बताइए कि हम vocal for local के लिए committed रहेंगे और वो ही रोजगार के नए अवसर देने का भी एक माध्यम है। फिर एक बार आप सबको बहुत-बहुत शुभकामनाएं। बहुत-बहुत धन्यवाद।

****************************

लियो के आगे भी डटी है भगवंत केसरी! हिंदी फिल्मों को दी मात

29.10.2023 (एजेंसी)    –  नंदमुरी बालाकृष्णा की फिल्म भगवंत केसरी बॉक्स ऑफस पर जमकर नोट छाप रही है. फिल्म बिना किसी खास प्रोमोशन के भी धुआंधार कमाई कर रही है. फिल्म 19 अक्टूबर को विजय थलापति की लियो के साथ थिएटर्स में रिलीज हुई थी और क्लैश के बावजूद फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है.रिपोर्ट के मुताबिक भगवंत केसरी ने अपनी रिलीज के सातवें दिन 5.00 करोड़ की कमाई की थी.

अब फिल्म के छठें दिन का कलेक्शन भी सामने आ गया है जिसके मुताबिक फिल्म गुरुवार को 4 करोड़ का कारोबार कर सकती है. इसके साथ फिल्म का टोटल कलेक्शन 65.65 करोड़ रुपए हो जाएगा. एक तरफ जहां साउथ सुपरस्टार विजय थलापति की लियो बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर रही है तो वहीं दूसरी तरफ नंदमुरी बालाकृष्णा की फिल्म भी थिएटर्स में डटी हुई है.

वर्ल्डवाइड भी भगवंत केसरी 100 करोड़ के क्लब में शामिल हो गई है. फिल्म ने दुनियाभर में 104 करोड़ रुपए कमा लिए हैं.

*****************************

 

फिटनेस प्रेमी हैं शो मीत की अभिनेत्री आशी सिंह

29.10.2023 (एजेंसी)    –  शो मीत में नजर आने वाली अभिनेत्री आशी सिंह ने अपनी फिटनेस पर बात करते हुए कहा कि वह फिट रहने के लिए हर सुबह वर्कआउट करना पसंद करती हैं।निश्चित रूप से काम की प्रतिबद्धताओं बीच फिट और स्वस्थ रहना कठिन है। लेकिन आशी हर चीज को संतुलित करने के लिए अपने व्यस्त कार्यक्रम से समय निकालती हैं।आशी ने कहा, मैं अपने दिन की शुरुआत सुबह 6 बजे वर्कआउट से करती हूं जो मुझे ऊर्जा से भर देता है।

मैं जिम में विभिन्न तकनीकें सीख रही हूं।उन्?होंने कहा, इसके अलावा यह मेरे लिए तनाव कम करने का तरीका बन गया है। जब मैं जिम में होती हूं, तो मेरा सारा तनाव और थकान गायब हो जाती है। यह मेरा नया प्यार है और मैं अपने फिटनेस लक्ष्य को हासिल करने के लिए उत्सुक हूं। वर्कआउट करने से मुझे फिट दिखने में मदद मिलती है,भले ही लंबे समय तक शूटिंग करनी पड़े।

16 साल की छलांग के बाद दर्शक मीत की बेटी, सुमीत (आशी सिंह) की कहानी से आकर्षित हो गए हैं, जो अपनी मां के नाम को बरकरार रखने की कोशिश कर रही है।मीत जी टीवी पर प्रसारित होता है।

*****************************