अमन को किडनी ट्रांसप्लांट के लिए राजीव प्रताप रूड़ी प्रधानमंत्री राहत कोष से 3 लाख दिलवाई

पटना ,13 सितम्बर (एजेंसी)। पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद  राजीव प्रताप रूडी की अनुशंसा पर प्रधानमंत्री राहत कोष से दरियापुर प्रखण्ड के पिरारीडीह पंचायत के पटिसीतल गाँव निवासी अमन प्रकाश कुमार पिता धर्मेन्द्र सिंह किडनी ट्रांसप्लांट रोग का इलाज दिल्ली एम्स मे चल रहा है.

इन्होने अपनी बिमारी की जानकारी स्थानीय कार्यकर्ताओ जीतेन्द्र सिंह, राजविकाश, पंकज सिंह की मदद से सांसद कंट्रोल रूम नं- 18003456222 पर दिया और सांसद राजीव प्रताप रुडी के आवास पर मिलकर जानकारी दिया जिसके बाद सांसद कंट्रोल रूम द्वारा जरूरी कागजात मंगवाकर इनको इलाज के लिए 3 लाख रुपए का स्वीकृत करवाया गया तथा आगे आस्वासन दिया गया कि इलाज मे और ज्यादा खर्च लगेगा तो और भी पैसा स्वीकृत करवाया जाएगा। जिसके बाद सांसद राजीव प्रताप रुडी के निर्देश पर स्वीकृति पत्र भाजपा प्रदेश कार्य समिति के सदस्य राकेश सिंह और क्षेत्रीय प्रभारी अनिल कुमार सिंह के नेतृतव मे दिया गया जिसमे मुख्य रूप से पैक्स अध्यक्ष शैलेश सिंह पैक्स अध्यक्ष अरुण सिंह, संटू सिंह,मोनू सिंह,मुन्ना सिंह,अनिल सिंह सहित अनेक स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद थे।

इस कार्य के लिए ग्रामीणो ने  सांसद राजीव प्रताप रुडी  को धन्यवाद दिया और उनके कार्य की सरहाना की और कहा की राजीव प्रताप रूडी हमेशा जनहित के कार्य मे लगे रहते है।

****************************

 

शिल्पा शेट्टी की सुखी का पहला गाना नशा जारी, 22 सितंबर कोरिलीज होगी फिल्म

14.08.2023  (एजेंसी)  –  बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी मौजूदा वक्त में अपनी आने वाली फिल्म सुखी को लेकर सुर्खियां बटोर रही हैं। यह फिल्म 22 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। अब निर्माताओं ने सुखी का पहला गाना नशा जारी कर दिया है, जिसे बादशाह, चक्षु कोतवाल और अफसाना खान ने अपनी आवाज दी है। गाने के बोल राजा दिलवाला ने लिखे हैं। नशा का संगीत बादशाह और हितेन ने तैयार किया है।शिल्पा ने इंस्टाग्राम पर नशा गाना साझा किया है।

इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, अब सबको चढ़ेगा, रीयूनियन का नशा। नशा गाना अब रिलीज़ हो गया है।यह गाना पॉप सॉन्ग है, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक इन्फ्लुएंस है, जो सिंथ-पॉप या मॉडर्न इलेक्ट्रॉनिक पॉप की खासियत है, हालांकि इसमें बॉलीवुड के डांस सॉन्ग का टच भी है, और निश्चित रूप से यह एक फुट टैपर है।नशा गाना फिल्म की थीम से कहीं अधिक मेल खाता है और दर्शकों को खुशी का एहसास कराता है। नशा के वीडियो में शिल्पा के इसी नाम के किरदार सुखी और उसके दोस्तों को दिखाया गया है, जो अपने स्कूल रियूनियन में जाते हैं।

यह गाना उनके मां के किरदार की भावना को बखूबी दर्शाता है, जो रूटीन लाइफ से ब्रेक लेकर एन्जॉय करना चाहती हैं।फिल्म का निर्देशन सोनल जोशी ने किया है, जबकि इसकी कहानी राधिका आनंद, पॉलोमी दत्ता और रूपिंदर इंद्रजीत ने लिखी है।

भूषण कुमार फिल्म के निर्माता हैं।सुखी में पवलीन गुजराल, दिलनाज ईरानी, चैतन्य चौधरी और अमित साध जैसे कलाकार भी मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

******************************

 

ड्रीम गर्ल 2 बनी अनन्या की पहली 100 करोड़ी फिल्म

14.08.2023  (एजेंसी)  –  अनन्या पांडे आजकल अपनी फिल्म ड्रीम गर्ल 2 की सफलता का आनंद उठा रही हैं। इसमें उनकी जोड़ी पहली बार आयुष्मान खुराना के साथ बनी है।ड्रीम गर्ल 2 ने भारत में 100 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा पार कर लिया है, जिसके बाद अनन्या की खुशी सातवें आसमान पर है और हों भी क्यों न यह उनके करियर की पहली फिल्म है, जिसने 100 करोड़ रुपये कमाए हैं।ऐसे में हम आपको उनकी पिछली फिल्म की कमाई बताएंगे।अनन्या को पिछली बार विजय देवरकोंडा की लाइगर में देखा गया था।

हालांकि, पिछले साल रिलीज हुई यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी।90 करोड़ रुपये की लागत में बनी लाइगर ने 20.05 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।इसस पहले 2019 में सिनेमाघरों में आई अनन्या की पति पत्नी और वो ने शानदार कमाई की थी, लेकिन यह 100 करोड़ी नहीं बन पाई।45 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म ने 86.89 करोड़ रुपये कमाए थे।अनन्या ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत फिल्म स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2 से की थी।करण जौहर द्वारा निर्देशित इस फिल्म ने टिकट खिड़की पर 69.11 करोड़ रुपये का कारोबार किया है और फिल्म का निर्माण 65 करोड़ रुपये की लागत में बनाया गया था।

अनन्या की कुछ फिल्में ओटीटी पर भी रिलीज हुई थी, जिसमें खाली पीली और गहराइयां (अमेजन प्राइम वीडियो) शामिल हैं।आने वाले दिनों में अनन्या खो गये हम कहां में नजर आएंगी।

******************************

 

वामिका गब्बी ने चार्ली चोपड़ा में जासूस की भूमिका निभाने पर कहा, यह एक अविश्वसनीय सम्मान

14.08.2023  (एजेंसी)  –  मॉडर्न लव मुंबई, जुबली, मॉडर्न लव चेन्नई और 83 के लिए मशहूर अभिनेत्री वामिका गब्बी महिला जासूसी सीरीज चार्ली चोपड़ा एंड द मिस्ट्री ऑफ सोलंग वैली में मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी। अभिनेत्री ने कहा कि एक महिला जासूस का किरदार निभाना मेरे लिए अविश्वसनीय सम्मान हैं।मनोरंजक मर्डर मिस्ट्री अगाथा क्रिस्टी के उपन्यास, द सिटाफोर्ड मिस्ट्री का आधिकारिक रूपांतरण है। इसे विशाल भारद्वाज द्वारा जीवंत किया गया है।

गैबी द्वारा अभिनीत यह सीरीज चार्ली चोपड़ा की कहानी पर आधारित है, जो एक निर्दोष अपराधी को बचाने और संदिग्धों से भरे शहर में असली अपराधी को खोजने के लिए एक हत्या के रहस्य में उलझ जाती है।अपने उत्साह को साझा करते हुए अभिनेत्री ने कहा, किसी शो में भारत की पहली महिला जासूस की भूमिका निभाना एक अविश्वसनीय सम्मान है। चार्ली चोपड़ा एक ऐसा किरदार है, जिसमें मैंने अपना दिल लगा दिया है, और मैं इस रोमांचकारी यात्रा पर दर्शकों के साथ जुडऩे का इंतजार नहीं कर सकती।

सीरीज में नसीरुद्दीन शाह, रत्ना पाठक शाह, गुलशन ग्रोवर, नीना गुप्ता, लारा दत्ता, प्रियांशु पेनयुली, चंदन रॉय सान्याल, इमाउद्दीन शाह, विवान शाह और पाओली दाम जैसे कलाकार शामिल हैं।वामिका ने आगे कहा, अक्सर हम महिलाओं को इस तरह के किरदारों में नहीं देखते हैं, और विशाल सर वास्तव में ऐसे व्यक्ति हैं जो हर चरित्र को इतने विस्तार से लिखते हैं। मैं हमेशा से उनके महिला किरदारों की बेहद शौकीन रही हूं, जिन्हें वह अपनी स्क्रिप्ट में लिखते हैं और चार्ली भी इससे अलग नहीं है।

यह अब तक की मेरी सबसे महत्वाकांक्षी भूमिका है।चार्ली चोपड़ा एंड द मिस्ट्री ऑफ सोलंग वैली का प्रीमियर 27 सितंबर को सोनी लिव पर होने वाला है। इसके अलावा वामिका तब्बू के साथ खुफिया और वरुण धवन के साथ वीडी18 में भी नजर आएंगी।

******************************

 

वेस्टर्न ही नहीं एथनिक में भी बवाल लगती हैं नोरा फतेही, फोटोज देख लट्टू हुए फैंस

14.08.2023  (एजेंसी)  –  बॉलीवुड की फेमस डांसर और अभिनेत्री नोरा फतेही आए दिन अपने बहतरीन लुक्स से इंटरनेट पर बिजलियां गिराती रहती हैं। लेटेस्ट तस्वीरों में एक्ट्रेस ने सिंपल सी साड़ी पहन कर एक बार फिर से सोशल मीडिया पर लाइमलाइट लूट ली है। इन तस्वीरों में उनकी कातिलाना अदाएं देखकर फैंस के दिलों पर खंजर चल गए हैं। डांसिंग क्वीन नोरा फतेही ने हाल ही में अपनी लेटेस्ट फोटोशूट की तस्वीरों से फैंस को दीवाना बना दिया है।

इन तस्वीरों में नोरा फतेही ने ग्रीन कलर की बनारसी लुक में साड़ी पहनी हुई है,साथ ही डीपनेक ब्लाउज से अपने लुक को टिम अप किया हुआ है। ओपन हेयर, कानों में झुमकें और मिनिमल मेकअप कर के एक्ट्रेस नोरा फतेही ने अपने लुक को अच्छे से निखारा है। बता दें कि एक्ट्रेस जब भी अपनी तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट करती हैं तो फैंस उनकी हर एक लुक पर लाइक्स और कॉमेंट्स करते नहीं थकते हैं। इन तस्वीरों में नोरा फतेही का खूबसूरत और कातिलाना अंदाज देखकर फैंस मदहोश हो गए हैं।

नोरा फतेही ने इन तस्वीरों को क्लिक करवाते हुए एक से बढ़कर एक कातिलाना पोज दिए हैं। बता दें कि नोरा फतेही सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। साथ ही लाइफ से जुड़ी हर एक अपडेट्स फैंस के बीच शेयर करती हैं। एक्ट्रेस की इन तस्वीरों में आप देख सकते हैं कि नोरा ने एक बार फिर अपने लुक से लाइमलाइट लूट ली है।

************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज आपका दिन बेहतरीन रहने वाला है। आज आप जो भी काम शुरू करेंगे उसमें आपको सफलता जरूर मिलेगी। जो लोग सरकारी नौकरी से जुड़े हैं, उनके लिए आज का दिन उत्तम रहने वाला है। लंबे समय से प्रमोशन में आ रही रुकावट आज दूर होगी। जिनकी जॉब अभी नई-नई शुरू हुई है, उनको ऑफिस में कलीग का सहयोग मिलेगा। घर से दूर रहकर पढ़ाई कर रहे छात्रों को थोड़ी और मेहनत करने की जरूरत है। जल्द ही मेहनत का लाभ आपको मिलने वाला है।

* शुभ रंग- गुलाबी

* शुभ अंक- 5

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी , वु , वे, वो

आज आपका दिन बढिय़ा रहने वाला है। आज परिवार के लोगों से आपको भरपूर सहयोग प्राप्त होगा, खासकर आपके प्रति बड़ों का प्यार बना रहेगा। साथ ही बच्चे भी आपसे खुश रहेंगे । आज आप किसी नये बिजनेस को शुरू करने का विचार कर सकते हैं । आज किसी भी कार्य में सफलता आपके हाथ जरूर लगेगी। आज तरक्की के किसी भी अवसर को अपने हाथ से ना जाने दें, कोई भी छोटा चांस आपको मालामाल बना सकता है। आज कम मेहनत में ज्यादा फल पाने वाला दिन हैं, इसे आप अपने परिश्रम से और भी अच्छा बना सकते हैं।

* शुभ रंग- हरा

* शुभ अंक- 1

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज आपका दिन सामान्य रहने वाला है। आज आपकी मेहनत के मुताबिक ही आपको फल मिलेगा, इसलिए मेहनत जारी रखें। प्रतियोगी परिक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए दोगुनी मेहनत करने का दिन है। एक निर्धारित टाइम टेबल बनाकर पढ़ाई करेंगे तो आपकी सफलता के चांस बढ़ जाएंगे। जिन लोगों की जल्द ही शादी हुई है, वे आज एक दूसरे को अच्छे से समझेंगे। साथ ही कहीं घूमने का प्लान भी बनायेंगे । अगर आप लोन लेना चाहते है तो आज के दिन आवेदन कर सकते है। मार्केट में आज आपके कीमती सामान और मोबाइल का खास ख्याल रखें।

* शुभ रंग- लाल

* शुभ अंक- 2

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो

आज का दिन आपके लिए फायदेमंद रहने वाला है। आज आपको आय के नए-नए स्त्रोत मिलेंगे, जिससे आपको अच्छी इनकम होगी। आज ऑफिस में किसी सीनियर का सहयोग मिलने से काम में आसानी होगी। आज आपके दांपत्य जीवन में मधुरता आएगी। जॉगिंग पर जाने से दिनभर खुद को तरोताजा महसूस करेंगे। आज आपको पहले किये हुए किसी काम से अच्छा लाभ मिलेगा। आज किसी नए कॉन्टैक्ट से आपको ज्यादा फायदा होगा। आज कुछ लोगों को आपकी उदारता पसंद आ सकती है।

* शुभ रंग- ग्रे

* शुभ अंक- 8

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज का दिन मिली-जुली प्रतिक्रिया देने वाला रहेगा। कोई भी बड़ा काम शुरू करने से पहले उस क्षेत्र से जुड़े लोगों की राय जरुर ले लें। आज आपके व्यापार की गति अच्छी बनी रहेगी। आज आपको आपको अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने की जरूरत है, बदलते मौसम का असर हो सकता है। आज आपको ऑफिस के काम में किसी सहकर्मी का सहयोग मिलेगा। दांपत्य जीवन में अच्छा ताल मेल बना रहेगा। बच्चों का मन पढ़ाई में लगेगा, कोई जरूरत का समान खरीदने के लिए कह सकते हैं।

* शुभ रंग- नीला

* शुभ अंक- 9

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज का दिन आपके लिए खुशियों से भरा रहेगा। आज आप कोई ऐसी चीज हासिल कर पाएंगे, जिसकी आपको बहुत कम उम्मीद थी। आज आपके मन में नए-नए क्रिेएटिव आइडियाज आयेंगे, जिनका आप बखूबी इस्तेमाल भी करेंगे। ऑफिस में हर कोई आपके काम से खुश रहेगा। आपके जूनियर भी आपसे काम सिखने आएंगे। आज आप परिवार के साथ किसी दार्शनिक स्थल पर घूमने जा सकते हैं। सेहत के लिहाज से दिन अच्छा रहने वाला है। छात्रों के लिए आज का दिन सफलता दिलाने वाला साबित होगा।

* शुभ रंग- ग्रे

* शुभ अंक- 3

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते

आज आपका दिन पहले से बेहतर रहेगा। आज किसी पर भी तुरंत भरोसा न करें, ये आपके लिए थोड़ा परेशानी भरा हो सकता है। बिजनेस में लेन-देन का ख्याल रखें। कोई भी बड़ी डील करने से पहले सब कुछ अच्छे से जांच परख कर लें। जो महिलाए गृह उद्योग शुरू करना चाहती हैं, उनको परिवार से पूरा सहयोग मिलेगा। आज माता के स्वास्थ्य के प्रति आपको थोड़ा सतर्क रहना चाहिए। प्राइवेट जॉब के लिए दिन ठीक रहेगा, बॉस आपके कार्यों की तारीफ करेंगे। मोटर रिपेयरिंग का कार्य कर रहे लोगों को आज रोज की अपेक्षा ज्यादा मुनाफा होगा।

* शुभ रंग- आसमानी

* शुभ अंक- 4

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आपका दिन बेहतर रहेगा। आज आपके घर पर कोई रिश्तेदार आ सकते है, घर में अच्छा माहौल बना रहेगा। अगर मन में कोई बात आपको परेशान कर रही है तो अपने दोस्तों से इस बारे में बात करें। आपको अच्छा सलूशन मिल सकता है । एजुकेशन सेक्टर में काम कर रहे लोगों को आज अच्छा फायदा होगा। आज आपको अपनी वाणी पर संयम रखना होगा। आपकी एक गलत बात आपके कार्यों में रूकावट डाल सकती है। आज आप किसी वृद्ध महिला का सहयोग करेंगे, आपका दिन अच्छा गुजरेगा। लवमेट्स एक दूसरे पर विश्वास बनाकर रखें।

* शुभ रंग- मैजेंटा

* शुभ अंक- 2

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज आपका दिन अच्छा रहने वाला है। आज आपकी धार्मिक कार्यो में रुचि बढ़ेगी। आज आप किसी विशेष काम का हिस्सा बन सकते हैं। कई दिनों से रुका हुआ पैसा आज आपको वापस मिल सकता है। जो लोग स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े हैं, उनके लिए आज का दिन उत्तम रहेगा। आज आप खुद पर विश्वास बनाये रखें। आज आप किसी अजनबी से कुछ नया सीखेंगे जो आपके लिए काफी रोचक रहेगा। जो विद्यार्थी लॉ की पढाई पढऩा चाहते हैं वो आज से तैयारी शुरू कर देंगे।

* शुभ रंग- भूरा

* शुभ अंक- 8

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज का दिन आपके लिए बढिय़ा रहने वाला है। आज आपके अंदर कॉन्फिडेंस बना रहेगा। आज कारोबार से जुड़े कुछ जरूरी काम पूरे होंगे, आप नए काम पर पूरा फोकस करेंगे। आज आप बच्चों से कोई नई बात सीख सकते हैं। साथ ही जीवनसाथी की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे। हर जगह से आपको काम के लिए ऑफर मिलते दिखाई देंगे। बिजनेस के लिहाज से की गई यात्राएं आपके लिए लाभकारी होगी। आपकी आर्थिक स्थिति भी बेहतर रहेगी। आज आपकी रचनात्मक प्रतिभा खुलकर सामने आएगी।

* शुभ रंग- काला

* शुभ अंक- 2

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आपका दिन लाभदायक रहने वाला है। लंबे समय से चल रही कोई योजना आज पूरी हो जाएगी। आज आपका दिन पहले से ज्यादा बेहतर रहने वाला है। कोई नया काम शुरू करने के बारे में भी सोच सकते हैं, दिन आपके लिए अच्छा है। जो लोग कला या संगीत के क्षेत्र से जुड़े हैं, उनके लिए आज का दिन उत्तम रहने वाला है। आपको कोई बड़ा प्लैटफॉर्म या बड़े सिंगर का सहयोग मिल सकता है। करियर को बेहतर बनाने का प्रयास सफल होगा। लवमेट्स के लिए दिन अच्छा रहने वाला है।

* शुभ रंग- सफेद

* शुभ अंक- 1

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची):

आज आपका दिन बढिय़ा रहने वाला है। आज आप अपने विवेक का इस्तेमाल करके रुके हुए कार्यों को पूरा करने में सफल होंगे। पिता का सहयोग मिलने से काम समय से पूरा हो जाएगा। आपका कोई विरोधी आपको परेशान करने की प्लानिंग बना सकता है। आपको आस-पास की चीजों पर ध्यान रखना चाहिए। इस राशि के प्रोफेसर के लिए आज का दिन अच्छा रहेगा। किसी अच्छे कॉलेज से लेक्चरार के लिए ऑफर आ सकता है। मेडिकल की पढ़ाई कर रहे छात्रों के लिए अच्छा रहने वाला है।

* शुभ रंग- हरा

* शुभ अंक- 5

*****************************

 

केंद्र सरकार का चीन पर कड़ा प्रहार: चुनिंदा स्टील पर पांच साल के लिए लगाया एंटी-डंपिंग शुल्क

नई दिल्ली ,13 सितंबर (एजेंसी)। केंद्र ने कुछ चीनी स्टील पर पांच साल के लिए एंटी-डंपिंग शुल्क लगाया है। सूत्रों ने कहा कि यह निर्णय तब लिया गया जब यह पाया गया कि चीनी निर्यातक अन्य देशों को बेहद कम कीमत पर स्टील उत्पाद निर्यात कर रहे थे।

वित्त मंत्रालय ने एक अधिसूचना के माध्यम से इस निर्णय की घोषणा की गई। पिछले हफ्ते इस्पात मंत्रालय ने कहा था कि भारत में सस्ते चीनी इस्पात उत्पादों की डंपिंग की शिकायतें मिलने के बाद वह इस्पात आयात पर नजर रख रहा है।

चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जुलाई अवधि के दौरान चीन भारत को स्टील का सबसे बड़ा निर्यातक था, उसके बाद दक्षिण कोरिया था। चीन मुख्य रूप से भारत को शीट या कोल्ड-रोल्ड कॉइल्स का निर्यात करता है। यह विश्व का शीर्ष इस्पात उत्पादक भी है।

******************************

 

दतिया में दो पक्षों के बीच गोलीबारी, पांच की मौत

दतिया 13 Sep, (एजेंसी)-मध्यप्रदेश के दतिया जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में आज दो पक्षों के बीच हुयी गोलीबारी में पांच लोगों की मौत हो गयी और तीन लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रेंडा गांव में सुबह दो पक्षों के बीच विवाद के बाद हुयी गोलीबारी में दोनों पक्षों के पांच लोगों की मृत्यु हो गयी और तीन घायल हो गए, जिन्हें दतिया के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने बताया कि एक ही गांव के दो परिवारों के बीच तीन दिन पूर्व खेत से मवेशी भगाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के लिए आज दोनों पक्षों को बैठाकर समझौता कराना था, लेकिन इससे पूर्व ही दोनों पक्षों में विवाद हो गया। पुलिस मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच कर रही है।

********************************

 

अब इस वायरस ने फैलाई दहशत, मास्क पहनना हुआ अनिवार्य

कोझिकोड 13 Sep, (एजेंसी)-कोरोना के कहर को अभी लोग भूल नहीं पाए हैं कि अब निपाह वायरस पैर पसारने शुरू हो गया। इस कारण सावधानियां बरती जाने लगी हैं। केरल के केरल के कोझिकोड में निपाह वायरस से दो लोगों की मौत के बाद 3 और जिले कन्नूर, वायनाड और मलप्पुरम में अलर्ट जारी किया गया है।

यहां के 7 ग्राम पंचायतों को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। कंटेनमेंट जोन वाले इलाके और अस्पतालों में मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है।

केरल सरकार ने केरल के 7 गांव के स्कूल और बैंक बंद करने का आदेश जारी किया है। यह एक ऐसा वायरस है जो जानवरों से इंसानों में फैलता है, जिसे ज़ूनोटिक डिज़ीज़ कहा जाता है। ये चमगादड़ों और सुअर के जरिए इंसानों में फैल सकता है। आपको बता दें कि कोरोना का सबसे पहला केस केरल में ही आया था और वे भी जानवरों से फैलने वाली बीमारी थी।

आपको जानकर हैरानी होगी कि कोरोना वायरस की वैक्सीन एक साल में ही तैयार हो गई लेकिन निपाह वायरस की वैक्सीन और दवाई अब तक उपलब्ध नहीं है। यह ब्रेन और नर्वस सिस्टम पर अटैक करता है। इस वायरस की वजह से इंसान बहुत जल्दी कोमा में जा सकता है। तेज बुखार, बदन दर्द, उल्टी इसके लक्षण होते हैं।

******************************

 

नियमों का उल्लंघन करने पर अजित पवार को झटका, एनसीपी का एक्स हैंडल निलंबित

मुंबई 13 Sep, (एजेंसी)-उप मुख्यमंत्री अजित पवार और अन्य के नेतृत्व वाली अलग हुई राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के एक्स हैंडल को एक पखवाड़े से अधिक समय के लिए निलंबित कर दिया गया है। पार्टी नेताओं ने यहां यह आरोप लगाया।

एक्‍स पर एक नोटिफिकेशन के अनुसार, @एनसीपीस्‍पीक्‍स1 खाते को सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म के नियमों का उल्लंघन करने के लिए निलंबित कर दिया गया है। हालांकि इसके लिए कोई विवरण नहीं दिया गया है।

शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट (@एनसीपीस्‍पीक्‍स) से कथित तौर पर शिकायत की थी कि अजित पवार ग्रुप का एक्स अकाउंट (@ncpspeaks1) उसके अपने आधिकारिक अकाउंट के समान था।

हालांकि, अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के सूत्रों ने दावा किया कि एक्स अकाउंट बुधवार को बहाल होने की संभावना है।

**************************

 

गोपाल बागले होंगे ऑस्ट्रेलिया में नये भारतीय उच्चायुक्त

नई दिल्ल्ली 13 Sep, (एजेंसी)-श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त गोपाल बागले को आस्टेलिया में नया भारतीय उच्चायुक्त नियुक्त किया गया है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार 1992 बैच के भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी बागले इससे पूर्व विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता और प्रधानमंत्री कार्यालय में तैनात रह चुके हैं। वह पाकिस्तान में भारत के उप उच्चायुक्त भी रह चुके हैं। बागले को जुलाई 2020 में श्रीलंका में उच्चायुक्त बनाया गया था। उनकी नयी नियुक्ति कार्यभार संभालने के समय से प्रभावी होगी।

*******************************

 

संसद के विशेष सत्र से पहले सरकार ने बुलाई सर्वदलीय बैठक

नई दिल्ली 13 Sep, (एजेंसी)- संसद का विशेष सत्र 18 से 22 सितंबर तक होने वाला है। इस सत्र से पहले केंद्र सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है जोकि 17 सितंबर को होगी। सूत्रों के अनुसार, विशेष सत्र सर्वदलीय बैठक में विशेष सत्र के एजेंडे पर चर्चा होने की संभावना है। वहीं, कांग्रेस संसद के विशेष सत्र के लिए एजेंडे की सूचना नहीं होने को लेकर केंद्र सरकार पर हमलावर है।

कांग्रेस ने सवाल उठाया कि सत्र आरंभ होने में कुछ ही दिन शेष हैं, लेकिन शायद ‘एक व्यक्ति’ को छोड़कर एजेंडे के बारे में किसी के पास जानकारी नहीं है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने अतीत में हुई संसद की कुछ विशेष बैठकों का उल्लेख भी किया और कहा कि विशेष बैठकों से पहले कार्यसूची की जानकारी उपलब्ध होती थी।

लोकसभा सचिवालय ने जानकारी दी है कि 17वीं लोकसभा का 13वां सत्र 18 सितंबर से शुरू होगा और सरकार के कामकाज को देखते हुए यह 22 सितंबर तक चलेगा। वहीं, राज्यसभा सचिवालय ने अपने बुलेटिन में कहा था कि सदस्यों को सूचित किया जाता है कि राज्यसभा का 261वां सत्र 18 सितंबर से शुरू होगा। सत्र 18,19,20, 21 और 22 सितंबर तक चलेगा. अधिसूचना के मुताबिक, सत्र आमतौर पर सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे और फिर दोपहर दो बजे से शाम छह बजे तक चलेगा।

******************************

 

सोनिया गांधी ने रची है हिन्दुत्व की हत्या की साजिश : BJP

नई दिल्ली 13 Sep, (एजेंसी)- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विपक्षी गठबंधन को ‘एंटी हिन्दू कोऑर्डिनेशन कमेटी’ का नया नाम देते हुए बुधवार को कहा कि ये 26 दल मिल कर हिन्दुओं और सनातन धर्म को मिटाने को लेकर चर्चा करने के लिए इकट्ठा हो रहे हैं जिसकी साजिश कांग्रेस नेता सोनिया गांधी बहुत पहले ही रच चुकी हैं।

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने यहां पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में संवाददाताओं से कहा कि आज एंटी हिन्दू कोऑर्डिनेशन कमेटी यानी एएचसीसी की बैठक हो रही है , जिसमें हिन्दू धर्म काे समाप्त करने को लेकर चर्चा होनी है। कहा जा रहा है कि 26 दल लोकसभा चुनावों में सीट बंटवारे को लेकर बात करेंगे , लेकिन वे पार्टियां तो पहले से ही बंटी हुईं हैं तो इस बैठक में प्रचार, घोषणापत्र या सीट बंटवारे की कोई बात कैसे होगी। वे सिर्फ एक मकसद के लिए एकजुट हैं कि कैसे हिन्दू धर्म को समाप्त किया जाए।

डॉ. पात्रा ने कहा कि इसके कुछ नेता डेंगू, मलेरिया, कोविड, कुष्ठ, एड्स आदि रोगों से सनातन धर्म की तुलना कर रहे हैं , जबकि हर रोग को ठीक करने की शिक्षा हिन्दू धर्म देता है। विपक्षी गठबंधन का एक बड़ा नेता कह रहा है कि हिन्दू धर्म एक वैश्विक बीमारी है और इसे उखाड़ कर फेंक देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो लोग इस देश की मिट्टी के नहीं हो पाये, देश के गरीब के क्या हो पाएंगे।

उन्होंने कहा कि यदि ऐसी बातें किसी अन्य पंथ के बारे में कुछ कहा जाता तो लोग संयुक्त राष्ट्र तक बखेड़ा खड़ा कर दिया गया होता। उन्होंने कहा कि ये सब एक सोची – समझी ‘डिज़ाइन’ है। अनेक वर्षों से भगवान राम को काल्पनिक बताया गया।  राहुल गांधी ने विदेश में कहा कि देश को सिमी से नहीं, हिन्दुत्व से खतरा है। हिन्दुओं के संगठनों की तुलना मुस्लिम ब्रदरहुड से करना , इसी सोची – समझी साजिश का हिस्सा था। डाॅ पात्रा ने कहा कि कोई कहता है कि राममंदिर के दर्शन के लिए आने वाले हिन्दुओं को गोधरा कांड की तर्ज पर जलाया जाएगा। राममंदिर के खिलाफ बयानबाजी हो रही है। तिलक लगाने और स्वास्तिक चिह्न के बारे में बोला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कि श्रीमती सोनिया गांधी ने ही हिन्दुत्व की हत्या की इस साजिश को लिपिबद्ध किया है। उन्होंने कहा कि यह अधर्मी गठबंधन है , जो देश के मूल को मिटाना चाहता है।

***************************

 

उज्ज्वला योजनाः 75 लाख नए रसोई गैस कनेक्शन देगी मोदी सरकार, 1650 करोड़ रुपए स्वीकृत

नई दिल्ली 13 Sep, (एजेंसी)-केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के विस्तार के लिए 1650 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है जिससे अगले तीन वर्ष में 75 लाख नये रसोई गैस – एलपीजी कनेक्शन दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को यहां हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इस आशय के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया। बैठक के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने वित्त वर्ष 2023-24 से वित्त वर्ष 2025-26 तक तीन वर्षों में 75 लाख एलपीजी कनेक्शन जारी करने के लिए प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के विस्तार को मंजूरी दे दी है। इसका कुल व्यय 1650 करोड़ रुपये होगा।

ठाकुर ने कहा कि गरीब परिवारों को एलपीजी कनेक्शन से स्वच्छ खाना पकाने के ईंधन तक पहुंच मिलेगी, जिससे लकड़ी, कोयला, गोबर आदि जैसे खाना पकाने के ईंधन के पारंपरिक स्रोतों के उपयोग के कारण होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं का समाधान हो सकेगा। इससे महिलाओं की कार्य क्षमता में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि कुछ पात्र परिवारों के पास अभी भी एलपीजी कनेक्शन नहीं है। इसके कारण बढ़ती जनसंख्या, विवाह, प्रवासन, परिवारों का विभाजन, बचे हुए घर, अत्यंत दूरस्थ स्थान आदि है। उन्होंने बताया कि 31 अगस्त 2023 तक 15 लाख पीएमयूवाई कनेक्शन की मांग थी। पीएमयूवाई से देश में एलपीजी की पहुंच बढ़ाने में प्रमुख योगदान दिया है। उज्ज्वला योजना में 14.2 किलोग्राम एक सिलेंडर के लिए 2200 रुपये प्रति कनेक्शन, पांच किलोग्राम के दो सिलेंडर के लिए 2200 रुपये प्रति कनेक्शन और पांच किलोग्राम सिलेंडर 1300 रुपये प्रति कनेक्शन व्यय किये जाते हैं। उज्ज्वला के मौजूदा तौर-तरीकों के अनुसार, उज्ज्वला लाभार्थियों को पहला सिलेंडर और चूल्हा भी मुफ्त प्रदान किया जाता है।

ई-कोर्ट पर केंद्र सरकार का जोर
उन्होंने आगे कहा, “कैबिनेट का एक महत्वपूर्ण निर्णय यह है कि 7,210 करोड़ रुपए की ई-कोर्ट मिशन मोड परियोजना चरण 3 को आज मंजूरी दे दी गई है। इसका लक्ष्य ऑनलाइन और पेपरलेस अदालतों की स्थापना करना है… इससे न्यायिक प्रणाली और अधिक पारदर्शी हो जाएगी… कागज रहित अदालतों के लिए, ई-फाइलिंग और ई-भुगतान प्रणाली को सार्वभौमिक बनाया जाएगा… डेटा संग्रहीत करने के लिए क्लाउड स्टोरेज बनाया जाएगा. सभी अदालत परिसरों में, 4,400 ई-सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे…”।

*****************************

 

गाजियाबाद: सातवें फ्लोर के फ्लैट में लगी भीषण आग

गाजियाबाद 13 Sep, (एजेंसी): गाजियाबाद के कौशांबी इलाके में एक सोसाइटी के अंदर बने टावर के सातवें फ्लोर के फ्लैट में रात डेढ़ बजे के आसपास आग लगने की सूचना फायर विभाग को मिली। मौके पर पहुंची फायर विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया और अंदर फंसे लोगों को रेस्क्यू भी किया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।

गाजियाबाद के फायर विभाग से मिली सूचना के मुताबिक, फायर स्टेशन वैशाली में रात करीब 1:36 बजे एक्सप्रेशन टावर कोशाम्बी के फ्लैट नम्बर-709 के सातवें तल में घर में आग की सूचना मिली थी। फायर स्टेशन वैशाली से दो फायर टैंकर यूनिट घटनास्थल के लिए रवाना हुए।

घटनास्थल पर जाकर देखा गया की घर से आग की लपटे और काला धुआँ बहुत तेजी से बाहर आ रहा था। धुआँ इतना ज्यादा था कि फायर फाइटिंग करने में परेशानी हो रही थी, लेकिन कड़ी मशक्‍कत के बाद उस पर काबू पा लिया गया।

आग फ्लैट निवासी अभिजीत के घर पर लगी थी। घर में रखे बैड, सोफा, टिन अलमीरा तथा फ्रिज आदि समान जलकर नष्‍ट हो गए। धुएं के कारण आस-पास के फ्लैटो में फंसे लोगो को फायर यूनिट ने सुरक्षित बाहर निकाला। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

**************************

 

उपराष्ट्रपति धनखड़ धार्मिक यात्रा के लिए सुरसुरा तथा सलेमाबाद जाएंगे

अजमेर 13 Sep, (एजेंसी) : उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ अपनी धार्मिक यात्रा में कल 14 सितंबर को अजमेर संभाग के सुरसुरा तथा सलेमाबाद आयेंगे। उपखंड प्रशासन ने उपराष्ट्रपति की यात्रा को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम शुरू कर दिये हैं। जानकारी के अनुसार धनखड़ अपनी पत्नी सुदेश धनखड़ के साथ दोपहर तीन बजे विशेष हैलीकॉप्टर से रूपनगढ़ आयेंगे और वहां से लोक देवता वीर तेजाजी महाराज की निर्वाण स्थली सुरसुरा पहुंच कर तेजाजी के दर्शन करेंगे ।

धनखड़ इसके बाद अखिल भारतीय श्रीनिम्बार्क पीठ सलेमाबाद पहुंचेंगे और वहां मंदिर में वंदना कर श्री श्रीजी महाराज की से मुलाकात करेंगे।धनखड़ जाट समाज के प्रतिनिधियों के अलावा किशनगढ़ मार्बल एसोसिएशन सदस्यों से भी मुलाकात करेंगे । उपराष्ट्रपति की यात्रा को देखते हुए प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं । घासलों की ढाणी में अस्थाई हैलीपेड विकसित किया गया है तथा उपखंड अधिकारीयों के साथ अजमेर जिला एवं पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है ।

खास बात ये है कि उपराष्ट्रपति की यात्रा के मद्देनजर मंदिर प्रबंधन ने सुरक्षा कारणों से कल दिनभर मंदिर में श्रद्धालुओं के आने पर प्रतिबंध लगा दिया है।

*****************************

 

अयोध्या : श्री रामजन्मभूमि की खुदाई के दौरान मिले प्राचीन मंदिर के अवशेष, कई मूर्तियां और शिवलिंग भी शामिल

अयोध्या 13 Sep, (एजेंसी) : श्री रामजन्मभूमि पर राम मंदिर का निर्माण आखिरी चरण में है। इस दौरान खुदाई में प्राचीन मंदिर के अवशेष मिले हैं। इस बारे में राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने एक्स पर जानकारी दी।

उन्होंने एक फोटो शेयर की जिसमें ये अवशेष इकट्ठा करके रखे गए हैं। इस फोटो के साथ उन्होंने लिखा, श्री रामजन्मभूमि पर खुदाई में मिले प्राचीन मंदिर के अवशेष। इसमें अनेकों मूर्तियाँ और स्तंभ शामिल हैं। हालांकि इससे अधिक कोई जानकारी अभी नहीं दी गई है।

इसमें प्राचीन मूर्तियों के अवशेष, प्राचीन मंदिर के स्तंभ, शिवलिंग के अवशेष और अन्य पत्थर शामिल हैं। ये सभी अवशेष मंदिर परिसर में सुरक्षित रखे गए हैं।

रामलला के दर्शन करने आने वाले भक्तों को ये अवशेष देखने का भी मौका दिया जा ता है। इसके लिए गैलरी में इन्हें रखा गया है जहां इनसे जुड़ी जानकारी दी जाती है। पत्थरों पर नक्काशी दिखाई दे रही है। स्तंभों पर भी नक्काशी के साथ प्रतिमाएं बनी दिख रही हैं।

*****************************

 

संसद के विशेष सत्र से पहले नए संसद भवन पर फहराया जाएगा तिरंगा

नई दिल्ली 13 Sep, (एजेंसी): अमृत काल को लेकर मोदी सरकार द्वारा बुलाए गए संसद के विशेष सत्र से एक दिन पहले नए संसद भवन पर देश का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे। सरकार ने 18 से 22 सितंबर के दौरान संसद का यह विशेष सत्र बुलाया है। इससे एक दिन पहले 17 सितंबर को नए संसद भवन पर तिरंगा फहराए जाने की तैयारी की जा रही है।

आपको बता दें कि, 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा का भी दिन है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। बताया जा रहा है कि 17 सितंबर को उपराष्ट्रपति एवं राज्य सभा के सभापति जगदीप धनखड़ एवं लोक सभा स्पीकर ओम बिरला संसद के नए भवन के गजद्वार पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराएंगे। इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे।

आपको बता दें कि अमृत काल को लेकर सरकार द्वारा बुलाए गए संसद के विशेष सत्र के पहले दिन 18 सितंबर को संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही संसद के पुराने भवन में उसी तरह से शुरू होगी जैसे कि पहले हुआ करती थी और विशेष सत्र के दूसरे दिन यानी 19 सितंबर से दोनों सदनों की कार्यवाही नए भवन में हो सकती है। बताया जा रहा है कि विशेष सत्र के दूसरे दिन 19 सितंबर को गणेश चतुर्थी के अवसर पर पूजा करने के बाद नए संसद भवन में कामकाज शुरू हो जाएगा।

************************************

 

नहीं रहे केरल में भाजपा के सबसे लोकप्रिय नेता पीपी मुकुंदन, 77 वर्ष की आयु में निधन

कोच्चि 13 Sep, (एजेंसी): केरल में 80 और 90 के दशक के सबसे लोकप्रिय भाजपा नेताओं में से एक पी.पी. मुकुंदन का बुधवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। पार्टी सूत्रों ने बताया कि 77 वर्षीय वयोवृद्ध नेता पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे। वह आरएसएस और फिर भाजपा में सबसे लोकप्रिय और शक्तिशाली संगठन महासचिवों में से एक बनकर उभरे।

कन्नूर के रहने वाले मुकुंदन1988 से 1995 तक भाजपा के मुखपत्र के प्रबंध संपादक थे। वह 2006 से अगले एक दशक तक राज्य में भाजपा से पूरी तरह से बाहर थे, लेकिन 2016 में वापस लौट आए। हालांकि तमाम कोशिशों के बावजूद वह पार्टी में अपनी पुरानी जगह नहीं पा सके।

संयोग से, अपने चरम पर वह भाजपा नेताओं में सबसे लोकप्रिय थे। उनके नरम और विनम्र व्यवहार ने अल्‍पसंख्‍यक समुदाय के सामाजिक और सांस्कृतिक नेताओं को मदद की। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने मुकुंदन के निधन पर शोक व्यक्त किया और उन्हें केरल में संघ परिवार का “बड़ा” नेता बताया। केरल विधानसभा अध्यक्ष ए.एन. शमसीर ने भी अनुभवी राजनेता के निधन पर दु:ख व्यक्त किया।

**************************

 

एकात्मधाम पूरे राष्ट्र को चैतन्य की एकात्मता से करेगा आलोकित : शिवराज

भोपाल 13 Sep, (एजेंसी)- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि प्रदेश में बन रहा एकात्मधाम पूरे राष्ट्र को चैतन्य की एकात्मता से आलोकित करेगा।चौहान ने एक्स पर पोस्ट किया, आदि शंकराचार्य की ज्ञानभूमि ओंकारेश्वर से एक अभिनव युग का सूत्रपात हो रहा है।इस नयनाभिराम दृश्य को देख हृदय प्रफुल्लित तथा आनंदित है।

उन्होंने कहा कि एकात्मधाम प्रकल्प पूरे राष्ट्र को चैतन्य की सार्वभौमिक एकात्मता से आलोकित करेगा। खंडवा जिले के ओंकारेश्वर के ओंकार पर्वत पर एकात्मधाम का निर्माण किया जा रहा है। यहां आदि गुरु शंकराचार्य की 108 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित की जा रही है। देश के प्रमुख संतों- महात्माओं की उपस्थिति में आगामी 18 सितंबर को एकात्म प्रतिमा का लोकार्पण किया जाएगा।

*****************************

 

कावेरी विवाद: सीएम सिद्दारमैया आज करेंगे आपात सर्वदलीय बैठक

बेंगलुरु 13 Sep, (एजेंसी): कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया कावेरी जल विवाद के संबंध में बुधवार को यहां एक आपातकालीन सर्वदलीय बैठक करेंगे। सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार पानी छोड़ने के मामले में अपनी पहली अग्निपरीक्षा का सामना कर रही है। राज्य सरकार ने दावा किया है कि पानी छोड़े जाने से दक्षिण कर्नाटक के जिलों, विशेषकर बेंगलुरु शहर में पीने के पानी की आपूर्ति खतरे में पड़ जाएगी।

कावेरी जल विनियमन समिति (सीडब्ल्यूआरसी) ने अपनी नवीनतम सिफारिश में कर्नाटक सरकार से बुधवार से 25 दिनों के लिए 5,000 क्यूसेक पानी छोड़ने को कहा है। डिप्टी सीएम डी.के. शिवकुमार ने कहा था कि राज्य पानी छोड़ने की स्थिति में नहीं है क्योंकि उसके पास पीने के पानी के लिए पर्याप्त भंडारण नहीं है।

मामला बुधवार को उच्च प्राधिकारी, कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण (सीडब्ल्यूएमए) के समक्ष आ रहा है। शिवकुमार ने यह भी कहा था कि अधिकारियों को यह बताने के लिए कहा गया है कि राज्य पानी छोड़ने की स्थिति में नहीं है। सुप्रीम कोर्ट पहले ही कह चुका है कि वह इस मामले में दखल नहीं देगा। सीएम सिद्दरमैया की अध्यक्षता में बैठक दोपहर 12:30 बजे विधान सौध में शुरू होगी।

उप मुख्यमंत्री शिवकुमार, कावेरी जलग्रहण क्षेत्र के मंत्री, वरिष्ठ कैबिनेट सहयोगी, पूर्व मुख्यमंत्री, संसद सदस्य और विपक्ष के नेताओं को बैठक में आमंत्रित किया गया है। मामले को लेकर राज्य सरकार ने मंगलवार रात बैठक की थी। राज्य सरकार मुश्किल में आ गई है क्योंकि अगर पानी छोड़ा गया तो उसे राजधानी बेंगलुरु समेत पूरे क्षेत्र में पेयजल संकट का सामना करना पड़ेगा। दूसरी ओर राज्य जल प्रबंधन निकायों के आदेशों को पूरा करने के लिए भी बाध्य है। तमिलनाडु को पानी छोड़े जाने का विरोध करते हुए किसान भी आंदोलन की राह पर हैं।

**************************

 

सपा नेता आजम खान के कई ठिकानों पर IT की छापेमारी, बढ़ सकती हैं मुश्किलें

रामपुर 13 Sep, (एजेंसी) : सपा नेता आजम खान की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। आजम खान के ठिकानों पर इनकम टैक्स ने सुबह से छापेमारी शुरु कर दी है। ये छापेमारी रामपुर, मेरठ, गाजियाबाद, सहारनपुर, सीतापुर, लखनऊ और MP में कुछ जगहों पर चल रही है। आजम खान का अल जौहर ट्रस्ट भी IT के रडार पर है।

रामपुर में IT की बड़ी टीम सर्चिंग में जुटी है। आजम खान के ठिकानों पर बड़ी संख्या में पुलिसबल तैनात किया गया है। हालांकि, अभी तक आयकर विभाग की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। आयकर विभाग की कई टीमें अलग अलग जगहों पर छापेमारी में जुटी हैं।

उत्तर प्रदेश में योगी सरकार आने के बाद से सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही है। आजम खान को हेट स्पीच के मामले में सजा भी सुनाई जा चुकी है।

इसके चलते उनकी विधानसभा सदस्यता भी रद्द हो गई थी। इसके अलावा आजम खान की रामपुर में मौलाना अली जौहर नाम की यूनिवर्सिटी भी जांच एजेंसियों के रडार पर है। इसी यूनिवर्सिटी को मौलाना मुहम्मद अली जौहर ट्रस्ट संचालित करता है। आरोप है कि आजम खान ने जौहर यूनिवर्सिटी को बनाने के लिए तमाम जमीन अधिग्रहण की थी।

********************************

 

दर्दनाक हादसा : सड़क किनारे खड़ी बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 11 की मौत

जयपुर 13 Sep, (एजेंसी) : भरतपुर में हुए एक दर्दनाक हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। वहीं, इस दुर्घटना में 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए। घटना लखनपुर थाना क्षेत्र के नेशनल हाइवे 21 पर हंतारा के पास सुबह 5:30 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। मरने वालों में 6 महिला और 5 पुरुष शामिल हैं। सभी मृतक भावनगर गुजरात निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार बस भावनगर से मथुरा जा रही थी।

सुबह भरतपुर-आगरा हाईवे पर अचानक बस खराब हो गई। ड्राइवर और उसके साथी समेत अन्य यात्री भी बस से उतर गए। ड्राइवर और उसके साथी बस को सही कर रहे थे कि इसी दौरान ट्रक ने टक्कर मारी और किनारे खड़े लोगों को कुचलते निकल गया। इस दौरान वहां से गुजर रहे अन्य वाहनों के ड्राइवर ने सड़क पर पड़े बेसुध लोगों को देखा तो पुलिस को कॉल किया और एम्बुलेंस को बुलाया। सभी के शवों को भरतपुर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।

सूचना मिलने पर नदबई थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और सभी घायलों और मृतकों को आरबीएम जिला अस्पताल पहुंचाया। जानकारी मिली है कि गुजरात के भावनगर से प्राइवेट बस में सवार होकर यात्री मथुरा वृंदावन के दर्शन करने के लिए आ रहे थे कि हंतरा पुल के पास इनकी बस खराब हो गई।

बस खराब होने के बाद कुछ यात्री बस के नीचे उतर कर खड़े हो गए और कुछ यात्री बस में ही बैठे थे। इतने में ही तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने उनकी बस में टक्कर मार दी। सूचना पर भरतपुर जिला कलेक्टर लोक बन्धु RBM अस्पताल पहुंचे हैं। घायलों के उपचार को लेकर अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए हैं। घटनास्थल पर एसपी मृदुल कच्छावा ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली है।

गुजरात के भावनगर निवासी घायल बाला भाई ने बताया कि वह भावनगर से हरिद्वार जा रहे थे। अम्बा रम्बाई, भावनगर में उनके गांव और आसपास के क्षेत्र से पूरी श्रद्धालुओं की मंडली बस में मौजूद थी, जिनमें 55 से 57 पुरुष और महिला श्रद्धालु शामिल थे। बस का डीजल खत्म हो गया था, तो बस हाइवे पर खड़ी हुई थी। डीजल का इंतजाम करने में ड्राइवर कंडक्टर लगे हुए थे। कुछ सवारियां नीचे उतरी हुई थीं। जबकि कुछ बस में सो रही थीं, तभी अचानक पीछे से ट्रेलर वाहन ने टक्कर मार दी और वह बस को चीरते हुए आगे निकल गया।

**************************

 

जम्मू-कश्मीर: राजौरी में मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को किया ढेर, एक जवान शहीद

जम्मू  13 Sep, (एजेंसी): जम्मू-कश्मीर में राजौरी जिले के नरला इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हो गई। सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक आतंकी को ढेर कर दिया है, जबकि सेना का एक जवान शहीद हो गया है।

पुलिस ने बताया कि राजौरी जिले के नरला इलाके में मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया है। जबकि, सेना का एक जवान शहीद हो गया है। एक पुलिस एसपीओ सहित तीन अन्य घायल हो गए हैं।

पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम को नरला इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। जिसके बाद मौके पर सुरक्षाबल पहुंच गए। जब आतंकियों ने खुद को सुरक्षाबलों से घिरा देखा तो उन पर फायरिंग कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की।

ज्ञात हो कि हाल के दिनों में पूरे जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच सिलसिलेवार मुठभेड़ हुई है, जिसमें कई आतंकवादियों का सफाया किया गया है।

*************************