मीडिया कप फुटबॉल 2023 : रोमांचक मुकाबले में शंख को हरा दामोदर बना चैंपियन

*संदीप नाग और प्रमोद कुमार सिंह संयुक्त रूप से चुने गए बेस्ट फॉरवर्ड*

रांची, 18.09.2023 (FJ)  –  रविवार को मीडिया कप फुटबॉल 2023 के खिताबी मुकाबले में प्लेयर ऑफ द फाइनल अमोद साहू के एकमात्र गोल की बदौलत एक संघर्षपूर्ण एवं रोमांचक मुकाबले में दामोदर ने शंख को 1-0 से हरा विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।

मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में दूधिया रोशनी में खेले गए फाइनल मैच में पहला हॉफ गोलरहित बराबरी पर छूटा। मैच के 26वें मिनट में अमोद साहू ने गेंद को नेट में डालकर दामोदर को 1-0 की बढ़त दिला दी।

इसके बाद शंख की टीम ने एक के बाद कई हमले किए लेेकिन दामोदर के डिफेंस को भेदने में सफल नहीं हो पाई और लगातार दूसरे वर्ष टीम दामोदर ने मीडिया कप फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। पता हो कि पिछले वर्ष फाइनल मुकाबले में दामोदर ने गंगा को हराकर खिताब जीता था।

मैच समाप्ति के बाद मुख्य अतिथि पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो, विशिष्ट अतिथि CCL के निदेशक कार्मिक एच एन मिश्रा, प्रेस क्लब के निवर्तमान अध्यक्ष संजय मिश्र, पूर्व अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह समेत अन्य विशिष्ट अतिथियों ने विजेता व उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर, तथा प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों व प्रतियोगिता में भाग लेनेवाले सभी खिलाड़ियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। आयोजन समिति की ओर से सभी अतिथियों का अभिवादन मेंमेंटो देकर किया गया।

इस अवसर पर कई गणमान्य अतिथि, प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ी, प्रेस क्लब के सदस्य व उनके परिजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

ये खिलाड़ी हुए पुरस्कृत

बेस्ट फॉरवर्ड : संदीप नाग व प्रमोद कुमार सिंह

बेस्ट मिडफिल्डर : संतोष कुमार

बेस्ट डिफेंडर : अरविंद प्रताप

बेस्ट गोलकीपर : किसलय शानू

प्लेयर ऑफ द फाइनल : अमोद साहू

*****************************

 

म्यूजिक वीडियो ‘इश्क सज़ा’ जारी

18.09.2023  –  मेलोडियस एंटरटेनमेंट की नवीनतम प्रस्तुति म्यूजिक वीडियो ‘इश्क सज़ा’ जारी कर दिया गया है। मेलोडियस एंटरटेनमेंट के ऑफिसियल यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध मोहिनी सिंह और घनु त्यागी अभिनीत दर्द से भरे इस गाने को संगीत से संयुक्तरूप से सजाया है रोशन पांडेय और श्याम सिंह ने।

इस म्यूजिक वीडियो का निर्देशन जितिन के.गथ्री ने किया है।

बकौल मोहिनी सिंह ‘इश्क सज़ा’ के लिए काम करते वक़्त मुझे एहसास हुआ कि इश्क की सज़ा सबसे भारी सज़ा है भगवान करे किसी को ऐसी सज़ा ना मिले,…वजह गीत के बोल थे….मुझे लगने लगा कि सबकुछ मेरे रियल लाइफ में हो रहा है। मुझे उम्मीद है कि संगीतप्रेमियों को ये गाना पसंद आएगा।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***************************

 

संसद का विशेष सत्र कल से, सरकार का आश्वासन, महिला आरक्षण बिल पर उचित समय पर उचित फैसला लेंगे

नई दिल्ली ,17 सितंबर (एजेंसी)। सरकार ने रविवार को कहा कि महिला आरक्षण विधेयक पर उचित निर्णय सही समय पर लिया जाएगा।
संसद के विशेष सत्र की पूर्व संध्या पर सर्वदलीय बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक को पारित करने पर उचित समय पर उचित निर्णय लिया जाएगा।

बैठक में सभी दलों के नेता मौजूद थे।बैठक के दौरान कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी दलों ने लोकसभा में विधेयक को पारित करने की मांग की। लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने बैठक के बाद कहा कि सभी विपक्षी दलों ने विशेष सत्र के दौरान महिला आरक्षण विधेयक पारित करने की मांग की है।

सर्वदलीय बैठक के बाद भाजपा के सहयोगी और एनसीपी-अजित पवार गुट के नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा, हम सरकार से इस संसद सत्र में महिला आरक्षण विधेयक पारित करने की अपील करते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि 19 सितंबर को गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर संसद नए भवन में स्थानांतरित हो जाएगी।

संसद का विशेष सत्र 18 से 22 सितंबर के बीच होगा। जोशी ने कहा कि सर्वदलीय बैठक में कश्मीर में अपनी जान गंवाने वाले सुरक्षा बलों के जवानों को श्रद्धांजलि दी गई।

इस बीच विवादास्पद मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्त (नियुक्ति, सेवा की शर्तें और कार्यालय की अवधि) विधेयक, 2023 सहित चार विधेयकों पर सत्र के दौरान चर्चा होगी और सरकार उन्हें पारित कराने का प्रस्ताव पेश करेगी।

मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्त (नियुक्ति, सेवा की शर्तें और कार्यालय की अवधि) विधेयक, 2023 को मानसून सत्र के दौरान राज्यसभा में पेश किया गया था, और ऊपरी सदन से पारित होने के बाद इसे लोकसभा में विचार और पारित करने के लिए रखा जाएगा।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के विपरीत, चुनाव आयुक्तों (ईसी) और मुख्य चुनाव आयुक्तों (सीईसी) की नियुक्ति के लिए पहले गठित पैनल से भारत के मुख्य न्यायाधीश को हटाने के लिए विधेयक में प्रावधान किया गया है। पैनल में प्रधानमंत्री, एक केंद्रीय मंत्री और लोकसभा में विपक्ष के नेता सहित तीन सदस्य होंगे।

विधेयक में शीर्ष चुनाव अधिकारियों के वेतन और भत्ते की संरचना को बदलने का भी प्रावधान है, जिससे उनका स्तर शीर्ष अदालत में एक न्यायाधीश की जगह कैबिनेट सचिव का हो जायेगा।

इससे पहले, ईसी और सीईसी की नियुक्ति केंद्रीय कानून मंत्री द्वारा प्रधान मंत्री को उपयुक्त उम्मीदवारों की सिफारिशों के आधार पर की जाती थी, जो फिर उम्मीदवारों का चयन करते थे और राष्ट्रपति उनकी नियुक्ति करते थे।

***********************************

 

CBI ने ओडिशा में स्कूल टेंडर के लिए 19.96 लाख रुपये रिश्वत मामले में सात को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली 17 Sep, (एजेंसी): सीबीआई ने रविवार को कहा कि उसने ओडिशा में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) के लिए निविदा के मामले में 19.96 लाख रुपये की रिश्वतखोरी में एक निजी कंपनी के मालिक, निजी व्यक्तियों और ब्रिज एंड रूफ कंपनी (इंडिया) लिमिटेड के सीएमडी के कार्यकारी सचिव सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है।

सीबीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि नोएडा के सोमेश चंद्र, मुंबई के वीर ठक्कर, राजीव रंजन, तरंग अग्रवाल, और ब्रिज एंड रूफ कंपनी (इंडिया) लिमिटेड के सीएमडी के कार्यकारी सचिव आशीष राजदान, ब्रिज एंड रूफ कंपनी (इंडिया) लिमिटेड के अज्ञात लोक सेवकों व अन्य निजी व्यक्तियों के साथ गुजरात स्थित एक कंपनी के मालिक हेतल कुमार प्रवीणचंद्र राज्यगुरु और कोलकाता निवासी शशांक कुमार जैन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। आरोपों से पता चलता है कि इन आरोपियों के बीच कोलकाता में ब्रिज एंड रूफ कंपनी (इंडिया) लिमिटेड में अज्ञात लोक सेवकों के साथ निजी कंपनी के लिए ईएमआरएस टेंडर हासिल करने की साजिश रची गई थी।

सीबीआई जांच से पता चला कि अधिकारियों की ओर से कोलकाता निवासी शशांक कुमार जैन ब्रिज एंड रूफ कंपनी (इंडिया) लिमिटेड से टेंडर के लिए रिश्वत की मांग की जा रही थी। राज्यगुरु ने ब्रिज एंड रूफ कंपनी (इंडिया) लिमिटेड में लोक सेवक के लिए जैन को 20 लाख रुपये भेजने का आश्वासन दिया था। अधिकारी ने कहा, “एक जाल बिछाया गया, और एक कथित हवाला चैनल के माध्यम से कोलकाता में उक्त निजी व्यक्ति को रिश्वत की रकम पहुंचाने के बाद, दोनों निजी व्यक्तियों को पकड़ लिया गया। उनके कब्जे से 19.96 लाख रुपये की कथित रिश्वत राशि बरामद की गई।”

जांच से पता चला कि यह रिश्वत कथित तौर पर ब्रिज एंड रूफ कंपनी (इंडिया) लिमिटेड के सीएमडी के कार्यकारी सचिव (एक लोक सेवक) के लिए थी। उक्त कार्यकारी सचिव और अन्य निजी व्यक्तियों को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के परिसरों में कोलकाता, दिल्ली, नोएडा, मुंबई, नागपुर और राजकोट सहित विभिन्न स्थानों पर तलाशी ली गई, इससे कई आपत्तिजनक दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य और 26.60 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई। अधिकारी ने कहा, “हेतल कुमार प्रवीणचंद्र राज्यगुरु को अहमदाबाद में एक विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया गया और उन्हें 21 सितंबर तक सीबीआई की हिरासत में भेज दिया गया है। शेष गिरफ्तार आरोपियों को अदालत के सामने पेश किया जाएगा।”

*****************************

 

योगी राज में मनचलों की खैर नहींः लड़की का दुपट्टा खींचकर उसे माैत के मुंह में धकेलने वालों को पुलिस ने मारी गोली

लखनऊ 17 Sep, (एजेंसी)- बीच सड़क लड़की से छेड़छाड़ करने और उसका दुपट्टा खींचने वाले मनचलों को आखिरकार पुलिस की गोली का शिकार होना पड़ा। इस घटना को तीन मनचलों ने अंजाम दिया था, जिन्हें पुलिस ने शनिवार को ही गिरफ्तार कर लिया था।

पुलिस के मुताबिक, तीनों को मेडिकल कराने के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था,तभी रास्ते में तीनों ने बसखारी के पास पेशाब करने के लिए गाड़ी रुकवाई. इसी बीच, आरोपी पुलिसकर्मियों की बंदूक छिनकर भागने लगे, तभी पुलिसकर्मियों ने उनपर गोली चला दी. पुलिस की गोली लगने से दो आरोपी शाबाज़ और फ़ैसल घायल हो गए।

जबकि तीसरे आरोपी का भागते वक्त गिरने से पैर टूट गया है। मृतक लड़की के पिता ने बताया कि उनकी बेटी बायोलॉजी की छात्र थी, पढ़ाई में बेहद अच्छी थी और डॉक्टर बनना चाहती थी। पिता सभाजीत वर्मा ने बताया कि मौखिक तौर पर पुलिसवालों से एक हफ्ते पहले इन मनचलों की हरकतों को लेकर शिकायत की थी लेकिन पुलिस ने कोई सुध नहीं ली, अगर उस वक्त कार्रवाई हुई होती तो आज उनकी बेटी जिंदा होती।

***************************

 

पीएम मोदी ने अपने जन्मदिन पर देश को दी बड़ी साैगात, यशोभूमि इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर के पहले चरण का उद्घाटन

नई दिल्ली 17 Sep, (एजेंसी)- रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने द्वारका सेक्टर-21 से ‘यशोभूमि’ द्वारका सेक्टर 25 तक विस्तारित एयरपोर्ट एक्सप्रेस मेट्रो लाइन के लगभग 2 किलोमीटर के नए मार्ग का लोकार्पण किया और द्वारका सेक्टर-25 में बने ‘यशोभूमि’ इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर के पहले चरण का भी उद्घाटन किया।

यशोभूमि एक बहुत बड़ा कन्वेंशन सेंटर है, जिसमें कई प्रदर्शनी हॉल और दूसरी सुविधाएं मौजूद हैं। कन्वेंशन सेंटर का विश्वस्तरीय प्लेनरी हॉल तो आने वालों को विश्वस्तरीय अनुभव देगा। इस पूरे सेंटर के निर्माण की लागत 5400 करोड़ रुपये है. कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर का परिसर 8 लाख 90 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। यहां 11 हजार से अधिक प्रतिनिधियों के बैठने की क्षमता है। कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर में 15 सम्मेलन कक्ष हैं जबकि 13 बैठक कक्ष हैं और साथ ही ग्रैंड बॉलरूम का भी निर्माण किया गया है।

*हर सीट के नीचे ऐसी मशीन है, जो सीट को फ्लैट बना देगा। सीट के फ्लैट हो जाने से वह सपाट जमीन तैयार होगी।

*इस बिल्डिंग का फसाड हिन्दुस्तान का सबसे बेहतरीन है। यशोभूमि के मीटिंग हॉल साउंड प्रूफ बनाए गए हैं।

*यशोभूमि के सेंट्रल में मेट्रो स्टेशन है। यहां से एयरपोर्ट से महज चंद मिनटों में आप पहुंच सकते हैं।

*यशोभूमि का मुख्य ऑडिटोरियम कन्वेंशन सेंटर का पूर्ण हॉल है और यहां लगभग 6,000 मेहमानों की बैठने की क्षमता है।

*यशोभूमि के ग्रैंड बॉलरूम लगभग 2500 मेहमानों की मेजबानी कर सकता है। इसमें एक खुला क्षेत्र भी है, जिसमें 500 लोग बैठ सकते हैं।

****************************

 

देश के कारीगरों को PM MODI का तोहफा, लांच की विश्वकर्मा योजना, इन लोगों को मिलेगा लाभ

नई दिल्ली 17 Sep, (एजेंसी)- पीएम नरेंद्र मोदी ने आज विश्वकर्मा योजना का उद्घाटन कर दिया है। इस योजना का सीधा लाभ जरूरतमंद और गरीब वर्ग के लोगों को मिलेगा। योजना के शुभारंभ पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम सब नए भारत के शिल्पी प्रधानमंत्री के द्वारा भारत के हस्त शिल्पियों के लिए इस योजना का लाभ देने जा रहे हैं।

पीएम नरेंद्र मोदी ने 18 विश्वकर्माओं को प्रमाण पत्र दिया। इसमें छोटी नाव बनाने वाले, कारपेंटर, लोहार, थर्मल और टूल किट बनाने वाले, ताला बनाने वाले, मूर्तिकार, सुनार, कुम्हार, मिस्त्री, टोकरी बनाने वाले, खिलौने बनाने वाले, नाई, मालाकार, दर्जी और मछली पकड़ने का जाल बनाने वाले कारीगर आदि शामिल थे।

पीएम मोदी ने कहा कि विश्वकर्मा योजना के जरिए कारीगरों को आधुनिक बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस योजना के जरिए कारीगरों को सरकार की ओर से ट्रेनिंग दी जाएगी। ट्रेनिंग के दौरान हर रोज 500 रुपए भत्ता दिया जाएगा। इसके साथ ही 15 हजार रुपए का टूल किट भी मिलेगी। पीएम मोदी ने ऐलान किया कि कारीगरों को बिना गारंटी के तीन लाख तक का लोन दिया जाएगा।

योजना में क्या है खास
कुल 13 हजार करोड़ रुपये का फंड बनेगा
पारंपरिक काम करने वालों को फायदा
बेसिक और एडवांस ट्रेनिंग दी जाएगी
5 फीसदी की दर से लोन मिलेगा
3 लाख रुपये तक का लोन
18 करोबार योजना में शामिल किए गए हैं
कारीगरों ओर शिल्पकारों को लाभ मिलेगा।

मिलेगा 3 लाख का लोन

सरकार की ओर से लॉन्च की गई इस योजना के तहत दिए जाने वाले लोन को विस्तार से समझें तो कुल मिलाकर इस स्कीम में 3 लाख रुपये तक का लोन देने का प्रावधान किया गया है। पहले चरण में बिजनेस करने के लिए लाभार्थी को 1 लाख रुपये का कर्ज दिया जाएगा और जब कारोबार शुरू हो जाएगा, तो फिर इस व्यवसाय को व्यवस्थित करने और इसका विस्तार करने के लिए पड़ने वाली पैसों की जरूरत को पूरा करने के लिए सरकार दूसरे चरण में 2 लाख रुपये तक का लोन प्रदान करेगी। इस योजना के तहत कारीगरों को डिजिटल लेनदेन में प्रोत्साहन और बाजार समर्थन प्रदान किया जाएगा।

****************************

 

मसूरी की डेढ़ शताब्दी पुरानी ऐतिहासिक धरोहर पलभर में खाक, होटलकर्मियों ने भागकर बचाई जान

मसूरी 17 Sep, (एजेंसी)-पहाड़ों की रानी के नाम से विख्यात पर्यटन नगरी मसूरी की तकरीबन डेढ़ शताब्दी पुरानी ऐतिहासिक धरोहर ‘द रिंक’ रविवार तड़के हुए भीषण अग्निकांड में जलकर खाक हो गई। एक समय एशिया के सबसे बड़े वुडन फ्लोर वाले स्केटिंग रिंग के एक हिस्से में अब इसी नाम से होटल भी संचालित हो रहा था। आग होटल से ही आरंभ हुई और पूरे रिंग को उसने पलक झपकते ही अपनी चपेट में ले लिया।

आग की चपेट में आकर रिंक के नीचे सड़क पर खड़ी दो कारें भी जलकर कबाड़ हो गई। मसूरी में कैमल बैक रोड पर सीडस रिंक ए हेरिटेज होटल में आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना पर मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियां आग पर काबू पाने की कोशिश में लगी हुई हैं। आग लगने की वजह लोग शॉर्ट सर्किट बता रहे हैं। बताया जा रहा है कि होटल में इन दिनों काम चल रहा था, इसलिए कमरे खाली थे। आपको बता दें कि मसूरी के कैमल बैक रोड पर सीडस रिंक ए हेरिटेज होटल में आग सुबह करीब चार बजे के आसपास लगी।

हादसे के वक्त सिर्फ कुछ होटल कर्मी ही मौजूद थे जिन्होंने भागकर जान बचाई। होटल में देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। जिसके बाद दमकल विभाग को आग लगने की सूचना दी गई।

आग पर काबू पाने के लिए भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) बल की मदद ली जा रही है। होटल पूरी तरीके से जलकर राख हो चुका है और सड़क किनारे का हिस्सा कभी भी गिर सकता है जिससे सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरीके से मुस्तैद है। स्थानीय लोगों का कहना है कि होटल काफी पुराना था, जिसमें अक्सर स्केटिंग की कई प्रतियोगिता आयोजित की जाती थी। वहीं, होटल में कुश्ती भी आयोजन की जाती थी जिसमें 70 के दशक में किंग कोंग और दारा सिंह के बीच में कुश्ती भी आयोजित हुई थी जिसे देखने के लिए मसूरी देहरादून और आसपास के लोग काफी संख्या में पहुंचते थे और इस कुश्ती को दारा सिंह ने जीता था।

**************************

 

वोट बैंक की राजनीति के कारण पार्टियां हैदराबाद मुक्ति दिवस मनाने में अनिच्छुक: शाह

हैदराबाद,17 सितंबर (एजेंसी)।  केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि तेलंगाना राज्य के गठन के बाद भी, राजनीतिक दल वोट-बैंक की राजनीति के कारण हैदराबाद मुक्ति दिवस मनाने में अनिच्छुक हैं।

उन्होंने यहां सिकंदराबाद के परेड ग्राउंड में हैदराबाद मुक्ति दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा, मैं इन पार्टियों को बताना चाहता हूं कि अगर वे देश के इतिहास को नजरअंदाज करेंगे, तो लोग उन्हें नजरअंदाज कर देंगे।

उन्होंने कहा कि देश, तेलंगाना और हैदराबाद अपने इतिहास और अपने स्वतंत्रता सेनानियों की शहादत पर गर्व करके ही प्रगति कर सकते हैं।

लगातार दूसरे वर्ष, केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय ने पूर्ववर्ती हैदराबाद राज्य के भारतीय संघ में शामिल होने की वर्षगांठ मनाने के लिए समारोह का आयोजन किया।

अमित शाह ने अफसोस जताया कि 75 वर्षों तक किसी भी सरकार ने लोगों, विशेषकर युवाओं को इस महान दिन का महत्व समझाने और शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को उजागर करने के लिए कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं किया।

उन्होंने कहा, तुष्टिकरण की राजनीति के कारण वे डरे हुए हैं। उन्होंने केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के तत्वावधान में समारोह आयोजित करने की नई परंपरा शुरू करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया।

उन्होंने कहा, इन समारोहों के तीन उद्देश्य हैं – नई पीढ़ी को इस क्षेत्र को आजाद कराने के लिए किए गए बलिदानों की याद दिलाना, शहीदों को श्रद्धांजलि देना और हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का देश बनाने के लिए खुद को फिर से समर्पित करना।

हैदराबाद राज्य को स्वतंत्र कर भारतीय संघ में विलय करने के लिए भारत के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शाह ने कहा कि यदि सरदार पटेल नहीं होते तो हैदराबाद राज्य की मुक्ति जल्दी नहीं होती।

उन्होंने कहा, अंग्रेजों से आजादी के बाद, क्रूर निज़ाम ने राज्य पर 399 दिनों तक शासन किया। ये 399 दिन तेलंगाना के लोगों के लिए यातनापूर्ण थे। सरदार पटेल ने 400वें दिन राज्य को आज़ादी दिलाने में मदद की।

गृह मंत्री ने कहा कि सरदार पटेल और के.एम.मुंशी की जोड़ी ने हैदराबाद की मुक्ति की रूपरेखा तैयार करने और उसे क्रियान्वित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने सरदार पटेल के शब्दों को याद करते हुए कहा कि स्वतंत्र हैदराबाद पेट में कैंसर की तरह होगा और इसका एकमात्र इलाज ऑपरेशन है। उन्होंने कहा, उन्होंने पुलिस एक्शन नामक ऑपरेशन चलाया और बिना खून की एक बूंद बहाए, निज़ाम की रजाकार सेना को आत्मसमर्पण करने के लिए मजबूर कर दिया।

शाह ने कहा कि हैदराबाद राज्य को आजाद कराने के आंदोलन में लाखों लोगों ने भाग लिया और कई लोगों ने अपने जीवन का बलिदान दिया, इसमें तेलंगाना, कल्याण कर्नाटक और मराठवाड़ा शामिल थे।

उन्होंने कहा कि विभिन्न संगठनों और व्यक्तियों ने आंदोलन में सक्रिय रूप से भाग लिया।

गृह मंत्री ने पत्रकार शोयबुल्लाह खान और आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी रामजी गोंड पर विशेष डाक कवर जारी किए, जिन्होंने निज़ाम के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी।

केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री और राज्य भाजपा अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी ने पिछले 75 वर्षों से हैदराबाद मुक्ति दिवस पर आधिकारिक समारोह आयोजित नहीं करने के लिए कांग्रेस पार्टी को दोषी ठहराया।

उन्होंने 17 सितंबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने के लिए भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और अन्य दलों की आलोचना की। उन्होंने पूछा, इसे एकीकरण दिवस कैसे कहा जा सकता है?

इससे पहले, शाह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सरदार पटेल को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने अर्धसैनिक बलों की 12 टुकडिय़ों की परेड की समीक्षा भी की। सीआरपीएफ, आरएएफ और सीआईएसएफ की टुकडिय़ों ने रंगारंग मार्च पास्ट किया।

केंद्रीय गृह सचिव अजय के. भल्ला, संस्कृति सचिव गोविंद मोहन, इंटेलिजेंस ब्यूरो के निदेशक तपन डेका, सीआरपीएफ के महानिदेशक सुजॉय लाल थाओसेन, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की महानिदेशक रश्मि शुक्ला भी उपस्थित थीं।

शाह ने एसएसबी कर्मियों के लिए पारिवारिक आवास की आधारशिला भी रखी। हैदराबाद के पास इब्राहिमपटनम में 85 एकड़ जमीन पर फैमिली क्वार्टर बन रहा है।

********************************

 

2024 में भाजपा को हराना होगी बापू को सबसे उपयुक्त श्रद्धांजलि: खडग़े

हैदराबाद,17 सितंबर (एजेंसी)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने रविवार को आगे की चुनौतियों पर जोर दिया और कहा कि ये लोकतंत्र के अस्तित्व की चिंता हैं और हमारा लक्ष्य 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराना होना चाहिए जब महात्मा गांधी के कांग्रेस अध्?यक्ष बनने के 100 साल पूरे हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी को सबसे उचित श्रद्धांजलि 2024 में भाजपा को सत्ता से बाहर करना होगा।

कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की यहां हो रही बैठक के दूसरे दिन खडग़े ने कहा, हम सभी आगे आने वाली चुनौतियों से अवगत हैं। ये चुनौतियां सिर्फ कांग्रेस की नहीं हैं, बल्कि ये भारतीय लोकतंत्र के अस्तित्व और भारतीय संविधान के संरक्षण की चिंता को लेकर हैं।
केंद्र की भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए खडग़े ने कहा कि महाराष्ट्र के मुंबई में इंडिया ब्लॉक के नेताओं की बैठक के दौरान सरकार ने एक राष्ट्र, एक चुनाव पर एक समिति बनाई।

उन्होंने आरोप लगाया, अपने एजेंडे के लिए, उन्होंने सभी परंपराएं तोड़ दीं और पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया।

उन्होंने कहा कि यह सरकार ऐसे कदम उठाने के लिए जानी जाती है जिसका कोई मतलब नहीं होता।

कांग्रेस नेता ने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि कांग्रेस ने ही संविधान की नींव रखी थी, और इस प्रकार संविधान की रक्षा करना हमारा कर्तव्य है और हमें अपनी आखिरी सांस तक लडऩा होगा।

हमारा लक्ष्य 2024 के लोकसभा चुनावों में भाजपा को हराना और देश में एक वैकल्पिक सरकार बनाने के लिए परिश्रमपूर्वक काम करना होना चाहिए। अगले साल कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में महात्मा गांधी के चुने जाने की शताब्दी भी है और 2024 में भाजपा को सत्ता से बाहर करना महात्मा गांधी को सबसे उपयुक्त श्रद्धांजलि होगी।

उन्होंने यह भी कहा कि महत्वपूर्ण लोकसभा चुनावों से पहले, इस साल के अंत में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव भी होने हैं। इसलिए पार्टी को इन सभी राज्यों और जम्मू-कश्मीर में संभावित विधानसभा चुनावों के लिए भी तैयार रहना चाहिए।

खडग़े ने छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दोनों राज्य सरकारों ने सामाजिक न्याय और कल्याणवाद का एक नया मॉडल पेश किया है।

उन्होंने कहा, हमें इन कल्याणकारी योजनाओं का पूरे देश में प्रचार करना चाहिए।

उन्होंने सीडब्ल्यूसी में मौजूद प्रदेश अध्यक्षों और विधायक दल के नेताओं से भी पूछा कि क्या उन्होंने ब्लॉक और जिला स्तर पर अपनी समितियां तैयार कर ली हैं और क्या वे नियमित अंतराल पर कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं और क्या उन्होंने संभावित उम्मीदवारों की पहचान करनी शुरू कर दी है।

उन्होंने पार्टी नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि यह हमारे लिए आराम करने का समय नहीं है।

उन्होंने कहा, भाजपा शासन के तहत पिछले 10 वर्षों में, आम लोगों के सामने चुनौतियां कई गुना बढ़ गई हैं। प्रधान मंत्री (नरेंद्र मोदी) गरीबों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं की चिंताओं को संबोधित करने से इनकार करते हैं और इसकी बजाय, वह खुद से परे नहीं देख सकते हैं ऐसे हालात में हम मूकदर्शक बने नहीं रह सकते। हमें अपने लोकतंत्र को बचाने के लिए एकजुट होकर इस तानाशाही सरकार को उखाड़ फेंकना होगा।

उन्होंने कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में पार्टी की जीत पर भी प्रकाश डाला और कहा कि लोग एक विकल्प की तलाश में हैं और दोनों राज्यों के विधानसभा चुनावों में हमारी जीत इसका स्पष्ट प्रमाण है।

कांग्रेस प्रमुख ने कहा, हमें व्यक्तिगत हितों को किनारे रखकर अथक परिश्रम करना चाहिए। हमें अपने व्यक्तिगत मतभेदों को किनारे रखकर पार्टी की सफलता को प्राथमिकता देनी चाहिए। हमें आत्म-संयम रखना चाहिए और अपने नेताओं या पार्टी के खिलाफ मीडिया में बयान देने से बचना चाहिए। ताकि पार्टी के हित सुरक्षित रहें और कोई नुकसान न हो।

उन्होंने संगठनात्मक एकता पर जोर देते हुए कहा कि यह सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, केवल एकता और अनुशासन के जरिए ही हम अपने विरोधियों को हरा सकते हैं। यह कर्नाटक में स्पष्ट था, जहां हम एकजुट रहे और सफलता हासिल करने के लिए अनुशासन के साथ संघर्ष किया।

उन्होंने कहा कि तेलंगाना से हम नई ताकत और स्पष्ट संदेश के साथ जाएंगे। उन्होंने कहा, हम न केवल तेलंगाना में बल्कि आने वाले सभी चुनावों में जीत हासिल करने और लोगों को भाजपा के कुशासन के दु:खों से राहत दिलाने की दृढ़ प्रतिबद्धता के साथ आज हैदराबाद छोड़ रहे हैं।

दो दिवसीय सीडब्ल्यूसी कांग्रेस अध्यक्ष की अध्यक्षता में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, पी चिदंबरम, अंबिका सोनी, सलमान खुर्शीद, आनंद शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की उपस्थिति में आयोजित की जा रही है।

******************************

 

दिल्ली के डॉक्टरों ने नए कोविड वेरिएंट की कड़ी निगरानी पर दिया जोर

नई दिल्ली,17 सितंबर (एजेंसी)। कई देशों में नए कोविड के ओमिक्रॉन सब-वेरिएंट बीए.2.86 (पिरोला) और ईजी51 (एरिस) के मामलों की रिपोर्ट के बीच, विशेषज्ञों ने नए वेरिएंट पर चिंता व्यक्त की और देश में निरंतर निगरानी पर जोर दिया।

नई दिल्ली के प्राइमस सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के वरिष्ठ सलाहकार और एचओडी-इंटरनल मेडिसिन डॉ. विजय कुमार गुर्जर ने बताया, कोविड-19 महामारी अब दुनिया के अधिकांश देशों के लिए कोई खतरा नहीं है, लेकिन यह वायरस दो नए वेरिएंट — बीए.2.86 (पिरोला) और ईजी.5.1 (एरिस) के रूप में कुछ देशों में फिर से प्रवेश कर चुका है। बीए.2.86 को पिछले वेरिएंट की तुलना में अधिक संक्रामक माना जाता है। ईजी.5.1 तेजी से फैल रहा है, लेकिन यह पिछले संस्करणों से अधिक खतरनाक नहीं है।

यह हवाला देते हुए कि ये वेरिएंट पहले ही अमेरिका और ब्रिटेन सहित दुनिया भर में दिखाई दे चुके हैं, उन्होंने कहा कि यह कहना जल्दबाजी होगी कि दुनिया एक नई लहर का सामना कर रही है।

भारत का जिक्र करते हुए, गुर्जर ने कहा, भारत ने तीन सालों की अवधि में कई प्रकार से संघर्ष किया है। सरकार ने लोगों को उचित सावधानी बरतने और टीका लगवाने की सलाह दी है। यदि अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर कड़ी निगरानी नहीं रखी गई और उचित उपाय नहीं किए गए तो नए वेरिएंट भारत के लिए खतरा हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि देश में पिछली लहरों से पता चला है कि यात्रा से मामलों में बढ़ोतरी हो सकती है, इसलिए इस पर नजर रखी जानी चाहिए।
उन्होंने कहा, जहां तक वैक्सीन की तैयारी का सवाल है, भारत में पहले की तुलना में बेहतर वैक्सीन कवरेज है, लेकिन हालिया रिपोर्टों से पता चला है कि अप्रैल के बाद से देश की कोविड टीकाकरण दर में 75 प्रतिशत की गिरावट आई है। इसका मतलब है कि वित्तीय वर्ष की शुरुआत की तुलना में बहुत कम भारतीयों को टीका लगाया जा रहा है।

उन्होंने कहा, टीकाकरण दर में गिरावट चिंता का विषय है, खासकर अमेरिका और ब्रिटेन में नए वेरिएंट के कारण अस्पताल में भर्ती होने और मौतों में बढ़ोतरी के बीच।

उजाला सिग्नस ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के संस्थापक और निदेशक डॉ. शुचिन बजाज ने बताया, कोविड-19 का वैश्विक प्रसार, विशेष रूप से यूके, यूरोप और एशिया में, भारत के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। वायरस के वेरिएंट संभावित रूप से देश में प्रवेश कर सकते हैं, जिसके लिए निरंतर सतर्कता और निगरानी की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा, भारत में एक और गंभीर लहर की संभावना विभिन्न कारकों पर निर्भर करती है, जिसमें टीकाकरण कवरेज, सुरक्षा उपायों का सार्वजनिक अनुपालन और वायरस का व्यवहार शामिल है।

उन्होंने भविष्य की लहरों को रोकने के लिए मास्क पहनने, टीकाकरण और निगरानी के महत्व पर जोर दिया।

बजाज ने बताया, कोविड-19 और संभावित महामारियों का भविष्य निरंतर शोध और चिंता का विषय है। भारतीय विशेषज्ञ न केवल कोविड-19 बल्कि भविष्य की संक्रामक बीमारियों से निपटने के लिए तैयारी और प्रतिक्रिया क्षमताओं को बढ़ाने के लिए विश्व स्तर पर सहयोग कर रहे हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को जारी ताजे अपडेट के अनुसार, रविवार को पिछले 24 घंटों के दौरान भारत में 60 से अधिक कोविड -19 के पॉजिटिव मामले सामने आए है, जिससे देश में कुल मामले बढ़कर 4,49,98,035 हो गए। वहीं मरने वालों की संख्या 5,32,029 है।
मंत्रालय के अनुसार, अब तक कोविड-19 वैक्सीन की 220.67 करोड़ से ज्यादा डोज दी जा चुकी हैं।

****************************

 

सर्दियों में बढ़ सकता है कोविड का खतरा, नई वैक्सीन से अमेरिका कर रहा पूरी तैयारी

नई दिल्ली,17 सितंबर (एजेंसी)। दुनिया ने तीन साल की महामारी और इसके भारी असर के बाद सामान्य जीवन जीना शुरू ही किया था, कि एक बार फिर से कोविड-19 वेरिएंट का प्रकोप सामने आ गया। अमेरिका में कोविड मामलों में वृद्धि ने स्कूलों, कार्यस्थलों और सरकारी कार्यालयों को प्रभावित किया है। अस्पताल में भर्ती होने वालों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है।

यूएस सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) ने इस सप्ताह सिफारिश की है कि इस साल सर्दियों में बीमारी के संभावित गंभीर परिणामों से बचाने के लिए 6 महीने और उससे अधिक उम्र के सभी लोगों को अपडेटेड कोविड-19 वैक्सीन मिलनी चाहिए।

फाइजर-बायोएनटेक और मॉडर्ना के अपडेटेड कोविड-19 टीके इस हफ्ते के अंत में उपलब्ध कराए जाने वाले हैं।

सीडीसी ने अपने ताजा अपडेट में कहा, टीकाकरण कोविड-19 के खिलाफ सबसे अच्छा बचाव है। टीकाकरण से आपके लंबे समय तक रहने वाले कोविड के प्रभावों से पीडि़त होने की संभावना भी कम हो जाती है।

कोविड-19 का कारण बनने वाला वायरस हमेशा बदलता रहता है, लेकिन टीकों के कारण खतरा कम हो जाता है।

सीडीसी निदेशक मैंडी कोहेन ने कहा, कोविड-19 के सबसे खराब परिणामों को रोकने के लिए हमारे पास पहले से कहीं अधिक टूल्स हैं।

पिछले हफ्ते, अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने फाइजर और मॉडर्ना के नव-निर्मित कोविड टीकों को मंजूरी दे दी, जो बीमारी के मौजूदा वेरिएंट पर अधिक लक्षित हैं।

नए कोविड टीके एक्सबीबी.1.5 वैरिएंट को लक्षित करते हैं, जो तब प्रभावी था जब वैक्सीन निर्माताओं ने एक नया वर्जन तैयार करना और टेस्ट करना शुरू किया।

वे मोनोवैलेंट हैं क्योंकि, पहले के बूस्टर के विपरीत उनमें ओरिजनल वायरस से सुरक्षा शामिल नहीं है जो तीन साल पहले व्यापक संक्रमण का कारण बना था।

मॉडर्ना के सीईओ स्टीफन बैंसेल ने एक बयान में कहा, अमेरिका में कोविड-19 मौत का एक प्रमुख कारण बना हुआ है और यह कमजोर आबादी के लिए एक महत्वपूर्ण खतरा है, खासकर जब हम श्वसन वायरस के चरम मौसम में प्रवेश कर रहे हैं। जैसे-जैसे प्राइमरी सर्कुलेशन स्ट्रेन विकसित हो रहा है, अपेडेटेड वैक्सीन इस मौसम में आबादी की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण होंगे।

मॉडर्ना ने कहा कि उसके अपडेटेड कोविड-19 वैक्सीन में सार्स-सीओवी-2 के एक्सबीबी.1.5 सबलाइनेज के लिए स्पाइक प्रोटीन शामिल हैं, जो 6 महीने और उससे अधिक उम्र के व्यक्तियों में बीमारी को रोकने में मदद करते हैं।

नए टीके तब आए जब अमेरिका में सार्स-सीओवी-2 वायरस से संबंधित अस्पतालों में 16 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई।

सीडीसी डेटा ने पिछले सप्ताह अस्पताल में भर्ती होने की संख्या में वृद्धि देखी, एक प्रवृत्ति जो जुलाई के अंत में बढऩी शुरू हुई।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने भी सर्दियों से पहले कोविड के लिए चिंताजनक रुझान की चेतावनी दी थी।

वर्तमान में दुनिया भर में एक भी प्रमुख कोविड वेरिएंट नहीं है, हालांकि ईजी.5 ओमिक्रॉन सबवेरिएंट बढ़ रहा है। 11 देशों में अत्यधिक म्यूटेटिड बीए.2.86 सबवेरिएंट का भी पता लगाया गया है।

अमेरिका में, स्वास्थ्य अधिकारी लोगों से शॉट उपलब्ध होते ही टीका लगवाने का आग्रह कर रहे हैं, इस बात को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच कि कोरोनोवायरस, फ्लू और रेस्पिरेटरी सिंकाइटियल वायरस का खतरा इस सर्दियों के मौसम में हो सकता है।

एफडीए के सेंटर फॉर बायोलॉजिक्स इवैल्यूएशन एंड रिसर्च के निदेशक डॉ. पीटर मार्क्स ने कहा, टीकाकरण कोविड-19 के गंभीर परिणामों से निरंतर सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है।

एफडीए के अनुसार, कोविड-19 टीकों की संरचना को सालाना अपेडेटेड करने की आवश्यकता है, जैसा कि मौसमी इन्फ्लूएंजा वैक्सीन के लिए किया जाता है।

**************************

 

नए संसद भवन में ध्वजारोहण समारोह में शामिल नहीं होंगे खडग़े

नई दिल्ली,17 सितंबर (एजेंसी)। दो दिवसीय कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक के लिए हैदराबाद में मौजूद कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खडग़े ने राज्यसभा महासचिव प्रमोद चंद्र मोदी को पत्र लिखकर रविवार को नए संसद भवन में आयोजित ध्वजारोहण समारोह में शामिल होने पर अपनी असमर्थता जताई।

राज्यसभा महासचिव को लिखे पत्र में खडग़े ने कहा, मैं यह पत्र इस निराशा के साथ लिख रहा हूं कि नए संसद भवन में ध्वजारोहण समारोह के लिए आपका निमंत्रण मुझे 15 सितंबर को देर शाम को मिला।

उन्होंने कहा, आपको सूचित किया जाता है कि नवगठित सीडब्ल्यूसी की बैठक 16 और 17 सितंबर को हैदराबाद में निर्धारित की गई है।

राज्यसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि चूंकि कार्यक्रम काफी पहले से तय थे और बैठक के लिए मैं फिलहाल हैदराबाद में हूं।

उन्होंने कहा, चूंकि मैं 17 सितंबर 2023 को देर रात दिल्ली लौटूंगा, इसलिए इस समारोह में शामिल होना मेरे लिए संभव नहीं होगा।

भारत के उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ संसद के पांच दिवसीय विशेष सत्र से एक दिन पहले रविवार को नए संसद भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

**************************

 

पीएम मोदी ने दी विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं, पीएम विश्वकर्मा योजना का शुभारंभ आज

नई दिल्ली,17 सितंबर (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर शुभकामनाएं दीं। वह पीएम विश्वकर्मा योजना शुरू करने वाले हैं।

एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने देश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका के लिए कारीगरों और श्रमिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

मोदी रविवार को पीएम विश्वकर्मा योजना की भी औपचारिक शुरुआत करेंगे। 17 सितंबर को मोदी का जन्मदिन भी है।

15 अगस्त के अपने भाषण में उन्होंने इस योजना की घोषणा की थी, जिसे केंद्रीय कैबिनेट ने मंजूरी दे दी थी।

यह योजना 13 हजार करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ केंद्र द्वारा वित्त पोषित की जाएगी।

इसका उद्देश्य पारंपरिक शिल्प में लगे लोगों को समर्थन और कौशल प्रदान करना है और इसमें 18 ऐसे शिल्पों को शामिल किया जाएगा।
योजना के तहत पीएम विश्वकर्मा प्रमाण पत्र एवं आईडी कार्ड के माध्यम से विश्वकर्माओं को पहचान प्रदान की जायेगी।

उन्हें कौशल उन्नयन के लिए क्रेडिट सहायता और प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, इसमें बुनियादी और उन्नत प्रशिक्षण, 15,000 रुपये का टूलकिट प्रोत्साहन, 1 लाख रुपये तक संपार्शि्वक-मुक्त क्रेडिट सहायता (पहली किश्त) और 2 लाख रुपये (दूसरी किश्त) रियायती दर पर शामिल होंगे। 5 प्रतिशत की ब्याज दर, डिजिटल लेनदेन के लिए प्रोत्साहन और विपणन सहायता शामिल है।

***************************

 

राष्ट्रपति मुर्मू, शाह, खडग़े ने पीएम मोदी को उनके 73वें जन्मदिन पर दी बधाई

नई दिल्ली,17 सितंबर (एजेंसी)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

राष्ट्रपति मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन के एक्स हैंडल पर पोस्ट किया, भारत के प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी जी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। मैं कामना करता हूं कि आप अपनी दूरगामी दृष्टि और मजबूत नेतृत्व से समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त करें। भारत का विकास अमृत काल में हो। ईश्वर से प्रार्थना है कि आप सदैव स्वस्थ एवं प्रसन्न रहें और अपने अद्भुत नेतृत्व से देशवासियों का नेतृत्व करते रहें।

शाह ने भी ट्वीट कर प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दीं और कहा, नए भारत के निर्माता मोदी जी ने हमारे देश की प्राचीन विरासत के आधार पर एक भव्य और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव रखने का काम किया है।

उन्होंने कहा, ऐसे अद्वितीय नेता के मार्गदर्शन में देश की सेवा करने का अवसर मिलना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। जन्मदिन की शुभकामनाएं मोदीजी।

खडग़े ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी और कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को उनके जन्मदिन पर मेरी शुभकामनाएं। उन्हें अच्छा स्वास्थ्य और लंबी उम्र मिले।

*****************************

 

पीएम मोदी ने दिल्ली एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस लाइन के विस्तार का किया उद्घाटन

नईदिल्ली,17 सितंबर (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने 73वें जन्मदिन के मौके पर दिल्ली मेट्रो में सफर किया और दिल्ली एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस लाइन पर द्वारका सेक्टर-21 से सेक्टर-25 में नए मेट्रो स्टेशन ‘यशोभूमि’ तक के विस्तार का उद्घाटन किया।

अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री धौलाकुआं मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो में सवार हुए। इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री को यात्रियों से संवाद करते भी देखा गया। कुछ यात्री प्रधानमंत्री के साथ सेल्फी लेते भी नजर आए।

एयरपोर्ट मेट्रो विस्तार के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने मेट्रो कर्मचारियों से भी संवाद किया।

प्रधानमंत्री विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर ‘पीएम विश्वकर्मा’ योजना की शुरुआत करने वाले हैं। इसके साथ ही वह इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

**************************

अनंतनाग में मुठभेड़ पांचवे दिन भी जारी, घने जंगलों में हो रही आतंकियों की तलाश

अनंतनाग,17 सितंबर (एजेंसी)। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में आतंकवादियों और सुरक्षबलों के बीच मुठभेड़ पांचवे दिन भी जारी है। भारतीय सेना के सैकड़ों जवान कोकरनाग के जंगलों में छिपे हुए आतंकवादियों की तलाश कर रहे हैं।आतंकवादी दुर्गम इलाके और घने जंगल का फायदा उठाकर सुरक्षाबलों से बचने की कोशिश करते हुए मुठभेड़ को लंबा खींच रहे हैं।गौरतलब है कि मुठभेड़ बुधवार को शुरू हुई थी और 100 घंटे से अधिक समय से गोलीबारी हो रही है।

रिपोर्ट के मुताबिक, भारी हथियारों से लैस करीब 2-3 आतंकवादी घने जंगल में जिस स्थान पर छिपे हुए हैं, वहां चढऩे का रास्ता काफी संकरा है।बतौर रिपोर्ट्स, आतंकवादी सुरक्षाबलों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं और लगातार अपने स्थान बदल रहे हैं।लश्कर-ए-तैयबा से ट्रेनिंग प्राप्त इन आतंकवादियों द्वारा इस्तेमाल की जा रही यह रणनीति कश्मीर घाटी में सुरक्षाबलों के खिलाफ एक नए पैटर्न की तरफ इशारा कर रही है।

भारतीय सेना की उत्तरी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने शनिवार को कोकरनाग में मुठभेड़ स्थल का दौरा किया, जहां पर बुधवार को सेना के 2 अधिकारियों समेत 3 जवान शहीद हो गए थे।सेना के अधिकारियों ने द्विवेदी को 100 घंटे से जारी मुठभेड़ के बारे में जानकारी प्रदान की। अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों की तलाश और उन्हें ढेर करने के लिए उच्च तकनीकी उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है।

सेना के अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में पिछले 10 दिनों में आतंकवाद और घुसपैठ की कम से कम 5 घटनाएं हुई हैं।2 घटनाएं पीर पंजाल की पहाडिय़ों के के दक्षिण में रियासी जिले के चसाना क्षेत्र और राजौरी जिले के नरला क्षेत्र में हुई हैं, जबकि बाकी 3 उत्तर में उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास हथलंगा में, उरी और बारामूला के बीच और अनंतनाग के पास कोकरनाग के जंगलों में हुई हैं।

विशेषज्ञों के मुताबिक, आतंकवादियों को जंगल और ऊंचाई वाले क्षेत्र में लडऩे के लिए प्रशिक्षित किया गया है और वह लंबे समय तक लडऩे की तैयारी से आए हैं।उन्होंने कहा कि सुरक्षाबलों को इस जोखिम भरे इलाके में रसद स्थापित करने में काफी समय लगा लग सकता है और इस प्रकार के आतंकवाद से निपटना बेहद मुश्किल है।बता दें, जम्मू के पुंछ और राजौरी जिलों में आतंकी गतिविधियों में ऐसा ही पैटर्न देखने को मिल रहा है।

*****************************

 

पीएम मोदी ने किया इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन और एक्सपो सेंटर यशोभूमि के पहले पार्ट का इनॉगरेशन

नई दिल्ली,17 सितंबर (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को द्वारका में यशोभूमि कहे जाने वाले इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर (आईआईसीसी) पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन और एक्सपो सेंटर यशोभूमि (आईआईसीसी) के पहले पार्ट का इनॉगरेशन किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर, द्वारका में एक नई योजना पीएम विश्वकर्मा शुरू करने से पहले भगवान विश्वकर्मा को पुष्पांजलि अर्पित की।

इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर, द्वारका में कारीगरों और शिल्पकारों के साथ बातचीत की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने द्वारका सेक्टर 21 से यशोभूमि द्वारका सेक्टर 25 तक दिल्ली एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस लाइन के विस्तार का उद्घाटन करने से पहले दिल्ली मेट्रो में यात्रा की।

मोदी ने द्वारका सेक्टर-21 से यशोभूमि द्वारका सेक्टर 25 तक दिल्ली एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस लाइन के विस्तार का उद्घाटन करने के बाद दिल्ली मेट्रो के कर्मचारियों के साथ बातचीत की।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर द्वारका में इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर में एक नई योजना पीएम विश्वकर्मा लॉन्च की।

*********************************

 

उपराष्ट्रपति धनखड़ ने नए संसद भवन पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया

नई दिल्ली,17 सितंबर (एजेंसी)। विशेष संसद सत्र की शुरुआत से एक दिन पहले, उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने रविवार को नए संसद भवन के गज द्वार के शीर्ष पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और इसे ऐतिहासिक करार दिया।

इस मौके पर राज्यसभा सभापति के अलावा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी, केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन, पीयूष गोयल, अर्जुन राम मेघवाल, कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी और प्रमोद तिवारी मौजूद रहे।

मीडिया से बात करते हुए, धनखड़ ने कहा, यह एक ऐतिहासिक क्षण है। भारत युग परिवर्तन का गवाह बन रहा है। दुनिया भारत की शक्ति और योगदान को पूरी तरह से पहचान रही है। हम ऐसे समय में रह रहे हैं, जहां हम विकास, उपलब्धियां देख रहे हैं।

 विशेष संसद सत्र 18 सितंबर से शुरू होने वाला है।

इस बीच, विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े रविवार को पार्टी की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था कांग्रेस कार्य समिति की निर्धारित दो दिवसीय बैठक का हवाला देते हुए समारोह में शामिल नहीं हुए।

******************************

 

‘हम तुम्हें चाहते हैं’ 13 अक्टूबर को रिलीज होगी

17.09.2023  –  एसआरजी फिल्म्स इंटरनेशनल के बैनर तले गोविंद बंसल और रेमा लाहिड़ी द्वारा निर्मित रोमांटिक कॉमेडी फिल्म ‘हम तुम्हें चाहते हैं’ 13अक्टूबर को रिलीज होगी। राजन लायलपुरी द्वारा लिखित और निर्देशित इस फिल्म से नवोदित अभिनेता जन्मेजय सिंह बॉलीवुड में कदम रख रहे हैं। ‘हम तुम्हें चाहते हैं’ में जन्मेजय सिंह ने मुख्य किरदार निभाया है जो खुद को एक प्रफुल्लित करने वाले और जटिल प्रेम त्रिकोण में पाता है।

फिल्म उन हास्यप्रद और हृदयस्पर्शी स्थितियों की पड़ताल करती है जो तब उत्पन्न होती है जब वह दो आकर्षक महिलाओं के बीच फंस जाता है।

जिसे प्रतिभाशाली अभिनेत्री रितुपर्णा सेनगुप्ता और अनुस्मृति सरकार ने जीवंत किया है। यह बहुप्रतीक्षित फिल्म प्यार और हंसी का एक आनंदमय मिश्रण पेश करने का वादा करती है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

******************************

 

वन नेशन, वन इलेक्शन की पहली बैठक 23 सितंबर को, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद होंगे शामिल

नई दिल्ली ,16 सितंबर (एजेंसी)। वन नेशन, वन इलेक्शन समिति की अध्यक्षता करने वाले पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने शनिवार को कहा कि इसकी पहली बैठक 23 सितंबर को होगी। पूर्व राष्ट्रपति ने मीडिया में यह पुष्टि की। यह बैठक संसद के पांच दिवसीय विशेष सत्र के समापन के एक दिन बाद होगी। इस महीने की शुरुआत में, केंद्र सरकार ने घोषणा की थी कि ‘वन नेशन, वन इलेक्शनÓ अवधारणा की जांच के लिए आठ सदस्यीय समिति का गठन किया गया है।

रामनाथ कोविंद और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अलावा, सरकार ने कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी, पूर्व राज्यसभा एलओपी गुलाम नबी आज़ाद, 15 वें वित्त आयोग के पूर्व अध्यक्ष एनके सिंह, लोकसभा के पूर्व महासचिव सुभाष कश्यप को इसके सदस्यों के रूप में नामित किया था।

वरिष्ठ वकील हरीश साल्वे और पूर्व मुख्य सतर्कता आयुक्त संजय कोठारी भी पैनल में शामिल हैं। हालांकि, अधीर रंजन चौधरी ने हिस्सा बनने के निमंत्रण को अस्वीकार कर दिया था। गजट अधिसूचना के अनुसार, समिति न केवल लोकसभा और विधानसभा चुनाव, बल्कि नगर पालिकाओं और पंचायतों के चुनाव भी एक साथ कराने की व्यवहार्यता पर गौर करेगी।

समिति त्रिशंकु सदन, अविश्वास प्रस्ताव दल-बदल या ऐसी कोई अन्य घटना होने पर एक साथ चुनाव से जुड़े संभावित समाधानों का विश्लेषण और सिफारिश करेगी। सरकार ने अधिसूचना में कहा कि राष्ट्रीय, राज्य, नागरिक निकाय और पंचायत चुनावों के लिए वैध मतदाताओं के लिए एक एकल मतदाता सूची और पहचान पत्र की खोज की जाएगी।

*********************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज का दिन आपके लिए बेहतर रहेगा। आज सरकारी संस्थान से जुड़े लोगों का दिन अच्छा रहेगा, जबकि प्राइवेट काम करने वाले लोगों का दिन व्यस्तता से भरा रहेगा। आज आपको ऑफिस में एक्सट्रा काम करना पड़ सकता है। स्टूडेंट्स के लिए दिन ठीक-ठाक रहेगा, आप कुछ नया सीखेंगे। करीबी लोगों की राय मानना आपके लिए फायदेमंद होगा। उच्च अधिकारियों से सराहना एवं सम्मान प्राप्त होगा। आपका प्रमोशन होने की संभावना बढ़ जाएगी। संतान के प्रति आज विश्वास बढ़ेगा । कन्या पक्ष को बड़ी सफलता मिलने से घर में खुशी का माहौल रहेगा।

* शुभ रंग- भूरा

* शुभ अंक- 7

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी , वु , वे, वो

आज का दिन आपके लिए उमंग से भरा रहेगा। जीवनसाथी के साथ आप किसी ट्रिप की प्लानिंग कर सकते हैं। आप उन्हें कोई गिफ्ट दे सकते हैं, आपका दिन ताजगी से भरा रहेगा। आप अच्छे काम में अपना सहयोग दे सकते हैं, इससे समाज में आपका नाम होगा। माता आपसे किसी काम को लेकर सलाह ले सकती है। आज आपकी सेहत अच्छी रहेगी। बिजनेस कर रहे लोगों को कोई बड़ी सफलता मिलेगी । पुरानी जायदाद के क्रय-विक्रय के कार्यों से धन लाभ के संकेत दिखाई दे रहें हैं।

* शुभ रंग- गुलाबी

* शुभ अंक- 6

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज का दिन आपके लिए बढिय़ा है। आज किसी प्रॉपर्टी डीलर से आपकी मुलाकात हो सकती है। आप किसी प्रॉपर्टी में निवेश करने के बारे में सोच सकते हैं। दोस्त की मदद से आपको किसी अच्छी कम्पनी में नौकरी मिलने के योग हैं। आप लवमेट्स के साथ मूवी देखने का प्लान करेंगे। आप घर की सुख-सुविधाओं में बढ़ोतरी करेंगे, समय की कमी के कारण आप परिवार को ज्यादा समय नहीं दे पाएंगे फिर भी आपको घर से पूरा सहयोग मिलेगा। नौकरी के लिए परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्रों को मल्टीनेशनल कंपनी से ऑफर आ सकता है।

* शुभ रंग- हरा

* शुभ अंक- 4

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो

आज का दिन आपके लिए खुशियों से भरा रहेगा। आज आप पिता का कोई जरूरी काम पूरा करने में सफल होंगे। पिता को आप पर गर्व होगा। छात्रों के लिए दिन अच्छा रहेगा। आप किसी नये कोर्स के बारे में सोच-विचार कर सकते हैं। आज आपको बड़े भाई-बहनों से पूरा सहयोग मिलेगा। नौकरी कर रहे लोगों को आज काम करने में आसानी होगी, काम तय समय में पूरा होगा। होटल या रेस्टोरेंट का बिजनेस कर रहे लोगो के लिए दिन अच्छा रहेगा। आपकी कमाई में इजाफा होगा। कार्य स्थल पर आज आपको अपने सहकर्मियों से सहयोग मिलाता रहेगा।

* शुभ रंग- मैजेंटा

* शुभ अंक- 4

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज का दिन आपके लिए फेवरेबल रहने वाला है। आज आपके पास नई जिम्मेदारियां आ सकती हैं, घर के सहयोग से आप हर काम को अच्छे से संभाल लेंगे। आप घर में किसी मांगलिक कार्यक्रम की तैयारी भी करवा सकते हैं। आस-पड़ोस के लोग आपको देखकर खुश होंगे। कोई व्यक्ति आपसे अपने बच्चों के करियर के लिए सलाह ले सकता है,आप उन्हें निराश नहीं करेंगे। स्वास्थ्य की दृष्टि से आप ऊर्जावान बने रहेंगे, आपका दिन अच्छा रहेगा। अपनी वाणी और व्यवहार में मधुरता बनाएं । किसी भी कार्य में अत्यधिक आत्मविशवास न दिखाए कार्यों को थोड़ा ध्यान पूर्वक करें।

* शुभ रंग- पिच

* शुभ अंक- 6

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज आपका दिन बेहतर रहेगा। आप किसी धार्मिक कार्य में रुचि लेंगे। ऑफिस का कोई व्यक्ति आपके घर पर आ सकता है, उनके साथ आप कुछ बातें शेयर कर सकते हैं। बच्चे किसी काम में आपकी मदद ले सकते हैं, आप बच्चों का पूरा सहयोग करेंगे। बुटिक का काम कर रही महिलाओं के लिए दिन अच्छा रहेगा। किसी कस्टमर से आपको अच्छा धन लाभ होगा। आज आपके स्वाभाव में लचीलापन रहेगा, लोगों को अपनी बातें सरल भाषा में समझाएंगे। किसी नये प्रोजेक्ट पर काम करने से पहले अपने सहकर्मियों और मित्रों से परामर्श अवश्य करें। आपके लिए आज बिजनेस में दोगुने लाभ का योग बन रहा है।

* शुभ रंग- पीला

* शुभ अंक- 7

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते

आज का दिन आपके लिए बढिय़ा रहने वाला है। आपको अपनी कार्य कुशलता को बढ़ाने की जरूरत है। आज आप करियर को लेकर कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं। नए कोर्स में एडमिशन के लिए आपको ज्यादा भागदौड़ करनी पड़ेगी। आज आप जीवनसाथी व बच्चों के साथ शॉपिंग के लिए जाएंगे। आपको अपनी आमदनी को ध्यान में रखकर खर्चा करना चाहिए। नवविवाहित दंपत्ति किसी टूर पर जाएंगे, वहां एक दूसरे को अच्छे से समझेंगे। छात्र आज किसी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने का मन बनाएंगे।

* शुभ रंग- लाल

* शुभ अंक- 8

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज का दिन आपके लिए ठीक रहेगा। आज बच्चों के किसी काम में आपका ज्यादा खर्च हो सकता है। काम के मामले में आपको अनुभवी लोगों से सम्पर्क बढ़ाने की जरूरत है। आप पूरी मेहनत के साथ आगे बढ़ेंगे, आपको काम में सफलता मिलेगी। किसी की कही-सुनी बातों पर विश्वास करने से आपको बचना चाहिए। सेहत के मामले में आपको थोड़ा ध्यान रखना चाहिए । दांपत्य जीवन में प्यार बना रहेगा । आज आपकी सृजनशील प्रवृत्ति कार्यस्थल पर आपको सम्मान दिलाएगी। आप अपनी बुद्धि और विवेक से किसी आर्थिक समस्या का समाधान खोज लेंगे, जिससे आपकी कंपनी को अच्छा लाभ होगा।

* शुभ रंग- नीला

* शुभ अंक- 1

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज का दिन आपके लिए बेहतरीन रहेगा। अगर आप किसी से अपने दिल की बात कहना चाहते हैं तो आज का दिन आपके लिए बहुत ही अच्छा रहने वाला है। आप अपने काम में पूरी एकाग्रता से करेंगे। जो लोग शादीशुदा है, वो आज कहीं घूमने जा सकते हैं। आपका समय बहुत अच्छा बीतेगा। लोहे के कारोबारियों को अच्छा फायदा होगा। आपको कोई बड़ा काम मिलेगा। पार्ट टाइम जॉब कर रहे छात्रों की नौकरी पक्की हो सकती है। बिजनेस में नई योजना लागू करने से लाभ होगा। आप कोई इलेक्ट्रॉनिक गाड़ी खरीदने के लिए सोच सकते हैं।

* शुभ रंग- नारंगी

* शुभ अंक- 9

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज का दिन आपके लिए ठीक-ठाक रहेगा। आज के दिन आपको काम में बड़ी ही सतर्कता बरतनी होगी। इस राशि की जो महिलाएं बिजने फील्ड से जुड़ी हैं उनके लिए आज ज्यादा लाभ के योग बन रहे हैं। फल से जुड़े बिजनेस कर रहे लोगों का काम अच्छा चलेगा, आय में वृद्धि होगी। अगर आप किसी से जरूरी मीटिंग के लिए जा रहे हैं तो आपको अपने पहनावे पर ध्यान देने की जरूरत है। साथ ही अच्छी सेहत के लिए आप रूटीन एक्सरसाइज को शामिल करेंगे। आज आपके अच्छे कामों को देखकर लोग आपसे बहुत कुछ सीखना चाहेंगे।

* शुभ रंग- बैंगनी

* शुभ अंक- 3

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। आज जीवनासाथी से बिजनेस की कोई बात शेयर करने से काम को लेकर आपको कोई अच्छी सलाह मिलेगी। बच्चे आज किसी स्पोर्ट्स एक्टिविटी में भाग ले सकते हैं। आज आप किसी बात में बेवजह उलझे रहेंगे। काफी समय से जॉब की तलाश कर रहे लोगों को किसी कंपनी से जॉब ऑफर आएगा। छात्रों को आज मनचाहा परिणाम मिलने की संभावना है। लवमेट्स के लिए आज का दिन शानदार रहने वाला है। राजनीति से जुड़े लोगों को आज किसी संस्था के द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

* शुभ रंग- काला

* शुभ अंक- 5

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची):

आज का दिन आपके लिए खुशहाल रहने वाला है। आज आप कोई नया बिजनेस शुरू करने के बारे में सोच सकते हैं। आपको घर के बड़ों से पूरा सपोर्ट मिलेगा, आर्थिक रूप से पिता आपकी मदद करेंगे। परिवार में लोगों के बीच अच्छा तालमेल बना रहेगा। शाम को आप परिवार के साथ किसी फंक्शन में जा सकते हैं। आज जीवनसाथी की छोटी-छोटी गलतियों को माफ कर देना आपके रिश्ते को बेहतर बनाएगा। सेहत के लिहाज से आप फिट रहेंगे। ऑफिस में अपना काम अच्छे से पूरा करेंगे। आज डेयरी उत्पादकों को उनके व्यापार में लाभ मिलेगा।

* शुभ रंग- ग्रे

* शुभ अंक- 2

***********************************

 

पीएम मोदी को दिव्यांग बच्चों ने जन्मदिन पर दी अनोखी बधाई, 1.25 किमी का लिखा संदेश

लखनऊ ,16 सितंबर (एजेंसी)।  देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर नेत्रहीन बच्चों ने उन्हें खास बधाई दी है। जन्मदिन से एक दिन पहले बच्चों ने 1.25 किमी लंबा विशालतम बधाई पत्र तैयार किया। इसे नेशनल एसोसिएशन फॉर ब्लाइंड संस्था के 400 नेत्रहीन बच्चों ने दो माह की कठिन परिश्रम से तैयार किया है।

इस पर बच्चों ने प्रधानमंत्री द्वारा किये गए 9 वर्षों की उपलब्धियों को दर्शाया है। इस दौरान सभी बच्चों ने एक स्वर में उनकी तारीफ करते हुए उनके दीर्घायु की कामना की। उन्हें देश का सबसे शक्तिशाली नेता बताया है।

नेशनल एसोसिएशन फॉर ब्लाइंड के अध्यक्ष राजेश सिंह दयाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रति बच्चों का प्रेम और स्नेह ही है, जो बच्चों ने उनके जन्मदिन के मंगल एवं शुभ दिन पर बधाई एवं शुभकामना स्वरुप 1.25 किमी विश्व का लंबा विशालतम बधाई संदेश पत्र समर्पित किया। उन्होंने कहा कि पीएम ने जनसेवा और राष्ट्रसेवा को सदैव ही सर्वोपरि रखा है। उनके नेतृत्व में भारत का मान-सम्मान लगातार बढ़ता रहे।

कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों द्वारा प्रधानमंत्री को समर्पित गीत की प्रस्तुति मनमोहक थी। बच्चों की प्रस्तुति ने सभी जनमानस को मंत्रमुग्ध कर दिया। बदलते मौसम और बारिश भी दिव्यांग बच्चों के हौसलों को डिगा नहीं सका। यह श्रृंखला विश्व रिकॉर्ड में भी दर्ज किया जाएगा।

********************************

 

मानहानि मामला : हाईकोर्ट ने दो करोड़ रुपये हर्जाना देने के आदेश के खिलाफ तहलका की समीक्षा याचिका खारिज की

नई दिल्ली ,16 सितंबर (आरएनएस)। दिल्ली उच्च न्यायालय ने समाचार पत्रिका तहलका और उसके सह-संस्थापक अनिरुद्ध बहल की उस याचिका को खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने उस आदेश की समीक्षा की मांग की थी, जिसमें उन्हें मेजर जनरल एम.एस. अहलूवालिया को 2 करोड़ रुपये का हर्जाना देने का निर्देश दिया गया था। अहलूवालिया ने 2002 में मानहानि का मामला दायर किया था।

न्यायमूर्ति नीना बंसल कृष्णा ने कहा कि रिकॉर्ड में कोई त्रुटि स्पष्ट नहीं है और न ही आवेदक किसी त्रुटि या गलती को उजागर करने में सक्षम हैं, जिसे समीक्षा के दायरे में ठीक किया जा सकता है।

21 जुलाई को अदालत ने तहलका, उसके पूर्व प्रधान संपादक तरुण तेजपाल, बहल और एक रिपोर्टर को 2 करोड़ रुपये का हर्जाना देने का निर्देश दिया।

मानहानि का मुकदमा मार्च 2001 में तहलका द्वारा प्रकाशित एक कहानी पर आधारित था, जिसमें अहलूवालिया को नए उपकरणों के आयात से संबंधित रक्षा सौदों में शामिल एक कथित भ्रष्ट बिचौलिए के रूप में चित्रित किया गया था।

एक वीडियो टेप और प्रतिलेख में यह भी आरोप लगाया गया था कि अहलूवालिया ने एक पत्रकार से 50,000 रुपये की रिश्वत ली थी।
इस झूठे आरोप को विभिन्न मीडिया चैनलों के माध्यम से व्यापक प्रचार मिला और इसके गंभीर परिणाम हुए, इसके कारण भारतीय सेना द्वारा कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी शुरू की गई।

न्यायमूर्ति कृष्णा ने कहा था कि लेख ने अहलूवालिया की प्रतिष्ठा को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाया है, इससे उनके सम्मान में गिरावट आई है और भ्रष्टाचार के आरोपों के साथ उनके चरित्र को गंभीर नुकसान पहुंचा है, जिसे बाद में खंडन द्वारा आसानी से सुधारा या ठीक नहीं किया जा सकता है।

अहलूवालिया ने पहले माफी मांगने के लिए कानूनी नोटिस भेजा था, लेकिन प्रतिवादियों ने इसे अस्वीकार कर दिया था। अदालत ने कहा कि इस स्तर पर माफी अप्रासंगिक हो गई है, क्योंकि वादी पहले ही कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का सामना कर चुका है और पहले ही अपने आचरण के लिए गंभीर नाराजगी के साथ दंडित किया जा चुका है, जिसे एक सेना अधिकारी के लिए अशोभनीय माना गया था। अदालत ने आदेश दिया था: दो करोड़ रुपये का हर्जाना वादी को दिया जाता है, जिसका भुगतान प्रतिवादी नंबर 1 से 4 को मानहानि के कारण मुकदमे की लागत के साथ करना होगा।

अदालत ने कहा था कि रिश्वत लेने से इनकार करने वाले एक ईमानदार सैन्य अधिकारी अहलूवालिया के बारे में दिए गए झूठे बयानों के कारण उनकी प्रतिष्ठा को काफी नुकसान हुआ है।

*************************************