फिर पनप रहा चक्रवाती तूफान, 12 राज्‍यों में अलर्ट; उत्तराखंड में सड़कों पर पहाड़ों का मलबा- बद्रीनाथ हाईवे बंद

नई दिल्‍ली 25 Jully (एजेंसी): बारिश के चलते काफी देशभर के कई राज्य बाढ़ से प्रभावित हैं। वहीं अब मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती तूफान की स्थिति बनी हुई, जिसके चलते कुल 12 राज्‍यों में भारी बारिश की संभावना जताई जा रही है। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और ओडिशा के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। तेलंगाना में अगले तीन दिन लोगों को बेवजह घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। उत्‍तर-भारत में पहाड़ी क्षेत्रों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिसके कारण दिल्‍ली में यमुना नदी का जलस्‍तर खतरे के निशान से अधिक बना हुआ है। गंगा नदी भी इस वक्‍त उफान पर है। यही वजह है क‍ि उत्‍तर प्रदेश के कई इलाकों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है।

मुंबई में भारी बारिश के चलते सोमवार को जनजीवन अस्‍त-व्‍यस्‍त रहा। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती तूफान पनप रहा है। यह पश्चिम मध्य और उससे सटे उत्तर पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ है। यह तूफान समुद्र तल से 5.8 से 7.6 किमी ऊपर है, जिसके कारण 24 घंटों में यहां कम दबाव का क्षेत्र बनने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने इस वजह से तेलंगाना, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात और तटीय कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई है। यहां पर कुल 115.6 मिलीमीटर से 204.4 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक 64.5 मिमी से 115.5 मिमी तक बारिश का अनुमान हिमाचल प्रदेश, राजस्थान के पूर्वी हिस्‍से, पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, मराठवाड़ा, तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, तेलंगाना, आंतरिक कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी है। इनमें से कुछ हिस्‍सों में भारी बारिश भी हो सकती है।

मंगलवार सुबह दिल्‍ली में यमुना नदी का जलस्‍तर 205.45 मीटर दर्ज किया गया है। यह खतरे के निशान से ज्‍यादा है। करीब 10 दिन पहले दिल्‍ली में लोगों ने बाढ़ जैसे हालातों का सामना किया। एक बार फिर राजधानी में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। हरिद्वार में गंगा का जलस्‍तर लगातार बढ़ रहा है। यह दोनों ही नदियां आगे चलकर उत्‍तर प्रदेश के अधिकांश हिस्‍से को कवर करती हैं। उत्‍तर प्रदेश के कई इलाकों के डूबने की आशंका जताई जा रही है। उधर, यमुना की सहायक नदी हिंडन भी पहाड़ों पर अत्‍याधिक बारिश के कारण कहर बरपा रही है। नोएडा, गाजियाबाद के कई क्षेत्रों को इसके कारण खाली करा लिया गया है।

वहीं पहाड़ों पर बारिश के बीच उत्तराखंड में लैंडस्लाइड का सितम देखने को मिल रहा है। बिगड़े मौसम से लगातार कई जगह लैंडस्लाइड हो रही है। ताजा जानकारी के मुताबिक, आज (25 जुलाई) बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लैंडस्लाइड की घटना सामने आई। सड़क पर मलबे के चलते रास्ता बंद और यातायात प्रभावित है।

चमोली पुलिस के मुताबिक, बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर नंदप्रयाग और पुरसारी के पास सड़क मलबे के कारण रास्ता बंद है। चमोली पुलिस ने इस इलाके का एक वीडियो भी शेयर किया। बता दें कि बारिश से जगह-जगह लैंडस्लाइड देखने को मिल रही है। लंबे-लंबे चीड़ के पेड़ दरकते पहाड़ के साथ नीचे जा रहे हैं। पेड़ों के साथ लैंडस्लाइड का पूरा मलबा नीचे बह रही नदी में गिर रहा है। इस वजह से सड़क ही नहीं, नदी की धारा में भी रुकावट आ रही है।

*********************************

 

मानसून सत्र: AAP सांसद संजय सिंह के निलंबन पर विपक्ष ने खोला मोर्चा, रातभर संसद के बाहर दिया धरना

दिल्ली 25 Jully (एजेंसी): आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह के निलंबन के बाद संसद के बाहर विपक्षी सांसदों ने सोमवार को संसद भवन के बाहर पूरी रात धरना प्रदर्शन दिया। पूरा बवाल मणिपुर वायरल वीडियो को लेकर मचा हुआ है।

आप सांसद सोमवार को संसद सत्र के दौरान दो महिलाओं के साथ हुई दरिंदगी के मुद्द को लेकर बहस कर रहे थे। इस हंगामेदार सत्र के दौरान संजय ने वेल में राज्यसभा सभापति जगदीप धनखड़ की कुर्सी के सामने विरोध किया और उन्हें हाथ दिखाकर कुछ बोला। उनकी इस हरकत की वजह से उन्हें पूरे मॉनसून सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया है।

सदन की कार्रवाई के बाद आप नेता संजय ने कहा, ‘कल पूरी रात हम गांधी प्रतिमा के सामने बैठे रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की और कहा, ‘हमारी एक ही मांग है कि पीएम मोदी मणिपुर मुद्दे पर बोलें। हम यहां विरोध करते रहेंगे और मैं अभी भी पीएम मोदी से अनुरोध कर रहा हूं कि वह संसद में आएं और मणिपुर मुद्दे पर बात करें।’

संजय सिंह पर हुई कार्रवाई के विरोध में विपक्षी सांसदों ने संसद के बाहर धरना प्रदर्शन दिया, जिसमें खुद आप सांसद संजय सिंह, संदीप पाठक और सुशील गुप्ता के साथ-साथ टीएमसी के नेता डोला सेन, शांता छेत्री, कांग्रेस के इमरान प्रतापगढ़ी, अमीबेन और जेबी माथेर, सीपीएम नेता बिनॉय विश्वम, सीपीआई नेता राजीव और बीआरएस नेता शामिल हुए थे।

**************************

 

सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाईः घुसपैठ की कोशिश कर रहे पाकिस्तानी तस्कर को मार गिराया, दो आतंकी गिरफ्तार

जम्मू 25 Jully, (एजेंसी): जम्मू-कश्मीर के सांबा सेक्टर के रामगढ़ इलाके में आज तड़के सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी के प्रयास को विफल करते हुए एक पाकिस्तानी तस्कर को मार गिराया है।
बीएसएफ प्रवक्ता ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि बीती रात सतर्क बीएसएफ जवानों ने एक पाक तस्कर को मार गिराया, जब वह रामगढ़ सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी करने की प्रयास कर रहा था।

उन्होंने बताया कि इलाके की शुरुआती तलाशी के दौरान तस्कर के शव के साथ संदिग्ध नशीले पदार्थ (करीब चार किलोग्राम) के के चार पैकेट मिले। उन्होंने बताया कि इलाके में तलाशी अभियान जारी है। इसी कड़ी में बारामूला जिले में आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े दो आतंकवादी सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों आतंकवादी सहयोगियों की पहचान दयाम मजीद खान और उबैर तारिक के रूप में हुई है। दोनों को क्रीरी बारामूला में एक विशिष्ट वारंट पर गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस प्रवक्ता ने कहा, “चक टप्पर क्रीरी में आतंकवादियों की आवाजाही के संबंध में विशेष सूचना पर पुलिस और 29 आरआर के संयुक्त बलों ने बस स्टॉप पर एक एमवीसीपी (मोबाइल वाहन चेक पोस्ट) लगाया। चक टपर से मेन रोड क्रेरी की ओर आ रहे दो संदिग्ध लोगों ने संयुक्त नाका पार्टी को देखकर भागने का प्रयास किया लेकिन सुरक्षाबलों ने चतुराई से उन्हें पकड़ लिया।”

**************************

 

एयर होस्टेस गीतिका शर्मा Suicide Case, पूर्व मंत्री गोपाल कांडा और अरुणा चड्ढा बरी

नई दिल्ली 25 Jully, (एजेंसी): एयर होस्टेस गीतिका शर्मा की आत्महत्या मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने हरियाणा के पूर्व मंत्री गोपाल गोयल कांडा और अरुणा चड्ढा को बरी कर दिया है। इस मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट ने मंगलवार को फैसला सुनाया है।

बता दें कि पांच अगस्त 2012 में एमडीएलआर एयरलाइंस की पूर्व निदेशक गीतिका ने अपने अशोक विहार स्थित घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। गीतिका शर्मा ने अपनी मौत के लिए हरियाणा के पूर्व मंत्री गोपाल कांडा और एमडीएलआर के मैनेजर अरुणा चड्ढा को जिम्मेदार ठहराया था। इसके बाद अदालत ने दोनों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में आरोप तय किया था।

गोपाल कांडा मौजूदा समय में सिरसा से विधायक हैं। गोपाल कांडा की एयरलाइंस कंपनी में गीतिका एयरहोस्टेस थी और उसने 2012 में आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में मंत्री कांडा को मुख्य आरोपी बनाया था।

विपक्ष पर बरसे PM मोदी, बोले- नाम रखने से कुछ नहीं होता, ईस्ट इंडिया और इंडियन मुजाहिदीन में भी है INDIA

नई दिल्ली 25 Jully, (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडिया नाम को लेकर विपक्षी दलों पर हमला करते हुए कहा है कि आतंकी संगठनों में भी इंडिया नाम रखा है। भाजपा संसदीय दल की बैठक के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि संसदीय दल की बैठक में सांसदों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इंडिया नाम का भी अजीब संयोग है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ईस्ट इंडिया कंपनी और इंडियन नेशनल कांग्रेस तो अंग्रेजों ने बनाया था। इंडियन मुजाहिदीन की स्थापना आतंकवादियों ने की थी और पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया जैसे संगठनों में भी इंडिया लगा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि ऐसा दिशाहीन विपक्ष तो उन्होंने आज तक नहीं देखा।

उन्होंने पूरे देश के गांवों से मिट्टी लाकर दिल्ली में एक अमृत वन बनाने की बात भी बैठक में कही। बैठक में प्रध मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पीयूष गोयल समेत कई केंद्रीय मंत्री और सांसद मौजूद रहे।

********************************

 

राज्यसभा में आज भी जारी रहा हंगामा

नई दिल्ली 25 Jully (एजेंसी): राज्यसभा में मंगलवार को आम आदमी पार्टी के सदस्य संजय सिंह के निलंबन, मणिपुर की स्थिति तथा छत्तीसगढ़ और राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ हिंसा के मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने जमकर हंगामा किया जिसके कारण सदन की कार्यवाही 12:00 बजे तक स्थगित कर दी गई। मानसून सत्र का यह लगातार चौथा दिन है, जब सदन में शून्यकाल नहीं हो सका है और हंगामा जारी है।

सभापति जगदीप धनखड़ ने सुबह सदन की कार्यवाही शुरू की तो विपक्षी दलों के सदस्य श्री संजय सिंह निलंबन को लेकर नारेबाजी करने लगे। सभापति ने सदस्यों से शांत होने की अपील की और सदन की कार्यवाही चलने देने का आग्रह किया।

आम आदमी पार्टी के राघव चड्ढा ने संजय सिंह के निलंबन में उचित प्रक्रिया का पालन नहीं होने का मुद्दा उठाया। सभापति ने उनके मुद्दे को खारिज किया और विपक्ष के शोर-शराबे के बीच जरूरी दस्तावेज सदन के पटल पर रखवायें। इसी बीच कांग्रेस के प्रमोद तिवारी ने मणिपुर की स्थिति को लेकर सदन में चर्चा कराने की मांग की।

सदन की कार्यवाही आगे बढ़ाते हुए श्री धनखड़ ने कहा कि विपक्षी दलों के सदस्यों से नियम 267 के तहत 51 नोटिस मिले हैं। उन्होंने सभी 51 सदस्यों के नाम पढ़ें । इनमें से एक नोटिस ज्ञानवापी मस्जिद के संबंध में है जबकि अन्य नोटिस मणिपुर की स्थिति पर चर्चा कराने के बारे में है।

सभापति ने बताया कि नियम 176 के तहत उन्हें तीन नोटिस मिले हैं। ये नोटिस राजस्थान और छत्तीसगढ़ में महिलाओं तथा बच्चों पर हिंसा को लेकर है। श्री धनखड़ ने कहा कि सरकार मणिपुर पर चर्चा कराने को तैयार है इसलिए नियम 267 के तहत मिले सभी नोटिस अस्वीकार किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञानवापी मस्जिद के संबंध में नोटिस निर्धारित प्रावधान के अनुसार नहीं है इसलिए इसे भी अस्वीकार किया जाता है।

सदन के नेता पीयूष गोयल ने कहा कि सभापति को नियम 176 के तहत मिले नोटिस पर राजस्थान और छत्तीसगढ़ के संबंध में चर्चा कराने के लिए समय निर्धारित करना चाहिए। सरकार इस चर्चा के लिए तैयार है। पूरे देश में महिलाओं और बच्चों पर हिंसा बढ़ने के समाचार मिल रहे हैं, इसलिए इस पर चर्चा आवश्यक है।

कांग्रेस के पी चिदंबरम ने कहा कि सदन में पहले मणिपुर पर चर्चा होनी चाहिए। इस पर सत्ता पक्ष के सदस्य छत्तीसगढ़ और राजस्थान में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ हिंसा पर चर्चा कराने की मांग को लेकर अपनी सीटों से आगे आ गए और नारेबाजी करने लगे।

विपक्षी सदस्यों ने भी शोर-शराबा आरंभ कर दिया। सभापति ने दोनों पक्षों से शांत होने की अपील की लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने सदन की कार्यवाही 11 बजकर 20 मिनट पर 12:00 बजे तक स्थगित करने की घोषणा कर दी।

***************************

लोकसभा के मौजूदा सत्र में चौथे दिन भी नहीं चला प्रश्न काल

नई दिल्ली 25 Jully (एजेंसी): लोकसभा में विपक्षी सदस्यों ने मणिपुर मुद्दे को लेकर आज भी हंगामा किया जिसके कारण मानसून सत्र में लगातार चौथे दिन प्रश्नकाल बाधित रहा और अध्यक्ष ओम बिरला को हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही अपराह्न दो बजे तक स्थगित करनी पड़ी।

बिरला ने जैसे ही प्रश्नकाल आरंभ किया विपक्ष के सदस्य हंगामा करते हुए आसन के सामने आ गये और नारेबाजी करने लगे। अध्यक्ष ने प्रश्नकाल चलाने का प्रयास किया लेकिन विपक्षी सदस्य हंगामा करते रहे।

हंगामा बढ़ता देख लोकसभा अध्यक्ष ने सदस्यों से कहा, “प्रश्नकाल जैसा महत्वपूर्ण काल आप नहीं चलाने दे रहे हैं। दुनिया के सबसे लोकतंत्र में नारेबाजी कर रहे हैं। हंगामा किसी समस्या का समाधान नहीं होता। आप अपनी सीट पर बैठिए। मैं हर मुद्दे पर आपको बोलने का पर्याप्त समय दूंगा।

मेरा आप से आग्रह है कि संसद की गरिमा को बनाए रखें।प्लेकार्ड सदन ने लेकर आना संसदीय परंपरा के अनुकूल नहीं है। मैंने पहले भी आपसे आग्रह किया है। आप सभी वरिष्ठ सदस्य हैं, संसद की गरिमा को बनाए रखें।

आप सदा नहीं चलाना चाहते हैं, प्रश्नकाल नहीं चलाना चाहते हैं, गंभीर मुद्दों पर चर्चा नहीं करना चाहते हैं।” बिरला की बात का सदस्यों पर कोई असर नहीं हुआ तो उन्होंने सदन की कार्यवाही अपराह्न दो बजे तक स्थगित कर दी।

****************************

 

पांच लाख से ज्यादा 17 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के युवाओं ने किया मतदाता पंजीकरण के लिए अग्रिम आवेदन

जयपुर 25 Jully (एजेंसी): राजस्थान में पांच लाख से ज्यादा सत्रह वर्ष से अधिक आयुवर्ग के युवाओं ने मतदाता पंजीकरण के लिए अग्रिम आवेदन किया है। राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने प्रदेश में निष्पक्ष एवं समावेशी चुनाव के लिए निर्वाचन विभाग को प्रतिबद्ध बताते हुए यह यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब तक 1.5 लाख से अधिक नव मतदाताओं ने ईवीएम डेमो पर मॉक पोलिंग में हिस्सा लिया है। उन्होंने कहा कि सौ फीसदी मतदाता पंजीकरण के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए विशेष योग्यजनों, ट्रांसजेण्डर्स एवं विशिष्टतः असुरक्षित जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) को मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विशेष क्लस्टर कैम्प भी आयोजित किए जा रहे है।

गुप्ता सोमवार को हरीशचन्द्र माथुर लोक प्रशासन संस्थान में प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के संबंध में आयोजित रिटर्निंग अधिकारियों के चार दिवसीय सर्टिफिकेशन कार्यक्रम (द्वितीय चरण) को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रिटर्निंग अधिकारी की निर्वाचन संबंधी कार्यों में स्क्रूटनी से लेकर मतगणना तक विभिन्न कार्यों में अह्म भूमिका होती है तथा इसके लिए आयोग के दिशा-निर्देशों एवं कार्यप्रणाली की जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सर्टिफिकेशन कार्यक्रम का उद्देश्य निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं की व्यावहारिक समझ विकसित करना है, जिससे कि निर्वाचन कार्यों का सफल क्रियान्वयन हो सके।

इस दौरान पेड न्यूज एवं मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति, प्रत्याशी नामांकन, नाम निर्देशन पत्रों की स्क्रूटनी, नामांकन वापसी एवं चुनाव चिह्न आवंटन प्रक्रिया, पोस्टल बैलेट, आदर्श आचार संहिता, ईआरओ-नेट, विभिन्न एप एवं पोर्टल व्यय अनुरीक्षण एवं जिला चुनाव प्रबंधन योजना सहित विभिन्न निर्वाचन कार्यों पर चर्चा की जाएगी।

चार दिवसीय सर्टिफिकेशन कार्यक्रम का यह द्वितीय चरण 24 से 27 जुलाई तक आयोजित किया गया है। इसमें पहले चरण के बाद शेष रहे सौ रिटर्निंग अधिकारी बैच-3 एवं बैच-4 के रूप में हिस्सा ले रहे है। सर्टिफिकेशन कार्यक्रम का पहला चरण गत 10 से 13 जुलाई तक आयोजित किया गया था जिसमें सौ रिटर्निंग अधिकारियों ने भाग लिया।

****************************

 

शिवराज आज सिंगरौली में संत श्री रविदास जी समरसता यात्रा का करेंगे शुभारंभ

भोपाल 25 Jully (एजेंसी): मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज सिंगरौली जिले के बैढ़न से संत श्री रविदास जी की समरसता यात्रा का शुभारंभ करेंगे। यात्रा सिंगरौली के साथ नीमच, धार जिले के मांडव, श्योपुर और बालाघाट से निकाली जाएगी। समरसता यात्रा 12 अगस्त को सागर में सम्पन्न होगी।

यात्रा प्रदेश के 50 जिलों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान 313 विकास खंडों से मंदिर निर्माण के लिए मिट्टी और जल संकलित होगा। मंदिर निर्माण के लिए 53 हजार गांव से मिट्टी और 315 नदियों का जल एकत्रित किया जाएगा।

यात्रा के दौरान संत रविदास के व्यक्तित्व और कृतित्व पर केंद्रित रथ भी चलेगा। 12 अगस्त को संत रविदास जी के स्मारक निर्माण का शिलान्यास किया जाएगा।

आठ फरवरी 2023 को स्मारक निर्माण की घोषणा की गयी थी, घोषणा के 185 दिन बाद स्मारक का शिलान्यास किया जाएगा।

**********************

 

स्वतंत्रता दिवस पर 182 बंदियों की होगी सशर्त रिहायी

भोपाल 25 Jully (एजेंसी): मध्यप्रदेश के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने आज कहा कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जेलों में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 182 बंदियों की सशर्त रिहाई की जाएगी।

डॉ मिश्रा ने यहां संवाददाताओं से चर्चा में कहा कि ऐसे बंदी जिनकी सजा के विरुद्ध अपील लंबित है, उनको अपील के निराकरण के उपरांत रिहाई की पात्रता होगी। जिन्हें जुर्माना से दण्डित किया गया है, वे यदि जुर्माना राशि 15 अगस्त 2023 तक जमा कर देते हैं, तो उन्हें रिहाई की पात्रता होगी।

जिन्हें किसी अन्य प्रकरण में सजा भुगतना शेष है, उन्हें शेष सजा भुगताये जाने के लिए रोका जायेगा।

गृह मंत्री ने कहा कि इसके अलावा जिन्हें किसी अन्य प्रकरण में जमानत प्राप्त नहीं हुई है, उन्हें विचाराधीन बंदी के रूप में रोका जायेगा। यदि कोई बंदी अन्य राज्य के प्रकरण में दण्डित किया गया है, तो वह संबंधित राज्य में स्थानान्तरित किया जायेगा।

इसके अतिरिक्त 15 गैर-आजीवन कारावास के बंदियों को सजा में छूट दी जा रही है। उन्होंने कहा कि यहां पर यह स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि प्रदेश की महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा को देखते हुए दुष्कर्म के किसी भी प्रकरण में सजा माफी नहीं दी जा रही है।

************************

 

‘भाग मिल्खा भाग’ के 10 साल पूरे होने के खास मौके पर मेकर्स, फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग का आयोजन कर देंगे  फ्लाइंग सिख स्व मिल्खा सिंह को श्रद्धांजलि 

25.07.2023  –   फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह की जीवनगाथा पर आधारित फरहान अख्तर स्टारर ‘भाग मिल्खा भाग’ के 10 साल पुरे होने के खास मौके को बेहद खास अंदाज में सेलिब्रेट करते हुए राकेश ओमप्रकाश मेहरा सहित फिल्म के मेकर्स ने मुंबई में 26 जुलाई को एक स्पेशल स्क्रीनिंग का आयोजन किया है।

इसके जरिए एक बार फिर मेकर्स भारतीय स्प्रिंट के दिग्गज दिवंगत मिल्खा सिंह को श्रद्धांजलि देना चाहते हैं। बता दें, दिग्गज एथलीट मिल्खा सिंह का पिछले साल निधन हो गया था और इस विशेष स्क्रीनिंग के साथ वे उन्हें दिल से श्रद्धांजलि देने वाले हैं।

2013 में रिलीज हुई इस फिल्म में दिवंगत मिल्खा सिंह की प्रेरक यात्रा को दर्शाया गया है और कैसे वह वर्ल्ड चैंपियन, ओलंपियन और भारत के सबसे प्रतिष्ठित एथलीटों में से एक बनने के लिए कई मुश्किलों को पार करते हैं। बेहतरीन गीतों से भरपूर राकेश ओमप्रकाश मेहरा द्वारा निर्देशित यह फिल्म वास्तव में एक मास्टरपीस थी।

इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी अपनी छाप छोड़ी और 2013 की पांचवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्म रही। यह स्पेशल स्क्रीनिंग वास्तव में लोगों को इसकी रिलीज के इतने सालों बाद स्क्रीन्स पर इस प्रेरणादायक कहानी से जुड़ी पुरानी यादों को ताजा करने पर मजबूर कर देगी।

आरओएमपी पिक्चर्स के प्रवक्ता पी.एस. भारती ने कहा “भाग मिल्खा भाग के दस साल पूरे हुए है। यह वास्तव में मेरे और पूरे देश के लिए एक बहुत ही खास फिल्म है। देश के “फ्लाइंग सिख”, स्व मिल्खा सिंह हमारे देश के गौरव हैं और 26 जुलाई को होने वाली फिल्म की खास स्क्रीनिंग के साथ हम इस लेजेंड को एक ट्रिब्यूट दे रहे हैं जो लाखों लोगों के लिए प्रेरणा है।”

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

****************************

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज आपका दिन शानदार रहने वाला है। विद्यार्थियों की आज पढ़ाई में रुचि बढ़ेगी। लेखक किसी किताब को पूरा करने में सफल रहेंगे। दांपत्य जीवन में चल रही अनबन आज ख़त्म होगी, जिससे आपके रिश्ते में मिठास बढ़ेगी। कार्यक्षेत्र में बड़ों की सलाह से आपको काफी मदद मिलेगी। लवमेट की फोन पर काफी लम्बी बात होगी। आपके पिता अपना कोई महत्वपूर्ण कार्य करने को कहेंगे। स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से आपको काफी हद तक राहत मिलेगी।

*लकी रंग – लाल

*लकी नंबर – 3

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी , वु , वे, वो)

आज आपका दिन बेहतरीन रहेगा। किसी को दिए हुए रुपए आपको वापस मिलेंगे, जिससे आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। सकारात्मक सोच के साथ व्यापार में निवेश के लिए पूरा दिन आपके पक्ष में रहेगा। नवविवाहित दंपत्ति को बड़ों का आशीर्वाद मिलेगा, जो आगे भविष्य में आपके लिए कारगर साबित होगा। पेट से जुड़ी समस्या से आज आपको आराम मिलेगा। वकीलों को अपने पुराने क्लाइंट्स के जरिए आज कुछ नए क्लाइंट्स से अच्छा लाभ होगा। लवमेट आज आप शॉपिंग पर जाएंगे।

*लकी रंग – पर्पल

*लकी नंबर – 3

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज आपका दिन सामान्य रहने वाला है। फालतू के खर्चों से आज आपको बचना चाहिए। रूक्चक्चस् छात्रों को अपनी मेहनत को जारी रखने की जरूरत है। बिल्डर्स को आज किसी कॉन्ट्रैक्ट से अच्छा लाभ होगा। वाहन चलाते समय आपको सावधानी बरतने की आवश्यकता है। ऑफिस में अपने सीनियर्स से कुछ सीखने का मौका मिलेगा। बिजनेस में किसी नासमझ की राय लेने से बचें। आपके दांपत्य रिश्ते में सुख सौहार्द की वृद्धि होगी। लवमेट्स अपने रिश्ते की बात घर पर करेंगे।

*लकी रंग – गुलाबी

*लकी नंबर – 6

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज आपका दिन खुशहाल रहने वाला है। इंजीनियर्स आज किसी टारगेट को पूरा कर लेंगे। ष्-ह्लद्गह्ल की तैयारी कर रहे छात्रों की मेहनत रंग लाएगी, अपना करियर बेहतर बनाने में सफल रहेंगे। सरकारी विभाग से जुड़े लोगों के वेतन में वृद्धि होगी। स्वास्थ्य के लिहाज से आज आप चुस्त-दुरुस्त रहेंगे। नवविवाहित दंपत्ति को जीवनसाथी से आज कोई गिफ्ट मिलेगा। राजनीति से जुड़े लोगों का पद बढ़ेगा, दिन शानदार रहेगा। आप किसी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए उत्सुक रहेंगे। ऑफिस में अपने कार्य पर ध्यान देने की आवश्यकता है।

*लकी रंग – ऑरेंज

*लकी नंबर – 4

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज आपका दिन शानदार रहेगा। डेकोरेशन के कारोबारियों को कोई बड़ा कॉन्ट्रैक्ट हांथ लगेगा। आपके दांपत्य जीवन में चल रही गलतफहमियां आज दूर होंगी, जिससे आपके रिश्ते में मिठास बढ़ेगी। छात्रों के लिए दिन अच्छा है, पढ़ाई में आपकी रुचि बढ़ेगी। आपको किसी जरूरतमंद की मदद करने का मौका मिलेगा। माताएं अपने बच्चों की मनपसंद डिश बनाएंगी। ब्लड प्रेशर सम्बंधित परेशानी से आपको काफी राहत महसूस होगी। लवमेट्स आज कहीं घूमने जाएंगे। ऑफिस के कार्य से आज आपको कहीं बाहर जाना पड़ सकता है।

*लकी रंग – लाल

*लकी नंबर – 9

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज आपका दिन खुशहाल रहने वाला है। ज्वेलरी का कारोबार कर रहे लोगों की इनकम में वृद्धि होगी। नवविवाहित दंपत्ति को किसी खास रिश्तेदार से मिलने का मौका मिलेगा। शिक्षकों के लिए आज का दिन शानदार रहेगा। आप कंप्यूटर कोर्स ज्वाइन करने का बनाएंगे। ऑफिस में बॉस की बात को ध्यान से सुनें, जिससे आपको कार्य करने में आसानी होगी। ट्रिप पर जाने का प्लान परिवारवालों के साथ करेंगे। आपका स्वास्थ्य ठीक रहेगा। आपका दाम्पत्य जीवन शानदार रहने वाला है। बच्चे खेल कूद में व्यस्त रहेंगे।

*लकी रंग – हरा

*लकी नंबर – 6

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज आपका दिन बेहतरीन रहेगा। इधर-उधर की बातों पर ध्यान न दें, इससे आपका समय खराब होगा। मार्केट में महिलाओं को अपनी पर्स आदि का ध्यान रखने की जरूरत है। सिंगर्स के लिए आज का दिन बेहतरीन रहने वाला है। आपके दांपत्य जीवन में आपसी तालमेल बढ़ेगा। आप दूसरों से अपना काम निकलवाने में सक्षम रहेंगे। स्वास्थ्य संबंधी समस्या से आपको छुटकारा मिलेगा। लवमेट्स आज डिनर पर जा सकते हैं। अधूरी कार्य योजनाओं को पूरा करने का सही समय है। अचानक धन लाभ होने के योग बने हुए है।

*लकी रंग – पीच

*लकी नंबर – 4

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आपका दिन लाभदायक रहने वाला है। कॉस्मेटिक के कारोबारियों को अच्छा लाभ होगा। वाहन खरीदने का विचार कर सकते हैं। राजनीति से जुड़े लोगों के राजकाज की प्रशंसा होगी। बाहर के ऑयली खाने से बचें नहीं तो आपका स्वास्थ्य बिगड़ सकता है। धैर्य रखने से आपको व्यापार में अच्छा लाभ होगा। लवमेट्स से फोन पर लम्बी बात होगी। विद्यार्थियों के लिए आज का दिन मिलाजुला रहने वाला है। घर पर कोई मांगलिक अनुष्ठान करने का मन बनाएंगे।

*लकी रंग – मैरून

*लकी नंबर – 8

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज आपका दिन शानदार रहने वाला है। विद्यार्थियों के लिए आज का दिन अच्छा रहेगा। किसी खास व्यक्ति के आगमन से घर के माहौल में उत्साह भर जाएगा। कपड़ा व्यापारियों को आज सेल्स में अच्छा मुनाफा होगा। जीवनसाथी आपको कहीं घुमाने ले जाएंगे। सोशल मीडिया पर आज किसी पुराने दोस्त से बात हो सकती है। घर में बड़ों की सेहत का ख्याल रखें, उनकी दवाई का भी खास ख्याल रखें। सरकारी नौकरी कर रहे लोगों का पद बढ़ेगा। मनपसंद जगह पर ट्रांसफर होने के योग बने हुए है।

*लकी रंग – गोल्डन

*लकी नंबर – 3

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज आपका दिन खुशहाल रहेगा। बड़ों की सलाह से कार्यक्षेत्र में सफलता हासिल होगी। किसी अनजान व्यक्ति की वजह से आपका मूड खऱाब होगा, लेकिन थोड़ी देर बाद ठीक भी हो जाएगा। ब्यूटी पार्लर का काम कर रही महिलओं को आज अपने कस्टमर से अच्छा प्रॉफिट होगा। शिक्षकों का ट्रांसफर मनपसंद जगह पर होने के चांस हैं। नवविवाहत दंपत्ति आज डिनर पर जाएंगे। अपने कार्य के प्रति विश्वास बनाए रखें, आज आपके कार्य जल्दी पूरे होंगे। स्वास्थ्य सम्बंधित समस्या से आपको आराम मिलेगा।

*लकी रंग – पीला

*लकी नंबर – 2

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आपका दिन बेहतरीन रहने वाला है। ऑफिस में बॉस आपके कार्य से खुश होकर आपको बड़ी जिम्मेदारी दे सकते हैं। लवमेट अपने रिश्ते की बात घर पर करेंगे, घरवाले आपकी बात के लिए थोड़ा समय लेंगे। विद्यार्थी अपने सीनियर्स की मदद से प्रोजेक्ट को पूरा कर लेंगे। मार्किट में महिलाओं को अपनी ज्वेलरी का ध्यान रखने की आवश्यकता है। दांपत्य रिश्ते में हो रही नोक झोंक आज खत्म होगी। अविवाहित लोगों के विवाह की बात चलेगी। ऑफिस के कार्यों को लेकर आप सीरियस रहेंगे, जिससे काम जल्दी पूरा कर लेंगे।

*लकी रंग – सिल्वर

*लकी नंबर – 3

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज आपका दिन अच्छा रहेगा। कार्यक्षेत्र में अपने स्वभाव को बैलेंस करके रखने की जरूरत है। जीवनसाथी की कोई मनपसंद डिश बना सकते हैं। कहीं पर रुपए लगाने से पहले किसी जानकार व्यक्ति से राय जरूर ले लें। आपके लिए जानी मानी कंपनी से जॉब का ऑफर आएगा। ट्रांसपोर्ट का कारोबार कर रहे लोगों का काम अच्छा चलेगा। पिता जी के स्वास्थ्य पर ध्यान देने की आवश्यकता है। आपका प्रमोशन होने की सम्भावना है। साथ ही इंक्रीमेंट भी होगा।

*लकी रंग – ब्लू

*लकी नंबर – 1

***************************

 

भारतीय रॉकेट पीएसएलवी 30 को सिंगापुर के सात उपग्रहों के साथ भरेगा उड़ान

चेन्नई ,24 जुलाई (एजेंसी)। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) 30 जुलाई को अपने ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान (पीएसएलवी) का उपयोग करके सिंगापुर के सात उपग्रहों को लॉन्च करेगा।

इसरो सोमवार शाम से प्रक्षेपण देखने के इच्छुक लोगों का पंजीकरण शुरू करेगा। अंतरिक्ष एजेंसी के अनुसार, पीएएसएलवी-सी56 कोड वाला पीएसएलवी रॉकेट मुख्य रूप से लगभग 360 किलोग्राम वजनी सिंगापुर के डीएस-एसएआर उपग्रह को ले जाएगा।

अन्य छह छोटे उपग्रह वीईएलओएक्स-एएम, एआरसीएडीई, एससीओओबी-दो, नानयांग टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी, सिंगापुर से हैं; एनयूएलआईओएन, एनयू स्पेश पीटीई लिमिटेड, सिंगापुर से संबंधित है, गैलासिया-2, नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ़ सिंगापुर से और ओरआरबी-12 एसटीआरआईडीईआर एलिना पीटीई, लिमिटेड, सिंगापुर है।

इसरो ने कहा कि पीएसएलवी-सी56 रॉकेट को प्रारंभिक उड़ान चरण के दौरान अतिरिक्त जोर देने के लिए अतिरिक्त स्ट्रैप-ऑन मोटर्स के बिना इसके कोर-अलोन मोड में कॉन्फिग़र किया गया है। यह डीएस-एसएआर उपग्रह को 5 डिग्री झुकाव और 535 किमी की ऊंचाई पर निकट-भूमध्यरेखीय कक्षा (एनईओ) में लॉन्च करेगा। डीएस-एसएआर उपग्रह डीएसटीए (सिंगापुर सरकार का प्रतिनिधित्व) और एसटी इंजीनियरिंग के बीच साझेदारी के तहत विकसित किया गया है।

एक बार तैनात और चालू होने के बाद, इसका उपयोग सिंगापुर सरकार के भीतर विभिन्न एजेंसियों की उपग्रह इमेजरी आवश्यकताओं का सहयोग करने के लिए किया जाएगा। एसटी इंजीनियरिंग अपने वाणिज्यिक ग्राहकों के लिए मल्टी-मॉडल और उच्च प्रतिक्रियाशीलता इमेजरी और भू-स्थानिक सेवाओं के लिए इसका उपयोग करेगी।

डीएस-एसएआर इजऱाइल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज (आईएआई) द्वारा विकसित सिंथेटिक एपर्चर रडार (एसएआर) पेलोड रखता है। यह डीएस-एसएआर को हर मौसम में दिन और रात की कवरेज प्रदान करने की अनुमति देता है, और पूर्ण पोलारिमेट्री पर एक मीटर रिज़ॉल्यूशन पर इमेजिंग करने में सक्षम है।

दूसरी ओर, वीईएलओएक्स-एएम, एक 23 किलोग्राम प्रौद्योगिकी प्रदर्शन माइक्रोसैटेलाइट है; आर्केड एटमॉस्फेरिक कपलिंग एंड डायनेमिक्स एक्सप्लोरर (आर्केड) एक प्रायोगिक उपग्रह है; एससीओओबी-दो, एक 3यू नैनो उपग्रह, जो एक प्रौद्योगिकी प्रदर्शक पेलोड उड़ा रहा है।

एनयूस्पेश द्वारा एनयूएलआईओएन, एक उन्नत 3यू नैनो उपग्रह, जो शहरी और दूरस्थ दोनों स्थानों में निर्बाध आईओटी कनेक्टिविटी को सक्षम करता है। इसरो ने कहा, गैलासिया-2, एक 3यू नैनो उपग्रह जो पृथ्वी की निचली कक्षा में परिक्रमा करेगा और ओआरबी-12 स्ट्राइडर उपग्रह एक अंतरराष्ट्रीय सहयोग के तहत विकसित किया गया है।

भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा कि पीएसएलवी-सी56 रॉकेट आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्पेसपोर्ट में पहले लॉन्च पैड से लॉन्च होगा। प्रस्तावित रॉकेट मिशन लगभग दो सप्ताह की अवधि में इसरो के लिए दूसरा रॉकेट मिशन है। 14 जुलाई को इसरो रॉकेट एलवीएम ने चंद्रयान-3 अंतरिक्ष यान को कक्षा में स्थापित किया।

अंतरिक्ष विभाग की वाणिज्यिक शाखा न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड (एनएसआईएल) ने सिंगापुर के उपग्रहों को लॉन्च करने के लिए पीएसएलवी-सी 56 रॉकेट को लिया है।

***************************

 

सांस्कृतिक व सामाजिक एकता का उदाहरण है कांवड़ यात्रा : योगी आदित्यनाथ

कुशीनगर ,24 जुलाई (एजेंसी)। मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वृहत्तर भारत में उत्तर से दक्षिण तथा पूरब से पश्चिम तक श्रद्धालुओं को द्वादश ज्योतिर्लिंगों के माध्यम से अलौकिक कृपा का प्रसाद आदिकाल से प्राप्त होता रहा है। भारतीय मनीषा के माध्यम से हम कंकड़-कंकड़ में भगवान शंकर के दर्शन करते हैं। शिव की आराधना से हमें स्वयं के साथ दूसरों के कल्याण की प्रेरणा मिलती है

सीएम योगी सोमवार को गोरखनाथ मंदिर के अंधियारी बाग स्थित मानसरोवर मंदिर में आयोजित सप्त दिवसीय (18 से 24 जुलाई) श्री शिव महापुराण कथा के विश्राम दिवस पर व्यासपीठ के समक्ष अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। व्यासपीठ की पूजा करने के बाद उन्होंने कहा कि पावन श्रावण मास के शुक्ल पक्ष में देवाधिदेव महादेव भगवान शिव की कथा का आनंद प्राप्त होना सौभाग्य है।

कहा कि वृहत्तर भारत में कैलाश से रामेश्वरम तक, पूरब में वैद्यनाथ धाम से लेकर पश्चिम में सोमनाथ धाम तक भगवान भोलेनाथ के पवित्र स्थल प्राचीन काल से आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक एकता के जागरण के केंद्र रहे हैं। श्रद्धालु नदियों व तीर्थों से शिला लाकर शंकर के रूप में पूजते हैं और आत्मिक संतुष्टि प्राप्त करते हैं। शिवालय और ज्योतिर्लिंग सांस्कृतिक एकता को मजबूत करते हैं।

मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शिव का अर्थ ही है कल्याण। जिसमें कपट न होए प्रपंच न होए साधना में लीन होकर जो स्वयं व समाज के लिए कल्याणकारी हो। वही शिव का उपासक है। दूसरे के कष्टों को अपने ऊपर ले लेनाए दूसरों को अमृत देकर स्वयं विषपान कर लेना ही शिवत्व है। इसलिए स्वयं के कल्याण के साथ दूसरों का कल्याण करना ही वास्तविक शिव पूजन होगा।

सीएम योगी ने कहा कि हम जिसकी पूजा करते हैंए उसके अनुरूप बनने का प्रयास करते हैं। भगवान शिव की पूजा में जाति, क्षेत्र, लिंग का भेद नहीं होता है। मनुष्य के साथ ही मनुष्येतर जीवों यथा देव, किन्नर, यक्ष, गंधर्व, भूत पिशाच को भी भोलेनाथ का सानिध्य प्राप्त होता था। हम जिस भाव से पूजा करेंगे।

उसी के अनुसार कृपा भी प्राप्त होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सावन माह में भगवान शिव की उपासना का विशिष्ट अवसर कांवड़ यात्रा सांस्कृतिक व सामाजिक एकता का अप्रतिम उदाहरण है। इसमें हर तबके के युवा, महिला व पुरुष भक्ति में लीन दिखते हैं। श्रद्धा के साथ भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हैं। यह ईश्वरीय भक्ति का चमत्कारिक रूप है।

धर्मस्थलों व सार्वजनिक संपत्ति का करें संरक्षण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी लोगों से धर्मस्थलों, सरकारी व सार्वजनिक संपत्ति के संरक्षण की अपील की। मानसरोवर मंदिर का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि 10- 11 वर्ष पूर्व यह मंदिर जर्जर और अव्यवस्थित था। समाज की चेतना जागृत हुई और गोरखपुर के श्रद्धालुओं ने संरक्षण का बीड़ा उठाया तो इसका कायाकल्प हो गया।
कहा कि हर धर्मस्थल, सरकारी व सार्वजनिक संपत्ति को सुंदर रखना सबका कर्तव्य होना चाहिए।

यदि किसी सार्वजनिक संपत्ति को कोई नुकसान पहुंचाता है तो वह धरती माता, अपनी विरासत व पूर्वजों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता का भाव ईमानदारी से व्यक्त नहीं कर सकता। इसलिए इन स्थलों को न खुद नुकसान पहुंचाएं और न किसी को नुकसान पहुंचाने दें। सीएम योगी ने कथाव्यास संत बालकदास एवं सभी यजमानों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए देवाधिदेव महादेव से सभी लोगों के सुखमय व समृद्धमय जीवन की प्रार्थना की।

इस अवसर पर महापौर डॉ मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, एमएलसी डॉ धर्मेंद्र सिंह, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास, चचाईराम मठ के महंत पंचानन पुरी, भाजपा के महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, पार्षद पवन त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

*******************************

 

हर जरूरतमंद का मिले पक्के आवास की सुविधा : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

गोरखपुर 24 जुलाई (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सोमवार को गोरखपुर में निर्देशित किया है कि जिन भी जरूरतमंदों को अभी पक्का मकान नहीं मिल पाया है उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना या मुख्यमंत्री आवास योजना के दायरे में लाकर पक्के आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

मुख्यमंत्री यह निर्देश सोमवार को गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान लोगों की समस्याएं सुनते हुए  गोरखनाथ  मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक खुद पहुंचे। सबकी समस्याओं को सुनते हुए आश्वस्त किया हर समस्या का समयबद्ध, पारदर्शी व संतुष्टिपरक निस्तारण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि  पुलिस से संबंधित मामलों में प्रभावी कार्रवाई हो और साथ ही जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों को कड़ा कानूनी सबक सिखाया जाए। अधिकारी जन कल्याण के कार्यों को सदैव प्राथमिकता पर रखें और हर पीडि़त की समस्या का त्वरित निस्तारण करना सुनिश्चित करें।

जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 500 लोगों की समस्याएं सुनीं। इसमें बड़ी संख्या महिलाओं की रही। इस दौरान देवरिया से आई एक महिला ने आवास की समस्या बताई। इस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत मंडलायुक्त को निर्देशित किया कि महिला की समस्या को संवेदनशीलता से देखें। महिला को प्रधानमंत्री आवास योजना या मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराया जाए।

जमीन कब्जा करने की शिकायतों पर उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।इलाज में आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे लोगों को सीएम ने भरोसा दिलाया कि पैसे के अभाव में किसी इलाज नहीं रुकने पाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस्टीमेट की प्रक्रिया को प्राथमिकता पर पूर्ण कराकर शासन को उपलब्ध कराएं। शासन से इलाज में भरपूर आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

जनता दर्शन में अपने परिजनों के साथ आए बच्चों को दुलारकर मुख्यमंत्री ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए चॉकलेट दिया। बच्चों से उनकी पढ़ाई के बारे में पूछा और खूब पढऩे के लिए प्रेरित भी किया।

*****************************

 

PM मोदी ने वरिष्ठ मंत्रियों के साथ की बैठक, संसद की रणनीति को लेकर की चर्चा

नई दिल्ली 24 Jully (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद सत्र की रणनीति को लेकर सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर विचार-विमर्श किया है।

प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में संसद भवन परिसर में हुई इस उच्चस्तरीय बैठक में लोक सभा में उपनेता एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राज्य सभा में सदन के नेता एवं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी, नितिन गडकरी,निर्मला सीतारमण और अनुराग ठाकुर सहित अन्य कई वरिष्ठ मंत्री शामिल हुए।

मणिपुर पर विपक्षी दलों के हंगामे के कारण पिछले सप्ताह सदन में कामकाज नहीं हो पाया था। इस सप्ताह भी फिलहाल सरकार और विपक्ष दोनों अपने-अपने रुख पर अडिग नजर आ रहे हैं।

************************

 

पीटी, कला और खेल के पीरियड में नहीं पढ़ाया जाएगा कोई अन्य विषय: केरल सरकार

तिरुवनंतपुरम 24 Jully (एजेंसी): हाल ही में राज्य सरकार की अधिसूचना के अनुसार, केरल के स्कूलों में शारीरिक प्रशिक्षण, कला और खेल के लिए अलग रखे गए पीरियड में कोई अन्य विषय नहीं पढ़ाया जाएगा।

इस संबंध में एक आधिकारिक सरकारी आदेश में स्कूलों से यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि निर्देशों का पालन किया जाए।

हालांकि वर्तमान फॉर्मेट में, एक हफ्ते में, प्रत्येक क्लास में पीटी और संगीत/कला के लिए एक-एक पीरियड होता है, नया आदेश बाल अधिकार आयोग को शिकायत मिलने के बाद पारित किया गया था कि इन दो पीरियड के दौरान अन्य विषय पढ़ाए जा रहे हैं।

शिक्षा निदेशक जे. सिंधु की ओर से जारी आदेश क्लास 1-12 तक लागू होगा।

*************************

 

ACP के सिर पर हुआ खून सवार, पत्नी और भतीजे की गोली मारकर हत्या की, खुद को भी किया शूट

पुणे 24 Jully (एजेंसी): यहां देर रात अमरावती के एसीपी भरत गायकवाड़ ने अपनी पत्नी और भतीजे की गोली मार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद एसीपी ने खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली। यह वारदात करीब 3.30 बजे घटित हुई। भरत की पत्नी और बच्चे यहां पुणे में ही रहते थे।

भरत गायकवाड़ अमरावती शहर के राजापेठ डिविजन के एसीपी थे। हाल ही में उनका सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर से प्रमोशन हुआ था और वे एसीपी बने थे। उनकी पोस्टिंग अमरावती में हुई थी। उन्होंने सुबह रिवॉल्वर से पहले पत्नी मोनी गायकवाड़ को गोली मार दी, जिनकी उम्र 44 साल थी।

आवाज सुनकर 35 वर्षीय भतीजा दीपक गायकवाड़ ऊपर कमरे में पहुचे। दीपक को देखते ही उन्होंने उसे भी गोली मार दी। हालांकि, सास और बेटे सुहास गायकवाड़ को दरवाजे से धक्के देकर दरवाजा बंद कर दिया। फिर खुद के सिर में गोली मार ली और उनकी भी मौत हो गई।

*************************

 

तेज रफ्तार का कहर, नहर में कार गिरने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

एटा 24 Jully (एजेंसी): उत्तर प्रदेश के एटा में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां आज सुबह रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहां नहर में कार गिरने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने एक घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद पांचों लोगों के शव को बाहर निकाल लिया है। इस हादसे में दो युवती समेत पांच लोगों की मौत हो गई। इनमें एक ही परिवार के चाचा-चाची, भतीजा, भतीजे की पत्नी और भतीजे का दोस्त शामिल है।

जानकारी के अनुसार, जनपद कासगंज के थाना गंजडुंडवारा के गांव अडंउआ निवासी विनीता (28) पत्नी को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। ऐसे में पास ही के गांव जैदर से शिवम की कार को मंगाया। कार में विनीता के पति नीरज (30) चचिया ससुर तेजेंद्र (60) और चचिया सास संतोष (58) को साथ लेकर एटा दिखाने के लिए आ रहे थे।

कार को शिवम (25) चला रहा था। कार थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव मुहारा घाट के पास से निकल पाई कि खारजा नहर में कार गिर गई। कुछ देरबाद भाई ने फोन ने जानकारी के लिए फोन किया तो मोबाइल बंद था। एक-एक कर सभी को फोन लगाया तो सभी फोन बंद आ रहे थे।

एक साथ फोन बंद होने पर भाई को अनहोनी का शक होने लगा। कुछ देर इंतजार के बाद फिर से फोन किया तो किसी से भी बात नहीं हो सकी। परिवार के अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी गई। गांव के लोग उनकी तलाश में जुट गए। आसपास के सभी सड़कों पर तलाश करते रहे। रात्रि करीब साढ़े 11 बजे थाना अमांपुर को सूचना दी।

आरोप है कि पुलिस ने घटना को गंभीरता से नहीं लिया ऐसे में सभी लोग फिर से तलाशी में जुट गए। कहीं पता नहीं चला सका। सुबह 5 बजे के बाद कार नहर में पड़ी दिखाई दी। पास जाकर देखा तो पांचों लोगों की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची थाना कोतवाली देहात पुलिस ने पांचों के शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एएसपी धनंजय कुशवाह ने बताया गाड़ी रफ्तार तेज रही होगी। जिस स्थान पर हादसा हुआ है वहां मोड़ है। इस वीभत्स घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम छाया हुआ है।

************************

 

मणिपुर मसले पर लोक सभा में हंगामा, कांग्रेस से सोनिया एवं चौधरी ने संभाला मोर्चा

नई दिल्ली  ,24 जुलाई (एजेंसी)। मणिपुर पर चर्चा की मांग को लेकर लोक सभा में सोमवार को भी जबरदस्त हंगामा हुआ और नारेबाजी की गई। शोर-शराबे के बीच लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला प्रश्नकाल चलाने का प्रयास करते रहे। उन्होंने लगभग 27 मिनट तक सदन में प्रश्नकाल की कार्यवाही को चलाया भी। लेकिन हंगामा और नारेबाजी बढऩे पर उन्होंने सदन की कार्यवाही को 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

इससे पहले सोमवार को सुबह 11 बजे लोक सभा की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस की तरफ से सोनिया गांधी एवं अधीर रंजन चौधरी ने मोर्चा संभाला तो वहीं सरकार की तरफ से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी मोर्चा संभालते नजर आए।

11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होते ही सोनिया गांधी ने लोक सभा अध्यक्ष से कई बार आग्रह किया कि उनके नेता अधीर रंजन चौधरी को सदन में बोलने का मौका दिया जाए। सोनिया के कई बार आग्रह करने के बाद बिरला ने चौधरी को बोलने का मौका दिया।

चौधरी ने खड़े होकर एक बार फिर मांग की कि मणिपुर मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सदन में आकर बयान देना चाहिए। कांग्रेस नेता की मांग का जवाब देने के लिए तुरंत खड़े हुए प्रल्हाद जोशी ने यह आरोप लगाया कि सरकार मणिपुर पर चर्चा के लिए तैयार है लेकिन विपक्ष चर्चा से भाग रहा है और उसका मकसद सिर्फ सदन की कार्यवाही को बाधित करना है।

इस बीच बिरला यह कहते सुनाई दिए कि सरकार पहले ही कह चुकी है कि वह चर्चा को तैयार है लेकिन चर्चा का जवाब कौन देगा, यह विपक्ष तय नहीं कर सकता।

इस बीच सरकार की तरफ से राजनाथ सिंह बोलने के लिए खड़े हुए। राजनाथ सिंह ने भी यह आरोप लगाया कि मणिपुर जैसी गंभीर घटना पर भी विपक्ष गंभीर नहीं है। उनके इतना बोलते ही विरोध जताते हुए कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी और अन्य कई विपक्षी दलों के सांसद तख्तियां लहराते हुए वेल में आकर नारेबाजी करने लगे।

***************************

 

मोदी सरकार ने किया पीएफ पर ब्याज दर बढ़ाने का ऐलान, अब नौकरीपेशा लोगों को इतने प्रतिशत मिलेगा ब्याज

नई दिल्ली  ,24 जुलाई (एजेंसी)। केंद्र सरकार ने ईपीएफ खाताधारकों को बड़ा तोहफा दिया है। दरअसल वित्त मंत्रालय की ओर से ईपीएफओ ब्याज दर का ऐलान करते हुए 8.15प्रतिशत की ब्याज दर कर दिया है। वित्त मंत्रालय के इस फैसले से कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है।

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के एक सर्कुलर में कहा गया कि भारत सरकार के श्रम और रोजगार मंत्रालय ने ईपीएफ योजना के प्रत्येक सदस्य के खाते में वर्ष 2022-23 के लिए ब्याज जमा करने के लिए कर्मचारी भविष्य निधि योजना, 1952 के पैरा 60 (1) के तहत केंद्र सरकार की मंजूरी दे दी है।

बता दें कि ईपीएफओ ने 2022-23 के लिए कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) पर ब्याज दर बढ़ाई हैं। अब कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) पर ब्याज दर को बढ़ाकर 8.15 प्रतिशत कर दिया जाएगा। बता दें कि वित्तवर्ष 21-22 के लिए यह दर 8.10 प्रतिशत थी।

इसके पहले मार्च में अपनी दो दिन की बैठक में ईपीएफओ ने अपने सब्सक्राइबर्स के लिए 2022-23 के कर्मचारी के भविष्य निधि पर ब्याज दर बढ़ाने की घोषणा की थी। इसके बाद 2022-23 के लिए ईपीएफ जमा पर ब्याज दर की बढ़ोतरी के लिए वित्त मंत्रालय के पास मंजूरी के लिए भेजा गया था, जिसे आज मंजूर कर लिया गया है। अब सरकार की मंजूरी मिलने के बाद 2022-23 के लिए ईपीएफ पर ब्याज दर ईपीएफओ के पांच करोड़ से अधिक खाताधारकों के खातों में डाल दी जाएगी।

ईपीएफओ मार्च, 2022 में 2021-22 के लिए अपने करीब पांच करोड़ सब्सक्राइबर्स के ईपीएफ पर ब्याज दर को घटाकर चार दशक से भी अधिक समय के निचले स्तर 8.1 प्रतिशत पर ले आया था। यह दर 1977-78 के बाद से सबसे कम थी, तब ईपीएफ पर ब्याज दर आठ प्रतिशत हुआ करती थी।

2020-21 में यह दर 8.5 प्रतिशत थी। आपको बता दें कि मार्च, 2020 में ईपीएफओ ने भविष्य निधि जमा पर ब्याज दर को कम करके सात महीने के निचले स्तर 8.5 प्रतिशत पर ला दिया था. 2018-19 के लिए यह 8.65 प्रतिशत थी।

************************

 

आप सांसद संजय सिंह मानसून सत्र से सस्पेंड

नई दिल्ली  ,24 जुलाई (एजेंसी)। मणिपुर हिंसा के मुद्दे पर लोकसभा और राज्यसभा में सोमवार को भी जमकर हंगामा हुआ। इस हंगामे के बीच आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया है।

संजय सिंह को बार-बार सभापति के आदेश की अवेहलना करने के कारण सस्पेंड किया गया है। संजय सिंह का यह निलंबन ऐसे समय में हुआ है, जब दिल्ली में नौकरशाहों पर नियंत्रण पर केंद्र के अध्यादेश को लेकर भाजपा और आप आमने-सामने हैं.।

भोजनावकाश के बाद स्थगन के बाद कार्यवाही शुरू होने पर उप सभापति हरिवंश ने सदन में डटे श्री सिंह से बाहर जाने की अपील करते हुये कहा कि नियम के अनुसार उन्हें सदन के बाहर चले जाना चाहिए। उन्होंने कहा,  मेरा आग्रह है कि श्री संजय सिंह सदन से बाहर चले जाऐं जिससे सदन की कार्यवाही चल सके।

हालांकि संजय सिंह के इसके बावजूद सदन में डटे रहने के कारण हरिवंश ने सदन की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी। इससे पहले भोजनावकाश के बाद कार्यवाही शुरू होने पर भी इसी वजह से कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। मानसून सत्र में लगातार तीसरे दिन कोई कामकाज नहीं हो सका।

इससे पहले सदन की कार्यवाही मणिपुर, महिला सुरक्षा आदि मुद्दों पर 11 बजे,12 बजे और निलंबन पर दो बजे स्थगित की गयी थी।

पहले स्थगन के बाद सभापति जगदीप धनखड़ ने संजय सिंह को अनुचित आचरण के कारण सत्र की शेष अवधि के लिए कार्यवाही से निलंबित कर दिया। भोजनावकाश के उपरांत सदन की कार्यवाही शुरु होने पर संजय सिंह सदन में मौजूद थे।

***************************

 

संसद में गतिरोध खत्म करने के लिए राजनाथ ने खडग़े से की बात, मणिपुर पर पीएम के बयान पर अड़ा विपक्ष

नई दिल्ली  ,24 जुलाई (एजेंसी)। संसद के दोनों सदनों में जारी गतिरोध खत्म करने के लिए केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े से रविवार को फोन पर बात की, लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष ने पहले मणिपुर पर सदन के अंदर प्रधानमंत्री के बयान की शर्त रखी।

सूत्रों ने कहा कि संसद में जारी गतिरोध पर चर्चा के लिए राजनाथ सिंह ने कल रात खडग़े से बात की।
उन्होंने कहा, खडग़े ने सिंह से कहा कि मणिपुर हिंसा बर्दाश्त नहीं की जा सकती और प्रधानमंत्री को सदन के अंदर बयान देना चाहिए।

इससे पहले सोमवार सुबह खडग़े ने मणिपुर हिंसा पर विस्तृत चर्चा की मांग को लेकर संसद में महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास विरोध-प्रदर्शन करते हुए कहा था कि राजनाथ सिंह ने उनसे और कई अन्य विपक्षी सांसदों से बात की।
खडग़े ने कहा, यह शर्मनाक है कि पीएम मोदी ने सदन के बाहर बात की।

हम सभी विपक्षी दल राज्यसभा के सभापति और लोकसभा अध्यक्ष से मांग कर रहे हैं कि प्रधानमंत्री को सदन के अंदर आना चाहिए और मणिपुर की वास्तविक स्थिति के बारे में बयान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जब संसद का सत्र चल रहा है तो प्रधानमंत्री सदन के बाहर बयान दे रहे हैं जबकि मणिपुर हिंसा पर सदन के अंदर व्यापक बयान देना उनका कर्तव्य है।

कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी दल मणिपुर हिंसा पर संसद के दोनों सदनों में प्रधानमंत्री से बयान की मांग कर रहे हैं।
मानसून सत्र के पहले दिन गुरुवार को सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले संसद भवन परिसर में प्रधानमंत्री ने मणिपुर की घटना पर अपना दर्द और गुस्सा व्यक्त किया और कहा कि पूर्वोत्तर राज्य में महिलाओं के साथ वीभत्स घटना बहुत शर्मनाक है, और इसे कभी माफ नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा था, यह घटना पूरे देश का अपमान है क्योंकि इसने 140 करोड़ देशवासियों को शर्मसार किया है। मणिपुर में महिलाओं के साथ जो घटना हुई उसे कभी माफ नहीं किया जा सकता। मैं देशवासियों को आश्वस्त करता हूं कि किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

हालाँकि, उन्होंने अपने बयान में राजस्थान और छत्तीसगढ़ (दोनों कांग्रेस शासित राज्य) में हिंसा की घटनाओं को भी शामिल किया।

प्रधानमंत्री ने कहा, घटना राजस्थान, छत्तीसगढ़ या मणिपुर की हो, देश के किसी भी कोने में अपराधी छूटने नहीं चाहिए।

मणिपुर में 3 मई को जातीय झड़पें भड़क उठीं और तब से अब तक सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है जबकि हजारों लोगों को राहत शिविरों में शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा है। मणिपुर में भीड़ द्वारा दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने का 4 मई का एक वीडियो 19 जुलाई को वायरल हो गया, जिसकी पूरे देश में व्यापक निंदा हुई।

*****************************

 

जयराम रमेश का सवाल- मणिपुर मुद्दे पर संसद में बयान देने से क्यों भाग रहे प्रधानमंत्री ?

नई दिल्ली  ,24 जुलाई (एजेंसी)। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने संसद में मणिपुर हिंसा पर विस्तृत चर्चा की अनुमति नहीं देने के लिए सोमवार को एक बार फिर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि इंडिया से जुड़ी पार्टियां मणिपुर के लोगों की भावनाओं को प्रतिबिंबित कर रही हैं।

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक ट्वीट में कहा, मणिपुर में 3 मई के बाद की स्थिति पर सदन में प्रधानमंत्री के बयान की मांग को लगातार नजरअंदाज करने से संसद में तीसरे दिन भी कामकाज नहीं हो सका। इंडिया से जुड़ी पार्टियां केवल मणिपुर और वास्तव में हमारे देश के लोगों की भावनाओं को प्रतिबिंबित कर रही हैं। पीएम सदन के अंदर बोलने से क्यों भाग रहे हैं?

जयराम रमेश की टिप्पणी सदन के अंदर मणिपुर हिंसा पर विस्तृत चर्चा की मांग को लेकर विपक्षी सांसदों के हंगामे के बीच दोनों सदनों को दिन भर के लिए स्थगित किए जाने के बाद आई।

इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया) के सांसदों ने भी सदन में प्रधानमंत्री के बयान की मांग की। विपक्षी दलों के गठबंधन के सांसदों ने संसद में महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास विरोध-प्रदर्शन भी किया।

बता दें कि संसद के मानसून सत्र के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मणिपुर की घटना पर अपना दर्द और गुस्सा व्यक्त किया था। उन्होंने कहा था कि पूर्वोत्तर राज्य में महिलाओं के साथ भीषण घटना बहुत शर्मनाक है। इसे कभी माफ नहीं किया जा सकता है। यह घटना पूरे देश के लिए अपमान है। इसने 140 करोड़ देशवासियों को शर्मसार किया है। मैं देशवासियों को आश्वस्त करता हूं कि किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

हालांकि, उन्होंने अपने बयान में राजस्थान और छत्तीसगढ़ (दोनों कांग्रेस शासित राज्य) में हिंसा की घटनाओं का भी जिक्र किया था।

इस पर भी कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने मोदी सरकार से सवाल पूछे थे।

बता दें कि मणिपुर में 3 मई को जातीय झड़पें भड़की थी। उस समय से लेकर अब तक सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है और हजारों लोगों को राहत शिविरों में रहना पड़ रहा है। इसी बीच 19 जुलाई को मणिपुर में दो महिलाओं को नग्न घुमाए जाने का वीडियो सामने आने के बाद विपक्षी दल सदन में प्रधानमंत्री के बयान की मांग पर अड़े हैं।

*************************