मणिपुर के मुद्दे को भुनाने को कोशिश में INDIA गठबंधन, 29-30 को विपक्षी सांसदों का प्रतिनिधिंडल जाएगा मणिपुर

नई दिल्ली 27 Jully (एजेंसी)-मणिपुर में एक तरफ तनाव व्याप्त है वहीं दूसरी तरफ इस मुद्दे पर पूरे देश की सियासत गरमाई हुई है। विपक्ष इस मुद्दे को पूरी तरह से भुनाना चाहता है खबर भी सामने आई है कि भारत गठबंधन के सांसदों का एक दल 29-30 जुलाई को मणिपुर का दौरा करेगा। इससे पहले राहुल गांधी भी मणिपुर जा चुके हैं। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि ‘यह राज्य का नहीं बल्कि पूरे देश का मुद्दा है। मणिपुर जल रहा है और लोग मर रहे हैं।

मणिपुर की आग अन्य राज्यों में भी फैल सकती है। हम प्रधानमंत्री मोदी से अपील करते हैं कि वह आगे आकर इस मुद्दे पर बोलें। हम उन्हें जवाब नहीं देंगे और सिर्फ उनकी बात सुनेंगे।’ लोकसभा में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले गौरव गोगोई ने पीएम मोदी पर सीधा हमला किया। उन्होंने कहा कि पीएम मणिपुर के लोगों के जख्म पर नमक लगा रहे हैं, ये पहली बार है जब देश का एक हिस्सा जल रहा है और प्रधानमंत्री सिर्फ भाषणों में व्यस्त हैं।

************************

 

आजादी के इतने दशक बाद आई है किसानों के दुख दर्द समझने वाली केन्द्र सरकार: मोदी

सीकर 27 Jully (Rns)-प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी केन्द्र सरकार को किसान का दुख दर्द समझने वाली सरकार बताते हुए कहा है कि आजादी के इतने दशक बाद यह ऐसी सरकार आई है जो उसकी चिंता समझती है। इसलिए उसने गत नौ वर्षों में लगातार किसान हित में फैसले लिए गए हैं और बीज से बाजार तक किसानों के लिए नई व्‍यवस्‍थाओं का निर्माण कर दिया है। मोदी गुरुवार को राजस्थान के सीकर में विभिन्न परियोजनाओं के शिलान्यास एवं उद्घाटन के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि खाटू श्यामजी की यह धरती देश भर के श्रद्धालुओं को भरोसा देती है, एक उम्मीद देती है। मेरा सौभाग्य है कि आज मुझे वीरों की भूमि शेखावाटी से, देश के लिए अनेक विकास परियोजनाओं को शुरू करने का अवसर मिला है। आज यहाँ से देश के करोड़ों किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के लगभग 18 हजार करोड़ रुपये भेजे गए हैं। सीधे उनके बैंक खाते में जमा हुए हैं।

उन्होंने कहा कि आज देश में सवा लाख पीएम किसान समृद्धि केंद्रों की शुरुआत की गई है। गांव और ब्लॉक लेवल पर बने इन पीएम किसान समृद्धि केंद्रों से करोड़ों किसानों को सीधा लाभ होगा। आज डेढ़ हजार से ज्यादा पीएफओ के लिए, हमारे किसानों के लिए ‘ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स’ का लोकार्पण भी हुआ है।

इससे देश के किसी भी कोने में बैठे किसान के लिए अपनी उपज बाजार तक पहुंचाना और आसान हो जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज ही देश के किसानों के लिए एक नया ‘यूरिया गोल्ड’ भी शुरू किया गया है। इनके अलावा राजस्थान के अलग-अलग शहरों को नए मेडिकल कॉलेज और एकलव्य मॉडल स्कूल का उपहार भी मिला है। उन्होंने कहा “मैं देश के लोगों को, राजस्थान के लोगों को और खासकर मेरे किसान भाई-बहनों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं, बहुत बधाई देता हूं।”

उन्होंने कहा कि राजस्थान में सीकर और शेखावाटी का यह हिस्सा एक प्रकार से किसानों का गढ़ है। यहां के किसानों ने हमेशा ये साबित किया है कि उनकी मेहनत के आगे कुछ भी मुश्किल नहीं है। पानी की कमी के बावजूद यहां किसानों ने धरती से भरपूर फसल लेकर दिखाई है। किसान का सामर्थ्य, किसान का परिश्रम, मिट्टी से भी सोना निकाल देता है और इसलिए हमारी सरकार देश के किसान के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।

उन्होंने कहा कि उन्हें याद है, यहां राजस्थान के सूरतगढ़ से ही हमने 2015 में सॉयल हेल्थ कार्ड योजना शुरू की थी। इस योजना के माध्यम से हमने देश के किसानों को करोड़ों सॉयल हेल्थ कार्ड दिए। इन कार्डों की वजह से आज किसानों को मिट्टी की सेहत के बारे में पता चल रहा है, वो उसी हिसाब से खाद का इस्तेमाल कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें खुशी है कि आज फिर राजस्थान की धरती से किसानों के लिए एक और बड़ी योजना शुरू की जा रही है। आज देश भर में सवा लाख से ज्यादा प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र राष्ट्र को समर्पित किए गए हैं। ये सभी केंद्र सच्चे अर्थों में किसानों की समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेंगे। ये एक तरह से किसानों के लिए वन स्टॉप सेंटर हैं।

उन्होंने कहा कि किसान भाई-बहनों को अक्सर खेती से जुड़े सामानों के लिए, दूसरी जरूरतों के लिए अलग-अलग जगहों पर जाना पड़ता है। अब किसान को ऐसी मुश्किलों का सामना नहीं करना पड़ेगा। अब प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र, किसानों को वहां से बीज भी मिलेगा और खाद भी मिलेगा। इसके अलावा खेती से जुड़े औजारों और दूसरी मशीनें भी इस केंद्र पर मिला करेंगी। ये सेंटर खेती से जुड़ी हर आधुनिक जानकारी किसानों को देंगे।

उन्होंने कहा कि किसानों को कई बार योजना की सही जानकारी नहीं होने से भी उन्हें बहुत नुकसान होता है। ये प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र अब किसानों को हर योजना की समय पर जानकारी का भी जरिया बनेंगे। उन्होंने कहा कि यह तो अभी शुरुआत है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे आदत डाले कि उन्हें भले ही किसानी से लेकर कोई चीज खरीदनी नहीं है, लेकिन वे बाजार में गए और उस नगर में अगर किसान समृद्धि केंद्र है, कुछ भी नहीं खरीदना है तो भी वहां चक्कर काटिए। क्‍या चल रहा है जरा देखिए। हर वैरायटी पर नजर डालेंगे, क्या नया आया है क्या नहीं, देखते रहेंगे। इससे बहुत बड़ा लाभ होगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस साल के अंत तक देश में पौने दो लाख से ज्यादा प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र औऱ बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आज केंद्र में जो सरकार है, वो किसानों के खर्चे कम करने के लिए, उनके खर्चों में हाथ बंटाने के लिए पूरी ईमानदारी से काम कर रही है। पीएम किसान सम्मान निधि, दुनिया की सबसे बड़ी योजना है जिसमें किसानों के बैंक खातों में सीधे पैसे ट्रांसफर किए जाते हैं। आज की चौदहवीं किश्त को जोड़ दें तो अब तक 2 लाख 60 हजार करोड़ से भी ज्यादा रुपए किसानों के बैंक खातों में सीधे भेजे गए हैं।

इन पैसों ने छोटे-छोटे अनेक खर्च निपटाने में किसानों की बड़ी मदद की है। मोदी ने कहा कि हमारी सरकार कैसे अपने किसान भाइयों के पैसे बचा रही है, इसका एक उदाहरण यूरिया की कीमतें भी हैं। कोरोना की कितनी बड़ी भयंकर महामारी आई, उसके बाद रूस और यूक्रेन का युद्ध हो गया और इसके कारण बाजार में बहुत बड़ी उथल-पुथल हो गई। खास करके फर्टिलाइजर के क्षेत्र में तो तूफान मच गया। लेकिन इसका असर हमारी सरकार ने किसानों पर नहीं पड़ने दिया। उन्होंने कहा कि वह देश के अपने हर किसान भाई-बहन को खाद कीमतों की यह सच्चाई बताना चाहते हैं। आज भारत में यूरिया की जो बोरी हम किसानों को दो सौ छियासठ रुपये में देते हैं उतना ही यूरिया हमारे पड़ोस में पाकिस्तान के किसानों को करीब-करीब आठ सौ रुपए में वो बोरा मिलता है।

इसी तरह यह यूरिया बंगलादेश के किसानों को वहां के बाजार में सात सौ बीस रुपए में मिलता है जबकि चीन में किसानों को यह यूरिया 2100 रुपए में मिलती है। उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं इस यूरिया की बोरी के लिए अमरीका के किसानों को तीन हजार रुपए से ज्यादा खर्च करने पड़ते हैं। मोदी ने कहा कि हमारी सरकार, यूरिया की कीमतों की वजह से भारत के किसानों को परेशानी नहीं होने देगी और इस सच्चाई को देश का किसान देख रहा है, हर दिन अनुभव कर रहा है। जब यूरिया खरीदने जाता है ना तो उसे पक्का विश्वास होता है कि यह मोदी की गारंटी है। गारंटी किसको कहते हैं वो किसान को पूछोगे तो पता चलेगा।

****************************

 

केंद्र सरकार को राहत, ED निदेशक एसके मिश्रा का कार्यकाल बढ़ा

नई दिल्ली 27 Jully (एजेंसी)-सुप्रीम कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय के निदेशक एसके मिश्रा को 15 सितंबर तक ईडी निदेशक पद पर बने रहने की अनुमति दे दी है। आज सुप्रीम कोर्ट ने ईडी निदेशक के तौर पर एसके मिश्रा के कार्यकाल विस्तार को मंजूरी दे दी है। केंद्र सरकार ने प्रवर्तन निदेशालय के निदेशक संजय कुमार मिश्रा का कार्यकाल बढ़ाने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था।

सरकार ने 15 अक्टूबर तक का एक्सटेंशन मांगा था, लेकिन उसके लिए सुप्रीम कोर्ट राजी नहीं हुआ। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि इससे आगे अब कोई विस्तार नहीं दिया जाएगा। बता दें कि 11 जुलाई को दिए अपने अहम आदेश में सुप्रीम कोर्ट ने संजय मिश्रा का कार्यकाल तीसरी बार बढ़ाने के केंद्र सरकार के फैसले को गलत ठहराया था।

SC ने तब अपने फैसले में संजय मिश्रा को सिर्फ 31 जुलाई तक ही ED निदेशक के पद पर रहने की इजाजत दी थी। इस तरह मिश्रा का कार्यकाल कोर्ट ने 110 दिन घटा दिया था, केंद्र सरकार उनको 18 नवंबर तक पर बनाए रखना चाहती थी।

*********************

 

मोदी के कार्यक्रम से हटाया CM का संबोधन! सोशल मीडिया पर अशोक गहलोत और PMO में राजनीतिक खींचतान शुरू

नई दिल्ली 27 Jully (एजेंसी): राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पीएमओ के बीच गुरुवार को सोशल मीडिया पर राजनीतिक खींचतान शुरू हो गई। अशोक गहलोत ने आराेप लगाया कि सीकर में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान उनके भाषण का समय खत्म कर दिया गया, तो प्रधानमंत्री कार्यालय ने उसकी आलोचना की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजस्थान के सीकर में 12 मेडिकल कॉलेजों सहित कई परियोजनाओं का उद्घाटन करने वाले हैं। राजस्थान में इस साल दिसंबर में चुनाव होने हैं। पीएमओ ने अपनी ओर से एक ट्वीट में दावा किया कि मुख्यमंत्री कार्यालय से कार्यक्रम में शामिल होने में असमर्थता के बारे में संदेश मिलने के बाद सीएम गहलोत के भाषण को हटाया गया। हालांकि, पीएमओ ने गहलोत से अनुरोध किया कि अगर उन्हें कोई शारीरिक परेशानी नहीं हो, तो वह इस कार्यक्रम में शामिल हों, साथ ही कहा कि उनका नाम विकास कार्यों की पट्टिका पर है, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करने जा रहे हैं।

गहलोत ने अपनी ओर से हिंदी में एक विस्तृत ट्वीट में कहा कि चूंकि उनके भाषण का स्थान कार्यक्रम सूची से हटा दिया गया है, इसलिए वह अपने ट्वीट के माध्यम से राज्य में प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आज जिन 12 मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन करने जा रहे हैं, उन सभी विकास कार्यों को केंद्र और राज्य सरकार की साझेदारी में पूरा किया गया है। गहलोत ने कहा, मेडिकल कॉलेजों के लिए लगभग 50 प्रतिशत धनराशि राज्य द्वारा दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चूंकि उन्हें इस कार्यक्रम में बोलने का मौका नहीं मिलेगा, इसलिए उन्होंने राज्य के सभी विशिष्ट अनुरोधों को सूचीबद्ध किया, जो उन्हें उम्मीद है कि छह महीने में राज्य की अपनी सातवीं यात्रा के दौरान प्रधान मंत्री द्वारा पूरा किया जाएगा। पीएमओ ने ट्वीट किया”श्री अशोक गहलोत जी, प्रोटोकॉल के अनुसार, आपको आमंत्रित किया गया है और आपका भाषण भी निर्धारित किया गया है। लेकिन, आपके कार्यालय ने कहा कि आप शामिल नहीं हो पाएंगे।

“आज के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आपका स्वागत है। विकास कार्यों की पट्टिका पर भी आपका नाम है। आपकी उपस्थिति को बहुत महत्व दिया जाएगा।”

*******************************

 

विदेशियों को भाया काला नमक चावल, तीन गुणा से ज्यादा बढ़ा एक्सपोर्ट; जानिए इसकी खासियत

लखनऊ 27 Jully (एजेंसी): अपनी खास सुगंध और स्वाद के दम पर काला नमक धान का चावल देश में ही नहीं, विदेश में भी लोगों की जुबान पर छा रहा है। उत्तर प्रदेश की सरकार के प्रयासों से बीते तीन साल में इसके निर्यात में तीन गुणा से अधिक की वृद्धि हुई है। सरकार ने इसे सिद्धार्थनगर का एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी) घोषित किया है और इसके लिए ब्रांडिग कर रही है। राज्यसभा में 17 दिसंबर 2021 को दिए गए आंकड़ों के अनुसार 2019/2020 में इसका निर्यात 2 फीसद था।

अगले साल यह बढ़कर चार फीसद हो गया। 2021/2022 में यह सात फीसद रहा। काला नमक धान को केंद्र में रखकर दो दशक से काम कर रही गोरखपुर की संस्था पीआरडीएफ (पार्टिसिपेटरी रूरल डेवलपमेंट फाउंडेशन) के चेयरमैन डाॅॅ. आरसी चौधरी के अनुसार दो वर्षों के दौरान उनकी संस्था ने सिंगापुर को 55 टन और नेपाल को 10 टन कालानमक चावल का निर्यात किया। इन दोनों देशों से अब भी लगातार मांग आ रही है। इसके अलावा कुछ मात्रा में दुबई और जर्मनी को भी इसका निर्यात हुआ है।

पीआरडीएफ के अलावा भी कई संस्थाएं काला नमक चावल के निर्यात में लगी हैं। उल्लेखनीय है कि स्वाद, खुशबू और पोषण के लिहाज से भरपूर काला नमक धान को भगवान बुद्ध का प्रसाद माने जाता है। सिद्धार्थनगर का ओडीओपी होने के साथ इसे जीआई टैग भी हासिल है। इस सबके नाते यह भविष्य में निर्यात के मामले में बासमती को टक्कर दे सकता है।

यह दुनिया का एक मात्र चावल है, जिसमें वीटा कैरोटिन के रूप में विटामिन ए उपलब्ध है। अन्य चावलो की तुलना में इसमें प्रोटीन और जिंक की मात्रा अधिक होती है। जिंक दिमाग के लिए और प्रोटीन हर उम्र में शरीर के विकास के लिए जरूरी होता है। इसका ग्लाईसेमिक इंडेक्स कम (49 से 52 प्रतिशत) होता है। इस तरह यह शुगर के रोगियों के लिए भी बाकी चावलो की अपेक्षा बेहतर है।

**************************

 

मणिपुर हिंसाः काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे विपक्षी सांसद, INDIA गठबंधन ने जारी किया व्हिप

नई दिल्ली 27 Jully (एजेंसी): संसद में गुरुवार को विपक्ष के सांसद काले कपड़े पहनकर संसद में आ रहे हैं। विपक्षी सांसदों के मुताबिक मणिपुर हिंसा के मुद्दे पर अपना विरोध जताने के लिए उन्होंने यह निर्णय लिया है। दरअसल, कांग्रेस समेत अधिकांश विपक्षी दलों की मांग है कि मणिपुर हिंसा मुद्दे पर राज्यसभा में नियम 267 के तहत विस्तार से चर्चा होनी चाहिए। विपक्षी दलों का कहना है कि प्रधानमंत्री मणिपुर हिंसा के मुद्दे पर संसद में बयान दें और फिर उस बयान पर चर्चा कराई जाए।

हालांकि सरकार व सभापति ने शॉर्ट ड्यूरेशन डिस्कशन के लिए अपनी स्वीकृति दी है। इस मांग को लेकर संसद में विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच लगातार टकराव देखने को मिल रहा है। इसके बीच मणिपुर मुद्दे पर अपना विरोध जताने के लिए विपक्ष के सांसदों ने संसद में काले कपड़े पहन कर आने का निर्णय लिया है।

कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, जनता दल यूनाइटेड समेत कई विपक्षी दलों ने अपने राज्यसभा सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। राज्यसभा में कांग्रेस सांसद व मुख्य सचेतक जयराम रमेश ने पार्टी के सभी सांसदों के लिए तीन लाइनों का एक व्हिप जारी किया है। इस व्हिप में कांग्रेस पार्टी के सभी राज्यसभा सांसदों से कहा गया है कि गुरुवार 27 जुलाई 2023 को राज्यसभा में बेहद अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।

राज्यसभा में कांग्रेस पार्टी के सभी सदस्यों से विनम्र अनुरोध है कि वे सदन में उपस्थित रहें। कांग्रेस के अलावा आम आदमी पार्टी ने भी अपने राज्यसभा सांसदों को 27 और 28 जुलाई को सदन में रहने के लिए व्हिप जारी किया है। विपक्षी पार्टियों ने अपने राज्यसभा सांसदों को व्हिप जारी करते हुए कहा कि स्थगन तक गुरुवार, 27 जुलाई को सदन में रहें और पार्टी के रुख का समर्थन करें।

दरअसल केंद्र सरकार, दिल्ली से संबंधित अपने अध्यादेश के स्थान पर राज्यसभा में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार (संशोधन) विधेयक लाने की तैयारी में है। यह विधेयक अधिकारियों की नियुक्ति और स्थानांतरण के लिए एक प्राधिकार गठित करने का प्रावधान करता है। सरकार राज्यसभा में यह विधेयक लाएगी। इंडिया गठबंधन के सांसदों ने इसका कड़ा विरोध किया है। ‘आप’ के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ को पत्र भी लिखा है

): संसद में गुरुवार को विपक्ष के सांसद काले कपड़े पहनकर संसद में आ रहे हैं। विपक्षी सांसदों के मुताबिक मणिपुर हिंसा के मुद्दे पर अपना विरोध जताने के लिए उन्होंने यह निर्णय लिया है। दरअसल, कांग्रेस समेत अधिकांश विपक्षी दलों की मांग है कि मणिपुर हिंसा मुद्दे पर राज्यसभा में नियम 267 के तहत विस्तार से चर्चा होनी चाहिए। विपक्षी दलों का कहना है कि प्रधानमंत्री मणिपुर हिंसा के मुद्दे पर संसद में बयान दें और फिर उस बयान पर चर्चा कराई जाए।

हालांकि सरकार व सभापति ने शॉर्ट ड्यूरेशन डिस्कशन के लिए अपनी स्वीकृति दी है। इस मांग को लेकर संसद में विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच लगातार टकराव देखने को मिल रहा है। इसके बीच मणिपुर मुद्दे पर अपना विरोध जताने के लिए विपक्ष के सांसदों ने संसद में काले कपड़े पहन कर आने का निर्णय लिया है।

कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, जनता दल यूनाइटेड समेत कई विपक्षी दलों ने अपने राज्यसभा सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। राज्यसभा में कांग्रेस सांसद व मुख्य सचेतक जयराम रमेश ने पार्टी के सभी सांसदों के लिए तीन लाइनों का एक व्हिप जारी किया है। इस व्हिप में कांग्रेस पार्टी के सभी राज्यसभा सांसदों से कहा गया है कि गुरुवार 27 जुलाई 2023 को राज्यसभा में बेहद अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।

राज्यसभा में कांग्रेस पार्टी के सभी सदस्यों से विनम्र अनुरोध है कि वे सदन में उपस्थित रहें। कांग्रेस के अलावा आम आदमी पार्टी ने भी अपने राज्यसभा सांसदों को 27 और 28 जुलाई को सदन में रहने के लिए व्हिप जारी किया है। विपक्षी पार्टियों ने अपने राज्यसभा सांसदों को व्हिप जारी करते हुए कहा कि स्थगन तक गुरुवार, 27 जुलाई को सदन में रहें और पार्टी के रुख का समर्थन करें।

दरअसल केंद्र सरकार, दिल्ली से संबंधित अपने अध्यादेश के स्थान पर राज्यसभा में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार (संशोधन) विधेयक लाने की तैयारी में है। यह विधेयक अधिकारियों की नियुक्ति और स्थानांतरण के लिए एक प्राधिकार गठित करने का प्रावधान करता है। सरकार राज्यसभा में यह विधेयक लाएगी। इंडिया गठबंधन के सांसदों ने इसका कड़ा विरोध किया है। ‘आप’ के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ को पत्र भी लिखा है।

***************************

 

अमरनाथ यात्रा: जम्मू आधार शिविर से 3111 तीर्थयात्रियों का नया जत्था रवाना

जम्मू 27 Jully (एजेंसी): जम्मू कश्मीर के भगवती नगर आधार शिविर से बम बम भोले के जयकारों के बीच 3111 तीर्थयात्रियों का एक नया जत्था गुरुवार को यहां दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित श्री अमरनाथ गुफा तीर्थ के लिए रवाना हुआ। एक अधिकारी ने बताया कि 3111 तीर्थयात्री 124 वाहनों के काफिले में आधार शिविर से रवाना हुए।

इसी तहर 2154 तीर्थयात्रियों (1686 पुरुष, 424 महिलाएं, छह बच्चे और 47 साधु) का एक समूह 83 वाहनों के काफिले में पहलगाम के लिए रवाना हुआ। बालटाल के लिए 907 तीर्थयात्री ( जिनमें 616 पुरुष, 336 महिलाएं और पांच बच्चे शामिल है ) कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 41 वाहनों के काफिले में रवाना हुए। एक जुलाई को शुरू हुई यात्रा 31 अगस्त को समाप्त होगी।

**************************

 

केन्द्रीय विश्वविद्यालय में अध्ययनरत छात्रा ने की आत्महत्या

अजमेर 27 Jully (एजेंसी): राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय से पीएचडी. कर रही एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा लद्दाख की रहने वाली थी। अजमेर जिले के बांदरसिंदरी थानाक्षेत्र स्थित केन्द्रीय विश्वविद्यालय के बी-1 छात्रावास के कमरा नं. 31 में लद्दाख निवासी छात्रा फुंसुक डोलमा ने अज्ञात कारणों से बुद्धवार देर रात फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

छात्रावास की छात्राओं ने जानकारी मिलते ही उसे नीचे उतारा और विश्वविद्यालय प्रबंधन सहित बांदरसिंदरी थानापुलिस को सूचना दी।

सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे किशनगढ़ के राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया। इससे पहले शव परीक्षण कर चिकित्सकों ने फुंसुक डोलमा को मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि मृतका के परिजनों के आने पर शव का पोस्टमार्टम करा शव उन्हें सुपुर्द किया जायेगा।

**************************

 

हमारे तीसरे टर्म में दुनिया की पहली तीन अर्थव्यवस्थाओं में एक नाम भारत का होगा, ये मोदी की गारंटी है

नई दिल्ली 27 Jully (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारे तीसरे टर्म में दुनिया की पहली तीन अर्थव्यवस्थाओं में एक नाम भारत का होगा। ये मोदी की गारंटी है। मोदी कहा कि 2024 के बाद हमारे तीसरे टर्म में देश की विकास यात्रा तेजी से बढ़ेगी और देशवासी अपने सपने अपनी आंखों के सामने पूरे होते देखेंगे। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है। भारत आज वो हासिल कर रहा है, जो पहले अकल्पनीय था, कोई सोच भी नहीं सकता था।

विकसित होने के लिए हमें बड़ा सोचना ही होगा, बड़े लक्ष्य हासिल करने ही होंगे। इसलिए ‘थिंक बिग, ड्रीम बिग, एक्ट बिग’ के सिद्धांत को अपनाते हुए भारत आज तेजी से आगे बढ़ रहा है। कहा भी गया है- इतने ऊँचे उठो कि, जितना उठा गगन है। हम पहले से बड़ा निर्माण कर रहे हैं, हम पहले से बेहतर निर्माण कर रहे हैं, हम पहले से तेज गति से निर्माण कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि पूर्व से लेकर पश्चिम तक, उत्तर से लेकर दक्षिण तक, भारत का इंफ्रास्ट्रक्चर बदल रहा है। दुनिया का सबसे बड़ा सौर पवन पार्क आज भारत में बन रहा है।

दुनिया का सबसे ऊंचा रेल ब्रिज आज भारत में है। दस हजार फीट से अधिक की ऊंचाई पर दुनिया की सबसे लंबी टनल आज भारत में है। दुनिया की सबसे ऊंची मोटरेबल रोड आज भारत में है। दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम आज भारत में है। दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा आज भारत में है। एशिया का दूसरा सबसे बड़ा रेल-रोड ब्रिज भी भारत में है। आज भारत दुनिया के उन देशों में है जहां ग्रीन हाइड्रोजन पर इतना बड़ा काम हो रहा है।

उन्होंने कहा कि आज हमारी सरकार के इस टर्म और पिछले टर्म के कार्यों का परिणाम पूरा देश देख रहा है। आज देश का विश्वास पक्का हो गया है कि अब भारत की विकास यात्रा रुकने वाली नहीं है। आप जानते हैं कि हमारे पहले टर्म की शुरुआत में भारत, विश्व अर्थव्यस्था में दसवें नंबर पर था। जब मुझे आज लोगों ने काम दिया तब हम दस नंबरी थे। दूसरे टर्म में आज भारत दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और यह ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर, बातों-बातों में नहीं, ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर मैं कह रहा हूं।

*************************

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भोपाल प्रवास, बैठकों के बाद आज होगी वापसी

भोपाल 27 Jully (एजेंसी): केंद्रीय गृह मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह अपने दो दिवसीय मध्यप्रदेश प्रवास के बाद आज राजधानी भोपाल से दिल्ली लौटेंगे। इसके पहले श्री शाह ने कल रात लगभग आठ बजे राजधानी भोपाल आगमन के बाद देर रात तक पार्टी की प्रदेश इकाई के वरिष्ठतम नेताओं के साथ बैठक की।

माना जा रहा है कि इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीतिक तैयारियों को लेकर मंथन और विचार-विमर्श हुआ। बैठक में चुनाव पूर्व बनने वाली पार्टी की समितियों के गठन को लेकर भी पार्टी नेतृत्व के बीच विमर्श हुआ। शाह आज सुबह लगभग 11 बजे भोपाल से वापसी करेंगे।

आगामी विधानसभा चुनाव के पूर्व श्री शाह के लगातार भोपाल प्रवास हो रहे हैं। इसके पहले वे लगभग एक सप्ताह पूर्व भी संक्षिप्त प्रवास पर भोपाल आए थे। उस दौरान भी उन्होंने पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के साथ बैठक की थी, जिसमें चुनाव पूर्व तैयारियों को लेकर मंथन हुआ था।

*****************************

 

तालाब क्षतिग्रस्त मामले में एसडीओ और उपयंत्री निलंबित, ईई को नोटिस

दमोह 27 Jully, (एजेंसी): मध्यप्रदेश के दमोह जिले के तेंदूखेड़ा तहसील अंतर्गत 30 वर्ष पुराने पौड़ी तालाब के क्षतिग्रस्त हो जाने के मामले में सागर संभागायुक्त वीरेंद्र सिंह रावत ने जल संसाधन विभाग के एसडीओ एल के द्विवेदी और उपयंत्री डी के असाटी को निलंबित कर दिया है। वही कार्यपालन यंत्री शुभम अग्रवाल को नोटिस दिया गया है।

इस मामले की जांच करने के लिए कल जल संसाधन विभाग भोपाल ईएनसी कार्यालय से टीम भी आयी थी। हालांकि टीम दोपहर में लौट गयी है।

संभागायुक्त श्री रावत ने बताया कि अभी केवल प्राथमिक जांच के आधार पर कार्रवाई हुई है। इस मामले में एसडीओ एल के द्विवेदी पहले यहीं पर सब इंजीनियर थे, उसके बाद में एसडीओ बने। दो वर्ष से पदस्थ हैं। इन्होंने जलाशय का जायजा नहीं लिया। कार्यपालन यंत्री तक कोई रिपोर्ट भी नहीं भिजवाई।

जबकि निरंतर शिकायतें मिल रही थीं। जिस दिन लीकेज था, उस दिन शिकायत अधिकारी तक पहुंचाई गई, मगर इसके बाद भी देरी से मौके पर पहुंचे। इससे पहले कई बार निरीक्षण किया, लेकिन जलाशय की स्थिति को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत नहीं कराया।

वहीं, उपयंत्री डी के असाटी भी दो वर्ष से यहाँ पदस्थ है। इनके अधिकार क्षेत्र में जलाशय था। इन्हें समय-समय पर निरीक्षण करना था, लेकिन उन्होंने लापरवाही बरती। ताजा स्थिति को लेकर अधिकारियों को अवगत नहीं कराया। ग्रामीणों की शिकायतों को नजर अंदाज किया।

यह फौरी तौर पर मरम्मत करा सकते थे, लेकिन ऐसा नहीं कराया। जबकि इनके हाथ में मरम्मत का बजट होता है। इन्हीं सब कारणों के चलते इन दोनों अधिकारियों को कमिश्नर द्वारा निलंबित किया गया है।

***************************

 

हिमाचल-चंडीगढ़ समेत कई राज्यों में अगले 3 दिन तक भारी बारिश का अलर्ट; यमुना अभी भी खतरे के निशान से ऊपर

नई दिल्ली 27 Jully, (एजेंसी): देश के अधिकतर हिस्सों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। मौसम विभाग की मानें तो अभी देश के बहुत से राज्यों में बारिश का ये सिलसिला जारी रहेगा। IMD ने अगले दो दिनों के दौरान कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक, कोस्टल आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में बहुत भारी बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी दर्ज की जाएगी।

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून समेत सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट है। बारिश के बीच भूस्खलन के कारण ऋषिकेश यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध है। ऋषिकेश बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग चमोली जिले के पागलनाला में भी लैंडस्लाइड के कारण रास्ते बंद हैं। IMD ने अगले 3 तीन राज्य के कई जिलों में बारिश की संभावना व्यक्त की है।

मौसम विभाग की मानें तो हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है। वहीं, तीन दिनों के बाद बारिश की गतिविधियों में कमी दर्ज की जाएगी।

मौसम विभाग की मानें तो देश की राजधानी नई दिल्ली में आज (बुधवार) न्यूनतम तापमान 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 33 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। वहीं, मध्यम बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, इस पूरे हफ्ते देश की राजधानी नई दिल्ली में बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। राजधानी दिल्ली में यमुना का जलस्तर अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बना हुआ है। गुरुवार सुबह 7 बजे यमुना का जलस्तर 205.69 मीटर दर्ज किया गया है।

****************************

 

BJP का चक्रव्यूह भेदने की तैयारीः कांग्रेस और APP मिलकर लड़ेंगी लोकसभा चुनाव

नई दिल्ली 27 Jully, (एजेंसी): आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भी राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। इस दौरान कई दिग्गज नेता अपनी पार्टी को छोड़कर दूसरी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। वहीं, कई राजीनितिक दल भी दूसरी पार्टियों के साथ गठबंधन कर रहे हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने भी भाजपा को कड़ी चुनौती देने की तैयारी कर ली है।

औपचारिक घोषणा भले ही अभी न हुई हो, लेकिन दिल्ली में दोनों के बीच गठबंधन करके चुनाव लड़ने की सहमति बन गई है। इसी के चलते दोनों ही पार्टियों के स्थानीय नेताओं ने अब एक दूसरे के खिलाफ बयान देना या ट्वीट करना बंद कर दिया है।

प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी दीपक बाबरिया ने करीब एक माह पहले बयान दिया था कि राजधानी में पार्टी लोकसभा की कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, अभी फाइनल नहीं हुआ है। देश भर में कांग्रेस गठबंधन की राह पर आगे बढ़ रही है। “आप” के प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने बताया कि केवल दिल्ली में ही नहीं, टीम “इंडिया” में शामिल सभी विपक्षी पार्टियां देश भर में इस बार लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगी।

*******************************

 

श्रीनगर में तीन दशक के बाद आज निकाला जाएगा मुहर्रम जुलूस, प्रशासन ने दी अनुमित

श्रीनगर 27 Jully, (एजेंसी): जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने आज तीन दशक बाद श्रीनगर में गुरु बाजार से डलगेट तक पारंपरिक मार्ग पर आठवीं मुहर्रम जुलूस की अनुमति प्रदान की है। कश्मीर के संभागीय आयुक्त विजय कुमार बिधूड़ी ने कहा कि शिया भाइयों की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने कल जुलूस की अनुमति देने का फैसला किया है।” उन्होंने कहा, ”मैं शिया भाइयों और कश्मीरी जनता को बधाई देता हूं, जो अपने स्नेह के लिए जाने जाते हैं।”

उन्होंने बताया कि प्रशासन को सभी समूहों के शिया मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों और गुरुबाजार की स्थानीय समिति के साथ कई दौर की बातचीत के बाद सभी हितधारकों से आश्वासन मिला है कि पवित्र धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित और संपन्न होगा। इसी के अनुसार सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं की जाएंगी और आम जनता, विशेष रूप से शिया समुदाय के सदस्यों को सूचित किया जाता है कि किसी को भी गुरुबाजार से निकाले जाने वाले जुलूस को छोड़कर इस मार्ग पर व्यक्तिगत या सामूहिक रूप से कोई अन्य जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

आदेशों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति से कानून के अनुसार बहुत सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने कहा कि कल कार्य दिवस को ध्यान में रखते हुए और आम लोगों को परेशानी से बचाने के लिए जुलूस का समय सुबह छह बजे से आठ बजे तक रहेगा।उन्होंने बताया कि उपराज्यपाल और मुख्य सचिव दोनों ने मांग पर सकारात्मक रूप से विचार करने और स्थिति पर बारीकी से नजर रखने का निर्देश दिया है। शोक मनाने वालों के लिए नागरिक व्यवस्था के संबंध में उन्होंने कहा कि एसएमसी सफाई अभियान चलाएगी। पीने के पानी की सुविधा और दो एम्बुलेंस की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा डलगेट पर बसें उपलब्ध कराई जाएंगी।

******************************

 

प्राइम पीआर को क्वालिटी मार्क अवार्ड्स 2023 से सम्मानित किया गया

*पब्लिक रिलेशन और कम्युनिकेशन श्रेणी के लिए 12वां क्वालिटी मार्क अवार्ड्स 2023 प्राइम पीआर को सम्मानित किया गया*

*कुशल नेटवर्किंग के साथ प्राइम पीआर भारत भर के 60 से अधिक शहरों में सक्रिय*

*प्राइम पीआर अनुभवी प्रोफेशनल के साथ सबसे युवा और सबसे तेजी से बढ़ती पब्लिक रिलेशन और कम्युनिकेशन फर्म है *

इंदौर, 27 जुलाई (एजेंसी)।सबसे युवा और सबसे तेजी से बढ़ती पब्लिक रिलेशन फर्म, प्राइम पीआर को पब्लिक रिलेशन और कम्युनिकेशन श्रेणी में 12वें क्वालिटी मार्क अवार्ड्स 2023 से सम्मानित किया गया। प्राइम पीआर को यह अवार्ड भारत सरकार के बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग राज्य मंत्री श्री शांतनु ठाकुर, मुख्य अतिथि और बॉलीवुड के श्री गुलशन ग्रोवर, सेलिब्रिटी अतिथि द्वारा प्रदान किया गया।

पुरस्कार समारोह का आयोजन क्वालिटी मार्क ट्रस्ट द्वारा ‘मेक इन इंडिया’ की अवधारणा के तहत 16 जुलाई, 2023 को डबल ट्री बाय हिल्टन, अहमदाबाद में किया गया।2020 में स्थापित प्राइम पीआर, भारत भर के 60 से अधिक शहरों से अच्छी तरह से जुड़ा हुआ है।  प्राइम पीआर की टीम साल में 365 दिन काम करती है, जिसमें पीआर प्रोफेशनल और पब्लिसिस्ट, स्ट्रेटेजिस्ट और इन्फ्लुएंसर, लिंग्विस्ट और मीडिया मैनेजर शामिल हैं।

प्राइम पीआर उभरते स्टार्ट-अप के साथ-साथ एमएसएमई और मेक इन इंडिया परियोजनाओं के साथ भी काम करता है। इस अवसर पर, प्राइम पीआर के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक श्री फूल हसन ने कहा कि “प्राइम पीआर, पीआर प्रोफेशनल के लिए काम के दौरान लगातार सीखने-समझने और विकास का मजबूत समर्थक है। हर तरह के प्रोजेक्ट करने में सक्षम, हमारा नेटवर्क टियर 1, टियर 2 और टियर 3 शहरों में फैला हुआ है।

हमारी टीम उच्च-गुणवत्ता वाली परियोजनाएं पूरी करने और अपने ग्राहकों के साथ दीर्घकालिक साझेदारी विकसित करने में भरोसा रखती है और अपने मीडिया कौशल की वजह से प्रतिष्ठित है। क्वालिटी मार्क अवार्ड्स 2023 में हमें जो सम्मान मिला है, उससे हमारा मनोबल बढ़ेगा और भविष्य में हम अधिक रचनात्मक और रणनीतिक कौशल के साथ काम करेंगे। प्राइम पीआर अपने ग्राहकों को सेवाओं की एक विस्तृत रेंज प्रदान करता है, जिसमें पब्लिक रिलेशन,  ब्रांड मैनेजमेंट, प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन, रिलीज का प्रचार-प्रसार, पीआर एनालिसिस, प्लानिंग एवं स्ट्रेटजी के साथ-साथ डिजिटल मार्केटिंग, इन्फ्लुएंसर्स मैनेजमेंट, इमेज बिल्डिंग, क्राइसिस मैनेजमेंट, इनवेस्टर्स रिलेशन शामिल हैं।

प्राइम पीआर सरकार और सार्वजनिक मामलों के जनसंपर्क का भी काम देखता है। प्राइम पीआर के पास उच्च-स्तरीय प्रभावी पहलों की योजना बनाने और उन्हें लागू करने का व्यापक अनुभव है जो ब्रांड एक्सपोज़र करने और रेवेन्यू बढ़ाने में सक्षम हैं।

फूल हसन ने कहा कि “हम अपने ग्राहकों की ज़रूरतों को समझते हैं, चाहे वे कॉरपोरेट हों, या डॉक्टर, बैंकर या अन्य सामाजिक राय बनाने वाले व्यक्ति हों, जो समाज में विभिन्न ज्वलंत विषयों पर अपने विचार व्यक्त करने के लिए बहुत उत्सुक रहते हैं, लेकिन उन्हें सही प्लेटफॉर्म नहीं मिलता है, इसलिए हम अपनी सर्विस, आर्टिकल प्लेसमेंट के ज़रिये, समय पर अपनी चिंताओं को व्यक्त करने के लिए उचित प्लेटफॉर्म प्रदान करते हैं।

डिजिटल रूप से मजबूत और रणनीतिक रूप से कुशल, प्राइम पीआर एक स्थायी प्रक्रिया के माध्यम से पब्लिक रिलेशन और कम्युनिकेशन के लिए सुव्यवस्थित पद्धति को अपनाता है, ताकि हम अपने ग्राहकों के निर्धारित उद्देश्यों को हासिल कर सकें, क्योंकि हमारे ग्राहकों की वास्तविक संतुष्टि ही हमारा आदर्श वाक्य है। पिछले 16 वर्षों से एक वरिष्ठ पीआर एवं कम्युनिकेशन स्ट्रेटेजिस्ट के तौर पर काम कर रहे, फूल हसन, भारतीय कॉरपोरेट के कई महत्वपूर्ण इवेंट आयोजनों में प्रमुख भूमिका निभाई है।

वह ब्रांड एक्टिवेशन, मीडिया रिलेशन, पब्लिक रिलेशन और प्रेस कॉन्फ्रेंस के विशेषज्ञ हैं। महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड, आईसीआईसीआई, पेप्सिको, आईफा अवार्ड्स, अमेज़ॅन इंडिया, एक्सिस म्यूचुअल फंड, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल, एचडीएफसी लाइफ, पीजीआई, ओर्रा, टैफे, मेट्रो कैश एंड कैरी इंडिया, आसुस इंडिया, मैनकाइंड फार्मा, ग्लेनमार्क फार्मा, खेलो इंडिया यूथ गेम्स, मैरिको, सीआईआई और कई अन्य कंपनियों ने अपने कई प्रमुख सफल प्रोजेक्ट में फूल हसन के योगदान की सराहना की है।

****************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज आपका दिन अच्छा रहेगा। आज आपकी मुलाक़ात किसी अजनबी से होगी, जिससे आप जीवन की नई सीख लेंगे। आपकी कड़ी मेहनत से लोग प्रभावित होंगे और आपका अनुसरण करेंगे। आज आप ऑफिस के किसी काम में उलझे रहेंगे। इस राशि के स्टूडेंट्स कॉलेज में कुछ नया सीखेंगे और पढ़ाई में रूचि भी लेंगे। रोज की अपेक्षा आज व्यापार में अच्छा मुनाफा होगा। जो लोग किसी एंट्रेंस एग्जाम की तैयारी में लगे हैं, उनको जल्द ही अच्छा कॉलेज मिलने का योग है।

*शुभ रंग- मैजेंटा

*शुभ अंक- 5

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी , वु , वे, वो)

आज आपका दिन नई उमंगो के साथ शुरू होने वाला है। आज आपकी सूझ-बूझ से किसी काम में सफलता हासिल होगी। पशुओं की सेवा करने का अवसर मिलेगा। आर्थिक समस्या से परेशान लोगों को राहत मिलेगी। आज आप जीवनसाथी के लिए नई ज्वेलरी खरीद सकते हैं। डॉक्टर्स के लिए आज का दिन अच्छा रहेगा। आज आपका मन शांत व संतुष्ट रहेगा। किसी को दिया हुआ धन वापस मिलेगा। आपके घर में कोई शुभ कार्यक्रम का आयोजन होने से मन प्रफुल्लित रहेगा।

*शुभ रंग- पीला

*शुभ अंक- 2

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज आपका दिन अच्छा रहने वाला है। घर खरीदने का विचार कर रहे लोगों के लिए आज का दिन शुभ है। आज आपका मन घरेलू कामकाज में लगेगा। आज बॉस आपको किसी नए प्रोजेक्ट पर काम करने को कह सकते हैं। डिप्लोमा की तैयारी कर रहे छात्रों को थोड़ी और मेहनत करने की जरूरत है। कपड़े का व्यापार कर रहे लोगों का कारोबार अच्छा चलेगा। किसी स्वास्थ्य संबंधी समस्या को अच्छे डॉक्टर से दिखायेंगे। आज आपका दांपत्य जीवन शानदार रहने वाला है। नन्हें मेहमान के आने से घर में उत्सव जैसा माहौल बनेगा।

*शुभ रंग- नारंगी

*शुभ अंक- 4

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज आपका दिन खुशियों से भरा रहने वाला है। आपके दोस्त आपसे मदद के लिए कहेंगे, आप उन्हें निराश नहीं करेंगे। बिजनेस कर रहे लोगों को अच्छा मुनाफा होगा। आज आप शॉपिंग करने का मन बनाएंगे। आज आप अपनी बहन को कुछ गिफ्ट दे सकते हैं, जिससे आपका रिश्ता मजबूत बनेगा। आज आप किसी जरुरी मीटिंग में शामिल होंगे। पिता की सलाह से आपको अपने बिजनेस में काफी मदद मिलेगी। किसी जरूरतमंद की मदद करके आपको खुशी महसूस होगी। विद्यार्थियों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है।

*शुभ रंग- गुलाबी

*शुभ अंक- 3

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज आपका दिन खुशनुमा पलों से भरा रहेगा। आज परिवार से खुशखबरी मिलेगी। ईश्वर की कृपा से आज आपके सभी काम सफल होंगे। आज आपको अपने काम में ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। आपको प्रोजेक्ट में अपने कलीग की मदद मिलेगी। आज आपकी किसी रिश्तेदार से फोन पर लंबी बात हो सकती है, आपको कुछ नया सुनने को मिलेगा। ऑफिस के दोस्तों के साथ घूमने का प्लान बनेगा। किसी बुजुर्ग महिला की सेवा का अवसर मिलेगा इसे आप सौभाग्य के रूप में समझे।

*शुभ रंग- मैहरुन

*शुभ अंक- 5

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो

आज आप दिन की शुरुआत अच्छे मूड से करेंगे। आज अपने किसी रुके काम को पूरा करने का सही समय है। सिविल इंजीनीयर्स के लिए दिन बेहतरीन रहेगा। स्वास्थ्य समस्या से परेशान लोग आज खुद को बेहतर महसूस करेंगे। जॉब की तलाश कर लोगों को अच्छी जॉब मिलने के योग हैं। दांपत्य रिश्ता मजबूत बनेगा, परिवार के साथ क्वालिटी टाइम स्पेंड करेंगे। आज कॉम्पटीटिव परीक्षा की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स पढ़ाई व काम के बीच संतुलन बनाकर रहेंगे तो जल्द ही आपको सफलता मिलेगी। प्राइवेट जॉब कर रहे लोगों की सैलरी में इन्क्रीमेंट होगा।

*शुभ रंग- बैंगनी

*शुभ अंक- 7

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आपके लिए आज का दिन बेहतरीन रहने वाला है। आज किसी बड़ी कंपनी से आपके लिए जॉब का ऑफर आ सकता है। आज आप कोइ नया हुनर सीखेंगे। परिवार में किसी सदस्य से आपको अच्छी सलाह मिलेगी। आज आपके घर में मेहमान आ सकते हैं, घर में खुशनुमा माहौल बना रहेगा। आज कारोबार में आपको ज्यादा मेहनत करने की जरूरत है। आज जीवनसाथी की मदद से आपका काम आसान हो जाएगा। प्रॉपर्टी के कारोबार से आपको अच्छा खासा फायदा मिलने के संकेत हैं।

*शुभ रंग- हरा

*शुभ अंक- 1

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आपका दिन आपके अनुकूल रहने वाला है। आज आप किसी जरूरी काम से बाहर जा सकते हैं, अपना जरूरी सामान रखना न भूलें। आज आपके बिजनेस में प्रॉफिट होगा। फ्रेंड्स के साथ ट्रिप पर जाने का प्लान बना सकते हैं। आज कोई भी काम करने से पहले अपने बड़ों का आशीर्वाद लेंगे। रिश्ते में हो रही परेशानियों से आपको छुटकारा मिलेगा। आज जीवनसाथी को सरप्राइज देने के लिए ज्वेलरी खरीदने जा सकते हैं। परिवार में बड़े बुजुर्गों का ध्यान रखें।

*शुभ रंग- नीला

*शुभ अंक- 7

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज आपका दिन सामान्य रहेगा। ऑफिस में आज आपको सहयोगियों से मदद मिलेगी। घर से दूर रहकर पढ़ाई कर रहे स्टूडेंट्स आज माता-पिता से मिल सकते हैं। आज कर्मचारियों की सैलरी में इन्क्रीमेंट होगा। छात्रों को किसी अच्छे कॉलेज से जॉब का प्रपोजल आएगा। सामाजिक कार्य से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन बेहतर होने वाला है। आज लवमेट्स आप कहीं घूमने जा सकते हैं आपके रिश्ते की डोर और मजबूत बनेगी। सरकारी जॉब की तैयारी कर रहे लोगों को अपनी मेहनत जारी रखने की आवश्यकता है।

*शुभ रंग- सिल्वर

*शुभ अंक- 9

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आपके लिए आज का दिन उत्साह से भरा रहने वाला है। आपके व्यापार में बेहतर सुधार आयेगा आज आपका मन शांत रहेगा। पारिवारिक जीवन में हो रही अनबन आज समाप्त होगी, आपके परिवार में खुशियां बढ़ेगी। नर्सिंग कर रहे छात्रों को उनके करियर में सफलता मिलेगी। आज आपके कुछ नए दोस्त बनेंगे। आज कार्यक्षेत्र में मेहनत कर रहे लोग सफल होंगे। अपना बायोडाटा भेजने या किसी इंटरव्यू देने के लिये काफी अच्छा समय चल रहा है। आज आपकी महत्वाकांक्षा को काफी बल मिलेगा।

*शुभ रंग- गोल्डन

*शुभ अंक- 5

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आपका दिन आपके लिए परिवार के लिए खुशियां लाने वाला है। परिवार में आपके अच्छे काम की तारीफ़ होगी। महिलाओं के लिए आज का दिन बेहद ख़ास रहने वाला है। आज आपके पास बिजनेस को आगे बढ़ाने का अच्छा मौका है। कम्पटीशन की तैयारी कर रहे छात्रों को तैयारी जारी रखनी चाहिए। जिस व्यक्ति की आपने कभी मदद की थी वह आज आपके काम आएगा। शिक्षकों के लिए आज का दिन सामान्य रहने वाला है। अध्यात्मिक कामों में आपकी रूचि बढ़ेगी। आज अपनी क्षमता पर विश्वास करने से आपके सभी काम बनेंगे।

*शुभ रंग- लाल

*शुभ अंक- 7

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज आपका दिन बेहद खुशहाल रहने वाला है। आज अपने बिजनेस को आगे बढ़ाने की नयी योजना बनायेंगे, जिससे आपकी कामयाबी आसमान की बुलंदियों पर होगी। आपकी मुलाकात बचपन के किसी दोस्त से होगी, आपकी पुरानी यादें ताज़ा होंगी। आमोद-प्रमोद में आपका ज्यादा मन लगेगा। आज परिवार में सुख-शांति का माहौल बना रहेगा। आज आपके मन में कोई स्टोरी लिखने का भी विचार आ सकता है। पेंटिंग से जुड़े लोगों के पेंटिंग की तारीफ होगी।

*शुभ रंग- नीला

*शुभ अंक- 8

***************************

 

यूपी में आपराधिक तत्वों के हौसले बुलंद, कार्रवाई करे सरकार : मायावती

लखनऊ ,26 जुलाई (एजेंसी)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने कहा कि यूपी में आपराधिक तत्वों के हौसले काफी बुलंद हैं। इस मामले में सरकार कार्रवाई करे।

बसपा मुखिया मायावती ने बुधवार को ट्वीट के माध्यम से लिखा कि यूपी में आपराधिक तत्वों के हौसले कितने बुलन्द हैं इसका एक और नमूना आज गोरखपुर के चिल्लुपार क्षेत्र के रुदौली में देखने को मिला। जब अवैध खनन करने वाले गिरोह ने दलित परिवार पर हमला करके एक व्यक्ति की हत्या कर दी व अन्य कई लोगों को घायल कर दिया। यह अति-दु:खद व अति-निन्दनीय।

बसपा मुखिया ने लिखा कि यूपी सरकार घटना का तुरन्त संज्ञान लेकर सभी नामजद लोगों के खिलाफ तत्काल उचित धाराओं में सख्त एक्शन लेने के साथ ही अपराध नियंत्रण व इस प्रकार के सामाजिक एवं राजनीतिक अपराधों/उत्पीडऩ के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे ताकि आपराधिक तत्वों पर अंकुश लग सके, बीएसपी की यह मांग।

बता दें कि गोरखपुर जिले में बड़हलगंज थाना क्षेत्र के रूदौली, मझवलियां गांव के पास राप्ती नदी के किनारे से मंगलवार की रात से ट्रैक्टर ट्राली से खनन हो रहा था। इस बीच ट्रैक्टर चालक अश्लील गाना बजा रहे थे। जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया।

इस बात को लेकर बुधवार की सुबह बगल के गांव दवनाडीह के कुछ लोग बोलेरो गाड़ी से बड़ी संख्या में असलहा लेकर पहुंच गए। उन्होंने रूदौली गांव में घुसकर गाली-गलौज की। इसी बीच गांव के राजकिशोर रामकेवल ने इसका विरोध किया। नाराज बदमाशों ने मारपीट शुरू कर दी। इस बीच एक व्यक्ति ने असलहा निकालकर फायर कर दिया, जिससे राजकिशोर के सीने में गोली लग गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं, गांव के अरविंद, सूर्यप्रकाश व सुभाष घायल हो गए। घायलों को सीएचसी बड़हलगंज लाकर इलाज कराया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोटमार्टम के लिए भेज दिया है। रुदौली में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात है। मृतक राजकिशोर चार बच्चों का पिता था। वह मनरेगा में मजदूर था।

************************

 

चिराग की नीतीश को नसीहत- जिनके घर शीशे के होते हैं, वो दूसरों पर पत्थर नहीं मारा करते…

पटना ,26 जुलाई (एजेंसी)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मणिपुर के मामले में घेरने की कोशिश की तो लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री को ही नसीहत देने में देर नहीं की। उन्होंने कहा कि जिनके घर शीशे के होते हैं, वो दूसरों के घरों पर पत्थर नहीं मारा करते।

जमुई के सांसद चिराग पासवान ने ट्वीट करते हुए लिखा कि अभी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बयान दिया है कि देश के प्रधानमंत्री जी घबराए हुए हैं, मणिपुर कांड पर बोलना चाहिए।

चिराग पासवान ने ट्वीट में आगे लिखा- श्रीमान ! आप क्यों इतना चिंतित हैं, आपको भी बेगूसराय कांड पर बोलना चाहिए, मशरक में जहरीली शराब से हुई मौत और आरा में नरसंहार पर भी तो बोलना चाहिए था, लेकिन आपसे पूछने के बाद तो आपका बयान आता है कि हमको तो कुछ मालूम ही नहीं है, दिखवा लेते हैं।

उन्होंने आगे लिखा कि मुख्यमंत्री जी जिनके घर शीशे के होते हैं वो दूसरों के घरों पर पत्थर नहीं मारा करते।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में एनडीए की बैठक में चिराग पासवान शामिल हुए थे। चिराग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर लगातार निशाना साधते रहते हैं।

इससे पहले पटना में बुधवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मणिपुर की घटना की चर्चा करते हुए कहा कि इस मामले पर सभी विपक्ष एकजुट है। जो घटना वहां हुई है और महिलाओं के साथ जो हुआ है, वह सभी ने देखा।

उन्होंने कहा कि इस पर प्रधानमंत्री को बोलना चाहिए। काफी समय से ये कहा जा रहा था कि वो वहां जाएं। मणिपुर की घटना के खिलाफ विपक्ष एकजुट है और अविश्वास प्रस्ताव लाने का फैसला हुआ है।

*************************

 

देश हमारे वीरों के बलिदान की नींव पर टिका भारत : राजनाथ सिंह

नई दिल्ली , 26 जुलाई (एजेंसी)। कारगिल विजय दिवस की चौबीसवीं वर्षगांठ पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पुष्पांजलि अर्पित की और उन बहादुर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी जिन्होंने ‘ऑपरेशन विजय’ के दौरान अद्वितीय बहादुरी का प्रदर्शन किया था। द्रास के समारोह में युद्ध नायकों, वीर नारियों और शहीद नायकों के परिवारों का जमावड़ा भी देखा गया।  राजनाथ सिंह ने  कहा कि  इन बहादुरों के बलिदान को कभी नहीं भुलाया जाएगा। जिन्होंने समय-समय पर देश को संकट के समय खड़े रहने में मदद की है। उन्होंने कहा, आज का भारत सैनिकों के बलिदान की नींव पर टिका है।

राजनाथ सिंह ने ‘ऑपरेशन विजय’ को एक ऐसी घटना के रूप में वर्णित किया, जिसने प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद भारत के साहस और दृढ़ संकल्प को प्रदर्शित किया। उन्होंने इस जीत को एक लॉन्च पैड भी बताया जिसने देश को सफलता की ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रेरित किया। हमारी महानता कभी न गिरने में नहीं है, बल्कि हर बार गिरकर उठने में है। युद्ध के दौरान प्रतिद्वंद्वी के पास सामरिक सैन्य लाभ होने के बावजूद, हमारी सेनाओं ने उन्हें पीछे धकेलने और हमारी भूमि को पुनः प्राप्त करने के लिए बेजोड़ बहादुरी और कौशल का प्रदर्शन किया। जीत के साथ, भारत ने पाकिस्तान और दुनिया को संदेश दिया कि अगर देश के हितों को नुकसान पहुंचाया गया तो हमारी सेना किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेगी,  राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, चाहे कोई भी चुनौती हो।

“देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता की रक्षा में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। हमने देश के दुश्मनों को खत्म करने के लिए सशस्त्र बलों को खुली छूट दी है। भारत एक शांतिप्रिय राष्ट्र है जो अपने सदियों पुराने मूल्यों में विश्वास करता है और अंतरराष्ट्रीय कानूनों के प्रति प्रतिबद्ध है, लेकिन अपने हितों की रक्षा के लिए हम एलओसी पार करने में संकोच नहीं करेंगे। पहले देश और सशस्त्र बलों में राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी थी, जो अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली हमारी सरकार ने प्रदान की है।

हम अपनी सेनाओं के साथ मजबूती से खड़े हैं। लोगों और संसद को हमारे सैनिकों पर पूरा भरोसा है। राजनाथ सिंह ने कारगिल युद्ध के कई बहादुरों के वीरतापूर्ण कार्यों को याद किया, जिनमें परमवीर चक्र (पीवीसी) पुरस्कार विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा और कैप्टन मनोज पांडे और वीर चक्र (वीआरसी) पुरस्कार विजेता लेफ्टिनेंट कर्नल आर विश्वनाथन, कैप्टन जिंटू गोगोई, कैप्टन विजयंत थापर और नायब सूबेदार मंगेज सिंह शामिल हैं, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं और उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।

राजनाथ सिंह ने फ्लाइट लेफ्टिनेंट गुंजन सक्सेना और श्रीविद्या राजन का विशेष उल्लेख किया, जिन्होंने युद्ध के दौरान असाधारण साहस दिखाया और यह संदेश फैलाया कि जब देश की सीमाओं की सुरक्षा की बात आती है तो भारतीय महिलाएं अपने पुरुष समकक्षों से कम नहीं हैं। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि ये सभी सैनिक भारत के विभिन्न क्षेत्रों से थे, लेकिन देश और उसके लोगों के हितों की रक्षा के लिए एक होकर लड़े।

राजनाथ सिंह ने कहा कि युद्ध केवल हथियारों और बमों से नहीं लड़े और जीते जाते हैं; बहादुरी और अदम्य भावना भी समान रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा, यह इच्छा शक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना ही भारतीय सैनिकों को बाकियों से अलग करती है, उन्होंने कहा कि “हमारी सेनाएं देश, इसकी सभ्यता और संस्कृति की रक्षा के लिए देशभक्ति के मूल्यों से ओत-प्रोत हैं। रक्षा मंत्री ने रूस-यूक्रेन संघर्ष का उदाहरण देते हुए कहा कि यह युद्ध, जो पिछले एक वर्ष से अधिक समय से जारी है, आज के समय में संघर्षों की अप्रत्याशित प्रकृति को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि युद्ध लंबा खिंच गया है क्योंकि लोग अपने हितों के लिए लड़ने के लिए प्रशिक्षण ले रहे हैं और अपनी सेना में शामिल हो रहे हैं।  राजनाथ सिंह ने लोगों से आह्वान किया कि जरूरत पड़ने पर वे न केवल परोक्ष रूप से बल्कि प्रत्यक्ष रूप से भी युद्ध में भाग लेने के लिए तैयार रहें। “लोगों को मानसिक रूप से तैयार रहना चाहिए, ताकि जब भी देश को उनकी आवश्यकता हो, वे सशस्त्र बलों की मदद के लिए तैयार रहें।

जैसे हर सैनिक भारतीय है; उसी तरह, हर भारतीय को एक सैनिक की भूमिका निभाने के लिए तैयार रहना चाहिए।लद्दाख के उपराज्यपाल ब्रिगेडियर (डॉ.) बीडी मिश्रा (सेवानिवृत्त), चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, थल सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे, नौसेना स्टाफ प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी, पूर्व सेना प्रमुख जनरल वीपी मलिक (सेवानिवृत्त), उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल उपेन्द्र द्विवेदी, जनरल ऑफिसर कमांडिंग, 14 कोर लेफ्टिनेंट जनरल रशिम बाली, लेफ्टिनेंट जनरल वाईके जोशी (सेवानिवृत्त) और लेफ्टिनेंट जनरल अमरनाथ औल (सेवानिवृत्त) td) समारोह में भाग लिया।

साहस और दृढ़ संकल्प के सच्चे उदाहरण और पीवीसी प्राप्तकर्ता सूबेदार मेजर संजय कुमार और महावीर चक्र हवलदार दिगेंद्र कुमार की उपस्थिति ने सभा को प्रेरित किया। कैप्टन मनोज पांडे, पीवीसी के भाई श्री मनमोहन पांडे और कैप्टन विक्रम बत्रा, पीवीसी के भाई श्री विशाल बत्रा भी इस अवसर पर उपस्थित थे। द्रास में आयोजित कार्यक्रम एकता, कृतज्ञता और गर्व का क्षण था, क्योंकि राष्ट्र उस वीरता को स्वीकार करने के लिए एक साथ आया था जो ‘भारत की भावना’ को परिभाषित करती है।

*****************************

 

सौ साल की महिला को परिवार के साथ किया गया रेस्क्यू, एनडीआरएफ और लोकल पुलिस ने निकाला

ग्रेटर नोएडा 26 Jully (एजेंसी): यमुना नदी के बाद लगातार हिंडन जलस्तर भी बढ़ रहा है जिसके कारण ग्रेटर नोएडा के कई निचले इलाकों में कॉलोनियों में पांच फुट के आसपास पानी पहुंच गया है। लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला जा रहा है। इसी बीच एनडीआरएफ और लोकल पुलिस की टीम ने 100 साल की एक महिला को उसके परिवार समेत रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

बिसरख पुलिस को सूचना मिली कि 100 वर्षीय एक महिला अपने परिवार के साथ बाढ़ की वजह से घर में फंसी हुई है। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम और बिसरख थाना पुलिस नाव लेकर मंगलवार रात ही उसके घर तक पहुंच गई। वहां तीन लोग बाढ़ की वजह से घर में फंसे हुए थे। इस दौरान एनडीआरएफ की टीम और पुलिस ने अजब देवी (100), प्रशांत(77) और 35 वर्षीय एक महिला को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। रेस्क्यू किए जाने के बाद बुजुर्ग महिला ने पुलिस का धन्यवाद किया और कहा कि उन्हें विश्वास ही नहीं था कि वह वहां से निकल पाएंगी।

बीती कई दिनों से हिंडन का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की तरफ से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को बार-बार चेतावनी दी जा रही है और सूचना दी जा रही है कि वह सुरक्षित स्थान पर पहुंच जाएं। साथ ही पुलिस कई दिनों से लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही है।

*****************************

 

वो सीमा पर थे, इसलिए आज हम हैं : शिवराज

भोपाल 26 Jully (एजेंसी): मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि मातृभूमि के वीर सिपाही सीमा पर थे, इसलिए आज हम हैं। चौहान ने स्थानीय शौर्य स्मारक में शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद कहा कि वे मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व लुटाने वालों शहीदों को प्रदेश की संपूर्ण जनता की ओर से श्रद्धासुमन अर्पित करते हैं।

उन्होंने कहा कि वे सैनिक थे, जिन्होंने एक-एक इंच जमीन दुश्मनों से छुड़ाने के लिए अपना सर्वस्व अर्पित कर दिया। उस समय अटल बिहारी वाजपेयी देश के प्रधानमंत्री थे। तत्कालीन समय में सेनाओं से दिखा दिया कि भारत माता की ओर आंख उठा कर देखने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शक्तिशाली और सशक्त भारत बना है।उन्होंने कहा कि हर देशवासी को देश की सीमाओं की रक्षा कर रहीं तीनों सेनाओं पर गर्व है।

******************************

 

लोकसभा में आज पेश होगा वन संरक्षण संशोधन विधेयक

नई दिल्ली 26 Jully (एजेंसी): केंद्र सरकार बुधवार को वन संरक्षण संशोधन विधेयक, 2023 को पारित करने के लिए लोकसभा की मंजूरी लेने की कोशिश करेगी। प्रस्तावित कानून का उद्देश्य 1980 के वन संरक्षण अधिनियम में संशोधन करना है, जिसे भारत के वन भंडार के दोहन को रोकने के लिए लाया गया था। इसके तहत केंद्र सरकार को गैर-वन उद्देश्यों के लिए उपयोग की जाने वाली किसी भी भूमि के लिए पर्याप्त मुआवजा देने की शक्ति दी गई थी।

इस अधिनियम में वह भूमि भी शामिल है, जो आधिकारिक तौर पर केंद्र या राज्य सरकार के रिकॉर्ड में वन के रूप में वर्गीकृत नहीं है।

इस विवादित विधेयक को संसद की संयुक्त समिति को भेजा गया था, जिसकी रिपोर्ट मानसून सत्र के पहले दिन 20 जुलाई को लोकसभा में पेश की गई थी।

कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और द्रमुक के कई विपक्षी सदस्यों ने प्रस्तावित कानून के प्रावधान पर चिंता व्यक्त करते हुए विधेयक पर संयुक्त समिति को असहमति नोट भेजे थे, जिसमें कहा गया है कि राष्ट्रीय हित में किसी भी राजनीतिक और सुरक्षा-संबंधित परियोजनाओं की त्वरित उपलब्धि के लिए भूमि के एक क्षेत्र को कानूनी दायरे से छूट दी जा सकती है।

इस बीच, सरकार निचले सदन में खान और खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक, 2023 भी पेश करेगी।

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 12 जुलाई को विधेयक के प्रारूप को मंजूरी दी थी। यह निजी क्षेत्र को लिथियम जैसे महत्वपूर्ण खनिजों के खनन के लिए बोली लगाने की अनुमति देगा।

इसके अलावा, सरकार आज लोकसभा में जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2023 पेश करेगी।

जम्मू-कश्मीर आरक्षण (संशोधन) विधेयक, 2023 भी लोकसभा में पेश किया जाएगा।

जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक, 2023, संविधान (जम्मू और कश्मीर) अनुसूचित जाति आदेश (संशोधन) विधेयक, 2023 और संविधान (जम्मू और कश्मीर) अनुसूचित जाति आदेश, 1956 भी आज निचले सदन में पेश किए जाएंगे।

*************************

 

राष्ट्रपति मुर्मू, पीएम मोदी ने कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली 26 Jully (एजेंसी): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर पाकिस्तान के साथ 1999 का युद्ध लड़ने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।

राष्ट्रपति ने एक ट्वीट में कहा, “आज कारगिल विजय दिवस के गौरवशाली अवसर पर सभी देशवासी हमारे सशस्त्र बलों के असाधारण पराक्रम से अर्जित विजय को याद करते हैं। देश की रक्षा के लिए अपने जीवन का बलिदान करके विजय का मार्ग प्रशस्त करने वाले सेनानियों को एक कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से मैं श्रद्धांजलि देती हूं और उनकी स्मृति को नमन करती हूं। उनकी शौर्य गाथाएं आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेंगी। जय हिंद!”

प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, “कारगिल विजय दिवस भारत के उन अद्भुत पराक्रमियों की शौर्यगाथा को सामने लाता है, जो देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणाशक्ति बने रहेंगे। इस विशेष दिवस पर मैं उनका हृदय से नमन और वंदन करता हूं। जय हिंद!”

जवानों को याद करते हुए शाह ने कहा, ”कारगिल विजय दिवस करोड़ों देशवासियों के सम्मान के विजय का दिन है। यह सभी पराक्रमी योद्धाओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने का दिन है जिन्होंने आसमान से भी ऊँचे हौसले और पर्वत जैसे फौलादी दृढ़ निश्चय से अपनी मातृभूमि के कण-कण की रक्षा की। भारत माता के वीर सिपाहियों ने अपने त्याग व बलिदान से इस वसुंधरा की न सिर्फ आन, बान और शान को सर्वोच्च रखा बल्कि अपनी विजित परंपराओं को भी जीवंत रखा।

शाह ने कहा, “कारगिल की दुर्गम पहाड़ियों पर तिरंगा पुनः गर्व से लहरा कर देश की अखंडता को अक्षुण्ण रखने के आपके समर्पण को कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से नमन करता हूँ।” कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

कारगिल विजय दिवस हर साल 26 जुलाई को उस युद्ध की याद में मनाया जाता है जो मई 1999 में शुरू हुआ था और 26 जुलाई 1999 तक उन पाकिस्तानी घुसपैठियों के खिलाफ लड़ा गया था, जो 1998 की सर्दियों में नियंत्रण रेखा पार कर भारतीय क्षेत्र घुस आए थे और कारगिल के द्रास और लद्दाख क्षेत्र के बटालिक सेक्टरों में पैर जमा लिए थे।

*****************************

 

25वें दिन नौ हजार लोगों ने पूरी की अमरनाथ यात्रा

श्रीनगर 26 Jully, (एजेंसी): लगभग 9,000 तीर्थयात्रियों ने अमरनाथ यात्रा के 25वें दिन बाबा बर्फानी के दर्शन किए जबकि 2,372 यात्रियों का एक और जत्था बुधवार को जम्मू से कश्मीर के लिए रवाना हुआ। अधिकारियों ने कहा, “मंगलवार को लगभग 9,000 यात्रियों ने पवित्र गुफा के अंदर दर्शन किए, जबकि 2,372 यात्रियों का एक और जत्था आज सुबह सुरक्षा काफिले में भगवती नगर यात्री निवास से घाटी के लिए रवाना हुआ।

इन 2,372 तीर्थयात्रियों में 1,955 पुरुष, 357 महिलाएं, छह बच्चे, 51 साधु और तीन साध्वियां हैं। “1 जुलाई को शुरू होने के बाद से अब तक लगभग साढ़े तीन लाख तीर्थयात्री अमरनाथ यात्रा कर चुके हैं।” इस साल की अमरनाथ यात्रा के दौरान अब तक छत्तीस तीर्थयात्रियों की मौत हो चुकी है। यात्री या तो पारंपरिक दक्षिण कश्मीर पहलगाम मार्ग से हिमालय गुफा मंदिर तक पहुंचते हैं, जिसमें पहलगाम आधार शिविर से 43 किलोमीटर की चढ़ाई होती है या उत्तरी कश्मीर बालटाल आधार शिविर से 13 किलोमीटर की चढ़ाई होती है।

पारंपरिक पहलगाम मार्ग का उपयोग करने वालों को गुफा मंदिर तक पहुंचने में 3-4 दिन लगते हैं, जबकि बालटाल मार्ग का उपयोग करने वाले लोग समुद्र तल से 3,888 मीटर ऊपर स्थित गुफा मंदिर के अंदर दर्शन करने के बाद उसी दिन आधार शिविर लौट आते हैं। दोनों मार्गों पर यात्रियों के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं भी उपलब्ध हैं।

गुफा मंदिर में एक बर्फ की संरचना है जिसके बारे में भक्तों का मानना है कि यह भगवान शिव की पौराणिक शक्तियों का प्रतीक है। बर्फ के स्टैलेग्माइट की संरचना चंद्रमा की कलाओं के साथ घटती और बढ़ती रहती है। इस वर्ष की 62 दिवसीय अमरनाथ यात्रा 1 जुलाई को शुरू हुई और 31 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा उत्सव के साथ समाप्त होगी। तीर्थयात्रियों को ऊंचाई पर होने वाली बीमारियों से बचाने के लिए, अधिकारियों ने यात्रा के दोनों मार्गों पर स्थापित ‘लंगरों’ में सभी जंक फूड पर प्रतिबंध लगा दिया है।

**************************