इस गांव में नहीं होता होलिका दहन, भगवान शिव से जुड़ी है मान्यता

सहारनपुर 07 March (एजेंसी): उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के एक गांव में ‘होलिका दहन’ नहीं किया जाता है। बरसी गांव का मानना है कि अगर यहां होलिका दहन किया जाएगा तो भगवान शिव के पैर जल जाएंगे और इसलिए ‘होलिका दहन’ नहीं किया जाता है। स्थानीय महिलाएं होली की पूर्व संध्या पर ‘होलिका दहन’ करने के लिए बगल के गांव में जाती हैं।

बरसी में भगवान शिव का एक प्राचीन मंदिर है, जिसके बारे में कहा जाता है कि यह महाभारत जितना पुराना है, और इस लोकप्रिय कथा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

मान्यता के अनुसार, मंदिर कौरवों और पांडवों द्वारा बनाया गया था, लेकिन कुछ असहमति के कारण, पांच पांडवों में से एक भीम ने अपनी गदा का इस्तेमाल किया और मंदिर के प्रवेश द्वार की दिशा पूर्व से पश्चिम की ओर बदल दी। इस वजह से लोगों का मानना है कि होलिका की आग जलाने से भगवान शिव के पैर जल जाएंगे।

ग्राम प्रधान आदेश चौधरी ने कहा कि होलिका दहन के लिए, सभी महिलाएं बगल के गांव तिक्रोल में जाती हैं। मुझे नहीं पता कि यह अनुष्ठान कब से शुरू हुआ लेकिन यह काफी समय से ऐसा ही रहा है। यह एक परंपरा है और सीधे धार्मिक भावनाओं से जुड़ी है। किसी ने भी इसे बदलने की कोशिश नहीं की है। मुझे नहीं लगता कि कोई भी इसे बदलेगा

**************************

 

मैथ्यूज के ऑलराउंड खेल से मुंबई की आरसीबी पर आसान जीत

मुंबई, 07 मार्च (एजेंसी)। हेली मैथ्यूज के ऑलराउंड खेल और नैट साइवर ब्रंट की आकर्षक पारी की मदद से मुंबई इंडियंस ने सोमवार को यहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) को 34 गेंद शेष रहते हुए नौ विकेट से करारी शिकस्त देकर महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) टी20 टूर्नामेंट में अपना धमाकेदार प्रदर्शन जारी रखा।

अपने पहले मैच में गुजरात जायंट्स को 143 रन से हराने वाले मुंबई के सामने 156 रन का लक्ष्य था और उसने 14.2 ओवर में एक विकेट पर 159 रन बनाकर इसे बौना साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

मैथ्यूज ने 38 गेंदों पर 13 चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 77 रन बनाए जबकि साइवर ब्रंट ने 29 गेंदों पर नाबाद 55 रन की पारी खेली जिसमें नौ चौके और एक छक्का शामिल है। इन दोनों ने केवल 54 गेंदों पर 114 रन की अटूट साझेदारी की।

इससे पहले आरसीबी के अधिकतर बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत की लेकिन उनमें से कोई भी बड़ी पारी नहीं खेल पाया और उसकी पूरी टीम 18.4 ओवर में 155 रन पर आउट हो गई। आरसीबी अगर चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंच पाया तो उसका श्रेय निचले क्रम के बल्लेबाजों रिचा घोष (28), कनिका आहूजा (22), श्रेयंका पाटिल (23) और मेगान शट (20) को जाता है।

मुंबई की तरफ से ऑफ स्पिनर मैथ्यूज ने 26 रन देकर तीन विकेट लिए। उन्हें सैका इशाक (26 रन देकर दो) और अमेलिया केर ( 30 रन देकर दो) का अच्छा साथ मिला।

मुंबई में शुरू से आक्रामक रवैया अपनाया। मैथ्यूज के साथ यास्तिका भाटिया ( 19 गेंदों पर 23 रन) ने भी कुछ करारे शॉट जमाए और पहले विकेट के लिए 45 रन की साझेदारी की।

प्रीति बोस ने यास्तिका को पगबाधा आउट किया लेकिन इसका मैथ्यूज पर कोई असर नहीं पड़ा जिन्होंने मेगान शट पर लगातार दो चौके जमाए और फिर 26 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। साइवर ब्रंट ने श्रेयंका का स्वागत तीन चौकों से किया।

श्रेयंका जब अपना दूसरा ओवर करने आई तो इन दोनों ने उसमें 20 रन बटोरे। साइवर ब्रंट ने एलिस पैरी पर लगातार दो चौके जमा कर अपना अर्धशतक पूरा करने के साथ ही टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। आरसीबी की यह लगातार दूसरी हार है। उसे पहले मैच में दिल्ली कैपिटल्स से 60 रन से हार का सामना करना पड़ा था।

स्मृति मंधाना (17 गेंदों पर 23 रन, पांच चौके) ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला करने के बाद सोफी डिवाइन (11 गेंदों पर 16 रन, दो चौके, एक छक्का) के साथ पहले विकेट के लिए 39 रन की साझेदारी करके आरसीबी को तेजतर्रार शुरुआत दिलाई, लेकिन इसके बाद उसने आठ गेंदों के अंदर चार विकेट गंवा दिए।

मुंबई की पिछले मैच में गुजरात जायंट्स के खिलाफ जीत में 11 रन देकर चार विकेट लेने वाली बाएं हाथ की स्पिनर सैका इशाक ने डिवाइन को सीमा रेखा पर कैच कराने के बाद दिशा कसाट को बोल्ड किया। हेली मैथ्यूज ने अगले ओवर में मंधाना और हीथर नाइट को लगातार गेंदों पर आउट करके आरसीबी का स्कोर चार विकेट पर 43 रन कर दिया।

एलिस पेरी (सात गेंदों पर 13 रन) ने रिचा के साथ मिलकर कुछ करारे शॉट जमाए लेकिन तेजी से रन चुराने के प्रयास में ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर रन आउट हो गई।

रिचा ने कनिका आहूजा के साथ छठे विकेट के लिए 34 रन की साझेदारी की। कनिका ने पूजा वस्त्राकर की गेंद पर विकेटकीपर को कैच देने से पहले 13 गेंदों पर 22 रन बनाए जिसमें तीन चौके और अमेलिया केर पर लगाया गया दर्शनीय छक्का शामिल है।

आरसीबी का दारोमदार रिचा पर था लेकिन मैथ्यूज ने अपने दूसरे स्पेल इस आक्रामक विकेटकीपर बल्लेबाज को पवेलियन की राह दिखा दी। रिचा ने अपनी 26 गेंद की पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया।

श्रेयंका पाटिल ने 15 गेंदों पर चार चौके जड़कर अपनी बल्लेबाजी क्षमता का परिचय दिया। उन्होंने आउट होने से पहले मेगान के साथ 34 रन की उपयोगी साझेदारी की। केर ने रेणुका सिंह और मेगान को आउट करके आरसीबी की पारी का अंत किया।

******************************

 

सितारों से भरी मुंबई इंडियंस टीम में मुझे स्वाभाविक खेल दिखाने की छूट : मैथ्यूज

मुंबई, 07 मार्च (एजेंसी)। मुंबई इंडियंस की सलामी बल्लेबाज हीली मैथ्यूज का कहना है कि उनकी टीम की बल्लेबाजी में गहराई होने की वजह से उन्हें अपना स्वाभाविक खेल दिखाने में मदद मिल रही है ।

बारबाडोस की इस बल्लेबाज ने गुजरात जाइंट्स के खिलाफ पहले मैच में 31 गेंद में 47 रन बनाये और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर क खिलाफ 38 गेंद में 77 रन की नाबाद पारी खेली ।

उन्होंने जीत के बाद कहा , हमारी टीम में कई सितारे हैं । इससे मुझे शीर्ष क्रम पर खुलकर खेलने की सहूलियत मिल जाती है ।

उन्होंने कहा , पिछले कुछ सप्ताह वेस्टइंडीज के लिये खेलते हुए मैने अपनी बल्लेबाजी पर काफी मेहनत की है और बड़े स्कोर बनाये हैं । मैने उसी लय को कायम रखने की कोशिश की । यहां की विकेट दक्षिण अफ्रीका से काफी बेहतर है जिससे बहुत मदद मिली । मेरा आत्मविश्वास भी बढा है।

मैथ्यूज ने कहा कि ब्रेबोर्न स्टेडियम जैसी पिच पर 175 या 180 रन का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है ।

उन्होंने कहा , यह बल्लेबाजी के लिये अच्छी विकेट है जिस पर 170 से 180 रन बनाये जा सकते हैं । हमारी बल्लेबाजी में गहराई है । मैं और नैट ( स्किवेर ब्रंट ) यह काम बखूबी कर सकते हैं ।

वहीं आरसीबी के मुख्य कोच बेन स्वायेर ने स्वीकार किया कि भारत के घरेलू खिलाडिय़ों के लिये चुनौती आसान नहीं है । आरसीबी ने स्मृति मंधाना, रिचा घोष और एलिसे पेरी पर काफी खर्च किया है ।

स्वायेर ने कहा , हम ऐसी शुरूआत नहीं चाहते थे लेकिन नये खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं । उनके लिये यह बड़ी चुनौती है । अब उनके पास अनुभव है लेकिन आठवें ओवर से पहले सभी विदेशी खिलाडिय़ों के आउट होने से उन पर दबाव बना ।

********************************

 

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के लिए सरकार ने जारी की गाइडलाइन

*सेलिब्रिटी, इन्फ्लुएंसर नहीं कर सकेंगे गुमराह*

नईदिल्ली,07 मार्च (एजेंसी)। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म किसी प्रोडक्ट का प्रचार करने को लेकर सरकार ने सख्ती दिखाई है। अब कोई सेलिब्रिटी या इन्फ्लुएंसर जो किसी प्रोडक्ट को सोशल मीडिया पर इंडॉर्स करेंगे उन्हें सावधानी बरतनी होगी।

मिनिस्ट्री ऑफ कंज्यूमर अफेयर्स, फूड एंड पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन के तहत डिपार्टमेंट ऑफ कंज्यूमर अफेयर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सेलिब्रिटी, इन्फ्लुएंसर और वर्चुअल इन्फ्लुएंसर्स के लिए गाइडलाइन जारी किया है। सरकार ने ये गाइडलाइंस इस उद्देश्य से जारी कि है कि कि किसी भी उत्पाद या सेवाओं का विज्ञापन करने वाले सेलेब्रेटी या इंफ्लूएंर्स दर्शकों को गुमराह न करें और वे उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम और किसी भी संबंधित नियमों या गाइडलाइन के कंप्लायंस में हों।

गाइडलाइन के मुताबिक, एंडोर्समेंट सरल और स्पष्ट भाषा में किया जाना चाहिए, और विज्ञापन, स्पॉन्सर्ड, सहयोग या पेड प्रोमोशन जैसे शब्दों का उपयोग किया जा सकता है. इंडिविजुएल को किसी भी प्रोडक्ट या सर्विस को एंडोर्स नहीं करना चाहिए जिसका उन्होंने व्यक्तिगत रूप से उपयोग या अनुभव नहीं किया है या जिसमें उनके द्वारा उचित परिश्रम नहीं किया गया है।

साथ ही मौजूदा समय में किस प्रकार की साझेदारी के लिए किस डिस्क्लेमर शब्द का उपयोग किया जाए, इसे लेकर भ्रम की स्थिति है। इसलिए, पेड या बार्टर ब्रांड एंडोर्समेंट के लिए इनमें से किसी भी डिक्लेमर किए जाने वाले शब्द- विज्ञापन, ऐड, स्पॉन्सर्ड, सहयोग, या पार्टनरशिप का उपयोग किया जा सकता है, हालांकि, शब्द को हैशटैग या हेडलाइन टेक्स्ट के रूप में दर्शाया जाना चाहिए।

गाइडलाइन के अनुसार, व्यक्तियों या समूहों के पास दर्शकों तक पहुंच है और इन्फ्लुएंसर और सेलिब्रिटी के अधिकार, ज्ञान, स्थिति या रिश्ते के कारण किसी उत्पाद, सेवा, ब्रांड या अनुभव के बारे में अपने दर्शकों के खरीदारी के फैसले या राय को प्रभावित करने की शक्ति है, जिसके बारे में उन्हें अपने दर्शकों के साथ, खुलासा करना चाहिए।

डिस्क्लेमर संदेश में इस तरह से रखा जाना चाहिए जो स्पष्ट, प्रमुख और याद करने में पूरी तरह से उचित हो। खुलासे को हैशटैग या लिंक के समूह के साथ नहीं मिलाया जाना चाहिए. किसी तस्वीर में एंडोर्समेंट के लिए डिस्क्लेमर को छवि पर पर्याप्त रूप से प्रदर्शित किया जाना चाहिए ताकि दर्शक उसे नोटिस कर सकें। किसी वीडियो या लाइव स्ट्रीम में एंडोर्समेंट के लिए डिस्क्लेमर ऑडियो और वीडियो दोनों रूप में किया जाना चाहिए और पूरी स्ट्रीम के दौरान लगातार और प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाना चाहिए।

*****************************

 

मुद्रास्फीति नरम पडऩे से निजी खपत में आई तेजी; ग्रामीण इलाकों में मांग बढ़ी

*किसानों को गेहूं का अच्छा मूल्य मिलने की संभावना है, क्योंकि कीमतें ऊंची हैं*

नईदिल्ली,07 मार्च (एजेंसी)। कुछ उपभोक्ता उत्पाद कंपनियों की बिक्री के आंकड़े पर नजर डालें तो पता चलता है कि वर्ष 2023 के पहले दो महीनों में भारत में निजी खपत पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले बढ़ी है।

कंपनियों के मुख्य कार्याधिकारियों (सीईओ) का कहना है कि आगामी तिमाहियों के लिए परिदृश्य सकारात्मक है, क्योंकि जिंस कीमतों में कमजोरी आई है और ग्रामीण आय सुधरी है।

केंद्र सरकार द्वारा पूंजीगत खर्च वृद्धि को बढ़ावा दिए जाने से सीईओ इसे लेकर आशान्वित हैं कि आगामी महीनों में उपभोक्ता खर्च बढ़ेगा।
पारले प्रोडक्ट्स के वरिष्ठ कैटेगरी प्रमुख मयंक शाह का कहना है, ‘खासकर ग्रामीण इलाकों में मांग में फिर से तेजी आई है, क्योंकि रबी फसल की कटाई होने लगी है। इस साल गेहूं की फसल अच्छी है। किसानों को गेहूं का अच्छा मूल्य मिलने की संभावना है, क्योंकि कीमतें ऊंची हैं। धारणा जनवरी से ही सकारात्मक बनी हुई है। हमने मांग में सुधार दर्ज किया है। मांग दीवाली के बाद प्रभावित हुई थी, लेकिन अब सुधार आया है।

पहले दो महीनों के आंकड़े से मजबूत वाहन बिक्री, विद्युत खपत, और अन्य उपभोक्ता वस्तु बिक्री में तेजी आने का पता चलता है।
केयर रेटिंग्स के विश्लेषकों का कहना है कि ग्रामीण-शहरी बेरोजगारी दर में कमी, उपभोक्ता विश्वास में सुधार, और मुद्रास्फीति नरम पडऩे की उम्मीदों से खपत को मदद मिली है।

मुख्य कार्याधिकारियों का कहना है कि अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में शहरी वृद्धि 8 प्रतिशत से बढ़कर 10 प्रतिशत, ग्रामीण वृद्धि 3 प्रतिशत से बढ़कर 5 प्रतिशत पर पहुंच गई। उनका कहना है कि भले ही बढ़ती कीमतों से उपभोक्ता प्रभावित हुए हैं, लेकिन कीमतों में नरमी आने के संकेत दिखे हैं।

हिंदुस्तान यूनिलीवर के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्याधिकारी संजीव मेहता का कहना है, ‘2023 की पहली छमाही में, कीमत वृद्धि होगी, भले ही यह निचले स्तर पर रहेगी। इसलिए, मुद्रास्फीति की दर कम रहेगी। लेकिन हम अभी भी उस स्तर तक नहीं पहुंचे हैं, जहां हम यह कह सकें कि जिंस कीमतों में कमी आने लगी है।

मेहता का कहना है अगले दो वर्ष की अवधि में कीमत वृद्धि कम होगी, लेकिन बिक्री वृद्धि में सुधार आना शुरू होगा, बशर्ते कि कंपनियां कम जिंस कीमतों का लाभ उपभोक्ताओं को मुहैया कराएं।

उनका कहना है, ‘हमें जिंस कीमतों में गिरावट के लिए प्रमुख कारक की जरूरत होगी। यदि रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त हो जाता है तो जिंस कीमतों में गिरावट आएगी।

उन्होंने कहा, ‘मेरा मानना है कि कैलेंडर वर्ष की दूसरी छमाही में बिक्री वृद्धि बेहतर रहेगी। जब जिंस कीमतें नीचे आती हैं, तो हम बिक्री वृद्धि की रफ्तार मजबूत होने की उम्मीद कर सकते हैं।

*****************************

 

बाजार में भारी उठापटक के बावजूद शेयरों में म्युचुअल फंड निवेश 1.5 लाख करोड़ के पार

नईदिल्ली,07 मार्च (एजेंसी)। चालू वित्त वर्ष के दौरान शेयर बाजार में तमाम उठापटक और बाधाओं के बावजूद शेयर बाजार पर देसी म्युचुअल फंडों का भरोसा बना हुआ है। वित्त वर्ष 2023 में म्युचुअल फंडों ने शेयरों में 1.5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा शुद्ध निवेश किया है। यह लगातार दूसरा साल है, जब इतना अधिक निवेश हुआ है।

भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक वित्त वर्ष 2023 में 1 मार्च तक म्युचुअल फंडों ने शेयरों में 1.53 लाख करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया है, जबकि वित्त वर्ष 2022 में 1.72 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया गया था। वित्त वर्ष 2015 से अभी तक केवल वित्त वर्ष 2021 को छोड़कर (2021 में 1.21 लाख करोड़ रुपये की बिकवाली की गई थी) म्युचुअल फंड शेयरों के शुद्ध लिवाल रहे। आंकड़ों से पता चलता है कि वित्त वर्ष 2015 से वित्त वर्ष 2023 तक पिछले 9 वित्त वर्ष में म्युचुअल फंडों ने देसी शेयर बाजार में 6.90 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया है।

मिरे ऐसेट इन्वेस्टमेंट मैनेजर्स (इंडिया) के मुख्य कार्याधिकारी और निदेशक स्वरूप मोहंती मानते हैं कि भारत में मजबूत आर्थिक वृद्धि देखकर म्युचुअल फंडों का शेयर बाजार में भरोसा बढ़ा है और उनके निवेश में तेजी आई है। मोहंती ने कहा, ‘मजबूत आर्थिक पैमानों के अलावा शेयरों में लगातार निवेश बढऩे के पीछे खुदरा निवेशकों के व्यवहार में बदलाव भी अहम है, जो पिछले कई वर्षों से सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (एसआईपी) के जरिये म्युचुअल फंडों में लगातार निवेश कर रहे हैं। इसने देसी शेयर बाजार का ढांचा बदल दिया है। इससे हर बार गिरावट के दौरान बाजार को म्युचुअल फंडों के निवेश से थोड़ी राहत मिलती है।

दूसरी ओर विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने चालू वित्त वर्ष में जमकर बिकवाली की है और शेयर बाजार से अभी तक 36,538 करोड़ रुपये निकाल लिए हैं। एनएसडीएल के आंकड़ों के अनुसार वित्त वर्ष 2022 में उन्होंने 1.42 लाख करोड़ रुपये की निकासी की थी।

तुलनात्मक आधार पर देखें तो बाजार में भारी उतार-चढ़ाव के बावजूद पिछले दो वित्त वर्ष (मार्च 2021 से) में म्युचुअल फंडों ने देसी शेयर बाजार में 3.25 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया है, जबकि विदेशी निवेशकों ने इस दौरान 1.78 लाख करोड़ रुपये निकाले हैं। इसकी वजह से चालू वित्त वर्ष में बीएसई सेंसेक्स 2.12 फीसदी बढ़ा है, जबकि बीएसई मिडकैप में 2 फीसदी की तेजी आई है। स्मॉलकैप सूचकांक 2.3 फीसदी गिरा है।

ऐसे में सवाल उठता है कि वित्त वर्ष 2024 में शेयर बाजार का रुख कैसा रहेगा। क्या बाजार में म्युचुअल फंडों का निवेश बरकरार रहेगा? विदेशी निवेश की क्या स्थिति रहेगी?

मोहंती मानते हैं कि वित्त वर्ष 2024 थोड़ा अलग रह सकता है। अगले वित्त वर्ष में अर्थव्यवस्था की वृद्धि की रफ्तार थोड़ी नरम पड़ सकती है, जिसका असर शेयर बाजार में निवेश पर भी दिख सकता है।

उन्होंने कहा, ‘पिछले दो साल में शेयर बाजार में निवेश शुरू करने वाले निवेशकों को लाभ नहीं हुआ है। आंकड़ों से पता चलता है कि वैश्विक अर्थव्यवस्था भी ज्यादा मजबूत नहीं है। निवेशक इसे ध्यान में रखते हुए शेयर बाजार में निवेश कम कर सकते हैं।’

बीएनपी पारिबा में भारत में इक्विटी शोध प्रमुख कुणाल वोरा ने कहा, ‘घरेलू बाजार में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की हिस्सेदारी दशक में सबसे कम है। चीन के बाजार खुलने और भारत में शेयरों का मूल्यांकन ज्यादा होने से विदेशी निवेशक 2023 में भी बिकवाली जारी रख सकते हैं।

***************************

भारतीय-अमेरिकी ने अमेरिका में आयर जिला कोर्ट की पहली न्यायाधीश के रूप में शपथ ली

न्यूयॉर्क 06 मार्च (एजेंसी)। भारतीय-अमेरिकी न्यायाधीश तेजल मेहता ने अमेरिकी राज्य मैसाचुसेट्स में आयर जिला न्यायालय के पहले न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। मेहता, जिन्होंने उसी अदालत में सहायक न्यायाधीश के रूप में कार्य किया था, उन्हें सर्वसम्मति से चुना गया और 2 मार्च को जिला न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश स्टेसी फोर्ट्स द्वारा शपथ दिलाई गई।

फोर्टेस ने कहा, मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में आयर जिला न्यायालय अच्छा काम करेगा।

समारोह में मेहता के परिवार के कई सदस्यों ने भाग लिया, जिसमें उनकी 14 वर्षीय बेटी मीना शेठ भी शामिल थी, जो समारोह के वक्ताओं में शामिल थी।

मेहता को लॉवेल सन में यह कहते हुए सुना गया कि एक वकील के रूप में आप लोगों की मदद कर सकते हैं, लेकिन आप केवल एक हद तक ही उनकी मदद कर सकते हैं।

एक न्यायाधीश के रूप में, आप बहुत कुछ कर सकते हैं और मुद्दों की जड़ तक पहुंच सकते हैं और लोगों से इस तरह से बात कर सकते हैं जो वास्तव में उन तक पहुंच सके।

मेहता ने कहा कि उनका लक्ष्य उस समुदाय पर सकारात्मक प्रभाव डालना है जिसके साथ वह बढ़ी हैं।

मैंने हर उस अदालत में आशा और निराशा देखी है जिसमें मैं एक न्यायाधीश के रूप में बैठी हूं। लेकिन जब आप पहले न्यायकर्ता होते हैं, तो आप वास्तव में समुदाय को जान सकते हैं और वास्तविक प्रभाव डाल सकते हैं।

एक केमिस्ट पिता और एक अस्पताल में काम करने वाली मां के घर जन्मीं, मेहता ने 1997 में नोट्रे डेम विश्वविद्यालय से अंग्रेजी में स्नातक की उपाधि प्राप्त की।

इसके बाद, उन्होंने 2000 में बोस्टन यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ लॉ में एक जेडी पूरा किया।

लॉ स्कूल से स्नातक करने के बाद, मेहता ने अपना कानूनी करियर सफोल्क काउंटी सुपीरियर कोर्ट के सहायक क्लर्क के रूप में शुरू किया।
2005 में, भारतीय-अमेरिकी न्यायाधीश मिडलसेक्स काउंटी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी के कार्यालय में सहायक जिला अटॉर्नी के रूप में शामिल हुईं।
उनकी सदस्यता में मैसाचुसेट्स बार एसोसिएशन और दक्षिण एशियाई बार एसोसिएशन शामिल थे।

वह बार ओवरसियर के बोर्ड के साथ-साथ बेडफोर्ड मॉन्टेसरी स्कूल के कार्यकारी बोर्ड में भी बैठी। पूरे देश में 94 जिला अदालतें, 13 सर्किट कोर्ट और एक सुप्रीम कोर्ट हैं।

वे सिविल और आपराधिक दोनों संघीय अदालत प्रणाली के भीतर मुकदमों को संभालेंगी।

*******************************

 

बलूचिस्तान में बम धमाका, पुलिस वाहन को बनाया निशाना- 4 की मौत, 15 घायल

इस्लामाबाद 06 मार्च (एजेंसी)। पाकिस्तान के बलूचिस्तान में बम धमाका हुआ है, जिसमें 4 लोगों के मारे जाने की खबर है। इसके अलावा 15 लोग जख्मी हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में एडमिट कराया गया है।

यह धमाका बलूचिस्तान के बोलान में हुआ।

हमलावरों ने बलूचिस्तान पुलिस के एक वाहन को निशाना बनाकर धमाका किया था।

ये सभी पुलिसकर्मी क्वेटा में अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद लौट रहे थे।

************************

 

सोलन के धर्मपुर में बेकाबू इनोवा ने सड़क किनारे खड़े मजदूरों को रौंदा, 5 की मौत, 4 गंभीर घायल

सोलन,07 मार्च (एजेंसी)। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में एक बड़ा हादसा होने का समाचार प्राप्त हुआ है। सोलन के धर्मपुर में कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें एक इनोवा तेज रफ्तार गाड़ी ने राहगीरों को रौंद दिया है।

जानकारी के अनुसार घटना में 5 लोगों की मौके पर मौत होने का समाचार है, जबकि 2 लोगों को पीजीआई रेफर किया गया। वहीं 2 अन्य घायल जिला अस्पताल में दाखिल है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह भीषण सड़क हादसा मंगलवार सुबह 10 बजे के करीब पेश आया है। तेज रफ्तार गाड़ी शिमला की तरफ जा रही थी। इस दौरान गाड़ी ने अपना नियंत्रण खो दिया और हाईवे किनारे जा रहे लोगों को रौंद दिया।

घटना के दौरान 9 लोगों को रौंदा गया है। जिसमें 5 की मौत हो गई जबकि 4 गंभीर घायल है। मृतकों व घायलों की पहचान अभी हो नहीं पाई है। पुलिस कार्रवाई कर रही है।

********************************

 

गृह मंत्रालय ने कैदियों के आधार प्रमाणीकरण के लिए राज्यों को किया अधिकृत

नई दिल्ली ,07 मार्च (एजेंसी)। केंद्र सरकार ने राज्य सरकारों को स्वैच्छिक आधार पर जेल के कैदियों का आधार प्रमाणीकरण करने के लिए अधिकृत किया है। इसके जरिए वो अन्य सेवाओं के अलावा स्वास्थ्य देखभाल, कौशल, व्यावसायिक प्रशिक्षण, मुलाकातियों के साथ मिलने और कानूनी सहायता प्राप्त कर सकेंगे।

गृह मंत्रालय ने इसको लेकर अधिसूचना जारी की है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अपनी अधिसूचना में कहा कि वित्तीय और अन्य लाभ और सेवाओं में सब्सिडी के लक्षित वितरण के लिए गुड गवर्नेंस (समाज कल्याण, नवाचार, ज्ञान) नियम, 2020 में आधार प्रमाणीकरण के नियम 5 के तहत यह निर्णय लिया गया है। इसमें कहा गया है कि स्वैच्छिक आधार पर जेल के कैदियों का आधार प्रमाणीकरण किया जाएगा ताकि उन्हें जरूरी सुविधाएं मिल सके।

अधिसूचना में कहा गया है कि कैदियों को अन्य बातों के साथ, विभिन्न सुविधाओं को प्रदान करने हेतु, जैसे सुधारात्मक सुधार उपाय, स्वास्थ्य, कौशल, व्यावसायिक प्रशिक्षण, मुलाकातियों के साथ मिलने, कानूनी सहायता, आदि जिनके वे हकदार हैं, उनके आधार अधिप्रमाणन निष्पादन के लिए सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के कारागार विभाग, कैदियों के आधार अधिप्रमाणन निष्पादन हेतु अधिकृत होंगे।

*****************************

 

ईडी ने तिहाड़ जेल में मनीष सिसोदिया से की पूछताछ

*आबकारी मामला*

नयी दिल्ली,07 मार्च (एजेंसी)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली आबकारी नीति में कथित अनियमितताओं से जुड़े धन शोधन मामले में मंगलवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से पूछताछ की और उनका बयान दर्ज किया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि संघीय जांच एजेंसी ने इस मामले में एक और गिरफ्तारी की है। उसने सोमवार की शाम को हैदराबाद के शराब कारोबारी अरुण रामचंद्र पिल्लई को हिरासत में लिया है।

ईडी के अधिकारी धन शोधन रोकथाम कानून के तहत सिसोदिया का बयान दर्ज करने के लिए तिहाड़ जेल पहुंचे। सीबीआई ने 2021-22 के लिए आबकारी नीति बनाने और इसके क्रियान्वयन में कथित भ्रष्टाचार के संबंध में 26 फरवरी को सिसोदिया को गिरफ्तार किया था और वह 20 मार्च न्यायिक हिरासत में हैं। ईडी ने आम आदमी पार्टी (आप) के 51 वर्षीय नेता से पूछताछ के लिए अदालत से अनुमति ले ली है।

सिसोदिया जेल की कोठरी संख्या एक में बंद हैं। ऐसी संभावना है कि एजेंसी ने उनसे कथित तौर पर सेलफोन बदलने और उन्हें नष्ट करने तथा दिल्ली के आबकारी मंत्री के तौर पर लिए नीतिगत निर्णयों और समयसीमा का पालन किए जाने को लेकर पूछताछ की। ईडी ने अदालत में दाखिल अपने पूरक आरोपपत्र में ये आरोप लगाए थे। अगर जांच अधिकारी को ”यह मानने की वजहें मिलती हैं कि व्यक्ति धन शोधन के अपराध का ‘दोषी’ है तो ईडी पीएमएलए की धारा 19 लगा सकती है जिसके तहत उसे मामले में शामिल या आरोपी लोगों को गिरफ्तार करने की अनुमति मिल जाती है।

सीबीआई ने सिसोदिया की हिरासत के दौरान आबकारी नीति में कथित गड़बड़ी के संबंध में उनका सामना उनके पूर्व सचिव सी अरविंद और तत्कालीन आबकारी आयुक्त आरव गोपी कृष्ण से कराया था। सीबीआई ने पिछले साल 25 नवंबर को दर्ज किए गए मामले के आरोपपत्र में सिसोदिया को आरोपी के तौर पर नामजद नहीं किया।

ऐसा आरोप है कि दिल्ली सरकार की शराब कारोबारियों को लाइसेंस देने के लिए 2021-22 की आबकारी नीति से उद्यमियों को सांठगांठ करने का अवसर दिया गया तथा कुछ डीलरों को अनुचित लाभ पहुंचाया गया जिन्होंने इसके लिए कथित तौर पर घूस दी। बहरहाल, आम आदमी पार्टी (आप) ने इस आरोप का जोरदार खंडन किया है। बाद में यह नीति रद्द कर दी गयी और दिल्ली के उपराज्यपाल ने सीबीआई जांच की सिफारिश की जिसके बाद ईडी ने पीएमएलए के तहत आरोपियों के खिलाफ एक मामला दर्ज किया।

इस बीच, अरुण पिल्लई को लंबी पूछताछ के बाद सोमवार शाम को धन शोधन रोकथाम कानून (पीएमएलए) की आपराधिक धाराओं के तहत हिरासत में लिया गया। ईडी द्वारा इस मामले में यह 11वीं गिरफ्तारी है। पिल्लई ‘रॉबिन डिस्टिलरीज एलएलपी नामक कंपनी में साझेदार हैं।

ईडी ने दावा किया कि यह कंपनी तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी एवं विधान परिषद सदस्य के. कविता और अन्य से जुड़े कथित शराब कार्टल ‘साउथ ग्रुप का प्रतिनिधित्व करती है।

पिल्लई गिरफ्तार शराब कारोबारी समीर महंदरू, उनकी पत्नी गीतिका महंदरू और उनकी कंपनी इंडोस्प्रिरिट ग्रुप से भी जुड़ा है। सूत्रों ने बताया कि पिल्लई को एक स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा, जहां ईडी पूछताछ के लिए उनकी हिरासत देने का अनुरोध करेगी।

*****************************

 

फिजी से भारत प्रत्यर्पित पर्ल समूह का निदेशक हरचंद सिंह गिल गिरफ्तार

*पोंजी घोटाला*

नयी दिल्ली,07 मार्च (एजेंसी)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मंगलवार को करोड़ों के चिट फंड मामले में पर्ल ग्रुप के तत्कालीन निदेशक हरचंद सिंह गिल को नई दिल्ली आने पर गिरफ्तार कर लिया।

फिजी से निर्वासित किए जाने के बाद अभियुक्त को भारत वापस लाया गया। एजेंसी ने 19 फरवरी, 2019 को पर्ल ग्रुप के तत्कालीन अध्यक्ष/सीएमडी और प्रमोटर/निदेशक और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

गिरफ्तार अभियुक्त को मंगलवार को राउज एवेन्यू डिस्ट्रिक्ट कोर्ट्स में पेश किया जाएगा। इससे पहले 4 मार्च को प्रवर्तन निदेशालय ने कोलकाता, सिलीगुड़ी, हावड़ा और आगरा में दो चिट-फंड कंपनियों के 15 परिसरों की तलाशी ली थी।

**************************

 

हमारा गुमनाम लोकतंत्र जिंदाबाद

*चुनावी बॉन्ड को लेकर चिदंबरम का कटाक्ष*

नईदिल्ली,07 मार्च (एजेंसी)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने चुनावी बॉन्ड के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी को मिले चंदे का उल्लेख करते हुए मंगलवार को दावा किया कि यह चंदा और इसकी एवज में लाभ गोपनीय तरीके से दिया और लिया जाता है। पूर्व वित्त मंत्री ने कटाक्ष करते हुए यह भी कहा कि हमारा गुमनाम लोकतंत्र जिंदाबाद।

उन्होंने ट्वीट किया, अब तक 12,000 करोड़ रुपये की कीमत के चुनावी बॉन्ड बिके हैं। इनका ज्यादातर हिस्सा कारोबारी समूहों ने खरीदा और भाजपा को गुपचुप तरीके से चंदा दे दिया।

कांग्रेस नेता ने कहा, कारोबारी समूह गैर-पारदर्शी चुनावी बॉन्ड व्यवस्था के जरिये चंदा देने के लिए आतुर क्यों हैं? कॉरपोरेट समूह चुनावी बॉन्ड के जरिये चंदा इसलिए नहीं देते कि वे लोकतंत्र से प्यार करते हैं। कॉरपोरेट चंदा उन लाभ का आभार जताने का एक माध्यम होता है, जो उन्हें अतीत के वर्षों में मिले हैं।

चिदंबरम ने कटाक्ष करते हुए कहा, यह स्पष्ट समझौता है। लाभ गुपचुप ढंग से पहुंचाए जाते हैं। इनाम भी गोपनीय तरीके से मिलता है। हमारा गुमनाम लोकतंत्र जिंदाबाद।

*****************************

 

होली पर 491 फेरे लगाएंगी 196 विशेष ट्रेन

*विशेष ट्रेन देशभर के महत्वपूर्ण गंतव्यों को जोड़ेंगी*

नईदिल्ली,07 मार्च (एजेंसी)। होली के त्योहार के दौरान रेल यात्रियों की सुविधा और भीड़ कम करने के लिए 196 विशेष ट्रेन 491 फेरे लगाएंगी। रेलवे के अनुसार, विशेष ट्रेन देशभर के महत्वपूर्ण गंतव्यों को जोड़ेंगी।

रेल मंत्रालय ने एक बयान में कहा, होली के त्योहार के मौके पर रेल यात्रियों की सुविधा और यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को कम करने के लिए भारतीय रेलवे 196 विशेष ट्रेन के 491 फेरे चला रहा है।

बयान के मुताबिक, देशभर के प्रमुख स्थलों जैसे दिल्ली-पटना, दिल्ली-भागलपुर, दिल्ली-मुजफ्फरपुर, दिल्ली-सहरसा, गोरखपुर-मुंबई, कोलकाता-पुरी, गुवाहाटी-रांची, नयी दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा, जयपुर- बांद्रा टर्मिनस, पुणे-दानापुर आदि को जोडऩे के लिए विशेष ट्रेन चलाई जाएंगी।

रेलवे ने अनारक्षित डिब्बों में यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से चढ़ाने के लिए आरपीएफ (रेलवे पुलिस बल) के कर्मचारियों की देखरेख में टर्मिनस स्टेशन पर कतारें लगवाने सहित भीड़ नियंत्रण के विभिन्न उपाय लागू किए हैं।

मंत्रालय के अनुसार, ट्रेन का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख स्टेशनों पर अधिकारियों को आपातकालीन ड्यूटी में तैनात किया गया है।

***********************************

 

तिहाड़ जेल में मनीष सिसोदिया से पूछताछ करेगी ईडी

*आबकारी नीति मामला*

नईदिल्ली,07 मार्च (एजेंसी)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) दिल्ली आबकारी नीति में कथित अनियमितताओं से जुड़े धन शोधन मामले में मंगलवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से पूछताछ कर सकता है और उनका बयान दर्ज कर सकता है।

सूत्रों ने बताया कि संघीय जांच एजेंसी ने इस मामले में एक और गिरफ्तारी की है। उसने हैदराबाद के शराब कारोबारी अरुण रामचंद्र पिल्लई को हिरासत में लिया है।

ईडी के अधिकारी धन शोधन रोकथाम कानून के तहत सिसोदिया का बयान दर्ज करने के लिए दोपहर को तिहाड़ जेल पहुंचेंगे।

सीबीआई ने इस मामले में सिसोदिया को पिछले महीने गिरफ्तार किया था और वह अभी न्यायिक हिरासत में हैं।

पिल्लई को लंबी पूछताछ के बाद सोमवार शाम को धन शोधन रोकथाम कानून (पीएमएलए) की आपराधिक धाराओं के तहत हिरासत में लिया गया। ईडी द्वारा इस मामले में यह 11वीं गिरफ्तारी है।

सूत्रों ने बताया कि पिल्लई को एक स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा, जहां ईडी पूछताछ के लिए उनकी हिरासत देने का अनुरोध करेगी।

******************************

 

संगमा ने दूसरी बार मेघालय के मुख्यमंत्री के तौर पर ली शपथ

*कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे पीएम मोदी*

शिलांग, 07 मार्च (एजेंसी)। नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के नेता कोनराड के. संगमा ने मंगलवार को दूसरी बार मेघालय के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण की। संगमा के साथ 11 विधायकों ने मंत्रिपरिषद के सदस्यों के तौर पर शपथ ली।

एनपीपी के प्रेस्टोन तिनसोंग और स्नियाभलंग धार ने उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली, जो सत्ता में आए गठबंधन में क्षेत्रीय दल की ताकत को रेखांकित करता है। मेघालय के राज्यपाल फागू चौहान ने एनपीपी के सात अन्य विधायकों, यूनाइडेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीपी) के दो विधायकों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा हिल स्टेट पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (एचएसपीडीपी) के एक-एक विधायक को राजभवन में मंत्रिमंडल में सदस्यों के रूप में गोपनीयता की शपथ दिलाई।

मंत्री पद की शपथ लेने वालों में एनपीपी के मार्कुइस एन. मारक, रक्कम ए. संगमा, अम्पारेन लिंगदोह, कॉमिंगोन यंबन तथा ए. टी. मोंडल, भाजपा के ए. एल. हेक, यूडीपी के पॉल लिंगदोह तथा किरमेन श्याला और एचएसपीडीपी के शकलियर वर्जरी शामिल हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा और असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा भी शपथ समारोह में शामिल हुए। एनपीपी के नेतृत्व वाले गठबंधन में एनपीपी के 26 और भाजपा के दो सहित कुल 45 विधायक हैं। मेघालय विधानसभा के अस्थायी अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) टिमोथी डी. शिरा ने सोमवार को 58 नवनिर्वाचित सदस्यों पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी थी।

*************************

 

ईडी ने हैदराबाद के व्यवसायी अरुण पिल्लई को गिरफ्तार किया

*दिल्ली शराब घोटाला*

नई दिल्ली,07 मार्च (एजेंसी)। दिल्ली आबकारी नीति घोटाले के सिलसिले में एक ताजा घटनाक्रम में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को अरुण पिल्लई को गिरफ्तार कर लिया। ईडी द्वारा इस मामले में की गई यह 11वीं गिरफ्तारी है।

पिल्लई साउथ ग्रुप का प्रतिनिधित्व कर रहे थे, जिसने कथित तौर पर आप नेताओं को 100 करोड़ रुपये की घूस दी थी, जिसका इस्तेमाल गोवा चुनाव में किए जाने की आशंका है।

साउथ ग्रुप का प्रतिनिधित्व अभिषेक बोइनपल्ली, अरुण पिल्लई और बुची बाबू कर रहे थे। बोईनपल्ली ने विजय नायर (आम आदमी पार्टी के संचार प्रभारी) और उनके सहयोगी दिनेश अरोड़ा के साथ मिलीभगत और साजिश में कथित तौर पर 100 करोड़ दिए।

हाल ही में ईडी ने पिल्लई की हैदराबाद के वट्टीनगुलापल्ली में 2.25 करोड़ रुपये की जमीन कुर्क की थी।

पिल्लई को बाद में राउज एवेन्यू डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में पेश किया जाएगा। ईडी उनकी दो सप्ताह की हिरासत की मांग कर सकता है।

ब्रिंडको सेल्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक शराब कारोबारी अमनदीप ढल को 2 मार्च को ईडी ने गिरफ्तार किया था। सूत्रों ने बताया कि उनसे पूछताछ के बाद पिल्लई को गिरफ्तार किया गया।

ढल ने कथित तौर पर साउथ ग्रुप द्वारा दिए गए किकबैक में प्रमुख भूमिका निभाई। शराब नीति जारी होने से पहले ही उसे इसकी ड्राफ्ट कॉपी मिल गई थी। ढल ने कथित तौर पर बिनॉय बाबू के साथ ड्राफ्ट कॉपी साझा की। ईडी ने यह भी आरोप लगाया है कि उसने साउथ ग्रुप से विजय नायर की मुलाकात करवाई थी।

ईडी ने पूरक चार्जशीट में दावा किया है कि विजय नायर ने आप के नेताओं की ओर से साउथ ग्रुप से 100 करोड़ रुपये की घूस ली, जिसके प्रमुख चेहरे मगुनता श्रीनिवासुलु रेड्डी, राघव मगुंटा, सरथ रेड्डी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी के. कविता हैं।

****************************

 

सरकार की तर्ज पर कॉरपोरेट जगत को भी निवेश बढ़ाना चाहिए:पीएम मोदी

नई दिल्ली,07 मार्च (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत के कॉरपोरेट जगत को निवेश बढ़ाना चाहिए और बजट 2023-24 में दिए गए अवसरों का लाभ उठाना चाहिए.

बजट पर दसवें वेबिनार को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि सरकार ने पूंजीगत व्यय के लिए प्रावधान को बढ़ाकर दस लाख करोड़ रुपये कर दिया है जो अब तक का सर्वाधिक है.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं देश के निजी क्षेत्र से आह्वान करता हूं कि सरकार के समान वह भी अपनी ओर से निवेश बढ़ाए जिससे देश को इसका अधिक से अधिक लाभ मिल सके.

उन्होंने कहा कि देश में माल एवं सेवा कर (जीएसटी), आयकर और कॉरपोरेट कर में कमी की वजह से कर का भार उल्लेखनीय रूप से कम हुआ है. मोदी ने कहा कि इससे कर संग्रह में भी सुधार आया है.

2013-14 में सकल कर राजस्व करीब 11 लाख करोड़ रुपये था जो 2023-24 में 200 प्रतिशत बढ़कर 33 लाख करोड़ रुपये हो गया. व्यक्तिगत कर रिटर्न की संख्या भी 2013-14 के 3.5 करोड़ से बढ़कर 2020-21 में 6.5 करोड़ हो गई.

उन्होंने कहा कि कर का भुगतान करना एक ऐसा कर्तव्य है जो सीधे राष्ट्र निर्माण से जुड़ा है. कर के आधार में वृद्धि इस बात का सबूत है कि लोगों का सरकार में भरोसा है और वे मानते हैं कि उनके द्वारा दिए गए कर को जनकल्याण के लिए खर्च किया जाता है.

उन्होंने कहा कि रूपे और यूपीआई किफायती और अत्यधिक सुरक्षित प्रौद्योगिकी होने के साथ ही विश्व में हमारी पहचान भी हैं. नवाचार के लिए संभावनाओं को अपार बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यूपीआई को पूरी दुनिया के लिए वित्तीय समावेशन एवं सशक्तीकरण का साधन बनना चाहिए. उन्होंने कहा कि हमें इस दिशा में काम करना होगा.

*********************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज कोई शुभ समाचार सुनने को मिल सकता है। यदि आप नौकरी में परिवर्तन की तलाश में हैं तो आपको आज कोई अवसर मिल सकता है। धन निवेश से अच्छा लाभ मिलेगा। प्रबंधन क्षेत्र के छात्र अच्छा प्रदर्शन करेंगें। सहयोगात्मक भावना होगी। कुछ तनावपूर्ण रिश्तों का अंत संभव है। मानसिक संतुष्टि मिलेगी। स्वास्थ्य की तरफ ध्यान दें।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी ,वु , वे, वो)

इस अवधि में नियोजित कार्य बहुत अधिक परिणाम नहीं दिखाएगा, किन्तु परिणाम जो भी हों, सकारात्मक होंगें। आर्थिक लाभ प्राप्त करने के लिए दिन शुभ है। यदि आपने किसी को पैसे उधार दिए थे तो उसे पाने के लिए सौहार्दपूर्ण समझौता करना श्रेयकर रहेगा। कोर्ट के बाहर मुकदमे का निपटारा होगा।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आप अपनी नौकरी में बदलाव की उम्मीद कर सकते हैं। विदेश यात्रा भी संभव है। आप अपनी संभावनाओं के उत्थान की आशा भी कर सकते हैं क्योंकि आप अपनी वर्तमान नौकरी से अधिक पसंदीदा स्थान पर स्थानांतरित हो सकते हैं। आज आपके धन में बढ़ोत्तरी होगी। छात्र अपनी पढ़ाई में अच्छा करेंगे।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

व्यवसायियों को नए रुझान और रास्ते मिलेंगे जो उनकी नकदी में वृद्धि करेंगें। आज आपकी वित्तीय स्थिति बहुत मजबूत होगी। आपके द्वारा की गई बचत, आपके परिवार के लिए लाभकारी साबित होगी बुजुर्ग अपने बच्चों को सफलता प्राप्त करते हुए देख खुश होंगे।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज का दिन आपके लिए कुछ परेशानी लिए हो सकता है। काम के दौरान आप वैचारिक मतभेदों को लेकर अपने सहयोगियों के साथ संघर्ष में आ सकते हैं, इसलिए आपको व्यावहारिक रहने की आवश्यकता है। आपके कुछ दोस्त और रिश्तेदार आपके बारे में अलग राय रखेंगे और दूसरों का पक्ष ले सकते हैं।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज आप अपने अधीनस्थ अथवा सहयोगी को संवेदनशील मुद्दों को समझाने में मदद कर सकतें हैं। व्यापारी वर्ग ग्राहकों की पसंद में दिलचस्पी लेंगे और आसानी से आर्थिक लाभ अर्जित कर पाएंगे। अविवाहित युवक और युवतियों को अपना जीवन साथी मिल सकता है। आपको अपने रिश्तेदारों और दोस्तों से अच्छी ख़बरें मिलेंगीं।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज आपका आर्थिक पक्ष अस्थिर हो सकता है। आपके आलोचक और शत्रु आपके लिए समस्याएं पैदा करेंगे किन्तु आप कूटनीति के प्रयोग से उन्हें चुप करा सकते हैं। आपका दैनिक कार्यक्रम व्यस्त रहेगा। नौकरीपेशा जातक पूर्व में अपने द्वारा किए गए शुभ कृत्यों के लिए आज मान्यता प्राप्त करेंगे।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज खुद के लिए जोखिम लेने की क्षमताओं पर अंकुश लगाना बेहतर होगा। यदि आपने पहले से भी जोखिम उठाए हैं तो उन्हें उपयुक्त रूप से पुरस्कृत किया जाएगा। निवेश समझदारी से करें अन्यथा आर्थिक पक्ष अस्थिर हो सकता है। अपने काम की वजह से आपको लगातार यात्रा पर भी जाना पड़ सकता है।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज आप प्रेम संबंधों में लिप्त जातक अपने साथी के साथ भावनात्मक परिवेश में एक नया समीकरण विकसित कर पाएंगे। आज व्यावसायिक और व्यापारी सभी गतिविधियों में काफी प्रगति होने की संभावना है। आर्थिक रूप से भी आज का समय उत्कृष्ट है।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज व्यापारिक सन्दर्भ में विलय हो सकतें हैं। कठिन समय है, कार्य स्थल पर बार-बार परिवर्तन आपको भ्रमित कर सकता है। प्रेम संबंधों के लिए यह एक अच्छा समय है। बुजुर्ग अपनी संस्कृति, जीवन शैली और तीर्थयात्रा के प्रति अधिक रुचिवान होंगें। विवाहित जातकों को जीवनसाथी की तरफ से तनाव मिल सकता है।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आप व्यापारिक एवं व्यावसायिक सन्दर्भ में महत्वपूर्ण निर्णय ले सकते हैं। आप अपने प्रयासों से चौतरफा सफलता प्राप्त करेंगे और आपकी शक्तियां बढ़ेंगी। आप अपने द्वारा किए गए किसी भी निवेश में लाभ प्राप्त करेंगे और मन संतुष्ट एव शांत रहेगा। यदि आप एक जीवनसाथी की खोज कर रहे हैं, तो यह समय अच्छा है।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज का दिन आपके लिए शानदार साबित होगा। कठिन समय के बाद आखिरकार आप अपने चेहरे पर मुस्कान के साथ सुकून देख सकेंगे। आप अपनी कड़ी मेहनत और श्रम के लिए इनाम की उम्मीद कर सकते हैं। आपको अपनी नौकरी में पदोन्नति मिलेगी। प्रेम संबंधों में आप सावधानी बरतें।

*************************************

 

वादा पूरा न करने का आरोप आपराधिक कार्यवाही के लिए पर्याप्त नहीं : सुप्रीम कोर्ट

नई दिल्ली 06 मार्च, (एजेंसी)। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि केवल एक अनुबंध का उल्लंघन करने पर धोखाधड़ी का आपराधिक मुकदमा तब तक शुरू नहीं किया जा सकता, जब तक कि लेन-देन की शुरुआत में धोखाधड़ी का इरादा नहीं दिखाया गया हो। जोर देकर कहा गया है कि आपराधिक अदालतों का उद्देश्य सिविल विवादों को निपटाने के लिए पार्टियों पर दबाव डालना नहीं है। न्यायमूर्ति अभय एस. ओका और न्यायमूर्ति राजेश बिंदल की पीठ ने कहा : अनुबंध का उल्लंघन धोखाधड़ी के लिए आपराधिक अभियोजन को जन्म नहीं देता, जब तक कि लेन-देन की शुरुआत में धोखाधड़ी या बेईमानी का इरादा नहीं दिखाया गया हो। वादा पूरा करने में विफलता का आरोप आपराधिक कार्यवाही शुरू करने के लिए पर्याप्त नहीं है।

पीठ ने पाया कि पूरा विचार एक दीवानी विवाद को आपराधिक में बदलने और कथित रूप से भुगतान की गई राशि की वापसी के लिए अपीलकर्ता पर दबाव बनाने का प्रतीत होता है। इसमें कहा गया है, आपराधिक अदालतों का इस्तेमाल स्कोर निपटाने या दीवानी विवादों को निपटाने के लिए पार्टियों पर दबाव बनाने के लिए नहीं किया जाता है। जहां कहीं भी अपराधों की सामग्री बनती है, आपराधिक अदालतों को संज्ञान लेना होता है।

शीर्ष अदालत ने आईपीसी की धारा 420 (धोखाधड़ी), 120बी (आपराधिक साजिश) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत एक याचिकाकर्ता के खिलाफ प्राथमिकी रद्द करने से इनकार करते हुए पंजाब और हरियाणा अदालत के आदेश को खारिज करते हुए ये टिप्पणियां कीं। शीर्ष अदालत हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देने वाली सरबजीत कौर की याचिका पर सुनवाई कर रही थी और यह मामला जमीन की बिक्री से जुड़ा था।

याचिकाकर्ता ने मई 2013 में सुरेंद्र सिंह की पत्नी मलकीत कौर के साथ जमीन का एक प्लॉट खरीदने का समझौता किया था। बाद में उसने उसी जमीन को दर्शन सिंह की पत्नी को बेचने के लिए एक और समझौता किया। याचिकाकर्ता को 5 लाख रुपये और बाद में 75,000 रुपये और मिले।

समझौता नहीं होने पर दर्शन सिंह ने प्रॉपर्टी डीलर मनमोहन सिंह और रंजीत सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। 2016 में माना गया कि यह एक नागरिक विवाद था और किसी पुलिस कार्रवाई की जरूरत नहीं थी। इस शिकायत का खुलासा किए बिना दर्शन सिंह ने याचिकाकर्ता और प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी।

शीर्ष अदालत ने कहा :  रिकॉर्ड पर उपलब्ध तथ्यों से यह स्पष्ट है कि प्रतिवादी नंबर 2 (दर्शन सिंह) ने पहली शिकायत दर्ज होने के बाद से अपने मामले में सुधार किया था, जिसमें अपीलकर्ता के खिलाफ कोई आरोप नहीं था, बल्कि प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ शिकायतों में अपीलकर्ता के नाम का उल्लेख किया गया था।

पीठ ने कहा, विचाराधीन शिकायत, जिसके आधार पर एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी, बिक्री विलेख (सेल डीड) के पंजीकरण के लिए निर्धारित अंतिम तिथि के लगभग तीन साल बाद दर्ज की गई थी। ऐसे में कार्यवाही जारी रखने की अनुमति देना अदालत की प्रक्रिया का दुरुपयोग होगा।

शीर्ष अदालत ने अंत में कहा : इसलिए, हमारी राय में उच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेश को अलग रखा जाना चाहिए। अपीलकर्ता द्वारा प्राथमिकी को रद्द करने के लिए दायर याचिका को अनुमति देने का आदेश दिया गया है। परिणामस्वरूप, प्राथमिकी संख्या 430 दिनांक 16 अक्टूबर, 2017 और उसके बाद की सभी कार्यवाही को रद्द करने का आदेश दिया जाता है और अपील की अनुमति दी जाती है।

*******************************

 

सबका प्रतिक बन रही संवेदनशील सरकार : योगी आदित्यनाथ

गोरखपुर 06 मार्च, (एजेंसी)! उत्तर प्रदेश के  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने  आज गोरखपुर में कहा कि कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश की संवेदनशील सरकार सबका प्रतिक बन रही है और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, बेटी बचाओ.बेटी पढ़ाओ जैसे अभियान सरकार की इसी संवेदनशीलता के प्रयास हैं।

मुख्यमंत्री  सोमवार को  गोरखपुर में स्थित योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के 82 लाभार्थियों को लैपटॉप गिफ्ट करने, मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहन पुरस्कार राशि का चेक और बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ योजना के तहत 20 महिला मंगल दलों को स्पोर्ट्स किट वितरित करने के समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सदी की सबसे बड़ी महामारी कोरोना के दौरान जिन बच्चों ने अपने माता पिता दोनों या इनमें से किसी एक को खोया था या कोरोना काल में जो बच्चे किसी अन्य बीमारियों से निराश्रित हुए थे ! उन सभी के लिए प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना शुरू की।
उन्होंने कहा कि  इस योजना के तहत ऐसे बच्चों को प्रतिमाह 4000 रुपये छात्रवृत्ति स्वरूप दिए जा रहे हैं जबकि राज्य में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना ;सामान्य के अंतर्गत चयनित बच्चों को प्रतिमाह 2500 रुपये दिए जा रहे हैं जिनके माता. पिता दोनों या किसी एक की मृत्यु कोरोना काल में किसी अन्य कारणों से हुई। उन्होंने कहा कि  इसी योजना में 9वीं या इससे ऊपर की कक्षाओं में पढ़ रहे विद्यार्थियों को लैपटॉप देने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।

 

योगी ने कहा कि कोरोना ने पूरी दुनिया में बड़ी तबाही मचाई थी। कोई ऐसा देश नहीं जहां बड़ी संख्या में मौतें न हुई हों। इस संकट की परिस्थिति में दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत कोरोना प्रबंधन का बेहतरीन मॉडल पेश किया। फ्री टेस्ट, फ्री उपचार, फ्री वैक्सीन और फ्री राशन की व्यवस्था की गई। आज भी देश में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन का लाभ मिल रहा है। 200 करोड़ से अधिक वैक्सीन की डोज मुफ्त दी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना प्रबंधन के दौरान अनेक नवाचार भी हुए। पहले लॉकडाउन फिर जहां बीमार.वहीं उपचार के साथ ही भरण पोषण भत्ता देने की व्यवस्था बनाई गई कोरोना से जो बच्चे निराश्रित हुए उनकी परवरिश का बड़ा प्रश्न था। इसके लिए मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना की शुरुआत की गई। आज हर तीसरे माह बच्चों के भरण पोषण व पढ़ाई के लिए धनराशि खातों में पहुंच जा रही है।
उन्होंने बताया कि गोरखपुर में 603 बच्चों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और 218 को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना ;सामान्य का लाभ मिल रहा है। वर्ष 2021.22 में 115 बच्चों को लैपटॉप दिया गया था आज 82 बच्चों को लैपटॉप प्राप्त हो रहा है।
योगी ने कहा लैपटॉप मिलना डिजिटल दुनिया से संवाद बनाने का अच्छा अवसर है। उन्होंने बच्चों को डिजिटल लाइब्रेरी से जुडऩे की नसीहत देते हुए कहा कि  दुनिया ज्ञान का अथाह भंडार है। इससे तारतम्य स्थापित कर लिया जाए तो कुछ भी असंभव नहीं है।
बच्चों को प्रेरित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना की त्रासदी को भूलकर नई दिशा में आगे बढऩे की जरूरत है। आपको 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने के बाद 23 वर्ष होने तक पीएम केयर्स फंड से भी अच्छी धनराशि मिलेगी। उन्होंने कहा कि माता पिता की कमी कोई पूरा नहीं कर सकता लेकिन सरकार से मिलने वाली यह धनराशि आपके लिए संबल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटी बचाओ.बेटी पढ़ाओ पीएम मोदी का मंत्र है। इसी के तहत आज उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बेटियों, संस्थाओं और महिला मंगल दलों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। गांव गांव में खेल के मैदान बनाए जा रहे हैं ताकि बेटियां भी शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बनें। इसमें महिला मंगल दल की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। सरकार हर ग्राम पंचायत को स्पोर्ट्स किट देगी। आज 10वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 10.10 बालिकाओं को पांच-पांच हजार रुपये, 12वीं की जिला टॉपर को 20 हजार, कक्षा 5.6 में बालिकाओं के शत प्रतिशत रिजल्ट वाले चार शिक्षण संस्थाओं को 10.10 हजार, कक्षा 8.9 में बालिकाओं के शत प्रतिशत रिजल्ट वाले चार संस्थाओं को 15.15 हजार तथा 10वीं.11वीं में बालिकाओं के शत प्रतिशत रिजल्ट वाले तीन संस्थाओं को 20.20 हजार रुपये की प्रोत्साहन धनराशि दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार बालिकाओं को मुफ्त शिक्षा दे रही है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना में बालिका के जन्म से स्नातक स्तर की शिक्षा तक 15 हजार रुपये का पैकेज बनाया गया है। बालिका के विवाह योग्य होने पर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 51 हजार रुपये दिए जाते हैं।
योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश के विद्यालय दर्शनीय हो चुके हैं। ऑपरेशन कायाकल्प से स्मार्ट क्लास, अच्छी फ्लोरिंग, टॉयलेट, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की गई है। सरकार का प्रयास है कि बच्चों में निखार लाकर उनका भविष्य उज्ज्वल बनाया जाए ताकि वे अपने गांव, समाज, देश की समृद्धि में योगदान दे सकें।
उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आपको अपनी प्रतिभा सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। इसके लिए खूब मेहनत करिए। मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता है। सरकार आपकी मेहनत को प्रोत्साहित करने आई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी को होली की बधाई देते हुए कहा कि होली का पावन पर्व वैरभाव भुलाकर उत्साह और उमंग से आगे बढऩे की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि हताशा और निराशा में कोई जीवन नहीं होता। बुराई त्याग कर हम जीवन में उत्साह और उमंग की तरफ बढ़ सकते हैं।
कार्यक्रम में मौजूद सभी बच्चों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से एक खास तोहफा और मिला। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देशित किया कि आज इन सभी बच्चों को नाश्ता कराने के बाद गोरखपुर चिडिय़ाघर का भ्रमण कराया जाए।  मुख्यमंत्री की इस घोषणा पर बच्चे खुशी से झूम उठे और उन्होंने जोरदार तालियों से सीएम के प्रति आभार जताया। उन्होंने बच्चों को पर्यावरण व जीव संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि मानव के साथ ही जीव जंतुओं से सृष्टि की रचना हुई है। पेड़ पौधों और जीव जंतुओं की रक्षा करना हम सबका दायित्व है। चिडिय़ाघर घूमने से आप सबका मनोरंजन के साथ ज्ञानवर्धन भी होगा।
मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को लैपटॉप वितरण के दौरानएक अभिभावक की तरह उनसे आत्मीय संवाद किया। पूछा कोई दिक्कत तो नहीं। छात्रवृत्ति का पैसा मिलने में कोई समस्या तो नहीं आ रही। पढ़ाई कैसी चल रही है। बच्चों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि खूब पढि़ए और आगे बढिए। सरकार हर वक्त आपके साथ खड़ी है। उन्होंने अपने हाथों से 10 बच्चों को लैपटॉप  दो को प्रमाण पत्र दो महिला मंगल दलों को स्पोर्ट्स किट, मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहन राशि का चेक सौंपा और  सभी को मिष्ठान भी दिया गया।
योगी ने कार्यक्रम स्थल के बाहरी परिसर में बेसिक शिक्षा विभाग, बाल विकास परियोजना आदि के स्टालों का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने गोदभराई व बच्चों को अन्नप्राशन भी कराया साथ ही बेसिक स्कूलों के बच्चों से बात कर उन्हें उपहार प्रदान किया।
इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की नई और सशक्त पहचान बनाई है। यूपी में कई चीजें पहली बार हो रही हैं। बच्चे कैसे बेहतर पढ़ाई करें, कैसे सशक्त बनें, मुख्यमंत्री जी का इस पर खास फ़ोकस होता है। यदि विद्यार्थी शिक्षा और अध्यात्म के संगम को समझ लें तो जीवन में कोई भी बाधा राह नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा कि यदि आप पढ़े हैं तो दुनिया में कोई भी ताकत आपको हरा नहीं सकती।
रविकिशन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप आज देश डिजिटल हो रहा है। इसी राह पर आगे बढ़ते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के बच्चों को लैपटॉप दे रहे हैं ताकि वे डिजिटल हों और अपग्रेड रहें। उन्होंने कहा कि आज सबकुछ हाईटेक हो रहा है। भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में है और इसमें विद्यार्थियों का बड़ा योगदान होगा। रविकिशन ने बच्चों को प्रेरित करने के लिए एक कविता का पाठ भी किया।

कार्यक्रम को बांसगांव के सांसद कमलेश पासवान एवं गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ धर्मेंद्र सिंह, विधायक फतेह बहादुर सिंह, महेंद्रपाल सिंह, राजेश त्रिपाठी, डॉ विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों, योजनाओं के लाभार्थियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों व अभिभावकों की उपस्थिति रही।

************************************

 

हेलीकॉप्टर लैंडिंग के दौरान बाल-बाल बचे पूर्व CM येदियुरप्पा, पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला

नई दिल्ली 06 March (एजेंसी): कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता बीएस येदियुरप्पा आज हेलीकॉप्टर का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। पॉयलट ने सूझबूझ दिखाई और बड़ा हादसा होने से टल गया। बीएस येदियुरप्पा चुनाव प्रचार के लिए कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में पहुंच रहे हैं और सोमवार को वो कलबुर्गी पहुंचे। लेकिन, प्रशासन की गलती से हेलीकॉप्टर लैंडिंग के समय बड़ा हादसा होते-होते बच गया।

ये हादसा उस समय हुआ जब कलबुर्गी में बीएस येदियुरप्पा का हेलीकॉप्टर लैंड कर रहा था, तभी हेलीकॉप्टर के ब्लेड की वजह से धुएं का तूफान आ गया। हेलीकॉप्टर के पंखे की तेज हवा से पास बनी झुग्गी झोपड़ियों पर लगे प्लास्टिक और आस पास के कूड़े का ढेर इतनी तेजी से ऊपर उड़ने लगा कि बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।

पायलट को ऐन वक्त पर लैंडिंग टालनी पड़ी। पायलट ने समझदारी दिखाई और स्थिति को भांपते हुए दोबारा हेलीकॉप्टर को ऊपर की तरफ ले लिया। करीब आधा घंटा तक हेलीकॉप्टर हवा में ही रहा। बाद में मौजूद पुलिस बल ने आसपास की जगह को साफ करवाया, तब हेलीकॉप्टर को लैंड कराया जा सका।

*******************************

 

चारधाम यात्रा 2023: 13 दिनों में 2 लाख श्रद्धालु करा चुके पंजीकरण

*इस बार यात्रियों को मिलेगी ये खास सुविधा*

देहरादून 06 March (एजेंसी): चारधाम यात्रा में अब महज कुछ ही दिनों का वक्त बचा हुआ है। चारधाम यात्रा के लिए अब तक दो लाख श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। केदारनाथ के लिए 1.12 लाख और बदरीनाथ के लिए 92 हजार तीर्थयात्रियों ने पंजीकरण कराया है।

पर्यटन विभाग के उप निदेशक योगेंद्र गंगवार ने बताया कि 21 फरवरी को चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण शुरू किया गया था। महज 13 दिनों के भीतर केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के लिए दो लाख से अधिक श्रद्धालु ऑनलाइन पंजीकरण कर चुके हैं।

उन्होंने बताया कि औपचारिक रूप से गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने की तिथि तय होने के बाद ही दोनों धाम के लिए पंजीकरण शुरू किया जाएगा।

साथ ही इस बार चारधाम यात्रा में सरकार श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं करने का प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में इस बार होने वाली चारधाम यात्रा में तीर्थयात्रियों को वाईफाई की सुविधा भी मिलेगी।

साथ ही सर्वर पर अधिक भार होने की वजह से मोबाइल का नेटवर्क नहीं अटकेगा और यात्री आसानी से चारधाम यात्रा की लाइव स्ट्रीमिंग जैसी सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

चारों धामों में अभी तक सभी दूरसंचार कंपनियों के सिग्नल पूरे नहीं आते। किसी की कहीं ज्यादा कनेक्टिविटी होती है। तो किसी के सिग्नल बहुत कम होते हैं। कई कंपनियों की कनेक्टिविटी तो बिल्कुल भी नहीं है।

इस वजह से तीर्थयात्रियों को काफी परेशानी होती है।

प्रौद्योगिकी एवं विकास सरकार ने इस बार तीर्थयात्रियों को इंटरनेट से जोड़े रखने के लिए वाईफाई जोन बनाने की तैयारी की है। सूचना एजेंसी (आईटीडीए) की निदेशक नितिका खंडेलवाल ने इसका प्रस्ताव निजी कंपनियों से मांगा है।

कंपनी को धामों तक लीज लाइन पहुंचानी होगी और वाईफाई जोन बनाने होंगे। बता दें कि वर्ष 2018 में प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा मार्ग पर नौ जगहों पर फ्री वाईफाई की सुविधा दी थी।

********************************

 

बच्चों को तेजी से चपेट में ले रहा एडीनोवायरस, 19 की मौत; सीएम ने दी मास्क लगाने की सलाह

कोलकाता 06 March (एजेंसी) : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रदेश में एडीनोवायरस के लगातार बढ़ रहे केसों को लेकर बच्चों को मास्क लगाने की हिदायत दी है। मुख्यमंत्री ने उद्देश्य दिया कि बच्चे हमेशा मास्क लगाकर रखें। प्रदेश में संक्रमण से 19 बच्चों की मौत हो चुकी है। वहीं 13 बच्चे बीमार है।

इस बीच मुख्यमंत्री बनर्जी ने सलाह दी कि सावधानी बरतें जरूरी होने पर ही बच्चों को घर से बाहर निकाले और मास्क पहनकर रखें। जानकारी के अनुसार एडीनोवायरस के चलते बच्चे संक्रमण का शिकार हो सकते हैं, जिससे शरीर में दर्द हो सकता है। बुखार आ सकता है और उन्हें सांस लेने जैसी समस्याओं का भी सामना करना पड़ सकता है।

बनर्जी ने कहा कि किसी भी बच्चे में सर्दी के लक्षण पाए जाते हैं या फिर खांसी आती है तो उसे तत्काल डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए और जरूरी लगे तो भर्ती कराना चाहिए। फिलहाल देश भर में तेजी से मौसम बदल रहा है, जिसके चलते लोग वायरल फीवर जैसी दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। लेकिन एडीनोवायरस ने चिंताएं बढ़ा दी हैं, जो खासतौर पर बच्चों को ही चपेट में लेता है।

फिलहाल बंगाल में हालात ऐसे हैं कि शिशु अस्पतालों में बड़ी संख्या में बच्चों के संक्रमित होने के मामले सामने आ रहे हैं। इनमें से ज्यादातर बच्चे एडीनोवायरस से ही पीड़ित हैं। प्रशासन ने हर जिले में हेल्थ डिपार्टमेंट और सीएमओ को आदेश दिया है कि वे सतर्क रहें और किसी भी जरूरी इंतजाम की कमी न रहने दें।

************************