जल्द दौड़ेगी देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन, भारत का पहला हाइड्रोजन प्लांट तैयार; इस रूट पर चलेगी यह रेलगाड़ी

जींद 06 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : हरियाणा के जींद से देश में स्वच्छ ऊर्जा के नए युग की शुरुआत होने जा रही है। भारत का पहला हाइड्रोजन फ्यूल प्लांट लगभग तैयार है और अगले 10-15 दिनों में इसका काम पूरी तरह पूरा हो जाएगा। पेट्रोलियम मंत्रालय सहित कुछ विभागों से अंतिम स्वीकृति (एनओसी) मिलना बाकी है, जो जल्द मिलने की उम्मीद है।

 प्लांट की जांच के दौरान फायर फाइटिंग सिस्टम में मिली कमियों को दुरुस्त किया जा रहा है। फिलहाल प्लांट में हाइड्रोजन गैस का उत्पादन शुरू हो गया है और इसकी टेस्टिंग जारी है। यह प्लांट प्रतिदिन 430 किलोग्राम हाइड्रोजन का उत्पादन करेगा, जिस पर करीब 70 करोड़ रुपये की लागत आई है।

इस पायलट परियोजना के तहत एक डीजल इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट (DEMU) रैक को हाइड्रोजन ईंधन में अपग्रेड किया जा रहा है। सबसे पहले जींद-गोहाना-सोनीपत रेल मार्ग (करीब 89 किमी) पर हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन दौड़ेगी। ट्रेन की गति 110 से 140 किमी प्रति घंटे तक होगी और इसमें एक बार में 2638 यात्री यात्रा कर सकेंगे। हाइड्रोजन की आपूर्ति इसी जींद प्लांट से की जाएगी। प्लांट में तीन हजार किलोग्राम भंडारण क्षमता वाला ईंधन स्टेशन, कंप्रेसर और तेज रिफ्यूलिंग के लिए प्री-कूलर इंटीग्रेशन वाले दो डिस्पेंसर लगाए गए हैं।

यह ट्रेन हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक पर आधारित होगी, जो पारंपरिक डीजल ट्रेनों का पर्यावरण-अनुकूल विकल्प साबित होगी। ट्रेन का इंजन धुएं की बजाय पानी और भाप छोड़ेगा, जिससे कार्बन उत्सर्जन शून्य रहेगा और वायु प्रदूषण में कमी आएगी। भारत की यह पहली हाइड्रोजन ट्रेन देश में हरित ऊर्जा और स्वच्छ परिवहन के क्षेत्र में एक मील का पत्थर मानी जा रही है।

***************************

 

माता वैष्णो देवी यात्रा स्थगित, अब इस दिन से फिर होगी शुरू

मां के दर्शन के लिए कटड़ा में रुके हजारों श्रद्धालु

कटरा 06 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश और भूस्खलन की चेतावनी जारी किए जाने के बाद श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने 5 से 7 अक्टूबर तक मां वैष्णो देवी की यात्रा स्थगित कर दी है। इसके चलते रविवार को मां वैष्णो देवी भवन, यात्रा मार्ग, आद्कुंवारी मंदिर परिसर और दर्शनी ड्योढ़ी क्षेत्र पूरी तरह वीरान नजर आए।

हालांकि, देशभर से कटरा पहुंचे करीब तीन से चार हजार श्रद्धालु अभी भी कटरा में रुके हुए हैं और यात्रा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। शनिवार रात श्राइन बोर्ड ने पंजीकरण केंद्रों को सामान्य समय से दो घंटे पहले, यानी रात आठ बजे ही बंद कर दिया, जिससे देर रात यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।

कई श्रद्धालु दर्शनी ड्योढ़ी तक पहुंचे और भवन की ओर जाने की अनुमति मांगते रहे, लेकिन सुरक्षा कारणों से श्राइन बोर्ड ने आगे जाने की इजाजत नहीं दी। अंततः उन्हें वापस कटरा लौटना पड़ा।

शनिवार देर शाम मौसम ने फिर करवट बदली थी। आसमान पर घने बादल छा गए और रविवार सुबह तक हल्की बारिश जारी रही। हालांकि उसके बाद मौसम साफ हो गया और दिनभर धूप खिली रही।

श्रद्धालु अब श्राइन बोर्ड से लगातार अपील कर रहे हैं कि चूंकि मौसम सुधर गया है, उन्हें भवन की ओर जाने की अनुमति दी जाए। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यात्रा बहाल करने का निर्णय मौसम की स्थिति और सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर लिया जाएगा।

*****************************

 

सोनम वांगचुक को क्यों न रिहा किया जाए?’…SC का केंद्र से सीधा सवाल, गिरफ्तारी पर नोटिस जारी

नई दिल्ली 06 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): लद्दाख के प्रसिद्ध क्लाइमेट एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत गिरफ्तारी और रिहाई की मांग को लेकर दायर याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई।

वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंगमो की याचिका पर सुनवाई करते हुए शीर्ष अदालत ने सख्त रुख अपनाया और केंद्र सरकार, लद्दाख प्रशासन व जोधपुर जेल अधीक्षक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। अदालत ने पूछा है कि सोनम वांगचुक को आखिर क्यों रिहा नहीं किया जाना चाहिए।

जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस एनवी अंजारिया की बेंच के समक्ष वांगचुक की पत्नी की ओर से वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल पेश हुए। उन्होंने दलील दी कि सोनम वांगचुक को 26 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन आज तक परिवार को यह जानकारी नहीं दी गई है कि उन्हें किस आधार पर गिरफ्तार किया गया है।

सिब्बल ने कहा, “यह गिरफ्तारी राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला नहीं, बल्कि एक एक्टिविस्ट को चुप कराने की कोशिश है। मेरे मुवक्किल (वांगचुक) गांधीवादी तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे, जो उनका संवैधानिक अधिकार है। यह संविधान के अनुच्छेद 19 के तहत मिली अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हनन है।”

इस पर केंद्र सरकार की ओर से पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि हिरासत में लिए गए व्यक्ति (वांगचुक) को गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी दी गई है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि इन कारणों की एक विस्तृत कॉपी उनकी पत्नी को भी उपलब्ध कराई जाए।

गौरतलब है कि सोनम वांगचुक पर हिंसा भड़काने वाले बयान देने का आरोप है और उन्हें रासुका के तहत जोधपुर सेंट्रल जेल में रखा गया है। याचिका में गीतांजलि ने मांग की है कि उनके पति को टेलीफोन पर बात करने और उनसे मुलाकात करने की अनुमति दी जाए। इसके अलावा जेल में उचित दवा, भोजन और कपड़ों की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।

**********************

 

चर्चाओं के बीच : राजेश कुमार सिनेमा वाला

कर्म जिनका शस्त्र बन चुका,

उन्हें चाहिए किसी का एहसान नहीं।

त्याग मांगता ये पथ उनसे,

बिना त्याग कोई श्री राम नहीं।।

लक्ष्य साधना है योद्धा को,

बिना विजय अब विश्राम नहीं।

कांटों को भी रौंदते चलते हैं वो,

पुष्पों पर चलना जिनकी पहचान नहीं।।

06.10.2025 – उपरोक्त पंक्तियां अक्षरशः कंबाइन आर्टिस्ट एसोसिएशन के संस्थापक/अध्यक्ष राजेश कुमार सिनेमावाला पर लागू होती है, जो लगभग 18वर्षों से सिने कामगारों के हित में विकलांग होने के बावजूद संघर्षरत हैं। फिल्मविधा से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के कुल 42000 सिने कामगार कंबाइन आर्टिस्ट एसोसिएशन के सदस्य हैं।

अपने जन्म के दो वर्ष के बाद ही पोलियो के अटैक के बाद पद विकलांगता के बावजूद बढ़ती उम्र के साथ राजेश कुमार सिनेमावाला, जो पहले राजेश ठक्कर के रूप में जाने जाते थे, अपने हौसले को बुलंद रखा और शारीरिक व आर्थिक कष्ट को झेलते हुए बी कॉम, एल एल बी की पढ़ाई पूरी की, ये चाहते तो जीविकोपार्जन के लिए आरक्षण कोटे के तहत सरकारी नौकरी में जा सकते थे परन्तु फिल्मों के प्रति बचपन से ही रुचि रहने के कारण उन्होंने फिल्म विधा से जुड़े सिने कामगारों के हित में अपना जीवन समर्पित करने का फैसला लिया।

प्रतिफल स्वरूप कंबाइन आर्टिस्ट एसोसिएशन सामने आया। आदर्श नगर, (अंधेरी वेस्ट), मुंबई में संचालित इस एसोसिएशन की सचिव रेशमा बाग हैं। इन दिनों नवोदित प्रतिभान को प्रकाश में लाने के उद्देश्य से राजेश कुमार सिनेमावाला प्रोडक्शन के क्षेत्र में कदम रखने जा रहे हैं।

इस बात को लेकर इन दिनों वो बॉलीवुड में चर्चा का विषय बन गए हैं। उनकी प्रस्तावित परियोजना/ प्रोडक्शन नंबर-1, राष्ट्र सर्वोपरि और ‘श्रमेव जयते’ जो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई योजना और पहल से जुड़ी है।

जन जागरूकता अभियान के तहत खुशी नॉन लिमिटेड सर्विसेज के बैनर तले बनने वाली इस फिल्म के टाइटल की घोषणा वेस्टर्न इंडिया फिल्म प्रोड्यूसर्स एंड टी वी एसोसिएशन के स्वीकृति के बाद कर दी जाएगी।

राजेश कुमार सिनेमावाला की इस नवीनतम प्रस्तुति के निर्माण संयोजन का कार्यभार बॉलीवुड के चर्चित फिल्मकार ललित कुमार आर्या के सौंपा गया है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

************************

 

धोखाधड़ी मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, ओजोन अर्बाना की 423.38 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त

बेंगलुरु 05 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बेंगलुरु में मेसर्स ओजोन अर्बाना इंफ्रा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड और अन्य के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) 2002 के तहत 423.38 करोड़ रुपए की अचल संपत्तियां कुर्क की हैं।

ईडी की यह कार्रवाई कंपनी और उसके प्रमोटरों के खिलाफ बेंगलुरु के विभिन्न पुलिस थानों में धोखाधड़ी (आईपीसी की धारा 419, 420, और 120बी) के तहत दर्ज कई एफआईआर पर आधारित है। इसके अतिरिक्त सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर सीबीआई ईओ-I नई दिल्ली ने भी एक एफआईआर दर्ज की है।

कंपनी पर मुख्य आरोप यह है कि उसने ग्राहकों को गुमराह किया है और समय पर परियोजना निर्माण पूरा नहीं किया। इसके चलते उन्हें फ्लैटों का कब्जा नहीं दिया गया है।

आरोप है कि कंपनी ने ग्राहकों को फ्लैट का कब्जा मिलने तक निर्माण पूर्व ईएमआई का भुगतान करने का वादा किया, लेकिन पूरा करने में विफल रही है। बिल्डर ने न तो घर खरीदारों को आवासीय इकाइयां सौंपीं, न ही उनकी जमा राशि वापस की, बल्कि पूरी अग्रिम बुकिंग राशि और ऋण राशि का गबन कर लिया।

ईडी की जांच में यह खुलासा हुआ कि ओजोन अर्बाना इंफ्रा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड ने मुख्य प्रमोटर एस वासुदेवन के साथ मिलकर घर खरीदारों को कुल 927.22 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की है।

इस धन को बेईमानी से रोककर रखा गया और अन्य समूह संस्थाओं तथा संबद्ध व्यक्तियों, जिनमें स्वयं वासुदेवन और उनके परिवार के सदस्य शामिल हैं।

ग्राहकों के हितों की रक्षा के लिए ईडी ने मेसर्स ओजोन अर्बाना इंफ्रा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड की अचल संपत्तियां, जिनमें एवेन्यू में 92 फ्लैट और एक्वा 2 में 13 फ्लैट की परियोजनाओं में बिना बिके स्टॉक और 4.5 एकड़ व्यावसायिक भूमि शामिल हैं। इसके साथ-साथ प्रमोटर एस वासुदेवन और उनकी पत्नी की निजी संपत्तियां, मुदिगेरे के कन्नहल्ली गांव में 179 एकड़ भूमि कुर्क की हैं।

कुर्क की गई इन संपत्तियों का कुल मूल्य 423.38 करोड़ रुपए है। पीएमएलए के तहत मामले में आगे की जांच जारी है।

***********************

 

एनआईए ने पंजाब के पूर्व मंत्री के आवास पर ग्रेनेड हमले के मामले में चार आरोपियों के खिलाफ दायर किया आरोपपत्र

नई दिल्ली 05 oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पंजाब के पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया के आवास पर हुए ग्रेनेड हमले के मामले में 4 आरोपियों पर आरोपपत्र दाखिल किया है। इस बात की जानकारी एनआईए ने एक प्रेस रिलीज के माध्यम से दी है।

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने यह आरोपपत्र रविवार को विशेष एनआईए अदालत में दाखिल किया गया। आरोप पत्र में दो गिरफ्तार आरोपियों सैदुल अमीन (अमरोहा, उत्तर प्रदेश) और अभिजोत जांगड़ा (कुरुक्षेत्र, हरियाणा) तथा दो फरार आरोपियों कुलबीर सिंह सिद्धू (यमुनानगर, हरियाणा) और मनीष उर्फ काका राणा (करनाल, हरियाणा) के नाम शामिल हैं।

इन पर गैरकानूनी गतिविधि (निवारण) अधिनियम (यूएपीए), भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं।

7 अप्रैल 2025 की रात जालंधर में पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया के आवास पर ग्रेनेड हमला हुआ था। इस घटना की गंभीरता को देखते हुए एनआईए ने 12 अप्रैल को जांच अपने हाथ में ली।

जांच में पता चला कि प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के कार्यकर्ता कुलबीर सिंह ने अपने सहयोगी मनीष उर्फ काका राणा के साथ मिलकर एक आतंकवादी गिरोह बनाया था।

इस गिरोह का उद्देश्य पंजाब के प्रमुख नेताओं को निशाना बनाना, जनता में दहशत फैलाना, और जबरन वसूली के जरिए बीकेआई के लिए धन जुटाना था।

एनआईए की जांच के अनुसार, मनीष ने सैदुल अमीन को इस साजिश में शामिल किया, जिसने हमले की रात ग्रेनेड फेंका। ग्रेनेड कुलबीर सिंह ने उपलब्ध कराया था, जबकि अभिजोत जांगड़ा ने आतंकी गतिविधियों के लिए धन मुहैया कराया।

हमले के बाद कुलबीर ने एक पोस्टर प्रसारित कर मनीष के साथ मिलकर इस साजिश की जिम्मेदारी ली।
कुलबीर सिंह के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया है और उसकी गिरफ्तारी पर 10 लाख रुपए का इनाम घोषित है।

एनआईए ने इससे पहले अप्रैल 2024 में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) नेता विकास प्रभाकर की हत्या (मामला आरसी-06/2024/एनआईए/डीएलआई) से संबंधित कुलबीर के खिलाफ भी आरोपपत्र दायर किया था।

एनआईए ने फरार आरोपियों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए अपने प्रयास तेज कर दिए हैं। साथ ही, भारत में सक्रिय बीकेआई के अन्य सदस्यों की पहचान करने के लिए भी जांच जारी है।

**************************

 

रानी दुर्गावती की जीवनगाथा पढ़कर युवाओं को राष्ट्रहित का संकल्प लेना चाहिए: अमित शाह

नई दिल्ली 05 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को रानी दुर्गावती की जयंती पर कहा कि देश के युवाओं को उनकी जीवन गाथा को पढ़ना चाहिए और राष्ट्रहित का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने रानी दुर्गावती की जयंती पर उन्हें नमन किया।

अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि न्यायप्रिय शासन, प्रजावत्सलता और मातृभूमि की रक्षा की प्रतीक रानी दुर्गावती जी ने गोंडवाना को नारी शक्ति, राष्ट्रभक्ति और सेवाभाव की प्रेरणा का केंद्र बनाया। रानी दुर्गावती को उनकी जयंती पर नमन करता हूं।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पोस्ट में लिखा कि अदम्य साहस, पराक्रम और शक्तिशाली नेतृत्व से मुगल शासकों के दांत खट्टे करने वाली महान वीरांगना रानी दुर्गावती की जयंती पर शत्-शत् नमन। आपका शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पोस्ट में लिखा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाली महान वीरांगना, नारी शक्ति की अद्वितीय प्रतीक रानी दुर्गावती की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। उनका अटूट साहस, त्याग और बलिदान हम सबको राष्ट्र सेवा और धर्म की रक्षा के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक्स पोस्ट में लिखा कि अपनी वीरता, दृढ़ता व साहस से अमर शौर्य गाथा लिखने वाली, नारी शक्ति की अद्वितीय प्रतिमूर्ति, महान वीरांगना रानी दुर्गावती जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। मातृभूमि व स्वाभिमान की रक्षा के लिए मुगलों के विरुद्ध उनका आर-पार का संघर्ष और बलिदान हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पोस्ट में लिखा कि बाज बहादुर की सेना को धूल चटाने और मुगलों की सेना को पीछे हटने पर मजबूर कर देने वाली अद्वितीय शौर्य, साहस और पराक्रम की पर्याय, महान वीरांगना रानी दुर्गावती जी की जयंती पर उनके चरणों में कोटि-कोटि नमन करता हूं।

जनजातीय गौरव, वीरांगना रानी दुर्गावती ने मातृभूमि के स्वाभिमान एवं स्वतंत्रता की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनका व्यक्तित्व हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। आपकी असाधारण वीरता की गाथाएं अनंत काल तक हम सबको गौरवान्वित करती रहेंगी।

***************************

 

दिल्ली में ‘वीजा ट्रैप’: रिश्वत देकर फंसाया, फिर कराई सेना की जासूसी; पाकिस्तानी दूतावास का बड़ा खेल उजागर

नई दिल्ली 05 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तानी उच्चायोग की आड़ में चलाए जा रहे एक और जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।

इस मामले में हरियाणा के पलवल निवासी एक सिविल इंजीनियर वसीम अकरम को गिरफ्तार किया गया है, जो कथित तौर पर पाकिस्तानी अधिकारी के लिए जासूसी कर रहा था।

इस गिरफ्तारी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि कैसे पाकिस्तानी दूतावास वीजा डेस्क का दुरुपयोग भारत विरोधी गतिविधियों के लिए कर रहा है।

सूत्रों के अनुसार, वसीम अकरम को मंगलवार को भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम (OSA) के तहत गिरफ्तार किया गया।

जांच में सामने आया है कि अकरम पाकिस्तानी उच्चायोग के अधिकारी जफर उर्फ मुजम्मिल हुसैन के लिए काम करता था। अकरम की मुलाकात जफर से तब हुई जब वह पाकिस्तान के कसूर में अपने रिश्तेदारों से मिलने के लिए वीजा का आवेदन करने गया था।

पहले तो उसका वीजा खारिज कर दिया गया, लेकिन जब अकरम ने 20,000 रुपये की रिश्वत दी, तो वीजा स्वीकृत हो गया। मई 2022 में जब वह पाकिस्तान से लौटा, तो अधिकारी जफर ने उससे व्हाट्सएप के जरिए संपर्क बनाए रखा।

आरोप है कि जफर ने अकरम को कमीशन का लालच देकर उसका बैंक खाता “वीजा सुविधा कोष” के लिए इस्तेमाल किया।

अकरम के खाते में लगभग पांच लाख रुपये ट्रांसफर किए गए, जिसमें से उसने 2.3 लाख रुपये (डेढ़ लाख नकद समेत) वापस अधिकारी को दिए।

इसके अलावा, अकरम ने पाकिस्तानी अधिकारी को भारतीय सिम कार्ड, ओटीपी और भारतीय सेना के जवानों से जुड़ी संवेदनशील जानकारी भी मुहैया कराई।

अधिकारियों ने बताया कि यह “पलवल मॉड्यूल” ठीक उसी पैटर्न पर काम कर रहा था, जैसे पहले मलेरकोटला और नूंह में उजागर हुए मॉड्यूल कर रहे थे। इस साल की शुरुआत में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत मलेरकोटला मामले का भंडाफोड़ हुआ था, जिसमें पाकिस्तानी अधिकारी दानिश ने स्थानीय लोगों को वीजा का लालच देकर जासूसी के लिए इस्तेमाल किया था।

इसी तरह नूंह में भी अरमान नाम के एक व्यक्ति को डिफेंस एक्सपो के वीडियो और सिम कार्ड मुहैया कराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। यह पैटर्न साफ ​​दिखाता है कि पाकिस्तानी उच्चायोग के कर्मचारी भ्रष्टाचार के जरिए वीजा आवेदकों का शोषण करते हैं और फिर उन्हें जासूसी के लिए मजबूर करते हैं।

************************

 

पंजाब से राज्यसभा सीट के लिए AAP ने फाइनल किया कैंडिडेट, उद्योगपति राजिंदर गुप्ता के नाम पर लगी मुहर

चंडीगढ़ 05 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : आम आदमी पार्टी (AAP) ने पंजाब से राज्यसभा की खाली सीट के लिए उद्योगपति राजिंदर गुप्ता को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। यह सीट संजय अरोड़ा के विधानसभा उपचुनाव लड़ने और मंत्री बनने के बाद खाली हुई थी।

सूत्रों के अनुसार, राजिंदर गुप्ता सोमवार को पंजाब विधानसभा में नामांकन दाखिल कर सकते हैं और इस मौके पर मुख्यमंत्री भगवंत मान के भी मौजूद रहने की संभावना है।

 इस सीट के लिए पहले ओसवाल ग्रुप के कमल ओसवाल का नाम सबसे आगे चल रहा था, लेकिन आखिरी समय में पार्टी ने राजिंदर गुप्ता के नाम पर मुहर लगा दी।

यह आम आदमी पार्टी की उस रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसमें वह उद्योग जगत के चेहरों को राज्यसभा में भेजकर राजनीतिक और औद्योगिक संतुलन साधने की कोशिश कर रही है। इससे पहले पार्टी संजीव अरोड़ा जैसे व्यवसायी को भी राज्यसभा भेज चुकी है।

राजिंदर गुप्ता पंजाब के प्रमुख उद्योगपतियों में से एक हैं और ट्राइडेंट ग्रुप के संस्थापक व चेयरमैन हैं। यह ग्रुप 1 बिलियन डॉलर से अधिक का कारोबार करता है और इसके उत्पाद भारत सहित कई देशों में निर्यात किए जाते हैं। ट्राइडेंट ग्रुप का मुख्यालय लुधियाना, पंजाब में स्थित है। इसकी प्रमुख इंडस्ट्रीज में होम टेक्सटाइल्स, पेपर निर्माण, केमिकल्स और पावर शामिल हैं।

राजिंदर गुप्ता का जन्म 2 जनवरी 1959 को हुआ था। वे लंबे समय तक पंजाब के सबसे अमीर व्यक्तियों में गिने जाते रहे हैं और राज्य में उद्योग जगत का एक बड़ा नाम हैं। पंजाब की इस राज्यसभा सीट के लिए उपचुनाव की घोषणा हो चुकी है। मतदान और मतगणना 24 अक्टूबर को होगी।

चूंकि आम आदमी पार्टी के पास विधानसभा में स्पष्ट बहुमत है, इसलिए राजिंदर गुप्ता का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है। इस फैसले से यह स्पष्ट है कि आम आदमी पार्टी पंजाब में अपने राजनीतिक दायरे को औद्योगिक वर्ग तक बढ़ाकर व्यापक आधार तैयार करने की दिशा में काम कर रही है।

***************************

 

PAK आर्मी की गीदड़भभकी, अब भारत से युद्ध हुआ तो तबाही होगी; पीछे नहीं हटेंगे

नई दिल्ली 05 Oct, (Rns): रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भारतीय सशस्त्र बलों के शीर्ष अधिकारियों की हालिया चेतावनियों के बाद पाकिस्तान ने प्रतिक्रिया दी है। दोनों पक्षों के कड़े बयान पर क्षेत्र में तनाव दिख रहा है।

विजयादशमी (2 अक्टूबर) को भुज में जवानों को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अगर पाकिस्तान कोई दुस्साहस करेगा तो उसे ऐसा करारा जवाब मिलेगा कि इतिहास और भूगोल दोनों बदल सकते हैं। उन्होंने खासकर सायर क्रीक क्षेत्र में किसी भी प्रकार की सैन्य हरकत को लेकर कड़ा इशारा किया।

वहीं, पाकिस्तान की सेना (ISPR) ने कहा गया कि यदि संघर्ष छिड़ता है तो उसकी विनाशकारी प्रकृति दोनों देशों के लिए हानिकारक होगी और पाकिस्तान पीछे नहीं हटेगा। ISPR ने यह भी कहा कि उसने अब एक “नए सामान्य” के तौर पर त्वरित, निर्णायक और विनाशकारी प्रतिक्रिया की एक नीतिगत क्षमता स्थापित कर ली है।

भारत की ओर से दावे में यह तर्क किया जा रहा है कि राज्य-समर्थित आतंकवाद भारत की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है और उसे सीमित रखा जाना चाहिए।

दूसरी ओर पाकिस्तान ने आरोपों को आधारहीन करार देते हुए कहा है कि ऐसी बयानबाजी पर प्रतिक्रिया देने का अधिकार उसके पास है और गतिरोध और बढ़ने पर दोनों पक्षों को भारी क्षति झेलनी पड़ सकती है।

*************************

 

संत प्रेमानंद महाराज का स्वास्थ्य फिर नासाज, पदयात्रा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

आश्रम ने भक्तों से की खास अपील

वृंदावन 05 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): प्रसिद्ध संत प्रेमानंद जी महाराज के भक्तों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना है। महाराज जी के स्वास्थ्य को देखते हुए उनकी दैनिक पदयात्रा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। पिछले दो दिनों से वह पदयात्रा में शामिल नहीं हो रहे थे, लेकिन इसके बावजूद श्रद्धालु उनकी एक झलक पाने के लिए सड़कों पर इंतजार कर रहे थे।

श्री राधे हित केलि कुंज आश्रम की ओर से उनके आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर यह जानकारी साझा की गई है। संदेश में कहा गया है, “आप सभी को सूचित किया जाता है कि महाराज जी का स्वास्थ्य अभी ठीक नहीं है, जिस कारण पदयात्रा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया गया है। अतः आप सभी से विनम्र निवेदन है कि पदयात्रा के लिए मार्ग में प्रतीक्षा न करें।” आश्रम ने यह भी आश्वासन दिया है कि जब भी पदयात्रा दोबारा शुरू होगी, इसकी सूचना दे दी जाएगी।

यह पहली बार नहीं है जब संत प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा को स्थगित किया गया है। विदित हो कि वह किडनी की गंभीर समस्या से पीड़ित हैं और उनकी नियमित रूप से डायलिसिस होती है। जब भी उनके स्वास्थ्य में गिरावट आती है, तो डॉक्टरों की सलाह पर उनकी पदयात्रा को रोक दिया जाता है, ताकि उनके शरीर को आराम मिल सके।

*************************

 

आस्था के महापर्व छठ को लेकर रेखा सरकार ने शुरू की ऐतिहासिक और भव्य तैयारियां

नई दिल्ली 05 oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियों को लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने आज यमुना तट पर बने घाटों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने नौका द्वारा यमुना के प्रवेश द्वार पल्ला से लेकर आईटीओ तक छठ पूजा की व्यवस्था से जुड़े घाटों की स्थिति का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के प्रयासों से इस बार छठ पर्व पहले से अधिक भव्य और सुविधाजनक तरीके से मनाया जाएगा। मुख्यमत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार शहर के भीतर भी बनने वाले सैकड़ों छठ घाटों पर सभी तरह की तैयारी सुनिश्चित कर रही है।

छठ गीतों से मुख्यमंत्री का हुआ स्वागत

इस दौरे में मुख्यमंत्री के साथ दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री प्रवेश साहिब सिंह, श्री कपिल मिश्रा, विधायक श्री अभय वर्मा सहित सम्बंधित विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने पल्ला के पास बने घाट से निरीक्षण की शुरुआत की और श्याम घाट, गीता कॉलोनी, सोनिया विहार, बोट क्लब, हाथी घाट पर छठ पूजा की तैयारियों की समीक्षा की।

आईटीओ के पास हाथी घाट पर मुख्यमंत्री के आगमन पर यमुना घाट पर मौजूद महिलाओं ने पारंपरिक छठ पूजा के गीतों और पूजा की विधियों के साथ उनका स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार के प्रयासों से इस बार का छठ पर्व पहले से अधिक भव्य और सुविधाजनक तरीके से मनाया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री ने महिलाओं का आशीर्वाद ग्रहण करते हुए कहा कि यह पर्व मातृशक्ति की आस्था और प्रकृति के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है और दिल्ली सरकार इसे पूरे सम्मान और भव्यता के साथ आयोजित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

यमुना किनारे जहां आबादी, वहां छठ घाट बनेंगे

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य इस वर्ष राजधानीवासियों को एक भव्य, स्वच्छ और ऐतिहासिक छठ पर्व मनाने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि पल्ला से लेकर ओखला तक यमुना के किनारे जहां-जहां आबादी है, वहां श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए छठ घाटों का निर्माण करेंगे, ताकि लोग अपने नजदीकी स्थान पर ही पूजा-अर्चना कर सकें।

इसके अतिरिक्त, दिल्ली सरकार शहर के भीतर सैकड़ों छठ घाटों पर सभी तरह की तैयारी सुनिश्चित कर रही है। मुख्यमंत्री ने छठ पर्व को प्रकृति, पवित्रता और स्वच्छता से जुड़ा एक विशिष्ट पर्व बताते हुए कहा कि यह केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति और संस्कृति का उत्सव है।

उन्होंने कहा कि छठ पर्व न केवल श्रद्धा का प्रतीक है, बल्कि यह जल स्रोतों को स्वच्छ और जीवंत बनाए रखने का भी संदेश देता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ के आयोजन से जुड़ी हर व्यवस्था चाहे वह सुरक्षा हो, स्वच्छता, लाइट व्यवस्था या यातायात प्रबंधन, सभी दिल्ली सरकार की जिम्मेदारी है और उसे बेहतर तरीके से पूरा किया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित करेगी सरकार

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि इस बार केवल घाट निर्माण तक ही सीमित न रहकर, सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी इस आयोजन का हिस्सा बनाया जा रहा है, जिससे यह पर्व श्रद्धा, संस्कृति और सामूहिक उत्साह के साथ मनाया जा सके। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि हर नागरिक को अपने नजदीकी घाट पर सुरक्षित, स्वच्छ और भक्तिमय वातावरण में छठ पूजा करने की सुविधा प्राप्त हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों से दिल्ली के पूर्वांचलवासी छठ पूजा जैसे महत्वपूर्ण पर्व के लिए यमुना किनारे उचित व्यवस्था की प्रतीक्षा कर रहे थे। न तो पिछली सरकारों ने इस ओर ध्यान दिया और न ही प्रशासन ने कभी कोई ठोस प्रयास किया।

इस बार दिल्ली सरकार ने पूर्वांचल के भाई-बहनों को यह विश्वास दिलाया है कि उन्हें छठ पर्व मनाने के लिए भव्य और सुसज्जित घाटों की सौगात दी जाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के सभी मंत्री, विधायक और सम्बंधित अधिकारी पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रहे हैं और छठ घाट तैयार किए जा रहे हैं।

श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुव्यवस्थित घाट उपलब्ध होंगे

इस अवसर पर दिल्ली सरकार के जल तथा सिंचाई व बाढ़ नियंत्रण विभाग के मंत्री श्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि इस बार दिल्ली में एक यादगार और सुव्यवस्थित छठ पूजा का आयोजन होगा। यमुना नदी के किनारों को अत्यंत सावधानी से विकसित किया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित घाट उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने बताया कि छठ पूजा सूर्य देव को समर्पित त्योहार है, जिसका मूल तत्व शारीरिक और पर्यावरणीय शुद्धता है। इसलिए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रत्येक भक्त पूरी श्रद्धा और गरिमा के साथ इस महापर्व में सम्मिलित हो सके, साथ ही यमुना नदी को प्रदूषण मुक्त रखा जाए।

सरकार के विकास तथा कला व संस्कृति मंत्री श्री कपिल मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार इस बार छठ पर्व को श्रद्धा और भव्य व्यवस्था के साथ मनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि यमुना तटों पर बिजली, लाइट , जल एवं स्वच्छता की व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है ताकि श्रद्धालु निर्बाध रूप से पूजा कर सकें। उन्होंने कहा कि छठ पर्व दिल्ली की सांस्कृतिक आत्मा का प्रतीक है।

हमारा उद्देश्य है कि श्रद्धा और स्वच्छता दोनों का संगम इस पर्व में दिखे और दिल्लीवासियों को ऐसा अनुभव मिले जो आने वाले वर्षों के लिए मिसाल बने।

**************************

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना का किया शुभारंभ

रायपुर, 04 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । बस्तर से नक्सलवाद का अंत शीघ्र होगा और क्षेत्र में शांति स्थापित कर हम विकास के नए आयाम गढ़ेंगे। बस्तर और सरगुजा क्षेत्र के सुदूर अंचलवासी अब विकास से विश्वास तक की यात्रा में सहभागी बनकर विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जगदलपुर से मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना का शुभारंभ करते हुए यह बात कही।

इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने यात्री बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और क्षेत्रवासियों को इस विशेष पहल के लिए शुभकामनाएं दीं। केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास के लिए डबल इंजन की सरकार प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। लाल आतंक की समाप्ति प्रदेश के सुदूर इलाकों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ेगी।

आज प्रारंभ हुई यात्री बस सेवा हमारे नागरिकों के जीवन में नई ऊर्जा का संचार करेगी। उन्होंने कहा कि अब 250 गांवों के लोग अपने निकटवर्ती शासकीय कार्यालयों, स्कूलों और अस्पतालों तक आसानी से पहुंच पाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि हमारी सरकार जनसुविधाओं को बढ़ाने के लिए तेजी से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना का उद्देश्य यात्री बस सुविधा से वंचित गांवों में बसों का परिचालन सुनिश्चित करना है। इससे लोग कम लागत में अपने गंतव्य तक समय पर पहुंच सकेंगे।

रोज़मर्रा के कामकाज, शासकीय कार्यों और अन्य गतिविधियों में भी सहूलियत बढ़ेगी। उल्लेखनीय है कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में परिवहन सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना शुरू की गई है। इस महत्वाकांक्षी योजना का लक्ष्य उन गांवों तक बस सेवा पहुँचाना है, जहाँ अब तक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा उपलब्ध नहीं थी।

इस पहल से ग्रामीणों को सुरक्षित, समयबद्ध और सुविधाजनक यात्रा का अवसर मिलेगा, जो उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। योजना के पहले चरण में बस्तर और सरगुजा पर फोकस योजना के पहले चरण में बस्तर और सरगुजा संभाग को प्राथमिकता दी गई है। इन क्षेत्रों में कुल 34 मार्गों पर 34 बसों का संचालन प्रारंभ होगा।

इस पहल से 11 जिलों के 250 नए गांव बस सेवा से जुड़ेंगे। यह प्रयास विशेष रूप से उन ग्रामीण क्षेत्रों के लिए वरदान साबित होगा, जहां सड़क संपर्क सीमित है और लोग जिला मुख्यालय या अन्य महत्वपूर्ण स्थानों तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी पैदल तय करते हैं। ग्राम पंचायत से जिला मुख्यालय तक कनेक्टिविटी मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायत से लेकर जिला मुख्यालय तक निर्बाध बस कनेक्टिविटी सुनिश्चित करना है।

इससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और बाजार जैसी आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में आसानी होगी। योजना के तहत संचालित बसें समयबद्ध और सुरक्षित यात्रा का भरोसा देंगी, जिससे ग्रामीणों का समय और संसाधन दोनों की बचत होगी। योजना की दीर्घकालिक सफलता सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने बस संचालकों को वायबिलिटी गैप फंडिंग प्रदान करने का प्रावधान किया है।

यह वित्तीय सहयोग संचालकों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाएगा, ताकि वे इन दूरस्थ क्षेत्रों में निरंतर सेवा दे सकें। यह कदम न केवल परिवहन सुविधाओं को मजबूत करेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में भी योगदान देगा। 250 गांवों को पहली बार बस सेवा से जोडऩे की उपलब्धि इस योजना के तहत लगभग 250 गांव पहली बार बस सेवा से जुड़ रहे हैं।

यह ग्रामीण छत्तीसगढ़ के लिए एक ऐतिहासिक कदम है, जो सामाजिक और आर्थिक विकास को गति देगा। ग्रामीणों को अब अपनी आवश्यकताओं के लिए लंबी दूरी पैदल तय करने या निजी वाहनों पर निर्भर रहने की आवश्यकता नहीं होगी। समावेशी विकास की दिशा में कदम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस योजना की शुरुआत पर कहा कि हमारा लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ का कोई भी गांव विकास की मुख्यधारा से न छूटे।

मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना ग्रामीणों के जीवन को आसान बनाने और उन्हें शहरों से जोडऩे का प्रयास है। यह योजना न केवल परिवहन की सुविधा देगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करेगी। यह योजना न केवल परिवहन की दृष्टि से, बल्कि सामाजिक और आर्थिक समानता की दिशा में भी एक मील का पत्थर साबित होगी।

***************************

 

युवाओं के लिए खुला 62,000 करोड़ रुपए का पिटारा, PM मोदी ने की कौशल और रोजगार की बौछार

नई दिल्ली 04 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को एक नई दिशा देते हुए ₹62,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न युवा-केंद्रित पहलों का अनावरण किया। इस महात्वाकांक्षी योजना का मुख्य उद्देश्य देश में कौशल विकास, आधुनिक शिक्षा और रोजगार के अवसरों को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है।

इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी घोषणा ‘पीएम-सेतु’ (उन्नत आईटीआई के माध्यम से प्रधानमंत्री कौशल और रोजगार परिवर्तन) योजना रही, जो ₹60,000 करोड़ के विशाल निवेश वाली एक केंद्र प्रायोजित योजना है। इस योजना के तहत देश भर के 1,000 सरकारी आईटीआई को ‘हब-एंड-स्पोक’ मॉडल पर उन्नत किया जाएगा। इससे ये संस्थान उन्नत बुनियादी ढांचे, आधुनिक ट्रेड, डिजिटल शिक्षण प्रणाली और इनक्यूबेशन जैसी सुविधाओं से लैस होंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर कहा, “हमारे आईटीआई ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लिए कार्यशालाएं हैं। आज का यह समारोह भारत में कौशल को दिए जाने वाले महत्व का प्रतीक है।”

प्रधानमंत्री ने बिहार पर विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए कई योजनाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने ‘मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना’ का शुभारंभ किया, जिसके तहत बिहार के पांच लाख स्नातकों को दो वर्षों तक ₹1,000 का मासिक भत्ता मिलेगा। साथ ही, उन्होंने उद्योग-उन्मुख पाठ्यक्रमों को बढ़ावा देने के लिए बिहार में ‘जन नायक कर्पूरी ठाकुर कौशल विश्वविद्यालय’ का उद्घाटन किया और बिहटा में एनआईटी पटना के नए परिसर का लोकार्पण भी किया।

प्रधानमंत्री ने कहा, “पिछले दो दशकों में बिहार सरकार ने 50 लाख युवाओं को रोज़गार से जोड़ा है और पिछले कुछ वर्षों में ही लगभग 10 लाख स्थायी सरकारी नौकरियां दी गई हैं।”

इस समारोह में वर्चुअली शामिल हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “यह बहुत खुशी की बात है। बिहार में युवा आयोग और कौशल विश्वविद्यालय की स्थापना से युवाओं को बहुत लाभ मिलेगा। राज्य में 25 लाख छात्रों को छात्रवृत्ति भी प्रदान की जा रही है।”

प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप एक और बड़ा कदम उठाते हुए 34 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 400 नवोदय विद्यालयों और 200 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में स्थापित 1,200 व्यावसायिक कौशल प्रयोगशालाओं का भी उद्घाटन किया। ये प्रयोगशालाएं आईटी, ऑटोमोटिव, कृषि, इलेक्ट्रॉनिक्स और पर्यटन जैसे 12 उच्च-मांग वाले क्षेत्रों में छात्रों को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करेंगी, जिससे रोजगार के लिए एक मजबूत आधार तैयार होगा।

**********************

 

Ranchi DC श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने समाहरणालय भवन (ब्लॉक ए एवं ब्लॉक बी) का औचक निरीक्षण

प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और कार्यकुशलता पर जोर

कर्मचारियों को कार्यालय में समय पर उपस्थित होने और अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने की सख्त हिदायत

किसी कर्मचारी के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत प्राप्त होती है और जाँच में आरोप सिद्ध होते हैं, तो उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी

समाहरणालय परिसर की स्वच्छता और सुविधाओं पर विशेष ध्यान

04.10.2025 – उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, राँची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने 04 अक्टूबर 2025 को समाहरणालय भवन (ब्लॉक ए एवं ब्लॉक बी) का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री उत्कर्ष कुमार, अपर समाहर्ता राँची, श्री रामनारायण सिंह, अपर जिला दंडाधिकारी विधि-व्यवस्था राँची, श्री राजेश्वर नाथ आलोक एवं जिला के सभी सम्बंधित वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

इस दौरान उन्होंने भवन में अवस्थित विभिन्न कार्यालयों, जैसे- जिला आपूर्ति कार्यालय, जिला जन संपर्क कार्यालय, जिला समाज कल्याण विभाग, जिला कल्याण कार्यालय, विशिष्ट अनुभाजन कार्यालय, जिला कोषागार कार्यालय, और कार्यालय का निरीक्षण किया।

बाकी कार्यालयों में जिला के वरीय पदाधिकारियों ने निरीक्षण किया।

कर्मचारियों को कार्यालय में समय पर उपस्थित होने और अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने की सख्त हिदायत

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सभी कार्यालयों के कर्मचारियों से व्यक्तिगत रूप से उनके उत्तरदायित्व के बारे में जानकारी ली।

उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी, बायोमेट्रिक रिकॉर्ड, और कार्यालयों में कर्मचारियों के टेबल पर नेम प्लेट (पद नाम सहित) की जाँच की।

उपायुक्त ने सभी कर्मचारियों को कार्यालय में समय पर उपस्थित होने और अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने की सख्त हिदायत दी।

किसी कर्मचारी के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत प्राप्त होती है और जाँच में आरोप सिद्ध होते हैं, तो उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी

उपायुक्त ने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि समाहरणालय में आने वाले आम लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना जाए और उनके साथ शालीनता से पेश आया जाए।

उन्होंने भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की बात दोहराई और स्पष्ट किया कि यदि किसी कर्मचारी के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत प्राप्त होती है और जाँच में आरोप सिद्ध होते हैं, तो उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन राँची को श्रेष्ठ जिला बनाने के लिए कटिबद्ध है

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन राँची को श्रेष्ठ जिला बनाने के लिए कटिबद्ध है। इसके लिए सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को अपनी सहभागिता निभानी होगी। उन्होंने सभी से कार्यकुशलता, पारदर्शिता और जनसेवा के प्रति समर्पण की अपेक्षा की।

नो पार्किंग में खड़े वाहनों का चालान किया गया

उपायुक्त ने निरीक्षण क्रम में समाहरणालय परिसर में नो पार्किंग में खड़े सैकड़ो वाहनों का तत्काल चालान कराने का निर्देश जिला परिवहन पदाधिकारी को दिया गया। तत्काल इन सभी वाहनों का चालान कर दिया गया।

समाहरणालय परिसर की स्वच्छता और सुविधाओं पर विशेष ध्यान

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने समाहरणालय भवन और इसके पूरे परिसर में का निरीक्षण करते हुए विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने परिसर में सुनियोजित पार्किंग व्यवस्था लागू करने, आगंतुकों के लिए बैठने की व्यवस्था, और पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

जिला प्रशासन, राँची जनता से अपील करते हुए कहा की किसी भी समस्या या शिकायत के लिए समाहरणालय के संबंधित कार्यालयों से संपर्क करें।

*************************

 

सेवा निवृति विदाई सम्मान समारोह का आयोजन

जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त, राँची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समारोह का आयोजन

सेवानिवृत हुए कुल 07 शिक्षकों को मोमेंटो, शाल ओढ़ा कर सम्मानित किया गया

जिला का यह कार्यक्रम जिसमें सेवानिवृत हो रहे शिक्षकों को उनके सेवानिवृत्ति के ही दिन सेवानिवृत्ति के सारे लाभ दे दिए गए

रांची,04.10.2025 -जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त, रांची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आज दिनांक- 04 अक्टूबर 2025 को समाहरणालय ब्लॉक- ए स्थित कॉन्फ्रेंस कक्ष में सेवा निवृति विदाई सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

उपायुक्त द्वारा सेवानिवृत हुए कुल 07 शिक्षकों को मोमेंटो, शाल ओढ़ा कर सम्मानित किया।

जानकारी हो की जिला का यह कार्यक्रम जिसमें सेवानिवृत हो रहे शिक्षकों को उनके सेवानिवृत्ति के ही दिन सेवानिवृत्ति के सारे लाभ दे दिए गए।

सेवा निवृत्ति होने वाले शिक्षक जिन्हें सम्मानित किया गया

1. राजू कुमार उपध्याय, स.शि. रा.उ.म.वि. गागी, काँके

2. सरोज लकड़ा, स.शि. रा.म.वि. सुकुरहुद्ध, काँके

3.अनिल कुमार, स.शि. रा.म.वि. टांगर, चान्हों

4. विनोद कुमार, स.शि. रा.म.वि. लुन्दरी, चान्हों, राँची

5. श्री अजय कुमार, स.शि. रा.म.वि. लालगुटुवा, नगड़ी, राँची

6. श्रीमती सुमन किस्पोट्टा, स.शि. संत जोसेफ मध्य विद्यालय हुलहुण्डू, नामकुम

7. श्रीमती जीवानी बागे, स.शि. गोस्नर म.वि. राँची-2

उपायुक्त ने इस आयोजन में सभी सेवानिवृत हो रहे शिक्षकों को ढेर सारी शुभकामनाऐं देते हुए साथ ही उन्होंने कहा की आज सेवानिवृत्ति के ही दिन रिटायरमेंट बेनिफिट का सारा लाभ दिया जा रहा है, यह बहुत बड़ी बात है।

साथ उन्होंने सभी सेवानिवृत शिक्षकों से विशेष रूप से कहा की शिक्षकों को अपने आप को व्यस्त रखे। उन्होंने सभी सेवा निर्वित हो रहें सभी शिक्षकों से उनके अनुभव के बारे में एक-एक करके जाना उन्होंने कहा की भविष्य में आप शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े रहे। आपके अनुभव विभाग के साथ साझा करें। ताकि गुणात्मक सुधार किए जा सकें।

उपायुक्त ने इस कार्यक्रम आयोजन के लिए जिला शिक्षा अधीक्षक को विशेष धन्यवाद दिया साथ ही सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों शुभकामनाऐं देते भगवान से प्रार्थना करते हुए कहा की ईश्वर आपको लम्बी उम्र और अच्छा स्वास्थ्य दे। आप सभी को जीवन के अगली कड़ी के लिए शुभकामनाऐं आप सभी नए नए कार्यों में उपलब्धि पाए।

*************************

 

एनसीआर में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 6 अक्टूबर के लिए येलो अलर्ट जारी

नोएडा 04 oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विभाग ने 6 अक्टूबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

विभाग का अनुमान है कि इस दिन पूरे दिन बारिश के साथ-साथ तेज हवाएं और गरज-चमक का सामना करना पड़ सकता है। इससे तापमान में भी गिरावट आएगी और लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, 4 और 5 अक्टूबर को आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 5 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तूफान देखने को मिल सकता है।

इस दौरान कोई बड़ा अलर्ट नहीं जारी किया गया है। हालांकि, 6 अक्टूबर को हालात बदलेंगे और सुबह से ही हल्की से मध्यम बारिश का दौर शुरू होगा, जो दिनभर रुक-रुक कर जारी रह सकता है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।

मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक, 6 अक्टूबर को पूरे दिन अलग-अलग समय पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

6 और 7 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 32 डिग्री तक और न्यूनतम 23-24 डिग्री तक रहेगा, जबकि ह्यूमिडिटी 90 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। 7 अक्टूबर को एनसीआर में बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश की संभावना है।

8 और 9 अक्टूबर से मौसम धीरे-धीरे साफ होना शुरू होगा। 8 अक्टूबर को आसमान आंशिक रूप से बदला रहेगा जबकि 9 अक्टूबर को मुख्य रूप से साफ मौसम की संभावना जताई गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री तक रह सकता है।

बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होगी। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बारिश से जहां फसलों और पर्यावरण को लाभ होगा, वहीं ट्रैफिक और आम जनजीवन पर असर भी पड़ सकता है।

**************************

 

वैष्णो देवी यात्रा 5 से 7 अक्टूबर तक स्थगित, मौसम विभाग की चेतावनी के बाद लिया गया फैसला

कटरा 04 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : माता वैष्णो देवी की यात्रा को खराब मौसम के कारण 5 अक्टूबर, रविवार से 7 अक्टूबर तक रोक दिया गया है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए यह बड़ा फैसला लिया है। यह फैसला भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी की गई चेतावनी के मद्देनजर किया गया है।

बता दें कि इससे पहले अगस्त में यात्रा मार्ग में लैंडस्लाइड की वजह से हुई तबाही के बाद 22 दिनों तक यात्रा रुकी थी। उस हादसे में 34 लोगों की जान चली गई थी।

 श्राइन बोर्ड ने शुक्रवार को की मौसम संबंधी सलाह को देखते हुए तीर्थयात्रा को स्थगित करने की घोषणा की। बोर्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करके भक्तों को सूचित किया है कि यात्रा 8 अक्टूबर को फिर से शुरू होगी, बशर्ते मौसम की स्थिति अनुकूल रहे।

अधिकारियों ने जोर देकर कहा है कि यह निलंबन तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और भलाई के हित में लागू किया गया है, और सभी से इस सलाह का पालन करने का आग्रह किया गया है।

***************************

 

सेना प्रमुख की पाकिस्तान को चेतावनी, नक्शे से मिटा देंगे नामोनिशां, ऑपरेशन सिंदूर-2.0′ दूर नहीं

अनूपगढ़ 04 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)- भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान को सख्त अल्टिमेटम दिया और कहा कि अगर पाकिस्तान राज्य-समर्थित आतंकवाद को बंद नहीं करेगा तो उसे अपने भूगोल पर बने रहने के बारे में सोचना होगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि पाकिस्तान ने आतंकवाद की आपूर्ति बंद नहीं की तो भारत “संयम भूल” सकता है।

सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा कि अगर पाकिस्तान दुनिया के नक्शे पर बना रहना चाहता है तो उसे हर हाल में आतंकवाद रोकना होगा, वरना हम संयम भूल जाएंगे और पाकिस्तान का नक्शे पर से नामोनिशां मिटा देंगे।

राजस्थान के अनूपगढ़ में एक सैन्य चौकी पर बोलते हुए जनरल द्विवेदी ने कहा कि भारतीय सेना इस बार कोई संयम नहीं दिखाएगी। उन्होंने संकेत दिया कि अगर पाक आतंकवाद पर लगाम नहीं लगाता है और आतंकियों की सप्लाई बंद नहीं करता है, तो ‘ऑपरेशन सिंदूर-2.0’ दूर नहीं होगा।

सेना प्रमुख ने आगे कहा कि ऑपरेशन सिंदूर 2.0 में भारत संयम नहीं रखेगा जो ऑपरेशन सिंदूर 1.0 में रखा था। इस बार भारत ऐसी कार्रवाई करेगा कि पाकिस्तान को सोचना पड़ेगा की उसे इतिहास में भूगोल पर रहना है या नहीं। अगर पाकिस्तान को भूगोल पर जगह बनानी है तो उसे आतंकवाद को खत्म करना होगा।

***************************

 

AAP ने तरनतारन उपचुनाव के लिए हरमीत संधू को उतारा प्रत्याक्षी, सीएम भगवंत मान ने किया ऐलान

तरनतारन 04 oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)- सीएम भगवंत मान ने पूर्व सीपीएस हरमीत सिंह संधू को विधानसभा हलका तरनतारन का प्रत्याशी घोषित कर दिया है।

उन्होंने कहा कि आम तौर पर पार्टियां अपनी पसंद का प्रत्याशी मैदान में उतारती है, लेकिन हमने हलके की लोगों की पसंद को मैदान में उतारा है। हरमीत संधू तरनतारन से तीन बार विधायक रह चुके है।

हरमीत सिंह संधू को अगस्त माह में हलका इंचार्ज बनाया गया था। मुख्यमंत्री मान ने अपने संबोधन के आखिर में कहा कि तरनतारन के लोगों को नई सड़कों के साथ नया एमएलए दे रहा हूं।

इन्हें संभालकर रखना व गौर भी फरमाना। संधू की जीत के लिए कोई कसर न रहे। मुझे जब भी बुलाओगे, चुनाव प्रचार के लिए आ जाउंगा।

बता दें कि कि शिअद ने सुखविंदर कौर रंधावा, भाजपा ने हरजीत सिंह संधू को पहले ही प्रत्याशी घोषित कर रखा है। मुख्यमंत्री मान ने हरमीत सिंह संधू की पीठ थपथपाते कहा कि अब तगड़े हो जाओ।

डेरा बाबा नानक, गिद्दड़बाहा, चब्बेवाल, जालंधर व लुधियाना की तरह उप चुनाव में हरमीत सिंह संधू की जीत सुनिश्चित करके आम आदमी पार्टी नया रिकॉर्ड बनाएगी।

*************************

 

ग्लैडरैग्स मेगामॉडल अचीवर वैशाली भाऊरज़ार को मिला महात्मा गांधी रत्न अवार्ड

04.10.2025 – कृष्णा चौहान फाउंडेशन के द्वारा गांधी जयंती के अवसर पर मेयर हॉल, अंधेरी पश्चिम मुम्बई में आयोजित ‘महात्मा गांधी रत्न अवार्ड 2025’ समारोह में अभिनेता दीपक पराशर, संगीतकार दिलीप सेन, एसीपी संजय पाटिल, गायिका रेखा राव, दीपक देसाई, विश्वजीत सोनी, मुस्तफा यूसुफअली गोम, रमेश गोयल, ब्राइट आउटडोर मीडिया के योगेश लखानी और पवन तोडी (महात्मा गांधी के अवतार में) की उपस्थिति में राष्ट्रीय स्तर पर ग्लैडरैग्स मेगामॉडल अचीवर रही मॉडल वैशाली भाऊरज़ार को अवार्ड देकर सम्मानित किया गया।

विदित हो कि वैशाली ने अपनी प्रतिभा और कला कौशल से कई राज्यस्तरीय और राष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिताओं में जीत हासिल की है। जहाँ से उसे मॉडलिंग और विज्ञापन की दुनिया में जाने का मौका मिला। वह कोविड प्रोडक्ट्स की ब्रांडिंग के विज्ञापन किये हैं। उन्होंने कई विज्ञापन किये हैं जिनमें लोगों को जागरूक करने वाले विज्ञापन हैं जैसे ‘डोंट ड्रिंक एंड ड्राइव के प्रति सतर्कता’ आदि।

साथ ही बीएसएनएल और कई छोटे बड़े विज्ञापन भी उन्होंने किये हैं। कुछ प्रोडक्ट की ब्रांड एम्बेसडर बनने का वैशाली को ऑफर मिला है। टेलीविजन जगत और फ़िल्म जगत में भी वह अपनी पहचान बनाती जा रही हैं। वैशाली अभी कई ब्रांड्स की मॉडल हैं और फेस्टीवल पर परफॉर्मेंस भी करती हैं।

वैशाली भाऊरज़ार को सुपर ह्यूमन एक्सीलेंस अवार्ड 2024 का सम्मान चिन्ह भी मिला है। यह अवार्ड (सम्मान चिन्ह) वैशाली को बॉलीवुड गायक पद्मश्री उदित नारायण के हाथों मिला। इस विशेष सम्मान को प्राप्त कर वैशाली भाऊरज़ार बेहद प्रसन्न और गौरवान्वित है। वैशाली इससे पहले भी कई अवार्ड से सम्मानित हो चुकी हैं। मुम्बई ग्लोबल की ओर से अखण्ड भारत गौरव अवार्ड भी इन्हें मिला है। यह अवार्ड भी उन्हें पद्मश्री उदित नारायण के हाथों मिला है।

नेहरू युवा केन्द्र मुम्बई द्वारा महाराष्ट्र मिनिस्ट्री ऑफ युथ अफेयर्स एंड स्पोर्ट्स सम्मान चिन्ह भी वैशाली को मिल चुका है। जहां एक ओर नारी शक्ति सम्मान समारोह में उन्हें बेस्ट फेस ऑफ द ईयर अवार्ड से नवाजा गया वहीं दूसरी ओर नारी शक्ति अवार्ड शो में राज्य स्तर पर अतिथि के रूप में उपस्थित होकर फॉर्मेसी के विद्यार्थियों को उन्होंने अपने हाथों से अवार्ड दिया है।

सिनेमा आज तक अवार्ड समारोह में उन्हें बेस्ट फेस ऑफ द ईयर 2022 से सम्मानित किया जा चुका है। छत्तीसगढ़ राज्य के भिलाई की मूल निवासी वैशाली भाऊरज़ार की मॉडल बनने की कहानी काफी दिलचस्प और प्रेरणादायक है।

वैशाली प्रारंभ में एयर होस्टेस बनना चाहती थी और वह बनी भी। किंगफिशर एयरलाइंस के साथ उन्होंने एक्स कैबिन क्रू (एयरहोस्टेस) के रूप में काम भी किया मगर उनकी किस्मत ने उन्हें मॉडलिंग की दुनिया मे ला दिया। वह अपनी कड़ी मेहनत और लगन से लगातार अपने कर्मपथ पर आगे बढ़ रही हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

****************************

 

वरिष्ठ अधिवक्ता एवं फिल्म पत्रकार काली दास पाण्डेय को मिला ‘महात्मा गांधी रत्न अवार्ड’

04.10.2025 – गांधी जयंती के अवसर पर कृष्णा चौहान फाउंडेशन के द्वारा मेयर हॉल, अंधेरी पश्चिम मुम्बई में आयोजित’महात्मा गांधी रत्न अवार्ड 2025′( पांचवां सीजन) समारोह में अभिनेता दीपक पराशर, संगीतकार दिलीप सेन, एसीपी संजय पाटिल, गायिका रेखा राव, दीपक देसाई, विश्वजीत सोनी, मुस्तफा यूसुफअली गोम, रमेश गोयल, ब्राइट आउटडोर मीडिया के योगेश लखानी और पवन तोडी (महात्मा गांधी के अवतार में) सहित बॉलीवुड के कई नामचीन शख्सियतों की उपस्थिति में वरिष्ठफिल्म पत्रकार एवं अधिवक्ता काली दास पाण्डेय को’महात्मा गांधी रत्न अवार्ड’ दे कर सम्मानित किया गया।

बॉलीवुड के चर्चित फिल्म पत्रकार काली दास पाण्डेय ने अपना करियर 1981 में स्वतंत्र पत्रकार के रूप में जमशेदपुर (झारखंड) से प्रकाशित हिंदी दैनिक समाचार पत्र ‘उदित वाणी’ से किया था।

80 के दशक से वर्तमान समय तक बतौर फिल्म पत्रकार बॉलीवुड में उनकी सक्रियता जारी है। हजारीबाग (झारखंड) बार एसोसिएशन की सदस्यता ग्रहण कर 1992 से वकालत के पेशे में क्रियाशील काली दास पाण्डेय को यह सम्मान फिल्म पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया।

संवाद प्रेषक : अभिषेक कुमार पाण्डेय

*************************

 

जिला प्रशासन ने दुर्गापूजा 2025 के सफल आयोजन को लेकर अपने सभी सहयोगियों को हार्दिक बधाई और आभार व्यक्त किया है

राज्य सरकार के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन ने इस वर्ष दुर्गापूजा 2025 के आयोजन को भव्य, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए अपनी सक्रियता और समर्पण के साथ पूरा किया

जिला प्रशासन ने कहा, “दुर्गापूजा 2025 का आयोजन हमारी एकता, समर्पण और सामुदायिक भावना का प्रतीक है। हम सभी के सहयोग से इस पर्व को न केवल भक्तिमय, बल्कि सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में सफल रहे

जिला प्रशासन ने इस आयोजन की सफलता का श्रेय सभी पूजा आयोजन समितियों,सर्व धर्म केंद्रीय शांति समिति, सभी मीडिया बन्धुओं और समाज के प्रबुद्ध व्यक्तियों को दिया

रांची,04.10.2025 – राज्य सरकार के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन ने इस वर्ष दुर्गापूजा 2025 के आयोजन को भव्य, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए अपनी सक्रियता और समर्पण के साथ पूरा किया।

इस पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, और जनसुविधाओं के लिए व्यापक इंतजाम किए गए, जिसके परिणामस्वरूप यह आयोजन न केवल भक्तिमय रहा, बल्कि पूरी तरह से सुरक्षित और सुव्यवस्थित भी रहा।

जिला प्रशासन द्वारा निम्न व्यवस्था की गई थी

1. विधि-व्यवस्था और सुरक्षा- जिला प्रशासन ने पूजा पंडालों और प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात किए। सीसीटीवी मॉनिटरिंग के माध्यम से निरंतर निगरानी सुनिश्चित की गई, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सका।

2. पंडालों में सुविधाएँ – सभी पूजा पंडालों में बिजली, पानी, और साफ-सफाई की उत्तम व्यवस्था की गई। भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष उपाय किए गए, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

3.जिला प्रशासन द्वारा ट्रैफिक व्यवस्था त्योहार के दौरान सड़कों पर यातायात को सुचारू रखने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन किया गया, जिससे श्रद्धालुओं और आम जनता को आवागमन में सहूलियत हुई।

4. मूर्ति विसर्जन मूर्ति विसर्जन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। विसर्जन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया।

5. जिला प्रशासन द्वारा पूजा स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाए गए थे। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए भी कई कदम उठाए गए।

प्रशासन ने सभी सहयोगियों को हार्दिक बधाई और आभार व्यक्त किया

जिला प्रशासन ने इस आयोजन की सफलता का श्रेय सभी पूजा आयोजन समितियों, सर्वधर्म केंद्रीय शांति समिति, सभी मीडिया बन्धुओं और समाज के प्रबुद्ध व्यक्तियों को दिया है। उनके सक्रिय सहयोग और समन्वय के बिना इतना भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन संभव नहीं था। प्रशासन ने सभी सहयोगियों को हार्दिक बधाई और आभार व्यक्त किया है।

भविष्य में भी हम इसी तरह के सामूहिक प्रयासों के साथ उत्सवों को और बेहतर बनाएंगे

जिला प्रशासन ने कहा, “दुर्गापूजा 2025 का आयोजन हमारी एकता, समर्पण और सामुदायिक भावना का प्रतीक है। हम सभी के सहयोग से इस पर्व को न केवल भक्तिमय, बल्कि सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में सफल रहे। भविष्य में भी हम इसी तरह के सामूहिक प्रयासों के साथ उत्सवों को और बेहतर बनाएंगे।”

जिला प्रशासन भविष्य में भी सभी धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को इसी तरह की उत्कृष्ट व्यवस्था के साथ संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

*******************************

 

इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय पेंशन योजनाओं के तहत लाभुकों के खाते में भुगतान

रांची,03.10.2025 – इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना, और इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना के तहत पात्र लाभुकों के खाते में जुलाई और अगस्त 2025 की पेंशन राशि का भुगतान किया गया

जिन लाभुकों को अभी तक पेंशन राशि प्राप्त नहीं हुई है, उन्हें अपने आधार कार्ड की NPCI मैपिंग (Aadhaar Seeding) सुनिश्चित करानी होगी

इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना, और इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना के तहत पात्र लाभुकों के खाते में जुलाई और अगस्त 2025 की पेंशन राशि का भुगतान किया गया है।

विवरण निम्नलिखित हैं:

1. इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना:

*लाभुकों की संख्या: 51,211

*भुगतान माह: जुलाई और अगस्त 2025

2. इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना:

*लाभुकों की संख्या: 11,299

*भुगतान माह: जुलाई और अगस्त 2025

3. इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना:

*लाभुकों की संख्या: 345

*भुगतान माह: जुलाई और अगस्त 2025

महत्वपूर्ण सूचना:

1. जिन लाभुकों को अभी तक पेंशन राशि प्राप्त नहीं हुई है, उन्हें अपने आधार कार्ड की NPCI मैपिंग (Aadhaar Seeding) सुनिश्चित करानी होगी। यह प्रक्रिया पेंशन प्राप्ति के लिए अनिवार्य है।

2. राँची जिला के सभी लाभुकों, जिनका डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) अभी तक Beneficiary Satyapan App या अन्य माध्यम से जमा नहीं हुआ है, से अनुरोध है कि वे अविलंब स्वयं, अपने प्रखंड, अंचल कार्यालय, या राँची समाहरणालय में जाकर DLC जमा कराएं। यदि DLC जमा न होने के कारण पेंशन बाधित होती है, तो इसकी समस्त जिम्मेदारी लाभुक की होगी।

राँची जिला प्रशासन सभी लाभुकों से अपील करता है कि वे उक्त प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करें ताकि पेंशन योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त हो सके।

*************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version