श्रीनगर में एक महीने से अधिक समय के बाद रात का तापमान जमाव बिंदु से ऊपर

श्रीनगर 31 Dec, (एजेंसी): एक महीने से अधिक समय के बाद शनिवार को श्रीनगर में रात का तापमान जमाव बिंदु से ऊपर चला गया। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में अगले 24 घंटों के दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान लगाया है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, बादल छाए रहने के कारण शनिवार को श्रीनगर में एक महीने से अधिक समय के बाद न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से ऊपर पहुंच गया। अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की उम्मीद है।

श्रीनगर में आज न्यूनतम तापमान 0.4, पहलगाम में माइनस 9 और गुलमर्ग में माइनस 8 डिग्री सेल्सियस रहा।

लद्दाख क्षेत्र में द्रास का न्यूनतम तापमान माइनस 23.7 और लेह में माइनस 13.6 रहा।

जम्मू में 6.1, कटरा में 6.2, बटोटे में 1.4, बनिहाल में 1.2 और भद्रवाह में माइनस 1.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।

********************************

 

पीएम मोदी के भाई की कार दुर्घटना का मामला: ड्राइवर के खिलाफ कर्नाटक में मामला दर्ज

मैसूर 31 Dec, (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई और उनके परिवार के सदस्यों की कार दुर्घटना में घायल होने के मामले में कर्नाटक पुलिस ने एक कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। कार चालक एन. सत्यनारायण के खिलाफ मैसूर ग्रामीण पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज की गई है। काफिले के कर्मचारी एस. महादेव ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने शिकायत में कहा था कि आरोपी चालक द्वारा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण दुर्घटना हुई। प्रधानमंत्री मोदी के भाई प्रह्लाद दामोदर दास मोदी और उनके परिवार के सदस्य 27 दिसंबर को मैसूरु जिले के कडाकोला गांव के पास कार के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद घायल हो गए थे।

यह घटना तब हुई थी जब प्रह्लाद मोदी और उनका परिवार मर्सिडीज बेंज कार में पर्यटन स्थल बांदीपुर की ओर जा रहे थे। अधिकारियों ने कहा है कि यह घटना तब हुई, जब कार के चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सड़क के डिवाइडर से टकरा गई।

सत्तर वर्षीय प्रह्लाद मोदी की ठुड्डी पर चोट लग गई थी। हादसे में उनके बेटे मेहुल प्रह्लाद मोदी (40), बहू जिनल मोदी और 6 साल का पोता मेनत मेहुल मोदी भी घायल हो गए। हादसे में आरोपी चालक सत्यनारायण को भी चोटें आई हैं। पुलिस जांच में पाया गया है कि दुर्घटना सत्यनारायण की लापरवाही के कारण हुई थी।

******************************

 

नए साल में बढ़ेगा सर्दी का सितम, पंजाब और हरियाणा सहित कई राज्यों में बारिश के आसार

नई दिल्ली 31 Dec, (एजेंसी): देश भर में ठंड का सितम जारी है। वहीं नये साल में जमा देने वाली सर्दी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आगामी चार से पांच दिन पारा 5 डिग्री तक गिर सकता है। कश्मीर से लेकर राजस्थान समूचा उत्तर भारत हिमपात, बारिश और घुप कोहरे की मार झेल सकता है। आज यूपी, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। कश्मीर के बारामूला, श्रीनगर और देहरादून, शिमला के अलावा नेपाल सीमा से लगने वाले पहाड़ी इलाकों में जमकर बर्फबारी हो रही है। जिस वजह से मैदानी इलाकों में शीतलहर तेज हो गई है। इसके अलावा सुबह और शाम के वक्त घुप कोहरे से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार से पांच दिन फिलहाल राहत के कोई आसार नहीं है।

पांच डिग्री तक गिरेगा तापमान

जारी प्रेस विज्ञप्ति में मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अगले चार से पांच दिन तापमान में गिरावट आ सकती है। पंजाब, जम्मू कश्मीर, हरियाणा, यूपी, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश समेत पश्चिमी हिमालयी राज्यों में अगले चार दिन तापमान 3 से 5 डिग्री तक गिर सकता है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि यूपी, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड और उत्तरी राजस्थान में 3 से 4 जनवरी तक शीतलहर का प्रकोप जारी है। पहाड़ों में बर्फबारी के चलते ठंडी हवाओं में इजाफा हो सकता है।

आईएमडी का कहना है कि जम्मू कश्मीर के लद्दाख, गिल्ट और मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी राजस्थान में बारिश या बर्फबारी हो सकती है।

**************************

 

चलती बस में ड्राइवर को आया हार्ट अटैक, SUV से हुई टक्कर- 9 लोगों की दर्दनाक मौत

नवसारी 31 Dec, (एजेंसी): गुजरात में भीषण सड़क हादसे की घटना सामने आई है। यहां के नवसारी में चलती बस में ड्राइवर को हार्ट अटैक आ गया। इसके बाद गाड़ी नियंत्रित हो गई है। इस हादसे में कार और बस के बीच सीधी टक्कर हो गई। इस घटना में 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। वहीं कई अन्य यात्री हो गए है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और अन्य लोगों में इलाज के लिए घायलों को नजदीक अस्पलात में भर्ती करवाया है। यह घटना राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 48 पर वेसमा गांव के पास हुई है।

ड्राइव करते वक्त ड्राइवर को दिल का दौरा पड़ा, जिससे बस अनियंत्रित हुई और उसने एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार को टक्कर मार दी। नवसारी में आज सुबह बड़ा हादसा हो गया। कार और बस की जोरदार टक्कर हो गई है। कार में सवार सभी आठ लोगों सहित 9 जनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायल बस ड्राइवर सहित अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि यह बस सूरत से वलसाड जा रही थी।

बता दें कि हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया। वहीं मृतकों के शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस ने बताया कि शवों को निकालने के लिए दोनों गाड़ियों को काटना पड़ा है।

************************

 

वीएस नेशन मीडिया एजेंसी व ताल म्यूजिक एंड फिल्म्स के संचालक देवेंद्र खन्ना ने सजाई एवरग्रीन म्यूजिक अवॉर्ड की खूबसूरत सुरीली शाम…..! 

31.12.2022 –  मुम्बई अंधेरी स्थित मेयर हॉल में एवरग्रीन म्यूजिक अवार्ड 2022 का भव्य आयोजन वरिष्ठ पत्रकार, लेखक, निर्माता, निर्देशक देवेंद्र खन्ना द्वारा किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों  हॉलीवुड फिल्म मेकर जय डोगरा, धर्म गुरु प्रभु मधूमंगल दास, सोशल वर्कर अनिल काशी मुरारका, इंटरनेशन एस्ट्रोलॉजर नीलू कुमार के हाथों दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।

वीएस नेशन मीडिया एजेंसी व ताल म्यूजिक एंड फिल्म्स के इस अवॉर्ड शो में जाने माने संगीतकार दिलीप सेन, इंडी पॉप के शहंशाह गायक परफॉर्मर मोस्ट ट्रेंडिंग इंडिपेंडेंट आर्टिस्ट लेस्ली लुईस और चुनरी- सारेगामा फेम गीतकार सुधाकर शर्मा, यारों सब दुआ करो जैसे अमर गीत गा कर स्टार गायक बने राम शंकर, कभी राम बन के कभी शाम बन के जैसे अमर गीतों की गायिका भजन क्वीन तृप्ति शाक्या, संगीतकार राजीव महावीर, प्ले बैक सिंगर शोमा बैनर्जी, ने इस अवार्ड शो में चार चांद लगा दिए। इस अवॉर्ड समारोह में संगीत से जुड़ी नामी हस्तियों को तो ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। साथ ही म्यूजिक क्रिटिक्स , म्यूजिक को प्रमोट करने वाले पत्रकारों को भी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

एवरग्रीन म्यूजिक अवॉर्ड में संगीत की दुनिया के 25 सितारों को ये अवॉर्ड दिया गया। जिनमें लेस्ली लुईस, रामशंकर, सुधाकर शर्मा, शोमा बैनर्जी,अलका भटनागर, काव्या जॉन्स, अनीता शर्मा, सागर घोड़गे, रेपर हितेश्वर मनीष कौशिक, शोना घोंसलवेस, राजीव महावीर, मनोज टिकारिया, दिलीप सेन, वास्तविक रॉय, कृष्णा चौहान, विजोय कश्यप, निकिता नागर, रोशन घरत, मंगेश, राज भट्ट, राजू टोंक, शंभू कुमार, अहम रहे, इनके अलावा म्यूजिक को प्रमोट करने वाले मीडिया से जुड़े पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया। जिनमें वरिष्ठ फोटोग्राफर सुरेश जेठवा, अवनींद्र आशुतोष, दिनेश गंभावा, जाकिर मीर, रेशमा शमा, नासिर तगाले, रमेश राव, काली दास पांडे, वेदांत सिद्धांत गिल, बाबा लौंडे, रमाकांत मुंडेकुमार, दिनेश कुमार, दिनेश परेशा के नाम उल्लेखनीय हैं।

इस शो में बहुत से गायकों ने अपनी आवाज का जादू भी बिखेरा। आयोजक देवेंद्र खन्ना ने भविष्य की योजनाओं पर बात करते हुए बताया कि वे 21जनवरी2023 को मिस एंड मिसेज एवरग्रीन पेजेंट का आयोजन भी कर रहे हैं। इसके बाद 5 मार्च को वसई गौरव अवार्ड  व नारी शक्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***************************

 

1.5 लाख से अधिक आयुष्मान भारत स्वास्थ्य और कल्याण केंद्र चालू : स्वास्थ्य मंत्रालय

नई दिल्ली 31 Dec, (एजेंसी): देश के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने वाली एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में भारत ने उल्लेखनीय मील का पत्थर पार कर लिया है, 31 दिसंबर से पहले 150,000 आयुष्मान भारत स्वास्थ्य और कल्याण केंद्र (एबी-एचडब्ल्यूसी) चालू हो गए हैं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने इस उपलब्धि पर देश को बधाई दी और कहा कि भारत ने जो लक्ष्य निर्धारित किया था, उसे सफलतापूर्वकहासिल कर लिया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को हकीकत में बदलते हुए राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्र सरकार के सामूहिक और सहयोगात्मक प्रयासों ने भारत को सुनिश्चित और व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए वैश्विक मॉडल में बदल दिया है।

मंडाविया ने ट्वीट किया- 1,50,000 स्वास्थ्य और कल्याण केंद्र! पीएम नरेंद्र मोदी जी ने दिसंबर 2022 तक देश में 1.5 लाख एबी-एचडब्ल्यूसी शुरू करने का लक्ष्य रखा था। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि आज हमने यह लक्ष्य हासिल कर लिया है। ये केंद्र निश्चित रूप से नागरिकों की प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल को मजबूत करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रयासों की सराहना की और ट्वीट को रीट्वीट करते हुए कहा, स्वस्थ नागरिकों में ही भारत की समृद्धि निहित है। रिकॉर्ड संख्या में स्थापित ये स्वास्थ्य और कल्याण केंद्र इस दिशा में एक बड़ी भूमिका निभाएंगे। यह उपलब्धि नए भारत में एक नई ऊर्जा भरने वाली है।

मंत्रालय ने कहा कि विभिन्न पहलों के माध्यम से देश के अंदरूनी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करते हुए एबी-एचडब्ल्यूसी ने ई-संजीवनी के माध्यम से 8.5 टेली-परामशरें को पार कर लिया है, जिसमें लगभग चार लाख टेली-परामर्श दैनिक आधार पर होते हैं। इसमें कहा गया है कि गैर-संचारी रोगों के लिए 86.90 करोड़ से अधिक लाभार्थियों की संचयी जांच की गई है, जिसमें उच्च रक्तचाप के लिए 29.95 करोड़, मधुमेह के लिए 25.56 करोड़, मुंह के कैंसर के लिए 17.44 करोड़, स्तन कैंसर के लिए 8.27 करोड़ और सर्वाइकल कैंसर के लिए 5.66 करोड़ शामिल हैं।

मंत्रालय ने कहा- एबी-एचडब्ल्यूसी के विस्तार के आलोक में, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और स्वास्थ्य कल्याण केंद्रों में आवश्यक दवाओं की संख्या बढ़कर 172 और उप स्वास्थ्य केंद्रों और स्वास्थ्य कल्याण केंद्रों में 105 हो गई है, जबकि पीएचसी-एचडब्ल्यूसी में 63 और एसएचसी-एचडब्ल्यूसी में 14 तक आवश्यक डायग्नोस्टिक्स का विस्तार किया गया है।

******************************

 

तमिलनाडु: मकान में ब्लास्ट, 3 महिला समेत 4 लोगों की मौत

नई दिल्ली 31 Dec, (एजेंसी): तमिलनाडु के नमक्कल जिले के एक मकान में हुए विस्फोट में एक पटाखे की दुकान के मालिक और तीन महिलाओं सहित चार लोगों की मौत हो गई और इतने ही लोग घायल हो गए। उक्त घर में कथित रूप से पटाखे रखे हुए थे।

पुलिस ने शनिवार को घटना के बारे में बताया कि विस्फोट तड़के करीब चार बजे अचानक हुआ, जिसमें मोहनूर में एक मकान और आसपास के कुछ अन्य मकान क्षतिग्रस्त हो गए तथा चार व्यक्ति घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, दमकल की गाड़िय़ों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “यह स्पष्ट नहीं है कि लाइसेंस धारक तिल्लई कुमार (37) ने अपने घर में पटाखा क्यों रखा हुआ था। यह घटना तड़के करीब चार बजे हुई। तिल्लई, उसकी मां सेल्वी (57) और पत्नी प्रिया (27) की मौके पर ही मौत हो गई।

*************************************

आईएएस चेतन देवड़ा राजस्थान सिविल सेवा अपील अधिकरण के सदस्य बने

जयपुर 30 दिसंबर,(एजेंसी)। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी चेतन देवड़ा को राज्य सरकार ने 3 साल के लिए राजस्थान सिविल सेवा अपीलीय अधिकरण का सदस्य नियुक्त किया है। उनकी यह नियुक्ति 2 जनवरी, 2023 से प्रभावी होगी।

उल्लेखनीय है कि देवड़ा 31 दिसंबर को उद्यान विभाग के आयुक्त पद से सेवानिवृत हो रहे हैं।

वे इससे पहले चित्तौडग़ढ़, डूंगरपुर और उदयपुर कलेक्टर समेत कई प्रमुख पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

******************************

 

 

सपा विधायक की 10 करोड़ की संपत्ति चिह्नित

*अवैध तरीके से बनाई गई संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई तेज*

खंगाला जा रहा संपत्तियों  का विवरण,महाराजगंज में जेल में बंद है सपा विधायक 

कानपुर 30 दिसंबर,(एजेंसी )। शहर के सीसामऊ क्षेत्र से सपा विधायक इरफान सोलंकी पर गैंगस्ट लगाने के बाद पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है। गैंगस्टर के तहत इरफान की गलत तरीके से बनाई गई करोड़ों की संपत्ति जब्त करने की दिशा में अब तक 10 करोड़ की प्रॉपर्टी चिह्नित कर ली गई है। इसमें उनकी कोठी समेत तीन मकान, दो फैक्ट्रियां और कई निर्माणाधीन साइट हैं। पुलिस की एक टीम सिर्फ उनकी संपत्तियां चिह्नित करने का काम तेजी से कर रही है।

ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि सीसामऊ विधानसभा के सपा विधायक और उनके भाई समेत पांच लोगों पर गैंगस्टर एक्ट लगाया गया था। विधायक गैंग बनाकर लोगों से वसूली, जमीनों पर कब्जा करने का गैंग चला रहे थे। उनकी काली कमाई से खड़ी की गई करोड़ों की संपत्ति गैंगस्टर एक्ट के तहत जब्त की जाएगी। इसी के तहत उनकी 10 करोड़ की संपत्ति चिह्नित कर ली गई है। यह संपत्ति उन्होंने विधानसभा चुनाव के दौरान अपने घोषणा पत्र में दाखिल की है।

इसी आधार पर सबसे पहले उनकी घोषित 10 करोड़ की प्रॉपर्टी को चिह्नित किया गया है। इसमें उनकी कोठी समेत तीन मकान, दो फैक्ट्री और कई निर्माणाधीन साइट हैं। कानपुर के साथ ही अन्य जिलों व राज्यों की प्रॉपर्टी को चिह्नित करने के लिए पुलिस की एक अलग टीम तेजी से काम कर रही है। बताया जाता है कि इरफान के पास कानपुर से लेकर मुंबई तक करोड़ों की संपत्ति है। एक-एक संपत्ति का विवरण खंगाला जा रहा है।

भाई रिजवान के नाम भी करोड़ों की संपत्ति

ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर ने बताया कि इरफान के साथ ही उनके भाई रिजवान भी करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं। कानपुर और उन्नाव जिले में ही कई करोड़ की संपत्ति है। रिजवान उन्नाव जिले का भू-माफिया भी है। रिजवान ने कानपुर से उन्नाव तक सरकारी जमीनों पर कब्जा और अवैध तरीके से करोड़ों की प्रॉपर्टी बनाई है। रिजवान की संपत्तियां भी गैंगस्टर एक्ट के तहत जब्त की जाएंगी।

*****************************

 

सीबीआई ने रिश्वत मामले में सेना के दक्षिण पश्चिमी कमान के अधिकारी को किया गिरफ्तार

*जयपुर समेत 9 जगह छापेमारी*

नई दिल्ली 30 दिसंबर,(एजेंसी)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने कहा कि रिश्वत मामले में दक्षिण पश्चिमी कमान से जुड़े भारतीय रक्षा लेखा सेवा (आईडीएएस-98) के एक अधिकारी उमाशंकर प्रसाद कुशवाह को गिरफ्तार किया है। इनसे पूछताछ के आधार पर सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान सीबीआई टीम ने जयपुर, जींद, बठिंडा, गंगा नगर सहित नौ अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 40 लाख रुपये और सरकारी नौकरों से संबंधित विभिन्न संपत्ति दस्तावेज और आपत्तिजनक दस्तावेज बारामद किए हैं।

रिपोर्ट के अनुसार मामले में कुशवाह के अलावा सीबीआई ने आईएफए दफ्तर में लेखाधिकारी के तौर पर पदस्थ राम रूप मीणा, जूनियर ट्रांसलेटर विजय नामा और जयपुर स्थित तनुश्री कई के कथित बिचौलिये राजेंद्र सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, आईडीएएस अधिकारी उमाशंकर प्रसाद कुशवाहा वर्तमान में जयपुर में दक्षिण पश्चिमी कमान एकीकृत वित्तीय सलाहकार (आईएफए) के रूप में तैनात थे।

सीबीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि उमाशंकर प्रसाद कुशवाहा के अलावा आईएफए कार्यालय में तैनात लेखाधिकारी राम रूप मीणा, जूनियर ट्रांसलेटर विजय नामा, हरियाणा में जिद के हाईटेक सिक्योरिटी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के सुनिल कुमार, राजस्थान में श्रीगंगानगर के ईएसएस पीई ट्रेडर्स के प्रबजिंदर सिंह बराड़, पंजाब के भटिंडा में डीके इंटरप्राइजेज के दिनेश कुमार जिंदल और जयपुर में झोटवाड़ा के तनुश्री सर्विसेस के राजेंद्र सिंह के खिलाफ रिश्वत का मामले दर्ज किया था।

ऐसा आरोप था कि तीन निजी फर्मों के आरोपियों ने एक साजिश रची थी जिसके तहत दक्षिण पश्चिमी कमान में विभिन्न स्थानों के लिए संरक्षण सेवाओं की आउटसोर्सिंग से संबंधित सभी कार्य प्राप्त कर रहे थे। रिपोर्ट के अनुसार, सीबीआई का आरोप है कि कुशवाहा, मीणा, नामा और सिंह मिलीभगत से नियमित रूप से आरोपी प्राइवेट ठेकेदारों से उनके बिलों को चुकाने और अनुबंध प्राप्त करने और लिए दिशा-निदेशरें का उल्लंघन कर उनका पक्ष लेने के लिए सुविधाएं और रिश्वत प्राप्त कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों को पंचकूला की सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा।

*********************************

 

मुंबई के मदर मेरी चर्च को बम से उड़ाने की धमकी, लश्कर-ए-तैयबा ने भेजा ईमेल

मुंबई 30 दिसंबर,(एजेंसी)। इस्लामी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने ईमेल भेजकर मुंबई के माउंट मैरी चर्च को बम से उड़ा दिए जाने की धमकी दी है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। ई मेल में धमकी दी गई है कि आतंकी संगठन चर्च पर बम से हमला करेगा। पुलिस ने आईपीसी की धारा 505 (3) के तहत केस दर्ज कर लिया है।

सांस्कृतिक पहचान वाले इस चर्च को मिली आतंकी धमकी से खलबली मच गई है। यह भारत के पांच सबसे पुराने चर्चों में से एक है। इस चर्च में प्रति वर्ष 8 सितंबर को मदर मैरी का जन्मदिन धूमधाम से मनाया जाता है। सितंबर महीने में यहां एक सप्ताह तक मदर मैरी फेयर लगता है। यहां हर धर्म-मजहब के लोग मन्नत मांगने के लिए आते हैं। मलाइका अरोड़ा, जॉन अब्राहम जैसे कई सेलिब्रिटी यहां आया करते हैं। यह चर्च 300 वर्षों से मुंबई की पहचान रहा है। यह 1640 में बना था और 1761 में इसका पुनर्निमाण करवाया गया।

रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई के बहु सांस्कृतिक, बहु धार्मिक संस्कृति का गवाह रहे माउंट मैरी चर्च को उड़ाने की धमकी को लेकर लोगों में खौफ है। बता दें कि, मुंबई शुरू से ही आतंकियों का टारगेट रही है। अब तक होटल्स, रेलवे स्टेशन, अस्पताल जैसे कई स्थान आतंकियों की हिट लिस्ट में रहा करते थे। अब आतंकियों की मुंबई के ऐतिहासिक महत्व के धार्मिक स्थल को टारगेट करने की योजना सामने आई

**************************

 

ऋषभ पंत के ईलाज का सारा व्यय राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा : सीएम धामी

देहरादून 30 दिसंबर,(एजेंसी)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वाहन दुर्घटना में घायल क्रिकेटर श्री ऋषभ पंत के बारे में अधिकारियों से जानकारी लेते हुए उनका समचित ईलाज की सभी सम्भव व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।

मुख्यमंत्री ने ऋषभ पंत के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि उनके ईलाज का सारा व्यय राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। अगर एयर एम्बुलेंस की आवश्यकता होती है तो उसकी भी व्यवस्था की जाए।

गौरतलब है कि भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत की कार का प्रात: लगभग 05:30 बजे कोतवाली मंगलोर क्षेत्रांतर्गत मोहम्मदपुर जट के पास एक्सीडेंट हो गया था।

मौके पर 108 व हरिद्वार पुलिस द्वारा घायल को सर्वप्रथम रुड़की अस्पताल  में शिफ्ट किया तत्पश्चात देहरादून रेफर किया गया ।

************************

 

झारखंड अभिनेत्री हत्याकांड : पुलिस ने मृतका के देवर को किया गिरफ्तार

कोलकाता 30 दिसंबर,(एजेंसी)।  झारखंड की अभिनेत्री और यूट्यूबर रिया कुमारी की हत्या की जांच कर रही पश्चिम बंगाल पुलिस ने पीडि़ता के पति प्रकाश कुमार के छोटे भाई संदीप कुमार को गिरफ्तार किया है, प्रकाश कुमार को एक दिन पहले गिरफ्तार किया गया था। पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में बुधवार को कथित हाईवे डकैती के दौरान रिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। रिया का पति प्रकाश कुमार, जो फिल्म निर्माता हैं, उसे रिया के परिवार के सदस्यों की शिकायत के बाद गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया था, परिवार ने शिकायत प्रकाश कुमार के भाई का भी जिक्र किया था।

संदीप कुमार को शुक्रवार को हावड़ा जिले की निचली अदालत में पेश किया गया, सरकारी वकील ने उनके लिए पुलिस हिरासत की मांग की। राज्य पुलिस सूत्रों ने कहा कि प्रकाश कुमार की तरह, उनके छोटे भाई को भी हावड़ा जिले के बगनान पुलिस स्टेशन में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर गिरफ्तार किया गया। प्रकाश और संदीप के अलावा, प्राथमिकी में नामजद तीसरा व्यक्ति प्रकाश की पहली पत्नी शारदा देवी है। पुलिस मामले में उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है और पश्चिम बंगाल से एक टीम पहले ही रांची के लिए रवाना हो चुकी है, जहां मृतका और उसका पति रहते थे।

जांच अधिकारी हत्या के पीछे एक संभावित वित्तीय मकसद भी देख रहे हैं। पुलिस को पता चला है कि कुमार पर बाजार में करीब 30 लाख रुपये का कर्ज है। दूसरी ओर, मृतक अभिनेत्री का अपनी तीन साल की बेटी के साथ संयुक्त जीवन बीमा पॉलिसी थी, जिसमें नामित कुमार हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं रिया की हत्या के पीछे कोई वित्तीय पहलू तो नहीं है।

इस बीच पुलिस को प्रकाश के बयानों में भी काफी विसंगतियां मिली हैं। कुमार के बयान के अनुसार, हत्या बुधवार सुबह करीब छह बजे हुई जब वह रांची से कोलकाता जा रहे थे। उसके बयान के अनुसार, तीन बदमाशों ने लूट के इरादे से कार रोकने के बाद उन पर हमला किया। लेकिन जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनमें से एक ने रिया को एकदम से गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस के एक अधिकारी ने पूछा- कुमार के अनुसार, तीन अज्ञात बदमाशों ने रिया को गोली मार दी जब दोनों ने उनका विरोध करने की कोशिश की। पुलिस को जिस कार में वह यात्रा कर रहे थे, उसके अंदर से कारतूस का खोका मिला। अगर दंपति ने उनका विरोध करने की कोशिश की तो बदमाशों ने गोली चला दी थी, उन्हें अपने वाहन के बाहर होना चाहिए था। तो कार के अंदर से खोका क्यों मिला?

दूसरे, अधिकारी के अनुसार, अगर कोई प्रतिरोध होता, तो बदमाशों की स्वाभाविक प्रवृत्ति उनकी पत्नी के बजाय पहले कुमार को गोली मारने की होती।

**************************

केसीएफ के संथापक डॉ कृष्णा चौहान को मिला एवरग्रीन म्युज़िक अवार्ड

31.12.2022 – कृष्णा चौहान फाउंडेशन (केसीएफ) के संथापक  डॉ कृष्णा चौहान को वीएस नेशन व ताल म्युज़िक एंड फिल्म्स के द्वारा मुम्बई अंधेरी वेस्ट के मेयर हॉल में आयोजित एवरग्रीन म्यूजिक अवार्ड समारोह में संगीतकार दिलीप सेन, लेस्ली लुईस और गीतकार सुधाकर शर्मा के हाथों अवार्ड देकर सम्मानित किया गया।

डॉ कृष्णा चौहान हालिया रिलीज म्यूजिक वीडियो ‘तेरा ज़िक्र’ के निर्माता निर्देशक भी हैं। डॉ कृष्णा चौहान न केवल एक कामयाब फ़िल्म निर्देशक एवं चर्चित समाज सेवक हैं बल्कि अवार्ड्स फंक्शन करने के मामले में सबसे अधिक सुर्खियों में रहने वाले पर्सनाल्टी माने जाते हैं।

डॉ कृष्णा चौहान केसीएफ के अंतर्गत बॉलीवुड लीजेंड अवॉर्ड, बॉलीवुड आइकोनिक एवॉर्ड, लीजेंड दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड, महात्मा गांधी रत्न अवार्ड और भी कई तरह के अवार्ड समारोह का आयोजन पिछले कई वर्षों से करते चले आ रहे हैं।

उनका एक अवार्ड फंक्शन सम्पन्न होता है और वह अपने अगले पुरस्कार समारोह की तैयारियों में लग जाते हैं। गोरखपुर यूपी के मूल निवासी डॉ कृष्णा चौहान पिछले 20 वर्षों से बॉलीवुड में सक्रिय हैं।

इन्होंने अपना फिल्मी सफर बतौर सहयक निर्देशक शुरू किया था। इन्होंने कई एड फिल्म्स, म्यूजिक वीडियो बनाया है और अब बहुत जल्द ही उनकी हॉरर थ्रिलर फ़िल्म ‘आत्मा डॉट कॉम’ की शूटिंग शुरू होने वाली है जिसके संगीतकार दिलीप सेन हैं।

इस फिल्म में नवोदित कलाकारों के साथ बॉलीवुड के कई नामचीन कलाकार अपने अभिनय का जलवा बिखेरते नज़र आएंगे।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

**************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज मन हल्का रहेगा व कार्य योजना सफल रहेगी। अपने वाकचातुर्य से आप कार्य पूर्ण कर लेंगे। खेल जगत से जुड़े जातकों के लिए समय श्रेष्ठ है। यात्रा से लाभ संभव है। व्यापार-व्यवसाय में यश कीर्ति की वृद्धि होगी। हल्का भोजन करें। स्वास्थ्य लगभग सामान्य रहेगा।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वु , वे, वो)

आज आपका दिन मंगलमय होगा। वर्तमान समय शुभ फल देने वाला है। अपनी वाणी पर नियंत्रण रखें, बने काम बिगड़ सकते हैं। कुछ जगह अपनी सोच को बदलें न कि दूसरों को सोच बदलने की कोशिश करें। क्रोध पर नियंत्रण रखें, इष्ट आराधना सहायक होगी। स्वास्थ्य में ठंड से बचाव करें और सब सामान्य रहेगा।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज आपका दिन मिश्रित उतार चढ़ाव वाला रहेगा। संतान के विवाह की चिंता रहेगी। आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। पूंजी निवेश से लाभ संभव है। राज कार्य से जुड़े जातकों के लिए समय मिश्रित फलदायी है। अपने अधिकारों सही दिशा में प्रयोग करें। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

व्यवसाय विस्तार की योजना सफल होगी। व्यर्थ की चिंता छोड़ दें। खाद्य पदार्थ से जुड़े जातकों के लिए समय अति श्रेष्ठ है। समय रहते पूंजी निवेश कर सकते है। शत्रु वर्ग सक्रिय होगा परन्तु उनको सफलता नहीं मिलेगी। धर्म कर्म में रुचि बढ़ेगी। स्वास्थ्य सुधार होगा।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आप के व्यवहार से सहकर्मी खुश होंगे। जीवन में नई उड़ान भरने का समय आया है, इसका लाभ लें। परिजनों से भेंट होगी। अनायास खर्च हो सकता है। सामाजिक कार्यक्रमों में भाग ले सकेंगे। आध्यात्मिक कार्यो के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण होगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज समय आपके साथ है। धनकोष में वृद्धि होगी। अपने करियर के प्रति गंभीर निर्णय लें। आत्म विश्वास की कमी के कारण गलत फैसले ले सकते हैं इसलिए आत्मविश्वास को प्रबल रखें। मन में कई दुविधाएं चल रही हैं तो निर्णय लेने का सही समय है। आध्यात्मिक बल से लाभ होगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज आप महत्वपूर्ण निर्णय लेने में सक्षम होंगे। लंबे समय से चले आ रहे पारिवारिक विवाद आज समाप्त हो जाएगा। महत्त्वपूर्ण कार्य निपटाने में लगे रहेंगे। छात्रों के लिए समय मेहनत करने वाला है। कहीं भी ज्यादा घमंड से नुकसान आप को ही होगा। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य लाभ होगा।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आप प्रसन्न मुद्रा में रहेंगे। कार्यक्षमता में वृद्धि होगी। नौकरी की तलाश में भटकना पड़ेगा। आप कितना सोचते हैं, पर करते कितना हैं। इस पर ध्यान दें। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। भूमि-भवन क्रय करने में पूंजी लगानी पड़ सकती है। स्वास्थ्य को ढीला न छोडे।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज आपका दिन शुभ होगा। क्या करूं, क्या न करूं, इसी स्थिति से आप गुजर रहे हैं तो शांति से फैसले लें, जल्दबाजी में कोई भी कार्य न करें। वाहन क्रय करने का मन बना रहे है। अपनी नकारात्मक सोच को बदलें, लाभ होगा। मित्रों से मुलाकात मन प्रफुल्लित करेगी। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज स्वयं के लिए समय निकाल पाएंगे। आप दूसरों के लिए नकारात्मक न सोचें। अपने आहार पर नियंत्रण रखें। पेट संबंधित रोग हो सकता है। कम समय है, काम ज्यादा इसलिए मन लगा कर अपने कार्य में लग जाएं। सफलता मिलेगी। मनचाहा जीवन साथी मिलने से मन प्रसन्न रहेगा। स्वास्थ्य सुधार होगा।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आप सकारात्मक सोच से उन्नति कर पाएंगे। जो करना है उसके लिए आगे बढे। समय की कीमत समझे फालतू समय बर्बाद न करें। दूसरों की सीख में अपना नुकसान कर बैठेंगे। शांति से विचार कर कोई निर्णय लें। आजीविका के स्रोत में वृद्धि के आसार हैं। पुराने निवेश से लाभ होगा। स्वास्थ्य सही रहेगा।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज मानसिक सन्तुष्टि मिलेगी। कार्य की अधिकता के कारण जरूरी कार्य पूरे कम हो सकेंगे। उन्नति के पथ पर अग्रसर होंगे। अधिकारी वर्ग के लिए समय उत्तम है। दान पुण्य से मन को शांति मिलेगी। ऊर्जा बढाने पर बल देंगे। स्वास्थ्य लाभ होगा।

*******************************

तस्वीरों में PM Modi की मां की अंतिम यात्रा, सिर झुकाकर नमन… अर्थी को कंधा और मुखाग्नि

नई दिल्ली 30 Dec, (एजेंसी): पीएम नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी का शुक्रवार तड़के निधन हो गया। वह 100 वर्ष की थीं। मां के निधन पर पीएम ने भावुक ट्वीट किया। उन्होंने मां के निधन को शानदार शताब्दी का ईश्वर चरणों में विराम बताया।

मां के निधन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मां के अंतिम दर्शन किए। प्रधानमंत्री मोदी मां के शव के पास काफी देर तक बैठे रहे और उनके लिए भगवान से प्रार्थना की। पीएम मोदी मां की अंतिम यात्रा में शामिल हुए और खुद कंधा देकर बेहद सादगी के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन को गांधी नगर सेक्टर 30 स्थित श्मशान ले जाया गया। उनके अंतिम यात्रा में शामिल लोगों ने उन्हें अश्रुपूरित श्रद्धांजलि दी और भगवान से उनकी आत्मा की शांति के लिए कामना की।मां के अंतिम यात्रा में शामिल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शव वाहन में मां के साथ अकेले रहे। बेहद सादगी के साथ वह पूरे समय तक मां के शव के साथ रहे। मां की अंतिम यात्रा पूरी करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मां की आत्मा की शांति और परमगति प्राप्ति की कामना के साथ मां को तुलसीदल के साथ गंगाजल दिया। गांधी नगर सेक्टर 30 स्थित श्मशान में प्रधानमंत्री मोदी की मां हीराबेन का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने खुद मां को मुखाग्नि दी। मां हीराबेन के निधन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने बड़े भाई सोमा भाई के साथ मिलकर उन्हें मुखाग्नि दी। इस मौके पर प्रधानमंत्री बेहद भावुक हो गए थे।

**************************************

 

स्वरकोकिला लता मंगेशकर पर आधारित अलौकिक गीत ‘विश्वस्वरमाउली’ का लोकार्पण सम्पन्न

30.12.2022 – मास्टर दीनानाथ मंगेशकर के 122वीं जयंती पर विले पार्ले, मुम्बई स्थित दीनानाथ मंगेशकर नाट्यगृह में कवि डॉ. दीपक वज़े द्वारा रचित हृदयनाथ मंगेशकर के संरक्षण और मार्गदर्शन के तहत निर्मित स्वरकोकिला  लता मंगेशकर पर आधारित अलौकिक गीत ‘विश्वस्वरमाउली’ का लोकार्पण 29 दिसंबर को प्रसिद्ध बांसुरी वादक पंडित हरि प्रसाद चौरसिया और गायिका उषा मंगेशकर ने किया।

इस अवसर पर मंगेशकर परिवार के आदिनाथ मंगेशकर और मुम्बई भाजपा अध्यक्ष आशिष शेलार भी उपस्थित थे। आर्यन इंस्टीट्यूट ऑफ चेस एंड आर्ट एक्सीलेंस के बैनर तले एमआईटी-एडीटी विश्वविद्यालय के विशेष सहयोग से हृदयेश आर्ट्स के संचालक अविनाश प्रभावलकर द्वारा प्रस्तुत और टाइम्स म्यूजिक के बैनर तले निर्मित इस गीत का छायांकन किया है तुषार पांके ने।

इस समारोह में अजय मदान द्वारा संयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में केतकी मटेगांवकर, सवानी रवींद्र, प्रियंका बर्वे और विभावरी आप्टे जोशी द्वारा लता मंगेशकर के लोकप्रिय गीतों को भी प्रस्तुत किया गया।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***************************

 

पीएम मोदी की मां के निधन पर राहुल गांधी ने व्यक्त की शोक संवेदना

नई दिल्ली 30 Dec, (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के निधन पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी अपनी शोक संवेदना व्यक्त की है। राहुल गांधी ने एक ट्वीट के द्वारा अपनी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद मोदी की माताजी हीरा बा के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है। इस मुश्किल समय में, मैं उन्हें और उनके परिजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं और प्यार व्यक्त करता हूं।

************************************

 

प्रधानमंत्री मोदी की मां हीराबेन के निधन पर राष्ट्रपति व उपराष्ट्रपति ने शोक व्यक्त किया

नई दिल्ली 30 Dec, (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता हीराबेन मोदी के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। बता दें कि प्रधानमंत्री की मां हीराबेन का 100 साल की उम्र में निधन हो गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट कर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबा का सौ वर्षों का संघर्षपूर्ण जीवन भारतीय आदशरें का प्रतीक है। नरेंद्र मोदी ने ‘मातृदेवोभव’ की भावना और हीराबा के मूल्यों को अपने जीवन में ढाला। मैं पुण्यात्मा की शांति के लिए प्रार्थना करती हूं। परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।

वहीं उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की माता जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करता हूँ। हीराबेन मोदी, उन्होंने मातृत्व के गुण को दशार्ते हुए सादगी और उदात्तता का उदाहरण दिया। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को चिर शांति प्रदान करें।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें अहमदाबाद के एक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

**************************

 

मां का अंतिम संस्कार कर कर्म पथ पर PM मोदी, कोलकाता में वंदे भारत ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

नई दिल्ली 30 Dec, (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी का शुक्रवार सुबह 100 साल की उम्र में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार सुबह गांधीनगर के श्मशान घाट में किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गांधीनगर के एक श्मशान घाट में अपनी मां हीराबेन मोदी का अंतिम संस्कार करने के बाद राजभवन के लिए रवाना हो गए। यहां से वह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बंगाल में आयोजित सरकारी कार्यक्रमों में शामिल हुए।

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोलकाता में वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर उसे देश को समर्पित किया।

वहीं पीएम मोदी की मां के निधन पर देश भर में शोक की लहर हैं। इस दौरान लालकृष्ण आडवाणी ने भी पीएम नरेंद्र मोेदी की मां के निधन पर दुख जताया। वहीं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की माँ हीराबेन मोदी के निधन शोक व्यक्त किया है। यादव ने शुक्रवार को ट्वीट किया, “ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की माता जी आदरणीय श्रीमती हीराबेन मोदी जी का निधन, अत्यंत दुःखद। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं। भावभीनी श्रद्धांजलि!”

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शोक प्रकट करते हुए कहा, ”PM नरेंद्र मोदी की मां हीरा बा का दुखद निधन हुआ। प्रधानमंत्री का अपनी मां से एक आत्मीय जुड़ाव था। इस दुख की बेला में हमारी संवेदनाएं प्रधानमंत्री और उनके परिवार के साथ हैं। मैं आदरणीय हीरा बा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।”

वहीं प्रधानमंत्री मोदी की मां के निधन पर कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, ”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की माताजी, श्रीमती हीरा बा के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। इस मुश्किल समय में, मैं उन्हें और उनके परिजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं और प्यार व्यक्त करता हूं।”

प्रधानमंत्री की मां हीराबेन के निधन पर मोदी परिवार का संदेश सामने आया है। दुख की इस घड़ी में साथ देने के लिए आभार जताया है। साथ ही उन्होंने लोगों से पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के हिसाब से ही चलने के लिए कहा है। हीरा बा का अंतिम संस्कार बड़े ही साधारण तरीके से हुआ है। पीएम मोदी के परिवार के अलावा सिर्फ गुजरात के मुख्यमंत्री इसमें शामिल हुए।

वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, फारूक अब्दुल्ला, शिवसेना नेता संजय राउत, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी व अन्य राजनीतिक दलों से प्रधानमंत्री मोदी की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया।

PM मोदी की मां हीराबा का निधन: मोदी गांधी नगर में भाई पंकज के घर पहुंचे, अंतिम यात्रा शुरू

नई दिल्ली 30 Dec,  (एजेंसी): पीएम मोदी की मां हीराबेन का निधन शुक्रवार तड़के अहमदाबाद के अस्पताल में हो गया। हीराबेन की उम्र 100 साल थी। पीएम मोदी गांधीनगर पहुंच गए हैं जहां उन्होंने अपनी मां को श्रद्धांजलि अर्पित की और फिर अंतिम यात्रा में शामिल हुए और अर्थी को कांधा दिया। इस दौरान पीएम मोदी का पूरा परिवार यहां मौजूद रहा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन की बुधवार को तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें अहमदाबाद के यूएन मेहता अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

**************************

 

भिक्षु बन, कर रही थी दलाई लामा की जासूसी, पकड़ी गई चाइनीज महिला

पटना 29 दिसंबर,(एजेंसी)। बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा को धमकी देने वाली महिला को पुलिस ने काबू कर लिया है। पुलिस महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने चीनी जासूस को कालचक्र ग्राउंड के बाहर से हिरासत में लिया।

इसी जगह पर दलाई लामा रोजाना प्रवचन देने आते हैं। बिहार पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध चीनी महिला का नाम सॉन्ग शियाओलॉन है। संदिग्ध चीनी महिला की उम्र लगभग 50 साल बताई जा रही है।

गया सिटी पुलिस के एसपी अशोक प्रसाद महिला से पूछताछ कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये चीनी महिला पिछले 2 साल से देश के अलग-अलग हिस्सों में रही थी और छिपने के लिए भिक्षु बन जाती थी।

बता दें कि इससे पहले बिहार पुलिस ने संदिग्ध जासून मानी जा रही इस चीनी महिला का स्कैच जारी किया था। इस बीच बोधगया में दलाई लामा की सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया था।

कहा जा रहा है कि बौद्ध धर्मगुरु को चीन की इस महिला ने धमकी दी थी।

गया पुलिस इस चीनी महिला को तलाशने के लिए सोशल मीडिया का भी सहारा ले रही थी। केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों और खुफिया एजेंसियां का रडार भी इस चीनी महिला को ट्रैक करने में लगा था।

लेकिन संदिग्ध चीनी महिला सॉन्ग शियाओलॉन के बारे में कुछ भी पता नहीं चल रहा था।

******************************

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां हीराबेन का निधन

https://finaljustice.in/wp-content/uploads/2022/12/Untitled-video-Made-with-Clipchamp-1-2.mp3?_=1

अहमदाबाद (एजेंसी) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां हीराबेन का  100 साल की उम्र में निधन हो गया.  हीराबेन को स्वास्थ्य संबंधी कुछ परेशानियों के चलते  अहमदाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
हीराबेन मोदी का  इलाज के दौरान 30 दिसंबर 2022 को तड़के निधन हो गया.

****************************************

 

वरिष्ठ फिल्म पत्रकार काली दास पाण्डेय को मिला  एवरग्रीन म्यूजिक अवॉर्ड 

30.12.2022 –  वीएस नेशन मिडिया एजेंसी और ताल म्यूजिक एंड फिल्म्स के संयुक्त तत्वाधान में 29 दिसंबर को अंधेरी (वेस्ट), मुम्बई स्थित मेयर हॉल में आयोजित एवरग्रीन म्यूजिक अवॉर्ड समारोह 2022 में बॉलीवुड के प्रसिद्ध संगीतकार दिलीप सेन और गीतकार सुधाकर शर्मा के द्वारा ‘वरिष्ठ संगीत समीक्षक’ की श्रेणी में वरिष्ठ फिल्म पत्रकार काली दास पाण्डेय को एवरग्रीन म्यूजिक अवार्ड से नवाजा गया। विदित हो कि इसी वर्ष 26 मार्च को मालाबार हिल, वालकेश्वर रोड मुम्बई स्थित राज भवन में आयोजित राष्ट्रीय सेवा सम्मान समारोह में वरिष्ठ फिल्म पत्रकार/ अधिवक्ता काली दास पाण्डेय को महाराष्ट्र के राज्यपाल श्री भगत सिंह कोश्यारी ने ‘राष्ट्रीय सेवा सम्मान’ अवार्ड दे कर सम्मानित किया था।  4 मई को अंधेरी (वेस्ट) मुम्बई स्थित मेयर हॉल में कृष्णा चौहान फाउंडेशन (केसीएफ) के द्वारा आयोजित भव्य समारोह में वरिष्ठ फिल्म पत्रकार काली दास पाण्डेय को ‘लीजेंड दादा साहेब फाल्के अवार्ड’ दे कर सम्मानित किया जा चुका है।

 

इसके अलावा 16 मई को सिनेमा आजतक एचीवर्स अवार्ड 2022 समारोह में फिल्म निर्माता निर्देशक सुजॉय मुखर्जी (अभिनेता स्व जॉय मुखर्जी के पुत्र) के द्वारा बेस्ट जर्नलिस्ट अवार्ड से और 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर महाराष्ट्र की चर्चित संस्था कृष्णा चौहान फाउंडेशन (केसीएफ) के द्वारा आयोजित भव्य समारोह में ‘महात्मा गांधी रत्न अवार्ड’ से भी काली दास पाण्डेय को नवाजा जा चुका है।

हजारीबाग (झारखंड) बार एसोसिएशन की सदस्यता ग्रहण कर 1992 से वकालत के पेशे में सक्रिय बॉलीवुड के चर्चित फिल्म पत्रकार काली दास पाण्डेय ने अपना करियर 1981 में स्वतंत्र पत्रकार के रूप में जमशेदपुर (झारखंड) से प्रकाशित हिंदी दैनिक समाचार पत्र ‘उदित वाणी’ से किया था। 80 के दशक से वर्तमान समय तक  बतौर फिल्म पत्रकार बॉलीवुड में सक्रियता जारी है।

प्रस्तुति : राजदीप पाण्डेय

***********************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version