भस्म आरती में बाबा महाकाल का अद्भुत श्रृंगार, खुले त्रिनेत्रों के साथ दिए भक्तों को दर्शन

उज्जैन 11 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): कार्तिक मास, कृष्ण पक्ष की पंचमी तिथि दिन शनिवार को उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में भक्तों को बाबा महाकाल के अद्भुत दर्शन हुए हैं। प्रात: सुबह 4 बजे भस्म आरती में बाबा महाकाल का अलौकिक श्रृंगार किया गया। बाबा के अलौकिक रूप के दर्शन करने के लिए मंदिर में भी भक्तों का तांता लगा रहा।

श्री महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती के लिए बाबा का श्रृंगार बाकी दिनों से अलग होता है। बाबा की भस्म आरती के लिए उनके मस्तक पर तीसरा नेत्र बनाया गया। ऐसा लगता है कि बाबा तीनों नेत्रों से बाबा को आशीर्वाद दे रहे हैं।

बाबा के श्रृंगार में सभी प्राकृतिक चीजों का इस्तेमाल होता है, जिसमें भांग, चंदन, अबीर और फूल मुख्य हैं। पुजारी पंडित महेश शर्मा ने बताया कि भस्म आरती के बाद वीरभद्र जी से आज्ञा लेकर मंदिर के पट खुलने के बाद बाबा महाकाल का जलाभिषेक किया जाता है।

उन पर घी, शक्कर, दूध, दही और फल अर्पित किए जाते हैं, जिसके बाद बाबा के श्रृंगार को पूरा करते हुए उन्हें नवीन मुकुट, रुद्राक्ष और मुंड माला धारण कराई गई।

बाबा के लिए भस्म महानिर्वाणी अखाड़े की तरफ से आई थी। बाबा के श्रृंगार रूप को देखने के लिए मंदिर में बड़ी संख्या में भक्तगण मौजूद रहे। मंदिर का प्रांगण जय श्री महाकाल के जयघोष से गूंज उठा।

बता दें कि भस्म आरती के कुछ नियम होते हैं। भस्म आरती के वक्त पुरुषों को धोती पहनना अनिवार्य होता है और महिलाओं को साड़ी पहनना। महिलाओं को साड़ी पहनने के साथ-साथ आरती के समय घूंघट करना पड़ता है। माना जाता है कि भस्म आरती के समय बाबा महाकाल निराकार स्वरूप में होते हैं।

इससे पहले शुक्रवार को करवाचौथ के दिन बाबा को अर्ध चंद्र अर्पित कर श्रृंगार किया गया था। बाबा के माथे पर चमचमाता आधा चांद लगाया, जिसके बाद पुजारी ने भगवान शिव पर से चांद उतार कर पंचामृत का अभिषेक किया और फिर कपूर आरती की।

उज्जैन का महाकालेश्वर मंदिर हर मायनों में खास है। कहा जाता है कि उज्जैन मंदिर में विराजमान भगवान शिव का शिवलिंग स्वयं प्रकट हुआ था। इस मंदिर को 12 ज्योतिर्लिंगों में स्थान मिला है।

माना जाता है कि इसी जगह पर बाबा भोलेनाथ ने दूषण राक्षस का अंत किया था। दूषण राक्षस का अंत करने के लिए बाबा खुद प्रकट हुए थे और अपने भक्तों को राक्षस के अत्याचार से बचाया था। भक्तों के आग्रह की वजह से बाबा ने वहीं अपना स्थान ले लिया।

************************

 

बड़ा फर्जीवाड़ा : सरकारी नौकरी के सपने दिखाकर 36 युवाओं से ठगे 2.88 करोड़ रुपये; फर्जी आईएएस अधिकारी गिरफ्तार

मुंबई ,11 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। मुंबई की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा किया। पुलिस ने खुद को आईएएस अधिकारी बताने वाले एक ठग को गिरफ्तार किया है, जो अब तक 36 नौकरी के इच्छुक युवाओं से कुल 2.88 करोड़ रुपए की ठगी कर चुका है।

आरोपी की पहचान सोलापुर जिले के बार्शी निवासी 35 वर्षीय नीलेश राठौड़ के रूप में हुई है। वह खुद को स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (एसएससी) में उप सचिव बताकर लोगों को सरकारी नौकरी का झांसा देता था।

मुंबई पुलिस की जांच में सामने आया है कि उसने आयकर विभाग में इंस्पेक्टर और सहायक जैसे पदों के लिए फर्जी भर्तियों का झांसा देकर लाखों रुपए वसूले।

सहार पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318, 319, 336, 338 और 340 के तहत केस दर्ज किया गया है।

यह मामला तब सामने आया जब नवी मुंबई निवासी संतोष खरपुड़े ने शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि आरोपी ने उनसे और अन्य कई उम्मीदवारों से बड़ी रकम वसूली। सहायक पद के लिए 4 लाख और निरीक्षक पद के लिए 6 लाख रुपए की मांग की गई थी।

नीलेश राठौड़ ने मई 2023 में अंधेरी ईस्ट के एक होटल में इंटरव्यू का नाटक रचा और हर उम्मीदवार से करीब 10 लाख रुपए वसूल लिए।

आरोपी ने फर्जी नियुक्ति पत्र भी दिए, सरकारी अस्पतालों में फर्जी मेडिकल जांच कराई और पुलिस वेरिफिकेशन के जाली दस्तावेज भी उपलब्ध कराए ताकि पूरी प्रक्रिया असली लगे।

कुछ महीनों तक जब पीडि़तों को नियुक्ति पत्र नहीं मिला, तो उन्होंने खुद आयकर विभाग से संपर्क किया और उन्हें पता चला कि ऐसी कोई भर्ती प्रक्रिया चल ही नहीं रही है।

जब पीडि़तों ने राठौड़ से जवाब मांगा, तो उसने शुरुआत में पैसे लौटाने का वादा किया, लेकिन बाद में कॉल और मैसेज का जवाब देना बंद कर दिया। इसके बाद सहार पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज हुआ और ईओडब्ल्यू ने जांच शुरू की।

जांच में यह भी सामने आया है कि राठौड़ ने कई फर्जी दस्तावेज तैयार किए और यह तक दावा किया कि वह दिल्ली में अपने संपर्कों के जरिए भारतीय सेना में भी नौकरी दिलवा सकता है।

मुंबई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है और मामले की गहराई से जांच जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या आरोपी के साथ और लोग भी इस ठगी में शामिल थे.

***************************

 

राम मंदिर के शिखर पर लहराएगा,सूर्यवंशी ध्वज, पीएम मोदी करेंगे ध्वजारोहण; 10,000 मेहमान होंगे शामिल

अयोध्या ,11 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भव्य राम मंदिर के 191 फीट ऊंचे शिखर पर फहराए जाने वाले ध्वज का आकार-प्रकार और रंग-रूप अंतिम रूप से तय कर लिया गया है।

विवाह पंचमी के पावन अवसर पर 25 नवंबर को आयोजित होने वाले भव्य ध्वजारोहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं इस ऐतिहासिक ध्वज को शिखर पर स्थापित करेंगे। यह महत्वपूर्ण निर्णय शुक्रवार को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की धार्मिक समिति की बैठक में लिया गया।

ट्रस्ट द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मंदिर के शिखर पर त्रिकोणीय आकार का, 22 फीट लंबा और 11 फीट चौड़ा भगवा ध्वज लहराएगा। इस ध्वज पर भगवान राम के वंश का प्रतीक ‘सूर्यवंशी’ चिह्न और ‘त्रेता युगÓ का चिह्न अंकित किया जाएगा, जो मंदिर की दिव्यता और ऐतिहासिक महत्व को दर्शाएगा।

शुक्रवार को जानकी घाट स्थित वैदेही भवन में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की धार्मिक समिति के सदस्यों की एक अहम बैठक हुई। बैठक के बाद समिति के सदस्य गोपाल राव ने बताया कि इसमें 25 नवंबर को होने वाले ध्वजारोहण कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा पर मंथन किया गया है।

इस भव्य समारोह के लिए लगभग आठ से दस हजार मेहमानों को आमंत्रित किया जाएगा, जिनकी सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है। दीपोत्सव के बाद सभी अतिथियों को निमंत्रण पत्र भेजने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी, सदस्य डॉक्टर अनिल मिश्रा, गोपाल राव समेत अन्य प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि ध्वजारोहण के साथ-साथ अन्य कौन-कौन से धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, इस पर भी विचार-विमर्श चल रहा है।

************************

 

बिहार चुनाव 2025: एकमा में राजनीतिक हलचल तेज, जातीय समीकरण पड़ेंगे भारी या विकास की राह चुनेंगे मतदाता?

पटना 10 oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): बिहार की एकमा विधानसभा सीट को हमेशा से राजनीतिक दृष्टि से एक अहम सीट के तौर पर देखा जाता है। हर चुनाव में यहां मुकाबला कड़ा और बेहद दिलचस्प रहता है और इस बार भी सभी प्रमुख राजनीतिक दलों की नजरें इस सीट पर टिकी हुई हैं।

एकमा विधानसभा सीट न केवल राजनीतिक दृष्टिकोण से अहम है, बल्कि यहां के जातीय समीकरण, सांस्कृतिक विरासत और विकास से जुड़ी चुनौतियां भी इसे एक महत्वपूर्ण क्षेत्र बनाती हैं।

यह क्षेत्र सारण जिले में स्थित है और महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। एकमा सामान्य श्रेणी की सीट है। इसमें एकमा और लहलादपुर सामुदायिक विकास खंड के साथ-साथ मांझी प्रखंड की नौ ग्राम पंचायतें और एकमा प्रखंड की तीन ग्राम पंचायतें शामिल हैं।

यह सीट फिलहाल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कब्जे में है। एकमा सीट पर ब्राह्मण, राजपूत और यादव समुदायों का प्रभाव माना जाता है, जो चुनावी नतीजों में निर्णायक भूमिका निभाते हैं।

1951 में पहली बार यहां चुनाव हुआ था, लेकिन इसके बाद सीट समाप्त कर दी गई। साल 2008 में हुए परिसीमन के बाद यह सीट फिर से अस्तित्व में आई। 2010 में हुए चुनाव में मनोरंजन सिंह (धूमल सिंह) यहां से विधायक बने और 2015 में भी उन्होंने जीत दोहराई। हालांकि 2020 में जेडीयू ने उनका टिकट काट दिया, जिसके बाद राजद के श्रीकांत यादव ने चुनाव जीतकर सीट अपने नाम की।

एकमा शहर छपरा-सीवान रेलमार्ग पर स्थित है और सड़क मार्ग से भी आसपास के शहरी केंद्रों से जुड़ा हुआ है। यह क्षेत्र घाघरा और गंडक नदियों के उपजाऊ मैदान में स्थित है, जहां कृषि प्रमुख आर्थिक गतिविधि है। धान, गेहूं, मक्का और दालें यहां की मुख्य फसलें हैं।

क्षेत्र में कुछ लघु स्तर की चावल मिलें और ईंट भट्टे भी मौजूद हैं, लेकिन बड़े पैमाने पर औद्योगिक विकास न होने के कारण यहां के युवाओं को रोजगार के सीमित अवसर मिलते हैं।

एकमा के भोरोहोपुर गांव में हर साल महावीरी झंडा मेला आयोजित होता है, जो स्थानीय ग्रामीण संस्कृति का प्रमुख उत्सव माना जाता है। यह परंपरा वर्षों पुरानी है और क्षेत्रवासियों के लिए सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है।

आगामी विधानसभा चुनाव में यह देखना दिलचस्प होगा कि इस सीट पर जनता किसे अपना जनप्रतिनिधि चुनती है और क्या वाकई यहां विकास की नई राह खुलती है।

*************************

 

प. बंगाल के मंत्री सुजीत बोस के ठिकानों पर ED की छापेमारी, नगर पालिका के पूर्व अधिकारियों के घरों पर भी रेड

कोलकाता 10 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : कोलकाता में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस के नेता और राज्य मंत्री सुजीत बोस के कई ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई नगर निकायों में भर्ती से जुड़ी कथित गड़बड़ियों की जांच के तहत की गई है। सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीमों ने बोस के साल्ट लेक स्थित आवास और कार्यालय के अलावा दमदम नगर पालिका से जुड़े कुछ पूर्व अधिकारियों के घरों पर भी तलाशी ली।

 जानकारी है कि जांच एजेंसी बोस और दक्षिण दंडम नगर पालिका के उपाध्यक्ष निताई दत्ता की भूमिका की पड़ताल कर रही है। बोस वर्ष 2010 से 2021 तक इस नगर पालिका के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। इससे पहले भी ईडी ने इसी मामले में जनवरी 2024 में उनके आवास पर छापा मारा था और उनसे लंबी पूछताछ की थी।

अधिकारियों का कहना है कि ताजा छापेमारी का उद्देश्य भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं से जुड़े दस्तावेज और साक्ष्य जुटाना है। बताया गया कि मंत्री का कार्यालय पहले एजेंसी की तलाशी सूची में शामिल नहीं था, लेकिन जांच के दौरान नई जानकारी मिलने पर वहां भी कार्रवाई की गई।

***************************

 

रांची में पुलिस के साथ मुठभेड़ में दो अपराधी घायल, हथियारों का जखीरा बरामद, चार गिरफ्तार

रांची 10 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): झारखंड की राजधानी रांची के खलारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पुलिस और कुख्यात अपराधी राहुल दुबे गैंग के बीच मुठभेड़ हुई है।

दोनों ओर से चली गोलीबारी में गैंग के दो अपराधी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने मौके से कुल चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। अपराधियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस का जखीरा बरामद किया है।

रांची एसएसपी राकेश रंजन को सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के सदस्य खलारी इलाके में किसी बड़ी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे हैं।

सूचना के आधार पर ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम जैसे ही ठाकुरगांव, खलारी और रातू थाना क्षेत्र की सीमा पर पहुंची, अपराधियों ने पुलिस को देखते ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो अपराधी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं दो अन्य अपराधियों को पुलिस ने खदेड़कर पकड़ लिया।

पुलिस ने घटनास्थल से आठ पिस्टल, दर्जनों कारतूस और अन्य हथियार बरामद किए हैं। मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। घायल अपराधियों की पहचान साजन अंसारी और अमित गुप्ता के रूप में हुई है, जो लंबे समय से राहुल दुबे गैंग के लिए काम कर रहे थे।

गिरफ्तार दोनों अन्य अपराधियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, कुछ महीने पहले गैंगस्टर अमन साहू के एनकाउंटर में मारे जाने के बाद राहुल दुबे ने गिरोह की कमान संभाली थी। हाल के दिनों में कोयलांचल क्षेत्र में रंगदारी की वसूली रुक जाने के बाद गिरोह ने फिर से दहशत फैलाने की योजना बनाई थी।

इसी क्रम में गिरोह के करीब एक दर्जन सदस्य हथियारों के साथ खलारी इलाके की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस को समय रहते उनकी गतिविधियों की जानकारी मिल गई। चार थानों की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह को घेर लिया। मुठभेड़ के बाद पुलिस आसपास के क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही है।

***********************

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या विस्फोट पर जताया शोक, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की

लखनऊ 10 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या की घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने घायलों के जल्दी ठीक होने की कामना की। अयोध्या के एक गांव में एक शक्तिशाली विस्फोट के बाद एक मकान ढह जाने से कम से कम पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य घायल हो गए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “अयोध्या की दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति, शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुख सहन करने की शक्ति और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”

अयोध्या पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें अभी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। ये टीमें जांच व राहत अभियान जारी रखे हुए हैं।

अयोध्या जिले के पूराकलंदर थाना क्षेत्र के पगला भारी गांव में गुरुवार देर शाम यह हादसा हुआ था। यहां एक जोरदार धमाके के बाद एक मकान ढह गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर ने बताया कि गांव से एक सूचना प्राप्त हुई कि एक मकान जोकि गांव के बाहर बना हुआ है, उसकी छत गिर गई है।

तेजी से विस्फोट हुआ था। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह विस्फोट किचन में गैस या प्रेशर कुकर से हुआ प्रतीत होता है, हालांकि जांच अभी जारी है।

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और इलाके की छानबीन की गई। मकान पप्पू गुप्ता नाम के व्यक्ति का बताया गया, जो हाल ही में गांव में आकर बसे थे।

जिलाधिकारी निखिल टी ने जानकारी दी कि अब तक किसी विस्फोटक सामग्री के संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन जांच पूरी होने पर ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। हादसे ने गांव में दहशत का माहौल बना दिया। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासनिक टीमों ने हादसे के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है।

**************************

 

भारत ने काबुल में अपने टेक्निकल मिशन को दूतावास का दर्जा दिया : एस जयशंकर ने किया एलान

नई दिल्ली 10 oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । भारत ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में दूतावास शुरू करने का आधिकारिक ऐलान किया है. नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में अफगान के विदेश मंत्री आमिर खान मुताकी के साथ बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इसकी घोषणा की. जयशंकर ने इस दौरान अफगानिस्तान के संप्रभुता का समर्थन भी किया.

2021 के बाद यह पहली बार है, जब भारत ने अफगानिस्तान के संप्रभुता का पूर्ण समर्थन दिया है अफ़ग़ान विदेश मंत्री मुत्ताक़ी के साथ बैठक के दौरान, विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कहा, “मुझे आज काबुल स्थित भारत के तकनीकी मिशन को भारतीय दूतावास के स्तर पर उन्नत करने की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है…”

“भारत अफ़ग़ानिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और स्वतंत्रता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हमारे बीच घनिष्ठ सहयोग आपके राष्ट्रीय विकास के साथ-साथ क्षेत्रीय स्थिरता और लचीलेपन में भी योगदान देता है।

इसे और मज़बूत करने के लिए, मुझे आज काबुल स्थित भारत के तकनीकी मिशन को भारतीय दूतावास के स्तर पर उन्नत करने की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है।

डॉ. एस जयशंकर ने कहा, “अफगानिस्तान में खनन के अवसरों का पता लगाने के लिए भारतीय कंपनियों को आपका निमंत्रण भी अत्यंत सराहनीय है। इस पर आगे चर्चा की जा सकती है।

व्यापार और वाणिज्य को बढ़ावा देने में हमारी साझा रुचि है। मुझे काबुल और नई दिल्ली के बीच अतिरिक्त उड़ानें शुरू होने की जानकारी पाकर खुशी हो रही है।

****************************

 

फरहान अख्तर की फिल्म ‘120 बहादुर’ के लिए वॉइसओवर देंगे अमिताभ बच्चन……!

10.10.2025 – रजनीश ‘रैज़ी’ घई द्वारा निर्देशित और रितेश सिधवानी, फरहान अख्तर (एक्सेल एंटरटेनमेंट) और अमित चंद्रा (ट्रिगर हैप्पी स्टूडियोज़) द्वारा निर्मित फिल्म’120 बहादुर’ के लिए अभिनेता अमिताभ बच्चन वॉइसओवर देंगे

। इस बात का खुलासा बेहद लोकप्रिय टी वी शो कौन बनेगा करोड़पति के मेकर्स द्वारा अमिताभ बच्चन के जन्मदिन के खास एपिसोड के लिए जावेद अख्तर और फरहान अख्तर के साथ नया प्रोमो रिलीज किए जाने से हुआ है। प्रोमो में जावेद और फरहान अख्तर अमिताभ बच्चन के साथ KBC के हॉट सीट पर नजर आते हैं, जहां वे अपने पुराने रिश्तों को याद करते हुए मजेदार बातें साझा कर रहे हैं।

खास पल तब आता है जब अमिताभ बच्चन, फरहान अख्तर से उनकी आने वाली फिल्म ‘120 बहादुर’ के बारे में पूछते हैं। इसके बाद फरहान अख्तर रिजांग ला की लड़ाई और वहां 3,000 चीनी सैनिकों के खिलाफ लड़े बहादुर सैनिकों की कहानी बताते हैं। आखिर में, फरहान अमिताभ बच्चन से एक खास रिक्वेस्ट करते हैं कि वे उनकी फिल्म की ओपनिंग सीन को नरेट करें।

जावेद अख्तर और फरहान अख्तर के साथ वाले एपिसोड में अमिताभ बच्चन से फरहान अख्तर कहते हैं, “हमारी फिल्म की शुरुआत एक नैरेटर की आवाज़ से होती है, जो रिजांग ला की घटना को समझाती है। अगर आप हमारी फिल्म की शुरुआत के लिए नैरेटर बनें, तो यह हमारे लिए सम्मान की बात होगी।”

इसपर मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने खुशी-खुशी हामी भर दी, जिससे यह एपिसोड का सबसे दिल छू लेने वाला पल बन गया। इस इमोशनल बातचीत ने दर्शकों को ‘120 बहादुर’ का बेसब्री से इंतजार करने पर मजबूर कर दिया है। इस प्रोमो ने सोशल मीडिया पर पहले ही अपना जादू चला दिया है, जहाँ दर्शक अमिताभ बच्चन और अख़्तर परिवार की इस कभी न देखी गई ऑन-स्क्रीन मुलाकात की खूब तारीफ कर रहे हैं।

वहीं, यह एपिसोड मेगास्टार अमिताभ बच्चन की शानदार विरासत का सही जश्न साबित होने की उम्मीद है, क्योंकि इसमें यादें, भावनाएं और सिनेमा के जादू का सही मिश्रण है। फरहान अख्तर (एक्सेल एंटरटेनमेंट) की नवीनतम प्रस्तुति ‘120 बहादुर’ 21 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*************************

 

भूस्खलन और बाढ़ से दार्जिलिंग की चाय उद्योग काे 50 करोड़ के नुकसान की आशंका

कोलकाता 09 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। उत्तर बंगाल में भारी वर्षा से उत्पन्न बाढ़ और भूस्खलन ने दार्जिलिंग की लगभग 30 से 35 चाय बागानों में भारी तबाही मचा दी है। इन घटनाओं में चाय की फसलों, मजदूरों के घरों और सड़क मार्गों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। उद्योग से जुड़े लोगों के अनुसार, अब तक लगभग 50 करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका जताई गई है।

दार्जिलिंग के चाय उत्पादकों ने बताया कि अनेक बागानों में चाय की झाड़ियां पूरी तरह बह गई हैं, जिससे कई बागानों की उपजाऊ भूमि स्थायी रूप से नष्ट हो गई है। उद्योगपति एसएस बगरिया ने कहा कि उनके समूह की तीन बागानों सहित पूरे उद्योग को भारी वर्षा और भूस्खलन से कम से कम 50 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

चामोंग टी के चेयरमैन अशोक लोहिया ने कहा कि दार्जिलिंग की 71 परिचालित बागानों में से कम से कम 50 प्रतिशत बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। उन्होंने बताया कि लगातार बारिश के कारण दो से तीन दिन तक बिजली और कामकाज ठप रहा। बुधवार को बिजली बहाल की गई, लेकिन आंतरिक सड़कों की दुर्दशा के कारण मजदूर बागानों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।

लोहिया ने कहा कि प्रशासन और गोरखालैंड टेरिटोरियल एडमिनिस्ट्रेशन सड़क मार्ग बहाल करने में जुटे हैं, परन्तु सबसे बड़ी जरूरत बागानों के भीतर की सड़कों को सुगम बनाना है ताकि श्रमिक काम पर लौट सकें। उन्होंने बताया कि गुरुवार को नुकसान का आकलन करने के लिए उद्योगपतियों की बैठक बुलाई गई है।

लोहिया ने यह भी बताया कि अक्टूबर-नवंबर में होने वाली ‘ऑटम फ्लश’ यानी शरद ऋतु की फसल, जो वार्षिक उत्पादन का लगभग 15 प्रतिशत होती है, अब संकट में है। यदि सड़क संपर्क जल्द बहाल नहीं हुआ तो उत्पादन पर गंभीर असर पड़ेगा। पिछले वर्ष दार्जिलिंग चाय का उत्पादन 60 लाख किलो से भी कम रहा था।

दार्जिलिंग टी एसोसिएशन के प्रधान सलाहकार संदीप मुखर्जी ने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा ने खासकर मिरिक और पोखरियाबोंग क्षेत्र के बागानों को भारी नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने बताया कि औसतन प्रत्येक प्रभावित बागान में दो से 2.47 एकड़ चाय उत्पादक भूमि भूस्खलन में बह गई है। लोहिया के अनुसार, एक बागान में 10 हजार चाय झाड़ियां बह गईं, जो लगभग दो हेक्टेयर क्षेत्र के बराबर है।

वहीं छह बागानों के मालिक बिनोद मोहन ने कहा कि यह आपदा 1968 की बाढ़ और भूस्खलन के बाद सबसे भीषण रही है। उनके सियोक एस्टेट में दो मजदूरों की मौत हुई और कई मजदूरों के घर बह गए। लगभग 60 से 70 भूस्खलनों से 20 एकड़ चाय भूमि नष्ट हुई।

बगरिया समूह की तीन बागानों में भी करीब 10 हेक्टेयर भूमि के बह जाने की सूचना है। अधिकारियों के अनुसार, रविवार को हुई भारी वर्षा और भूस्खलनों में दार्जिलिंग और आसपास के क्षेत्रों में कम से कम 32 लोगों की मौत हुई है। अनेक गांवों का संपर्क टूट गया है और सैकड़ों पर्यटक अब भी फंसे हुए हैं। उत्पादन में व्यवधान और परिवहन संकट के कारण कोलकाता टी ऑक्शन सेंटर में दार्जिलिंग चाय की आपूर्ति घटने की संभावना है, जिससे इसकी कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है।

कोलकाता टी ट्रेडर्स एसोसिएशन के एक अधिकारी के अनुसार, 14 और 24 अक्टूबर को होने वाली आगामी नीलामियों के लिए लगभग 1.15 लाख किलोग्राम दार्जिलिंग चाय सूचीबद्ध की गई है, परंतु अगले दौर की नीलामियों में मात्रा और घट सकती है। 8 अक्टूबर को हुई पिछली नीलामी (सेल नंबर 41) में 65,148 किलोग्राम दार्जिलिंग चाय पेश की गई थी, जिसमें से 46,406 किलोग्राम की बिक्री औसतन 468.35 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से हुई।

************************

 

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने परिवार संग उतारी प्रभु श्रीरामलला की आरती

श्रीराम दरबार, मां दुर्गा और महादेव के किए दर्शन, कुबेर टीला पर किया अभिषेक

ट्रस्ट महामंत्री चम्पत राय ने कराया मंदिर परिसर का भ्रमण, दी विस्तृत जानकारी

अयोध्या 09 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भारत की सांस्कृतिक राजधानी कही जाने वाली प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में गुरुवार का दिन अत्यंत पावन रहा। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने परिवार संग प्रभु श्रीरामलला की आरती उतारी और श्रीराम दरबार व जगज्जननी मां दुर्गा के दर्शन किए।

इस अवसर पर उन्होंने कुबेर टीला स्थित देवाधिदेव महादेव का रुद्राभिषेक भी किया।श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चम्पत राय ने वित्त मंत्री को मंदिर परिसर का भ्रमण कराया और निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। निर्मला सीतारमण ने मंदिर के भव्य स्वरूप को देखकर आस्था और गर्व की भावना व्यक्त की।

आरती के दौरान श्रीरामलला का दरबार भक्ति रस से सराबोर हो उठा। सरयू तट से आती मंद बयार और मंदिर प्रांगण में गूंजते भजनों ने वातावरण को और भी पवित्र बना दिया। वित्त मंत्री ने दीप प्रज्ज्वलन के बाद आरती में शामिल श्रद्धालुओं के साथ “जय श्रीराम” का उद्घोष किया।

अयोध्या अब केवल एक नगर नहीं, बल्कि भारत की आस्था, संस्कृति और सभ्यता का जीवंत प्रतीक बन चुकी है। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण पूरा होने के बाद से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है।

यहां आने वाले हर श्रद्धालु को रामायणकालीन इतिहास और आधुनिक भव्यता का संगम देखने को मिलता है। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से वित्त मंत्री का पुष्पगुच्छ देकर अभिनंदन किया गया।

इस दौरान मंदिर परिसर की सुरक्षा, दर्शन व्यवस्था और विकास योजनाओं पर भी चर्चा हुई। उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और कृषि मंत्री व अयोध्या जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कार्यक्रम में भाग लिया।

*************************

 

विमान हादसे में बाल बाल बचे भोपाल के उद्योगपति

प्राइवेट प्लेन रनवे से फिसलकर झाड़ियों में जा घुसा, 400 मीटर दौड़ने के बाद हुआ बेकाबू

भोपाल 09 Oct,(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के मोहम्मदाबाद स्थित राजकीय हवाई पट्टी पर गुरुवार सुबह एक बड़ा हवाई हादसा होते-होते टल गया।

भोपाल से फर्रुखाबाद पहुंचे उद्योगपति अजय अरोड़ा अपनी टीम के साथ प्राइवेट जेट से लौटने की तैयारी कर रहे थे, तभी टेकऑफ के दौरान विमान अनियंत्रित हो गया।

रनवे पर लगभग 400 मीटर तक दौड़ने के बाद जेट बेकाबू होकर किनारे से फिसल गया और 50-60 मीटर दूर घास-झाड़ियों में जा घुसा। गनीमत रही कि विमान में सवार सभी 6 लोगों को कोई गंभीर चोट नहीं लगी।

फर्रुखाबाद के खिमसेपुर औद्योगिक क्षेत्र में बन रही बीयर फैक्ट्री के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने भोपाल से आई टीम में वुडपैकर ग्रीन एंग्री न्यूट्री पैड प्राइवेट लिमिटेड के डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर (डीएमडी) अजय अरोड़ा, वाइस प्रेसिडेंट राकेश टीकू, एसबीआई के वरिष्ठ अधिकारी सुमित शर्मा, दोनों पायलट कैप्टन नसीब बामल और कैप्टन प्रतीक फर्नांडीज, तथा एक क्रू टेक्नीशियन सवार थे। निरीक्षण पूरा होने के बाद वे भोपाल लौटने के लिए जेट सर्विस एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के विमान VT-DEJ से उड़ान भरने वाले थे।

*************************

 

भोपाल में पुलिस ने करोड़ों का सोना किया बरामद: शराब के नशे में कार में सो गया था व्यापारी, पुलिस ने 2 आरोपी को दबोचा

भोपाल 09 Oct,  (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । राजधानी भोपाल में पुलिस ने चोरी हुआ करीब 2 किलो सोना बरामद कर लिया है. सोने की कीमत 3 करोड़ से ज्यादा की बताई जा रही है। यहां एक ज्वेलरी व्यापारी शराब के नशे में अपनी कार में सो गया और चोरों ने उसके करोड़ों के जेवरात पर हाथ साफ कर लिए.

निशातपुरा थाना क्षेत्र में हुई इस चोरी की घटना ने पुलिस को सतर्क कर दिया है। पुलिस ने मामले की गहन जांच की और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। चोरी हुए माल की कीमत करीब 3.45 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

घटना 6 अक्टूबर की रात की है। न्यू श्री महावीर आदर्श ज्वेलर्स के संचालक रामबाबू राठौर ने 7 अक्टूबर को निशातपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। अपनी शिकायत में उन्होंने बताया कि वे शहर-शहर घूमकर सोने-चांदी के आभूषण बेचने का काम करते हैं।

6 अक्टूबर की सुबह वे अपनी दुकान से आभूषणों से भरा बैग लेकर कार से बीना जिला सागर गए थे। वहां भारी बारिश के कारण बिक्री नहीं हो सकी, लिहाजा वे बैग लेकर भोपाल लौट आए। रात लगभग 11 बजे भानपुर स्थित एक ढाबे पर खाना-पीना खाकर वे घर के लिए निकले।

रास्ते में शराब के अधिक नशे के कारण वे कार में ही सो गए। सुबह करीब 4 बजे जब उनकी नींद खुली, तो उन्हें बैग गायब मिला। बैग में सोने-चांदी के कीमती जेवरात भरे हुए थे।

***************************

 

तालिबान से डिप्लोमैटिक दोस्ती… अफगानिस्तान के विदेश मंत्री अमीर खान मुत्ताकी भारत पहुंचे, 7 दिन रहें

नई दिल्ली 09 oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : अफगानिस्तान के विदेश मंत्री अमीर खान मुत्ताकी भारत के दौरे पर नई दिल्ली पहुंच गए हैं। तालिबान शासन और भारत के बीच यह अब तक का सबसे अहम उच्च-स्तरीय संपर्क माना जा रहा है।

यह यात्रा अफगानिस्तान में अशरफ गनी सरकार के पतन के करीब चार साल बाद हो रही है। मुत्ताकी अपने भारत प्रवास के दौरान दारुल उलूम देवबंद मदरसे और आगरा में ताजमहल का दौरा करेंगे। देवबंद में इस समय कई अफगान छात्र भी पढ़ रहे हैं।

दरअसल, मुत्ताकी को पिछले महीने भारत आना था, लेकिन संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की ओर से लगाए गए यात्रा प्रतिबंधों के चलते उनका कार्यक्रम टल गया था। अब UNSC की समिति ने 30 सितंबर को उन्हें अस्थायी छूट देते हुए 9 से 16 अक्टूबर तक भारत यात्रा की अनुमति दी है।

राजनयिक हलकों में मुत्ताकी का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इससे काबुल में तालिबान शासन के साथ भारत के रिश्तों में नई दिशा मिल सकती है।

इससे पहले मई में विदेश मंत्री एस. जयशंकर और मुत्ताकी के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। हालांकि भारत ने अब तक तालिबान सरकार को औपचारिक मान्यता नहीं दी है, लेकिन उसने मानवीय सहायता और सुरक्षा संवाद के जरिए संपर्क बनाए रखा है।

2021 में अमेरिकी सेनाओं की वापसी के बाद तालिबान के दोबारा सत्ता में आने से अफगानिस्तान की सियासी स्थिति पूरी तरह बदल गई थी। तालिबान सरकार को अब तक वैश्विक स्तर पर औपचारिक मान्यता नहीं मिली है, हालांकि रूस जैसे कुछ देशों ने हाल के महीनों में संवाद को आगे बढ़ाया है।

भारत ने पहले की अफगान सरकारों के समय वहां बुनियादी ढांचे, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश किया था। तालिबान के सत्ता में लौटने के बाद नई दिल्ली ने अपने राजनयिकों को वापस बुला लिया था, लेकिन 2022 में काबुल में एक ‘तकनीकी मिशन’ फिर से शुरू किया गया, जो मानवीय सहायता और सीमित राजनयिक गतिविधियों की निगरानी करता है।

**************************

 

छिंदवाड़ा कफ सिरप केस: दवा कंपनी का मालिक चेन्नई से गिरफ्तार

छिंदवाड़ा 09 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में कफ सिरप के कारण 20 बच्चों की मौत के बाद दवा कंपनी के मालिक रंगनाथन को गिरफ्तार कर लिया गया है। चेन्नई पुलिस की सहायता से मध्य प्रदेश पुलिस ने यह कार्रवाई की।

जानकारी सामने आई है कि कंपनी मालिक रंगनाथन को तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई से गिरफ्तार किया गया है। मासूम बच्चों की मौत के बाद कंपनी मालिक रंगनाथन फरार था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इसी कड़ी में पुलिस ने गुरुवार सुबह उसे अरेस्ट कर लिया। रंगनाथन को आगे की जांच के लिए सुंगुवरछत्रम ले जाया जा रहा है।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में 20 बच्चों की जिस ‘कोल्ड्रिफ’ कफ सिरप से मौत हुई थी, वह श्रीसन फार्मास्यूटिकल्स ने बनाई थी। जांच में खुलासा हुआ कि सिरप में डायएथिलीन ग्लाइकॉल की मात्रा तय सीमा से ज्यादा थी, जिससे बच्चों के गुर्दे (किडनी) फेल हो गए। इस घातक लापरवाही के बाद राज्य सरकार ने श्रीसन फार्मा के सभी उत्पादों पर प्रतिबंध लगा दिया।

मामले में सिरप लिखने वाले डॉक्टर प्रवीण सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी जमानत याचिका भी अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (एडीजे), परासिया ने खारिज कर दी।

मृतकों में छिंदवाड़ा जिले के 18 और बैतूल जिले के 2 बच्चे शामिल हैं। घटना के बाद मामले में सीएमएचओ डॉ. नरेश गोनारे और सिविल सर्जन को पद से हटा दिया गया, जबकि डॉ. सुशील कुमार दुबे को सीएमएचओ का प्रभार सौंपा गया। मध्य प्रदेश पुलिस ने मौतों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया।

इसके अलावा, तमिलनाडु की दवा कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज किया। मध्य प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल का कहना है कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि कोई भी अपराधी बच न पाए। इस मामले में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

**************************

 

चुनाव आयोग ने चेताया, प्रचार में AI आधारित भ्रामक जानकारी का इस्तेमाल न करें राजनीतिक दल

नई दिल्ली 09 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : बिहार विधानसभा चुनाव और सात राज्यों की 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा के साथ ही 6 अक्टूबर से चुनावी प्रदेशों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।

इसी के तहत चुनाव आयोग ने एक महत्वपूर्ण प्रेस नोट जारी किया है। आयोग ने सभी राजनीतिक दलों को चेताया है कि वे प्रचार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित गलत और भ्रामक वीडियो का इस्तेमाल न करें।

चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि आदर्श आचार संहिता के नियम सिर्फ जमीनी प्रचार तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि सोशल मीडिया और इंटरनेट पर साझा की जा रही सामग्री पर भी पूरी तरह लागू होते हैं।

आयोग ने कहा कि किसी भी पार्टी या उम्मीदवार की आलोचना केवल उनकी नीतियों, कार्यक्रमों, पूर्व रिकॉर्ड और कार्यों तक सीमित रहनी चाहिए। निजी जीवन पर टिप्पणी करना पूरी तरह निषिद्ध है।

इसके अलावा, किसी भी राजनीतिक दल या उनके कार्यकर्ताओं के खिलाफ बिना पुष्टि के आरोप या जानकारी को तोड़-मरोड़ कर पेश करना गलत है और इसे सख्ती से रोका जाएगा।

चुनाव आयोग ने गहरी चिंता जताई है कि कुछ लोग एआई टूल्स की मदद से ‘डीप फेक’ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर गलत सूचना फैला रहे हैं, जिससे चुनावी माहौल को दूषित किया जा सकता है।

ऐसे मामलों से निपटने के लिए आयोग ने सभी दलों, उनके नेताओं, उम्मीदवारों और स्टार प्रचारकों को यह सुनिश्चित करने को कहा है कि अगर वे कोई एआई-जनरेटेड या डिजिटल रूप से बदला गया कंटेंट पोस्ट करें तो उस पर साफ-साफ टैग लगाना अनिवार्य होगा। टैग में ‘एआई-जेनरेटेड’, ‘डिजिटली एनहांस्ड’ या ‘सिंथेटिक कंटेंट’ जैसे शब्द स्पष्ट रूप से लिखे जाने चाहिए ताकि जनता को कोई भ्रम न हो।

आयोग ने कहा है कि सोशल मीडिया पर निगरानी के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।

आयोग ने साफ कर दिया है कि एमसीसी और इससे संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। चुनाव की निष्पक्षता और पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए सभी राजनीतिक दलों को इन नियमों का पालन करना अनिवार्य है।

**********************

 

यूके के ट्रेड मिनिस्टर से मिले पीयूष गोयल, फ्री ट्रेड एग्रीमेंट लागू करने के रोडमैप पर चर्चा की

मुंबई 09 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने  ब्रिटेन के व्यापार मंत्री पीटर काइल से मुलाकात की। इस मुलाकात का उद्देश्य भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (सीईटीए) को लागू करने की दिशा में आगे बढ़ना और 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करना है।

काइल, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर की दो दिवसीय आधिकारिक भारत यात्रा पर आए व्यापार प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में भारत आए हैं।

मंत्रालय के बयान के अनुसार, “यह बैठक भारत-ब्रिटेन सीईटीए को क्रियान्वित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसमें दोनों मंत्री इसके कार्यान्वयन और कार्यान्वयन की निगरानी के लिए संयुक्त आर्थिक एवं व्यापार समिति (जेईटीसीओ) को पुनर्गठित करने पर सहमत हुए।”

एक्स पर एक पोस्ट में गोयल ने कहा कि काइल से मिलकर उन्हें खुशी हुई और उन्होंने भारत-ब्रिटेन आर्थिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए हमारी साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि की।

मंत्री ने कहा, “हमारी चर्चा हमारे ऐतिहासिक व्यापार समझौते के कार्यान्वयन में तेजी लाने और भारत-ब्रिटेन संयुक्त आर्थिक एवं व्यापार समिति (जेईटीसीओ) के माध्यम से इसके लाभों को प्राप्त करने पर केंद्रित थी। हम महत्वाकांक्षा को उपलब्धि में बदलने, विकास को बढ़ावा देने, रोजगार सृजन और दोनों पक्षों के बीच संबंधों को गहरा करने के अपने संकल्प पर अडिग हैं।”

गोयल ने भारत-ब्रिटेन साझेदारी की आधारशिला, उन्नत विनिर्माण पर एक प्रभावशाली सत्र की सह-अध्यक्षता भी की।

गोयल ने कहा, “एआई से लेकर एयरोस्पेस तक, ऑटोमोटिव से लेकर सेमीकंडक्टर तक, हम भारत-यूके एफटीए को अमल में ला रहे हैं।”

उन्होंने भारत की विनिर्माण क्षमता बढ़ाने के लिए एली लिली द्वारा किए गए 1 अरब डॉलर के निवेश का भी स्वागत किया।

**************************

 

केदारनाथ में इस साल पहुंचे रिकॉर्ड 16.56 लाख श्रद्धालु, इस दिन बंद होंगे कपाट; 47 लाख लोगों ने की चारधाम यात्रा

देहरादून 09 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : उत्तराखंड की चारधाम यात्रा इस साल खासा रिकॉर्ड बना रही है। खासतौर पर केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है।

ताजा आंकड़ों के मुताबिक बुधवार तक करीब 16.56 लाख श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं, जबकि मंदिर के कपाट बंद होने में अभी दो हफ्ते बाकी हैं। सिर्फ बुधवार के दिन ही 5,600 से अधिक तीर्थयात्रियों ने धाम में पूजा-अर्चना की।

 मंदिर के कपाट 23 अक्टूबर को भाई दूज के अवसर पर बंद किए जाएंगे। बीते साल 2024 में पूरे सीजन के दौरान 16.52 लाख श्रद्धालु केदारनाथ पहुंचे थे, यानी इस बार अभी से नया रिकॉर्ड बन चुका है।

चारधाम यात्रा के बाकी धामों, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री—में भी इस बार यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखी जा रही है। बद्रीनाथ के कपाट 25 नवंबर को दोपहर 2:56 बजे बंद होंगे।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, 4 मई से 7 अक्टूबर की शाम तक लगभग 47 लाख 30 हजार श्रद्धालु चारधाम यात्रा कर चुके हैं। यह संख्या पिछले कई वर्षों के मुकाबले काफी अधिक है।

चारधाम यात्रा की शुरुआत 30 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिरों के कपाट खुलने से हुई थी। इसके बाद 2 मई को केदारनाथ और 4 मई को बद्रीनाथ धाम के कपाट खोले गए, जिसके साथ ही श्रद्धालुओं की भीड़ पहाड़ों की ओर उमड़ पड़ी।

************************

 

प्रधानमंत्री मोदी ने इजरायल-हमास शांति समझौते पर जताई खुशी, नेतन्याहू के नेतृत्व की सराहना

नई दिल्ली 09 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजरायल और हमास के बीच हुए शांति समझौते का स्वागत किया है। उन्होंने इस समझौते को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ‘पीस प्लान’ का हिस्सा बताते हुए इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के मजबूत नेतृत्व की सराहना की।

अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “हम राष्ट्रपति ट्रंप के ‘पीस प्लान’ के पहले चरण पर हुए समझौते का स्वागत करते हैं। यह प्रधानमंत्री नेतन्याहू के सशक्त नेतृत्व का भी प्रतीक है।”

उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “हमें उम्मीद है कि बंधकों की रिहाई और गाजा के लोगों को मानवीय सहायता में वृद्धि से उन्हें राहत मिलेगी व स्थायी शांति का मार्ग प्रशस्त होगा।”

भारत में इजरायल के राजदूत रूवेन अजार ने प्रधानमंत्री मोदी की पोस्ट पर जवाब देते हुए उनका धन्यवाद किया है।

इससे पहले, राजदूत रूवेन अजार ने एक पोस्ट किया, “हमारे सभी बंधकों को रिहा करने के समझौते तक पहुंचने में इजरायली प्रतिनिधिमंडल और सभी संबंधित लोगों के प्रयासों के लिए आभारी हूं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का विशेष धन्यवाद। हम जल्द ही शांति बहाल होते और आतंकवादी खतरों से मुक्त होते हुए देखेंगे। भारत के निरंतर समर्थन की सराहना करता हूं।”

इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की कि इजरायल और हमास शांति समझौते के पहले चरण के लिए सहमत हो गए हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने इस समझौते को ‘ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण कदम’ बताया, जिससे दो साल से जारी युद्ध को समाप्त करने की दिशा में प्रगति होगी।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की घोषणा के अनुसार, हमास सभी बंधकों को रिहा करेगा, जबकि इजरायल अपनी सेना को एक सहमत सीमा तक पीछे हटाएगा। यह अमेरिकी राष्ट्रपति के ’20-सूत्रीय पीस प्लान’ के पहले चरण का हिस्सा है।

राष्ट्रपति ट्रंप की घोषणा पर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सहमति व्यक्त करते हुए कहा कि यह एक कूटनीतिक सफलता है और इजरायल राज्य के लिए एक राष्ट्रीय व नैतिक जीत है।

***************************

 

9 साल बाद लखनऊ में मायावती का शक्ति प्रदर्शन, सपा पर साधा निशाना; योगी सरकार की सराहना की

लखनऊ 09 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): कांशीराम स्मारक स्थल पर गुरुवार को आयोजित बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की रैली में पार्टी प्रमुख मायावती ने संबोधन किया। बसपा सुप्रीमो मायावती 9 साल बाद लखनऊ में शक्ति प्रदर्शन कर रही हैं।

उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) पर हमला बोलते हुए कहा कि बसपा शासनकाल में कासगंज जिले का नाम *मान्यवर कांशीराम नगर* रखा गया था, लेकिन सपा सरकार आते ही उसका नाम बदल दिया गया।

मायावती ने कहा कि इमरजेंसी के दौरान संविधान को कुचला गया था और बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर को न तो संसद पहुंचने दिया गया, न ही उन्हें समय पर भारत रत्न सम्मान दिया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने हमेशा मान्यवर कांशीराम का अपमान किया है, इसलिए दलित समाज को अब जागरूक होना होगा।

इस दौरान मायावती ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा सरकार की कार्यशैली की भी सराहना की। उन्होंने कहा, “हम वर्तमान भाजपा सरकार के आभारी हैं क्योंकि सपा शासनकाल की तरह इस स्थल से एकत्र किया गया धन उन्होंने दबाया नहीं है।

बसपा सरकार के दौरान हमने यह स्मारक बनवाया था और इसके रखरखाव के लिए टिकट व्यवस्था शुरू की थी। इससे होने वाली आय का उपयोग लखनऊ में बने पार्कों और अन्य स्मारकों के संरक्षण के लिए किया जाता था।”

मायावती ने कहा कि बसपा शासनकाल में बने कांशीराम स्मारक की मरम्मत कार्य अब लगभग पूरा हो चुका है, जिसके चलते इस बार बड़ी संख्या में लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा, “आप सभी ने अपने ही रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और लाखों की संख्या में मान्यवर कांशीराम को श्रद्धांजलि अर्पित की है।”

**************************

 

दिल्ली की मुख्य मंत्री रेखा गुप्ता से मिले अभिनेता ऋषभ शेट्टी…..!

09.10.2025 – दिल्ली की मुख्य मंत्री रेखा गुप्ता पिछले दिनों ‘मुख्यमंत्री जनसेवा सदन’ में से मिली, जिसमें अभिनेता और निर्देशक ऋषभ शेट्टी भी शामिल थे। इस मुलाकात में भारतीय फिल्मों की बढ़ती पहचान और यह दिखाने की ताकत बताई गई कि कैसे ये फिल्में भारत की आध्यात्मिक और पारंपरिक संस्कृति को सामने लाती हैं और उसे बचाती हैं।

यहां उल्लेखनीय है कि दुनियाभर में लंबे इंतज़ार के बाद, होम्बले फिल्म्स और ऋषभ शेट्टी की ‘कांतारा : चैप्टर 1’, जो ‘कांतारा: ए लीजेंड’ का प्रीक्वल है, यह फिल्म 2 अक्टूबर को दुनियाभर में रिलीज हो चुकी है। फिल्म के ट्रेलर और गानों ने पहले ही इंटरनेट पर धमाल मचा दिया था लेकिन रिलीज़ के बाद इसने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ दिए और एक ग्लोबल फेनोमेनन बन गई।

दुनियाभर के दर्शक और समीक्षको ने इसकी दमदार कहानी, शानदार परफॉर्मेंस और लाजवाब विजुअल्स की तारीफ करनी जारी रखा है। बताते चलें कि ‘कांतारा : चैप्टर 1’ को ऋषभ शेट्टी ने लिखा, डायरेक्ट किया और उसमें लीड भूमिका निभाई निभाई है।

इस फिल्म को विजय किरगंदुर ने होम्बले फिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। फिल्म में अरविंद एस. कश्यप की सिनेमेटोग्राफी है, जबकि बी. अजनीश लोकनाथ का म्यूजिक है।

फिल्म में ऋषभ शेट्टी, सप्तमी गौड़ा, गुलशन देवैया, रुक्मिणी वसंत, जयराम, पीडी सतीश चंद्र, प्रकाश थुमिनाड जैसे कई कलाकार हैं। फिल्म भारत की आध्यात्मिक गहराई और सांस्कृतिक समृद्धि को खूबसूरती से पेश करती है, हमारी परंपराओं की आत्मा को जीवंत करती है। ‘कांतारा’ जैसी फिल्में गर्व से हमारी विरासत की भावना को वैश्विक मंच तक पहुँचाती हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

****************************

 

दुर्गा पूजा पंडाल, गेट एवं तोरणद्वार दो दिनों में हटाने का निर्देश

उच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में जिला प्रशासन द्वारा जारी किया गया निर्देश

रांची,08.10.2025 – दुर्गा पूजा 2025 का पर्व दिनांक 02 अक्टूबर एवं विसर्जन 03 अक्टूबर को संपन्न हो चुका है, बावजूद इसके कई पूजा समितियों द्वारा बनाए गए अस्थायी पूजा पंडाल, गेट एवं तोरणद्वार अब तक नहीं हटाए गए हैं। इससे शहर में यातायात बाधित हो रहा है तथा दुर्घटनाओं की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

उक्त परिस्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा पूजा समितियों को निर्देश जारी किया गया है कि वे तत्काल प्रभाव से दो दिनों के भीतर अपने-अपने क्षेत्रों में बनाए गए अस्थायी पूजा पंडालों, गेट एवं तोरणद्वारों को खोलकर हटा दें।

ज्ञात हो कि माननीय झारखंड उच्च न्यायालय ने W.P. (PIL) No. 4838/2025 में दिनांक 23 सितंबर 2025 को अपने आदेश में यह स्पष्ट निर्देश दिया है कि पूजा समाप्ति के पश्चात सभी पूजा पंडालों एवं तोरणद्वारों को हटाकर भूमि को पूर्ववत समतल बना दिया जाए।

जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि सार्वजनिक हित एवं यातायात की सुगमता को ध्यान में रखते हुए सभी पूजा समितियों के अध्यक्ष/सचिव यह सुनिश्चित करें कि निर्धारित अवधि में सभी अस्थायी संरचनाओं को हटा दिया जाए तथा संबंधित स्थानों को समतल एवं सुव्यवस्थित कर दिया जाए।

***************************

 

रामनगरी अयोध्या में गूंजी दक्षिण की भक्ति स्वर लहरियां

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण व सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया दक्षिण के तीन संतों की मूर्तियों का अनावरण

उत्तर-दक्षिण संस्कृति का संगम बना बृहस्पति कुंड, भक्ति और संगीत की बिखरी अनोखी छटा

निर्मला सीतारमण बोलीं अयोध्या भारत की सांस्कृतिक आत्मा का प्रतीक

योगी आदित्यनाथ ने कहा अयोध्या बन रही सांस्कृतिक पुनर्जागरण की केंद्रस्थली

त्यागराज, पुरंदर दास और अरुणाचल कवि की मूर्तियों से अयोध्या में बसा कर्नाटक का संगीत भाव

अयोध्या 08 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक एकता का अद्भुत संगम बुधवार को अयोध्या की पावन भूमि पर देखने को मिला। दो दिवसीय दौरे पर पहुंचीं केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मिलकर दक्षिण भारत के तीन महान संगीत संतों त्यागराज स्वामीगल, पुरंदर दास और अरुणाचल कवि की मूर्तियों का बृहस्पति कुंड में भव्य अनावरण किया।

टेढ़ी बाजार स्थित बृहस्पति कुंड का वातावरण उस समय भक्तिरस और संगीत की पवित्र भावना से सरोबार हो उठा जब केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने दक्षिण भारतीय परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना कर अनावरण समारोह की शुरुआत की। इस दौरान सीतारमण के माता-पिता भी मौजूद रहे, जिससे यह पल और भी भावनात्मक हो गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय वित्त मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर पारंपरिक अयोध्या शैली में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बृहस्पति कुंड केवल एक ऐतिहासिक स्थल नहीं, बल्कि सांस्कृतिक समरसता का प्रतीक है, जहां उत्तर भारत की श्रद्धा और दक्षिण भारत की भक्ति का संगम होता है।

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि अयोध्या केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक आत्मा का प्रतीक है। उन्होंने तीनों संतों के योगदान को नमन करते हुए कहा कि त्यागराज स्वामीगल, पुरंदर दास और अरुणाचल कवि ने भारतीय शास्त्रीय संगीत और भक्ति परंपरा को विश्व पटल पर स्थापित किया।

उनके काव्य और रचनाओं ने समाज को प्रेम, भक्ति और एकता के सूत्र में पिरोया। सीतारमण ने बृहस्पति कुंड की भव्यता और शांति देखकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अयोध्या और कर्नाटक के सांस्कृतिक संबंध सदियों पुराने हैं।

आज इन संतों की मूर्तियों के अनावरण के माध्यम से भारत की उत्तर-दक्षिण परंपरा एक सूत्र में बंधी है। इस अवसर पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि श्रीराम की नगरी अयोध्या अब केवल आध्यात्मिक ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक पुनर्जागरण की केंद्रस्थली बन रही है। उन्होंने कहा कि निर्मला सीतारमण का यह दौरा भारत की सांस्कृतिक एकता और समरसता का सशक्त प्रतीक है।

बृहस्पति कुंड परिसर में स्थापित सुंदर पत्थर की बेंचों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह कुछ देर के लिए विराम लेते हुए बैठे।

शांत सरोवर, मधुर वातावरण और सुव्यवस्थित परिसर को निहारते हुए तीनों जनप्रतिनिधियों ने उस पल में अयोध्या की सौंदर्य व सांस्कृतिक गरिमा का आनंद अनुभव किया। मुख्यमंत्री ने बेंचों की कलात्मक बनावट और परिसर के सौंदर्यीकरण की सराहना करते हुए कहा कि बृहस्पति कुंड अब श्रद्धा और सौंदर्य का आदर्श संगम बन चुका है।

**************************

 

दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिले सीएम डॉ मोहन, इन मुद्दों पर की चर्चा

भोपाल 08 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। सीएम ने अमित शाह से प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

सीएम डॉ मोहन यादव बुधवार को दिल्ली दौरे पर रहे। जहां वे केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के निवास पर पहुंचे और उनसे मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अमित शाह से मध्य प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

**************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version