पायलट ने कॉकपिट में महिला मित्र को बुलाया, डीजीसीए ने एयर इंडिया को ठोका 30 लाख का जुर्माना

नई दिल्ली 13 मई (एजेंसी)। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एयर इंडिया के एक पायलट का लाइसेंस तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया है। पायलट ने दुबई से दिल्ली की उड़ान के दौरान अपनी एक महिला मित्र को कॉकपिट में घुसने दिया था। विमानन नियामक ने सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील मामले से तुरंत और प्रभावशाली तरीके से निपटने में विफल रहने के कारण एयर इंडिया पर 30 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

एयर इंडिया के पायलट ने 27 फरवरी को डीजीसीए के सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करते हुए दुबई से दिल्ली आ रही उड़ान में अपनी महिला मित्र को कॉकपिट में घुसने दिया। इसके लिए उसके खिलाफ जांच चल रही थी। डीजीसीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने अप्रैल में कहा था कि यह घटना अस्वीकार्य है और इससे यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती थी।

एयर इंडिया ने भी एक बयान में कहा था कि वह इस घटना की जांच कर रही है। बयान में कहा गया था, यात्री सुरक्षा के प्रति एयरलाइन में जीरो टालरेंस की नीति है और उचित कार्रवई की जाएगी। डीजीसीए को भी मामले की जानकारी दे दी गई है। एयर इंडिया जांच में सहयोग कर रही है। एयर इंडिया में भी जांच जारी है।

***************************

 

पाकिस्तानी रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 299 के रिकॉर्ड निचले स्तर तक गिरा

कराची 13 मई (एजेंसी)। इमरान खान सहित पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के वरिष्ठ नेताओं की गिरफ्तारी के बाद देश में भड़की राजनीतिक उथल-पुथल के बीच अमेरिकी डॉलर के मुकाबले पाकिस्तानी रुपया 298 के रिकॉर्ड निचले स्तर तक गिर गया। स्थानीय यूनिट डॉलर के मुकाबले 8.78 रुपये या 3.02 प्रतिशत गिर गया और इंटरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में कारोबार में यह 299 रुपये प्रति डॉलर रहा। 2031 देय डॉलर बांड नवंबर के बाद से सबसे निचले स्तर पर आ गया और डॉलर पर 33.10 प्रतिशत पर इंगित किया गया।

नई दर 300 रुपये प्रति डॉलर की बहुप्रतीक्षित दर से सिर्फ 1 रुपये दूर है। जियो न्यूज के मुताबिक, वित्तीय एक्सपर्ट का मानना है कि पीटीआई के अध्यक्ष इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक और सामाजिक अशांति के कारण रुपये में गिरावट आई है।

इसके अलावा, डॉलर की मांग-आपूर्ति की खाई भी चौड़ी हो गई है, क्योंकि निर्यातकों ने इस अटकल पर अमेरिकी मुद्रा की बिक्री बंद कर दी है कि रुपया ग्रीनबैक की तुलना में और अधिक डिप्रीशिएट करेगा। दूसरी ओर, आयातक डॉलर खरीदते नजर आ रहे हैं।

इंटरबैंक बाजार में विदेशी मुद्रा की मांग और आपूर्ति में इस अंतर ने रुपये के अवमूल्यन में योगदान दिया है। वित्त मंत्रालय के पूर्व सलाहकार खाकान नजीब ने कहा कि राजनीतिक अस्थिरता जारी रहने से बाजार की भावनाओं पर असर पड़ा है, जिससे पाकिस्तानी रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया है।

***********************************

 

नेपाल भी करने लगा चीन जैसी हरकत, बॉर्डर पर श्रमिकों पर की पत्थरबाजी- JCB तोड़ी

नई दिल्ली 13 May, (एजेंसी): पड़ोसी देश नेपाल ने एक बार फिर भारत को टेंशन दी है। अब नेपाल भी चान जैसी हरकतें करने लगा है। नेपाल नागरिकों की ओर से उठाए गए इस कदम के बाद भारत भी बॉर्डर पर सतर्क हो गया है। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में यह मामला सामने आया है। काली नदी किनारे घटखोला में तटबंध निर्माण का विरोध करते हुए नेपाल नागरिकों की ओर से पत्थरबाजी की गई है।

इस दौरान वहां काम कर रही जेसीबी का शीशा टूट गया। पत्थरबाजी के दौरान वहां काम कर रहे श्रमिकों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। शुक्रवार को दो नेपाली युवकों ने अचानक जीरो पॉइंट घटखोला में भारतीय क्षेत्र में कार्य कर रही मशीनों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। अचानक हुई पत्थरबाजी से वहां काम कर रहे मजदूर सहम गए। उन्होंने भागकर जान बचाई। पत्थरबाजी में भारतीय क्षेत्र में काम कर रही जेसीबी का शीशा टूट गया है। पत्थरबाजी की सूचना पर कोतवाल कुंवर सिंह रावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि नेपाल के युवकों ने पत्थरबाजी तो की ही साथ ही अश्लील हरकतें की।

हैरानी की बात रही कि घटना के वक्त नेपाल पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। लेकिन नेपाल पुलिस की ओर से पत्थरबाजी कर रहे युवकों को नहीं रोका गया। इस घटना से यहां भारतीय लोगों में आक्रोश है। मांग की है कि बॉर्डर पर सख्ती की जाए ताकि इस तरह की घटना दोबारा नहीं हो सके।

******************************

CM एकनाथ शिंदे के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, 2 मंत्रियों के साथ सतारा जा रहे थे

मुंबई 13 May, (एजेंसी): महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी है। तकनीकी खराबी आने के कारण हेलीकॉप्टर को राजभवन के हेलीपैड पर उतारना पड़ा। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ उद्योग मंत्री उदय सामंत और मंत्री संदीपान भुमरे मौजूद थे। सभी सतारा जिले में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।

हालांकि, हेलीकॉप्टर में क्या तकनीकी खराबी आई थी, इसका पता नहीं लग सका है। अधिकारी इसका पता लगाने की बात कर रहे हैं। हालांकि, इस घटना में किसी के भी हताहत होने की खबर नहीं है। वहीं, खबर है कि शिंदे अब सतारा नहीं जा पाएंगे। इस समय पूरे प्रदेश में सीएम एकनाथ शिंदे अपनी पार्टी शिवसेना को मजबूत करने पर जुटे हुए हैं।

इन दिनों महाराष्ट्र में उद्धव गुट औऱ शिवसेना गुट इन दिनों एक-दूसरे पर हमलावर हैं। वहीं, अब यह मामला सुप्रीम कोर्ट में पहुंच चुका है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि शिंदे गुट सरकार में बने रहे। कोर्ट के इस फैसले के बाद उद्धव गुट के विधायकों की सदस्यता खतरे में पड़ सकती है। वहीं, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे खेमे के विधायक संजय शिरसाट ने बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के समर्थन वाले खेमे के 6 से 7 विधायक उनसे लगातार संपर्क में हैं। वह जल्द ही सीएम शिंदे को अपना समर्थन दे देंगे।

संजय शिरसाट के मुताबिक, कोर्ट ने कहा है कि पार्टी और सिंबल को लेकर इलेक्शन कमिशन जो भी फैसला करेगा, उसे मानना होगा, तो बता देना चाहते हैं कि चुनाव आयोग ने हमारे हक में फैसला दिया था, इस वजह सेअसली शिवसेना हम ही हैं।

******************************

 

लक्ष्मण सावदी आगे, शेट्टर पीछे

हुबली 13 May, (एजेंसी): कर्नाटक के पूर्व उपमुख्यमंत्री लक्ष्मण सावदी, जो भाजपा नेतृत्व द्वारा टिकट नहीं दिए जाने के बाद कांग्रेस में शामिल हो गए थे, उत्तरी कर्नाटक के बेलगावी जिले की अथानी विधानसभा सीट से 44,580 मतों के अंतर से आगे चल रहे हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री और हुबली-सेंट्रल धारवाड़ से छह बार के विधायक जगदीश शेट्टर 22,451 मतों के अंतर से पीछे चल रहे हैं। चुनाव में टिकट से इनकार किए जाने पर शेट्टर भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हो गए थे। उल्लेखनीय है कि हुबली-मध्य धारवाड़ भाजपा और आरएसएस का पारंपरिक गढ़ रहा है, और यह पहली सीट थी जिसे जनसंघ ने 1968 में दक्षिण भारत में जीता था।

गोकक में, भाजपा नेता और पूर्व मंत्री, रमेश जरीकीहोली पीछे चल रहे हैं, जबकि बेलगावी ग्रामीण सीट पर कांग्रेस की लक्ष्मी हेब्बलकर आगे चल रही थीं।

***************************

 

लोगों ने प्रगति व सुशासन के लिए मतदान किया : पवन बंसल

नई दिल्ली 13 May, (एजेंसी): कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन बंसल ने शनिवार को कहा कि कर्नाटक में लोगों ने प्रगति, सुशासन और जनता के लिए काम करने वाली सरकार के लिए वोट दिया है। उनकी टिप्पणी चुनाव आयोग के नवीनतम रुझान के बाद आई है, जिसमें दिखाया गया है कि कांग्रेस 118 सीटों पर आगे चल रही है और सरकार बनाने के लिए ‘जादुई संख्या’ 113 को पार कर रही है। बंसल ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, लोगों ने महंगाई कम करने के लिए मतदान किया है। कांग्रेस के शासन में युवाओं को नौकरियां दी जाएंगी, न कि लोगों को धर्म के नाम पर बांटा जाएगा। भाजपा और कांग्रेस के बीच यही अंतर है। लोगों ने भाजपा के दृष्टिकोण को खारिज कर दिया है और कांग्रेस को वोट दिया है।

यह पूछने पर कि कांग्रेस ने बेंगलुरु में अपने सभी विधायकों को बुलाया है, बंसल ने कहा, यह करना होगा, क्योंकि आप कभी नहीं जानते कि भाजपा क्या कर रही है।

इस चुनाव में वरिष्ठ नेताओं सहित सभी ने बहुत मेहनत की है।

बंसल ने कहा, ‘निश्चित तौर पर भारत जोड़ो यात्रा का चुनाव पर असर पड़ा है।’

चुनाव आयोग के अनुसार, कांग्रेस का वोट शेयर वर्तमान में 42.8 प्रतिशत है, जबकि भाजपा का 36.1 प्रतिशत है।

*************************

 

यूपी उपचुनाव : स्वार में भाजपा गठबंधन को बढ़त, छानबे पर कांटे की टक्कर

लखनऊ 13 May, (एजेंसी): उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनाव में ताजा रूझानों के अनुसार भाजपा की सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) को रामपुर की स्वार सीट पर बढ़त मिली है। वहीं छानबे सीट पर कांटे की टक्कर है। निर्वाचन आयोग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, रामपुर के स्वार में अपना दल (सोनेलाल) के शफीक अहमद अंसारी सपा की अनुराधा चौहान से 7,359 मतों से आगे हैं।

वहीं छानबे (अनुसूचित जाति) सीट पर सपा की कीर्ति कोल की अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी अपना दल (सोनेलाल) की रिंकी कोल से कांटे का टक्कर है।

उत्तर प्रदेश में रामपुर जिले की स्वार और मिजार्पुर जिले की छानबे (एससी) विधानसभा सीटों के लिए 10 मई को मतदान हुआ था।

रामपुर की स्वार सीट सपा के पूर्व नेता आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम को एक मामले में सजा सुनाये जाने के बाद उनकी सदस्यता रद्द होने के बाद खाली हुई थी जबकि छानबे सीट भाजपा के सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) के विधायक राहुल कोल के निधन की वजह से खाली हुई है।

**************************

 

टाइम मैगजीन के कवर पर आई नजर अदाकारा दीपिका पादुकोण

13.05.2023 – दीपिका पादुकोण अपने शानदार फिल्मी करियर में ग्लोबल लेवल पर कई उपलब्धियां हासिल कर चुकी हैं जिसका ज्यादातर लोग केवल सपना भर देखते हैं। अपनी इंटरनेशनल उपलब्धियों की लिस्ट में एक और उपलब्धि जोड़ते हुए दीपिका अब टाइम मैगज़ीन के कवर पर नज़र आ रही हैं। इस उपलब्धि के बाद अदाकारा दीपिका पादुकोण अब बराक ओबामा, ओपरा विन्फ्रे सहित कई और प्रभावशाली हस्तियों संग वैश्विक हस्तियों के एलीट क्लब में शामिल हो गई हैं, जिन्हें इस प्रतिष्ठित और अत्यधिक सम्मानित मैगजीन पर फीचर होने का मौका मिला है।

कई बार दीपिका पादुकोण की जबरदस्त लोकप्रियता, व्यापक ग्लोबल अपील और अपराजेय स्टारडम ने भारत को ग्लोबल मैप पर ला खड़ा किया है।  दीपिका पादुकोण ने ऑस्कर में एकमात्र भारतीय  प्रेजेंटर के रूप में भी मंच संभाला और साथ ही ऑस्कर पुरस्कारों में सबसे चर्चित हस्तियों में से एक भी थीं। दीपिका पादुकोण ने 2022 में भी धमाल मचा चुकी हैं। इसी वर्ष फीफा विश्व कप ट्रॉफी से पर्दा उठाने वाली पहली भारतीय बनने के लिए सुर्खियां बटोरीं।

दीपिका स्टेडियम में ट्रॉफी के साथ गई और हजारों फैन्स से भरे स्टेडियम के बीच ट्रॉफी की झलक दिखाई- जो वास्तव में उनके करियर का एक यादगार पल था। वह प्रतिष्ठित कान्स फिल्म फेस्टिवल 2022 में आठ मेंबर जूरी का भी हिस्सा थीं, जिससे वह प्रतिष्ठित जूरी में एकमात्र भारतीय बन गईं। यकीनन देश की सबसे बड़ी ग्लोबल ब्रांड एंबेसडर दीपिका ने ग्लोबल लक्जरी ब्रांड्स, लुई वुइटन और कार्टियर के साथ सबसे बड़ी एड डील हासिल की।

इतना ही नहीं दीपिका किम कार्दशियन, बेला हदीद, बेयोंस और एरियाना ग्रांडे के साथ दुनिया की 10 सबसे खूबसूरत महिलाओं में से एक के रूप में भी लिस्टेड हुई। पिछले साल ही दीपिका पाकुकोण को सिनेमा में उनकी उपलब्धियों और मेंटल हेल्थ की वकालत में उनके काम के लिए ‘द टाइम 100 इम्पैक्ट अवार्ड’ से सम्मानित किया गया था। वह टाइम द्वारा दो बार सम्मानित होने वाली इकलौती भारतीय भी थीं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

************************

 

आज का राशिफल


मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज का दिन आपके लिए आनंददायक रहेगा। आज प्रत्येक क्षेत्र में विरोधी परास्त होंगे। सामाजिक मान-सम्मान बढेगा। व्यापार विस्तार अथवा नए कार्य का आरंभ समय अनुकूल रहने पर भी आज ना करें। व्यावसायिक यात्रा लाभदायक रहेगी। किसी परिचित से लंबे समय बाद भेंट से हर्ष एवं लाभ होगा। स्त्री एवं संतान के ऊपर खर्च करेंगे। किसी मार्गदर्शक से बात होने की पूरी संभावना है। दाम्पत्य का पूर्ण सुख मिलेगा। दुर्व्यसनों के कारण परिवार का वातावरण खऱाब न हो इसका ध्यान रखें। स्वास्थ्य लाभ होगा।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)

आज का दिन आपके लिए आनंददायक रहेगा। आज दिन भर शारीरिक रूप से चुस्त बने रहेंगे। कार्य क्षेत्र पर आपके कार्यों की प्रशंसा होगी। सरकारी कार्यों में सफलता मिलेगी सामाजिक मान-सम्मान मिलेगा। किसी स्वजन के सहयोग से कर्ज से मुक्ति मिलेगी। विरोधी आज शांत रहेंगे। परिजनों के साथ धार्मिक यात्रा के योग है। संतान से सुख-सहयोग मिलेगा। फिर भी सरकार विरोधी अथवा अनैतिक क्रियाओं से दूरी बना कर रहें। आय-व्यय में संतुलन नहीं रहने से आर्थिक समस्या बन सकती है।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आपका आज के दिन का अधिकांश समय आराम से व्यतीत होगा। सामाजिक एवं धार्मिक कार्यो में योगदान देने से यश एवं सम्मान की प्राप्ति होगी। आप अपने पराक्रम से बिगड़े कार्यो को बना लेंगे प्रतिस्पर्धी नतमस्तक होंगे। धन लाभ संतोषजनक रहेगा।जायदाद एवं कानूनी कार्यो को जल्दबाजी में ना करे नुक्सान उठाना पड़ सकता है। गृहस्थ जीवन की जटिलताएं हल होंगी संतान की प्रगति से हर्ष होगा। महिला मित्रो से ज्यादा निकटता के कारण परेशानी हो सकती है।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आपका आज का दिन सामान्य रहेगा फिर भी सेहत की अनदेखी न करें। पेट सम्बंधित समस्या बड़ा रूप ना ले इसका ध्यान रखे। कार्य क्षेत्र पर अधिकांश समय उबन में बीतेगा। व्यवसाय में निवेश एवं जोखिम के कार्य हाथ में लेना हानिकर रहेगा। आलस्य न करें। कारोबारी कार्य से यात्रा के योग है। अल्प लाभ से संतोष करना पड़ेगा। पारिवारिक मामलो को ज्यादा महत्त्व दें। सेहत का विशेष ध्यान रखें।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आपका आज का दिन शुभ फलदायी रहेगा। व्यवसाय नौकरी में मनचाही उन्नति मिलने से दिन भर प्रसन्न रहेंगे। आज आपके विचारो से सभी प्रभावित रहेंगे। दलाली के व्यवसाय में निवेश से विशेष लाभ की सम्भवना है। आपके सभी कार्य सहजता से पूर्ण होंगे जिससे उत्साह बढ़ेगा। परिजनों के साथ किसी मांगलिक कार्यक्रम में सम्मिलित हो सकते है। संध्या का समय सगे-सम्बंधियों और मित्रों के साथ सुख में व्यतीत होगा। परन्तु लापरवाही अथवा व्यवहारिकता की कमी के कारण सम्बन्धों में खटास आ सकती है।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज के दिन आप ज्यादा मेहनत करने के मूड में नहीं रहेंगे परन्तु पुराने कार्यो अथवा कार्य क्षेत्र पर व्यवस्था बनाने में काफी परिश्रम करना पड़ेगा। मन में यात्रा के विचार दुविधा में डालेंगे। कार्य क्षेत्र पर किसी की लापरवाही के कारण नोंकझोंक हो सकती है। लोग आज स्वार्थ सिद्धि के कारण आपकी गलतियों को भी नजर अंदाज करेंगे। धन लाभ होते होते किसी विघ्न आने से टल सकता है। जल्दबाजी में किया गया कार्य बिगड़ सकता है धैर्य रखें।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आपका आज का दिन सामान्यत: शुभ ही रहेगा। सेहत छोटी मोटी तकलीफों को छोड़ अनुकूल बनी रहेगी। अधिकारियो के आपके प्रति विश्वास एवं लक्ष्य के प्रति दृढ इच्छाशक्ति से कार्य करने पर मनचाही सफलता मिल सकती है। कार्य क्षेत्र पर सहयोगियों से किसी कारण मतभेद भी रहेंगे। किसी अप्रत्याशित सुख मिलने से परिवार में आनंद का वातावरण रहेगा। आवश्यक काम से यात्रा हो सकती है। अत्याधिक काम वासना के कारण सम्मान हानि की सम्भवना है। विदेश सम्बंधित मामलो में शुभ समाचार मिलेंगे।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आपका आज का दिन मिलाजुला फलदायी रहेगा। आलस्य एवं शिथिलता के कारण कार्य के प्रति उत्साह नहीं रहेगा। किसी अरिष्ट की चिंता सताएगी। शेयर सट्टे में भारी हानि के योग है अनुभवी की सलाह लेकर ही निवेश करें। उधारी वाले व्यवहार परेशान कर सकते हैं। संध्या के समय स्थिति में सुधार आने से कुछ राहत मिलेगी। किसी महिला के द्वारा भाग्योदय होगा। दिन भर की क्रियाएं शुभ फल देने लगेंगी। धर्म-कर्म के गूढ़ रहस्यों को।जानने का सौभाग्य मिलेगा।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज का दिन आपके अनुकूल बीतेगा। प्रात: काल से ही हर परिस्थिति पर आपकी पकड़ रहेगी। बड़ो के मार्गदर्शन से व्यवसाय एवं पैतृक सम्बंधित लगभग सभी समस्याओं का समाधान होने से आय के नविन स्त्रोत्र बनेंगे। सरकारी कार्य भी थोड़े परिश्रम के बाद बन जाएंगे। पुराने अटके धन की प्राप्ति होगी। सामाजिक व्यवहार बढ़ेगा। आकस्मिक छोटी यात्रा के योग है। दाम्पत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी। घरेलु वस्तु एवं संतानों के ऊपर खर्च करेंगे। धन की अपेक्षा आज संबंधो को महत्त्व दें।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज के दिन आपको प्रारब्ध अनुसार जितना मिले उसी में संतोष कर लेंगे। परन्तु फिर भी अंदरूनी तौर पर मन में कुछ ना कुछ कमी बनी रहेगी। कुंवारे जातको को योग्य जीवन साथी मिलने की सम्भवना रहेगी। परिजनों के साथ खरीददारी करेंगे। दैनिक रोजगार में आज अल्प लाभ से संतोष करना पड़ेगा। खर्च अधिक रहने से आर्थिक स्थिति प्रभावित होगी। सरकारी कार्य करने के लिए आज का दिन अनुकूल है। व्यसन एवं फिजूल खर्ची से बचें। किसी को मन की बात ना बताएं ना ही किसी के ज्यादा निकट रहें।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आपका आज का दिन शुभ रहेगा। आज कार्य क्षेत्र पर अनुकूल वातावरण मिलने से उत्साह में वृद्धि होगी। सहकर्मियों एवं अधिकारियो का अपेक्षित व्यवहार मिलने से आशानुकूल लाभ अर्जित करेंगे। पुरानी देनदारी से परेशानी भी हो सकती है। विरोधियों का षड्यंत्र असफल होगा। पारिवारिक दायित्वों की पूर्ति पर अधिक खर्च करेंगे। स्त्री संतान का सहयोग मिलेगा। सुख के साधनों में वृद्धि करना आज आपकी प्राथमिकता रहेगी। सेहत में थोड़ा उतार चढ़ाव रहेगा फिर भी इसका दैनिक कार्यो पर असर नहीं पड़ेगा।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज के दिन क्रोध अथवा अहम् की भावना बने बनाये कार्यो पर पानी फेर सकती है इसलिए ख़ास कर व्यावसायिक एव सामाजिक क्षेत्र पर विवेक पूर्ण व्यवहार रखे। कार्यो में प्रारंभिक विलम्ब या असफलता से घबराए नहीं प्रयास जारी रखें सफलता अवश्य मिलेगी। आज स्त्री पक्ष का सहयोग करें, काम के समय यही साथ देगी इस बात को ध्यान में रखकर चलें। दोपहर के बाद मेहनत का फल धन लाभ के रूप में मिल जाएगा। सन्तानों अथवा भाई बंधुओ से किसी भी प्रकार के सहयोग की उम्मीद सहयोगी सिद्ध होगी।

***********************************

 

पश्चिम बंगाल में केरला स्टोरी बैन क्यों? सुप्रीम कोर्ट ने जारी किया नोटिस

नई दिल्ली 12 May, (एजेंसी): सुप्रीम कोर्ट ने फिल्म ‘द केरला स्टोरी’ पर बैन के मामले में पश्चिम बंगाल सरकार से कई सवाल किए। कोर्ट ने कहा कि फिल्म देश के बाकी हिस्सों में शांतिपूर्वक चल रही है और ऐसा कोई कारण नहीं है कि इसे राज्य में प्रतिबंधित किया जाए। भारत के मुख्य न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ और पी.एस. नरसिम्हा ने पश्चिम बंगाल सरकार का प्रतिनिधित्व कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता ए.एम. सिंघवी से कहा, फिल्म देश के बाकी हिस्सों में रिलीज हुई है, पश्चिम बंगाल देश से अलग नहीं है..।

फिल्म निर्माताओं का प्रतिनिधित्व कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश साल्वे ने कहा फिल्म राज्य में तीन दिनों तक सिनेमाघरों में चली।

चीफ जस्टिस ने कहा, अगर फिल्म देश के अन्य हिस्सों में चल सकती है, तो पश्चिम बंगाल में क्यों नहीं?.. अगर जनता इसे देखना नहीं चाहती है, तो नहीं देखेगी। पीठ ने कहा, इसका फिल्म के आर्टिस्टिक वैल्यू से कोई लेना-देना नहीं है, फिल्म अच्छी हो सकती है, या यह खराब हो सकती है, या अप्रासंगिक हो सकती है ..। दलीलें सुनने के बाद शीर्ष अदालत ने पश्चिम बंगाल सरकार को नोटिस जारी किया।

फिल्म निर्माताओं ने दलील दी कि राज्य सरकार के पास ऐसी किसी फिल्म को बैन करने का कोई अधिकार नहीं है जिसे केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड ने प्रमाणित किया हो। फिल्म निर्माताओं ने दावा किया कि राज्य सरकार फिल्म के प्रदर्शन को रोकने के लिए कानून व्यवस्था का हवाला नहीं दे सकती। उनका तर्क था कि इससे उनके मौलिक अधिकारों का हनन होगा।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 8 मई को ‘द केरला स्टोरी’ के प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी। उन्होंने पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव एच.के. द्विवेदी को इस मामले में आवश्यक कदम उठाने को कहा था।

**********************************

 

टैंक की सफाई के दौरान एक ही परिवार के पांच मजदूरों की मौत, CM ने की परिजनों को 10-10 लाख देने की घोषणा

परभणी 12 May, (एजेंसी): महाराष्ट्र राज्य के मराठवाड़ा क्षेत्र के परभणी जिले के सोनपेठ तालुका के भौचा टांडा शिवरा में सुरक्षा टैंक की सफाई के दौरान एक ही परिवार के पांच मजदूरों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक भौचा टांडा शिवारा स्थित मारुति दगड़ू राठौड़ के अखाड़े में गुरुवार को दोपहर सेफ्टी टैंक की सफाई के दौरान यह घटना घटी। मृतकों की पहचान शेख सादिक (45), शेख शाहरुख (20), शेख जुनैद (29), शेख नवीद (25), शेख फिरोज (19) के रूप में हुई, जबकि शेख साबिर (18) घायल हो गए, जिनका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, परली में है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को परभणी जिले में हुई घटना पर दुख व्यक्त किया और प्रत्येक मृतक के वारिसों को राज्य सरकार के सामाजिक न्याय विभाग की योजना के माध्यम से 10-10 लाख रुपये का भुगतान करने का निर्देश दिया।

शिंदे ने इस दुर्घटना में घायल हुए श्रमिक को सरकार के खर्चे से सभी आवश्यक चिकित्सा उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया। घायल मजदूर को गंभीर हालत में अंबाजोगाई के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

*****************************

 

CM भगवंत मान का ऐलान, पंजाब में अब औद्योगिक जमीन के लिए इस्तेमाल होगा हरे रंग का स्टांप पेपर

चंडीगढ़ 12 May, (एजेंसी): पंजाब सरकार ने राज्य में उद्योग धंधे लगाने के लिए हरे रंग का स्टाम्प पेपर शुरू करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को यह जानकारी एक वीडियो के माध्यम से सांझा की।

उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि कोई उद्योगपति राज्य में कोई फैक्टरी लगाने के लिए 20 एकड़ जमीन चिह्नित करता है तो उसे इनवेस्ट पंजाब के पोर्टल पर या कार्यालय में आकर जमीन का स्थान और खसरा नंबर की जानकारी देनी होगी। उसके बाद सीएलयू की टीम दस दिन के भीतर जगह का मुआयना कर मंजूरी देगी।

मान ने कहा कि इस प्रक्रिया के बाद उद्योगपति को हरे रंग का स्टाम्प लेना होगा जो अन्य स्टाम्प से थोड़ा महंगा है। उन्होंने कहा कि इस स्टाम्प में सीएलयू, वन विभाग, पर्यावरण और दमकल विभाग से संबधित सभी (एनओसी) का धन इसमें शामिल कर लिए जायेंगे।

इसके 10, 12 दिन बाद जब भी रजिस्टरी हो जाती है तब उद्योगपति उद्योगपति फैक्टरी का निर्माण शुरू कर सकता है। फैक्टरी बनने के सीएलयू, वन, पर्यावरण और दमकल विभाग से संबधित सभी विभाग की क्लीयरेंस मोहर एक स्टाम्प (हरा स्टाम्प) पर लगा दी जायेगी।

उन्होंने कहा कि हरा स्टाम्प का अर्थ है कि उद्योगपति ने संबंधित सभी विभागों की एनओसी ली हुई हैं। उन्होंने कहा कि इससे व्यापारियों और उद्योगपतियों को कार्यालयों के चक्कर काटने से राहत मिलेगी।

मान ने कहा कि उद्योग धंधों के लिए हरा स्टाम्प पेपर शुरू करने वाला पंजाब देश का पहला राज्य होगा। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि यह निर्णय कामयाब होगा और बाकी राज्य भी भविष्य में इसकी शुरूआत करेंगे।

*******************************

 

 

यौन उत्पीड़न मामले में दिल्ली पुलिस ने दर्ज किया WFI चीफ बृजभूषण शरण सिंह का बयान, जांच के लिए SIT गठित

नई दिल्ली 12 May, (एजेंसी): दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को यहां एक अदालत को सूचित किया कि भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट हरजीत सिंह जसपाल की राउज एवेन्यू अदालत में लोक अभियोजक अतुल श्रीवास्तव ने कहा कि मामले में एक सीलबंद कवर के तहत एक स्थिति रिपोर्ट दायर की गई है और इसका खुलासा नहीं किया जाना चाहिए क्योंकि मामले में यौन अपराध शामिल हैं।

एसआईटी टीम में एक महिला पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सहित 10 अधिकारी हैं। अधिकारी ने कहा, महिला पहलवानों द्वारा दायर शिकायतों के आधार पर विभिन्न राज्यों से जानकारी एकत्र करने के लिए टीम का गठन किया गया है। अदालत को यह भी बताया गया कि पीड़िता में से एक का बयान संबंधित मजिस्ट्रेट के समक्ष दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 164 के तहत दिन में दर्ज किया जाएगा।

अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 27 मई को मुकर्रर की है। कोर्ट ने बुधवार को दिल्ली पुलिस से इस मामले में स्टेटस रिपोर्ट मांगी थी। ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप जैसी प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके बजरंग पुनिया, साक्षी मलिक और विनेश फोगट जैसी प्रमुख भारतीय पहलवान 23 अप्रैल से (डब्ल्यूएफआई) प्रमुख के खिलाफ जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं।

किसानों ने भी पहलवानों को अपना समर्थन दिया है और सोमवार को विरोध में शामिल होने के लिए हरियाणा और पंजाब से पहुंचे थे। सुनवाई के दौरान न्यायाधीश ने जांच की निगरानी और अदालत के समक्ष कथित पीड़ितों के बयान दर्ज करने की मांग करने वाली पहलवानों की याचिका का विरोध करने पर पुलिस को नोटिस जारी किया था।

मंगलवार को दिल्ली महिला आयोग ने महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के मामले में आरोपी को गिरफ्तार करने में विफल रहने पर पुलिस उपायुक्त (नई दिल्ली) प्रणव तायल को भी समन जारी किया।

महिला पहलवानों ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। मामले में 28 अप्रैल को दो प्राथमिकी दर्ज की गई थी – एक यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम के तहत एक नाबालिग लड़की का कथित रूप से यौन उत्पीड़न करने और दूसरी शिकायतकर्ताओं का यौन उत्पीड़न करने के खिलाफ।

***************************

 

यूपी में प्रिंसिपल पर दूसरी कक्षा के छात्र को प्रताड़ित करने का मामला दर्ज

लखनऊ 12 May, (एजेंसी): ठाकुरगंज के एक निजी स्कूल के प्रिंसिपल पर आरटीई (शिक्षा का अधिकार) अधिनियम के तहत प्रवेश पाने वाले दूसरी कक्षा के छात्र को कथित रूप से शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का मामला दर्ज किया गया है। बच्चे के पिता ने आरोप लगाया कि प्रिंसिपल प्रीति यादव उनके बेटे को आरटीई के जरिए प्रवेश देने से नाखुश थीं।

पीड़ित के पिता ने आरोप लगाया, वह आरटीई के तहत प्रवेश पाने वाले छात्रों को ताना मारती थीं।

उन्होंने कहा, 5 मई को प्रिंसिपल ने मेरे बेटे को पीटा और उसे ताना मारा। जब वह घर लौटा, तो उसे तेज बुखार था।

उन्होंने कहा, वह थोड़ी देर बाद बेहोश हो गया। हम उसे अस्पताल ले गए, उसका अभी भी इलाज चल रहा है। मेरे बेटे को स्कूल प्रशासन और प्रिंसिपल द्वारा शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

एसएचओ ठाकुरगंज विकास राय ने बताया कि प्रिंसिपल के खिलाफ छात्र को पीट कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला दर्ज किया गया है।

**************************

 

एनआईए ने बंगाल में रामनवमी हिंसा की जांच अपने हाथ में ली

नई दिल्ली 12 May, (एजेंसी): राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने हाल ही में पश्चिम बंगाल में रामनवमी के जुलूस के दौरान हुई हिंसा की जांच अपने हाथ में ले ली है। एनआईए ने 30 मार्च को हावड़ा और हुगली जिलों में हुई हिंसा और आगजनी की घटनाओं के संबंध में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत छह नई प्राथमिकी दर्ज की हैं।

जांच को एनआईए को स्थानांतरित करने का निर्णय कलकत्ता उच्च न्यायालय के एक पूर्व निर्देश के अनुपालन में हुआ, इसमें एजेंसी को मामले की जिम्मेदारी लेने के लिए कहा गया था। एजेंसी ने एक विशेष अदालत के समक्ष एक याचिका भी दायर की, इसमें सभी केस डायरियों को अपने कब्जे में लेने और सभी गिरफ्तार आरोपियों को पश्चिम बंगाल पुलिस से हिरासत में लेने का निर्देश देने की मांग की गई थी।

रामनवमी के जुलूस के दौरान हिंसा की घटनाओं ने पश्चिम बंगाल में अशांति पैदा कर दी थी।

************************

 

पवन कल्याण ने दिया संकेत, आंध्र के मुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा रखते हैं

अमरावती 12 May, (एजेंसी): अभिनेता और राजनेता पवन कल्याण ने संकेत दिया कि उनकी आंध्र प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा है। कर्नाटक का उदाहरण देते हुए कि जद-एस नेता एच.डी. कुमारस्वामी केवल 30 विधानसभा सीटें जीतकर मुख्यमंत्री बने, जन सेना पार्टी के नेता ने कहा कि अगर लोगों ने उन्हें 2019 में 40 सीटें दी होतीं, तो वे भी मुख्यमंत्री पद की मांग करते।

यहां मंगलागिरि में जेएसपी कार्यालय में संवाददाताओं से बात करते हुए अभिनेता-राजनेता ने कहा कि अगर वह मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं, तो ऐसा कहने में उन्हें संकोच नहीं होगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि वह तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) या भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से उन्हें मुख्यमंत्री बनाने के लिए नहीं कहेंगे। मैं अपनी ताकत दिखाऊंगा और पूछूंगा।

पवन की पार्टी, जिसने 2019 के चुनावों में वाम दलों और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के साथ गठबंधन किया था, 175 सदस्यीय विधानसभा में सिर्फ एक सीट जीत सकी। अभिनेता खुद उन दोनों सीटों पर हार गए, जिन पर उन्होंने चुनाव लड़ा था।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जेएसपी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के शासन को समाप्त करने के लिए प्रमुख दलों के साथ गठबंधन की तलाश कर रही है।

**************************

 

दिल्ली, महाराष्ट्र पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले ‘ऐतिहासिक, भाजपा हर मोर्चे पर हारी : सिंघवी

नई दिल्ली 12 May, (एजेंसी): कांग्रेस ने दिल्ली और महाराष्ट्र के मुद्दों पर सुप्रीम कोर्ट के दो फैसलों को ऐतिहासिक बताया और कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा राजनीतिक और नैतिक सहित कई मोर्चो पर हार गई है।

यहां पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी नेता अभिषेक मनु सिंघवी, जो क्रमश: दिल्ली सरकार और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले शिवसेना गुट दोनों मामलों में वकील थे, ने कहा : आज हमारे पास सुप्रीम कोर्ट के दो बड़े फैसले हैं। ये ऐसे फैसले हैं, जिन्होंने भाजपा की अपवित्र, अलोकतांत्रिक और बदसूरत प्रकृति को उजागर किया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सभी मोर्चो पर – कानूनी, नैतिक, राजनीतिक रूप से हार गई है।

दिल्ली सरकार के मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला देते हुए उन्होंने कहा : विशेष रूप से दिल्ली के लोगों के लिए खास है। दिल्ली को अब नामित एलजी या एलजी नियंत्रित नौकरशाही द्वारा नहीं चलाया जाएगा, दिल्ली को लोकतंत्र के प्रतिनिधि द्वारा चलाया जाएगा।

उनकी यह टिप्पणी सुप्रीम कोर्ट द्वारा गुरुवार को सिविल सेवकों के तबादलों और पोस्टिंग पर प्रशासनिक नियंत्रण के संबंध में राज्य सरकार और केंद्र के बीच एक मामले में दिल्ली सरकार के पक्ष में फैसला सुनाए जाने के बाद आई है।

शीर्ष अदालत ने कहा कि दिल्ली सरकार का एनसीटी की विधायी शक्तियों के बाहर के क्षेत्रों को छोड़कर सेवाओं के प्रशासन में नौकरशाहों पर नियंत्रण होना चाहिए।

शीर्ष अदालत ने कहा कि उपराज्यपाल भूमि, सार्वजनिक व्यवस्था और पुलिस से संबंधित मामलों को छोड़कर एनसीटी सरकार की सहायता और सलाह लेने से बंधे हैं।

राज्यसभा सांसद सिंघवी ने महाराष्ट्र के मुद्दे पर कहा, महाराष्ट्र पर मुझे पता है कि आप मुझसे राहत के बारे में पूछेंगे, गेंद अब स्पीकर के पाले में है।

उन्होंने कहा कि सबसे पहले और सबसे महत्वपूर्ण यह कि महाराष्ट्र मामले में सभी प्रासंगिक कानूनी निष्कर्ष याचिकाकर्ताओं के पक्ष में थे।

उन्होंने कहा, और इसीलिए मैंने कहा कि कानूनी, नैतिक, नैतिक और राजनीतिक रूप से, उत्तरदाताओं को हार का सामना करना पड़ा है, भले ही यथास्थिति बहाल नहीं की गई।

उन्होंने कहा कि शिंदे गुट के व्हिप को अवैध ठहराया गया, दूसरा उस अवैध व्हिप को स्पीकर द्वारा मान्यता देना ही अवैध था, और तीसरा स्पीकर द्वारा पूरे शिंदे गुट की मान्यता को अवैध ठहराया गया।

कांग्रेस नेता ने कहा कि फैसला कहता है कि स्पीकर को लंबित अयोग्यता याचिकाओं पर जल्द फैसला करना चाहिए।

उन्होंने कहा, यदि सदन अध्यक्ष देरी नहीं करते हैं, यदि अध्यक्ष लंबित अयोग्यता याचिकाओं का फैसला करते हैं, तो अयोग्यता के अलावा कोई अन्य परिणाम संभव नहीं है।

**********************************

 

CBSE 12वीं का रिजल्ट घोषित, 87.33% हुए पास; त्रिवेंद्रम 99.91 प्रतिशत के साथ टॉप पर

नई दिल्ली 12 May, (एजेंसी): सीबीएसई कक्षा 12 का रिजल्ट जारी हो चुका है। इस बार कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 87.33% है। बोर्ड ने अभी तक तो सीबीएसई ने 12वीं का रिजल्ट जारी किया है, हालांकि जानकारी के मुताबिक 10वीं का रिजल्ट भी आज ही जारी किया जाएगा।

बता दें कि त्रिवेंद्रम रीजन 99.91 पास प्रतिशत के साथ टॉप पर है। लड़कियां 90.68 पास प्रतिशत के साथ लड़कों से 6.01% आगे हैं। अस्वस्थ प्रतिस्पर्धा से बचने के लिए सीबीएसई अपने छात्रों को फर्स्ट, सेकेंड और थर्ड डिवीजन नहीं देगा।

इन वेबसाइट्स पर भी चेक कर करें रिजल्ट

cbseresults.nic.in
cbse.nic.in
cbse.gov.in
digilocker.gov.in
results.gov.in
DigiLocker
UMANG

रीजन वाइज ऐसा रहा रिजल्ट

त्रिवेंद्रम- 99.91 फीसदी
बंगलुरू – 98.64 फीसदी
चेन्नई – 97.40 फीसदी
दिल्ली वेस्ट – 93.24 फीसदी
चंडीगढ़ – 91.84 फीसदी
दिल्ली ईस्ट – 91.50 फीसदी
अजमेर – 89.27 फीसदी
पुणे – 87.28 फीसदी
पंचकुला – 86.93 फीसदी
पटना – 85.47 फीसदी
भुवनेश्वर – 83.73 फीसदी
गुवाहाटी- 83.73 फीसदी
भोपाल – 83.54 फीसदी
नोएडा – 80.36 फीसदी
देहरादून – 80.26 फीसदी
प्रयागराज – 78.05 फीसदी

गौर हो कि 11 मई को रिजल्ट जारी होने की सूचना वायरल हो रही थी, जिस पर बोर्ड के अधिकारियों ने कहा था कि अभी रिजल्ट की डेट नहीं घोषित की गई है। सीबीएसई 12वीं के नतीजे आज, 12 मई को घोषित कर दिए गए हैं। स्टूडेंट्स आधिकारिक वेबसाइट पर अपने रोल नंबर दर्ज कर नतीजे चेक कर सकते हैं।

*******************************

 

द केरल स्टोरी की कमाई 100 करोड़ क्लब की ओर

12.05.2023 (एजेंसी)  हाल में रिलीज हुई फिल्म द केरला स्टोरी काफी चर्चा में है. फिल्म को लेकर पूरे देश में विवाद भी बना हुआ है. ये फिल्म धार्मिक और राजनीतिक मुद्दे उठाती है. फिल्म में बॉलीवुड एक्ट्रेस अदा शर्मा ने लीड रोल प्ले किया है. शालिनी उन्नीकृष्णन के किरदार में अदा छा गई हैं. इसके अलावा फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई कर रही हैं.

ऐसे में अब लोग द केरला स्टोरी का बजट जानने के लिए एक्साइटेड नजर आ रहे हैं.सुदिप्तो सेन के डायरेक्शन में बनी द केरला स्टोरी एक कम बजट की फिल्म है. रिपोर्ट के मुताबिक, द केरला स्टोरी मात्र 40 करोड़ में बनी है. फिल्म ने रिलीज के एक हफ्ते से भी कम समय में अपने बजट से भी ज्यादा कमाई कर ली है. रिलीज के पांचवे दिन पहले सोमवार को केरला स्टोरी ने 50 करोड़ से ज्यादा कमाई कर ली थी.

बजट का औसत निकालने के बाद ये फिल्म अब धीरे-धीरे 100 करोड़ क्लब में शामिल होने की ओर बढ़ रही है. इस फिल्म के लिए लीड एक्ट्रेस अदा शर्मा ने 30 लाख रुपये फीस चार्ज की है. द केरला स्टोरी में कोई बड़ा सुपरस्टार भी नहीं है. हालांकि, अपने विवादित कॉन्सेप्ट के चलते इसे काफी चर्चा मिल रही है.

फिल्म में अदा शर्मा, योगिता बिहानी, सोनिया बलानी और सिद्धि इडानी अहम रोल में हैं. फिल्म को विपुल अमृतलाल ने प्रोड्यूस किया है. बता दें कि द केरला स्टोरी केरल राज्य में हुए धर्मांतरण पर आधारित है. फिल्म में दावा किया गया है कि केरल में करीब 32, हजार महिलाओं का धर्म परिवर्तन करवाया गया था. इसके बाद उन महिलाओं को सीरिया के इस्लामिक आतंकी संगठन आईएसआईएस भेज दिया गया. ऐसे में फिल्म के कॉन्सेप्ट पर कई राजनीतिक पार्टियों ने बवाल मचा दिया है.

********************

 

एकता कपूर व रिया कपूर नई फिल्म के लिए फिर आए एक साथ!

फिल्म निर्माता एकता कपूर और रिया कपूर ने एक बार फिर से एक अनटाइटल्ड फिल्म के लिए हाथ मिलाया है, जो 22 सितंबर, 2023 को रिलीज होने वाली है। प्रोजेक्ट का विवरण तैयार हो रहा है।अभी तक अनटाइटल फिल्म बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड और अनिल कपूर फिल्म कम्युनिकेशन नेटवर्क द्वारा निर्मित है।

करीना कपूर खान, स्वरा भास्कर, शिखा तलसानिया और सोनम कपूर अभिनीत 2018 की फिल्म वीरे दी वेडिंग के लिए दोनों पहले ही हाथ मिला चुके हैं।उनका दूसरा कोलैबोरेशन अपकमिंग फिल्म द क्रू के लिए है, जिसमें तब्बू, करीना, दिलजीत दोसांझ और कृति सेनन हैं। कहानी तीन महिलाओं की है जो जीवन के साथ आगे बढऩे के लिए काम करती हैं।

लेकिन जैसे-जैसे वे आगे बढऩे की कोशिश करते हैं, उनकी नियति उन्हें कुछ अप्रत्याशित और अवांछित स्थितियों की ओर ले जाती है, जिससे वे झूठ के जाल में फंस जाती हैं।राजेश कृष्णन द्वारा निर्देशित और बालाजी मोशन पिक्चर्स लिमिटेड और अनिल कपूर प्रोडक्शंस द्वारा सह-निर्मित यह फिल्म मार्च 2023 के अंत तक फ्लोर पर जाने के लिए तैयार है।

**************************

 

मुझे सच बोलने के लिए विवादास्पद करार दिया गया है : शर्लिन चोपड़ा

12.05.2023 (एजेंसी)  अभिनेत्री शर्लिन चोपड़ा का एक हिप-हॉप गीत आने वाला है, जो बॉलीवुड में उनकी विवादास्पद यात्रा के इर्द-गिर्द घूमता है।यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें विवादास्पद होने में मजा आता है, उन्होंने कहा: सच विवादास्पद होता है और इसलिए जब मैं सच बोलती हूं, तो मुझे विवादास्पद करार दिया जाता है!

मेरा आगामी रैप गीत उद्योग में मेरी रोलर-कोस्टर यात्रा के बारे में बहुत कुछ बताता है। इसलिए यह वास्तव में मेरे दिल के करीब है और मेरे लिए किसी भी अन्य प्रोजेक्ट से कहीं अधिक मायने रखता है।गाने के विवरण के बारे में बात करते हुए, शलिर्न ने कहा कि यह मुंबई के बाहरी इलाके में फिल्माया गया है और यह तेज गति वाला और स्वैग वाला गाना है।

मुझे यकीन है कि यह विशेष रूप से युवाओं द्वारा बेहद पसंद किया जा रहा है! मैंने रैप गीत और इसके संगीत वीडियो में अपना दिल और आत्मा डाल दी है! मैंने इस गीत के लिए अच्छे शेप में रहने के लिए खूब वर्कआउट किया है।जल्द ही रिलीज होने वाले हिप-हॉप गाने के अलावा, शर्लिन तीन बैक-टू-बैक शॉर्ट फिल्में और एओटीटी प्लेटफॉर्म पर एक वेब-सीरीज में भी नजर आएंगी।

*************************

 

मरमेड लुक में ग्लैमरस दिखीं निक्की तंबोली

12.05.2023 (एजेंसी)  बिग बॉस सीजन 14 फेम निक्की तंबोली हमेशा से अपने बोल्ड फोटोशूट और परफेक्ट फिगर के कारण सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटौरती रहती हैं। उनका हर एक लुक फैंस के बीच शेयर होते ही ट्रेंड करने लग जाता है। हालांकि एक्ट्रेस ने एक बार फिर से अपनी लेटेस्ट मरमेड आउटफिट में फोटोज शेयर कर इंटरनेट पर सनसनी मचा दी हैं। इन फोटोज में उनकी हॉटनेस देख यूजर्स के पसीने छूट गए हैं।

एक्ट्रेस निक्की तंबोली आज किसी भी पहचान की मोहताज नहीं हैं। एक्ट्रेस जब भी अपनी तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर करती हैं तो वो चंद ही मिनटों में वायरल होने लग जाती हैं। निक्की तंबोली हर बार अपनी बोल्ड तस्वीरों से फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लेती हैं। हाल ही में एक्ट्रेस ने अपने लेटेस्ट फोटोशूट के दौरान की बेहद ग्लैमरस तस्वीरें इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट की हैं।

इन तस्वीरों में निक्की तंबोली की हॉटनेस देख फैंस के दिलों की धड़कनें तेज हो गई हैं, और लोग उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। निक्की तंबोली ने इन तस्वीरों में ब्लू कलर का मरमेड लुक में डीपनेक गाउन पहना हुआ है। ओपन कर्ली हेयर और लाइट मेकअप कर के एक्ट्रेस ने अपने इस आउटलुक को कंप्लीट किया है।

बता दें कि एक्ट्रेस निक्की तंबोली ने कैमरे के सामने किलर लुक्स में डीपनेक क्लीवेज फ्लॉन्ट करते हुए बेहद सिजलिंग और हॉट पोज दिए हैं। निक्की तंबोली सोशल मीडिया लवर हैं। आए दिन अपनी लेटेस्ट तस्वीरों के जरिए फैंस के साथ जुड़ी रहती हैं। हालांकि यूजर्स उनके लुक को फॉलो भी करते हैं।

*****************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज मन खुश हो जाएगा व भरपूर सहयोग मिलेगा। नौकरी में पदोन्नति या कुछ सीखने के आसार हैं लेकिन आपको थोड़ा संयम से रहने की आवश्यकता होगी। आपके परिवार का कोई सदस्य या मित्र आज अचानक आपके लिये मार्गदर्शक बनकर सामने आ सकता है। घर में उत्सव का माहौल बनेगा। मनोरंजन के लिए समय मिलेगा लेकिन व्यस्तता भी रहेगी व थकान भी महसूस होगी। विनम्रता विजय दिलाएगी। स्वास्थ्य सुधार होगा।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी , वु , वे, वो)

आज आपका दिन मिलाजुला रहेगा। स्वास्थ्य को लेकर आपको थोड़ा सचेत रहने की आवश्यकता होगी। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य हासिल करने में थोड़ी अधिक मेहनत करनी पड़ सकती है लेकिन उन्हें इस कड़ी मेहनत का अपेक्षित परिणाम भी हासिल होगा। दिन की शुरुआत में आपको थोड़ा सचेत रहने की आवश्यकता है। धर्म-कर्म के प्रति विचार सकारात्मक रहेंगे।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज आपका दिन सामान्य रहेगा। अपने स्वास्थ्य को लेकर ज्यादा चिंता न करें, क्योंकि इससे आपकी बीमारी और बिगड़ सकती है। पैसे कमाने के नए मौके मुनाफा देंगे। सामाजिक दायरा बढेगा। घर में कोई काम या सामाजिक मेल-मिलाप आपको व्यस्त रखेगा। व्यापारियों के लिए अच्छा दिन है।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज आपका दिन सामान्य रहेगा। विरोधी की ताकत का अंदाजा लगाए बिना उलझना ठीक नहीं रहेगा। संयम से विरोधी परास्त होंगे। जीवनसाथी की भावनाओं का सम्मान करें। नहीं तो अपने प्रेमी या जीवनसाथी की नाराजगी का सामना करना पड़ सकता है। धर्म-कर्म में आस्था बढ़ेगी। महत्वपूर्ण कार्य में विलंब संभव है। लाभ होगा।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज पुरानी गलतियों को लेकर भय बना रहेगा। साझेदारी में चल रहा गतिरोध दूर होने के आसार है। आयात-निर्यात के कारोबार में बड़ा लाभ संभव है। समान विचारधारा वाले लोगों के साथ काम करना आसान रहेगा। दूसरों की गलती अपने पर मत आने दें। काम में देरी से लाभ की मात्रा सीमित होगी। स्वास्थ्य लाभ होगा।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज के दिन आपको सुख-समृद्धि, कार्यक्षेत्र में उन्नति, सुखद सफल यात्राएं, परिवार और जीवन साथी का सहयोग सब मिलने के आसार हैं। विवाहित व्यक्ति अपने जीवनसाथी में पूर्णतया विश्वास जतायें अन्यथा संबंधों में खटास पैदा हो सकती है। आपके कर्मक्षेत्र, आपके सम्मान व आपके नाम पर पडऩे के आसार हैं।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज भाग्य आपके साथ है। लंबे समय से चले आ रहे प्रेम संबंधों को नया रूप देने के लिए अच्छा मौका है। आज स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहें। अचानक सेहत बिगड़ सकती है और कई जरूरी काम भी रुक सकते हैं। परिवार के लोग आपसे थोड़े नाराज हो सकते हैं। आपके कार्य कुशलता व बुद्धि आपको उलझनों से दूर रखेगी।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आपका दिन अनमना सा रह सकता है। आप अकेलापन महसूस कर सकते हैं, इससे बचने के लिए कहीं दोस्तों के साथ कुछ समय बिताएं। आज जिस नए समारोह में आप शिरकत करेंगे, वहाँ से नयी दोस्ती की शुरुआत होगी। आज आपका प्रिय आपके साथ में समय बिताने और तोहफे की उम्मीद कर सकता है।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज आपका दिन बेहतर रहेगा। आपके परिश्रम से किए गए कार्य में सिद्धि होगी। नौकरी में आप का सम्मान बढेगा। यात्रा के दौरान आप नयी जगहों को जानेंगे। और महत्वपूर्ण लोगों से मुलाक़ात होगी। आप अपने प्रिय द्वारा कही गयी बातों के प्रति काफ़ी संवेदनशील होंगे। अगर आप सूझ-बूझ से काम लें, तो आज अतिरिक्त धन कमा सकते हैं।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज आपका दिन उत्तम रहेगा। आपके आय के नए स्रोत बनेंगे। आकस्मिक धन के अवसर मिलेंगे। मित्रों और जीवनसंगिनी के सहयोग से राह आसान होगी। आध्यात्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी। दफ़्तर का तनाव आपकी सेहत खऱाब कर सकता है। अपने जज्बात पर काबू रखें। आज आपको अपने प्रिय/प्रियतम की याद सताएगी।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आप निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र रहेंगे। आप करिअर से जुड़े फैसले खुद करें, बाद में इसका लाभ आपको मिलेगा। सहकर्मियों और कनिष्ठों के चलते चिंता और तनाव के क्षणों का सामना करना पड़ सकता है। माता-पिता की मदद से आप आर्थिक तंगी से बाहर निकलने में कामयाब रहेंगे। आज दोस्तों के साथ बाहर घूमना आपके मन को खुशी देगा।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज आप परिश्रम करने में विश्वास रखेंगे। भाग्य पर निर्भर न रहें और अपनी सेहत को सुधारने की कोशिश करें। आप उन लोगों की तरफ वादे का हाथ बढ़ाएंगे, जो आपसे मदद की गुहार करेंगे। यह दिन आपके सामान्य वैवाहिक जीवन से कुछ हटकर होने वाला है। परिवार के साथ समय बिताना फलदायक होगा। सहयोग मिलेगा। सामाजिक दायरा बढेगा।

**********************************

अफसरों की ट्रांसफर-पोस्टिंग का अधिकार AAP सरकार के पास, सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला

नई दिल्ली 11 May, (एजेंसी): राजधानी दिल्ली में सर्विसेज पर नियंत्रण किसका होगा, सुप्रीम कोर्ट की पांच जजों की पीठ ने इसका फैसला सुना दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग का अधिकार दिल्ली सरकार को दे दिया है। इस फैसले से केजरीवाल सरकार की बड़ी जीत हुई है। एनसीटी दिल्ली के पास सार्वजनिक व्यवस्था, पुलिस और भूमि को छोड़कर सेवाओं पर दिल्ली सरकार को विधायी शक्ति दी गई है। सभी जजों ने सर्वसम्मति से फैसला सुनाया है। कोर्ट ने 2018 के फैसले पर असहमति जाहिर की है। कोर्ट ने अधिकारियों के तबादले और पोस्टिंग का अधिकार दे दिया है। कोर्ट ने कहा कि दिल्ली सरकार की शक्तियां अन्य राज्यों के मुकाबले कम हैं। यहां चुनी हुई सरकार है लेकिन सरकार के पास शक्तियां सीमित हैं। कोर्ट ने माना की चुनी हुई सरकार की जनता के प्रति जवाबदेही है। एनसीटी पूर्ण राज्य नहीं है।

सुप्रीम कोर्ट ने माना कि एग्जीक्यूटिव मामले का अधिकार एलजी का है। लोकतंत्र में असली फैसला चुनी हुई सरकार को ही करना चाहिए। कोर्ट ने कहा कि अगर केंद्र का कानून नहीं है तो दिल्ली सरकार कानून बना सकती है। चुनी हुई सरकार का प्रशासन पर नियंत्रण जरूरी। एलजी को सरकार की बात माननी चाहिए। एलजी को चुनी हुई सरकार को ही करना चाहिए।

आप के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार एडमिनिस्ट्रेटिव कंट्रोल को लेकर सुप्रीम कोर्ट पहुंची थी। दिल्ली सरकार ने कोर्ट से केंद्र के साथ अपनी शक्ति की सीमा तय करने की मांग की थी। जनवरी महीने में चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस एमआर शाह, जस्टिस कृष्ण मुरारी, जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस हिमा कोहली की बेंच ने चार दिनों तक दलीलें सुनने के बाद आदेश सुरक्षित रख लिया था।

कोर्ट में केंद्र की तरफ से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने तर्क दिया कि न सिर्फ केंद्र शासित प्रदेश केंद्र का एक्सटेंशन है, बल्कि केंद्र शासित प्रदेश में काम करने वाले कर्मचारी भी केंद्र के मामलों के संबंध में काम कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने 2018 के फैसले को बड़ी बेंच को ट्रांसफर करने की मांग की थी। दिल्ली सरकार की तरफ से कोर्ट में वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी पेश हुए थे, जिन्होंने मेहता की मांग का विरोध किया था।

बता दें कि केंद्र सरकार ने 2021 में नेशनल कैपिटल टेरिटरी ऑफ दिल्ली के कानूनों में संशोधन किया था। इसका आप सरकार ने पुर्जोर विरोध किया। दिल्ली सरकार ने दलील दी कि चुनी हुई सरकार के पास ट्रांसफर और पोस्टिंग का अधिकार होना चाहिए। कानून में संशोधन को दिल्ली सरकार ने संविधान के मूल ढांचे के सिद्धांत का उल्लंघन बताया था। सुप्रीम कोर्ट ने 2018 में फैसला दिया कि जिन पर दिल्ली सरकार के पास कार्यकारी और विधायी शक्तियां हैं, उन मामलों में एलजी को मंत्रिपरिषद की मदद और सलाह के मुताबिक काम करना चाहिए।

*******************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version