नोबेल शांति पुरस्कार चैलेंज-2022 प्रतियोगिता में जयपुर की अशीरा विश्वास का चयन

जयपुर ,09 दिसंबर(एजेंसी)। नोबेल शांति पुरस्कार चैलेंज-2022 प्रतियोगिता में जयपुर की सुश्री अशीरा विश्वास का चयन किया गया है। सुश्री विश्वास अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस एसडीआरएफ सुष्मित विश्वास की सुपुत्री है।
दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित नोबेल शांति पुरस्कार का शनिवार को नार्वे की राजधानी ओस्लो में ऐलान किया जाएगा। नोबेल शांति पुरस्कार चैलेंज-2022 प्रतियोगिता में विजेता घोषित होने पर सुश्री विश्वास को भी इस समारोह में अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।

नोबेल पीस सेंटर में द इग्निटर इनिशिएटिव के प्रोजेक्ट मैनेजर ने सुश्री अशीरा को नोबेल शांति पुरस्कार चुनौती के निबंध श्रेणी में फाइनलिस्ट के रूप में घोषित होने पर बधाई दी और उन्हें शनिवार 10 दिसंबर को ओस्लो में आयोजित नोबेल शांति पुरस्कार समारोह से संबंधित प्रमुख गतिविधियों में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया है। इस दौरान सुश्री विश्वास को ओस्लो शहर के ग्रैंड होटल में नोबेल पुरस्कार विजेताओं के साथ ही ठहरने का स्वर्णिम अवसर मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि नोबेल शांति केंद्र द्वारा विश्व स्तर पर विद्यार्थियों को शांति पुरस्कार में शामिल करने के उद्देश्य से नोबेल शांति पुरस्कार चैलेंज प्रतियोगिता आयोजित की जाती है । निबंध या फोटोग्राफी श्रेणियों में से किसी एक विषय पर विश्वभर के विद्यार्थी भाग लेते है। इस वर्ष का विषय शांतिपूर्ण सहअस्तित्व, बंधुत्व और मानव अधिकारियों की सुरक्षा के महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डालना था। सुश्री अशीरा विश्वास को इस महत्वपूर्ण विश्वस्तरीय प्रतियोगिता में द्वितीय पुरस्कार के लिये चुना गया है। यह पुरस्कार जीतने वाली सुश्री अशीरा संभवत: देश की पहली विजेता है।

इस प्रतियोगिता को जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाली अशीरा इस समय यूके की ऑक्सफ़ोर्ड यूनिवर्सिटी में अध्ययनरत है।

**********************************

 

मवेशी घोटाला – अनुब्रत मंडल की न्यायिक हिरासत 14 दिनों के लिए और बढ़ी

कोलकाता ,09 दिसंबर(एजेंसी)। सीबीआई की एक विशेष अदालत ने पश्चिम बंगाल में करोड़ों रुपये के पशु तस्करी घोटाले में कथित संलिप्तता के सिलसिले में तृणमूल कांग्रेस के कद्दावर नेता और पार्टी के बीरभूम जिला अध्यक्ष अनुब्रत मंडल की न्यायिक हिरासत 14 दिनों के लिए बढ़ा दी।

उन्हें 22 दिसंबर को फिर से उसी केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) अदालत में पेश किया जाएगा। शुक्रवार को मंडल के वकील ने आश्चर्यजनक रूप से मुवक्किल की ओर से कोई जमानत याचिका दायर नहीं की।

सीबीआई के जांच अधिकारी सुशांत भट्टाचार्य ने इस मामले में एजेंसी की केस डायरी कोर्ट को सौंपी। विशेष अदालत के न्यायाधीश राजेश चक्रवर्ती ने केस डायरी पढऩे के बाद इसके कंटेंट पर आश्चर्य व्यक्त किया और कहा कि एक न्यायाधीश के रूप में अपने 20 साल के करियर में उन्होंने कभी इस तरह की बात नहीं देखी। हालांकि, न तो न्यायाधीश और न ही एजेंसी के जांच अधिकारी ने इस बात का खुलासा किया कि केस डायरी में क्या लिखा है।

सुशांत भट्टाचार्य ने अदालत को सूचित किया कि मंडल की जमानत अर्जी के संबंध में जल्द ही कलकत्ता हाईकोर्ट में सुनवाई होने वाली है और उस दिन सीबीआई वहां केस डायरी के कंटेंट का खुलासा करेगी। सीबीआई के जांच अधिकारी ने कहा, यह तो सिर्फ ट्रेलर है और असल सिनेमा अभी रिलीज होना बाकी है।

मंडल के वकील ने अपने मुवक्किल की ओर से जमानत याचिका दायर नहीं की। हालांकि, उन्होंने दो और दलीलें पेश कीं। पहला बीरभूम जिले में भोले ब्योम राइस मिल के बैंक खातों को फ्रीज करने की सीबीआई की कार्रवाई को रद्द करना था, जहां मंडल की बेटी सुकन्या मंडल भागीदार है।

दूसरी याचिका सीबीआई द्वारा जब्त किए गए मंडल के दो मोबाइल फोन वापस करने की थी। हालांकि, सीबीआई के वकील ने अदालत को सूचित किया कि दोनों मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच पूरी हो चुकी है, आगे की जांच के लिए मोबाइल फोन की वापसी इस समय संभव नहीं होगी। जज ने कहा कि वह मामले की अगली सुनवाई के दिन सुनवाई करेंगे।

***************************

 

कांग्रेस ने लोकसभा में नोटबंदी पर श्वेत पत्र की मांग की

नई दिल्ली ,09 दिसंबर(एजेंसी)। लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने नोटबंदी को केंद्र सरकार का विफल फैसला बताते हुए श्वेत पत्र की मांग की।

चौधरी ने शून्यकाल के दौरान इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि सरकार ने बिना सोचे समझे निर्णय लिया और निर्णय का आधार ही अतार्किक था।

उन्होंने कहा कि करेंसी नोटों के प्रचलन में 72 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, यह कहते हुए कि काला धन बंद नहीं हुआ है और इसका प्रचलन जारी है।

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने उन्हें यह कहकर बीच में रोक दिया कि कांग्रेस आतंकवाद और बांग्लादेश से अवैध प्रवासियों का समर्थन कर रही है, इसलिए वह नोटबंदी का विरोध कर रही है।

********************************

 

भूपेंद्र पटेल ने गुजरात के मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा, भाजपा शनिवार को चुनेगी नया नेता

गांधीनगर ,09 दिसंबर(आरएनएस)। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उनके मंत्रिमंडल ने नई सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त करने के लिए शुक्रवार को राज्यपाल आचार्य देवव्रत को अपना इस्तीफा सौंप दिया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित विधायक नया नेता चुनने के लिए शनिवार (10 दिसंबर) को बैठक करेंगे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सी.आर. पाटिल ने राज्यपाल को लिखे पत्र में शनिवार को मिलने का समय मांगा है। पत्र में उन्होंने राज्यपाल को यह भी सूचित किया है कि शनिवार को विधायकों की बैठक होगी, जिसमें विधायक दल का नया नेता चुना जाएगा, जिसके बाद पार्टी राज्यपाल से सोमवार को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित करने का अनुरोध करेगी।

भूपेंद्र पटेल का मुख्यमंत्री पद पर बने रहना तय है।

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।
हाल ही में दो चरणों में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा को 156 सीटों के साथ प्रचंड बहुमत मिला है। राज्य में भाजपा की यह लगातार सातवीं जीत है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक नए मंत्रिमंडल में एक या दो उपमुख्यमंत्री होने की संभावना है, जिसमें 12 कैबिनेट मंत्री, तीन से चार स्वतंत्र विभागों वाले राज्य मंत्री और बाकी राज्य मंत्री हो सकते हैं।

********************************

 

कुढऩी उपचुनाव परिणाम के बाद राजद नेता ने भी नीतीश से मांगा इस्तीफा

पटना ,09 दिसंबर(एजेंसी)। बिहार के कुढऩी विधानसभा उपचुनाव में हार के बाद नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा की मांग होने लगी है। भाजपा के बाद बिहार में सत्ताधारी महागठबंधन में शामिल सबसे बड़े दल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के एक नेता ने भी शुक्रवार को नीतीश से इस्तीफे की मांग कर दी। कुढऩी से राजद के पूर्व विधायक अनिल सहनी ने उपचुनाव में महागठबंधन प्रत्याशी की हार के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को हार का जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने नीतीश कुमार से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि उनसे अति पिछड़ा वर्ग नाराज है।

उन्होंने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा कि कुढऩी की हार महागठबंधन की नहीं बल्कि नीतीश कुमार की हार है। अब समय आ गया है कि उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाया जाए। उन्होंने कहा कि तेजस्वी के मुख्यमंत्री बनने से महागठबंधन भी मजबूत होगा।

पूर्व विधायक अनिल सहनी ने यहां तक कह दिया कि राजद ने गठबंधन धर्म का पालन करते हुए जदयू की मांग पर सिटिंग सीट जदयू को सौंप दी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कुढऩी उप चुनाव में प्रचार करने भी गए, जबकि हाल में ही गोपालगंज और मोकामा में उप चुनाव में वे प्रचार में नहीं गए थे।

इससे पहले गुरुवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने भी नीतीश से इस्तीफे की मांग की थी।

उल्लेखनीय है कि एक मामले में सहनी को अदालत द्वारा सजा सुनाए जाने के बाद उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई थी, इस कारण कुढऩी में उप चुनाव हुआ।

**********************************

 

अपराधियों ने सारण में युवक को चाकू मारकर किया घायल

छपरा 09 Dec, (एजेंसी): बिहार के सारण जिले भगवान बाजार थाना क्षेत्र में अपराधियों ने शुक्रवार को एक युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया।

पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि मासूमगंज मुहल्ला निवासी विनय प्रताप का 20 वर्षीय पुत्र प्रताप प्रिंस राज बजरंग नगर से कोचिंग करने के बाद घर लौट रहा था। इस दौरान काशी बाजार चौक के समीप अपराधियों ने उसे चाकू मारकर घायल कर दिया।

सूत्रों ने बताया कि घायल युवक को परिजनों ने सदर अस्पताल छपरा में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पटना भेज दिया है। पुलिस घायल युवक के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर घटना में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।

******************************

 

बैतूल में पड़ रही ठंड पचमढ़ी से भी ज्यादा

बैतूल 09 Dec, (एजेंसी): मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में दो दिन से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। यहां ठंड का तापमान हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी कम हो गया है।

मौसम विभाग ने आज बताया कि रात का तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है, जबकि पचमढ़ी में तापमान 9.2 डिग्री रहा। दो दिन से पड़ रही कड़ाके की ठंड के कारण लोग दिन में भी जगह जगह अलाव जलाकर एवं गर्म स्वेटर पहनकर राहत पाते देखे गए हैं।

***************************

सोनिया गांधी को स्टालिन ने जन्मदिन की दी बधाई

चेन्नई 09 Dec, (एजेंसी): तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एवं द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष एम.के. स्टालिन ने शुक्रवार को कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी।

स्टालिन ने ट्वीट किया, “कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष  सोनिया गांधी को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं। वह उनके खुशहाल और स्वस्थ जीवन की कामना करते है।”

*****************************

आफताब अमीन पूनावाला की न्यायिक हिरासत और 14 दिनों के लिए बढ़ी

नई दिल्ली 09 Dec, (एजेंसी): दिल्ली पुलिस ने कोर्ट से कहा कि श्रद्धा वाल्कर हत्या मामले की जांच चल रही है जिसके बाद साकेत कोर्ट ने शुक्रवार को आफताब अमीन पूनावाला की न्यायिक हिरासत 14 दिनों के लिए बढ़ा दी। पूनावाला वर्तमान में तिहाड़ जेल में बंद है। उसने 18 मई को अपनी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा की हत्या कर दी थी और फिर उसके शरीर के 35 टुकड़े कर दिए थे।

26 नवंबर को उसे अदालत ने 13 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। 2 दिसंबर को पूनावाला का नार्को टेस्ट हुआ था, जो फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला के अधिकारियों द्वारा जेल के अंदर आयोजित किया गया। अदालत में पॉलीग्राफ और नार्को टेस्ट दोनों के निष्कर्ष स्वीकार्य नहीं हैं।

ये परीक्षण केवल दिल्ली पुलिस को सबूत इकट्ठा करने में मदद करेंगे और इस तरह दोषी के खिलाफ मुकदमा चलाने की संभावना बढ़ जाएगी।

********************************

 

हिमाचल में पांच साल बाद सरकार बदलने का रिवाज इस बार भी कायम

शिमला ,08 दिसंबर(एजेंसी)। हिमाचल प्रदेश में विधानसभा की कुल 68 सीटें हैं और बहुमत के लिए 35 सीटों की आवश्यकता रहती होती है। अभी तक के चुनाव नतीजों पर नजर दौड़ाए तो कांग्रेस ने बहुमत का आंकड़ा हासिल कर दिया है । वहीं 18 सीटों पर जीत के साथ भाजपा 25 पर आगे हैं। तीन निर्दलीय चुनाव जीते हैं। नतीजों से साफ है कि पांच साल बाद सरकार बदलने का रिवाज इस बार भी कायम रहने वाला है। लेकिन, इस चुनाव में ऐसे कई कारण रहे, जिनकी वजह से कांग्रेस सत्ता वापसी की तैयारी में है।

प्रदेश के विधानसभा चुनाव में पांच साल भाजपा और पांच वर्ष कांग्रेस ही सत्ता में रही है। 1982 से 1985 के बीच कांग्रेस की सरकार रही। इसके बाद 1985 से 1990 तक फिर कांग्रेस की सरकार बनी और वीरभद्र सिंह दूसरी बार मुख्यमंत्री बने। 1990 से 1992 के बीच भाजपा की सरकार बनी और शांता कुमार सीएम रहे। इसके बाद 1993 से 1998 तक वीरभद्र सिंह के मुख्यमंत्रित्व में फिर कांग्रेस की सरकार बनी। 1998 से 2003 तक तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के नेतृत्व में भाजपा, 2003 से 2007 तक वीरभद्र के नेतृत्व में कांग्रेस, 2007-2012 तक फिर धूमल के नेतृत्व में भाजपा 2012-2017 तक वीरभद्र सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस और वर्तमान में 2017 से 2022 तक जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनी।

हिमाचल प्रदेश के लगभग 2.25 लाख कर्मचारी तथा 1.90 लाख पेंशनर हैं। सरकारी कर्मचारी पुरानी पेंशन की मांग कर रहे हैं। इसको लेकर कर्मचारियों ने विधानसभा का घेराव भी किया। लेकिन सीएम जयराम ने बयान दिया कि यदि पेंशन चाहिए तो चुनाव कर्मचारी भी चुनाव लड़े। इससे कर्मचारी और पेंशनर नाराज हो गए। कांग्रेस ने इस मुद्दे को भुनाते हुए सरकार बनने की स्थिति में पहली की कैबिनेट में छत्तीसगढ़ व राजस्थान की तर्ज पर हिमाचल में सरकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन देने की गारंटी दी। सोलन में हुए रैली में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इसका एलान किया था। इसके अलावा आउटसोर्स व अस्थायी कर्मचारियों के लिए  पॉलिसी नहीं बनने का मुद्दा भी अहम रहा।

इसके अलावा बेरोजगारी व महंगाई भी एक बड़ा मुद्दा रहा। कांग्रेस ने इसको भुनाते हुए एलान किया कि सत्ता में आने पर पांच साल में पांच लाख रोजगार देने और पहली कैबिनेट में एक लाख नौकरियां देने की गारंटी दी। इसके अलावा महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह, घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट निशुल्क बिजली, हर विधानसभा क्षेत्र में चार अंग्रेजी माध्यम वाले स्कूल खोलने जैसे वादे किए। कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की ओर से किए से किए गए विकास कार्यों को भी इस चुनाव में भुनाया।

माना जा रहा है कि निचले हिमाचल में अग्निवीर भर्ती एक महत्वपूर्ण मुद्दा रहा। अग्निवीर भर्ती को लेकर लोगों में नाराजगी रही। कांग्रेस ने इसे बेरोजगारों के साथ खिलवाड़ बताया। प्रियंका गांधी ने एक रैली में कहा था कि अगर केंद्र में कांग्रेस की सत्ता आई तो अग्निवीर को खत्म कर पुरानी भर्ती प्रक्रिया बहाल की जाएगी। इस बार के चुनाव में भाजपा के 21 और कांग्रेस के सात बागी नेता मैदान में थे। यह भी कांग्रेस की जीत का एक बड़ा कारण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि चुनाव के दौरान भाजपा में दो गुट चल रहे थे। भाजपा में अंतर्कलह व बागियों का फायदा कांग्रेस को हुआ। अनदेखी से धूमल गुट नाराज चल रहा था। वहीं, विपक्ष सीएम जयराम पर अफसरशाही पर कमजोर पकड़ का आरोप लगाकर बार-बार इसे मुद्दा बनाती रही। प्रदेश की पांच हजार करोड़ रुपये की सेब आर्थिकी भी चुनाव में बड़ा मुद्दा माना जा रहा है। कार्टन पर जीएसटी बढ़ाने, कीटनाशकों की सब्सिडी व विदेशी सेब पर आयात शुल्क बढ़ाने के मामला हल नहीं होने से किसान-बागवान नाराज चल रहे थे। इसका भी कांग्रेस को फायदा हुआ।

*****************************

 

10 साल में आज आम आदमी पार्टी राष्ट्रीय पार्टी बन गई : अरविंद केजरीवाल

नई दिल्ली, 08 दिसंबर (एजेंसी)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी बनने पर सभी देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि आपकी छोटी सी आम आदमी पार्टी सिर्फ 10 साल में आज राष्ट्रीय पार्टी बन गई है। देश में चंद पार्टियों को ही राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा है, उनमें अब आपकी आम आदमी पार्टी भी शामिल हो गई है। गुजरात की जनता ने “आप” को राष्ट्रीय पार्टी बना दिया है।

गुजरात बीजेपी का गढ़ माना जाता है। हम उसका किला भेदने में सफल हुए और हमें 13 फीसद के करीब वोट मिले हैं। इस बार हम किला भेदने में सफल हुए, अगली बार इस किले को जीतने में भी सफल होंगे। महज 10 साल पहले “आप” बनी थी। आज दो राज्यों में सरकार है और अब राष्ट्रीय पार्टी भी बन गई है, यह सुन लोग दांतों तले उंगली दबा लेते हैं। “आप” के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमने पूरा कैंपेन बहुत पॉजिटिव चलाया। हमने केवल दिल्ली-पंजाब में किए अपने काम की चर्चा की और यही हमें दूसरी पार्टियों से अलग करता है। 75 साल से देश में गाली-गलौज, मारपीट और जाति-धर्म की राजनीति ही चलती रही है।

पहली बार एक पार्टी आई है जो जनता के मुद्दों, विकास और देश को नंबर-1 बनाने की बात करती है। अरविंद केजरीवाल ने “आप” को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा हासिल होने पर सभी समर्थकों और देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि आपकी आम आदमी पार्टी आज राष्ट्रीय पार्टी बन गई है। आज गुजरात चुनाव के नतीजे आ चुके हैं और गुजरात के लोगों ने आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी बना दिया है। जितने वोट गुजरात में आम आदमी पार्टी को मिले हैं, उनके हिसाब से अब कानूनन आम आदमी पार्टी राष्ट्रीय पार्टी बन गई है।

ये बहुत बड़ी बात है। देश में चंद पार्टियां हैं, जिनको राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा है। उन चंद पार्टियों में अब आपकी आम आदमी पार्टी भी शामिल हो गई है। महज 10 साल पहले आम आदमी पार्टी बनी थी। छोटी सी पार्टी, एक जवान पार्टी, जिसको अभी केवल 10 साल हुए है। उसकी दो राज्यों में सरकार है और आज राष्ट्रीय पार्टी बन गई है, लोग जब यह सुनते है तो अपने दांतों तले उंगली दबा लेते हैं। एक तरह से आप सब लोगों की एक बहुत आश्चर्यजनक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि मैं जितनी बार चुनाव के दौरान गुजरात आया, आपसे जो प्यार, सम्मान और विश्वास मिला, उसका मैं पूरी जिंदगी आभारी रहूंगा।

आप सभी लोगों का बहुत-बहुत ऋणी रहूंगा। मुझे बहुत कुछ सिखने को मिला। गुजरात एक तरह से बीजेपी का गढ़ माना जाता है। उस किले को भेदने में हम सफल हुए। आज हमें लगभग 13 फीसद के करीब वोट मिला है। अभी तक 39 लाख के करीब वोट मिल चुके हैं, अभी और भी गिनती जारी है औऱ भी वोट मिलेंगे। इतने लोगों ने हमारे ऊपर भरोसा किया। इतने लोगों ने पहली बार हमें वोट दिया। इसके लिए मैं उन सभी लोगों का आभारी हूं, जिन्होंने इतना प्रेम दिया।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस बार हम भाजपा का किला भेदने में सफल हुए, आप सभी के आशीर्वाद से अगली बार हम सभी लोग मिलकर किला जीतने में भी सफल होंगे। हमने पूरा कैंपेन बहुत पॉजिटिव चलाया। कोई गाली गलौज नहीं किया, किसी को हमने भद्दी भाषा का इस्तेमाल नहीं किया, किसी के खिलाफ हम नहीं बोले। हमने केवल यह कहा कि हमने दिल्ली और पंजाब में बहुत काम किया है और अगर गुजरात में मौका मिला तो हम ये सारे काम करेंगे।

हमने केवल अपने काम की चर्चा की। यही चीज हमें दूसरी पार्टियों से अलग करती है। अभी तक 75 साल से इस देश के अंदर गाली-गलौज, मारपीट और जाति-धर्म की राजनीत, यही सब चलता था। पहली बार एक पार्टी आई है जो जनता के मुद्दों की बात करती है। देश को नंबर-1 बनाने की बात करती है।

देश को आगे बढ़ाने व देश के विकास की बात करती है। स्कूल, अस्पताल, बिजली, पानी, सड़क, जिसका रोजमर्रा की जिंदगी में एक आम आदमी का वास्ता पड़ता है, उन मुद्दों की बात करती है। हमें पॉजिटिव राजनीति करनी है। हम शरीफ और ईमानदार और देशभक्त लोग हैं। यही पहचान हमें अपनी आगे भी बनाकर रखनी है।  अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गुजरात के लोगों ने इतना प्यार और मोहब्बत दी। इसके लिए मैं पुनः बहुत-बहुत शुक्रिया यदा करता हूं।

सभी देशवासियों और सभी कार्यकर्ताओं को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय पार्टी बनने पर बहुत-बहुत बधाई। जितने गुजरात में कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने इतनी मेहनत की, इतना शानदार कैंपेन किया, रात-दिन मेहनत की, उन सभी लोगों को मैं बधाई देना चाहता हूं। थोड़े दिन आराम कर लो, उसके बाद फिर से अपने को काम पर लगना है। चुनाव आते जाते रहेंगे। हम राजनीति में सेवा करने के लिए आए हैं। वो सेवा बंद नहीं होनी चाहिए।

ऐसा नहीं होना चाहिए कि अब चुनाव हो गया और अब हम अपने घर चले जाए। अपने लोगों की सेवा करो, अपने समाज की सेवा करो, अपने गांव की सेवा करो, अपने मोहल्ले की सेवा करो। कहीं भी कोई दुखी हो, चाहे वो किसी भी पार्टी का हो, उसकी हमें सेवा करनी है। चाहे वोट मिले या न मिले। अच्छा काम करोगे, तो वोट भी मिलेंगे। लेकिन केवल वोट के लिए काम नहीं करना है।

****************************

 

गुजरात में नरेंद्र मोदी के विकास मॉडल में जनता के अटूट विश्वास की जीत : अमित शाह

नई दिल्ली,  08 दिसंबर (एजेंसी) । गुजरात में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि धानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी को गुजरात की जनता ने प्रचंड जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में क्या है यह एक ऐतिहासिक एवं प्रभु जी गुजरात की जनता की जीत बताते हुए कहा कि गुजरात में भारतीय जनता पार्टी की जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास मॉडल में जनता के अटूट विश्वास की जीत है।

अमित शाह ने कहा कि गुजरात में भारतीय जनता पार्टी की अब तक की सबसे बड़ी और लगातार सातवीं बार जीत दर्ज करने पर अमित शाह जी ने सिलसिलेवार ट्वीट करते हुए  कहा कि गुजरात ने हमेशा इतिहास रचने का काम किया है। पिछले दो दशक में मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने गुजरात में विकास के सभी रिकॉर्ड तोड़े और आज गुजरात की जनता ने भाजपा को आशीर्वाद देकर जीत के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिये। यह नरेन्द्र मोदी जी के विकास मॉडल में जनता के अटूट विश्वास की जीत है।

अमित शाह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि गुजरात ने खोखले वादे, रेवड़ी व तुष्टिकरण की राजनीति करने वालों को नकार कर विकास और जनकल्याण को चरितार्थ करने वाली नरेन्द्र मोदी की भाजपा को अभूतपूर्व जनादेश दिया है। इस प्रचंड जीत ने दिखाया है कि हर वर्ग चाहे महिला हो, युवा हो या किसान हो सभी पूरे दिल से भाजपा के साथ हैं।

अमित शाह ने इस ऐतिहासिक जीत पर गुजरात की जनता को नमन करते हुए कहा कि  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और जेपी नड्डा  की अध्यक्षता में मिली इस भव्य जीत पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल जी, प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल जी और अथक परिश्रम करने वाले गुजरात भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूँ।

**********************************

 

गुजरात की जनता विकास के मूलमंत्र पर प्रचंड जीत दी है : नड्डा

नई दिल्ली, 08 दिसंबर (एजेंसी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने गुजरात हिमाचल और दिल्ली एमसीडी चुनाव में लगे सभी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि गुजरात के रिजल्ट को देखते हुए तो आजाद भारत में गुजरात विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को ऐसी जीत नहीं मिली है जो भारतीय जनता पार्टी को मिली है। जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि इस प्रचंड एतिहासिक जीत ने स्पष्ट कर दिया है कि जिसका नीवं नरेन्द्र मोदी ने रखा है वह है विकासवाद। विकास की कहानी है।

सबका साथ सबका विकास मूलमंत्र  को लेकर प्रधानमंत्री ने गुजरात की जनता एवं देश की जनता की सेवा की है उससे गुजरात में प्रचंड जीत मिली है। जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी गरीबों , शोषितो और वंचितों के लिए नीतियों, कार्यक्रमों , उनके आंसुओं को पोछने का काम किया।,उनके घर में अच्छा षौचालय हो जाए। यह परिवर्तन लाकर दिखाया। गरीब के घर में बिजली मिले,24 घंटे। दो वक्त की रोटी मिले। विकास करने के लिए उन्हें षिक्षा की व्यवस्था हो। महिलाओं, युवाओं की चिंता और किसानों को आगे बढ़ने का मौका दिया।

जैसे आपने विकास में सारे रिकर्ड तोड़े वैसे ही गुजरात की जनता ने सारे रिकार्ड तोड़ दिए। नड्डा ने कहा कि गुजरात में 52.5 प्रतिषत वोट मिला और 156 सीटों पर जीत हासिल किए।  कांग्रेस ने पिछले चुनाव में 41.4 प्रतिषत वोट हासिल किया था जो इस बार घटकर 27.10 प्रतिषत पर आ गया।

एक तरीके से वषवाद, परिवारवाद और उनकी अकर्मण्यता आदि सब मिलाकर उनकी ऐसी स्थिति बना दिया है। एक नयी पार्टी आयी जो गुजरात का अपमान करने के लिए। उनके नेता एक पेपर लेकर आए और भविष्यवाणी करने लगे कि गुजरात में उनकी सरकार आ रही है। ऐसा गैर जिम्मेदार नेता जो जनता को गुमराह करता है। ऐसे नेता को जनता से माफी मांगनी चाहिए। जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि दूसरा रिकॉर्ड उस नेता ने तोड़ा कि वह बोर्ड लेकर चलता है कि वह कट्टर ईमानदार है और इसी वजह से बोर्ड लेकर चलते हैं। जिनको बोर्ड लेकर चलने की जरूरत पड़ जाए तो समझ सकते है कि कितने ईमानदार है।हिमाचल प्रदेश की जनता को बधाई देना चाहता हूं कि उन्होंने बहुत काम किए। उन्हे यह भी बताना चाहता हूं कि राज जरूर बदला किन्तु रिवाज भी बदला।पहले पार्टियां बदलती थी तो 5 प्रतिशत से ज्यादा उनकी वोट  प्रतिशत गिरता था।

यह ठीक है कि हमारी सरकार नहीं बनी। किन्तु हमारे वोट प्रतिषत में एक प्रतिशत से भी कम वोट गिरा है। जो लगभग 0.9 है। कार्यकर्त्ताओं को बधाई देता हूं और सरकार में आने वाली पार्टी का स्वागत करता हूं। वे अच्छे काम में जूते और अच्छे से काम करें और हम लोग भी उनका साथ देंगे। एक अच्छे विपक्ष की भूमिका निभाते हुए हिमाचल की जनता की चिंता भी करता रहूंगा।पंजाब में उनकी सरकार है और हिमाचल में 67 में से 67 सीटो पर जमानत जब्त हो गयी। और अनेक सीटों पर नोटा से भी कम वोट मिले।

दिल्ली की जनता ने बहुत मेहनत की है और उनका अभिनंदन करता हूं। दिल्ली सरकार ने 33 हजार करोड़ रूप्ए एमसीडी को नहीं दिया। 720 करोड़ रूप्ए स्वास्थ्य के लिए देना था वह भी नहीं दियध। 450 करोड़ रूप्ए शिक्षा पर खर्च होना था एमसीडी को वह भी राशि नहीं दिया।

जो दिल्ली के हितकारी कहते हैं।इन सबके बावजूद हमारे कार्यकर्त्ताओं ने एक शानदार ढंग से चुनाव लड़ा और अच्छा प्रदर्शन किया।बिहार के कुढ़नी में उप चुनाव जीते। जदयू हमसे अलग हटी और महागठबंधन में गयी और इस महागठबंधन को हराते हुए दूसरी बार भाजपा ने जीता हासिल किया।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उन्नत प्रदेश और बिहार में अब मैथेमैटिक्स नहीं चलता है बल्कि केमस्टी चलता है।  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हमलोगों को एक दिशा निर्देश और मार्गदर्शन देते हैं।

***************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज मन खुश रहेगा व जीवनसाथी का भरपूर सहयोग मिलेगा। नौकरी में पदोन्नति के आसार हैं आपको थोड़ा संयम से रहने की आवश्यकता होगी। आपके परिवार का कोई सदस्य आपके लिये मार्गदर्शक बनेगा। घर में उत्सव जैसा माहौल बनेगा। थकान महसूस होगी। आराम के लिए समय निकालें।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी , वु , वे, वो)

आज आपको स्वास्थ्य को लेकर आपको थोड़ा सचेत रहने की आवश्यकता होगी। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य हासिल करने में थोड़ी अधिक मेहनत करनी पड़ सकती है लेकिन उन्हें इस कड़ी मेहनत का अपेक्षित परिणाम भी हासिल होगा। दिन की शुरुआत में आपको थोड़ा सचेत रहने की आवश्यकता है।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज अपने स्वास्थ्य को लेकर ज्यादा चिंता न करें, क्योंकि इससे आपकी बीमारी और बिगड़ सकती है। पैसे कमाने के नए मौके मुनाफा देंगे। आपको पहली नजर में किसी से प्यार हो सकता है। घर में मरम्मत का काम या सामाजिक मेल-मिलाप आपको व्यस्त रखेगा। व्यापारियों के लिए अच्छा दिन है।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

दुश्मन की ताकत का अंदाजा लगाए बिना उलझना ठीक नहीं है। जीवनसाथी की भावनाओं का सम्मान करें। धर्म-कर्म में आस्था बढ़ेगी। विरोधी परास्त होंगे। महत्वपूर्ण कार्य में विलंब संभव है। लाभ होगा। अपने प्रेमी या जीवनसाथी की नाराजगी का सामना करना पड़ सकता है।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज किसी समारोह का मुख्य हिस्सा बनने के पूर्ण योग हैं। साझेदारी में चल रहा गतिरोध दूर होने के आसार है। आयात-निर्यात के कारोबार में बड़ा लाभ संभव है। समान विचारधारा वाले लोगों के साथ काम करना आसान रहेगा। दूसरों की गलती अपने पर आ सकती है। काम में देरी से लाभ की मात्रा सीमित होगी।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज के दिन आपको सुख-समृद्धि, कार्यक्षेत्र में उन्नति, सुखद सफल यात्राएं, परिवार और जीवन साथी का सहयोग सब मिलने के आसार हैं। विवाहित व्यक्ति अपने जीवनसाथी में पूर्णतया विश्वास जतायें अन्यथा संबंधों में खटास पैदा हो सकती है। आपके कर्मक्षेत्र, आपके सम्मान व आपके नाम पर पडऩे के आसार हैं।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज भाग्य आपके साथ है। लंबे समय से चले आ रहे प्रेम संबंधों को नया रूप देने के लिए अच्छा मौका है। आज स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहें। अचानक सेहत बिगड़ सकती है और कई जरूरी काम भी रुक सकते हैं। परिवार के लोग आपसे थोड़े नाराज हो सकते हैं।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आप अकेलापन महसूस कर सकते हैं, इससे बचने के लिए कहीं बाहर जाएं और दोस्तों के साथ कुछ समय बिताएं। आज जिस नए समारोह में आप शिरकत करेंगे, वहाँ से नयी दोस्ती की शुरुआत होगी। आज आपका प्रिय आपके साथ में समय बिताने और तोहफे की उम्मीद कर सकता है।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज आपके परिश्रम से किए गए कार्य में सिद्धि होगी। नौकरी में आप का सम्मान बढेगा। यात्रा के दौरान आप नयी जगहों को जानेंगे। और महत्वपूर्ण लोगों से मुलाक़ात होगी। आप अपने प्रिय द्वारा कही गयी बातों के प्रति काफ़ी संवेदनशील होंगे। अगर आप सूझ-बूझ से काम लें, तो आज अतिरिक्त धन कमा सकते हैं।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज आपके आय के नए स्रोत बनेंगे। आकस्मिक धन के अवसर मिलेंगे। मित्रों और जीवनसंगिनी के सहयोग से राह आसान होगी। आध्यात्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी। दफ़्तर का तनाव आपकी सेहत खऱाब कर सकता है। अपने जज्बात पर काबू रखें। आज आपको अपने प्रिय की याद सताएगी।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आप करिअर से जुड़े फैसले खुद करें, बाद में इसका लाभ आपको मिलेगा। सहकर्मियों और कनिष्ठों के चलते चिंता और तनाव के क्षणों का सामना करना पड़ सकता है। माता-पिता की मदद से आप आर्थिक तंगी से बाहर निकलने में कामयाब रहेंगे। आज दोस्तों के साथ बाहर घूमना आपके मन को खुशी देगा।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज भाग्य पर निर्भर न रहें और अपनी सेहत को सुधारने की कोशिश करें। आप उन लोगों की तरफ वादे का हाथ बढ़ाएंगे, जो आपसे मदद की गुहार करेंगे। यह दिन आपके सामान्य वैवाहिक जीवन से कुछ हटकर होने वाला है। आप अपना समय सही जगह उपयोग करने में कुछ हद तक सफल रहोगे।

*************************************

पहलवान हत्याकांड : ओलंपियन सुशील के 2 फरार साथी गिरफ्तार

नई दिल्ली ,08 दिसंबर(एजेंसी)। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मई 2021 में 23 वर्षीय नवोदित पहलवान सागर धनखड़ की हत्या के मामले में वांछित जेल में बंद ओलंपियन पहलवान सुशील कुमार के दो सहयोगियों को अपराध शाखा ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सुल्तानपुर डबास निवासी 28 वर्षीय अंकित डबास और गांव पूठ कलां निवासी 43 वर्षीय जोगिंदर उर्फ काला के रूप में पहचाने गए दोनों की गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वाले को 50-50 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी। सागर की मौत के बाद से दोनों फरार चल रहे थे।

सुशील कुमार, अन्य लोगों के साथ, कथित संपत्ति विवाद को लेकर 4 मई, 2021 को हरियाणा के रोहतक के निवासी पूर्व जूनियर राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियन धनखड़ और उसके दोस्तों के साथ शहर के छत्रसाल स्टेडियम की पार्किं ग में कथित रूप से मारपीट करने का आरोप है।

धनखड़ ने बाद में चोटों के कारण दम तोड़ दिया और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, मस्तिष्क को नुकसान पहुंचने के कारण उनकी मौत हो गई।

इस साल अक्टूबर में दिल्ली की एक अदालत ने ओलंपिक पदक विजेता सुशील कुमार और 17 अन्य के खिलाफ आरोप तय किए थे, जिससे उनके मुकदमे की नींव पड़ी।

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश शिवाजी आनंद ने हत्या, दंगा और आपराधिक साजिश सहित भारतीय दंड संहिता के विभिन्न प्रावधानों के तहत कुमार और अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए।

विशेष पुलिस आयुक्त, अपराध रवींद्र सिंह यादव ने कहा, जांच के दौरान 18 को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन अपराध करने के बाद जोगिंदर और डबास फरार थे। दोनों खुद को छिपा रहे थे और लगातार ठिकाने बदलते रहते थे।

हाल ही में, विश्वसनीय जानकारी मिली थी कि दो भगोड़े जिला बागपत (यूपी) के ग्रामीण क्षेत्रों में छिपे हुए थे। इनपुट्स पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस की एक टीम बागपत क्षेत्र में पहुंची और तकनीकी और मानवीय निगरानी दोनों को तैनात किया।

यादव ने कहा, पुलिस टीम ने गांवों में घूमते हुए एग्रिकल्चर मजदूर होने का नाटक किया। पुलिस टीम को काफी मशक्कत के बाद बदमाशों का सुराग मिला और भागने की कोशिश करने वाले दोनों आरोपियों को बागपत के बलैनी गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

डबास पिछले 6-7 सालों से सुशील कुमार को जानता है और घटना वाले दिन सुशील कुमार के करीबी दोस्त अजय का फोन आने पर वह छत्रसाल स्टेडियम गया था। वह पूर्व में शाहबाद डेयरी पुलिस स्टेशन में दर्ज एक जबरन वसूली मामले में भी शामिल पाया गया है।

अधिकारियों ने कहा कि जोगिंदर सुशील कुमार से एक कॉमन फ्रेंड के जरिए मिले थे और वे एक-दूसरे को 14-15 साल से जानते थे।

*******************************

 

बहू ने बचा ली ससुर की सीट, रिकार्डमतों से जीतीं डिंपल यादव

मैनपुरी 08 Dec, (एजेंसी)- देश के प्रतिष्ठित राजनीतिक घरानो में एक ‘यादव परिवार’ और समाजवादी पार्टी (सपा) समर्थकों के लिये गुरूवार का दिन दोहरी खुशी लेकर आया जब मैनपुरी में ‘बहू’ डिंपल यादव को मिली बंपर जीत के साथ चाचा शिवपाल सिंह यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) का विलय भतीजे अखिलेश यादव की अध्यक्षता वाली सपा में हो गया।

देश के 5 राज्यों की 6 विधानसभा सीटों में 2 कांग्रेस और 2 भाजपा को मिली है। यूपी की मैनपुरी लोकसभा सीट पर डिंपल यादव ने रिकॉर्ड तोड़ जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा के रघुराज शाक्य को 2 लाख 88 हजार से ज्यादा वोटों से हराया है। इस ऐतिहासिक जीत के साथ डिंपल यादव मैनपुरी लोकसभा सीट से पहली महिला सांसद बन गई हैं। सबसे ज्यादा उलटफेर आजम खान का गढ़ माने जाने वाले रामपुर में हुआ है। यहां 71 साल बाद कमल खिला है। भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना ने आजम के करीबी आसिम रजा को 25,703 वोटों से हरा दिया है। उधर, खतौली विधानसभा सीट पर सपा-रालोद गठबंधन के मदन भैया की जीत हुई है। सपा प्रत्याशी डिंपल यादव ने अपने ससुर और पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन के कारण रिक्त हुई मैनपुरी सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्धंदी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य को दो लाख 88 हजार 461 मतों से हराया। डिंपल की इस ऐतिहासिक जीत में उनके चचिया ससुर और प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल की भूमिका महत्वपूर्ण रही वहीं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी परिवार की प्रतिष्ठा का सवाल बनी इस सीट पर जीत के लिये जम कर पसीना बहाया। डिंपल को इस उपचुनाव में छह लाख 18 हजार 120 वोट मिले जबकि उनके प्रतिद्धंदी को तीन लाख 29 हजार 659 मत हासिल हुए।जीत की सुगंध मिलते ही शिवपाल अपने बड़े भाई मुलायम सिंह यादव की समाधि स्थल पर गये और उनके चित्र पर पुष्पाजंलि अर्पित की। शिवपाल के साथ उनके पुत्र आदित्य यादव भी थे। बाद में पिता पुत्र अपने गृहनगर सैफई स्थित एसएन मेमोरियल स्कूल की ओर रवाना हो गये। बाद में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव चाचा शिवपाल से मिलने एसएन स्कूल पहुंचे और उन्हे सपा का झंडा भेंट किया जिसे शिवपाल की कार में लगा दिया गया। इसके साथ ही प्रसपा के सपा में विलय का संकेत समाजवादियों को मिल गया और वहां उपस्थित समर्थकों ने ‘जिसका जलवा कायम है,उसका नाम मुलायम है’, का गगनभेदी नारा लगाया।

बाद में शिवपाल ने पत्रकारों से कहा कि अब उनकी पार्टी का विलय सपा में हो चुका है और कार्यकर्ता पूरी शिद्दत से 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटेंगे। उनका लक्ष्य नेताजी (मुलायम सिंह यादव) के समाजवाद के सपने का साकार करने का है। गौरतलब है किमुलायम सिंह यादव के निधन के बाद शिवपाल और अखिलेश के बीच की दूरियों में कमी दिखने लगी थी जबकि मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव से पहले अखिलेश और डिंपल चाचा शिवपाल से मिलने उनके घर गये थे जिसके बाद शिवपाल ने खुले मंच से बहू डिंपल के पक्ष में समाजवादियों की एकता का आवाहन किया था। शिवपाल की परंपरागत विधानसभा सीट जसवंतनगर में डिंपल को एक लाख से अधिक रिकार्ड मत मिले हैं। इसका श्रेय भी शिवपाल की मेहनत काे जाता है। अखिलेश ने चुनाव प्रचार के दौरान कहा था कि चाचा शिवपाल को सपा में उचित सम्मान दिया जायेगा और आठ दिसम्बर के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) में उनकी भूमिका तय की जाएगी।

******************************

 

झारखंड की धरती से जुड़ी फिल्म ‘सलाम वेंकी’ बिहार और झारखंड के कुल 10 सिनेमाघरों में रिलीज होगी

08.12.2022 – साउथ फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित निर्देशिका रेवती के निर्देशन में बॉलीवुड अभिनेत्री काजोल स्टारर इमोशनल फिल्म ‘सलाम वेंकी’ अखिलभारतीय स्तर पर रिलीज होने के क्रम में 9 दिसंबर को बिहार और झारखंड के कुल 10 सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स में एक साथ रिलीज हो रही है।

बी लाइव प्रोडक्शंस और आर टेक स्टूडियोज के बैनर तले फिल्म निर्माता सूरज सिंह, श्रद्धा अग्रवाल और वर्षा कुकरेजा द्वारा निर्मित माँ बेटे के प्यार इमोशन और मस्ती मजाक से भरी इस फिल्म में काजोल (सुजाता) के मुख्य किरदार में हैं।

वहीं दूसरे सबसे महत्वपूर्ण किरदार में विशाल जेठवा (वेंकी) का किरदार है। इसके अलावा अभिनेत्री अहाना कुमरा एक जर्नलिस्ट के किरदार में दिखाई देंगी, जबकि आमिर खान भी कैमियो रोल प्ले करते नजर आएंगे।

वहीं राजीव खंडेलवाल भी अहम भूमिका में हैं। इस फिल्म के प्रमोशन से जुड़े अधिवक्ता विजय सिंह ने बताया कि इस फिल्म के निर्माता सूरज सिंह धनबाद (झारखंड) से जुड़े हुए नामचीन शख्सियत है।

‘सलाम वेंकी’ झारखंड की धरती से जुड़ी पहली फिल्म है जिसमें बतौर नायिक बॉलीवुड अभिनेत्री काजोल, अपने भीतर के मातृत्व भाव को बहुत ही सहज ढंग से स्क्रीन पर पेश की है।

 प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***************************

 

पंजाब मूल की रचना सिंह बनीं कनाडा में पहली दक्षिण एशियाई मंत्री

चंडीगढ़ ,08 दिसंबर(एजेंसी)। पंजाब मूल की रचना सिंह ने कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया राज्य में पहली दक्षिण एशियाई मंत्री के तौर पर शपथ लेकर इतिहास रच दिया। वह पंजाब यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हैं। उन्हें शिक्षा और शिशु कल्याण मंत्री बनाया गया है। वह मो सिहोटा के बाद पोर्टफोलियो संभालने वाली दूसरी पंजाबी हैं, लेकिन इतने महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त होने वाली पहली दक्षिण एशियाई महिला हैं।

रचना सिंह ने बताया, मुझे उस सरकार का हिस्सा होने पर गर्व है जो लोगों की सुनती है और उनकी देखभाल करती है। हम सभी के लिए मुफ्त और सुलभ शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने कहा, हमारी सरकार ने 2017 से शिक्षा पर बहुत सारे निवेश किए हैं और आने वाले वर्षों में भी ऐसा करना जारी रखेगी। चूंकि मैं शिक्षकों के परिवार से आती हूं और अतीत में नस्लवाद विरोधी पर काम कर चुकी हूं, मेरे पास कामकाजी लोगों के बच्चों और विजिबल अल्पसंख्यक समुदायों से संबंधित लोगों की समस्याओं को महसूस करने की समझ है।
उनके माता-पिता पिता रघबीर सिंह और मां सुलेखा दोनों के अलावा बहन सिरजाना पेशे से शिक्षक हैं। इसलिए उनका विदेश में शिक्षा मंत्री बनना परिवार के लिए महत्वपूर्ण है।

उन्होंने पहले नस्लवाद विरोधी पहल के लिए संसदीय सचिव के रूप में ब्रिटिश कोलंबिया सरकार की सेवा की थी। 1 नवंबर को प्रांतीय विधानसभा में अपनी मूल पंजाबी भाषा में एक संक्षिप्त भाषण देने के बाद वह सुर्खियों में आ गईं।
सिंह 2001 में अपने पति और ढाई साल के बेटे के साथ कनाडा चली गई थीं।

वह घरेलू दुर्व्यवहार के पीडि़तों की मदद करने के लिए रेफरल एजेंट के रूप में सूचना सेवा वैंकूवर में शामिल हुईं।
बाद में वह कनाडाई यूनियन ऑफ पब्लिक एम्प्लॉइज में शामिल हो गईं और वर्तमान में सत्तारूढ़ एनडीपी से जुड़ी एक सक्रिय ट्रेड यूनियनिस्ट और राजनीतिक कार्यकर्ता बन गईं।

वह पहली बार 2017 में सरे-ग्रीनटिम्बर्स से विधायक चुनी गईं और अक्टूबर 2020 में फिर से चुनी गईं।

उन्होंने एक ड्रग और अल्कोहल काउंसलर, घरेलू हिंसा का सामना करने वाली महिलाओं के लिए एक सहायक कार्यकर्ता और एक सामुदायिक कार्यकर्ता के रूप में काम किया है।

*******************************

 

शहर को करोड़ो रुपए की सौगात देने के लिए आज आएंगे सीएम योगी

*प्रबुद्धजन सम्मेलन में करेंगे शिरकत,लाभार्थियों को करेंगे सम्मानित*

कानपुर 08 दिसंबर ,(एजेंसी )। प्रदेश में निकाय चुनाव को लेकर उल्टी गिनती शुरू हो गई है। 15 दिसंबर तक अधिसूचना भी जारी हो सकती है। इससे पहले शहर को 335 करोड़ रुपए की सौगात देने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को कानपुर आ रहे हैं। वीएसएसडी कॉलेज में होने वाले प्रबुद्धजन सम्मेलन में सीएम योगी करीब डेढ़ घंटा रहेंगे। वह करीब 11 बजकर 30 मिनट पर आएंगे और एक बजे चले जाएंगे। पहले उन्हें 12 बजे आना था। सीएम के आगमन को लेकर कॉलेज ग्राउंड को चमकाने का काम तेजी से चल रहा है। पूरे पंडाल को तिरंगा रंग से सजाया गया है।

भाजपा निकाय चुनाव से पहले प्रदेश के सभी जिलों में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन कर रही है। इसके जरिए निकाय चुनाव को लेकर भाजपा अपनी जमीन को और मजबूत करने में जुटी हुई है। कानपुर में भी प्रबुद्धजन सम्मेलन के बहाने बड़ी जनसभा का आयोजन किया जा रहा है। इसमें साढ़े 12 हजार योजनाओं के लाभार्थियों को बुलाया गया है। इसके अलावा वार्डों से 15 हजार लोगों को लाने का टारगेट दिया गया है।

प्रबुद्धजन सम्मेलन में 11 विभागों के 12 हजाा 500 लाभार्थी को भी बुलाया गया है। इसमें स्वनिधि व आवास योजना के 5500, उज्जवला योजना के 2000 और कन्या विवाह सहायता योजना और मातृ शिशु के 1500 लाभार्थी लाए जाएंगे। इसके अलावा सीएम सम्मेलन में 51 लोगों से संवाद भी करेंगे। इसमें व्यापारी, डॉक्टर, उद्यमी और शिक्षक शामिल किए गए हैं।

बच्चों को कराएंगे अन्नप्राशन

सीएम के मंच पर 20 लाभार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसमें कृष्णा,जया,पीहू का अन्नप्राशन,किरन व रचना की गोदभराई होगी। इसी तरह से मुद्रा लोन के राहुल यादव, राजेंद्र कुमार सिंह, ओडीओपी के अमल गुप्ता, कलीमुल्ला अहमदुल्ला मलिक, विनीत चावला, पीएम आवास के उर्वशी वर्मा, बीना देवी, सनूप कुमार, यशोदा कनौजिया व ज्योति सिंह को सीएम आवास की चाभी देंगे। स्ट्रीट वेंडर के लाभार्थी जगदीश यादव, सुधा, अजय कुमार कनौजिया, शिवम कश्यप व दिलीप कुमार सम्मानित होंगे।

*****************************

 

गुजरात विधानसभा चुनाव परिणाम – भाजपा 156 , कांग्रेस -17 और आप पार्टी को 5 सीटें

नई दिल्ली ,08 दिसंबर(एजेंसी)। गुजरात विधानसभा चुनाव की मतगणना में सभी 182 सीटों के परिणाम सामने आ गए है । भाजपा ने 156 सीटे जीत ली है

वहीं कांग्रेस पार्टी 17 सीटों तक समिट गई है, जबकि आप पार्टी 5 सीट की जीत सकी है ।

**************************

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव परिणाम – कांग्रेस ने 40 और भाजपा 25 सीटें जीती

शिमला ,08 दिसंबर(एजेंसी)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना की तस्वीर साफ हो गई है । कांग्रेस ने 40 सीटों पर तो भाजपा 25 सीटों पर जीत दर्ज की है ।

*************************

उबर को ग्राहकों के साथ ये काम करना पड़ा महंगा, कोर्ट ने लगाया 115 करोड़ रुपए का जुर्माना

नई दिल्ली ,08 दिसंबर (एजेंसी)। अमेरिकी राइडिंग सर्विस प्रदाता कंपनी उबर पर कोर्ट ने 115 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया है। कंपनी पर ये जुर्माना ग्राहकों को गुमराह करने और गलत चेतावनी देने के लिए लगाया गया है। कंपनी पर राइड कैंसिल करने पर चार्ज वसूलने की धमकी देने और कुछ सवारियों को किराया बढ़ा-चढ़ाकर बताने का आरोप था। इस मामले में ऑस्ट्रेलियन कंपटीशन एंड कंज्यूमर कमीशन ने उबर के खिलाफ केस दर्ज किया था। हालांकि, यह जुर्माना राशि उबर की उम्मीद से कम है। उबर ने ग्राहकों से अपनी गलती के लिए माफी मांगी है।

ऑस्ट्रेलिया की फेडरल कोर्ट ने कहा कि अमेरिकी राइड-शेयरिंग ऐप की ऑस्ट्रेलियाई विंग ने 2017 से 2021 के बीच कुछ राइड कैंसिल करने पर ग्राहकों को चार्ज वसूलने की धमकी देकर और अगस्त 2020 तक पेश की जाने वाली टैक्सी सर्विस के लिए किराया तय करने के लिए गलत सॉफ्टवेयर एल्गोरिदम का इस्तेमाल करके कंज्यूमर कानूनों को तोड़ा है। इसलिए ग्राहकों को गुमराह करने पर कोर्ट ने 115 करोड़ रुपए का जुर्माना ठोका है।

उबर ने अपनी वेबसाइट पर एक पोस्ट में ऑस्ट्रेलियाई यूजर्स से माफी मांगी है। कंपनी ने लिखा कि जो गलतियां हमने की हैं, उसके लिए ऑस्ट्रेलियाई लोगों से माफी मांगते हैं, और संबंधित चिंताओं के आधार पर हमने अपने प्लेटफॉर्म में सक्रिय तौर पर बदलाव किए हैं। वही, जज माइकल ह्यूग ओÓब्रायन ने लिखित फैसले में कहा कि स्मार्टफोन ऐप में गलत जानकारी देकर उबर ग्राहकों के राइड कैंसिल संबंधी फैसलों को बदलना चाहता था। ्र

राइडिंग ऐप आपसी समझौते के तहत 143 करोड़ रुपए के जुर्माने पर सहमत हो गए थे। लेकिन ओब्रायन ने बताया कि दोनों पार्टियों द्वारा पेश किए गए सबूत बेहद नाकाफी थे, जिसमें ग्राहकों के नुकसान का अनुमान लगाना उनके ऊपर छोड़ दिया गया। सबूतों में सामने आया कि राइड कैंसिलेशन चार्ज के डर से 0।5 फीसदी उबर यूजर्स को मजबूरन राइड पर जाना पड़ा।

*****************************

 

केरल में देश के सबसे लंबे एलिवेटेड 6-लेन फ्लाईओवर पर काम शुरू करने का रास्ता साफ

तिरुवनंतपुरम 08 Dec, (एजेंसी): केरल के अलप्पुझा जिले में 1,668.50 करोड़ रुपये की लागत से देश के सबसे लंबे एलिवेटिड 6-लेन फ्लाईओवर के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। 12.752 किमी लंबा एलिवेटेड फ्लाईओवर अरूर से थुरवूर के बीच होगा और मौजूदा एनएस 66 के ऊपर स्थित होगा।

सूत्रों ने कहा कि, एनएचएआई द्वारा स्वीकृति पत्र जारी किया गया है और काम नासिक स्थित अशोका बिल्डकॉन लिमिटेड द्वारा किया जाएगा, जो फॉर्च्यून इंडिया 500 कंपनी है और देश में अग्रणी राजमार्ग डेवलपर्स में से एक है।

काम अशोका बिल्डकॉन लिमिटेड द्वारा ए इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन कॉन्ट्रैक्ट (ईपीसी कॉन्ट्रैक्ट) के तहत किया जाएगा, जहां वे परियोजना के डिजाइन, खरीद, निर्माण, कमीशनिंग और सौंपने की जिम्मेदारी संभालते हैं।

पूरा होने की अपेक्षित समय 30 महीने है। एक बार पूरा हो जाने पर यह वर्तमान 11.6 किलोमीटर लंबे पी.वी. हैदराबाद में नरशिमा राव फ्लाईओवर, देश में सबसे लंबा फ्लाईओवर होगा।

***********************************

 

कुढ़नी विधानसभा उप चुनाव में वोटों की गिनती शुरू, परिणाम दोपहर तक आने की उम्मीद

मुजफ्फरपुर 08 Dec, (एजेंसी): बिहार के कुढ़नी विधानसभा उप चुनाव में वोटों की गिनती का काम सुबह आठ बजे से शुरू हो गया है और परिणाम दोपहर तक आने की उम्मीद है ।

स्थानीय आरडीएस कॉलेज में मतगणना के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं । पोस्टल बैलट की गिनती के बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में बंद मतों की गिनती का काम शुरू हुआ । पिछले सोमवार को तीन लाख 11 हजार 728 मतदाताओं में से 57.90 प्रतिशत ने 320 मतदान केंद्रों पर मताधिकार का प्रयोग कर 13 प्रत्याशियों का चुनावी किस्मत ईवीएम में कैद कर दिया था ।

इस सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केदार प्रसाद गुप्ता और महागठबंधन से जनता दल यूनाइटेड (जदयू) प्रत्याशी मनोज कुशवाहा चुनाव मैदान में हैं। इन इन दोनों के अलावा विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) से नीलाभ कुमार और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन (एआईएमआईएम) से मो. गुलाम मुर्तजा भी अपनी किस्मत आजमाने के लिए चुनावी अखाड़े में उतरे

*****************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version