वर्ल्डकप लीग मैच में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया, 30.3 ओवर में ही 192 रनों का लक्ष्य किया पार

अहमदाबाद ,14 अक्टूबर (एजेंसी) । वर्ल्डकप के लीग मैच में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत ने पाकिस्तान को एक तरफा मैच में 7 विकेट से हरा दिया। 30.3 ओवर में ही भारत ने 192 रन के लक्ष्य को पार कर लिया। पाकिस्तान की टीम में बाबर आजम और रिजवान की साझेदारी के अलावा कुछ भी नहीं चला। इसके बाद पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। 40 ओवर में पाकिस्तान की टीम 191 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।

पाकिस्तान के 192 लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत की टीम की अच्छी शुरुआत रही। कप्तान रोहित शर्मा ने 86 रनों की पारी खेली, जिसमें उन्होंने छह से ज्यादा छक्के लगाए। शाहीन आफरिदी की एक बॉल पर वे आसान का कैच दे बैठे। शुभमन गिल ने रोहित के साथ शुरूआत की थी, दो तीन अच्छे शॉट खेलने के बाद वे पाइंट पर कैच आउट हो गए। 23 रन पर भारत का पहला विकेट गिरा।

इसके बाद विराट कोहली भी 16 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। श्रेयस अय्यर ने कप्तान रोहित के साथ अच्छी साझेदारी की। दोनों किसी भी कमजोर बॉल को नहीं बख्शा। जरूरत पडऩे पर गेंद को बाउंड्री के बाहर पहुंचा दिया। रोहित शर्मा के आउट होने के बाद केएल राहुल आए। कुछ देर मैच स्लो हुआ, लेकिन बाद में बल्लेबाजों ने मैच पर फिर पकड़ कर ली।

भारत की तरफ से पांच गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज,हार्दिक पांड्या, कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा ने दो-दो विकेट झटके।
क्या कमाल का प्रदर्शन रहा है यहां पर भारतीय टीम का। एक तरह से लगा कि अभी तक यह लड़ाई बाबर (50) -रिजवान (49) बनाम भारत के बीच की थी। दोनों बल्लेबाजों ने अच्छी साझेदारी की और उस समय लग रहा था कि पाकिस्तान बड़े स्कोर तक पहुंच सकता है लेकिन उसके बाद तेज गेंदबाजों ने भारत की शानदार वापसी कराई।

खासकर बुमराह जिन्होंने दो बेहतरीन गेंद डालकर पाकिस्तान का दिल तोड़कर रख दिया। दूसरी ओर कुलदीप यादव जिन्होंने भी दो विकेट लेकर पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ा दी थी। जडेजा ने आखिरी दो विकेट लेकर पाकिस्तान की पारी समेट दी।

पाकिस्तान की टीम एक समय दो विकेट पर 155 रन बनाकर अच्छे स्कोर की तरफ बढ़ रही थी लेकिन इसी स्कोर पर बाबर आजम के आउट होने के बाद पाकिस्तान की पारी का पतन हो गया और उसने आखिरी आठ विकेट मात्र 36 रन जोड़कर गंवा दिए।

भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ बहु प्रतीक्षित विश्व कप मुकाबले में शनिवार को टॉस जीता और पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया था ।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा बड़े क्राउड के सामने खेलने के बारे में उत्साहित हैं। उनका मानना है कि ओस का असर हो सकता है और पिच बहुत अच्छी है। वह बेहतर मैच की उम्मीद रखते हैंभारतीय टीम में शुभमन गिल की वापसी हुई है इशान किशन की जगह पर।दूसरी तरफ पाकिस्तान टीम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने भी कहा कि वह भी टॉस जीतते तो पहले गेंदबाज़ी करते।

टीमें : 

पाकिस्तान : इमाम-उल-हक़, अब्दुल्लाह शफ़ीक़, बाबर आज़म (कप्तान), मोहम्मद रिज़वान (कीपर), सऊद शकील, इफ़्ितख़ार अहमद, शादाब ख़ान, मोहम्मद नवाज़, हसन अली, शाहीन शाह आफऱीदी, हारिस रउफ़

भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, के एल राहुल (कीपर), हार्दिक पांड्या , रवींद जडेजा, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज

******************************

 

 

PM मोदी ने फिर किया पार्वती कुंड और जागेश्वर धाम की महिमा का वर्णन, खूबसूरती को बताया अलौकिक

नैनीताल 14 Oct, (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बात ही निराली है। वह हमेशा बड़ा सोचते हैं और बड़ा लक्ष्य तय करते हैं। प्रधानमंत्री ने शनिवार को उसी की एक झलक सोशल मीडिया पर पेश की, जिसमें उत्तराखंड के पार्वती कुंड और प्रसिद्ध जागेश्वर धाम की महिमा का वर्णन किया।

मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि यदि कोई मुझसे पूछे कि आपको उत्तराखंड में एक जगह अवश्य देखनी चाहिए तो वह कौन-सी जगह होगी, तो मैं कहूंगा कि राज्य के कुमाऊं मंडल में पार्वती कुंड और जागेश्वर मंदिर आपको अवश्य देखने चाहिए। प्राकृतिक सुंदरता और दिव्यता आपको मंत्र मुग्ध कर देगी।

उन्होंने आगे लिखा कि उत्तराखंड में घूमने लायक कई प्रसिद्ध स्थान हैं और मैंने भी अक्सर राज्य का दौरा किया हेै। इसमें केदारनाथ और बदरीनाथ के पवित्र स्थान शामिल हैं। जो सबसे यादगार अनुभव हैं, लेकिन कई वर्षों के बाद पार्वती कुंड और जागेश्वर मंदिर में लौटना विशेष रहा।

मोदी के इस ट्वीट को अभी तक हजारों लोग देख और पढ़ चुके हैं। प्रधानमंत्री को लाखों लोग अनुसरण करते हैं। इक्कीसवीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का है और प्रधानमंत्री उसे साकार भी करने में जुटे हैं। वह जागेश्वर और पार्वती कुंड को देश ही नहीं दुनिया की नजरों में लाने का प्रयास कर रहे हैं।

माना जा रहा है कि चार धाम यात्रा की तर्ज पर प्रधानमंत्री के इस दौरे से कुमाऊं मंडल के इन पवित्र तीर्थाें में आध्यात्मिक पर्यटन को चार चांद लग सकेंगे।

**************************

 

1984 सिख विरोधी दंगा मामला: जगदीश टाइटलर के खिलाफ आरोपों पर बहस को लेकर सुनवाई टली

नई दिल्ली 14 Oct, (एजेंसी): दिल्ली की एक अदालत ने 1984 के सिख विरोधी दंगों के दौरान पुल बंगश हत्याओं के आरोपी कांग्रेस नेता जगदीश टाइटलर के खिलाफ आरोप तय करने के बारे में बहस पर सुनवाई शुक्रवार को 21 नवंबर तक के लिए स्थगित कर दी।

विशेष न्यायाधीश विकास ढुल शुक्रवार से सुनवाई शुरू करने वाले थे, लेकिन टाइटलर की प्रार्थना पर मामले को 21 नवंबर तक के लिए स्थगित कर दिया गया। आरोपी की ओर से पेश वकील मनु शर्मा ने कहा कि उन्हें मामले से संबंधित कुछ दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां नहीं मिली हैं।

इसके अलावा, उन्होंने अदालत से यह सत्यापित करने का आग्रह किया कि क्या दिल्ली पुलिस के साथ-साथ सीबीआई जांच का पूरा रिकॉर्ड अदालत तक पहुंच गया है। इस पर कोर्ट ने कहा कि वह इसका सत्यापन कराएगी। इससे पहले, अतिरिक्त सत्र मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट विधि गुप्ता आनंद ने कहा था कि टाइटलर के खिलाफ अपराध विशेष रूप से सत्र न्यायालय द्वारा विचारणीय हैं और फाइल राउज एवेन्यू कोर्ट के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश को सौंप दी गई है।

आनंद ने कहा था कि रिकॉर्ड से पता चलता है कि आरोप पत्र, अन्य बातों के अलावा, भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 और 436 के तहत दायर किया गया है और ये अपराध विशेष रूप से सत्र अदालत द्वारा विचारणीय है।

अदालत ने सीबीआई के लिए लोक अभियोजक अमित जिंदल को मामला सौंपने के संबंध में नोटिस जारी किया था, और टाइटलर को अगली सुनवाई के लिए निर्धारित तिथि पर सत्र अदालत के समक्ष उपस्थित होने का निर्देश दिया था।

यह मामला तब का है जब 1 नवंबर 1984 को आजाद मार्केट स्थित गुरुद्वारा पुल बंगश को एक भीड़ ने आग लगा दी थी और सरदार ठाकुर सिंह, बादल सिंह और गुरचरण सिंह नामक तीन लोगों की जलकर मौत हो गई थी। यह घटना तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के एक दिन बाद हुई थी। उन्हें उनके सिख अंगरक्षकों ने गोली मारी थी।

अदालत के समक्ष दायर अपने आरोप पत्र में, सीबीआई ने कहा है कि टाइटलर ने गुरुद्वारे में इकट्ठा हुई भीड़ को उकसाया, भड़काया, जिसके परिणामस्वरूप गुरुद्वारे को जला दिया गया और तीन लोगों की हत्या कर दी गई। जांच एजेंसी द्वारा टाइटलर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 147 (दंगा), 109 (उकसाने) के साथ धारा 302 (हत्या) के तहत आरोप लगाए गए हैं।

************************

 

घर में समोसा बनाते समय फटा सिलेंडर, सात लोग झुलसे; इलाके में मचा हड़कंप

नोएडा 14 Oct, (एजेंसी): नोएडा के सलारपुर में एक मकान के अंदर छोटा सिलेंडर काफी तेज आवाज के साथ फट गया। कमरे में आग लग गई। इसकी चपेट में सात लोग आ गए। सभी झुलस गए हैं। इन्हें पुलिस और आसपास के लोगों की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है। मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग ने आग पर काबू पा लिया है।

सिलेंडर फटने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग भी सहम गए। एसीपी रजनीश ने बताया कि सलारपुर गांव में रणवीर (24) परिवार के साथ भूप सिंह भड़ाना के मकान में किराए पर रहते हैं। सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे वो अपने कमरे में छोटे सिलेंडर पर समोसा बना रहे थे। इसी दौरान छोटा सिलेंडर फट गया।

कमरे में उनके साथ गुड़िया (32), माया (25), मालती (50), विजय (32), रणधीर (24), सरोज (22) और 11 वर्षीय बालक सहित 7 लोग झुलस गए। पुलिस और दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया। इसके बाद सभी को एम्बुलेंस और अन्य माध्यम से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से सभी को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के बर्न सेंटर रेफर किया गया।

**************************

 

बूढ़ा पहाड़ में सुरक्षा बलों को उड़ाने की साजिश नाकाम, सात सिलिंडर बम सहित नौ IED बरामद

रांची 14 Oct, (एजेंसी): झारखंड के लातेहार जिले में बूढ़ा पहाड़ की तराई वाले जंगलवर्ती इलाके से पुलिस ने सात सिलिंडर बम के अलावा दो आईईडी बरामद किए हैं। माना जा रहा है कि माओवादियों ने सुरक्षा बलों को उड़ाने की योजना के तहत बम प्लांट किए थे। हालांकि, सुरक्षा बलों ने करीब एक साल पहले ही बूढ़ा पहाड़ को नक्सलियों से मुक्त करा लिया था।

आशंका है कि बम या तो पहले लगाए गए होंगे या फिर बूढ़ा पहाड़ से भागने के बाद नक्सलियों का कोई दस्ता फिर से पांव फैलाने की कोशिश कर रहा है। लातेहार के पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन को सूचना मिली थी कि लाटू के जंगल में माओवादियों ने भारी संख्या में सिलेंडर बम छिपाकर कर रखा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ व जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने लाटू जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया।

इस दौरान ढाई-ढाई किलो के सात सिलेंडर बम, एक टिफिन बम व एक अन्य आईईडी बरामद किया गया। सीआरपीएफ की बम निरोधक टीम द्वारा मौके पर ही डिफ्यूज कर दिया गया। इस बीच पुलिस और सीआरपीएफ ने ग्रामीणों को अलर्ट किया है कि जंगल में कुछ और जगहों पर नक्सलियों की ओर से लगाई गई आईईडी हो सकती है, इसीलिए जंगल की ओर से जाने से बचें। पुलिस और सुरक्षा बल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

***************************

 

इजराइल संघर्ष का सीधा प्रसारण कर रहे पत्रकार की रॉकेट हमले में मौत- छह अन्य घायल

वाशिंगटन ,14 अक्टूबर (एजेंसी) । दक्षिणी लेबनान में इजऱाइल के साथ संघर्ष का सीमा पर से सीधा प्रसारण करते हुए रॉकेट हमले में फोटो पत्रकार की मौत हो गयी। हमें यह जानकर गहरा दुख हुआ कि हमारे वीडियोग्राफर इस्साम अब्दुल्ला की मौत हो गई है।

उन्होंने कहा कि वह अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए क्षेत्र में अधिकारियों के साथ संपर्क कर रहे हैं। फोटो पत्रकार के अलावा एएफपी और एल जजीरा के लिए अपने सेवा देने वाले अन्य छह पत्रकार भी घायल हुए हैं। उनका अस्पतालों में उपचार किया जा रहा है।

संयुक्त राष्ट्र ने पत्रकार की मृत्यु के बाद रॉयटर्स के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्टीफऩ दुजारिक ने इस बात की जांच का आह्वान किया कि वास्तव में क्या हुआ था। इससे पहले दिन में दक्षिणी जॉर्डन पर इजरायली गोलाबारी की की गयी था।

इजरायली रक्षा बलों ने लेबनानी सशस्त्र समूह हिजबुल्लाह पर अपने क्षेत्र में रॉकेट दागने का आरोप लगाया और जवाबी कार्रवाई में गोलाबारी की थी।

****************************

 

P-20 सम्मेलन संपन्न, ओम बिरला ने ब्राजील को सौंपी कमान

नई दिल्ली 14 Oct, (एजेंसी): जी-20 देशों के संसदीय पीठासीन अधिकारियों का नौवां पी-20 सम्मेलन हरित ऊर्जा, महिला नीत विकास, डिजीटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचा और सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में काम करने के संकल्प के साथ शनिवार को यहां संपन्न हो गया और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पी-20 की कमान ब्राजील के चैंबर ऑफ डेप्युटीज के अध्यक्ष आर्थर सीजर परेरा डी लीरा को सौंप दी।

यहां यशोभूमि में आयोजित दो दिवसीय पी-20 शिखर सम्मेलन में आज के आखिरी सत्र में बिरला ने संयुक्त वक्तव्य के सर्वसम्मति से स्वीकार होने की घोषणा की और कहा कि संयुक्त वक्तव्य को सर्वसम्मति से मंजूरी मिलना पी-20 की प्रक्रिया की सफलता का प्रमाण है। उन्होंने कहा, “मेरे विचार में यह सम्मेलन जी-20 प्रक्रिया में संसदीय दृष्टिकोण को स्थापित करने में सफल रहा। भारत के लिए यह अत्यंत गौरव एवं सम्मान का विषय है कि जिस प्रकार जी-20 शिखर सम्मेलन में घोषणापत्र पर सर्वसम्मति बनी, उसी प्रकार एक पृथ्वी, एक परिवार और एक भविष्य के लिए संसदें विषय पर आयोजित सम्मेलन में सर्वसम्मति बनी और हम संयुक्त वक्तव्य की घोषणा करने में सफल रहे। पी-20 का संयुक्त वक्तव्य एक पृथ्वी-एक परिवार – एक भविष्य पर संसदों की साझी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”

उन्होंने कहा कि दो दिनों में इस सम्मेलन में वर्तमान वैश्विक चुनौतियों एवं विषयों पर संसदों की भूमिका पर सारगर्भित चर्चा हुई। बैठक में इन चुनौतियों पर अपने अनुभवों को साझा किया गया तथा इनके समाधान के लिए संसदें किस प्रकार भविष्य के रोडमैप पर काम कर सकती हैं, अपने-अपने देशों में संसदें किस प्रकार वैश्विक चुनौतियों का समाधान कर सकती हैं, उसपर भी विचार रखे गये।

बिरला ने कहा, “मुझे विश्वास है कि एसडीजी, हरित ऊर्जा, महिला नेतृत्व वाले विकास और डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे पर चार विषयगत सत्रों पर आपके बहुमूल्य विचार और इनपुट मानव केंद्रित कल्याण के लिए जी-20 प्रक्रिया को और मजबूत करने में योगदान देंगे। इन दो दिनों में आप सभी ने जो विचार रखे हैं और जो सुझाव दिये हैं, हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है कि जो अच्छे सुझाव यहाँ सामने दिए गए हैं, हम उनके क्रियान्वयन पर विचार करें, उनकी प्रगति को कैसे गति दी जा सकती है, इसके लिए प्रयास करें।”

उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में हमने जिन विषयों पर चर्चा की, वे एक राष्ट्र की नहीं, बल्कि समग्र विश्व की हैं। इसीलिए वैश्विक समस्याओं का समाधान सामूहिक प्रयास से ही हो सकता है। विधायी संस्थाएं होने के नाते हमारा दायित्व है कि हम अपने अपने देशों में इन चुनौतियों पर गहन चर्चा संवाद करें, अपने निर्वाचकों में इनके प्रति जागरूकता का निर्माण करें और इनपर व्यापक जनमत बनाएं।

उन्होंने कहा कि सम्मेलन में समकालीन भू-राजनीतिक घटनाओं खासकर पश्चिम एशिया की घटनाओं का उल्लेख किया गया। सदस्यों ने बहुपक्षवाद को मजबूत करने और आपूर्ति श्रंखलाओं के टिकाऊ होने की जरूरत महसूस की। बैठक में यह भी कहा गया कि हम संघर्षों एवं विवादों के शांतिपूर्ण समाधान खोजे जाने और मिलकर अंतर्राष्ट्रीय शांति एवं सदभाव स्थापित करने के पक्ष में हैं।

बिरला ने कहा कि वह पी-20 सम्मेलन की अध्यक्षता ग्रहण करने के लिए ब्राजील की चैंबर ऑफ डेप्युटीज के अध्यक्ष लीरा को हार्दिक बधाई देते हैं और इस बात का पूर्ण विश्वास व्यक्त करते हैं कि उनके नेतृत्व में पी-20 अपने उद्देश्यों को और अधिक मजबूती से आगे बढाएगा। वह भारत की संसद की ओर से उन्हें अपने पूर्ण समर्थन एवं सहयोग का विश्वास दिलाते हैं।

इसके बाद बिरला ने लीरा को पी-20 की अध्यक्षता के दस्तावेज एवं प्रतीक चिह्न सौंपा। बाद में राज्यसभा के सभापति एवं उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने मेहमान संसदीय पीठासीन अधिकारियों से अलग अलग मुलाकात की। धनखड ने मेहमान नेताओं के सम्मान में दोपहर का भोज आयोजित किया।

****************************

 

सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ता पर लगाया 5 लाख का जुर्माना, याचिका को बताया पब्लिसिटी स्टंट

नई दिल्ली 14 Oct, (एजेंसी)-बॉम्बे हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की ‘दोषपूर्ण शपथ’ को चुनौती देने वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने नाराजगी जताते हुए शीर्ष अदालत ने याचिका दायर करने वाले व्यक्ति पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। उक्त जनहित याचिका में सुप्रीम कोर्ट के समक्ष कहा गया कि बंबई उच्च न्यायालय के चीफ जस्टिस की शपथ दोषपूर्ण थी। शीर्ष अदालत ने पांच लाख का जुर्माना लगाते हुए कहा, प्रचार पाने के लिए यह एक तुच्छ प्रयास था।

बेंच में शामिल जज जेबी पारदीवाला और जस्टिस मनोज मिश्रा ने कहा कि हमारी राय है कि ऐसी याचिकाओं से कोर्ट का समय खराब होता है और गंभीर मुद्दों से कोर्ट का ध्यान भटकता है। ऐसी याचिकाएं न्यायपालिका के मैनपावर और रजिस्ट्री का दुरुपयोग करती हैं। जजों ने कहा कि अब ऐसा समय आ गया है जब कोर्ट को ऐसी व्यर्थ याचिकाएं दाखिल करने पर जुर्माना लगाना शुरू करना चाहिए। बेंच ने कहा कि हम याचिकाकर्ता पर 5 लाख रुपए का जुर्माना लगाते हुए इस याचिका को रद्द करते हैं। ये जुर्माना याचिकाकर्ता को 4 हफ्ते केअंदर भरना होगा।

*****************************

 

आयुष्मान कार्ड का वितरण दिघवारा में किया गया

*राजीव प्रताप रूडी  के इस सोच के प्रति लोगो ने धन्यवाद प्रकट किया*

पटना , 14 अक्टूबर (एजेंसी)। पूर्व सहकारिता मंत्री बिहार सरकार राणा रणधीर सिंह ने किया आयुष्मान कार्ड का वितरण पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद  राजीव प्रताप रूडी  के द्वारा बनाया गया आयुष्मान कार्ड का वितरण किया गया। सांसद राजीव प्रताप रूडी के अनुशंसा पर  दिघवारा प्रखंड के बस्ती जलाल पंचायत स्थित बालिका उच्च विद्यालय पर आयुष्मान गोल्डन कार्ड का वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्ड का वितरण मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री बिहार सरकार राणा रणधीर सिंह के द्वारा कार्ड का वितरण किया गया ज्ञात हो कि पूर्व में इसी स्थान पर कैम्प लगाकर सभी लाभुकों का रजिस्ट्रेशन किया गया था। इस कार्यक्रम में लगभग 185 लाभुकों को गोल्डन कार्ड उपलब्ध कराया गया । इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रदेश मिडिया प्रभारी उपेंद्र सिंह प्रदेश कार्य समिति राकेश सिंह भी उपस्थित रहे सभी लोगों ने इस कार्य के लिए माननीय सांसद राजीव प्रताप रूडी  के इस सोच के प्रति धन्यवाद प्रकट किया।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष दीपक गुप्ता मुखिया ओमप्रकाश सिंह भाजपा नेता बबलू सिंह मुनमुन सिंह,विकास जी, युवा मोर्चा सुमंत बाबा आईटी सेल मोनू सिंह युगल किशोर राजविकाश सुनील गुप्ता सहित अनेक लोग उपस्थित रहे कार्यक्रम कि अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष दीपक गुप्ता ने किया इस अवसर पर पूर्व मंत्री राणा रणधीर से ने कहा की जब रास्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नाडा जी बिहार के सांसद से बात कर रहे थे तो राजीव प्रताप रूड़ी  के सांसद कार्यालय की काफ़ी सरहाना की और सभी सांसद से कहा की एक बार इनके ऑफिस आप सभी भी एक बार जाकर घूमे और बेवस्था देखे।

********************************

 

झूठ की राजनीति करती है कांग्रेस : राजीव चंद्रशेखर

*कांग्रेस पार्टी की गांरटी सिर्फ और सिर्फ भ्रष्टाचार की है : भाजपा*

नई दिल्ली ,14  अक्टूबर (एजेंसी)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री डॉ. राजीव चंद्रशेखर ने कर्नाटक में ठेकेदार आर. अंबिकापति और पूर्व कांग्रेस पार्षद अश्वत्थम्मा के घर पर आयकर विभाग की छापेमारी में करोड़ो रुपए बरामद होने पर कांग्रेस पार्टी को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की गारंटी है- भ्रष्टाचार। कांग्रेस की सरकार कर्नाटक में भ्रष्टाचार का एटीएम बनकर जनता की गाढ़ी कमाई लूट रही है और तेलंगना सहित अन्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में खर्च कर रही है। राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि ठेकेदार अंबिकापति के घर से कल शुक्रवार को इनकम टैक्स की छापेमारी में 42 करोड़ रुपए बरामद की गई।

यह स्पष्ट रूप से दिखाता है कि कांग्रेस पार्टी की ओर से ठेकेदार आर. अंबिकापति ने वर्ष 2022 में भाजपा की सरकार को बदनाम करने का ड्रामा किया था। ड्रामा के पीछे अंबिकापति का मकसद करोड़ोंरुपए कमाना था। ठेकेदार आर अंबिकापति और कांग्रेस पार्टी के गहरे रिश्ते को उजागर करते हुए डॉ चंद्रशेखर ने कहा कि अंबिकापति के पिता कांग्रेस पार्टी के विधायक रहे हैं और उनकी पत्नी के भाई भी कांग्रेस पार्टी के विधायक रह चुके हैं। उनके चचेरे भाई भी कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए हैं।

कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी की ओर से एक इसी ठेकेदार अंबिकापति ने वर्ष 2022 में प्रधानमंत्री को एक पत्र लिखाकर समाज में भ्रम फैलाया था कि कर्नाटक में भाजपा की सरकार 40 प्रतिशत की सरकार है, जो कांग्रेस की झूठ और भ्रम फैलाने की राजनीतिक रणनीति थी। दुर्भाग्यवश, कर्नाटक की जनता कांग्रेस की झूठी राजनीति से भ्रमित हो गई और कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी की सरकार बन गई।

राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का एकमात्र लक्ष्य भ्रष्टाचार करना और दिल्ली में बैठे कांग्रेस के  प्रथम परिवार के लिए भ्रष्टाचार का एटीएम बनना है। जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार बनी है या कांग्रेस पार्टी की नयी गठबंधन I.N.D.I. एलायंस के घटक दलों की सरकार में जिन प्रदेशों में है, वहां जनता की गाढ़ी कमाई लूटा जा रहा है, चाहे झारखंड में I.N.D.I. एलायंस के घटक दल सीएम हेमंत सोरेन की सरकार हो, या राजस्थान अथवा छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी की सरकार।कांग्रेस पार्टी को बेनकाब करते हुए डॉ राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति तीन आधार पर टिकी हुई है।

पहला आधार – कांग्रेस पार्टी फर्जी वादे पर टिकी है। कांग्रेस पार्टी जो वादे करती है, उसे कभी पूरा नहीं करती है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के बाद बनी कांग्रेस सरकार के दौरान इसकी पुष्टि हो गयी।

दूसरा अधार – कांग्रेस पार्टी झूठ और भ्रम की राजनीति पर टिकी हुई है। कांग्रेस पार्टी झूठ बोलती है और भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह करती है।

तीसरा आधार – कांग्रेस पार्टी का एकमात्र लक्ष्य भ्रष्टाचार करना है, जो उनके डीएनए में शामिल है। कांग्रेस पार्टी कर्नाटक सहित जिन राज्यों में सत्ता में आयी है उस प्रदेष में भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा पार कर दी। राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के पास देश के विकास, युवाओं को रोजगार देने, गरीबों के जनकल्याण या राष्ट्र के भविष्य के लिए कोई नीति, योजना, या विजन नहीं है।  कांग्रेस पार्टी ने जिस तरह से कर्नाटक विधानसभा चुनाव जीतने के लिए जनता को गुमाराह किया था, ठीक वैसे ही, तेलंगाना, राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस पार्टी राजनीतिक रणनीति अपना रही है।

कर्नाटक की स्थिति पर डॉ चंद्रशेखर ने कहा कि ठेकेदार अंबिकापति कांग्रेस पार्टी की सरकार आज गुहार लगा रहा है कि उनके कामों का भुगतान नहीं हो रहा है। कर्नाटक सरकार उनके निर्माण कार्यों का भुगतान कर दे। वहीं, कर्नाटक के सीएम के सिद्धारम्मैया और डिप्टी सीएम डी के शिवकुमार ने स्वयं ही कहा कि उन्होंने जो वादा किया था, उसे पूरा नहीं कर पा रहे हैं क्योंकि उनके पास पैसा नहीं है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की गांरटी सिर्फ और सिर्फ भ्रष्टाचार की है। कांग्रेस पार्टी सहित देश के परिवारवादी और भ्रष्टाचारी पार्टियों ने देश में I.N.D.I. एलायंस यानी घमंडिया गठबंधन बनाया है। उनका एकमात्र लक्ष्य I.N.D.I. लूटो यात्रा है। अंबिकापति के घर छापेमारी के बाद बरामद करोड़ों रुपए स्पष्ट करता है कि कर्नाटक में I.N.D.I. लूटो यात्रा जोर-शोर से चल रही है। चंद्रशेखर ने कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने दावा किया था कि कांग्रेस पार्टी की सरकार बनती है तो दिल्ली में बैठे परिवार के लिए कर्नाटक एक एटीएम बनकर रह जाएगा।

दुर्भाग्यवश, भाजपा के दावे सही साबित हुए, कर्नाटक की जनता परेशान हो रही है, सीएम के सिद्धारम्मैया और डीके शिवकुमार के भ्रष्टाचार निरंतर बढते जा रहे हैं और दिल्ली में बैठे कांग्रेस का “प्रथम परिवार” भ्रष्टाचार की गंगा में स्नान कर रहा है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में आर अंबिकापति एकमात्र ठेकेदार या व्यक्ति नहीं है बल्कि ऐसे हाजाओरन लोग हैं, जो भ्रष्टाचार घपले-घोटाले में संलिप्त हैं। आने वाले दिनों में उनका भी चेहरा बेनकाब होगा।कांग्रेस करप्शन का उदाहरण देते हुए डॉ चंद्रशेखर ने कहा कि मैसूर में रहने वाले पंडित राजीव तारानाथ जी विष्व प्रसिद्ध सरोद वादक हैं। कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने पंडित तारानाथ को दशहरा के अवसर पर सरोद वादन के लिए आमंत्रित किया और उन्होंने इस निमंत्रण को स्वीकार भी कर लिया।

इसके बाद कर्नाटक सरकार के कला संस्कृति विभाग के अधिकारी पंडित राजीव तारानाथ से मुलाकात करके कहते हैं कि उनकी फीस बढ़ायी जाएगी, किन्तु बढ़ी हुई फीस उन्हें अधिकारियों को देना होगा, ताकि बढ़ी हुई फीस राशि मंत्री जी को पहुंचाया जा सके। इसके बाद बाद पंडित तारानाथ जी ने मीडिया में घोषणा कर दी कि वे दशहरा के कार्यक्रम में भाग नहीं लेंगे।उन्होंने कहा कि कांग्रेस सहित I.N.D.I. एलायंस की अन्य पार्टियां भी भ्रष्टाचार के मामले में आकंठ डूबी है।

झारखंड में I.N.D.I. एलायंस के सहयोगी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रमुख एवं सीएम हेमंत सोरेन पर भी भ्रष्टाचार के मामले चल रहे हैं। झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने कल ही हाईकोर्ट में ईडी के समन के खिलाफ याचिका दायर की थी। ईडी ने भ्रष्टाचार के मामले में सीएम हेमंत सोरेने का तलब किया है। इसी तरह राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत के सहयोगियों के घरों में पेपर लीक मामले में छापेमारी शुरू हो गयी है।

राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की एकमात्र गारंटी है- करप्शन। कर्नाटक में और कांग्रेस शासित अन्य प्रदेशों में भी करप्शन दिखने लगा है। कर्नाटक में भ्रष्टाचार से कमाई की जा रही है और भ्रष्टाचार के उन पैसे को तेलंगाना और अन्य प्रदेशों के विधानसभा चुनाव में खर्च किया जा रहा है।

*****************************

 

के सी आर सरकार ने बेरोजगारों को धोखा दिया : डा. लक्ष्मण

*डा. लक्ष्मण रात 2 बजे हिरासत में लिए गए और 4 बजे रिहाकिये गए*

*भाजपा ओबीसी मोर्चा के नेताओं द्वारा डा.लक्ष्मण के साथ पुलिस के बर्ताव की निंदा*

हैदराबाद, 14 अक्टूबर (एजेंसी)। भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, भाजपा संसदीय बोर्ड सदस्य, राज्य सभा सांसद डा.के.लक्ष्मण को हैदराबाद पुलिस ने हिरासत में ले लिया। डा. लक्ष्मण छात्रा कुमारी प्रवल्लिका द्वारा आत्महत्या के रोष स्वरूप हैदराबाद के अशोक नगर स्थित बृंदावन हॉस्टल के सामने धरणा दे रहे थे।हैदराबाद पुलिस द्वारा डा. लक्ष्मण को हिरासत में लेते हुए धक्का मुक्की करने और जबरदस्ती करने के फोटो व वीडियो वायरल हुए हैं।

बाद में सुबह 4 बजे हैदराबाद पुलिस ने डा. लक्ष्मण को रिहा कर दिया। अपनी रिहाई के बाद डा. लक्ष्मण ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि तेलंगाना में के सी आर सरकार बेरोजगारों को रोजगार देने का वायदा करके सत्ता में आई थी परंतु अपने 10 साल के कार्यकाल में इस सरकार ने कोई रोजगार नहीं दिया। जिसके परिणाम स्वरूप आज बहुत ही मेहनती एवम मेधावी छात्रा प्रवल्लिका ने आत्म हत्या कर ली। उन्होंने कहा कि गांवों से लाखों बच्चे रोजगार के सपने लेकर हैदराबाद में कोचिंग के लिए आते है। वे ऋण लेकर मेहनत से पढ़ाई करते हैं परंतु यह सरकार बार बार एग्जाम को स्थगित कर देती है जिससे छात्र अवसाद के शिकार हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बार बार लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं का लीक होना यह दर्शाता है कि यह सरकार कितनी भ्रष्ट है। डा. लक्ष्मण ने सरकार से छात्रा प्रवल्लिका की मृत्यु की  न्यायिक जांच, परिवार को आर्थिक सहायता और छात्रा द्वारा आत्महत्या से पूर्व लिखे गए पत्र को सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने अपने व छात्रों द्वारा शांति पूर्ण तरीके से दिए जा रहे धरने पर पुलिस द्वारा  लाठीचार्ज किए जाने की घोर निन्दा की और छात्रों को आश्वस्त किया कि भारतीय जनता पार्टी छात्रों के हितों की रक्षा की लड़ाई लड़ेगी।

उन्होंने लोगों से आगामी चुनाव में इस सरकार को उखाड़ने का आह्वाहन भी किया।भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, लोक सभा सांसद नायब सैनी, राष्ट्रीय महामंत्री, सांसद डा. संगम लाल गुप्ता एवम निखिल आनंद ने  मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा.के. लक्ष्मण एवम हजारों छात्रों द्वारा दिए जा रहे शांतिपूर्ण धरने पर रात्रि में हैदराबाद पुलिस द्वारा किए गए लाठी चार्ज की कड़े शब्दों में निंदा की है। एक संयुक्त विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि प्रजातंत्र में हर नागरिक को धरना प्रदर्शन करने की स्वतंत्रता है और यहां तो सभी छात्र अपने साथी छात्रा के आत्महत्या के रोष स्वरूप शांतिपूर्वक धरना दे रहे थे, उनके ऊपर लाठी चार्ज करना अंग्रेजी हकुमत की याद दिलाता है।

उन्होंने डा. लक्ष्मण और छात्रों पर आधी रात को किए गए बर्बर लाठीचार्ज की न्यायिक जांच की मांग की।

********************************

 

इंडिया ब्लॉक में दरार, कांग्रेस अधिकतम एक सीट जीत सकती है: असम के मंत्री

गुवाहाटी 14 Oct, (एजेंसी): असम के मंत्री पीयूष हजारिका ने दावा किया है कि कांग्रेस पार्टी 2024 के आम चुनावों में 14 में से अधिकतम केवल एक सीट जीत सकती है और दावा किया कि भारत के विपक्षी गुट के भीतर सब कुछ ठीक नहीं है क्योंकि पार्टी ने पहले ही 14 लोकसभा क्षेत्रों के लिए अपने संभावित उम्मीदवारों की सूची सार्वजनिक कर दी है।

शनिवार को हजारिका ने कहा, ”कांग्रेस द्वारा अपने संभावित उम्मीदवारों की सूची सार्वजनिक करने के बाद विपक्षी गठबंधन में दरारें बढ़ गई हैं। राज्य में इंडिया ब्लॉक के एक घटक असम जातीय परिषद ने कम से कम पांच सीटों की मांग रखी है। रायजोर दल के अखिल गोगोई जोरहाट सीट देने पर जोर दे रहे हैं।”

मंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि असम में कांग्रेस की स्थिति खराब है और राज्य की सत्तारूढ़ भाजपा अगले साल के चुनावों में कम से कम 11 या 12 लोकसभा सीटें जीतने के लिए तैयार है।

”कांग्रेस पहले ही अपना मतदाता आधार खो चुकी है। उन्हें मुश्किल से एक सीट मिल सकती है। एआईयूडीएफ एक सीट जीतेगी। बाकी सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार विजयी होंगे।”

पिछले लोकसभा चुनावों में, असम में कांग्रेस के तीन उम्मीदवार जीते थे, नागांव से प्रद्युत बोरदोलोई, कलियाबोर से गौरव गोगोई और बारपेटा से अब्दुल खालिक।

परिसीमन अभ्यास के बाद, गोगोई का कलियाबोर निर्वाचन क्षेत्र अब मौजूद नहीं है। मतदाताओं की बदली हुई जनसांख्यिकी के साथ अब एक नई काजीरंगा लोकसभा सीट है।

भाजपा का मानना है कि वे नई सीट आसानी से जीत सकते हैं, गोगोट के विजयी होने की कोई संभावना नहीं है।

नागांव पिछले दो दशकों से भाजपा का गढ़ रहा है, पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजेन गोहेन ने चार बार इस सीट से जीत हासिल की है।

गोहेन को पिछली बार टिकट नहीं दिया गया था क्योंकि वह छेड़छाड़ के मामले में आरोपी थे। हालांकि, वह इस बार संभावित उम्मीदवार हैं।

लेकिन नगांव में गोहेन और अगली जनरेशन के बीजेपी नेताओं के बीच खींचतान चल रही है और अगर यह खींचतान चुनाव तक जारी रही तो पार्टी को यह सीट जीतने में मुश्किल हो सकती है।

इस बीच, खलीक की सीट बारपेटा पर मुस्लिम वोटों का दबदबा है।

लेकिन बदरुद्दीन अजमल के नेतृत्व वाली एआईयूडीएफ वहां उम्मीदवार उतारेगी।

अगर मुकाबला त्रिकोणीय हुआ तो बारपेटा में भी बीजेपी के पास अच्छा मौका है।

*****************************

 

सीमा शुल्क विभाग ने कोलकाता में कार के बोनट से 2.5 करोड़ रुपये का तस्करी का सोना किया जब्त

कोलकाता 14 Oct, (एजेंसी): सीमा शुल्क विभाग ने दक्षिण कोलकाता में एक वाहन के बोनट से 2.5 करोड़ रुपये मूल्य का तस्करी का सोना जब्त किया है और इस सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए चारों लोग केरल के मूल निवासी हैं, जो वर्तमान में कोलकाता में रह रहे हैं।

वे एक कॉर्पोरेट इकाई के लिए काम करते हैं जिसका वैश्विक मुख्यालय पश्चिम एशिया में है और सोने के आभूषण निर्माण में शामिल हैं। अपने सूत्रों से सूचना मिलने पर, सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने एक कार का पीछा करना शुरू कर दिया, जिसमें चार गिरफ्तार व्यक्ति वाहन के बोनट पर छिपाकर तस्करी की गई सोने की चार छड़ें ले जा रहे थे।

कार के गरियाहाट चौराहे पर पहुंचने के बाद अधिकारियों ने गाड़ी रोक दी। वाहन की गहन जांच के बाद वाहन के बोनट से सोने की छड़ें बरामद की गईं। विभाग के अधिकारियों ने वाहन भी जब्त कर लिया। यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि क्या गिरफ्तार किए गए व्यक्ति खुद ही सोने की ईंटों की तस्करी कर रहे थे या इसमें कोई अन्य संलिप्तता थी।

*******************************

 

CBI का बड़ा एक्शन : फर्जी पासपोर्ट मामले में पं. बंगाल और सिक्किम में 50 ठिकानों पर छापेमारी, एक वरिष्ठ अधीक्षक गिरफ्तार

कोलकाता 14 Oct, (एजेंसी) : फर्जी और जाली पासपोर्ट के मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी (CBI) ने बड़ा कदम उठाया है। एजेंसी ने पश्चिम बंगाल और सिक्किम के लगभग 50 जगहों पर  छापा मारा और इस मामले में जांच एजेंसी की कार्रवाई अभी भी जारी है। जानकारी के अनुसार, सीबीआई ने इस मामले में सिलीगुड़ी के पासपोर्ट सेवा लघु केंद्र (पीएसएलके) के एक वरिष्ठ अधीक्षक को एक बिचौलिए के साथ गिरफ्तार किया है।

सीबीआई के अधिकारी ने बताया कि गैर-निवासियों सहित अयोग्य व्यक्तियों को कथित तौर पर रिश्वत लेकर जाली दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट जारी करने के मामले में दर्ज की गई प्राथमिकी में 16 अधिकारियों सहित 24 व्यक्तियों के नाम शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, कोलकाता, सिलिगुड़ी, गंगटोक और अन्य स्थानों पर छापे मारे जा रहे हैं।

**************************

 

संयुक्त राष्ट्र में सुधार पर आईपीयू ने किया भारत का समर्थन

नयी दिल्ली 14 Oct, (एजेंसी): अंतर संसदीय संघ (आईपीयू) के अध्यक्ष दुआर्ते पचेको ने भारत का समर्थन करते हुए कहा है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ शनिवार को एक द्विपक्षीय बैठक में पचेको ने कहा कि भारत का वैश्विक दृष्टिकोण आईपीयू के दृष्टिकोण के भांति है और आईपीयू संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार लाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है। जी-20 देशों के संसद अध्यक्षों का नौवां शिखर सम्मेलन पी-20 आईपीयू के सहयोग से आयोजित हो रहा है।

बिरला ने पी-20 में पचेको का स्वागत करते हुए कहा कि प्राचीन लोकतंत्र, विशालता और विविधता भारत की ताकत है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता और समानता भारतीय संविधान में निहित है। देश में एक सक्षम और स्वतंत्र न्यायपालिका है। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि भारत आईपीयू के साथ मजबूत संसदों के निर्माण के एजेंडे का अनुसरण करता है। बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने कहा कि वैश्विक विषयों और समकालीन चुनौतियों के समाधान के लिए संसदों की भूमिका को और प्रभावी बनाया जाना चाहिए।

बिरला ने कहा कि पचेको के सक्षम नेतृत्व और निर्देशन में आईपीयू विश्व व्यवस्था के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने दुनिया की संसदों को जोड़ने की दिशा में सराहनीय कार्य किया है।‌ दुनिया में स्थायित्व मानव कल्याण के लिए आवश्यक है। पचेको ने जी-20 अध्यक्षता की सफलता और पी-20 के सफल आयोजन के लिए भारत की सराहना की। उन्होंने कहा, “एक पुर्तगाली के तौर पर कह सकता हूं कि दोनों देशों के संबंध बेहद मजबूत है। भारत के पुर्तगाली संसद का पर्यवेक्षक बनने से कई देशों से नजदीकियां बढ़ेंगी।

*******************************

 

भारत-श्रीलंका के बीच यात्री नौका सेवा शुरू, PM मोदी बोले- दोनों देशों में नए अध्याय की शुरुआत

नयी दिल्ली/चेन्नई 14 Oct, (एजेंसी): भारत एवं श्रीलंका के बीच तमिलनाडु के नागपट्टिनम से श्रीलंका के उत्तरी प्रांत जाफना के पास कांकेसंथुराई तक यात्री नौका सेवा शनिवार से प्रारंभ हो गई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज राष्ट्रीय राजधानी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस सेवा की शुरुआत की। नौका तमिलनाडु के नागापट्टिनम बंदरगाह से द्वीप राष्ट्र श्रीलंका में कांकेसंथुरई के लिए रवाना हुई। उन्होंने कहा कि भारत और श्रीलंका संस्कृति, वाणिज्य और सभ्यता का गहरा इतिहास साझा करते हैं और अब दोनों में आर्थिक साझेदारी भी बढ़ेगी। नौका सेवा नागापट्टिनम और कांकेसंतुराई के बीच शुरू की गई है।

मोदी ने कहा, “इस महत्वपूर्ण अवसर पर आपके साथ जुड़ना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। हम भारत और श्रीलंका के बीच राजनयिक और आर्थिक संबंधों में एक नए अध्याय की शुरुआत कर रहे हैं। तमिलनाडु के नागापट्टिनम और श्रीलंका के कांकेसंतुराई के बीच नौका सेवा का शुभारंभ किया जा रहा है। हमारे संबंधों को मजबूत करने में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।”

प्रधानमंत्री मोदी और श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे वीडियो लिंक के जरिए इस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की विदेश नीति में पड़ोसी प्रथम की नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दृष्टिकोण का एक हिस्सा हमारे पड़ोसी देशों के साथ प्रगति और समृद्धि को साझा करना है। भारत अपने लोगों के पारस्परिक लाभ के लिए अपने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए श्रीलंका के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि जी 20 शिखर सम्मेलन के दौरान, भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारा घोषित किया गया है। यह एक महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी कॉरिडोर है जो पूरे क्षेत्र पर व्यापक आर्थिक प्रभाव पैदा करेगा। इससे श्रीलंका के लोगों को भी लाभ होगा क्योंकि हम दोनों देशों के बीच मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा, “मैं आज नौका सेवा के सफल शुभारंभ के लिए राष्ट्रपति, सरकार और श्रीलंका के लोगों को धन्यवाद देता हूं। आज शुरुआत के साथ हम रामेश्वरम और तलाईमन्नार के बीच नौका सेवा फिर से शुरू करने की दिशा में भी काम करेंगे।” विदेश मंत्रालय के अनुसार जुलाई 2023 में श्रीलंका के राष्ट्रपति श्री विक्रमसिंघे की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के नेताओं द्वारा की गई घोषणा के अनुरूप, भारत में नागपट्टिनम और श्रीलंका के उत्तरी प्रांत जाफना के पास कांकेसंथुराई के बीच यह नौका सेवा शुरू हुई है।

भारतीय जहाजरानी निगम द्वारा संचालित हाई-स्पीड फेरी की क्षमता 150 यात्रियों की है। नागपट्टिनम और कांकेसंथुराई के बीच लगभग 60 नाविक मील यानी 110 किमी की दूरी समुद्र की स्थिति के आधार पर लगभग साढ़े तीन घंटे में तय की जाएगी। सेवा शुरू करने के लिए, केंद्र सरकार ने तमिलनाडु मैरीटाइम बोर्ड के सहयोग से नागापट्टिनम बंदरगाह पर सुविधाओं का उन्नयन किया। इसी तरह श्रीलंका सरकार ने कांकेसंथुराई बंदरगाह पर आवश्यक बुनियादी ढांचा तैयार किया है।

**************************

 

भारत घाटी कभी नहीं खोएगा : पूर्व रॉ प्रमुख एएस दुलत

कसौली 14 Oct, (एजेंसी): पूर्व रॉ प्रमुख और पूर्ववर्ती जम्मू-कश्मीर राज्य के पूर्व सलाहकार ए.एस. दुलत ने कहा है कि घाटी में अशांति के बावजूद कश्मीर भारत का हिस्सा बना रहेगा। अलगाववादियों और हुर्रियत नेताओं के साथ अपनी बैठकों को याद करतेे हुए उन्‍होेंने कहा कि कश्मीर में सामान्य स्थिति लाने का एकमात्र रास्ता बातचीत, धैर्य और सहानुभूति है।

घाटी में अनुच्छेद 370 को ख़त्म करने का विरोध करने वाले दुलत का मानना है कि हर कोई ‘बातचीत’ करता है। “और हर हितधारक के साथ बात करने में क्या हर्ज है? कोई भी स्थायी दुश्मन नहीं है, चाहे वह पाकिस्तान हो या चीन। वाजपेयी के कार्यकाल के दौरान, कश्मीरी अलगाववादियों के साथ कई दौर की बैठकें हुईं। इतने सारे लोग मेरे घर आते थे।”

उन्‍होंने कहा कि इजरायली खुफिया एजेंसी मोसाद भी उन लोगों से बात करती है, जिन्हें वे अपना दुश्मन कहते हैं। मैं उनके प्रमुखों में से एक के काफी करीब था, और उन्होंने स्वीकार किया कि स्थायी शांति केवल मेज पर प्राप्त की जा सकती है, युद्ध के मैदान पर नहीं।”

खुशवंत सिंह साहित्य महोत्सव के पहले दिन बोलते हुए दुलत ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के दौरान कश्मीरियों के लिए राज्य का दर्जा देने की घोषणा करते हैं, तो स्थानीय लोग उन्हें माला पहनाएंगे।

“वह लाल चौक पर खुली जीप में हो सकते हैं और अगर उन्होंने ऐसा किया तो सुरक्षा को कोई खतरा नहीं होगा। हर स्थानीय व्यक्ति उनके इस कदम का स्वागत करेगा।”

दुलत, जिन्होंने अपनी नवीनतम पुस्तक ‘ए लाइफ इन द शैडोज़: ए मेमॉयर’ (हार्पर कॉलिन्स पब्लिशर्स) में वर्तमान राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल के बारे में विस्तार से लिखा है, का कहना है कि डोभाल ने उनके बारे में लिखने से बहुत पहले ही उनसे बात करना बंद कर दिया था। .

“अनुच्छेद 370 हटाए जाने से ठीक पहले, उन्होंने मुझसे फोन पर पूछा कि कश्मीर से कैसे निपटा जाए। मैंने उनसे कहा कि हमें बात करने की ज़रूरत है। उनका जवाब था: ‘बहुत बातचीत हो चुकी है।’ उनका दृष्टिकोण बहुत ‘मस्कुलर’ है। लेकिन मैं यह कह दूं कि उन्हें सत्ता के करीब रहना पसंद है। अगर कल राहुल गांधी पीएम बनते हैं, तो उन्हें उनके साथ काम करने में कोई आपत्ति नहीं होगी।’

******************************

 

इजरायल से 235 यात्रियों को लेकर भारत पहुंचा विमान, भारतीय नागरिकों ने लगाए वंदे मातरम के नारे

नई दिल्ली 14 Oct, (एजेंसी) : इजराइल और हमास के बीच भयंकर युद्ध जारी है। इस बीच इजराइल में दूसरे देशों के भी नागरिक फंसे हुए हैं। जिन्हें सही सलामत अपने-अपने घर पहुंचने की उम्मीद है। वहीं, भारत के भी कई नागरिक इजराइल में फंसे हुए हैं। जिन्हें बचाने के लिए भारत की ओर से ऑपरेशन अजय चलाया गया है। इस ऑपरेशन के माध्यम से भारत सरकार द्वारा इजराइल में फंसे हुए लोगों को सकुशल भारत लाया जा रहा है।

वहीं, आज सुबह ऑपरेशन अजय के तहत इजराइल से 235 भारतीय नागरिकों को लेकर आ रही दूसरी फ्लाइट में यात्रियों ने ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाए। बता दें कि फ्लाइट आज सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरी थी। ऑपरेशन अजय की दूसरी फ्लाइट शनिवार सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पहुंची। इस विमान में 235 भारतीय नागरिक सवार थे, जिन्हें इजरायल से सुरक्षित वापस लाया गया है। ऑपरेशन अजय के तहत अब तक 447 भारतीयों की इजरायल से निकासी हुई है।

केंद्रीय राज्य मंत्री राजकुमार रंजन ने एयरपोर्ट पर इजरायल से वापस लौटे लोगों का स्वागत किया। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि दूसरी फ्लाइट से लौटे लोगों का स्वागत किया। भारतीय नागरिकों ने इजरायल से वापस लाने के लिए भारत सरकार का आभार जताया। बता दें कि ऑपरेशन अजय के तहत दूसरी फ्लाइट ने स्थानीय समयानुसार (इजरायल) शुक्रवार रात 11.02 बजे उड़ान भरी थी। इजरायल से भारतीयों को निकालने का अभियान अभी जारी रहेगा। इजरायल में करीब 18,000 भारतीय नागरिक रहते हैं।

*******************************

 

अयोध्या की रामलीला में बॉलीवुड के साथ भोजपुरी का तड़का

अयोध्या 14 Oct, (एजेंसी): आयोध्या में आज से शुरू हो रही रामलीला में इस बार बॉलीवुड के साथ भोजपुरी सितारों का तड़का लगेगा। ऐसा प्रतीत होगा कि यह रामलीला नहीं, बल्कि रामायण आधारित धारावाहिक देख रहे हैं। इस बार रामलीला के मंच पर रामायण के किरदार को 55 से अधिक फिल्मी कलाकार विभिन्न पात्र को निभाएंगे।

इस संबंध मेंं रामलीला के अध्यक्ष सुभाष मालिक (बाबी) और महासचिव शुभम मलिक ने बताया कि इस वर्ष रामलीला आयोजन का यह चौथा संस्करण होगा। उन्होंने बताया कि अयोध्या की रामलीला 14 से 24 अक्टूबर शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक तक अयोध्या में राम कथा पार्क में आयोजित होगा। शुभम ने बताया कि इस साल अयोध्या की रामलीला में बॉलीवुड, भोजपुरी और टीवी धारावाहिक में काम करने वाले 55 से अधिक कलाकार अभिनय कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पूनम ढिल्लों, भाग्यश्री, अमिता नागिरया, शीबा, रितु शिवपुरी, ममता सिंह, मांगिशा, पायल गोगा कपूर, प्रतिभा, गजेंद्र चौहान (राजा जनक), रजा मुराद (अहिरावण), राकेश बेदी (विभीषण), गिरिजा शंकर (रावण), अनिल धवन (इंद्रदेव), रवि किशन जी (केवट), वरुण सागर जी (हनुमान), सुनील पाल (नारद मुनि), राहुल भूचर ( राम जी), शिवा ,आकाशदीप (कुंभकरण), रूबी चौहान (मेघनाथ ), बनवारी लाल झोल (परशुराम), मनोज बक्शी (राजा दशरथ), गुलशन पांडे, अवतार गिल, सागर, चंदन काम कर रहे हैं। इसके अलावा रावण दहन वाले दिन भोजपुरी के प्रसिद्ध कलाकार खेसारी लाल यादव रावण का अभिनय करेंगे।

सुभाष मालिक ने बताया कि अयोध्या की रामलीला की एंट्री फ्री है। इसकी कोई भी एंट्री फीस नहीं है। अयोध्या की रामलीला विश्व की सबसे बड़ी रामलीला राम भक्तों ने बताया है अयोध्या की रामलीला का उद्देश्य यह है कि करोड़ों राम भक्त जो घर में बैठे हैं वह प्रभु राम की रामलीला अपने घरों में बैठकर देख सके।

सुभाष ने बताया कि अयोध्या की रामलीला का हर साल नया रूप देखने को मिले। 2020 मे 16 करोड़ से ज्यादा राम भक्तों ने देखा था। 2021 मे 22 करोड़ से ज्यादा राम भक्तों ने देखा था और 2022 में 25 करोड़ से ज्यादा अयोध्या की रामलीला को देखा था। इस साल अयोध्या की रामलीला का चौथा संस्करण है।

इस बार प्रयास है कि 50 करोड़ लोग अयोध्या की रामलीला से जुड़ सकें। अयोध्या की रामलीला यूट्यूब चैनल, दूरदर्शन पर लाइव दिखाई जाएगी। इसके अलावा कई सैटेलाइट टीवी चैनल पर भी इसका प्रसारण होगा।

**************************

 

डंकी और सालार के बीच अब नहीं होगा मुकाबला, शाहरुख ने पीछे खींचे कदम?

14.10.2023 (एजेंसी)  –  जब से प्रभास अभिनीत फिल्म सालार के 22 दिसंबर यानी क्रिसमस के मौके पर सिनेमाघरों में आने की घोषणा हुई है, यह लगातार चर्चा में बनी हुई है, क्योंकि इसी दिन शाहरुख खान की फिल्म डंकी भी सिनेमाघरों में दस्तक दे रही है।अब जो खबर आ रही है, उससे न सिर्फ शाहरुख, बल्कि प्रभास के प्रशंसक भी खुशी से झूम उठेंगे।दरअसल, इन दोनों फिल्मों के बीच अब टकराव टलने की खबरें जोर पकड़ रही हैं।दक्षिण भारतीय सिनेमा के जाने-माने ट्रेड एनालिस्ट मनोबाला विजयबालन ने एक्स पर लिखा, डंकी और सालार के बीच टकराव टल सकता है। डंकी को आगे बढ़ाए जाने की खबरें हैं। लिहाजा दोनों फिल्में अलग-अलग दिन रिलीज होगी।उधर सूत्रों ने भी इस खबर की पुष्टि करते हुए लिखा, पोस्ट प्रोडक्शन से जुड़ा काम बचा होने के कारण डंकी की रिलीज टल सकती है।

इसे लेकर निर्माताओं की तरफ से आधिकारिक ऐलान होना बाकी है।सोशल मीडिया पर डंकी ट्रेंड में है। ज्यादातर प्रशंसक इस पर खुशी जाहिर कर रहे हैं, वहीं कुछ को विश्वास नहीं हो रहा है कि डंकी के पोस्ट प्रोडक्शन की वजह से फिल्मों के बीच टकराव टल रहा है। एक ने लिखा, शाहरुख 2 ब्लॉकबस्टर फिल्में देने के बाद सालार से डरने वाले नहीं हैं। एक ने शाहरुख का वो ट्वीट याद दिलाया, जिसमें उन्होंने कहा था, डंकी फिक्स ही है। अब क्या माथे पर गुदवा लूं।ज्यादातर फिल्म विशेषज्ञों की मानें तो इस टकराव से दोनों फिल्में बुरी तरह प्रभावित होंगी।ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक, सालार-डंकी के साथ आने से दोनों फिल्मों को अच्छा-खासा नुकसान होगा।

उनके मुताबिक, फिल्मों के प्रोडक्शन हाउस को इस पर सोचना चाहिए।सोशल मीडिया पर शाहरुख और प्रभास के प्रशंसक भी आपस में भिड़ गए हैं। दोनों एक-दूसरे पर मीम्स बना रहे हैं। विवाद न बढ़े, इसलिए भी फिल्मों को साथ न लाने पर बात चल रही है।डंकी का निर्देशन जाने-माने निर्देशक राजकुमार हिरानी कर रहे हैं। दोनों पहली बार साथ काम कर रहे हैं। फिल्म की कहानी डंकी फ्लाइट पर केंद्रित है। फिल्म में पंजाब का एक लड़का दिखाया जाएगा, जो कनाडा जाने के लिए डंकी फ्लाइट वाला रास्ता लेगा।इसमें शाहरुख के साथ पहली बार तापसी पन्नू नजर आएंगी। यह फिल्म राजकुमार हिरानी फिल्म्स और शाहरुख की प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज के बैनर तले बन रही है।

इसमें शाहरुख एक आर्मी अफसर का किरदार निभाएंगे।केजीएफ फ्रैंचाइजी के निर्देशक प्रशांत नील के निर्देशन में बनी सालार पहले 28 सितंबर को रिलीज होने वाली थी, लेकिन वीएफएक्स का काम बचा होने की वजह से इसकी रिलीज टाल दी गई। इस फिल्म में प्रभास संग श्रुति हासन और जगपति बाबू नजर आएंगे।

*******************************

 

रिया कपूर ने वीरे दी वेडिंग के सीक्वल पर लगाई मुहर, जल्द शुरू होगी शूटिंग

14.10.2023 (एजेंसी)  –  2018 में आई फिल्म वीरे दी वेडिंग को दर्शकों द्वारा काफी सराहा गया था। इसमें करीना कपूर, सोनम कपूर, स्वरा भास्कर और शिखा तलसानिया नजर आई थीं।दर्शक पिछले काफी वक्त से वीरे दी वेडिंग के सीक्वल की मांग कर रहे हैं।अब आखिरकार रिया कपूर ने वीरे दी वेडिगं के दूसरे भाग पर मुहर लगा दी है।उन्होंने बताया कि फिल्म की दूसरी किस्त पर काम शुरू हो चुका है। फिलहाल स्क्रिप्ट पर काम चल रहा है।रिया ने कहा, हां, वीरे दी वेडिंग बन रही है।

फिलहाल, फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम चल रहा है। वीरे दी वेडिंग की दूसरी किस्त की कहानी बहुत अलग होगी। मुझे पता है कि यह थोड़ा मुश्किल है क्योंकि यह फिल्म मेरे लिए सब कुछ है।उन्होंने आगे कहा, मैं वीरे दी वेडिंग की कहानी से बहुत खुश हूं। यह मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण फिल्म है और मैं इससे बहुत जुड़ी हुई हैं।रिपोर्ट के मुताबिक, अगले साल तक निर्माता वीरे दी वेडिंग 2 की शूटिंग शुरू कर देंगे। आने वाले दिनों में जल्द इस खबर की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।

फिलहाल वीरे दी वेडिंग 2 की कास्ट तय नहीं हुई है। हालांकि, उम्मीद है कि दूसरे हिस्से में भी पहले भाग वाली स्टारकास्ट ही नजर आएगी।बता दें, वीरे दी वेडिंग ने टिकट खिड़की पर 81.39 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। यह फिल्म जी5 पर उपलब्ध है।

**************************

 

अमायरा दस्तूर ने नई पंजाबी फिल्म ऐनी हाओ मिट्टी पाओ से की पॉलीवुड में एंट्री

14.10.2023 (एजेंसी)  –  अभिनेत्री अमायरा दस्तूर पेशेवर मोर्चे पर बुलंदियों पर हैं, हाल ही में उनकी वेब सीरीज बॉम्बे मेरी जान के साथ-साथ पंजाबी फिल्म ऐनी हाओ मिट्टी पाओ को काफी सराहना मिली है। अपनी पहली पंजाबी फिल्म ऐनी हाओ मिट्टी पाओ की रिलीज़ के साथ, अभिनेत्री को प्रशंसकों के साथ-साथ दोस्तों से भी अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। दर्शक कह रहे हैं कि अमायरा इस फिल्म में बिल्कुल पंजाबी लड़की लग रही हैं।

उनके अभिनय और जिस तरह से उन्होंने फिल्म में खुद को पेश किया है, उसकी सराहना करते हुए प्रशंसकों ने अमायरा का पंजाबी फिल्मों में खुले दिल से स्वागत किया है। ऐनी हाओ मिट्टी पाओ तक, हमने अमायरा का पंजाबी अवतार देखा था, जबकि उन्होंने जोगी में दिलजीत दोसांझ के साथ अभिनय किया था। ऐनी हाओ मिट्टी पाओ को हंसी की सवारी के रूप में देखा जा रहा है और दर्शकों से इसे मिल रही अद्भुत प्रतिक्रिया इंडस्ट्री में अमायरा की मजबूत पकड़ स्थापित कर रही है।

ऐसा कहने के बाद, अमायरा पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में एक ताकत बनने जा रही है। ऐनी हाओ मिट्टी पाओ के बाद उनकी दो और पंजाबी फिल्में कतार में हैं, चिडिय़ाँ दा चंबा 13 अक्टूबर को रिलीज हुई, और फुर्तीला नामक एक और फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों में आएगी।

खैर, यह नई पंजाबी लड़की निश्चित रूप से अपनी कलात्मकता से दिल जीत रही है, और ऐनी हाओ मिट्टी पाओ की सफलता तो बस शुरुआत है।

*********************************

 

बॉडीकॉन ड्रेस पहन मौनी रॉय ने दिखाईं दिलकश अदाएं

14.10.2023 (एजेंसी)  –  ब्रह्मास्त्र फेम मौनी रॉय का नाम बी-टाउन की हॉट एक्ट्रेसेस की लिस्ट में शामिल है। एक्ट्रेस जब भी अपनी तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट करती हैं तो वो लोगों की उनके किलर लुक्स पर से नजरें हट पाना मुश्किल हो जाता है। हाल ही में अभिनेत्री मौनी रॉय ने अपने लेटेस्ट फोटोशूट की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर की हैं।

इन तस्वीरों में उनका सेक्सी अवतार देखकर फैंस आहें भरते हुए नजर आ रहे हैं।अपने लुक्स और बोल्ड पर्सनेलिटी को लेकर अक्सर लाइमलाइट बटौरने वाली एक्ट्रेस मौनी रॉय आए दिन अपने लुक से इंटरनेट पर बवाल मचा देती हैं। हाल ही में एक्ट्रेस मौनी रॉय ने अपने लेटेस्ट लुक्स की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट की हैं। इन तस्वीरों में मौनी रॉय कमर पर हाथ रखकर बेहद ही सेक्सी अंदाज में पोज देती हुई नजर आ रही हैं।

मौनी रॉय ने अपनी इन फोटोज में एनिमल प्रिंट आउटफिट पहना हुआ है, साथ ही कैमरे के सामने किलर लुक्स देती हुई दिखाई दे रही हैं। ओपन हेयर और मिनिमल मेकअप कर के एक्ट्रेस मौनी रॉय ने अपने आउटलुक को कंप्लीट किया है। बता दें कि एक्ट्रेस जब भी अपनी फोटोज सोशल मीडिया पर अपलोड करती हैं तो फैंस उनकी हर एक लुक पर दिलखोलकर लाइक्स और कॉमेंट्स करते हैं।

हालांकि इन फोटोज पर भी 1 लाख से ज्यादा यूजर्स के लाइक्स मिल चुके हैं। साथ ही कुछ यूजर्स कॉमेंट्स भी कर रहे हैं। मौनी रॉय सोशल मीडिया सेंसेशन हैं। एक्ट्रेस वेस्टर्न और एथनिक लुक में बेहद ही खूबसूरत लगती हैं।

**************************

 

नए पोल में भारतीय-अमेरिकी निक्की हेली, बाइडेन से चार अंकों से आगे

न्यूयॉर्क, 13 अक्टूबर (एजेंसी)। एक नए सर्वेक्षण के अनुसार, यदि 2024 का चुनाव अभी होता है तो अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद के उम्मीदवारों निक्की हेली और रॉन डेसेंटिस से हार जाएंगे और अपने पूर्ववर्ती डोनाल्ड ट्रंप से मामूली अंतर से आगे रहेंगे।

सर्वे के मुताबिक इडेन ने ट्रम्प (49 प्रतिशत से 48 प्रतिशत) पर एक अंक की बढ़त ले ली, जबकि हेली से चार अंक (49 प्रतिशत से 45 प्रतिशत) और डेसेंटिस से दो अंकों से पीछे रह गए।

इस सप्ताह जारी, 6-9 अक्टूबर के बीच किए गए सर्वेक्षण से पता चला है कि भारतीय-अमेरिकी पूर्व दक्षिण कैरोलिना गवर्नर ने सितंबर के बाद से सबसे बड़ा लाभ हासिल किया। 10 प्रतिशत समर्थन के साथ उनकी संख्या दोगुनी हो गई है।

हेली ने डेमोक्रेट्स के बीच सबसे अधिक संख्या में दलबदल कराया (9 प्रतिशत ने उनका समर्थन किया), जबकि ट्रम्प को सबसे कम (5 प्रतिशत डेमोक्रेट्स ने उनका समर्थन किया)।

2024 के राष्ट्रपति पद की दौड़ से बाहर हो चुके पूर्व कांग्रेसी विल हर्ड ने फोर्ब्स को बताया, उनके पास गति है, उनके पास अनुभव है, और वह एकमात्र व्यक्ति हैं, जो सर्वे में बाइडेन को लगातार हरा रही हैं।

पिछले महीने सूत्रों से पता चला था कि हेली एकमात्र रिपब्लिकन हैं, जो 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में बाइडेन को हरा सकती हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है, दोनों के बीच एक काल्पनिक मैच में बाइडेन के 43 प्रतिशत के मुकाबले 49 प्रतिशत के साथ हेली बाइडेन पर बढ़त बनाने वाली एकमात्र रिपब्लिकन उम्मीदवार हैं।

फॉक्स न्यूज सर्वेक्षण से यह भी पता चला कि कई कानूनी चुनौतियों का सामना करने के बावजूद, पूर्व राष्ट्रपति ट्रम्प ने रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद की दौड़ में अपनी बढ़त बनाए रखी।

77 वर्षीय ट्रम्प को रिपब्लिकन प्राथमिक मतदाताओं के बीच 59 प्रतिशत समर्थन मिला, और मार्च के बाद से वह 50 प्रतिशत से ऊपर रहे हैं और सितंबर में रिकॉर्ड 60 प्रतिशत तक पहुंच गए।

अगस्त के अंत में अपनी पहली रिपब्लिकन प्राथमिक बहस के ठीक बाद, हेली ने कहा था कि ट्रम्प 2024 के राष्ट्रपति चुनावों के लिए पार्टी के उम्मीदवार नहीं होंगे।

*******************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version