महुआ की याचिका पर सुनवाई से पहले वकील ने लगाया दबाव डालने का आरोप, निशिकांत ने बताया संसद की गरिमा बचाने की लड़ाई

नई दिल्ली 20 Oct, (एजेंसी): पैसे लेकर संसद में सवाल पूछने के आरोपों का सामना कर रही टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा द्वारा भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और एडवोकेट जय अनंत देहाद्राई के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट में दायर मानहानि याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई होनी है। लेकिन सुनवाई से पहले एडवोकेट जय अनंत देहाद्राई ने आरोप लगा दिया है कि उन पर अपनी सीबीआई शिकायत और भाजपा सांसद निशिकांत दुबे को लिखे गए पत्र को वापस लेने के लिए दबाव डाला जा रहा है। वहीं निशिकांत दुबे ने इस लड़ाई को संसद की गरिमा बचाने की लड़ाई बताते हुए कहा कि यह महुआ मोइत्रा के खिलाफ लड़ाई नहीं है।

एडवोकेट जय अनंत देहाद्राई ने शुक्रवार को सुबह एक्स पर पोस्ट कर यह आरोप लगाया कि, “कल दोपहर को मुझे अपनी सीबीआई शिकायत और निशिकांत दुबे को लिखे पत्र को वापस लेने के लिए मजबूर करने का प्रयास किया गया। मैंने साफ मना कर दिया और कहा कि सीबीआई को ब्योरा दूंगा।”

निशिकांत दुबे ने देहाद्राई के एक्स पर ही रिप्लाई करते हुए लिखा, “बालू के भीत पर खड़ी इमारत, भरभरा कर गिरती है, आपकी लड़ाई संसद की गरिमा बचाने की है, यह कठिन लड़ाई महुआ के खिलाफ नहीं है, यह लड़ाई बाबा साहब अंबेडकर के संविधान की आत्मा यानि गरीब की आवाज़ को बचाने वाली संसद को कुछ लोग जो बेच रहे हैं, उनके ख़िलाफ़ है। इसका राजनीति से कोई संबंध नहीं है। जिस पार्टी की नेता केवल साड़ी व चप्पल पहनती है, उस पार्टी की सांसद एलवी, गुची ज़बरदस्ती दोस्तों से लेकर बंगाली संस्कृति की दुहाई देती है? मेरी मौसी महिषादल राज्य बंगाल की रानी थी, इस कारण मुझे भी बंगाल की संस्कृति की जानकारी है। यह महिला बंगाल के लोगों को भी गाली दे रही है। भ्रष्टाचार से कोई समझौता नहीं।”

आपको बता दें कि पैसे लेकर संसद में सवाल पूछने के मामले में टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। इस मामले में सरकारी गवाह बन गए बिजनेसमैन दर्शन हीरानंदानी ने यह स्वीकार कर लिया है कि उन्होंने संसद में अडानी समूह के बारे में सवाल पूछने के लिए महुआ मोइत्रा को पैसे और गिफ्ट दिए। हीरानंदानी ने मोइत्रा पर कई और गंभीर आरोप भी लगाएं हैं।

****************************

 

रोहतास : फ्लिपकार्ट के डिलेवरी बॉय से लूट कांड में शामिल सात अपराधी गिरफ्तार

रोहतास 20 Oct, (एजेंसी): बिहार में रोहतास जिले के सेमरा पुलिस आउट पोस्ट क्षेत्र में फ्लिपकार्ट के डिलेवरी बॉय से हुयी लूटपाट में शामिल सात अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने शुक्रवार को यहां बताया कि निरंजनपुर – करंहसी नहर सड़क मार्ग पर 05 अक्टूबर को अपराधियों ने फ्लिपकार्ट के डिलेवरी बॉय से लूटपाट की थी।घटना के उद्भेदन के लिए टीम गठित किया था। सूचना के आधार पर संझौली थाना के कैथी निवासी अंकित कुमार को उसके घर से छापेमारी कर गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ के बाद अंकित ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की। अंकित के निशानदेही पर ही इसी गांव के अन्य अपराधकर्मी सन्नी कुमार, सूरज कुमार, लवकुश कुमार, अर्जुन कुमार, जय कुमार, दीपक कुमार उर्फ साधु को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने अंकित के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल, डिलेवरी बॉय सुशील सिंह की लूटी गई मोबाइल एवं अन्य सामान बरामद किया। साथ ही उसकी निशानदेही पर अन्य अपराधियों के पास से लूटा गया सामान और इस घटना में प्रयुक्त कार बरामद कर लिया गया।

****************************

 

PM मोदी ने देश की पहली रैपिड रेल को दिखाई हरी झंडी, बच्चों संग किया सफर

नई दिल्ली 20 Oct, (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गाजियाबाद में देश की पहली रैपिड रेल ‘नमो भारत’ के 17 KM लंबे पहले खंड का हरी झंडी दिखाकर उद्घाटन किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी उपस्थित रहे।

कल से आम नागरिक इस ट्रेन से यात्रा कर सकेंगे। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस गलियारे का पहला चरण 17 किलोमीटर लंबा है। यानी अभी यात्री गाजियाबाद के साहिबाबद से दुहाई डिपो तक यात्रा कर सकेंगे। साहिबाबाद से दुहाई डिपो तक का ट्रेन किराया 50 रुपए रखा गया है। वहीं, प्रीमियम कोच के लिए 100 रुपए चुकाने होंगे।

ट्रेन के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने बच्चों संग रेल यात्रा का आनंद लिया। ‘नमो भारत’ रैपिड रेल कई तरह की हाईटेक सुविधाओं से लैस है। दिल्ली-मेरठ तक पूरे 82.15 किलोमीटर लंबे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस को जून 2025 तक चालू करने का लक्ष्य है।

***************************

 

घमंडिया गठबंधन की दिल्ली में दोस्ती और राज्यों में कुश्ती : शिवराज

भोपाल 20 Oct, (एजेंसी): मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ को निशाने पर लेते हुए आज कहा कि ये ऐसा अजीब गठबंधन है, जिसकी दिल्ली में दोस्ती और राज्यों में कुश्ती चल रही है।

चौहान ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि जिस दिन इंडी गठबंधन बना था हमने कह दिया था यह बेमेल गठबंधन है। गठबंधन में न लोगों के विचार एक हैं और न ही दिल एक है। केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता से घबराकर ये बेमेल गठबंधन बना था, जो बनने से पहले ही टूट रहा है। उन्होंने कहा कि गठबंधन ने मध्यप्रदेश में रैली तय की थी, लेकिन कमलनाथ ने उसे भी निरस्त करवा दिया। गठबंधन को प्रदेश में घुसने से भी मना कर दिया। यह अजीब गठबंधन है, जिसकी दिल्ली में दोस्ती और राज्यों में कुश्ती चल रही है, ऐसा कहीं होता है क्या।

चौहान ने कहा कि कल समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस ने उन्हें और सपा को एक साल तक धोखे में रखा। बातें करते रहे और बाद में धोखा दे दिया। कांग्रेस आपस में भी धोखा दे रही है। मध्यप्रदेश में ही सामने आ रहा है। कांग्रेस लड़ रही है, सपा लड़ रही है, आम आदमी पार्टी भी बाहें चढ़ाकर सामने खड़ी है, ये कैसा गठबंधन है। बनने से पहले ही टूट गया है। इसका कोई भविष्य ही नहीं है। ये ‘घमंडिया’ लोग बिखर गए। उन्होंने कहा कि जनता देख रही है कि जब आज ही इस गठबंधन की यह स्थिति है तो इनके हाथों में देश और प्रदेश का भविष्य कैसा होगा।

*************************

 

अगले साल रिलीज होगी इमरजेंसी, कंगना रनौत ने किया ऐलान

20.10.2023 (एजेंसी)  –  बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत ने घोषणा की है कि उनकी फिल्म इमरजेंसी अगले साल रिलीज होगी। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर इसकी घोषणा की। कंगना ने लिखा, डियर फ्रेंड्स, मुझे एक जरूरी अनाउंसमेंट करनी है, इमरजेंसी एक कलाकार के रूप में मेरे जीवन की सीख और कमाई है।इमरजेंसी मेरे लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं है, यह एक इंसान के रूप में मेरे मूल्य और चरित्र की परीक्षा है। हमारे टीजर और अन्य यूनिट्स से मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया ने हम सभी को काफी उत्साहित किया है।

मेरा दिल ग्रेटिट्यूड से भरा हुआ है और मैं जहां भी जाती हूं लोग मुझसे इमरजेंसी की रिलीज डेट के बारे में पूछते हैं।उन्होंने कहा, हमने इमरजेंसी रिलीज की तारीख 24 नवंबर 2023 अनाउंस की थी, लेकिन मेरी बैक-टू-बैक रिलीज होने वाली फिल्मों के कैलेंडर में सभी बदलावों और 2024 के लास्ट क्वार्टर के ओवर पैक होने के कारण हमने इमरजेंसी को अगले साल (2024) में शिफ्ट करने का फैसला किया है।कंगना ने कहा कि जल्द ही नई रिलीज डेट की घोषणा की जाएगी।

नई रिलीज की तारीख जल्द ही घोषित की जाएगी, कृपया अपना साथ बनाए रखें। फिल्म के लिए आपकी प्रत्याशा, जिज्ञासा और उत्साह बहुत मायने रखता है, आपकी कंगना रनौत।इमरजेंसी कंगना रनौत द्वारा निर्देशित और निर्मित एक जीवनी पर आधारित ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म है।

भारत के आपातकाल पर आधारित इस फिल्म में कंगना ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का किरदार निभाया है। फिल्म में अनुपम खेर, श्रेयस तलपड़े, महिमा चौधरी और मिलिंद सोमन भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं।

*************************

 

कलास्टार के लिए फिर साथ आए सोनाक्षी सिन्हा, यो यो हनी सिंह

20.10.2023 (एजेंसी)  –  हाल ही में स्ट्रीमिंग सीरीज दहाड़ में नजर आई अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा 9 साल बाद रैपर यो यो हनी सिंह के साथ फिर से जुड़ गई हैं। दोनों ने रविवार को अपना नया ट्रैक कलास्टार रिलीज किया।यह गाना सोनाक्षी और यो यो हनी सिंह के पिछले म्यूजिक एल्बम देसी कलाकार का विस्तार है, जो 2014 में रिलीज हुआ था। गाने के म्यूजिक वीडियो में यो यो हनी सिंह और सोनाक्षी के बीच शानदार केमिस्ट्री दिखाई गई है।

इस सहयोग के बारे में बात करते हुए सोनाक्षी सिन्हा ने साझा किया, 9 साल बाद एक बार फिर यो यो हनी सिंह के साथ जुडऩा बेहद खुशी की बात थी। हनी के साथ काम करना हमेशा मजेदार होता है, और इस गाने में जो जीवंतता है वह स्वैग से भरपूर है।उन्होंने आगे कहा, सबसे बड़ी बात यह है कि यह देसी कलाकार का विस्तार है जिसे प्रशंसकों द्वारा बहुत पसंद किया गया था। मुझे उम्मीद है कि इस बार भी हमें वैसी ही प्रतिक्रिया मिलेगी, क्योंकि कलास्टार वर्तमान संगीत क्षेत्र में काफी आगे है।

कलास्टार जी म्यूजिक कंपनी के यूट्यूब चैनल पर स्ट्रीम करने के लिए उपलब्ध है।इस बीच इस साल की शुरुआत में दहाड़ से ओटीटी डेब्यू करने वाली सोनाक्षी, संजय लीला भंसाली द्वारा निर्देशित अपने पीरियड ड्रामा हीरामंडी के लिए तैयारी कर रही हैं।हीरामंडी, स्वतंत्रता-पूर्व भारत की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जो हीरामंडी जिले में वेश्याओं की तीन पीढिय़ों की जीवन कहानी पर आधारित है। श्रृंखला में ऋचा चड्ढा, शर्मिन सहगल और मनीषा कोइराला भी हैं, और यह नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।

******************************

 

स्कूप के लिए करिश्मा तन्ना ने जीता बेस्ट लीड एक्ट्रेस का अवॉर्ड

20.10.2023 (एजेंसी)  –  एक्ट्रेस करिश्मा तन्ना, जिन्होंने बुसान फिल्म फेस्टिवल 2023 में नेटफ्लिक्स की सीरीज स्कूप में अपने काम के लिए बेस्ट लीड एक्ट्रेस का अवॉर्ड जीता है, ने साझा किया कि फिल्म फेस्टिवल जीतना कितनी बड़ी बात है, लेकिन वह प्रोजेक्ट्स के अनुसार रोल्स चुनने के अपने पैरामीटर्स को बदलती नहीं रहेंगी।करिश्मा ने बुसान फिल्म फेस्टिवल में स्कूप के लिए बेस्ट सीरीज की ट्रॉफी भी जीती, जो एशिया के सबसे प्रसिद्ध सिनेमाई इवेंट्स में से एक है।

करिश्मा ने अपनी जीत, जश्न और अपने किरदार जागृति पाठक की यात्रा के बारे में बात की।करिश्मा ने कहा कि वह अवॉर्ड सेरेमनी में सचमुच एक्साइटेड, लेकिन नर्वस भी थीं।उन्होंने कहा, इसकी शुरुआत सीरीज कैटेगिरी से हुई, और तुरंत मैंने स्कूप शब्द सुना, इसलिए यह मेरे लिए बहुत अच्छी शुरुआत थी। नर्वस थी, क्योंकि कलाकारों के बीच स्टेज पर जाने वाली मैं पहली थी। मैं नेटफ्लिक्स, पूरे शो का प्रतिनिधित्व कर रही थी, हंसल मेहता सर, कलाकार, हर वर्ग के लोग वहां बैठे थे। यह बहुत ही अवास्तविक था.

करिश्मा ने कहा, फिल्म फेस्टिवल जीतना बड़ी बात है, इसलिए मुझे खुशी है कि मुझे स्कूप के लिए यह एक्सपीरियंस करने को मिला।स्कूप ने करिश्मा को इंटरनेशनल लेवल पर ख्याति दिलाई है।क्या भविष्य में प्रोजेक्ट चुनने के प्रति उनका परसेप्शन चेंज होगा, इस पर क्योंकि सास भी कभी बहू थी फेम एक्ट्रेस ने जवाब दिया, स्कूप से पहले भी मैं हमेशा से मिनिंगफुल और कॉम्प्लेक्स करेक्टर करना चाहती थी और मुझे नहीं लगता कि यह चेंज होगा, क्योंकि मैं एक एक्टर हूं। इसलिए, मैं प्रोजेक्ट्स के हिसाब से बदलाव नहीं करूंगी।करिश्मा ने कहा, स्कूप का हिस्सा बनना निश्चित रूप से एक उपलब्धि है।

मैं हमेशा कुछ ऐसी चीज की तलाश में रही हूं और इसकी ओर आकर्षित रही हूं जो चुनौतीपूर्ण हो। मैं ऐसा कुछ नहीं कर पाऊंगी, जो मुझे उत्साहित न करे। यही कारण है कि आप मुझे बैक टू बैक ओटीटी या टीवी शो करते हुए कम ही देखते हैं। मुझे कुछ ऐसा चाहिए जो मेरे दिमाग को उत्तेजित करे, जो मुझे सेट पर चुनौती दे। और मैं ऐसा करना जारी रखूंगी।39 वर्षीय अभिनेत्री ने कहा, मेरा परसेप्शन इस इंडस्ट्री में एक सुंदर लड़की की तरह था। लेकिन अब मैं एक्टिंग टैलेंट से भरपूर सुंदर लड़की के रूप में जानी जाती हूं। इसलिए, उस तरह का परसेप्शन वास्तव में अच्छे के लिए बदल गया।उन्होंने कहा, लोग अब मुझे अलग नजरिए से देखते हैं।

मुझे लगता है कि अगर लोगों के पास पांच कलाकारों के नाम होंगे तो वे मुझ पर भी विचार करेंगे, वक्त बदल गया है। मुझे खुशी है कि मुझे अपनी प्रतिभा साबित करने का मौका मिला है। स्कूप जिग्ना वोरा के बायोग्राफिकल बिहाइंड बार्स इन बाइकुला: माई डेज इन प्रिजन पर आधारित है। यह जिग्ना वोरा की वास्तविक जीवन की कहानी है, जिन पर जून 2011 में मिड-डे रिपोर्टर ज्योतिर्मय डे की हत्या में शामिल होने का आरोप था।यह शो नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रहा है।

**************************

 

श्वेता तिवारी पर चढ़ा बोल्डनेस का रंग, इतने सिजलिंग अंदाज में आईं नजर

20.10.2023 (एजेंसी)  –  श्वेता तिवारी के चाहने वाले आज देशभर में मौजूद हैं. फैंस उनकी एक झलक के लिए बेताब रहते हैं. एक्ट्रेस भी अपने चाहने वालों के साथ जुडऩे का एक मौका हाथ से नहीं जाने देतीं. श्वेता ने अपनी अदाकारी के दम पर तो हर किसी को दीवाना बनाया ही है, लेकिन आज लोग उनकी ग्लैमरस अदाओं पर भी फिदा रहते हैं.

ऐसे में श्वेता का हर लुक तेजी से वायरल होने लगता है. अब फिर से एक्ट्रेस ने हुस्न की बिजलियां गिराई हैं.लेटेस्ट फोटोशूट के लिए श्वेता ने हैवी सीक्वेंस और फेदर वाली सिल्वर बॉडीकॉन ड्रेस कैरी की है. अपने इस लुक को स्मोकी मेकअप से कंप्लीट किया है.उन्होंने सटल बेस के साथ न्यूड लिप्स और स्मोकी आई मेकअप से कंप्लीट किया है. इसके साथ उन्होंने अपने बालों को सॉफ्ट कर्ल्स के साथ ओपन रखा हुआ है.श्वेता इस लुक में बेहद हॉट दिख रही हैं. उन्होंने अपनी अलग-अलग अदाएं दिखाते हुए कैमरे के सामने किलर पोज दिए हैं.

उनकी इन अदाओं को देखकर अंदाजा भी नहीं लगाया जा सकता कि एक्ट्रेस 43 साल की हो चुकी है और दो बच्चों की मां हैं. श्वेता की 22 साल की बेटी पलक तिवारी बॉलीवुड में भी डेब्यू कर चुकी हैं.श्वेता के वर्क फ्रंट की बात करें तो इस समय वह रोहित शेट्टी की कॉप यूनिवर्स में वेब सीरीज इंडियन पुलिस फोर्स में नजर आने वाली हैं. इसके अलावा वह हम तुम और दैम वेब सीरीज में भी नजर आने वाली हैं.

******************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

मेष राशि वालों आज आपका दिन अच्छा रहेगा। आप अपने कार्यक्षेत्र में बेहतर ढंग से काम करने की कोशिश करेंगे। मेहनत से किये गये काम में आपको सफलता मिलेगी। इस राशि के स्टूडेंट्स को कॉलेज में नये प्रोजेक्ट पर काम करने का मौका मिलेगा। लम्बें समय से रूके हुए सरकारी कामों का आज निपटारा हो जायेगा। आज के दिन आप ऐसे काम करें जिनसे आपको ख़ुशी मिले, लेकिन दूसरों के मामलों में दख़ल अंदाज़ी करने से भी बचें तो और भी अच्छा रहेगा । आज आप अपनी जिम्मेदारियों को अच्छे से निभायेंगे ।परिवार के साथ माता दुर्गा की पूजा करें, जीवन में खुशियाँ बनी रहेंगी ।

लकी रंग – हरा

लकी अंक – 8

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी , वु , वे, वो

वृष राशि वालों आज आपका दिन फेवरेबल रहेगा। बच्चे आपको कोई शुभ समाचार देंगे, जिससे परिवार के सभी सदस्य खुश होंगे। सेहत के मामले में आप खुद को स्वस्थ महसूस करेंगे। आज ख़ुद को ज़्यादा आशावादी बनने के लिए प्रेरित करें, इससे आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा और व्यवहार लचीला बनेगा। आज आपको अपनी मेहनत का फल जरूर मिलेगा। किसी रचनात्मक कार्य में आपका नाम होगा। अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए आप नये कदम उठायेंगे। आज आपकी सकारात्मक सोच कार्यों में सहयोग करेगी। मां दुर्गा को लौंग अर्पित करें, आपकी कोई इच्छा पूरी होगी।

लकी रंग – गुलाबी

लकी अंक – 6

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

मिथुन राशि वालों आज आपका दिन लाभदायक रहेगा। आप अपने खर्चे पर कंट्रोल करने की कोशिश करेंगे। आज कार्यस्थल पर आपके दोस्तों में इजाफ़ा होगा । इस राशि के स्टूडेंट्स को शिक्षकों का सपोर्ट मिलेगा। आने वाले समय में आपकी महत्वकांक्षाएं बढ़ेगी, जिसे पूरा करने के लिए आप कड़ी मेहनत करेंगे। आज हर कोई आपकी बातों से प्रभावित होगा। राजनीति से जुड़े लोगों को आज कुछ नई जिम्मेदारियां मिलेगी। आज आप धार्मिक कार्यों में रूचि लेंगे। दुर्गा चालीसा का पाठ करें, आर्थिक स्थिति बेहतर होगी।

लकी रंग – पीला

लकी अंक – 3

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो

कर्क राशि वालों आज का दिन आपके परिवार के लिए नई खुशियां लेकर आया है। आप ज्यादा समय परिवार वालों के साथ बिताएंगे। आज आपके लिए कोई फैसला करना थोडा मुश्किल होगा। सामाजिक कार्यक्रमों में सहभागिता का मौक़ा मिलेगा, जो आपको प्रभावशाली व्यक्तियों के संपर्क में लाएगा । ऑफिस में काम ज्यादा होने के कारण किसी रिश्तेदार से मिलने का प्लान कैंसिल करना पड़ेगा । किसी काम में अनुमान से ज्यादा धन लाभ होगा। आपको पैसों के लेन-देन में सावधान रहने की जरूरत है। मां दुर्गा को पान का पत्ता अर्पित करें, मनोकामनाएं पूर्ण होंगी।

लकी रंग – लाल

लकी अंक – 2

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

सिंह राशि वालों आज आपका दिन शानदार रहने वाला है। आप किसी रिश्तेदार से मिलने, उनके घर जायेंगे। राजनीति से जुड़े लोगों को आज कोई बड़ी सफलता मिलेगी। ज़्यादा चिंता न करें, हर चीज़ समय के साथ बदलती है। आज आपको किसी सामाजिक समारोह में जाने का मौका मिलेगा। लोग आपकी बातों से प्रभावित होकर आपसे जुडऩे की कोशिश करेंगे। इस राशि के इंजीनियर्स के लिए आज का दिन फायदेमंद होगा। माता के आगे माथा टेके, करोबार में बढ़ोतरी होगी ।

लकी रंग – सफेद लकी

अंक – 2

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

कन्या राशि वालों आज आपका दिन कॉन्फिडेंस से भरा रहेगा। आपको परिवार से जुड़ी कई जिम्मेदारियां निभानी पड़ेंगी, जो कि आप अच्छे से संभाल लेंगे। साथ काम करने वाले लोगों से आपको मदद मिलेगी। व्यापार को मजबूती देने के लिए आज आप कोई अहम कदम उठा सकते हैं, जिसके लिए आपका कोई करीबी आपकी आर्थिक मदद कर सकता है। अपने व्यक्तित्व को निखारने के लिए आज का दिन बढिय़ा है। साथ ही आज का दिन पहले की गयी मेहनत का फल दिलाने वाला रहेगा। आज कन्या के पैर छूकर आशीर्वाद लें, आपकी मेहनत रंग लायेगी।

लकी रंग – नारंगी

लकी अंक – 4

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते

तुला राशि वालों आज आपका दिन अच्छा रहेगा। किसी भी काम को करते समय अपना मन शांत रखें । इससे आपका काम आसानी से पूरा होगा। पैसों से जुड़े बड़े फैसले आज आपको सोच-समझकर लेने चाहिए। अपना आत्मविश्वास फिर से हासिल करने के लिए आप अपनी बात खुलकर कहें । घरवालों के साथ कहीं धार्मिक स्थल पर माता के दर्शन करने जायेंगे । कोर्ट-कचहरी के मामले में आपको किसी अनुभवी व्यक्ति से सलाह मिलेगी । छात्रों के लिये आज का दिन ठीक रहने वाला है। स्कन्द माता को फूल अर्पित करें, मेहनत के बेहतर परिणाम मिलेंगे।

लकी रंग – बैगनी

लकी अंक – 3

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

वृश्चिक राशि वालों आज आपका दिन उत्तम रहेगा। इस राशि के स्टूडेंट्स के लिए आज का दिन सफलता दिलाने वाला होगा। किसी कॉम्पिटिटिव एग्जाम से रिलेटिड शुभ समाचार मिलेगा। आज मित्रों के माध्यम से आपका ख़ास लोगों से मिलना जुलना हो सकता है, जो आगे चलकर फ़ायदेमंद साबित होगा । आज आर्थिक क्षेत्र में स्थिरता बनी रहेगी। आप दोस्तों के साथ कुछ ख़ुशी के पल बितायेंगे। किसी खास व्यक्ति के सहयोग से आपको लाभ होगा। मां दुर्गा की उपासना करें, आपके आय में बढ़ोतरी होगी।

लकी रंग – हरा

लकी अंक – 5

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

धनु राशि वालों आज आपका दिन बेहतरीन रहेगा। व्यापार में आज आपको उम्मीद से अधिक फायदा होगा। घर के किसी काम को पूरा करने में बड़े-बुजुर्ग की राय आपके लिए कारगर साबित होगी। आज ज़रूरत के वक़्त आपको दोस्तों का सहयोग मिलेगा । आज जरूरी काम में मन लगाएँ और जज़्बाती बातों से बचें। नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को आज किसी बड़ी कंपनी से कॉल आयेगी। महिलाएँ अगर कोई घरेलू उद्योग शुरु करना चाहती हैं, तो आज का दिन अच्छा रहेगा। माता के सामने घी का दीपक जलाएं, जीवनमें दूसरे लोगों का सहयोग मिलता रहेगा।

लकी रंग – भूरा

लकी अंक – 9

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

मकर राशि वालों आज आपका दिन ठीक-ठाक रहेगा। आज आप अपने व्यवहार को निखारने की कोशिश करेंगे, इससे लोगों के बीच आपका सम्मान बढेगा। आपके कुछ कामों में अधिक समय लगेगा, जिससे आपको ऑफिस में देर तक रुकना पड़ेगा। इस राशि वाले छात्रों को आज पढ़ाई पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। इस राशि के अकाउंटेंट के लिए आज का दिन व्यस्तता भरा रहेगा। पारिवारिक रिश्तों में अपनापन आएगा । जीवनसाथी आज आपको खुश होने की वजह देंगे। दुर्गा स्त्रोत का पाठ करें, स्वास्थ्य अच्छा बना रहेगा ।

लकी रंग – पीच

लकी अंक – 1

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

कुम्भ राशि वालों आज आपका दिन खुशियों से भरा रहेगा। आप लोगों को अपनी योजनाओं से सहमत कर लेंगे। आज आपके पारिवारिक रिश्तें में मधुरता बढ़ेगी। सभी लोग हंसी-ख़ुशी रहेंगे। ऑफिस में सीनियर्स आपके काम को देखकर खुश होंगे। लवमेट के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। आज अपने अंदर की कमी को पहचानकर दूर करने की कोशिश करेंगे। माता-पिता आपको कोई गिफ्ट देंगे, इससे पूरे दिन आपके चेहरे पर प्रसन्नता बनी रहेगी। तकनीकी क्षेत्र के स्टूडेंट्स के लिए आज का दिन फेवरेबल है। स्कन्दमाता को मिठे का भोग लगायें, जीवनसाथी का साथ मिलता रहेगा।

लकी रंग – काला

लकी अंक – 9

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

मीन राशि वालों आज आपका दिन कई मायनों में उमंग से भरा रहेगा। आज आपका दिन घूमने-फिरने में अधिक बीतेगा। परिवार वाले आज आपको अच्छी राय देंगे। आपके अच्छे व्यक्तित्व से प्रभावित होकर लोग आपसे जुड़ेंगे । आज आपके व्यापार में उम्मीद से अधिक धन लाभ होगा। अगर आज जॉब चेंज करना चाहते है तो सोच-समझ कर ही करें। आज शाम तक कोई शुभ समाचार मिलने से घर में खुशियों का माहौल बनेगा। लवमेट के रिश्तें में और मधुरता बढ़ेगी। माता को लाल चुनरी चढ़ाए, रुके हुए पैसे वापस मिलेंगे ।

लकी रंग – मैजेंटा

लकी अंक – 7

*******************************

 

‘महायोगी’ का ट्रेलर और म्यूजिक लॉन्च

20.10.2023  –  त्रिलोक फिल्म्स के बैनर तले निर्मित निर्देशक व अभिनेता राजन लूथरा की संदेशपरक फिल्म ‘महायोगी’ का ट्रेलर और म्यूजिक पिछले दिनों अंधेरी (पश्चिम) मुम्बई स्थित स्टार प्रीव्यू थियेटर में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान लॉन्च किया गया। ‘महायोगी – हाईवे 1 टू वननेस’ की कहानी एक ऐसे व्यक्ति की है जो सभी धर्मों और सभी जीवित प्राणियों की अच्छाई में विश्वास करता है और ‘एक ईश्वर’ में दृढ़ विश्वास रखता है।

ईश्वर के बुलावे से उसे एहसास होता है कि विश्व की वर्तमान आवश्यकता एकता, शांति और प्रेम है। दिल्ली में जन्मे राजन लूथरा अमेरिका में रहते हैं। वह अपने परोपकारी स्वभाव के कारण समाजसेवा में हमेशा तत्पर रहते हैं। एक सफल उद्यमी होने के बावजूद, श्री लूथरा का सच्चा जुनून उनके गैर-लाभकारी, हेल्प फाउंडेशन ग्रुप में निहित है, जिसके वे संस्थापक और अध्यक्ष हैं। यह 2014 से भारत में पंजीकृत है। बकौल राजन लूथरा ‘महायोगी’ को तीन भागों में बनाया गया है।

आज दुनिया में युद्ध को विराम देकर शांति स्थापित करने की आवश्यकता है। ईश्वर ने हमें प्रेम बांटने के लिए भेजा है न कि लड़ने झगड़ने के लिए। परस्पर एकता की अवधारणा धार्मिक सीमाओं से परे होना चाहिए। सभी समस्याओं के समाधान के लिए हम सभी को एकमत होना होगा। यह फिल्म लोगों की दृष्टिकोण में बड़ा बदलाव लाने में मदद करेगा।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय  

******************************

 

डेंगू का इलाज नहीं कर पा रही है प्रदेश सरकार- अखिलेश यादव

लखनऊ 19 अक्टूबर (एजेंसी)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में डेंगू बुखार को लेकर हाहाकार मचा है। प्रदेश में हजारों लोग डेंगू बुखार से पीडि़त हैं। अस्पतालों में बेड, दवाएं और जांच, डॉक्टर, नर्स के अभाव में मरीजों को इलाज नहीं मिल पा रहा है। भाजपा सरकार में लापरवाही और अराजकता चरम पर है। जनता बेबस है। वन ट्रिलियन इकोनॉमी बनाने के सपने दिखाने वाली प्रदेश की भाजपा सरकार बुखार का भी इलाज नहीं कर पा रही है।

प्रदेश में डेंगू बुखार से पीडि़त लोगों की मौते हो रही है। भाजपा सरकार ने अपने पूरे कार्यकाल में अब तक एक भी जिला अस्पताल नहीं बनाया है। न पीएचसी और सीएचसी बनाएं। आज जो भी अस्पताल है वे समाजवादी सरकार के बनाए हुए है। उन्हीं अस्पतालों में थोड़ा-बहुत इलाज चल रहा है। डेंगू और अन्य बुखार को लेकर राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश के अस्पतालों में मरीजों की भरमार है।

हर दिन सैकड़ों मरीजों को लौटाया जा रहा है। बड़ी संख्या में मरीज प्राइवेट अस्पतालों में इलाज कराने को मजबूर है। एक बेड पर दो-दो मरीज लिटाए जा रहे है। भाजपा सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए बुखार के मरीजों के आंकड़ें छिपा रही हैं। जांच के नाम पर पैथालॉजी में बड़े पैमाने पर खेल चल रहा है। मरीज और तीमारदारों से लूट हो रही है। गरीब जनता बुखार और अन्य बीमारियों से लाचार होकर लूट और शोषण का शिकार हो रही है।

गरीब जनता इलाज और जांच के लिए दर-दर भटक रही है लेकिन सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। पूरी सरकार में अकर्मण्यता और लापरवाही की हद हो गयी है। सभी को पता है कि बरसात के मौसम के बाद वायरल बुखार डेंगू, मलेरिया, चिकन गुनिया जैसी बीमारियां फैलती है। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग की कोई तैयारी नहीं थी।

****************************

 

मैं सीएम पद छोड़ना चाहता हूं, लेकिन यह मुझे नहीं छोड़ रहा: अशोक गहलोत

नई दिल्ली 19 Oct, (एजेंसी)-राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार को कहा कि वह भूलो और माफ करो के सिद्धांत का पालन करते हैं, और इसलिए राज्य का शीर्ष पद छोड़ना चाहते हैं, लेकिन यह उन्हें नहीं छोड़ रहा है। गहलोत की टिप्पणी विधानसभा चुनाव से पहले उनके पूर्व डिप्टी सचिन पायलट के साथ सत्ता संघर्ष की पृष्ठभूमि में आई है। यहां पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, गहलोत ने कहा, “मैं मुख्यमंत्री पद छोड़ना चाहता हूं, लेकिन यह मुझे नहीं छोड़ रहा है; और शायद भविष्य में भी मुझे नहीं छोड़ेगा।”

उनसे पूछा गया था कि क्या वह मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हैं। कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि उनमें कुछ तो बात होगी कि पार्टी आलाकमान ने उन्हें तीन बार राज्य का नेतृत्व करने के लिए चुना।

उन्‍होंने कहा, “जब सोनिया गांधी पहली बार पार्टी प्रमुख बनीं तो उन्होंने मुझे मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के लिए चुना। उन्होंने मेरे प्रदर्शन को देखकर मुझे चुना। मैं मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार नहीं था, लेकिन उन्होंने मुझे मुख्यमंत्री के रूप में चुना। जब मैं चुनाव हार गया तब भी मुझे मुख्यमंत्री का कार्यभार सौंपा गया। और फिर जब हम 2013 में हारने के बाद 2018 में जीते, तो मुझे मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में चुना गया।”

उन्होंने कहा, ”मैं मुख्यमंत्री पद छोड़ना चाहता हूं लेकिन यह पद मुझे नहीं छोड़ रहा है और यह मुझे नहीं छोड़ेगा।”

पायलट के साथ उनके मतभेदों के बारे में पूछे जाने पर, गहलोत ने कहा कि वे एकजुट हैं। “मैंने कहा है कि हम एकजुट हैं। जब लोग उनके साथ चले गए (2020 में सचिन पायलट के साथ) और फिर भी उन्‍हें टिकट मिल रहे हैं, इससे बड़ा उदाहरण मैं क्या दे सकता हूं। मैंने एक भी टिकट का विरोध नहीं किया है। आप समझ सकते हैं कि हमारे मन में सभी के लिए कितना प्यार है।”

गहलोत ने यह भी कहा कि आगे चलकर नेतृत्व जो भी फैसला लेगा, वह सभी को स्वीकार्य होगा। गहलोत ने कहा, ”टिकटों के लिए केवल एक ही मानदंड है और वह है कांग्रेस उम्मीदवारों के चयन के लिए जीतने की क्षमता।” गहलोत की सरकार को 2020 में पायलट और उनके वफादार विधायकों के नेतृत्व में विद्रोह का सामना करना पड़ा था, जिससे कांग्रेस सरकार गिरने की कगार पर पहुंच गई थी।

पायलट और उनके वफादारों ने जयपुर के बाहरी इलाके में एक होटल और फिर जैसलमेर के एक होटल में एक साथ डेरा डाला था। गहलोत ने कहा कि उन्होंने ‘माफ करो और भूल जाओ’ की नीति अपनाई है और आगे बढ़े हैं।

यह पूछे जाने पर कि क्या पार्टी के टिकट देने पर पार्टी के भीतर कोई मतभेद है, उन्होंने कहा कि कोई मतभेद नहीं है और सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं। गहलोत ने राजस्थान विधानसभा चुनाव से पहले केंद्र में सत्‍तारूढ़ भाजपा के विपक्षी नेताओं के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और आयकर (आई-टी) की छापेमारी का भी कड़ा विरोध किया। उन्होंने आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण केंद्रीय एजेंसियों को रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप की मांग की।

200 सदस्यीय विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 25 नवंबर को पुनर्निर्धारित किया गया है और वोटों की गिनती 3 दिसंबर को की जाएगी।

****************************

 

छत्तीसगढ़ चुनाव के लिए BJP ने जारी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट, PM मोदी-शाह सहित 40 नेताओं के हैं नाम

नई दिल्ली 19 Oct, (एजेंसी): भाजपा ने छत्तीसगढ़ में पहले चरण के तहत मतदान वाले विधान सभा सीटों पर चुनाव प्रचार के लिए अपने 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, ओम माथुर, स्मृति ईरानी, अर्जुन मुंडा, अनुराग ठाकुर, ज्योतिरादित्य सिंधिया और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह और प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव को भाजपा ने स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल किया है।

पार्टी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, धर्मेंद्र प्रधान, मनसुख मंडाविया, वीरेंद्र कुमार खटीक, रामेश्वर तेली, बाबूलाल मरांडी, रविशंकर प्रसाद, सरोज पांडेय, बी.संजय कुमार, अजय जामवाल, नितिन नवीन, मनोज तिवारी, नित्यानंद राय, बृजमोहन अग्रवाल और रवि किशन सहित 40 नेताओं को पहले चरण के चुनाव के लिए अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल किया है।

आपको बता दें कि, छत्तीसगढ़ में पहले चरण के तहत राज्य की 20 विधान सभा सीटों पर 7 नवंबर को वोटिंग होनी है। दूसरे चरण में 17 नवंबर को बाकी बची 70 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। मतगणना 3 दिसंबर को होगी।

************************************

 

वैगई बांध से पानी छोड़ने पर तमिलनाडु के अधिकारी आज किसानों से करेंगे चर्चा

चेन्नई 19 Oct, (एजेंसी): तमिलनाडु लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) वैगई बांध से पानी छोड़े जाने के संबंध में अधिकारियों और किसानों के साथ बैठक करेगा। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। कुछ दिनों में छिटपुट बारिश के कारण वैगई बांध में जल स्तर में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है और किसानों ने अधिकारियों से जल्द से जल्द बांध के दरवाजे खोलने का आग्रह किया है।

कुरुवई धान का मौसम समाप्त होने वाला है और सांबा की खेती शुरू होने वाली है, लोक निर्माण विभाग किसानों और विभाग के अधिकारियों सहित हितधारकों के साथ एक बैठक आयोजित करेगा।

पानी की कमी के कारण मदुरै जिले के कई किसान कुरुवई धान की खेती करने से चूक गए हैं। सांबा सीजन शुरू होने के बाद भी किसान पानी की कमी के कारण बीज बोने का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि पिछले कई दिनों में हुई भारी बारिश से वैगई नदी और नदी से जुड़े जलाशय में जल स्तर बढ़ गया है। पानी छोड़ने पर चर्चा के लिए गुरुवार को विशेष बैठक हो रही है, क्योंकि पूर्वोत्तर मानसून भी तमिलनाडु में दस्तक दे चुका है।

एक किसान आर.के.गणपति ने कहा कि अब वैगई नदी में जल स्तर बढ़ गया है और इसलिए किसान सांबा धान की खेती शुरू करने की उम्मीद कर रहे हैं, जबकि जलाशयों में पानी की कमी के कारण पहले ही एक महीना लेट हो चुका है।

**************************

 

कांग्रेस सीईसी की मैराथन बैठक के बाद, कमलनाथ ने उम्मीदवारों पर चर्चा के लिए खड़गे से की मुलाकात

नई दिल्ली 19 Oct, (एजेंसी): कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) द्वारा दो दौर में पांच घंटे से अधिक समय तक विचार-विमर्श करने के एक दिन बाद, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य इकाई के प्रमुख कमल नाथ ने उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप देने के लिए पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कमलनाथ यहां 10 राजाजी मार्ग स्थित खड़गे के आवास पर पहुंचे। सूत्र ने कहा कि दोनों नेता 17 नवंबर को होने वाले चुनाव के लिए पार्टी की दूसरी सूची तय करने पर विचार-विमर्श कर रहे हैं। दोनों नेताओं की यह मुलाकात राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने के लिए खड़गे द्वारा दो दौर में सीईसी की बैठक की अध्यक्षता करने के एक दिन बाद हुई है।

सूत्र ने बताया कि बुधवार को दो दौर की बैठक में ज्यादातर सीटों पर चर्चा हुई, हालांकि कुछ और नामों पर चर्चा बाकी रह गई।

कांग्रेस ने रविवार को 230 सदस्यीय विधानसभा के लिए 144 उम्मीदवारों के नाम पहले ही घोषित कर दिए हैं, इसमें छिंदवाड़ा विधानसभा सीट से कमल नाथ, राघौगढ़ विधानसभा सीट से पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह के नाम शामिल हैं।

कांग्रेस ने आनंद सागर के 2008 के टीवी शो रामायण में भगवान हनुमान की भूमिका निभाने वाले अभिनेता विक्रम मस्तल को बुधनी सीट से सीएम चौहान के खिलाफ मैदान में उतारा है, जबकि संजय शुक्ला इंदौर 1 से भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे।

विपक्ष के नेता (एलओपी) गोविंद सिंह को लहार विधानसभा सीट से और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह (राहुल) को सीधी जिले के चुरहट से मैदान में उतारा गया है। कांग्रेस ने दतिया सीट से राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के खिलाफ अवधेश नायक को मैदान में उतारा है।

कांग्रेस ने धार विधानसभा क्षेत्र से राज्य के कृषि मंत्री कमल पटेल के खिलाफ पार्टी के वरिष्ठ नेता रामकिशोर डांगे को मैदान में उतारा है। पूर्व मंत्री जीतू पटवारी को इंदौर जिले की राऊ सीट से टिकट दिया गया है, जबकि पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया के बेटे विक्रांत भूरिया को झाबुआ सीट से मैदान में उतारा है.

पहली सूची में 144 उम्मीदवारों में से कांग्रेस ने 47 सामान्य उम्मीदवार और 39 ओबीसी उम्मीदवार उतारे हैं।

***************************

 

यथार्थ ग्रुप के हॉस्पिटल्स पर IT रेड, कई ठिकानों पर इनकम टैक्स अधिकारियों की छापेमारी जारी

नोएडा 19 oct, (एजेंसी): टैक्स की हेरा-फेरी के मामले में शिकायत के बाद नोएडा के यर्थाथ ग्रुप पर इनकम टैक्स के अधिकारियों ने रेड डाली है। उनको लगातार टैक्स में हेर-फेर और अनएकाउंटेंड ट्रांजेक्शन की शिकायत मिल रही थी। रेड दिल्ली यूनिट की टीम कर रही है।

उत्तर प्रदेश के नोएडा में गुरुवार सुबह साढ़े सात बजे यर्थाथ ग्रुप के नोएडा, ग्रेटर नोएडा के अलावा कई अन्य ठिकानों पर एक साथ रेड शुरू की गई। इसमें नोएडा यूनिट की भी मदद ली जा रही है। रेड लंबी चलने की उम्मीद है।

बता दें कि नोएडा का ये दूसरा सबसे बड़ा अस्पताल का ग्रुप है। इससे पहले मेट्रो और नियो अस्पताल पर भी इनकम टैक्स की रेड हो चुकी है। नोएडा में सेक्टर-110 के अलावा ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट में यर्थाथ अस्पताल है। इसके अलावा इनके रीजनल ऑफिस और एडमिन से जुड़े लोगों के यहां भी रेड की जा रही है।

दस्तावेजों और इनपुट के आधार पर सवाल जवाब किए जा रहे हैं। अस्पताल की इनडोर और आउटडोर ओपीडी में मरीजों को कोई परेशानी नहीं है। बता दें दिल्ली यूनिट की कई टीम इस रेड को कंडक्ट कर रही है। रेड दो से तीन दिन तक भी चल सकती है।

*************************

 

तेलंगाना में चुनाव से पहले मिला 750 करोड़ रुपए कैश से भरा ट्रक, सच्चाई सामने आने पर छोड़ना पड़ा

हैदराबाद 19 Oct, (एजेंसी): तेलंगाना में विधानसभा चुनाव की तारीख तय होने के बाद चुनाव आयोग के साथ-साथ राज्य की पुलिस ने भी चौकसी बढ़ा दी है। इसी कड़ी में मंगलवार को गडवाल में एनएच पर तैनात पुलिसकर्मियों को रात साढ़े दस बजे एक ट्रक दिखा, जिसे रोककर चेक किया तो हर कोई हैरान रह गया। दरअसल, इस ट्रक में पुलिस को 750 करोड़ रुपये नकदी मिली।

गडवाल से गुजरने वाला राजमार्ग जो आम तौर पर तस्करों के लिए एक बड़ा माध्यम माना जाता है। हालांकि, कुछ घंटों के सस्पेंस के बाद, यह बिना किसी शोर-शराबे का मामला थम गया। सच्चाई सामने आने के बाद पुलिस को ट्रक को छोड़ना पड़ा।

दरअसल, राज्य में चुनाव ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी कोई कोताही नहीं बरतना चाहते हैं। यही वजह है कि गड़बड़ी की आशंका के चलते मंगलवार रात को पुलिस की टीम ने एक ट्रक को राजमार्ग पर रोक दिया। मामले की जानकारी देते हुए तेलंगाना पुलिस के नोडल अधिकारी संजय कुमार जैन ने कहा, चेकिंग के दौरान ट्रक से 750 करोड़ रुपए की नकदी बरामद हुई। मामले में ऐक्शन लेने के लिए चुनाव अधिकारियों को गद्वाल पुलिस की सहायता लेनी पड़ी।

कुछ घंटों के सस्पेंस के बाद यह मामला बिना किसी हलचल के शांत हो गया क्योंकि पता लगा कि नकदी यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का था, जिसे केरल से हैदराबाद ले जाया जा रहा था। बैंक अधिकारियों से पुष्टि के बाद ट्रक को आगे की यात्रा के लिए छोड़ दिया गया।

*****************************

 

चंद्रबाबू नायडू की न्यायिक हिरासत 1 नवंबर तक बढ़ी

विजयवाड़ा 19 Oct, (एजेंसी): विजयवाड़ा एसीबी कोर्ट ने गुरुवार को कथित कौशल विकास निगम घोटाले में पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की न्यायिक हिरासत 1 नवंबर तक बढ़ा दी।

नायडू को राजमुंड्री सेंट्रल जेल से वर्चुअली कोर्ट में पेश किया गया। जज ने हिरासत दो सप्ताह के लिए बढ़ा दी।

नायडू ने जज से कहा कि उन्हें जेल में अपनी सुरक्षा को लेकर आशंका है। जज ने उनसे यह बात लिखित में देने को कहा।

जज ने जेल अधिकारियों को नायडू द्वारा लिखे जाने वाले पत्र को अदालत के सामने रखने का निर्देश दिया।

तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) अध्यक्ष ने न्यायाधीश को अपने सामने आ रही स्वास्थ्य समस्याओं से भी अवगत कराया।

जज ने जेल अधिकारियों को चंद्रबाबू नायडू की मेडिकल रिपोर्ट जमा करने का भी निर्देश दिया। अदालत ने जेल अधिकारियों से उनकी स्वास्थ्य स्थिति और उनके इलाज के लिए उठाए जा रहे कदमों के बारे में जानकारी ली।

सीआईडी ने नायडू को मुख्यमंत्री रहते हुए हुए कथित घोटाले में 9 सितंबर को गिरफ्तार किया था। अगले दिन विजयवाड़ा एसीबी कोर्ट ने उन्हें 22 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। बाद में उन्हें जेल भेज दिया गया।

यह मामला आंध्र प्रदेश राज्य में उत्कृष्टता केंद्रों (सीओई) के समूहों की स्थापना से संबंधित है, जिसकी कुल अनुमानित परियोजना लागत 3300 करोड़ रुपये थी, जब नायडू मुख्यमंत्री थे।

सीआईडी ने दावा किया है कि कथित धोखाधड़ी से राज्य सरकार को 371 करोड़ रुपये का भारी नुकसान हुआ है।

******************************

 

गुजरात में उपद्रवियों ने ट्रेन पर किया पथराव, कोच की खिड़की टूटी, यात्रियों में हड़कंप

नवसारी 19 Oct, (एजेंसी): गुजरात के नवसारी जिले में बांद्रा-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस पर उपद्रवियों के पथराव के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गुरुवार को जांच के आदेश दिए। 18 अक्टूबर की रात हुई इस घटना में एक कोच की खिड़की टूट गई। हालांकि, किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के दौरान यात्रियों में हड़कंप मच गया।

एक अधिकारी ने बताया कि रेलवे अधिनियम की धारा 154 के अनुरूप अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एक आधिकारिक शिकायत दर्ज की गई है। यह घटना मरोली रेलवे स्टेशन के पास हुई, जो नवसारी और सूरत जिलों की सीमा में स्थित है। घटना में बी3 कोच की खिड़की का शीशा, विशेष रूप से सीटों 41 और 42 के बगल का, टूट गया, लेकिन उक्त सीटों पर बैठे यात्री सुरक्षित बच गए। मामले की अभी जांच चल रही है।

**************************

 

नड्डा का अजमेर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया

अजमेर 19 Oct, (एजेंसी) :  राजस्थान में अजमेर के किशनगढ़ हवाईअड्डे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा का भव्य स्वागत किया गया। अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने उनकी अगवानी की।

राजस्थान दौरे पर आज आये नड्डा कोटा दौरे के बाद अजमेर संभागीय पदाधिकारियों की बैठक लेने पहुंचे। श्री नड्डा का पूर्व सांसद ओंकारसिंह लखावत , सी.आर चौधरी , पूर्व मंत्री अजयसिंह किलक , पूर्व मंत्री वासुदेव देवनानी सहित कई नेताओं ने स्वागत किया।

नड्डा का काफिला किशनगढ़ हवाईअड्डे से मार्बल एसोसिएशन सभागार पहुंचा , जहां पर भी संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उनकी अगवानी की। यहां श्री नड्डा के सानिध्य में अजमेर संभाग के भीलवाड़ा, नागौर, टोंक व अजमेर जिलों की बैठक शुरू हुई।

पहले ये बैठक दो सत्रों में दो-दो जिलों की होनी थी लेकिन आखिरी वक्त पर बैठक आयोजन में बदलाव करते हुए चारों जिलों की एक साथ बैठक आयोजित की गई।

उल्लेखनीय है कि किशनगढ़ के घोषित प्रत्याशी भागीरथ चौधरी के खिलाफ युवा नेता विकास चौधरी ने मोर्चा खोल रखा है। ऐसे ही उदाहरण अजमेर संभाग की अन्य विधानसभा क्षेत्रों में देखने को मिल रहे है।

****************************

 

शरद ने इजरायल मसले पर मोदी को लेकर गैर जिम्मेदाराना बयान दिया : गडकरी

नई दिल्ली 19 Oct, (एजेंसी) : केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इजरायल में आतंकवादी हमले की स्पष्ट रूप से प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से निंदा करने पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता शरद पवार के बयान को गैर जिम्मेदाराना करार दिया।

गडकरी ने एक्स पर लिखा, ‘मैं श्री शरद पवार जी द्वारा दिए गए गैर-जिम्मेदाराना बयान की कड़ी निंदा करता हूं, जिसमें उन्होंने इजरायल में हाल ही में हुए आतंकवादी हमले की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की स्पष्ट निंदा पर सवाल उठाया है। भारत घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सभी प्रकार के आतंकवाद के खिलाफ लगातार खड़ा रहा है। इजरायल में आतंकवादी हमले की श्री मोदी जी की कड़ी निंदा वैश्विक शांति और सुरक्षा के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतिबिंब है।’

गडकरी ने कहा, ‘शरद पवार जी जैसे वरिष्ठ राजनेताओं के लिए यह समझना जरूरी है कि राष्ट्र के हित और राष्ट्रीय सुरक्षा को कभी भी राजनीतिक विचारों से प्रभावित नहीं किया जाना चाहिए। राष्ट्रीय सुरक्षा एक सर्वोपरि चिंता है, और जब हमारे राष्ट्र की भलाई की रक्षा की बात आती है तो एकता तथा सर्वसम्मति होनी चाहिए।’

*******************

 

सोनिया, राहुल ने राजस्थान चुनाव के लिए ‘बागी’ मंत्री धारीवाल की उम्मीदवारी खारिज की

नई दिल्ली 19 Oct, (एजेंसी): कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व पार्टी प्रमुख राहुल गांधी पिछले साल 25 सितंबर की घटना को नहीं भूले हैं, जब राजस्थान में पार्टी विधायकों के एक गुट की बगावत के कारण पार्टी के पर्यवेक्षकों को कांग्रेस विधायक दल की बैठक किए बिना राष्ट्रीय राजधानी लौटना पड़ा था। पार्टी सूत्रों के मुताबिक,सुबह जब कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में हुई, तो गांधी परिवार के साथ-साथ राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। सूत्र ने बताया कि जैसे ही शांति धारीवाल का नाम चर्चा में आया, सोनिया गांधी ने तीखी प्रतिक्रिया जताते हुए पूछा कि उनका नाम सूची में कैसे है।

सूत्र ने कहा कि जैसा कि गहलोत ने सोनिया गांधी को यह बताना चाहा कि धारीवाल साफ छवि वाले पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं, राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री की बात टाल दी और कहा कि उन्हें भारत जोड़ो यात्रा के राजस्थान चरण के दौरान धारीवाल के खिलाफ कई शिकायतें मिली हैं। सूत्र ने दावा किया कि इसके बाद उन्होंने स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष गौरव गोगोई से भी पूछा कि क्या उन्हें धारीवाल और उनके परिवार के सदस्यों के अलावा कोई नाम नहीं मिला है। गोगोई ने जवाब दिया, “आप ठीक कह रहे हैं।” सूत्र ने बताया कि धारीवाल के खिलाफ पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व की कड़ी आपत्ति के बाद कमरे में पूरी तरह सन्नाटा छा गया। पिछले साल 25 सितंबर को धालीवाल ने पार्टी आलाकमान के खिलाफ विद्रोह का नेतृत्व किया था।

सोनिया गांधी, जो उस समय पार्टी की अंतरिम प्रमुख थीं, ने खड़गे और अजय माकन को पर्यवेक्षकों के रूप में राजस्थान में कांग्रेस विधायकों की बैठक आयोजित करने के लिए भेजा था, इन खबरों के बीच कि गहलोत को उनके पद से हटाकर पार्टी प्रमुख बनाया जा सकता है। हालांकि, पार्टी विधायकों की बैठक नहीं हो पाने के बाद पर्यवेक्षक दिल्ली लौट गए। बैठक से पहले, गहलोत के करीबी माने जाने वाले विधायकों ने धारीवाल के नेतृत्व में मुलाकात की, जिसे गहलोत के वफादार को उनके उत्तराधिकारी के रूप में चुनने के लिए आलाकमान को एक संदेश के रूप में देखा गया। धारीवाल के आवास पर समानांतर बैठक से खड़गे और माकन को भारी शर्मिंदगी उठानी पड़ी थी और वरिष्ठ नेतृत्व के लिए चुनौती खड़ी हो गई थी।

कांग्रेस ने विधायकों की समानांतर बैठक आयोजित करने में अग्रणी भूमिका निभाने वाले राज्य के तीन कांग्रेस नेताओं धारीवाल, विधानसभा में मुख्य सचेतक महेश जोशी और राज्य पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया था। सूत्र ने कहा, स्क्रीनिंग कमेटी ने राठौड़ और जोशी का नाम भी हटा दिया। हालांकि, धारीवाल का नाम बुधवार को सीईसी के पास पहुंचा, जब इसे गांधी परिवार की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया का सामना करना पड़ा। सूत्र ने आगे कहा कि कम से कम 50 से 55 मौजूदा विधायकों के नामों को अंतिम रूप दे दिया गया है। 200 सदस्यीय राजस्थान विधानसभा के लिए मतदान 25 नवंबर को होना है और वोटों की गिनती 3 दिसंबर को होगी। कांग्रेस राजस्थान में लगातार दूसरे कार्यकाल पर नजर गड़ाए हुए है और उसने रेगिस्तानी राज्य में कई जन-समर्थक योजनाएं शुरू की हैं।

****************************

 

बिजनौर में बाघ के हमले से वनकर्मी की मौत

बिजनौर 19 Oct, (एजेंसी): यूपी के बिजनौर जिले में बाघ के हमले से वन विभाग के एक कर्मचारी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह अपने सहकर्मियों के साथ कार्बेट टाइगर रिजर्व के कालागढ़ रेंज अंतर्गत एक वन क्षेत्र में गश्त पर गया था। मृतक की पहचान बिजनौर के धारा गांव निवासी पवन कुमार के रूप में हुई है।

पवन जब अपने सहकर्मियों के साथ कार्बेट टाइगर रिजर्व के कालागढ़ रेंज अंतर्गत सैंडिल बांध के पास गश्त कर रहा था, तभी बाघ ने उस पर हमला कर दिया। उसे घसीटकर वन क्षेत्र में ले जाने की कोशिश की, लेकिन युवक की चीख-पुकार से सहकर्मी सतर्क हो गए और वे उसे बचाने के लिए दौड़ पड़े। शोर सुनकर बाघ युवक को छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला।

घायल पवन उपचार के लिए नजदीक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। कार्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक धीरज पांडे ने घटनास्थल का दौरा किया और बताया कि टाइगर के हमले से वन विभाग के एक कर्मचारी मौत हो गई। साथ मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा, ”हम भविष्य में किसी भी मानव हताहत को रोकने के लिए कदम उठा रहे। वन विभाग को ट्रैप कैमरा लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। साथ ही, स्थानीय लोगों को भी वन क्षेत्र के पास नहीं जाने की सलाह दी।”

***************************

 

आतंकियों पर शिकंजाः जम्मू-कश्मीर सीआईके ने कई स्थानों पर छापेमारी की

श्रीनगर 19 Oct, (एजेंसी): जम्मू-कश्मीर सीआईडी की काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (सीआईके) विंग ने गुरुवार को आतंकवाद से जुड़े अपराध मामले में कश्मीर में कई जगहों पर छापेमारी की। आतंकवाद से संबंधित अपराध मामले की जांच के हिस्से के रूप में ये छापेमारी की गई।

“सीआईके अन्य सुरक्षा एजेंसियों की सहायता से, आतंकवादी नेटवर्क को खत्म करने और कश्मीर में शांति और स्थिरता के लिए किसी भी संभावित खतरे को विफल करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा है।

“सीआईके की कार्रवाई निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा बलों के निरंतर समर्पण को उजागर करती हैं। सूत्रों ने कहा, “गुरुवार की छापेमारी के संबंध में अधिक जानकारी और अपडेट बाद में उपलब्ध कराए जाएंगे।”

*****************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version