राजस्थान चुनाव : गहलोत ने की पायलट की वोट अपील साझा, कहा सब ठीक है

नई दिल्ली 24 Nov, (एजेंसी):राजस्थान विधानसभा के लिए मतदान के लिए एक दिन शेष रहने पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को सचिन पायलट की वोट की अपील साझा की और कहा कि पार्टी में सब ठीक है। 200 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव प्रचार गुरुवार शाम को थम गया।

मुख्यमंत्री ने अपने एक्स हैंडल पर पायलट का वीडियो पोस्ट किया, जहां पूर्व राज्य इकाई प्रमुख राज्य में मतदाताओं से कांग्रेस को चुनने और हर पांच साल के बाद वैकल्पिक पार्टी सरकारों की परंपरा को बदलने का आग्रह कर रहे हैं और राज्य के कार्यों पर भी प्रकाश डाल रहे हैं। पायलट की वीडियो अपील में गहलोत और पायलट के साथ पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी नजर आ रहे हैं। विधानसभा चुनावों से पहले, गहलोत और पायलट ने एकजुट चेहरा पेश किया है और रेगिस्तानी राज्य में संयुक्त रूप से एक सार्वजनिक बैठक को भी संबोधित किया है।

वीडियो में पायलट ने यह भी कहा कि उन्होंने सैकड़ों सार्वजनिक बैठकों को संबोधित किया है और अभी भी कई क्षेत्रों तक पहुंचने में असमर्थ हैं। पायलट ने अपील की, “इस प्रकार वीडियो के माध्यम से मैं राज्य के अपने सभी लोगों से कांग्रेस को वोट देने और राजस्थान में वैकल्पिक पार्टी सरकार की परंपरा को बदलने की अपील कर रहा हूं।”

2020 में पायलट और गहलोत के विद्रोह के बाद राज्य में कई वर्षों तक उनके बीच टकराव की स्थिति बनी रही। हालांकि, कांग्रेस नेतृत्व ने आगे आकर विधानसभा चुनाव से पहले मामले को सुलझा लिया और एकजुट चेहरा पेश किया।20 दिनों में राहुल गांधी ने राज्य में 14 जनसभाओं को संबोधित किया है, जबकि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने नौ-नौ सभाओं को संबोधित किया है।

*****************************

 

मातम में बदली खुशियां : बारात से लौटते समय गाड़ी सड़क हादसे की शिकार, 5 की मौत; 4 की हालत गंभीर

चूरू 24 Nov, (एजेंसी) : राजस्थान के चुरू से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। सरदारशहर के भादासर के पास आमने-सामने दो गाड़ियों की जबरदस्त भिड़त हो गई है। सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है, तो वहीं हादसे में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक मृतकों में 4 दुलरासर गांव के निवासी हैं, तो वहीं एक मृतक उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। हादसा देर रात हुआ जब कुछ लोग बारात से वापस लौट रहे थे। हादसे के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गई है।

मृतक दुलरासर निवासी मदनलाल, नोपाराम, मुरलीधर, भंवरसिंह और एक अन्य शख्स का आज पोस्टमार्टम होगा। हादसे की जानकारी मिलके के बाद अस्पताल की मोर्चरी के सामने लोगों की भीड़ लग गई। फिलहाल घायलों का बीकानेर में इलाज चल रहा है। बता दें कि श्रीडूंगरगढ़ से बारात से लौटते वक्त यह सड़क हादसा हुआ था। दो गाड़ियों की भिड़ंत में 5 की मौत हो गई थी और 4 जख्मी हो गए थे।

**************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज का दिन आपके लिए अनुकूल रहेगा। आपको अपनी वाणी और व्यवहार में संतुलन बनाकर रखना चाहिए जिससे घर का माहौल अच्छा बना रहेगा। वैवाहिक जीवन में मधुरता रहेगी। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। जो लोग अविवाहित हैं उनका रिश्ता जल्द ही फाइनल हो जायेगा। जो लोग नौकरी करते हैं उनका प्रमोशन और ट्रांसफर के योग हैं। इस राशि के उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों के लिए विदेश जाने के योग हैं। आज आपको किसी रिश्तेदार से कोई अच्छी खबर भी मिल सकती है। आप एक्टिव रहें, मेडिटेशन करें और अपनी लाइफ स्टाइल में बदलाव लाएं, अच्छा अनुभव करेंगे।

शुभ रंग- मैहरुन

शुभ अंक- 7

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी , वु , वे, वो)

आज आपका दिन अच्छा रहेगा। आज आप अपने किसी रिश्तेदार के साथ मिलकर कुछ नया काम शुरू करने का प्लान कर सकते हैं जिससे आपके व्यापार को बढ़ाने में मदद मिलेगी और आमदनी के स्रोत बढ़ेंगे। परिवार का पूरा सपोर्ट आपको मिलेगा। गवर्नमेंट सेक्टर में काम करने वाले अधिकारी वर्ग के लिए दिन फेवरेबल है। कार्यालय में उनको लेकर सकारात्मक माहौल बनेगा। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र अपनी पढ़ाई में व्यस्त रहेंगे। वैवाहिक जीवन में आपसी प्रेम बढ़ेगा। कपड़े का व्यापार कर रहे लोगों के लिए आज का दिन शानदार रहने वाला है।

शुभ रंग- ग्रे

शुभ अंक- 3

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आपके लिए आज का दिन शुभ फलदाई साबित होगा। यदि आप प्राइवेट सेक्टर में काम कर रहे हैं तो आपको कुछ ऐसे प्रोजेक्ट मिल सकते हैं जिसमें आपकी प्रतिभा निखर कर सबके सामने आएगी और आपको किसी विदेशी प्रोजेक्ट पर काम करने का अवसर मिलेगा। कारोबार करने के लिए दिन सामान्य है, आर्थिक स्थिति अच्छी रहने की संभावना है। कॉलेज में पढ़ रहे छात्र अपना कोई काम सीनियर की मदद से पूरा कर लेंगे। लवमेटस के लिए आज का दिन अनुकूल है। वैवाहिक जीवन में खुशियाँ बनी रहेगी, घर के कामों में एक दूसरे की मदद करेंगे जिससे काम जल्दी पूरा हो जाएगा और आप बच्चों के साथ कोई मूवी देखने भी जा सकते हैं। सर्दियों में घर से बाहर पर्याप्त गर्म कपड़े पहन कर ही निकले, स्वास्थ्य ठीक रहेगा।

शुभ रंग- भूरा

शुभ अंक- 8

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज आपका दिन पहले की तुलना में बेहतर रहेगा। आप अपने घर को रेनोवेसन का निर्णय ले सकते हैं, जिसके लिए आप बहुत दिनों से सोच रहे थे। परिवार के साथ किसी फंक्शन में जाने की संभावना है, वहां रिश्तेदारों से आपकी मुलाकात होगी लोगों के आते जाते रहने से व्यस्तता बनी रहेगी, कुछ खर्च भी होने की गुंजाइश है। व्यापारिक और आर्थिक दृष्टि से स्थिति ठीक रहेगी। आज किसी बड़ी कम्पनी से आपको प्रोजेक्ट मिलेगा यह प्रोजेक्ट आपकी किस्मत भी बदल सकता है, आपको इससे बहुत खुशी मिलेगी। छात्रों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है।

शुभ रंग- गुलाबी

शुभ अंक- 1

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज का दिन आपके लिए उत्साह से भरा रहेगा। जो विवाहित हैं आज उनके लिए संतान प्राप्ति की राह में आ रही अड़चनें दूर होंगी और उनकी इच्छा पूरी होने की संभावना है। व्यापारि वर्ग को व्यापार में तरक्की देखने को मिलेगी नए ग्राहक जुड़ेंगे। प्राइवेट सेक्टर में काम करने वाले लोगों को आजकार्यस्थल पर काम से थोड़ी राहत मिलेगी और दिन अच्छा बीतेगा। पोस्ट ग्रेजुएशन कर रहे छात्र आज कुछ नया करने की सोचेंगे जो करियर में तरक्की लेकर आ सकता है। वैवाहिक लोगों का जीवन सुखमय रहेगा जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। आज आपका स्वास्थ्य अच्छा रहेगा।

शुभ रंग- पीला

शुभ अंक- 5

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज आपका दिन उत्तम रहेगा। आप अपना पूरा ध्यान व्यापार के विकास पर देंगे, भविष्य की रणनीति तैयार करेंगे किसी मित्र के साथ मिलकर कुछ पैसा निवेश करेंगे। भविष्य की दृष्टि से यह आपके लिए फायदेमंद साबित होगा। आज आपके घर कोई मांगलिक कार्यक्रम भी आयोजित हो सकता है, जिससे घर का वातावरण आध्यात्मिक रहेगा। पड़ोस में आपके परिवार का सम्मान बढ़ेगा। नौकरीपेशा लोगों की स्थिति सामान्य रहेगी। आपको अपने सहकर्मियों के साथ मिलजुलकर काम करना चाहिए। आज स्कूली छात्रों का मन विद्यालय में आयोजित खेल कूद प्रतियोगिताओं में ज्यादा लगेगा। कुछ मेडल्स भी जीतेंगे। दांपत्य जीवन में जीवनसाथी के साथ रिश्ते अच्छे रहेंगे। बच्चों के साथ भी कुछ समय बिताएंगे और डिनर भी सब साथ मिलकर करेंगे इससे घर का माहौल सौहार्द्र पूर्ण रहेगा।

शुभ रंग- नीला

शुभ अंक- 3

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज आप कुछ नया सीखने या कुछ नया करने का विचार करेंगे। नौकरी में आपके बॉस आपके काम से खुश होंगे, आपको नया प्रोजेक्ट सौंपा जा सकता है। व्यापार में अप्रत्याशित सफलता और लाभ के संकेत हैं। पारिवारिक माहौल खुशहाल रहेगा, आप घर के साथ कहीं धार्मिक यात्रा परजा सकते हैं। आपका स्वास्थ्य ठीक रहेगा। यदि आप किसी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में लगे हुए हैं, तो अच्छा दिन है, अवसर मिलेंगे और कुछ नया अनुभव करने को मिलेगा। स्कूल में पढऩे वाले छात्र आज करियर को लेकर कोई ठोस निर्णय लेने का प्रयास करेंगे कि किस क्षेत्र में आगे बढऩा है। पारिवारिक माहौल खुशहाल बना रहेगा। मन को शांत करने के लिए प्रणायाम करें अच्छा महसूस होगा।

शुभ रंग- नारंगी

शुभ अंक- 2

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आप शांति का अनुभव करेंगे। आज आपका पारिवारिक माहौल आध्यात्मिक बना रहेगा। दांपत्य जीवन में आपसी समझ बढ़ेगी, अपने व्यवहार को संयमित और मधुर बनाएं, बहुत अच्छा रहेगा। यदि आप व्यापार करते हैं, तो आज लाभ के योग बन रहे हैं, कहीं निवेश किया है, तो वहां से लाभ के संकेत हैं। प्राइवेट नौकरी करने वाले लोगों को आर्थिक लाभ मिलेगा, ऑफिस में आपको आज सकारात्मक माहौल में काम करके ख़ुशी महसूस होगी। कॉलेज में पढ़ाई करने वाले आगे करियर के लिए सोचेंगे और कोई विदेशी भाषा सीखने का कोर्स ज्वाइन कर सकते हैं। अपने अंदर आत्मविश्वास लाने के मोटिवेशनल स्पीच सुनेंगे।

शुभ रंग- ग्रे

शुभ अंक- 7

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज आप प्रसन्नता पूर्वक दिन की शुरुआत करेंगे। पारिवारिक माहौल सुखद रहेगा आप बहुत दिनों से कहीं बाहर घूमने नहीं गए, तो आज आप अपने घर के सदस्यों के साथ कहीं घूमने का प्लान बना सकते हैं, अपना ज्यादा समय घर के साथ बिताएंगे। यदि आप अपना कुछ पैसा निवेश करना चाहते हैं, तो परिवार से सलाह अवश्य लें। यह आपके व्यवसाय के लिए फायदेमंद साबित होगा। आज आप नई नौकरी ढूंढने के बारे में सोचें। घर में नन्हें मेहमान के आने की संभावना है। आप अपने खानपान और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।

शुभ रंग- सफेद

शुभ अंक- 7

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज आपका दिन सुख शांति से भरा रहेगा और घर के सदस्यों में आपसी प्रेम और विश्वास में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। यदि आपके बच्चे अभी स्कूल में हैं, तो उनकी कोई बात आपको बहुत प्रसन्न करेगी और आप भी उनके लिए कुछ स्पेशल करने का प्रयास करेंगे इससे आप दोनों के बीच आपसी प्यार बढ़ेगा। जो लोग फैशन या मीडिया से जुड़े हैं, उनके लिए दिन फेवरेबल है। कुछ अच्छे अवसर मिलेंगे। इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे छात्र आज किसी कठिन प्रोजेक्ट को पूरा कर राहत महसूस करेंगे। जो लोग अपनी मनपसंद से विवाह करना चाहते हैं, तो अपने माता पिता से अपने मन की बात करें आज स्वीकृति मिलने के योग हैं। अपना और अपने जीवनसाथी के स्वास्थ्य के लिए उचित खानपान पर ध्यान दें।

शुभ रंग- ग्रे

शुभ अंक- 6

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आपका दिन ताजगी से भरा रहेगा। आज आप शारीरिक रूप से स्वस्थ और ऊर्जावान महसूस करेंगे। यदि आप मार्केटिंग से जुड़े हुए हैं, तो आज आपको नये ग्राहक मिलेंगे और आपको इसका अच्छा लाभ मिलेगा। आज व्यापार में किए गए कुछ महत्वपूर्ण समझौते भविष्य में लाभकारी सिद्ध हो सकते हैं। आपके कार्यक्षेत्र में सहकर्मियों का पूरा सहयोग मिलेगा, जिससे आपका काम कुछ हल्का होगा और आप प्रसन्न रहेंगे। सरकारी नौकरी के लिए परीक्षा देने वालों को खुश खबरी मिलेगी, अच्छे परिणाम मिलने की संभावना है। लवमेट्स के लिए आज का दिन फेवरेबल है।

शुभ रंग- केसरिया

शुभ अंक- 2

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज आपके लिए अवसर लेकर आने वाला दिन है। घर से संबंधित किसी काम से आज आप कहीं बाहर जा सकते हैं। पारिवारिक माहौल खुशहाल रहेगा। व्यापारिक दृष्टि से कोई मामला फंसा हुआ है तो आज वो फाइनल हो सकता है। आज नौकरी ढूंढने वाले लोगों के लिए दिन अच्छा है, कहीं से कॉल आने के योग हैं। आप एक्टिव रहें अवसर अवश्य मिलेगा। उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्र अपने लिए नए आयाम स्थापित करेंगे। वैवाहिक जीवन सुखमय और शांति पूर्ण रहेगा। मेडिकल की पढ़ाई कर रहे छात्रों को आज किसी बड़े डॉक्टर के साथ इंटर्नशीप करने का मौका मिलेगा।

शुभ रंग- ब्लैक

शुभ अंक- 4

*****************************

 

माफियाओं के खिलाफ़ फिर एक्शन में योगी सरकार

*यूपी में माफियाओं की बेनामी संपत्ति पर योगी सरकार कस रही है शिकंजा*

प्रयागराज 23 Nov, (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेश में भय  और अपराध मुक्त वातावरण की स्थापना की है। प्रदेश  में माफियाओं और अपराधियों के खिलाफ हो रही कार्यवाही से अपराधी और माफिया या तो  जेल के अंदर हैं या प्रदेश छोड़कर जा चुके हैं। माफियाओं के बाहुबल और आर्थिक साम्राज्य को  नेस्तनाबूत करने के लिए  सरकार की तरफ से कई अभियान शुरू किए गए हैं। प्रयागराज में मिट्टी में मिला दिए गए माफिया अतीक अहमद के गुर्गों के नेटवर्क पर सख्त कार्यवाही करने के बाद अब माफिया की बेनामी संपत्तियों पर भी प्रशासन का चाबुक चला है।

प्रयागराज ने मिट्टी में मिल चुके अतीक अहमद और गैंग के खिलाफ योगी सरकार की तरफ से सख्त कार्यवाही का सिलसिला जारी है।
संगठित अपराध पर नकेल कसने के साथ अब प्रयागराज में माफिया नेटवर्क की अपराध से अर्जित संपत्ति को चिन्हित कर इस पर कार्यवाही करने के  लिए  ऑपरेशन स्वीप चलाया जाएगा।  प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अरविंद कुमार चौहान के मुताबिक इस ऑपरेशन के तहत माफिया अतीक अहमद के करीबियों के अवैध निर्माण पर कार्यवाही होगी। पीडीए के वीसी अरविंद कुमार चौहान ने यह भी  बताया  है कि प्रयागराज विकास प्राधिकरण शहर में पुलिस द्वारा  पहले से चलाए  ऑपरेशन जिराफ़ की टीम की  मदद से इस नए ऑपरेशन को चलाएगा।  प्राधिकरण अतीक अहमद के उन करीबियों का पता लगा रहा है जिन्होने अतीक अहमद के दौर में  शहर के अलग-अलग हिस्सों में करोड़ों की जमीन पर कब्जा करके अवैध निर्माण किए थे। ये निर्माण शहर के राजरूपपुर, कसारी-मसारी, झलवा, पीपल गांव  और  बमरौली व उसके आसपास के इलाकों में बड़े पैमाने पर हुए थे

******************************

 

175 करोड़ की योजनाओं को लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे मुख्यमंत्री 24 नवंबर को

गोरखपुर / कुशीनगर 22 नवंबर  (एजेंसी) । उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में विकास प्राधिकरण की खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी योजना में पंजीकरण कराने वाले लाभार्थियों के लिए अच्छी खबर आयी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ 24 नवम्बर की शाम चार से पांच बजे के बीच खोराबार आवासीय योजना के फ्लैटों/भूखंडों की ई-लॉटरी करेंगे। जीडीए प्रशासन आयोजन की तैयारी में जुट गया है।

जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने बताया कि ई-लॉटरी प्रक्रिया का ऑनलाइन प्रसारण किया जाएगा, जिसका लिंक प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट www.gdagkp.in पर उपलब्ध रहेगा। उन्होंने योजना में पंजीकृत लाभार्थियों से निर्धारित तारीख व समय पर लॉटरी प्रक्रिया में सम्मिलित होने का आह्वान किया है।

बताया कि गोरखपुर से बाहर के आवेदक प्राधिकरण की वेबसाइट पर दिए गए लिंक से जुड़ सकते हैं। लॉटरी प्रक्रिया में चयनित किन्हीं पांच आवंटियों को मुख्यमंत्री द्वारा मौके पर ही आवंटन पत्र प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामगढ़ताल के समक्ष ताल में फाउण्टेन व हर्बल पार्क एवं प्राधिकरण की कई अन्य लगभग 175 करोड़ लागत की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री प्राधिकरण की आगामी प्रस्तावित योजनाओं का अवलोकन भी करेंगे।

***************************

 

नए पंगे में पड़े क्रिकेटर श्रीसंत, लाखों की धोखाधड़ी में FIR दर्ज

नई दिल्ली 23 Nov, (एजेंसी) – क्रिकेटर एस श्रीसंत और दो अन्य लोगों पर 18.70 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने के आरोप में केरल पुलिस ने केस दर्ज किया है। इनके खिलाफ सरीश गोपालन ने शिकायत दर्ज करवाई थी। यह केस श्रीसंत, राजीव कुमार और वेंकटेश किनी के खिलाफ दर्ज किया गया है।

इन तीनों पर आरोप है कि इन्होंने कर्नाटक के कोल्लूर में स्पोर्ट्स एकेडमी बनाने के नाम पर 25 अप्रैल 2019 के बाद से कई मौकों पर शिकायतकर्ता से पैसे लिया था। श्रीसंत और अन्य दोनों आरोपियों के ऊपर IPC के सेक्शन 420 के तहत केस दर्ज हुआ है।

श्रीसंथ को मामले में तीसरे आरोपी के रूप में उल्लेख किया गया है। गोपालन ने शिकायत में कहा कि अकादमी में पार्टनर बनने का अवसर मिलने के बाद उन्होंने पैसे का निवेश किया।

**************************

 

जम्मू के पल्लनवाला में एलओसी के पास हथियार व गोला-बारूद बरामद

जम्मू 23 Nov, (एजेंसी): जम्मू-कश्मीर पुलिस और सेना ने संयुक्त अभियान में जम्मू के पल्लनवाला सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास एक संदिग्ध बक्से से बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

”जम्मू पुलिस और सेना द्वारा सुबह (23/11/23) एलओसी के पास पल्लनवाला के सामान्य क्षेत्र में शुरू किए गए संयुक्त तलाशी अभियान में एक संदिग्ध बॉक्स बरामद किया गया।”

पुलिस ने कहा, “बॉक्स खोलने पर बैटरी से लैस एक आईईडी, एक पिस्तौल, पिस्तौल की दो मैगजीन, पिस्तौल की 38 राउंड गोलियां, नौ ग्रेनेड बरामद किए गए।” पुलिस ने कहा कि एफआरआई दर्ज कर ली गई है और जांच शुरू कर दी गई है।

*****************************

डीपफेक के खिलाफ एक्शन मोड में मोदी सरकार, सोशल मीडिया प्लेटफार्मों के साथ बैठक में अहम फैसला

नई दिल्ली 23 Nov, (एजेंसी): डीपफेक से लोगों को बदनाम करने वालों पर केंद्र सरकार ने नजरें तरेर दी हैं और अब ऐसे लोगों पर सरकार शिकंजा कसने जा रही है। केंद्रीय संचार, इलेक्ट्रॉनिक और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि सरकार जल्द ही इसके खिलाफ बड़े कदम उठाने वाली है और डीपफेक वीडियो को होस्ट करने वाले प्लेटफार्मों के लिए कानून और दंड का प्रावधान किया जाएगा।

आईटी मिनिस्टर अश्विनी वैष्णव के मुताबिक, डीपफेक मुद्दे पर केंद्र सरकार सतर्क है और सभी सोशल मीडिया ,मचों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में रेग्युलेशन ड्राफ्ट तैयार करने का फैसला हुआ है। वैष्णव ने कहा कि डीपफेक सोसाइटी में एक बड़ा खतरा उभरा है। गलत आडियो या वीडियो बनाया जाता है, जिससे सोसाइटी को नुकसान हो रहा है। इसके खिलाफ जरूरत है कि जल्द से जल्द कदम उठाने की। आज सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के साथ केंद्र सरकार डिटेल में मीटिंग हुई है।

**************************

 

नहीं रहीं सुप्रीम कोर्ट की पहली महिला न्यायाधीश, 96 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

कोल्लम (केरल) 23 Nov, (एजेंसी)-उच्चतम न्यायालय की पहली महिला न्यायाधीश और तमिलनाडु की पूर्व राज्यपाल न्यायमूर्ति फातिमा बीवी का बृहस्पतिवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। वह 96 वर्ष की थीं। दिवंगत जस्टिस फातिमा बीवी ने केरल में एक वकील के रूप में अपना करियर शुरू किया था और 1974 में जिला और सत्र न्यायाधीश बनने तक काम किया। 1980 में वह आयकर अपीलीय न्यायाधिकरण में शामिल हुईं और 1983 में सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त हुईं।

केरल के पंडालम की रहने वालीं जस्टिस बीवी ने यूनिवर्सिटी कॉलेज, तिरुवनंतपुरम से बैचलर ऑफ साइंस की डिग्री हासिल करने से पहले पथानामथिट्टा के कैथोलिकेट हाई स्कूल में अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की थी। केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने न्यायमूर्ति फातिमा बीवी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने उच्चतम न्यायालय की पहली महिला न्यायाधीश और तमिलनाडु की राज्यपाल के रूप में अपनी छाप छोड़ी। जॉर्ज ने एक बयान में कहा, ‘‘वह एक बहादुर महिला थीं, जिनके नाम कई रिकॉर्ड हैं। वह ऐसी हस्ती थीं, जिन्होंने अपने जीवन से यह दिखाया कि दृढ़ इच्छा शक्ति और मकसद को लेकर समझ होने से किसी भी विपरीत परिस्थिति से पार पाया जा सकता है।’

****************************

 

पनाैती और जेबकतरे वाले बयान पर फंसे राहुल गांधी, चुनाव आयोग ने जारी किया नोटिस

नई दिल्ली 23 Nov, (एजेंसी)-भारत चुनाव आयोग ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस उनके ‘पनौती’ और ‘जेबकतरे’ वाले बयान पर जारी किया गया है और उनसे 25 नवंबर तक जवाब मांगा गया है।

दरअसल राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा ने 22 नवंबर को चुनाव आयोग के पास शिकायत की थी और कहा था कि राहुल गांधी में पीएम मोदी के लिए ‘पनौती’ और ‘जेबकतरे’ जैसे शब्दों का प्रयोग कर उनका मजाक उड़ाया है।

दरअसल वर्ल्ड कप फाइनल के बारे में राहुल गांधी ने पीएम मोदी को घेरते हुए कहा था कि कभी क्रिकेट मैच में चला जाएगा, वो बात अलग है कि हरवा दिया। पनौती पीएम मतलब पनौती मोदी। राहुल ने पीएम मोदी और कारोबारी गौतम अडानी को घेरते हुए कहा था कि जब दो जेबकतरे किसी की जेब काटना चाहते हैं तो एक आता है सामने और आपसे कोई बातचीत करता है ताकि आपका ध्यान इधर-उधर हो जाए। इस बीच दूसरा आपकी जेब काट लेता है। जेबकतरा सबसे पहले आपका ध्यान हटाता है। नरेंद्र मोदी जी का काम आपके ध्यान को इधर-उधर करने का है।

******************************

 

एक और नई महामारी का खतरा! बच्चों के अंदर तेजी से फैल रही ये खतरनाक बीमारी, स्कूल बंद और WHO ने दी चेतावनी

नई दिल्ली 23 Nov, (एजेंसी) : कोरोना महामारी के प्रभाव से जूझ रहे चीन में अब नई बीमारी ने व्यापक स्तर पर दस्तक दे दी है। चीन के स्कूलों में एक और बीमारी पूरे देश में तेजी से फैल रही है। यहां के स्कूलों में रहस्यमयी निमोनिया का प्रकोप बढ़ रहा है, यह चिंताजनक स्थिति कोविड संकट के शुरुआती दिनों की याद दिला रही है। 500 मील उत्तर-पूर्व में बीजिंग और लियाओनिंग के अस्पतालों में बड़ी संख्या में बच्चे भर्ती हो रहे हैं। जानकारी के मुताबिक इस रहस्यमयी निमोनिया के प्रकोप के चलते ज्यादातर स्कूल बंद हैं। डब्ल्यूएचओ की माने तो इन बच्चों में सांस संबंधी और निमोनिया बीमारी का पता चला है।

इस रहस्यमयी न्यूमोनिा से प्रभावित बच्चों के फेफड़ों में सूजन और तेज बुखार सहित असामान्य लक्षण नजर आ रहे हैं। हालांकि उन बच्चों में खांसी और फ्लू, आरएसवी और सांस की बीमारी से संबंधित अन्य दूसरे लक्षण नजर नहीं आ रहे हैं। ओपन-एक्सेस सर्विलांस प्लेटफॉर्म ProMed ने मंगलवार को खासतौर से बच्चों को प्रभावित करने वाली बिना डायग्नोज हुए निमोनिया की उभरती महामारी के बारे में चेतावनी जारी की है। इसके अलावा यह अनुमान लगाना जल्दबाजी होगी कि क्या यह एक और महामारी हो सकती है। लेकिन हमें अभी भी सावधानी बरतनी चाहिए।

जानकारी के मुताबिक नए प्रकोप के चलते अस्पतालों में बीमार बच्चों की बहुत अधिक संख्या है। इसमें कहा गया है कि ‘माता-पिता ने सवाल किया कि क्या अधिकारी महामारी को छुपा रहे थे।’ लेकिन संदेह है कि नया प्रकोप माइकोप्लाज्मा निमोनिया से संबंधित हो सकता है, जिसे वॉकिंग निमोनिया के रूप में भी जाना जाता है, जो कथित तौर पर चीन में बढ़ रहा है। क्योंकि देश सख्त कोविड लॉकडाउन के बिना अपनी पहली सर्दियों में प्रवेश कर रहा है।

*******************************

 

अब बिहार में भी हलाल सर्टिफाइड उत्पादों पर प्रतिबंध की मांग, केंद्रीय मंत्री ने CM को लिखा पत्र

पटना 23 Nov, (एजेंसी): बिहार में भी अब उत्तर प्रदेश की तर्ज पर हलाल सर्टिफाइड उत्पादों पर प्रतिबंध लगाने की मांग उठने लगी। केंद्रीय मंत्री एवं बेगूसराय से भाजपा के सांसद गिरिराज सिंह ने इस संबंध में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखा है। उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश से यूपी की तर्ज पर हलाल सर्टिफाइड उत्पादों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है ।

पत्र में गिरिराज सिंह ने लिखा है कि बिहार राज्य में अनेक खाद्य पदार्थों एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों जैसे खाद्य तेल, नमकीन, ड्राई फूट, मिठाईयों, कॉस्मेटिक दवाओं एवं मेडिकल उपकरणों का हलाल कारोबार हो रहा है, जबकि इस प्रकार की सामग्रियों के मानक से संबंधित प्रमाणन के लिए एफएसएसएआई जैसे मानक ही वैध है।

कुछ संस्थाए हलाल सर्टिफिकेट देने की स्वयंभू हो गई हैं और सामान बनाने वाली कंपनियों को मोटी रकम देकर हलाल सर्टिफिकेट दे रही हैं। उन्होंने आशंका जताते हुए यह भी कहा कि इस बात की आशंका निराधार नहीं है कि हलाल सर्टिफिकेशन और कारोबार के पीछे एक बड़ा षडयंत्र है। भारत जैसे धर्मनिरपेक्ष लोकतंत्र में हलाल कारोबार ना सिर्फ संविधान के खिलाफ है अपितु देशद्रोह भी है।

उन्होंने पत्र में लिखा है कि एक आँकड़े के अनुसार पूरे विश्व में हलाल प्रमाणन संबंधी व्यावसायिक गतिविधियों का आकार लगभग 2 ट्रिलियन डॉलर तक है तथा अर्थव्यवस्था के इस स्वरूप के आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े होने की भी बात प्रकाश में आ रही है जिसकी गहन जांच किये जाने की आवश्यकता है।

उल्लेखनीय है कि यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ यूपी में हलाल प्रमाणनयुक्त खाद्य उत्पादों के निर्माण, भण्डारण, वितरण एवं विक्रय पर प्रतिबंध लगा दिया है। पत्र के अंत में लिखा गया है कि यूपी की तरह बिहार सरकार भी सख्त कदम उठाने तथा सामाजिक रूप से विभेदकारी एवं आतंकवादी गतिविधियों में इसकी संलिप्तता की गहन जांच करते हुए सख्त कार्रवाई का आग्रह करता हूं।

******************************

 

एक दो नहीं बल्कि 60 बार युवक पर चाकू से वार, 350 रुपए के लिए की हत्या; लाश के पास किया डांस

नई दिल्ली 23 Nov, (एजेंसी) : नई दिल्ली से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां महज 350 रुपए के लिए एक लड़के ने दूसरे युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने 60 बार युवक पर चाकू से वार किया। आरोपी के सिर पर इस हद तक खून सवार था कि उसने नाबालिग की गर्दन काटने की कोशिश की औऱ उसके सिर पर लात भी मारी। ये पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना को नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के वेलकम थाना क्षेत्र में मंगलवार रात को अंजाम दिया गया। वहीं पुलिस ने 16 साल के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि वो स्कूल ड्रॉप आउट है और दिल्ली में अपने माता पिता के साथ रहता है। उसके माता पिता दिहाड़ी मजदूर हैं। जानकारी के मुताबिक हत्या के दौरान वो नशे की हालत में था। वहीं पीड़ित अपनी मां के साथ जाफराबाद के पास रहता था।

पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया दोनों ही एक दूसरे को नहीं जानते थे। आरोपी पहले पीड़ित के पास गया और बिरयानी खरीदने के लिए 350 रुपए मांगने लगा। पीड़ित ने देने से मना किया तो उसने उससे पैसे छीनने की कोशिश की जिसके बाद दोनों में झड़प हो गई। इसके बाद आरोपी ने उसका गला दबा कर बेहोश कर दिया। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक रात के लगभग 10 बजकर 20 मिनट पर आरोपी पीड़ित के शरीर को घसीटकर एक संकरी गली में ले जाता है और चाकू से वार करना शुरू करता है। वो युवक के गर्दन, कान और चेहरे पर चाकू मारता है। कुछ देर रुकने के बाद वो फिर पीड़ित को चाकू गोदने लगता है जिससे उसकी मौत हो जाती है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि लगातार चाकू से वार करने के बाद आरोपी फिर कुछ देर रुकता है और चारों तरफ देखता है। इसके बाद वो फिर पीड़ित के सिर पर जोर से लात मारता है और घुटनों के बल बैठकर उसकी गर्दन काटता है। पीड़ित की बेरहमी से हत्या करने के बाद आरोपी फिर डांस करता हुआ भी नजर आता है। वहीं इस वारदात के बाद पीड़ित को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया जहां पुलिस ने उसे मृत घोषित कर दिया।

***************************

 

जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में आतंकियों से मुठभेड़ जारी, सेना का एक और जवान शहीद- एक घायल

जम्मू 23 Nov, (एजेंसी): जम्मू एवं कश्मीर के राजौरी जिले में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ वीरवार को दूसरे दिन भी जारी रही। कालाकोट के बाज़ीमल जंगल में जारी मुठभेड़ में वीरवार को एक और जवान शहीद हो गया, जबकि एक अन्य जवान घायल हो गए।

इससे पहले बुधवार को मुठभेड़ में सेना के चार जवान शहीद हुए थे। अब कुल मिलाकर पांच जवान देश के लिए शहीद हो गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि राजौरी जिले के कालाकोटे इलाके में चल रही मुठभेड़ में बुधवार को सेना के दो अधिकारी और दो जवान शहीद हो गए थे। बुधवार को मुठभेड़ में कैप्टन एमवी प्रांजल, कैप्टन शुभम, जवान माजिद और एक अन्य जवान शहीद हुए थे।

इनके अलावा मेजर मेहरा घायल हुए हैं और उन्हें उधमपुर स्थित कमान अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें कि उनके बाजू और सीने में गोलियां लगी हैं और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

*************************

 

भाजपा दो भारत बनाने की कर रही कोशिश : राहुल गांधी

जयपुर 23 Nov, (एजेंसी): कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा दो भारत बनाना चाहती है। राहुल गांधी ने राजस्थान में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, “वे दो भारत बनाना चाहते हैं। एक तरफ अडानीवाला भारत है और दूसरी तरफ सच्चा हिंदुस्तान, भारत माता है, जहां लोग कड़ी मेहनत करते हैं, 24 घंटे खून-पसीना बहाते हैं। हम दो भारत नहीं चाहते।”  उन्होंने कहा कि अगर राजस्थान में कांग्रेस सरकार दोबारा सत्ता में आती है तो सबसे पहले जातीय जनगणना कराएगी। राहुल गांधी ने कहा, “जैसे ही हमारी सरकार केंद्र की सत्ता में आएगी, कांग्रेस पूरे देश में जाति जनगणना कराएगी। पिछड़े लोगों, गरीबों, दलितों और आदिवासियों की समान भागीदारी होनी चाहिए। उन्‍हें उनका हक मिलना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि जातीय जनगणना होने के बाद सरकारें उसके मुताबिक कार्रवाई कर सकेंगी। उन्होंने कहा, ”जाति जनगणना के बाद भारत बदल जाएगा।” उन्होंने कहा कि जिस दिन भारत अपने गरीबों, पिछड़ों, आदिवासियों और दलितों को देश चलाने में भाग लेने की अनुमति देगा, भारत में एक चमत्कार होगा। राहुल गांधी ने कहा, ”पिछड़े, दलित, आदिवासी उस शक्ति को समझेंगे जो हमारे देश को बदल देगी।” उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी हर भाषण में कहते हैं कि वह ओबीसी से हैं। भारत में ओबीसी की जनसंख्या कितनी है? कोई नहीं जानता। हमारे देश में पिछड़े लोगों की आबादी कितनी है, यह कोई नहीं जानता, इसलिए जाति जनगणना कराना और जिसका जो हक बनता है, उसे देना जरूरी है।”

उन्होंने कहा, ”मैंने संसद में पूछा कि हम भारत माता का गुणगान करते हैं, लेकिन भारत की जनसंख्या कितनी है, ये कोई नहीं जानता। इसलिए मैंने संसद में जाति जनगणना की मांग की।”

राहुल गांधी ने कहा, जब से उन्होंने जाति जनगणना की बात कही है, मोदी ने अपना भाषण बदल दिया है। “तब से मोदी कहते हैं कि भारत में एक जाति है और वह है गरीब। जब चुनाव जीतने का समय आता है तो मोदी ओबीसी बन जाते हैं, लेकिन जब ओबीसी वर्ग को भागीदारी देने की बात आती है, तो कहते हैं केवल एक ही जाति है और वह है गरीब।”

उन्होंने कहा कि भारत सांसदों और विधायकों से नहीं चलता। कैबिनेट सचिव और प्रधानमंत्री के साथ कम से कम 90 अधिकारी देश चलाते हैं। ये लोग तय करते हैं कि बजट का कितना पैसा देश के स्वास्थ्य, शिक्षा, बीमा योजना और रक्षा में जाएगा। इन 90 अधिकारियों में से कितने आईएएस अधिकारी पिछड़े वर्ग से हैं? पिछड़ी आबादी लगभग 50 प्रतिशत है और इन 90 अधिकारियों में से केवल एक अधिकारी आदिवासी है और तीन अधिकारी दलित हैं।

उन्होंने कहा कि आज पिछड़ों की आबादी लगभग 50 फीसदी है, मगर उनकी हिस्सेदारी पांच फीसदी से भी कम है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उन्होंने कन्याकुमारी से कश्मीर तक यात्रा की और यात्रा के दौरान केवल एक या दो नारे ही सामने आए। राहुल गांधी ने कहा, “भारत जोड़ यात्रा से निकला सबसे खूबसूरत नारा था, ‘नफरत के बाजार में हमें प्यार की दुकान खोलनी है’।” उन्होंने राजस्थान के राजाखेड़ा, नदबई और गंगापुर सिटी में चुनावी रैलियों को संबोधित किया।

***********************

 

नौकरी के बदले नकदी घोटाला मामले में असम पुलिस के दो अधिकारी गिरफ्तार

गुवाहाटी 23 Nov, (एजेंसी): असम लोक सेवा आयोग (एपीएससी) द्वारा प्रशासित 2013 की संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा से जुड़े नौकरी के बदले नकद घोटाला मामले में कथित संलिप्तता के लिए असम में दो पुलिस अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है।

कथित घोटाले की जांच के लिए असम सरकार द्वारा पिछले साल मई में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) की स्थापना की गई थी। ये दोनों पुलिस अधिकारी एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट में नामित 34 उच्च पदस्थ सरकारी कर्मचारियों में से थे, जो पिछले महीने कैश-फॉर-जॉब योजना में संदिग्धों के रूप में दायर की गई थी।

विशेष जांच दल (एसआईटी) ने मंगलवार रात दो पुलिस अधिकारियों शाहजहां सरकार और ऐश्वर्या जीवन बरुआ को गिरफ्तार किया। उन्हें गुरुवार को पूछताछ के लिए गुवाहाटी लाया जाएगा। दोनों पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस के मुताबिक बरुआ और सरकार गिरफ्तार होने वाले 34 लोगों में से पहले हैं।

इस घोटाले का खुलासा 2016 में हुआ था, जब एपीएससी के पूर्व अध्यक्ष राकेश पॉल को डिब्रूगढ़ पुलिस ने उस क्षेत्र में उनके खिलाफ दायर एक शिकायत के जवाब में गिरफ्तार किया था। इसके बाद असम पुलिस ने लगभग 70 राज्य सरकार के अधिकारियों को हिरासत में लिया।

21 मार्च को राज्य विधानसभा के समक्ष एक प्रश्न के उत्तर में, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि 2013, 2015 और 2016 में असम लोक सेवा आयोग (एपीएससी) परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले 60 सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ जांच चल रही है। सरमा के अनुसार, उनमें से 57 को उनके पद से हटाए जाने से पहले गिरफ्तार किया गया था। उनमें से तीन ने सरकारी अनुमोदक बनने के लिए सहमति व्यक्त की।

******************************

 

मायावती को तेलंगाना में बसपा के सत्ता में आने की उम्मीद

हैदराबाद 23 Nov, (एजेंसी): बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने उम्मीद जताई कि बसपा राज्य में सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा, “हमने किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं किया है। इस बार चुनाव परिणाम आश्चर्यजनक होंगे।” उन्होंने लोगों से विभिन्न पार्टियों के झूठे वादों से गुमराह नहीं होने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ और विपक्षी दल वादे करते हैं, लेकिन निर्वाचित होने के बाद ज्यादातर उन्हें भूल जाते हैं और लोग अब ऐसे वादों पर विश्वास नहीं करते हैं। मायावती ने कहा कि बसपा अपना घोषणा पत्र इसलिए जारी नहीं करती क्योंकि वह सिर्फ बातों में नहीं, बल्कि काम करने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि बसपा अकेले ही भाजपा और कांग्रेस दोनों से लड़ रही है।

उन्होंने लोगों से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रहने के लिए तेलंगाना की सत्तारूढ़ पार्टी बीआरएस की भी आलोचना की। सूर्यापेट में बसपा उम्मीदवार वट्टे जन्नय्या पर हमले की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि कानून लागू करने में विफल राज्य सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। मायावती ने कहा कि देश में दलित, आदिवासी, अन्य कमजोर वर्ग, मुस्लिम, अन्य अल्पसंख्यक, मजदूर और किसान अनेक समस्याओं का सामना कर रहे हैं।

*************************

 

बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं मिला तो भाजपा को केंद्र से हटा देंगे : लालू

पटना 23 Nov, (एजेंसी): राष्‍ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर केंद्र ने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं दिया तो वह उन्हें सत्ता से हटा देंगे। पटना हवाईअड्डे पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए लालू प्रसाद ने कहा, “बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिलना चाहिए और अगर ऐसा नहीं हुआ तो हम केंद्र से मोदी सरकार को हटा देंगे।”

नीतीश कुमार सरकार द्वारा  कैबिनेट की बैठक में इस पर प्रस्ताव पारित करने के बाद एक बार फिर से विशेष दर्जे की मांग ने जोर पकड़ लिया है। राज्य सरकार ने केंद्र से विभिन्न परियोजनाओं को लागू करने के लिए 2,50,000 करोड़ रुपये का फंड उपलब्ध कराने की भी मांग की है।

बैठक के बाद नीतीश कुमार ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक पोस्ट अपलोड करते हुए कहा, “कैबिनेट बैठक के दौरान हमने बिहार को विशेष दर्जा देने का प्रस्ताव पारित किया है और केंद्र से इसे पूरा करने का अनुरोध किया है।” विशेष दर्जे की मांग पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राज्य भाजपा प्रमुख सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा, “नीतीश कुमार को विशेष दर्जे की नहीं, बल्कि विशेष व्यवहार की जरूरत है। उनके पास विशेष दर्जे की मांग करने का नैतिक अधिकार नहीं है।”

****************************

 

बाल-बाल बचे 142 यात्रीः टेकऑफ से पहले पटना-बेंगलुरु फ्लाइट की विंग्स होने लगी बंद, उड़ान को रोका

पटना 23 Nov, (एजेंसी): पटना एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा टल गया। यहां पटना से बेंगलुरु जा रही स्पाइस जैट की उड़ान एसजी-532 में टेकऑफ से पहले खराबी आ गई। उड़ान के रनवे पर जाने से पहले ही गड़बड़ी का अहसास हुआ, जिसके बाद उड़ान को रोक दिया गया और पैंसेजर्स को उतार दिया है। पटना से बेंगलुरु जा रही फ्लाइट में 142 यात्री सवार थे।

पूरी फ्लाइट को खाली कराने के बाद उसकी जांच की गई। करीब 5 घंटे बाद फ्लाइट ने उड़ान भरी। स्पाइस जेट की इस फ्लाइट को शाम 6ः40 पर उड़ान भरना था, लेकिन खराबी के चलते  सभी यात्रियों ने बेंगलुरु के लिए उड़ान भरी।

स्पाइसजेट की मानें तो उड़ान संख्या एसजी-532 पटना से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरने वाली थी, लेकिन टेकऑफ से पहले विंग्स के मूवमेंट में दिक्कत आ रही थी इसलिए टेकऑफ कैंसिल करना पड़ा। इसके बाद उड़ान में सवार यात्रियों को उतार कर खराबी ठीक की गई।

*************************

 

म्यांमार से लगी मणिपुर की सीमा पर हो रही कड़ी चौकसी : मुख्यमंत्री

इंफाल 23 Nov, (एजेंसी): मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने कहा कि म्यांमार में मौजूदा स्थिति को देखते हुए पड़ोसी देश के साथ राज्य की लगभग 400 किलोमीटर की सीमा पर सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।

मुख्यमंत्री ने मीडियाकर्मियों से कहा, “म्यांमार में मौजूदा स्थिति को देखते हुए हमने सीमा पर बड़ी संख्या में अपनी सेना तैनात की है। न केवल असम राइफल्स बल्कि राज्य सुरक्षा बल, बीएसएफ, सीआरपीएफ को तैनात किया गया है। हम स्थिति पर सख्ती से और बारीकी से नजर रख रहे हैं।”
मणिपुर के मुख्यमंत्री की टिप्पणी चिन नेशनल ऑर्गनाइजेशन (सीएनओ) की सशस्त्र शाखा चिन नेशनल डिफेंस फोर्स (सीएनडीएफ) द्वारा चिन राज्य में उनके शिविरों पर कब्जा करने के बाद 74 म्यांमार सैनिकों के भारतीय क्षेत्र में भाग जाने के बाद आई है। म्यांमार के सैनिकों को मिजोरम पुलिस ने चम्फाई जिले में पकड़ लिया और असम राइफल्स को सौंप दिया। भारतीय बलों ने सभी 74 सैनिकों को पड़ोसी देश तमू (मणिपुर में मोरेह सीमा के सामने) में म्यांमार सेना के अधिकारियों को सौंप दिया।

सैनिकों के अलावा, महिलाओं और बच्चों सहित लगभग 1,400 म्यांमारियों ने पिछले हफ्ते म्यांमार के तातमाडॉ (सैन्य) और सीएनडीएफ कैडरों के बीच गोलीबारी के बाद मिजोरम के चम्फाई जिले में शरण ली थी। मुख्यमंत्री ने राज्य में स्थिति सामान्य होने का दावा करते हुए कहा कि कुछ तत्व गड़बड़ी पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्‍होंने कहा, “विस्थापित लोगों के लिए पूर्वनिर्मित अस्थायी घरों को नष्ट करना दुर्भाग्यपूर्ण है। अब हमने सुरक्षा प्रदान की है और पूर्वनिर्मित घरों का पुनर्निर्माण फिर से शुरू किया जाएगा।“ पिछले एक या दो महीनों में, हाल ही में हुई दो घटनाओं में से एक को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में सामान्य स्थिति बहाल हो गई है। “हम इन कृत्यों की निंदा करते हैं। हमें मणिपुर में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।”

सोमवार को मणिपुर के कांगपोकपी जिले में एक सुरक्षाकर्मी समेत दो लोगों की मौत हो गई। जनजातीय एकता समिति (सीओटीयू), सदर हिल्स द्वारा कांगपोकपी जिले में लगाया गया 48 घंटे का पूर्ण बंद बुधवार को समाप्त हो गया, जबकि इंफाल-दीमापुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-2) और इंफाल-जिरीबाम राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-37) पर आर्थिक नाकेबंदी अभी भी जारी है। ये दो महत्वपूर्ण राजमार्ग मणिपुर की जीवन रेखाएं हैं। स्वयंसेवकों को विभिन्न स्थानों पर पूर्ण बंद का पालन कराते हुए देखा गया। हालांकि, किसी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है।.

प्रदर्शनकारियों, जिनमें अधिकतर कुकी-ज़ो महिलाएं थीं, ने “हम सीबीआई जांच की मांग करते हैं”, “हम न्याय चाहते हैं”, “हम अलग प्रशासन की मांग करते हैं” जैसे नारे लगाए। सीओटीयू के मीडिया सेल समन्वयक एन.जी. लून किपगेन ने कहा कि सोमवार को घात लगाकर किए गए हमले में दो निर्दोष कुकी-ज़ो आदिवासियों की जान ले ली गई, जो इस क्षेत्र में राज्य बलों की आड़ में अत्याधुनिक हथियारों से लैस घाटी स्थित विद्रोही संगठनों द्वारा किया गया दूसरा घातक हमला था।

सीओटीयू मणिपुर के आदिवासी बहुल इलाकों में कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग कर रही है।

*************************

 

ईडी ने हैदराबाद में तलाश अभियान किया शुरू

हैदराबाद 23 Nov, (एजेंसी) : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सैयद बुरहानुद्दीन और अन्य से जुड़े धन शोधन के मामले यहां तलाश अभियान शुरू किया है। जांच एजेंसी की ओर से जारी बयान के मुताबिक जांच धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले से जुड़ी है। ईडी ने एक शिकायत के जवाब में हैदराबाद पुलिस द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी (एफआईआर) के आधार पर जांच शुरू की है।

शिकायत में कहा गया है कि सैयद बुरहानुद्दीन ने अपने सहयोगी वेंकटरमण यादव के माध्यम से नयी दिल्ली स्थित प्रवर्तन निदेशालय को एक झूठी शिकायत सौंपी थी जिसमें एक व्यक्ति पर धन शोधन , हवाला लेनदेन और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।प्राथमिकी में कहा गया है कि सैयद बुरहानुद्दीन ने नकली ईडी स्टांप का उपयोग करके फर्जी दस्तावेज तैयार किए, जिसमें ईडी द्वारा शिकायत की कथित पावती भी शामिल थी।

कथित तौर पर, बुरहानुद्दीन ने शिकायतकर्ता को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी और 10 करोड़ रुपये में मामले को निपटाने की पेशकश की। उसने ईडी अधिकारियों और प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के साथ अपने संबंध का झूठा दावा किया।ईडी की जांच में सैयद बुरहानुद्दीन के खिलाफ इसी तरह के आरोपों के साथ दर्ज कई एफआईआर का खुलासा हुआ, जिसमें विभिन्न संगठनों के उच्च-रैंकिंग अधिकारियों के साथ अपने संबंधों का गलत दावा करके मामलों को सुलझाने के लिए धोखाधड़ी वाले प्रस्तावों के साथ व्यक्तियों से संपर्क करने की लगातार कोशिश का खुलासा हुआ है।

तलाशी अभियान के दौरान डिजिटल उपकरणों और आपत्तिजनक दस्तावेजों की बरामदगी और जब्ती हुई, जिसमें संपत्ति से संबंधित दस्तावेज, घरेलू और विदेशी दोनों संस्थाओं के साथ बुरहानुद्दीन के संबंधों के सबूत शामिल है। बेहिसाब संपत्ति लेनदेन का संकेत देने वाले दस्तावेज़ भी पाए गए है। ईडी ने कहा है कि मामले की जांच जारी है।

************************

 

ड्राइवर को झपकी आने से कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत- 5 गंभीर घायल

कानपुर देहात 23 Nov, (एजेंसी): उत्तर प्रदेश के कानुपर देहात में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक कार चालक को झपकी आ गई, जिससे तेज रफ्तार अटिगा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।

इस हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति, पत्नी और बच्ची सहित एक महिला शामिल है। जबकि ड्राइवर और चार बच्चे घायल हो गए हैं। मृतकों की पहचाान गजनेर थाना क्षेत्र के भैथाना गांव निवासी 28 वर्षीय जय सिंह, औरैया के बिधूना क्षेत्र के बंथरा निवासी उनकी बहन प्रिया सेंगर और 14 वर्षीय भतीजी प्रिया व बंथरा की रहने वाली बुजुर्ग महिला रन्नो देवी के रूप में हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस राहत बचाव के साथ जांच में जुटी है।

**************************

 

नेशनल हेराल्ड की संपत्ति कुर्क वाले हथकंडों से कांग्रेस डरने वाली नहींः खड़गे

नई दिल्ली 23 Nov, (एजेंसी)- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने नेशनल हेराल्ड की संपत्तियों की कुर्की को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा गृहमंत्री अमित शाह की आलोचना की और कहा कि इस तरह के किसी भी हथकंडे से कांग्रेस डरने वाली नहीं है। खड़गे ने कहा कि नेशनल हेराल्ड समाचार पत्र समूह की 760 करोड़ रुपये की संपत्तियों की कुर्की का काम मोदी और शाह के इशारे पर हुआ है।

उनका कहना था कि यह कदम आवाज दबाने के मकसद से किया है लेकिन उनकी यह सोच गलत है। उन्होंने कहा “यदि मोदी और शाह को लगता है कि इस तरह के कदमों से कांग्रेस को डरा या धमका सकते हैं तो उनकी यह सोच गलत है। कांग्रेस ने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी है और देश को आजादी दिलाई है और कांग्रेस इस तरह के कदमों से डरने वाली नहीं है।”

खड़गे ने कहा कि नेशनल हेराल्ड समूह एक महान संस्था है और किसी व्यक्ति विशेष की नहीं है। पंडित जवाहरलाल नेहरू ने देश की आजादी के लिए आवाज उठाने के लिए इसकी शुरुआत की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कदम जानबूझकर लोगों को कांग्रेस को वोट देने से डराने के लिए उठाया गया है लेकिन प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को समझ लेना चाहिए कि इस तरह की कार्रवाई से कोई भी भयभीत नहीं होगा।

****************************

 

झूठे विज्ञापनों पर फॉसी की सजा भी दें तो भी हमें आपत्ति नहीं…सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर रामदेव के तेवर तल्ख

देहरादून 23 Nov, (एजेंसी)-भारतीय चिकित्सा परिषद (आईएमए) द्वारा पतंजलि और आयुर्वेद के विरुद्ध दायर मुकदमे में उच्चतम न्यायालय की दो सदस्यीय पीठ की टिप्पणियों पर पतंजलि के स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि हम शीर्ष अदालत का सम्मान करते हैं। यदि हम झूठे विज्ञापन या प्रोपेगेंडा करें तो हम पर करोड़ों का जुर्माना लगाएं या हमें फॉसी की सजा भी दे तो हमें आपत्ति नहीं होगी। लेकिन हम झूठा प्रचार नहीं कर रहे हैं।

हरिद्वार स्थित पतंजलि विश्विद्यालय के सभागार में योग गुरु के रूप में विख्यात स्वामी रामदेव ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि योगायुर्वेद, नेचरोपैथी, पंचकर्म, षट्कर्म की सैकडों थैरेपी, उपवास व उपासना पद्धति के इंटीग्रेटिड ट्रीटमेंट से हमने लाखों लोगों को रोगमुक्त किया है। बीपी, शुगर, थायराइड, अस्थमा, आर्थराइटिस व मोटापा से लेकर लीवर, किडनी फेल्यिर व कैंसर जैसे प्राणघातक रोगों से हमने हजारों लोगों को मुक्त किया। इसका एक करोड़ से अधिक लोगों का डेटा बेस, रियल वर्ल्ड एविडेंस व क्लिनिकल एविडेंस हमारे पास है।

उन्होंने शीर्ष अदालत को संबोधित करते हुए संवाददाताओं से कहा कि हमारे पास ट्रेडिशनल ट्रीटमेंट व सनातन ज्ञान परम्पर पर शोध करने के लिए विश्व का श्रेष्ठतम रिसर्च सेन्टर, पतंजलि रिसर्च फाउंडेशन है। जहां सैकड़ों वर्ल्ड रिनाउण्ड साइंटिस्ट रिसर्च कर रहे हैं तथा 3,000 से अधिक रिसर्च प्रोटोकोल फोलो करके 500 रिसर्च पेपर वर्ल्ड के टॉप रिसर्च जनरल्स में पब्लिश हो चुके हैं। स्वामी रामदेव ने कहा कि मेडिकल सेक्टर के कुछ हठी, दुराग्रही व योगायुर्वेद व नेचरोपैथी का विरोध करने वाले तथाकथित कुंठित डॉक्टरों को बहुत बड़ी समस्या है। यह सत्य है कि सिंथेटिक दवाओं से रोगों को कन्ट्रोल तो कर सकते हैं, लेकिन क्योर नहीं कर सकते।

लेकिन एलोपैथी की ये समस्या योग-आयुर्वेद के लिए समस्या नहीं है। उन्होंने कहा कि मेडिकल फील्ड में नकली पेसमेकर लगाने वाले, किडनी चोरी करने वाले, गैर-जरूरी दवा व अंधाधुंध टैस्ट कराकर जो मेडिकल क्राइम कर रहे हैं, उनको हमने कई बार मेडिकल माफिया, ड्रग माफिया कहा था, इससे लडाई हुई है।

उन्होंने कहा कि मेडिकल साइंस में जो अच्छे डॉक्टर्स हैं तथा जो लाइफ सेविंग ड्रग्स, इमरजेंसी ट्रीटमेंट व जरुरी सर्जरी है हम उसका पहले भी सम्मान करते थे, आज भी सम्मान करते हैं। रामदेव ने दोहराया कि एलोपैथी से भी एडवांस ट्रीटमेंट, जो हमने वेदों आयुर्वेद के महर्षि चरक, महर्षि सुश्रुत व महर्षि धनवन्तरि, पतंजलि से प्राप्त किया है, उसको वैज्ञानिकता व प्रमाणिकता से व्यापार के लिए नहीं, उपचार व उपकार की भावना से आगे बढ़ा रहे हैं व बढ़ाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर हम कोर्ट व मीडिया के समाने सारे तथ्य व प्रमाण भी रखने के लिए तैयार हैं।

**************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version