सस्पेंस खत्म: मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

भोपाल 11 Dec, (एजेंसी): मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में बहुमत से जीत हासिल करने आठ दिन बाद भाजपा ने नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक में नए मुख्यमंत्री का नाम तय कर लिया है। अगले पांच साल के लिए डॉ. मोहन यादव को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला उपमुख्यमंत्री होंगे। नरेंद्र सिंह तोमर को विधानसभा स्पीकर बनाया जाएगा।

बता दें भाजपा ने 17 नवंबर को हुए विधानसभा चुनाव में 230 सदस्यीय विधानसभा में 163 सीट जीतकर मध्यप्रदेश में सत्ता बरकरार रखी है। वहीं इस चुनाव में प्रतिद्वंद्वी पार्टी कांग्रेस 66 सीट के साथ दूसरे स्थान पर रही है।

इस बार के चुनाव में भाजपा ने मुख्यमंत्री पद के चेहरे के तौर पर किसी को पेश नहीं किया था। एक तरह से पूरा प्रचार अभियान प्रधानमंत्री मोदी की अपील पर टिका था।

****************************

 

आध्यात्मिक एजुकेशनल फिल्म ‘जगतगुरु श्री रामकृष्ण’ प्रदर्शन के लिए तैयार

11.12.2023  –  विवेकानंद एजुकेशन सेल फिल्म्स के बैनर तले गजानंद पाठक द्वारा निर्मित आध्यात्मिक एजुकेशनल फिल्म ‘जगतगुरु श्री रामकृष्ण’ अब बहुत जल्द ही सिनेदर्शकों तक पहुँचने वाली है। जबरा रोड कोर्रा हजारीबाग (झारखंड) स्थित विवेकानंद आई टी आई प्रशिक्षण केंद्र के परिसर में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान इस फिल्म के प्रचार अभियान का शुभारंभ हजारीबाग संसदीय क्षेत्र के सांसद जयंत सिन्हा द्वारा स्वामी विवेकानन्द के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

इस फिल्म में रामकृष्ण परमहंस की जीवनी एवं उपदेशों को वास्तविक स्वरूप में दिखाया गया है। मूलरूप से आध्यात्मिक गुरु श्री रामकृष्ण परमहंस की जीवन गाथा को ही इस फिल्म की कथावस्तु का आधार बनाया गया है। डा. बिमल कुमार मिश्र द्वारा निर्देशित इस एजुकेशनल फिल्म के गीतकार डॉ हरेराम पांडेय और गजानंद पाठक हैं। इस फिल्म में शामिल गानों को संगीतकार अजय मिश्रा के संगीत निर्देशन में स्वर दिया है अनूप जलोटा, सुरेश वाडेकर और महालक्ष्मी अय्यर ने। डीओपी राहुल पाठक के कलात्मक सिनेमेटोग्राफी से सजी इस फिल्म में हजारीबाग (झारखंड) के नवोदित प्रतिभाशाली कलाकार स्क्रीन पर फिल्म के सभी पात्रों को जीवंत करते नज़र आएंगे।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*****************************

 

उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में अदाणी ने निवेश के लिए खोला पिटारा

नई दिल्ली ,11 दिसंबर (एजेंसी)। उत्तराखंड में दो दिवसीय ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आगाज हो गया है। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। इस दौरान सबसे पहले अदाणी ग्रुप ने उत्तराखंड में बड़े निवेश का ऐलान किया।

सम्मेलन में पहुंचे अदाणी एंटरप्राइजेज के निदेशक प्रणव अदाणी ने आमंत्रित करने के लिए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देहरादून मेरे दिल में एक खास जगह रखता है। उन्होंने देहरादून ही नहीं, पूरे उत्तराखंड को भौतिक और आध्यात्मिक अनुभवों का खजाना बताया।

उन्होंने कहा कि पृथ्वी पर कोई और स्थान इतने सारे पवित्र स्थलों का प्रवेश द्वार होने का दावा नहीं कर सकता है। इसमें कोई आश्चर्य नहीं कि लोग उत्तराखंड को देवभूमि कहते हैं। उत्तराखंड अब निजी क्षेत्र के निवेश के लिए भारत के सबसे आकर्षक प्रवेश द्वारों में से एक बन गया है। क्योंकि, पिछले पांच सालों के विकास और राज्य की स्थिति के दृष्टिकोण से तेजी से बदलाव देखा गया है।

उन्होंने इसके लिए सिंगल पॉइंट क्लियरेंस, जमीन की वाजिब कीमतें, सस्ती बिजली और बेहतर डिस्ट्रिब्यूशन, कुशल कामगार, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से करीबी और बेहतरीन कानून-व्यवस्था के माहौल को कारण बताया। उनके मुताबिक वर्तमान में अदाणी समूह उत्तराखंड में गैस डिस्ट्रिब्यूशन और सीमेंट मैन्युफैक्चरिंग तक फैली हुई है।

प्रणव अदानी के मुताबिक इंडियन ऑयल और अदाणी टोटल गैस के जॉइंट वेंचर, आईओएजीपीएल, के माध्यम से अदाणी डॉमेस्टिक, कमर्शियल और इंडस्ट्रियल सभी ग्राहकों को प्राकृतिक गैस पहुंचा रहे हैं। इसके अलावा स्वच्छ ईंधन को सर्वसुलभ बनाने के लिए अदाणी समूह 200 स्टेट ट्रांसपोर्ट बसों को पर्यावरण-अनुकूल सीएनजी बसों में बदलने में योगदान दे रहा है।

इसके साथ ही उत्तराखंड में अदाणी समूह अंबुजा सीमेंट्स की मौजूदा क्षमता को बढ़ाने के लिए 1,700 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेगा, इसके अलावा रूड़की प्लांट की क्षमता को मौजूदा 1.2 मिलियन टन प्रति वर्ष से अगले साल के आखिर तक 3 मिलियन टन प्रति वर्ष तक ले जाने के लिए 300 करोड़ रुपये का निवेश करेगा।

साथ ही 4 मिलियन टन प्रति वर्ष की क्षमता वाली ग्राइंडिंग यूनिट बनाने के लिए लगभग 1,400 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इस बड़े निवेश से उम्मीद की जा रही है कि ऋषिकेश-देहरादून क्षेत्र में करीब 6 हजार प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

साथ ही कुमाऊं क्षेत्र में उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन के साथ पारंपरिक बिजली मीटर को स्मार्ट प्रीपेड मीटर में बदलने के लिए 800 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजना शुरू की गई है।

ऐसा नहीं है कि उत्तराखंड में विकास की रूपरेखा नहीं खींची गई है, लेकिन, अदाणी ने बेहतरीन इन्फ्रास्ट्रक्चर प्लानिंग निवेश की घोषणा करके यहां के विकास की लकीर को और बड़ा कर दिया है।

अदाणी समूह अब पंतनगर में 1 हजार एकड़ जमीन के विकास की संभावना भी तलाश रहा है। इन संभावनाओं में एयरो-सिटी, अंतर्देशीय कंटेनर डिपो, लॉजिस्टिक्स वेयरहाउसिंग और नॉलेज पार्क के लिए बुनियादी ढांचा शामिल है। इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत उद्योग जगत की जानी-मानी हस्तियां भी मौजूद थीं।

*******************************

 

एवरग्रीन म्यूजिक अवॉर्ड समारोह सम्पन्न

11.12.2023  –   वीएस नेशन मीडिया ग्रुप और ताल म्यूजिक एंड फिल्म्स के संयुक्त तत्वाधान में पिछले दिनों अंधेरी (वेस्ट) स्थित मेयर हॉल में आयोजित एवरग्रीन म्यूजिक अवॉर्ड समारोह सम्पन्न हुआ। इस अवार्ड समारोह की शुरूआत एवरग्रीन कराओके किंग एंड क्वीन स्पर्धा से की गई। जिसमें 12 फीमेल और 12 मेल सिंगर ने अपनी मधुर गायिकी का प्रदर्शन किया।

इस स्पर्धा को जज करने सेलिब्रिटीज पार्श्व गायिका अनुपमा सी श्रीवास्तव, गुजराती शकीरा कहलानेवाली देश विदेश में अपनी परफॉरमेंस के जरिए तहलका मचाने वाली अनिता शर्मा, गायक अनिल शर्मा को बुलाया गया था। इस स्पर्धा में राजेंद्र कुलकर्णी को एवरग्रीन ‘कराओके’ किंग और दिव्या पुनीता को एवरग्रीन ‘कराओके’ क्वीन चुना गया। इसके अलावा इसी कार्यक्रम में कैजाद पटेल के नए एल्बम सॉन्ग ‘मदहोशियों का यार हूं मैं…’ को भी लॉन्च किया गया।

एवरग्रीन म्यूजिक अवॉर्ड समारोह के सीजन 2 में वरिष्ठ गायक संगीतकार कीर्ति अनुराग, गायिका अनुपमा श्रीवास्तव, कैजाद पटेल, नायनाज जमादार मुंसफ, राजू टाक, रेपर हितेश्वर, लखन रावल, गीताबेन यादव, मॉडल एक्ट्रेस स्नेहा सिंह, एक्ट्रेस परफोर्मर शिरीन फरीद, कोरियोग्राफर चैरा फर्नेड्स, सेलिब्रिटी मेकअप आर्टिस्ट अन्नू जगताप, कल्पना, गीतकार रवि चोपड़ा,गीतकार एम  प्रकाश, गीतकार नीतू सैनी, संगीतकार संजय गौरीनंदन,  म्यूजिक आरेंजर राजेश राठौड़, मन्नत हाशमी, राजेश खजनिया, राकेश ओगनिया, आकाश देसाई, डॉ रोशन सकपाल और एक्टर एंकर कमल कुमार घिमिरे जो शो को होस्ट भी कर रहे थे उन्हें भी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

साथ ही साथ 90 वर्षीय गायिका संगीतकारा मधु चंद्रा को एवरग्रीन म्यूजिक सम्मान से सम्मानित किया गया। इनके अलावा म्यूजिक समीक्षक का अवॉर्ड राजीव विजयकर को दिया गया साथ ही पत्रकारों में दिनेश गंभवा, रुतुल कुमार, रेस्मा सामा, विपुल राठौड़, जैयश कुमार को भी अवार्ड देकर सम्मानित किया गया।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***************************

 

विधायक दल की बैठक के लिए पर्यवेक्षक पहुंचे भोपाल

भोपाल 11 Dec, (एजेंसी): मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के विधायक दल की बैठक के लिए पार्टी के संसदीय बोर्ड की ओर से नियुक्त किए गए तीनों पर्यवेक्षक आज भोपाल पहुंच गए।

तीनों पर्यवेक्षक हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, पार्टी के ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष के लक्ष्मण और पार्टी सचिव सुश्री आशा लाकड़ा विशेष विमान से राजधानी भोपाल पहुंचे। विमानतल पर पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया।

तीनों पर्यवेक्षक शाम को होने वाली विधायक दल की बैठक में सम्मिलित होंगे। इसी बैठक में विधायक दल का नेता चुना जाएगा। दल का नेता ही राज्य का अगला मुख्यमंत्री होगा। विधायक दल की बैठक में शामिल होने आए पर्यवेक्षकों की प्रदेश नेतृत्व द्वारा भोपाल हवाईअड्डे पर भव्य स्वागत की तैयारियां की गईं।

**************************

 

जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है, अनुच्छेद 370 हटाने का फैसला सही; SC ने कहा- केंद्र पर सवाल उठाना उचित नहीं

नई दिल्ली 11 Dec, (एजेंसी) : जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने के खिलाफ दायर याचिकाओं को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया है। मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने फैसला सुनाते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर ने भारत में शामिल होने के बाद संप्रभुता का तत्व बरकरार नहीं रखा। जम्मू कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है।

सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ ने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को लेकर कहा, ‘केंद्र के हर फैसले को चुनौती नहीं दी जा सकती, इससे अराजकता फैल जाएगी। राष्ट्रपति को अनुच्छेद 370 रद्द का अधिकार है। उनके पास विधानसभा को भंग करने का भी अधिकार है। उन्होंने कहा कि ‘हमारा मानना है कि अनुच्छेद 370 एक अस्थायी प्रावधान है। इसे एक अंतरिम प्रक्रिया को पूरा करने के लिए संक्रमणकालीन उद्देश्य की पूर्ति के लिए पेश किया गया था। राज्य में युद्ध की स्थिति के कारण यह एक अस्थायी उद्देश्य के लिए था। टेक्स्ट पढ़ने से यह भी पता चलता है कि यह एक अस्थायी प्रावधान है और इस प्रकार इसे संविधान के भाग 21 में रखा गया है।

प्रधान न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पांच जजों की इस संविधान पीठ में जस्टिस संजय किशन कौल, जस्टिस संजीव खन्ना, जस्टिस बी आर गवई और जस्टिस सूर्यकांत हैं। सीजेआई चंद्रचूड़ ने फैसला सुनाते हुए कहा कि इस मामले में तीन अलग-अलग फैसले लिखे गए, लेकिन सभी जज एक निष्कर्ष पर सहमत थे। सुप्रीम कोर्ट ने दिसंबर 2018 में जम्मू-कश्मीर में लगाए गए राष्ट्रपति शासन की वैधता पर फैसला देने से इनकार कर दिया, क्योंकि इसे याचिकाकर्ताओं द्वारा विशेष रूप से चुनौती नहीं दी गई थी। सीजेआई चंद्रचूड़ ने कहा, ‘जब राष्ट्रपति शासन लागू होता है तो राज्यों में संघ की शक्तियों पर सीमाएं होती हैं। अनुच्छेद 356 के तहत शक्ति के प्रयोग का उद्घोषणा के उद्देश्य के साथ उचित संबंध होना चाहिए। राष्ट्रपति शासन के दौरान राज्य की ओर से संघ द्वारा लिए गए हर फैसले को चुनौती नहीं दी जा सकती। इससे राज्य का प्रशासन ठप हो जाएग।

प्रधान न्यायाधीश ने इसके साथ ही कहा कि याचिकाकर्ताओं का यह तर्क स्वीकार्य नहीं है कि संसद के पास राज्य की कानून बनाने की शक्तियां केवल तभी हो सकती है जब राष्ट्रपति शासन लागू हो। बता दें कि केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छेद 370 को 5 अगस्त 2019 को निरस्त कर दिया था और राज्य को दो केंद्रशासित प्रदेशों-जम्मू कश्मीर और लद्दाख में विभाजित कर दिया था। सरकार के इस फैसले की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट ने 16 दिनों की सुनवाई के बाद 5 सितंबर को मामले में अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।

शीर्ष अदालत ने सुनवाई के दौरान अनुच्छेद 370 को निरस्त करने का बचाव करने वालों और केंद्र की ओर से पेश अटॉर्नी जनरल आर वेंकटरमणी, सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता, वरिष्ठ अधिवक्ताओं हरीश साल्वे, राकेश द्विवेदी, वी गिरि और अन्य की दलीलों को सुना था। वहीं केंद्र सरकार के इस फैसले के खिलाफ याचिकाकर्ताओं की ओर से कपिल सिब्बल, गोपाल सुब्रमण्यम, राजीव धवन, जफर शाह, दुष्यंत दवे और अन्य वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने बहस की थी।

**************************

 

विहिप अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के पीले चावल बांटेगी

अजमेर 11 Dec, (एजेंसी): राजस्थान के अजमेर में विश्व हिंदू परिषद विहिप अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी के आमंत्रण निमित्त पीले चावल बांटेगी। यह कार्य विहिप के ..गृह सम्पर्क अभियान..के तहत किया जायेगा।

विश्व हिन्दू परिषद चित्तौड़ प्रांत के सह मंत्री शशिप्रकाश इंदौरिया ने बताया कि अयोध्या से आये पीले चावल का वितरण विहिप कार्यकर्ता 1 से 10 जनवरी के मध्य करेंगे। उन्होंने बताया कि घर-घर जाकर कार्यकर्ता पीले चावल बांटेंगे और 22 जनवरी को अयोध्या के लिए आमंत्रित करेंगे।

उन्होंने बताया कि श्री राम मंदिर अयोध्या प्राण-प्रतिष्ठा आयोजन में देश-प्रदेश-विदेश से श्रद्धालु वहा पहुंचेंगे। इससे पहले अयोध्या से आये पीले चावल को वहां से आये ..अक्षत क्लशों.. से निकाल कर छोटी थैली में भगवान राम के चित्र एवं अयोध्या आमंत्रण पत्रक के साथ घर घर वितरित किया जायेगा।

***********************

घरेलू कलह ने निगला परिवारः शख्स ने पत्नी और दो बच्चों को उतारा मौत के घाट, खुद भी फंदा लगा दे दी जान

बलिया 11 Dec, (एजेंसी): उत्तर प्रदेश के बलिया में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने अपने दो बच्चों और पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी है। ट्रिपल मर्डर करने के बाद शख्स ने फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक के पास से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। सुसाइड नोट में उसने पत्नी पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चारों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार पूरा मामला बांसडीह थाना कोतवाली क्षेत्र के देवडीह गांव में घटित हुआ है। यहां पारिवारिक कलह से तंग आकर एक शख्स ने पहले अपनी पत्नी और दो बच्चों की धारदार हथियार से हत्या की। इसके बाद खुद भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। एक ही घर में चार मौतें होने से इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस के मुताबिक, अंकित राम (निवासी ढ़ोढवा थाना नगरा) ने थाना बांसडीह में आकर सूचना दी थी कि उसके जीजा श्रवण राम (35) उसकी बहन शशिकला के साथ मारपीट कर रह हैं। सूचना पर तत्काल स्थानीय पुलिस श्रवण राम के घर पहुंची, जहां छानबीन करने पर शशिकला व उसके दो बच्चों का शव घर के सामने बगीचे में प्राप्त हुआ, जबकि पत्नी और बच्चों के शव के पास में ही एक पेड़ पर श्रवण राम का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिला। मृतक बच्चों का नाम सूर्या राव (7), मिट्ठू (4) हैं और महिला की पहचान शशिकला के रूप में हुई है।

*************************

 

श्रीनगर में पारा माइनस 4.8 डिग्री सेल्सियस, सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान

श्रीनगर  11 Dec, (एजेंसी): जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर शहर में सोमवार को इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान माइनस 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अत्यधिक ठंड के कारण सुबह की सैर करने वाले लोग बाहर नहीं निकल पाए।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि सोमवार को श्रीनगर में शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे इस मौसम का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान माइनस 3.6 और पहलगाम में माइनस 4.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

लद्दाख क्षेत्र में, लेह में रात का सबसे कम तापमान माइनस 12.1 और द्रास शहर में माइनस 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, “जम्मू में 9.7, कटरा में 6.7, बटोटे में 4.1, भद्रवाह में 0.8 और बनिहाल में 1.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।” कड़ाके की ठंड की 40 दिनों की लंबी अवधि, जिसे स्थानीय रूप से ‘चिल्लई कलां’ के नाम से जाना जाता है, हर साल 21 दिसंबर को शुरू होती है और 30 जनवरी को समाप्त होती है।

************************

 

अमित शाह बोले : बिहार जाति सर्वेक्षण रिपोर्ट का उद्देश्य है राजनीतिक लाभ उठाना

पटना 11 Dec, (एजेंसी): बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जाति सर्वेक्षण को अपनी सरकार की उपलब्धि के रूप में पेश किया, मगर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने उनके दावे को खारिज कर दिया और कहा कि यह पिछड़ी जाति के लोगों के अधिकारों को मारने के लिए तैयार किया गया है।

उन्होंने यहां पूर्वी क्षेत्र की 26वीं क्षेत्रीय परिषद की बैठक के बाद कहा, “चुनाव में राजनीतिक लाभ लेने के मूल विचार के साथ मुस्लिम और एक या दो जातियों को लाभ पहुंचाने के लिए बिहार में जाति सर्वेक्षण करवाया गया। साथ ही, इस रिपोर्ट के जरिए पिछड़ी जाति के लोगों का हक मारा गया। यह अन्याय है।”

उन्‍होंने कहा, “जब जाति सर्वेक्षण का प्रस्ताव हमारे सामने आया, तब भाजपा बिहार में सत्ता में थी और हमने इसका समर्थन किया था। यहां तक कि जब रिपोर्ट सामने आई और कानून बन गई, तब भी भाजपा ने इसका समर्थन किया। इसके बावजूद अब कई सवाल उठाए जा रहे हैं। राजनीतिक लाभ के लिए दूसरों के साथ अन्याय करना बुद्धिमानी नहीं है।”

****************************

 

उल्फा-आई ने असम में ग्रेनेड विस्फोटों की ली जिम्मेदारी, आगे भी हमलों की धमकी

गुवाहाटी 11 Dec, (एजेंसी): प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असोम-इंडिपेंडेंट (उल्फा-आई) ने शिवसागर और तिनसुकिया जिलों में हाल ही में हुए ग्रेनेड विस्फोटों की जिम्मेदारी ली है।

उग्रवादी समूह ने असम के पुलिस महानिदेशक जी.पी.सिंह को राज्य पुलिस को अपनी “पैतृक संपत्ति” मानने के ख़िलाफ़ चेतावनी दी। उल्फा-आई ने शीर्ष पुलिस अधिकारी को धमकी दी कि अगर उन्होंने अपना अहंकार नहीं छोड़ा तो वे और अधिक ग्रेनेड हमले करेंगे।

“हमारी असम पुलिस से कोई दुश्मनी नहीं है। लेकिन असम पुलिस को अपनी पैतृक संपत्ति मानने के खिलाफ जी.पी. सिंह को चेतावनी देना चाहेंगे। संगठन ने बयान में कहा, सिंह के अहंकार के कारण असम पुलिस में कार्यरत अधिकारियों/कर्मियों व राज्य के मूल लोगों की भावनाओं को भी ठेस पहुंची है।

“हमने जो दो ऑपरेशन किए वे जी.पी. सिंह के अहंकार की प्रतिक्रिया मात्र हैं। इसके साथ ही हम चाहेंगे कि जी.पी. सिंह को यह एहसास हो कि भविष्य में उल्फा-आई किसी भी स्थान पर किसी भी तरह का अभियान चला सकता है, अगर उन्होंने असम पुलिस को अपनी पैतृक संपत्ति मानना बंद नहीं किया।” दो ग्रेनेड विस्फोट 22 नवंबर और 9 दिसंबर को हुए थे।

***********************

 

प्रियंका गांधी वाड्रा ने लोगों से गाजा में संघर्ष विराम की मांग को लेकर हड़ताल में भाग लेने का किया आग्रह

नई दिल्ली 11 Dec, (एजेंसी): कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को लोगों से फिलिस्तीनी लोगों के नरसंहार को रोकने के लिए गाजा में युद्धविराम की मांग को लेकर वैश्विक हड़ताल में भाग लेने का आग्रह किया।

एक्स पर एक पोस्ट में प्रियंका गांधी ने कहा, “आज, 11 दिसंबर, 2023 को फिलिस्तीनी लोगों और उनके बच्चों के नरसंहार को रोकने के लिए गाजा में युद्धविराम की मांग को लेकर वैश्विक हड़ताल में भाग लें।” उन्होंने कहा, “हम सभी को उनके खिलाफ हो रहे भयानक अन्याय के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।”

इजरायल-हमास युद्ध शुरू होने के बाद से प्रियंका गांधी गाजा में कई मौकों पर युद्धविराम की मांग में मुखर रही हैं। उन्होंने फिलिस्तीन में इजरायल-हमास युद्ध में नागरिकों और बच्चों की मौत पर प्रकाश डाला है।

*************************

 

कर्नाटक: सोशल मीडिया पर कांग्रेस विधायक पर सवाल पूछने पर बीजेपी कार्यकर्ता पर हमला

शिवमोग्गा, (कर्नाटक) 11 Dec, (एजेंसी): शिवमोग्गा जिले में भद्रावती से कांग्रेस विधायक बी.के. संगमेश्वर से फेसबुक पर सवाल पूछने पर एक भाजपा कार्यकर्ता पर छह लोगों के गिरोह द्वारा हमला किए जाने की घटना सोमवार को सामने आई थी।
भाजपा कार्यकर्ता गोकुल कृष्णन के माथे और कान पर गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें शिवमोग्गा के मेगन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरोह ने उन पर तब हमला किया जब वह रविवार रात भद्रावती शहर में कंचन होटल से डिनर पार्सल लाने गए थे।

सोमवार को गोकुल कृष्णन ने कहा कि स्थानीय कांग्रेस विधायक संगमेश्वर से पूछताछ की पृष्ठभूमि में उन पर हमला किया गया। पीड़ित ने कांग्रेस विधायक से भद्रावती शहर में अवैध गतिविधियों और एमपीएमएल फैक्ट्री को फिर से शुरू करने के उनके वादे के बारे में सवाल किया था। पोस्ट के बाद, शनिवार को पीड़ित की कार को निशाना बनाया गया और क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

मामले की जांच कर रही न्यू टाउन पुलिस ने इस सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान गणेश (22), हर्ष (22) और नागे गौड़ा (22) के रूप में हुई है। मारपीट के मामले में पुलिस ने अभी तक कार्रवाई नहीं की है।

मामला बड़ा मुद्दा बनने और सत्र में इस पर चर्चा होने की संभावना है। हाल ही में, बेलगावी में भाजपा कार्यकर्ता पृथ्वी सिंह पर चाकू से हमला किया गया था, और कांग्रेस एमएलसी चन्नराज हत्तीहोली, उनके चार सहयोगियों और उनके दो बंदूकधारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। पृथ्वी सिंह पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक रमेश जारकीहोली के करीबी सहयोगी है।

********************

 

झारखंड के CM हेमंत सोरेन की मुश्किलें बढ़ीं, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED ने पूछताछ के लिए बुलाया

नई दिल्ली 11 Dec, (एजेंसी): प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को 12 दिसंबर को पूछताछ के लिए बुलाया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के नेता सोरेन को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में एजेंसी के सामने पेश होने के लिए कहा गया है।

यह छठी बार है, जब ईडी ने सोरेन को पूछताछ के लिए बुलाया है। सोरेन ने पहले वित्तीय जांच एजेंसी के सभी समन को नजरअंदाज कर दिया था।

ईडी ने सोरेन को 8 अगस्त, 19 अगस्त और 1 सितंबर को समन जारी कर क्रमश: 14, 24 अगस्त और 9 सितंबर को उसके सामने पेश होने को कहा था। उसके बाद ईडी ने चौथा समन जारी किया और उन्हें 23 सितंबर को उनके सामने पेश होने के लिए कहा। पांचवें समन में उन्हें 4 अक्टूबर को उसके सामने पेश होने के लिए कहा गया।

*************************

 

कैप्टन फातिमा वसीम ने रचा इतिहास, सियाचिन ग्लेशियर पर तैनात होने वाली पहली मेडिकल अफसर बनीं

नई दिल्ली 11 Dec, (एजेंसी): कैप्टन फातिमा वसीम ने सियाचिन ग्लेशियर पर ऑपरेशनल पोस्ट पर तैनात होने वाली पहली महिला मेडिकल ऑफिसर बनकर इतिहास रच दिया है। सियाचिन बैटल स्कूल में कठोर ट्रेनिंग प्राप्त करने के बाद उन्हें 15200 फीट की ऊंचाई पर स्थित ऑपरेशनल पोस्ट पर तैनाती मिली थी।

भारतीय सेना के फायर एंड फ्यूरी कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कैप्टन फातिमा वसीम से जुड़ा एक वीडियो भी शेयर किया है। इसमें लिखा कि सियाचिन वॉरियर्स की कैप्टन फातिमा वसीम, सियाचिन ग्लेशियर पर ऑपरेशनल पोस्ट पर तैनात होने वाली पहली मेडिकल ऑफिसर बन गई हैं।

उन्होंने कहा कि 15 हजार फीट पर कैप्टन फातिमा वसीम की पोस्टिंग उनकी अदम्य भावना और उच्च प्रेरणा को दर्शाती है।

*************************

 

आज का राशिफल

मेष राशि:

आपके लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। आज आप लक्ष्य को पाने के लिए एक्टिव रहेंगे ताकि कोई भी मौका चूक न जाए। जो लोग व्यापार करते हैं या जो नौकरी करते हैं, उनके करियर में उत्तम परिणाम मिलने के योग हैं। आज आपको जो भी काम मिलेगा, उसे आप अच्छी तरह तय समय पर पूरा कर दिखाएंगे। जिससे कार्यक्षेत्र में आपकी सराहना होगी और यह आपके व्यवसाय और नौकरी दोनों में अच्छे परिणाम देने वाला साबित हो सकता है। पारिवारिक जीवन में थोड़ी उथल-पुथल के बावजूद अपने परिजनों का सहयोग आज आपको आनंदित करेगा। यदि आप राजनीति के क्षेत्र से जुड़े हुए है, तो सामाजिक स्तर पर अच्छे कामों के लिए सम्मान मिल सकता है। शिक्षा प्राप्त कर रहे जातकों के लिए परीक्षा में सफलता के योग हैं।

* शुभ रंग- पीच

* शुभ अंक- 8

वृष राशि:

आज का दिन आपको लाभ दिलाने वाला है। कार्यक्षेत्र में आ रही समस्याओं से निपटने का रास्ता ढूंढ लेंगे और अपनी सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेंगे। आपके कारोबार में बढ़ोतरी के योग हैं। व्यापार अच्छा चलेगा। आपके प्रेम संबंधों में मजबूती आएगी । नौकरी या किसी कंपटीशन की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए कोई शुभ समाचार मिल सकता है साथ ही आपको स्वास्थ्य के मामले में सचेत भी रहना चाहिए। किसी तरह के संक्रमण से अपना बचाव करें और पौष्टिक आहार का सेवन करें।

* शुभ रंग- ग्रे

* शुभ अंक- 1

मिथुन राशि:

आज आपका दिन उमंगों के साथ शुरू होगा। आपको भाग्य का साथ मिलेगा। साथ ही आपके निर्णय लेने की क्षमता मजबूत होगी। आपको नौकरी में पदोन्नति के साथ ट्रांसफर होने की संभावना है। जो नौकरी ढूंढ रहे हैं उन्हें अच्छी नौकरी मिलने के योग हैं । व्यापार में लाभ के संकेत हैं, आमदनी बढ़ेगी जिससे आपकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। परिवार में कोई शुभ कार्य सम्पन्न होने से घर का माहौल उल्लास से भरा रहेगा। विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में चुनौतियां मिलेगी पर अपने कौशल तथा मेहनत से सामना करने में सफल होंगे, आशातीत सफलता मिलने के साथ तरक्की के मार्ग खुलेंगे।

* शुभ रंग- हरा

* शुभ अंक- 3

कर्क राशि:

आज आपको अपने मनचाहे काम में सफलता मिल सकती है। नौकरी में आज संभव है, आपको किसी अच्छी जगह ट्रांसफर मिल जाए जहां जाने की आप लंबे समय से उम्मीद कर रहे थे। व्यवसाय कर रहे लोगों को कुछ अच्छे परिणाम मिल सकते हैं। आर्थिक लाभ भी मिलेगा। पारिवारिक स्तर पर तालमेल बना कर रखना चाहिए जिससे घर का माहौल खुशनुमा रहेगा और दाम्पत्य जीवन में अच्छे परिणाम मिलेंगे। संतान संबंधी मामलों में कोई अच्छी खबर मिलेगी जिससे तरक्की के अवसर मिलेंगे। अच्छी सेहत बनाये रखने के लिए आप प्रतिदिन व्यायाम करेंगे इससे आप निरोगी और ऊर्जावान रहेंगे।

* शुभ रंग- पिंक

* शुभ अंक- 1

सिंह राशि:

आज आपका झुकाव अध्यात्म की ओर रहेगा। आज किसी धार्मिक समारोह में हिस्सा लेंगे और ज्यादा लोगों से आपके संपर्क जुड़ेंगे, जो भविष्य में लाभकारी सिद्ध हो सकता है और आपके व्यवसाय के लिए भी फायदेमंद रहेगा जिससे आपकी स्थिति में सुधार होगा । नौकरी में किसी प्रोजेक्ट के लिए यात्रा हो सकती है। आज अपना पूरा ध्यान काम पर लगाएंगे। आज परिवार में कोई शुभ समाचार मिलने से घर में खुशी का माहौल होगा, बच्चों में उत्साह बढ़ेगा परन्तु पढ़ाई को लेकर थोड़े चिंतित भी हो सकते हैं। आज किसी काम में घर के बड़े सदस्यों के सहयोग से आपको राहत मिलेगी। स्वास्थ्य का ध्यान रखें ।

* शुभ रंग- मैजेंटा

* शुभ अंक- 2

कन्या राशि:

आज आपको किसी तरह के कानूनी मामलों में दोस्तों की मदद मिलेगी और आपकी समस्याओं का समाधान होगा। आपके प्रयासों की सराहना की जाएगी, जो आपको किसी तोहफे की तरह महसूस करा सकता है। नौकरी में आपकी कार्यक्षमता के लिए अधिकारियों से पुरस्कार भी मिल सकता है। आपका उत्साह बढ़ेगा और दाम्पत्य जीवन में खुशियां आएंगी। व्यावसायिक कार्यों में सफलता मिलने के योग हैं। आर्थिक लाभ होंगे पर कुछ खर्चे भी बढ़ सकते हैं। इस राशि के छात्रों का प्रदर्शन परीक्षा में बेहतर रहेगा और आपको संतान की ओर कोई अच्छा समाचार मिलने की संभावना है।

* शुभ रंग- नारंगी

* शुभ अंक- 4

तुला राशि:

आज आपका मन शांत रहेगा और मन में नये-नये विचारों का समावेश होगा। यदि आंखों या गले की कोई समस्या लग रही है तो भ्रामरी प्राणायाम करें तथा नित्य ठंडे पानी से आंखों को धोने की आदत डालें, लाभ मिलेगा। व्यापारिक दृष्टि से आज का दिन शुभ समाचार लेकर आ सकता है। यदि आप नौकरी करते हैं तो टीम के सदस्यों से किसी प्रकार की समस्या की संभावना है परन्तु धैर्य से काम लेने पर मुश्किलें सुलझ जाएगी। इस राशि के जो जातक परीक्षा की तैयारी कर रहे उनको अपनी पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए। वैवाहिक जीवन सुखमय रहेगा जीवन साथी को आज कुछ स्पेशल फील कराने की कोशिश कामयाब होगी।

* शुभ रंग- नीला

* शुभ अंक- 6

वृश्चिक राशि:

आज आपका दिन व्यस्तता से भरा रहेगा। आज आपको नौकरी में खुद को साबित करने के लिए कड़ी मेहनत की जरूरत पड़ेगी। इस तरह आप अपनी स्थिति मजबूत कर पायेंगे और आपके प्रमोशन की बात पक्की हो सकती है। बिजनेस के क्षेत्र में उतार चढ़ाव आ सकते हैं परन्तु विदेशी संपर्कों से लाभ मिलेगा और व्यापार में बढ़ोत्तरी होगी। लेनदेन के मामलों में सावधानी बरतें। अपने जीवनसाथी के साथ तालमेल बनाए रखने के लिए कहीं घूमने जाने का प्लान बना सकते हैं। लवमेट्स के लिए आजका दिन अच्छा है रिश्ते मजबूत होंगे। उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के लिए आज दिन अच्छा रहेगा। अच्छे स्वास्थ्य के लिए योग करने की हैबिट डालें।

* शुभ रंग- मैरून

* शुभ अंक- 2

धनु राशि:

आज आपको कोई अच्छी खबर मिल सकती है, जिससे आपको खुशी मिलेगी और आप कहीं की यात्रा का प्लान बनाएंगे। नौकरी में बदलाव के लिए सोच सकते है यह आपके लिए अच्छा रहेगा सैलरी में बढ़ोतरी होगी। व्यापार को आगे बढ़ाने के मौके मिलेंगे, नये लोगों के संपर्क से लाभ मिलेगा और आमदनी के स्रोत बढ़ेंगे। आपको अपने वैवाहिक तथा प्रेम संबंधों में मधुरता बनाएं रखने के लिए वाणी और व्यवहार में संयम रखना चाहिए। इस राशि के विद्यार्थी मन को एकाग्र करने के लिए मेडिटेशन करें तो पढऩे में मन लगेगा।

* शुभ रंग- भूरा

* शुभ अंक- 4

मकर राशि:

आज का दिन आपके करियर में बदलाव लेकर आ सकता है। आप नौकरी बदलने के बारे में सोच सकते हैं। नौकरी के लिए प्रयास करेंगे और सफल होंगे। व्यापार से जुड़े लोगों को बिजनेस बढ़ाने के मौके मिल सकते हैं। आमदनी बढ़ेगी और आप धन संचय करने में कामयाब रहेंगे लेकिन स्वास्थ्य मामलों पर कुछ खर्चे हो सकते हैं। वैवाहिक जीवन सामान्य रहेगा। इस राशि के विद्यार्थियों के लिए दिन अच्छा है यदि आप किसी प्रतियोगी परीक्षा देने की तैयारी कर रहे हैं तो परिणाम अच्छे रहेंगे। आपके विदेश जाने का सपना पूरा हो सकता है।

* शुभ रंग- काला

* शुभ अंक- 7

कुम्भ राशि:

आज आपकी आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी। नौकरी में अपनी मेहनत से धन कमाने में कामयाब रहेंगे। व्यापार में लाभ की संभावना है आमदनी बढ़ सकती है आर्थिक स्थिति स्थिर रहेगी। लवमेट्स के लिए दिन अच्छा है आपसी सूझ-बूझ से रिश्ते को आगे बढ़ाने प्रयास करेंगे। वैवाहिक जीवन सामान्य रहेगा। विद्यार्थियों के लिए नये साल में आज का दिन खुशखबरी लेकर आएगा पढ़ाई में अच्छे परिणाम मिलेंगे, बच्चों की मेहनत कामयाब होगी और परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करेंगे। आज इस राशि के जातकों पर स्वास्थ्य संबंधी कुछ खर्चे हो सकते हैं, आपको इससे बचना चाहिए और अच्छी दिनचर्या तथा पौष्टिक खानपान का पालन करना चाहिए।

* शुभ रंग- हरा

* शुभ अंक- 5

मीन राशि:

आज आपका दिन आपके लिए अनुकूल रहेगा। आपको आपकी मेहनत से नौकरी में अच्छे नतीजे प्राप्त होंगे आपकी सराहना होगी और पदोन्नति का मौका मिल सकता है। आपके निर्णय लेने की क्षमता बढ़ेगी। बिजनेस में तरक्की होगी, आपको समाज के वरिष्ठ अनुभवी लोगों से आज सहयोग मिल सकता हैजो आपके कैरियर के लिए लाभकारी होगा। आर्थिक स्थिति सामान्य से कुछ अच्छी रहेगी। उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सफलता मिल सकती है। कोई अच्छी खबर मिलेगी जिससे आगे की पढ़ाई के लिए कहीं बाहर जा सकते हैं। इस राशि के जातकों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहकर एक व्यवस्थित दिनचर्या का पालन करना चाहिए।

* शुभ रंग- क्रीम कलर

* शुभ अंक- 3

*********************

 

एमपी में कौन बनेगा मुख्यमंत्री? 11 दिसंबर को होने वाली है भाजपा विधायक दल की बैठक में खत्म होगा सस्पेंस!

भोपाल ,10 दिसंबर (एजेंसी)। मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को यहां होगी, जिसमें विधायक दल का नेता चुना जाएगा। दल का नेता ही राज्य का अगला मुख्यमंत्री होगा।

भाजपा की प्रदेश इकाई के अनुसार दिन में चार बजे प्रारंभ होने वाली बैठक में केंद्रीय संगठन की ओर से नियुक्त तीनों पर्यवेक्षक हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, पार्टी के ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष डॉ के लक्ष्मण और राष्ट्रीय सचिव सुश्री आशा लकड़ा भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान सभी 163 नवनिर्वाचित विधायक अपना नेता चुनेंगे। बैठक में मौजूदा मुख्यमंत्री एवं बुधनी से विधायक शिवराज सिंह चौहान के अलावा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और प्रदेश संगठन के जिम्मेदार नेता भी मौजूद रहेंगे।

इस बीच नए मुख्यमंत्री के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं मुरैना जिले के दिमनी से नवनिर्वाचित विधायक नरेंद्र सिंह तोमर का नाम भी लिया जा रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं इंदौर एक विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित कैलाश विजयर्गीय को भी महत्वपूर्ण दायित्व दिए जाने की संभावना है। नरसिंहपुर विधायक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल की दावेदारी भी सामने आयी है। बैठक में पूर्व सांसद एवं सीधी से विधायक श्रीमती रीति पाठक, जबलपुर पश्चिम सीट से विधायक राकेश सिंह और गाडरवारा विधायक राव उदय प्रताप सिंह भी मौजूद रहेंगे, जो हाल में लोकसभा की सदस्यता से त्यागपत्र देकर आए हैं।

राज्य में ऐतिहासिक बहुमत हासिल करने वाली भाजपा ने कुल 230 सीटों में से 163 सीट पर विजय हासिल की है। सोमवार को विधायक दल का नेता चुने जाने के साथ ही राज्य की नयी सरकार के गठन को लेकर भी तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी। सरकार के गठन के दौरान वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में राज्य की सभी 29 सीटों पर पार्टी की जीत के लक्ष्य को ध्यान में रखा जाएगा। इसके लिए जातिगत, राजनैतिक, क्षेत्रीय और अन्य समीकरणों को भी साधने की पूरी संभावना है।

************************

 

जम्मू-कश्मीर को अनुच्छेद 370 हटाने पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का बेसब्री से है इंतजार

श्रीनगर 10 Dec, (एजेंसी): जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को हटाए जाने पर हर कोई सुप्रीम कोर्ट के फैसले का बेसब्री से इंतजार कर रहा है, वहीं राजनीतिक नेताओं ने फैसले पर अलग-अलग राय व्यक्त करना शुरू कर दिया है।

मुख्य न्यायाधीश डी.वाई.चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली सर्वोच्च न्यायालय की पांच सदस्यीय संवैधानिक पीठ ने इस मुद्दे पर विभिन्न पक्षों और केंद्र सरकार की दलीलें सुनीं।

शीर्ष अदालत सोमवार को फैसला सुनाएगी। जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक नेताओं ने संभावित निर्णय पर अलग-अलग विचार व्यक्त किए हैं।

भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष रविंदर रैना ने कहा है कि इस बहुचर्चित मुद्दे पर सभी को सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करना चाहिए।

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा है कि यह निर्णय ‘लोगों और देश के हितों के पक्ष में’ होने की संभावना नहीं है।

नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि कोई भी निश्चित तौर पर यह नहीं कह सकता कि अदालत का फैसला क्या होगा.

उन्होंने कहा, “हम इंतजार करेंगे और फिर तय करेंगे कि हमारी भविष्य की कार्रवाई क्या होनी चाहिए।”

पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष सज्जाद गनी लोन ने कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला जम्मू-कश्मीर के लोगों के पक्ष में होगा।

अवामी नेशनल कॉन्फ्रेंस के मुजफ्फर शाह ने कहा कि शीर्ष अदालत का फैसला देश के संविधान की परीक्षा होगा।

शाह ने एक कदम आगे बढ़कर कहा कि यह फैसला सुप्रीम कोर्ट के लिए भी एक परीक्षा होगा।

जम्मू-कश्मीर में आम आदमी कोर्ट के फैसले का इंतजार कर रहा है कि क्या धारा 370 और 35ए हमेशा के लिए खत्म हो जाएंगी या फिर इन्हें कुछ हद तक बहाल किया जाएगा।

“अदालत जो फैसला करेगी वह सभी को स्वीकार करना होगा। इस फैसले की कानूनी और संवैधानिक दोनों तरह की वैधता है।”

“जो लोग कह रहे हैं कि फैसले के बारे में जानने के बाद वे भविष्य का फैसला करेंगे, वे दिवास्वप्न देख रहे हैं।”

“यह पांच न्यायाधीशों की एक संवैधानिक पीठ है और देश के संविधान के बारे में उनसे अधिक जानकार कोई नहीं है।

कभी कश्मीर में अलगाववादी भावना का केंद्र माने जाने वाले श्रीनगर शहर के निवासी 56 वर्षीय जलाल-उद-दीन ने कहा, “हर किसी को, चाहे मुस्कुराहट के साथ या नाराजगी के साथ, निर्णय को स्वीकार करना होगा।”

*********************

 

मायावती का बड़ा ऐलान, भतीजे आकाश आनंद को बनाया उत्‍तराधिकारी; संभालेंगे BSP की कमान

लखनऊ 10 Dec, (एजेंसी): बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने रविवार को अपने भतीजे आकाश आनंद को बसपा का नेतृत्व करने के लिए अपना उत्तराधिकारी बनाया। आकाश आनंद बसपा के राष्ट्रीय समन्वयक के आधिकारिक पद पर हैं। मायावती ने लखनऊ में एक पार्टी बैठक को संबोधित करते हुए हालांकि कहा कि वह उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की कमान संभालती रहेंगी, लेकिन आकाश आनंद अन्य राज्यों के संबंध में फैसले लेंगे।

इससे पहले अगस्त में, बसपा ने आकाश आनंद के नेतृत्व में 14 दिवसीय ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ संकल्प यात्रा’ शुरू की थी। 2019 के आम चुनावों की अगुवाई करते हुए, आनंद को मीडिया में तब प्रसिद्धि मिली जब मायावती ने घोषणा की कि उनका भतीजा राजनीति की जटिलताओं से परिचित होने के लिए बसपा आंदोलन का हिस्सा बनेगा।

आनंद को ट्विटर पर अपनी मौसी का परिचय देने के लिए जाना गया। 2019 में चुनाव आयोग द्वारा मायावती पर 48 घंटे के प्रचार प्रतिबंध के बाद, आकाश ने राजनीतिक मंच पर अपनी शुरुआत की, अपनी पहली रैली को संबोधित किया और लोगों को एसपी-बीएसपी-आरएलडी गठबंधन का समर्थन करने का आह्वान किया।

************************

 

बिहार टॉपर्स घोटाले के मास्टरमाइंड के परिसर में ED का छापा, 3 करोड़ की नकदी समेत 80 से अधिक संपत्ति के दस्तावेज जब्त

नई दिल्ली 10 Dec, (एजेंसी): बिहार में 2016 के टॉपर्स घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मुख्य आरोपी बच्चा राय उर्फ अमित कुमार से 3 करोड़ रुपये से अधिक नकद और 80 से अधिक संपत्ति के दस्तावेज जब्त किए हैं। ईडी की टीम राय के परिसरों में नए निर्माण कार्य की रिपोर्ट के बाद कार्रवाई में आई, जिसे पहले एजेंसी ने घोटाले की जांच के सिलसिले में कुर्क किया था। ईडी के एक सूत्र ने कहा, शनिवार को तलाशी के दौरान टीम ने नकदी और संपत्ति के दस्तावेज जब्त किए। सूत्र ने बताया कि ईडी दस्तावेजों का विश्लेषण कर रही है।

सूत्र ने यह भी बताया कि एजेंसी को राय के बीएड कॉलेज में अनियमितताओं से जुड़े कई सबूत भी मिले हैं। साथ ही इसमें सरकारी राशि के गबन के सबूत मिले हैं। ईडी ने बिहार के वैशाली भगवानपुर इलाके में कई ठिकानों पर तलाशी थी। मार्च 2018 में ईडी ने बिहार टॉपर घोटाले के मुख्य आरोपियों की 4.53 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की थी, जिसमें 29 प्लॉट और दस बैंक खातों में जमा राशि शामिल थी, जिसने 2016 में राज्य को हिलाकर रख दिया था।

वैशाली जिले के विशुन रॉय कॉलेज के सचिव-सह-प्रिंसिपल के खिलाफ धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत कार्रवाई की गई। यह घोटाला 31 मई 2016 को सामने आया जब बिहार स्कूल शिक्षा बोर्ड (बीएसईबी) कला और मानविकी की टॉपर रूबी राय, विज्ञान के टॉपर सौरभ श्रेष्ठ और विज्ञान स्ट्रीम में तीसरे टॉपर राहुल कुमार का समाचार टीवी चैनलों द्वारा साक्षात्कार लिया गया और वे बुनियादी सवालों का जवाब देने में असमर्थ रहे। एक जांच शुरू की गई जिसके बाद ईडी ने 2017 में बिहार पुलिस द्वारा दर्ज एक एफआईआर के आधार पर मामला दर्ज किया।

**************************

 

दिल्ली पुलिस ने गैंगस्टर को पकड़ा, द्वारका कोर्ट परिसर में प्रतिद्वंद्वी को मारने की साजिश नाकाम

नई दिल्ली ,10 दिसंबर (एजेंसी)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक प्रतिद्वंद्वी गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार करने के बाद यहां द्वारका कोर्ट कॉम्प्लेक्स में एक गैंगस्टर की हत्या की कथित साजिश को नाकाम कर दिया। दिल्ली के शकूरपुर निवासी अंकित उर्फ तर्रू (26) के रूप में पहचाने गए आरोपी व्यक्ति के कब्जे से दो पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस और दो चाकू बरामद किए गए। पुलिस उपायुक्त (विशेष शाखा) इंजीत प्रताप सिंह ने कहा कि सूचना मिली थी कि शकूरपुर इलाके में एक स्थानीय आपराधिक समूह इलाके में गिरोह का वर्चस्व बढ़ाने के लिए अपने प्रतिद्वंद्वी गैंगस्टर मधेश उर्फ माधो को मारने की योजना बना रहा है।

डीसीपी ने कहा कि इसके बाद, खुफिया जानकारी इक_ा करने के लिए एक टीम तैनात की गई। निगरानी के दौरान यह पता चला कि सागर उर्फ कट्टो और अंकित अपने प्रतिद्वंद्वी मधेश को खत्म करने के इरादे से एक आपराधिक समूह के सदस्य थे। आगे की जांच में 8 दिसंबर को द्वारका कोर्ट परिसर के अंदर मधेश को मारने की उनकी साजिश का खुलासा हुआ। इस विशिष्ट जानकारी पर कार्रवाई करते हुए, एक टीम ने 8 दिसंबर को दिल्ली में अदालत परिसर के पास एक जाल बिछाया।

दोपहर के आसपास, अंकित को अदालत परिसर से सटी सड़क पर उस समय पकड़ लिया गया जब वह अपनी हुंडई आई-10 कार में आया था। अंकित ने अपनी स्कूली शिक्षा शकूरपुर के एक स्थानीय स्कूल से पूरी की। इसके बाद, उन्होंने 2017 में सत्यवती कॉलेज में संस्कृत (ऑनर्स) में दाखिला लिया। स्नातक के प्रथम वर्ष के दौरान सागर उर्फ कट्टो और अन्य सहयोगियों के साथ वह 2018 में शकूरपुर के राकेश, जिसे भोली के नाम से भी जाना जाता है, की हत्या में शामिल था। डीसीपी ने कहा कि यह कृत्य मधेश द्वारा उनके सहयोगी लकी की हत्या का प्रतिशोध था।

2020 में अंकित को कोविड-19 के कारण अंतरिम जमानत पर रिहा किया गया था। इस अवधि के दौरान उसने अपने साथियों सागर और जॉनसन के साथ मिलकर अपने प्रतिद्वंद्वी मधेश पर जानलेवा हमला किया जिसके परिणामस्वरूप उसकी गिरफ्तारी हुई।

डीसीपी ने आगे कहा कि हालांकि उसे जुलाई 2021 में जमानत दे दी गई थी। लेकिन उसे रानी बाग में अवैध हथियारों के साथ फिर से गिरफ्तार कर लिया गया। लकी की हत्या से अंकित और सागर के मन में मधेश के प्रति आक्रोश था और वे उसे खत्म करने पर आमादा थे। दोनों को जानकारी मिली थी कि मधेश 8 दिसंबर को द्वारका कोर्ट का दौरा करेगा। इसलिए उन्होंने उसे वहां मारने की योजना तैयार की। अपनी योजना के बाद, अंकित ने अवैध हथियार, गोला-बारूद और चाकू खरीदे और 8 दिसंबर को द्वारका कोर्ट पहुंचे थे।

*********************************

 

राम मंदिर के भूतल में गर्भगृह व चार मंडप तैयार

*ट्रस्ट ने जारी कीं राम मंदिर की भव्य व दिव्य तस्वीरें*

अयोध्या 10 दिसंबर (एजेंसी)। श्रीराम जन्मभूमि पर बन रहे भव्य राम मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की तैयारियों के बीच मंदिर निर्माण कार्य को अंतिम रूप दिए जाने का काम तेज कर दिया गया है। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने रविवार को भी मंदिर निर्माण की कुछ तस्वीरें जारी की हैं जिसमें  मंदिर में लगे पत्थरों पर उकेरी गईं नक्काशीदार आकृतियों को दिखाया गया है। ट्रस्ट सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा ने बताया कि मंदिर के भूतल में गर्भगृह और चार मंडप तैयार कर लिया गया है। यह मंदिर उत्तर भारत का ऐसा मंदिर होगा, जिसकी भव्यता सबसे अलग होगी।

धर्मपथ पर सूर्य स्तंभ लगाने का काम शुरू

राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले रामनगरी को सूर्य स्तंभ से सुसज्जित करने का काम शुरू कर दिया गया है। धर्मपथ पर लगने वाले 40 सूर्य स्तंभों से रामनगरी का आकर्षण और बढ़ जाएगा। इसके अलावा पूरे नगर क्षेत्र में 25 श्रीराम स्तंभ भी लगाने का काम शुरू हो गया है।  सूर्य स्तंभ लगाने का कार्य कर रही महाराष्ट्र की सन सिटी इनोवेशन कंपनी के आर्किटेक्ट सचिन ने बताया कि श्रीराम जब त्रेगायुग में वनवास काट कर अयोध्या पहुंचे थे तो उनका सूर्यवंशी परंपरा से स्वागत किया गया था। आज पुन: उसी दृश्य को दिखाने का प्रयास किया जा रहा है।

इसके लिए धर्मपथ पर 9 मीटर ऊंचे दोनों पटरियों पर 20-20 सूर्य स्तंभ लगाने का कार्य किया जा रहा है। स्तंभ के ऊपर लाइट इस तरह से लगाया जाएगा, जैसे सूर्य प्रकाश मान हो रहा हो। इस कार्य को दिसंबर तक पूरा करने लक्ष्य है।  धर्मपथ पर स्थापित किए जा रहे सूर्य स्तंभ में गदा और धनुष का चिह्न भी प्रतीक के रूप में दिखाई देगा। साथ ही स्तंभ पर गोल आकार की लाइट लगाई जाएगी, जो सूर्य के तरह प्रकाश मान होगी।

अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विशाल सिंह का कहना है कि  अयोध्या में सूर्य का विशेष महत्व है। श्रीराम सूर्यवंशी थे। इसलिए सूर्य स्तंभ और सोलर सिटी के रूप में अयोध्या को विकसित करने का कार्य किया जा रहा है। स्तंभों के माध्यम से सूर्य की जो महिमा है उसे प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं के मन में श्रद्धा भाव आए इसके लिए सूर्य स्तंभ लग रहे हैं। वहीं ब्रह्मा कुंड गुरुद्वारा पर बनाए गए टेंट सिटी पर श्रीराम के चरण पादुका का चिह्न स्थापित किया गया है जबकि मोहबरा चौराहे पर सीताजी के चूड़ामणि का चिह्न प्रतीक के रूप में स्थापित किया गया है।

***************************

 

पंच से सीएम की कुर्सी तक : छत्तीसगढ़ के नए सीएम विष्णुदेव साय चार बार सांसद, तीन बार विधायक और केंद्र में राज्यमंत्री रहे

रायपुर ,10 दिसंबर (एजेंसी)। छत्तीसगढ़ के नए सीएम विष्णुदेव साय की पंच से सीएम तक के सफर की पूरी कहानी उन लोगों के लिए मिसाल है जो मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं। अपने दादा-ताऊ की राजनीतिक विरासत को कायम रखते हुए विष्णुदेव साय 1989 में पंच चुने गए, 1990 में सरपंच और उसी साल 26 साल की उम्र में पहली बार विधायक बने।

उनके सीएम बनने की पूरी स्क्रिप्ट केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने तैयार की है। वे पूर्व सीएम रमन सिंह के भी करीबी रहे हैं।तीन दिसंबर को चुनाव परिणाम आने के बाद से ही छत्तीसगढ़ में नए सीएम का इंतजार हो रहा था। सात दिनों में भाजपा ने मुख्यमंत्री पद के लिए आदिवासी नेता विष्णुदेव साय का नाम तय किया है। विधायक दल की रविवार को हुई बैठक के बाद उनके नाम का ऐलान किया गया।

विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए विष्णुदेव साय शाम को ही राजभवन पहुंच गए। विष्णुदेव साय अब तक चार बार के सांसद, तीन बार के विधायक और छत्तीसगढ़ में भाजपा के अध्यक्ष की कमान संभालने वाले विष्णुदेव साय केंद्र सरकार में राज्य मंत्री भी रह चुके हैं।

नए सीएम विष्णुदेव 26 साल की उम्र में ही पहली बार विधायक बन गए थे, उनके दादा और दो ताऊ भी, विधायक-सांसद रह चुके हैं। विष्णुदेव साय ने इस बार चुनाव कुनकुरी विधानसभा सीट से लड़ा था, जिसमें उन्होंने 25 हजार 541 वोट से जीत मिली थी।
एक दिन पहले उन्होंने पत्रकारों से कहा-मेरी विनम्रता को कमज़ोरी नहीं मानना चाहिए। मैं तो इसे अपनी ताक़त मानता हूं और मेरी कोशिश रहेगी कि आजीवन विनम्र बना रहूं।

उनके चुनाव प्रचार के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सार्वजनिक तौर पर घोषणा की थी कि आप इन्हें विधायक बनाइए, इन्हें बड़ा आदमी मैं बनाऊंगा।

अमित शाह ने चुनाव प्रचार के दौरान कहा था, विष्णुदेव जी हमारे अनुभवी कार्यकर्ता हैं। नेता हैं, सांसद रहे, विधायक रहे, प्रदेश अध्यक्ष रहे। एक अनुभवी नेता को भारतीय जनता पार्टी आपके सामने लाई है। आप इनको विधायक बना दो. उनको बड़ा आदमी बनाने का काम हम करेंगे।

छत्तीसगढ़ के जिस सरगुजा संभाग से विष्णुदेव साय जीते हैं, उस संभाग की सभी 14 सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की है। उसके बाद से ही विष्णुदेव साय को मुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा शुरू हो गई थी।

पिछड़ा वर्ग से आने वाले बीजेपी के वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह, आईएएस से विधायक बने ओपी चौधरी और राज्य के पूर्व गृह मंत्री रामविचार नेताम के नाम की भी चर्चा थी. लेकिन अंतत: पार्टी ने विष्णुदेव साय के नाम पर मुहर लगाई।
कौन हैं विष्णुदेव साय21 फरवरी 1964 को एक आदिवासी परिवार में जन्में विष्णुदेव साय ने अपनी 10वीं तक की पढ़ाई कुनकुरी के लोयला हायर सेकेंडरी स्कूल से की थी।

उनके दिवंगत दादा बुधनाथ साय 1947 से 1952 तक विधायक और उनके दिवंगत ताऊ नरहरि प्रसाद साय भी दो बार विधायक और एक बार सांसद रह चुके हैं। एक और ताऊ केदारनाथ साय भी विधायक रह चुके हैं। राजनीतिक माहौल में पले-बढ़े विष्णुदेव साय 1989 में जशपुर जि़ले के बगिया गांव में पहली बार पंच चुने गये। इसके बाद अगले ही साल उनकी पंचायत का सरपंच चुना गया था। उसी साल भाजपा ने उन्हें तपकरा विधानसभा से अपना प्रत्याशी बनाया और अविभाजित मध्यप्रदेश में 1990 में वे पहली बार विधानसभा पहुंचे।

**************************

 

ज्ञानवापी से मस्जिद हटाने के लिए मुकदमा दायर करने वाले हरिहर पांडेय का निधन, 77 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

काशी 10 Dec, (एजेंसी) : काशी की ज्ञानवापी परिसर से मस्जिद हटाने का केस लड़ने वाले हरिहर पांडेय का निधन हो गया है। कुछ समय से उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। बीएचयू स्थित सर सुंदरलाल हॉस्पिटल में उन्होंने रविवार को 77 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। हरिहर पांडेय ने साल 1991 में ज्ञानवापी से मस्जिद को हटाने के लिए सिविल कोर्ट में एक मुकदमा दायर किया था। इसमें उनके साथ सोमनाथ व्यास और संपूर्णानंद विश्वविद्यालय में प्रोफेसर रहे रामरंग शर्मा शामिल थे।

हालांकि मुकदमा दायर होने के कुछ सालों बाद ही पंडित सोमनाथ व्यास और रामरंग शर्मा की मौत हो गई थी। हरिहर पांडेय ही इस मामले के इकलौते पक्षकार बचे थे। 33 साल से ज्ञानवापी केस लड़ रहे थे। हरिहर पांडेय का घर लक्सा इलाके के औरंगाबाद में है। अस्पताल में उनकी किडनी का डायलिसिस चल रहा था। शनिवार को उन्हें डायलिसिस के बाद औरंगाबाद स्थित आवास लाया गया था, जहां आधी रात के बाद फिर हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया था।

***************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version