भाजपा सरकार ने नौजवानों को दिया धोखा- अखिलेश यादव

लखनऊ 18 Jan, (एजेंसी)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को ऐसे रास्ते पर धकेल दिया है, जहां नौकरी और रोजगार मिलना मुश्किल है। नौकरियां खत्म हो गई हैं। भाजपा की सरकार ने नौजवानों को धोखा दिया है, इसी तरह से किसानों से भी भाजपा ने झूठा वादा किया। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सिर्फ नारों से देश विकसित नहीं हो सकता है। भाजपा सरकार झूठ बोलती है, झूठे दावे करती है और सिर्फ झूठे सपने दिखाती है, इसके अलावा जमीन पर उसका कोई काम नहीं दिखाई देता है।

मीडिया से साक्षात्कार में कहा कि भाजपा सरकार ने नौकरियां छीन ली है। नौजवान बायोडाटा लेकर भटक रहा है। भाजपा ने नौजवानों को हर साल 2 करोड़ नौकरी देने का झूठा वादा किया था। बड़ी संख्या में पढ़े लिखे नौजवानों को इस सरकार में सम्मानजनक नौकरी नहीं मिल रही है। मजबूरी में युवा डिलीवरी ब्वाय और वेटर का काम करने पर मजबूर है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के 10 साल की सरकार में महंगाई और कर्ज से डूबे एक लाख से ज्यादा किसानों ने आत्महत्या कर ली। महंगाई बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। किसानों की फसलों का लागत मूल्य भी नहीं निकल पा रहा है। भाजपा ने पुराने वादों को पूरा नहीं किया, अब विकसित भारत का सपना दिखा रही है। भाजपा सरकार ने यूपी में इन्वेस्टर समिट किया, मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश में 40 लाख करोड़ का एमओयू  हुआ है। लेकिन आज तक कोई भी निवेश जमीन पर नहीं दिखाई दे रहा है। प्रदेश के किसी जिले में कहीं भी फैक्ट्री या कोई कंपनी लगती नहीं दिखाई दे रही है।

उन्हांेने कहा कि जो उद्योगपति एमओयू साइन करने के लिए यूपी आये थे, वही बिहार भी गए, वही तमिलनाडु और गुजरात भी गए। देश के अन्य राज्यों के इन्वेस्टर समिट में भी गए। हर राज्य में वही बातें दोहरा कर आए। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश के हर वर्ग को तबाह कर दिया है। महंगाई, बेरोजगारी, अन्याय चरम पर है। देश की सीमाएं सुरक्षित नहीं है। हमारे जवान लगातार शहीद हो रहे हैं। कहा कि भाजपा लोकतंत्र, संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों को खत्म कर रही है। जनता के मुद्दों और उनके सवालों को उठाने पर विपक्ष के सांसदों को लोकसभा से निलंबित कर दिया जाता है।

देश में लोकतंत्र, संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए भाजपा सरकार को हटाना जरूरी है। इंडिया गठबंधन लोकसभा चुनाव में भाजपा सरकार को देश की सत्ता से हटाएगा। समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में पीडीए- पिछड़ा दलित, अल्पसंख्यक, पीड़ित अगड़ों और आधी आबादी महिलाओं को एकजुट कर इंडिया गठबंधन को मजबूत कर रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार पीडीए के साथ भेदभाव कर रही है। उनकी नौकरियां छीन रही है। केंद्रीय विश्वविद्यालयों में कुलपति बनाने और वहां की नौकरियों में पीडीए के साथ बड़े पैमाने पर भेदभाव हुआ है। भाजपा पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यकों की विरोधी है। वह सामाजिक न्याय की विरोधी है।

*****************************

 

राहुल गांधी मामलें में सुनवाई 20 फरवरी को

सुलतानपुर 18 Jan, (एजेंसी)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से बृहस्पतिवार को एमपीएमएलए कोर्ट में अधिवक्ता काशी प्रसाद शुक्ला apear हुए। उन्होंने एप्लीकेशन डालते हुए कोर्ट से जमानत के लिए समय मांगा। कोर्ट अब इस मामले में 20 फरवरी को सुनवाई करेगी। केंद्रीय मंत्री अमित शाह के विरुद्ध अभद्र टिप्पणी करने के मामले में पांच वर्ष पूर्व राहुल के खिलाफ परिवाद दायर हुआ था।
राहुल गांधी की ओर से अधिवक्ता काशी प्रसाद शुक्ला ने कोर्ट में अपेयर होने के बाद मीडिया से बात किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में राहुल गांधी भारत जोड़ों न्याय यात्रा के संदर्भ में नागालैंड और असम के बीच में व्यस्त हैं। पूर्व में जानकारी नहीं होने और कम समय के कारण नहीं पहुंच सकते हैं। लिहाजा हमको समय दिया जाए कि उस तारीख पर पहुंचकर हम जमानत करा सके। हमने कोर्ट से कहा है कि हमको परिवाद की कोई नकल नहीं दी गई है नकल दिलाई जाए ताकि हम आपत्ति दाखिल कर सके। मुकदमें में कोर्ट ने 20 फरवरी नीयत की है।

कोतवाली देहात थाने के हनुमानगंज निवासी व विजय मिश्र ने चार अगस्त 2018 को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ अदालत में मानहानि का केस (परिवाद) दायर किया था।  विजय मिश्र का आरोप है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 15 जुलाई 2018 को कर्नाटक की राजधानी बंगलुरू में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस मामले में विजय मिश्रा की ओर से अधिवक्ता संतोष पाण्डेय ने परिवाद दायर किया है। जिसमें कोर्ट ने पूर्व में राहुल के विरुद्ध वारंट जारी किया है।

******************************

 

मोदी की गारंटी वाली गाड़ी फरवरी महीने में भी चलाएंगे, PM मोदी ने की घोषणा

नई दिल्ली 18 Jan, (एजेंसी): ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ की कामयाबी से उत्साहित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अब ‘मोदी की गारंटी’ वाली गाड़ी को फरवरी महीने में भी चलाने की घोषणा कर दी है।

देशभर के विभिन्न शहरों से जुड़े ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के हजारों लाभार्थियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “विकसित भारत संकल्प यात्रा के 2 महीने पूरे हो चुके हैं। इस यात्रा में चलने वाला विकास रथ, विश्वास रथ है और अब इसको लोग गारंटी वाला रथ भी कह रहे हैं। ये विश्वास है कि कोई भी वंचित नहीं रहेगा, कोई भी योजनाओं के लाभ से नहीं छूटेगा।

जिन गांवों में मोदी की गारंटी वाली गाड़ी अभी नहीं पहुंची है, वहां अब इसका बेसब्री से इंतजार हो रहा है। और, इसलिए पहले ये यात्रा 26 जनवरी तक हमने सोची थी, लेकिन, इतना समर्थन मिला है, इतनी मांग बढ़ी है, गांव-गांव से लोग कह रहे हैं कि ‘मोदी की गारंटी’ वाली गाड़ी हमारे यहां आनी चाहिए। जब ये मुझे पता चल रहा है तो मैंने सरकार के हमारे अफसरों से कहा है कि अब भई 26 जनवरी तक नहीं, थोड़ा आगे बढ़ाओ। लोगों को जरूरत है, लोगों की मांग है तो इसको जरा हमें पूरा करना होगा। इसलिए, शायद थोड़े दिन के बाद तय हो जाएगा ये मोदी की गारंटी वाली गाड़ी शायद फरवरी महीने में भी चलाएंगे।”

प्रधानमंत्री ने कहा, “जब 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा के आशीर्वाद से, हमने ये यात्रा शुरू की थी, तो इसकी इतनी सफलता की कल्पना नहीं की थी। बीते दिनों में मुझे कई बार इस यात्रा से जुड़ने का अवसर मिला। अनेकों लाभार्थियों से मेरी खुद बातचीत हुई। सिर्फ दो महीने में विकसित भारत संकल्प यात्रा, एक जनआंदोलन में बदल गई है। जहां भी मोदी की गारंटी वाली गाड़ी पहुंच रही है, लोग बहुत अपनेपन के साथ स्वागत कर रहे हैं। विकसित भारत संकल्प यात्रा से अब तक 15 करोड़ लोग जुड़ चुके हैं। देश की लगभग 70-80 प्रतिशत पंचायतों तक ये यात्रा पहुंच चुकी है।”

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ का सबसे प्रमुख ध्येय ऐसे लोगों तक पहुंचना था, जो किसी ना किसी वजह से अब तक सरकार की योजनाओं से वंचित रहे और मोदी ऐसे लोगों को पूजता है, मोदी ऐसे लोगों को पूछता है, जिनको किसी ने नहीं पूछा। आज कोई अध्ययन करे तो पाएगा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा जैसा अभियान लास्ट माइल डिलीवरी का सबसे बेहतरीन माध्यम है। इस यात्रा के दौरान 4 करोड़ से ज्यादा लोगों का हेल्थ चेकअप हुआ है।

ढाई करोड़ लोगों की टीबी की जांच हुई है, जनजातीय क्षेत्रों में 50 लाख से ज्यादा लोगों की सिकल सेल एनीमिया के लिए स्क्रीनिंग हुई है, 50 लाख से ज्यादा आयुष्मान कार्ड दिए गए हैं, 50 लाख से ज्यादा लोगों ने बीमा योजनाओं के लिए आवेदन किया, 33 लाख से ज्यादा नए लाभार्थी, पीएम किसान योजना से जोड़े गए, 25 लाख से ज्यादा नए लाभार्थी किसान क्रेडिट कार्ड के जोड़े गए, 22 लाख से ज्यादा नए लाभार्थियों ने मुफ्त गैस कनेक्शन के लिए अप्लाई किया और 10 लाख से ज्यादा लोगों ने पीएम स्वनिधि का लाभ उठाने के लिए आवेदन दिया।

उन्होंने अपने सरकार के कार्यकाल के दौरान गरीबों और वंचितों के लिए किए गए कई कामों का जिक्र करते हुए कहा कि अभी एक ताजा रिपोर्ट आई है जो बताती है कि पिछले 9 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। उन्होंने देश के किसानों, युवाओं, आदिवासियों, वंचितों और महिलाओं के लिए उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए यह भी कहा, “हमारी सरकार कैसे वंचितों को वरीयता दे रही है, इसका एक उदाहरण ट्रांसजेंडर समाज भी है, हमारा किन्‍नर समाज है। और, अभी मैं किन्‍नर समाज के प्रतिनिधि से विस्‍तार से बात कर रहा था, आपने सुना होगा।

”आजादी के बाद इतने दशकों तक ट्रांसजेंडर्स को किसी ने नहीं पूछा। ये हमारी सरकार है, जिसने पहली बार हमारे किन्‍नर समाज की मुश्किलों की चिंता की, उनका जीवन आसान बनाने को प्राथमिकता दी। हमारी सरकार ने साल 2019 में किन्‍नर समाज के अधिकारों को संरक्षण देने वाला कानून बनाया। इससे किन्‍नर समाज को समाज में सम्मानजनक स्थान मिलने के साथ ही उनके साथ होने वाले भेदभाव को भी खत्म करने में मदद मिली।

सरकार ने हजारों लोगों को ट्रांसजेंडर पहचान प्रमाण पत्र भी जारी किया जो अभी किन्‍नर समाज के प्रतिनिधि ने कहा कि‍ उन्होंने आई-कार्ड दिए हैं सबको। उनके लिए सरकार की योजना है और वो किन्‍नर समाज हमारी मदद भी कर रहा है। और, जैसा अभी कुछ देर पहले हुए संवाद में जाहिर हुआ है, गरीब कल्याण की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी हमारे किन्‍नर समाज को लगातार मिल रहा है।”

**************************

 

ध्यान दें! राम मंदिर के प्रसाद की कोई ऑनलाइन बिक्री अधिकृत नहीं, ट्रस्ट ने किया स्पष्ट

अयोध्या 18 Jan, (एजेंसी): श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि अयोध्या में भगवान को चढ़ाए जाने वाला प्रसाद भक्तों को ऑनलाइन उपलब्ध कराने के लिए कोई मंच स्थापित नहीं किया गया है। ट्रस्ट के एक सदस्य ने कहा, ट्रस्ट द्वारा ऑनलाइन प्रसाद वितरित करने के लिए किसी विक्रेता या एजेंसी को नियुक्त नहीं किया गया है।

यह बयान 22 जनवरी को ‘प्राण प्रतिष्ठा (अभिषेक)’ समारोह के बाद भक्तों को प्रसाद प्रदान करने का दावा करने वाले कुछ ऑनलाइन प्लेटफार्मों की रिपोर्टों के बीच आया है। राम मंदिर ट्रस्ट कार्यालय से बुधवार को संपर्क करने वाले मुंबई निवासी अनिल परांजपे ने कहा कि कुछ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म प्रसाद की पेशकश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, लेकिन मुझे यकीन नहीं था और इसलिए मैं थोक में प्रसाद खरीदने के लिए ट्रस्ट कार्यालय गया।

राम मंदिर के पास ट्रस्ट के कैंप कार्यालय में तैनात कर्मचारियों ने परांजपे को ‘इलायची दाना’ के 10 पैकेट इस निर्देश के साथ सौंपे कि इसे आगे वितरण के लिए अन्य प्रसाद के साथ मिलाया जाए। अन्य मंदिरों और धार्मिक स्थलों के विपरीत, जहां भक्तों द्वारा प्रसाद चढ़ाया जाता है, अयोध्या में सुरक्षा कारणों से सुरक्षा चौकियों से परे प्रसाद ले जाने की अनुमति नहीं है।

मंदिर ट्रस्ट कैंप कार्यालय के प्रभारी प्रकाश गुप्ता ने कहा, राम मंदिर ट्रस्ट एक गैर-लाभकारी संगठन है। प्रसाद केवल मौजूदा राम मंदिर के भीतर ही भक्तों को दिया जाता है। अभी तक कोई ऑनलाइन सेवा शुरू नहीं की गई है। भक्तों को प्रसाद निःशुल्क दिया जाता है और कोई पैसा नहीं लिया जाता। लोगों को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और सेवाओं को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है क्योंकि ट्रस्ट ने अभी तक किसी को अधिकृत नहीं किया है।

****************************

 

EPFO का बड़ा फैसला, अब बर्थ प्रूफ के लिए मान्य नहीं होगा आधार कार्ड; जानें कौन से दस्तावेज होंगे मान्य

नई दिल्ली 18 Jan, (एजेंसी): कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने एक नोटिफिकेशन जारी किया जिसके तहत अब आधार कार्ड अब आपकी जन्‍मतिथि का प्रमाण नहीं होगा। इसका मतलब ये हुआ कि अब कोई भी नौकरीपेशा कर्मी अपने EPF अकाउंट में अपनी जन्मतिथि साबित करने या सुधार के लिए आधार को प्रूफ के तौर पर उपयोग नहीं कर सकता। बता दें कि भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के निर्देश के बाद EPFO ने जन्मतिथि के लिए आधार कार्ड को स्वीकार्य दस्तावेज के रूप में हटाने का फैसला लिया। बता दें कि EPFO के करीब 7 करोड़ सब्सक्राइबर हैं। ये वो लोग हैं जो नौकरी में हैं और उनका नियोक्ता EPFO से जुड़ा है।

यूआईडीएआई ने पाया कि आधार को कई लाभार्थियों द्वारा जन्मतिथि के प्रमाण के रूप में माना जा रहा था। आधार अधिनियम, 2016 के अनुसार जन्म तिथि के प्रमाण के रूप में इसे मान्यता नहीं दी गई थी। यूआईडीएआई ने इस बात पर जोर दिया कि आधार पहचान सत्यापन के लिए है, जन्म का प्रमाण नहीं। यूआईडीएआई के निर्देश के बाद EPFO ने जन्मतिथि में सुधार के लिए आधार को स्वीकार्य दस्तावेजों की सूची से हटा दिया। यह निर्णय केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त (सीपीएफसी) की मंजूरी से लिया गया।

कौन से दस्तावेज मान्य
EPFO के लिए जन्मतिथि के प्रमाण के तौर पर मान्य दस्तावेज बर्थ सर्टिफिकेट, किसी मान्यता प्राप्त सरकारी बोर्ड या यूनिवर्सिटी द्वारा जारी मार्कशीट है। इसके अलावा स्कूल छोड़ने का प्रमाणपत्र (एसएलसी)/स्कूल स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी)/एसएससी प्रमाणपत्र जिसमें नाम और जन्म तिथि शामिल हो, वो दस्तावेज भी EPFO के लिए मान्य दस्तावेज है। पैन कार्ड, केंद्रीय/राज्य पेंशन भुगतान आदेश यानी पीपीओ, सरकार द्वारा जारी किया गया डोमिसाइल सर्टिफिकेट भी जन्मप्रमाण पत्र के तौर पर मान्य है।

******************************

 

बर्फबारी के बिना कश्मीर में कड़ाके की ठंड, जम्मू के तापमान में हुआ सुधार

श्रीनगर 18 Jan, (एजेंसी): गुरुवार को जम्मू के तापमान में सुधार देखने को मिला। वहीं अगले सात दिनों के दौरान कश्मीर में बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है, लेकिन माैैसम ठंडा बना हुआ है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले सात दिनों के दौरान जम्मू-कश्मीर के मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। जम्मू में गुरुवार को तापमान में सुधार हुआ, बुधवार को न्यूनतम तापमान 5.7 जबकि अधिकतम 20.6 था।

गुरुवार को श्रीनगर का न्यूनतम तापमान माइनस 4.6 था, जबकि गुलमर्ग और पहलगाम का तापमान माइनस 4.5 और माइनस 5.8 था।

लद्दाख क्षेत्र में, लेह शहर में न्यूनतम तापमान माइनस 13.8, कारगिल में माइनस 11.8 और द्रास में माइनस 13.1 रहा।

जम्मू में 5.7, कटरा में 6.2, बटोट में 2.4, भद्रवाह में माइनस 0.3 और बनिहाल में माइनस 0.8 तापमान रहा।

कड़ाके की ठंड की 40 दिनों की लंबी अवधि जिसे ‘चिल्लई कलां’ के नाम से जाना जाता है, 21 दिसंबर को शुरू हुई और 30 जनवरी को समाप्त हुई। अब तक, चिल्लई कलां के दौरान कश्मीर में कोई बर्फबारी नहीं हुई है।

चिल्लई कलां में बर्फबारी न होना गर्मियों के लिए आपदा का कारण बनता है क्योंकि कश्मीर में सभी जल निकाय ऊंचे इलाकों में बारहमासी जल जलाशयों पर निर्भर हैं जो सर्दियों के महीनों के दौरान पर्याप्त बर्फबारी से भर जाते हैं।

***************************

 

ऐतिहासिक मस्जिद में मदरसा: हाईकोर्ट ने केंद्र व कर्नाटक सरकार को जारी क‍िया नोटिस

मांड्या 18 jan, (एजेंसी): कर्नाटक उच्च न्यायालय ने उस याचिका पर राज्य और केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया है, जिसमें मांड्या जिले के श्रीरंगपट्टनम शहर में एक ऐतिहासिक मस्जिद के परिसर में एक मदरसे के अवैध संचालन पर सवाल उठाया गया है।

मुख्य न्यायाधीश पी.बी.वराले और न्यायमूर्ति कृष्णा एस. दीक्षित की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने कनकपुरा निवासी अभिषेक गौड़ा द्वारा दायर जनहित याचिका के जवाब में बुधवार को यह आदेश द‍िया।

पीठ ने भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के महानिदेशक, कर्नाटक सरकार के राजस्व विभाग और कर्नाटक में मांड्या के जिला आयुक्त को नोटिस जारी किया है।

याचिकाकर्ता ने दावा किया कि श्रीरंगपट्टनम एक ऐतिहासिक और पर्यटन स्थल है और टीपू सुल्तान के शासनकाल के दौरान बनी श्रीरंगपट्टनम में जुम्मा मस्जिद को एएसआई द्वारा संरक्षित एक ऐतिहासिक और प्राचीन स्मारक घोषित किया गया है।

हालांकि, याचिकाकर्ता का आरोप है कि ऐतिहासिक मस्जिद के परिसर में एक आवासीय मदरसा अवैध रूप से चल रहा है। याचिका के मुताबिक, जिस परिसर में खाना बनता है, वहां करीब 50 से 60 छात्र रहकर पढ़ाई कर रहे हैं।

इसके अतिरिक्त, शौचालय, स्नानघर, एक अतिथि गृह और एक रसोईघर सहित विभिन्न संरचनाएं बनाई गई हैं, और गीले कपड़े परिसर में सूखने के लिए छोड़ दिए गए हैं। याचिकाकर्ता का दावा है कि ये गतिविधियां प्राचीन स्मारक संरक्षण अधिनियम 1958 की धारा 7, 8 और 16 का उल्लंघन करती हैं।

याचिकाकर्ता ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार के साथ-साथ एएसआई भी इन उल्लंघनों से अवगत है। कथित तौर पर 20 मई, 2020 को मांड्या जिले के जिला आयुक्त को एक शिकायत सौंपी गई थी, इसमें अधिकारियों से अतिक्रमण और उल्लंघनों को संबोधित करने का आग्रह किया गया था। याचिकाकर्ता ने मदरसा परिसर को तत्काल खाली कराने की मांग की।

याचिकाकर्ता मस्जिद को एक प्राचीन स्मारक के रूप में संरक्षित करने की मांग और इस संबंध में राज्य और केंद्र सरकारों को निर्देश जारी करने की मांग करता है।

*****************************

 

उत्तरकाशी में आया 2.8 तीव्रता का भूकंप

उत्तरकाशी 18 jan, (एजेंसी): उत्तरकाशी में गुरुवार को एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। सुबह जब लोग अपने घरों में काम कर रहे थे, तभी उन्हें भूकंप के झटके महसूस हुए जिसके बाद लोग डर के कारण अपने अपने घरों से बाहर आ गए।

रिएक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 2.8 मापी गई है। हालांकि अच्छी बात ये रही कि इसमें किसी भी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई।

आपको बता दें कि उत्तराखंड का उत्तरकाशी जिला भूकंप के जोन 5 में आता है। यहां कई बार भूकंप के झटके महसूस किए जाते हैं।

वाडिया इंस्टीट्यूट के वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तराखंड का अधिकतर क्षेत्र भूकंप के जोन 4 और 5 में आता है जो बेहद संवेदनशील है। और उत्तराखंड में भविष्य में कभी भी कोई बड़ा भूकंप आ सकता है। इसका भी अंदेशा वैज्ञानिक कई बार जता चुके हैं।

***************************

 

PM मोदी ने राम मंदिर पर जारी किया डाक टिकट, 48 पेज की किताब में 20 देशों के टिकट

नई दिल्ली 18 Jan, (एजेंसी) : अयोध्या में तैयार हो चुके राम मंदिर के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर पूरे देश में हर्षोल्लास का माहौल है। इस कार्यक्रम को खास बनाने की तैयारी की जा रही है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री राम जन्मभूमि मंदिर पर स्मारक डाक टिकट और दुनिया भर में भगवान राम पर जारी टिकटों की एक पुस्तक जारी की।

पीएम मोदी ने कुल 6 टिकट जारी की, जिसमें राम मंदिर, भगवान गणेश, भगवान हनुमान, जटायु, केवटराज और मां शबरी के टिकट शामिल हैं। टिकटों पर राम मंदिर, चौपाई ‘मंगल भवन अमंगल हारी’, सूर्य, सरयू नदी और मंदिर में और उसके आसपास की मूर्तियों की आकृति बनाई गई है।

 स्टाम्प पुस्तक विभिन्न समाजों पर श्री राम की अंतर्राष्ट्रीय अपील को प्रदर्शित करने का एक प्रयास है। 48 पन्नों की इस पुस्तक में अमेरिका, न्यूजीलैंड, सिंगापुर, कनाडा, कंबोडिया और संयुक्त राष्ट्र जैसे संगठनों सहित 20 से अधिक देशों द्वारा जारी किए गए डाक टिकट शामिल हैं।

*************************

 

बुजुर्गों, दिव्यांगों और गर्भवती महिलाओं को श्रीरामलला के दर्शन कराएगी सरकार, बिल्कुल FREE मिलेगी ई कार्ट सुविधा

अयोध्या 18 jan, (एजेंसी): 22 जनवरी को श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद बड़ी संख्या में अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए यूपी सरकार ने व्यापक तैयारियां की हैं। इसी क्रम में सरकार श्रीरामलला के दर्शनों को आने वाले श्रद्धालुओं को राम मंदिर और हनुमान गढ़ी तक पहुंचाने के ई कार्ट चलाएगी। ये ई कार्ट या गोल्फ कार्ट बुजुर्गों, दिव्यांगों और गर्भवती महिलाओं के लिए निशुल्क होंगी।

इस महत्वपूर्ण योजना को मूर्त रूप देने के लिए अयोध्या विकास प्राधिकरण ने निजी औद्योगिक घरानों को प्रस्ताव भेजा है। यह प्रयास किया जा रहा है कि निजी औद्योगिक घराने अपने सीएसआर फंड के माध्यम से अयोध्या में इस सेवा के लिए डोनेशन प्रदान करें, ताकि बुजुर्गों, दिव्यांगों और गर्भवती महिलाओं को राहत प्रदान की जा सके। वहीं अयोध्या विकास प्राधिकरण का फैसिलिटी मैनेजमेंट पार्टनर कवच ग्लोबल जल्द ही 650 ई कार्ट्स को रोड पर उतारने जा रहा है।

अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विशाल सिंह के अनुसार, प्राण प्रतिष्ठा के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु नए मंदिर में श्रीरामलला के दर्शनों के लिए अयोध्या आएंगे। इसमें दिव्यांग, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाएं भी शामिल होंगी। जो श्रद्धालु अपने वाहनों से अयोध्या आएंगे उन्हें पार्किंग स्थल पर ही ई कार्ट की सुविधा मिलेगी, जिसके माध्यम से वो हनुमान गढ़ी और श्रीरामलला के दर्शनों के साथ ही धाम में स्थित अन्य धार्मिक स्थलों तक जा सकेंगे। बुजुर्गों, दिव्यांगो और गर्भवती महिलाओं को निशुल्क सेवा उपलब्ध कराने की योजना है।

अयोध्या विकास प्राधिकरण के फैसिलिटी मैनेजमेंट पार्टनर कवच ग्लोबल कनेक्ट्स प्रा. लि. भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कवच ग्लोबल के डायरेक्टर तक्ष रावल ने बताया कि हमें टेंडर के माध्यम से अयोध्या विकास प्राधिकरण में विभिन्न लोकेशन मिली हैं। इन लोकेशंस पर हम श्रद्धालुओं को बेहतर से बेहतर सुविधा प्रदान करने का प्रयास कर रहे हैं। इसी क्रम में हमारी योजना है कि श्रद्धालुओं को इन लोकेशंस से 12 सीटर और 18 सीटर ई कार्ट की सुविधा मिले जो उन्हें अयोध्या के विभिन्न धार्मिक स्थलों की सैर कराए। इसमें ओएनजीसी, आईओसी, टाटा प्रोजेक्ट्स जैसी कंपनियों से सर्वाधिक डोनेशन मिला है।

उन्होंने कहा कि पहले चरण में हम जनवरी से मार्च तक 650 ई कार्ट्स उतारने जा रहे हैं। एडीए के उपाध्यक्ष विशाल सिंह ने पूरी अयोध्या की कनेक्टिविटी के लिए जो हाइपरलूप मॉडल तैयार किया है, ये प्रोजेक्ट उसी का हिस्सा है। आने वाले दिनों में राम पथ पर 4 व्हीलर्स पर रोक रहेगी, तब ये ई कार्ट ही लोगों को दर्शन कराएंगी। दिव्यांगों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं के लिए ये पूरी तरह निशुल्क रहेंगी। इन ई कार्ट्स की ओनरशिप एडीए की रहेगी और ये विभिन्न लोकेशंस से ऑपरेट की जाएंगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अयोध्या विकास प्राधिकरण द्वारा जो प्रस्ताव कॉर्पोरेट हाउसेस को दिया गया है उसमें कई बातों का जिक्र किया गया है। इसमें ई कार्ट या गोल्फ कार्ट के मेंटिनेंस, इसकी निगरानी, पार्किंग, ड्राइवर के चयन और प्राधिकरण द्वारा प्रदान की जाने वाली सहायता के संबंध में जानकारी दी गई है।

******************************

 

केंद्र सरकार के दफ्तरों में 22 जनवरी को रहेगी आधे दिन की छुट्टी, श्री राम लला प्राण प्राण प्रतिष्ठा को लेकर सरकार का ऐलान

नई दिल्ली  18 Jan, (एजेंसी)-22 जनवरी को श्री राम लला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। ऐलान के मुताबिक केंद्र सरकार के दफ्तरों में सोमवार को आधे दिन का अवकाश रहेगा।

यह फैसला प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर सरकारी कर्मियों की भावनाओं को देखते हुए लिया गया है। दोपहर ढाई बजे तक सभी केंद्रीय दफ्तरों में अवकाश रहेगा। इस संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। इस आदेश में कहा गया कि कर्मचारियों की भारी भावना और उनके अनुरोध के कारण केंद्र सरकार ने आधे दिन की छुट्टी का ऐलान किया है। बता दें कि 22 जनवरी को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह है और अनुष्ठान शुरू हो गया है। सात दिन तक चलने वाले इस अनुष्ठान का आज तीसरा दिन है।

***********************

 

पश्चिम बंगाल शिक्षक भर्ती घोटाले में ED की बड़ी कार्रवाई, बिचौलिए प्रसन्ना रॉय के ठिकानों पर छापेमारी

नई दिल्ली 18 Jan, (एजेंसी) : पश्चिम बंगाल में बहुचर्चित शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने एक बार फिर कार्रवाई करते हुए घोटाले के बिचौलिए प्रसन्ना रॉय से संबंधित कई ठिकानों पर गुरुवार की सुबह छापेमारी की। ये छापेमारी पश्चिम बंगाल के बालाका अबासन में की जा रही है। जानकारी के अनुसार, रॉय के न्यूटाउन घर और कार्यालय की तलाशी ली जा रही है। रॉय को 2022 में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने गिरफ्तार किया था। बाद में, उन्हें सुप्रीम कोर्ट ने जमानत दे दी थी।

आरोप था कि रॉय एसएससी भर्ती सलाहकार समिति के प्रमुख शांति प्रसाद सिंह के करीबी थे। कथित तौर पर केंद्रीय जांच एजेंसी को दो कथित भर्ती भ्रष्टाचार मामलों की जांच के दौरान उनका नाम मिला। पिछले साल दिसंबर में प्रवर्तन निदेशालय ने शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में कोलकाता में नौ स्थानों पर छापेमारी की थी। घोटाले के मामले से जुड़े चार्टर्ड अकाउंटेंट, व्यापारियों और अन्य लोगों सहित कई व्यक्तियों के आवासों और कार्यालयों की तलाशी ली गई।

भर्ती घोटाले ने पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी और कई तृणमूल पदाधिकारियों और राज्य शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। कोलकत्ता उच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेश के बाद ईडी और सीबीआई दोनों कथित अनियमितताओं की जांच कर रहे हैं। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने शिक्षक भर्ती ‘घोटाला’ मामले में कथित अनियमितताओं के सिलसिले में जेल में बंद टीएमसी विधायक माणिक भट्टाचार्य की जमानत की मांग वाली याचिका पर प्रवर्तन निदेशालय से जवाब मांगा है। न्यायमूर्ति बेला एम त्रिवेदी और न्यायमूर्ति एससी शर्मा की पीठ ने पिछले शुक्रवार को ईडी को नोटिस जारी किया और भट्टाचार्य द्वारा उनकी जमानत याचिका खारिज करने के 16 नवंबर के कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश को चुनौती देने वाली अपील पर जवाब मांगा।

*****************************

 

विजयवाड़ा में अंबेडकर की 206 फीट ऊंची प्रतिमा का किया जाएगा अनावरण

विजयवाड़ा 18 Jan, (एजेंसी): आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी डॉ. बी.आर. अम्बेडकर की 206 फीट ऊंची प्रतिमा का शुक्रवार को विजयवाड़ा में अनावरण करेंगे। अंबेडकर स्मृति वनम में 81 फीट ऊंचे आसन पर स्थापित 125 फीट ऊंची मूर्ति, दुनिया की सबसे ऊंची अंबेडकर प्रतिमा है। यह प्रतिमा ऐतिहासिक स्वराज मैदान में स्थापित की गई है। मुख्यमंत्री ने लोगों से प्रतिमा के अनावरण समारोह में स्वेच्छा से शामिल होने की भावनात्मक अपील की है।

उन्होंने इस प्रतिमा को सामाजिक न्याय की सबसे बड़ी मूर्ति बताया, जो न केवल राज्य बल्कि देश के ताज में एक बेहतरीन रत्न के रूप में स्थापित है।

भारतीय संविधान के निर्माता को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए, जगन मोहन रेड्डी ने कहा कि दूरदर्शी का आकाश जैैसा व‍िराट व्यक्तित्व और सौ साल पहले व्यक्त किए गए उनके सुधार-उन्मुख विचार देश के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक इतिहास को प्रभावित और बदलते रहेंगे।

उन्होंने कहा,“प्रतिमा को बड़ी जिम्मेदारी के साथ स्थापित किया गया है क्योंकि सरकार उनकी विचारधारा में पूर्ण विश्वास के साथ नवरत्नालु कल्याण योजनाओं को लागू कर रही है। डॉ. अंबेडकर ने शिक्षा को उत्पीड़ित वर्गों के करीब ले जाते हुए अस्पृश्यता के खिलाफ विद्रोह किया। वह सामाजिक न्याय और समानता के प्रतीक हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका विशाल व्यक्तित्व एक सर्वशक्तिमान के रूप में संवैधानिक अधिकारों के माध्यम से हमारी रक्षा करने का काम करता है, प्रत्येक गांव में उनकी मूर्तियों की उपस्थिति एक प्रचुर प्रेरणा के रूप में कार्य करती हैंं, जो कमजोर वर्गों को निरंतर आत्मविश्वास, समर्थन और साहस प्रदान करती है।

उन्होंने आगे कहा कि हम सभी डॉ. अंबेडकर का सम्मान करते हैं, क्योंकि उनकी विचारधारा 77 वर्षों में जाति, पंथ और धर्म के बावजूद दलितों और गरीबों के जीवन में आए बदलावों का स्रोत बनी हुई है।

उन्होंने आगे कहा, विजयवाड़ा में अंबेडकर प्रतिमा का अनावरण न केवल राज्य के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा, बल्कि यह भविष्य में भी सैकड़ों वर्षों तक दूसरों को प्रेरित करता रहेगा।

उन्होंने कहा, “मेरा दृढ़ विश्वास है कि यह गरीबों को राजनीतिक सत्ता में स्थायी स्थान दिलाने में मदद करेगा, साथ ही हमें समाज में सुधार करते हुए सामंतवादी ताकतों के खिलाफ विद्रोह करने के लिए मार्गदर्शन करेगा और हमें समाज की दिशा बदलने के लिए सामाजिक समानता की ओर मोड़ेगा।

**************************

 

पाकिस्तान पर हुए ईरानी हमले को लेकर भारत ने कहा, आत्मरक्षा की कार्रवाई को समझें

नई दिल्ली 18 Jan, (एजेंसी): भारत ने आतंकवाद के प्रति अपने शून्य-सहिष्णुता के रुख को दोहराते हुए बुधवार को कहा कि पाकिस्तान में एक आतंकवादी संगठन के ठिकानों पर ईरानी हमले दोनों देशों के बीच का मामला है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा, यह ईरान और पाकिस्तान के बीच का मामला है। जहां तक भारत का सवाल है, हम आतंकवाद के प्रति बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करते। हम समझते हैं कि देश अपनी रक्षा के लिए क्या कार्रवाई करते हैं।

ईरान की मिसाइलों ने पाकिस्तान में आतंकी संगठन जैश अल-अदल के दो ठिकानों पर हमला किया है। आतंकी संगठनों ने इससे पहले ईरान-पाकिस्तान सीमा के पास ईरानी सुरक्षा बलों पर हमला किया था। पाकिस्तान ने कहा कि पड़ोसी देश ईरान के हमलों में दो बच्चों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। ईरान ने कहा कि उसने आतंकवादी समूह जैश अल-अदल से जुड़े दो ठिकानों को निशाना बनाया। इराक और सीरिया के बाद पाकिस्तान तीसरा देश है, जो पिछले कुछ दिनों में ईरानी हमले का शिकार हुआ है।

****************************

 

BJP ने मिशन लोकसभा चुनाव के लिए तैयार की खास रणनीति, कई राजनीतिक दलों में सेंध लगाने की तैयारी

नई दिल्ली 18 Jan, (एजेंसी)-आगामी लोक सभा चुनाव में जनाधार बढ़ाकर 50 प्रतिशत वोट हासिल करने के मिशन में जुटी भाजपा, विपक्षी गठबंधन में शामिल कांग्रेस, सपा, जेडीयू, आरजेडी, तृणमूल कांग्रेस, एनसीपी (शरद पवार गुट), शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) और आरएलडी सहित अन्य विपक्षी दलों में सेंध लगाने की योजना को धीरे-धीरे अमलीजामा पहनाना शुरू करने जा रही है। पार्टी की नजर बसपा और बीआरएस जैसे दलों पर भी है जो फिलहाल कांग्रेस वाली विपक्षी गठबंधन का हिस्सा नहीं हैं।

भाजपा की इस रणनीति का सबसे खास पहलू यह है कि पार्टी की नजर सिर्फ दूसरे दलों के प्रभावशाली राष्ट्रीय नेताओं पर ही नहीं है बल्कि भाजपा की नजर बूथ स्तर से लेकर मंडल, विधान सभा, जिला, लोक सभा और राज्य स्तर के उन प्रभावशाली नेताओं पर भी है, जो लोकप्रिय और प्रभावशाली हैं, जो चुनावी जीत-हार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और किसी न किसी वजह से अपने-अपने दलों में हाशिये पर हैं या नाराज चल रहे हैं।
भाजपा की नजर खास तौर पर दूसरे दलों के उन नेताओं पर है जो ग्राम प्रधान, वार्ड पार्षद, बीडीसी सदस्य, जिला पंचायत या नगर निगम सदस्य, जिला पंचायत अध्यक्ष या मेयर, विधायक, एमएलसी, सांसद हैं या इन पदों पर रह चुके हैं या इन पदों के लिए चुनाव लड़कर अच्छे-खासे वोट हासिल कर चुके हैं।

पार्टी ने इसके लिए इसके जिला स्तर से लेकर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक महत्वपूर्ण नेताओं की टीम का भी गठन कर दिया है जो विपक्षी दलों के प्रभावशाली और लोकप्रिय नेताओं को भाजपा में शामिल कराने के मिशन को अंजाम देगी। जिला स्तर पर जिला भाजपा कार्यकारिणी के महत्वपूर्ण नेताओं को यह जिम्मा सौंपा गया है। वहीं, राज्य स्तर पर पार्टी ने ज्यादातर अपने उन नेताओं को यह जिम्मेदारी सौंपी है, जिनके दूसरे दलों के नेताओं के साथ भी अच्छे संबंध हैं।

राष्ट्रीय स्तर पर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। यादव के साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी इस मुहिम में अहम भूमिका निभाएंगे। दूसरे दलों के प्रभावशाली और लोकप्रिय नेताओं के साथ-साथ ही पार्टी की कोशिश समाज के प्रतिष्ठित और अपने-अपने क्षेत्रों में बड़ी कामयाबी हासिल कर चुके लोगों को भी विभिन्न स्तरों पर पार्टी से जोड़ना है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को क्लस्टर प्रभारियों की बैठक में देशभर से आए भाजपा के 300 नेताओं को संबोधित करने के दौरान समाज के प्रतिष्ठित और लोकप्रिय व्यक्तियों को भाजपा के साथ जोड़ने पर जोर दिया था। शाह ने बैठक में उपस्थित पार्टी नेताओं का आह्वान करते हुए कहा था कि समाज के अलग–अलग वर्गों के प्रतिष्ठित व्यक्तित्व एवं नेता जो राष्ट्रवादी प्रवाह में जुड़ना चाहते हैं, आप उनसे संपर्क करें और आत्मसात करें।

****************************

 

अयोध्या: राममंदिर के गर्भगृह में पहुंचे रामलला, दोपहर में स्थापना के लिए होगा विशेष अनुष्ठान

अयोध्या 18 Jan, (एजेंसी) : अयोध्या में निर्माणाधीन राममंदिर के गर्भगृह में रामलला पहुंच चुके हैं। थोड़ी देर में उनकी स्थापना होगी। इस मौके पर गर्भगृह में विशेष पूजन का आयोजन किया गया। इसके बाद क्रेन की मदद से रामलला के विग्रह को मंदिर के अंदर ले जाया गया। नेपाल के काली नदी से आई शिला से निर्मात 51 इंच का विग्रह स्थापित होने के बाद इनकी प्राण प्रतिष्ठा की प्रक्रिया शुरू होगी। मंदिर में भगवान की प्राण प्रतिष्ठा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों 22 जनवरी को होनी है।

रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का प्रधान संकल्प लेते हुए आगे प्रक्रिया शुरू होगी। इससे पहले बुधवार को यहां महिलाओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली। उसके बाद पूजन कर रामलला के विग्रह को राम मंदिर परिसर में प्रवेश कराया गया था। बताया जा रहा है कि रामलला का यह विग्रह करीब 200 किलो वजन का है। जानकारी के मुताबिक विग्रह को गर्भ गृह में ले जाने से पहले यज्ञ मंडप के 16 स्तंभों और चारों द्वारों का पूजन किया गया।

इस मौके पर प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान के मुख्य आचार्य पं. लक्ष्मीकांत दीक्षित मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि 16 स्तंभ 16 देवताओं के प्रतीक हैं। मंडप के चार द्वार चार वेदों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इसी प्रकार द्वार के दो-दो द्वारपाल चारों वेदों की दो-दो शाखाओं के प्रतिनिधि हैं। अब 22 जनवरी को रामलाल की प्राण प्रतिष्ठा होने वाली है। इसको लेकर समूचे देश में हर्ष और उत्साह का माहौल है।

***********************

 

रामलला में आ रहा प्रतिमाह डेढ़ से दो करोड़ चढ़ावा

अयोध्या  ,17 जनवरी (एजेंसी)। अयोध्या आकर श्रीरामलला के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में काफी वृद्धि हो रही है। श्रद्धालु भगवान का दर्शन-पूजन और दिल खोलकर दान भी कर रहे हैं। फिलहाल यहां रोजाना तीन से चार लाख का दान भगवान रामलला की दान पेटी में आ रहा है। पूरे महीने की बात करें तो यह राशि डेढ़ से 2 करोड़ रुपये है। ऑनलाइन दान की अभी तक कोई काउंटिंग नहीं की जा सकी।

22 जनवरी 2024 को भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में लाखों भक्त पहुंचेंगे। वे यहां भगवान श्रीराम का दर्शन पूजन करेंगे और अपने इच्छा भाव से श्रीराम मंदिर के लिए दान भी करेंगे। फिलहाल यहां अस्थायी मंदिर में भी अपने रामलला के दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या काफी है।

अपनी श्रद्धा से दान करने वालों का यह आलम तब है, जब भगवान श्री रामलला अपने अस्थायी मंदिर में हैं। जब वे अपने भव्य मंदिर में विराजमान होंगे तो इसका कोई अंदाजा नहीं है कि प्रतिदिन कितना दान आएगा। हालांकि, यह जरूर है कि मंदिर बन जाने के बाद श्रद्धालुओं की ओर से दान-चढ़ावे का आंकड़ा चार गुना बढ़ जाएगा।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट कार्यालय के प्रभारी प्रकाश गुप्ता के मुताबिक हमारे यहां दान पात्रों में रोजाना धन पड़ता है। जब भर जाता है तब उसकी गिनती होती है। कैसे कह दिया जाए कितना आ रहा है, लेकिन, काउंटर पर जो आ रहा है, वह प्रतिदिन तीन से चार लाख के बीच है। महीने में लगभग डेढ़ करोड़ रुपए आ रहा है। दानदाताओं की कमी नहीं है। अपने सामर्थ्य से लोग बढ़चढ़ कर दान दे रहे हैं। लोग अनोखी-अनोखी चीजें भी बनवाकर ला रहे हैं। लोग सोच रहे हैं कि भगवान के लिए क्या कर दें। लोग जो कर रहे हैं, हम उसकी कल्पना भी नहीं कर सकते हैं।

**************************

 

6 जिलों से अयोध्या धाम के लिए शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा, सरकार ने तय किया किराया

अयोध्या  ,17 जनवरी (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश सरकार राम भक्तों और पयर्टकों को हेलीकॉप्टर से अयोध्या धाम के दर्शन कराएगी। सरकार प्रदेश के छह जिलों से हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध कराने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हेलीकॉप्टर सेवा की शुरुआत लखनऊ से करेंगे।

सरकार की ओर से प्रदेश के छह जिलों से शुरू होने वाली हेलीकॉप्टर सेवा प्रदाता ऑपरेटर का चयन किया गया है, जो ऑपरेशनल मॉडल पर हेली सर्विसेज सेवायें प्रदान करेगा। राम भक्तों और पर्यटकों को हेलीकॉप्टर सेवा गोरखपुर, वाराणसी, लखनऊ, प्रयागराज, मथुरा और आगरा से मिलेगी। आने वाले समय में प्रदेश के अन्य जिलों से भी सुविधा को जल्द शुरू किया जाएगा। इतना ही नहीं सरकार श्रद्धालुओं को अयोध्या नगरी और राम मंदिर के हवाई दर्शन भी कराएगी। इसकी जिम्मेदारी पर्यटन विभाग को दी गई है। इस सुविधा के लिए श्रद्धालुओं को पहले से बुकिंग करानी होगी।

प्रमुख सचिव पर्यटन मुकेश मेश्राम ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी ने राम भक्तों को हेलीकॉप्टर सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिये थे। इसी के तहत प्रदेश के 6 जिलों से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जा रही है। यह सुविधा भक्तों और पर्यटकों को ऑपरेटर मॉडल पर उपलब्ध करायी जाएगी। इसके अलावा राम भक्तों को राम मंदिर एरियल दर्शन भी कराए जाएंगे। इसके लिए रामभक्त सरयू तट स्थित टूरिज्म गेस्ट हाउस के पास बने हेलीपेड से उड़ान भर सकेंगे। इसके तहत श्रद्धालुओं को राम मंदिर, हनुमानगढ़ी, सरयू घाट समेत प्रसिद्ध दर्शनीय स्थलों की हवाई सैर भी करायी जाएगी।

इस हवाई सफर का अधिकतम समय 15 मिनट होगा। जबकि, प्रति श्रद्धालु किराया 3,539 रुपये तय किया गया है। इस सुविधा के जरिये एक हवाई सफर का लुत्फ 5 श्रद्धालु उठा सकेंगे। इसकी भार सीमा 400 किग्रा. है। वहीं, एक श्रद्धालु अधिकतम 5 किग्रा. सामान के साथ सफर कर सकेगा। इसके अलावा श्रद्धालु गोरखपुर से अयोध्या धाम के लिए हेलीकॉप्टर से उड़ान भर सकेंगे। यह दूरी 126 किमी. की होगी, जिसे 40 मिनट में पूरा किया जाएगा। इसके लिए प्रति श्रद्धालु किराया 11,327 रुपये तय किया गया है।

पर्यटन विभाग के निदेशक प्रखर मिश्रा ने बताया कि पहले चरण में राजधानी लखनऊ समेत 6 धार्मिक स्थलों से हेलीकॉप्टर सेवा की शुरुआत की जा रही है। वहीं, आने वाले समय में मांग के अनुरुप सेवा का विस्तार किया जाएगा। श्रद्धालु वाराणसी के नमो घाट से हेलीकॉप्टर की सेवा का लाभ ले सकेंगे। यह दूरी 160 किमी की होगी, जिसे 55 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। इसके लिए प्रति श्रद्धालु किराया 14,159 रुपये तय किया गया है।

इसी तरह श्रद्धालु लखनऊ के रमाबाई से हेलीकॉप्टर की सेवा का लाभ ले सकेंगे। यह दूरी 132 किमी की होगी, जिसे 45 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। इसके लिए प्रति श्रद्धालु किराया 14,159 रुपये तय किया गया है। जबकि, प्रयागराज में टूरिज्म गेस्ट हाउस के पास बने हेलीपैड से हेलीकॉप्टर की सेवा मिलेगी। यह दूरी 157 किमी. की है, जिसे 50 मिनट में पूरा किया जाएगा। इसके लिए प्रति श्रद्धालु किराया 14,159 रुपये तय किया गया है।

इसके साथ ही मथुरा के बरसाना स्थित गोवर्धन परिक्रमा के पास बने हेलीपेड और आगरा में आगरा एक्सप्रेस-वे के पास बने हेलीपेड से सेवा का लाभ उठाया जा सकेगा। यह दूरी क्रमश: 456 किमी. और 440 किमी. की होगी, जिसे 135 मिनट में पूरा किया जाएगा। इसके लिए प्रति श्रद्धालु किराया 35,399 रुपये तय किया गया है।

बता दें कि प्रदेश के 6 जिलों से हेलीकॉप्टर सेवा का तय किराया वन-वे है। श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम से अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए दोबारा निर्धारित किराया देना होगा। श्रद्धालुओं की संख्या के अनुसार हेलीकॉप्टर अपने गंतव्य से अयोध्या धाम के लिए रोजाना उड़ान भरेगा।

********************************

 

दिल्ली हवाईअड्डे की समस्या को लेकर थरूर के बयान पर सिंधिया ने किया पलटवार

नई दिल्ली  ,17 जनवरी (एजेंसी)। सर्दी के मौसम में कोहरे के बीच दिल्ली हवाईअड्डे के संचालन के प्रबंधन की कांग्रेस सांसद ने आलोचना की थी। इसके जवाब में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुधवार को शशि थरूर को आर्म-चेयर क्रिटिक के रूप में संदर्भित किया।

ज्योतिरादित्य ने अपने एक्स अकाउंट से कई पोस्ट कीं। उन्होंने सरकार की सक्रिय पहल और विमानन संचालन में निहित जटिल तकनीकी चुनौतियों को रेखांकित करते हुए एक विस्तृत प्रतिवाद जारी किया।

शशि थरूर की पोस्ट के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रतिक्रिया दी है। थरूर ने विमानन मंत्रालय की आलोचना की थी, जिसमें हवाईअड्डे पर अव्यवस्था को रेखांकित करने के लिए विभिन्न मीडिया रिपोर्टों को शामिल किया था।

सिंधिया ने अपने ट्वीट की शुरुआत थरूर पर कटाक्ष करते हुए की। उन्होंने पोस्ट किया, “यह उस व्यक्ति के लिए है जो थिसॉरस की गोपनीय दुनिया में खो गया है, इंटरनेट से चुनिंदा प्रेस लेखों का डेटा माइनिंग रिसर्च के रूप में योग्य है।

मंत्री ने उठाए गए कदमों के बारे में विस्तार से बताते हुए लिखा, यहां आर्म-चेयर क्रिटिक शशि थरूर और कांग्रेस आईटी सेल के लिए कुछ वास्तविक तथ्य हैं जो नागरिक उड्डयन जैसे तकनीकी क्षेत्रों की समझ में गहराई की कमी से निपटने में मदद कर सकते हैं।

रनवे रखरखाव कार्य विमानन संचालन के लिए एक महत्वपूर्ण सुरक्षा तत्व है, और रनवे की स्थिति के साथ कोई भी समझौता सीधे यात्री सुरक्षा को खतरे में डालता है।

सिंधिया ने एक्स पर एक और पोस्ट में लिखा, कोहरे की शुरुआत से पहले 15 दिसंबर तक रखरखाव पूरा करने को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लिया गया। हालांकि, प्रदूषण की घटनाओं और दिल्ली में जीआरएपी-4 के लागू होने के कारण, रीकार्पेटिंग में देरी हुई, जिस वजह से इसके चालू होने में एक महीने की देरी हुई। संशोधित आरडब्ल्यूवाई इस सप्ताह चालू हो रही है।

सिंधिया ने रनवे संचालन को प्रभावित करने वाली क्रेन के बारे में चिंताओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कैट3 के रूप में आरडब्ल्यूवाई 11आर/29एल की परिचालन तैयारी सुनिश्चित करने के लिए क्रेन संचालन अब गैर-कोहरे वाले दिनों तक सीमित रहेगा।

प्रशिक्षित पायलटों की कमी के बारे में थरूर के दावों का जवाब देते हुए सिंधिया ने उनका खंडन करते हुए कहा कि कैट2/कैट3 प्रशिक्षित पायलटों की संख्या 2014 में 2416 से बढ़कर 6191 हो गई है, जो पिछले नौ वर्षों में 2.5 गुना अधिक है। उन्होंने सर्दियों के मौसम के दौरान योग्य चालक दल के साथ कैट 3बी अनुपालन विमान तैनात करने के डीजीसीए के सख्त प्रवर्तन पर जोर दिया।

कैट3 लैंडिंग के संदर्भ में, सिंधिया ने तीन निर्भर कारकों रनवे क्षमता, विमान क्षमता और पायलट मान्यता के बारे में बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कैट3 संचालन इन चरों के बीच उच्चतम सामान्य कारक पर निर्भर करता है और भारत की क्षमताओं को परिप्रेक्ष्य में रखने के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका में जेएफके हवाईअड्डे के साथ तुलना प्रदान की।

दिल्ली हवाईअड्डे पर दो कैट3 रनवे 50 मीटर तक की न्यूनतम विजिबिलिटी के साथ विमान के उतरने के लिए सुसज्जित हैं। हालांकि, भारत में अधिकांश विमान बेड़े जैसे एयरबस 320 (75 मीटर) और बोइंग 737 मैक्स (175 मीटर) की विजिबिलिटी रनवे सीमा से अधिक है। इस प्रकार, भले ही रनवे सक्षम हो और पर्याप्त रूप से प्रशिक्षित कैट3 पायलट उपलब्ध कराए गए हों, ये विमान शून्य विजिबिलिटी संचालन के लिए डिज़ाइन नहीं किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका में जेएफके (न्यूयॉर्क) हवाईअड्डे पर 4 रनवे हैं, लेकिन हवाईअड्डे के पास कैट3 लैंडिंग के लिए केवल 1 रनवे है जो भारत के 50 मीटर के 3.5 गुना 182 मीटर (600 फीट) तक सीमित न्यूनतम सीमा के साथ भी है! सिधिंया ने अपनी पोस्ट में कहा, “जाओ इसे स्वयं समझो – प्रबुद्ध, श्री थरूर!

सिंधिया ने पोस्ट में आगे कहा, इस मामले में यात्रियों के साथ किया गया व्यवहार अस्वीकार्य था, और हमने संबंधित ऑपरेटरों को कारण बताओ नोटिस के रूप में तुरंत कार्रवाई की है। इसके अलावा, यात्रियों से बेहतर संचार के लिए एसओपी भी जारी किए गए। कार्यान्वयन की प्रतिदिन तीन बार निगरानी की जा रही है।

***********************************

 

टेक ऑफ के दौरान विमान का टायर फटा, बाल-बाल बची 130 यात्रियों की जान

चेन्नई 18 Jan, (एजेंसी): तमिलनाडु के चेन्नई से 130 यात्रियों को लेकर कुआलालंपुर जाने वाली एक अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट की एक बड़ी दुर्घटना टल गई। आज जब फ्लाइट रनवे से टेक ऑफ करने वाली थी, तभी फ्लाइट का टायर फट गया।

हालांकि, टायर फटने के बाद कोई दुर्घटना नहीं हुई, लेकिन सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें विमान से उतार दिया गया। हवाई अड्डे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि विमान का पिछला टायर उस समय फट गया जब वह मलेशिया की राजधानी के लिए उड़ान भर रहा था।

इसके बाद, सभी यात्री उतर गए और उन्हें शहर के होटलों में आवास प्रदान किया गया है। अधिकारी ने कहा कि उम्मीद है कि उड़ान शुक्रवार सुबह अपनी आगे की यात्रा फिर से शुरू होगी। उन्होंने बताया कि घटना के कारण उड़ान संचालन प्रभावित नहीं हुआ है।

**************************

 

50 फ़ीसदी से अधिक छात्र गणित के प्रश्न सुलझाने में असमर्थ

नई दिल्ली 18 jan, (एजेंसी): ग्रामीण क्षेत्रों में 50 प्रतिशत से अधिक युवा गणित के सामान्य सवाल हल करने में पिछड़ते हैं। 14 से 18 आयु वर्ग के 25 प्रतिशत छात्र ऐसे हैं, जो कक्षा दो की क्षेत्रीय भाषा की पुस्तक पढ़ने में असमर्थ हैं। इसके साथ ही करीब 43 प्रतिशत छात्र अंग्रेजी के वाक्य पढ़ने में असमर्थ हैं। यह जानकारी ‘वार्षिक शिक्षा स्थिति रिपोर्ट (असर) 2023’ में दी गई है। वहीं 90 प्रतिशत से अधिक युवा स्मार्टफोन और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते हैं। भारत में सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर को बताने वाली यह रिपोर्ट ‘असर 2023’ जारी की गई है।

‘असर’ रिपोर्ट के लिए 26 राज्यों के 28 जिलों में 14 से 18 आयु वर्ग के 34745 बच्चों पर सर्वेक्षण किया है। असर के मुताबिक, देशभर में 86.8 प्रतिशत बच्चो ने शैक्षणिक संस्थानों में दाखिला लिया है। हालांकि आयु के अनुसार नामांकन में कुछ अंतर है।

इसके मुताबिक, 14 वर्ष के 3.9 प्रतिशत और 18 वर्ष के 32.6 प्रतिशत युवाओ का किसी शैक्षणिक संस्थान में दाखिला नहीं है और वे पढ़ाई नहीं कर रहे हैं। जबकि 14 साल के 96.1 फीसदी छात्रों ने शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश लिया था। 18 की आयु में यह प्रतिशत गिरकर 67.4 फीसदी हो गया। यानी की 14 से 18 वर्ष की आयु के बीच बड़ी संख्या में स्कूल ड्रॉप आउट हुआ है।

वहीं रिपोर्ट के मुताबिक, स्टेम एरिया यानी साइंस, इंजीनियरिंग, टेक्नोलाॅजी व मैथ्स में अब लड़कों का रुझान बढ़ रहा है। देश में 36.3 फीसदी लड़के इन विषयों में पढ़ाई कर रहे हैं। जबकि लड़कियां का यहां आंकड़ा महज 28.1 फीसदी है। हालांकि, उच्च शिक्षा में ओवरऑल लड़कियां आगे हैं। 14 से 18 आयु वर्ग में सबसे अधिक छात्र कला या मानविकी स्ट्रीम में पढ़ाई करते हैं। कक्षा 11 व 12 के 54 फीसदी छात्र कला और मानविकी में, 9.3 फीसदी वाणिज्य और 33.7 फीसदी ने विज्ञान में अपना नामांकन कराया है। रिपोर्ट के अनुसार अंग्रेजी और गणित में लड़के, लड़कियां से बेहतर रहे हैं।

शिक्षा मंत्रालय कौशल विकास पर काफी जोर दे रहा है लेकिन स्कूलों में कौशल विकास आधारित कोर्स छात्रों के बीच लोकप्रिय नहीं हैं। रिपोर्ट बताती है कि केवल 5.6 प्रतिशत युवा ही प्रोफेशनल कोर्स में दाखिला ले रहे हैं। हालांकि उच्च शिक्षा में तस्वीर कुछ बेहतर है, यहां 16.2 प्रतिशत छात्रों ने सामान्य पढ़ाई के साथ-साथ प्रोफेशनल कोर्स में दाखिला लिया है। कॉलेज में छह महीने वाले स्किल कोर्स सबसे अधिक पसंद किए गए हैं।

रिपोर्ट बताती है कि छात्रों के बीच स्मार्टफोन का उपयोग बढ़ा है। अब करीब 92 प्रतिशत छात्र स्मार्टफोन का उपयोग कर रहे हैं। इनके अलावा 89 प्रतिशत छात्रों का कहना है कि घर पर उनके पास स्मार्टफोन उपलब्ध है। रिपोर्ट के मुताबिक लड़कियों की तुलना में लड़कों के पास स्मार्टफोन की संख्या अधिक है है।

इस रिपोर्ट के मुताबिक, 40.3 फीसदी लड़के पढ़ाई के साथ-साथ घर का काम भी करते हैं। इनमें कृषि क्षेत्र में काम करने वाले छात्रों की संख्या सबसे अधिक हैं। वहीं अगर लड़कियों की बात की जाए तो 28 प्रतिशत छात्राएं पढ़ाई के साथ घर का काम भी करती हैं।

**************************

 

प्राण प्रतिष्ठा समारोह रोकने को दो जनहित याचिकाएं दायर, हाईकोर्ट का तत्काल सुनवाई से इनकार

यागराज 18 jan, (एजेंसी): अयोध्या में राम लला मंदिर के 22 जनवरी को निर्धारित प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर इलाहाबाद उच्च न्यायालय में दो जनहित याचिकाएं दायर की गई हैं। न्‍यायालय ने याचिकाओं की तत्‍काल सुनवाई से इनकार कर दिया है। गाजियाबाद के भोला सिंह द्वारा दायर पहली जनहित याचिका में, याचिकाकर्ता ने उच्च न्यायालय से समारोह में प्रधानमंत्री के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की भागीदारी को प्रतिबंधित करने का आग्रह किया है।

याचिकाकर्ता ने 2024 के संसदीय चुनावों के पूरा होने तक और सनातन धर्म गुरु सभी शंकराचार्यों की सहमति मिलने तक इस पर प्रतिबंध की मांग की है। याचिकाकर्ता ने 22 जनवरी के आयोजन पर प्रतिबंध लगाने की मांग करते हुए तर्क दिया कि मंदिर अभी भी निर्माणाधीन है और देवता की प्राण प्रतिष्ठा सनातन परंपरा के विपरीत है। याचिकाकर्ता का यह भी कहना है कि हिंदू कैलेंडर के मुताबिक पौष माह में कोई भी धार्मिक और मांगलिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाने चाहिए।

ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन (एआईएलयू) द्वारा दायर दूसरी जनहित याचिका में, याचिकाकर्ता ने 21 दिसंबर, 2023 को यूपी के मुख्य सचिव द्वारा जारी एक परिपत्र को चुनौती दी है। परिपत्र में जिला अधिकारियों को राम कथा, रामायण पाठ और भजन-कीर्तन आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। 14 से 22 जनवरी तक राम, हनुमान और वाल्मिकी मंदिर में कलश यात्रा न‍िकालने के लिए कहा गया है, जो संविधान के मूल सिद्धांतों के विपरीत है।

****************************

 

आज का राशिफल

मेष राशि-

आज आपका कोई सोचा हुआ काम पूरा हो जायेगा। इस राशि के छात्रों के करियर में नया बदलाव आयेगा, जो उनके भविष्य के लिए फायदेमंद होगा। सेहत के लिहाज से आपका दिन फीट एण्ड फाईन रहेगा। आप बेहतर महसूस करेंगे। इस राशि के जो लोग सोशल साइट्स के काम से जुड़े हैं,उनकी जान-पहचान किसी ऐसे व्यक्ति से होगी जो उनको काफी लाभ पहुंचाएगा। बिजनेस के किसी काम से आज आपको बाहर जाना पड़ सकता है। आपके साथ सब अच्छा होगा।

शुभ रंग- बैंगनी

शुभ अंक- 4

वृष राशि-

आज पारिवारिक रिश्ते मजबूत होंगे। थोड़ी-सी मेहनत करके आप अपने उद्देश्यों को आसानी से प्राप्त कर लेंगे। आर्थिक स्थिति में काफी सुधार हो सकता है। व्यावसायिक कार्यों के लिहाज़ से आज का दिन बेहतर है। आप हर काम को धैर्य और समझदारी से पूरा करने की कोशिश करेंगे। वैवाहिक जीवन खुशियों से भरा रहेगा। ऑफिस का बढिय़ा माहौल आपको खुश करेगा। कुल मिलाकर आज का दिन बेहतर रहेगा। आपकी मेहनत रंग लायेगी।

शुभ रंग- हरा

शुभ अंक- 7

मिथुन राशि-

आज पारिवारिक मामलों को लेकर आपको थोड़ी भागदौड़ करनी पड़ सकती है। ऑफिस में काम धीमी गति से पूरे होने की संभावना है। इससे आपकी परेशानी थोड़ी बढ़ सकती है। आज बच्चों के साथ आपका समय अच्छा बीतेगा। आप किसी नए काम पर सोच-विचार कर सकते हैं। किसी बात को लेकर बड़े भाई से विचार-विमर्श करेंगे। नए संपर्कों से आपको फायदा होने की उम्मीद है। आपके काम में स्थिरता बनी रहेगी।

शुभ रंग- सिलवर

शुभ अंक- 9

कर्क राशि-

आज आपका दिन खुशियों से भरा रहेगा। ऑफिस में सभी लोगों के साथ बेहतर तालमेल बना रहेगा। अचानक नए स्रोतों से हुआ धन लाभ आपकी आर्थिक स्थिति को संतुलित कर देगा। आप शाम को किसी समारोह में शामिल हो सकते हैं। किसी पुराने मित्र से मिलकर आपका मन प्रसन्न होगा। लवमेट के लिये आज का दिन फेवरेबल रहेगा। कोई शुभ समाचार आपको मिलने वाला है। उचित दिशा में की गई मेहनत का आपको पूरा फल मिलेगा। आज आपका दाम्पत्य जीवन शानदार रहने वाला है।

शुभ रंग- ग्रे

शुभ अंक- 5

सिंह राशि-

आज का दिन आपके लिए शानदार रहने वाला है। आज किसी काम में आपको अनुभवी व्यक्ति से मदद मिलने की संभावना है। परिवार वालों के साथ शॉपिंग करने का प्लान बनायेंगे। आज पैसों का लेन-देन करने से आपको बचना चाहिए। संगीत से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन मिला-जुला रहेगा। अगर आप कुछ दिनों से अपने कमर दर्द की समस्या से परेशान हैं, तो आपको उससे छुटकारा मिलेगा। आज किसी तरह की पुरानी बातों पर ध्यान देने से आपको बचना चाहिए। दोस्तों के साथ रिश्ते में सुधार आयेगा। आज आपका स्वास्थ्य बेहतर बना रहेगा।

शुभ रंग- सफेद

शुभ अंक- 4

कन्या राशि-

आज ऑफिस के काम में आप बिजी हो सकते हैं। समाज में किसी मुद्दे को लेकर आपको अपनी बात दूसरों के सामने रखने का मौका मिलेगा, जिसका प्रभाव कुछ लोगों पर साफ दिखेगा। आपका आर्थिक पक्ष थोड़ा कमजोर हो सकता है। आपको अपने खर्चों पर कंट्रोल करने की कोशिश करना चाहिए। परिवार के कुछ मामलों को अनदेखा करने से आपको बचना चाहिए। मित्रों के साथ कहीं घूमने का प्लान बनायेंगे। घर के बड़े-बुजुर्ग शाम को पार्क में टहलने जायेंगे। आज परिस्थितियां आपके अनुकूल बनेगी।

शुभ रंग- नीला

शुभ अंक- 5

तुला राशि-

आज आपका दाम्पत्य रिश्ता मधुरता से भरपूर रहेगा। सामाजिक क्षेत्र में आपकी सक्रियता बढ़ेगी। किसी काम में आपको सकारात्मक परिणाम हासिल हो सकते हैं। किसी पुराने दोस्त से मिलने का योग बन रहा है। इस राशि के मीडिया के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन बढिय़ा रहेगा। परिवार से जुड़ी कोई अच्छी खबर आपको मिलेगी। सेहत के लिहाज से आप खुद को तरोताजा महसूस करेंगे। आपकी भौतिक सुख-सुविधाओं में बढ़ोतरी होगी। छात्रों के लिये आज का दिन अच्छा रहने वाला है।

शुभ रंग- पीला

शुभ अंक- 1

वृश्चिक राशि-

आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। आज परिवार वालों के साथ हंसी ख़ुशी के पल बितायेंगे। आपका आर्थिक पक्ष मजबूत बना रहेगा। इस राशि के कॉमर्स स्टूडेंट्स को अपने शिक्षकों का पूरा-पूरा सहयोग प्राप्त होगा। साथ ही करियर में आगे बढऩे के नए अवसर भी सामने आएंगे। संतान पक्ष की ओर से आपको सुख की प्राप्ति होगी। उन्हें किसी क्षेत्र में सफलता मिल सकती है। आपको पैसे कमाने के लिये नए आइडियाज मिलेंगे, जिन पर आप गौर भी फरमायेंगे। आज आपके घर में सुख-शांति बनी रहेगी।

शुभ रंग- ग्रीन

शुभ अंक- 6

धनु राशि-

आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। आज आपकी किसी समस्या का समाधान निकल सकता है। आर्थिक स्थिति सामान्य बनी रहेगी। आपको दूसरों से अपनी पर्सनल बात शेयर करने से बचना चाहि, साथ ही जल्दबाजी में कोई बड़ा फैसला लेने से बचना चाहिए। आपको अपनी सोच और व्यवहार को संतुलित रखने की जरूरत है । आपका दाम्पत्य जीवन मधुरता से भरपूर रहेगा। बिजनेस में स्थिति ठीक रहेगी। आप अपना काम अच्छे से पूरा कर लेंगे। आपकी सभी परेशानी दूर होगी।

शुभ रंग- भूरा

शुभ अंक- 8

मकर राशि-

आज किसी खास काम में आपको फायदा होगा। भाई-बहन के साथ आपके रिश्ते बेहतर होंगे। जीवनसाथी आपकी बातों से प्रभावित होंगे। बिजनेस के मामलों में दिन अच्छा रहेगा। सामाजिक कामों में सफलता मिलने के योग बन रहे हैं। दोस्तों से आपको मदद मिलेगी। कुछ नए कामकाज आपके सामने आयेंगे, जिनके लिए आपकी कुछ जरूरी लोगों से मुलाकात भी होगी। आज शाम तक कोई शुभ समाचार मिलने से घर में खुशियों का माहौल बन जाएगा। छात्र आज कंप्यूटर कोर्स ज्वाइन करने का मन बनायेंगे।

शुभ रंग- गुलाबी

शुभ अंक- 6

कुम्भ राशि-

आज का दिन आपके लिए नयी उमंग से भरा रहने वाला है। आज आप अपना लक्ष्य निर्धारित करने के लिए कोई नई योजना बना सकते हैं। घरेलू समस्याओं को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने में आप सफल होंगे। इस राशि के जो लोग सरकारी नौकरी में हैं, आज उन्हें कोई अच्छी खबर मिलेगी। आपको बड़े अधिकारियों से भी पूर्ण रूप से सहयोग मिलेगा। घर-परिवार में भी स्थिति अनुकूल रहेगी। दोस्तों के साथ किसी धार्मिक यात्रा पर जाने की प्लानिंग करेंगे। आपकी यात्रा मंगलमय रहेगी।

शुभ रंग- मैजेंटा

शुभ अंक- 9

मीन राशि-

आज का दिन फेवरेबल रहने वाला है। आज कामकाज से जुड़ी कोई बड़ी चुनौती आपके सामने आयेगी, लेकिन आप उस चुनौती से तुरंत ही पार पा लेंगे। घर का माहौल अच्छा बना रहेगा। आपको अचानक धन लाभ के अवसर प्राप्त होंगे। आपको किस्मत का पूरा-पूरा साथ मिलेगा। दूसरे लोग आपके कामकाज से प्रभावित होंगे। आपकी तरक्की के नये रास्ते खुलेंगे। परिवार में मधुरता के साथ विश्वास भी बढ़ेगा। सब लोग एक-दूसरे की मदद के लिये तैयार रहेंगे। सेहत के मामले में आप खुद को बेहतर महसूस करेंगे।

शुभ रंग- लाल

शुभ अंक- 2

*******************************

 

फ्लाइट के शाैचालय में फंसा पैसेंजर, टायलेट सीट पर बैठकर पूरा किया सफर

बेंगलुरू 17 Jan, (एजेंसी)-विभिन्न एयरलाइंस में यात्रियों की परेशानी से जुड़ी विभिन्न खबरें आमताैर पर सामने आती रहती हैं। ताजा घटनाक्रम स्पाइसजेट की फ्लाइट में घटित हुआ है। यह घटनाक्रम 16 जनवरी का है। उस दिन स्पाइसजेट की फ्लाइट मुंबई से बेंगलुरु जा रही थी। इसी दाैरान एक यात्री टायलेट गया और शौचालय के अंदर करीब एक घंटे तक फंसा रहा। उड़ान के दौरान दरवाजे के लॉक में खराबी आने के कारण यह स्थिति बनी।

एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया है कि विमान के टॉयलेट में फंसने की ये घटना फ्लाइट संख्या SG-268 में सामने आई। जब क्रू मेंबर्स को लगा कि अब टॉयलेट का दरवाजा नहीं खुलने वाला है, तो एक एयर हॉस्टेस ने कागज पर बड़े-बड़े शब्दों में लिखा, ‘सर हमने दरवाजा खोलने की बहुत कोशिश की है, मगर हम इसे खोल नहीं पाए हैं। आप घबराइए मत, हम कुछ देर में लैंड करेंगे, इसलिए आप कमोड का ढक्कन गिराइए और उस पर बैठे रहिए और खुद को सुरक्षित रखिए।

जैसे ही हम लैंड करेंगे, वैसे ही इंजीनियर हमारी मदद करेंगे।’ इस कागज को फिर दरवाजे के नीचे से यात्री तक पहुंचा दिया गया। स्पाइसजेट ने बताया कि यात्रा के दौरान, हमारे चालक दल ने यात्री को सहायता और मार्गदर्शन प्रदान किया। स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने बताया कि बंगलूरू पहुंचने पर एक इंजीनियर ने शौचालय का दरवाजा खोला और यात्री को तत्काल चिकित्सा सहायता मुहैया कराई गई। स्पाइसजेट ने यह भी कहा है कि मुंबई से बेंगलुरु जा रही फ्लाइट में करीब एक घंटे तक शौचालय के अंदर फंसे यात्री को पूरा रिफंड किया जा रहा है।

****************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version