भाजपा नेता विनय पासवान ने हरिहरनाथ मंदिर मे पूजा की

सोनपुर , 19 मार्च (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। हरिहरनाथ मंदिर मे दरभंगा पूर्वी जिलाध्यक्ष विनय पासवान भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष पप्पू सिंह ने मंदिर मे किया पूजा अर्चना.

भारतीय जनता पार्टी बिहार प्रदेश कार्य समिति सदस्य सह पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रुडी के सांसद प्रतिनिधि राकेश सिंह ने उनको मंदिर का प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया.

इस अवसर पर मंदिर सचिव विजय लाला सहयोजक पिंटू झा संजय कुमार सिंह पुजारी पवन बाबा भूटकून बाबा सदानंद बाबा राहुल बाबा सहित अनेक लोग उपस्थित थे।

***************************

 

बिना गोली चलाए अनुच्छेद 370 हटाकर जम्मू-कश्मीर का देश में किया पूर्ण विलय : राजनाथ सिंह

नई दिल्ली ,19 मार्च(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने एक भी गोली चलाए बिना सबसे बड़ी बाधा अनुच्छेद 370 को हटाकर जम्मू-कश्मीर का देश में पूर्ण विलय किया। यह सभी हितधारकों को ध्यान में रखते हुए पूरी सुरक्षा के साथ शांतिपूर्ण तरीके से किया गया।

राजनाथ सिंह ने दिल्ली में आयोजित मेजर बॉब खाथिंग मेमोरियल कार्यक्रम के दौरान कहा कि सरकार प्रशासनिक सुधारों पर ध्यान केंद्रित कर रही है। न्यूनतम सरकार, अधिकतम शासन और सुशासन के माध्यम से लोगों और सरकार के बीच के अंतर को कम किया गया है।

उन्होंने बताया कि मेजर बॉब खाथिंग ने एक भी गोली चलाए बिना तवांग को भारत में कुशलतापूर्वक शामिल किया था। उन्होंने न केवल तवांग, बल्कि पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र के एकीकरण, विकास और पुनर्निर्माण में मेजर खाथिंग की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि पूर्वोत्तर के लिए उन्होंने जो किया, वह सरदार वल्लभभाई पटेल द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर किए गए कार्य के समान है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार की विदेश नीति मेजर खाथिंग जैसे व्यक्तित्वों के कूटनीतिक कौशल पर आधारित है। आज भारत बहुध्रुवीय विश्व में व्याप्त अनिश्चितताओं के बीच अपनी हार्ड पावर और सॉफ्ट पावर के बीच संतुलन बनाए हुए है।

यह बहुत गर्व की बात है कि भारत ने अपनी वैश्विक स्थिति को मजबूत किया है। दुनिया के सामने एक नया, मजबूत और संगठित भारत उभरा है। एक समय था जब अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भारत को गंभीरता से नहीं लिया जाता था, लेकिन आज जब हम बोलते हैं तो दुनिया सुनती है। यह मेजर खाथिंग के आदर्शों से प्रेरित है।

राजनाथ सिंह ने 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए संगठित रहने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने देश की विकास यात्रा में पूर्वोत्तर की भूमिका को स्वीकार करते हुए कहा कि सरकार ने हमेशा इस क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी है।

इनमें बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में 13,000 फीट की ऊंचाई पर बनाई गई सेला सुरंग शामिल है, जो असम के तेजपुर को अरुणाचल प्रदेश के तवांग से जोड़ती है।

इसके अलावा, अरुणाचल फ्रंटियर हाईवे के खुलने से यह पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र, विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों में संपर्क बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाएगा। लगभग दो हजार किलोमीटर लंबा यह राजमार्ग भारत के लिए एक रणनीतिक और आर्थिक परिसंपत्ति के रूप में काम करेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा शुरू की गई विकास परियोजनाओं का ही परिणाम है कि पूर्वोत्तर तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और हिंसक घटनाओं में काफी कमी आई है। उन्होंने न्यूयॉर्क टाइम्स द्वारा जारी 2025 में भ्रमण योग्य 52 स्थलों का उल्लेख किया, जिसमें असम को चौथे स्थान पर रखा गया है।

मेजर खाथिंग को भारत का महान सपूत बताते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि उन्होंने युद्ध के मैदान में बहादुरी और कूटनीति के क्षेत्र में कौशल के माध्यम से देश के इतिहास में अपनी अमिट छाप छोड़ी।

ऐसे महान व्यक्तित्वों के आदर्शों और सिद्धांतों को अपनाना लोगों की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेन्द्र द्विवेदी, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह, असम राइफल्स के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल विकास लखेरा और यूनाइटेड सर्विस इंस्टीट्यूशन ऑफ इंडिया के महानिदेशक मेजर जनरल बी.के. शर्मा (सेवानिवृत्त) उपस्थित थे।

**************************

 

योगी सरकार, 8 साल- बेमिसाल- सर्वोत्तम प्रदेश के साथ हरित प्रदेश हुआ उत्तर प्रदेश

लखनऊ  ,19 मार्च (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुशासन व सुदृढ़ कानून व्यवस्था की बदौलत एक तरफ उत्तर प्रदेश को जहां सर्वोत्तम प्रदेश बना डाला, वहीं आठ वर्ष में 204 करोड़ से अधिक पौधरोपण से इसे हरित प्रदेश के रूप में भी समृद्ध कर दिया। भारतीय वन स्थिति रिपोर्ट 2023 के मुताबिक, यूपी के वनावरण और वनाच्छादन में 559.19 वर्ग किमी की वृद्धि हुई है। पेड़ लगाओ, पेड़ बचाओ जनअभियान-2024 के तहत यूपी में 36.80 करोड़ पौधरोपण हुए।

सीएम योगी के नेतृत्व में वन, पर्यावरण व जलवायु परिवर्तन विभाग ने कई बड़े-बड़े कार्य भी किए। वन विभाग में पारदर्शिता के आधार पर युवाओं को नियुक्ति दी गई। यूपी में पहली बार कार्बन क्रेडिट के जरिए किसानों की आय में वृद्धि हुई। 25 नवंबर 2024 से लखनऊ से पलिया तक योगी सरकार ने हवाई सेवा भी शुरू की। उत्तर प्रदेश में सारस की संख्या में भी वृद्धि हुई।

योगी सरकार के प्रयास का नतीजा है कि उत्तर प्रदेश की नदियों में सर्वाधिक डॉल्फिन पाई गईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल में ही राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की सातवीं बैठक में रिपोर्ट जारी की, जिसके मुताबिक देश में नदी डॉल्फिन की कुल संख्या 6,327 रही। देश के आठ राज्यों की 28 नदियों के सर्वेक्षण में सर्वाधिक संख्या (2397 डॉल्फिन) के साथ उत्तर प्रदेश शीर्ष पर है। अन्य राज्य यूपी से पीछे हैं। योगी सरकार ने 17 अक्टूबर 2023 को गंगा डॉल्फिन को राज्य जलीय जीव घोषित किया था।

योगी सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में 204 करोड़ से अधिक पौधरोपण किया गया। विगत वर्ष 36.80 करोड़ पौधरोपण कर उत्तर प्रदेश ने नया रिकॉर्ड स्थापित किया। भारत वन स्थिति रिपोर्ट (आईएसएफआर) 2023 की रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर प्रदेश का वनाच्छादन 559.19 वर्ग किमी. बढ़ा है। छत्तीसगढ़ को छोड़कर सभी राज्य उत्तर प्रदेश से पीछे हैं।

योगी सरकार के नेतृत्व में वन, पर्यावरण व जलवायु परिवर्तन विभाग की अन्य प्रमुख उपलब्धियां-

-आठ वर्ष में विभाग के अंतर्गत लगभग ढाई हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले साल 10 सितंबर को 647 वन रक्षकों-वन्य जीव रक्षकों और 22 नवंबर को 701 वन दारोगा को नियुक्ति पत्र प्रदान किया था।

-दुधवा टाइगर रिजर्व / दुधवा राष्ट्रीय उद्यान में ईको पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए 25 नवंबर 2024 को लखनऊ से पलिया तक हवाई सेवा का शुभारंभ किया गया।

-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा छह सितंबर 2024 को गोरखपुर के कैम्पियरगंज में एशिया के प्रथम नवनिर्मित जटायु संरक्षण एवं प्रजनन केंद्र का उद्घाटन किया गया। नव निर्मित जटायु/राजगिद्ध के संरक्षण व संवर्धन केंद्र में कुल छह राजगिद्धों (नर एवं मादा) को लाया जा चुका है।

-पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ जन अभियान, 2024 के अंतर्गत वर्ष में 36.80 करोड़ पौधरोपण किए गए। 20 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ, प्रयागराज व गोरखपुर में पौधरोपण किया। इसके अतिरिक्त प्रदेश के 223 महत्वपूर्ण वेटलैण्ड्स के जलागम क्षेत्र में वेटलैण्ड संरक्षण वन की स्थापना की गई।

-प्रदेश में 948 विरासत वृक्ष वाटिका का निर्माण किया गया। इसके अलावा मित्र वन, मियावाकी वन, सौमित्र वन, शक्ति वन आयुष वन, पंचवटी, नवग्रह वाटिका की स्थापना की गई। गंगा, यमुना, सरयू, हिंडन, गोमती सहित विभिन्न नदियों के जलागम क्षेत्र में पवित्र धारा वृक्षारोपण योजना के तहत लगभग 3.72 करोड़ पौधरोपण किया गया।

-किसानों की निजी भूमि पर खड़े वृक्षों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 20 जुलाई 2024 को कार्बन क्रेडिट का भुगतान किया। निजी वृक्षों के लिए कार्बन क्रेडिट का भुगतान करने वाला उत्तर प्रदेश प्रथम राज्य है।

-ग्रीष्मकालीन गणना 2024 के अनुसार प्रदेश में राज्य पक्षी सारस की संख्या बढ़कर 19994 हो गई। 2023 में यह संख्या 19,522 और 2022 में 19,188 थी।

योगी सरकार ने लगाए 204 करोड़ से अधिक पौधे –

वर्ष पौधरोपण
2017-18 5.72 करोड़

2018-19 11.77 करोड़

2019-20 22.60 करोड़

2020-21 25.87 करोड़

2021-22 30.53 करोड़

2022-23 35.49 करोड़

2023-24 36.16 करोड़

2024-25 36.80 करोड़

पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ जन अभियान 2024 की प्रमुख उपलब्धि-

पौधरोपण- 36.80 करोड़

सर्वाधिक पौधरोपण वाले जनपद- सोनभद्र प्रथम (1.53 करोड़), झांसी द्वितीय (97 लाख), लखीमपुर खीरी तृतीय (95 लाख), जालौन चतुर्थ (94 लाख) व मिर्जापुर (93 लाख) पांचवें स्थान पर रहा।

सर्वाधिक पौधरोपण वाले विभाग- ग्राम्य विकास विभाग (13.54 करोड़), वन विभाग (12.64 करोड़), कृषि विभाग (2.89 करोड़), उद्यान विभाग (1.61 करोड़), पंचायती राज विभाग (1.18 करोड़) ।

सर्वाधिक लगाए गए पौध- शीशम (4 करोड़ 33 लाख, 38723), सागौन (4.33 करोड़ से अधिक), जामुन (2.19 करोड़ से अधिक), अर्जुन (1.67 करोड़), आंवला (95 लाख से अधिक)।

*****************************

 

तेजस्वी बोले-नीतीश 20 साल से चला रहे खटारा सरकार, भाजपा भड़की

पटना ,19 मार्च(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बिहार में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को घेरना शुरू कर दिया है।

तेजस्वी कभी नीतीश की मानसिक स्थिति पर सवाल खड़े कर रहे हैं, तो कभी कह रहे हैं कि नीतीश कुमार सिर्फ पैर छूने वाले मुख्यमंत्री रह गए हैं। बुधवार को तो उन्होंने नीतीश की सरकार को खटारा करार दिया। तेजस्वी के इन आरोपों पर भाजपा भड़क गई है।

बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बुधवार को न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव पर करारा प्रहार किया।

बिहार भाजपा चीफ ने कहा कि तेजस्वी यादव के बयानों के बारे में हम पहले भी कह चुके हैं कि वह अपने दायरे में रहें और दायरा पार न करें। तेजस्वी को यह समझना चाहिए कि वह किनके बारे में बयान दे रहे हैं।

इन बयानों का क्या अर्थ निकलता है। अगर संस्कार खत्म हो जाएगा तो फिर इंसानियत नहीं बचेगी। इसलिए तेजस्वी यादव को इन सब बातों से परहेज करना चाहिए।

चुनाव के दौरान ईडी-सीबीआई की कार्रवाई वाले तेजस्वी के बयान पर बिहार भाजपा चीफ ने कहा कि उनके कहने से कुछ नहीं होता है। ईडी-सीबीआई अपना काम करती है। चुनाव को देखकर कार्रवाई नहीं होती है।

दूसरी ओर तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर नीतीश सरकार में बढ़ रहे अपराध पर निशाना साधा। तेजस्वी ने लिखा, आज मैंने राज्य की जनता के समक्ष नीतीश कुमार के 20 वर्षों के शासन काल में अपराध का आधिकारिक रिकॉर्ड रखा।

ये भारत सरकार के राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के आधिकारिक आंकड़े हैं। नीतीश कुमार के 20 वर्षों के राज में 60,000 हत्याएं हुईं है।

25 हजार से अधिक रेप हुए है। इतना ही नहीं, पुलिस वालों की सबसे अधिक पिटाई, हमला और हत्या भी एनडीए के शासनकाल में हुई है। इधर, सिर्फ कुछ दिन में अररिया और मुंगेर में एएसआई की हत्या हुई।

भागलपुर, नवादा, पटना, मधुबनी और समस्तीपुर में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला हुआ, जिसमें पुलिस को पीटा गया। अब इस अराजक स्थिति पर सीधा सवाल है कि कहां है कानून व्यवस्था। कहां हैं बिहार के गृहमंत्री। क्या वो अचेत हैं। ये सवाल तो पूछा जायेगा। आप अपने 20 सालों का हिसाब दीजिए।

*****************************

 

केंद्र सरकार के साथ मीटिंग से पहले चंडीगढ़ बॉर्डर पर रोके गए किसान

पुलिस बोली- आगे जाने की परमिशन नहीं

नई दिल्ली 19 March, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) समेत अन्य मांगों को लेकर आज यानी 19 मार्च को केंद्र सरकार और किसानों के बीच सातवें दौर की वार्ता शुरू होने जा रही है। किसानों की ओर से संयुक्त किसान मोर्चा के नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल और किसान मजदूर मोर्चा के संयोजक सरवन सिंह पंधेर के नेतृत्व में 28 किसान नेता शामिल हो रहे हैं।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रह्लाद जोशी और पीयूष गोयल कुछ देर में बैठक में शामिल होंगे। वहीं, पंजाब सरकार की ओर से कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुडि्डयां और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा उपस्थित हैं।

बैठक से पूर्व, मोहाली से चंडीगढ़ की ओर बढ़ते किसानों को चंडीगढ़ पुलिस ने बॉर्डर पर रोक दिया था। पुलिस ने लगभग 35-40 वाहनों को आगे जाने से रोका, यह कहते हुए कि अधिकारियों द्वारा किसानों को जाने का कोई आदेश नहीं मिला। लगभग आधे घंटे पश्चात् किसानों को आगे बढ़ने की अनुमति दी गई।

मीटिंग से पहले सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि वार्ता से कुछ ठोस हल निकलना चाहिए। उन्होंने बताया कि सरकार के आंकड़ों के अनुसार 15 करोड़ किसान परिवार हैं और देश का 60 प्रतिशत हिस्सा अपनी मांग कर रहा है। पंधेर ने उम्मीद जताई कि MSP कानून पर चर्चा आगे बढ़ेगी। पंधेर ने उल्लेख किया कि शंभू और खनौरी बॉर्डर पर पंजाब पुलिस फोर्स बढ़ा सकती है। उन्होंने कहा कि यह सुरक्षा के लिए किया गया कदम है या अन्य कोई कारण है, इस पर सरकार से बातचीत की जाएगी।

******************************

 

कलयुगी पत्नी ने टुकड़े कर ड्रम में डाली पति की लाश और घोलकर भर दिया सीमेंट…

 आशिक के साथ मिलकर दी दर्दनाक मौत

मेरठ 19 March, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : उत्तर प्रदेश में मेरठ से एक हैरान कर देने वाला मामले सामने आया है। जहां एक घर में जमे हुए सीमेंट से भरे प्लास्टिक के ड्रम में लाश के टुकड़े होने से से हड़कंप मच गया। मर्चेंट नेवी में नौकरी करने वाले शख्स सौरभ राजपूत की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसकी पत्नी और उसके बॉयफ्रेंड ने ही की है। इस मामले में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Husband’s body was chopped into pieces and put in a drum and filled with cement…, wife along with her lover gave him a painful death : पहले पत्नी ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर सौरभ की हत्या कर दी। फिर लाश के टुकड़े किए और लाश को एक प्लास्टिक के ड्रम में रखकर उसमें सीमेंट के घोल से भर दिया था।

पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरा मामला सामने आ गया। 2 घंटे की मशक्कत के बाद भी ड्रम नहीं खुल पाया तो ड्रम को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया जहां पर ड्रम को काटकर शव को बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि सीमेंट ठोस होने की वजह से लाश जमी हुई थी।

मामला मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के इंदिरानगर का है जहां मर्चेंट नेवी में काम करने वाला सौरभ राजपूत अपनी पत्नी मुस्कान रस्तोगी और 5 साल की बेटी के साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि फिलहाल उन की पोस्टिंग लंदन में थी। सौरव कुमार ने 2016 में लव मैरिज की थी और इसके बाद उन का परिजनों से विवाद चल रहा था। वह 3 साल पहले सौरभ पत्नी मुस्कान के साथ इंदिरानगर में किराए पर मकान लेकर रहने लगे।

4 मार्च को सौरभ मेरठ आए थे। बताया जा रहा है कि मुस्कान ने 10 दिन पहले मोहल्ले के लोगों को बताया कि वह पति के साथ घूमने के लिए हिमाचल प्रदेश जा रही है और इसके बाद घर के गेट का ताला लगा दिया गया। उसके बाद किसी ने मुस्कान या सौरभ को नहीं देखा। इस बीच मुस्कान ने सारा घटनाक्रम अपनी मां को बताया की कैसे उसने अपने प्रेमी के संग मिलकर सौरभ की हत्या कर दी है। इसके बाद मुस्कान की मां थाने पहुंची और पुलिस को पूरी घटना बताई।

पुलिस ने मुस्कान को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरा मामला सामने आ गया। सामने आया की पत्नी मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल के संग मिलकर सौरभ की हत्या कर दी। उसका शव एक प्लास्टिक के ड्रम में रखा और फिर ड्रम में सीमेंट का घोल बनाकर डाला गया। जिससे लाश अंदर जम गई और लोगों को पता ना चले इसलिए उसको मकान के अंदर ही छुपा दिया।

पुलिस ने मुस्कान के प्रेमी साहिल को भी हिरासत में ले लिया है। और दोनों को मौके पर लेकर पहुंची। करीबन 30 मिनट तक सब अंदर रहे इसके बाद मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल को पुलिस थाने ले गई। इस मामले में मेरठ के एसपी सिटी आयुष विक्रम ने बताया कि देर शाम ब्रह्मपुरी पुलिस को इंदिरा नगर में एक हत्या की सूचना मिली थी सूचना के आधार पर पुलिस के द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल और पूछताछ की गई तो पता चला कि सौरभ राजपूत हैं जो की मर्चेंट नेवी में काम करते थे। वह 4 तारीख को अपने घर आए थे। तब से ही देखे नहीं गए थे।

शक के आधार पर उनकी पत्नी मुस्कान और मुस्कान के प्रेमी साहिल को पूछताछ के लिए पुलिस ने बुलाया और पूछताछ के दौरान इन लोगों ने अपना जुर्म कबूल लिया और बताया कि 4 तारीख को साहिल ने मुस्कान के साथ मिलकर सौरभ की चाकू से मार कर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद उन्होंने शव के टुकड़े कर एक ड्रम में डालकर उसे सीमेंट के घोल से भर दिया था।

*********************************

 

गाजियाबाद में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़

दो आरोपियों के पैर में लगी गोली

गाजियाबाद 19 March, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : यूपी के गाजियाबाद में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। मामला थाना ट्रोनिका सिटी का है।

पुलिस के मुताबिक, थाना ट्रोनिका सिटी पुलिस द्वारा पुस्ता नंबर-8 रोड के पास चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान पुलिस ने बाइक सवार तीन लोगों को आता देखा।

जैसे ही पुलिस ने उन्हें बाइक रोकने को कहा, तो उन्होंने बाइक को नहीं रोका और पुलिस को देखकर भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया, तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि यह घटना बुधवार तड़के पुलिस की टीम चेकिंग कर रही थी, तभी बदमाशों के साथ उनकी मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार किए गए हैं। पकड़े गए बदमाशों का नाम आफताब और राशिद है, जो ट्रोनिका सिटी थाना के निवासी हैं। तीसरे अभियुक्त आमिर को भी पुलिस हिरासत में लिया गया है। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने कहा कि बदमाशों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला गया है। बदमाशों पर दिल्ली-एनसीआर में चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के केस भी दर्ज हैं। इसके अलावा आरोपियों के पास से लूटे हुए 6 मोबाइल और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक समेत 2 अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं।

फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

बता दें कि नोएडा के थाना सेक्टर-142 पुलिस और एक बदमाश के बीच मंगलवार देर रात मुठभेड़ हुई थी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। आरोपी की पहचान पवन कुमार (28) के रूप में हुई है।

******************************

 

भाषा विवाद के बीच सरकार का बड़ा ऐलान

अब हर भारतीय भाषा में मिलेगी संसद की डिबेट

नई दिल्ली 19 March, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)- अब संसद में होने वाली डिबेट हर भारतीय भाषा में आसानी से मिल सकेगी। इससे रिसर्चर्स, सांसदों और अन्य लोगों को फायदा होगा। यह जानकारी केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा मंगलवार को दी गई।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इंडियाएआई मिशन और लोकसभा के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) साइन हुआ है। इसके तहत एआई का उपयोग करके संसद में होने वाले डिबेट का हर भारतीय भाषा में ‘एआईकोष’ के नाम से डेटासेट बनाया जाएगा। इससे संसद में होने वाली डिबेट का ट्रांसक्रिप्शन किसी भी भाषा में लिया जा सकेगा।

वैष्णव ने आगे कहा कि इससे हमारे रिसर्चर्स, सांसदों और अकादमिक से जुड़े लोगों को संसद की डिबेट का विस्तृत ट्रांसक्रिप्शन किसी भाषा में मिल पाएगा। मोदी सरकार ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 2024 में 10,300 करोड़ रुपये के आवंटन के साथ ‘इंडियाएआई मिशन’ को मंजूरी दी थी।

इंडियाएआई मिशन का उद्देश्य एक कॉम्प्रीहेन्सिव इकोसिस्टम तैयार करना है, जो कि कंप्यूटर तक पहुंच में लोकतंत्रीकरण, डेटा की गुणवत्ता को सुधार कर, स्वयं की एआई क्षमताएं विकसित कर, शीर्ष एआई टैलेंट, इंडस्ट्रीज के बीच साझेदारी, स्टार्टअप को रिस्क कैपिटल उपलब्ध कराने, समाज में बदलाव लाने वाले एआई प्रोजेक्ट के जरिए एआई इनोवेशन को बढ़ाना है।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत के एआई क्षेत्र में बड़ा बदलाव आ रहा है। एक तरफ देश एआई इकोसिस्टम विकसित कर रहा है और दूसरी तरफ सरकार इसके किफायती होने पर भी जोर दे रही है, जिससे आम लोगों को इसका फायदा मिल सके। मोदी सरकार ने 2023 में तीन एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) बनाने का ऐलान किया था, जो कि स्वास्थ्य, कृषि और सस्टेनेबल शहरों के क्षेत्र में बनाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त सरकार ने 2025 में बजट में शिक्षा के क्षेत्र में नया सीओई बनाने का ऐलान किया है।

****************************

 

सुनीता विलियम्स की अंतरिक्ष से सुरक्षित वापसी पर जितेंद्र सिंह और प्रकाश जावड़ेकर ने कहा- गौरव, गर्व और ऐतिहासिक क्षण

नई दिल्ली 19 March, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर, साथ ही नासा के निक हैग और रूसी अंतरिक्ष यात्री अलेक्जेंडर गोर्बुनोव, नौ महीने के लंबे मिशन के बाद पृथ्वी पर वापस लौटे हैं। भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने उनकी सुरक्षित वापसी को गौरव, गर्व और राहत का क्षण बताया है।

प्रकाश जावड़ेकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “सुनीता विलियम्स और उसके साथी अंतरिक्ष वीर, पृथ्वी पर वापस लौट आए हैं। वैज्ञानिकों को बहुत बधाई। मानव की बुद्धि और तंत्रज्ञान क्या कर सकता है, इसका यह उदाहरण है। नौ महीने पूरी दुनिया चिंतित थी, लेकिन मानवी प्रज्ञा जीती है। यह एक ऐतिहासिक क्षण है!”

वहीं, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “गौरव, गर्व और राहत का क्षण! पूरा विश्व भारत की इस शानदार बेटी की सुरक्षित वापसी का जश्न मनाने के लिए एक साथ आया है, जो अंतरिक्ष की अनिश्चितताओं को सहन करने के साहस, दृढ़ विश्वास और स्थिरता के लिए इतिहास में दर्ज हो गई है।”

बता दें कि अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर, साथ ही नासा के निक हैग और रूसी अंतरिक्ष यात्री अलेक्जेंडर गोर्बुनोव, नौ महीने के लंबे मिशन के बाद पृथ्वी पर वापस लौटे हैं। एस्ट्रोनॉट्स को स्पेसएक्स के ड्रैगन अंतरिक्ष यान द्वारा सुरक्षित रूप से फ्लोरिडा के तट पर उतारा गया। धरती पर लौटे अंतरिक्ष यात्रियों को एक सुंदर और अप्रत्याशित अनुभव हुआ। उनका स्वागत डॉल्फिन ने किया। ड्रैगन कैप्सूल के समुद्र में उतरते ही डॉल्फिन कैप्सूल के आसपास तैरते हुए देखे गए।

यह एक लगभग जादुई क्षण था जब डॉल्फिन ने ड्रैगन कैप्सूल के चारों ओर चक्कर लगाया, इससे पहले कि इसे रिकवरी पोत पर रखा जाता। रिकवरी टीम ने कैप्सूल के साइड हैच को सावधानी से खोला, जो सितंबर के बाद से पहली बार खुला था। अंतरिक्ष यात्रियों को कैप्सूल से बाहर निकाला गया और 45 दिनों के पुनर्वास कार्यक्रम के लिए ह्यूस्टन ले जाया गया। क्रू-9 की पृथ्वी पर वापसी में अपनी चुनौतियां थीं।

मूल रूप से, यह मिशन (जो बोइंग के स्टारलाइनर की पहली चालक दल वाली उड़ान होने वाला था) केवल आठ दिनों तक चलने वाला था।

***************************

 

जम्मू में आतंक के खिलाफ बड़ा प्रहार

घुसपैठ मामले में NIA ने 10 स्थानों पर की छापेमारी

जम्मू 19 March, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने जम्मू-कश्मीर के भटिंडी में घुसपैठ से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार सुबह, जम्मू में 10 स्थानों पर छापेमारी की गई। बताया गया कि पाकिस्तान से भारत में आतंकवादियों की घुसपैठ को लेकर यह कार्रवाई की गई है।

बता दें कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों की घुसपैठ मामले में एनआईए छापेमारी करती रही है। इससे पहले 13 दिसंबर 2024 को एनआईए ने छापेमारी की थी, जिसमें जम्मू-कश्मीर के विभिन्न जिलों समेत कुल 19 स्थानों पर रेड डाली गई। इस दौरान जम्मू-कश्मीर के रियासी, बड़गाम, अनंतनाग और बारामुला जिलों में छापेमारी की गई थी।

एनआईए ने 21 नवंबर 2024 को भी जम्मू के कई इलाकों में छापेमारी की थी। एनआईए की इस छापेमारी का मकसद पाकिस्तानी आतंकियों के भारत में घुसने के प्रयासों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना था। एनआईए ने पुलिस और अर्धसैनिक बल सीआरपीएफ की मदद से कई स्थानों पर छापेमारी की थी।

वहीं, 5 अक्टूबर को 5 राज्यों के 22 ठिकानों पर आतंकी साजिश और टेरर फंडिंग के शक में एक साथ छापेमारी की थी। एनआईए की ओर से यह छापेमारी महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, असम और दिल्ली में की गई थी। कार्रवाई आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े मामलों को लेकर की गई थी। एनआईए ने जम्मू-कश्मीर में बारामूला और अन्य क्षेत्रों में भी छापेमारी की थी। बारामूला में मौलवी इकबाल भट के घर पर एनआईए ने सुरक्षा बलों की मदद से तलाशी ली थी।

एनआईए की इस कार्रवाई से पहले 1 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल के कई जिलों में छापेमारी की गई थी। 1 अक्टूबर को एनआईए की टीम ने दक्षिण 24 परगना, आसनसोल, हावड़ा, नदिया और कोलकाता में 11 जगहों पर छापेमारी की थी।

*******************************

 

साजिद नाडियाडवाला की फिल्म ‘सिकंदर’ का गाना ‘नाचे सिकंदर’ जारी

19.03.2025 – साजिद नाडियाडवाला के द्वारा निर्मित और ए.आर. मुरुगदॉस द्वारा निर्देशित सलमान खान-रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म ‘सिकंदर’ का टाइटल ट्रैक ‘नाचे सिकंदर’ जारी कर दिया गया है। गाने में स्वैग से भरे हुक स्टेप्स देखने को मिल रहे हैं, जो पॉपुलर ‘डबके’ डांस फॉर्म से इंस्पायर हैं। इस ट्रैक में सलमान खान अपने सिग्नेचर स्टाइल और दमदार डांस मूव्स से पूरी स्क्रीन पर छा गए हैं।

वहीं, रश्मिका मंदाना हर फ्रेम में अपनी ग्रेस और एनर्जी से कमाल कर रही हैं। गाने का विजुअल और म्यूजिकल ट्रीट दोनों ही फैंस को पूरी तरह एंटरटेन कर रहे हैं। अहमद खान की कोरियोग्राफी कमाल की है, जिसमें तुर्की डांसर्स का टच इस एनर्जेटिक ट्रैक को और भी खास बना दिया है।

समीर के द्वारा लिखे गए इस टाइटल ट्रैक का संगीत जैम 8 ने तैयार किया है और स्वर दिया है अमित मिश्रा, आकासा और सिद्धांत मिश्रा ने। इस साल ईद के अवसर पर रिलीज होने जा रही फिल्म ‘सिकंदर’ में सलमान खान और रश्मिका मंदाना के साथ काजल अग्रवाल, शरमन जोशी और सत्यराज भी अपने अभिनय का जलवा स्क्रीन पर बिखेरते नजर आएंगे।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

https://www.instagram.com/reel/DHVSPPVClzA/?igsh=NjRkc3IzdTE2YzFh

https://www.instagram.com/reel/DHVSVfAzi-I/?igsh=aTk2MXdoYWU3Mmo1

***************************

गोदाम की छत पर जा चढ़ा सांड

नीचे उतारने के लिए लेनी पड़ी क्रेन की सहायता

हापुड़ ,18 मार्च(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के हापुड़ के शिवपुरी इलाके में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जब एक सांड एक खाली पड़े गोदाम की छत पर चढ़ गया।

गोवंश को छत पर देखकर स्थानीय लोगों ने उसे नीचे उतारने की काफी कोशिश की, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल पाई। आखिरकार, घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद मंगलवार को सांड को क्रेन की मदद से सुरक्षित नीचे उतारा गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

कांग्रेस नेता और समाजसेवी विक्की शर्मा ने बताया कि उन्हें मंगलवार सुबह करीब 7:00 बजे सूचना मिली कि शिवपुरी में एक खाली गोदाम की छत पर एक सांड चढ़ गया है। सूचना मिलते ही वह अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और सांड को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयासों में जुट गए।

कई घंटों तक चले इस रेस्क्यू ऑपरेशन में स्थानीय लोगों के साथ मिलकर विक्की शर्मा और उनकी टीम ने कड़ी मेहनत की। आखिरकार, एक क्रेन की सहायता से रस्सी बांधकर सांड को सुरक्षित रूप से नीचे उतारा गया।

नीचे उतरने के बाद सांड को पानी पिलाया गया और उसे चारा भी खिलाया गया। सांड के सुरक्षित उतरने के बाद सभी ने राहत महसूस की।

*****************************

 

सुनीता विलियम्स अंतरिक्ष से रवाना, पीएम मोदी ने खत लिखकर कही बेहद खास बात

नई दिल्ली ,18 मार्च(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। नासा की भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मर करीब नौ महीने तक अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर ‘फंसे’ रहने के बाद आखिरकार धरती पर लौट रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुनीता विलियम्स के नाम एक भावपूर्ण पत्र लिखकर उनकी सुरक्षित वापसी की कामना की है।

प्रधानमंत्री द्वारा 1 मार्च को लिखा गया यह पत्र प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया है। उन्होंने लिखा, पूरी दुनिया सुनीता विलियम्स की सुरक्षित वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रही है। इस महत्वपूर्ण क्षण में पीएम मोदी ने भारत की इस गौरवशाली बेटी के लिए अपनी चिंता और शुभकामनाएं व्यक्त की हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पत्र में लिखा, भले ही आप हजारों मील दूर हैं, लेकिन आप हमारे दिलों के बेहद करीब हैं। भारत के लोग आपकी अच्छी सेहत और आपके मिशन की सफलता के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

उन्होंने उल्लेख किया कि अमेरिका की अपनी पिछली यात्राओं और विभिन्न राष्ट्रपतियों से मुलाकात के दौरान उन्होंने हमेशा सुनीता विलियम्स के बारे में जानकारी ली। पीएम मोदी ने पत्र में अपने 2016 के अमेरिकी दौरे के दौरान सुनीता विलियम्स से हुई मुलाकात को भी याद किया और उन्हें भारत आने का न्योता दिया। पीएम मोदी ने लिखा, आपकी वापसी के बाद हम आपको भारत में देखने के लिए उत्सुक हैं। यह हमारे लिए गर्व की बात होगी कि हम अपनी इस महान बेटी की मेजबानी करें।

उन्होंने कहा, 1.4 अरब भारतीय हमेशा आपकी उपलब्धियों पर गर्व करते हैं। हाल की घटनाओं ने एक बार फिर आपकी अद्भुत दृढ़ता और साहस को साबित किया है। जितेंद्र सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले पीएम मोदी ने पूर्व नासा अंतरिक्ष यात्री माइक मैसिमिनो से मुलाकात की थी और उनके माध्यम से यह पत्र सुनीता विलियम्स तक पहुंचाने का अनुरोध किया था। उन्होंने बताया कि सुनीता विलियम्स इस भावनात्मक संदेश से बेहद प्रभावित हुईं और उन्होंने पीएम मोदी और भारत के प्रति अपना आभार प्रकट किया।

**************************

 

 रंजीत महतो ने  बेंगनरीया पंचायत उपाध्यक्ष सोमलाल बास्की के पिताजी के श्राद्धकर्म दशकर्म में पहूंचकर दी श्रद्धांजलि

धनबाद,18.03.2025  : झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के टुंडी विधानसभा अंतर्गत बेंगनरीया पंचायत कमलाशिंघा निवासी जेएलकेएम पार्टी के पंचायत उपाध्यक्ष सोमलाल बास्की के पिताजी स्व नयन बास्की के दशकर्म श्राद्धकर्म में झारखंडी भाषा ख़तियान संघर्ष समिति व झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा धनबाद जिला टीम के जिला कोषाध्यक्ष पप्पु पहाड़ी महतो धनबाद जिला मीडिया प्रभारी रंजीत कुमार महतो और टीम के द्वारा सोमलाल बास्की के बेंगनरीया पंचायत के कमलाशिंघा गांव पहूंचकर सोमलाल बास्की के पिताजी को श्रृद्धांजलि अर्पित किया.

उनके परिजनों को इस दुखद घड़ी में हरसंभव मदद का आश्वासन देकर ढ़ाढस बंधाया मौके पर उपस्थित झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के धनबाद जिला मीडिया प्रभारी रंजीत कुमार महतो ने कहा कि जेएलकेएम पार्टी एक ऐसा क्रांतिकारी पार्टी है जो विकट परिस्थितियों में पार्टी के एक एक कार्यकर्ताओं गांव समाज के सबसे सुदूरवर्ती अत्यंत ग़रीब पीड़ितों के मदद के लिए चौबिसों घंटे सुख दुःख में साथ देते हैं.

झारखंडी भाषा ख़तियान संघर्ष समिति व झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के प्रतिनिधि टीम में शामिल धनबाद जिला कोषाध्यक्ष पप्पु पहाड़ी महतो धनबाद जिला मीडिया प्रभारी रंजीत कुमार महतो बरवाअड्डा ज़ोंन उपाध्यक्ष हिरालाल महतो मांझी हड़ाम हरिलाल सोरेन टुंडी प्रखंड महामंत्री दीपक महतो टुंडी प्रखंड कोषाध्यक्ष गणेश महतो प्रखंड अध्यक्ष मनोज महतो बेंगनरीया पंचायत अध्यक्ष नरेश महतो बेंगनरीया पंचायत के सक्रिय सदस्य अशोक महतो धनंजय महतो जितेन्द्र बास्की आदि की उपस्थिति हुई.

उक्त जानकारी  रंजीत कुमार महतो ने दी

***************************

 

माता वैष्णो देवी मंदिर के भवन की सुरक्षा जांच में चूक

पिस्तौल लेकर पहुंची महिला; पुलिस ने किया गिरफ्तार

कटरा ,18 मार्च (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। श्री माता वैष्णो देवी मंदिर के भवन में सुरक्षा जांच को तोड़ते हुए एक महिला के पिस्तौल लेकर पहुंचने का मामला सामने आया है।

यह घटना 14-15 मार्च 2025 की रात को हुई। महिला की पहचान ज्योति गुप्ता के रूप में हुई है, जो दिल्ली पुलिस में कार्यरत बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ज्योति गुप्ता दर्शन करने के इरादे से पिस्तौल लेकर मंदिर परिसर में प्रवेश कर गई थी।

रियासी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) परमिंदर सिंह ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला के पास से बरामद हथियार का लाइसेंस समाप्त हो चुका था।

उन्होंने बताया कि रियासी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से पिस्तौल को जब्त कर लिया गया है।

एसएसपी सिंह ने आगे जानकारी दी कि इस संबंध में कटरा के पुलिस स्टेशन भवन में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। महिला के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

इस घटना ने श्री माता वैष्णो देवी मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ हमेशा मौजूद रहती है।

***************************

 

नागपुर हिंसा के लिए सीएम फडणवीस ने अफवाहों को बताया जिम्मेदार

दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन

मुंबई ,18 मार्च(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर में हाल ही में हुई हिंसा पर मंगलवार को विधानसभा में बयान दिया। उन्होंने बताया कि यह हिंसा एक अफवाह से शुरू हुई, जिसमें कहा गया था कि एक प्रतीकात्मक कब्र पर रखी चादर पर धार्मिक चिह्न था, जिसे जलाया गया। शाम को यह अफवाह फैली और देखते ही देखते हालात बिगड़ गए, जिसके बाद हिंसा भड़क उठी।

फडणवीस ने कहा कि हिंसा में 12 दोपहिया वाहन तोड़े गए और एक क्रेन, दो जेसीबी तथा कुछ चार-पहिया वाहनों में आग लगा दी गई। घटनास्थल पर 80 से 100 लोग जमा हो गए थे। कुछ लोगों पर तलवार से हमला हुआ। उन्होंने कहा कि हालात तब और गंभीर हो गए, जब एक पुलिसकर्मी पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया। इस हिंसा में 33 पुलिसकर्मी घायल हुए, जिनमें तीन डीसीपी स्तर के अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा, पांच आम लोगों को भी चोटें आईं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस मामले में पांच अपराध दर्ज किए गए हैं। कानून-व्यवस्था को काबू में करने के लिए 11 थाना क्षेत्रों में लोगों के एकत्र होने पर पाबंदी लागू की गई है। साथ ही, स्थिति को संभालने के लिए स्टेट रिजर्व पुलिस फोर्स (एसआरपीएफ) की पांच टुकडिय़ां तैनात की गई हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस ने तेजी से कदम उठाए और हालात पर काबू पाया।

फडणवीस ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की और भरोसा दिलाया कि सरकार इस मामले में सख्ती से निपटेगी। उन्होंने कहा, “जो भी दोषी हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने अच्छा काम किया है और आगे भी कड़ी कार्रवाई होगी।

भाजपा विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि नागपुर में हुई घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, जो शांतिपूर्ण आंदोलन में खलल पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि ऐसी स्थिति फिर से हमारे समाज में देखने को न मिले।

उन्होंने कहा कि यह हिंसा पूर्वनियोजित थी या नहीं, इस पर वह किसी भी प्रकार की टिप्पणी नहीं करेंगे। यह सरकार, गृह विभाग और मुख्यमंत्री ही बता सकते हैं। इस हिंसा में जो भी जिम्मेदार है, उसे सबक सिखाना चाहिए।

************************

 

महाकुंभ पर पीएम मोदी के बयान पर बोले राहुल गांधी

प्रधानमंत्री ने जिनकी मृत्यु हुई उन्हें श्रद्धांजलि नहीं दी

नई दिल्ली ,18 मार्च (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महाकुंभ पर दिए गए बयान पर कहा कि मैं पीएम की बात का समर्थन करता हूं। लेकिन, उन्होंने महाकुंभ भगदड़ में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि नहीं दी। इतना ही नहीं राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि विपक्ष को बोलने नहीं दिया गया।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने संसद परिसर में प्रधानमंत्री मोदी के महाकुंभ पर दिए गए वक्तव्य पर कहा, मैं प्रधानमंत्री मोदी की बात का समर्थन करना चाहता था। कुंभ हमारी परंपरा है, संस्कृति है, इतिहास है। एक शिकायत थी कि प्रधानमंत्री ने, जिनकी मृत्यु हुई, उन्हें श्रद्धांजलि नहीं दी। जो युवा महाकुंभ में गए उन्हें प्रधानमंत्री से रोजगार चाहिए और प्रधानमंत्री को उसपर भी बोलना चाहिए था। लोकतांत्रिक व्यवस्था में नेता प्रतिपक्ष को तो बोलने का मौका दिया जाना चाहिए था लेकिन नहीं देते हैं, यह न्यू इंडिया है।

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, वह महाकुंभ पर सकारात्मक बोल रहे थे। विपक्ष को भी अपनी बात रखने का मौका दिया जाना चाहिए था, क्योंकि विपक्ष की भी इसके प्रति भावनाएं हैं और अगर हम अपनी बात रखते हैं तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए थी। विपक्ष को भी दो मिनट बोलने की अनुमति दी जानी चाहिए थी।

पीएम मोदी ने महाकुंभ पर अपना संबोधन जैसे ही खत्म किया, वैसे ही विपक्षी सांसदों ने वेल के पास जाकर हंगामा मचाना शुरू कर दिया और सवाल करने की मांग करने लगे। जिसके बाद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि नियम 372 में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि प्रधानमंत्री या कोई भी मंत्री सदन में बिना कोई प्रश्न लिए वक्तव्य दे सकता है। लेकिन उस समय सदन में कोई भी सवाल नहीं पूछा जा सकता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ के सफल समापन पर लोकसभा में देश के नागरिकों को हार्दिक बधाई दी जिनके प्रयासों से महाकुंभ की भव्य सफलता सुनिश्चित हुई। महाकुंभ को सफल बनाने में विभिन्न व्यक्तियों और समूहों के सामूहिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने सरकार, समाज और इसमें शामिल सभी समर्पित कार्यकर्ताओं के प्रयासों को स्वीकार किया और उनकी सराहना की। पीएम मोदी ने देशभर के श्रद्धालुओं, विशेषकर प्रयागराज के नागरिकों का उनके अमूल्य समर्थन और भागीदारी के लिए उल्लेख करते हुए आभार व्यक्त किया।

****************************

 

अभिनेता पोसानी को आंध्र प्रदेश सीआईडी ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया

अमरावती ,18 मार्च (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। आंध्र प्रदेश सीआईडी ने मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण और आईटी मंत्री नारा लोकेश के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी के मामले में मंगलवार को अभिनेता और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के पूर्व नेता पोसानी कृष्ण मुरली को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।

जेल से पोसानी को हिरासत में लेने के बाद सीआईडी ने उन्हें मेडिकल जांच के लिए गुंटूर के सरकारी जनरल अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में उन्हें पूछताछ के लिए सीआईडी कार्यालय ले जाया गया।

गुंटूर के छठे अतिरिक्त जूनियर सिविल जज ने सोमवार को पोसानी को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया था। गत 26 फरवरी को हैदराबाद से गिरफ्तारी के बाद से ही वह जेल में हैं।

अभिनेता को विभिन्न थानों में उनके खिलाफ दर्ज कई मामलों में जमानत मिल गई है, लेकिन पिछले सप्ताह सीआईडी द्वारा उन्हें कैदी ट्रांजिट (पीटी) वारंट पर कुरनूल से गुंटूर लाए जाने और अदालत में पेश किए जाने के बाद जेल में रखना पड़ा, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

सीआईडी ने पिछले साल अक्टूबर में तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) के एक नेता की शिकायत पर पोसानी के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
आंध्र प्रदेश फिल्म विकास निगम के अध्यक्ष रह चुके पोसानी पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 111, 196, 353, 299, 341 और 336 (3) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

हैदराबाद से 26 फरवरी को गिरफ्तारी के बाद पोसानी को अन्नामय्या जिले में ले जाया गया था, जहां उनके खिलाफ समाज के विभिन्न वर्गों के बीच दुश्मनी पैदा करने की कोशिश करने का मामला दर्ज किया गया। उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

बाद में, अभिनेता को अदोनी पुलिस द्वारा दर्ज एक मामले में पीटी वारंट पर कुरनूल ले जाया गया। उन्हें कुरनूल की जेल में स्थानांतरित कर दिया गया और बाद में एक अन्य मामले में पीटी वारंट पर विजयवाड़ा लाया गया।

हालांकि, अदालत ने उन्हें जमानत दे दी थी, लेकिन सीआईडी द्वारा पीटी वारंट के लिए अदालत में जाने के कारण उनकी रिहाई नहीं हो सकी।

वाईएसआरसीपी ने कहा कि चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली सरकार ने “राजनीतिक प्रतिशोध” के कारण पोसानी के खिलाफ 17 मामले दर्ज किए।

विपक्षी दल ने एनडीए सरकार पर उन्हें कानूनी राहत से वंचित करने की “साजिश” का आरोप लगाया। उसने कहा कि पुलिस ने पूर्व राजनेता की गिरफ्तारी के बाद उनके खिलाफ पूरे राज्य में मामले दर्ज किए और जमानत में बाधा डालने के लिए “जानबूझकर यह छिपाया” कि मामले कहां-कहां दर्ज किए गए हैं।

वाईएसआरसीपी ने कहा कि सरकार ने प्रत्येक मामले में पीटी वारंट मांगा, जिसके कारण पोसानी को हैदराबाद से राजमपेट होते हुए विजयवाड़ा, फिर नरसारावपेट, गुंटूर, कुरनूल जिले के अदोनी, विजयवाड़ा के सूर्यरावपेट, कुरनूल और अंत में गुंटूर ले जाया गया।

विपक्षी दल ने कहा कि 67 साल की उम्र और दिल तथा अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से पीडि़त होने के बावजूद पुलिस ने पोसानी को परेशान किया, जो कथित तौर पर उनकी हालत खराब करने की सरकारी रणनीति का हिस्सा था।

*****************************

 

नीतीश ने विपक्ष को सदन में ताली बजाकर किया शांत

शिक्षा विभाग से जुड़े मुद्दे पर सदन में हो रहा था हंगामा

पटना ,18 मार्च (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मंगलवार को विपक्ष ने विभिन्न मुद्दों को लेकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान विपक्ष द्वारा कानून व्यवस्था और निजी स्कूलों की मनमानी को लेकर सदन के बाहर और अंदर हंगामा देखने को मिला। इस क्रम में सदन के अंदर मुख्यमंत्री ने विपक्ष को लेकर ताली भी बजाई।

दरअसल, सदन की कार्यवाही शुरू होने के बाद प्रश्नकाल चल रहा था। इसी बीच, राजद के विधायक ललित यादव ने निजी स्कूलों को लेकर एक सवाल पूछा। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार के जवाब से विपक्षी विधायक संतुष्ट नहीं हुए। विधायक ने अध्यक्ष नंद किशोर यादव से प्रश्न को स्थगित करने की मांग की तो अध्यक्ष ने कहा कि आपने प्रश्न किया और सरकार उत्तर दे रही है, सवाल स्थगित करने का कोई कारण नहीं है।

इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सदन में मौजूद थे। इसके बाद विपक्षी विधायक हंगामा करने लगे। नीतीश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। इस दौरान हालांकि प्रश्नकाल चलता रहा। इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खड़े हुए और उन्होंने कहा कि अगर शिकायत है तो हमें लिखकर दीजिए, हम एक्शन लेंगे।

उन्होंने कहा कि हमारे खिलाफ बोल रहे हैं, हमारे खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। इसलिए हम आप सबको बधाई दे रहे हैं। उन्होंने इस दौरान ताली भी बजाई। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद राजद विधायक शांत हुए और अपनी सीट पर बैठ गए।

इससे पहले विधानसभा परिसर में विपक्ष ने कानून व्यवस्था को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। विधायक मुकेश रौशन ने कहा कि बिहार के लोगों को कानून पर से भरोसा उठ गया है। बिहार में राक्षस राज है। इस दौरान उन्होंने एक पोस्टर भी दिखाया। दो दारोगा की हत्या हो चुकी है। डबल इंजन की सरकार में राक्षस राज है। बिहार पूर्ण रूप से बीमारू राज्य बन चुका है।

*************************

 

केंद्र ने -15जी इनोवेशन हैकाथॉन 2025′ की घोषणा की

नई दिल्ली ,17 मार्च(एजेंसी)। दूरसंचार विभाग (डीओटी) ने सोमवार को ‘5त्र इनोवेशन हैकाथॉन 2025Ó की घोषणा की। छह महीने की अवधि वाली इस पहल का उद्देश्य सामाजिक और औद्योगिक चुनौतियों से निपटने के लिए इनोवेटिव 5जी पावर्ड सॉल्यूशन के विकास में तेजी लाना है।

संचार मंत्रालय के अनुसार, छात्रों, स्टार्टअप और पेशेवरों के लिए यह कार्यक्रम मेंटरशिप, फंडिंग और 100 से अधिक 5जी यूज केस लैब तक पहुंच प्रदान करता है। इससे प्रतिभागियों को दूरदर्शी विचारों को स्केलेबल टेक्नोलॉजी में बदलने में मदद मिलती है।

विजेताओं को पुरस्कार भी दिए जाएंगे, जिसमें प्रथम स्थान के लिए 5,00,000 रुपये, दूसरे स्थान के लिए 3,00,000 रुपये और तीसरे स्थान के लिए 1,50,000 रुपये तय किए गए हैं।

इसके अलावा, सर्वश्रेष्ठ विचार और मोस्ट इनोवेटिव प्रोटोटाइप को भी सम्मानित किया जाएगा, जिसके लिए प्रत्येक को 50,000 रुपये मिलेंगे।

दस प्रयोगशालाओं को सर्वश्रेष्ठ 5त्र उपयोग मामले के लिए प्रशंसा प्रमाण पत्र और उभरते संस्थान से सर्वश्रेष्ठ विचार के लिए एक प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा।

बेस्ट 5जी यूज केस के लिए 10 लैब्स को सर्टिफिकेट्स दिए जाएंगे। इसके अलावा, उभरते संस्थानों में से एक को बेस्ट आइडिया के लिए सर्टिफिकेट दिया जाएगा।

हैकाथॉन प्रमुख 5जी एप्लीकेशन पर केंद्रित प्रपोजल को इनवाइट कर रहा है, जिसमें एआई-ड्रिवन नेटवर्क का रखरखाव, आईओटी-इनेबल्ड सॉल्यूशन, 5जी ब्रॉडकास्टिंग, स्मार्ट हेल्थ, कृषि, इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन, गैर-स्थलीय नेटवर्क (एनटीएन), डीटूएम, वीटूएक्स और क्वांटम कम्युनिकेशन शामिल हैं।

प्रतिभागियों को वास्तविक दुनिया से जुड़ी परेशानियों के समाधान के लिए नेटवर्क स्लाइसिंग, क्वालिटी ऑफ सर्विस और कॉल-फ्लो परिदृश्यों जैसी 5जी सर्विस का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।

हैकाथॉन प्रतिभागियों को उनके इनोवेशन को नेक्स्ट लेवल पर ले जाने में मदद करने के लिए मददगार है।

प्रतिभागियों को उनकी आईपी संपत्तियों को कमर्शियलाइज करने के लिए आईपीआर फाइलिंग में मदद मिलेगी।

हैकाथॉन कई चरणों में होगा। हर चरण को सावधानीपूर्वक डिजाइन किया गया है, ताकि आखिरी मूल्यांकन के लिए जमा किए गए प्रस्ताव से नए विचार सामने लाए जा सकें।

दूरसंचार विभाग की स्क्रीनिंग के लिए हर संस्थान को अधिकतम पांच प्रपोजल पेश करने का अवसर मिलेगा। इसके बाद क्षेत्रीय समितियां आगे के इवैल्यूशन (मूल्यांकन) के लिए सर्वोत्तम प्रविष्टियां चुनेंगी।

अंतिम चरण, मूल्यांकन और प्रदर्शन (इवैल्यूएशन और शोकेस), सितंबर 2025 के अंत में होगा। इस चरण में टीम अपने प्रोटोटाइप को टेक्निकल एक्सपर्ट इवैल्यूएशन कमिटी के सामने पेश करेंगी।

विजेताओं की घोषणा अक्टूबर में की जाएगी, जिसमें टॉप टीम देश के सबसे प्रतिष्ठित तकनीकी आयोजनों में से एक इंडिया मोबाइल कांग्रेस (आईएमसी) 2025 में अपने इनोवेश को पेश करेंगी।

1.5 करोड़ रुपये के बजट से समर्थित इस कार्यक्रम में सीड फंडिंग, आईपीआर असिस्टेंस, मेंटरशिप और परिचालन लागत शामिल हैं।

******************************

 

भारत इस साल करेगा 800 अरब डॉलर से अधिक का निर्यात : पीयूष गोयल

नई दिल्ली ,17 मार्च(एजेंसी)। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि सर्विसेज की बड़ी हिस्सेदारी के साथ भारत इस साल 800 अरब डॉलर से अधिक का निर्यात करने की राह पर है।

बदलते वैश्विक माहौल के बीच केंद्रीय मंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार इसके लिए लगातार काम कर रही है और भारतीय निर्यातकों (माल और सेवा) का अच्छा भविष्य सुनिश्चित करने और देश के हितों की रक्षा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (ईपीसी) और इंडस्ट्री एसोसिएशन को अपने संबोधन के दौरान, मंत्री ने निर्यातक समुदाय के बीच सकारात्मकता और इस संकट को, जिसका आज दुनिया सामना कर रही है, एक अवसर में बदलने के लिए उनके आशावान होने की सराहना भी की।

अमेरिका के संबंध में उद्योग की चिंताओं को दूर करते हुए, केंद्रीय मंत्री ने ईपीसी से अपनी ताकत पर विचार करने और अमेरिका के साथ बेहतर जुड़ाव के लिए सरकार के साथ अपनी मांगों को साझा करने को कहा।

द्विपक्षीय समझौतों पर चल रहे प्रयासों पर गोयल ने कहा कि सरकार एक साथ कई ट्रैक पर काम कर रही है और उनमें से प्रत्येक ट्रैक का उद्देश्य भारतीय निर्यातकों के सर्वोत्तम हित को सुनिश्चित करना है।

केंद्रीय मंत्री ने संकेत दिया कि सरकार विशेष रूप से कुछ के साथ मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) के अंतिम चरण में पहुंच गई है। गोयल इस बात को लेकर भी आश्वस्त थे कि इससे भारतीय निर्यातकों के लिए बेहतर अवसर पैदा होंगे और अधिक निवेश भी आएगा।

पारस्परिक टैरिफ पर बातचीत करते हुए गोयल ने कहा कि ईपीसी को अपनी संरक्षणवादी मानसिकता से बाहर आना होगा और उन्हें साहसी होने और अपनी ताकत एवं आत्मविश्वास से दुनिया से निपटने के लिए तैयार होने के लिए प्रोत्साहित किया है।

*********************************

 

महिलाओं के लिए खुशखबरी, हिमाचल सरकार ने की 1500 रुपये देने की घोषणा

शिमला ,17 मार्च(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को विधानसभा में 21 साल की आयु पूरी करने वाली हर बेटी को 1500 रुपये प्रति माह देने वाली योजना की घोषणा की है।

सुक्खू ने कहा कि इस योजना का नाम ‘इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना’ रखा गया है, जो एक जनवरी 2025 से 31 मार्च 2026 तक लागू होगी। उन्होंने कहा कि जो महिलायें दूसरों के घरों में काम करके अपना परिवार चलाती हैं, वह भी एक जून 2025 से इस योजना की हकदार होंगी और उनकी पात्र बेटियां भी 1500 रुपये प्रति माह पाने की हकदार होंगी। उन्होंने कहा कि पंचायतों की ओर से चयनित महिलाओं को चरणवद्ध तरीके से योजना का लाभ दिया जायेगा।

सुक्खू ने कहा कि गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) परिवारों की दो बेटियों के लिए एक नयी योजना शुरू की जाएगी, जिसे ‘इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना’ नाम दिया गया है। इसके तहत, पुत्री के जन्म पर 25 हजार रुपये का बीमा कराया जाएगा।

*****************************

 

मिस मिसेज इंडिया एंड नारी शक्ति सम्मान 2025 समारोह संपन्न

17.03.2025 – केसीएफ फाउंडेशन के संस्थापक डॉ कृष्णा चौहान द्वारा अंधेरी (मुम्बई) स्थित मेयर हॉल में आयोजित ‘मिस मिसेज इंडिया एंड नारी शक्ति सम्मान 2025’ समारोह, सिंगर डॉ दीपा नारायण झा, रेखा राव, एसीपी संजय पाटिल, बी एन तिवारी, रमेश गोयल, अभिषेक खन्ना, भारती छाबड़िया, अभिनेत्री शशि शर्मा, सपना अवस्थी सहित कई नामचीन बॉलीवुड शख्सियतों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

इस पुरस्कार समारोह में उनको सम्मानित किया गया जिन्होंने समाज सेवा और मानव सेवा का उल्लेखनीय कार्य किया है। साथ ही अपनी कला और व्यक्तित्व का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए समाज को नई दिशा प्रदान की है।

अवॉर्ड समारोह के ज्यूरी मेम्बर्स में डॉ दीपा नारायण झा, शशि शर्मा, फ़ैशन डिज़ाइनर भारती छाबड़िया और कोमल कटारिया शामिल थीं। केसीएफ मिस इंडिया की विनर वैशाली रहीं जबकि मिस इंडिया की फर्स्ट रनरअप दिव्यांता, सेकन्ड रनरअप दिया और थर्ड रनरअप बरखा सोनी रहीं। केसीएफ मिसेज इंडिया सिल्वर क्लास की विनर हुईं ऋतु शाह जबकि मिसेज इंडिया गोल्ड क्लास की विनर राशि यादव, मिसेज इंडिया प्लैटिनम क्लास की विनर जिगना शेठ रहीं और फर्स्ट रनरअप सुमन हुईं।

स्टेज पर डॉ कृष्णा चौहान ने सिंगर डॉ दीपा नारायण झा, शशि शर्मा, रेखा राव और सपना अवस्थी को और यूनियन लीडर व फिल्म एडिटर बी एन तिवारी ने रमेश गोयल, एसीपी संजय पाटिल, ब्राइट आउटडोर मीडिया के प्रतिनिधि, ऎक्टर अभिषेक खन्ना, नेहा मेहता, आर राजपाल, जावेद खान, प्रकाश चंदानी, पूजा पांडेय, विजय जैसानी (सोशल वर्कर), कबीना महाजन, अनुष्का मोटवानी, परीक्षा शाह, सुमन पारेख, अंकिता, मॉडल अर्चना, अनिता तावड़े, मालविका नायर, लता सोलंकी, शिरीन फरीद, कोरियोग्राफर कोमल कटारिया, सागर आचार्या, राजेश कोरिल, पराग जोशी, दिव्यंका भारद्वाज, जिगना शेठ, राशि यादव, चंद्रप्रकाश माझी, जगन्नाथ अर्जुन जाधव, श्रीनिवास, अनीस मलिक, यूसुफ मंसूरी, नियाज़ हुसैन शेख, दिनेश परेशा, नेम सिंह, मिसेज रसिका रविन्द्र को अवार्ड देकर सम्मानित किया।

अपने सभी अवार्ड समारोह में आमंत्रित सेलिब्रिटी को अवॉर्ड दे कर सम्मानित करने के साथ साथ समाज सेवकों, बिज़नेसमैन, फ़िल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के साथ डॉ कृष्णा चौहान कई पत्रकारों, फोटोग्राफर को भी अवॉर्ड देकर सम्मानित करते हैं। इस आयोजन के दौरान भी उन्होंने पूर्व की परंपरा को कायम रखा।

पिछले 21 वर्षों से बॉलीवुड में सक्रिय, गोरखपुर यूपी के मूल निवासी अवार्ड समारोह के आयोजक डॉ कृष्णा चौहान न सिर्फ एक सफल बॉलीवुड डायरेक्टर हैं और एक्टिव सोशल वर्कर हैं बल्कि अवार्ड्स फंक्शन्स करने के मामले में हमेशा चर्चा में रहते हैं। इन्होंने अपना फिल्मी सफर बतौर सहयक निर्देशक शुरू किया था। इन्होंने कई एड फिल्म्स, म्यूजिक वीडियो बनाया है।

डॉ कृष्णा चौहान इस वर्ष अपने जन्मदिन 4 मई को ‘लीजेंड दादासाहेब फाल्के 2025’ समारोह का छठवीं बार आयोजन करने जा रहे हैं। सिनेमा, टीवी, वेब सीरीज के निर्माण में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाने वालों को समारोह के दौरान अवॉर्ड देकर सम्मानित किया जाएगा।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

**************************

 

एनसीआर में तेज हवाओं के बाद बदलेगा मौसम का मिजाज, शुरू होगा पारा चढ़ना

नोएडा  17 March, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। एनसीआर में फिलहाल लोगों को अभी तेज गर्मी से निजात मिली हुई है। होली के एक दिन पहले और होली के एक दिन बाद भी हुई रिमझिम बरसात ने मौसम को सुहाना बना रखा है और भीषण गर्मी से लोग फिलहाल बचे हुए हैं। लेकिन मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दो दिनों के बाद से अधिकतम और न्यूनतम पारे का बढ़ना शुरू होगा।

अगले हफ्ते में अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम तापमान 19 पहुंचने की संभावना है। मौसम लगातार अपना मिजाज बदल रहा है। कभी तेज धूप और गर्मी का सामना लोगों को करना पड़ रहा है, तो कभी सुबह और शाम के वक्त लोगों को ठंडी हवाओं के चलते मौसम में हुए बदलाव का असर देखने को मिल रहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक एनसीआर में मौसम एक बार फिर अपना मिजाज बदलने वाला है। लेकिन उससे पहले दो दिनों तक फिलहाल तेज हवाओं के चलने से गर्मी का सामना कम करना पड़ेगा। 17 मार्च को भी अधिकतम पारा 32 डिग्री पहुंचेगा, जबकि न्यूनतम पारा 17 डिग्री रहेगा।

मौसम विभाग ने जो आंकड़े जारी किए हैं, उसके मुताबिक 18 मार्च को आसमान में बादल छाए रहेंगे, तेज हवा चलेगी और अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री पहुंच जाएगा। इसके बाद 19 मार्च से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। आसमान पर बादल छाए रहेंगे और अधिकतम पारा और न्यूनतम पारा बढ़ने लगेगा।

19 मार्च को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री बने रहने की संभावना जताई गई है। 20 मार्च को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और इस दिन भी अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री पहुंचने की संभावना है। इस बढ़ते पारे की वजह से हो रही गर्मी और फिर अचानक आ रहे मौसम में बदलाव के चलते लोग बीमार भी हो रहे हैं।

लगातार पश्चिमी विक्षोभ में हो रही गड़बड़ी के कारण मौसम में ऐसे बदलाव देखने को मिल रहे हैं। इसलिए अचानक एनसीआर में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। दिन में तेज धूप और गर्मी होने के साथ-साथ सुबह और शाम लोगों को हल्की ठंड महसूस हो रही है।

**************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version