Category Archives: news

मॉर्निंग वॉक पर बिजनेसमैन को आया हार्ट अटैक, स्मार्टवॉच से बची जान

लंदन ,09 नवंबर (एजेंसी) । यहां एक स्मार्टवाच ने एक व्यक्ति की जान बचा ली। इस शख्स का नाम पॉल वैपफाम है और पॉल वैपफाम हॉकी वेल्स के सीईओ हैं। पॉल वैपफाम स्वानसी के मॉरिस्टन इलाके में मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, अचानक उनके सीने में तेज दर्द महसूस हुआ। पॉल ने तुरंत अपनी स्मार्टवॉच से अपनी वाइफ से सम्पर्क किया, उनकी पत्नी मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। अब वह ठीक हैं।

अस्पताल में इलाज के दौरान पता चला कि उनकी एक आर्टरी में ब्लॉकेज था, जिस कारण उनको दिल का दौरा पड़ा था। अस्पताल में उनकी धमनी की ब्लॉकेज खोलने के लिए एक ट्रीटमेंट दी गई जिसके बाद उनको कुछ दिनों के लिए अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा. फिर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया।

************************

 

पीएम मोदी ने धनतेरस पर देशवासियों को दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली 10 Nov, (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को धनतेरस के अवसर पर देश के लोगों को शुभकामनाएं दीं।

एक्स पर एक पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा, ”स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि के प्रतीक पर्व धनतेरस पर मेरे परिवार के सभी सदस्यों को बहुत-बहुत बधाई। मेरी कामना है कि भगवान धन्वंतरि की कृपा से आप सभी सदैव स्वस्थ, समृद्ध और खुशहाल रहें, ताकि विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा मिलती रहे।”

गौरतलब है कि देशभर में रोशनी के त्योहार दिवाली से दो दिन पहले धनतेरस मनाया जाता है। दरअसल, धनतेरस दिवाली की शुरुआत का प्रतीक है। दिवाली साल के सबसे प्रतीक्षित त्योहारों में से एक है। इस साल दिवाली 12 नवंबर को मनाई जाएगी। धनतेरस हिंदू महीने कार्तिक के कृष्ण पक्ष के तेरहवें चंद्र दिवस पर मनाया जाता है।

*************************

 

अग्निवीर के लिए सेना में भर्ती होना अब हुआ और आसान, सेना ने जारी की नई नीति

नई दिल्ली 10 Nov, (एजेंसी): अग्निपथ योजना के अंतर्गत सेना में भर्ती होने वाले अग्निवीर के लिए क्राइटेरिया को पहले के मुकाबले सरल किया गया है। पूर्व में इसे सामान्य सैनिकों की भर्ती संबंधी योग्यता के मुकाबले कुछ कठिन रखा गया था। हालांकि अब यह क्राइटेरिया एक जैसा कर दिया गया है। सेना ने इस संबंध में नई नीति जारी की है।

हालांकि नई नीति जारी होने से पहले ही अग्निवीर का पहला बैच ट्रेनिंग पूरी कर अपनी-अपनी यूनिट्स में आ गया है। इन सब के पहले साल की योग्यता का आकलन पुरानी पॉलिसी यानी टफ क्राइटेरिया के हिसाब से ही किया गया है। अग्निवीर का आकलन पहले साल ट्रेनिंग सेंटर में और फिर तीन साल यूनिट में होना है। रेगुलर सैनिक के लिए 5000 फीट की ऊंचाई तक में 5 किलोमीटर की दौड़ 25 से 28 मिनट में पूरा करना होता है। वहीं अग्निवीर यह दौड़ 23 मिनट में पूरी करने पर सुपर एक्सिलेंट की श्रेणी में आते हैं। वहीं, रेगुलर सैनिक अगर 25 मिनट या उससे कम समय में भी दौड़ पूरी करते हैं तो वे एक्सिलेंट ही होंगे। यहां 23 मिनट में दौड़ पूरी करने की कोई श्रेणी ही नहीं है।

गौरतलब है कि अग्निवीर सैनिकों का एक पूरा बैच सुपर एक्सिलेंट क्राइटेरिया से ही यूनिट तक पहुंचा है। यानी एक साल की उनकी मार्किंग हो चुकी है। हालांकि सेना के एक अधिकारी ने कहा कि फाइनल मार्किंग में इसे ठीक कर लिया जाएगा।

****************************

 

बिहार : रसोई गैस सिलेंडर में लगी आग, 20 से अधिक झुलसे, आठ की हालत गंभीर

मोतिहारी 10 Nov (एजेंसी) । बिहार के पूर्वी चंपारण के पलनवा थाना क्षेत्र के एक घर में रिसाव के कारण रसोई गैस में सिलेंडर में आग लग गई। हादसे में पूरे घर में आग फैल गई। इससे 20 से अधिक लोग झुलस गए। घायलों मे आठ की हालत गंभीर बताई जाती है।

पुलिस के मुताबिक, पखनहिया गांव निवासी अच्छे लाल साह के घर में गुरुवार की रात रसोई गैस रिसाव हुआ, इससे घर में गैस भर गया। खाना बनाने के लिए जैसे ही गैस जलाने की कोशिश की गई, उसी दौरान गैस सिलेंडर में आग लग गई। हादसे में करीब 20 से अधिक लोग झुलस गए है, इनमें 8 लोगों की हालत गंभीर है।

बताया जा रहा है कि गैस सिलेंडर में विस्फोट के कारण आग पूरे घर में फैल गई और घर के सभी लोग उसकी चपेट में आ गए। मामले कीजानकारी मिलते ही पलनवा थानाध्यक्ष ललन कुमार, सीओ मणिभूषण कुमार सदल बल पहुंचे और स्थिति का आकलन किया। इसके बाद कई झुलसे गए लोगों को बेतिया, रक्सौल, मोतिहारी के अस्पतालों में भेजा गया। आग पर काबू पा लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, घायलों मे आठ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामले ने जांच कि जा रही है।

**************************

 

राम मंदिर अभिषेक के लिए विपक्षी नेताओं को भी किया जाएगा आमंत्रित

अयोध्या 10 Nov, (एजेंसी) । 22 जनवरी में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अयोध्या में किए जाने वाले राम मंदिर के उद्घाटन समारोह में विपक्ष के नेताओं को भी आमंत्रित किया जाएगा। इस संबंध में जल्‍द ही कांग्रेस और समाजवादी पार्टी सहित विपक्षी नेताओं को विशेष रूप से पूजे गए चावल (‘अक्षत’) दिए जाएंगे।

सूत्रों के मुताबिक, विहिप अगले साल एक जनवरी से एक राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत राजनीतिक संगठनों से संपर्क करना शुरू कर देगी, जो “पार्टी लाइन से ऊपर उठकर” होगा।

विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा, ”राजनीतिक विचारधारा के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा। हर इच्छुक व्यक्ति को, चाहे उनकी राजनीतिक संबद्धता कुछ भी हो, पवित्र ‘अक्षत’ के साथ आमंत्रित किया जाएगा।’

विहिप सूत्रों ने कहा कि संगठन को साधु-संतों ने यह सुनिश्चित करने की सलाह दी है कि राम मंदिर का उद्घाटन एक “गैर-राजनीतिक” कार्यक्रम रहे।

विहिप के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ”यह राम भक्तों का मंदिर है, एक राष्ट्र मंदिर है।”

विपक्षी नेताओं, मुख्य रूप से कांग्रेस के नेताओं द्वारा यह सवाल उठाए जाने के बाद कि क्या राम मंदिर का उद्घाटन एक “भाजपा कार्यक्रम” बन जाएगा, कुछ दिनों बाद यह घटनाक्रम काफी महत्वपूर्ण हो गया है।

यह तब हुआ जब संतों और राम जन्मभूमि तीरथ क्षेत्र के कई अधिकारियों ने प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और मंदिर के उद्घाटन के लिए निमंत्रण दिया।

5 नवंबर को अयोध्या से रवाना किए गए ‘अक्षत कलश’ विहिप की 45 प्रांतों, संगठनात्मक राज्य इकाइयों तक पहुंच चुके हैं। यहां से उन्हें पुनर्वितरित किया जाएगा।

सूत्रों ने कहा कि यह कवायद दिसंबर के अंत तक पूरी हो जाएगी, इसके बाद विहिप और उससे जुड़े समूह घरों तक पहुंचना शुरू कर देंगे।

विहिप के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि कलश “हर गांव, हर घर” तक पहुंचेगा।

उन्होंने कहा, “कुल मिलाकर, अभियान कम से कम 5 लाख गांवों और 60 करोड़ से अधिक लोगों को कवर करेगा।”

विहिप ने 2021 के ‘राम जन्मभूमि निधि समर्पण अभियान’ के समान अभियान चलाने की योजना बनाई है, जब उसने राम मंदिर के निर्माण के लिए हजारों करोड़ की धनराशि एकत्र की थी।

सूत्रों ने कहा कि “संघर्ष” के दिनों में अपना योगदान देने वाले कार सेवकों के परिवारों और अदालतों में लड़ाई लड़ने वाले वकीलों तक पहुंचने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

***************************

 

विधानसभा चुनाव : जिले में अब 50 प्रत्याशी मैदान में, 7 ने नामांकन वापस लिए

हनुमानगढ़ 10 Nov, (एजेंसी) । जिले में विधानसभा चुनाव के अंतर्गत 6 नवंबर तक प्रत्याशियों द्वारा नामांकन दाखिल किए गए। प्रत्याशी अपने नामांकन गुरुवार तक ही वापस ले सकते थे। जिले की पांचों विधानसभाओं में 7 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापिस ले लिए। अब जिले में 50 प्रत्याशी विधानसभा चुनाव 2023 हेतु मैदान में हैं।

भादरा विधानसभा से निर्दलीय शीला, करण, मंजू ने बुधवार को अपने नामांकन वापस ले लिए। पीलीबंगा विधानसभा से जेजेपी के प्रत्याशी राजकुमार और संगरिया विधानसभा से निर्दलीय भीम राज सिंवर, हनुमानगढ़ विधानसभा से निर्दलीय सतीश कुमार और सावन कुमार पाईवाल ने गुरुवार को नामांकन वापिस ले लिए।

नामांकन वापसी कि अंतिम तिथि के पश्चात भादरा विधानसभा में 10 प्रत्याशी, हनुमानगढ़ विधानसभा में 13 प्रत्याशी, नोहर विधानसभा में 9 प्रत्याशी, पीलीबंगा विधानसभा में 6 प्रत्याशी, संगरिया विधानसभा में 12 प्रत्याशी मैदान में है।

हनुमानगढ़ विधानसभा से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर राजेश कुमार सिंगला, निरंजन सिंह, गणेश राज बंसल, मोहम्मद इमामदीन, मोहन सिंह, कानाराम, इंडियन पीपल्स ग्रीन पार्टी से जगदेव सिंह, आम आदमी पार्टी से सचिन, भाजपा से अमित, बसपा से कैलाश, इंडियन नेशनल कांग्रेस से विनोद कुमार, जय हिंद कांग्रेस पार्टी से मोहम्मद रफीक, सीपीआईएम से रघुवीर सिंह मैदान में है।

संगरिया विधानसभा में निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर सुरेंद्र कुमार, गुलाब सिंवर, राजेश, जगजीत सिंह, शिव कुमार, आजाद समाज पार्टी से डॉ. परम नवदीप सिंह, बसपा से विजय कुमार, राष्ट्रीय जनमंडल पार्टी से मेजर सिंह, आम आदमी पार्टी से संदीप सिंह, इंडियन नेशनल कांग्रेस से अभिमन्यु, इंडियन पीपल्स ग्रीन पार्टी से अनुप्रीत कौर, भाजपा से गुरदीप सिंह मैदान में है।

भादरा विधानसभा से निर्दलीय राजेंद्र प्रसाद, बलवान सिंह, बजरंग सिंह, बीजेपी से कार्तिकेय, आजाद समाज पार्टी से मुकेश कुमार, इंडियन नेशनल कांग्रेस से अजीत सिंह, आम आदमी पार्टी से रूपनाथ, बहुजन समाज पार्टी से रामनाथ शर्मा, सीपीआईएम से बलवान, भाजपा से संजीव कुमार मैदान में है।

नोहर विधानसभा से निर्दलीय विनोद कुमार, घनश्याम, बसपा से राम प्रसाद, भाजपा से अभिषेक, आरएलपी से सी निरानाराम, राष्ट्रीय जनता सेना से राकेश कुमार, अभिनव लोकतांत्रिक पार्टी से अरसेल, इंडियन नेशनल कांग्रेस से अमित, सीपीएम से मंगेज कुमार प्रत्याशी के तौर पर मैदान में। पीलीबंगा विधानसभा से बीजेपी से धर्मेंद्र कुमार, इंडियन नेशनल कांग्रेस से विनोद कुमार, आरएलपी से सुनील कुमार, आम आदमी पार्टी से वीरेंद्र कुमार, बसपा से कालूराम, निर्दलीय रतिराम मैदान में है।

**************************

 

दिवाली सीजन के चलते शहर की कमान 800 पुलिसकर्मियों के हाथ, लगाए जाएंगे 42 नाके

चंडीगढ़ 10 Nov, (Rns) । फेस्टिवल सीजन, खास तौर पर दिवाली वाले दिन शहर की कमान 800 पुलिसकर्मियों को दी गई। एसएसपी यूटी कंवरदीप कौर के आदेशों पर भीड़भाड़ वाले इलाकों में ज्यादा गश्त की जाएगी।

शहर में पीसीआर की गश्त, बाजारों और बाकी संवेदनशील जगहों पर बढ़ाई जाएगी। पीसीआर की विशेष चीता मोटर साइकिलें भी गश्त पर होंगी। बता दें कि शहर में त्यौहारों पर बाजारों में वाहनों की भीड़ न लगे इसे लेकर कई सरकारी स्कूलों में आम पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
दिवाली के त्यौहार को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने शहर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं।

10 से 12 नवंबर तक शहर में यह कड़ी सुरक्षा रहेगी ताकि कोई असामाजिक तत्व किसी अप्रिय घटना को अंजाम न दे पाए। कानून व्यवस्था बनाए रखने के मकसद से यह प्रबंध किए गए हैं।

लगभग 800 पुलिसकर्मी शहर में तैनात रहेंगे। वहीं इनके अलावा पांच डीएसपी, 27 थाना प्रभारी/ इंस्पेक्टर भी शहर की सुरक्षा में सड़कों पर उतरेंगे। इन तीन दिनों में कुल 42 नाके थाना पुलिस द्वारा लगाए जाएंगे। 18 सरहदी जगहों पर विशेष नाके भी लगेंगे। इनमें सीआरपीएफ के जवानों का भी सहयोग लिया जाएगा।

************************

 

दिल्ली में ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों को धनतेरस, दिवाली पर सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की सलाह दी

नई दिल्ली 10 Nov, (एजेंसी) । धनतेरस और दिवाली के मद्देनजर शहर के कई हिस्सों में भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। ट्रैफिक जाम की आशंका के कारण दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को बस, मेट्रो रेल और सार्वजनिक परिवहन की सेवाओं का उपयोग करने की सलाह दी है।

ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि धनतेरस और दिवाली का त्योहार 10 और 12 नवंबर 2023 को मनाया जाएगा, जबकि दिवाली से पहले शहर की सड़कों पर विशेष रूप से शॉपिंग मॉल और व्यस्त उच्च फुटफॉल बाजारों के आसपास उच्च यातायात की उम्मीद है।

यातायात पुलिस ने कहा कि मुख्‍य रूप से चांदनी चौक रोड, नेताजी सुभाष मार्ग, श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग, दरीबा कलां, कूचा महाजनी, भागीरथ पैलेस, चर्च मिशन रोड, स्वामी विवेकानंद मार्ग, नया बाजार रोड, पंचकुइयां रोड, इनर और आउटर सर्कल कनॉट प्लेस, बाबा खड़क सिंह मार्ग, अशोक रोड और गोल मार्केट क्षेत्र के आसपास का क्षेत्र प्रभावित रहेगा।

इसके अलावा डीबीजी रोड, आर्य समाज रोड, गुरुद्वारा रोड, फैज़ रोड, सरोजिनी नगर अफ्रीका एवेन्यू रोड, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, श्री विनायक मंदिर मार्ग, मोतीबाग चौक और एम्स फ्लाईओवर के बीच रिंग रोड, राजमाता विजयाराजे सिंधिया मार्ग, सदर बाजार, वीर बंदा बैरागी मार्ग आज़ाद मार्केट की ओर, रानी झांसी रोड बरफखाना चौक की ओर, जोरावर सिंह मार्ग, तीस हजारी कोर्ट के पीछे पुल मिठाई/खन्ना मार्केट।

सदर थाना रोड, कुतुब रोड, आजाद मार्केट रोड, बहादुरगढ़ रोड पर भी भारी यातायात और बड़ी संख्‍या में लोगों की आवाजाही की उम्मीद है।यातायात पुलिस ने कहा, “असुविधा से बचने, समय, ईंधन बचाने और प्रदूषण कम करने के लिए आम जनता को सार्वजनिक परिवहन जैसे बस, मेट्रो रेल और कार पूल आदि की सेवाओं का उपयोग करने की सलाह दी जाती है।

“पुलिस ने कहा कि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और ट्रैफिक हेल्पलाइन की सोशल मीडिया सेवाओं से जुड़ने से परेशानी मुक्त यात्रा की योजना बनाने में मदद मिलेगी।पुलिस ने कहा, “मोटर चालकों को सलाह दी जाती है कि वे सड़कों पर भीड़भाड़ से बचने के लिए अपने वाहनों को अधिकृत पार्किंग स्थल में सुरक्षित रूप से पार्क करें।”

******************************

 

मध्यप्रदेश में सरकार चलाने वाले 53 अफसरों में सिर्फ एक पिछड़े वर्ग का – राहुल गांधी

भोपाल 10 Nov, (एजेंसी) । कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनने पर जाति जनगणना कराए जाने का वादा करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान और 53 अफसर सरकार चलाते हैं। इन 53 अफसरों में सिर्फ एक पिछड़े वर्ग का है। राहुल गांधी ने अशोक नगर और जबलपुर की जनसभाओं में कहा कि अगर इस देश में 50 प्रतिशत ओबीसी है तो सरकार चलाने में भी 50 प्रतिशत ओबीसी की भागीदारी होनी चाहिए, अगर प्रदेश में 15 प्रतिशत आदिवासी हैं तो देश और प्रदेश चलाने में 15 प्रतिशत आदिवासियों की भागीदारी होनी चाहिए। राहुल गांधी ने कहा कि मैंने एक सरकार को करीब से देखा है और जानकारी है।

सरकारों को एमपी, एमएलए नहीं, बल्कि अफसर चलाते हैं। आज हिंदुस्तान की सरकार को 90 अफसर चलाते हैं, इनके द्वारा ही बजट बांटा जाता है। इसी तरह मध्य प्रदेश का बजट तकरीबन साढेे़ तीन लाख करोड़ रुपए का है और इस बजट का निर्णय शिवराज सिंह चौहान और उनके 53 अफसर लेते हैं कि कितना बजट कहां जाएगा, मध्य प्रदेश के 53 अफसर में से केवल पिछड़े वर्ग का एक अफसर है। नरेंद्र मोदी ओबीसी वोटरों के नाम पर चुनाव लड़ते हैं और जीतते हैं और उनके वोट का फायदा उठाते हैं, लेकिन जब ओबीसी के अधिकार की बात आती है तो चुप हो जाते हैं और कहते हैं कि देश में कोई जाति ही नहीं है।

लेकिन, जब वोट लेने जाते हैं तो कहते हैं मैं ओबीसी हूं। हम मध्य प्रदेश और देश में सरकार आने पर जाति जनगणना करने का काम करेंगे। दलितों, ओबीसी और आदिवासियों को उनका हक दिलाने का काम भी हम करेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा के लोग नफरत फैलाते हैं। एक धर्म के लोगों को दूसरे धर्म से लड़ाने का काम करते हैं। एक जाति को दूसरी जाति से लड़ाने का काम करते हैं। यदि सबसे ज्यादा बेरोजगारी है पूरे देश में कहीं तो वह मध्य प्रदेश में है।

उन्होंने कहा कि किसानों और जनता से 30 हजार करोड़ रुपए लूटकर मोदी ने 16 कंपनियों को दे दिए हैं। शिवराज सिंह चौहान के राज में मध्य प्रदेश बलात्कार और बेरोजगारी का कैपिटल बन चुका है। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के लड़के का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह करोड़ रुपए यहां भेजने, वहां भेजने की बात कर रहा है, लेकिन मैं आपसे पूछता हूं क्या मोदी ने उनके यहां सीबीआई और ईडी भेजने का काम किया? राहुल ने अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का जिक्र करते हुए कहा कि हमने कन्याकुमारी से कश्मीर तक 4,000 किलोमीटर की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की। इस यात्रा ने मुझे पूरी तरह से बदल दिया और एक नई दृष्टि दी।

*************************

 

मप्र में कांग्रेस दिव्यांगों को बनाएगी ब्रांड एम्बेसडर

भोपाल 10 Nov, (एजेंसी): मध्य प्रदेश की कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने वादा किया है कि राज्य में कांग्रेस की सरकार द्वारा दिव्यांगों के सशक्तिकरण के प्रयास किए जाने के साथ दिव्यांगों को ब्रांड एम्बेसडर बनाया जाएगा।

कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने एक्स पर लिखा है,मध्‍यप्रदेश के दिव्‍यांगजनों के जीवन में सकारात्‍मक बदलाव लाकर उन्‍हें सशक्तिकरण की राह पर आगे बढ़ाने के लिए मैं वचनबद्ध हूं । दिव्‍यांगों की खुशहाली से मध्‍यप्रदेश में खुशहाली आएगी।

उन्होंनेे आगे कहा, कांग्रेस सरकार दिव्‍यांगों के अधिकार सुनिश्चित करेगी और सरकारी सेवा में आरक्षण अनुसार भर्ती करेगी। पंचायतों व नगरीय निकायों एवं सहकारी संस्‍थाओं में आरक्षण देंगे । दव्‍यांगों के लिए रोजगार मेले आयोजित करेंगे ।बहु विकलांग को दो हजार रूपये वित्‍तीय सहायता और अन्‍य दिव्‍यांगों को 1200 रूपये पेंशन प्रतिमाह देंगे।दिव्‍यांग आदर्श आवासीय विद्यालय और महाविद्यालय प्रारंभ करेंगे।

उन्होंने कहा, दिव्‍यांगजनों की छात्रवृत्ति 25 प्रतिशत बढायेंगे, कम्‍प्‍यूटर शिक्षा हेतु दो हजार रूपये और परिवहन भत्‍ता 1 हजार रूपये महीना देंगे। निरूशुल्‍क ड्राइविंग लाईसेंस बनवायेंगे ।दिव्‍यांगों को कौशल उन्‍नयन प्रशिक्षण, स्‍व-रोजगार हेतु रियायती ब्‍याज दर पर ऋण, अनुदान व अन्‍य सुविधायें देंगे । दिव्‍यांग कल्‍याण निधि बनायेंगे, दिव्‍यांग पुनर्वास केन्‍द्रों को सुचारू करेंगे व दिव्‍यांग हेल्‍प डेस्‍क बनायेंगे ।दिव्‍यांगों का स्‍वास्‍थ्‍य बीमा करेंगे । सहायक उपकरण प्रदाय करेंगे ।दिव्‍यांगों को मध्‍यप्रदेश का ब्रांड एम्‍बेसेडर बनायेंगे।अंतर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय पेरा गेम्‍स के विजेताओं को दिव्‍यांग खिलाड़ी सम्‍मान व सरकारी नौकरी देंगे।दिव्‍यांगों को महानगरीय बस सेवाओं में निरूशुल्‍क परिवहन सुविधा देंगे।

***************************

 

 

तेलंगाना चुनाव: BJP ने जारी की उम्मीदवारों की पांचवी सूची, 14 उम्मीदवारों का नाम शामिल

नई दिल्ली 10 Nov, (एजेंसी): तेलंगाना में होने वाले आगामी विधान सभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की पांचवी सूची जारी कर दी है।

शुक्रवार को जारी अपनी पांचवी सूची में भाजपा ने 14 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। उम्मीदवारों की इस पांचवी सूची के साथ भाजपा ने अब तक कुल मिलाकर 114 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है।

 

 

 

 

 

 

आपको बता दें कि, तेलंगाना में विधान सभा की सभी 119 सीटों पर 30 नवंबर को एक ही चरण में मतदान होना है।

**********************************

 

देश की सबसे बड़ी साइकिल रैली के लिए टी-शर्ट जारी

लुधियाना 09 Nov, (एजेंसी) /-  : युवा पीढ़ी को नशों से दूर रखने के लिए 16 नवंबर को मैगा साइकिल रैली के लिए जागरूक करने के लिए लुधियाना पुलिस कमिश्नर मनदीप सिंह सिद्धू,ज्वाइंट सीपी सौम्या मिश्रा,डीसीपी ट्रैफिक वरिंदर बरार, एडीसीपी रुपिंदर कौर भट्टी और एसीपी जगरूप बाथ उनके साथ विधायक अशोक पराशर पप्पी, विधायक मदन लाल बग्गा,विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी,विधायक राजिंदरपाल कौर छीना,विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू,विधायक हरदीप सिंह मुंडियां, विधायक दलजीत सिंह ग्रेवाल भोला की ओर से देश की सबसे बड़ी साइकिल रैली के लिए टी-शर्ट जारी की गई। उनके द्वारा शहीद करतार सिंह सराभा के शहीदी दिवस 16 नवंबर को आयोजित किया जा रहा है।

इसकी जानकारी देते हुए लुधियाना पुलिस कमिश्नर मनदीप सिंह सिद्धू ने कहा कि यह साइकिल रैली नशा विरोधी अभियान को एक जन आंदोलन में बदलने में उत्प्रेरक बनेगी। जिसमें हजारों युवा इस बुराई के खिलाफ अपनी एकजुटता व्यक्त करने के लिए भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि यह बहुत गर्व की बात है कि यह साइकिल रैली लुधियाना में आयोजित की जा रही है, जिसे विश्व स्तर पर साइकिल हब के रूप में जाना जाता है।सीपी मनदीप सिंह सिद्धू ने बताया कि साइकिल रैली 16 नवंबर यानी शहीद करतार सिंह सराभा के शहीदी दिवस पर सुबह 7 बजे शुरू होगी।

रैली पीएयू कैंपस से शुरू होगी और 13 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद उसी स्थान पर समाप्त भी होगी।इस बीच, विधायकों ने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए शहर में इस बड़े कार्यक्रम के आयोजन के लिए लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस के प्रयासों की भी सराहना की।

*****************************

 

तेलंगाना में अब तक 618 उम्मीदवारों ने नामांकन किया दाखिल

हैदराबाद 09 Nov, (एजेंसी) : तेलंगाना विधानसभा की 119 सीटों के लिए होने वाले चुनाव के लिए अब तक 618 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किये हैं। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विकास राज ने तक प्राप्त नामांकन दाखिले की रिपोर्ट पेश कर दी है।

उन्होंने बताया कि कल दोपहर 15:00 बजे 618 उम्मीदवारों ने नामांकन दखिल किये हैं।नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 10 नवंबर है। तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए 30 नवंबर को मतदान होंगे तथा तीन दिसंबर को मतगणना होगी।

******************************

 

शख्स ने अपने गे पार्टनर पर जालसाजी, शारीरिक उत्पीड़न का लगाया आरोप

कोलकाता 09 Nov, (एजेंसी): पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में एक युवक ने गुरुवार को अपने गे पार्टनर पर जालसाजी और शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए स्थानीय पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने दावा किया है कि वह अपने समलैंगिक साथी सोमनाथ पाल के साथ पिछले दस वर्षों से रिश्ते में है, जो वर्तमान में पेशेवर कारणों से राज्य के बाहर बस गया है। जब भी आरोपी पश्चिम बंगाल आता था तो वह उसके किराए के आवास पर कुछ दिन बिताता था।

पीड़ित का आरोप है कि हमेशा साथ रहने का वादा कर आरोपी ने उससे पैसे ऐंठे। पुलिस शिकायत के अनुसार, युवक ने अपनी सोने की चेन भी अपने पार्टनर को दे दी। पीड़ित का आरोप है कि पिछले कुछ सालों से उसके पार्टनर का उसके प्रति नजरिया बदलने लगा और जब भी वह उसके घर आता तो वह उसे अक्सर शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगा।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट की वजह से उसे कई बार इलाज भी कराना पड़ा। पीड़ित का आरोप है कि पैसे देने के लिए लगातार दबाव बनाया जाता रहा। अंत में, पीड़ित को पता चला कि उसका साथी नदिया जिले के एक अन्य युवक के साथ भी रिश्ते में है। फिर पीड़ित ने नवद्वीप पुलिस स्टेशन में अपने पार्टनर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

***************************

 

रेव पार्टी मामले में Elvish Yadav को पुलिस ने फिर भेजा नोटिस, आरोपी राहुल यादव के सामने बैठाकर कर सकती है पूछताछ

नोएडा 09 Nov, (एजेंसी): रेव पार्टी मामले में नोएडा पुलिस ने एल्विश यादव को फिर से नोटिस भेजा है। कल एल्विश को दूसरी बार पूछताछ में शामिल होना था, लेकिन वो नहीं आए। इससे पहले मंगलवार देर रात एल्विश से नोएडा पुलिस ने करीब 2 घंटे पूछताछ की थी। हालांकि, इस दौरान एल्विश के खिलाफ कोई खास सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा था। बताया जा रहा है कि एल्विश यादव से पुलिस गिरफ्तार आरोपी राहुल यादव के सामने बैठाकर पूछताछ कर सकती है।

सूत्रों के मुताबिक पुलिस को सांप तस्कर राहुल और एल्विश के बीच बातचीत के रिकॉर्ड मिले हैं। सीडीआर यानी कॉल डेटा रिकॉर्ड में दोनों के बीच ज्यादातर बात 1 से 2 मिनट बातचीत हुई। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि जिन-जिन तारीख को एल्विश और राहुल के बीच बातचीत हुई? क्या उन तारीख या उसके आसपास एल्विश ने कोई पार्टी ज्वाइन की या कोई पार्टी ऑर्गेनाइज की। अगर ऐसा है, तो दोनों के बीच कनेक्शन बिल्डअप हो जाएगा।

नोएडा पुलिस ने रेव पार्टी में सांप के जहर के इस्तेमाल के मामले में एफआईआर दर्ज की है। इस केस में एल्विश यादव भी आरोपी है। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है जिसमें राहुल नाम का भी एक आरोपी है।

***********************

 

दिवाली पर भरी रहेगी रिटायर फाैजियों की जेब, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिया OROP की तीसरी किस्त जारी करने का आदेश

नई दिल्ली 09 Nov, (एजेंसी)-रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दीपावली से ठीक पहले ‘वन रैंक, वन पेंशन’ स्कीम की तीसरी किस्त जारी करने का निर्देश दिया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को यह आदेश जारी किया। राजनाथ सिंह ने रक्षा मंत्रालय स्पर्श प्रणाली के जरिए पेंशन पाने वाले पूर्व रक्षाकर्मियों को वन रैंक, वन पेंशन स्कीम के तहत भुगतान की तीसरी किस्त जारी करने का निर्देश दिया है।

रक्षा मंत्री कार्यालय के मुताबिक सभी पूर्व सैन्य कर्मियों को पेंशन के लिए, ओआरओपी तीसरी किस्त दीपावली से पहले जारी करने का निर्देश दिया गया है। बैंकों और अन्य एजेंसियों के जरिए पेंशन हासिल करने वाले रक्षा मंत्रालय के पेंशनभोगियों के लिए ऐसा ही करने का निर्देश दिया गया है।

गौरतलब है कि 15 अगस्त को प्रधानमंत्री ने वन रैंक वन पेंशन योजना (ओआरओपी) का भी जिक्र किया था। प्रधानमंत्री का कहना था कि यह रक्षा पेंशनभोगियों की काफी समय से लंबित मांग थी, जिसे सरकार ने सत्ता में आते ही लागू किया था। उन्होंने कहा, “ओआरओपी हमारे देश के सैनिकों के सम्मान का विषय था। जब हम सत्ता में आये तो हमने इसे लागू किया।

आज पूर्व-सैनिकों और उनके परिवारों तक 70,000 करोड़ रुपये पहुंचाए गए हैं।” सरकार ने रक्षा बलों के कार्मिकों, पारिवारिक पेंशनभोगियों के लिए वन रैंक, वन पेंशन (ओआरओपी) को लागू करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया था। 1 जुलाई 2014 से पेंशन में पुनरीक्षण के लिए 7 नवंबर, 2015 को नीति पत्र जारी किया। उक्त नीति पत्र में, यह उल्लेख किया गया था कि भविष्य में पेंशन हर पांच वर्ष में फिर से निर्धारित की जाएगी।

**************************

 

बिहार विधानसभा में विधेयक पास, आरक्षण होगा 75 प्रतिशत

पटना 09 Nov, (एजेंसी)-बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र का आज चौथा दिन है। वीरवार को विधानसभा में आरक्षण संशोधन विधेयक 2023 पेश किया गया जिसे सर्वसम्मति से पास करा लिया गया है। इस विधेयक में आरक्षण का दायरा बढ़ाकर 75 प्रतिशत करने का प्रस्ताव है। भाजपा ने भी बिल को अपना समर्थन दिया है।

विपक्षी दल बीजेपी के कुछ विधायकों ने चार संशोधन प्रस्ताव रखे थे लेकिन मंत्री विजय चौधरी की सफाई के बाद वो प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ाए गए। इसके बाद तालियों की गड़गड़ाहट के बीच विधानसभा ने आरक्षण का दायरा बढ़ाकर 75 परसेंट करने का विधेयक पास कर दिया। बिल को अब विधान परिषद में पेश किया जाएगा।

चूंकि सरकार और विपक्ष दोनों इस बिल पर एक साथ हैं इसलिए उसे वहां भी पास होने में कोई दिक्कत नहीं होगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधानसभा में आरक्षण का दायरा बढ़ाने क घोषणा की थी। दो दिन पहले इसे कैबिनेट से भी मंजूरी मिली थी। इधर, गुरुवार सुबह विपक्ष के हंगामे के बीच विधानसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई थी। इससे पहले गुरुवार सुबह विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने नीतीश कुमार के दिए विवादित बयान पर हंगामा करना शुरू कर दिया। विधानसभा स्पीकर ने सभी से शांत रहने की अपील की लेकिन कोई मानने के लिए तैयार नहीं हो रहा।

********************************

 

महुआ मोइत्रा के खिलाफ सख्त एक्शन की तैयारी, एथिक्स कमेटी में प्रस्ताव पारित

नई दिल्ली 09 Nov, (एजेंसी)-तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। संसद में पैसे लेकर सवाल पूछने के मामले में महुआ की मुश्किलें बढ़ गई हैं। 9 नवंबर को इस मामले में एथिक्स कमेटी की बैठक हुई। कमेटी के 10 में से 6 मेंबर्स ने महुआ को लोकसभा से निष्कासित करने के लिए वोट किया। 4 मेंबर्स ने इसके विपक्ष में वोट दिया।

सूत्रों के मुताबिक, ये रिपोर्ट अब लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला को सौंपी जाएगी। एथिक्स कमिटी के अध्यक्ष विनोद सोनकर ने बताया कि कमेटी की ओर से जो फैक्ट-फाइंडिंग पाई गई है उस रिपोर्ट के आधार पर और सिफारिशों के साथ एक विस्तृत रिपोर्ट स्पीकर को भेजी जा रही है।

अब जो भी कार्रवाई की जाएगी वो लोकसभा स्पीकर की ओर से होगी। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस सासंद परनीत कौर ने रिपोर्ट के समर्थन में वोट किया है। दरअसल, पनीत कौर कांग्रेस सांसद हैं, लेकिन पार्टी ने उन्हें निलंबित किया हुआ है।

************************

 

मोदी आज मध्यप्रदेश में तीन सभाओं को करेंगे संबोधित

भोपाल ,09 नवंबर (एजेंसी)।  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज मध्यप्रदेश में चुनाव प्रचार के तहत यहां तीन चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री श्री मोदी आज सुबह 11 बजे सतना, दोपहर एक बजे छतरपुर एवं शाम साढ़े चार बजे नीमच में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।

इसके पहले प्रधानमंत्री ने कल भी राज्य में तीन सभाओं को संबोधित किया था। ये सभाएं दमोह, गुना और मुरैना में हुईं। प्रधानमंत्री राज्य में लगातार चुनाव प्रचार कर रहे हैं। इसी संबंध में उनकी लगातार सभाएं हो रहीं हैं।राज्य में आगामी 17 नवंबर को मतदान होना है। इसके पहले इन दिनों दोनों प्रमुख दलों भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस की ओर से चुनाव प्रचार जोरों पर है।

**************************

 

हनी ट्रैप में फंसे रिटायर्ड सैनिक ने की खुदकुशी, झील से मिला शव; सुसाइड नोट बरामद

कोडागु ,09 नवंबर (एजेंसी)। हनी ट्रैप में फंसे लापता सेवानिवृत्त सैनिक का शव कर्नाटक के कोडागु जिले में एक झील से बरामद हुआ। मृतक की पहचान मडिकेरी शहर के पास उक्कुडा निवासी संदेश के रूप में की गई है। संदेश ने अपने सुसाइड नोट में आरोप लगाया था कि जीविता नाम की महिला और सतीश नाम के एक पुलिस अधिकारी ने उसे परेशान किया था।

बुधवार रात अग्निशमन बल और आपातकालीन सेवाओं और पुलिस कर्मियों ने मदिकेरी शहर के पास पंपिनाकेरे झील से शव बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, रिटायर फौजी शादीशुदा था। वह आरोपी महिला के जाल में फंसा था, जिसने उनके निजी पलों को फोटो और वीडियो में रिकॉर्ड कर लिया था। बाद में, उसने एक अन्य आरोपी की मदद ली जो उसका दोस्त है और सेवानिवृत्त सेना के जवान को ब्लैकमेल किया। आरोपियों ने उससे 50 लाख रुपये की मांग की थी, यह रकम संदेश को सेना से मिलनी थी।

हालांकि, उत्पीडऩ बर्दाश्त नहीं कर पाने के कारण उसने अपनी पत्नी को सब कुछ बता दिया। इसके बाद उसने पत्र लिखकर आरोपी और उसके दोस्तछ की प्रताडऩा के बारे में बताते हुए झील में कूदकर जान दे दी। सुसाइड नोट मंगलवार को मिला और उसका सामान बुधवार को झील के पास मिला। शव का पता लगाने के लिए दक्षिण कन्नड़ से एक विशेष टीम को बुलाया गया। मृतक सैनिक का शव झील में ही पाया गया। इस संबंध में उनकी पत्नी ने पुलिस में शिकायत दर्ज करायी है। आगे की जांच चल रही है।

****************************

 

असम में सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत

गुवाहाटी ,09 नवंबर (एजेंसी)। असम के गोलाघाट जिले में एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो युवकों की जान चली गई। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

हादसा बुधवार देर रात गोलाघाट जिले के फुर्केटिंग इलाके में हुआ। मृतकों की पहचान बिजित भुइयां और मार्टिनेज केरकेटा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, वे एक अलग रास्ते से जा रहे थे, तभी तेज गति के कारण वाहन सड़क से उतर गया और एक पेड़ से टकरा गया।

भुइयां और केरकेटा को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, स्थानीय लोग उन्हें पास के अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

************************

 

पीएम मोदी ने उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर दी शुभकामनाएं, अमित शाह ने भी दी बधाई

नई दिल्ली ,09 नवंबर (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय संस्कृति और परंपरा की समृद्धि में देवभूमि उत्तराखंड के अमूल्य योगदान की बात कहते हुए उत्तराखंड राज्य के स्थापना दिवस पर राज्यवासियों को शुभकामनाएं दी है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी उत्तराखंड स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश की निरंतर खुशहाली की कामना की है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए कहा, भारतीय संस्कृति और परंपरा की समृद्धि में देवभूमि उत्तराखंड का अमूल्य योगदान है। प्राकृतिक पर्यटन के लिए प्रसिद्ध इस प्रदेश के मेरे सभी परिवारजन अत्यंत परिश्रमी होने के साथ-साथ बेहद पराक्रमी भी हैं। आज राज्य के स्थापना दिवस पर उन्हें मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाएं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड की निरंतर खुशहाली की कामना करते हुए एक्स पर पोस्ट कर कहा, प्राकृतिक सौन्दर्य और अध्यात्म की पावन धरा उत्तराखंड के स्थापना दिवस की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। पीएम मोदी के मार्गदर्शन में पुष्कर धामी की सरकार देवभूमि उत्तराखंड की प्रगति और जनता के कल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। मैं प्रदेश की निरंतर खुशहाली की कामना करता हूं।

***************************

 

मंत्री जी को जूते पहनने में मदद करते दिखा सुरक्षाकर्मी, बाद में दी सफाई

धारवाड़  ,09 नवंबर (एजेंसी)। कर्नाटक के समाज कल्याण मंत्री एचसी महादेवप्पा का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। इसमें एक सुरक्षाकर्मी मंत्री को जूते पहनने में कथित तौर पर मदद करता दिख रहा है। सूत्रों के मुताबिक, यह घटना मंत्री के यहां एक छात्रावास के निरीक्षण के दौरान हुई। छात्रावास की रसोई से बिना जूते के बाहर निकले महादेवप्पा को उनके सुरक्षाकर्मी ने जूते पहनने में मदद की। इस दौरान वीडियो में मंत्री अपने आसपास के लोगों के साथ बातचीत करते दिखे।

महादेवप्पा ने इस घटना को विवाद का रूप दिए जाने को ‘दुर्भाग्यपूर्णÓ बताते हुए कहा कि वह हर व्यक्ति की प्रतिष्ठा का सम्मान करते हैं और किसी से जूते पहनने में मदद लेकर श्रेष्ठता प्रदर्शित करने का उनका कोई इरादा नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्सÓ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा, मुझे अपने करीबी व्यक्ति से मदद मिली क्योंकि कूल्हे के जोड़ और घुटने की सर्जरी के बाद मेरे लिए झुकना मुश्किल होता है और मेरे स्टाफ से यह मदद, मानवीय आधार पर मिली।

इस बीच, कर्नाटक में भाजपा ने महादेवप्पा के आचरण को लेकर उन पर निशाना साधा है। पार्टी ने घटना के वीडियो के साथ ‘एक्सÓ पर पोस्ट किया, ‘कर्नाटक कांग्रेस के सदस्य जो अपने आलाकमान के गुलाम हैं, वे अपने सुरक्षाकर्मी को गुलाम बना रहे हैं। यह समाज कल्याण मंत्री द्वारा समाज को दी गई गारंटी है। भाजपा के वरिष्ठ विधायक बसनगौड़ा पाटिल यत्नाल ने मंत्री पर ‘अहंकारीÓ होने का आरोप लगाया।

*****************************

 

कांग्रेस नेता के परिसरों पर तड़के तीन बजे आयकर विभाग ने मारा छापा, कर्मचारियों के मोबाइल जब्त; खंगाले रिकॉर्ड

खम्मम ,09 नवंबर (एजेंसी)। तेलंगाना विधानसभा के लिए 30 नवंबर को होने वाले चुनाव में खम्मनम जिले के पलेरू निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीवदवार पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी के परिसरों पर आयकर (आईटी) विभाग ने गुरुवार सुबह छापेमारी शुरू की। पूर्व सांसद श्रीनिवास रेड्डी ने एक दिन पहले ही केंद्रीय एजेंसियों की छापेमारी की आशंका जताई थी। आयकर विभाग के अधिकारी गुरुवार तड़के खम्मम में उनके घर और कार्यालयों पर पहुंचे और रिकार्ड खंगाले। कड़ी सुरक्षा के बीच तड़के करीब तीन बजे शुरू हुई तलाशी खबर लिखे जाने तक जारी थी।

आयकर अधिकारियों ने तलाशी लेने से पहले कर्मचारियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। श्रीनिवास रेड्डी, जो एक व्यवसायी भी हैं, गुरुवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करने वाले थे।

पूर्व सांसद जुलाई में कांग्रेस में शामिल हुए थे। इससे कुछ महीने पहले ही राज्य की सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने उन्हेंा पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए निलंबित कर दिया था।

श्रीनिवास रेड्डी ने बुधवार को दावा किया था कि आईटी की तलाशी उनके, उनके परिवार के सदस्यों, समर्थकों और जिले के अन्य प्रमुख कांग्रेस नेताओं के खिलाफ होने की संभावना है।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और बीआरएस ने कांग्रेस नेताओं पर छापेमारी के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल करने के लिए मिलीभगत की है। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि इन छापों से पता चलता है कि कांग्रेस पार्टी तेलंगाना में चुनाव जीत रही है।

श्रीनिवास रेड्डी, जो कांग्रेस अभियान समिति के सह-अध्यक्ष भी हैं, ने कहा कि पार्टी के नेताओं को अगले कुछ दिनों में कठिन समय का सामना करना पड़ेगा। पूर्व सांसद ने नेताओं से कहा कि वे छापेमारी से चिंतित न हों।

बुधवार को चुनाव आयोग के अधिकारियों ने पुलिस के साथ मिलकर पूर्व मंत्री और खम्मम विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार तुम्मला नागेश्वर राव के घर पर तलाशी ली थी। विधानसभा चुनाव लडऩे के लिए टिकट नहीं मिलने के बाद नागेश्वर राव ने हाल ही में बीआरएस छोड़कर कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गये थे। राज्य के निवर्तमान परिवहन मंत्री पी. अजय कुमार खम्मम से बीआरएस उम्मीदवार के रूप में फिर से चुनाव लड़ रहे हैं।

******************************