धनबाद 14 Nov, (एजेंसी): झारखंड के धनबाद में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां आग की चपेट में आने से चार साल की बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएंं भी शामिल हैं। दुकानों में लगी आग की चपेट में करीब आधा दर्जन लोग आ गए हैंं। डेढ़ महीने की बच्ची भी झुलसने वालों में शामिल है। सभी एक परिवार के हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार जेवर पट्टी के एसके जनरल श्रृंगार स्टोर में अचानक भीषण आग लग गई। दुकान के ऊपर एक मकान है, जिसमें घटना के वक्त 6 लोग मौजूद थे। आग धधकने के बाद लोग परिवार की जान बचाने की जद्दोजहद करने लगे। कई लोग दुकान के शटर तोड़ने में जुट गए और शटर तोड़कर दुकान में पानी डालने लगे।
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश करने लगी। मकान के ऊपर मौजूद परिवार के लोगों ने सड़क से बालकनी में सीढ़ी लगा दी। किसी तरह लोग मकान के अंदर दाखिल हुए और तीन लोगों को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया।
*प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज दिवाली के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के लेप्चा में बहादुर जवानों को संबोधित किया*
लेप्चा, हिमाचल प्रदेश – 12 NOV 2023 – जवानों को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि दिवाली के त्योहार और जवानों के साहस की प्रशंसा का मेल देश के प्रत्येक नागरिक के लिए ज्ञान का एक क्षण है। उन्होंने भारत के सीमावर्ती इलाके पर स्थितदेश के आखिरी गांव, जिसे अब पहला गांव माना गया है, में तैनात जवानों के साथ देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं।
अपने अनुभवों को याद करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्सव वहीं होता है जहां परिवार रहता है। उन्होंने सीमा की सुरक्षा के लिए त्योहार के दिन अपने परिवार से दूर रहने की स्थिति को कर्तव्यों के प्रति समर्पण की पराकाष्ठा बताया। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ भारतीयों को अपना परिवार मानने की भावना सुरक्षाकर्मियों के उद्देश्यों को सार्थकता प्रदान करती है। उन्होंने कहा, “देश इसके लिए आपका आभारी और ऋणी है। इसीलिए हर घर में आपकी सुरक्षा के लिए एक ‘दीया’ जलाया जाता है।” उन्होंने आगे कहा, “जहां जवान तैनात हैं वह जगह मेरे लिए किसी मंदिर से कम नहीं है। आप जहां भी हैं, मेरा त्योहार वहीं है। ऐसा शायद 30-35 वर्षों से चल रहा है।”
प्रधानमंत्री ने जवानों और सशस्त्र बलों की बलिदान की परंपरा को नमन किया। उन्होंने कहा, “हमारे बहादुर जवानों ने खुद को सीमा पर सबसे मजबूत दीवार के रूप में साबित किया है।” प्रधानमंत्री ने राष्ट्र निर्माण में सशस्त्र बलों के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा, “हमारे बहादुर जवानों ने हार के जबड़े से जीत को छीनकर हमेशा नागरिकों का दिल जीता है।” उन्होंने भूकंप और सुनामी जैसी प्राकृतिक आपदाओं के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय शांति मिशनों का भी उल्लेख किया जहां सशस्त्र बलों ने अनेक लोगों की जान बचाई है। उन्होंने कहा, “सशस्त्र बलों ने भारत के गौरव को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।” प्रधानमंत्री ने पिछले वर्ष संयुक्त राष्ट्र में शांति सैनिकों के लिए एक स्मारक हॉल के प्रस्ताव का भी उल्लेख किया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। उन्होंने कहा कि यह कदम विश्व स्तर पर शांति स्थापित करने में शांति सैनिकों के योगदान को अमर बना देगा।
न केवल भारतीयों बल्कि विदेशी नागरिकों के निकासी अभियानों में भी भारतीय सशस्त्र बलों की भूमिका को रेखांकित करते हुए, प्रधानमंत्री ने सूडान में उथल-पुथल के दौरान संपन्न की गई सफल निकासी और तुर्किये में भूकंप के बाद बचाव अभियान को याद किया। प्रधानमंत्री ने कहा, “युद्ध क्षेत्र से लेकर बचाव अभियान तक, भारतीय सशस्त्र बल जीवन बचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक देश की सशस्त्र सेनाओं पर गर्व महसूस करता है।
वर्तमान विश्व परिदृश्य में भारत से होने वाली वैश्विक अपेक्षाओं की ओर इशारा करते हुए, प्रधानमंत्री ने देश में सुरक्षित सीमा, शांति और स्थिरता के महत्व को दोहराया। उन्होंने कहा, “भारत सुरक्षित है क्योंकि इसकी सीमाओं की सुरक्षा हिमालय जैसी दृढ़ता रखने वाले बहादुर जवानों द्वारा की जाती है।”
प्रधानमंत्री ने पिछली दिवाली के बाद से पिछले एक वर्ष के दौरान हासिल की गई विभिन्न उपलब्धियों के बारे में बताया और चंद्रयान लैंडिंग, आदित्य एल1, गगनयान से जुड़े परीक्षण, स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत, तुमकुर हेलीकॉप्टर फैक्ट्री, वाइब्रेंट विलेज अभियान और खेलों से जुड़ी उपलब्धियों का उल्लेख किया। पिछले एक वर्ष के दौरान हासिल हुई विभिन्न वैश्विक एवं लोकतांत्रिक उपलब्धियों को आगे गिनाते हुए, प्रधानमंत्री ने नए संसद भवन, नारीशक्ति वंदन अधिनियम, जी-20, जैव ईंधन गठबंधन, दुनिया भर में वास्तविक समय में भुगतान संबंधी सुविधा के उत्कर्ष, निर्यात के क्षेत्र में 400 बिलियन डॉलर का आंकड़ा पार करने, दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने और 5जी की शुरुआत करने की दिशा में आगे बढ़ने के बारे में बात की। उन्होंने कहा, “पिछला वर्ष राष्ट्र निर्माण के मामले में एक उपलब्धि-भरा वर्ष रहा।” उन्होंने कहा कि भारत ने बुनियादी ढांचे के विकास के मामले में काफी प्रगति की है और यह दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा सड़क नेटवर्क, सबसे लंबी नदी क्रूज सेवा, रैपिड रेल सेवा नमो भारत, 34 नए मार्गों पर वंदे भारत, भारत-मध्य पूर्व-यूरोप कॉरिडोर, दिल्ली में दो विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर- भारत मंडपम और यशोभूमि- वाला देश बन गया है। भारत सबसे अधिक विश्वविद्यालयों वाला देश बन गया। धोरडो गांव को सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव का पुरस्कार मिला और शांति निकेतन एवं होयसल मंदिर परिसर को यूनेस्को की विश्व विरासत सूची में शामिल किया गया।
प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि जब तक इस देश की सीमाएं सुरक्षित रहेंगी, यह देश बेहतर भविष्य की दिशा में प्रयास करता रहेगा। उन्होंने भारत के विकास का श्रेय सशस्त्र बलों की शक्ति, संकल्प और बलिदान को दिया।
इस तथ्य को रेखांकित करते हुए कि भारत ने अपने संघर्षों से संभावनाएं पैदा की हैं, प्रधानमंत्री ने कहा कि देश अब आत्मनिर्भर भारत बनने की राह पर अग्रसर हो चुका है। उन्होंने रक्षा क्षेत्र में भारत के अभूतपूर्व विकास और एक वैश्विक शक्ति के रूप में उभरने पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत की सेनाओं व सुरक्षा बलों की शक्ति लगातार बढ़ रही है। उन्होंने याद दिलाया कि कैसे देश पहले अपनी छोटी-छोटी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर रहता था, जबकि आज वह मित्र देशों की जरूरतों को पूरा कर रहा है। उन्होंने बताया कि 2016 में प्रधानमंत्री के इस क्षेत्र के दौरे के बाद से भारत के रक्षा निर्यात में आठ गुना से अधिक की वृद्धि हो गई है। उन्होंने कहा, “देश में आज एक लाख करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का रक्षा उत्पादन हो रहा है। यह अपने आप में एक रिकॉर्ड है।”
प्रधानमंत्री ने उच्च-तकनीक पर आधारित प्रौद्योगिकी एवं सीडीएस जैसी महत्वपूर्ण प्रणालियों के समन्वय का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना लगातार और अधिक आधुनिक होती जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत को अब निकट भविष्य में जरूरत के समय दूसरे देशों की ओर नहीं देखना पड़ेगा। प्रौद्योगिकी के इस बढ़ते प्रसार के बीच, श्री मोदी ने सशस्त्र बलों से प्रौद्योगिकी के उपयोग के क्रम में मानवीय समझ को हमेशा सर्वोपरि रखने का आग्रह किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रौद्योगिकी को कभी भी मानवीय संवेदनाओं पर हावी नहीं होना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने कहा, “आज स्वदेशी संसाधन और उच्च श्रेणी का सीमा संबंधी बुनियादी ढांचा भी हमारी ताकत बन रहे हैं। और मुझे ख़ुशी है कि नारीशक्ति भी इसमें बड़ी भूमिका निभा रही है।” उन्होंने पिछले वर्ष के दौरान 500 महिला अधिकारियों की कमीशनिंग, राफेल लड़ाकू विमान उड़ाने वाली महिला पायलटों और युद्धपोतों पर महिला अधिकारियों की तैनाती का उल्लेख किया। सशस्त्र बलों की जरूरतों का ख्याल रखने के महत्व के बारे में बोलते हुए, प्रधानमंत्री ने अत्यधिक तापमान के लिए उपयुक्त कपड़े, जवानों की बेहतरी एवं सुरक्षा के लिए ड्रोन और ‘वन रैंक वन पेंशन (ओआरओपी) योजना के तहत 90 हजार करोड़ रुपये के भुगतान का उल्लेख किया।
एक दोहे के साथ अपने संबोधन का समापन करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि सशस्त्र बलों का हर कदम इतिहास की दिशा निर्धारित करता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सशस्त्र बल इसी दृढ़ संकल्प के साथ भारत माता की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने कहा, “आपके सहयोग से देश विकास की नई ऊंचाइयों को छूता रहेगा। हम मिलकर देश के हर संकल्प को पूरा करेंगे।”
12.11.2023 – मार्शल आर्ट गुरु चीता यज्ञेश शेट्टी पिछले 13 वर्षों से चीता यज्ञेश शेट्टी ‘ब्रूस ली की जयंती मनाते आ रहे हैं, जो ग्लोबल वार्मिंग, रक्तदान, महिला आत्मरक्षा, पेड़ लगाना, कोविड जागरूकता आदि जैसे सामाजिक कार्यों के लिए समर्पित है। इस वर्ष चीता यज्ञेश शेट्टी वंचित बच्चों युवाओं को शिक्षित करने का संकल्प लेंगे और नशीली दवाओं पर प्रतिबंध लगाने के लिए जागरूकता फैलाएंगे। मार्शल आर्ट किंग ब्रूस ली की जयंती के अवसर पर 27 नवंबर को लोखंडवाला (अंधेरी) मुम्बई स्थित सेलिब्रेशन स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित समारोह में चीता यज्ञेश शेट्टी की अगुवाई में ‘जन जागरूकता’ कार्यक्रम की शुरूआत की जाएगी।
राष्ट्रीय सामाजिक रक्षा संस्थान (सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, (भारत सरकार) के गवर्निंग काउंसिल डॉ. हरीश शेट्टी की उपस्थिति में इस कार्यक्रम में फिल्म जगत के नामचीन शख़्सियतों के अलावा 20 राज्यों के मार्शल कलाकार और 15 राष्ट्रीय चैंपियन भी भाग लेंगे। इस कार्यक्रम के प्रायोजक राजन गोल्ड एंड फाइनेंस विट्ठल शेट्टी फाउंडेशन के श्री राकेश विट्ठल शेट्टी ने कहा “मार्शल आर्ट की कला सीखकर खुद को फिट रखना हर युवा के लिए जरूरी है, इससे शरीर और दिमाग स्वस्थ व संतुलित रहेगा।
चीता यज्ञेश शेट्टी लोकहित में समाज के लिए सराहनीय कार्य कर रहे हैं।” विदित हो कि मार्शल आर्ट और मानव कल्याण के प्रति समर्पित चीता यज्ञेश शेट्टी को कई बार सम्मानित किया जा चुका है। ‘चीता जीत कुने दो ग्लोबल स्पोर्ट्स फेडरेशन’ के अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ चीता यज्ञेश शेट्टी देश भर में ‘महिला सशक्तिकरण और आत्मरक्षा कार्यक्रम’ में भी शामिल हैं। ‘निर्भय महिला अधिकारिता एवं प्रशिक्षण’ कार्यक्रम के तहत वो अब तक करीब 10 लाख महिलाओं को मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग दे चुके हैं।
कर्नाटक के मैंगलोर के रहने वाले और मुंबई आकर होटल सी रॉक में एक प्रबंधक के रूप में उन्होंने अपना करियर शुरू किया था, लेकिन मार्शल आर्ट के प्रति उनके जुनून ने उन्हें एक प्रसिद्ध मार्शल आर्ट गुरु और विश्व प्रसिद्ध ग्रैंड मास्टर बना दिया। फिल्म उद्योग में चिता यज्ञेश शेट्टी ने 150 से अधिक अभिनेताओं, अभिनेत्रियों को एक्शन और मार्शल आर्ट सिखाया है, जिसमें अमिताभ बच्चन, अजय देवगन, अक्षय कुमार, रितिक रोशन, गोविंदा, जूही चावला, प्रियंका चोपड़ा, ईशा कोप्पिकर, करिश्मा कपूर और फरहान अख्तर आदि के नाम उल्लेखनीय हैं।
उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ ने दीपावली की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को बधाई दी है। उनका संदेश इस प्रकार है-
मैं प्रकाश पर्व दीपावली के शुभ अवसर सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।
अटूट श्रद्धा और खुशियों के साथ मनाई जाने वाली दीपावली अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है, यह त्योहार लोगों के जीवन में आशा और सदाचार की भावना का संचार करता है।
दीपावली का त्योहार धार्मिक और सात्विक जीवन जीने एवं सभी परिस्थितियों में अपनी सर्वोत्तम क्षमता से अपना कर्तव्य निभाने में हमारे विश्वास को दृढ़ करता है।
यह दीपावली हमारे देश को समृद्धि और सफलता से भरे भविष्य की ओर ले जाने वाली आशा की किरण बने। इस दीपोत्सव का प्रकाश हमारे हृदय में ज्ञान, विवेक और करुणा का संचार करे।
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने दीपावली की पूर्व संध्या पर देशवासियों को बधाई दी है।
राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा, “दीपावली के शुभ अवसर पर मैं, सभी देशवासियों और विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं।
दीपावली हर्ष और उल्लास का महापर्व है। दीपावली अंधकार पर प्रकाश, बुराई पर अच्छाई और अन्याय पर न्याय की जीत का उत्सव मनाने का पर्व है। विभिन्न धर्मों एवं अनुयायियों द्वारा मनाया जाने वाला यह त्योहार प्रेम, भाईचारा और मैत्री का संदेश देता है। यह त्योहार दया, सकारात्मकता और समृद्धि का प्रतीक है। दीपावली का त्योहार हमारे अन्तःकरण को आलोकित करता है। यह पर्व हमें मानवता की भलाई करने के लिए भी प्रेरित करता है।
दीपावली पर जिस तरह एक दीपक अनेक दीपकों को प्रज्ज्वलित कर सकता है उसी तरह हम समाज के गरीब, बेसहारा और जरूरतमंद लोगों के साथ खुशियां बांट कर उनके जीवन में सुख और समृद्धि का उजाला फैला सकते हैं।
आइए, हम सब मिलकर प्रकाश के उत्सव को स्वच्छ और सुरक्षित तरीके से मनाएं और पर्यावरण संरक्षण में योगदान करते हुए राष्ट्र निर्माण का संकल्प लें।”
भोपाल 11 Nov, (एजेंसी) । भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के लिए भाजपा का संकल्प पत्र जारी किया। इस दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहे।
हर ST ब्लॉक में एकलव्य विद्यालय बनाया जाएगा।
*हर ST ब्लॉक में मेडिकल कॉलेज खोलने का निर्णय हमने किया है।
*गेहूं की खरीद हम 2,700 रुपये प्रति क्विंटल और धान की खरीद हम 3,100 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से करेंगे।
*जनजातीय समुदाय के सशक्तिकरण के लिए हम 3 लाख करोड़ रुपये खर्च करेंगे।
*तेंदूपत्ता के लिए 4,000 हजार रुपये प्रति मानक बोरा देने का काम हम करेंगे।
*इस बार के संकल्प पत्र में 1 करोड़ 30 लाख बहनों को आर्थिक सहायता के साथ साथ हम घर की सुविधा की सुविधा भी देंगे।
*गांव की बहनों को लखपति बनाने के लिए Special Training & Skill Development का काम हम शुरू करेंगे।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “कांग्रेस ने टिप्पणी की कि भाजपा ‘नरक चतुर्दशी’ के दिन अपना संकल्प पत्र क्यों ला रही है। कांग्रेस के नेताओं को भारत के इतिहास या भारत की संस्कृति का कोई ज्ञान नहीं है… हमारी एक बहन (प्रियंका गांधी वाड्रा) आती हैं और भगवान राम को 13 साल के वनवास के लिए भेजती हैं।
नई दिल्ली 11 Nov, (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनुभवी बॉलीवुड अभिनेत्री सायरा बानो से मुलाकात की और कहा कि सिनेमा की दुनिया में उनके कामों की पीढ़ियों से सराहना की जाती है। पीएम मोदी ने एक्स पर मुलाकात की तस्वीरें साझा की। पहली तस्वीर में दोनों बैठे हुए हैं और बात कर रहे हैं। दूसरी तस्वीर में दो आइकन कैमरे के लिए पोज देते दिख रहे हैं।
कैप्शन के लिए, उन्होंने लिखा, सायरा बानो जी से मिलना अद्भुत रहा। सिनेमा की दुनिया में उनके बेहतरीन काम ने कई पीढ़ियों को बहुत सिखाया है और सब उनकी तारीफ करते हैं। आज उनसे इस मुलाकात में कई अलग-अलग विषयों पर अच्छी बातचीत हुई।
सायरा बानो दिवंगत दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार की पत्नी हैं। उन्होंने 1961 में शम्मी कपूर अभिनीत फिल्म ‘जंगली’ से अभिनय की शुरुआत की। उन्होंने ‘शागिर्द’, ‘सगीना’, ‘ब्लफ मास्टर’, ‘आई मिलन की बेला’, ‘पड़ोसन’ और ‘बैराग’ जैसी कई अन्य सिनेमाई रत्नों जैसी फिल्मों से सुर्खियां बटोरीं। उनकी आखिरी फिल्म 1988 में ‘फैसला’ थी।
केदारनाथ/बद्रीनाथ 11 Nov, (एजेंसी): बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम में बर्फबारी का सिलसिला जारी है। बर्फबारी के बीच भी श्रद्धालु धाम में दर्शन करने आ रहे हैं। बद्रीनाथ धाम में शुक्रवार शाम को अचानक मौसम बदलने के बाद बारिश और हल्की बर्फबारी शुरू हुई थी, जो शनिवार को भी जारी रही। धाम में पारा गिरकर 1 डिग्री पहुंच गया। इसके चलते कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
केदारनाथ धाम में शनिवार सुबह से बर्फबारी जारी है। प्रदेश के पर्वतीय जिलों से लेकर मैदानी इलाकों में हल्की बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दीपावली पर प्रदेश भर में ठंड बढ़ सकती है। ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी होने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को दून का अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को चमोली, पिथौरागढ और बागेश्वर जिले के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं।
इसके चलते पहाड़ से मैदान तक तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि, 12 से 14 नवबंर तक प्रदेशभर में मौसम साफ रहेगा। यमुनोत्री धाम में भी शुक्रवार से बर्फबारी हो रही है। बर्फबारी के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हो रहा है। चारधाम यात्रा अब अपने अंतिम चरण में चल रही है। 14 नवंबर को गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो जाएंगे। 15 नवंबर को यमुनोत्री धाम और केदारनाथ धाम के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। 18 नवंबर को बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद होंगे।
नोएडा 11 Nov, (एजेंसी): नोएडा पुलिस ने इंटरनेशनल गेमिंग बेटिंग साइट (महादेव गेमिंग ऐप) के 18 लोगो पर गैंगस्टर की कार्रवाई की है। नोएडा पुलिस ने इस गैंग का फरवरी माह में खुलासा किया था। अलग-अलग जगहों से इससे जुड़े आरोपी गिरफ्तार किए गए थे। पुलिस ने इस मामले में यूपी के अलग-अलग शहरों के 18 लोगों को गिरफ्तार किया था। इन लोगों ने पकड़े जाने से पहले महज डेढ़ महीने में ही 400 करोड़ रुपए से ज्यादा के ट्रांजेक्शन किए थे। पुलिस की जांच में पता चला है कि इनका सरगना दुबई से बैठकर यहां गेमिंग को ऑपरेट कर रहा है। डी-कंपनी से भी ये मामला जुड़ हुआ है।
पुलिस को इनके कब्जे से 12 लैपटॉप, 73 स्मार्ट फोन, 6 पासबुक, 19 चैक बुक, 90 एटीएम कार्ड, 58 सिम कार्ड, 1 बुकी ब्रीफकेस सूटकेस, 2 नेटवर्क राउटर, 6 पासपोर्ट, 17 सिक्के यूएई करेन्सी, 60 परिचय पत्र आधार कार्ड/पेनकार्ड, 2 लग्जरी गाड़ियां व 2 स्कूटी बरामद की थी। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक महादेव बुक का ओनर सौरभ चंद्राकर है। इंडिया में उसका एक एजेंट वरुण और सचिन सोनी पूरे मामले को डील करता था। इस मामले में 26 से ज्यादा बैंक अकाउंट मिले हैं और 1.5 करोड़ की रकम भी जब्त की गई है।
नोएडा में सेक्टर-108 के मकान नंबर डी-309 फ्लैट से ऑनलाइन गेम ऑपरेट हो रहा था। ये मकान वेब डिजाइनिंग के कार्य के लिए 68 हजार किराए पर प्रतिमाह लिया गया था। अंदर व बाहर जाने के दौरान लोग ताला लगाकर जाया करते थे। दो माह में 10 बैंकों के 26 फर्जी बैंक खातों में 4 अरब 5 करोड़ 91 लाख 90 हजार रुपए के ट्रांजेक्शन की जानकारी मिली। इन पैसों को अन्य बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिया गया। शेष 1 करोड़ 86 लाख से ज्यादा की रकम को पुलिस ने फ्रीज की थी।
भरतपुर 11 Nov, (एजेंसी) । जिला निर्वाचन अधिकारी लोक बंधु एवं जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने नदबई विधानसभा क्षेत्र में विधानसभा चुनाव तैयारियों के संबन्ध में शनिवार को पंचायत समिति सभागार में अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि चुनाव आयोग की गाइड लाइन के अनुसार सभी व्यवस्थाऐं समय पर पूरी की जायें। क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता की कठोरता से पालना कराते हुए चुनाव निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण सम्पन्न करायें। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की गाइड लाइन के अनुसार सभी मतदान केन्द्रों की व्यवस्थाऐं गुणवत्ता के साथ पूरी की जायें। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को निर्वाचन आयोग द्वारा के निर्देशों की जानकारी देकर उसकी पूर्ण पालना सुनिश्चित करायें।
होम वोटिंग की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अभ्यर्थियों को इसके संबंध में आवश्यक जानकारी देने के निर्देश दिये। उन्होंने बताया कि 14 से 19 नवम्बर तक होम वोटिंग मतदात दल को निर्धारित रूटचार्ट की पालना करनी है, मतदाताओं को पहले से ही सूचित कर निर्धारित दिवस पर मतदान के लिए तैयार रहने के लिए प्रेरित किया जाये। उन्होंने होम वाटिंग के दौरान मतदान-पेटी की पुख्ता सुरक्षा करने, मताधिकार का प्रयोग करते समय नागरिकों की किसी भी प्रकार की वीडियोग्राफी पर रोक लगाने के लिए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए।
उन्होंने मतदान केन्द्रों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संवेदनशील मतदान केंद्रों पर वेब कास्टिंग के अलावा सुरक्षा की जरूरत है वहां पर वीडियोग्राफर की मदद से मतदान केंद्रों के बाहर भी वीडियोग्राफी करवाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि चुनावों में मतदान दिवस पर मतदान केंद्रों पर किसी भी प्रकार की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सी-विजिल एप पर प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय 100 मिनट में निस्तारण करना सुनिश्चित करने तथा पिछले चुनावों में जिन मतदान केन्द्रांे पर वोटिंग प्रतिशत कम रहा वहां पर अधिकाधिक स्वीप गतिविधियां करने के निर्देश दिये।
जिला पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी अधिकारी चुनाव आयोग की गाइड लाइन के अनुसार कार्य समय पर करें। उन्होंने आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिचित करते हुए किसी भी क्षेत्र में उल्लंघन की जानकारी मिलते ही त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी मतदान केन्द्रों को सुरक्षात्मक दृष्टि से जांच कर आम मतदाताओं को स्वतन्त्र एवं निर्भीक होकर मतदान के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि एफएसटी, वीएसटी, एसएसटी एवं सभी नाका पोस्टों पर सघन जांच कर प्रतिबन्धात्मक सामग्री का परिवहन करते पाये जाने पर सख्त कार्यवाही करें। बैठक में रिटर्निंग अधिकारी नदबई, पुलिस उपाधीक्षक नइबई सहित सभी विभागों के अधिकारियों ने विधानसभा चुनाव तैयारियों की जानकारी दी।
उडन दस्ता दल का किया निरीक्षण- जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला पुलिस अधीक्षक ने नदबई विधानसभा क्षेत्र के उडन दस्ता दलों एवं चैक पोस्टों का आकस्मिक निरीक्षण कर गाइड लाइन की पालना हेतु की जा रही कार्यवाही को देखा। उन्होंने ढहरा मोड पर स्थाई चैक पोस्ट का निरीक्षण कर वाहनों की जॉच के साथ संदिग्ध सामग्री पाये जाने पर संबंधित विभागों को सूचना देने के निर्देश दिये। इस दौरान व्यय पर्यवेक्षक पी. राजादुरैई भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी वाहनों की जॉच एवं आदर्श आचार संहिता की पालना के लिये की जा रही कार्यवाही को देखा।
दौसा 11 Nov, (एजेंसी) । राजस्थान के दौसा में 5 साल की बच्ची से दरिंदगी की घटना के बाद हालात तनावपूर्ण है। दौसा पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी सब इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया है। दौसा एसपी ने कहा कि शुक्रवार देर रात मेडिकल बोर्ड द्वारा पीड़ित बच्ची की जांच के बाद बच्ची की स्थिति सामान्य बताई।
मामले के अनुसार दौसा में शुक्रवार को सब इंस्पेक्टर भूपेंद्र सिंह 5 साल की बच्ची को घर के बाहर से बहला फुसला कर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया था। पीड़ित मासूम के पिता जब शिकायत लेकर थाने पहुंचे तो उनके साथ मारपीट की गई और उनका हाथ तोड़ दिया। इसके बाद लोगों ने थाने में जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ की। भीड़ से बचने के लिए आरोपी ने थाने में ही खुद को एक कमरे में बंद कर लिया था, लेकिन गुस्साएं लोगों ने थाने का घेराव किया। लोगों ने थाने की खिड़की तोड़कर आरोपी को बाहर निकाला और थाने से चौराहे तक घसीटते, पीटते ले गए। शनिवार को दौसा पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी सब इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया है।
राज्यपाल ने घटना पर जताया रोष
इधर, राज्यपाल कलराज मिश्र ने दौसा में मसूम से दरिंदगी की घटना पर रोष जताया है। राज्यपाल कलराज मिश्र ने मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में संज्ञान लिया है। राज्यपाल कलराज मिश्र ने डीजीपी उमेश मिश्रा को सख्त और प्रभावित कार्रवाई के निर्देश दिए। राज्यपाल ने इस संबंध में डीजीपी उमेश मिश्रा से फोन पर बात करते हुए दोषी के खिलाफ त्वरित सख्त कार्रवाई करने की हिदायत दी है।
नई दिल्ली 11 Nov, (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘टू प्लस टू’ मंत्रिस्तरीय वार्ता के समापन के बाद अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन द्वारा संयुक्त रूप से उनसे मुलाकात के बाद कहा कि भारत-अमेरिका साझेदारी वास्तव में पूरे विश्व की भलाई के लिए एक ताकत है। ब्लिंकन और ऑस्टिन ने शुक्रवार को पीएम मोदी से मुलाकात की और उन्हें ‘टू प्लस टू’ प्रारूप (फॉर्मेट) में अपनी चर्चा के बारे में जानकारी दी।
पीएम मोदी ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट किया, ”अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन का स्वागत करके खुशी हुई। ‘टू प्लस टू’ प्रारूप भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण प्रवर्तक है। भारत और अमेरिका के बीच व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी लोकतंत्र, बहुलवाद और कानून के शासन के सम्मान पर आधारित है। भारत-अमेरिका साझेदारी वास्तव में पूरे विश्व की भलाई के लिए एक ताकत है।”
सरकार ने एक बयान में कहा, “ब्लिंकन और ऑस्टिन ने प्रधानमंत्री को ‘टू प्लस टू’ प्रारूप में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ अपनी चर्चा के बारे में जानकारी दी।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी क्षेत्रों में बढ़ते सहयोग पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी लोकतंत्र, बहुलवाद और कानून के शासन के सम्मान पर आधारित है।
बयान में कहा गया है कि उन्होंने पश्चिम एशिया में चल रहे विकास सहित आपसी हित के विभिन्न क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। उन्होंने इन मुद्दों पर भारत और अमेरिका के बीच निरंतर घनिष्ठ समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया। पीएम मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन को भी हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि वह उनके साथ निरंतर आदान-प्रदान के लिए उत्सुक हैं। ‘टू प्लस टू’ संवाद में राजनाथ सिंह, एस जयशंकर, ऑस्टिन और ब्लिंकन ने भारत-अमेरिका वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए व्यापक विचार-विमर्श किया।
आगरा 10 Nov, (एजेंसी): आगरा के जगनेर में स्थित ब्रह्मकुमारी आश्रम में दो सगी बहनों एकता और शिखा ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या करने से पहले दोनों बहनों ने साइड नोट आश्रम के ग्रुप में भेजे थे। इसे देखकर स्वजन रात भागकर आश्रम पहुंचे, वहां दोनों बहनों के शव छत पर लगे पंखों के हुक से साड़ी के फंदे पर लटके मिले।
दोनों बहनों ने तीन पेज के सुसाइड नोट में आश्रम के चार कर्मचारियों को अपनी मृत्यु का जिम्मेदार ठहराया है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ से आरोपियों को आसाराम की तरह उम्रकैद की सजा दिलाने के लिए कहा है। उन्होंने लिखा है,’योगी जी इन आरोपियों को आसाराम बापू की तरह उम्रकैद की सजा दिलाना।’
मृतक बहनों ने सुसाइड नोट में चारों आरोपियों पर पैसे हड़पने के साथ-साथ अनैतिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप भी लगाए हैं। इस संबंध में एसपी खैरागढ़ ने बताया कि चारों आरोपी आगरा से बाहर के हैं। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि, दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें सर्च कर रहीं हैं।
आपको बता दें कि जगनेर कस्बा की रहने वाली 37 वर्षीय एकता और उनकी छोटी बहन शिखा (34 वर्ष) 2005 में ब्रह्मकुमारी आश्रम से जुड़ी थीं। चार वर्ष पहले जगनेर में बसई रोड पर ब्रह्मकुमारी आश्रम बनने के बाद वहां रहने लगी थी। आश्रम में उनके साथ एक अन्य युवती भी रहती है।
नई दिल्ली 11 Nov, (एजेंसी) : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने राजद प्रमुख लालू प्रसाद और उनके बेटे तेजस्वी यादव के कथित सहयोगी अमित कात्याल को नौकरी के बदले जमीन घोटाला मामले में धनशोधन की जांच के सिलसिले में हिरासत में लिया। आधिकारिक सूत्रों ने दावा किया कि कात्याल करीब दो महीने से पूछताछ के लिए एजेंसी के समन से बच रहे थे। ईडी के अधिकारियों ने उसे धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत दिल्ली से हिरासत में लिया। संघीय एजेंसी ने मार्च में कात्याल के परिसरों पर छापा मारा था। उस समय लालू प्रसाद, बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, उनकी बहनों और अन्य के परिसरों की भी तलाशी ली गई थी।
Lalu-Tejaswi’s close Amit Katyal arrested : ईडी के अनुसार, कात्याल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो के ‘करीबी सहयोगी होने के साथ-साथ ए.के. इंफोसिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड के पूर्व निदेशक भी हैं। ए.के. इंफोसिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड इस मामले में कथित तौर पर एक ‘लाभार्थी कंपनी है और इसका पंजीकृत पता दक्षिणी दिल्ली की न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में एक आवासीय इमारत है। इसका उपयोग यादव द्वारा किया जा रहा था। कथित घोटाला उस समय का है जब लालू प्रसाद यूपीए-1 सरकार में रेल मंत्री थे।
आरोप है कि 2004 से 2009 तक, भारतीय रेलवे के विभिन्न क्षेत्रों में समूह ‘डी पदों पर कई लोगों को नियुक्त किया गया था और बदले में इन लोगों ने अपनी जमीन तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद के परिवार के सदस्यों और ए.के. इंफोसिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड को हस्तांतरित कर दी थी। पीएमएलए की आपराधिक धाराओं के तहत दर्ज किया गया ईडी मामला केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दर्ज की गई एक शिकायत के आधार पर है।
सीबीआई के अनुसार, नियुक्ति के लिए कोई विज्ञापन या सार्वजनिक सूचना जारी नहीं की गई थी, लेकिन पटना के कुछ निवासियों को मुंबई, जबलपुर, कोलकाता, जयपुर और हाजीपुर में विभिन्न जोनल रेलवे में स्थानापन्न के रूप में नियुक्त किया गया था। सीबीआई ने आरोप लगाया है कि बदले में उम्मीदवारों ने सीधे या अपने परिवार के सदस्यों के माध्यम से कथित तौर पर प्रसाद के परिवार के सदस्यों को अत्यधिक रियायती दरों पर जमीन बेची, जो मौजूदा बाजार दरों के एक-चौथाई से पांचवें हिस्से तक थी।
अयोध्या 11 ,Nov, (एजेंसी) : अयोध्या में दीपोत्सव पर इतिहास रचने की तैयारी है। दीपोत्सव को देखते हुए रामजन्मभूमि परिसर को सजाने का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में दीपोत्सव को भव्य बनाने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
इसकी शुरुआत श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय ने भगवान गणेश के के रेखाचित्र में रंग भर कर की। उन्होंने कूची से पेंटिंग की। परिसर को भव्य व दिव्य रूप से सजाया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी अवध विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी आशीष कुमार मिश्र को सौंपी गई। रामनगरी में सात देशों की रामलीला का भी आयोजन हो रहा है। पिछले सालों की तुलना में इस बार भी योगी सरकार नया रिकार्ड बनाने की तैयारी में है।
पर्यटन विभाग के मुताबिक, दीपोत्सव पर 14 लाख से ज्यादा दीये राम की पैड़ी में जलाए जाएंगे जबकि अयोध्या के प्रमुख 21 मंदिरों में 4.50 लाख दीये जलाए जाएंगे। ये दीये गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज नहीं किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि राम जन्म भूमि पर 51 हजार, हनुमान गढ़ी पर 21 हजार दीये जलाए जाएंगे।
इसी तरह कनक भवन, गुप्तार घाट, दशरथ समाधि, राम जानकी मंदिर साहबगंज, देवकाली मंदिर, भरत कुंड (नंदी ग्राम) समेत प्रमुख मंदिरों में 21 हजार दीये जलाए जाएंगे। वहीं पूरे अयोध्या को रोशन करने के लिए सामाजिक संगठनों को भी दीये वितरित किए जाएंगे। उप निदेशक ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी राम लीला होगी, जिसमें कई देशों के कलाकार भाग लेंगे। इसके साथ ही आतिशबाजी और लेजर शो भी होगा।
अयोध्या के डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय प्रशासन ने दिवाली पर 24 लाख दीप जलाकर अयोध्या के घाटों को रोशन करने की तैयारी शुरू कर दी है, विश्वविद्यालय के स्वयंसेवकों ने कहा कि ‘अयोध्या दीपोत्सव’ को ऐतिहासिक बनाने के लिए राम की पैड़ी और चौधरी दीप जलाए जाएंगे चरण सिंह के 51 घाटों पर जलाई गई। वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार ने 24 लाख दीपक जलाकर विश्व रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य रखा है।
नई दिल्ली ,10 नवंबर (एजेंसी)। भारत में अमेरिकी रक्षा मंत्री को शुक्रवार को अमेरिकी सेना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण चीजें भेंट की गई। अमेरिकी सेना की यूनिफार्म और अमेरिकी हवाई जहाज के हिस्सों समेत यह सब वस्तुएं सेकंड वर्ल्ड वार से जुड़ी हैं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अमेरिकी रक्षा पीओडब्ल्यू एमआईए अकाउंटिंग एजेंसी मिशन के हिस्से के रूप में असम में बरामद इन वस्तुओं को प्रतीकात्मक रूप से अमेरिकी रक्षा मंत्री ऑस्टिन को सौंपा। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक इन वस्तुओं में द्वितीय विश्व युद्ध के समय की अमेरिकी सेनाओं के पैराशूट, वर्दी और हवाई जहाज के हिस्से शामिल हैं। रक्षा मंत्रालय का कहना है कि दोनों देशों के मंत्रियों ने बातचीत के अंत में अपनी टीमों के लिए भविष्य के संयुक्त कार्य के लिए एक एजेंडा तैयार किया।
दरअसल, अमेरिका की रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस यात्रा के दौरान उन्होंने शुक्रवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात की है।
इस संबंध में आधिकारिक जानकारी देते हुए रक्षा मंत्रालय ने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 10 नवंबर को नई दिल्ली में अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों मंत्रियों ने व्यापक रक्षा और रणनीतिक विषयों पर चर्चा की। बातचीत में रक्षा औद्योगिक सहयोग बढ़ाने तथा दोनों पक्षों के रक्षा उद्योगों को एक साथ मिल कर सहयोगपूर्वक सह-विकास और रक्षा प्रणालियों का सह-उत्पादन करने पर विशेष फोकस किया गया।
दोनों देशों के मंत्रियों ने महत्वपूर्ण क्षेत्रों में संयुक्त अनुसंधान के साथ अपने रक्षा प्रौद्योगिकी सहयोग को आगे बढ़ाने के उपायों और साधनों पर चर्चा की। उन्होंने भारत-अमेरिका रक्षा औद्योगिक इकोसिस्टम, इंडस-एक्स की प्रगति की समीक्षा की, जिसे इस वर्ष जून में लॉन्च किया गया था।
इंडस-एक्स का उद्देश्य भारत और अमेरिका की सरकारों, व्यवसायों और अकादमिक संस्थानों के बीच रणनीतिक प्रौद्योगिकी साझेदारी तथा रक्षा औद्योगिक सहयोग का विस्तार करना है। अमरीकी रक्षा मंत्री ऑस्टिन ने बहरीन स्थित मुख्यालय वाली बहुपक्षीय संरचना, संयुक्त समुद्री बलों की पूर्ण सदस्यता बढ़ाने के भारत के निर्णय का स्वागत किया।
दौसा ,10 नवंबर (एजेंसी)। आज धनतेरस के दिन पांच दिवसीय दीपोत्सव का आगाज हो गया। शाम को दीपदान करते ही शहर जगमगा उठा। लोगों ने अपने घरों व प्रतिष्ठानों में दीपदान किया। बाजारों में आकर्षक सजावट की गई। सुबह से ही बाजारों में धनतेरस की बिक्री शुरू हो गई।
मोटरसाइकिल, स्कूटी, बर्तन, कपड़े और चांदी सोने के आभूषणों की जोरदार बिक्री हुई। बाजारों में जोरदार भीड़ रही। शाम होते ही बाजार जगमगा उठे। 12 नवंबर को रूप चतुर्दशी और दीपावली का पर्व मनाया जाएगा। 14 नवंबर को गोवर्धन और 15 नवंबर को भाई दूज के साथ ही पांच दिवसीय त्यौहार का समापन होगा।
लखनऊ ,10 नवंबर (एजेंसी)। अयोध्या में हुई कैबिनेट बैठक में सरकार ने यूपी इनलैंड वॉटर-वे अथॉरिटी के गठन का रास्ता साफ किया था। आगामी विधानमंडल सत्र के दौरान अथॉरिटी को मंजूरी मिल जाएगी। माना जा रहा है अथॉरिटी के गठन के बाद अयोध्या में वॉटर ट्रांसपोर्ट और वॉटर टूरिज्म की अनंत संभावनाएं मूर्तरूप लेंगी।
योगी सरकार अवधपुरी के विकास के पूरे ईको सिस्टम को और मजबूत बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। सरयू नदी पर पहले से ही पर्यटकों और श्रद्धालुओं को जलयान भ्रमण का आनंद सुलभ कराने के लिए जटायु क्रूज सेवा संचालित है। इसके अलावा गुप्तार घाट से जानकी घाट तक के विकास और सुंदरीकरण के कार्य हो रहे हैं।
सरयू तट स्थित जमथरा में राम अरण्य की भी तैयारी है, जहां श्रीराम के 14 वर्ष के वनवास की कथाओं को विभिन्न माध्यमों से सजीव किया जा रहा है। इसके अलावा सरयू के समीप ही माझा जमथरा में 25 एकड़ भूमि पर मंदिर संग्रहालय देश ही नहीं पूरी दुनिया के लिए महत्वपूर्ण पर्यटन आकर्षण होगा।
श्रीनगर 10 Nov, (एजेंसी): जम्मू-कश्मीर पुलिस की विशेष जांच एजेंसी(एसआईए) ने आतंकवादी फंडिंग मामले में शुक्रवार को कश्मीर घाटी के कई जिलों में छापेमारी की। एसआईए के सूत्रों के मुताबिक अनंतनाग, पुलवामा तथा अन्य जिलों में कई स्थानों पर छापेमारी जारी है। उन्होंने बताया कि छापे की कार्रवाई आतंकवादी फंडिंग से जुड़े मामले की चल रही जांच का हिस्सा हैं।
इससे दो दिन पहले एसआईए ने आतंकवादी फंडिंग मामले में जम्मू कश्मीर और दिल्ली में 22 स्थानों पर छापेमारी की थी। इनमें श्रीनगर के 18, अनंतनाग और पुलवामा के एक-एक और दिल्ली के दो स्थान शामिल हैं। तलाशी अभियान के दौरान, बैंक दस्तावेज़, कैश बुक, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, चेक बुक, मोबाइल फोन, सिम कार्ड के रूप में आपत्तिजनक सामग्री मिली थी।
नई दिल्ली 10 Nov, (एजेंसी): भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) डी.वाई. चंद्रचूड़ ने शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट के परिसर में एक ‘मिट्टी कैफे’ का उद्घाटन किया, जिसका प्रबंधन दिव्यांग कर्मचारियों द्वारा किया जाएगा।
सीजेआई चंद्रचूड़ के साथ दूसरे जज भी थे। सीजेआई ने बार के सदस्यों से मिट्टी कैफे का समर्थन करने का आह्वान किया।
मिट्टी एक गैर सरकारी फाउंडेशन है जिसके 35 से ज्यादा कैफे हैं जिनका प्रबंधन विकलांगों द्वारा किया जाता है और इनके द्वारा 10 मिलियन से अधिक भोजन परोसा गया है।
गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) शारीरिक, बौद्धिक और मानसिक विकलांगता वाले वयस्कों और अन्य कमजोर समुदायों के व्यक्तियों के लिए आर्थिक स्वतंत्रता और सम्मान की दिशा में काम करता है।
भोपाल 10Nov, (एजेंसी): मध्य प्रदेश में चुनाव प्रचार लगभग अंतिम दौर में पहुंच गया है। दोनों प्रमुख राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने प्रचार की कमान संभाल ली है। इन बड़े नेताओं की रैलियां, रोड शो का दौर जारी है और एक दूसरे पर तीखे और करारे प्रहार किये जा रहे हैं। राज्य की 230 विधानसभा सीटों के लिए एक चरण में 17 नवंबर को मतदान होना है। बहुमत के लिए 116 सीटों पर जीत जरूरी है और वर्तमान हालात में दोनों राजनीतिक दल इस आंकड़े को पार करने के लिए जोर लगाए हुए हैं।
वैसे तो राज्य की अधिकांश सीटों पर मुकाबला सीधा है, मगर कई सीटें ऐसी हैं जहां बहुजन समाज पार्टी, समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी मुकाबले को त्रिकोणीय बनाए हुए हैं। बात भाजपा की करें तो राष्ट्रीय नेतृत्व के तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा धुआंधार जनसभाएं किया जा रहे हैं। उनके निशाने पर सीधे तौर पर दिग्विजय सिंह के कार्यकाल के 10 साल और केंद्र में मनमोहन सिंह सरकार के 10 साल हैं। सभी नेता जहां कांग्रेस काल में सड़क, बिजली, पानी की दुर्गति की चर्चा कर रहे हैं, वहीं देश के मान और सम्मान की भी बात कर रहे हैं।
दूसरी ओर कांग्रेस के प्रचार की कमान पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे संभाले हुए हैं। कांग्रेस सीधे तौर पर भाजपा की नीतियों और शिवराज सरकार के 18 साल के शासनकाल में प्रदेश के बिगड़े हाल की चर्चा तो कर रहे हैं, साथ में हमले भी जारी हैं। महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को बड़ा मुद्दा बनाया गया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि राज्य के दोनों दलों के नेता सक्रिय हैं और जनता को अपने वादों और सरकार की सफलताओं की कहानी सुना रहे हैं। वहीं राष्ट्रीय नेतृत्व देशव्यापी मुद्दों पर चर्चा कर मतदाताओं को लुभाने की कोशिश में लगे हैं। यह तो मतदाताओं पर निर्भर है कि वह किसकी बात पर भरोसा करते हैं। फिलहाल मुकाबला कड़ा है और रोमांचक भी। राज्य में प्रचार का मुख्य चेहरा कांग्रेस का कमलनाथ व भाजपा का शिवराज सिंह चौहान है।
दिल्ली 10 Nov, (एजेंसी): प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने गोवा में अवैध रूप से जमीन हड़पने से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में एस्टेवन डिसूजा, मोसेस फर्नांडिस और समीर कोरगांवकर की 11.82 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां कुर्क की हैं। ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत संपत्तियों को कुर्क किया।
एजेंसी ने कहा कि उनकी जांच से पता चला है कि आरोपी व्यक्तियों ने जमीन को अवैध रूप से हथियाने के उद्देश्य से उन संपत्तियों की पहचान की, जहां संपत्ति के वास्तविक मालिक की बिना किसी कानूनी उत्तराधिकारी के मृत्यु हो गई थी या कानूनी उत्तराधिकारी भारत से बाहर रह रहे थे।
ईडी ने कहा, डिस्क्रिप्शन में फिट बैठने वाली संपत्तियों की पहचान करने के बाद, आरोपियों ने जालसाजी से और संपत्ति के मूल मालिक का प्रतिरूपण करके अपराध किया और बाद में अपने नाम पर सेल डीड या अपरिवर्तनीय पावर ऑफ अटॉर्नी निष्पादित करके, उन्होंने इन संपत्तियों पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया।
ईडी का मामला पोरवोरिम पुलिस स्टेशन और आर्थिक अपराध सेल (ईओसी), गोवा द्वारा आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज की गई एफआईआर पर आधारित है, जो संपत्ति के मूल मालिक का रूप धारण करके अवैध रूप से जमीन या संपत्ति हड़पने और इस तरह खरीदारों को धोखा देने के संबंध में है।