Category Archives: news

महज 8 हजार के लिए कर दी अमेरिकी डॉक्टर की हत्या

उदयपुर ,19 दिसंबर (एजेंसी)। लेकसिटी घूमने आए गुजरात मूल के अमेरिकन चिकित्सक डॉ. संजय पटेल की हत्या केवल आठ हजार रुपए के पीछे कर दी गई थी। डॉक्टर 8 हजार रुपए में एक कॉर्लगर्ल बुक की थी लेकिन दलालों को जब उसके एनआरआई होने का पता चला तो वह पैसे लेकर कार से भागने लगे तो वह कार की खिड़की पर लटक गया। बीस मीटर तक कार से घिसटने के बाद वह सिर के बल बिजली के खंभे से टकरए और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना का पता जब उनके मित्रों को लगा तो वह होटल से दौड़कर आए और डॉ. पटेल को अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। डॉ. संजय अमेरिका के टेक्सास में अपने परिवार के साथ रहते थे और 3 दिन के लिए उदयपुर में मित्रों के साथ घूमने आए थे। जिस होटल में वह ठहरे उसके सीसीटीवी फुटेज की जांच जब पुलिस ने की तो पता चला कि रात ढाई बजे डॉ. संजय अपनी होटल से बाहर निकले थे। वह किसी से फोन पर बात कर रहे थे।

इसी दौरान होटल के बाहर ग्रे कलर की स्विफ्ट कार आकर रूकी। उसमें अंदर बैठे लोगों ने उसकी बात हो रही थी, जो कुछ देर बाद बहस में बदल लगी। अचानक कार तेज रफ्तार से निकली और डॉ. संजय उस कार के दरवाजे से लटके हुए नजर आए। बीस मीटर दूर घिसटने के बाद वह कार अन्य कार से टकराई और डॉ. संजय छिटककर बिजली के खंभे से सिर के बल टकराए। जिसको लेकर डॉ. संजय के मित्र प्रग्नेश पटेल ने गोवर्धनविलास थाने को सूचित कर मामला दर्ज कराया था।

गोवर्धनविलास थानाधिकारी अजय सिंह राव ने बताया कि हादसे के दो दिन बाद 11 दिसम्बर को सवीना निवासी हितेश उदासी उर्फ राहुल पुत्र राजेश उदासी तथा उसके मित्र धानमंडी निवासी दिनेश साहू उर्फ लंगड़ा पुत्र निर्मल साहू को गिरफ्तार कर लिया गया। जिसमें आरोपियों ने कबूल किया था कि वह डॉ. संजय के लिए उनकी पसंद की कॉलगर्ल लेकर पहुंचे थे।

उनके बात करने के सलीके तथा कपड़ों से लगा कि वह एनआरआई हैं और यहां घूमने आए हैं। पैसे मिलते ही वह भागने लगे तो डॉ. संजय ने कार के आगे के दरवाजे का विंडो कसकर पकड़ लिया था। वह उन्हें मारना नहीं चाहते केवल उनके रुपए हड़पने के मूड में थे। पुलिस ने आरोपियों की कार तथा उनके मोबाइल जब्त कर लिया, जिसमें डॉक्टर तथा उनके बीच बातचीत हुई थी।

***************************

 

पवार ने सांसदों के निलंबन पर सरकार को घेरा, सुरक्षा चूक पर जताई चिंता

नई दिल्ली/मुंबई 19 Dec, (एजेंसी): राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने मंगलवार को संसद सुरक्षा चूक पर सरकार से बयान मांगने के बाद सांसदों को निलंबित करने के फैसले की जमकर आलोचना की।

राज्यसभा सांसद पवार ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को पत्र लिखकर सुरक्षा चूक की घटना के लिए स्पष्टीकरण मांगने वाले सांसदों को निलंबित करने के फैसले को “जवाबदेही और पारदर्शिता के सिद्धांतों के प्रतिकूल” बताया।

84 वर्षीय पवार ने कहा, “सांसदों को स्पष्टीकरण मांगने और संसदीय माहौल की सुरक्षा सुनिश्चित करने का वैध अधिकार है, जो हमारे देश के लोकतंत्र का प्रतीक है।”

“हालांकि, सरकार ने न केवल इस तरह के बयान से खुद को दूर कर लिया, बल्कि देश की सर्वोच्च कानून बनाने वाली संस्था की सुरक्षा में चूक पर स्पष्टीकरण/बयान मांगने वाले सांसदों को निलंबित करने की कार्रवाई भी की। ये दुर्भाग्यपूर्ण है।”

पवार ने कहा कि उन्हें यह बताया गया है कि कुछ सांसद जो सदन के वेल में नहीं गए, नारेबाजी नहीं की और ‘लगातार’ व्यवधान में शामिल नहीं थे, उन्हें भी निलंबित सांसदों की सूची में शामिल किया गया है।

पवार ने कहा, “हमले और उसके बाद निलंबन के मुद्दे की गंभीरता को देखते हुए, मैं आपसे संसदीय प्रक्रियाओं और मिसालों और लोकतांत्रिक मूल्यों की अखंडता को बनाए रखने के हित में इस मामले को संबोधित करने का अनुरोध करूंगा।”

एनसीपी सुप्रीमो ने कहा कि पिछले बुधवार (13 दिसंबर) को संसद पर एक कनस्तर हमला हुआ था, जिसमें दो लोग दर्शक दीर्घा से सदन में कूद गए थे, हालांकि उनको काबू कर लिया गया।

संसद के बाहर दो अन्य लोग भी थे जिन्होंने रंगीन धुआं छोड़ा और सदन परिसर में नारे लगाए और अब उन चारों को उनके अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है।

पवार ने उस दिन की घटना को ‘बेहद परेशान करने वाली’ बताया, खासकर इसलिए तब जब उसी दिन (13 दिसंबर) आतंकवादी हमले की बरसी थी। इस हमले में दिल्ली पुलिस के 6 सुरक्षा कर्मियों की जान चली गई थी, जिनमें से दो संसदीय सुरक्षा विभाग से थे और एक माली था।

पवार ने कहा, बात यह है कि ये घुसपैठिए एक सांसद द्वारा जारी किए गए पास पर परिसर तक पहुंचने में कामयाब हुए, और बाद में सार्वजनिक गैलरी से गैस कनस्तरों के साथ सदन में कूदकर सुरक्षा उपायों का उल्लंघन किया, यह गंभीर चिंता का विषय है।

*************************

 

ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाइवे पर फिर लैंडस्लाइड, यातायात बाधित; लोगों को करना पड़ा परेशानी का सामना

चमोली 19 Dec, (एजेंसी): ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाइवे पर एक बार फिर लैंडस्लाइड की घटना हुई। मंगलवार को चमोली जिले के बाजपुर नेशनल हाईवे पर पहाड़ी से चट्टान आकर गिरा, जिससे लगभग दो घंटे तक रास्ता बाधित रहा। जिस वक्त हादसा हुआ, उस समय वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

कड़ी मेहनत के बाद सड़क से मलबा हटाया गया। चमोली थाना अध्यक्ष कुलदीप रावत ने बताया कि नेशनल हाईवे पर चट्टान का मलबा आने की सूचना मिली तो तुरंत पुलिस मौके पर पहुंच गई।

इस तरह से सड़क पर मलबा आने से कई बार लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। राहगीरों की कोठियाल नंदप्रयाग सड़क से आवाजाही करवाई गई। एनएचआईडीसीएल ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर राजमार्ग आवाजाही के लिए सुचारू कर दिया।

*******************************

 

बंगाल राशन घेटाले में शामिल राशि अन्य घोटालों से कहीं अधिक: ईडी

कोलकाता 19 Dec, (एजेंसी): प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के आंतरिक मूल्यांकन से पता चला है कि पश्चिम बंगाल में करोड़ों रुपये के राशन वितरण मामले में शामिल कुल राशि राज्य में अन्य वित्तीय घोटालों से कहीं अधिक हो सकती है।

सूत्रों ने बताया कि पश्चिम बंगाल में मनी लॉन्ड्रिंग के विभिन्न मामलों की जांच कर रहे कोलकाता के ईडी अधिकारियों ने नई दिल्ली में एजेंसी के राष्ट्रीय मुख्यालय को एक आंतरिक रिपोर्ट भेजी थी।

रिपोर्ट में बताया गया है कि गिरफ्तार कोलकाता के कारोबारी बकीबुर रहमान ने कथित राशन वितरण मामले से अकेले 1,000 करोड़ रुपये की कमाई की है।

सूत्रों ने कहा कि जांच एजेंसी के अधिकारी घोटाले के पूरे आकार को लेकर हैरान है, क्योंकि कथित घोटाले से अकेले रहमान की कमाई इतनी बड़ी है।

अभी तक, ईडी के अधिकारियों ने पूरे घोटाले के केवल एक हिस्से की ही गणना की है।

सूत्रों ने कहा कि रहमान द्वारा विभिन्न तरीकों से जुटाई गई पूरी राशि 2011 और 2021 के बीच 10 साल की अवधि के दौरान थी, जब गिरफ्तार पश्चिम बंगाल मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक के पास खाद्य और आपूर्ति विभाग था।

मल्लिक वर्तमान में कोलकाता में राज्य संचालित एस.एस.के.एम. मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती हैं।

ईडी के अधिकारी गणना के इन सभी विवरणों को दूसरी चार्जशीट में शामिल करेंगे, जो निकट भविष्य में दायर की जाएगी।

अपनी पहली चार्जशीट में ईडी ने कहा कि शुरुआती अनुमान के मुताबिक राशन वितरण मामले से पश्चिम बंगाल सरकार के खजाने को कुल 400 करोड़ रुपये का नुकसान होगा।

इसमें यह भी उल्लेख किया गया है कि 400 करोड़ रुपये का यह प्रारंभिक अनुमान केवल राज्य के खजाने में हुए नुकसान से संबंधित है, न कि घोटाले के पूरे वित्तीय आकार से।

***************************

 

देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर मुहर लगायी: शहजाद पुणे वाला

नई दिल्ली 19 दिसंबर (एजेंसी)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पुणे वाले ने पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की तीन राज्यों में प्रचंड बहुमत की सरकार आने पर कहा कि देश की जनता में देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर मुहर लगायी है। मध्य प्रदेश में 18 सालों के बाद भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार एकबार फिर से आयी तो वहीं छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस की सरकार को हटाकर जनता ने भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत की सरकार बनायी है।

शहजाद पुणे वाले ने कहा कि मोदी की गारंटी का मतलब विकसित भारत बनने की गारंटी। मोदी की गारंटी का मतलब सुशासन की नीति की  गारंटी। मोदी की गारंटी का मतलब सरकार की टाईम बाउंड डिलवरी की गारंटी। मोदी की गारंटी का मतलब सामाजिक न्याय और गरीब कल्याण की गारंटी। मोदी की गारंटी का मतलब इज ऑफ लिविंग और इज आफ डुइंग की गारंटी।मोदी की गारंटी का मतलब आधारभूत संरचना की व्यापक बढ़ोत्तरी। शहजाद पुणे वाले ने कहा कि मोदी की गारंटी में एक स्पष्ट रूप् से देश के लिए एक मिषन एवं विजन है। जिसमें देष की अर्थव्यवस्था को दसवें से पांचवें स्थान पर लाने की है।

किस प्रकार से 13.5 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालना है। किस प्रकार से गरीबों के आवास बनाने हैं। किस प्रकार से 12 करोड़ लोगों तक नल से जल पहुंचाना है। उज्जवला योजना के तहत मताओं एवं बहनों तक गैस सिलिंडर पहुंचाना है। मोदी की गारंटी में बहुत ही स्पष्ट रूप् से मिषन एवं विजन है। मोदी की गारंटी में एकतरफ मिशन एवं विजन है, दूसरी तरफ आपस में लड़ते आए और आजकल वे लोग विपक्षी दल अब हाथों में हाथ डाले इक्ठ्ठा हो रहे हैं। किन्तु, उनके दिल से दिल मिलते नहीं दिख रहे हैं। क्योंकि एक तरफ मोदी की गारंटी में मिषन एवं विजन है तो दूसरी ओर गारंटी ऑफ कमीशन गारंटी ऑफ करप्शन गारंटी ऑफ डिविजन, गारंटी ऑफ फैमिली रन डायनेस्टिक प्रोफेषन, गारंटी ऑफ अपना-अपना एम्बिषन और गारंटी ऑफ डिसरप्षन इन पार्लियामेंट है। भारत की विवेकपूर्ण एवं विद्वान जनता ने पहले ही मोदी की गारंटी पर मुहार लगा ही दी थी और अब अंतरराष्टीय एजेंसी भी मोदी की गारंटी पर बार-बार अपनी मुहर लगा रही है।

इंटरनेशन मॉनिटरिंग फंड का एक विस्तृत रिपोर्ट आया है जोकि  मजबूत व्यापक आर्थिक रणनीतियों की वजह से वर्ष 2023 में भारत सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के रूप में उभरकर सामने आया है। 2014 से पहले कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए की सरकार के दौरान भारत की अर्थव्यवस्था फ्रैजाइल-5 मे था। उस समय अंतरराष्टीय एजेंसियां कहती थी कि क्या भारतीय अर्थव्यवस्था टिक पाएगी, या लड़खड़ा कर गिर जाएगी। भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर नाकारात्मक बातें आती थी। आज दुनिया के दैनिक अखबारों में भारत की अर्थव्यवस्था फास्टेस्ट ग्रोइंग- 5 के रूप में खबरे आती है। पिछले नौ वर्षों में यह मोदी की गारंटी का असर है, जिस पर देश की जनता सहित आईएफएफ ने भी मुहर लगायी है। आईएमएफ ने भारत की अर्थव्यवस्थ को असाधारण रूप् से तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बताया है, जो वैष्विक विकास में 16 प्रतिषत योगदान देगा।

मतलब भारत की ग्रोथ सिर्फ देश को ही नहीं, बल्कि विश्व को संपन्न बनाए। जबकि 2014 से पहले भारतीय अर्थव्यवस्था को दुनिया ऐसी नजरों से देखती थी कि क्या भारत की अर्थव्वस्था विश्व को नीचे की ओर ले जाएगा। शहजाद पुणे वाले ने कहा कि वैष्विक महामारी कोविड-19 के बाद भारत ने आर्थिक रूप से मजबूत रहा है, रोजगार दर अब महामारी से पहले के स्तर से अधिक हो गयी है। कोविड-19 के रूप् में ऐसी महामारी आयी कि पूरी दुनिया ने पिछले सौ सालों में ऐसी समस्या नहीं आयी थी। इस तरह के कठिन कालखंड में भी भारत की अर्थव्यवस्था ने तेजी से रिकवरी की है, ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था। यह दर्शाता है कि भारत की अर्थव्यवस्था उड़ान भरने के लिए तैयार हो गयी है।आईएमएफ की रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भारत के अंदर जी-20 की अध्यक्षता आने से स्पष्ट संदेश देता है कि भारत पूरी दुनिया की नीतियों को बनाने और निर्धारित करने तथा देश एवं दुनिया को आगे बढ़ाने में अहम किरदार निभा रहा है। शहजाद पुणे वाले ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था दसवीं से पांचवें स्थान पर बढती है तो सिर्फ आंकड़ा नहीं है, बल्कि आम नागरिकों की आय में बढ़ोत्तरी हो रही है और उनके जीवन स्तर उपर उठ रहा है। मध्यम वर्ग की आय में चार गुना बढ़ा है।

केंद्र सरकार द्वारा सामाजिक जनकल्याण पर होने वाले खर्च में वर्ष 2014 में 6.06 लाख करोड़ रूप्ए था, जो आज बढ़कर 22.04 लाख करोड़ रूप्ए हो गया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सरकार में सामाजिक जनकल्याण पर होने वाले खर्च में 3.3 प्रतिषत की बढ़ोत्तरी हुई है। पिछले नौ सालों में डायरेक्ट बेनिफिट टांसफर के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की राषि लाभार्थियों के खाते में 32 लाख करोड़ रूप्ए से अधिक पहुंचायी गयी है। जबकि कांग्रेस के प्रधानमंत्री कहते थे कि एक रूप्ए लोगों को भेजता हूं तो 85 पैसा बिचौलिया खा जाते हैं, कोई पंजा लूट लेता था। शहजाद पुणे वाले ने कहा कि आईएमएफ की कोई पहली बार भारतीय अर्थव्यवस्था की प्रशंसा नहीं की है।

मोदीनॉमिक्स पर एक के बाद एक मुहर लगती जा रही है। मार्गेन स्टैनली की रिपोर्ट ने भी मोदीनॉमिक्स पर मुहर लगायी थी। एसएनपी ग्लोबल रिपोर्ट में यह बात कही गयी थी कि जब दुनिया की अर्थव्यवस्था लड़खड़ा गयी है तब दुनिया भारत की ओर देख रहा है। वाल स्टीट जनरल में कहा गया कि भारत की अर्थव्यवस्था बूम कर रहा है और मुम्बई स्टॉक मार्केट आजतक के सबसे उंचाई को छू रहा है। अमेरिका के साथ भारत चिप कंडक्टर बनाने का समझौता कर रहा है। आज भारत की अर्थव्यवस्था और वैष्विक ताकत का इस प्रकार से विष्लेषन किया जाता है।

*****************************

 

मोदी के नेतृत्व और देश की जनता के योगदान की वहज से जलवायु परिवर्तन में योगदान : भूपेंद्र यादव

नई दिल्ली , 19 दिसम्बर (एजेंसी)। केन्द्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और देश की 140 करोड़ जनता के योगदान की वहज से जलवायु परिवर्तन में योगदान, विज्ञान, इनोवेशन, अंतरीक्ष तकनीकी से लेकर मैनुफैक्चरिंग डेस्टिनेशन के रूप में भारत को दुनिया में विशिष्ट पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल मॉनिटरिंग फंड (आईएमएफ), वर्ल्ड बैंक सहित दुनिया के अनेकों संगठनों ने स्वीकार किया है कि कोवडि-19 के दौरान और उसके बाद भारत की “वी-सेप्ड” रिकवरी हुई है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने अंतरर्राष्ट्रीय  स्तर पर सम्मानजनक स्थिति प्राप्त की है, जिसे “इंडिया इज राइजिंग स्टैचर ग्लोबली” कहा जा सकता है।

यादव ने कहा कि  प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी  के नेतृत्व में जलवायू परिवर्तन के मुद्दे पर भारत विकासशील देशों की आवाज बनकर उभरा है। जी-20 सम्मेलन के दौरान दिल्ली डिक्लरेशन में भारत के नेतृत्व में सस्टेनेबल डेवलपमेंट के लिए ग्रीन बेल्ट की बात रखी गयी है, जिसे पूरी दुनिया ने स्वीकारा किया है। विकासशील देशों की विकास यात्रा में वित्तीय सहायता और तकनीकी हस्तानांतरण की जरूरत होती है, अगर दुनिया के विकसित देश द्वारा तकनीकी हस्तानांतरण सही तरीके से नहीं करेंगे, तब तक पूरा विश्व का जलवायु एवं पर्यावरण संरक्षण के साथ विकास का लक्ष्य प्राप्त नहीं कर पाएगा।

भारत के विकास को रेखांकित करते हुए  भूपेन्द्र यादव ने कहा कि अब भारत सिर्फ विकासशील देश नहीं रहा है, क्योंकि आज भारत मिशन चंद्रयान जैसे अभियान को चलाकर दुनिया में अनुसंधान, खोज, विज्ञान, इनोवेशन और अपनी क्षमता को प्रदर्शित कर चुका है। भारत सीमित वित्तीय संसाधन में भी ऐसा तकनीक का प्रयोग कर चंद्रमा पर पहुंच सकता है। मिशन चंद्रयान का बजट केवल 615 करोड़ रुपए था। भारत ने दुनिया को सिखाया है कि योग्यता, क्षमता, ताकत और आगे बढ़ने की इच्छाशक्ति हो, तो सीमित संसाधानों का उपयोग कर वैश्विक उपलब्धियां प्राप्त की जा सकती है।

देश के विकास के प्रति दुनिया के वित्तीय संस्थानों के विचारों को साझा करते हुए भपेंद्र यादव ने कहा कि  वर्ष 2014 से 2019 के बाद पुरी दुनिया ने वैश्विक महामारी कोविड-19 को देखा था। वैश्विक महामारी कोविड-19 के दौरान दुनिया के विकसित देश की अर्थव्यवस्था लड़खड़ा गयी। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा कि भारत ने जिस प्रकार से कोविड-19 के संक्रमण की रोकथाम व इलाज की जैसी तैयारी की, वह काबिलेतारीफ थी। उन्होंने कहा कि लगभग 140 करोड़ की आबादी वाले देश में 37 राज्य एवं संघ शासित प्रदेश और 770 जिले में भारत सरकार ने जिस प्रकार से बहुआयामी स्वास्थ्य सेवा चलायी थी, उसे दुनिया ने सराहा है।

भपेंद्र यादव ने कहा कि इंटरनेशनल मॉनिटरिंग फंड (आईएमएफ), वर्ल्ड बैंक सहित दुनिया के अनेकों संगठनों ने स्वीकार किया है कि कोवडि-19 के दौरान और उसके बाद भारत की वी-शेप्ड रिकवरी हुई है। आईएएमएफ की अक्टूबर 2023 की रिपोर्ट के अनुसार भारत की जीडीपी 6.3 प्रतिशत है अर्थात देश की अर्थव्यवस्था का विस्तार तेजी से हो रहा है। जबकि अमेरिका की जीडीपी 2.1 प्रतिशत, चीन की 4.4 प्रतिशत सहित विकसित देशों का विकास दर भारत से कम है। इसलिए भारत दुनिया का एक क्षमतावान बाजार बनकर उभरा है। डिजिटल क्रांति की दृष्टि में एप्पल कंपनी ने भारत में आईफोन-15 की एसेम्बलिंग कर रहा है।

ताइवान की बड़ी कंपनी फॉक्सकॉन और जापान की कई बड़ी कंपनियों ने भारत को एक नया मैनुफैक्चरिंग डेस्टिनेशन के रूप में चिन्हित किया है। वैश्विक अर्थशक्ति के रूप में उभरते भारत की चर्चा करते हुए  यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी  के नेतृत्व में भारत आज दुनिया की पांचवी अर्थव्यवस्था बन गया है। देश जल्द ही तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी  के नेतृत्व में विकसित भारत की संकल्प यात्रा चल रही है, जिसका मूल लक्ष्य है कि जनता की सुविधाओं को बढ़ाते हुए वर्ष 2047 तक भारत को दुनिया का विकसित राष्ट्र बनाना है। भूपेन्द्र यादव ने कहा कि विज्ञान प्रौद्योगिकी, पर्यावरण आधारित विकास, ग्रीन रोड डेवलपमेंट, चंद्रयान को चंद्रा पर उतारने जैसी क्षमताओं के साथ भारत ने अपने मूल विरासत अर्थात सांस्कृतिक और अध्यात्मिक पक्षों को लेकर दुनिया में अपनी एक पहचान बनायी है।

वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने कार्यभार संभालने के बाद योग को केंद्र बिन्दु में रखा है और योग आज अंतर्राष्ट्रीय  योग दिवस के रूप में मनाया जाता है। वाराणासी में स्वर्वेद मंदिर की तस्वीरें देखकर लगता है कि योग, ज्ञान, विज्ञान, अध्यात्म को लेकर भारत दुनिया में सॉफ्ट पावर के रूप में उभर रहा है। इसलिए भारत में “एलिफेंट विस्पर” जैसी मूवी को अंतरर्राष्ट्रीय  स्तर पर मान्यता मिलती है।  भपेंद्र यादव ने कहा कि भारत की विकास कहानी नित्य नए आयाम गढ़ रही है। रिफॉर्म, परफॉर्म, ट्रांसफॉर्म की दृष्टि से भारत में आज 11 इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बने हैं। भारत ने अनेक देशों के साथ व्यापारिक क्षमताओं के लिए अपनी सक्रियता बढ़ायी है। जेनरिक दवा के उत्पादन में भी भारत लीडिंग प्रोड्यूसर बना है।

नए तकनीक को अपनाकर देश की क्षमता को आगे बढ़ाया गया है। भारत ने गवर्नेंस की प्रोसेस में शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन प्रक्रिया को लागू किया है। भारत की इन्फॉरमेशन टेक्नोलॉजी की इंडस्ट्रीज 227 बिलियन डॉलर की हो गयी है। देश में डेटा पॉलिसी भी लाई गई है। भारत अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपने स्टैचर को आगे बढ़ाया है। प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और देश की जनता के योगदान के कारण भारत आज दुनिया में विशिष्ट स्थान बनाया है। देश के विजन एवं क्षमता को दुनिया द्वारा स्वीकार करने की बात करते हुए  यादव ने कहा कि आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंटोनी अल्बनीस हो, या चाहे इटालियन पीएम जार्जिया मेलोनी हो, चाहे गूगल कंपनी के सीईओ सुंदर पिचाई हो, वे सभी लोगों ने  प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी  की क्षमता, नेतृत्व, विजन और विकास की धारा को सराहा है और उसे स्वीकार किया है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बहुपक्षीय वार्ताओं में प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी  के प्रति सम्मान दिखता है।

यूएन सम्मेलन में शुभारंभ संभाषण के लिए प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी  को आमंत्रित किया जाता है। कॉप-2.8 की बैठक में जब वित्तीय डायलॉग की बात हुई तो वहां भी प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी  को ओपनिंग रिमार्क के लिए आमंत्रित किया गया। उसके बाद दुनिया के बड़े नेता पैनल डिस्कशन शुरू हुए। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने भारत के विजन एवं मिशन को दुनिया के सामने रखा है और उसे लेकर आगे बढ़ रहे हैं। यही कारण है कि देश का युवा आज जॉब गिवर बन रहा है, न कि जॉब सीकर।

नए आंकड़ों के अनुसार, महिलाओं का स्वरोजगार एवं उद्यम क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ी हैं।भपेंद्र यादव ने कहा कि देश में सबसे बड़ा र्स्टाटअप इकोसिस्टम बना है और भारत में प्रति दिन एक नया र्स्टाटअप खुल रहा है। स्टार्टअप मामले में भारत दुनिया में दूसरे स्थान पर और यूनिकॉर्न में तीसरे स्थान पर खड़ा है। 2021 में एक दिन में 29 यूनिकॉर्न बना था और वर्ष 2022 में एक दिन में 9 यूनिकॉर्न बने हैं। भारत ने दुनिया को क्लाईमेट एक्शन प्रोग्राम दिया है। प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी  ने 2019 में लीडआईडी अर्थात लीडरशीप ऑफ इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट के तहत ग्रीन इंडस्ट्रीज अर्थात ट्रांसपोर्ट, एल्युमिनियम सेक्टर आदि को ग्रीन इंडस्ट्रीज में परिवर्तित करने की शुरूआत की थी। प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी  द्वारा लीडआईडी-2.0 शुरू की गयी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दुनिया में समाप्त हो रहे जंगल को बचाने के लिए भारत ने यूएई से मिलकर कॉप बैठक में ग्रीन इनिशिएटिव शुरू किया है। इंटरनेशनल सोलर लाइट के माध्यम से रिन्युएबल इनर्जी की क्षमता को 33 प्रतिशत तक वृद्धि करने पर जोर दिया है। 2015 में पेरिस अनुबंध के बाद भारत ने नौ साल पहले अपनी क्षमता को पूरा किया है, चाहे सोलर रिन्युएबल की क्षमता हो, चाहे कार्बन इमिशन को कम करने की क्षमता हो। देश ने अपने बायो डायवर्सिटी की क्षमता को भी आगे बढ़ाया है। प्राकृतिक आपदा के दौरान विध्वंस से जानमाल की रक्षा करने के लिए आधारभूत संरचना विकसित करना और क्षमता का विस्तार करने के लिए भारत ने सीडीआर तैयार किया है।

****************************

 

भारतीय तटरक्षक बल ने बाढ़ राहत में तमिलनाडु सरकार की सहायता की

नई दिल्ली 19 दिसंबर (एजेंसी)। श्रीलंका और तमिलनाडु के दक्षिणी जिलों के क्षेत्रों में बंगाल की खाड़ी के दक्षिणपूर्व में चक्रवाती की वजह से तमिलनाडु में बाढ़ की वजह से राज्य प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फंसे नागरिकों को बचाने और स्थानीय आबादी को राहत सामग्री की आपूर्ति के लिए सहायता मांगने के बाद भारतीय तटरक्षक बल ने तमिलनाडु में बचाव और राहत कार्यों के लिए छह आपदा राहत दल (डीआरटी) तैनात किए हैं।

तूतीकोरिन के तटीय क्षेत्रों में स्थिति की निगरानी करने और समुद्र और तटीय स्थानों पर किसी भी घटना का जवाब देने के लिए आईसीजी के एक अपतटीय गश्ती जहाज (ओपीवी) को एक अभिन्न हेलीकॉप्टर के साथ भी तैनात किया गया है।

श्रीलंका और तमिलनाडु के दक्षिणी जिलों के क्षेत्रों में बंगाल की खाड़ी के दक्षिणपूर्व में चक्रवाती परिसंचरण के परिणामस्वरूप 17-18 दिसंबर 2023 को अभूतपूर्व बारिश हुई, जिससे तिरुनेलवेली और थूथुकुडी जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।

वर्तमान में, तूतीकोरिन में मोबाइल संचार नेटवर्क सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। तूतीकोरिन में स्थित भारतीय तटरक्षक जिला मुख्यालय संख्या 16 तिरुनेलवेली और थूथुकुडी दोनों जिलों के जिला प्रशासन के साथ घनिष्ठ समन्वय बनाए हुए है।

तूतीकोरिन हवाई अड्डे के बंद होने के बाद, भारतीय तटरक्षक बल चेन्नई से प्रमुख एनडीआरएफ कर्मियों के परिवहन सहित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बचाव और राहत प्रयासों का समर्थन करने के लिए मदुरै में एक फिक्स्ड विंग डोर्नियर विमान और एक एएलएच हेलीकॉप्टर तैनात करके क्षेत्र में अपनी संपत्ति बढ़ा रहा है।

अंतरिम में, चप्पू नौकाओं, कयाक के साथ एक बचाव गोताखोर टीम और तटरक्षक स्टेशन मंडपम से एक आपदा राहत टीम को बचाव प्रयासों में सहायता के लिए तूतीकोरिन भेजा गया है।

**********************

 

2024 लोकसभा चुनाव लड़ेंगी बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत? पिता ने दिया बड़ा अपडेट

नई दिल्ली 19 Dec, (एजेंसी): बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत के अगले साल 2024 में लोकसभा चुनाव में खड़े होने की खबरें सामने आ रही हैं, जिसको लेकर हाल ही में एक्ट्रेस के पिता ने भी अपनी बात रखी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अदाकारा के पिता ने कहा कि भाजपा को यह तय करना है कि उनकी बेटी कहां से चुनाव लड़ेगी।

कंगना रनौत के पिता नाम अमरदीप रनौत है। उन्होंने कहा कि कंगना बीजेपी के टिकट पर ही इलेक्शन लड़ेंगी। जब उनसे यह पूछ गया कि वह किस सीट से खड़ी होंगी तब उन्होंने कहा कि यह फैसला तो पार्टी लेगी।

कंगना रनौत ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से दो दिन पहले ही मुलाकात की थी। यह मीटिंग कुल्लू स्थित एक्ट्रेस के घर पर हुई थी। मुलाकात के बाद से ही इस तरह की चर्चा जोर पकड़ चुकी है कि कंगना को लोकसभा चुनाव में भदवा दल से टिकट मिल सकता है।

अब उनके पिता ने खुद भी इसकी पुष्टि कर दी है। हालांकि, इसे लेकर अभी तक अभिनेत्री की ओर से कोई बयान नहीं आया है। माना जा रहा है कि कंगना के इलेक्शन में खड़े होने को लेकर तैयारियां अभी शुरुआती चरण में हैं और कुछ दिनों बाद वह खुद ही इसका ऐलान कर देंगी।

*************************

 

संसद सुरक्षा उल्लंघन पर अमित शाह के बयान की मांग जारी रखेगा इंडिया अलायंस, खड़गे से मुलाकात के बाद विपक्षी गुट के नेताओं का फैसला

नई दिल्ली 19 Dec, (एजेंसी): भारतीय राष्ट्रीय विकासात्मक समावेशी गठबंधन (इंडिया) के नेताओं ने मंगलवार को राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की और यह निर्णय लिया गया कि बाकी सांसद 13 दिसंबर को संसद सुरक्षा उल्लंघन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान के लिए दबाव बनाते रहेंगे। राकांपा नेता शरद पवार सहित विपक्षी गुट के नेताओं ने सुबह संसद परिसर में खड़गे से उनके कक्ष में मुलाकात की।

नेताओं के मुताबिक, इंडिया ब्लॉक के सांसद संसद में शाह के बयान की मांग जारी रखेंगे, जबकि निलंबित विधायक महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन करेंगे। कुल 93 सांसदों को शेष शीतकालीन सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया है। सोमवार को राज्यसभा के 45 सांसदों और लोकसभा के 33 सांसदों को निलंबित कर दिया गया। 14 दिसंबर को कुल 14 लोकसभा और राज्यसभा सांसदों को निलंबित कर दिया गया था।

13 दिसंबर को शून्यकाल की कार्यवाही के दौरान दो लोग लोकसभा में घुस गए और दर्शक दीर्घा से कूदकर सदन के अंदर पीला रंग का धुआं फेंक दिया। दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा उल्लंघन मामले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया है। यह सुरक्षा उल्लंघन 13 दिसंबर, 2001 को संसद पर हुए आतंकी हमले की 22वीं बरसी के साथ हुआ।

***************************

 

जम्मू में रोहिंग्याओं को आश्रय देने वाले मददगारों के खिलाफ कार्रवाई

जम्मू 19 Dec, (एजेंसी): जम्मू पुलिस ने एक बड़े अभियान के तहत कई छापे मारकर जम्मू में रोहिंग्याओं को आश्रय देने वाले मददगारों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक बयान में कहा गया, “आज, उन सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई, जो देश के गैर-नागरिकों, रोहिंग्याओं को आश्रय प्रदान करने और सरकारी लाभ दिलाने में मददगार रहे हैं।”

“इन एफआईआर में बाहरी देश विदेशियों के लोगों (रोहिंग्या) को शरण देने का आरोप पाया गया है।”

पुलिस ने कहा कि मजिस्ट्रेटों की मौजूदगी में जम्मू जिले के विभिन्न स्थानों पर जहां गैर नागरिकों को ठहराया जाता है और सुविधा देने वालों के आवासीय स्थानों पर भी तलाशी ली गई।

पुलिस ने कहा, “तलाशी के दौरान अवैध रूप से हासिल किए गए भारतीय दस्तावेज जैसे पैन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक दस्तावेज और अन्य आपत्तिजनक चीजें जब्त की गई।”

“मामले की जांच शुरू हो गई है और अन्य विवरण बाद में साझा किए जाएंगे। भविष्य में ऐसे सभी डिफॉल्टरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

******************************

 

प्यार और ब्लैकमेलिंग में गई पुजारी की जान, पुलिस ने 2 महिला सहित 3 को किया गिरफ्तार

गोपालगंज 19 Dec, (एजेंसी): बिहार के गोपालगंज में एक पुजारी की चर्चित हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस का दावा है कि इस मामले के पीछे प्रेम प्रसंग और फिर ब्लैकमेलिंग है।

सारण के पुलिस उप महानिरीक्षक विकास कुमार ने कहा कि पुजारी मनोज साह की हत्या उसकी पुरानी प्रेमिका रही महिला ने ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर अन्य लोगों के साथ मिलकर कर दी।

मृतक को मंदिर का केयर टेकर बताते हुए उन्होंने कहा कि गांव की युवती के साथ मृतक का प्रेम- प्रसंग था। युवती की शादी होने के बाद उसे वह ब्लैकमेल करने लगा, जिससे परेशान होकर युवती ने अपने घरवालों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

उन्होंने घटना का खुलासा करते हुए कहा कि बीते 10 दिसंबर को युवती ने फोन कर मनोज साह को बुलाया, उसके बाद तीन से चार दिनों तक एक कमरे में बंद कर पिटाई की और फिर उसकी निर्मम तरीके से हत्या कर दी।

15 दिसंबर को मनोज का शव झाड़ी से बरामद किया गया।

इस मामले में पुलिस ने अब तक नेहा कुमारी, सुनीता देवी और अमित कुमार को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी के घर से खून से सना सलवार सूट, दुपट्टा आदि चीजें बरामद कर ली गई हैं।

अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि मांझागढ़ थाना क्षेत्र से मनोज साह का 15 दिसंबर को शव बरामद किया गया था, जिसके बाद लोगों ने जमकर बवाल काटा था। इस हत्या को लेकर सियासत भी शुरू हो गई थी।

*************************

 

आडवाणी व जोशी से राम मंदिर प्रतिष्ठा समारोह में शामिल न होने का क‍िया अनुरोध : चंपत राय

अयोध्या 19 Dec, (एजेंसी): अयोध्या में राम मंदिर के लिए आंदोलन का नेतृत्व करने वाले भाजपा के दिग्गज नेता एल.के. आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी से अगले महीने मंदिर के प्रतिष्ठा समारोह में शामिल नहीं होने का अनुरोध किया गया है।

राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने संवाददाताओं से कहा, “दोनों परिवार के बुजुर्ग हैं और उनकी उम्र और स्वास्थ्य को देखते हुए उनसे न आने का अनुरोध किया गया है, जिसे दोनों ने स्वीकार कर लिया।”

राय ने कहा कि 22 जनवरी को अभिषेक समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं, इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे।

उन्होंने कहा, तैयारियां 15 जनवरी तक पूरी हो जाएंगी और ‘प्राण प्रतिष्ठा’ के लिए पूजा 16 जनवरी से शुरू होगी और 22 जनवरी तक चलेगी।

आमंत्रित लोगों की विस्तृत सूची देते हुए राय ने कहा कि स्वास्थ्य और उम्र संबंधी कारणों से आडवाणी और जोशी अभिषेक समारोह में शामिल नहीं हो सकते हैं।

आडवाणी अब 96 साल के हैं और जोशी अगले महीने 90 साल के हो जाएंगे।

राय ने कहा, पूर्व प्रधान मंत्री देवेगौड़ा से मिलने और उन्हें समारोह में आमंत्रित करने के लिए तीन सदस्यीय टीम का गठन किया गया है।

उन्होंने कहा, “छह दर्शनों (प्राचीन विद्यालयों) के शंकराचार्य और लगभग 150 साधु-संत समारोह में भाग लेंगे।”

उन्होंने कहा कि समारोह के लिए लगभग 4,000 संतों और 2,200 अन्य मेहमानों को आमंत्रित किया गया है।

राय ने कहा कि काशी विश्वनाथ, वैष्णो देवी जैसे प्रमुख मंदिरों के प्रमुखों और धार्मिक और संवैधानिक संस्थानों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।

उन्होंने कहा, आध्यात्मिक नेता दलाई लामा, केरल की माता अमृतानंदमयी, योग गुरु बाबा रामदेव, सिने स्टार रजनीकांत, अमिताभ बच्चन, माधुरी दीक्षित, अरुण गोविल, फिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर और प्रमुख उद्योगपति मुकेश अंबानी, अनिल अंबानी, प्रसिद्ध चित्रकार वासुदेव कामत, इसरो निदेशक नीलेश देसाई और कई अन्य प्रतिष्ठित हस्तियों को समारोह में आमंत्रित किया गया है।

प्रतिष्ठा समारोह के बाद, अनुष्ठान परंपराओं के अनुसार 24 जनवरी से 48 दिनों तक ‘मंडल पूजा’ आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि मंदिर 23 जनवरी को भक्तों के लिए खोला जाएगा।

राय ने कहा कि अयोध्या में तीन से अधिक स्थानों पर मेहमानों के ठहरने की उचित व्यवस्था की गई है. इसके अलावा विभिन्न मठों, मंदिरों एवं गृहस्थ परिवारों द्वारा 600 कमरे उपलब्ध कराये गये हैं।

इस बीच, अयोध्या नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने प्रतिष्ठा समारोह की तैयारी शुरू कर दी है।

नगर आयुक्त विशाल सिंह ने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए फाइबर टॉयलेट लगाए जाएंगे और महिलाओं के लिए निर्धारित स्थानों पर चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि राम जन्मभूमि परिसर में ‘राम कथा कुंज’ गलियारा बनाया जाएगा, इसमें भगवान राम के जीवन की 108 घटनाओं को प्रदर्शित करने वाली झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी।

*************************

 

कोरोना के खतरे को लेकर सरकार अलर्ट, इन लोगों के लिए मास्क किया अनिवार्य

नई दिल्ली 19 Dec, (एजेंसी): देश में कोरोना के बढ़ते मामलों ने एक बार फिर से चिंता बढ़ा दी है। इसके खतरे को देखते हुए कर्नाटक सरकार ने 60 साल से ज्यादा उम्र के लोगों के लिए मास्क को अनिवार्य कर दिया है। कर्नाटक सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए दारी एडवायजरी में कहा है कि 60 साल से अधिक उम्र वालों को जिन्हें दिल की बीमारी है, किडनी की बीमारी है या फिर बुखार, सर्दी आदि है उनके लिए मास्क पहनना अनिवार्य है।

कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने कहा कि कर्नाटक सरकार ने फैसला लिया है कि केरल में कोरोना के सबवैरिएंट जेएन.1 का मामला सामने आने के बाद मंगलवार को इसको लेकर एक एडवायजरी जारी की गई है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हमने एडवायजरी कमेटी के साथ बैठक की है। बैठक में कई अहम पहलुओं पर चर्चा की गई। यह बैठक टीएसी चीफ रवि की अध्यक्षता में की गई। बैठक में आगे की क्या रणनीति हो, इसपर चर्चा हुई है। उन्होंने इस बारे में केंद्र सरकार से भी चर्चा की है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अस्पताल और हेल्थ सेंटर में जरूरी तैयारियों के लिए पहले ही निर्देश दिए जा चुके हैं। प्रदेश सरकार की ओर से सीमावर्ती जिलों में सतर्कता बढ़ाने के लिए भी कहा गया है। कोडगू, मैंगलुरू, चमराजनगर जैसे सीमावर्ती जिलों में सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है।

***********************

 

खौफनाक! चाय बनाने को लेकर हुआ विवाद, पति ने तलवार से काट दी पत्नी की गर्दन; हुआ फरार

गाजियाबाद 19 Dec, (एजेंसी): गाजियाबाद के भोजपुर थाना इलाके में मंगलवार सुबह एक पति-पत्नी के बीच चाय बनाने को लेकर विवाद हो गया। इस विवाद के चलते पति ने घर में रखी धारदार तलवार से पत्नी की गर्दन पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। उसके बाद वह फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी पति की तलाश कर रही है।

गाजियाबाद के थाना भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव फ़जलगढ़ में मंगलवार सुबह करीब 6 बजे धर्मवीर नाम के एक व्यक्ति का अपनी पत्नी सुंदरी (50) से सुबह सुबह चाय बनाने को लेकर विवाद हो गया। पति इतने ज्यादा गुस्से में आ गया कि उसने घर के अंदर रखी धारदार तलवार ली और पत्नी, जो चूल्हे पर चाय बना रही थी, उसको पीछे से उसकी गर्दन पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सुंदरी और धर्मवीर के पांच बच्चे हैं। जिस समय यह घटना हुई, बच्चे सो रहे थे। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी धर्मवीर फिलहाल फरार है, उसकी तलाश की जा रही है और जल्द हिरासत में लेकर कार्रवाई की जाएगी।

***************************

 

नियमों की अवहेलना के कारण लोकसभा से 50 से ज्यादा सासंद निलंबित

नई दिल्ली 19 Dec, (एजेंसी) । लोकसभा की कार्यवाही में बाधा पहुंचाने के आरोप में लोकसभा से 50 से ज्यादा सांसदों को निलंबित कर दिया गया है। लोकसभा में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सुप्रिया सुले, मनीष तिवारी, शशि थरूर, मोहम्मद फैसल, कार्ति चिदंबरम, सुदीप बंधोपाध्याय, डिंपल यादव और दानिश अली सहित अन्य विपक्षी सांसदों को निलंबित करने का प्रस्ताव रखा था। अध्यक्ष द्वारा उनका प्रस्ताव मंजूर कर लिया गया।

आपको बता दे की एक दिन पहले 33 लोकसभा सांसद निलंबित किए गए थे जिनमे अधीर रंजन चौधरी, गौरव गोगोई, एन्टो एंटोनी, के. मुरलीधरन, के सुरेश, अमर सिंह, राजमोहन उन्नीथन, सु थिरूनवुक्करास, विजयकुमार वसंत, के जयकुमार, अब्दुल खालिक, टीआर बालू, ए राजा, दयानिधि मारन, गणेशन सेल्वम, सी एन अन्नादुरई, टी. सुमति, एस. एस. प्लानिमणिक्कम, एस. रामलिंगम, वी कलानिधि, कल्याण बनर्जी, सौगत राय, शताब्दी राय, असित कुमार माल, प्रतिमा मंडल, काकोली घोष, सुनील मंडल, प्रसून बनर्जी, अपरूपा पोद्दार, ईटी मोहम्मद बशीर, कनी के नवस, कौशलेंद्र कुमार और एनके प्रेमचंद्रन को लोकसभा से निलंबित कर दिया गया।

इससे पहले 14 दिसम्बर को लोकसभा की कार्यवाही में बाधा पहुंचाने के आरोप में 14 सांसदों को संसद के वर्तमान शीतकालीन सत्र की बची हुई अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया था।

निलंबित किए गए 14 सांसदों में कांग्रेस के 9 सांसद, हिबी ईडन, एस. ज्योतिमणि, टी एन प्रथापन, राम्या हरिदास, डीन कुरियाकोस, वीके श्रीकंदन, बेहनन बैन्नी,मोहम्मद जावेद और माणिक्कम टैगोर के अलावा डीएमके के 2 सांसद कनिमोझी एवं एसआर पार्थिबन, सीपीआई (एम) के 2 सांसद पीआर नटराजन एवं एस वेंकटेशन के साथ ही सीपीआई के एक सांसद के सुब्बारायण भी शामिल थे।

************************

 

ज्ञानवापी मामले में मुस्लिम पक्ष को झटका, हाईकोर्ट ने खारिज की सभी पांच याचिकाएं

प्रयागराज 19 Dec, (एजेंसी) । वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ-ज्ञानवापी भूमि स्वामित्व विवाद मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मंगलवार को बड़ा आदेश दिया है। ज्ञानवापी मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से मुस्लिम पक्ष को बड़ा झटका लगा है। ज्ञानवापी परिसर का समग्र सर्वेक्षण कराने के निर्देश को चुनौती देने वाली सभी पांच याचिकाएं कोर्ट ने मंगलवार को खारिज कर दी।

न्यायमूर्ति रोहित रंजन अग्रवाल ने सुनवाई के दौरान कहा कि वर्ष 1991 में वाराणसी की अदालत में दायर मूल वाद पोषणीय (सुनवाई योग्य) है और यह पूजा स्थल अधिनियम, 1991 से निषिद्ध नहीं है।

कोर्ट ने कहा कि मुकदमा देश के दो प्रमुख समुदायों को प्रभावित करता है।

हाईकोर्ट ने कहा कि हम वाराणसी जिला ट्रायल कोर्ट को छह महीने में मुकदमे का फैसला करने का निर्देश देते हैं।

एक वकील ने बताया कि यह याचिकाएं ज्ञानवापी मस्जिद का प्रबंधन करने वाली अंजुमन इंतेजामिया मस्जिद कमेटी और उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड द्वारा दायर की गई थीं। इन याचिकाओं में वाराणसी की अदालत के आठ अप्रैल 2021 को दी गई उस व्यवस्था को भी चुनौती दी गई थी, जिसमें ज्ञानवापी मस्जिद का सर्वेक्षण कराने का निर्देश दिया गया था।

न्यायमूर्ति रोहित रंजन अग्रवाल ने सिविल वाद की पोषणीयता पर मुस्लिम पक्ष की आपत्ति को आधारहीन करार देते हुए कहा कि परिसर का सर्वे कराने के आदेश में कोई कानूनी खामी नहीं है। कोर्ट ने सभी अंतरिम आदेश भी समाप्त कर दिए हैं।

ज्ञानवापी प्रकरण में इलाहाबाद हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने कहा कि यह फैसला ऐतिहासिक है क्योंकि सभी पक्षों को यह कहा गया है कि मामले को 6 महीने में निस्तारित किया जाए और याचिकाओं को खारिज किया है। अगर एक पक्ष पीड़ित है तो उसके लिए ऊपर की अदालत खुली है।

*******************************

 

राज्यपाल से विदेश सेवा के अधिकारियों ने की मुलाकात

जयपुर 19 Dec, (एजेंसी) । राज्यपाल कलराज मिश्र से भारतीय विदेश सेवा के वर्ष 1998 और 1999 के तीन अधिकारियों ने मंगलवार को राज भवन में मुलाकात की। राज्यपाल से इन अधिकारियों की यह शिष्टाचार भेंट थी।

राज्यपाल ने विदेश सेवा के अधिकारियों से संवाद करते हुए राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव रखते हुए भारतीय संस्कृति और गौरव के प्रसार के लिए कार्य करने का आह्वान किया। हरिशचंद्र माथुर राज्य लोक प्रशासन संस्थान के अतिरिक्त महानिदेशक महेंद्र सोनी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे

****************************

 

मध्य प्रदेश विधानसभा में नेहरू की तस्वीर हटाकर अंबेडकर की लगाए जाने का मामला गरमाया

भोपाल 19 Dec, (एजेंसी) । मध्य प्रदेश विधानसभा में स्पीकर की कुर्सी के पीछे लगी देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की तस्वीर के स्थान पर संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर की तस्वीर लगाए जाने के मामले ने सियासी रंग ले लिया है।

कांग्रेस इस पर सवाल उठा रही है, वहीं भाजपा के नेताओं ने कहा है कि आखिर ऐसा करने में बुराई क्या है।

राज्य विधानसभा में स्पीकर की कुर्सी के पीछे एक तरफ जहां महात्मा गांधी तो दूसरी ओर प्रथम प्रधानमंत्री नेहरू की तस्वीर लगी हुई थी। मगर अब नेहरू की जगह अंबेडकर की तस्वीर लग गई है। इस मामले पर कांग्रेस ने एतराज जताया है। साथ ही नेहरू की तस्वीर लगाए जाने की मांग की है।

कांग्रेस के मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष अब्बास हफीज ने कहा है कि नेहरू की तस्वीर हटाना द्वेषपूर्ण भावना है। देश के पहले प्रधानमंत्री को बार-बार अपमानित किया जा रहा है। यह बीजेपी की आदत बन चुकी है। इतिहास से नाम हटाने के प्रयास किया जा रहे है। अंबेडकर और नेहरू जी की लड़ाई बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं जो तस्वीर 50 साल से विधानसभा में गरिमा पूर्ण तरीके से लगी हुई थी, उसे हटाकर डॉ अंबेडकर की तस्वीर लगाई गई है। इससे जाहिर होता है कि भाजपा विवाद चाहती है।

कांग्रेस ने कहा कि भाजपा को साफ करना चाहिए कि आखिर तस्वीर हटाने का मकसद उसका क्या है।

वहीं भाजपा के विधायक रामेश्वर शर्मा, गोविंद राजपूत और कृष्णा गौर ने डॉ अंबेडकर की तस्वीर लगाए जाने का स्वागत किया और कहा कि कांग्रेस बताए कि उसे आखिर तस्वीर लगाए जाने पर आपत्ति क्यों हैं।

बताया गया है कि यह तस्वीर वर्ष 1997-98 से पुराने विधानसभा भवन मिंटो हाॅल से लाकर इस विधानसभा के नए भवन में लगाई गई थी। मगर पिछले दिनों इसमें बदलाव की बात कही जा रही है।

वर्तमान के प्रोटेम स्पीकर गोपाल भार्गव का कहना है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि आखिर ऐसा हुआ क्यों, इसका वे पता करेंगे कि आखिर ऐसा हुआ क्यों। उन्होंने ऐसा कोई आदेश दिया ही नहीं है।

*******************************

 

हिंदू समूहों ने कर्नाटक धार्मिक मेले में मुस्लिम विक्रेताओं पर की प्रतिबंध लगाने की मांग

विजयपुरा 19 Dec, (एजेंसी) । हिंदू समूहों और श्री राम सेना के सदस्यों ने मंगलवार को कर्नाटक के विजयपुरा जिले में प्रसिद्ध ऐतिहासिक श्री सिद्धेश्वर संक्रमण धार्मिक मेले में मुस्लिम विक्रेताओं के व्यवसाय करने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।

समूहों ने मुस्लिम विक्रेताओं को अनुमति दिए जाने पर विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी दी।

इस धार्मिक मेले का इतिहास सौ साल से अधिक पुराना है और यह मकर संक्रांति के दौरान आयोजित किया जाता है।

मेले की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इसमें उत्तरी कर्नाटक और महाराष्ट्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं।

इससे पहले दिन में, हिंदू कार्यकर्ता मंदिर के सामने एकत्र हुए। उन्होंने कहा कि वे इस मुद्दे पर भाजपा विधायक बसनगौड़ा पाटिल यतनाल को एक ज्ञापन सौंपेंगे।

कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि मुस्लिम विक्रेताओं को राज्य में हिंदू मंदिर परिसरों और धार्मिक मेलों में व्यापार करने की अनुमति नहीं है, और सिद्धेश्वर संक्रमण मेले में भी इसी तरह का निर्णय लिया जाना चाहिए।

*******************************

 

सोनिया गांधी को तेलंगाना से लोकसभा चुनाव लडऩे के लिए किया गया आमंत्रित

हैदराबाद ,18 दिसंबर (एजेंसी)। कांग्रेस की तेलंगाना इकाई ने सोमवार को कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष और पूर्व पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को राज्य से आगामी लोकसभा चुनाव लडऩे के लिए आमंत्रित किया।

राज्य की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) ने सोमवार को हैदराबाद में अपनी बैठक में एक प्रस्ताव पारित किया, जिसमें सोनिया गांधी से राज्य से लोकसभा चुनाव लडऩे का अनुरोध किया गया।

इसमें याद दिलाया गया कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी 1980 में मेडक से लोकसभा के लिए चुनी गईं थीं और उन्होंने सोनिया गांधी से उसी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लडऩे का अनुरोध किया था।

वरिष्ठ नेता मोहम्मद अली शब्बीर ने मीडियाकर्मियों को बताया कि पीएसी ने तेलंगाना के गठन के लिए सोनिया गांधी को धन्यवाद दिया।
पीएसी की बैठक की अध्यक्षता तेलंगाना के प्रभारी राष्ट्रीय महासचिव माणिकराव ठाकरे ने की।

राज्य में कांग्रेस पार्टी के सत्ता में आने के बाद निकाय की पहली बैठक में प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क, मंत्री, पीएसी सदस्य और वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

तीन घंटे तक चली बैठक में तीन प्रस्ताव पारित किये गये। इसने कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिए तेलंगाना के लोगों को धन्यवाद दिया। इसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और हाल के चुनावों में पार्टी के लिए प्रचार करने वाले सभी कांग्रेस नेताओं को भी धन्यवाद दिया गया।

कांग्रेस ने 119 सदस्यीय विधानसभा में 64 सीटें हासिल करके भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) से सत्ता छीन ली।

******************************

 

जब प्रधानमंत्री ने काशी की लाभार्थी महिला से पूछा, चुनाव लड़ोगी

वाराणसी ,18 दिसंबर (एजेंसी)। विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान हर कोई उस समय आश्चर्यचकित रह गया, जब एक लाभार्थी महिला से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूछ लिया कि क्या वो चुनाव लड़ेंगी।

दरअसल, सोमवार को वाराणसी के सेवापुरी ब्लॉक स्थित बरकी ग्राम सभा में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान मेरी कहानी मेरी जुबानी कार्यक्रम में पीएम मोदी के सामने लाभार्थी चंदा देवी अपने अनुभवों को साझा कर रही थीं।

चंदा देवी के आत्मविश्वास से प्रभावित प्रधानमंत्री ने उनसे पूछा कि आपकी पढ़ाई कितनी हुई है। चंदा देवी ने बताया कि वो इंटर तक पढ़ी हुई हैं। इस पर प्रधानमंत्री ने पूछा कि आप इतना बढिय़ा भाषण देती हैं, क्या पहले चुनाव लड़ चुकी हैं? इस पर चंदा देवी ने इनकार किया।
इसके तुरंत बाद प्रधानमंत्री ने चंदा देवी से पूछा कि क्या आप चुनाव लड़ेंगी? चंदा देवी ने कहा कि वो चुनाव नहीं लड़ेंगी, मगर वो प्रधानमंत्री से प्रभावित हैं।

उन्होंने कहा कि आपके प्रयासों से हम कदम मिलाकर चलना चाहते हैं। आपके सामने उपस्थित होना और दो बातें कहना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। प्रधानमंत्री ने चंदा देवी से उनके बच्चों की पढ़ाई के बारे में भी पूछा। यह भी पूछा कि कामकाजी महिला होने पर परिवार का ध्यान रखने में कोई दिक्कत तो नहीं।

***************************

 

केंद्र सरकार ने राज्यों की जारी की एडवाइजरी, बिल्कुल भी लापरवाही न बरतें

नई दिल्ली 18 Dec, (एजेंसी)- कोराेना के नए वैरिएंट जेएन.1 का खाैफ जहां व्याप्त होना शुरू हो गया है वहीं, केंद्र सरकार ने राज्यों को एडवाइजरी जारी कर दी है। एडवाइजरी में राज्यों को बिल्कुल भी लापरवाही न बरतते हुए परामर्श दिया गया है कि जिलेवार इन्फ्लूएंज जैसी बीमारी और गंभीर तीव्र श्वसन बीमारी के मामलों की निगरानी, रिपोर्ट करने और एकीकृत स्वास्थ्य सूचना मंच में विवरण अपडेट दिया जाए। राज्यों को नियमित आधार पर जिलेवार एसएआरआई और आईएलआई मामलों की रिपोर्ट और निगरानी करनी होगी।

राज्यों को ज्यादा संख्या में आरटी-पीसीआर परीक्षणों सहित पर्याप्त परीक्षण सुनिश्चित करने की सलाह दी गई, साथ ही जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए पॉजिटिव नमूने INSACOG प्रयोगशालाओं में भेजने की सलाह दी गई। इसमें कहा गया कि राज्यों को सभी जिलों में पर्याप्त परीक्षण सुनिश्चित करना चाहिए। उल्लेखनीय है कि कोविड के JN.1 वेरिएंट को ओमीक्रॉन सब-वेरिएंट BA.2.86 या पिरोला का वंशज माना जाता है।

*********************

 

ग्रेटर नोएडा में क्रेन की टक्कर से हुई बीटेक छात्रा की मौत के मामले में चालक गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा 18 Dec, (एजेंसी): ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना इलाके में एक क्रेन की टक्कर से एक बीटेक छात्र की मौत हो गई थी। यह हादसा 16 दिसंबर शनिवार को हुआ था। इसके बाद परिजनों ने लिखित शिकायत दी थी और उसपर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने क्रेन चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से क्रेन भी बरामद कर ली है।

दरसअल शनिवार को दिल्ली की रहने वाली दिव्यांशी अपने दोस्तों के साथ अपनी कार होण्डा अमेज से ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क 3 में स्थित एक कॉलेज में आई थी। इसी दौरान उनकी कार खराब हो गयी। कार खराब होने पर उसने एक क्रेन बुलाई।

क्रेन से कार टो कर ले जाते समय रास्ते में एक्सो मार्ट गोल चक्कर केबी मार्ट के पास एक ऑटो वाला बगल से निकला। ऑटो से कार होण्डा अमेज टच हो गया था, जिससे कार का शीशा टूट गया। कार का शीशा टूटने के बाद कार में बैठी लड़की ने क्रेन चालक विकास से कहा कि आपने मेरी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया है, शीशा लगावाना पड़ेगा, जो दिल्ली में सर्विस सेन्टर में डलेगा।

इसी बात को लेकर क्रेन चालक विकास भाटी व उस लड़की के बीच विवाद हो गया। क्रेन चालक विकास भाटी कार को न ले जाने की बात कहकर क्रेन लेकर आगे चलने लगा। आरोप है कि इसी दौरान लड़की क्रेन के ऊपर चढ़ गई। जिसे विकास ने गुस्से में धक्का मार कर क्रेन से गिरा दिया। जिसमें लड़की ने क्रेन को पकड़ लिया। लेकिन वह क्रेन से नीचे गिर गई।

क्रेन से गिरने के दौरान लड़की को काफी चोटें आयी। क्रेन चालक मौके से फरार हो गया। जिसके बाद उसके दोस्त उसे लेकर अस्पताल चले गए, जहां इलाज के दौरान लड़की की मौत हो गयी।

नॉलेज पार्क थाने में मृतका के परिजनों ने क्रेन चालक के खिलाफ तहरीर दी थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी क्रेन चालक को क्रेन के साथ में गिरफ्तार कर लिया है।

**************************

 

मंदिर परिसर में दो महिला पुलिसकर्मियों को Reels बनाना पड़ा महंगा, वीडियो वायरल होने के बाद हुई निलंबित

गया 18 Dec, (एजेंसी): विश्व प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है। महाबोधि मंदिर की सुरक्षा भी चाकचौबंद है। ऐसे में सुरक्षा में तैनात दो महिला पुलिसकर्मियों को मंदिर परिसर में मोबाइल फोन से रील्स बनाकर सोशल मीडिया में डालना महंगा पड़ गया। दोनो महिला पुलिसकर्मियों को कर्तव्य पालन में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।

दरअसल, महाबोधि मंदिर परिसर में किसी आगंतुक श्रद्धालुओं को मोबाइल फोन ले जाने की इजाजत नहीं है। श्रद्धालुओं के मंदिर परिसर में जाने के पहले सुरक्षा के दृष्टिकोण से गहन जांच की जाती है। बताया जाता है कि पुलिसकर्मियों को मोबाइल फोन ले जाने की छूट है। ऐसे में महाबोधि मंदिर की सुरक्षा में तैनात महिला पुलिसकर्मियों ने वर्दी में वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।

इस वीडियो के वायरल होने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने संज्ञान लिया। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से महिला पुलिस कर्मी के द्वारा महाबोधि मंदिर, बोधगया परिसर में बनाये गये वायरल वीडियो रील की सूचना प्राप्त हुई थी। वायरल वीडियो रील के संबंध में सत्यापन एवं जांच के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बोधगया एवं पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी, अस्थाई थाना कालचक्र मैदान, बोधगया को निर्देश दिया गया था। जांच में दोनों पुलिस महिला कर्मियों को अपने कर्तव्य के दौरान लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए अनुशासनिक कारवाई प्रारंभ की जा रही है।

*****************************