Category Archives: news

घर में घुसकर एक ही परिवार के 3 लोगों की गोली मारकर हत्या, इलाके में हड़कंप; पुलिस जांच में जुटी

मधेपुरा 18 Dec, (एजेंसी): बिहार के मधेपुरा जिला के सदर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने घर में घुसकर एक ही परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए। मृतकों में पति, पत्नी और पुत्र शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मधेपुरा सदर थाना के भर्राही सहायक थाना क्षेत्र के सकरपुरा गांव में अपराधियों ने एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी।

मृतकों की पहचान सूर्य नारायण साह, उनकी पत्नी अनिता देवी और उनके पुत्र प्रद्युम्न साह के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है।

मधेपुरा सदर थाना के प्रभारी राजकुमार मंडल ने सोमवार को बताया कि घटना का कारण प्रथम दृष्ट्या भूमि विवाद प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पहुंचे हैं और छानबीन कर रहे हैं।

************************

 

माफिया अतीक अहमद के फाइनेंसर नफीस बिरयानी की हार्टअटैक से मौत, उमेश पाल मर्डर केस में था आरोपी

प्रयागराज 18 Dec, (एजेंसी): माफिया अतीक अहमद के फाइनेंसर नफीस बिरयानी की हार्ट अटैक आने से इलाज के दौरान सोमवार को मौत हो गई। जानकारी के अनुसार नफीस बिरयानी को रविवार नैनी सेंट्रल जेल में हार्ट अटैक आय़ा था, जहां उसे इलाज के अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। पुलिस द्वारा नफीस का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी की जा चुकी है।

बता दें, खुल्दाबाद निवासी नफीस सिविल लाइन में ईट ऑन रेस्टोरेंट का संचालक था। उमेश पाल और उसके 2 सरकारी 2 सुरक्षा कर्मियों की हत्या में वांछित होने पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया था। कुछ दिन पहले पुलिस मुठभेड़ के दौरान नफीस को गोली लगी थी, जिसका इलाज करवा कर जेल में दाखिल कराया गया था।

हत्याकांड में नफीस का नाम आने पर वह फरार हो गया था। वहीं उस पर 50 हजार का इनाम भी घोषित किया हुआ था। लखनऊ होकर प्रयागराज आते समय नवाबगंज में पुलिस से मुठभेड़ हुई थी, जिसमें गोली लगने से नफीस घायल हो गया था। कई दिनों तक इलाज चलने के बाद उसे जेल में दाखिल किया गया।

**************************

 

कोरोना के नए वेरिएंट ने बढ़ाई चिंता, देश में 5 मौतें, WHO ने जारी की एडवाइजरी

नई दिल्ली 18 Dec, (एजेंसी): देश में एक बार फिर से कोरोना का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। कोविड-19 संक्रमण के नए वेरिएंट जेएन-1 की केरल में पुष्टि के बाद सरकार देशभर में अलर्ट मोड पर है। पिछले 24 घंटों में देश में कोरोना के 335 से अधिक मामले सामने आए है। वहीं यूपी और केरल में 5 लोगों की मौत हुई है।

उधर, डब्ल्यूएचो भारत समेत कई देशों में कोरोना के बढ़ते मामलों से चिंता में है। उसने एडवाइजरी जारी करते हुए देशों से कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह दी है।

केरल में 4 जबकि यूपी में 1 मौत की सूचना है। कोविड-19 से 5,33,316 लोगों की मौत हो चुकी है कोरोना के कारण देश में मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। वहीं, संक्रमण से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4.46 करोड़ (4,44,69,799) है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रीय रिकवरी दर 98.81 प्रतिशत आंकी गई है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कई देशों में कोरोना के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई है। संगठन ने सभी प्रभावित देशों से कड़ी निगरानी रखने और लगातार टेस्टिंग जारी रखने का अनुरोध किया है। डब्ल्यूएचओ ने वैश्विक स्वास्थ्य निकाय की कोविड-19 तकनीकी प्रमुख डॉ. मारिया वान केरखोव का एक वीडियो भी जारी किया। जिन्होंने कोरोना मामलों में वृद्धि के पीछे के कारणों को समझाया और बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी बात की।

***********************

 

वाराणसी में PM Modi ने स्वर्वेद महामंदिर का किया लोकार्पण, 35 करोड़ रुपए आई है लागत

वाराणसी 18 Dec, (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के वाराणसी के दौरे पर हैं। पहले दिन पीएम मोदी ने नमो घाट पर काशी तमिल संगमम 2023 का रिमोर्ट दबाकर उद्घाटन किया। आज पीएम मोदी स्वर्वेद महामंदिर का लोकार्पण किया। इस दौरान पीएम मोदी के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी नजर आए। बता दें कि स्वर्वेद महामंदिर के निर्माण में 35 करोड़ रुपये की लागत आई है। इस मंदिर में 24 हजार श्रद्धालुओं के बैठने की क्षमता है।

इस मंदिर की सबसे बड़ी विशेषता यह भी है कि यहां भगवान की नहीं योग साधना की पूजा होती है। दीवारों पर अद्भुत नक्काशी की गई है। 2004 में इसका निर्माण शुरू किया गया था। इस मंदिर से पीएम मोदी भावनात्मक रूप से भी जुड़े हुए हैं। उनकी मां स्वर्गीय हीराबेन भी अंतिम समय तक स्वर्वेद धाम से जुड़ी रहीं। पीएम मोदी के भाई भी इससे जुड़े हुए हैं।

स्वर्वेद महामंदिर धाम के मीडिया प्रभारी इंदू प्रकाश ने इस मंदिर की विशेषता और स्वर्वेद के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि स्वर्वेद दो शब्दों से बना है। स्वः और वेद। स्वः का मतलब आत्मा और परमात्मा होता है। वेद का मतलब ज्ञान है। जिसके द्वारा आत्मा और परमात्मा का ज्ञान हो वह ही स्वर्वेद है। बताया कि हमारे विहंगम योग संस्थान के प्रणेता संत सदाफल महाराज ने 17 वर्षों तक हिमालय में स्थित आश्रम में गहन साधना की थी। वहां से उन्हें जो ज्ञान प्राप्त हुआ उसे ही ग्रंथ के रूप में पिरो दिया गया। उसी ग्रंथ का नाम स्वर्वेद है।

मंदिर सभी तलों पर अंदर की दीवार पर लगभग चार हजार स्वर्वेद के दोहे लिखे हैं। बाहरी दीवार पर 138 प्रसंग वेद उपनिषद, महाभारत, रामायण, गीता आदि के प्रसंग पर चित्र बनाए गए हैं, ताकि लोग उससे प्रेरणा लें सकें।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर रविवार शाम को पहुंचे थे। आज पीएम मोदी का सेवापुरी विकासखंड के बरकी ग्राम सभा में विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में शामिल होने का कार्यक्रम है। इसके अलावा पीएम मोदी काशी और पूर्वांचल के लिए आज 19,155 करोड़ की 37 विकास परियोजनाओ का तोहफा भी देने जा रहे हैं। इन विकास परियोजनाओं में सड़क एवं सेतु, स्वास्थ्य एवं शिक्षा, पुलिस कल्याण, स्मार्ट सिटी एवं नगर विकास, रेलवे, एयरपोर्ट समेत कई परियोजनाएं शामिल हैं।

**************************

 

आइस स्केटिंग रिंक शिमला में सोमवार से शुरू

शिमला 18 Dec, (एजेंसी): हिमाचल प्रदेश की राजधानी में आइस स्केटिंग के शौकीनों के लिए अच्छी खबर है। शिमला के लक्कड़ बाजार में स्थित स्केटिंग रिंक में रविवार सुबह ट्रायल हुआ जो सफल रहा है। इसके बाद रिंक में सोमवार से स्केटिंग सेशन शुरू हो जाएगा। अभी फिलहाल सुबह के सेशन में ही स्केटिंग होगी।

शिमला के लक्कड़ बाजार में स्थित आइस स्केटिंग रिंक एशिया का पहला ओपन एयर रिंक है जहां आज भी प्राकृतिक रूप से बर्फ जमाई जाती है। इस रिंक को 1920 में अंग्रेजों ने बनाया था तब से लेकर हर साल यहां पर सर्दियों में प्राकृतिक रूप से बर्फ जमा कर स्केटिंग करवाई जाती है।

************************

 

 

मध्यप्रदेश : नवगठित विधानसभा का पहला सत्र आज से

भोपाल 18 Dec, (एजेंसी): मध्यप्रदेश की नवगठित सोलहवीं विधानसभा का पहला सत्र आज से प्रारंभ होगा, जिसमें मुख्य रूप से नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई जाने के साथ अध्यक्ष का निर्वाचन होगा।

इसके पहले कल विधानसभा के सामयिक अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) श्री गोपाल भार्गव ने सत्र की तैयारियों का निरीक्षण किया तथा सदन को सुचारू रूप से संचालन हेतु अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।

विधानसभा के प्रमुख सचिव अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि चार दिवसीय सत्र में 18 एवं 19 दिसंबर को नवनिर्वाचित सदस्यों को प्रोटेम स्पीकर शपथ दिलवाएंगे। इसके बाद बुधवार 20 दिसंबर को अध्यक्ष का निर्वाचन तथा राज्यपाल का अभिभाषण होगा। अगले दिन 21 दिसंबर को अन्य शासकीय कार्य संपादित होंगे।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि राज्यपाल के अभिभाषण पर कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव बुधवार को ही पेश किया जाएगा और अगले दिन गुरूवार को सत्र के अंतिम दिन कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव पर चर्चा होगी। विधानसभा अध्यक्ष के निर्वाचन तक सदन का संचालन सामयिक अध्यक्ष श्री भार्गव करेंगे।

प्रमुख सचिव श्री सिंह ने विधानसभा सत्र के पूर्व तैयारियों की समीक्षा की और सुरक्षा संबंधी व्यवस्था को पुख्ता करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष तौर पर कहा कि सुरक्षा के मामले में कोई कोताही नहीं बरती जाए।

मध्यप्रदेश में हाल में संपन्न विधानसभा चुनाव में कुल 230 सीटों में से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 163 पर विजय हासिल की है, जबकि कांग्रेस को 66 पर संतुष्ट होना पड़ा। एक अन्य विधायक भारत आदिवासी पार्टी के कमलेश्वर डोडियार हैं।

*************************

 

मोदी आज वाराणसी में दिखाएंगे वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी

वाराणसी 18 Dec, (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को अपराह्न 2.15 बजे अपने संसदी क्षेत्र उत्तर प्रदेश के वाराणसी जंक्शन (कैंट) से आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखा कर रवाना करेंगे।

उत्तर रेलवे के मुताबिक यह ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में अन्य छह दिन चलेगी। रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 22415 वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रैस ट्रेन सुबह छह बजे वाराणसी से रवाना होगी और प्रयागराज, कानपुर, चिपियाना होते हुए अपराह्न 02.05 नई दिल्ली पहुंचेगी।
वहीं ट्रेन संख्या 22416 नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रैस अपराह्न 4 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी और रात में 11.05 बजे वाराणसी पहुंचेगी। सरकार के इस पहल से यात्रियों के समय में बचत होने के साथ ही इस क्षेत्र की आर्थिक, सांस्कृतिक और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।

प्रधानमंत्री इस मौके पर रेल दावा अधिकरण के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करेंगे। साथ ही साथ ही वे जौनपुर से जौनपुर सिटी के मध्य रेलवे कॉर्ड के नवनिर्माण का भी लोकार्पण करेंगे। उल्लेखनीय है कि तीर्थ नगरी वाराणसी से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बीच चलने वाली यह दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन है। इसके साथ ही देश के विभिन्न रेल मार्गों पर चलने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेनों की संख्या 35 हो गयी है।

इससे पहले श्री मोदी ने 15 फरवरी, 2019 को वाराणसी से नयी दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी, जो भारत में परिचालित होने वाली पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन थी। तब से लेकर अब तक देश के विभिन्न रेल मार्गों पर कुल 34 जोड़ी वंदे भारत ट्रेन चल रही है।

***********************

 

ठाणे में युवती काे कुचलने के प्रयास : एसआईटी ने महाराष्ट्र के शीर्ष नौकरशाह के बेटे, दो अन्य को गिरफ्तार किया

मुंबई 18 Dec, (एजेंसी): ठाणे पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने एक युवती को गाड़ी से कुचलने के मामले में महाराष्ट्र के एक शीर्ष नौकरशाह के बेटे को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

ठाणे कासारवडावली पुलिस ने मुख्य आरोपी अश्‍वजीत गायकवाड़ और उसके दो दोस्तों रोमिल पाटिल और सागर शेल्के को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने जांच के लिए उनकी दो एसयूवी – एक स्कॉर्पियो और लैंड रोवर डिफेंडर भी जब्त कर ली हैं, जो कथित तौर पर अपराध में इस्तेमाल की गई थीं।

ठाणे के पुलिस आयुक्त जय जीत सिंह ने इस मामले की जांच के लिए डीसीपी (वी) अमर सिंह जाधव की अध्यक्षता में एसआईटी गठन की घोषणा की। शिकायतकर्ता युवती प्रिया उमेंद्र सिंह ने अश्‍वजीत और अन्य पर उस पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया था।

पुलिस आयुक्त ने कहा, “एसआईटी मामले के सभी पहलुओं पर गौर कर रही है। गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और फोरेंसिक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। अगर जांच के दौरान और तथ्यों का खुलासा होता है तो आरोपियों को फंसाने के लिए कानून की और धाराएं जोड़ी जाएंगी।”

34 वर्षीय अश्‍वजीत महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (एमएसआरडीसी) के उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक अनिलकुमार गायकवाड़ का बेटा है।

ब्यूटीशियन ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर पूरी घटना का खुलासा किया था, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, राज्य पुलिस और अन्य गणमान्य व्यक्तियों को टैग करते हुए अश्‍वजीत गायकवाड़, उसके दोस्तों रोमिल पाटिल, प्रसाद पाटिल और शेलकर का नाम लेकर कार्रवाई की मांग की थी।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब एक दिन पहले ही महाराष्ट्र कांग्रेस ने वरिष्ठ नौकरशाह के बेटे को गिरफ्तार करने में विफल रहने के लिए राज्य सरकार और पुलिस की आलोचना की थी, जिसने कथित तौर पर 11 दिसंबर को ठाणे में अपनी प्रेमिका को एसयूवी से कुचलने का प्रयास किया था।

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंधे ने कहा कि हालांकि पीड़िता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है, लेकिन ठाणे पुलिस ने अभी तक मुख्य आरोपी और उसके दोस्तों को गिरफ्तार नहीं किया है, जिन्होंने उस पर जानलेवा हमला किया था।

लोंधे ने कहा, “इसमें कुछ संदिग्ध है और यह संदेह पैदा करता है… ठाणे में एक लड़की को कार (एसयूवी) के नीचे कुचलने का प्रयास किया गया था। आरोपी अश्‍वजीत भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेता और एमएसआरडीसी प्रमुख के बेटे हैं।”

उप मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस, जिनके पास गृह विभाग है, पर तंज कसते हुए लोंधे ने कहा कि हालांकि वह एक कुशल और सक्षम नेता हैं, लेकिन अगर ठाणे जैसे शहर में ऐसी गंभीर घटना होती है, तो यह उनकी कार्यप्रणाली और दक्षता पर सवालिया निशान खड़ा करता है।”

**********************

 

पाक में मारा गया भारत का एक और दुश्मन, लश्कर आतंकी हबीबुल्लाह ढेर

नई दिल्ली 18 Dec, (एजेंसी): पाकिस्तान में इस साल कई खूंखार आतंकवादियों और खालिस्तानियों को मौत के घाट उतारा जा चुका है। इसी कड़ी में अब लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी हबीबुल्लाह के मारे जाने की खबर है।

अपुष्ट खबरों में कहा जा रहा है कि मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के करीबी हबीबुल्लाह को रविवार शाम को अज्ञात हमलावरों ने मार डाला। उस पर अज्ञात बंदूकधारियों ने फायरिंग की, जिसमें वह मारा गया। हबीबुल्लाह भारत के उड़ी में हुए आतंकी हमले में भी शामिल था। यह अटैक 2016 में हुआ था, जिसके बाद भारत ने सर्जिकल स्ट्राइक भी की थी।

***************************

 

कर्नाटक निर्वस्त्रीकरण मामला: एनएचआरसी के डीआईजी पहुंचे बेलगावी

बेंगलुरु 18 Dec, (एजेंसी): राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के डीआइजी सुनील कुमार मीणा सोमवार को कर्नाटक के बेलगावी शहर में 42 वर्षीय दलित महिला को निर्वस्त्र करने, उसके साथ मारपीट करने और उसे निर्वस्त्र घुमाने की वंटामुरी घटना की जांच करने पहुंचे।

मीना बेलगावी शहर के सर्किट हाउस में घटना के बारे में प्रारंभिक जानकारी जुटाएंगे और बाद में बेलगावी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (बीआईएमएस) अस्पताल में पीड़ित से मिलेंगे।

रविवार रात को मामला क्षेत्राधिकार वाले काकाथी पुलिस स्टेशन से आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) को स्थानांतरित किए जाने के बाद, एक महिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) के नेतृत्व में राज्य विशेष विंग के जांचकर्ता भी पीड़िता और गांव का दौरा कर रहे हैं।

टीम पीड़िता से मुलाकात करेगी और गांव में प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर सकती है। पुलिस इस मामले में पहले ही 11 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और एक मुख्य आरोपी को पकड़ा जाना बाकी है।

राज्य भाजपा ने घटना की निंदा करते हुए राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन किया। राज्य भाजपा के सूत्रों ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय जनतांत्रिक समावेशी गठबंधन (इंड‍िया) गठबंधन सहयोगियों को निशाना बनाने के लिए यह मुद्दा सोमवार को संसद में उठाए जाने की संभावना है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा ने घटना की जांच के लिए पार्टी सांसदों और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव की पांच सदस्यीय तथ्यान्वेषी समिति का गठन किया था। टीम ने बेलगावी का दौरा किया और पार्टी को रिपोर्ट सौंपी.

कांग्रेस सरकार ने पीड़िता के लिए 5 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है, जबकि बेलगावी जिला कानूनी प्राधिकरण उसे 50,000 रुपये देगा।

यह घटना 10 दिसंबर को तब हुई, जब वंतमुरी गांव की रहने वाली पीड़िता को घर से बाहर खींच लिया गया और नग्न कर दिया गया। उसके बेटे के गांव की एक लड़की के साथ भाग जाने के बाद उसे नग्न कर बिजली के खंभे से बांध कर घुमाया गया और उसके साथ मारपीट की गई। लड़की के परिजनों ने लड़के की मां पर जमकर उत्पात मचाया।

कर्नाटक उच्च न्यायालय ने घटना को रोकने में पुलिस विभाग की विफलता के लिए कांग्रेस सरकार की कड़ी आलोचना की।

मुख्य न्यायाधीश पी.बी. वराले और न्यायमूर्ति कृष्ण एस. दीक्षित की अध्यक्षता वाली पीठ ने टिप्पणी की थी, “अन्य महिलाओं में क्या डर होगा? वह देश में असुरक्षित महसूस करेंगी। ऐसा महाभारत में भी नहीं हुआ था। द्रौपदी के पास भगवान कृष्ण थे, जो उसकी मदद के लिए आगे आए, लेकिन आधुनिक दुनिया में, कोई भी उसकी मदद के लिए नहीं आया। दुर्भाग्य से, यह दुर्योधन और दुशासन की दुनिया है।”

************************

 

पिकअप वाहन और ऑटो रिक्शा में जबरदस्त भिड़ंत, 8 लोगों की मौके पर दर्दनाक मौत

मुंबई 18 Dec, (एजेंसी): महाराष्ट्र के पुणे में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। पिकअप वाहन और ऑटो रिक्शा की टक्कर में आठ लोगों की मौके पर मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार, पुणे जिले में एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना दर्दनाक था कि आठ लोगों की मौत हो गई।

पुलिस ने सोमवार को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना पुणे से 150 किलोमीटर दूर स्थित कल्याण-अहमदनगर रोड पर हुई। पुलिस के मुताबिक, रविवार रात 11:30 बजे के करीब ये हादसा हुआ। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पिकअप वाहन अहमदनगर से कल्याण की ओर जा रहा था। तभी पिंपलगांव जोगा में एक पेट्रोल पंप के पास उसकी ऑटो रिक्शा से टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि ऑटो रिक्शा और पिकअप वाहन के चालक समेत आठ लोगों की मौत हो गई है।

मरने वालों में एक पति-पत्नी और दो छोटे बच्चे शामिल हैं, जो क‍ि मढ़ में सब्जी का कारोबार करते थे। इस हादसे में मृतकों की कुल संख्या आठ है। इनमें पांच पुरुष, एक महिला और दो बच्चे शामिल हैं। मृतकों के नाम गणेश मस्करे (उम्र 30 वर्ष), कोमल मस्करे (उम्र 25 वर्ष), हर्षद मस्करे (उम्र 4 वर्ष) काव्या मस्करे (उम्र 6 वर्ष) हैं।

***************************

 

बबल टी और शराब ने करा दिया कांड! युवती की किडनी से निकाले 300 स्टोन

नई दिल्ली 18 Dec, (एजेंसी): शरीर के लिए पानी पीना बहुत जरूरी है। वहीं एक 20 साल की लड़की को पानी पीने में मजा नहीं आ रहा था तो उसने बबल टी और शराब आदि का सेवन करना शुरू कर दिया। इससे युवती की किडनी में स्टोन जमा हो गए। इस दौरान जब युवती डाक्टर के पास चैकअप के लिए गई तो युवती की किडनी में 300 से अधिक स्टोन पाए गए।

एक रिपोर्ट के मुताबिक डाक्टरों ने ऑपरेशन कर युवती की किडनी से 300 से अधिक स्टोन निकाल दिए हैं। पिछले हफ्ते पीठ के निचले हिस्से में दर्द और बुखार के बाद उसे एडमिट किया गया था। मामला ताइवान का है।

यहां जियाओ यू नाम की 20 वर्षीय लड़की को पिछले हफ्ते कुछ दिनों से अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डाक्टरों को अल्ट्रासाउंड स्कैन से पता चला कि उसकी दाहिनी किडनी तरल पदार्थों से सूज गई है और उसमें सैकड़ों किडनी स्टोन थे। सीटी स्कैन के अनुसार, स्टोन का आकार 5 मिमी और 2 सेमी के बीच था। आगे की टेस्टिंग में पता लगा कि हाई ब्लड प्रेशर की भी दिक्कत है।

रिपोर्ट के मुताबिक, डाक्टरों ने 2 घंटे की लंबी सर्जरी की और उसकी किडनी से कम से कम 300 स्टोन निकाले। प्रक्रिया के बाद, महिला की हालत स्थिर थी और कुछ दिनों बाद उसे छुट्टी दे दी गई। सर्जन डा. लिम च्ये-यांग, जिन्होंने इस ऑपरेशन को लीड किया। उनका कहना है कि गुर्दे की पथरी कुछ चीजों के कारण हो सकती है, जिसमें अपर्याप्त पानी का सेवन या कैल्शियम और प्रोटीन से भरपूर आहार न शामिल करना शामिल है। उन्होंने कहा कि पेशाब में खनिजों को पतला करने के लिए उचित पानी का सेवन महत्वपूर्ण है। यदि शरीर में पर्याप्त पानी की कमी है, तो पेशाब में खनिज आसानी से जमा हो सकते हैं, जिससे पथरी बनने का खतरा बढ़ जाता है।

******************************

 

राजस्थान, मध्‍य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्रियों ने दिल्ली में नड्डा से मुलाकात की

नई दिल्ली 18 Dec, (एजेंसी): राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के नवनियुक्त मुख्यमंत्रियों क्रमश: भजनलाल शर्मा, मोहन यादव और विष्णुदेव साय ने यहां भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से उनके आवास पर मुलाकात की। शपथ लेने के कुछ दिन बाद रविवार को तीनों मुख्यमंत्री राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे।

सीएम के अलावा, राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा भी मौजूद थे। इससे पहले दिन में शर्मा, कुमारी और बैरवा ने केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात की।

**************************

 

PM मोदी ने वाराणसी में किया काशी तमिल संगमम का उद्घाटन, काशी-कन्याकुमारी ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

वाराणसी 18 Dec, (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने द्वितीय ‘काशी तमिल संगमम’ का उद्घाटन किया। उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी के दो दिवसीय दौरे के पहले दिन नमो घाट से ‘काशी तमिल संगमम’ के दूसरे संस्करण की शुरुआत की।

‘काशी तमिल संगमम’ के दूसरे संस्करण में साहित्य, प्राचीन ग्रंथ, दर्शन, अध्यात्म, संगीत, नृत्य, नाटक, योग और आयुर्वेद पर व्याख्यान भी होंगे। इसके अतिरिक्त, “नवाचार, व्यापार, ज्ञान विनिमय, शिक्षा तकनीक और अगली पीढ़ी की प्रौद्योगिकी” पर संगोष्ठी कराने की योजना बनाई गई है। मोदी ने कन्याकुमारी से बनारस के लिए ‘काशी तमिल संगमम एक्सप्रेस’ को डिजिटल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रविवार 17 दिसंबर से 31 दिसंबर तक आयोजित होने वाले ‘काशी तमिल संगमम’ के दूसरे संस्करण के दौरान तमिलनाडु एवं पुडुचेरी के 1,400 लोग वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या की यात्रा करेंगे।

एक सरकारी बयान के मुताबिक कार्यक्रम में तमिलनाडु और काशी की कला, संगीत, हथकरघा, हस्तशिल्प, व्यंजन एवं अन्य विशेष उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसके अलावा काशी और तमिलनाडु की संस्कृतियों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा।

********************

 

उ0प्र0 पी0ए0सी0 का गौरवशाली इतिहास स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा – मुख्यमंत्री

*पी0ए0सी0 संस्थापना दिवस-2023 का आयोजन*

लखनऊ 17 दिसंबर (एजेंसी) । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने कहा कि किसी भी बल की छवि उसके जवानों के शौर्य एवं पराक्रम से निर्मित होती है। उत्तर प्रदेश पी0ए0सी0 का गौरवशाली इतिहास इस दृष्टि से स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। 17 दिसम्बर 1947 को मिलिट्री पुलिस का नाम बदलकर पी0ए0सी0 किया गया, जबकि ‘दि यूनाइटेड प्रॉविन्सेज प्रॉविन्शियल आर्म्ड कॉन्सटैबुलरी एक्ट-1948Ó के तहत इसका विधिवत गठन हुआ। वर्तमान में उत्तर प्रदेश पी0ए0सी0 के लगभग 40 हजार कार्मिक अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करते हुए राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहतर बनाने में अपना योगदान दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री आज यहां 35वीं वाहिनी पी0ए0सी0 परिसर में पी0ए0सी0 संस्थापना दिवस-2023 के आयोजन के अवसर पर अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने पी0ए0सी0 बल के समस्त अधिकारियों एवं जवानों को संस्थापना दिवस की हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि वर्ष 2001 में जब देश की संसद पर हमला हुआ था, उस समय उत्तर प्रदेश पी0ए0सी0 के जवानों के पराक्रम के कारण हमले को निष्फल करने में सफलता प्राप्त हुई थी। बहादुर जवानों ने सभी हमलावरों को अपने पराक्रम से मार गिराया और उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। देश की आस्था के प्रतीक  राम जन्मभूमि पर जब आतंकी हमला हुआ था, तब भी उस हमले को निष्फल करने का कार्य उत्तर प्रदेश पी0ए0सी0 ने किया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश पी0ए0सी0 द्वारा महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों एवं अति विशिष्ट महानुभावों की सुरक्षा ड्यूटी, एस0टी0एफ0 में कमाण्डो ड्यूटी, आतंकवाद निरोधक दस्ता (ए0टी0एस0) में कमाण्डो ड्यूटी, यातायात पुलिस ड्यूटी, यू0पी0 112 पी0आर0वी0 में पायलेट ड्राइवर ड्यूटी, प्रतिसार निरीक्षक ड्यूटी, रिक्रूट प्रशिक्षण केन्द्र प्रभारी ड्यूटी, एस0एस0एफ0, एस0डी0आर0एफ0 ड्यूटी तथा अन्य प्रदेशों में चुनाव व कानून व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाती है। प्रदेश की सुरक्षा और कानून व्यवस्था से जुड़े उत्तर प्रदेश पुलिस बल के अनेक महत्वपूर्ण संस्थान हैं, जहां पर पी0ए0सी0 के जवान ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पी0ए0सी0 की 46 ऐसी कम्पनियां, जिन्हें समाप्त कर दिया गया था, उन सभी को वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा पुनर्जीवित किया गया है। फलस्वरूप उत्तर प्रदेश पी0ए0सी0 की कुल 33 बटालियनों में 273 कम्पनियां पूर्णत: क्रियाशील हो गई हैं। वर्तमान सरकार द्वारा पी0ए0सी0 में 41,893 आरक्षियों एवं 698 प्लाटून कमाण्डरों की भर्ती की गई है। पी0ए0सी0 में पदोन्नति के लिए और अधिक अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से सशस्त्र पुलिस में 184 निरीक्षकों एवं 3,772 उपनिरीक्षकों के पदों में वृद्धि की गई है। विभागीय प्रोन्नति के अन्तर्गत 257 उपनिरीक्षक, 3,558 मुख्य आरक्षी तथा 12,774 आरक्षियों को प्रोन्नति प्रदान की गई। आरक्षी के पद पर सीधी भर्ती हेतु 10,584 आरक्षियों की भर्ती प्रक्रिया भर्ती बोर्ड में विचाराधीन है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पी0ए0सी0 बल को अत्याधुनिक अस्त्र-शस्त्रों एस0एल0आर0 एवं इन्सास राइफल तथा दंगा निरोधी उपकरणों, यथा-मल्टीशेल लॉन्चर, एण्टीराइट गन व टीयर गैस गन से सुसज्जित किया गया है। दंगा निरोधक तथा बाढ़ राहत कम्पनियों के लिए आवश्यक उपकरणों के क्रय की व्यवस्था की गई है। पी0ए0सी0 जवानों को दैनिक उपभोग का गुणवत्तायुक्त सामान और वस्तुएं बाजार मूल्य से कम दर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश में 13 मास्टर कैन्टीन एवं पी0ए0सी0 वाहिनीध्जनपदीय पुलिस लाइन्स में कुल 102 सब्सिडियरी कैन्टीन संचालित हैं। पुलिस कल्याण योजना के अन्तर्गत पुलिसध्पी0ए0सी0 के जवानों के बच्चों को न्यूनतम शिक्षण शुल्क पर उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से प्रदेश में 31 पुलिस मॉडर्न स्कूल स्थापित हैं। इस वर्ष सम्पन्न हुई 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में अनेक छात्र-छात्राओं ने 90 प्रतिशत या अधिक अंक प्राप्त किए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस मॉडर्न स्कूलों के अवसंरचनात्मक विकास, नए पुलिस मॉडर्न स्कूलों के निर्माण एवं फर्नीचर क्रय किए जाने हेतु प्रदेश सरकार ने आवश्यक धनराशि स्वीकृत की है। पी0ए0सी0 जवानों हेतु आवासीय सुविधा सुनिश्चित करने के लिए पी0ए0सी0 की 33 में से 31 वाहिनियों में प्रत्येक में 200 जवानों के लिए हाई राइज बिल्डिंग के रूप में बेहतर आवासीय व्यवस्था हेतु आवश्यक धनराशि स्वीकृत करने के साथ-साथ निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा पी0ए0सी0 बल में महिलाओं को भी स्थान प्राप्त हो, इस दिशा में तीन महिला बटालियनों की स्थापना का कार्य जनपद गोरखपुर (वीरांगना झलकारी बाई महिला बटालियन), लखनऊ (वीरांगना ऊदा देवी महिला बटालियन) एवं बदायूं (वीरांगना अवंतीबाई महिला बटालियन) में प्रारम्भ किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पहली बार कुशल खिलाडिय़ों को पुलिस बल का हिस्सा बनाया गया है। प्रदेश पुलिस को बढ़ावा देने के लिए 02 प्रतिशत पद कुशल खिलाडिय़ों की भर्ती हेतु आरक्षित किए गए हैं। इस क्रम में अब तक 500 से अधिक कुशल खिलाडिय़ों की भर्ती की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा प्रदेश सरकार द्वारा राज्य आपदा मोचन बल (एस0डी0आर0एफ0) की एक बटालियन का सृजन किया गया है, जिसमें 06 कम्पनियां एवं 18 टीमें शामिल हैं। इनमें से तीन कम्पनियां अर्थात् 09 टीमों को क्रियाशील भी कर दिया गया है। शेष तीन कम्पनियों को भी अतिशीघ्र क्रियाशील करने का प्रयास तेजी के साथ किया जा रहा है। तीन अतिरिक्त कम्पनियों के प्रयोगार्थ मोटरबोट्स एवं अन्य विशेषीकृत उपकरणों के क्रय हेतु राज्य सरकार द्वारा आवश्यक धनराशि स्वीकृत कर दी गई है।

********************************

 

रघुराम राजन ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री से की मुलाकात

हैदराबाद ,17 दिसंबर (एजेंसी)। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने रविवार को हैदराबाद में तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से उनके आवास पर मुलाकात की। इस मौकेे पर उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क, जो वित्त मंत्री भी हैं और उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डी. श्रीधर बाबू भी उपस्थित थे।

केंद्र सरकार के आर्थिक सलाहकार के रूप में कार्य कर चुके राजनकाम किया, ने रेवंत रेड्डी के साथ अपने अनुभव साझा किए।

मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, उन्होंने वर्तमान वित्तीय स्थिति और राज्य के आर्थिक विकास के लिए अपनाई जाने वाली आवश्यक रणनीति पर चर्चा की।

राजन ने राज्य की अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए कुछ सुझाव दिए।

इस मौके पर मुख्य सचिव शांति कुमारी, विशेष सचिव, वित्त रामकृष्ण राव और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव शेषाद्री भी उपस्थित थे।

************************

 

बंगाल को बेवजह संसद की सुरक्षा में सेंधमारी से जोड़ा जा रहा : ममता

कोलकाता ,17 दिसंबर (एजेंसी)। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को कहा कि हाल ही में संसद भवन में हुई सुरक्षा में सेंधमारी से जानबूझकर पश्चिम बंगाल को जोड़ा जा रहा है, ताकि वहां की गंभीर सुरक्षा खामियों से ध्यान भटकाया जा सके।

नई दिल्ली रवाना होने से पहले पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मामले के मुख्य आरोपी ललित झा का पश्चिम बंगाल से कोई घनिष्ठ संबंध नहीं है।

उन्होंने झा के कथित बंगाल कनेक्शन के बारे में अपनी पहली टिप्पणी में कहा, उसके बिहार और झारखंड से संबंध थे, पश्चिम बंगाल से नहीं। इसलिए अनावश्यक रूप से इस मामले में हमारे राज्य का नाम घसीटा जा रहा है। यहां तक कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भी इस मामले में

सुरक्षा व्यवस्था में खामियां स्वीकार की हैं। हम बस इतना चाहते हैं कि किसी स्वतंत्र एजेंसी से पूरी तरह से जांच हो।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस सुरक्षा चूक मुद्दे पर सदन में मुखर रहे विपक्षी सांसदों को निलंबित कर दिया गया।

ममता को नई दिल्ली में 19 दिसंबर को विपक्षी इंडिया गठबंधन की बैठक में भाग लेना है और 20 दिसंबर को प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी से मिलना है।

बैठक में उनके साथ तृणमूल कांग्रेस महासचिव अभिषेक बनर्जी के भी आने की काफी संभावना है।

**************************

 

अमरावती के किसानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा : चंद्रबाबू

अमरावती ,17 दिसंबर (एजेंसी)। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने रविवार को कहा कि अमरावती के किसानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।

राज्य की तीन राजधानियां बनाने के जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली सरकार के फैसले के खिलाफ अमरावती के किसानों के विरोध के चार साल पूरे होने पर तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) सुप्रीमो ने कहा कि उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।

नायडू ने एक्स पर पोस्ट किया, चार साल हो गए हैं जब आंध्र प्रदेश को बिना राजधानी वाला राज्य बनाने के लिए भविष्य के शहर अमरावती को छोड़ दिया गया। एक लालची, ईर्ष्या से भरे आदमी जगन मोहन रेड्डी के विनाशकारी फैसलों के कारण हजारों किसान जिन्होंने अपनी जमीनें दे दी थीं, अब सड़कों पर हैं।

आगामी चुनाव में राज्य में टीडीपी के सत्ता में आने को लेकर आश्वस्त नायडू ने कहा कि तीन महीने में सभी गलतियां ठीक हो जाएंगी।
टीडीपी महासचिव नारा लोकेश ने कहा कि चार साल पहले वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी ने अपने विभाजनकारी कदम से लोगों की राजधानी अमरावती को नष्ट करना शुरू कर दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि हजारों करोड़ रुपये की इमारतों को मलबे में बदल दिया गया और जिन किसानों ने अपनी जमीनें दे दीं, उन्हें यातनाएं दी गईं।

उन्होंने कहा, इतना सब करने के बावजूद जगन लोगों की राजधानी अमरावती को एक इंच भी आगे नहीं बढ़ा सके।

चंद्रबाबू नायडू के बेटे लोकेश ने विश्वास जताया कि जगन का विनाशकारी शासन तीन महीने में समाप्त हो जाएगा।

जगन मोहन रेड्डी ने 17 दिसंबर 2019 को घोषणा की कि अमरावती को राज्य की राजधानी के रूप में विकसित करने के पिछली टीडीपी सरकार के फैसले को उलटते हुए, राज्य की तीन राजधानियाँ बनाई जाएंगी।

वाईएसआरसीपी सरकार ने विशाखापत्तनम को प्रशासनिक राजधानी, कुरनूल को न्यायिक राजधानी और अमरावती को विधायी राजधानी बनाने का प्रस्ताव रखा।

इससे अमरावती के किसानों ने बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिन्होंने राजधानी के लिए 33 हजार एकड़ जमीन दी थी और चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली पिछली सरकार ने भी मेगा परियोजना के कुछ घटकों पर काम किया था।

किसानों, महिलाओं और अन्य वर्गों के आंदोलन को रविवार को चार साल पूरे हो गए।

***************************

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की सेना में परंपरा और नवीनता के बीच संतुलन बनाने की वकालत

हैदराबाद ,17 दिसंबर (एजेंसी)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को सशस्त्र बलों में परंपरा और नवीनता के बीच संतुलन बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि परंपरा का पालन करते हुए सशस्त्र बलों को नवाचार को भी समान महत्व देना चाहिए जो उन्हें बदलते समय के अनुरूप तैयार करता है।

वह हैदराबाद के बाहरी इलाके डंडीगल में वायु सेना अकादमी में संयुक्त स्नातक परेड को संबोधित कर रहे थे।

प्रशिक्षण पूरा करने वाले कुल 213 फ्लाइट कैडेटों (25 महिलाओं सहित) को भारतीय वायु सेना की विभिन्न शाखाओं में नियुक्त किया गया है।

उन्होंने युवा अधिकारियों से नये विचारों, नवीन सोच और आदर्शवाद के प्रति अपना खुलापन कभी नहीं खोने का आह्वान किया।
सिंह ने अधिकारियों को सलाह दी कि वे न केवल परंपरा को उचित महत्व दें क्योंकि वे समय की कसौटी पर कसे जा चुके हैं, बल्कि नवाचार पर भी ध्यान केंद्रित करें।

उन्होंने कहा, अगर परंपरा का पालन बिना सोचे-समझे लंबे समय तक किया जाता है, तो इससे व्यवस्था में विकृति आ जाती है। इस स्थिति से बचने के लिए लगातार बदलते समय के साथ तालमेल बिठाने के लिए कुछ नया करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा, अगर हम केवल परंपरा का पालन करेंगे तो हम एक मृत झील की तरह होंगे। हमें एक बहती हुई नदी की तरह बनना होगा। इसके लिए हमें परंपरा के साथ-साथ नवीनता भी लानी होगी।

रक्षा मंत्री ने अधिकारियों से यह भी कहा कि वे उड़ते रहें और ऊंचाइयों को छूते रहें, लेकिन जमीन से अपना जुड़ाव बनाए रखें।
उन्होंने नए कमीशन प्राप्त अधिकारियों को बधाई दी और उनके बेदाग प्रदर्शन, सटीक ड्रिल मूवमेंट और परेड के उच्च मानकों के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने उनसे किसी भी परिस्थिति में नए विचारों, नवीन सोच और आदर्शवाद के प्रति अपना खुलापन नहीं खोने का आग्रह किया।

उन्होंने पासिंग आउट परेड को युवा अधिकारियों के जीवन का एक महत्वपूर्ण दिन बताया क्योंकि वे कैडेट से अधिकारी बनते हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में वे परीक्षा से पहले प्रशिक्षक से सीख रहे थे। उसके विपरीत अब वास्तविक जीवन में उन्हें पहले परीक्षा का सामना करना होगा और अपनी गलतियों से सीखना होगा। उन्होंने कहा, खुला आसमान और जीवन आज से आपके प्रशिक्षक हैं।

कमीशनिंग समारोह के दौरान, फ्लाइट कैडेटों को रक्षा मंत्री द्वारा उनकी ‘स्ट्राइप्स’ से सम्मानित किया गया। इसके बाद अकादमी के कमांडेंट द्वारा स्नातक अधिकारियों को ‘शपथ’ दिलाई गई।

सिंह ने स्नातक फ्लाइट कैडेटों को राष्ट्रपति कमीशन प्रदान किया। स्नातक अधिकारियों में 25 महिलाएं शामिल थीं जिन्हें भारतीय वायुसेना की विभिन्न शाखाओं में नियुक्त किया गया है। भारतीय नौसेना के आठ अधिकारियों, भारतीय तटरक्षक बल के नौ और मित्र देशों के दो अधिकारियों को भी उनका उड़ान प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ‘विंग्स’ से सम्मानित किया गया।

रक्षा मंत्री ने प्रशिक्षण के विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को विभिन्न पुरस्कार भी प्रदान किये। उड़ान शाखा के फ्लाइंग ऑफिसर अतुल प्रकाश को पायलट पाठ्यक्रम में समग्र योग्यता क्रम में प्रथम स्थान पाने के लिए राष्ट्रपति पट्टिका और वायु सेना प्रमुख स्वोर्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया। फ्लाइंग ऑफिसर अमरिंदर जीत सिंह को ग्राउंड ड्यूटी शाखाओं के बीच योग्यता के समग्र क्रम में प्रथम स्थान पाने के लिए राष्ट्रपति पट्टिका से सम्मानित किया गया।

इससे पहले, रक्षा मंत्री का स्वागत वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी.आर. चौधरी ने किया। परेड द्वारा उन्हें सामान्य सलामी दी गई और उसके बाद एक प्रभावशाली मार्च पास्ट किया गया।

कंबाइंड ग्रेजुएशन परेड के दौरान प्रशिक्षक विमानों द्वारा एक समकालिक फ्लाई-पास्ट किया गया, जिसमें पिलाटस पीसी-7 एमके ढ्ढढ्ढ, हॉक और किरण के साथ-साथ चेतक हेलीकॉप्टर भी शामिल थे।

परेड का समापन नए कमीशन प्राप्त अधिकारियों द्वारा रवीन्द्रनाथ टैगोर के ‘आनन्दलोके’ के स्वरों पर धीमी गति से दो कॉलम में मार्च करने के साथ हुआ।

सुखोई-30एमके1 द्वारा लुभावने एरोबेटिक शो, हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ‘सारंग’ द्वारा सिंक्रोनस एरोबेटिक्स और ‘सूर्यकिरणÓ एरोबेटिक टीम ने भी परेड में हिस्सा लिया।

**************************

 

आज का राशिफल

मेष राशि-

आज का दिन खुशियों से भरा रहेगा। आप परिवार के साथ समय बिताएंगे। घर का वातावरण खुशनुमा बना रहेगा। छोटे बच्चों को कोई बड़ा सरप्राइज मिल सकता है। कुछ लोग आपके किसी काम में मदद भी कर सकते हैं। आपको किस्मत का पूरा-पूरा साथ मिलेगा। दूसरे लोग आपके कामकाज से प्रभावित होंगे। आपकी तरक्की के नये रास्ते खुलेंगे। आप किसी काम को नये सिरे से। शुरू करने के बारे में विचार कर सकते हैं। इसके लिए आपको कुछ सहयोगियों की जरूरत पड़ सकती है। सेहत को लेकर थोड़ा ध्यान रखने की जरूरत है।

* शुभ रंग

*अंक- लाल 4

वृष राशि-

आज का दिन आपके लिए बेहद खास रहने वाला है। ऑफिस के किसी काम से आपकी लम्बी यात्रा हो सकती है। यात्रा लाभदायक रहेगी। बुजुर्ग अपने किसी बचपन के दोस्त से मिलकर अपनी पुरानी यादों को फिर से ताजा करेंगे। आज आपके आर्थिक स्थिति में काफी सुधार आयेगा। व्यावसायिक कार्यों के लिहाज से आज का दिन बेहतर है। आप हर काम को धैर्य और समझदारी से पूरा करने की कोशिश करेंगे। जो लोग फिल्म जगत से जुड़े हैं उनको आज काम का अच्छा ऑफर मिल सकता है।

* शुभ रंग

*अंक- नीला 2

मिथुन राशि-

आज आपका दिन उत्साह से भरा रहने वाला है। आपका रुझान अध्यात्म की तरफ रहेगा, आप किसी धार्मिक कार्यक्रम की योजना बना सकते हैं। कार्यक्षेत्र में आपको बढ़ोत्तरी के नये अवसर मिलेंगे। इस राशि के जो लोग मिट्टी के बर्तन बनाने का काम करते हैं। उनके लिए लाभ के योग बन रहे हैं। अगर आप कोई नई कार खरीदने का मन बना रहे हैं तो आज आपके लिए शुभ दिन है। घर में खुशियां बनी रहेंगी। आज शत्रु पक्ष आपके सामने नतमस्तक होगा। छात्र किसी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने का मन बनाएंगे।

* शुभ रंग

*अंक- पिच 6

कर्क राशि-

आज का दिन आपके लिए मिला-जुला रहेगा। किसी जरूरी चीज को खरीदने में आपके पैसे खर्च हो सकते हैं। इस राशि के जो लेखक हैं, उनकी कोई कविता लोगों को काफी पसंद आएगी। आपको किसी संस्था के द्वारा सम्मानित भी किया जा सकता है। जीवनसाथी के साथ आपका ताल मेल अच्छा बना रहेगा, घर का फैंसी डेकोरेशन करवाने का मन बना सकते हैं। आपको किसी जरूरी काम में पड़ोसियों का सहयोग मिलेगा, आपका बिगड़ता काम बन जायेगा। माता-पिता का आशीर्वाद आपके साथ बना रहेगा। स्टूडेंट आज कोई नया कोर्स ज्वाइन कर सकते हैं।

* शुभ रंग

*अंक- मैहरुन 7

सिंह राशि-

आज का दिन शानदार रहेगा। ऑफिस में आपको मनपसंद काम दिया जा सकता है। काम करने में मन लगा रहेगा। आपसे एक्सपर्ट के तौर पर।सलाह ली जा सकती है। इस राशि के लोगों की प्राइवेट नौकरी में प्रमोशन के साथ ही।इनकम बढऩे के भी चांस नजर आ रहे हैं। छात्र अपने कुछ विषयों को लेकर अधिक रुचि दिखायेंगे। एजुकेशन सेक्टर में काम कर रहे लोगों का दिन राहत से भरा रहेगा। बिजनेसमैन को काम में कुछ नए अनुभव मिल सकते हैं।

* शुभ रंग

*अंक- सिल्वर 8

कन्या राशि-

आपके लिए दिन अनुकूल रहने वाला है। लोग आपके काम की तारीफ करेंगे। आप खुद भी अपने काम से संतुष्ट रहेंगे। जीवनसाथी के साथ बाहर डिनर पर जाने का अच्छा मौका है, किसी रेस्टोरेंट जयेंगे। स्पोर्ट्स से जुड़े लोग किसी नई एक्टिविटी में भाग लेंगे। आज आपकी सेहत अच्छी बनी रहेगी।छात्र अपने करियर के लिए किसी सीनियर से सलाह ले सकते हैं, सही सलाह आपके करियर को किसी अच्छे मुकाम पर पहुंचा सकती है। आपको काम में मुनाफा मिलेगा।

* शुभ रंग

*अंक- बैंगनी  9

तुला राशि-

आज का दिन आपके लिए अच्छा है। आपके सभी काम समय से पूरे होंगे।ऑफिस में आपको सहकर्मियों का सहयोग मिलेगा। आपके सकारात्मक विचार किसी व्यक्ति को प्रभावित कर सकते हैं। आपकी मदद दूसरों के लिए फायदेमंद होगी। स्टूडेंट्स अपनी पढ़ाई को लेकर कुछ बदलाव कर सकतेहैं। कठिन विषयों को समझने के लिए अपने सिनीयर की मदद लेंगे। आज आप घर के किसी काम में जीवनसाथी की मदद भी ले सकते हैं। रिश्ते बेहतर रहेंगे।

* शुभ रंग

*अंक- गोल्डन, 6

वृश्चिक राशि-

आज का दिन जीवन में।किसी नयी खुशी का संकेत लायेगा। जीवनसाथी कोई बड़ी खुशखबरी दे सकते हैं जिससे परिवार के बाकी लोग भी काफी खुश नजर आयेंगे। रिश्तों और काम के बीच तालमेल बना रहेगा। आर्थिक रूप से आप स्ट्रांग रहेंगे। इंजीनियर्स को कोई बड़ा फायदा होगा। इस राशि के जोमैनेजर पोस्ट के लोग है अपने काम को अच्छे से संभालेंगे। बच्चों के साथ शॉपिंग करने मॉल जा सकते हैं, उन्हें काफी अच्छा लगेगा। राजनीति से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन शानदार रहने वाला है।

* शुभ रंग

*अंक- गुलाबी 8

धनु राशि-

आज का दिन आपके लिए बेहतरीन रहेगा। काम की गति बनी रहेगी। आप खुद को रिलेक्स फील करेंगे। इस राशि के जो लोग अविवाहित हैं, उनके रिश्ते की बात घर पर चल सकती है। घर का माहौल अच्छा रहेगा। काम के मामले में कुछ लोग आपसे सलाह मांग सकते हैं। वर्क फ्रॉम होम कर रहे लोगो का काम अच्छा चलेगा।दूसरे लोग भी आपकी योजना से प्रभावित होंगे। माता पिता से भविष्य की योजना के बारे में विचार विमर्श कर सकते हैं।

* शुभ रंग

*अंक- ग्रे 4

मकर राशि-

आज का दिन जीवन में अहम मोड़ लायेगा। आपको अपने करियर का कोई बड़ा फैसला लेना पड़ सकता है। ध्यान रहे जो भी करें, सोच-समझ कर करें। काम की वजह से आप परिवार को पूरा समय नहीं दे पायेंगे। लेकिन परिवार का साथ बना रहेगा। कुछ मामलों में थोड़ा भावुक हो सकते हैं। राइटर की कोई बुक पब्लिश होगी, जिसे लोगों का काफी प्यार मिलेगा। आपकी वाणी में मधुरता बनी रहेगी। नए कामों को करने में भाग्य आपका पूरा साथ देगा। छात्रों के लिए आज का दिन उनके अनुकूल रहेगा।

* शुभ रंग

*अंक- पीला 9

कुंभ राशि-

आज का दिन नई उमंगों के साथ शुरू होने वाला है। आपका कोई नजदीकी मित्र आपसे मिलने आ सकता है। आप उनसे अपनी कोई निजी समस्या शेयर कर सकते हैं। परिवार की उलझनों को सुलझाने में आपको मदद मिलेगी। इस राशि के छात्रों के लिए दिन ठीक-ठाक है।पढ़ाई में आ रही समस्याएं दूर हो जाएगी। आपको नतीजों की ज्यादा फिक्र ना करके अपने काम पर ध्यान देने की जरूरत है। बड़े-बुजुर्ग आपको कोई खास सलाह भी दे सकते हैं। नवविवाहित दंपत्ति के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है, एक दूसरे को समझने की कोशिश करेंगे।

* शुभ रंग

*अंक- नारंगी 2

मीन राशि-

आज आपका दिन शानदार रहेगा। लोग आपकी बातों पर पूरा ध्यान देंगे। यात्रा की योजना बन सकती है। पैसों से जुड़ी समस्याओं का समाधान आज निकल जायेगा। रोजमर्रा के काम पूरे हो सकते हैं। दिनभर मस्ती के मूड में रहेंगे। आपको किस्मत का साथ मिलेगा। अधिकारी आपके काम की तारीफ करेंगे। दूसरों के सामने अपनी बात को खुलकर रख सकते हैं। लोग आपकी बातों को इम्पोर्टेंस देंगे। शाम को जीवनसाथी के साथ अच्छा समय बीतेगा। प्रसाशनिक कार्यों में आज आपको सफलता मिलेगी।

* शुभ रंग

*अंक- हरा, 5

***************************

 

बहुत गंभीर जांच कर पता लगाना होगा कि संसद सुरक्षा उल्लंघन के पीछे कौन हैं: मोदी

नई दिल्ली 17 Dec, (एजेंसी)-13 दिसंबर को संसद की सुरक्षा में हुए उल्लंघन पर विपक्षी दलों की विस्तृत बयान की मांग के बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी पहली टिप्पणी में इस घटना को “बहुत गंभीर” करार दिया और कहा कि विस्तृत जांच की जाएगी और इसके पीछे कौन से तत्व हैं इसका पता लगाकर कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस घटना की गंभीरता को कम करके नहीं आंका जाना चाहिए।

मोदी ने एक मीडिया हाउस को दिए साक्षात्कार में बताया ,”लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला सभी आवश्यक कदम उठा रहे हैं। जांच एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। यह पता लगाना महत्वपूर्ण है कि इसके पीछे कौन से तत्व हैं और उनके उद्देश्य क्या हैं। इस पर बहस करने की कोई जरूरत नहीं है, इसकी विस्तृत जांच होनी चाहिए।”

गौरतलब है कि 2001 के संसद हमले की 22वीं बरसी पर 13 दिसंबर को शून्यकाल की कार्यवाही के दौरान दो लोग लोकसभा की आगंतुक गैलरी से कूद गए और पीले रंग का धुआं भी फेंक दिया। उन्हें सांसदों और सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ लिया और दिल्ली पुलिस को सौंप दिया। दिल्ली पुलिस ने संसद के बाहर से दो और लोगों को भी गिरफ्तार किया। मामले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

शनिवार को, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 13 दिसंबर की सुरक्षा उल्लंघन पर संसद में बयान नहीं देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की आलोचना की और यह भी कहा कि वे वोट मांगने के लिए पहले प्रधान मंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू, महात्मा गांधी का उपहास करते रहने की उनकी आदत है।

यहां पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए खड़गे ने कहा, “यह सुरक्षा उल्लंघन एक गंभीर मुद्दा है और सरकार इस पर ध्यान केंद्रित नहीं कर रही है। हम संसद में बार-बार पूछ रहे हैं कि गृह मंत्री को सुरक्षा उल्लंघन पर संसद में बयान देना चाहिए।” राज्यसभा में विपक्ष के नेता ने कहा,”लेकिन गृह मंत्री सदन में नहीं आना चाहते हैं और क्या हुआ और क्या कारण थे इस पर बयान नहीं देना चाहते हैं।

लेकिन वह टेलीविजन शो में जाते हैं और बयान देते हैं। वह सदन चलाने के लिए तैयार नहीं हैं। यह अच्छा नहीं है। और जो लोग लोकतंत्र में विश्वास नहीं करते हैं, हमें उनसे कोई उम्मीद नहीं है। ” शनिवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पहली बार संसद सुरक्षा मामले को लेकर केंद्र की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि सुरक्षा उल्लंघन के पीछे बेरोजगारी और महंगाई मुख्य कारण है।

भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें और इंडिया ब्लॉक के नेताओं को संसद उल्लंघन में शामिल लोगों के कांग्रेस, टीएमसी और सीपीआई (एम) के साथ घनिष्ठ संबंधों के बारे में बताना चाहिए। एक्स पर एक पोस्ट में, बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा, राहुल गांधी कभी निराश नहीं करते, हमेशा बेकार बातें करते हैं। भारत में बेरोजगारी 3.2 प्रतिशत है, जो छह वर्षों में सबसे कम है।

**************************

 

स्वतंत्रता से संबंधित जमानत आवेदनों पर जल्द निर्णय लिया जाना चाहिए: सुप्रीम कोर्ट

नई दिल्ली 17 Dec, (एजेंसी)-सुप्रीम कोर्ट ने इस बात पर जोर दिया है कि अग्रिम जमानत आवेदन सहित जमानत आवेदनों पर निर्णय स्वतंत्रता से संबंधित हैं और सभी उच्च न्यायालयों द्वारा शीघ्रता से इस पर फैसला लिया जाना चाहिए। न्यायमूर्ति सीटी रविकुमार और न्यायमूर्ति संजय कुमार की पीठ ने यह टिप्पणी तब की जब उसने छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के एक आदेश के खिलाफ एक आरोपी द्वारा दायर विशेष अनुमति याचिका पर सुनवाई की, जिसमें उसके आवेदन को “कालानुक्रमिक क्रम में” सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया गया था।

पीठ ने कहा, “हमें यह मानने में कोई झिझक नहीं है कि इस तरह का आदेश अग्रिम जमानत/नियमित जमानत से संबंधित मामले में निश्चितता के बिना, वह भी मामले को स्वीकार करने के बाद, निश्चित रूप से आवेदन पर विचार करने में देरी करेगा और ऐसी स्थिति व्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए हानिकारक होगी।”

अपने आदेश में, शीर्ष अदालत ने कहा कि यह “चिंता का विषय” है कि व्यक्तिगत स्वतंत्रता से संबंधित मामलों पर जल्द से जल्द निर्णय लेने की आवश्यकता के बार-बार आदेशों के बावजूद, वही स्थिति बनी हुई है।

इसने आदेश दिया कि इसके आदेश की एक प्रति रजिस्ट्रार जनरल और सभी उच्च न्यायालयों के सभी संबंधितों को भेजी जाए ताकि जल्द से जल्द जमानत आवेदनों या अग्रिम जमानत आवेदनों की सूची सुनिश्चित की जा सके। अपीलकर्ता के संबंध में, सर्वोच्च न्यायालय ने उच्च न्यायालय द्वारा लंबित अग्रिम जमानत आवेदन पर फैसला होने तक गिरफ्तारी से सुरक्षा प्रदान की। इसने स्पष्ट किया: “हम यह भी स्पष्ट करते हैं कि अंतरिम संरक्षण का अनुदान याचिकाकर्ता द्वारा दायर जमानत आवेदन पर विचार को प्रभावित नहीं करेगा और इस पर अपनी योग्यता के आधार पर विचार किया जाएगा।”

***************************

 

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल ने वेदांता पिंकसिटी हॉफ मैराथन को किया रवाना

जयपुर 17 Dec, (एजेंसी) : राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘‘स्वस्थ भारत” के संकल्प को साकार करती वेदांता पिंकसिटी हॉफ मैराथन को रविवार को सुबह यहां हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शर्मा ने जगतपुरा में आयोजित इस मैराथन को सुबह सात बजे झंडी दिखाकर रवाना किया और हजारों धावकों को आगे बढ़ते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वस्थ और उत्साहित रहकर देश में राजस्थान को अग्रणी राज्य बनाने का संकल्प लेना चाहिए। यह मैराथन ‘रन फॉर जीरो हंगर‘ के महत्वपूर्ण उद्देश्य से हो रही है। इस आयोजन में 12 हजार से अधिक धावकों को एकजुट किया गया है। इससे एक लाख से अधिक जरूरतमंदों भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।

हम सभी को मिलकर इस संकल्पना को साकार करना होगा। मैराथन में 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन, 10 किमी की कूल रन और पांच किमी की ड्रीम रन कैटेगरी में धावकों ने दौड़ पूरी कर फिटनेस और एकजुटता का संदेश दिया। इस अवसर पर वेदांता समूह एवं आयोजन से जुड़ी प्रिया अग्रवाल हेब्बर, आकर्ष हेब्बर, डॉ. स्टीव मूर, अरूण मिश्रा और डॉ. मनोज सोनी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

***************************

 

 

भाजपा नेता ने ब्रिटेन में भारतीय छात्र के लापता होने पर जयशंकर से मांगी मदद

नई दिल्ली 17 Dec, (एजेंसी): भाजपा के एक नेता ने पूर्वी लंदन से 15 दिसंबर से लापता एक भारतीय छात्र के लिए विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मदद मांगी है। भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने एक्स को जानकारी दी कि गुरशमन सिंह भाटिया लॉफबोरो विश्वविद्यालय का छात्र है और 15 दिसंबर से लापता है।

सिरसा के अनुसार, भाटिया को आखिरी बार पूर्वी लंदन के कैनरी व्हार्फ में देखा गया था। उन्होंने लॉफबोरो विश्वविद्यालय और भारतीय उच्चायोग से उनका पता लगाने का भी आग्रह किया है।

सिरसा ने एक्स पर लिखा,”लॉफ़बोरो विश्वविद्यालय के छात्र जीएस भाटिया 15 दिसंबर से लापता हैं। आखिरी बार कैनरी घाट, पूर्वी लंदन में देखा गया था। जयशंकर जी का ध्यान आकर्षित करते हुए हम उसे ढूंढने के प्रयासों में शामिल होने का आग्रह करते हैं।”

सिरसा द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए उसके विश्वविद्यालय पहचान पत्र के अनुसार, वह स्नातकोत्तर का छात्र है। इसकी वेबसाइट के अनुसार, इंग्लैंड के लीसेस्टरशायर में स्थित लॉफबोरो विश्वविद्यालय में 130 से अधिक देशों के लगभग 18,000 अंतर्राष्ट्रीय छात्र हैं।

****************************