Category Archives: news

सुरक्षाबलों को बड़ी सफलताः NSCN-IM के 6 आतंकी गिरफ्तार; भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद

ईटानगर 13 jan, (एजेंसी): लोंगडिंग के एसपी डेकियो गुमजा ने शनिवार को कहा कि इस अभियान के दौरान विद्रोहियों को गिरफ्तार किया गया। एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार कैडरों ने खुलासा किया कि उनके पास नॉकनु और खासा गांवों के बीच एक ठिकाने में अत्याधुनिक हथियार भी थे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आगे की कार्रवाई के परिणामस्वरूप तीन एमक्यू असॉल्ट राइफलें, डेटोनेटर, मोबाइल फोन और अन्य युद्ध जैसे सामान बरामद हुए।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि लोंगडिंग पुलिस स्टेशन में हथियार अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है। गिरफ्तार विद्रोहियों की पहचान स्वयंभू एएसओ और वांचो क्षेत्र के सचिव वांगपांग वांगसा (28), स्वयंभू प्रमुख पंसा (64), स्वयंभू कप्तान मिकगाम (27), स्वयंभू सार्जेंट थांगवांग (29),स्वयंभू कप्तान अलुंग नगोदाम (31) और स्वयंभू लांस कॉर्पोरल जामगांग गैंगसा (27) के रूप में की गई है। पुलिस ने कहा कि गैंगसा ईस्टर्न नागा नेशनल गवर्नमेंट (ईएनएनजी) संगठन का पूर्व कैडर है, जिसने 21 जुलाई, 2021 को आत्मसमर्पण कर दिया था और बाद में उसी साल 31 दिसंबर को एनएससीएन (आईएम) में शामिल हो गया।

पुलिस ने कहा कि गैंगसा ईस्टर्न नागा नेशनल गवर्नमेंट (ईएनएनजी) संगठन का पूर्व कैडर है, जिसने 21 जुलाई, 2021 को आत्मसमर्पण कर दिया था और बाद में उसी साल 31 दिसंबर को एनएससीएन (आईएम) में शामिल हो गया। एसपी ने कहा कि आगे की जांच से पता चला कि गिरफ्तार कैडर कई विभागों के प्रमुखों और सार्वजनिक नेताओं को जबरन वसूली नोट भेज रहे थे।

************************

 

कोहरे का कहरः मुंबई से गुवाहाटी जा रही फ्लाइट की करवाई इमरजेंसी लैंडिंग; कांग्रेस नेता भी थे सवार

गुवाहाटी 13 jan, (एजेंसी): असम के गुवाहाटी में खराब मौसम के कारण मुंबई से गुवाहाटी जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। खराब मौसम के कारण फ्लाइट 6ई 5319 को बांग्लादेश के ढाका की ओर मोड़ दिया गया था।

इमरजेंसी लैंडिंग के बाद ढाका से गुवाहाटी तक उड़ान संचालित करने के लिए अब एक वैकल्पिक चालक दल की व्यवस्था की जा रही है। यात्रियों को अपडेट के बारे में सूचित किया गया और उन्हें जहाज पर खाना परोसा गया है।

बता दें कि इस फ्लाइट में एक कांग्रेस नेता सूरज ठाकुर भी फंस गए हैं।

**************************

 

शाह और नड्डा ने देशवासियों को दी लोहड़ी की शुभकामनाएं

नई दिल्ली 13 Jan, (एजेंसी): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने देशवासियों को लोहड़ी की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, सौभाग्य, समृद्धि और नई ऊर्जा की कामना की है।

शाह ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “सभी को लोहड़ी की शुभकामनाएं। उमंग और हर्षोल्लास का यह पर्व सभी देशवासियों के जीवन में सुख-शांति और नई ऊर्जा का संचार करे।”

नड्डा ने एक्स पर लिखा, “समस्त देशवासियों को हर्ष व उल्लास का प्रतीक पर्व लोहड़ी की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख-सौभाग्य व समृद्धि लेकर आए।”

*************************

 

श्रीनगर में एक महीने के बाद रात का तापमान शून्य से ऊपर

श्रीनगर 13 jan, (एजेंसी): लगभग एक महीने बाद शनिवार को श्रीनगर में रात का तापमान शून्य से ऊपर पहुँचा और 0.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले शून्य से ऊपर न्यूनतम तापमान 15 दिसंबर 2023 को (0.5 डिग्री सेल्सियस) रहा था।

‘चिल्लई कलां’ नामक कड़ाके की ठंड की 40 दिनों की लंबी अवधि के दौरान न्यूनतम तापमान का शून्य से ऊपर बढ़ना अच्छा संकेत नहीं है, क्योंकि अब तक घाटी के मैदानी इलाकों में बर्फबारी नहीं हुई है। पूरे कश्मीर में शुक्रवार को लोगों ने बारिश के लिए विशेष प्रार्थनाएं कीं।

चिल्लई कलां के दौरान कम या बिल्कुल बर्फबारी नहीं होने से गर्मियों के महीनों में घाटी में पानी की किल्लत हो सकती है क्योंकि सभी जल निकायों का ग्रीष्मकालीन निर्वहन पर्याप्त सर्दियों की बर्फबारी पर निर्भर करता है।

श्रीनगर में आज न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस रहा। गुलमर्ग में यह शून्य से एक डिग्री सेल्सियस और पहलगाम में 0.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। लद्दाख क्षेत्र के लेह शहर में रात का सबसे कम तापमान शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस, कारगिल में 10.4 डिग्री सेल्सियस और द्रास में पाँच डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। जम्मू शहर में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस, कटरा में 7.2 डिग्री सेल्सियस, बटोत में आठ डिग्री, भद्रवाह में 5.8 डिग्री और बनिहाल में 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

*************************

 

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को ED का चौथा समन, 18 जनवरी को पूछताछ के लिए बुलाया

नई दिल्ली 13 Jan, (एजेंसी) : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली आबकारी घोटाले में सीएम अरविंद केजरीवाल को चौथा समन जारी किया है। केंद्रीय एजेंसी ने पूछताछ के लिए 18 जनवरी को बुलाया है। ईडी ने सीएम केजरीवाल को चौथी बार समन तब जारी किया जब वे 3 जनवरी की पूछताछ में शामिल नहीं हुए। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने ईडी के जारी समन को गैरकानूनी बताया था और कहा था कि समन का एकमात्र उद्देश्य उन्हें गिरफ्तार करना है।

ED’s fourth summons to Delhi CM Arvind Kejriwal : इससे पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने 2 नवंबर और 21 दिसंबर को भी ईडी के सामने पेश होने से इनकार कर दिया था। वहीं, पार्टी दावा करती आई है कि दिल्ली के सीएम को गिरफ्तार किया जा सकता है। हालांकि इस तरह के दावे को ईडी ने अफवाह बताया था। बीते साल अप्रैल में इस मामले के संबंध में केंद्रीय जांच ब्यूरो ने सीएम केजरीवाल से पूछताछ की थी, लेकिन एजेंसी ने उन्हें आरोपी नहीं बनाया था।

ईडी के सहायक निदेशक को संबोधित एक पत्र में केजरीवाल ने कहा था कि चुनाव आयोग ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली से राज्यसभा के लिए चुनाव कराने का फैसला किया है। नामांकन शुरू हो गया और मतदान 19 जनवरी को होगा। दिल्ली को राज्यसभा में तीन सीटें आवंटित की गई हैं और मौजूदा पदाधिकारियों का कार्यकाल 27 जनवरी को खत्म होगा। दिल्ली का मुख्यमंत्री होने के चलते वह गणतंत्र दिवस के लिए कई कार्यक्रमों और समारोहों की योजना और तैयारियों में भी काफी व्यस्त रहते हैं।

AAP ने दावा किया था कि समन केजरीवाल को गिरफ्तार करने के इरादे से जारी किया गया था। मुख्यमंत्री ने ईडी पर उनके नोटिस के जवाब में पहले दी गई विस्तृत दलीलों को स्वीकार नहीं करने का आरोप लगाया था। इसके बाद कहा जाने लगा था कि इस मामले में ईडी एक और नोटिस भेज सकती है या फिर वारंट के लिए कोर्ट का रुख कर सकती है। अभी केजरीवाल के पास ईडी द्वारा किसी भी संभावित गिरफ्तारी को रोकने के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाने और अग्रिम जमानत मांगने का विकल्प भी है। ईडी इसी मामले में पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसौदिया और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

***************************

 

नीतीश ने लोहिया पथ चक्र का किया निरीक्षण

पटना 13 Jan, (एजेंसी) : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज लोहिया पथ चक्र का निरीक्षण किया। कुमार ने लोहिया पथचक्र के अगल-बगल बचे हुए भागों को देखा। उन्होंने पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत को निर्देश देते हुए कहा कि पथ के अगल-बगल के बचे हुए भागों में ठीक ढंग से पौधारोपण कराएं और इसे व्यवस्थित और साफ-सुथरा रखें ताकि यह क्षेत्र सुंदर दिखे।

मुख्यमंत्री ने इसके बाद बिहार संग्रहालय के सामने रुककर नये बनने वाले ऑफिसर्स फ्लैटों के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने मुख्यमंत्री को बताया कि पुराने ऑफिसर्स फ्लैटों की जगह पर नये 10 मंजिला भवन का निर्माण कराया जाएगा और और उसके आगे पार्क भी बनाया जायेगा। कुमार ने इस पर निर्देश देते हुए कहा कि बेहतर 10 मंजिला भवन बनाएं ताकि इसमें अधिकारियों और कर्मचारियों को रहने की बेहतर सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि फ्लैट के आगे जब पार्क बन जाएगा तब इस क्षेत्र का दृश्य और सुंदर लगेगा।

*********************

 

बलिया में रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक गिरफ्तार

बलिया, 13 Jan, (एजेंसी) : उत्तर प्रदेश में बलिया जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र में एंटी करप्शन टीम की आजमगढ़ इकाई ने एक राजस्व निरीक्षक समेत दो राजस्व कर्मियों को दस हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है ।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि माडल तहसील से एंटी करप्शन टीम गड़वार थाना क्षेत्र के राजस्व निरीक्षक बृजेंद्र राय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संतोष कुमार सिंह को एक व्यक्ति से दस हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर कोतवाली ले आई। मामले में गड़वार क्षेत्र के सिंहाचंवर गांव के राजेश पाण्डेय ने जमीन की पैमाइश के एवज में आरोपियों द्वारा उनसे दस हजार रुपए रिश्वत की मांग करने की शिकायत की थी ।

मामले में पुलिस ने आरोपी राजस्व निरीक्षक व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के विरुद्ध भारतीय डंड संहिता की सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है । अन्य आवश्यक कार्यवाही जारी है ।

*****************************

 

स्वामी विवेकानंद ने मानवता का संदेश दुनिया को दिया : अखिलेश

लखनऊ 13 Jan, (एजेंसी) : समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने अपने विचारों से लोगों के जीवन को बेहतर बनाने का कार्य किया।

स्वामी विवेकानंद की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर यादव ने कहा कि विवेकानंद जी ने बहुत कम समय में दुनिया में बहुत बड़ा संदेश दिया और अपने विचारों से लोगों के जीवन को बेहतर बनाने का काम किया। उनसे पूरी दुनिया प्रेरणा लेती है। शिकागो में दिया गया उनका भाषण बहुत महत्वपूर्ण था, सभी लोग उसे आज भी याद करते हैं। उन्होंने समाज को दिशा दी और बताया कि गरीबों, कमजोरों और मानव की सेवा सबसे बड़ी सेवा है।

यादव ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने पूरी दुनिया को एकता और मानवता का संदेश दिया है। आज स्वामी विवेकानंद के रास्ते पर चलने और उनका अनुकरण करने का संकल्प लेने का दिन है। भाजपा ने जो रास्ता अपनाया है, वह देश को बांटने का है। भाजपा भेदभाव करती है और समाज में नफरत फैलाती है।

***********************

 

सीट शेयरिंग को लेकर AAP और कांग्रेस में मंथन, मुकुल वासनिक के घर हाईलेवल बैठक

नई दिल्ली 13 Jan, (एजेंसी)- लोकसभा चुनाव में सीट शेयरिंग को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में आज दूसरी बैठक दिल्ली में हो रही है। दोनों दलों के नेता कांग्रेस राष्ट्रीय गठबंधन समिति के संयोजन मुकुल वासनिक के घर पर पहुंचे हैं। आम आदमी पार्टी की तरफ से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक, साैरभ भारद्वाज और मंत्री आतिशी पहुंचे हैं। यह दूसरी बैठक है और पहली बैठक 8 जनवरी को हो चुकी है। आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन सिर्फ दिल्ली व पंजाब में ही होना है।

आज दिल्ली में चल रही ‘आप’ व कांग्रेस के बीच मीटिंग के बाद राजनीतिक हलकों में कई तरह से कयास लगने शुरू हो गए हैं। अब देखना यह है कि आने वाले समय में यदि दिल्ली के साथ-साथ पंजाब मे भी दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन होता है, तो सीट शेयरिंग को लेकर दोनों पार्टियों की क्या प्लानिंग रहती है, यह अभी भविष्य के गर्भ में है।

*****************************

 

पद्मम विभूषण से सम्मानित सिंगर प्रभा अत्रे का दिल का दौरा पड़ने से निधन, 92 की उम्र में ली आखिरी सांस

मुंबई 13 Jan, (एजेंसी) : म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़ी एक दुखद खबर है। दिग्गज गायिका प्रभा अत्रे का आज सुबह निधन हो गया। उन्होंने 92 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। उनका निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ। दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें पुणे के दिनानाथ मंगेशकर अस्पताल लेकर गए थे। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनका निधन हो गया।

Padma Vibhushan awarded singer Prabha Atre dies of heart attack : प्रभा अत्रे का जन्म पुणे में 13 सितंबर 1932 को हुआ था। प्रभा जब 8 साल की थीं, तो उनकी मां इंदिराबाई अत्रे की हेल्थ खराब होने लगी थी। तब उनके किसी ने दोस्त ने क्लासिकल म्यूजिक सुनने की सलाह दी और कहा कि इससे उनकी हेल्थ में सुधार होगा। इसके बाद वह क्लासिकल म्यूजिक सुनने लगीं। तभी से प्रभा भी इंस्पायर हुईं और उन्होंने शास्त्रीय संगीत सीखा। प्रभा अत्रे ने गुरु-शिष्य परपंरा में म्यूजिक ट्रेनिंग ली। उन्होंने किराना घराना के सुरेशबाबू माने और हीराबाई बड़ोदकर से क्लासिकल म्यूजिक सीखा। वह आमिर खान के खयाल और बड़े गुलाम अली खान के ठुमरी से बहुत प्रभावित हुईं थीं। उन्होंने औपचारिक तौर से कथक डांस स्टाइल में ट्रेनिंग ली थी।

बचपन से ही म्यूजिक का शौक का था। साल 1990 में उन्हें पद्मश्री, साल 2002 में पद्म भूषण और 2022 में पदम विभूषण से सम्मानित किया गया था। अत्रे ने अपने करियर के शुरुआती दिनों में एक सिंगिंग स्टेज-एक्ट्रेस के रूप में काम किया। उन्होंने मराठी थिएटर क्लासिक्स में भी भूमिकाएं निभाईं, जिनमें संशय-कल्लोल, मानापमान, सौभद्रा और विद्याहरण जैसे संगीत नाटक शामिल थे।

**************************

 

दिल्ली पुलिस के एएसआई ने रात की ड्यूटी के दौरान खुद को गोली मारकर दी जान

नई दिल्ली 13 jan, (एजेंसी): दिल्ली पुलिस के एक ऑन ड्यूटी सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) ने दक्षिण दिल्ली में अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

मृतक की पहचान हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के मूल निवासी रामअवतार के रूप में हुई है, जो 1993 में दिल्ली पुलिस में शामिल हुए थे।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को एएसआई रामअवतार सब-इंस्पेक्टर प्रेम सिंह के साथ बी.पी. मार्ग पर नाइट पिकेट ड्यूटी पर तैनात थे।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “लगभग तीन बजे, रामअवतार ने अपने साथी सब इंस्पेक्टर को 10 मिनट के लिए आराम करने के लिए कहा और अपनी कार में बैठने चले गए, जो बैरिकेड के पास खड़ी थी।”

अधिकारी ने कहा, “जब एसआई प्रेम कुछ देर बाद उसे देखने गए, तो उन्होंने पाया कि एएसआई रामअवतार ने अपनी सर्विस पिस्तौल से खुद को गोली मार ली थी और वह मृत पाए गए।”

*******************************

 

जिम कॉर्बेट में सैलानियों के लिए दो किलोमीटर तक का साइकिल ट्रैक तैयार

रामनगर 12 Jan, (एजेंसी): जिम कॉर्बेट हमेशा से ही सैलानियों की पसंदीदा जगह रही है। जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क प्रशासन सैलानियों को रिझाने के लिए हर मुमकिन कोशिश कर रहा है। जिससे ज्यादा से ज्यादा सैलानी कॉर्बेट नेशनल पार्क घूमने आ सके और प्रकृति का नजदीकी से दीदार कर सके। जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क से सटे रामनगर वन प्रभाग में अब सैलानी सबसे चर्चित कॉर्बेट फाल में साइकिलिंग कर सकेंगे। इसके लिए यहाँ साइकिल ट्रैक बनाया गया है।

साइकिल ट्रैक के जरिये 2 किलोमीटर के ट्रैक में जंगल के नजारों, वन्यजीव और पक्षियों का नजदीक से दीदार भी कर सकेंगे। डीएफओ दिगंत नायक ने बताया कि अभी उच्चाधिकारियों को 10 साइ‌किल का प्रस्ताव भेजा गया है। इसका चार्ज भी निर्धारित किया गया है।

आपको बता दें कि, कॉर्बेट से सटे रामनगर वन प्रभाग के अंतर्गत आने वाले कालाढूंगी रेंज के नया गांव स्थित कॉर्बेट फाल में जंगल के अंदर पर्यटक दो किलोमीटर साइकिलिंग कर सकेंगे। इसके लिए जंगल के अंदर ही साइकलिंग ट्रैक बनाया गया है। इससे सैलानी साइकिल पर सवार होकर जंगल और वन्यजीवों का नजदीकी से दीदार कर सकेंगे। सुरक्षा की दृष्टि से इस पूरे क्षेत्र को पूर्व में ही सोलर फेंसिंग से कवर्ड किया गया है।

वन प्रभाग के डीएफओ दिगंत नायक ने बताया कि साइकिलिंग ट्रैक बनाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। उच्चाधिकारियों को 10 साइकिल का प्रस्ताव भेजा गया है। साइकिल आते ही ट्रैक को शुरू कर दिया जाएगा। इसका शुल्क 50 रुपये निर्धारित किया गया है। 50 रुपये में 2 किलोमीटर ट्रैक में पर्यटक जंगल का लुत्फ उठा सकते है।

***************************

 

पश्चिम बंगाल में ED की बड़ी कार्रवाईः ममता बनर्जी के दो मंत्रियों के ठिकानों पर की छापामारी

कोलकाता 12 jan, (एजेंसी): पश्चिम बंगाल में आज फिर ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है। ममता के दो मंत्रियों सुजीत बोस और तापस रॉय के ठिकानों पर आज ईडी ने छापामारी की है। ईडी ने इसी के साथ उत्तरी दमदम नगर निगम के पूर्व अध्यक्ष सुबोध चक्रवर्ती के आवास पर भी छापेमारी की। ईडी ने कथित नगर निगम नौकरी घोटाला मामले के सिलसिले में कोलकाता में बंगाल के नेताओं के आवास पर सुबह-सुबह छापेमारी की है।

बता दें कि कुछ दिन पहले ही राशन घोटाले में छापामारी के दौरान ईडी के अधिकारियों पर हमला किया गया था। हमले में कई अधिकारियों को चोट भी आई थी और गाड़ियों के शीशे भी फोड़े गए थे। इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने ममता सरकार से रिपोर्ट भी तलब की थी।

ईडी ने इससे पहले टीएमसी नेता शाहजहां शेख के आवास पर छापेमारी की थी। छापेमारी के दौरान ही ईडी की टीम पर शाहजहां के समर्थकों द्वारा हमला बोल दिया गया था। हमले में कई अधिकारियों को तो गंभीर चोट भी आई थी और कई अधिकारियों का सिर भी फोड़ दिया गया था।

हमले के बाद ईडी ने बंगाल में एफआईआर भी दर्ज कराई थी और अपनी रिपोर्ट में कहा था कि हमलावर उसके अधिकारियों को जान से मारने का इरादा रखे थे। अपने आरोप में ईडी ने कहा कि हमलावर लाठी, पत्थर और ईंट से भी लैस थे और उन्होंने अधिकारियों के निजी और आधिकारिक सामान जैसे मोबाइल, लैपटॉप और नकदी आदि भी छील लिए।

******************************

 

श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा को 11 दिन शेषः PM मोदी ने शुरू किया अनुष्ठान, बोले- अपनी भावनाओं को शब्दों में कहना मुश्किल

नई दिल्ली 12 Jan, (एजेंसी): अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले पीएम मोदी का बयान सामने आया है। पीएम ने कहा कि राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में अब केवल 11 दिन ही बचे हैं और मेरा सौभाग्य है कि मैं भी इस पुण्य अवसर का साक्षी बनूंगा।

पीएम मोदी ने एक पोस्ट में कहा कि प्रभु ने मुझे प्राण प्रतिष्ठा के दौरान सभी भारतवासियों का प्रतिनिधित्व करने का मौका दिया है। इसे ध्यान में रखते हुए मैं आज से 11 दिन का विशेष अनुष्ठान आरंभ कर रहा हूं और मैं सभी जनता-जनार्दन से आशीर्वाद का आकांक्षी हूं।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि इस समय मेरे लिए अपनी भावनाओं को शब्दों में कह पाना बहुत मुश्किल है, लेकिन मैंने अपनी तरफ से एक प्रयास किया है।

******************************

 

20 मिनट में 2 घंटे का सफर! PM मोदी आज करेंगे समंदर पर बने अटल सेतु का उद्घाटन, जानें ब्रिज की खास बातें

मुंबई 12 Jan, (एजेंसी): पीएम मोदी आज मुंबई में समंदर पर बने भारत के सबसे लंबे पुल का उद्घाटन करेंगे। इस 22 किलोमीटर लंबे पुल से मुंबई से नवी मुंबई की दूरी तय करने में महज 20 मिनट लगेंगे। इसके उद्घाटन के बाद लोगों का दो घंटे का सफर मात्र 20 मिनट में तय होगा। इस पुल का पूरा नाम अटल बिहारी वाजपेई शिवडी न्हावाशेवा अटल सेतु (एमटीएचएल) है।

दरअसल भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर इसका नाम अटल सेतु रखा गया है। ये देश का सबसे लंबा समुद्री ब्रिज होगा, जिसकी लंबाई 21.8 किलोमीटर होगी। ये 6 लेन वाला रोड ब्रिज है। इस पुल का 16.5 किलोमीटर हिस्सा मुंबई के समुद्र के ऊपर और 5.5 किलोमीटर हिस्सा जमीन के ऊपर बना है। पिछले गुरुवार को कैबिनेट की बैठक में एमटीएचएल की टोल की दरों को महाराष्ट्र सरकार की मंजूरी मिल गई है। जानकारी के मुताबिक यह पुल सिर्फ कार चालकों के लिए होगा।

ब्रिज की खास बातें
-अटल सेतु मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे और नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को एक सूत्र में जोड़ने वाला है।
-सिक्स लेन वाले इस ब्रिज पर हर रोज 70 हजार से अधिक गाड़ियों का ट्रैफिक चल सकता है।
-पुल पर 100 किलोमीटर प्रति घंटे फर्राटा रफ्तार से गाड़ियां दौड़ेंगी जिससे घंटों का सफर मिनटों में तय होगा।
-वहीं, मोटरसाइकिल, मोपेड, तिपहिया वाहन, ऑटो और ट्रैक्टर को इस ब्रिज पर प्रवेश नहीं मिलेगा।
-करीब 22 किलोमीटर लंबे पुल से दक्षिण मुंबई से नवी मुंबई की दूरी तय करने में महज 15-20 मिनट लगेगा।
-इससे करीब डेढ़ से दो घंटे से ज्यादा का वक्त बचेगा।
-इतना ही नहीं एक आकलन के मुताबिक हर गाड़ी से करीब 300 रुपये का ईंधन बचेगा।
-इस पुल को बनाने में पर्यावरण का विशेष ध्यान रखा गया है।
-सिक्स लेन के अलावा इसमें दोनों तरफ एक-एक एग्जिट लाइन का भी इंतजाम किया गया है।
-साथ ही यह पुल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस वाले 190 सीसीटीवी कैमरे से लैस है।

इसे बनाने पर कितना आया खर्च?
मुंबई की रफ्तार को और गति देने वाले इस पुल की लंबाई समुद्र के ऊपर लगभग 16.5 किमी और जमीन पर करीब 5.5 किमी है। माना जा रहा है कि इस पुल के बन जाने से मुंबई और नवी मुंबई के बाद अब तीसरी मुंबई बनाने की राह आसान हो जाएगी। अटल सेतु भारत का सबसे लंबा पुल तो है ही ये दुनिया का 12वां सबसे लंबा समंदर पर बना पुल भी है जो 17 हजार 840 करोड़ रुपये में बनकर तैयार हुआ है। अटल सेतु ना सिर्फ दो बड़े शहरों को करीब लाएगा बल्कि अपनी बेहतरीन बनावट, समुद्री सुंदरता और विदेशी फ्लेमिंगो के कारण मुंबइकरों के सफर को रोमांचित और खूबसूरत भी बनाएगा।

वहीं पीएम मोदी आज नासिक में पीएम मोदी 27वें यूथ फेस्टिवल का उद्घाटन भी करेंगे। इसके साथ ही पीएम का रोड शो भी होगा जिसके बाद वह नासिक के प्रसिद्ध कालाराम मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके अलावा नवी मुंबई के एक सार्वजिनिक कार्यक्रम में पीएम मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र को विकास की कई परियोजनाओं की सौगात देंगे।

***********************

 

मोहन यादव ने कमलनाथ से की मुलाकात

भोपाल 12 Jan, (एजेंसी): मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ से सौजन्य भेंट की। डा. यादव ने कल देर शाम कमलनाथ से उनके निवास पर पहुंचकर सौजन्य भेंट की।

मुलाकात की जानकारी डॉ यादव ने स्वयं सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट के जरिए दी है। कमलनाथ ने कुछ दिनों पहले डा. यादव के निवास पर पहुंचकर उनके मुख्यमंत्री बनने पर उन्हें शुभकामनाएं दी थीं।

**************************

 

गुवाहाटी में भारत जोड़ो न्याय यात्रा नहीं निकाल सकेंगे राहुल गांधी, CM ने नहीं दी अनुमति

गुवाहाटी 12 Jan, (एजेंसी): असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को राजधानी गुवाहाटी के भीतर अनुमति नहीं दी जाएगी। सरमा ने दिसपुर के जनता भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि श्री राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान असम में स्कूलों या शैक्षणिक मैदानों की अनुमति नहीं दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि गुवाहाटी में खानापारा से जालुकबारी तक की सड़क पर कई नर्सिंग होम के कारण अत्यधिक यातायात रहता है, जिससे बार-बार एम्बुलेंस की आवाजाही होती है। इसलिए राहुल गांधी की न्याय यात्रा को इस मार्ग पर अनुमति नहीं दी जाएगी।

*****************************

 

दिल्ली की अदालत बृजभूषण के खिलाफ पॉक्सो केस बंद करने पर फैसला 2 मार्च को लेगी

नई दिल्ली ,11 जनवरी (एजेंसी)। दिल्ली की एक अदालत ने गुरुवार को भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व प्रमुख और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ एक किशोरी पहलवान द्वारा दर्ज कराए गए यौन उत्पीडऩ के मामले में दिल्ली पुलिस की रद्दीकरण रिपोर्ट को स्वीकार करने या न करने पर आदेश की घोषणा 2 मार्च तक टाल दी।

पटियाला हाउस कोर्ट की अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश छवि कपूर (एएसजे) ने कहा कि मामले में कुछ स्पष्टीकरण की जरूरत है।

पुलिस की रद्दीकरण रिपोर्ट 15 जून, 2023 को दायर की गई थी और पिछली सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता द्वारा इसका विरोध नहीं किया गया था।

1 अगस्त, 2023 को कथित पीडि़ता और उसके पिता ने मामले में पुलिस की रिपोर्ट पर कोई आपत्ति नहीं जताते हुए पुलिस जांच पर संतुष्टि जताई थी।

उन्होंने एएसजे कपूर के समक्ष कक्ष में कार्यवाही में अपना बयान दर्ज कराया था।

पिछले साल 4 जुलाई को कोर्ट ने पुलिस की कैंसिलेशन रिपोर्ट पर शिकायतकर्ता से जवाब मांगा था। पुलिस द्वारा पटियाला हाउस कोर्ट में दायर की गई 550 पेज की रिपोर्ट में कहा गया था कि नाबालिग द्वारा लगाए गए आरोपों में कोई पुष्टिकारक सबूत नहीं मिला।

दिल्ली पुलिस ने कहा, पॉक्सो मामले में जांच पूरी होने के बाद हमने सीआरपीसी की धारा 173 के तहत एक रिपोर्ट सौंपी है, जिसमें शिकायतकर्ता यानी पीडि़ता के पिता और खुद पीडि़ता के बयानों के आधार पर मामले को रद्द करने का अनुरोध किया गया है।

नाबालिग लड़की द्वारा लगाए गए आरोपों पर एफआईआर यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के साथ-साथ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज की गई थी।

हालांकि, नाबालिग पहलवान के पिता ने बाद में आगे बढ़कर दावा किया कि उन्होंने बृजभूषण के खिलाफ यौन उत्पीडऩ की झूठी शिकायत दर्ज करााईई थी।

पिता ने आरोप लगाया कि उनकी हरकतें उनकी बेटी के प्रति डब्ल्यूएफआई प्रमुख के कथित पक्षपातपूर्ण व्यवहार पर गुस्से और हताशा से प्रेरित थीं।

सूत्रों के अनुसार, सीआरपीसी की धारा 164 के तहत नाबालिग लड़की का दूसरा बयान 5 जून को अदालत में दर्ज किया गया था, जिसमें उसने बृजभूषण पर यौन उत्पीडऩ का आरोप नहीं लगाया था।

****************************

 

हमारा संकल्प, विकसित भारत : अनुराग ठाकुर

मुंबई ,11 जनवरी (एजेंसी)। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आज दक्षिण मुंबई में विकसित भारत संकल्प यात्रा की गाड़ी को झंडी दिखा कर उपस्थित गणमान्यों के साथ विकसित भारत निर्माण में भागीदारी के संकल्प को दोहराया। अनुराग ठाकुर ने कहा, ये यात्रा विश्वास और संकल्प करा रही है कि विकसित भारत बनाने में प्रत्येक भारतवासी का योगदान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हम 2047 से पहले भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए कृतसंकल्पित हैं।

मोदी जी की गारंटी की गाड़ी 2 लाख 69 हजार पंचायतों में जाकर लोगों को भारत सरकार की योजनाओं की जानकारी और लाभ सुनिश्चित कर रही है। अभी तक 13 करोड़ से ज्यादा लोग इस यात्रा से जुड़ चुके हैं। अनुराग ठाकुर ने आगे बताया कि मुंबई जैसे शहरी क्षेत्र में भी विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से लाखों जरूरतमंदों को फायदा मिल रहा है। आयुष्मान भारत योजना के तहत ?5 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा हो, उज्ज्वला योजना के तहत मिलने वाला फ्री गैस चूल्हा या वन नेशन, वन राशन कार्ड के तहत देश के किसी भी कोने में जरूरतमंदों को अनाज उपलब्ध कराना हो, यह सब लोगों को सुनिश्चित कराया जा रहा है।

अधिकारी और कर्मचारी यहां उपलब्ध रहते हैं जो केंद्र सरकार की सभी योजनाओं से लोगों को जोड़ते हैं। अनुराग ठाकुर ने आगे कहा कि टेक्नोलॉजी का उपयोग कर ट्रांसपेरेंसी और इनोवेशन लाना मोदी जी ने देश को सिखाया है। इस पारदर्शिता से जवाबदेही सुनिश्चित होती है और भ्रष्टाचार रुकता है। इसीलिए देश का 2 लाख 70 हजार करोड रुपए बचें। अब तक 4 लाख 10 हजार से ज्यादा फर्जी एलपीजी कनेक्शंस को कैंसिल किया गया है। 4 करोड़ 20 लाख फर्जी राशन कार्डों को कैंसिल किया गया। इसी प्रकार स्वार्निधि योजना से लाखों लोगों को फायदा हुआ है जिसमें उन्हें ?10 हजार से लेकर ?50 हजार तक के ऋण दिए गए। आज पूरे दुनिया के सबसे ज्यादा डिजिटल लेनदेन भारत में होते हैं।

आगे कांग्रेस द्वारा श्री राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को नकारे जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री अनुराग ठाकुर ने कहा, कांग्रेस ने सदैव सनातन को कुचलना की बात की है। इन्होंने जब-जब भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल खड़े किए तो जनता ने इनके ही अस्तित्व पर सवाल खड़ा कर दिया। भगवान राम, राम सेतु और राम मंदिर को काल्पनिक बताने वालों का हाल आप आज देख रहे हैं। कांग्रेस ने तो वहां फिर से बाबरी मस्जिद बनाने का वादा किया था।

इन्होंने राम मंदिर ना बने इसके लिए वकीलों की फौज खड़ी की थी। लेकिन हमारे लिए राम जी एक जीवन दर्शन हैं। एक आदर्श समाज के निर्माण हेतु राम राज्य की स्थापना होनी चाहिए। और इसीलिए आज संपूर्ण भारत राममय है। राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के निमंत्रण का काम भारतीय जनता पार्टी नहीं बल्कि वहां की कमेटी कर रही है। लेकिन मैं इतना आवश्यक कहूंगा कि 500 वर्षों के संघर्ष, धैर्य और प्रतीक्षा के बाद दिव्य और भव्य राम मंदिर बन रहा है तो उसमें आमंत्रित होना सौभाग्य की बात है।

****************************

 

सावधान…. देश के इन राज्यों में ठंड पकड़ेगी जोर, घना कोहरा बनेगा परेशानी

नई दिल्ली ,11 जनवरी (एजेंसी)। उत्तर-पश्चिम भारत के अलग-अलग स्थानों पर सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण, 12 और 13 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद तथा हिमाचल प्रदेश में हल्की वर्षा और हिमपात होने का अनुमान है। 16 जनवरी से इसमें और वृद्धि के भी आसार हैं।

उत्तराखंड में भी 16-17 जनवरी को हल्की वर्षा होने और हिमपात होने के आसार हैं। तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप में अगले 24 घंटे के दौरान हल्की से मध्यम वर्षा होने और मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। ग्यारह से 15 जनवरी तक पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के अलग-अलग स्थानों पर सुबह कुछ घंटों के लिए घना कोहरा छाये रहने के आसार हैं, जिससे ठिठुरन भरी ठंड और अधिक बढ़ जाएगी। पूर्वी-पश्चिमी उत्तर प्रदेश भी 11 और 12 जनवरी को सुबह कुछ घंटों के लिए घने कोहरे की चपेट में रहने के आसार हैं और यह सिलसिला अगले तीन दिनों तक चलने का अनुमान है।

आईएमडी के अनुसार, 11 और 12 जनवरी को पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में और 13-15 जनवरी तक पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में ठंडे दिन से लेकर गंभीर ठंडे दिन की स्थिति जारी रहने की उम्मीद है। ग्यारह और 12 तारीख को उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में कोल्ड डे की स्थिति जारी रहने की संभावना है; आईएमडी ने कहा कि 11 जनवरी को पश्चिमी राजस्थान, उत्तर प्रदेश में और उसके बाद थम जाएगा। मध्य-पूर्वी भारत के कई स्थानों पर अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आने के अनुमान है।

**************************

 

विदेशियों से धोखाधड़ी करने वाले कॉल सेंटर का एसटीएफ और नोएडा पुलिस ने किया पर्दाफाश, 25 गिरफ्तार

नोएडा ,11 जनवरी (एजेंसी)। एसटीएफ मुख्यालय, लखनऊ की टीम और सेक्टर 58 थाना पुलिस के संयुक्त प्रयास से बीओआईपी कॉल, टीएफएन और सॉफ्टफोन के माध्यम से विदेशों में रह रहे व्यक्तियों के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी करके अवैध पैसा कमाने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए 25 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।

इनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल होने वाली 34 मोबाइल, 4 लैपटॉप, 5 इंटरनेट राउटर, 4 चार पहिया वाहन, 22 कम्प्यूटर (डिस्प्ले, सीपीयू, की-बोर्ड, माउस, हेड फोन), 2 रजिस्टर, कागजात समेत अन्य सामान बरामद हुए हैं। एसटीएफ और पुलिस टीम ने छापेमारी डी-41 सेक्टर-59 में की थी।

पुलिस पूछताछ में पकड़े गए गैंग ने बताया है कि कंप्यूटर से टीएनएफ पोर्टल के माध्यम से एयबीम सॉफ्टवेयर से विदेशियों को कॉल सेंटर में लगे सिस्टम पर कॉल को लैंड कराते हैं। उस कॉल को कॉल सेंटर पर पूर्व से एक्टिव कॉलर रिसीव करते हैं तथा अपने आप को विदेशी कंपनी का प्रतिनिधि प्रदर्शित करते हुए उनकी समस्या का जल्द समाधान का आश्वासन देते हैं।

कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी उन लोगों को बोलते हैं कि आपका सिस्टम हैक तथा आईपी एड्रेस कम्प्रोमाइज्ड हो गया है। इस समस्या के समाधान के लिए गैंग उनके सिस्टम को ऐनीडेस्क सॉफ्टवेयर से कनेक्ट कर उनके सिस्टम में आ रही असुविधा को हल करने के नाम पर चार्ज लेते हैं। गैंग पैसा अमेक्स, अमेजन, एप्पल, टारगेट, गूगल प्ले, गैमस्टॉप, सेफोरा, नॉर्डस्टर के गिफ्ट कार्ड 100-500 डालर कीमत के रूप में लेता है।

धोखाधड़ी के दौरान गैंग यूएस के लोगों के मोबाइल को एनीडेस्क से कनेक्ट कर मैजिक ऐप गूगल वाइस आदि ऐप पर पेमेंट कराकर एकाउंट बना लेते हैं और उनके मोबाइल से उस अकाउंट को लॉगआउट कर अपने मोबाइल पर लॉगिन कर लेते हैं। फिर इन ऐप का उपयोग गैंग जरूरत के मुताबिक यूएस के लोगों को डायरेक्ट कॉल करने के काम में लेते हैं और फर्जीवाड़ा किया जाता है।

**************************

 

DC विशेष सारंगल ने राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को किया सम्मानित

जालंधर 11 Jan, (एजेंसी): डिप्टी कमिश्नर विशेष सारंगल ने विभिन्न राष्ट्रीय मुकाबलों में पदक जीतने और जिले का नाम रोशन करने वाले चार बैडमिंटन खिलाड़ियों को सम्मानित किया। हाल ही में हैदराबाद में आयोजित ऑल इंडिया जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट में गोल्ड जीतने वाली मान्या रलहन को 31000 रुपये का चैक दिया गया।

मान्या इस समय जूनियर मिक्स्ड डबल्स कैटेगरी में भारत की नंबर 1 खिलाड़ी है। समृद्धि भारद्वाज, लिजा टांक और अभिनव ठाकुर को 21000 रुपये का चैक दिया गया। जालंधर के इन खिलाडियों ने गोवा में नैशनल गेम्स, गुवाहाटी में नैशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप और 2023 में नैशनल स्कूल गेम्स में पदक जीते थे। समृद्धि भारद्वाज को हाल ही में दुबई में होने वाले वर्ल्ड स्कूल गेम्स में भाग लेने के लिए भारतीय स्कूल टीम में चुना गया है। कोच गगन रत्ती को भी खेल में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए डिप्टी कमिश्नर जो जिला बैडमिंटन एसोसिएशन (डी.बी.ए.) के अध्यक्ष भी है ने कहा कि इन खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय खेल मुकाबलों में पदक जीतकर राज्य और विशेष रूप से जालंधर का नाम रौशन किया है। उन्होंने कहा कि डीबीए भारत और विदेश में किसी भी प्रतियोगिता या चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए एक कॉर्पस फंड स्थापित करेगा।

उन्होंने कहा कि प्रमुख उद्योगपतियों, एनआरआई और अन्य लोगों से अनुरोध किया जाएगा कि वे इस कार्पस फंड में उदारतापूर्वक योगदान देकर सीएसआर गतिविधियों के तहत डीबीए का समर्थन करें। सारंगल ने खिलाड़ियों को खेल में और बढिया प्रदर्शन करने के लिए कड़ी मेहनत जारी रखने के लिए प्रेरित किया और उन्हें बढिया प्रशिक्षण सुविधाओं के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इस अवसर पर उपस्थित प्रमुख लोगों में डीबीए की अंतरिम समिति के चेयरमैन डा. जय इंद्र सिंह (एसडीएम), जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव रितिन खन्ना, कोषाध्यक्ष पलविंदर सिंह जुनेजा और खिलाड़ियों के माता-पिता शामिल थे।

****************************

 

जल सप्लाई व सेनिटेशन विभाग के ठेका मुलाजिमों ने लगाया दफ्तर के बाहर धरना

जालंधर 11 Jan, (एजेंसी): जल सप्लाई व सेनिटेशन विभाग में अलग-अलग विभाग के सोशल स्टाफ मुलाज़िमों ने सर्किल लेवल पर विभाग के बाहर धरना दर्शन दिया। कर्मचारियों की मांगें हैं कि कच्चे कर्मचारियों को पक्का करें और मोबिलिटी एलाइंस, स्पैशल एलाइंस और मोबाइल एलाइंस के लिए दिया जाने वाला भत्ता जो कि पिछले 10 महीने से नहीं दिया जा रहा। उसे फिर से बहाल किया जाए।

इस मौके पर ब्लॉक कोऑर्डिनेटर सरबजीत सिंह ने बताया कि सरकार की ओर से कच्चे मुलाजिमों को 10 साल की सर्विस के बाद पक्का करना होता है। लेकिन अब उन्हे काम 4करते हुए 12 साल तक का समय हो गया है, लेकिन अभी तक सरकार की ओर से उन्हें रेगुलर करने की नोटिफिकेशन जारी नहीं की गई है। जिस सिलसिले में वह कई बार जल विभाग के अलग-अलग अधिकारियों व मंत्रियों के साथ बात कर चुके हैं।

जिनकी ओर से हर बार आश्वासन दिया जाता है, कि उनकी मांगों को जल्द ही पूरा किया जाएगा। लेकिन अभी तक पूरा नहीं किया गया। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि कर्मचारियों को मोबिलिटी एलाइंस, स्पैशल एलाइंस और मोबाइल एलाइंस दिया जाता था। जो कि पिछले 10 महीना से नहीं दिया जा रहा है। उसे फिर से शुरू किया जाए।

यह धरना प्रदर्शन समस्त पंजाब भर में सर्कल स्तर पर किया जा रहा है। अगर सरकार की ओर से उनकी मांगों को जल्दी पूरा नहीं किया गया तो वह जिला स्तर पर भी सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने अपनी मांगों को लेकर एसई नरिंदर सिंह को मांग पत्र दिया गया। इस मौके पर सर्कल प्रधान रामेश्वरी घई, रोहित सिंधू, हर्षविंदर कौर, परमजीत कौर, जसदीप सिंह, हरमनप्रीत सिंह मौजूद रहें।

****************************

 

संजय कुंडू ने हिमाचल हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ फिर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया

नई दिल्ली ,11 जनवरी (एजेंसी)। हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से संजय कुंडू का पुलिस महानिदेशक के पद से तबादला करने का आदेश दिया था, जिसे वापस लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी संजय कुंडू ने फिर से सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।

हाईकोर्ट ने कुंडू और कांगड़ा की पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री की याचिका खारिज कर दी, जिसमें अपने पहले के आदेश को वापस लेने की मांग करते हुए गृह सचिव को दो आईपीएस अधिकारियों को किसी अन्य पद पर स्थानांतरित करने का निर्देश दिया गया था, ताकि उन्हें एक व्यवसायी को कथित रूप से डराने-धमकाने के मामले में जांच को प्रभावित करने का कोई अवसर न मिले।

मुकदमेबाजी के पहले दौर में सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के आदेश पर रोक लगाते हुए एक अंतरिम आदेश पारित किया था। अदालत ने 1989 बैच के आईपीएस अधिकारी कुंडू को डीजीपी के पद से हटाने के आदेश को वापस लेने के लिए एक अर्जी (रिकॉल एप्लीकेशन) के साथ हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने के लिए कहा था।

कुंडू ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर कहा था कि हाईकोर्ट ने विवादित आदेश पारित करने से पहले उन्हें सुनवाई का कोई मौका नहीं दिया था।

26 दिसंबर को एक आदेश में मुख्य न्यायाधीश एम.एस. रामचंद्र राव और न्यायमूर्ति ज्योत्सना रेवाल दुआ की पीठ ने पालमपुर स्थित एक व्यवसायी की शिकायत के मद्देनजर राज्य सरकार को राज्य पुलिस प्रमुख और कांगड़ा एसपी को स्थानांतरित करने का निर्देश दिया था, जिन्होंने जान को खतरा होने की आशंका जताई थी।

शिकायतकर्ता निशांत शर्मा ने अपने साझेदारों से उन्हें, उनके परिवार और संपत्ति को खतरा होने का आरोप लगाया था। 25 अगस्त को गुरुग्राम में उन पर हुए क्रूर हमले की घटना का हवाला देते हुए कहा था कि सीसीटीवी फुटेज में एक पूर्व आईपीएस अधिकारी सहित हिमाचल के दो प्रभावशाली लोगों की पहचान की गई थी।

*****************************