Category Archives: film

एनबीके 109′ में एक साथ नज़र आएंगे साउथ स्टार नंदमुरी बालकृष्ण और प्रज्ञा जायसवाल

01.08.2024  –  पैन इंडिया स्टार के रूप में विख्यात अभिनेत्री प्रज्ञा जायसवाल इन दिनों अपनी ‘फिल्म खेल खेल में’ को लेकर काफी उत्साहित हैं। 15 अगस्त को रिलीज होने वाली, अक्षय कुमार स्टारर इस फिल्म से वो अपनी बॉलीवुड जर्नी शुरू कर रही हैं। उन्होंने हालही में इस बात की पुष्टि की है कि वो साउथ की फिल्म ‘एनबीके 109’ में बतौर लीड अभिनेत्री नज़र आएँगी।

इस फिल्म में तेलुगु फिल्म जगत के दिग्गज और फैंस के बीच ‘मन बलैया’ के नाम से मशहूर अभिनेता नंदमुरी बालकृष्ण की मुख्य भूमिका है। इससे पहले प्रज्ञा जायसवाल ‘अखण्डा’ में उनके साथ नज़र आयी थीं जो ब्लॉकबस्टर रही। बॉबी कोली द्वारा निर्देशित और नागा वामसी द्वारा निर्मित, इस तेलुगु एक्शन ड्रामा में बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल की भी अहम भूमिका है।

अपनी नवीनतम फिल्म ‘एनबीके 109’ की मेकिंग की विस्तृत चर्चा करते हुए प्रज्ञा जायसवाल कहती हैं “मैं नंदमुरी बालकृष्ण के साथ एक साथ फिर से जुड़ने और बॉबी कोली के निर्देशन में काम करके काफी रोमांचित हूँ। ‘एनबीके 109’ एक शानदार प्रोजेक्ट है और बॉबी देओल और नंदमुरी बालकृष्ण बहुत ही अनुभवी और प्रतिभाशाली कलाकार हैं। मुझे उम्मीद है कि सिनेदर्शकों को यह फिल्म काफी पसंद आएगी।”

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***************************

 

‘ए वेडिंग स्टोरी’ का मोशन पोस्टर जारी…..!

31.07.2024  –  बाउंडलेस ब्लैकबक फिल्म्स प्रोडक्शन के बैनर तले शुभो शेखर भट्टाचार्य और विनय रेड्डी द्वारा निर्मित और अभिनव पारीक द्वारा निर्देशित सुपरनैचरल हॉरर फिल्म ‘ए वेडिंग स्टोरी’ का मोशन पोस्टर जारी कर दिया गया है। जिसमें रहस्यमय दुनिया की एक डरावनी झलक मिलती है।

वैसे भी बॉलीवुड हॉरर जॉनर को एक्सप्लोर करने में शुरू से ही अग्रसर रहा है और उसी कड़ी में ‘ए वेडिंग स्टोरी’ शामिल है। यह फिल्म 30 अगस्त को रिलीज़ होने वाली है। फिल्म की कहानी मौत की एक परंपरा पर आधारित है जो एक खुशहाल शादी के इर्द-गिर्द घूमती है और रोमांचक घटनाक्रम के साथ जल्द ही एक बुरे सपने में बदल जाती है क्योंकि शादी के बाद अशुभ घटनाएँ होने लगती हैं।

हॉरर की दुनिया में एक अनूठी गहराई को उजागर करते हुए, ‘ए वेडिंग स्टोरी’ में प्रभावशाली प्रदर्शनों के साथ शानदार दृश्य और खौफनाक धुनें भी हैं जो निश्चितरूप से लोगों को पसंद आएगी। इस फिल्म में मुक्ति मोहन, वैभव तत्ववादी, लक्षवीर सिंह सरन, मोनिका चौधरी, अक्षय आनंद, डॉ. प्लोम खुराना और पीलू विद्यार्थी अपने अभिनय का जलवा बिखेरते नजर आएंगे।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***********************************

 

एक्ट्रेस मोना सिंह को मिला एक्टिंग एक्सीलेंस अवॉर्ड

30.07.2024 — एक्ट्रेस मोना सिंह को ‘मेड इन हेवन’ सीजन 2 में बुलबुल जौहरी के किरदार के साथ बेहतरीन परफॉर्मेंस देने के लिए टाइम्स ऑफ इंडिया फिल्म अवॉर्ड्स समारोह – (ओटीटी एडिशन 2023) में सपोर्टिंग रोल (फीमेल) के लिए एक्टिंग एक्सीलेंस अवॉर्ड से नवाजा गया है। उनके असाधारण परफॉर्मेंस ने उन्हें खूब तारीफ और पहचान दिलाई है, जो उनके करियर में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

एक्ट्रेस मोना सिंह ने ‘मेड इन हेवन’ सीजन 2 में बुलबुल जौहरी का रोल निभाया है, जो एक कॉम्प्लेक्स युक्त लेकिन इंडिपेंडेंट महिला है, जो फाइनेंस में काम करती हैं और वेडिंग प्लानिंग कंपनी के नए ऑडिटर बनकर सामने आती है। पहले तो उसका किरदार अपने काम की वजह से तनावग्रस्त और दखलंदाज़ वाला लगता है, लेकिन जैसे-जैसे सीरीज आगे बढ़ती है, किरदार में मौजूद कई परतें और गहराई देखने मिलती है।

मोना ने इस रोल को बखूबी निभाया है, अपने एक्टिंग स्किल के वाइड रेंज को सभी के सामने पेश किया है और इंडस्ट्री में बेस्ट एक्ट्रेस के रूप में खुद की स्थापित किया है। वैसे ‘मुंज्या’ और ‘काला पानी’ में उनकी हालिया बेहतरीन परफॉर्मेंस को भी क्रिटिक्स और सिनेदर्शकों से काफी तारीफें मिली हैं। मोना सिंह के पास आने वाले समय में कई बेहतरीन प्रोजेक्ट हैं, जिनमें आमिर खान के साथ ‘हैप्पी पटेल खतरनाक जासूस’ और निर्देशक आर्यन खान की फिल्म ‘स्टारडम’ शामिल है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

प्रभास की द राजा साब की पहली झलक आई सामने

रोमांटिक अंदाज में दिखे प्रभास

30.07.2024 (एजेंसी)  – प्रभास की अपकमिंग पैन इंडिया फिल्म द राजा साब से उनकी पहली झलक फिल्म मेकर्स ने रिलीज कर दी है. मारुति द्वारा निर्देशित, हॉरर रोमांटिक कॉमेडी 10 अप्रैल, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. द राजा साब का 45 सेकंड का टीजर प्रभास के लीड कैरेक्टर की झलक दिखाता है.

क्लिप में प्रभास को मोटरसाइकिल पर आते हुए दिखाया गया है, जो सूट, धूप का चश्मा और हाथों में फूलों का गुलदस्ता लिए हुए हैं. फिल्म की पहली झलक पर फैंस ने कई तरह के रिएक्शन दिए हैं.पीपल मीडिया फैक्ट्री द्वारा निर्मित इस फिल्म का म्यूजिक एसएस थमन ने दिया है.

द राजा साब में प्रभास, मालविका मोहनन, निधि अग्रवाल और रिद्धि कुमार जैसे कलाकार लीड रोल में हैं. वरालक्ष्मी सरथकुमार, जीशु सेनगुप्ता और ब्रह्मानंदम भी कलाकारों में शामिल हैं. यह मास एंटरटेनर पांच भाषाओं में रिलीज होगी, जिसमें तेलुगु, तमिल, मलयालम, कन्नड़ और हिंदी शामिल हैं. प्रभास फिलहाल अपनी फिल्म कल्कि 2898 एडी की सफलता को एंजॉय कर रहे हैं. जिसमें उनके साथ अमिताभ बच्चन, दीपिका पादुकोण और कमल हासन भी हैं.

प्रभास की राजा साब 10 अप्रैल 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है यह फिल्म एक हॉरर रोमांटिक कॉमेडी फिल्म है जिसमें प्रभास अलग ही अंदाज में नजर आएंगे. प्रभास के अलावा फिल्म में मालविक मोहनन, निधि अग्रवाल, और ऋधि कुमार जैसे कलाकार खास रोल प्ले करने वाले हैं. इनके अलावा फिल्म में बॉलीवुड एक्टर संजय दत्त भी नजर आने वाले हैं.

**************************

 

चर्चाओं के बीच : स्क्रिप्ट राइटर गोपाल राम

29.07.2024  –  हालिया रिलीज फिल्म ‘महाराजा’ के संवाद लोगों को बहुत पसंद आ रहे हैं। विजय सेतुपति की बहुचर्चित फिल्म ‘महाराजा’ नेटफ्लिकस में टॉप पोजीशन पर अभी भी अपनी पकड़ बरकरार रखी हुई है। इस फिल्म को मिली सफलता के बाद कथा, पठकथा व संवाद लेखक गोपाल राम इन दिनों चर्चा का विषय बने हुए हैं। विजय सेतुपति की फिल्म ‘महाराजा’ गोपाल राम की दो सौवीं फिल्म है जिनका हिंदी संवाद इनके द्वारा लिखा गया है।

इस फिल्म के संवाद आज हर व्यक्ति की जुबान पर है। एक भाषा की फिल्म की कहानी को दूसरी भाषा में रूपांतरण कर लिखने का अनोखा कार्य गोपाल राम पिछले तीस वर्षों से करते आ रहे हैं। गोपाल राम दिल्ली के निवासी हैं बॉलीवुड में काफी समय काम करने के बाद वे दक्षिण भारतीय फिल्मों को हिंदी में लिखते हैं। इनकी शैली कलात्मक और रोचक है जिनमें संवादों में पंच लाइनों का भरमार होता है जो दर्शकों से जल्द जुड़ाव ले लेते हैं।

साउथ की चर्चित फिल्म ‘इंद्रा द टाइगर’ का हिंदी वर्जन गोपाल राम ने लिखा है, इस फिल्म के हिंदी संवाद लोगों को बेहद पसंद आया था। सुपरहिट ‘कार्तिकेय 2’ फिल्म का भी हिंदी वर्ज़न भी इन्होंने लिखा है। शंकर के निर्देशन में विक्रम अभिनीत ‘अपरिचित’ फिल्म भी इन्हीं के कलम से लिखी गई है। इस फिल्म में मुख्य किरदार की तीन अलग अलग भूमिकाएं फिल्म में है जिसको रोचक बनाने के लिए संवाद को बेहतरीन ढंग से गोपाल राम द्वारा लिखा गया था।

रजनीकांत की फिल्म ‘बादशाह’ के संवाद इन्होंने ही लिखा है जो बेहद प्रसिद्ध हुआ था। ऐसी ही कई फिल्मों की पटकथा और संवादों को गोपाल राम ने लिखा है, जो दर्शकों को बेहद पसंद आते हैं। वर्तमान समय में टेलीविजन ओटीटी या बड़े पर्दे पर दिखाई जाने वाली दक्षिण भारतीय फिल्मों के हिंदी रूपांतरण अधिकांशतः गोपाल राम ही लिखते हैं।

दक्षिण भारतीय सभी कलाकारों जैसे रजनीकांत, चिरंजीवी, विक्रम, महेश बाबू, सूर्या, अजित, विशाल, कार्तिक, जयराम रवि, शिवा राजकुमार, उपेंद्र, मोहनलाल, ममूति, कमल हासन, विजय, विजय सेतुपति, व्यंकटेश, निखिल सिद्धार्थ, नागार्जुन, अल्लु अर्जुन, जूनियर एनटीआर, रवि तेजा आदि की फिल्मों की हिंदी पटकथा और संवाद गोपाल राम ने लिखा है।

गोपाल राम बॉलीवुड और टॉलीवुड में अब तक 200 फिल्मों की कहानी, संवाद और पटकथा लेखन का कार्य कर चुके हैं। इन्हें कई भाषाओं का ज्ञान है। दक्षिण भारतीय फिल्मों के हिंदी रूपांतरण का कार्य वह करते हैं और यह फिल्म उत्तर भारत में प्रदर्शित होती है।

गोपाल राम एक बेहतरीन लेखक होने के साथ फिल्मों का निर्देशन भी करते हैं। बतौर निर्देशक और लेखक इनकी आगामी फिल्म ‘ओह माय गॉड बालाजी’ ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी। इन्होंने अपने लेखन करियर की शुरुआत प्रसिद्ध निर्देशक राम गोपाल वर्मा के साथ शुरू की थी। रामगोपाल वर्मा की फिल्म ‘क्षणम क्षणम’ का हिंदी में अनुवाद इन्होंने किया था जो ‘हैरान’ नाम से हिंदी में रिलीज हुई थी।

पंजाबी, मराठी, हिंदी,उर्दू, बंगाली, तमिल, तेलगु और कन्नड़ जैसी कई भाषा में इनकी अच्छी पकड़ है। स्क्रिप्ट राइटर गोपाल राम ने फ़िल्म इंडस्ट्री में रहते हुए ऐसी सैकड़ों फिल्मों की कहानी की पटकथा और संवाद कई भाषा में लिखा है। अपनी इसी कला के कारण वो कई पुरस्कारों से सम्मानित हो चुके हैं। फिल्म इंडस्ट्री में सबसे प्रसिद्ध दादा साहेब फाल्के अकादमी अवार्ड से भी वो सम्मानित हो चुके हैं। बॉम्बे डबिंग आर्टिस्ट अवार्ड और दक्षिण भारत में भी नॉर्थ मेंटेन फिल्म क्रिटिक का अवार्ड इन्हें मिल चुका है।

बकौल गोपाल राम किसी भाषा विशेष की फिल्म को किसी अन्य भाषा में लिखना एक कलात्मक और रोचक काम के साथ साथ जिम्मेदारियों से भरा कार्य है। भाषा की मर्यादा को बनाये हुए, कलाकारों के लिपसिंग को ध्यान में रखकर, फिल्म की विषयवस्तु के साथ, संवाद को रोचक बनना आसान नहीं होता। फिल्मों का बेहद बारीकी से अनुकरण कर अपने समझदारी का परिचय देना पड़ता है।

वर्तमान समय में दक्षिण भारतीय फिल्मों या अंग्रेजी फिल्मों का हिंदी में डब करने का चलन बढ़ गया है। पहले सफल फिल्में ही डब होती थी लेकिन आज फिल्मों को कई भाषाओं में ही तैयार किया जाता है जिससे भारत की बहुभाषी जनता फिल्म की विषयवस्तु को आसानी से समझ सके।

हमें साउथ की फिल्में देखना चाहिए खासकर वह फिल्म जिसकी विषयवस्तु अच्छी हो। ऐसी फिल्में हमारे जीवन में, सोच में साकारात्मक बदलाव लाती है। आज का दर्शक अच्छे कॉन्टेंट वाली फिल्मों की ओर आगे बढ़ रहा है। यही वज़ह है कि साउथ की फिल्में बॉक्स ऑफिस की खिड़की पर धमाल मचा रही है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

******************************

 

बड़े स्केल की थ्रिलर फिल्म को प्रोड्यूस करेगा जियो स्टूडियो और बी 62 स्टूडियो

29.07.2024  –  जियो स्टूडियो की ज्योति देशपांडे और लोकेश धर एवं बी62 स्टूडियो के आदित्य धर ने संयुक्तरूप से बड़े स्केल की थ्रिलर फिल्म के निर्माण की घोषणा कर दी है। सूत्रों से पता चला है कि इस फिल्म को ‘धुरंधर’ के टाइटल से बनाया जाएगा। हालांकि फिल्म मेकर्स ने अभी कोई टाइटल अनाउंस नहीं किया है।

वैसे रणवीर सिंह ने भी ऑफिशियली इस फिल्म को अनाउंस कर दिया है और उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक फोटो कोलाज शेयर किया है। कोलाज में उनके और आदित्य धर के साथ संजय दत्त, आर. माधवन, अक्षय खन्ना और अर्जुन रामपाल नज़र आ रहे हैं। अभिनेता रणवीर सिंह और निर्देशक आदित्य धर इस प्रोजेक्ट में शामिल हैं।

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता आदित्य धर की रिकॉर्ड तोड़ ब्लॉकबस्टर ‘उरी-द सर्जिकल स्ट्राइक’ के बाद यह उनकी दूसरी बड़े बजट की फिल्म होगी। इस फिल्म में संजय दत्त, आर. माधवन, अक्षय खन्ना और अर्जुन रामपाल भी अहम भूमिका में नज़र आएंगे।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*****************************

 

म्यूजिक वीडियो ‘पटना की परी’ जारी

29.07.2024  –  भोजपुरी सिनेमा की चर्चित अदाकारा और सिंगर अक्षरा सिंह का म्यूजिक वीडियो ‘पटना की परी’ सारेगामा हम भोजपुरी के साथ साथ सारे लीडिंग ओटीटी म्यूजिक स्ट्रीमिंग एप्स पर रिलीज़ हुआ है। यह गाना संगीतप्रेमियों द्वारा पसंद किया जा रहा है। अक्षरा सिंह, जो अपनी बेहतरीन अदाकारी और शानदार गायकी के लिए जानी जाती हैं, ने इस गाने से अपनी अदाओं और आवाज के द्वारा सभी का दिल जीत लिया है।

गाना रिलीज होते ही देखते ही देखते वायरल हो रहा है। म्यूजिक वीडियो ‘पटना की परी’ इस गाने में अक्षरा सिंह का नया अवतार दर्शकों को बेहद पसंद आ रहा है। इस गाने के जरिए उन्होंने अपने फैंस को फिर इम्प्रेस कर दिया है। उनकी अदाकारी और गायकी बहुत ही शानदार है जिस वजह से वे इस गाने को बार-बार सुनना और देखना पसंद कर रहे हैं।

गाने की शानदार बीट्स, आकर्षक लिरिक्स और अक्षरा सिंह की मनमोहक प्रस्तुति इसे एक जबरदस्त हिट बना रहा है। बकौल अक्षरा सिंह ‘सारेगामा हम भोजपुरी’ के साथ मिलकर हमने इस गाने को रिलीज किया है और मैं इसके हिट होने पर बहुत खुश हूं।

मुझे उम्मीद है कि दर्शक इस गाने को आगे भी खूब प्यार और आशीर्वाद देंगे। मैं सभी संगीतप्रेमियों का शुक्रिया अदा करती हूं। सभी संगीतप्रेमियों की पसंद और समर्थन ही मुझे नए प्रोजेक्ट्स पर काम करने के लिए प्रेरित करती है।

म्यूजिक वीडियो ‘पटना की परी’ के सॉन्ग को अक्षरा सिंह ने अपनी खूबसूरत आवाज दी है। गाने में अक्षरा सिंह के साथ संजय कादयान की जोड़ी मस्त नज़र आ रही है। इसके गीतकार और संगीतकार छोटू रावत हैं, डीओपी और डायरेक्टर सोएब सिद्धिकी और कोरिओग्राफर अमित हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

****************************

 

कल्कि के बाद राज साब से धमाल मचाएंगे प्रभास

नए पोस्टर संग मेकर्स ने बताई टीजर की रिलीज डेट

29.07.2024  –  पैन इंडिया सुपरस्टार प्रभास अपनी हालिया ब्लॉकबस्टर कल्कि 2898 एडी की सफलता को एंजॉय कर रहे हैं. इसके अलावा उनकी अपकमिंग फिल्म राजा साब को लेकर भी काफी चर्चा है. इस ग्रैंड हॉरर एंटरटेनर ने हाल ही में अपने पोस्टर से फैंस को प्रभावित किया है, अब मेकर्स ने एक और नए पोस्टर के साथ मारुति द्वारा निर्देशित राजा साब के टीजर की रिलीज डेट अनाउंस कर दी है.

मेकर्स ने अनाउंस किया कि फिल्म की मोस्ट अवेटेड झलक 29 जुलाई को सामने आएगी.फैन इंडिया झलक टाइटल के साथ प्रभास की राजा साब का टीजर उनके फैंस के लिए एक गिफ्ट की तरह है. मेकर्स ने प्रभास को स्टाइलिश लुक में दिखाते हुए एक नया लुक पोस्टर भी रिलीज किया.

पोस्टर में, वह एक मैरून जैकेट और धूप का चश्मा पहने हुए हैं, जो फूलों से सजी एक पुरानी कार की ओर झुके हुए हैं. पोस्टर पर लिखा है कि राजा साब की पहली झलक 29 जुलाई को शाम 5:03 बजे रिलीज होगी. फिल्म का निर्माण टीजी विश्व प्रसाद ने किया है, जिसमें थमन एस ने म्यूजिक दिया है. इसमें शामिल प्रोडक्शन कंपनियां पीपल मीडिया फैक्ट्री और जीएसके मीडिया हैं.

पोस्टर को शेयर करते हुए मेकर्स ने लिखा, वारे वारे वारे वारे वचेसादु राजा साब, जिस प्यारे लाडले को हम सभी प्यार करते हैं वह वापस आ रहे हैं, राजा साब कल शाम 5:03 बजे आएंगे.मारुति द्वारा निर्देशित अपकमिंग फिल्म एक हॉरर-कॉमेडी है जिसमें शानदार वीएफएक्स है. इस मजेदार फिल्म में प्रभास घनी दाढ़ी और लंबे बालों के साख अलग ही अंदाज में नजर आएंगे.

प्रभास के अलावा इसमें मालविका मोहनन और निधि अग्रवाल के लीड रोल प्ले करने की उम्मीद है. कई भाषाओं में आने वाली यह फिल्म 2025 की शुरुआत में रिलीज होगी. वर्कफ्रंट की बात करें तो प्रभास फिलहाल कल्कि 2898 एडी की सफलता को एंजॉय कर रहे हैं. इसके अलावा प्रभास के पास निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा की एक्शन फिल्म स्पिरिट भी पाइपलाइन में है. फिल्म में एक्टर एक पुलिस वाले का रोल प्ले कर सकते हैं.

**************************

 

त्रिशा कृष्णन की तेलुगु ओरिजिनल क्राइम-थ्रिलर सीरीज़ बृंदा का ट्रेलर जारी

28.07.2024 (एजेंसी) –  त्रिशा कृष्णन की बृंदा का ट्रेलर रिलीज़ हुआ। दक्षिण भारतीय सिनेमा की सनसनी त्रिशा कृष्णन अपनी आगामी क्राइम थ्रिलर सीरीज़ बृंदा के साथ देशभर के दर्शकों को लुभाने के लिए तैयार हैं। 2 अगस्त को सोनी लिव पर प्रीमियर होने वाली यह दिलचस्प सीरीज़ तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम, मराठी, बंगाली और हिंदी सहित कई भाषाओं में उपलब्ध होगी, जिससे पूरे भारत में इसकी व्यापक पहुँच सुनिश्चित होगी।

हाल ही में रिलीज़ हुए ट्रेलर ने काफ़ी चर्चा बटोरी है, जिसमें त्रिशा को एक जटिल रहस्य को सुलझाने वाली दृढ़ पुलिस अधिकारी की दमदार भूमिका में दिखाया गया है। विकट बाधाओं का सामना करते हुए, वह सच्चाई को उजागर करने के लिए दृढ़ संकल्पित है। यह सीरीज़ दर्शकों को अपनी सीटों से बांधे रखने का वादा करती है क्योंकि त्रिशा का किरदार चुनौतियों का सामना करता है और रहस्य सामने आता है।

बृंदा त्रिशा कृष्णन का ओटीटी डेब्यू है और यह एक अभिनेता के रूप में उनकी बहुमुखी प्रतिभा का प्रमाण है। सूर्या मनोज वंगाला द्वारा लिखित और निर्देशित, यह सीरीज़ एडिंग एडवरटाइजिंग एलएलपी द्वारा निर्मित है। वंगाला और पद्मावती मल्लादी द्वारा लिखी गई पटकथा को शक्तिकांत कार्तिक के आकर्षक संगीत स्कोर द्वारा और भी बेहतर बनाया गया है।

इस दिलचस्प सीरीज़ में त्रिशा के साथ इंद्रजीत सुकुमारन, जया प्रकाश, आमानी, रवींद्र विजय, आनंद सामी, राकेन्दु मौली और अन्य सहित कई प्रतिभाशाली कलाकार शामिल हैं। अपने आकर्षक आधार और मजबूत कलाकारों के साथ, बृंदा निस्संदेह एक ऐसी सीरीज़ है जिसे देखना चाहिए।

************************

 

अश्विन बाबू की फिल्म शिवम भजे का ट्रेलर रिलीज

27.07.2024  –  फिल्म शिवम भजे का ट्रेलर रिलीज। शिवम भजे के ट्रेलर ने अश्विन बाबू की एक्शन से भरपूर थ्रिलर के लिए उत्सुकता बढ़ा दी है।हिडिम्बा की सफलता के बाद, अश्विन बाबू अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म शिवम भजे के साथ बड़े पर्दे पर वापसी करने के लिए तैयार हैं, जिसका निर्देशन अप्सर ने किया है। फिल्म ने पहले ही एक दिलचस्प टीजऱ और एक आकर्षक पहले सिंगल के साथ चर्चा बटोरी है, और अब, ट्रेलर जारी होने से उत्साह और बढ़ गया है।

ट्रेलर की शुरुआत एक मनोरंजक दृश्य से होती है, जो भारत और चीन के बीच तनावपूर्ण गतिरोध के लिए मंच तैयार करता है। अश्विन बाबू, एक फार्मास्युटिकल कंपनी में काम करने वाले एक केमिकल इंजीनियर की भूमिका निभाते हैं, जो खुद को देश भर में कहर बरपाने वाले एक क्रूर खलनायक की पहचान उजागर करने के लिए एक खतरनाक मिशन में पाते हैं। ट्रेलर में खलनायक के इरादों और अश्विन के सामने आने वाले नाटक से जटिल संबंध को बेहतरीन तरीके से दिखाया गया है, जिससे दर्शक अपनी सीटों के किनारे पर बैठे रहते हैं और बड़े पर्दे पर रहस्य को उजागर करने के लिए उत्सुक रहते हैं।

आकर्षक दृश्यों को एक उत्तेजक स्कोर द्वारा और भी बढ़ाया जाता है जो तीव्रता की एक अतिरिक्त परत जोड़ता है। शिवम भजे गंगा एंटरटेनमेंट द्वारा जीवंत किया गया एक सहयोगात्मक प्रयास है, जिसमें एक आकर्षक कहानी, असाधारण उत्पादन मूल्य और एक प्रतिभाशाली कलाकार हैं। अश्विन बाबू के साथ, फिल्म में मुख्य महिला के रूप में दिगांगना सूर्यवंशी हैं, और हाइपर आदी, मुरली शर्मा, साईं धीना, ब्रह्माजी, तुलसी, देवी प्रसाद, अयप्पा शर्मा, शाकालाका शंकर, काशी विश्वनाथ, इनाया सुल्ताना और कई अन्य कलाकार हैं।

फिल्म का संगीत विकास बडीसा ने तैयार किया है।1 अगस्त, 2024 को रिलीज़ होने वाली शिवम भजे अपनी एक्शन से भरपूर कहानी, दमदार अभिनय और लुभावने दृश्यों के साथ दर्शकों को लुभाने के लिए तैयार है। ट्रेलर ने निस्संदेह इस रोमांचक सिनेमाई अनुभव के लिए प्रत्याशा को बढ़ा दिया है।

*************************

 

वेब सीरीज ‘द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स : द रिंग्स ऑफ पावर’ के दूसरे सीज़न का ट्रेलर जारी

* ‘द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स : द रिंग्स ऑफ पावर’ के दूसरे सीज़न का प्रीमियर 29 अगस्त को प्राइम वीडियो पर किया जाएगा

27.07.2024  –  प्राइम वीडियो की नवीनतम प्रस्तुति वेब सीरीज ‘द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स : द रिंग्स ऑफ पावर’ के दूसरे सीज़न का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। एक्शन से भरपूर इस ट्रेलर में कुख्यात खलनायक सौरोन की लंबे समय से आशंकित गतिविधियों के पुन: उभरने के सम्बन्ध में ध्यान केंद्रित किया गया है, जो कई वर्षों तक सभी क्षेत्रों में कड़ी मेहनत से शांति बनाए रखने के बाद मध्य-पृथ्वी पर अंधकार और बुराई की वापसी की घोषणा करता है।

ट्रेलर में सौरोन की धोखा और छल की शक्तियों की सहायता से बनाई गई, रिंग्स ऑफ पावर के निर्माण को भी उजागर किया गया। इस वेब सीरीज के दूसरे सीज़न में, सौरोन की वापसी हो चुकी है। गैलाड्रियल द्वारा निष्कासित, सेना या सहयोगी के बिना, उभरते हुए डार्क लॉर्ड को अब अपनी चालाकी पर निर्भर रहना होगा ताकि वह अपनी ताकत फिर से बना सके और रिंग्स ऑफ पावर के निर्माण की देखरेख कर सके, जिससे वह मध्य-पृथ्वी के सभी लोगों को अपनी भयावह इच्छा के अधीन कर सके।

सीज़न वन के महाकाव्य पैमाने और महत्वाकांक्षा पर आधारित, नया सीज़न अपने सबसे प्रिय और संवेदनशील पात्रों को भी बढ़ते अंधकार की लहर में डूबा देता है, जो प्रत्येक को एक ऐसी दुनिया में अपनी जगह खोजने की चुनौती देता है जो तेजी से आपदा के कगार पर है। ‘द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स : द रिंग्स ऑफ पावर’ के दूसरे सीजन का निर्माण शो रनर और कार्यकारी निर्माता जे.डी. पेन और पैट्रिक मैके ने किया है।

उनके साथ कार्यकारी निर्माता लिंडसे वेबर, कैलम ग्रीन, जस्टिन डोबल, जेसन कैहिल और जेनिफर हचिसन, सह-कार्यकारी निर्माता और निर्देशक चार्लोट ब्रैंडस्ट्रॉम, निर्माता केट हेज़ल और हेलेन शांग और सह-निर्माता क्लेयर बक्सटन, एंड्रयू ली, ग्लेनिस मुलिंस और मैथ्यू पेनरी-डेवी शामिल हैं। सीजन दो के अतिरिक्त निर्देशकों में सना हमरी और लुईस हूपर शामिल हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

****************************

 

‘बोंग’ का वर्ल्ड प्रीमियर 49वें टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के डिस्कवरी सेक्शन में होगा

26.07.2024  –  एक्सेल एंटरटेनमेंट, चॉकबोर्ड एंटरटेनमेंट और सूटेबल पिक्चर्स के बैनर तले निर्मित मानवीय संवेदनाओं को उजागर करती फिल्म ‘बोंग’ का वर्ल्ड प्रीमियर 5-15 सितंबर, 2024 को होने वाले 49वें टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के डिस्कवरी सेक्शन में होगा।

‘लक बाय चांस’, ‘तलाश’, पीके और ए सूटेबल बॉय जैसी बड़ी इंडियन प्रोडक्शंस में फर्स्ट असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी लक्ष्मीप्रिया देवी ‘बोंग’ के साथ अपना डायरेक्टोरियल डेब्यू कर रही हैं।

निर्देशिका लक्ष्मीप्रिया देवी ने अपनी फिल्म ‘बोंग’ डायरेक्ट करने का फैसला तभी किया जब उनके अपने एक्सपीरियंस से एक कहानी सामने आई। यह कहानी असल में तब डेवलप हुई थी, जब लक्ष्मीप्रिया मणिपुर में अपने बचपन के मुश्किल दौर से बाहर निकलने की कोशिश कर रही थी। ‘बोंग’ मणिपुर की घाटी के बोंग नाम के एक युवा लड़के की कहानी है।

वह अपनी माँ को एक गिफ्ट देकर सरप्राइस करने की प्लानिंग बनाता है। उसका मानना है कि अपने पिता को घर वापस लाना सबसे अच्छा गिफ्ट होगा। ऐसे में उसके द्वारा की जाने वाली पिता की खोज उसे एक उम्मीद से परे गिफ्ट की ओर ले जाती है – एक नई शुरुआत की ओर।

‘बोंग’ मणिपुर से जुड़ी निर्देशिका लक्ष्मीप्रिया की यादों की एक खट्टी मीठी झलक है, जो दुनिया के साथ दिल छू लेने वाली और प्रभावशाली कहानियां साझा करने के लिए प्रोडक्शन हाउस की डेडीकेशन को दर्शाती है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

**************************

 

अक्षय कुमार स्टारर ‘खेल खेल में’ 15 अगस्त को रिलीज होगी

26.07.2024  –  गुलशन कुमार, टी-सीरीज़, केकेएम फिल्म प्रोडक्शन और वकाउ फिल्म्स की नवीनतम प्रस्तुति कॉमेडी-ड्रामा ‘खेल खेल में’ 15 अगस्त को रिलीज होगी।

भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, विपुल डी शाह, अश्विन वर्दे, राजेश बहल, शशिकांत सिन्हा और अजय राय द्वारा निर्मित और मुदस्सर अजीज द्वारा निर्देशित इस फिल्म में अक्षय कुमार के साथ वाणी कपूर, एमी विर्क के साथ तापसी पन्नू और आदित्य सील के साथ प्रज्ञा जायसवाल की जोड़ी देखने को मिलेगी।

इस फिल्म का लेटेस्ट ट्रैक ‘हौली हौली….’ रिलीज हो चुका है। ये एक पंजाबी फन ट्रैक है जिसे गुरु रंधावा, यो यो हनी सिंह और नेहा कक्कड़ ने स्वर दिया है। 15 अगस्त वीकेंड पर चार फिल्मों का क्लैश होना तय है। श्रद्धा कपूर की ‘स्त्री 2’ और ‘खेल खेल में’ के अलावा इस दिन ‘वेदा’ और ‘डबल आईस्मार्ट’ जैसी फिल्में भी रिलीज होंगी।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*********************

 

कल्कि 2898 एडी ने वल्र्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर छुआ 1100 करोड़ का आंकड़ा

फिल्म के नाम हुए ये रिकॉर्ड्स

26.07.2024 (एजेंसी) –  साउथ सुपरस्टार प्रभास स्टारर कल्कि 2898 एडी ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर चार हफ्तों में 1100 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है. फिल्म ने 28वें दिन 1100 करोड़ रुपये के आंकड़े को छुआ है.

इसी के साथ कल्कि 2898 एडी वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर इंडियन सिनेमा की छठी सबसे ज्यादा और साउथ सिनेमा की चौथी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है.

कल्कि 2898 एडी शाहरुख खान की पठान का घरेलू और वर्ल्डवाइड कमाी का रिकॉर्ड पहले ही तोड़ चुकी है और अब इसकी नजर जवान के घरेलू और वर्ल्डवाइड कमाई के रिकॉर्ड पर है.

वहीं, कल्कि 2898 एडी अपने पांचवें हफ्ते में एंटर कर चुकी है और अभी भी करोड़ों की फिगर में कमाई कर रही हैं. बता दें, कल्कि 2898 एडी बीती 27 जून को वर्ल्डवाइड रिलीज हुई थी.

कल्कि 2898 एडी के मेकर्स ने आज 25 जून को फिल्म की चार हफ्तों की कमाई का ब्योरा दिया है. फिल्म कल्कि 2898 एडी ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर पूरे 1100 करोड़ रुपये कमा लिए हैं. सैकनिल्क के अनुसार कल्कि ने 28वें दिन 1.60 करोड़ रुपये का बिजनेस किया है. इसी के साथ उनकी घरेलू कलेक्शन 622.10 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड 1100 करोड़ रुपये हो चुका है.

वहीं, कल्कि 2898 एडी अब जवान के घरेलू कलेक्शन 640 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1148 करोड़ रुपये को बीट करने के नजदीक है.

वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 1100 करोड़ रुपये की कमाई कर कल्कि 2898 एडी इंडियन सिनेमा की छठी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है.बाहुबली 2 (1810.59 करोड़ रुपये) के बाद कल्कि 2898 एडी प्रभास की दूसरी फिल्म बनी है, जिसने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है.

**************************

 

मंडे टेस्ट में फेल होने के बाद बैड न्यूज ने दी गुडन्यूज

5वें दिन बॉक्स ऑफिस पर कमाई में आया उछाल

25.07.2024 (एजेंसी)  –  विक्की कौशल, तृप्ति डिमरी और एमी वर्क स्टारर रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा फिल्म बैड न्यूज बॉक्स ऑफिस पर अपना पहला हफ्ता कवर करने के करीब है. फिल्म बीती 19 जुलाई को रिलीज हुई है. फिल्म बैड न्यूज ने बॉक्स ऑफिस पर अपने पांच दिन पूर कर लिए हैं. बैड न्यूज इन पांच दिनों में 35 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर चुकी है.

वहीं, मंडे टेस्ट में फेल होने के बाद बैड न्यूज की कमाई में पांचवें दिन हल्का उछाल देखा गया है.सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म बैडन्यूज ने पांचवें दिन कमाई में इजाफा किया है. बैडन्यूज ने चौथे दिन 3.75 करोड़ रुपये और पांचवें दिन 4 करोड़ रुपये के करीब बिजनेस किया है. फिल्म का चार दिनों का कुल 34.37 करोड़ रुपये था.

वहीं, सैकनिल्क के अनुसार फिल्म का पांच दिनों का कलेक्शन 36 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर चुका है. कहा जा रहा है कि फिल्म अपने पहले वीक में 50 करोड़ रुपये का आंकड़ा छू सकती है. बता दें, बैड न्यूज विक्की कौशल के करियर की बिगेस्ट ओपनर फिल्म साबित हुई है. फिल्म ने 8.62 करोड़ रुपये से खाता खोला था.

बैड न्यूज के मेकर्स ने फिल्म की कमाई में इजाफा करने और दर्शकों की भीड़ को थिएटर तक लाने के लिए बैड न्यूज की एक टिकट के साथ एक टिकट फ्री देने का एलान किया है. बैड न्यूज की कमाई में पांचवें दिन इजाफा टिकट पर बाय वन गेट वन ऑफर के चलते हुआ है. आनंद तिवारी के डायरेक्शन में बनी फिल्म को करण जौहर, अपूर्व मेहता और अमृतपाल सिंह बिंद्रा ने प्रोड्यूस किया है. फिल्म धर्मा प्रोडक्शन बैनर तले बनी है

******************************

 

सूर्या के बर्थडे पर फैंस को बड़ा तोहफा

कंगुवा से पहला गाना फायर रिलीज

24.07.2024 (एजेंसी) –  सूर्या साउथ के सुपरस्टार कहे जाते हैं. उनकी फिल्में रिलीज होते ही थिएटर्स में छा जाती हैं. अभिनेता की फिल्म कंगुआ बहुत जल्द रिलीज होने वाली है, लेकिन इसके पहले मेकर्स फैंस में बज बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ रहे हैं. अब कंगुआ के मेकर्स ने फैंस को सरप्राइज देते हुए सूर्या के जन्मदिन के खास अवसर पर इस फिल्म का पहला थीम सॉन्ग फायर रिलीज कर दिया है.

गाने के रिलीज होने से इस बड़े प्रोजेक्ट के लिए एक्साइटमेंट और भी बढ़ गई है. सूर्या के फैंस के लिए आज का दिन बेहद खास है. आज अभिनेता अपना 48वां जन्मदिन धूमधाम से मना रहे हैं. कंगुआ के इस गाने में सूर्या काफी खतरनाक अंदाज में नजर आ रहे हैं. सूर्या का यह अवतार पहले कभी नहीं देखा गया है. इस धमाकेदार गाने में सूर्या का दिलचस्प अंदाज धमाल मचाने के लिए काफी है. गाने में अभिनेता प्राचीन काल के एक योद्धा की ड्रेस में नजर आ रहे हैं.

जन्मदिन के खास अवसर पर यह गाना सूर्या के इंटेंस रोल के लिए एक बेहतरीन ट्रिब्यूट है. इस गाने के पॉवरफुल बीड्स और इंप्रेस करने वाले विजुअल्स फैंस को काफी पसंद आ रहे हैं. स्टूडियो ग्रीन द्वारा प्रोड्यूस कंगुवा इस साल के सबसे बड़े प्रोजेक्ट्स में से एक है. 350 करोड़ से ज्यादा के बजट के साथ यह पुष्पा और सिंघम जैसी कई हाई-प्रोफाइल फिल्मों से आगे निकल गई है. प्रीहिस्टोरिक एरा का फील कैप्चर करने के लिए इस फिल्म को सात देशों और भारत के अलग-अलग क्षेत्रों में शूट किया गया है.

हॉलीवुड के एक्शन और सिनेमेटोग्राफी एक्सपर्ट्स ने फिल्म को ग्रैंड बनाया है, जिससे यह बात तय हो जाती है कि कंगुवा इंडियन सिनेमा का सबसे शानदार विजुअल्स देने वाली फिल्म होने वाली है. इस फिल्म की सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरने वाली चीजों में से एक चीज है, वह है

इसका सबसे बड़ा वॉर सीन. इस वॉर सीन में 10,000 से ज्यादा एक्स्ट्रा कलाकार हैं. फिल्म के हर फ्रेम में अच्छी प्लानिंग और मैनेजमेंट की झलक देखने को मिलेगी, जिससे कंगुवा एक ऐसी फिल्म बन गई है, जिसे देखने के लिए दुनिया भर के दर्शक उत्साहित हैं. बता दें कि यह फिल्म 10 अक्टूबर 2024 को थिएटर्स में रिलीज होने वाली है.

******************************

 

साउथ के बाद अब बॉलीवुड में दस्तक देगी अदाकारा नायरा पाल

23.07.2024 – अदाकारा नायरा पाल को बचपन से ही नृत्य और अभिनय के प्रति विशेष लगाव था और यही वजह है कि अपने अभिनय में कुशलता लाने के लिए वह सर्वप्रथम रंगमंच से जुड़ी और वहीं उन्होंने मॉडलिंग के लिए इनको ऑफर मिला। नायरा पाल ने यह ऑफर स्वीकार कर लिया।

मॉडलिंग इनके लिए नया था तो इन्होंने इसकी बारीकियों को सीखा और एफ टीवी वर्ल्ड के रैम्प शो की विजेता बनी, जिसमें इन्हें मिस मुम्बई का सम्मान मिला और यहीं से वो चर्चा में आईं और नायरा फैशन शो एवं रैम्प शो का हिस्सा बनने लगी। यह दिल्ली शोज़ टॉपर बनी। नायरा यूपी के बड़े शहरों जैसे कानपुर और लखनऊ में कई फैशन शो जीती।

इनकी जल्द ही म्यूजिक वीडियो रिलीज होने वाली हैं जिनमें से एक वीडियो ज़ी म्यूजिक और दूसरा टी सीरीज से लांच होगा। सावन के आगमन के साथ ही शिव भक्ति में डूबा इनका म्यूजिक वीडियो लॉन्च होगा जिसमें नायरा ने अद्भुत क्लासिकल डांस किया है जिसकी चर्चा बॉलीवुड में काफी हो रही है। म्यूजिक वीडियो के साथ साथ ही इनकी एक दक्षिण भारतीय फिल्म भी बनकर तैयार है जो जल्द बड़े पर्दे पर आयेगी।

बॉलीवुड के कई प्रोड्यूसर अपने प्रोजेक्ट में नायरा को शामिल करने की योजना बना रहे हैं। अब बहुत जल्द ही साउथ की फिल्मों का हिस्सा बनने के बाद अदाकारा नायरा पाल बॉलीवुड में पूरी तैयारी के साथ बॉलीवुड में दस्तक देने वाली है।

कानपुर (उत्तर प्रदेश) के समीपवर्ती इलाका हाता गंभीरपुर की मूल निवासी नायरा पाल का पूरा ध्यान फिलवक्त अपने आगामी प्रोजेक्ट्स पर है जिनमें फिल्म और कई म्यूजिक वीडियो का निर्माण कार्य तेज गति से जारी है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

**********************************

 

धनुष की 50वीं फिल्म रायन को मिला ए कैटेगरी का सर्टिफिकेट

एडवांस बुकिंग ओपन

23.07.2024 (एजेंसी)  –  इस हफ्ते बॉक्स ऑफिस पर साउथ सिनेमा से साउथ सुपरस्टार धनुष की एक्शन-थ्रिलर और मारकाट वाली फिल्म रायन रिलीज के लिए तैयार है. रायन को धनुष ने लिखा और खुद डायरेक्ट किया है. यह दूसरी बार है जब धनुष ने कोई फिल्म डायरेक्ट की है. रायन आगामी 26 जुलाई को रिलीज होने जा रही है. रिलीज से चार दिन पहले रायन की एडवांस बुकिंग भी शुरू हो गई है.

धनुष ने एक एक्स पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी है. धनुष ने फिल्म रायन से अपना खून से लथपथ एक पोस्टर भी शेयर किया है. वहीं, बीते दिन रायन के प्री-रिलीज इवेंट में धनुष ने अपनी अगली फिल्म का भी एलान कर दिया है. इधर, फिल्म रायन को सेंसर बोर्ड ने ए (वयस्क) कैटेगरी का सर्टिफिकेट थमाया है.

धनुष की एडवांस बुकिंग की बात करें तो सैकनिल्क के अनुसार, 22 जुलाई को दोपहर 2 बजे तक फिल्म रायन ने तमिल भाषा में 665 शोज के लिए 34,233 टिकट सेल कर 48,22,604.41 रुपये कमा लिए हैं. वहीं, तेलुगू में फिल्म ने 133 शोज के लिए 3,920 टिकट सेल कर 6,88,975 रुपये बटोर लिए हैं. रायन ने ऑल इंडिया में 798 शोज के लिए 38,153 टिकट सेल किए हैं, जिससे उसकी कुल कमाई 55,11,5,79 रुपये हो गई है.

रायन तमिल के साथ-साथ हिंदी और तेलुगू में भी रिलीज होगी. धनुष की बतौर एक्टर रायन 50वीं फिल्म है. बीती 21 जुलाई की रात हैदराबाद में फिल्म रायन का प्री-रिलीज इवेंट हुआ. इस इवेंट में फिल्म की स्टारकास्ट धनुष, प्रकाश राज, नित्या मेनन, दुशारा विजयन, अपर्णा बाला मुरली, सुदीप किशन, कालीदास जयराम और एस जे सूर्या पहुंचे थे.इधर, रायन के प्री-रिलीज इवेंट में प्रकाश राज ने धनुष के फैंस को बड़ी गुडन्यूज दी थी.

प्रकाश ने खुलासा किया था कि धनुष अपनी नई फिल्म के निर्देशन को लेकर प्लान कर रहे हैं और इस फिल्म में नित्या मेनन लीड रोल में होंगी. आपको बता दें, प्रकाश राज, धनुष और नित्या मेनन फिल्म रायन से पहले फिल्म थिरुचित्रम्बलम में साथ में देखे जा चुके हैं.

फिल्म रायन की बात करें तो यह एक आम आदमी की कहानी पर बेस्ड है. यह एक मारकाट से भरी फिल्म है, जिसे देखते हुए केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड ने इसे एडल्ट कैटेगरी सर्टिफिकेट दिया है. फिल्म रायन के निर्माता सन पिक्चर्स है.

**********************

 

बॉक्स ऑफिस पर छाई विक्की कौशल-तृप्ति डिमरी की बैड न्यूज

20 करोड़ के करीब पहुंची कमाई

22.07.2024 (एजेंसी)  –  विक्की कौशल, तृप्ति डिमरी और एमी विर्क स्टारर बैड न्यूज 19 जुलाई, शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई. आनंद तिवारी निर्देशित इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपने दूसरे दिन भारत में 10 करोड़ रुपये कमाए. ट्रेड एनालिस्ट के मुताबिक फिल्म की दूसरे दिन की कमाई में बढ़ोतरी होनी चाहिए थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ और फिल्म की कमाई में सिर्फ 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई.

यह फिल्म के बिजनेस के लिए अच्छी खबर नहीं है क्योंकि कुछ मूवी चेन ने पहले दिन से ही कमाई में गिरावट देखी है. 8.3 करोड़ रुपये से ओपनिंग करने और अपने पहले शनिवार को 10 करोड़ रुपये कमाने के बाद, बैड न्यूज की दो दिन की कमाई 18.3 करोड़ रुपये हो गई है. इसी के साथ फिल्म की कमाई में सिर्फ 50-60 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई है.

उम्मीदें थीं कि बैड न्यूज एक ही वीकेंड में 35 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर लेगी लेकिन फिल्म अपने दूसरे दिन उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी.अगर सोमवार को 50 से कम की गिरावट आती है तो विक्की कौशल की फिल्म का पहले हफ्ते का बॉक्स ऑफिस पर प्रदर्शन अच्छा नहीं हो सकता है.

हालांकि इसके बावजूद बैड न्यूज ने विक्की कौशल को एक ऐसा स्टार बना दिया है जो अपनी फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर अच्छे नतीजे दिला सकता है. बैड न्यूज ने साल की छठी सबसे अच्छी हिंदी ओपनिंग हासिल की है.

बैड न्यूज के बाद विक्की कौशल की छावा से भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद है. विक्की कौशल, तृप्ति डिमरी, एमी विर्क और नेहा धूपिया ने फिल्म में खास रोल प्ले किया है. जबकि अनन्या पांडे और नेहा शर्मा ने फिल्म में कैमियो किया है.

*************************

 

नाग अश्विन ने प्रिंस और नरेश अगस्त्य की काली का टीजऱ जारी किया

21.07.2024 (एजेंसी)  –  युवा नायक प्रिंस और नरेश अगस्त्य अभिनीत फिल्म काली का टीजऱ ब्लॉकबस्टर निर्देशक नाग अश्विन द्वारा जारी किया गया है। प्रसिद्ध कहानीकार के. राघवेंद्र रेड्डी के मार्गदर्शन में रुद्र क्रिएशन द्वारा निर्मित और शिवा सेशु द्वारा निर्देशित काली एक मनोवैज्ञानिक थ्रिलर है जिसकी शूटिंग पूरी हो चुकी है।

फिल्म वर्तमान में पोस्ट-प्रोडक्शन के दौर से गुजर रही है और जल्द ही एक भव्य नाट्य रिलीज़ के लिए तैयार है।नाग अश्विन ने टीजऱ की प्रशंसा करते हुए इसे दिलचस्प और प्रभावशाली बताया और निर्देशक शिवा सेशु द्वारा तेलुगु दर्शकों के लिए एक नई अवधारणा पेश करने पर प्रकाश डाला। उन्होंने काली की पूरी टीम को अपनी शुभकामनाएँ दीं।

फिल्म के प्रस्तुतकर्ता के. राघवेंद्र रेड्डी ने टीजर रिलीज करने पर अपनी खुशी जाहिर की और इस बात पर जोर दिया कि काली एक दिलचस्प मनोवैज्ञानिक थ्रिलर है जो काली के चरित्र पर केंद्रित है। उन्होंने बताया कि पोस्ट-प्रोडक्शन का काम चल रहा है और जल्द ही दर्शकों के सामने फिल्म लाने का वादा किया। निर्माता लीला गौतम वर्मा ने नाग अश्विन को उनके व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद टीजर लॉन्च करने के लिए समय निकालने के लिए धन्यवाद दिया।

लेखक और निर्देशक शिवा सेशु ने काली को पौराणिक कथाओं और मनोवैज्ञानिक थ्रिलर शैलियों के तत्वों को मिलाकर एक नई कहानी वाली फिल्म बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि काली दर्शकों को एक अनूठा अनुभव प्रदान करेगी और उन्होंने एक भव्य नाट्य विमोचन की योजना की घोषणा की। काली के टीजर लॉन्च कार्यक्रम में क्रिएटिव प्रोड्यूसर राधाकृष्ण तथिनेनी, धरणी कुमार टीआर, कार्यकारी निर्माता फणींद्र और अन्य लोग शामिल हुए।

काली के टीजर में, शिवराम (प्रिंस द्वारा अभिनीत) स्वार्थी दुनिया से मोहभंग के कारण आत्महत्या के बारे में सोचता है। हालांकि, जैसे ही वह खुद को फांसी लगाने की तैयारी करता है, एक अजनबी (नरेश अगस्त्य) उसके दरवाजे पर आता है और शिवराम के जीवन के बारे में अंतरंग विवरण बताता है।

शिवराम इस बात से हैरान रह जाता है कि अजनबी उसके बारे में इतना कुछ कैसे जानता है, खासकर उन घटनाओं के बारे में जो केवल उसे और उसकी पत्नी को ही पता हैं।

टीजऱ दिलचस्प सवालों के साथ समाप्त होता है: शिवराम, जो पहले खुशहाल शादीशुदा था, ने आत्महत्या के बारे में क्यों सोचा? यह अजनबी कौन है, और वह शिवराम के बारे में सब कुछ कैसे जानता है? इसके अलावा, ऐसा क्यों लगता है कि उसके पास शिवराम जैसा दिखने वाला शव है?कलाकारों में प्रिंस, नरेश अगस्त्य, नेहा कृष्णन, गौतमराजू, गुंडू सुदर्शन, केदार शंकर, मणि चंदना, मधुमणि, आदि शामिल हैं।

*************************

 

बहुप्रतीक्षित बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति 2024 को मंत्रिमंडल से मंजूरी

बहुप्रतीक्षित बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति 2024 को मंत्रिमंडल से मंजूरी मिलने के बाद इंपा अध्यक्ष अभय सिन्हा सहित अभिनेता रवि किशन, अवधेश मिश्रा, विनय आनंद, राजन कुमार और अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने जताया मुख्यमंत्री का आभार ……!

21.07.2024  –  बिहार में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के लिए बहुप्रतीक्षित बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति 2024 को राज्य मंत्रिमंडल से मंजूरी मिल गई है। इस महत्वपूर्ण कदम से राज्य में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहन मिलेगा और फिल्म इंडस्ट्री को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का मार्ग प्रशस्त होगा।

इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (इंपा) के अध्यक्ष अभय सिन्हा ने इस निर्णय पर मुख्यमंत्री का आभार जताया है। साथ ही उन्होंने कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार के माननीय मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा और विभाग की अपर मुख्य सचिव श्रीमती हरजोत कौर का भी आभार जताया।

इसके लिए इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन लगातार प्रयासरत रही है, जिस वजह से आखिरकार यह संभव हो पाया। फिल्म प्रोत्साहन नीति 2024 का उद्देश्य बिहार में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करना, स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करना और राज्य को एक प्रमुख फिल्म निर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करना है। इस नीति के तहत यहां पर फिल्में बनाने में आसानी होगी।

अभिनेता रवि किशन, अवधेश मिश्रा, विनय आनंद, राजन कुमार और अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने भी बिहार सरकार के निर्णय का गर्मजोशी से स्वागत किया है।

*अभिनेता रवि किशन ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा है कि बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति 2024 के लिए बिहार सरकार को धन्यवाद। इस नीति से अब बिहार में भी अनुदान मिलेगा। इससे लोकल कलाकारों को बहुत काम मिलेगा। बिहार में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। मुझे बिहार ने ही सुपर स्टार बनाया था।

इसकी मांग हम 2005 से कर रहे थे। यह सभी खुश हैं कि बिहार सरकार ने बहुत महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। बिहार के कलाकारों के साथ बिहार के अद्भुत शूटिंग स्थलों को टूरिज्म के रूप में बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने आगे कहा कि इसके लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी का आभार और भोजपुरी, हिंदी व अन्य इंडस्ट्री के मेकर्स का स्वागत है। भोजपुरी इंडस्ट्री इन दिनों जिस कमजोर दौर से गुजर रही है, उसको बल मिलेगा। सबसे ज्यादा अनुदान बिहार में मिलेगा। इससे अच्छी खबर क्या हो सकती है।

*अभिनेता अवधेश मिश्रा ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक कदम है जो बिहार की फिल्म इंडस्ट्री को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। इस नीति से न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को बढ़ावा मिलेगा बल्कि बिहार में फिल्म निर्माण को भी प्रोत्साहन मिलेगा। मैं मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल को धन्यवाद देता हूं।

*अभिनेता विनय आनंद ने भी इस पहल की सराहना की और कहा कि बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति 2024 से राज्य में फिल्म निर्माण की संभावनाएं और बेहतर होंगी। इससे स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को भी काम के अधिक अवसर मिलेंगे।

राज्य की इकोनॉमी बढ़ेगी। इसके अलावा ऐतिहासिक और पुराने लोकेशन पर शूटिंग होगी, जिस वजह से हमारे बिहार की चर्चा पूरे विश्व में होगी। तो पर्यटन का द्वार खुलेगा। यह निर्माता निर्देशकों को भी अच्छी फिल्में बनाने के प्रोत्साहित करेगा। इसके लिए मैं बिहार सरकार के साथ कला, संस्कृति एवं युवा विभाग को भी धन्यवाद देता हूं।

*अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने इस नीति को गेम-चेंजर बताया और कहा कि बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति 2024 को मंजूरी मिलना, बिहार के कलाकारों के लिए बड़ा अवसर लेकर आया है। फिल्म नीति के जरिए फिल्म कलाकारों को बिहार में शूटिंग करने का अवसर मिल रहा है।

इससे स्थानीय कलाकारों को भी काम मिलेगा। इससे पौराणिक और ऐतिहासिक लोकेशन को भी ज्यादा से ज्यादा एक्सपोज मिलेगा, जो पूरे विश्व में लोकप्रिय और प्रशंसनीय है।

मैं जमाने से इस दिन का इंतजार कर रही हूं। इसके लिए कला संस्कृति एवं युवा विभाग और बिहार सरकार को साधुवाद। साथ ही सभी कलाकारों को हार्दिक शुभकामनाएं।

*हिंदी फ़िल्म ‘शहर मसीहा नहीं’ को बनाकर मुंगेर को पहली हिंदी फ़िल्म देने वाले मल्टी टैलेंटेड हीरो राजन कुमार ने कहा कि बिहार की समृद्ध सभ्यता सांस्कृति और टैलेंट को प्रोत्साहित करने की दिशा में यह फ़िल्म पॉलिसी एक नायाब पहल और तोहफा है। इससे बिहार में फिल्म मेकिंग को तेज रफ़्तार मिलेगी।

गौरतलब है कि फिल्म इंडस्ट्री के इन सितारों के समर्थन और सराहना से स्पष्ट है कि बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति 2024 से राज्य की फिल्म इंडस्ट्री को एक नई दिशा मिलेगी और यह नीति बिहार को फिल्म निर्माण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद करेगी।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***************************

 

‘कंगुवा’ में साउथ स्टार सूर्या के नजर आएंगे तीन अवतार…..!

20.07.2024  –  स्टूडियो ग्रीन के बैनर तले निर्मित और शिवा द्वारा निर्देशित वॉर सीक्वेंस से लबरेज़ एक्शन फिल्म ‘कंगुवा’ में साउथ स्टार सूर्या तीन अवतार में नजर आएंगे। मेकर्स ने पोस्टर्स के जरिए ऑडियंस के सामने सूर्या के रोमांचक बदलावों को दिखा कर उन्हें थ्रिल कर दिया है। इसके अलावा मेकर्स ने एक नया पोस्टर शेयर किया है, जिसमें उन्होंने फिल्म के गाने फायर की घोषणा की है, जो इस मंगलवार यानी 23 जुलाई को रिलीज होने वाला है।

इस फिल्म को बड़े लेबल पर दुनिया भर में एक साथ रिलीज करने के लिए स्टूडियो ग्रीन ने टॉप डिस्ट्रीब्यूशन हाउसेज के साथ हाथ मिलाया है। ‘कंगुवा’ इस साल की सबसे बड़ी और सबसे महंगी फिल्म है। 350 करोड़ से ज़्यादा के अनुमानित बजट के साथ यह ‘पुष्पा’, ‘सिंघम’ और कई दूसरी बड़ी फिल्मों से भी बड़ी है।

फिल्म की शूटिंग अलग अलग कॉन्टिनेंट्स के 7 अलग देशों में की गई है। यह प्रीहिस्टोरिक पीरियड को दिखाने वाली अनोखी फिल्म है। मेकर्स ने एक्शन और सिनेमेटोग्राफी के लिए हॉलीवुड एक्सपर्ट्स को हायर किया है। फिल्म में कुल 10 हजार लोगों से ज्यादा के साथ शूट किया गया, सबसे बड़ा वॉर सीक्वेंस भी है। यह फिल्म 10 अक्टूबर को रिलीज होगी।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***************************

 

विष्णु मांचू की फिल्म कन्नप्पा से जुड़े सरथकुमार

निर्माताओं ने उठाया किरदार से पर्दा

20.07.2024  –  तेलुगु अभिनेता विष्णु मांचू अपनी आगामी फिल्म कन्नप्पा को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। कान फिल्म फेस्टिवल में प्रतिष्ठित प्रदर्शन के बाद इस फिल्म ने दर्शकों का और ज्यादा ध्यान आकर्षित किया है। बीते दिन फिल्म का टीजर जारी हुआ जिसे समीक्षकों समेत दर्शकों ने भी काफी सराहा। वहीं, अब फिल्म की स्टारकास्ट में अभिनेता सरथकुमार का नाम जुड़ गया है। निर्माताओं ने अभिनेता के जन्मदिन के अवसर पर फिल्म से उनका फर्स्ट लुक पोस्टर जारी किया।

फिल्म कन्नप्पा में सरथकुमार नाथनधुडु की भूमिका निभाएंगे। पोस्टर में अभिनेता को एक आदिवासी योद्धा के रूप में दिखाया गया है, जो दोनों हाथों में दो तलवारें लिए हुए है और तेज आवाज में चिल्लाता हुआ दिखाई दे रहा है। शक्तिशाली और दिलचस्प पोस्टर से पता चलता है कि सरथकुमार विष्णु मांचू के साथ एक दिलचस्प किरदार निभाएंगे।कन्नप्पा तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री की एक आगामी मल्टी-स्टारर फिल्म है। मुकेश कुमार सिंह द्वारा निर्देशित इस फिल्म में विभिन्न इंडस्ट्री से जुड़े शानदार कलाकारों की टोली है।

इसकी पटकथा खुद विष्णु मांचू ने लिखी है। फिल्म में विष्णु मांचू और सरथकुमार के अलावा अभिनेता मोहन बाबू, मोहनलाल, प्रभास, प्रीति मुकुंदन, अक्षय कुमार और काजल अग्रवाल भी हैं। उनकी भूमिकाओं का विवरण गुप्त रखा गया है।कन्नप्पा को लेकर विष्णु मांचू ने साझा किया था, यह फिल्म हमारे इतिहास का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और हमें इसे सबसे आगे लाने पर गर्व है।

कुछ सालों में हमने देखा है कि कैसे स्थानीय कहानियां विश्व स्तर पर गूंजती हैं, और कन्नप्पा एक ऐसी कहानी है, जो हमारी समृद्ध संस्कृति में निहित है, यह फिल्म हर जगह के दर्शकों से जुड़ेगी।

सच्ची कहानी पर आधारित कन्नप्पा तेलुगु, कन्नड़, तमिल, मलयालम और हिंदी भाषाओं में रिलीज होगी। इसका निर्माण मोहन बाबू ने 24 फ्रेम्स फैक्ट्री और एवीए एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया है। तकनीकी दल में छायाकार शेल्डन चाऊ और संपादक एंथनी गोंसाल्वेज शामिल हैं। स्टीफन देवासे फिल्म के संगीत निर्देशक हैं। कन्नप्पा मुकेश सिंह द्वारा निर्देशित एक पीरियड फिल्म है।

******************************

 

 

बैड न्यूज का नया गाना रब्ब वरगा रिलीज

विक्की और तृप्ति की केमिस्ट्री ने जीता दिल

19.07.2024  –  बैड न्यूज इस साल की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है। यह फिल्म रिलीज होने के लिए पूरी तरह से तैयार है। इस बीच दर्शकों का उत्साह बढ़ाने के लिए निर्माताओं ने फिल्म का नया गाना जारी किया है, जो एक रोमांटिक गाना है, जिसे विक्की कौशल और तृप्ति डिमरी के बीच फिल्माया गया है। दोनों इस गाने में रोमांटिक अंदाज में नजर आ रहे हैं और खूबसूरत जगहों पर रोमांस का तड़का लगा रहे हैं। नए गाने का शीर्षक रब्ब वरगा है।

फिल्म बैड न्यूज की रिलीज से ठीक एक दिन पहले एल्बम का एक नया गाना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लॉन्च किया गया। रब्ब वरगा अभिजीत श्रीवास्तव द्वारा रचित एक खूबसूरत रचना है, जिसे जुबिन नौटियाल की मधुर आवाज में गाया गया है, जिसमें शायरा अपूर्वा के दिल को छू लेने वाले बोल हैं। फराह खान गाने में विक्की और तृप्ति की कोरियोग्राफी हैं।इस म्यूजिक वीडियो में विक्की कौशल के किरदार अखिल और तृप्ति डिमरी के किरदार सलोनी के बीच रोमांस दिखाया गया है।

रंग-बिरंगे कपड़े पहने वे क्रोएशिया के खूबसूरत स्थानों पर अपने प्यार के रोमांस का लुत्फ उठाते हैं। इसकी आकर्षक धुनें और दृश्य सौंदर्य इस सीजन का रोमांटिक गाना दर्शकों के सामने पेश कर रहे हैं। संगीत वीडियो के शुरुआत में दिए गए स्पष्टीकरण से पता चला कि यह गीत केवल प्रचार के लिए है और यह फिल्म का हिस्सा नहीं होगा।विक्की कौशल और तृप्ति डिमरी के साथ बैड न्यूज में एमी विर्क और नेहा धूपिया भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।

कहानी हेटेरोपैटरनल सुपरफेकंडेशन की घटना के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां तृप्ति के किरदार को पता चलता है कि वे दो अलग-अलग पिताओं से जुड़वां बच्चों की मां बनने वाली है। इससे अराजकता फैलती है और दो पिता, विक्की और एमी उनका प्यार जीतने के लिए होड़ में लग जाते हैं।फिल्म की कहानी इशिता मोइत्रा और तरुण डुडेजा ने लिखी है और इसका निर्देशन आनंद तिवारी ने किया है। हीरू यश जौहर, करण जौहर, अपूर्व मेहता, अमृतपाल सिंह बिंद्रा और आनंद तिवारी ने फिल्म को निर्मित किया है। यह फिल्म आज 19 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

************************