All posts by Dilip Singh

कांग्रेस नेता के परिसरों पर तड़के तीन बजे आयकर विभाग ने मारा छापा, कर्मचारियों के मोबाइल जब्त; खंगाले रिकॉर्ड

खम्मम ,09 नवंबर (एजेंसी)। तेलंगाना विधानसभा के लिए 30 नवंबर को होने वाले चुनाव में खम्मनम जिले के पलेरू निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीवदवार पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी के परिसरों पर आयकर (आईटी) विभाग ने गुरुवार सुबह छापेमारी शुरू की। पूर्व सांसद श्रीनिवास रेड्डी ने एक दिन पहले ही केंद्रीय एजेंसियों की छापेमारी की आशंका जताई थी। आयकर विभाग के अधिकारी गुरुवार तड़के खम्मम में उनके घर और कार्यालयों पर पहुंचे और रिकार्ड खंगाले। कड़ी सुरक्षा के बीच तड़के करीब तीन बजे शुरू हुई तलाशी खबर लिखे जाने तक जारी थी।

आयकर अधिकारियों ने तलाशी लेने से पहले कर्मचारियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। श्रीनिवास रेड्डी, जो एक व्यवसायी भी हैं, गुरुवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करने वाले थे।

पूर्व सांसद जुलाई में कांग्रेस में शामिल हुए थे। इससे कुछ महीने पहले ही राज्य की सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने उन्हेंा पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए निलंबित कर दिया था।

श्रीनिवास रेड्डी ने बुधवार को दावा किया था कि आईटी की तलाशी उनके, उनके परिवार के सदस्यों, समर्थकों और जिले के अन्य प्रमुख कांग्रेस नेताओं के खिलाफ होने की संभावना है।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और बीआरएस ने कांग्रेस नेताओं पर छापेमारी के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल करने के लिए मिलीभगत की है। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि इन छापों से पता चलता है कि कांग्रेस पार्टी तेलंगाना में चुनाव जीत रही है।

श्रीनिवास रेड्डी, जो कांग्रेस अभियान समिति के सह-अध्यक्ष भी हैं, ने कहा कि पार्टी के नेताओं को अगले कुछ दिनों में कठिन समय का सामना करना पड़ेगा। पूर्व सांसद ने नेताओं से कहा कि वे छापेमारी से चिंतित न हों।

बुधवार को चुनाव आयोग के अधिकारियों ने पुलिस के साथ मिलकर पूर्व मंत्री और खम्मम विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार तुम्मला नागेश्वर राव के घर पर तलाशी ली थी। विधानसभा चुनाव लडऩे के लिए टिकट नहीं मिलने के बाद नागेश्वर राव ने हाल ही में बीआरएस छोड़कर कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गये थे। राज्य के निवर्तमान परिवहन मंत्री पी. अजय कुमार खम्मम से बीआरएस उम्मीदवार के रूप में फिर से चुनाव लड़ रहे हैं।

******************************

 

दिल्ली ओयो होटल मौत मामले में खुलासा, शख्स ने महिला का गला घोंटा था, फिर की थी आत्महत्या

नई दिल्ली ,09 नवंबर (एजेंसी)।  पूर्वी दिल्ली के मौजपुर इलाके में ओयो होटल के कमरे से एक जोड़े के मृत पाए जाने के कुछ दिनों बाद पुलिस ने यह खुलासा किया है कि महिला की गला दबाकर हत्या की गई थी, जबकि पुरुष ने उसे मारने के बाद आत्महत्या कर ली थी।

उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी सोहराब (28) और लोनी निवासी आयशा (27) के शव 27 अक्टूबर को ओयो होटल के कमरे में पाए गए थे।
पुलिस उपायुक्त (पूर्वोत्तर) जॉय टिर्की ने कहा कि पोस्टमॉर्टम जांच के दौरान, डॉक्टरों ने पाया कि महिला (आयशा) की मौत का कारण लिगेचर स्ट्रैंगुलेशन था और व्यक्ति (सोहराब) की मौत का कारण आत्महत्या था।

पुलिस के मुताबिक, 27 अक्टूबर को रात 8.05 बजे किंग्स स्टे ओयो होटल में दो शवों के बारे में एक कॉल मिली, जिसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची।

डीसीपी ने कहा, यह पाया गया कि सोहराब और आयशा ने दोपहर 1.02 बजे ओयो होटल में चेक इन किया था और चार घंटे के लिए कमरा बुक किया था।

जब वे बाहर नहीं आए तो शाम करीब 7:45 बजे होटल स्टाफ ने दरवाजा खटखटाया।

कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्होंने बीट कांस्टेबल को बुलाया। पुलिस की मौजूदगी में कमरा खोला गया तो सोहराब नायलॉन की रस्सी से पंखे से लटका हुआ मिला। आयशा बिस्तर पर मृत पड़ी मिली। उसकी गर्दन पर कुछ चोट के निशान थे।

डीसीपी ने कहा, आयशा के बगल वाले बिस्तर पर आधे पेज का हाथ से लिखा (हिंदी में) सुसाइड नोट मिला, जिसमें दावा किया गया कि दोनों एक-दूसरे से प्यार करते थे और उन्होंने एक साथ अपनी जिंदगी खत्म करने का फैसला किया।

डीसीपी ने कहा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच जारी है।

*********************************

 

 

नीतीश के बयान की धर्मगुरु रामभद्राचार्य ने की निंदा, कहा- इतना घिनौना बयान किसी ने नहीं दिया

पटना ,09 नवंबर (एजेंसी)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विधानमंडल के दोनो सदनों में प्रजनन दर कम करने की चर्चा के दौरान पति-पत्नी के संबंधों को लेकर दिए गए बयान में बुरी तरह घिरते नजर आ रहे हैं। भाजपा जहां उनके इस्तीफे को लेकर अड़ी है, वहीं अब धर्मगुरु ने भी उनके बयान की निंदा की है।

चित्रकूट तुलसी पीठ के पीठाधीश्वर जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य इन दिनों बिहार पश्चिमी चंपारण के रामनगर में राम कथा कह रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नीतीश का सदन में दिया गया बयान घोर निंदनीय है। नीतीश ने समस्त महिला समुदाय को अपमानित किया है। इनके बयान से मानवता शर्मसार हो गई है।

उन्होंने कहा कि सदन नीति शास्त्र की बात करने वाली जगह है, सदन काम शास्त्र की व्याख्या करने का स्थान नहीं है।

धर्मागुरु ने कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद के भी व्यक्तव्य में इतनी अशिष्टता कभी नहीं दिखी। उन्होंने दावे के साथ कहा कि इतना निम्न कोटि का भाषण अपने जीवनकाल में कभी नहीं सुना। यहां के लोग इस तरह की सरकार को बर्दाश्त नहीं कर सकते।

उन्होंने राज्य में अविलंब राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की है। पश्चिम चंपारण के रामनगर में उन्होंने राम कथा में कहा कि महाभारत के द्रौपदी के चीरहरण के दौरान दुर्योधन ने भी इतना अपशब्द नहीं कहा था।

उन्होंने कहा कि पहले मां को गाली दो और फिर माफी मांग लो।

*****************************

 

मेट्रो के नए रूट के लिए जल्द तैयार होगी संशोधित डीपीआर, 11.5 किमी लंबे कॉरिडोर पर होंगे आठ स्टे,शन

नोएडा ,09 नवंबर (आरएनएस)। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की सेक्टर 142 से बोटैनिकल गार्डन के प्रस्तावित नए रूट की संशोधित डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट दिवाली के बाद तैयार हो जाएगी। डीएमआरसी की ओर से डीपीआर तैयार कराई जा रही है। इसके बाद रिपोर्ट को बोर्ड बैठक में रखा जाएगा।

डीपीआर की बाबत काफी मंथन किया गया है। इसके शुरुआती चरण में तीन विकल्पों पर चर्चा हुई है। इसके बाद एक रूट फाइनल हुआ जो एक्सप्रेस-वे के समानांतर बोटैनिकल गार्डन से जुड़ेगा। इसमें एक्सप्रेस-वे के सर्विस रोड से होते हुए नया कॉरिडोर जाएगा। यह सेक्टर 96 के पास से अलग होते हुए बोटैनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन से जुड़ेगा।

योजना के मुताबिक एक्सप्रेस-वे पर एफओबी के माध्यम से भी कॉरिडोर को जोड़ा जाएगा। ताकि एक्सप्रेस वे की दूसरी ओर से भी लोग इसका लाभ ले सकें।

दिल्ली मेट्रो की ओर से बनाए जा रहे डीपीआर में स्टेशन के आसपास पार्किंग के विकल्प को ध्यान में रखने को कहा गया है। लिहाजा स्टेशनों पर पार्किंग की योजना है। इसके लिए एक बार पहले भी फिजिकल सर्वे कराया गया है। सर्वे के मुताबिक कोशिश है कि स्टेशन के अलावा नजदीकी प्लॉटो पर पार्किंग की व्यवस्था हो।

कॉरिडोर पर स्टेशनों की संख्या को लेकर कभी भी एक राय नहीं बन सकी। यही वजह है कि कई बार स्टेशनों की संख्या को बदलने का फैसला किया गया। सबसे पहले इस कॉरिडोर में 11 स्टेशन रखने की योजना बनाई गई थी। लेकिन बाद में ऐसा लगा कि स्टेशन ज्यादा हो रहा है लिहाजा दूसरी बार में 9 और तीसरी बार में छह स्टे शन रखे गए हैं। अब अंतिम तौर पर इस कॉरिडोर के स्टेशनों की संख्या 8 रखी गई है।

*************************

 

गुरुग्राम में यात्री बस में आग लगने से दो की मौत

गुरुग्राम ,09 नवंबर (एजेंसी)। गुरुग्राम सेक्टर-12 से उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के लिए जा रही एक यात्री बस में आग लगने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना बीती रात करीब नौ बजे दिल्ली और जयपुर को जोडऩे वाले मुख्य मार्ग पर झारसा फ्लाईओवर के पास हुई।
हादसे के तुरंत बाद, उपायुक्त निशांत कुमार यादव और गुडग़ांव पुलिस आयुक्त मौके पर पहुंचे।

अग्निशमन विभाग के उप निदेशक गुलशन कालरा ने आईएएनएस को बताया, हमें सूचना मिली कि पंजीकरण संख्या एआर 01 के 7707 वाली एक स्लीपर बस में आग लग गई। सेक्टर-29 फायर स्टेशन से तीन दमकल गाडिय़ों को घटनास्थल पर भेजा गया।

अधिकारियों ने बताया कि सात घायल लोगों का इलाज गुरुग्राम के सिविल अस्पताल में किया जा रहा है, जबकि पांच अन्य का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

सभी घायल 30 से 50 प्रतिशत तक जल गए हैं, लेकिन उनकी हालत स्थिर है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, हम मामले की जांच कर रहे हैं। अगर जांच के दौरान कोई लापरवाही पाई गई तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आग लगने के कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

************************

 

अभ्यर्थियों को 3 बार प्रकाशित और प्रसारित करानी होगी अपराधिक रिकॉर्ड की सूचना

बीकानेर ,09 नवंबर (एजेंसी)। राजनीतिक दलों तथा अभ्यर्थियों के आपराधिक मामलों की सूचना को राष्ट्रीय व स्थानीय समाचार पत्रों एवं टीवी चैनल्स में अनिवार्य रूप से प्रकाशित और प्रसारित करवाना होगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी भगवती प्रसाद कलाल ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की अनुपालना में आयोग ने अभ्यर्थियों के आपराधिक रिकॉर्ड यदि कोई हो तो उन्हें प्रसारित करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदेश में चुनाव हेतु निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थियों एवं राजनीतिक दलों को सी-1 एवं सी-2 प्रारूप में प्रकाशन की तीन बार करवाना होगा।

उन्होंने बताया कि प्रथम प्रकाशन 10 नवंबर 2023 से 13 नवंबर 2023 के बीच, द्वितीय प्रकाशन 14 नवंबर 2023 से 17 नवबर 2023 के बीच तथा तृतीय प्रकाशन 18 नवंबर 2023 से चुनाव प्रचार की अंतिम तिथि तक ( 23-11-2023 तक) करवाना होगा। ये प्रकाशन ऐसे राष्ट्रीय स्तर के समाचार पत्र जिनकी प्रसार संख्या 75 हजार प्रतिदिन हो तथा स्थानीय समाचार पत्र जिसकी प्रतिदिन 25 हजार प्रतियां प्रकाशित होती हो, में सी-1 एवं सी-2 प्रारूप में प्रकाशित करवाने होंगे।

इसी प्रकार विभिन्न टीवी चैनल में भी इनका प्रसारण करवाना होगा, जिसकी समयावधि प्रात: 8 से रात्रि 10 बजे के बीच न्यूनतम 7 सैकंड के लिए की जानी आवश्यक होगी। उन्होंने बताया कि सभी राजनैतिक दलों को जिनके द्वारा आपराधिक रिकॉर्ड रखने वाले अभ्यर्थियों को उम्मीदवार बनाया गया है, उन्हें भी भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नवीन प्रारूप सी-7 में ऐसे अभ्यर्थी के चयन से 48 घंटे के भीतर यह प्रकाशित करने के निर्देश है कि उनके द्वारा आपराधिक रिकॉर्ड रखने वाले व्यक्ति को ही उम्मीदवार क्यों चुना गया है। इस प्रकाशन की सूचना ऐसे राजनैतिक दलों को प्रारूप सी-8 में 72 घंटे के भीतर भारत निर्वाचन आयोग को भी प्रेषित किया जाना आवश्यक होगा।

**************************

 

कांग्रेस और बीजेपी की सरकारों ने आरक्षण का कोटा कभी पूरा नहीं किया-बसपा सुप्रीमो मायावती

सतना ,08 नवंबर (एजेंसी)। बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती आज सतना पहुंची। वहां बीटीआई मैदान में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस और बीजेपी की सरकारों ने आरक्षण का कोटा कभी पूरा नहीं किया। यही स्थिति मप्र में भी देखने को मिल रही है। निजी क्षेत्रों में भी आरक्षण का ध्यान दिए बगैर सरकार काम कर रही हैं। इससे दलित आदिवासी और अन्य पिछड़े वर्गों को भी बहुत नुकसान हो रहा है। मंडल कमीशन के अनुरूप लाभ नहीं मिल रहा है।

बाबा साहब ने आरक्षण के साथ 340 के तहत यह व्यवस्था दी थी कि केंद्र में कमीशन बैठाए और जरूरतमंद जातियों को चिह्नित कर आरक्षण का लाभ दें। काका कालेकर की रिपोर्ट भी रद्दी की टोकरी में डाल दी, मंडल कमीशन को भी कांग्रेस ने लागू नहीं किया। सत्ता बदलने पर वीपी सिंह की सरकार बनी तब बसपा के कई सांसद जीते, मैं भी पहुंची थी। उन्हें हमने मंडल कमीशन की सिफारिश लागू करने की शर्त पर उन्हें समर्थन दिया था। वीपी सिंह ने हमारी बात मानी और मंडल कमीशन लागू कर बाबा साहेब को भारत रत्न दिया।

केंद्र द्वारा लोकसभा एवं विधानसभाओं में महिला आरक्षण की बात हुई है लेकिन एससी एसटी और ओबीसी की महिलाओं के लिए बात नहीं की गई है। अन्य कानूनों का भी पालन नहीं कराया जा पा रहा है। अपर कास्ट में भी गरीब हैं उनकी भी स्थिति बेहद खराब है, हमने हमेशा केंद्र से मांग की है कि उन्हें भी आरक्षण दें। मप्र में गरीब, किसान, व्यापारी, कर्मचारी सभी परेशान नजर आते हैं। सभी सरकारों की पूंजीवादी, जातिवादी सोच का समर्थन कभी नहीं करती। हमारी पार्टी सरकारों से ऐसी नीतियां बनाने की मांग करती आई है जो कुछ लोगों मात्र की जगह गरीबों, आम लोगों के हित में हो।

भ्रष्टाचार से भी आपका प्रदेश अछूता नहीं रह गया है, इसके लिए सभी विरोधी पार्टियां सत्ता में रही हैं। ये सरकारें पूनीपतियों धन्नासेठों के ही हित में रही हैं। उन्हें फायदा पहुंचाने के हिसाब से अपनी नीतियां बनाती हैं। जिसके कारण अभी भी सर्व समाज के लोग परेशान हैं। देश में अकेली बसपा ही ऐसी पार्टी है जो धन्नासेठों की मदद से नहीं अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं की मदद से चुनाव लड़ती है ताकि बिना किसी के दबाव में आए सर्व समाज के हित की बात कर सके। इसी के बूते यूपी में बसपा ने 4 बार सरकार बनाई है।

दलित, पिछड़े ,आदिवासियों, मुस्लिमों के हितों को हमेशा ध्यान में रखा है। गरीब बेरोजगारों को मामूली भत्ता देने के बजाय हमने स्थायी-अस्थायी रोजगार, भूमिहीनों को भूमि दी है, आवासहीनों को सरकारी खर्चे पर पक्के मकान दिए हैं। महिलाओं बुजुर्गों के हित में भी अनेकों कार्य किये हैं। दलित व पिछड़े वर्ग में जन्मे महापुरुषों को पूरा आदर सम्मान दिया है।

मायावती ने कहा कि आप भी मप्र में आमजन और कमजोर वर्ग के लोगों की समस्याएं दूर कर उनके हित में काम करना चाहते हैं तो अपने साथियों को सर्वजन सुखाय सर्वजन हिताय की नीतियां बना कर उन्हें मजबूत करें। आपको किसी दल के बहकावे में नहीं आना है। हमारी पार्टी किसी चुनाव में कोई घोषणा पत्र जारी नहीं करती क्योंकि हम कर के दिखाने में विश्वास रखते हैं। आपको भी मप्र के हित मे बसपा की ही सरकार बनाना जरूरी है। कमजोर व उपेक्षित वर्ग के लोगों को मजबूत करने के लिए बसपा समर्पित है।

सभा में सतना जिले की सात विधानसभा सीटों से प्रत्याशी शामिल हुआ हैं। इन सीटों पर बसपा के टिकट पर सतना से रत्नाकर चतुर्वेदी शिवा, नागौद से यादवेन्द्र सिंह, चित्रकूट से सुभाष शर्मा डोली, रैगांव से देवराज अहिरवार, रामपुर से मणिराज पटेल, अमरपाटन से छंगेलाल कोल और मैहर से वीरेंद्र कुशवाहा चुनाव लड़ रहे हैं।

************************

 

मार्शल आर्ट गुरु चीता यज्ञेश शेट्टी को मिला दशक के सर्वश्रेष्ठ फिल्म एक्शन कोरियोग्राफर का सम्मान

09.11.2023  –  लोखंडवाला, मुम्बई स्थित सेलिब्रेशन क्लब में कुमार गौतम द्वारा आयोजित फिल्म फर्टेर्निटी अवॉर्ड नाइट 2023 समारोह में बॉलीवुड के चर्चित एक्शन डायरेक्टर चीता यज्ञेश शेट्टी को दशक के सर्वश्रेष्ठ फिल्म एक्शन कोरियोग्राफर के रूप में अवार्ड देकर सम्मानित किया गया। ‘फ़िल्म फर्टेर्निटी अवार्ड नाइट 2023’ समारोह में बिग बॉस फेम शिव ठाकरे, अर्चना गौतम, सिंगर उदित नारायण, अर्शी खान, निर्माता धीरज कुमार, अभिनेता रवि गोसाईं, कॉमेडियन सुनील पाल, टीवी एक्ट्रेस शैली प्रिया पाण्डेय, डांडिया क्वीन्स प्रीति पिंकी, पंकज बेरी, अंजन श्रीवास्तव, निधि उत्तम, जसलीन मथारू, पायल घोष और सलमान खान की फ़िल्म किसी का भाई किसी की जान के निर्देशक फरहाद सामजी सहित कई हस्तियों को भी अवार्ड देकर सम्मानित किया गया।

चीता यज्ञेश शेट्टी ने पिछले 30 वर्षों से हॉलीवुड और भारतीय फिल्म जगत के 200 से अधिक फिल्मी सितारों को एक्शन का प्रशिक्षण दिया है। उन्होंने ‘जिगर’, ‘प्रहार’ ‘जुआरी’ ‘सोने की चिड़िया’ और ‘इंद्रजीत’ जैसी कई हिंदी फिल्मों में एक्शन कोरियोग्राफ किया। हॉलीवुड की फिल्मों के लिए भी इनका योगदान काफी रहा है। ‘गोल्डन बर्ड’ और ‘ही इज बैक’ जैसी कई हॉलीवुड फिल्मों में एक्शन कोरियोग्राफ कर चुके चीता यज्ञेश शेट्टी अब तक 150 से अधिक बॉलीवुड सितारों को मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग दे चुके हैं। साथ ही वह अब तक करीब 10 लाख महिलाओं को मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग दे चुके हैं।

वह वर्षों से महिलाओं को मार्शल आर्ट और आत्मरक्षा के तरीके सिखा रहे हैं और उनमें आत्मविश्वास पैदा कर रहे हैं। विदित हो कि बॉलीवुड के जाने-माने मार्शल आर्ट गुरु चीता यज्ञेश शेट्टी को ‘ग्लोबल मार्शल आर्ट्स यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन’ द्वारा ‘मार्शल आर्ट्स प्योर साइंस में डॉक्टरेट ऑफ फिलैंथरोपी (पीएचडी)’ की उपाधि देकर सम्मानित किया जा चुका है। चीता यज्ञेश शेट्टी ने यह सम्मान पाकर कहा कि दशक के बेहतरीन फ़िल्म एक्शन डायरेक्टर का खिताब पाना मेरे लिए खुशी का लम्हा है। इस तरह के अवार्ड व सम्मान से और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय 

***************************

 

सुष्मिता सेन की आर्या 3 का पहला गाना रिलीज

09.11.2023 (एजेंसी )  –  बॉलीवुड अभिनेत्री सुष्मिता सेन इन दिनों अपनी वेब सीरीज आर्या 3 को लेकर खबरों का हिस्सा बनी हुई हैं, जो आर्या की तीसरी किस्त है।इसका प्रीमियर 3 नवंबर को डिज्नी+ हॉटस्टार पर हो चुका है। इसमें उनकी अदाकारी की खूब प्रशंसा हो रही है।अब आर्या 3 का पहला गाना शेरनी आई रिलीज हो चुका है, जिसे राजा कुमारी ने अपनी आवाज दी है।गाने के बोल कुमारी ने स्वेता राव, करण पांडव, सोहन कोगेकर के साथ लिखे हैं।डिज्नी+ हॉटस्टार ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर शेरनी आई गाना साझा किया है।

उन्होंने कैप्शन में लिखा, पंजे निकालने का वक्त आ गया है। आर्या वापस आ गई है और वह यहां राज करने आई है।आर्या 3 में सुष्मिता अपने बच्चों की सुरक्षा के लिए दुनिया से भिड़ती दिखाई दे रही हैं।इसका निर्देशन राम माधवानी ने किया है।इसमें चंद्रचूड़ सिंह, सिकंदर खेर, नमित दास, मनीष चौधरी, सुगंधा गर्ग जैसे कलाकार भी हैं।आर्या में किरदार को निभाने वाली सुष्मिता सेन अपने किरदार से कम ताकतवर नहीं हैं, एक घातक स्वास्थ्य संकट के बाद, सुष्मिता वापस आर्या सरीन के स्थान पर आ गई हैं।

शो के सेट पर लौटने के बारे में बात करते हुए सुष्मिता ने कहा, मुझे काम पर वापस जाने की इच्छा हो रही थी और मेरा मानना है कि आप जितनी देर तक बैठकर किसी स्थिति के बारे में सोचते हैं, आप उसे खुद पर हावी होने का मौका देते हैं।आगे बढऩे का यही एकमात्र तरीका है। जीवन की किसी भी चुनौती को पार करते हुए आगे बढ़ते रहना है और आगे बढऩे के लिए मुझे बस अपने डॉक्टर से हरी झंडी चाहिए थी।पूर्व मिस यूनिवर्स ने कहा, पहले, मैंने नहीं सोचा था कि दिल का दौरा पडऩे के ठीक एक महीने बाद एक्शन दृश्यों की शूटिंग संभव है, लेकिन मुझे अपनी टीम पर काफी भरोसा था।

सुष्मिता ने आगे कहा, सेट पर लौटने का मेरा आत्मविश्वास इस बात से उपजा कि जब भी मुझे किसी भी समय सहायता की आवश्यकता होती है, चाहे वह लोग हों या चिकित्सा सहायता, हमारे पास अस्पताल की पूरी व्यवस्था थी, डॉक्टर, एम्बुलेंस और सब कुछ तैयार था।तीसरे सीजन में, आर्या की नजर नशीली दवाओं की आपूर्ति और परिवहन पर है, लेकिन इला अरुण उसे रोक लेती है, जो खुद इस काम से जुड़ी हुई हैं।

**************************

 

बॉक्स ऑफिस: विक्रांत मैसी की 12वीं फेल की पकड़ मजबूत

09.11.2023 (एजेंसी )  –  आईपीएस अफसर मनोज कुमार शर्मा के संघर्षों की कहानी को पर्दे पर बड़ी खूबसूरती से दिखाती फिल्म 12वीं फेल का बॉक्स ऑफिस पर जलवा बरकरार है।इसमें विक्रांत मैसी मुख्य भूमिका हैं, जिनकी अदाकारी की हर कोई तारीफ कर रहा है।12वीं फेल को सिनेमाघरों में रिलीज का यह दूसरा सप्ताह चल रहा है और यह फिल्म अपनी पकड़ मजबूत बनाए हुए है।हालांकि, रिलीज के 12वें दिन फिल्म की कमाई में थोड़ी गिरावट देखने को मिली।अब 12वीं फेल की कमाई के 12वें दिन के आंकड़े सामने आ चुके हैं।

शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने मंगलवार को 1.30 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जिसके बाद इसका कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 24.17 करोड़ रुपये हो गया है।12वीं फेल अनुराग पाठक के इसी नाम से आए लोकप्रिय उपन्यास पर आधारित है।इसमें मेधा शंकर, हरीश खन्ना, प्रियांशु चटर्जी, संजय बिश्नोई और सुकुमार टुडू भी हैं।

फिल्म का निर्देशन विधु विनोद चोपड़ा ने किया है।विक्रांत ने साल 2013 में आई फिल्म लुटेरा के जरिए बॉलीवुड में कदम रखा था, जो हिट साबित हुई।इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और हिंदी सिनेमा को एक से बढ़कर एक फिल्में दीं।दिल धड़कने दो, हाफ गर्लफ्रेंड, छपाक, गिन्नी वेड्स सनी, हसीन दिलरुबा, 14 फेरे और रामप्रसाद की तेहरवी विक्रांत की चर्चित फिल्मों में शामिल है।आने वाले दिनों में विक्रांत यार जिगरी, फिर आई हसीन दिलरूबा और सेक्टर 36 में नजर आएंगे।

**************************

 

सलमान खान की डॉक्यूमेंट्री सीरीज बियॉन्ड द स्टार में बड़ी जिम्मेदारी निभाएंगी यूलिया वंतूर

09.11.2023 (एजेंसी )सलमान खान अक्सर ही सुर्खियों में बने रहते हैं। उनकी फिल्मों का प्रशंसक बेसब्री से इंतजार करते हैं तो उनकी निजी जिंदगी के बारे में जानने के लिए भी उत्सुक रहते हैं।पिछले काफी समय से सलमान की डॉक्यूमेंट्री सीरीज बियॉन्ड द स्टार चर्चा में है, जिसे उनकी जिंदगी पर फिल्माया जाएगा।अब खबर आ रही है कि रोमानियाई अभिनेत्री-मॉडल यूलिया वंतूर इस डॉक्यूमेंट्री सीरीज से जुड़ गई हैं और इसमें वह एक अहम भूमिका निभाती हुई नजर आएंगी।

कुछ समय पहले सलमान ने खुलासा किया था कि डॉक्यूमेंट्री सीरीज का सुझाव उन्हें उनकी दोस्त और अभिनेत्री यूलिया ने दिया था।रिपोर्ट के अनुसार, यूलिया, सलमान को बहुत अच्छे से जानती हैं। ऐसे में सीरीज के कॉन्सेप्ट को अंतिम रूप देने के बाद निर्माताओं ने यूलिया को इससे जोडऩे का फैसला किया है।यूलिया सीरीज में अपनी आवाज देंगी और सलमान के फिल्मी सफर के साथ निजी जिंदगी के बारे में बताएंगी।सूत्र ने बताया कि बियॉन्ड द स्टार के पोस्ट-प्रोडक्शन का काम पहले ही खत्म हो चुका है। अब निर्माताओं ने इस साल 27 दिसंबर को सलमान के 58वें जन्मदिन पर इसे रिलीज कर दर्शकों के सामने लाने का फैसला किया है।

यह ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी, लेकिन किस प्लेटफॉर्म पर आएगी, फिलहाल यह जानकारी सामने नहीं आइ है। यह डॉक्यूमेंट्री सीरीज सलमान के प्रशंसकों को उनके जीवन के उतार-चढ़ाव के बारे में भावुक करने का वादा करती है।यूलिया के एक करीबी सूत्र ने कहा, यूलिया इसकी क्रिएटिव प्रोड्यूसर भी हैं। उन्होंने सभी एपिसोड का इंटरव्यू लिया है, जो निश्चित रूप से इंतजार करने के लायक होगा।सीरीज में भाग्यश्री, दिशा पाटनी, साजिद नाडियाडवाला, डेविड धवन, संजय लीला भंसाली, सुभाष घई, हिमेश रेशमिया और सूरज बडज़ात्या जैसे सितारे नजर आएंगे।इसमें सलमान के दोस्तों और परिवार के साथ उनकी अनदेखी तस्वीरें, वीडियो और दृश्य भी शामिल होंगे। इसका सह-निर्माण सलमान, विज फिल्म्स और अप्लॉज एंटरटेनमेंट कर रहे हैं।

यूलिया प्रेम आर सोनी के निर्देशन में बन रही फिल्म राधा क्यों गोरी मैं क्यों काला से बॉलीवुड में अपनी शुरुआत करने वाली थीं, जिसमें सलमान के कैमियो की अटकलें लगाई जा रही थीं। हालांकि, फिल्म बंद हो गई।2020 में यूलिया के प्रेम द्वारा निर्देशित फिल्म लैला मजनू में नजर आने की खबरें आईं, लेकिन यहां भी बात नहीं बनी।यूलिया, सलमान की फिल्म रेस 3 और राधे के गानों में अपनी आवाज दे चुकी हैं।सलमान की फिल्म टाइगर 3 दिवाली के मौके पर यानी 12 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। यह यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की फिल्म है, जिसमें कैटरीना कैफ और इमरान हाशमी भी शामिल हैं और शाहरुख खान का कैमियो होगा।सलमान, शाहरुख के साथ फिल्म टाइगर वर्सेज पठान का भी हिस्सा हैं, जिसमें दोनों अभिनेता आमने-सामने होंगे।

इसके अलावा वह करण जौहर की एक फिल्म में भारतीय जवान की भूमिका में भी नजर आने वाले हैं।बॉलीवुड में कई सितारों की जिंदगी पर फिल्में बनी है और कई बायोपिक आने वाली हैं। पंकज त्रिपाठी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की बायोपिक लाएंगे तो सरोज खान पर भी फिल्म बनेगी। इसमें फिल्म स्वतंत्र वीर सावरकर और सैम बहादुर भी शामिल हैं।

************************

 

रिवीलिंग शॉर्ट ड्रेस पहनकर मोनालिसा ने इंटरनेट पर लगाई आग, हॉटनेस देख क्रेजी हुए फैंस

09.11.2023 (एजेंसी  –  )भोजपुरी स्टार मोनालिसा के देशभर में चाहने वाले हैं। हालांकि सोशल मीडिया पर उनकी फैन फॉलोइंग लिस्ट भी इस बात का सबूत है। अब हाल ही में एक्ट्रेस मोनालिसा ने अपने लेटेस्ट लुक्स की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट की हैं। इन तस्वीरों में उनका सेक्सी अदाएं देखकर फैंस की सांसें अटक गई हैं।

भोजपुरी इंडस्ट्री से टीवी तक का सफर तय करने वाली एक्ट्रेस मोनालिसा आज किसी भी पहचान की मोहताज नहीं हैं। उनका हर एक लुक सोशल मीडिया पर आते ही तेजी से वायरल होने लगता है। हाल ही में उनके लेटेस्ट बोल्ड अंदाज ने फैंस को दीवाना बना दिया है। इन तस्वीरों में मोनालिसा का स्टनिंग अवतार देखकर फैंस दंग रह गए हैं। ये ही नहीं एक्ट्रेस भी अपने लुक से फैंस को इंप्रेस करती हुई नजर आ रही हैं।

मोनालिसा ने अपने लेटेस्ट फोटोशूट के दौरान बेहद ही रिवीलिंग सिल्वर कलर की शॉर्ट ड्रेस पहनी हुई है। इन तस्वीरों में एक्ट्रेस जमीन पर बैठकर इठलाते हुए एक से बढ़कर एक सेक्सी अंदाज में पोज देते हुए कैमरे के अपना बोल्ड लुक कैप्चर करवा रही हैं। अभिनेत्री मोनालिसा की इन तस्वीरों ने एक बार फिर से इंटरनेट पर का तापमान बढ़ा दिया है। कानों में इयररिंग्स, लहराते हुए खुले बाल, और लाइट मेकअप कर के एक्ट्रेस ने अपने आउटलुक को कंप्लीट किया है।

मोनालिसा आए दिन अपने नए-नए लुक्स की तस्वीरें और वीडियोज फैंस के बीच साझा करती रहती हैं। एक्ट्रेस के वर्कफ्रंट की बात करें तो वो बेकबू और फव्वारा चौक इंदौर की शान नाम के सीरियल में भी दिखाई दे चुकी हैं।

******************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज आपका दिन आपके अनुकूल रहेगा। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने को सफलता पाने के लिए थोड़ी और मेहनत करने की जरुरत है ।काम अधिक होने से आज आपको भाग – दौड़ करनी पड़ेगी। बिल्डर्स के लिए आज का दिन फायदा देने वाला है। आज किसी नये प्रोजक्ट से आपको अधिक लाभ हो सकता है। आज आपके बिजनेस में एक नया मोड़ आएगा। लवमेट के साथ कहीं बाहर जाने का प्लान बनाएंगे… पूरा दिन इंज्वाय करेंगे। आज आपको भाग्य का पूरा साथ मिलेगा। व्यापार में अचानक धन लाभ के अवसर प्राप्त हो सकते हैं। आज किसी से उधार के लेन-देन से बचें।

* शुभ रंग- नीला

* शुभ अंक- 2

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी , वु , वे, वो)

आज आपका दिन ठीक रहेगा।किसी जरूरी काम की योजना पहले ही बना लेंगे तो काम आसानी से पूरा हो जाएगा। परिवार में आज किसी सदस्य को अच्छी सफलता मिलेगी। नवविवाहित आज जीवनसाथी के साथ मूवी को देखने का प्लान बनायेंगे… रिश्ते में मजबूती आएगी। मंनोरंजन पर आज अधिक पैसे खर्च होने वाले हैं। बॉस आपके द्वारा किये गये काम की लिस्ट को चेक कर सकते हैं। अपनी फाइल को तैयार रखें। कुछ दिनों से चल रही पारिवारिक समस्याएं जीवनसाथी की मदद से ठीक हो जायेंगी, परस्पर रिश्तों में सुधार होगा। आज ऑफिस के कार्यों में व्यस्त रहेंगे।

* शुभ रंग- पीला

* शुभ अंक- 6

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज आपका दिन बढिय़ा रहेगा।परिवार संग किसी धार्मिक स्थान पर दर्शन के लिए जायेंगे, पारिवारिक प्रेम बढ़ेगा।आज शांत मन से किसी काम को करेंगें तो जल्द ही पूरा हो जाएगा। कोई पारिवारिक निर्णय लेने से पहले घर के बड़े बुजुर्ग की राय जरूर लें। बिजनेसमैन के लिए नया बिजनेस स्टार्ट करने के लिए आज का दिन शुभ है। किसी मित्र से आज आपकी मुलाकात हो सकती है, जो भविष्य में आपके बिजनेस के लिए फायदेमंद सिद्ध होगा। लेन-देन में सतर्कता बरतें, किसी पर आंखें बन्द करके विश्वास ना करें। लवमेट्स के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है।

* शुभ रंग- नारंगी

* शुभ अंक- 9

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज आपके लिए दिन अच्छा रहने वाला है।बिजनेस साझेदार के साथ किसी विदेश की यात्रा का योग बन रहा है।आज आपकी मुलाकात किसी प्रभावशाली व्यक्ति से होगी, जो आपके रुके हुये कार्यों को पूरा करने में मददगार साबित होगा।आप पॉजिटिव थिंकिंग रखेंगे, तो अच्छे से अपने कामों को पूरा करने में सफल रहेंगे।ऑफिस के कार्यों में अधिकारियों से मार्गदर्शन मिलता रहेगा। आज आपके बिजनेस मे तरक्की होगी।आज आपको परिवार का पूरा सहयोग मिलेगा। परिवार के साथ अधिक समय व्यतीत करेंगे। घर के कार्यों में सभी सदस्यों का साथ मिलेगा। घूमने फिरने की योजना बना सकते हैं, जिससे पारिवारिक माहौल खुशहाल बना रहेगा।

* शुभ रंग- हरा

* शुभ अंक- 5

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज आपका दिन लकी रहेगा।कुछ कार्यों में कम मेहनत से ही ज्यादा लाभ होने वाला है। ऑफिस में कोई नया काम भी सामने आ सकता है। उस नए काम को बहुत अच्छी तरह करने का प्रयास करेंगे।आज आपको धन लाभ होने के योग बन रहे हैं। किसी खास मित्र से आज आपकी मुलाकात होगी, जिनसे मिलकर आप खुश होंगे।आर्किटेक्ट और इन्जीनियरिंग के लिए आज सफलता भरा दिन है। माता – पिता का आशीर्वाद लेकर घर से निकलेंगे, साथ ही आज आपका कोई बिगडा काम बनेगा।आज आपका दाम्पत्य जीवन अच्छा रहने वाला है, कार्यों में जीवनसाथी का सहयोग मिलने से मन प्रसन्न रहेगा।

* शुभ रंग- लाल

* शुभ अंक- 2

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज का दिन खुशियों से भरा रहेगा। अपने परिवार के साथ शाम का समय बिताये उनको अच्छा लगेगा।सोचे हुए काम आज खुद के दम पर पूरा करने में सफल होंगे।कई मामलों पर आपके पास कुछ नए और अच्छे विचार होंगे। इस राशि की महिलाएं आज घर के कामों में बिजी रहेंगी। स्टूडेंट्स के लिए आज का दिन अनुकूल है। संगीत से रिलेटेड संस्था में एडमीशन लेने के लिए आज का दिन शुभ है। परिवार का सपोर्ट आपके काम में मिलेगा। आज कोई मित्र आपसे मिलने घर आ सकता है, उससे निजी समस्याओं को शेयर करने से मन हल्का होगा।

* शुभ रंग- गुलाबी

* शुभ अंक- 7

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज आपका दिन बेहतरीन रहेगा। स्टूडेंट्स के लिए आज का दिन बढिय़ा है। कॉलेज में आज आपकी अच्छे एक्टीविटी की वजह से टीचर्स आपसे खुश रहेंगे। स्वास्थ्य आज पहले से काफी अच्छा रहेगा। किसी बुजुर्ग की राय आपके रिश्ते में चल रही अनबन को दूर कर देगी। आज कोई कठिन काम भी शुरू कर सकते हैं इसमें सफल होने पर आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा। आज आपको पैसों के मामले में समझदारी से फैसले करने होंगे। लवमेट के लिए आज का दिन मीठी नोक-झोंक करने वाला रहेगा। नौकरी पेशा हैं, तो मनपसंद स्थान पर ट्रांसफर हो सकता है। जिससे रोज ट्रैवल की समस्या से छुटकारा मिलेगा।

* शुभ रंग- ग्रे

* शुभ अंक- 4

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आपका दिन फायदा दिलाने वाला रहेगा।समय आपके फेवर में होने के कारण मन खुश रहेगा। नौकरी या बिजनेस में फायदे के एक से अधिक मौके मिलेंगे।काम काज की गति में बढ़ोतरी होगी। आज किसी दूसरे स्टेट में बिजनेस करने के लिए… आपकी यात्रा के योग बन रहे है। विद्यार्थियों को स्वयं की मेहनत पर भरोसा रखना चाहिए, सफलता के अच्छे योग बन रहे हैं। जीवनसाथी आज घर के जरुरत का कोई सामान उपहार दे सकते है। महिलाओं के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है।लवमेट्स एक दूसरे से अपने मन की बात शेयर करेंगे।

* शुभ रंग- बैंगनी

* शुभ अंक- 3

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज आपका दिन आत्मविश्वास से भरा रहेगा। बिजनेस के सिलसिले में आज आप कोई मीटिंग अटेंड करेंगे। छोटे भाई बहनों की ओर से आपको कोई छोटा सरप्राइज मिल सकता है आपके रिश्ते में मधुरता आयेगी। किसी भी चीज में निवेश करने से पहले अच्छे से सोच विचार कर लें, साथ ही किसी एक्सपर्ट की रॉय जरुर ले लें। दूसरों की मदद करने से पीछे न हटें, आप खुद को बेहतर फील करेंगे।पारिवारिक प्रेम में बढ़ोतरी होगी। स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं दूर होती नजर आएंगी। इस राशि के छात्रों को और मेहनत करने की जरूरत है।

* शुभ रंग- नीला

* शुभ अंक- 8

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज आपका दिन खुशनुमा बना रहेगा। कार्यक्षेत्र में जो भी रुकावटें आएंगी, उनसे आप कुछ सीख सकते हैं, ऐसे ही आपको आगे बढऩे के नए मौके मिलेंगे। बिजनेस में योजनाबद्ध तरीके से काम करने पर आपको फायदा होगा। स्पोर्ट्स क्षेत्र से जुड़ी महिलाएं आज प्रैक्टिस में शानदार प्रदर्शन करेंगी। कारोबार में कुछ नया करने के लिए चल रहे प्रयास सफल होंगे।ज़मीन जायदाद के मामले में लाभ मिलेगा।छात्रों के लिए आज का दिन अच्छा रहेगा। ऑफिस के कार्यों संबंधित यात्रा हो सकती है। यात्रा के दौरान किसी प्रभावशाली व्यक्ति से मुलाकात हो सकती है।

* शुभ रंग- गोल्डन

* शुभ अंक- 2

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आपका दिन बढिय़ा गुजरेगा।किसी काम को पूरा करने के लिए शार्टकट तरीके अपनाने से बचें इस राशि के बिजनेसमैन के बिजनेस में बढ़ोतरी होगी।माताएं बच्चो को मोरल स्टोरी सुनाएंगी।क्रिएटिव कामों में मन लगाएंगे और कुछ क्रिएटिव 2शह्म्द्म करने का प्रयास करेंगे। अविवाहित लोगों के लिए आज का दिन अच्छा है। इस राशि के इंजीनियरों को कार्य स्थल पर कुछनये बदलाव का सामना करना पड़ सकता है। छात्रों के लिए आज का दिन फायदेमंद रहेगा।लवमेट्स एक दूसरे को उपहार देंगे, रिश्ते में और मधुरता आएगी।राजनीति से जुड़े लोगों के लिये आज का दिन बेहतरीन रहने वाला है।

* शुभ रंग- हरा

* शुभ अंक- 5

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज आपका दिन फेवरेबल रहेगा।ऑफिस में आज का दिन ठीक रहेगा ..साथ ही कलीग आपके काम में हेल्प करेंगे।आज किसी के बहकावे में न आये और अपने काम के प्रति सतर्क रहें। आपके परिवार में नन्हें मेहमान के आने का योग बन रहा है।आज आपके परिवार में खुशियों का माहौल बनेगा। आर्थिक रूप से आ रही कठिनाइयों से आपको निजात मिलेगी।स्वास्थ्य सम्बन्धी समस्या से आज आपको आराम मिलेगा।अध्यात्म की ओर रूझान बढ़ेगा। किसी धार्मिक कार्यक्रम की योजना बना सकते हैं। वकीलों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है, किसी क्लाइंट से धन लाभ होगा।

* शुभ रंग- पीला

* शुभ अंक- 6

*************************

 

पारिवारिक थ्रिलर कॉमेडी फिल्म ‘अजब तमाशा’ 

09.11.2023  –  ए आर एंटरटेनमेंट बैनर तले अमित कुमार अग्रवाल द्वारा निर्मित पारिवारिक थ्रिलर ड्रामा युक्त कॉमेडी फिल्म ‘अजब तमाशा’ पूरे भारत में कई सिनेमा थिएटरों और मल्टीप्लेक्स में रिलीज किये जाने के बाद से धमाल मचा रही है। नईम अहमद के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी एक सीधा सादा इंसान बबलू की है जो अक्सर कई चीजें भूल जाता है, जिसके कारण वह और उसका परिवार अक्सर समस्याओं में फंस जाता है।

इस बार वह अपने इलाके के नवाब और उसके परिवार के लिए बहुत सारी समस्याएं पैदा करता है। बब्लू के इस कृत्य से नवाब नाराज़ हो जाता है और उसे सबक सिखाना चाहता है परंतु संयोग से नवाब एक बड़ी समस्या में फंस जाता है। बबलू नवाब की मदद करता है और उसकी सभी समस्याओं को बहुत ही हास्यपूर्ण और अप्रत्याशित तरीके से हल करता है।

उत्कृष्ट प्रस्तुतिकरण की वजह से सिनेदर्शकों का भरपूर प्यार इस फिल्म को मिल रहा है। रामू गडुथुरी के कलात्मक सिनेमेटोग्राफी से सजी इस कॉमेडी फिल्म के एडिटर सरताज, बीजीएम गणेश सुर्वे व मुकुल काशीकर, प्रोडक्शन हेड सना शेख और संगीतकार सतीश शर्मा हैं और इस फिल्म का पी आर एवं मार्केटिंग 70 एम.एम मीडिया द्वारा किया गया है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

******************************

 

मा.राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किए भगवान बद्री विशाल के दर्शन

*उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की राष्ट्रपति की अगवानी*

देहरादून,08 नवंबर (एजेंसी)।   मा.राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को उत्तराखंड स्थित भू-बैकुंठ धाम पहुंचकर भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए। मंदिर में करीब 25 मिनट तक पूजा करते हुए राष्ट्रपति ने देश की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की। बदरीनाथ धाम आगमन पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रपति की अगवानी की।

मा.राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की बीच भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर से बुधवार को सुबह 10:20  बजे बद्रीनाथ आर्मी हेलीपैड पहुंचे। हेलीपैड पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, बद्री केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेन्द्र अजय, अन्य जनप्रतिनिधियों सहित जिलाधिकारी हिमांशु खुराना एवं पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। यहां से राष्ट्रपति काफिले के साथ मंदिर पहुंची और मंदिर में बद्री विशाल की वेद पाठ एवं विशेष पूजा की।

बद्रीनाथ के मुख्य पुजारी रावल ईश्वर प्रसाद नंबूदरी एवं तीर्थ पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा संपन्न की। मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेन्द्र अजय, उपाध्यक्ष किशोर पंवार एवं अन्य पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति को बद्री विशाल का प्रसाद एवं अंग वस्त्र भेंट किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंदिर परिसर में राष्ट्रपति को भोजपत्र पर बनी बद्रीनाथ मंदिर की प्रतिकृति, आरती और स्थानीय उत्पादों की टोकरी भेंट की। भू-बैकुंठ धाम की अलौकिक सुंदरता देख राष्ट्रपति अभिभूत दिखे।

मंदिर से निकलते समय उन्होंने हाथ हिलाकर बद्रीनाथ धाम पहुंचे श्रद्धालुओं का अभिवादन भी किया। मंदिर में पूजा दर्शन के बाद राष्ट्रपति बद्रीनाथ से श्रीनगर के लिए प्रस्थान किया।

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन द्वारा धाम में सुरक्षा के कड़े इंतेजाम किए गए थे। साथ ही कन्टीजेन्सी प्लान के तहत गौचर में भी सभी व्यवस्थाएं की गई थी।

मा.राष्ट्रपति के बद्रीनाथ भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी हिमांशु खुराना, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, सीडीओ एलएन मिश्र, एडीएम डॉ.अभिषेक त्रिपाठी, सयुंक्त मजिस्ट्रेट डा.दीपक सैनी, एसडीएम कुमकुम जोशी, मुख्य कार्याधिकारी योगेन्द्र सिंह, धर्माधिकारी राधाकृष्ण थपलियाल, मीडिया प्रभारी डा.हरीश गौड़, बीकेटीसी के सदस्यगण सहित विभिन्न व्यवस्थाओं से जुड़े अधिकारी मौजूद थे।

***************************

 

दिल्ली-गाजियाबाद के बदमाशों में गैंगवार, 30 से ज्यादा राउंड फायरिंग, तीन को लगी गोली, दो दर्जन पर मुकदमा

गाजियाबाद ,08 नवंबर (एजेंसी)। दो बदमाशों के गैंग के बीच में गैंगवार होने का एक मामला सामने आया है। जिसमें रात के वक्त करीब 30 राउंड से ज्यादा फायरिंग हुई और जमकर लाठी-डंडे और पत्थर चले हैं। इस मामले में तीन लोग गोली लगने से घायल भी हुए हैं। जिनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मामला दिल्ली के दो गैंग का था, लेकिन जगह गाजियाबाद के इलाके की थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर दो दर्जन लोगों के खिलाफ एफआईआर की है। गाजियाबाद पुलिस को घटनास्थल से कुल 23 खोखे (खाली कारतूस) मिले हैं। इससे स्पष्ट है कि करीब 30 से ज्यादा राउंड फायरिंग हुई हैं। पुलिस ने अपनी तरफ से दोनों पक्षों के 23 लोगों के खिलाफ थाना शालीमार गार्डन में एफआईआर दर्ज की है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बीती रात करीब 12 बजे के आसपास शालीमार गार्डन क्षेत्र की बंगाली कॉलोनी में बदमाश टोनी और पिंकी के गुटों में मारपीट की सूचना मिली। दोनों बदमाश दिल्ली में न्यू सीमापुरी के रहने वाले हैं। लेकिन, टोनी के गुट में दिल्ली और पिंकी के गुट में यूपी के लड़के हैं। ये इलाका दिल्ली-यूपी बॉर्डर से एकदम सटा हुआ है।

पुलिस जब मौके पर पहुंची तो बड़ी संख्या में दो गुटों के लोग लाठी-डंडों से मारपीट कर रहे थे। एक-दूसरे पर पत्थर फेंक रहे थे और गोलियां बरसा रहे थे। दोनों गुटों पर तमंचे, बंदूक और चाकू भी थे। पता चला कि दोनों ही बदमाशों के गुट वर्चस्व को लेकर भिड़ गए हैं। पुलिस के पहुंचने पर दोनों पक्ष वहां से भाग निकले।

गैंगवार के दौरान टोनी गैंग के सैफ और पिंकी गैंग के आजम व मुर्शरफ को गोली लगी। यहां मौजूद लोगों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया, दोनों तरफ से फायरिंग हुई। भारी पथराव किया गया। इससे कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने अपनी जान बचाते हुए घरों के दरवाजे बंद कर लिए। मौके से पुलिस को .315 बोर के 5 और .32 बोर के 18 खोखे पड़े मिले हैं। इन्हें पुलिस ने सील कर दिया है।

*****************************

 

एल्विश रात दो बजे पहुंचा थाने, वकीलों की फौज थी साथ, पुलिस ने पूछे कई सवाल, फिर बुलाया गया

नोएडा ,08 नवंबर (एजेंसी)। नोएडा के चर्चित सांप तस्करी और रेव पार्टी मामले में नाम आने के बाद नोएडा पुलिस ने एल्विश यादव को नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया था। बीती रात करीब 2 बजे एल्विस यादव अपने साथ 7 वकीलों को लेकर पहुंचा था। जिसके बाद डीसीपी और अन्य अधिकारियों ने उससे करीब 3 घंटे पूछताछ की।

जिसके बाद वो सुबह करीब 5 बजे हरियाणा वापस लौट गया। सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान वह काफी डरा हुआ नजर आया। रेव पार्टी, सांप का नशा, सांप तस्कर राहुल से कनेक्शन से जुड़े हुए सवाल उससे पूछे गए। ज्यादातर आरोपों को एल्विश ने नकार दिया। उसने कहा कि उसका इससे कोई कनेक्शन नहीं है।

आज यानी बुधवार को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इससे पहले, नोएडा पुलिस ने एल्विश यादव को नोटिस भेजा था।

सूत्रों के मुताबिक नोएडा पुलिस की तरफ से नोटिस जारी होने के बाद एल्विश ने पुलिस से संपर्क किया था। उसने पुलिस से देर रात का टाइम पूछताछ के लिए रखने की कहा था। इस पर नोएडा पुलिस सहमत हो गई।

रात 2 बजे तय समय के मुताबिक, वह थाने पहुंचा। सांप तस्करी से जुड़ा केस सेक्टर-49 में दर्ज हुआ था। हालांकि, एफआईआर दर्ज होने के तीन दिन बाद ही इस थाने के प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया था। इसके बाद केस को सेक्टर-20 थाने में ट्रांसफर कर दिया गया। अब इस केस की जांच इंस्पेक्टर कैलाश नाथ कर रहे हैं।

बीती रात उन्होंने ही एल्विश से पूछताछ की। वकील साथ में होने की वजह से वो बीच-बीच में हनक भी दिखाता रहा। इंस्पेक्टर ने पहले उससे पार्टी और उसके दोस्तों (राहुल) के कनेक्शन के बारे में पूछा। फिर वेनम और सांप के अरेंजमेंट के बारे में सवाल किए। एल्विश ने सभी से इनकार किया।

सूत्रों के मुताबिक पुलिस को सांप तस्कर राहुल और एल्विश के बीच बातचीत के रिकॉर्ड मिले हैं। सीडीआर यानी कॉल डेटा रिकॉर्ड में दोनों के बीच ज्यादातर बार 1 से 2 मिनट बातचीत हुई। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि जिन-जिन तारीख को एल्विश और राहुल के बीच बातचीत हुई?

क्या उन तारीख या उसके आसपास एल्विश ने कोई पार्टी ज्वाइन की या कोई पार्टी ऑर्गेनाइज की। अगर ऐसा है, तो दोनों के बीच कनेक्शन बिल्डअप हो जाएगा।

***************************

 

दिल्ली में समय से पहले ही विंटर ब्रेक घोषित, 9 से 18 नवंबर तक बंद रहेंगे सभी स्कूल

नई दिल्ली 08 Nov, (एजेंसी): दिल्ली में स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है। दिल्ली में स्कूल अब 20 नवंबर को खुलेंगे। दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय ने ‘विंटर ब्रेक’ यानी सर्दियों की छुट्टी घोषित करने का निर्णय लिया है।

शिक्षा निदेशालय के मुताबिक 9 से 18 नवंबर तक स्कूलों में शीतकालीन अवकाश रहेगा। राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण की लगातार बिगड़ती स्थिति को देखते हुए सरकार ने समय से पहले सर्दी की छुट्टी घोषित करने का निर्देश दिया है। अमूमन ये छुट्टियां दिसंबर-जनवरी में तेज ठंड पड़ने के दौरान दी जाती हैं, लेकिन दिल्ली में प्रदूषण की मौजूदा स्थिति को देखते हुए पूर्व निर्धारित दिसंबर-जनवरी के विंटर ब्रेक को अभी से घोषित कर दिए गए हैं।

इससे पहले दिल्ली में प्राइमरी स्कूलों को 10 नवंबर तक बंद करने का फैसला लिया गया था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़े बताते हैं कि बुधवार सुबह दिल्ली के आनंद विहार में एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी एक्यूआई 452 था। आरके पुरम में यह 433 ओखला में 426, पंजाबी बाग में 460, श्री अरबिंदो मार्ग में 382, शादीपुर में 413 और आईटीओ में 413 के स्तर पर है।

प्रदूषण की इस गंभीर स्थिति को देखते हुए दिल्ली सरकार ने संबंधित विभागों की उच्च स्तरीय बैठक भी बुलाई है। इस बीच टेक्निकल और ऑपरेशनल स्टाफ की एक टीम कनॉट प्लेस स्थित ‘स्मॉग टावर’ पहुंची हैं। स्मॉग टावर वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए चालू किए जा चुके हैं। मौसम विभाग का मानना है कि दिल्ली में 10 नवंबर को हल्की बूंदा-बांदी हो सकती है। हालांकि फिलहाल इससे भी बहुत अधिक राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

मौसम विभाग के मुताबिक 13 नवंबर तक दिल्ली में सुबह धुंध छाई रह सकती है। विशेषज्ञ दिल्ली में प्रदूषण के लिए वाहनों को एक बड़ा कारण मान रहे हैं। अगले सप्ताह से वाहनों के लिए दिल्ली में ऑड इवन व्यवस्था लागू करने का निर्णय भी लिया गया है।

विशेषज्ञों का मानना है कि स्कूली छात्रों को वायु प्रदूषण से बचाने के साथ-साथ ऑड इवन समस्या से छात्र प्रभावित न हो इसलिए भी ऐसी स्थिति में स्कूल बंद करने का निर्णय सही है। वाहनों के ऑड ईवन व्यवस्था के दौरान 9 से 18 नवंबर तक सभी स्कूलों में छुट्टी रहेगी। 19 नवंबर को रविवार होने के कारण स्कूल बंद रहेंगे।

इससे पहले 5 नवंबर को सरकार ने 5वीं तक के स्कूल 10 नवंबर तक बंद रखने का निर्णय लिया था। हालांकि छठी से 12वीं तक के स्कूलों को कोई आदेश नहीं मिला था। उन्हें ऑनलाइन क्लासेज का विकल्प दिया गया था। 12 नवंबर को दिवाली है। इस दौरान दिल्ली में प्रदूषण का स्तर और अधिक बढ़ने की संभावना है। गौरतलब है कि दिल्ली के स्कूलों में विंटर ब्रेक की छुट्टियां दिसंबर-जनवरी के महीने में होती हैं, लेकिन प्रदूषण के चलते इस बार सरकार ने काफी पहले सर्दी की छुट्टियां घोषित कर दी हैं।

***************************

 

पांच पांडव की राह पर चलने पर हमें गर्व: PM मोदी

दमोह 08 Nov, (एजेंसी): मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए बुंदेलखंड के दमोह पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि हमें गर्व है कि हम पांच पांडव की राह पर चल रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने दमोह की जनसभा में कहा, कांग्रेस के लिए देश और राज्य का विकास जरूरी नहीं है, बल्कि उसके लिए सिर्फ अपना स्वार्थ ही जरूरी है। 2014 से पहले देश ने 10 वर्ष तक कांग्रेस को मौका दिया, लेकिन किसी को पता ही नहीं था कि देश के प्रधानमंत्री क्या कर रहे हैं, क्योंकि सब रिमोट से चल रहा था। आज भी कांग्रेस की रिमोट की आदत नहीं जा रही है, उस समय प्रधानमंत्री रिमोट से चलते थे, इन दिनों कांग्रेस के अध्यक्ष रिमोट से चल रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा, कांग्रेस के अध्यक्ष वरिष्ठतम नेताओं में से एक हैं, लेकिन वो बस नाममात्र के रह गए हैं। कभी कभी वो खुद के मूड में आ जाते हैं। मैंने कहीं पढ़ा कि कल उन्होंने पांडवों को याद किया था। जब रिमोट चलता है, तब वो सनातन को गाली देते हैं, लेकिन रिमोट बंद होते ही उन्होंने सनातन को याद किया। कल उन्होंने कहा कि भाजपा में पांच पांडव हैं। हमे गर्व है कि हम पांच पांडव की राह पर चल रहे है।

दमोह की जनता की ओर इशारा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, आज दमोह और पूरा मध्य प्रदेश कह रहा है, एक बार फिर मोदी सरकार। आप सभी के आशीर्वाद से पूरे विश्व में आज भारत का परचम लहरा रहा है। आज जमीन से लेकर अंतरिक्ष तक भारत का गौरव गान हो रहा है। भारत का चंद्रयान वहां पहुंचा है, जहां दुनिया का कोई देश नहीं पहुंचा। भारत के युवा बेटे-बेटियां खेल के मैदान में आज नए-नए रिकॉर्ड बना रहे हैं।

बुंदेलखंड की गौरव गाथा का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा, भारत की एक गाथा- बुंदेले हर बोलो, हम बचपन में सुनते थे और एक गाथा आज हम दुनिया को सुना रहे हैं। भारत का ये गौरवगान आज संभव न हो पाता, अगर मध्य प्रदेश का इतना आशीर्वाद मुझपर न होता। मोदी सिर्फ और सिर्फ आपका सेवक है। आपका जीवन बेहतर हो, आपके जीवन से मुश्किलें कम हो, यही मेरी प्राथमिकता है।

उन्होंने आगे कहा, देश को आजाद हुए इतने साल हो चुके हैं, लेकिन इतने वर्षों से कांग्रेस देश से एक ही झूठ बार-बार बोलती रही, गरीबी खत्म करने का नारा देती रही। कांग्रेस कभी गरीबी खत्म नहीं कर पाई, क्योंकि कांग्रेस के नेताओं की नीयत ठीक नहीं थी।

केंद्र सरकार का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, आज केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार है। भाजपा के सेवाकाल में देश गरीबी से बाहर निकल रहा है, अपनी गरीबी दूर कर रहा है। आज पूरी दुनिया भारत में हो रहे विकास की चर्चा कर रही है। 2014 में जब हम सरकार में आए, तब हमारा देश दुनिया की 10वें नंबर की आर्थिक ताकत था। आज भारत ने 5वें नंबर की अर्थव्यवस्था बनकर उस देश को पीछे छोड़ दिया है, जिसने 200 साल तक हम पर राज किया था।

प्रधानमंत्री ने जनता से वादा करते हुए कहा, ये मोदी की गारंटी है कि जब तीसरी बार मेरा सेवाकाल प्रारंभ होगा, मैं इस देश की अर्थव्यवस्था को दुनिया की टॉप तीन में लाकर रहूंगा। हमारी गारंटी खजाने लुटाने की नहीं होती, बल्कि हमारी गारंटी देश को आन-बान-शान के साथ आगे ले जाने की होती है। हमारी गारंटी वोट बटोरने की नहीं, बल्कि देशवासियों के सामर्थ्य बढ़ाने की होती है।

कांग्रेस से सावधान रहने का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, आज का ये समय कांग्रेस से सबसे ज्यादा सावधान रहने का है। कांग्रेस वो पार्टी है, जो गरीबों के हक का पैसा छीन लेती है, हजारों करोड़ रुपये के घोटाले करती है। कांग्रेस एक समाज को दूसरे समाज से लड़ाकर कुर्सी पर कब्जा करने का खेल खेलती है। गरीबों का पैसा लूटने के लिए कांग्रेस ने एक खास मशीन बनाई थी। वो मशीन ऐसी थी जिसमें सरकार अगर 100 रुपये भेजती थी, तो उसमें से 85 रुपये सीधे कांग्रेस नेताओं की तिजोरी में पहुंच जाता था।

**************************

 

पुलिस की दादागिरी! दिशा ऐप डाउनलोड करने से मना करने पर भारतीय सेना के जवान को पीटा

विशाखापत्तनम 08 Nov, (एजेंसी): मोबाइल फोन पर जबरन दिशा ऐप डाउनलोड करने को लेकर हुई बहस के दौरान आंध्र प्रदेश पुलिस के कर्मचारियों ने भारतीय सेना के एक जवान के साथ सार्वजनिक रूप से मारपीट की। यह घटना आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली जिले में हुई।जम्मू-कश्मीर के बारामूला में 52वीं राष्ट्रीय राइफल्स कैंप में कार्यरत सैयद अलीमुल्ला छुट्टी पर येलमंचिली मंडल के रेगुपालिनी गांव में अपने घर आया था।

जब वह परवाड़ा में बस का इंतजार कर रहा था तो एक महिला सहित चार पुलिस कर्मियों ने उनसे अपने मोबाइल फोन पर दिशा ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा। उन्होंने उसका मोबाइल फोन ले लिया और ऐप डाउनलोड करने लगे। जब एक कांस्टेबल ने अपने मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी लिखा तो अलीमुल्ला ने उससे कहा कि ओटीपी के माध्यम से साइबर अपराध किए जा रहे हैं। उसने पुलिस कांस्टेबलों से अपना पहचान पत्र दिखाने के लिए कहा क्योंकि उनकी वर्दी पर नाम भी नहीं लिखा था।

इस पर आरोपियों ने कहा कि क्‍या वह पुलिस की वर्दी नहीं देख रहा है। उन्‍होंने उसे थाने आने के लिए कहा। जब उसने मना किया तो तीन पुलिसकर्मियों ने उसे खींच लिया। उनमें से एक ने उसका कॉलर पकड़ लिया। उन्होंने उसे जबरन ऑटोरिक्शा में बिठाने की कोशिश की। जब पीड़ित ने विरोध जारी रखा तो पुलिस कर्मियों ने उसका पहचान पत्र छीन लिया। बाद में सेना के जवान ने शिकायत दर्ज कराने के लिए अनाकापल्ली जिले के पुलिस अधीक्षक के.वी. मुरली कृष्णा से मुलाकात की।

एसपी ने जांच के आदेश दिए और घटना में शामिल चारों सिपाहियों को आर्म्ड रिजर्व में अटैच कर दिया। इस बीच, तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के महासचिव नारा लोकेश ने घटना की निंदा की है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया कि दिशा एक्ट में कोई निर्देश नहीं है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार द्वारा लाए गए दिशा ऐप के नाम पर कुछ गलत हो रहा है। टीडीपी नेता ने लिखा, पुरुषों के मोबाइल पर महिलाओं के लिए दिशा ऐप को जबरन डाउनलोड करना संदेह पैदा करता है। यह नृशंस है कि पुलिस ने इस पर सवाल उठाने वाले अनाकापल्ली जिले के रेगुपलेनी निवासी एक सैनिक सैयद अलीमुल्ला पर हमला किया। एक सैनिक जो देश की सुरक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डालता है आंध्र प्रदेश आने पर उसके पास कोई सुरक्षा नहीं है।

महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर लगाम लगाने के लिए दिशा कानून 2020 में लाया गया था। राज्य सरकार ने संकटग्रस्त महिलाओं की मदद के लिए दिशा ऐप भी लॉन्च किया।

*************************

 

मानव तस्करी मामले में एनआईए ने 10 राज्यों में तलाशी ली

नई दिल्ली 08 Nov, (एजेंसी): देश में मानव तस्करी के खिलाफ एक बड़े अभियान में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बुधवार को 10 राज्यों में तलाशी ली।

जांच एजेंसी ने कहा, आतंकवाद विरोधी एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एजेंसी की कई टीमों ने मानव तस्करी के मामलों के सिलसिले में त्रिपुरा, असम, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, हरियाणा, पुडुचेरी, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर राज्यों में तलाशी ली। तलाशी आज अल सुबह शुरू हुई। मामले में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

**************************

 

पीएम मोदी ने आडवाणी को दी जन्मदिन की बधाई

नई दिल्ली 08 Nov, (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को ईमानदारी और समर्पण का प्रतीक बताते हुए, जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं दी है।

आडवाणी के जन्मदिन के मौके पर देश के विकास में उनके योगदान को याद करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह भी कहा कि उनके ( लालकृष्ण आडवाणी) दूरदर्शी नेतृत्व ने राष्ट्रीय प्रगति और एकता को आगे बढ़ाया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने आडवाणी को जन्मदिन की बधाई देते हुए एक्स पर पोस्ट में कहा, “लालकृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। वह ईमानदारी और समर्पण के प्रतीक हैं जिन्होंने महान योगदान दिया है जिससे हमारा देश मजबूत हुआ है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने राष्ट्रीय प्रगति और एकता को आगे बढ़ाया है।”

प्रधानमंत्री मोदी ने आडवाणी के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करते हुए आगे कहा, “मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं। राष्ट्र निर्माण की दिशा में उनके प्रयास 140 करोड़ भारतीयों को प्रेरित करते रहते हैं।

*****************************

भाजपा का मिशन 2024 : अयोध्या में कैबिनेट बैठक के जरिए धार्मिक एजेंडे को गति देने की कोशिश

लखनऊ 08 Nov, (एजेंसी): लोकसभा चुनाव 2024 के मिशन को ध्यान में रखते हुए भाजपा अपने धार्मिक एजेंडे को सेट करने में तेजी से लग गई है। इसी कारण सरकार अयोध्या में दीपोत्सव के साथ नौ नवंबर को अपनी कैबिनेट मीटिंग आयोजित करने जा रही है।

राजनीतिक जानकर बताते हैं कि भाजपा सरकार मिशन 2024 को साधने के लिए धर्म, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद व विकास पर तेजी से काम कर रही है। 11 नवंबर को अयोध्या में भव्य दीपोत्सव से पहले नौ नवंबर को योगी सरकार की पूरी कैबिनेट यहां बैठेगी। यहां की बैठक के लिए ऐसे प्रस्तावों को चुना गया है जो धर्म व संस्कृति से जुड़े हुए हैं। 22 जनवरी को राम मंदिर में होने वाले राम लला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले अयोध्या में कैबिनेट बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कैबिनेट बैठक में अयोध्या से जुड़े कुछ अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी चर्चा हो सकती है।

सरकार से जुड़े सूत्र बताते हैं कि सरकार ने सभी कैबिनेट मंत्रियों को सूचना भेजी है जिसमें इस कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति का आग्रह किया गया है जो गुरुवार को सुबह 11:30 बजे शुरू होने वाला है।

प्रदेश सरकार के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि नौ नवंबर को अयोध्या के रामकथा पार्क में 11:30 से बैठक संभावित है। इसमें हमारे सभी मंत्री परिषद के साथी भाग लेंगे। मुख्यमंत्री सहित सारे कैबिनेट के मंत्री रामलला के दर्शन करेंगे। इस बैठक में पर्यटन से संबंधित विभागों के छह प्रस्ताव रखे जायेंगे। अन्य और भी प्रस्ताव हैं, जिन पर कैबिनेट अपनी मुहर लगाएगी।

प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि प्रयागराज में 2019 में आयोजित कैबिनेट बैठक में मेरठ से प्रयागराज तक गंगा एक्सप्रेसवे परियोजना को मंजूरी दी गई थी। उसी तरह अयोध्या में होने वाली कैबिनेट बैठक में रामनगरी और उसके आसपास के इलाकों को सौगात मिल सकती है। विभिन्न विभागों ने कैबिनेट के लिए प्रस्ताव भेजना शुरू कर दिया है।

राजनीतिक विश्लेषक प्रसून पांडेय कहते हैं कि मुख्यमंत्री द्वारा अयोध्या में कैबिनेट बैठक धार्मिक और राष्ट्रवाद के मुद्दे को धार देने के रूप में देखा जा रहा है। सरकार हर बड़े इवेंट को महत्वपूर्ण बनाने के लिए ऐसे कार्यक्रम करती हैं जिससे संदेश भी जाए। इससे पहले 29 जनवरी 2019 को कुंभ मेला के दौरान सभी कैबिनेट मंत्रियों ने गंगा में डुबकी लगाई थी। इसके बाद बैठक की थी।

2017 में सरकार बनने के बाद भाजपा सरकार के शीर्ष एजेंडे में अयोध्या ही रहा है। सरकार ने अपने पहले कार्यकाल में भी राजधानी के बाहर एक बार कैबिनेट बैठक की थी। पांडेय कहते हैं कि 22 जनवरी को अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा को पहले ऐसा माहौल बनाना चाहती है जिसके दूरगामी संदेश हों।

****************************

 

मप्र में मोदी और छत्तीसगढ़ में राहुल की सभाएं

भोपाल/रायपुर  08 Nov, (एजेंसी): मध्य प्रदेश और पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में चुनाव प्रचार जोर पकड़े हुए है और नेताओं के दौरे हो रहे है। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्य प्रदेश और राहुल गांधी छत्तीसगढ़ में कई जनसभाओं को संबोधित करने वाले है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी आज प्रातः 11 बजे दमोह, दोपहर 1.30 बजे गुना एवं शाम 4 बजे मुरैना में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।

चहीं कांग्रेस के वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी विशेष विमान से दोपहर 12 बजे अंबिकापुर हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। दोपहर 12.15 बजे हेलीकॉप्टर से जशपुर रवाना होंगे। दोपहर 12.45 बजे सन्ना खेल मैदान, जशपुर में पहुंचेंगे जहां दोपहर एक बजे आमसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 2.10 बजे जशपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा कतकालो अंबिकापुर के लिये रवाना होंगे। दोपहर 2.40 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा कतकालो, ब्लॉक – अंबिकापुर, जिला सरगुजा हवाई अड्डे पहुंचेंगे। कतकालो में दोपहर 3 बजे आमसभा को संबोधित करेंगे। शाम 4.40 बजे अंबिकापुर एयरपोर्ट से विशेष विमान द्वारा दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

********************************