All posts by Dilip Singh

बोकारो जिले में एक ऐसा प्राचीन मंदिर है जहां 163 सालों से मां काली की पूजा होती है

बोकारो,15 नवंबर (एजेंसी)। बोकारो इस्पात नगरी जो अपने आप में भी कई प्राचीन इतिहास को समेटे हुए हैं उसी में से एक ऐसा इतिहास जो प्राचीन काल से चल रही है और आज भी स्थापित है। जी हां बोकारो जिले में एक ऐसा मंदिर है जो 163 सालों से विराजमान है और इस मंदिर में भक्तो की आस्था जुड़ी हुई है आज भी इस मंदिर में भक्त श्रध्दा पूर्वक अपनी मनोकामना को लेकर दर्शन करने आते है। और माता का दर्शन कर लाभान्वित होते है। बता दें की जब बोकारो इस्पात का निमार्ण नही हुआ था तब इस नगर के मध्य में एक काफी बड़ा एक झील हुआ करता था और तब इस झील की भूमी में प्रतापपुर नामक एक गाँव हुआ करता था इसी गाँव में फागुगोप नामक एक ब्यक्ति रहा करता था जब फागुगोप का परिवार बडा हो गया तो वह दुन्दीबाग मौजा में जमीन की व्यवस्था कर फागुगोप वहा रहने लगा इस परिवार के सभी लोग माँ काली की पूजा अर्चना करते आ रहे थे क्योंकि माता काली इस परिवार की कुल देवी थी।

जमींदारी प्रथा उस समय चल रही थी। एक बार की बात हैं की दुन्दीबाग गाँव में कोलरा नामक माहामारी का प्रकोप हुआ इस माहामारी की चपेट में इस गाँव के लोग प्रतिदिन मौत के मुंह में जाने लगे तो फागु गोप को कुल देवी काली माँ ने एक रात को सपने मे दर्शन देकर आदेश दिया की दुन्दीबाग गाँव के मध्य में मेरा भव्य मंदिर बनाओ तथा सामुहिक रूप से पूजा अर्चना करो तो अभी जो माहामारी आया है उसे मुक्ति मिल जायेगी। तदनुसार समस्त ग्रामवासियों ने मिल जुल कर बंगला तिथी सन् 1272 तथा अंग्रेजी सन् 1860 में इस मंदिर की स्थापना कर दी। स्थापना होते ही मौत की काली छाया जो कोलरा का प्रकोप था वह धीरे-धीरे खत्म हो गया तथा किसी की भी मौत नही हुई इस तरह पूरे दुन्दीबाग गाँव की रक्षा हो गयी।

फागु गोप के मृत्यु के बाद उनका लड़का भीखु गोप और अनु गोप ने आम का बगीचा लगाकर मंदिर को सुंदरता प्रदान किया। उस समय पास के गाँव दुन्दीबाग काकवॉटॉड हरला, तिलावन्नी, जोलहाबाद, दुईला, भुचुन्डी, लकड़ाखन्दा आदि गाँव के लोग इस प्रचीन काली मंदिर में पुजा अर्चना करने आते रहते थे। सन् 1964 में भीखू गोप ने लाल बाबा को मंदिर का पुजारी बनाया। लाल बाबा उर्फ बैद्यनाथ तिवारी जो वर्तमान गोपाल गंज जिला के रहने वाले थे और ये हथुआ राज्य के पुजारी थे। उन्होंने लगभग 40 सालो तक मंदिर में माँ काली की पुजा अर्चना करते रहें। वर्तमान समय में लाल बाबा के पपोत्र पंडित बद्रीनाथ एवं गोप के वंशज फलहारी माता प्रभावती देवी के द्वारा धार्मिक कार्य किया जा रहा हैं।

आज भी भक्त अपनी मनोकामना लेकर इस मंदिर में आते हैं और मनोकामना पूरी होने पर अपनी क्षमता अनुसार लोगों को प्रसाद खिलाने का लंगर का आयोजन करते हैं। 3 दिन फलाहारी माता दुन्दीबाग के काली मंदिर में रहती है और दुख तकलीफ से आए हुए भक्तों को अड़हुल फूल से उसका निदान कर उपाय बताती है बता दे की फलहारी माता के द्वारा सिजुआ धाम में भी भव्य मंदिर का निर्माण कराया गया है

जिसमें चार दिन सिजुआ धाम में बैठ कर वहां आए हुए भक्तों के दुख तकलीफों का निदान करती है। प्राचीन काली मंदिर में माँ काली की प्रतिमा के साथ भगवान भोलेनाथ का मंदिर भी विराजमान है जिसकी रोज पूजा अर्चना की जाती है वही लाल बाबा के पपोत्र पंडित बद्रीनाथ के द्वारा मंदिर में हर रविवार को लंगर का आयोजन किया जाता है।

****************************

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जबलपुर उत्तर मध्य और पूर्व विधानसभा में किया रोड शो

*हजारों कार्यकर्ताओं सहित जनता ने किया स्वागत*

जबलपुर,15 नवंबर (एजेंसी)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने उत्तर मध्य एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो करते हुए जनता का अभिवादन किया एवं भाजपा के पक्ष में  वोट करने की अपील की।

रोड शो में हजारों कार्यकर्ताओं एवं मातृशक्ति ने पैदल चलकर आमजन का उत्साहवर्धन किया । जगह-जगह आम जनों ने पुष्प वर्षा कर केंद्रीय गृहमंत्री का स्वागत अभिनंदन किया।  महिलाओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की तख्ती लेकर स्वागत किया।

रोड शो में  केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के साथ पश्चिम विधानसभा प्रत्याशी सांसद राकेश सिंह, उत्तर प्रत्याशी अभिलाष पांडे, पूर्व प्रत्याशी अंचल सोनकर,भाजपा नगर अध्यक्ष प्रभात साहू, धीरज पटेरिया  जनता का अभिवादन कर रहे थे।

******************************

 

विकराल प्रदूषण में दिल्ली और केन्द्र सरकार के कैबिनेट मंत्रियों की नाकामियों के चलते: कांग्रेस

नई दिल्ली, 15 नवम्बर (एजेंसी)।केन्द्र और दिल्ली की कैबिनेट मंत्रियों की निष्क्रियता के चलते दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण और दिल्ली की बदहाल स्थिति से चिंताग्रस्त दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष  अरविन्दर सिंह लवली ने कांग्रेस की शीला दीक्षित सरकार के पूर्व मंत्रियां की शैडो केबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक में दोनो सरकारां की नाकामियों पर एक स्वेत पत्र जारी किया, जिस पर प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में विस्तृत रुप से जानकारी दी और खतरनाक प्रदूषण को लेकर बढ़ती समस्याओं और उसके सुझावों के बारे में चर्चा हुई।

अरविन्दर सिंह लवली के अलावा पूर्व मंत्री  हारुन युसूफ,  राजकुमार चौहान,  मंगतराम सिंघल,  कृष्णा तीरथ, डा0 नरेन्द्र नाथ,  रमाकांत गोस्वामी और प्रो0 किरण वालिया के साथ निगम में सदन के पूर्व नेता  जितेन्द्र कुमार, कोचर,  जगजीवन शर्मा और अनुज आत्रेय भी मौजूद थे। अरविन्दर सिंह लवली ने बैठक में दो प्रस्ताव पारित किये कि प्रत्येक वर्ष बढ़ते प्रदूषण से दिल्लीवासियों को राहत पहुचाने के लिए मुख्यमंत्री और उपराज्यपाल तुरंत सर्वदलीय बैठक बुलाए और सुप्रीम कोर्ट के न्यायधीश कि निगरानी में एक कमेटी बनाई जाए जिसमें पर्यावरण एक्पर्ट भी शामिल हो, यह कमेटी नवम्बर के महीने में प्रदूषण बढऩे के कारण और प्रदूषण से होने वाले नुकसान पर नजर रखे।लवली ने मांग की कि प्रदूषण नियंत्रण करने और लोगों को बचाने के लिए प्रदेश कांग्रेस की भांति केन्द्र सरकार भी श्वेत पत्र जारी करें।

राजधानी में 20,000 बसें परिवहन व्यवस्था को दुरस्त करने होनी चाहिए, जिससे लोग स्कूटर और मोटर साईकल का कम से कम प्रयोग करें, वेस्ट मेनेजमेंट पर पर्याप्त योजना बनाकर काम होना चाहिए, अनाधिकृत कालोनियों में कम्पलीट सीवर सिस्टम बनाना चाहिए, बी0आर0टी0 सिस्टम, साईकिल ट्रेक और इन्फ्रास्टक्चर सुधारने के लिए फुटपाथ बनाए जाऐ। उन्होंने मांग की कि मेट्रो एक्सटेंशन का काम केन्द्रीय गृह मंत्री की देखरेख में होना चाहिए, क्योंकि लंबे समय से मेट्रो का समय अवधि में पूरा नही हो रहा है।

अरविन्दर सिंह लवली ने कहा कि दिल्ली में खतरनाक दमघोटू प्रदूषण से राहत देने की बजाय केन्द्र और दिल्ली सरकार आरोप प्रत्यारोप की राजनीति कर रही हैं, जबकि कांग्रेस की शीला दीक्षित सरकार के समय हम जनता से जुड़ी हर समस्या के समाधान के लिए काम करते थे और 2003 के चुनाव में दिल्ली की बिजली समस्याओं को दूर करना, मेट्रो लाना, फ्लाई ओवरों का जाल बिछाना और दिल्ली को विश्व की क्लीन सिटी बनाने के नाम पर दिल्ली की जनता ने कांग्रेस को जिताया। जिसके बाद विश्व की सबसे ग्रीन सिटी का अवार्ड भी कांग्रेस की दिल्ली सरकार को मिला।

अरविन्दर सिंह लवली ने बताया कि सभी पूर्व मंत्रियों अपने-अपने संबधित विभागों के संबध में दिल्ली की जटिल समस्याओं पर विस्तार पूर्वक चर्चा की, क्योंकि इन सभी को दिल्ली को विकसित करने का अनुभव श्रीमती शीला दीक्षित के साथ काम करने से मिला था। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकाल में रिज़ क्षेत्र की बाउडरी वाल बनाई गई थी और ग्रीन कवर क्षेत्र बढ़ाने पर काम किया गया और पेड़ लगाने का अभियान निरंतर चलाया जाता था। उन्होंने कहा कि आज ध्वस्त परिवहन व्यवस्था, प्रदूषण, खस्ता हाल सड़के, कूड़ा कचरा ग्रस्त गलियां, भरी नालियां और ओवर फ्लो सीवर, सीवेज प्लांटों की कमी, ध्वस्त सीवर सिस्टम, लैंड फिल साईटों पर कूड़े के पहाड़ बनना आदि कुछ ऐसी जटिल समस्याऐं हैं जिन पर नियंत्रण करने के में दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम पूरी तरह विफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि निगम में 15 वर्ष का भाजपा का शासन भ्रष्टाचार से परिपूर्ण था जिसमें पर्यावरण दुरस्त करने व प्रदूषण नियंत्रण के लिए कोई काम नही किया, वहीं स्थिति आम आदमी पार्टी की निगम में सत्तासीन होने के बाद है।

लवली ने कहा कि कांग्रेस की शीला सरकार के दौरान कभी भी प्रदूषण खतरनाक स्थिति में नही हुआ, जो स्थिति वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पिछले 9 वर्षों से है। उन्हांने कहा कि शीला जी पर्यावरण के प्रति इतनी संवेदनशील थी कि उन्होंने 12-13 साल पर्यावरण विभाग अपने पास ही रखा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बढ़ते प्रदूषण से न केवल लोगों की 10-12 वर्ष आयु कम हो रही है बल्कि प्रतिवर्ष 10 हजार बच्चे दुनिया में आने से पहले ही कोख में दम तोड़ रहे है और देश का भविष्य 5-11 वर्ष के बच्चे सांस और फैंफड़ों की बीमारी से ग्रस्त हो रहे है जबकि 14000 बच्चे प्रतिवर्ष सांस व अन्य बीमारियों से मर रहे है।

लवली ने कहा कि आज दिल्ली को 20,000 बसों की जरुरत है जबकि हमारी सरकार ने दिल्ली के परिवहन सिस्टम में एक साथ सीएनजी बसों में तबदील करके प्रदूषण नियंत्रण के क्षेत्र में क्रांतिकारी कदम उठाया था, वर्तमान में केवल 5 हजार के करीब ही डीटीसी की बसें है जिनमें से आधी से अधिक की लाईफ पूरी हो चुकी है, मतलब जो बसे चल रही है वो भी प्रदूषण फैला रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट और लास्ट माईल कनेक्टिविटी देने की सुविधा को पूरी तरह नजरअंदाज करने के साथ स्मॉग टावर और मेट्रो प्रोजेक्ट को समय पर पूरा नही कर पाई है, जिसके कारण राजधानी में प्रदूषण में बढ़ोत्तरी हो रही है।

लवली ने कहा कि भाजपा और आम आदमी पार्टी की सरकार की विफलाओं के बाद कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि दिल्लीवासियों के स्वास्थ्य की रक्षा और कल्याण के लिए तत्काल व्यापक और सक्रिय रणनीति बनाने की आवश्यकता है जिस कड़ी में काम शुरु करने लिए शीला सरकार कैबिनेट के पूर्व मंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई।

******************************

 

केरल पवेलियन में औषधि स्टॉल से आयुर्वेद उत्पादों से अपने शरीर, मन और आत्मा को रखें स्वस्थ

*केरल पवेलियन में औषधि स्टॉल पर जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों सहित 800 से अधिक दवाएं उपलब्ध* 

*45 रुपये से लेकर 250 रुपये तक की कीमत पर पा सकते ये आयुर्वेदिक दवाएं*

नई दिल्ली, 15 नवंबर (एजेंसी)। भारत अंतरराष्ट्रीय मेले में आने वाले आगंतुक केरल पवेलियन में औषधि स्टॉल पर मधुमेह, उच्च रक्तचाप और कोलेस्ट्रॉल जैसी जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों का समाधान खोज सकते हैं।  जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों सहित 800 से अधिक दवाएं 45 से 250 रुपए की कीमत पर  10 प्रतिशत छूट के साथ केरल पवेलियन में उपलब्ध कराई गई हैं। दिल्ली की 65 वर्षीय नीलम शर्मा, पुराने घुटने के दर्द के लिए हर्बल तेल की प्रभावशीलता की पुष्टि करते हुए, दोस्तों और रिश्तेदारों के लिए औषधि स्टॉल का समर्थन करती हैं।

केरल पवेलियन का दौरा करने वाली कोलकाता की महिला नीलम शर्मा का कहना है कि वह न केवल हर साल औषधि के स्टॉल पर जाती हैं, बल्कि अपने रिश्तेदारों और दोस्तों को भी दवा की सलाह देती हैं क्योंकि यह बहुत प्रभावी है और इससे उन्हें घुटने के दर्द से राहत पाने में मदद मिली है।हरियाणा के मूल निवासी मनोज कुमार व्यस्त काम के दौरान मधुमेह के प्रबंधन और अम्लता को कम करने के लिए हर्बल दवा की प्रशंसा करते हैं। ट्रक ड्राइवर शाद कबीर ने भी कहा कि वह अपने मधुमेह को नियंत्रित करने के लिए नियमित रूप से हर्बल दवा प्रमेह औषधि ले रहे हैं।  उन्होंने कहा कि व्यस्त काम के दौरान होने वाली एसिडिटी को कम करने में हर्बल दवाएं प्रभावी हैं।

केरल आयुर्वेदिक उपचार और औषधियों के लिए प्रसिद्ध राज्य है।  आयुर्वेदिक चिकित्सा का विज्ञान हमें विस्तार से और व्यापक रूप से सिखाता है कि प्रत्येक व्यक्ति को दिए गए जीवन काल को कैसे संरक्षित किया जाए और यदि कोई बीमारी हो तो उसे कैसे खत्म किया जाए।  इन सभी गुणों की उपस्थिति के कारण, हर साल लाखों स्थानीय और विदेशी लोग आयुर्वेदिक उपचार के लिए केरल आते हैं। इसलिए आयुर्वेदिक उपचारों के लिए प्रसिद्ध केरल व्यापक स्वास्थ्य देखभाल चाहने वाले स्थानीय लोगों और विदेशियों को आकर्षित करता है।

केरल सरकार की  औषधि केरल में आयुर्वेदिक दवाओं के लिए आखिरी शब्द है। औषधि दो श्रेणियों, 39 पेटेंट उत्पादों और 800 क्लासिक उत्पादों की मार्केट करती है। लगभग 800 उत्पादों का निर्माण फिलहाल किया जा रहा है।  इनमें क्लासिक उत्पादों में असावरिष्ट, थाइलम्स, कृतम्स, चूर्ण, सुषमाचूर्ण और भस्म शामिल हैं।  पेटेंट उत्पादों में मधुमेह को नियंत्रित करने के लिए प्रमेह औषधि, कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करने के लिए लिपोकेयर और रक्तचाप को नियंत्रित करने के लिए कार्डोकेयर शामिल हैं।

इनमें सोरसी तेल, त्वचा की देखभाल के लिए सोरसी मरहम, सौंदर्य देखभाल के लिए फेस पैक, रूमाजिथ-घाव मरहम और घुटने के दर्द जैसी बीमारियों को रोकने के लिए मलहम शामिल हैं।फार्मास्युटिकल कॉर्पोरेशन केरल लिमिटेड, जिसे लोकप्रिय रूप से औषधि के नाम से जाना जाता है, एक आयुर्वेदिक दवा निर्माण इकाई है जिसका पूर्ण स्वामित्व केरल सरकार के पास है।  यह देश में आयुर्वेदिक दवाओं का सार्वजनिक क्षेत्र का सबसे बड़ा निर्माता है।  औषाधि केरल और 19 अन्य राज्यों में सरकारी अस्पतालों और औषधालयों में दवाओं का एकमात्र आपूर्तिकर्ता है।  ओषधि के पास केरल के त्रिशूर जिले के कुट्टानेल्लूर में अत्याधुनिक तकनीक से युक्त एक आधुनिक संपूर्ण कारखाना है।  भारत-अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में स्टालों के माध्यम से औषधि की कार्यप्रणाली और उपलब्धियों को करीब से देखने और विभिन्न आयुर्वेदिक उत्पादों को उचित दर पर खरीदने का सुनहरा अवसर है।

*****************************

 

महाराजगंज में तरैयां के हसनपुर बनिया से सगुनी तक तटबंध निर्माण की निविदा जारी

* तरैयां के लोगों को रुडी का तोहफा, 41 करोड़ की लागत से बनेगा तटबंध 

* तरैया विधायक जनक सिंह ने तटबंध निर्माण का किया था आग्रह

* रुडी ने अप्रैल में योजना को कराया था स्वीकृत

* बांध किनारे दियारा क्षेत्र के निवासियों के लिए बड़ी योजना है

* बाढ़ की समस्या का निदान और किसानों की फसलों का होगा बचाव

* महाराजगंज के तरैयां से रुडी का है अटूट रिस्ता, यहीं से किया था संसदीय राजनीति की शुरूआत 

पटना , 15 नवम्बर (एजेंसी) । तरैयां की हजारों हेक्टेयर कृषि योग्य भूमि अब बाढ़ के प्रकोप से बचाव हो सकेगा और किसानों की कृषि के प्रभावित नहीं करेगा। तरैयां प्रखण्ड के हसनपुर बनिया से सगुनी तक 8.330 किलोमीटर तक नये तटबंध का निर्माण होने जा रहा है। 41 करोड़ से अधिक की लागत वाली इस योजना का टेंडर आमंत्रित किया गया है। अप्रैल माह में इसकी स्वीकृति सारण लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजीव प्रताप रुडी ने राज्य सरकार के जल संसाधन विभाग से कराई थी।

अब सारण सांसद रुडी की पहल पर नये तटबंध का निर्माण होने वाला है। इस संदर्भ में सांसद रुडी ने बताया कि तरैयां से उनका अटूट नाता है, वहां के लोगों से उनको अपार स्नेह और प्रेम मिलता है। रुडी ने बताया कि तरैयां के स्थानीय विधायक जनक सिंह और स्थानीय लोगों में  रामचन्द्र तिवारी, ध्रुपनाथ सिंह, विजय सिंह, मंटू सिंह, स्व: गंगेश्वर सिंह, स्व: शत्रुघ्न सिंह, शेखर सिंह, ओमप्रकाश सिंह, फरिदनपुर मठिया के रामनारायण सिंह आदि ने यह समस्या बताई थी जिसपर गंभीरता से ध्यान दिया और वर्षों के प्रयास का परिणाम यह है कि स्थानीय लोगों को अब 41 करोड़ 70 लाख़ की लागत से एक नये तटबंध का लाभ मिलने वाला है।

विदित हो कि सारण सांसद ने जल संसाधन विभाग के मंत्री श्री संजय झा एवं विभाग के सचिव से पत्राचार के साथ-साथ व्यक्तिगत मुलाकात कर जनता की कठिनाइयों को देखते हुए उक्त स्थान पर तटबंध निर्माण कराने की बात कही थी जिसके बाद अप्रैल माह में योजना को कैबिनेट से स्वीकृति प्रदान की गई थी। उन्होंने कहा कि वे संसदीय राजनीति में तरैयां विधानसभा क्षेत्र से जीतकर बिहार विधानसभा के सदस्य बने थे।

अभी वे सारण लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व लोकसभा में कर रहे है, बावजूद इसके उन्हें तरैया के लोगों का अपार स्नेह मिलता रहता है। रुडी ने कहा कि बिहार राज्य बाढ़ नियंत्रण परिषद द्वारा सारण जिला के तरैया प्रखण्ड में हसनपुर बनिया से सगुनी तक कुल 8.23 किलोमीटर की लंबाई में सुरक्षात्मक कार्य सहित नये तटबंध का निर्माण कराया जायेगा। उन्होंने बताया कि उनका मानना है कि जन सेवा के लिए चुनाव क्षेत्र मायने नहीं रखते, जनता कहीं कि भी हो यदि आप सक्षम है तो उनकी सेवा में चूक न करें।

उन्होंने कहा कि कृषि योग्य भूमि और किसानों की फसलों को बचाने के लिए यह आवश्यक हो गया था कि उक्त स्थान पर तटबंध का निर्माण हो जिसकी स्वीकृति कराने के बाद अब निविदा भी आमंत्रित हो गई है।

*********************************

 

केजरीवाल सरकार ने राज्यपाल से की मुख्य सचिव को बर्खास्त करने की सिफारिश

*दिल्ली जमीन घोटाला*

नईदिल्ली,15 नवंबर (एजेंसी)। दिल्ली के मुख्य सचिव नरेश कुमार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। एक कथित जमीन घोटाले में प्रारंभिक जांच के बाद सतर्कता मंत्री आतिशी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को प्राथमिक रिपोर्ट सौंप दी है।इसमें आतिशी ने मुख्य सचिव को तुरंत पद से हटाने और बर्खास्त करने की सिफारिश की है। केजरीवाल ने इस रिपोर्ट को राज्यपाल के पास भेज दिया है। अब राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना इस पर अंतिम फैसला लेंगे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, आतिशी ने मुख्यमंत्री को 650 पन्नों की प्राथमिक रिपोर्ट सौंपी है। इसमें नरेश पर अपने बेटे को गलत तरीके से फायदे पहुंचाने के आरोप लगाए गए हैं।रिपोर्ट में कहा गया है कि इस मामले में 850 करोड़ रुपए का अनुचित लाभ कमाया गया है। नरेश के बेटे की कंपनी को 850 करोड़ रुपए का फायदा पहुंचाने के लिए महंगे दाम पर भूमि अधिग्रहण हुआ है।

रिपोर्ट में मुख्य सचिव और डिविजनल कमिश्नर अश्विनी कुमार के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की बात कही गई है।आतिशी ने अपनी रिपोर्ट को केंद्रीय जांच ब्यूरो और प्रवर्तन निदेशालय को भी भेजे जाने को कहा है, ताकि वो भी मामले की जांच कर सके।जांच जारी रहने तक नरेश और अश्विनी को सर्विस नियमों के तहत निलंबित किया जाए। रिपोर्ट में कहा गया है कि नरेश और जमीन मालिकों के संबंधों को खारिज नहीं किया जा सकता।

इस मामले में अश्विनी कुमार ने प्रेस वार्ता कर मुख्य सचिव पर लगे आरोपों से इनकार किया है और इसे गंदी राजनीति करार दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव को इसलिए फंसाया जा रहा है, क्योंकि वह दिल्ली सरकार के अलग-अलग मंत्रालयों में हो रही गड़बडिय़ों का खुलासा करते रहे हैं।मुख्य सचिव नरेश कुमार ने भी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें उनके बेटे के कथूरिया से संबंध की कोई जानकारी नहीं थी।

दरअसल, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा द्वारका एक्सप्रेसवे के लिए दिल्ली के बामनोली में जमीन का अधिग्रहण किया गया था। इस दौरान 19 एकड़ जमीन की कीमत दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के जिला अधिकारी हेमंत कुमार ने 41 करोड़ से 353 करोड़ रुपए कर दी थी।आरोप है कि नरेश के बेटे को एक ऐसे व्यक्ति ने नौकरी पर रखा, जिसके रिश्तेदारों को सड़क परियोजना के लिए अधिग्रहित जमीन के लिए बढ़ा हुआ मुआवजा मिला।

******************************

 

मौसम का बदला मिजाज, कई राज्यों में भारी बारिश के आसार

*आईएमडी ने दिया बड़ा अपडेट*

नईदिल्ली,15 नवंबर (एजेंसी)। देश के कई राज्यों में इस हफ्ते जोरदार बारिश के अनुमान जताए गए हैं। मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ पर कम दबाव का क्षेत्र बनने की वजह से तटीय इलाकों में बारिश का पूर्वानुमान जताया है। अलगे 24 घंटे में जहां तमिलनाडु के कई हिस्से में बारिश के आसार हैं, वहीं पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में आज से भारी बारिश की भविष्वाणी की गई है। ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा दिल्ली में भी आज से बूंदाबांदी का अनुमान है।

आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक सोमा सेन ने कहा, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। यह सिस्टम तेज हो जाएगा और उत्तर की ओर चला जाएगा। पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में 15, 16 और 17 नवंबर को बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल के दक्षिणी जिलों और उत्तरी-तटीय ओडिशा के जिलों में बहुत भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। उत्तरी जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी और हल्की बारिश हो सकती है।

तमिलनाडु में बारिश पर चेन्नई क्षेत्रीय मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक बालाचंद्रन ने बताया, हमारे यहां बहुत अच्छी वर्षा हुई, खासकर तटीय क्षेत्रों में। लगभग 36 जगहों पर भारी वर्षा दर्ज की गई, जिसमें सबसे अधिक लगभग 90 सेमी वर्षा चेन्नई डीजीपी कार्यालय में दर्ज की गई। जहां तक पूर्वानुमान का सवाल है, अगले 24 घंटों में तटीय क्षेत्रों के कई स्थानों और आंतरिक क्षेत्रों के कुछ हिस्से में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने ओडिशा के 6 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें भद्रक, केंद्रापड़ा, कटक, जगतसिंहपुर, पुरी और गंजाम हैं, जबकि 17 नवंबर को असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है। वहीं, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में भी धीरे-धीरे ठंड का आगमन हो रहा है। सुबह के वक्त कोहरा और शाम में सर्दी बढऩे लगी है। दिल्ली में 15 नवंबर से बूंदाबांदी का अनुमान है। जम्मू कश्मीर में भी हल्की बारिश की संभावना है।

इसके अलावा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है। बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों को कवर कर लेंगी। 15 नवंबर को दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी में समुद्र की स्थिति खराब रहेगी।

******************************

 

उरी सेक्टर के पास घुसपैठ की बड़ी कोशिश नाकाम, सेना ने दो आतंकियों को किया ढेर

श्रीनगर,15 नवंबर (एजेंसी)। उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के उरी सेक्टर में भारतीय सेना को एक बड़ी सफलता मिली है। उरी सेक्टर के एलओसी पर कुछ आतंकवादियों ने घुसपैठ करने की कोशिश की। इस दौरान भारतीय सेना के साथ उनकी मुठभेड़ हुई जिसमें सेना ने 2 आंतकियों को मार गिराया है। अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक खराब मौसम का फायदा उठाते हुए आंतकवादियों ने घुसपैठ करने की कोशिश की। मगर सेना को उनके हलचल की जानकारी मिल गई। इसके बाद आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ शुरू हुआ जिसमें दो आंतकी मारे गए हैं।

ऐसा पहली बार नहीं है कि पाकिस्तान की तरफ से आतंकवादियों ने भारत में घुसपैठ करने की कोशिश की हो। इससे पहले अक्टूबर महीने में भी आतंकियों ने उरी सेक्टर के एलओसी पर घुसपैठ करने की कोशिश की थी। उस समय भी भारतीय सेना ने आतंकियों के इरादे पर पानी फेरा था। अक्टूबर में भी सेना ने 2 आतंकियों को मार गिराया था। इसके अलावा 2 एके सीरीज की राइफल और 4 हैंड ग्रेनेड भी बरामद किया था।

*****************************

 

पीएम मोदी ने बिरसा की जन्मभूमि से शुरू की विकसित भारत संकल्प यात्रा

*50 हजार करोड़ की योजनाएं देश को समर्पित*

रांची,15 नवंबर (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती पर झारखंड के खूंटी में उनकी जन्मस्थली उलिहातू से बुधवार को 50 हजार करोड़ रुपये की योजनाएं देश को समर्पित की। उन्होंने आगामी 26 जनवरी तक चलने वाली विकसित भारत संकल्प यात्रा और प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी महान्याय अभियान पीएम जन मन की शुरुआत की। पीएम ने प्रधानमंत्री किसान योजना की 15वीं किस्त की 18 हजार करोड़ रुपए की राशि भी जारी की।

रांची के बिरसा मुंडा म्यूजियम और उलिहातू में बिरसा मुंडा के गांव में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद खूंटी जिला मुख्यालय में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि अगले 25 सालों के कालखंड को विकास का अमृत काल के रूप में निर्धारित किया है और इसके लिए चार अमृत स्तंभ तय किए हैं।

उन्होंने भारत की महिलाओं, किसानों-पशुपालकों, नौजवानों और मध्यम-गरीब वर्ग को चार स्तंभ बताते हुए कहा कि इन चारों को हम जितना मजबूत करेंगे, विकास की इमारत उतनी ही ऊंची होगी।

विकसित भारत संकल्प यात्रा के उद्देश्यों का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इसके जरिए हमारी सरकार मिशन मोड में देश के गांव-गांव जाएगी। हर गरीब और वंचित को सरकारी योजनाओं का लाभार्थी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम उस भारत के संकल्प के लेकर काम कर रहे हैं, जहां हर गरीब के पास मुफ्त राशन वाला कार्ड, नल से जल, पांच लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज का आयुष्मान कार्ड, गरीब के पास अपना पक्का घर, हर किसान और मजदूर को पेंशन और हर हकदार नौजवान को मुद्रा योजना का लाभ गारंटी के साथ मिले।

24 हजार करोड़ की लागत से शुरू की गई पीवीटीजी मिशन की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने 22 हजार गावों में रह रही ऐसी 75 जनजातीयों की पहचान की है, जो पिछड़ों में भी अतिपिछड़े हैं। ये आदिवासियों में भी सबसे पीछे रह गए आदिवासी हैं। इनकी संख्या लाखों में है और विलुप्त होने के कगार पर हैं। यह योजना इनकी जिंदगी में क्रांतिकारी बदलाव लाएगी।

देशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की बधाई देते हुए मोदी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की संघर्ष गाथा हर देशवासी को प्रेरणा से भर देती है। तिलका मांझी, सिदो-कान्हू, नीलाबंर-पीतांबर, फूलो-झानो जैसे अनेक वीर-वीरांगनाओं ने देश का गौराव बढ़ाया है। देश का कोई ऐसा कोना नहीं है, जहां आदिवासी नायकों ने ब्रिटिश साम्राज्य से लोहा नहीं लिया। देश इनका आज भी ऋणी है। आजादी के बाद ऐसे वीर-वीरांगनाओं के साथ न्याय नहीं हुआ। अमृत महोत्सव के दौरान हमने ऐसे वीर-वीरांगनाओं को याद किया और उनकी स्मृतियों को जन-जन तक पहुंचाया।

मोदी ने वर्ष 2014 से लेकर अब तक अपनी सरकार की उपलब्धियां विस्तारपूर्वक गिनाईं। उन्होंने कहा कि 2014 के पहले गांवों में स्वच्छता का दायरा 40 प्रतिशत से कम था। आज हम शत-प्रतिशत के लक्ष्य के करीब हैं। एलपीजी कनेक्शन 50-55 प्रतिशत घरों में था, 100 प्रतिशत घरों को धुएं से मुक्ति के लक्ष्य के पास है। पहले मात्र 55 प्रतिशत बच्चों को ही जीवन रक्षक टीके लग पाते थे, शत-प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण हो रहा है। सात दशकों में 17 प्रतिशत ग्रामीण परिवारों तक नल से जल की सुविधा थी। जल जीवन मिशन से आज 70 प्रतिशत तक नल का पानी पहुंच रहा है।

जनसभा को सीएम हेमंत सोरेन और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने भी संबोधित किया। इस मौके पर केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी, पूर्व सांसद कडिय़ा मुंडा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भी मौजूद रहे।

******************************

 

खाई में बस गिरने से 38 यात्रियों की मौत, पीएम ने जताया शोक

*जम्मू-कश्मीर के डोडा में भीषण सड़क हादसा*

डोडा,15 नवंबर (एजेंसी)। जम्मू-कश्मीर के डोडा से भयानक बस हादसे की खबर सामने आ रही है। यहां एक यात्रियों से पूरी भरी बस ही खाई में जा गिरी है। इस हादसे में अब तक बस में यात्रा कर रहे 38 लोगों की मौत हो गई और कई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद प्रशासन द्वारा लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुई बस में 55 यात्री सवार थे और यह बस जम्मू से किश्तवाड़ की ओर जा रही थी। हालांकि, रास्ते में असर क्षेत्र में ही बस भयानक हादसे का शिकार हो गई। प्रशासन द्वारा घायल यात्रियों को डोडा जिले के सरकारी अस्पताल और किश्तवाड़ जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

डोडा में हुए बस हादसे पर पीएम मोदी ने शोक प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के डोडा में हुई बस दुर्घटना दुखद है। उन परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। पीएम ने आगे बताया कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपये और घायलो को 50 हजार रुपये की राशि दी जाएगी।

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने इस बस हादसे पर शोक जताया है। उन्होंने लिखा कि अस्सर क्षेत्र में बस दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद डोडा के डीसी हरविंदर सिंह से बात की है। घायलों को आवश्यकता के अनुसार जिला अस्पताल किश्तवाड़ और जीएमसी डोडा में स्थानांतरित किया जा रहा है। अधिक घायलों को स्थानांतरित करने के लिए हेलीकॉप्टर सेवा की व्यवस्था की जाएगी। आवश्यकतानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध करायी जा रही है। मैं लगातार संपर्क में हूं। डोडा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अब्दुल कयूम ने कहा कि घटना में अब तक 38 लोगों की मौत हो चुकी है।

अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, इस हादसे की वजह बस का ओवरलोड होना था इसके अलावा बस चालक के नियंत्रण खो देने की भी खबर सामने आ रही है। इस बस हादसे में मौत का आंकड़ा और अधिक बढ़ सकता है। इस हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है।

*******************************

 

सेप्टिक टैंक के अंदर दम घुटने से 4 मजदूरों की मौत

सूरत,15 नवंबर (एजेंसी)। गुजरात के सूरत में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां सेप्टिक टैंक के अंदर काम करने के दौरान दम घुटने से 4 प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई।ये घटना पलसाना-कटोदरा रोड पर स्थित एक कपड़ों के रंगाई के कारखाने में हुई है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कारखाने में मौजूद सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान यह हादसा हुआ।

रिपोर्ट्स के अनुसार, मंगलवार देर शाम सूरत के पलसाना स्थित कारखाने में मौजूद सेप्टिक टैंक की सफाई करने के दौरान 2 प्रवासी मजदूर दम घुटने से बेहोश हो गए थे।इस बीच उन्हें बचाने के लिए 2 अन्य मजदूर भी टैंक में उतरे, लेकिन उनकी भी हालत बिगडऩे लगी और वो भी बेहोश होकर वहीं गिर गए।सभी को आनन-फानन में टैंक से बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गुजरात पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह 6:00 बजे हादसे की सूचना मिली थी, जिसके बाद बाद एक टीम घटनास्थल पर पहुंची और पता चला कि 4 मजदूरों की टैंक में दम घुटने से मौत हो गई।बारडोली डिवीजन के पुलिस उपाधीक्षक एच एल राठौड़ ने कहा, चारों मृतक बिहार के रहने वाले हैं। हम कारखाना के वरिष्ठ अधिकारियों से पूछताछ कर रहे हैं और मामले की जांच के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

*************************

 

पंजाब में बीएसएफ ने ड्रोन को मार गिराया, नशीले पदार्थों के साथ एक और ड्रोन जब्त

चंडीगढ़,15 नवंबर (एजेंसी)। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पंजाब में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक ड्रोन को मार गिराया और नशीले पदार्थों के पैकेट के साथ एक दूसरे ड्रोन को जब्त कर लिया।

मंगलवार की रात को पहली घटना में, बीएसएफ के जवानों ने तरनतारन सेक्टर के मियांवाली गांव के पास एक ड्रोन को मार गिराया।
बुधवार सुबह पंजाब पुलिस के साथ चलाए गए संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान गांव से सटे खेतों से दो बैटरियों के साथ ड्रोन को टूटी हालत में बरामद किया गया।

एक अलग घटना में, बीएसएफ के जवानों ने सीमा बाड़ के आगे एरिया डोमिनेशन गश्त के दौरान अमृतसर सेक्टर के रोरनवाला खुर्द गांव के पास खेतों में एक संदिग्ध वस्तु पड़ी देखी।

जांच करते समय, सैनिकों ने पीले टेप में लिपटे लगभग 500 ग्राम हेरोइन वाले पैकेट के साथ एक ड्रोन भी बरामद किया। बीएसएफ ने कहा कि जब्त किए गए दोनों ड्रोन चीन निर्मित डीजेआई माविक-3 क्लासिक क्वाडकॉप्टर हैं।

***************************

 

विकसित एमपी और विकसित भारत के लिए भाजपा को चुनें

*पीएम मोदी ने मप्र के मतदाताओं से कहा*

नई दिल्ली,15 नवंबर (आरएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के मतदाताओं से विकसित मध्य प्रदेश और विकसित भारत के लिए भाजपा को चुनने और कमल के चुनाव चिन्ह पर वोट करने का अनुरोध किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को एक्स पर एक पोस्ट में कहा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव के लिए इस बार का प्रचार अभियान बल्कि जनता-जनार्दन से आशीर्वाद लेने का अभियान बहुत ही खास रहा। मैं राज्य के कोने-कोने में गया, अनेकों लोगों से मिला, संवाद किया। लोगों में भाजपा के प्रति जो स्नेह है, भाजपा पर जो आस्था है, वो हमारी बहुत बड़ी पूंजी है।

राज्य की महिला शक्ति और युवाओं का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, मध्य प्रदेश की नारीशक्ति, इस चुनाव में आगे बढ़कर भाजपा का झंडा बुलंद कर रही है। जिस तरह महिला सशक्तिकरण भाजपा की प्राथमिकता है, उसी तरह महिलाओं ने भाजपा सरकार की वापसी को अपनी प्राथमिकता बना लिया है। आज की नई पीढ़ी, भारत के अगले 25 वर्षों और अपने 25 वर्षों को एक साथ जोड़कर देख रही है। और इसलिए विकसित भारत के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने के दायित्व को निभाने के लिए हमारे नौजवान भी कंधे से कंधा मिलाकर आगे आ रहे हैं।

मध्य प्रदेश के लोगों में कांग्रेस के प्रति लोगों की नाराजगी का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने आगे कहा, लोग का ये अटूट विश्वास है कि 21वीं सदी का विकसित मध्य प्रदेश सिर्फ भाजपा ही बना सकती है। एमपी के लोग डबल इंजन की सरकार के लाभ को देख भी रहे हैं और इसकी जरूरत को समझते भी हैं। रैलियों में मैंने ये भी देखा कि एमपी के लोग कांग्रेस की परिवारवादी राजनीति और नकारात्मकता से कितने ज्यादा नाराज हैं। कांग्रेस के पास एमपी के विकास के लिए कोई विजन नहीं है, कोई रोडमैप नहीं है।

प्रधानमंत्री ने भाजपा को चुनने की अपील करते हुए राज्य के मतदाताओं से आग्रह किया कि, मेरा एमपी के सभी मतदाताओं से आग्रह है कि विकसित एमपी के लिए, विकसित भारत के लिए, भाजपा को चुनें, कमल को चुनें।

आपको बता दें कि, मध्य प्रदेश की सभी 230 विधान सभा सीटों पर 17 नवंबर को मतदान होना है और बुधवार को राज्य में चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है।

****************************

 

कांग्रेस ने पीएम-किसान की किस्त जारी करने के समय पर सवाल उठाया

नई दिल्ली,15 नवंबर (एजेंसी)। कांग्रेस ने पांच राज्यों में चल रहे विधानसभा चुनावों के दौरान किसानों को पीएम-किसान की किस्?त करने के समय पर बुधवार को सवाल उठाया और पूछा कि क्या यह जानबूझकर किया गया है।

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, पीएम-किसान की छठी किस्त 1 अगस्त, 2020 को, नौवीं किस्त 9 अगस्त, 2021 को और 12वीं किस्त 17 अक्टूबर, 2022 को जारी की गई थी।

अब पीएम-किसान की 15वीं किस्त आज 15 नवंबर 2023 को आ रही है, जब दो दिन में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में चुनाव होने हैं और अगले 10 दिन में राजस्थान और 15 दिन में तेलंगाना में चुनाव होने हैं।

रमेश ने पूछा, क्या यह देरी जानबूझकर नहीं की गई?

उनकी यह टिप्पणी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बुधवार को झारखंड में आयोजित एक समारोह में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 15वीं किस्त जारी करने से पहले आई है।

केंद्रीय कृषि मंत्रालय ने मंगलवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि पीएम मोदी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और राष्ट्रीय गौरव, वीरता और आतिथ्य के भारतीय मूल्यों को बढ़ावा देने में आदिवासियों के प्रयासों को मान्यता देने के लिए जनजातीय गौरव दिवस के दौरान योजना का पैसा जारी करेंगे। भाजपा की पसंदीदा योजना की इस किस्त में आठ करोड़ से अधिक किसानों को कुल 18,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिलेगी।

मध्य प्रदेश विधानसभा की 230 और छत्तीसगढ़ (दूसरा चरण) की 70 सीटों के लिए मतदान 17 नवंबर को होना है। राजस्?थान विधानसभा की 200 सीटों के लिए मतदान 25 नवंबर को और तेलंगाना की 119 सीटों के लिए 30 नवंबर को होना है। वोटों की गिनती 3 दिसंबर को होगी।

****************************

प्रधानमंत्री मोदी ने बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी

नईदिल्ली,15 नवंबर (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, भगवान बिरसा मुंडा जी को उनकी जयंती पर आदरपूर्ण श्रद्धांजलि। देश भर के मेरे परिवारजनों को इस विशेष अवसर से जुड़े जनजातीय गौरव दिवस की ढेरों शुभकामनाएं।

सरकार ने मुंडा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के तौर पर मनाने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री मोदी इस अवसर बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू जाने वाले हैं, जहां वह उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे और कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।

मुंडा का जन्म 1875 में अविभाजित बिहार के आदिवासी क्षेत्र में हुआ था। उन्होंने ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन और धर्मांतरण गतिविधियों के खिलाफ आदिवासियों को लामबंद किया था। 1900 में रांची जेल में उनका निधन हो गया था।

प्रधानमंत्री ने बुधवार को झारखंडवासियों को राज्य स्थापना दिवस की भी बधाई दी। उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा, झारखंड अपनी खनिज संपदाओं के साथ-साथ जनजातीय समाज के साहस, शौर्य और स्वाभिमान के लिए सुविख्यात रहा है। यहां के मेरे परिवारजनों ने देश की उन्नति में अपना अहम योगदान दिया है। राज्य के स्थापना दिवस पर मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं, साथ ही प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं। साल 2000 में आज ही के दिन बिहार को विभाजित कर झारखंड राज्य की स्थापना की गई थी।

*******************************

 

मध्य प्रदेश में पेड न्यूज के मामले में 78 उम्मीदवारों को नोटिस

भोपाल,15 नवंबर (एजेंसी)। मध्य प्रदेश में हो रहे विधानसभा चुनाव के लिए 17 नवंबर को मतदान होना है। इसके मद्देनजर लागू आदर्श आचार संहिता के नियमों के तहत निर्वाचन आयोग ने पेड न्यूज के मामले में 78 उम्मीदवारों को नोटिस जारी किया है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि प्रदेश में राजनीतिक पार्टियों के चुनाव प्रचार और पेड न्यूज मामले पर भी सख्ती से नजर रखी जा रही है। जिला स्तरीय मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग कमेटी (एमसीएमसी) और राज्य स्तरीय एमसीएमसी 24 घंटे पेड न्यूज की निगरानी कर रही है। विभिन्न जिलों से पेड न्यूज के अब तक 80 मामले सामने आए हैं। जिला स्तरीय एमसीएमसी ने 78 मामलों में उम्मीदवारों को नोटिस जारी किये है, जबकि शेष दो मामले शुरुआती जांच में पेड न्यूज के नहीं निकले इसलिए उन्हें जिला स्तर पर ही निरस्त कर दिया गया है।

राज्य स्तरीय एमसीएमसी ने 30 मामलों को पेड न्यूज माना है जबकि 48 मामले विचाराधीन है। निर्वाचन आयोग ने निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए पेड न्यूज मामलों की गंभीरता से मॉनिटरिंग कराने के लिए निर्देश दिए हैं। जिला स्तरीय एमसीएमसी की प्रारंभिक जांच में पेड न्यूज पाये जाने के संबंधित उम्मीदवार के विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी से उम्मीदार को नोटिस जारी कर जवाब मांगने के लिए कहा जाता है।

अगर कोई उम्मीदवार जिला स्तरीय कमेटी के निर्णय से संतुष्ट नहीं है तो वह राज्य स्तरीय कमेटी के समक्ष अपील कर सकता है। उम्मीदवार की अपील पर राज्य स्तरीय समिति इस मामले पर सुनवाई कर निराकरण करती है। अगर कोई उम्मीदवार राज्य स्तरीय समिति के निर्णय से भी संतुष्ट नहीं है तो वह चाहे तो भारत निर्वाचन आयोग में गठित मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग समिति के समक्ष भी अपील कर सकता है।

*********************************

 

हरियाणा में सड़क हादसे में पांच की मौत

चंडीगढ़,15 नवंबर (एजेंसी)। हरियाणा के कुरूक्षेत्र जिले में एक कार सड़क के डिवाइडर से टकरा गई और फिर दूसरी तरफ एक दूसरे वाहन से उसकी टक्कर हो गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और तीन घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर ठीकरी गांव के पास हुआ।

पिहोवा की ओर से आ रहे कार चालक ने शायद वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार डिवाइडर से जा टकराई।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि डिवाइडर जंप करने के बाद कार सामने से आ रहे दूसरे वाहन से टकरा गई।

*********************************

 

 

केंद्रीय मंत्री तोमर के बेटे का मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा, जांच जरूरी: कमल नाथ

भोपाल,15 नवंबर (आरएनएस)। केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश के दिमनी विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर के लेन देन के सामने आए तीन कथित वीडियों को लेकर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला और कहा कि यह मामला किसी व्यक्ति या पार्टी का नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा और नशे के कारोबार से जुड़ता हुआ दिख रहा है, इसलिए जांच जरुरी है।

कमलनाथ ने एक्स पर लिखा, मैं भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से जानना चाहता हूं कि उनके लिए सबसे पहले पार्टी और परिवार का हित है या देशहित। केंद्रीय मंत्री और विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र सिंह तोमर के पुत्र के तीन वीडियो अब तक सामने आ चुके हैं।

कथित तौर पर 100 करोड़ रुपए के लेनदेन से शुरू हुआ मामला अब 10,000 करोड़ रुपए तक के लेनदेन तक पहुंच चुका है। इसमें मादक पदार्थों के व्यापार और कनाडा से सीधा संबंध दिखाया जा रहा है। यह मामला अब किसी व्यक्ति या पार्टी का नहीं है, बल्कि सीधे राष्ट्रीय सुरक्षा और नशे के कारोबार से जुडता हुआ दिख रहा है।

कमलनाथ ने आगे कहा, इसकी तत्परता से जांच होनी चाहिए ताकि पता चल सके कि सच क्या है और झूठ क्या है? लेकिन दुख की बात यह है कि भाजपा का पूरा राष्ट्रीय नेतृत्व इस समय मध्य प्रदेश में है और मध्य प्रदेश में जारी हुए राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े इस मुद्दे पर कोई एक शब्द तक नहीं बोल रहा। मैं आगाह करता हूं कि जो लोग राष्ट्रहित के सामने निजी हित को आगे रख रहे हैं, उन्हें मध्य प्रदेश की जनता माफ नहीं करेगी।

ज्ञात हो कि केंद्रीय मंत्री तोमर के बेटे से जुड़े तीन वीडियो अब तक सामने आ चुके है। दो में तो तोमर का बेटा दिख रहा है और तीसरा वीडियो उस व्यक्ति का आया है जिससे सारी बातचीत हुई। कांग्रेस ने तीनों वीडियो जारी किए है।

****************************

 

देश पर दो चक्रवाती तूफानों का मंडराया खतरा, कुछ राज्यों पर पड़ेगा असर

नईदिल्ली,15 नवंबर (एजेंसी)। देशभर में मौसम का मिजाज सर्द हो चला है. कई राज्यों में ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्म कपड़े पहनने के लिए मजबूर कर दिया है. हालांकि आधा नवंबर बीत गया है और अब तक उम्मीद के मुताबिक ठंड नहीं पड़ी है. इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से एक और बड़ी चेतावनी ने सभी को चौंका दिया है. दरअसल ठंड की दस्तक के बीच भारत पर दो चक्रवाती तूफानों का खतरा मंडरा रहा है. आईएमडी के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है. ऐसे में चक्रवाती तूफान उठने का  खतरा मंडरा रहा है. यही वजह है कि कुछ राज्यों को लेकर मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है.

मौसम विभाग की मानें तो बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहे कम दबाव के क्षेत्र के चलते समुद्र तटीय इलाकों के नजदीकी राज्यों में मुश्किलें बढ़ सकती हैं. बताया जा रहा है कि ये कम दबाव का क्षेत्र आगे बढ़कर एक चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है.

आईएमडी के मुताबिक 15 और 16 नवंबर यानी दो दिन चक्रवाती तूफान को लेकर अहम बताए जा रहे हैं. मौसम विभाग ने बताया कि ये साइक्लोन 15 नवंबर को आंध्र प्रदेश तट के पास पहुंच जाएगा, इसके साथ ही इस तूफान की रफ्तार में इजाफा होगा और संभावना जताई जा रही है कि अगले 24 घंटे में ये विकराल रूप ले सकता है.

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों की मानें तो कम दबाव का क्षेत्र 16 नवंबर को आंध्र प्रदेश तट से आगे बढ़ेगा और इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढऩे की संभावना है. इसके बाद इस सिस्टम के उत्तर-उत्तरपूर्व की ओर जाने के आसार हैं. ऐसे में ये ओडिशा के तट की ओर पहुंचेगा. यानी आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, ओडिशा, पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में इस तूफान का असर देखने को मिलेगा.
मौसम विभाग के मुताबिक, इन राज्यों में खास तौर पर तटीय इलाकों के आस-पास अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है. कई इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं. जबकि कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं.

******************************

 

मुंबई में इमारत में लगी आग, पांच को बचाया गया; दुकानें जल कर हुई खाक

मुंबई,15 नवंबर (एजेंसी)। मुंबई के बायकुला में बुधवार को दो मंजिला एक इमारत में भीषण आग लग गई, कम से कम पांच लोगों को बचाया गया। बीएमसी आपदा नियंत्रण ने यह जानकारी दी। इमारत में जूते की एक दुकान और दूसरे सामान वाली कई दुकानें हैं।

आग लगने की सूचना सुबह करीब 7 बजे भायखला के भीड़भाड़ वाले सांकली स्ट्रीट इलाके में सैफी मंजिल से मिली।

आग की लपटें चमड़े के सामान, कपड़ों और बिजली फिटिंग वाली दुकानों तक फैल गईं, जिससे धुएं के घने काले बादल निकलने लगे। इससे आस-पास की इमारतों में चिंता फैल गई।

फंसे हुए कम से कम पांच लोगों को मुंबई फायर ब्रिगेड ने बचाया। फायर ब्रिगेड के कर्मचारी बगल की इमारत से सीढिय़ों के जरिए उनके पास पहुंचे।

एक स्थानीय प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, 12 दमकल गाडिय़ां आग पर काबू पा रही हैं। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है और एहतियात के तौर पर इलाके के एक हिस्से की घेराबंदी कर दी गई है।

**********************************

 

प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए दिल्ली में 13 हॉटस्पॉट पर स्प्रिंकलर लगाए गए

नई दिल्ली,15 नवंबर (एजेंसी)। बढ़ते वायु प्रदूषण से निपटने के लिए दिल्ली अग्निशमन सेवा ने राष्ट्रीय राजधानी में 13 हॉटस्पॉट पर पानी के छिड़काव के उपकरण तैनात किए हैं, अधिकारियों ने बुधवार को जानकारी दी।

अग्निशमन अधिकारियों के अनुसार, 13 पहचाने गए प्रदूषण हॉटस्पॉट में नरेला, आनंद विहार, मुंडका, द्वारका, पंजाबी बाग, आरके पुरम, रोहिणी, बवाना, ओखला, जहांगीरपुरी, वजीरपुर और मायापुरी शामिल हैं।

डीएफएस के निदेशक अतुल गर्ग ने कहा, अग्निशमन विभाग ने प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए सभी 13 हॉटस्पॉट पर पानी का छिड़काव फिर से शुरू कर दिया है। अब तक, 13 फायर टेंडर को इसके लिए तैनात किया गया है।

गौरतलब है कि दिल्ली वायु गुणवत्ता सूचकांक बुधवार को भी गंभीर श्रेणी में बना हुआ है।

मंगलवार को शहर भर की सड़कों पर पानी छिड़कने के लिए 215 मोबाइल एंटी-स्मॉग गन का इस्तेमाल किया गया।

दिल्ली के 70 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 70 मोबाइल एंटी-स्मॉग गन होंगी। शहर के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा था, प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए हम दिल्ली में कई अभियान चला रहे हैं। चाहे वह धूल विरोधी अभियान हो, खुले में आग जलाने का अभियान हो, या बायो-डीकंपोजर का छिड़काव हो, हमने प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं।

**************************

 

दिल्ली की वायु गुणवत्ता एक बार फिर गंभीर स्तर पर

नई दिल्ली,15 नवंबर (एजेंसी)।  दिल्ली में वायु गुणवत्ता एक बार फिर गंभीर श्रेणी में पहुंच गई और बुधवार को कई स्थानों पर वायु गुणवत्?ता सूचकांक (एक्यूआई) खतरनाक स्तर पर भी दर्ज किया गया।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार सुबह नौ बजे आनंद विहार में पीएम2.5 का स्?तर 500 और पीएम10 का 476 दर्ज किया गया जो गंभीर श्रेणी में है। कार्बन मोनोऑक्साइड (सीओ) 102 पर मध्यम श्रेणी में और एनओ2 का स्?तर 53 पर संतोषजनक स्तर पर था।

बवाना में पीएम2.5 का स्?तर 500 पर और पीएम10 का 435 पर पहुंच गया, जबकि सीओ 95 पर पहुंच गया, संतोषजनक और एनओ2 का स्?तर 21 पर अच्छा रहा।

द्वारका सेक्टर-8 में पीएम 2.5 का स्?तर 446 पर पहुंच गया, जो गंभीर श्रेणी में है। जबकि पीएम 10 का स्?तर 361 पर है, जो बहुत खराब है, जबकि सीओ 62 पर संतोषजनक है।

इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे के टर्मिनल3 क्षेत्र में हवा की गुणवत्ता गंभीर थी। पीएम 2.5 का स्?तर 429 पर और पीएम10 का 286 पर खराब श्रेणी में दर्ज किया गया, जबकि सीओ 84 पर संतोषजनक श्रेणी में रहा।

दिल्ली टेक्निकल यूनिवर्सिटी (डीटीयू) में पीएम 10 का स्?तर 437 पर था, जो गंभीर श्रेणी में है। पीएम 2.5 का स्?तर 327 पर था, जो बहुत खराब श्रेणी में है।

एनओ2 मध्यम स्तर पर 127 पर पहुंच गया, जबकि सीओ संतोषजनक स्तर पर 88 पर था।

जहांगीरपुरी में पीएम 2.5 का स्?तर 500 पर दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में है। पीएम10 का स्?तर 489 पर पहुंच गया, जो इसे गंभीर श्रेणी में रखता है। यहां, कार्बन मोनोऑक्साइड संतोषजनक स्तर पर 90 और एनओ2 का का स्?तर 13 पर अच्छी श्रेणी में था।

शून्य और 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा; 51 और 100 संतोषजनक; 101 और 200 मध्यम; 201 और 300 गरीब; 301 और 400 बहुत खराब; और 401 और 500 गंभीर माना जाता है।

**********************************

 

पीएम मोदी पर टिप्पणी को लेकर चुनाव आयोग ने प्रियंका गांधी को भेजा नोटिस

नई दिल्ली,15 नवंबर (एजेंसी)। निर्वाचन आयोग ने मध्य प्रदेश में एक चुनावी जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी के लिए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा को नोटिस जारी किया है। प्रियंका गांधी को गुरुवार रात 8 बजे तक जवाब देने को कहा गया है।

मंगलवार रात प्रियंका गांधी को भेजे गए नोटिस में चुनाव आयोग ने कहा, आयोग को 10 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी से एक शिकायत मिली है, जिसमें यह आरोप लगाया गया है कि सांवेर विधानसभा क्षेत्र में एक सार्वजनिक रैली में आपने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंध में झूठे बयान दिए हैं, जिससे जनता गुमराह हो सकती है और प्रधानमंत्री की छवि खराब हो सकती है।

आयोग ने कहा कि आम तौर पर जनता मानती है कि किसी वरिष्ठ नेता का बयान सच होता है।

सूत्रों ने कहा, आपको बताए गए तथ्यों को सत्यापित करना चाहिए ताकि मतदाताओं को गुमराह करने की कोई गुंजाइश न रहे।
आयोग ने कहा, आप अपने बयान पर 16 नवंबर, 2023 को रात 8 बजे तक स्पष्टीकरण देें। आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के लिए आपके खिलाफ उचित कार्रवाई क्यों न की जाए।

निर्धारित समय के भीतर आपकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर यह माना जाएगा कि आपको इस मामले में कुछ भी नहीं कहना है और चुनाव आयोग आपसे कोई और संदर्भ लिए बिना मामले में उचित कार्रवाई या निर्णय लेगा

*****************************

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

मेष राशि वालों आज का दिन आपके लिए उत्तम रहने वाला है। आज आपको व्यापार में अच्छा मुनाफा मिलने से आपका मन प्रसन्न रहेगा। जीवनसाथी के साथ आप डिनर पर जा सकते हैं। छात्र आज शिक्षा में आ रही समस्याओं के लिए अपने गुरुजन से बातचीत करेंगे। आपके लिए तरक्की के नए-नए रास्ते खुलेंगे। अगर अपने कहीं पैसा उधार दिया था तो आज वो वापस मिलेगा। लवमेट्स आज एक दूसरे से अपने मन की बात शेयर करेंगे। आज किसी दोस्त के बर्थ-डे पार्टी में जायेंगे।

* शुभ रंग- मैजेंटा

* शुभ अंक- 7

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी , वु , वे, वो)

वृष राशि वालों आज का दिन आपके लिए नयी उमंग से भरा रहने वाला है। आज परिवार में चल रही अनबन से आपको छुटकारा मिल जायेगा। आप किसी व्यक्ति की मदद करेंगे और उनको कुछ आवश्यकता की चीजें भी गिफ्ट करेंगे। छात्रों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है, कॉलेज से मिले प्रोजेक्ट को पूरा करने में में दोस्त की मदद मिलेगी । परिवार के किसी सदस्य को सफलता मिलने से घर ख़ुशी का माहौल बनेगा।

* शुभ रंग- सिलवर

* शुभ अंक- 1

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

मिथुन राशि वालों आज का दिन आपके लिए उत्तम रहने वाला है। आज आपको किसी नए काम में हाथ आजमाने का मौका मिलेगा । परिवार के लोग आज आपसे कुछ खास चीजों की डिमांड कर सकते हैं । आज आप किसी ऐसे व्यक्ति से मिलेंगे, जो आपके रुके हुए कार्यों को पूरा कराने में मददगार साबित होगा। आज किसी कार्य में आपके प्रयत्न सफल रहेंगे। ऑफिस के रुके हुए कार्यों को आज समय से पूरा करने में सफल होंगे । जूनियर सहकर्मी आपसे कुछ सीखना चाहेंगे।

* शुभ रंग- हरा

* शुभ अंक- 5

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

कर्क राशि वालों आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई पर पूरा फोकस करना होगा । परिवार में किसी सदस्य के स्वास्थ्य में चल रही समस्या आज समाप्त होगी। आज आप किसी मित्र से मिलने उनके घर जायेंगे। साथ में कहीं घूमने भी जायेंगे । आज आपके कार्यों में माता पिता का सहयोग मिलेगा। व्यापार में कोई बड़ी डील फाइनल होने के योग बने हुये है। ट्रांसपोर्ट का कारोबार कर रहे लोगों को आज अधिक मुनाफा होगा।

* शुभ रंग- काला

* शुभ अंक- 9

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

सिंह राशि वालों आज का दिन आपके लिए खुशियों से भरा रहने वाला है। आज आप माता को उनकी पसंद की कोई चीज गिफ्ट करेंगे। आपको किसी संपत्ति की खरीदारी करते समय उसके जरूरी कागजातो पर ध्यान अवश्य देना चाहिए। प्रापर्टी में निवेश करने के लिए आज का दिन शुभ है। आज आप नया वाहन लेने का मन बनायेंगे। मेडिकल की पढ़ाई कर रहे छात्रों को आज किसी बड़े डॉक्टर के साथ इंटर्न करने का मौका मिलेगा।

* शुभ रंग- पीच

* शुभ अंक- 2

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

कन्या राशि वालों आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। आज आप अपने बिजनेस की गति बढ़ाने के लिए कुछ नया प्लान बनायेंगे। माता-पिता से आप मन में चल रही कुछ बातों को लेकर बातचीत कर सकते हैं। छोटे बच्चों के लिए आप कोई उपहार लेंगे। जीवनसाथी से आप किसी जरुरी मुद्दे को लेकर बातचीत कर सकते है, उनसे आपको कोई अच्छी सलाह मिलेगी। पहले से चल रही कोई श्व.रू.ढ्ढ आज पूरी हो जाएगी।

* शुभ रंग- हरा

* शुभ अंक- 8

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

तुला राशि वालों आज का दिन आपके लिए बेहतरीन रहने वाला है। आपका कोई जरूरी काम समय से पूरा हो जायेगा, आप रिलैक्स महसूस करेंगे। किसी नये प्रोजेक्ट पर काम शुरू करेंगे। राजनीति में हाथ आजमा रहे लोगों को आज किसी बड़े पद की प्राप्ति हो सकती है । परिवार में किसी सदस्य के विवाह में आ रही रूकावट आज दूर होगी। कोई अच्छा रिश्ता फाइनल होगा। शिक्षकों का ट्रान्सफर आज उनके मन-पसंद जगह पर होगा।

* शुभ रंग- मैहरुन

* शुभ अंक- 2

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

वृश्चिक राशि वालों आज का दिन आपके लिए ख़ास रहने वाला है। आज किसी नए काम की शुरुआत करने के लिए दिन अच्छा है । किसी कानूनी मामले में भी आज आपको जीत मिलने के योग बन रहे है। विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई पर फोकस बनाए रखना होगा । संतान पक्ष से आज आपको कोई शुभ समाचार मिलेगा। घर के सजावट का सामान खरीदने मार्केट जायेंगे। आज आपकी रूचि नये कार्यों को करने में रहेगी, साथ ही कुछ नया सिखने को भी मिलेगा।

* शुभ रंग- पीला

* शुभ अंक- 6

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

धनु राशि वालों आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। संतान की नौकरी से संबंधित कागजात तैयार करने के लिए भागदौड़ में लगे रहेंगे। ससुराल पक्ष के किसी व्यक्ति से आपको गिले-शिकवे दूर करने का मौका मिलेगा। कार्य क्षेत्र में आज आपको मनपसंद काम मिलने से आप प्रसन्न रहेंगे । इस राशि के विद्यार्थियों के लिए आज का दिन अच्छा है। परिवार के साथ आज किसी धार्मिक स्थल पर भगवान के दर्शन करने जायेंगे। आज आप घर के जरुरत का इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदेंगे।

* शुभ रंग- नीला

* शुभ अंक- 5

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

मकर राशि वालों आज आपके दिन की शुरुआत अच्छी रहने वाली है। आपका किसी नए वाहन को खरीदने का सपना आज पूरा होगा । आप आज किसी से अपने मन की बातों को शेयर करोगे और वह आपकी बातों को अहमियत देगा। संतान की ओर से आपको कोई खुशखबरी सुनने को मिल सकती है । बिजनेस की गति बढऩे से आपको अधिक धन लाभ होगा। साथ ही अपने बिजनेस को बढ़ाने के लिए नया प्लान भी बनायेंगे।

* शुभ रंग- सफेद

* शुभ अंक- 3

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

कुंभ राशि वालों आज का दिन आपके अनुकूल रहने वाला है। आज का दिन तरक्की के नए नये मार्ग खोलेगा। छात्रों को जल्द ही सफलता हासिल होगी। प्राइवेट जॉब कर रहे लोगों को आज प्रमोशन मिल सकता है। परिवार के सदस्यों के साथ आप किसी मांगलिक उत्सव में सम्मिलित हो सकते हैं। लवमेट्स के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है, कहीं घूमने जायेंगे। आज आपका दाम्पत्य जीवन बेहतरीन रहने वाला है। छात्र आज कंप्यूटर कोर्स ज्वाइन करने का मन बनायेंगे।

* शुभ रंग- नारंगी

* शुभ अंक- 9

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

मीन राशि वालों आज का दिन मिला-जुला रहने वाला है। आज आप व्यापार के मामले में किसी पर आंख मूंदकर भरोसा ना करें। यदि आपने पहले किसी को पैसा उधार दिए थे, तो आज वो वापस मिलेगा। आज आपको किसी से बात करते समय मीठी भाषा का प्रयोग करना चाहिए। आज आप अपने बढ़ते खर्च को नियंत्रण करने का प्लान बनायेंगे। दाम्पत्य जीवन में नयी-नयी खुशियाँ आने से आपका मन प्रसन्न रहेगा।

* शुभ रंग- बैगनी

* शुभ अंक- 1

******************************