पटना में एक और हत्या से दहशत, 19 साल के छात्र को अज्ञात अपराधियों ने मारी गोली

पटना ,17 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। पटना शहर एक और हत्याकांड से दहल उठा है। बिहार की राजधानी में रविवार को एक 19 साल के छात्र की हत्या कर दी गई।

छात्र की पहचान राज कृष्णा के रूप में हुई। पुलिस को घटनास्थल से कारतूस का खोखा बरामद हुआ है। साथ ही, जांच के लिए एफएसएल टीम बुलाई गई है।

जानकारी सामने आई कि रविवार की सुबह लगभग 19 वर्षीय छात्र राज कृष्णा को एक गोली लगी थी। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।

हालांकि, अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पटना पुलिस ने बताया कि अज्ञात अपराधियों ने युवक को गोली मारकर घायल किया था।

पटना पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया, 17 अगस्त की सुबह में गर्दनीबाग थाना अंतर्गत सरिस्ताबाद मोड के पास अज्ञात अपराधियों की ओर से एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल करने की सूचना मिली थी।

सूचना पर पुलिस की ओर से त्वरित कार्रवाई की गई। घटनास्थल पर पहुंचकर जख्मी युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

पटना पुलिस ने आगे लिखा, घटनास्थल पर एफएसएल और डॉग स्क्वाड टीम की मदद से फॉरेंसिक साक्ष्यों का संकलन करते हुए घटना की जांच की जा रही है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनु कुमारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि लगभग 9 बजे युवक को गोली लगने की सूचना आई थी। उन्होंने कहा कि घटना की जांच के लिए टीमें मौके पर मौजूद हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

इससे पहले, 14 अगस्त को पटना में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। पटना पुलिस के अनुसार, चमडोरिया किला रोड इलाके में कुछ लड़कों ने एक युवक को चाकू से प्रहार कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था।

घायल की पहचान सन्नी कुमार के रूप में हुई, जिसके बारे में सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचाया गया था। हालांकि, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हालांकि, पटना पुलिस ने 12 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया था।

******************************

 

लोकतंत्र बचाने की जिम्मेदारी चुनाव आयोग की, अखिलेश यादव बोले- अंतरात्मा की आवाज सुनें

लखनऊ ,17 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि चुनाव आयोग को सुधार ही नहीं, आमूलचूल परिवर्तन की अपरिहार्यता है।

एसआईआर प्रक्रिया के खिलाफ और वोट चोरी जैसे विपक्षी दलों के आरोपों के बीच अखिलेश यादव ने यह बयान दिया है।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान सपा सांसद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, आज लोकतंत्र को बचाने का ऐतिहासिक दायित्व चुनाव आयोग के कंधों पर है।

माना उनके ऊपर कई प्रकार के अवांछित दबाव काम कर रहे हैं, लेकिन वे ये न समझें कि वे अकेले हैं। जब चुनाव आयोग सही रास्ते पर चल निकलेगा तो करोड़ों भारतवासियों का साथ उनका रक्षा कवच बन जाएगा। सत्य के मार्ग पर चलने वालों के साथ जनता और जन विश्वास स्वयं चलने लगता है।

सपा मुखिया ने आगे लिखा, चुनाव आयोग का एक सही और साहसिक कदम देश की अनंत पीढिय़ों का भविष्य और कल्याण सुनिश्चित कर सकता है। सबको अंतरात्मा की आवाज सुननी चाहिए।

इससे पहले, अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर सवाल खड़े किए थे। शनिवार को लखनऊ में वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद अखिलेश यादव ने कहा, समय-समय पर उंगलियां उठी हैं।

चाहे ग्राम प्रधान का चुनाव हो, विधानसभा चुनाव हो, लोकसभा चुनाव हो या कोई अन्य चुनाव हो, यह चुनाव आयोग की जिम्मेदारी बनती है कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव हों।

अखिलेश यादव ने कहा, लोगों का इस संस्था पर विश्वास बढ़ाना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है, लेकिन हम देख रहे हैं कि लोग चुनाव आयोग के काम करने के तरीके से असंतुष्ट हैं।

हाल ही में, इंडिया गठबंधन ने वोट चोरी के खिलाफ आवाज उठाई है। इस कोशिश का नतीजा यह हुआ कि सुप्रीम कोर्ट को भी विपक्ष के रुख से सहमत होना पड़ा।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग पर कई बार उंगली उठी है। अगर चुनाव आयोग के एक भी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाए, तो कहीं भी वोट चोरी, वोट डकैती या ऐसी कोई लूट नहीं होगी।

*******************************

 

वोट की चोरी नहीं, डकैती की जा रही है : तेजस्वी यादव

सासाराम ,17 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने आज एसआईआर के मामले को लेकर भाजपा एवं चुनाव आयोग पर जोरदार निशाना साधते हुए कहा कि इसके जरिए वोट की चोरी नहीं, डकैती की जा रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि बिहार लोकतंत्र की जननी रही है और बिहार से लोकतंत्र खत्म नहीं करने दिया जाएगा। ‘इंडिया गठबंधन की ‘वोटर अधिकार यात्रा की शुरुआत के मौके पर सासाराम में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहारियों को चूना लगाना चाहते हैं, लेकिन यह बिहार है; यहां चूना खैनी के साथ रगड़ दिया जाता है। बिहारी भले ही गरीब हैं, लेकिन यहां का बच्चा-बच्चा तीखी मिर्ची वाला काम करता है। हम बेईमानी नहीं होने देंगे।

तेजस्वी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है और मतदाता सूची में गड़बड़ी की गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन लोगों को मृत घोषित किया गया, उनके साथ राहुल गांधी ने चाय पी, जो चुनाव आयोग की बेईमानी को उजागर करता है।

बिहार सरकार को निशाने पर लेते हुए उन्होंने इसे नकलची सरकार बताया। उन्होंने कहा कि वे जिन वादों की घोषणा करते हैं, बिहार की नीतीश कुमार सरकार नकल करके वही घोषणाएं कर रही है। उन्होंने सरकार को खटारा सरकार बताते हुए कहा कि हमें मौका मिला तो हम बिहार में विकास करने वाली सरकार देंगे। राजद नेता ने अपने 17 महीने के कार्यकाल की भी चर्चा की।

उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति वादों पर नहीं, बल्कि काम पर टिकी है। हमने जो कहा, वह किया और जो कहेंगे, वह जरूर करेंगे। उन्होंने लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि लोकतंत्र को खत्म नहीं होने दिया जाएगा। हम लोग मिलकर जनता के हक के लिए संघर्ष करेंगे। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की अगुवाई में निकाली जा रही वोटर अधिकार यात्रा 16 दिन में कुल 1,300 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

*************************

 

वोटर अधिकार यात्रा वोट नहीं संविधान बचाने की लड़ाई : राहुल गांधी

सासाराम ,17 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने रविवार से बिहार में वोटर अधिकार यात्रा की शुरुआत की। इससे पहले एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह यात्रा वोट नहीं, संविधान बचाने की लड़ाई है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि बिहार के लोग वोटों की चोरी नहीं होने देंगे। इस मौके पर राजद के अध्यक्ष लालू यादव सहित महागठबंधन में शामिल सभी घटक दलों के नेता शामिल हुए।

राहुल गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह संविधान को बचाने की लड़ाई है। पूरे देश में भाजपा और आरएसएस संविधान को मिटाने पर तुले हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी चुनाव होता है, ये लोग जीतते हैं।

उन्होंने महाराष्ट्र के चुनाव की चर्चा करते हुए कहा कि चुनाव से पहले सभी ओपिनियन पोल कह रहे थे कि इंडी गठबंधन चुनाव जीतेगा। लोकसभा में महागठबंधन जीतता है, लेकिन चार महीने में हम हार जाते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि जब कार्रवाई हुई तब पता चला कि चुनाव आयोग ने एक करोड़ नए वोटर जादू से पैदा किए। उन्होंने कहा कि हमें उतना ही वोट मिला, लेकिन जितने नए वोटर बने, सभी भाजपा गठबंधन को मिले। उन्होंने इस दौरान कर्नाटक चुनाव की भी चर्चा की।

राहुल गांधी ने कहा, मैंने वोट चोरी पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की तो चुनाव आयोग ने मुझसे एफिडेविट मांगा। चुनाव आयोग कहता है, आप एफिडेविट दें कि आपका डेटा सही है। ये डेटा चुनाव आयोग का है, मुझसे एफिडेविट क्यों मांगा जा रहा है?

उन्होंने कहा कि बिहार की जनता वोटों की चोरी नहीं करने देगी क्योंकि गरीब कमजोर लोगों के पास सिर्फ वोट का हक है। आयोग जो कर रहा है, वो सबको पता है। चुनाव आयोग को हम यह नहीं करने देंगे।

राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि एनडीए अरबपतियों के साथ सरकार चलाता है। आप वोट डालते हैं, आपका वोट चोरी किया जाता है और आपका सारा पैसा 5-6 अरबपतियों को दे दिया जाता है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जातीय जनगणना की चर्चा करते हुए कहा कि दबाव में आकर उन्होंने जाति जनगणना करवाने की घोषणा कर दी, लेकिन वे 50 प्रतिशत आरक्षण की दीवार नहीं तोडऩा चाहते। उन्होंने कहा कि जब हम लोग आएंगे तो जातीय जनगणना भी कराएंगे और 50 फीसदी आरक्षण का बैरियर भी समाप्त करेंगे। यही नहीं, वोट की चोरी भी नहीं होने देंगे।

*************************

 

सिर पर संविधान रखकर नाचने वालों ने संविधान को कुचला : पीएम नरेंद्र मोदी

नई दिल्ली ,17 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा है कि सिर पर संविधान रखकर नाचने वालों ने संविधान को कुचला था। उन्होंने खुलासा किया कि पहले दिल्ली में एक ऐसा कानून लागू था, जो बिना सूचना के काम पर न आने वाले सफाईकर्मियों को जेल भेजने की अनुमति देता था।

दिल्ली के रोहिणी में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, जो लोग सिर पर संविधान रखकर नाचते हैं, वह संविधान को कैसे कुचलते थे, वह बाबासाहेब की भावनाओं को कैसे दगा देते थे, वह सच्चाई बताने जा रहा है। सफाईकर्मी भाई-बहनों के लिए दिल्ली में पहले खतरनाक कानून था।

दिल्ली म्युनिसिपल कॉरपोरेशन एक्ट में एक बात लिखी थी, यदि कोई सफाई मित्र बिना बताए काम पर नहीं आता तो उसे एक महीने के लिए जेल में डाला जा सकता था। खुद सोचिए, सफाई कर्मियों को ये लोग क्या समझते थे। एक छोटी सी गलती के कारण क्या आप उन्हें जेल में डाल देंगे?

पीएम मोदी ने कहा, आज जो सामाजिक न्याय की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, उन्होंने ऐसे कई कानून देश में बनाए रखे हुए थे। यह मोदी है, जो इस तरह के गलत कानूनों को खोज-खोजकर खत्म कर रहा है। हमारी सरकार ने ऐसे सैकड़ों कानूनों को समाप्त किया है और यह अभियान लगातार जारी है।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में शासन सुधारों पर बल देते हुए कहा कि हमारे लिए रिफॉर्म का मतलब सुशासन का विस्तार है। इसलिए हम रिफॉर्म पर बल दे रहे हैं। आने वाले समय में हम बड़े-बड़े रिफॉर्म करने वाले हैं, ताकि जीवन और बिजनेस सब कुछ आसान हो।

उन्होंने बताया कि इस दिशा में अगला बड़ा कदम जीएसटी सुधार का है। प्रधानमंत्री ने कहा, जीएसटी रिफॉर्म होने जा रहा है। इस दिवाली डबल बोनस देशवासियों को मिलने वाला है। हमने इसका प्रारूप राज्यों को भेज दिया है। उम्मीद करता हूं कि सभी राज्य इसमें सहयोग करेंगे और जल्द से जल्द इस प्रक्रिया को पूरा करेंगे, ताकि दिवाली और शानदार बन सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का प्रयास जीएसटी को आसान बनाना और टैक्स दरों को रिवाइज करना है।

************************

 

40 मिनट में पूरा होगा 2 घंटे का सफर, एनसीआर वालों को पीएम मोदी की सौगात

यूईआर-आईआई और द्वारका एक्सप्रेसवे का किया उद्घाटन

नई दिल्ली ,17 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में 11,000 करोड़ रुपए की राजमार्ग परियोजनाओं का तोहफा दिया है। रविवार को प्रधानमंत्री ने दिल्ली के रोहिणी से यूईआर-2 (अर्बन एक्सटेंशन रोड-2) के दिल्ली सेक्शन और द्वारका एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और कई अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। अब द्वारका एक्सप्रेसवे से सिंघु बॉर्डर से दिल्ली एयरपोर्ट का सफर 40 मिनट में पूरा होगा। पहले इस सफर में 2 घंटे का वक्त लगता था। केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि दिल्ली को जाम और प्रदूषण मुक्त बनाने का लक्ष्य है। सरकार इसी दिशा में काम कर रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को बक्करवाला गांव टोल प्लाजा इलाके में रोड शो करते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। इसके बाद, पीएम नरेंद्र मोदी ने राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

द्वारका एक्सप्रेसवे का दिल्ली खंड और शहरी विस्तार सड़क-2 (यूईआर-2) राजधानी को भीड़भाड़ से मुक्त करने की सरकार की व्यापक योजना के तहत विकसित की गई है। इसका उद्देश्य कनेक्टिविटी में व्यापक सुधार, यात्रा समय में कमी और दिल्ली के साथ इसके आसपास के क्षेत्रों में यातायात में कमी लाना है।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री मोदी की नेतृत्व क्षमता और देशहित में लिए गए फैसलों की सराहना की। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि सिर्फ नारों और जयकारों में नहीं, आप (पीएम मोदी) सच्चाई के धरातल पर इस देश के विकास पुरुष हैं। उन्होंने कहा, आप एक ऐसे नेता हैं, जिन्होंने विपक्ष की घटिया राजनीति के बावजूद दिल्ली की जनता को कभी भी ओछी राजनीति का शिकार नहीं बनने दिया।

रेखा गुप्ता ने आगे कहा,दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में बीते 5 महीनों के प्रशासनिक अनुभव के आधार पर मैं कह सकती हूं कि आप ऐसे दूरदर्शी नेता हैं जिनकी सोच में भारत का हर नागरिक शामिल है, जिनकी नीतियों में हर राज्य की समान भागीदारी है, और जिनके संकल्प में हर व्यक्ति खुद को सुरक्षित महसूस करता है।

************************

 

स्टालिन ने PM मोदी को लिखा पत्र, बोले अमेरिकी टैरिफ से तमिलनाडु पर पड़ेगा विपरीत असर

तत्काल राहत की उठाई मांग

चेन्नई ,16 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने 50 प्रतिशत अमेरिकी टैरिफ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। उन्होंने टैरिफ के गंभीर प्रभावों पर चिंता जताई है। साथ ही, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से राज्य के औद्योगिक क्षेत्र पर पडऩे वाले प्रभाव को देखते हुए व्यापार बहाल करने के लिए जरूर कदम उठाने का आग्रह किया।

पत्र में मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भारत और अमेरिका के बीच एक पारस्परिक लाभकारी व्यापार समझौते की दिशा में भारत सरकार की ओर से की जा रही कोशिशों की सराहना की। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए केंद्र सरकार की स्थिति को तमिलनाडु सरकार पूरी तरह से समर्थन देती है।

हालांकि, अपनी चिंताओं को जाहिर करते हुए एमके स्टालिन ने पत्र में लिखा, वह प्रधानमंत्री का ध्यान तमिलनाडु के एक चिंताजनक मुद्दे की ओर खींचना चाहते हैं, जो वर्तमान टैरिफ वृद्धि के कारण गंभीर प्रभावों का सामना कर रहा है।

उन्होंने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में, भारत के कुल 433.6 अरब डॉलर के व्यापारिक निर्यात का 20 प्रतिशत अमेरिका को गया, जबकि तमिलनाडु के 52.1 अरब डॉलर के कुल माल का 31 प्रतिशत अमेरिका को निर्यात किया गया।

उन्होंने आगे कहा कि क्योंकि तमिलनाडु अमेरिकी बाजार पर अत्यधिक निर्भर है, इसलिए टैरिफ का प्रभाव भारत के अन्य राज्यों की तुलना में तमिलनाडु पर अधिक पड़ेगा। इससे तमिलनाडु के विनिर्माण क्षेत्र और रोजगार पर भी विपरीत प्रभाव पड़ेगा।

एमके स्टालिन ने पत्र में लिखा, कपड़ा, परिधान, मशीनरी, ऑटोमोबाइल, रत्न और आभूषण, चमड़ा, जूते, समुद्री उत्पाद और रसायन क्षेत्र इस टैक्स से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। यह और भी चिंताजनक है कि ये सभी क्षेत्र श्रम-प्रधान उद्योग हैं और निर्यात में किसी भी मंदी से बड़े पैमाने पर नौकरियां कम होंगी।

उन्होंने कहा कि कपड़ा उद्योग, जो इस क्षेत्र में भारत के निर्यात का 28 प्रतिशत हिस्सा है और राज्य में लगभग 75 लाख लोगों को रोजगार देता है, विशेष रूप से गंभीर खतरे का सामना कर रहा है। अधिकारियों का अनुमान है कि यदि टैरिफ दोगुना करके 50 प्रतिशत कर दिया जाता है, तो 30 लाख लोगों को अपनी नौकरी खोने का खतरा है।

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के उद्योग निकायों के साथ व्यापक विचार-विमर्श किया है और इन परामर्शों के आधार पर कह सकते हैं कि कपड़ा क्षेत्र को दो मोर्चों पर तत्काल एक्शन की जरूरत है।

उन्होंने कुछ सिफारिशें केंद्र सरकार को भेजी हैं, जिनमें जीएसटी दरों में बदलाव, कपास पर आयात शुल्क में छूट, आपातकालीन ऋण गारंटी योजना (ईसीएलजीएस) के तहत राहत, और क्रेडिट सुविधाओं का विस्तार करने की मांग शामिल है।

एमके स्टालिन ने केंद्र सरकार से राहत के तौर पर टैरिफ से प्रभावित निर्यातकों के लिए एक विशेष ब्याज सहायता योजना शुरू करने, बाजार जोखिमों की भरपाई के लिए मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) में तेजी लाने और मूलधन के भुगतान पर कोविड-काल की रोक के समान एक वित्तीय राहत पैकेज की घोषणा करने का अनुरोध किया है।

स्टालिन ने मंत्रालयों और उद्योग के हितधारकों के परामर्श से प्रधानमंत्री से तत्काल हस्तक्षेप करने का आह्वान किया। उन्होंने आजीविका की रक्षा और भारतीय निर्यात की प्रतिस्पर्धात्मकता को बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय स्तर के उपायों को लागू करने में तमिलनाडु के पूर्ण सहयोग का केंद्र सरकार को आश्वासन भी दिया है।

****************************

 

राष्ट्र की अटूट सेवा के लिए समर्पित थे अटल बिहारी वाजपेयी, पीएम मोदी ने किया याद

नई दिल्ली ,16 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा है कि उनका जीवन राष्ट्र की अटूट सेवा के लिए समर्पित था। उन्होंने यह भी कहा कि उनके विचार और आदर्श भारत की प्रगति यात्रा का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

पीएम नरेंद्र मोदी शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर दिल्ली स्थिति सदैव अटल स्थल पहुंचे। उन्होंने अटल जी को श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, सदैव अटल में अटल जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनका जीवन राष्ट्र की अटूट सेवा के लिए समर्पित था। उनके विचार और आदर्श भारत की प्रगति यात्रा का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने अटल बिहारी वाजपेयी और राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा को याद करते हुए एक्स पर लिखा, सभी देशवासियों की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी को उनकी पुण्यतिथि पर सादर नमन। राष्ट्र के चौतरफा विकास को लेकर उनका समर्पण और सेवा भाव विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान के लिए हर किसी को प्रेरित करने वाला है।

अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर शनिवार को सदैव अटल स्थल पर श्रद्धांजलि सभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश शामिल हुए। सभी नेताओं ने पुष्प अर्पित कर अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी।

केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू और गजेंद्र सिंह शेखावत, जदयू सांसद संजय झा और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्य तिथि पर उनके स्मारक सदैव अटल पर पहुंचे थे।

इस बार अटल बिहारी वाजपेयी की 7वीं पुण्यतिथि है। 16 अगस्त 2018 को अटल बिहारी वाजपेयी का निधन हुआ था। वाजपेयी का जन्म 25 दिसंबर 1924 को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुआ था। जनता के बीच प्रसिद्ध अटल बिहारी वाजपेयी अपनी राजनीतिक प्रतिबद्धता के लिए जाने जाते थे। वे तीन बार प्रधानमंत्री बने। अटल बिहारी वाजपेयी 16 से 31 मार्च, 1996 तक और फिर 19 मार्च, 1998 से 13 मई, 2004 तक देश के प्रधानमंत्री रहे।

*****************************

 

गृह मंत्री अमित शाह, सीएम योगी समेत कई नेताओं ने दी देशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं

नई दिल्ली ,16 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी। देशभर के लोगों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर उत्साह दिख रहा है। इस अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री ने देशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी देशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स पर लिखा, नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की!श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। धर्म, नीति और लोक कल्याण के प्रतीक भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हर भारतीय को सत्य और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। यह पर्व आपके जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करे, यही मेरी भगवान श्री कृष्ण से प्रार्थना है।

केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने देशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए लिखा, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, सर्वजनीन गुरु कृष्ण को मेरा नमन! भगवान श्री कृष्ण के पावन जन्मोत्सव पर सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। कृष्ण, समस्त ब्रह्मांड के आधार, चंचल और परम योगी, श्री कृष्ण जन्माष्टमी! बांसुरी वादक सभी के जीवन में प्रेम, करुणा और भक्ति का संचार करें और संपूर्ण सृष्टि का कल्याण करें, यही मेरी प्रार्थना है। जय श्री कृष्ण!

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर लिखा, सत्य, धर्म और न्याय के प्रतीक भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मैं भगवान श्री कृष्ण से आप सभी के सुखी, स्वस्थ और मंगलमय जीवन की प्रार्थना करता हूं।

बता दें कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी हर साल भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव के रूप में मनाई जाती है। इस शुभ अवसर पर भगवान कृष्ण की पूजा की जाती है, उनका आशीर्वाद लेने के लिए मंदिर जाते हैं।

****************************

 

राज्यपाल ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी

16.08.2025, नेमरा, गोला, रामगढ़ – राज्यपाल श्री संतोष गंगवार आज दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के संस्कार भोज में सम्मिलित होने हेतु मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन के नेमरा स्थित आवास पहुंचे।

राज्यपाल ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

**********************

 

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी को राँची जिला ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

 राँची जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के अंतर्गत संचालित 64 क्लस्टरों और सभी ग्राम संगठनों में सैकड़ों स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं ने श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन

दिशोम गुरु: झारखंड की आत्मा और प्रेरणा

रांची,16 अगस्त 2025 को संपूर्ण राँची जिला राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम स्मृति शेष गुरु शिबू सोरेन जी के पावन स्मृति में एकजुट हुआ। जिले के कोने-कोने में आयोजित श्रद्धांजलि सभाओं में हजारों लोगों ने अश्रुपूर्ण नेत्रों से उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।

राँची जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के अंतर्गत संचालित 64 क्लस्टरों और सभी ग्राम संगठनों में सैकड़ों स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं ने श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया। इन सभाओं में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्थानीय नेताओं और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया।

दिशोम गुरु: झारखंड की आत्मा और प्रेरणा

श्रद्धांजलि सभाओं में शामिल स्वयं सहायता समूह की दीदियों ने एक स्वर में कहा कि स्मृति शेष-राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी केवल एक राजनेता ही नहीं, बल्कि गरीब, वंचित और आदिवासी समाज की आवाज थे।

उनका जीवन सामाजिक न्याय, जल-जंगल-जमीन के संरक्षण और ग्रामीण उत्थान के लिए समर्पित रहा। दीदियों ने भावुक स्वर में कहा, “राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी का संघर्ष और त्याग हम सभी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने झारखंड के गठन के लिए अपना जीवन समर्पित किया और हर वर्ग के लोगों के हक की लड़ाई लड़ी।”

ग्रामीण स्तर पर गहरा जुड़ाव

ग्राम संगठनों और क्लस्टरों में आयोजित सभाओं में महिलाओं ने दिशोम गुरु के विचारों को याद करते हुए कहा कि उनके संदेश आज भी गांव की गलियों से लेकर राजधानी तक गूंजते हैं। उनकी सादगी, जनता के प्रति समर्पण और सामाजिक समानता के लिए किए गए प्रयासों ने उन्हें जन-जन का प्रिय नेता बनाया। एक दीदी ने कहा, “उनके विचार और संकल्प हमारे दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगे। वे झारखंड की आत्मा हैं।”

श्रद्धांजलि सभाओं में पुष्पांजलि अर्पित की गई

इन सभाओं में उपस्थित लोगों ने पुष्प अर्पित कर स्मृति शेष-राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी को श्रद्धांजलि दी और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में यह भावना बार-बार व्यक्त की गई कि शिबू सोरेन जी का योगदान झारखंड के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में अंकित है। उनके आदर्श और मूल्य आज भी समाज को दिशा दिखा रहे हैं।

झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी ने इन श्रद्धांजलि सभाओं के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। JSLPS के तहत संचालित ग्राम संगठनों और स्वयं सहायता समूहों ने न केवल कार्यक्रमों का आयोजन किया, बल्कि दिशोम गुरु के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया।

राँची जिला प्रशासन और सामाजिक संगठनों ने एक स्वर में कहा कि दिशोम गुरु का संघर्ष और विचार हमेशा झारखंड के लोगों को प्रेरित करते रहेंगे। उनकी स्मृति में आयोजित ये श्रद्धांजलि सभाएँ न केवल उनकी महानता को याद करने का अवसर थीं, बल्कि उनके सपनों को साकार करने का संकल्प लेने का भी माध्यम बनीं।

*************************

 

उपायुक्त रांची श्री मंजुनाथ भजन्त्री ने श्री रामदास सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की

रांची, 16.08.2025 – उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री मंजुनाथ भजन्त्री ने आज झारखंड विधानसभा परिसर में माननीय मंत्री, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता तथा निबंधन विभाग, झारखण्ड सरकार, श्री रामदास सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

उपायुक्त ने अपने शोक संदेश में कहा कि श्री रामदास सोरेन जी का असामयिक निधन झारखंड राज्य के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुखद घड़ी में धैर्य व शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

***********************

 

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के “संस्कार भोज” में सम्मिलित हुए तेलंगाना के मुख्यमंत्री श्री रेवंत रेड्डी

श्री रेवंत रेड्डी ने मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की

16 अगस्त 2025, नेमरा, गोला, रामगढ़ – तेलंगाना के मुख्यमंत्री श्री रेवंत रेड्डी आज नेमरा, रामगढ़ स्थित मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन के पैतृक आवास पहुंचे।

श्री रेवंत रेड्डी यहां स्मृति शेष-राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के “संस्कार भोज” में सम्मिलित हुए।

उन्होंने स्मृति शेष-गुरुजी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा मुख्यमंत्री एवं उनके पारिवारिक सदस्यों से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त की।

***************************

 

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के “संस्कार भोज” में केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह हुए सम्मिलित

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन एवं उनके पारिवारिक सदस्यों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की

16.08.2025, नेमरा, गोला, रामगढ़ – केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, आज स्मृति शेष-राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के “संस्कार भोज” में सम्मिलित होने हेतु मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन के नेमरा, रामगढ़ स्थित आवास पहुंचे। केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने स्मृति शेष-गुरुजी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी तथा मुख्यमंत्री एवं उनके पारिवारिक सदस्यों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की।

गुरुजी का व्यक्तित्व मुझे प्रभावित करती थी

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी से मेरी कई मुलाकातें हुईं। उनकी सहजता, सरलता एवं व्यक्तित्व मुझे प्रभावित करती थी। गुरुजी सिर्फ आदिवासी ही नहीं बल्कि अन्य समाज के भी अभिभावक के रूप में जाने जाते थे। मैं अपनी ओर से उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री अश्विनी कुमार चौबे, सांसद श्री पप्पू यादव, पूर्व राज्यसभा सांसद श्री आर०के० आनंद एवं योग गुरु बाबा रामदेव भी पहुंचे नेमरा।

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन के पैतृक गांव नेमरा में आज स्मृति शेष-राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के “संस्कार भोज” में पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री अश्विनी कुमार चौबे, सांसद श्री पप्पू यादव, योग गुरु बाबा रामदेव एवं पूर्व राज्यसभा सांसद श्री आर०के० आनंद सम्मिलित हुए। सभी ने स्मृति शेष-गुरुजी की तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट की।

***************************

 

किश्तवाड़ प्रलय में अब तक 65 लोगों की मौत, मलबे में दबी सैकड़ों जिंदगियां

जम्मू 16 Aug , (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के चिशौती गांव में बादल फटने से भारी तबाही हुई है। शनिवार को लगातार तीसरे दिन भी राहत व बचाव कार्य जारी रहा। इस आपदा में अब तक 65 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने शुक्रवार देर रात पुलिस महानिदेशक (DGP) नलिन प्रभात के साथ प्रभावित गांव का दौरा कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, बीआरओ, नागरिक प्रशासन और स्थानीय स्वयंसेवकों द्वारा चलाए जा रहे बचाव अभियानों की समीक्षा की गई।

अधिकारियों के अनुसार, अब तक 46 शवों की पहचान हो चुकी है जिन्हें कानूनी औपचारिकताओं के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं, करीब 75 लोग लापता बताए जा रहे हैं। हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि अचानक आई बाढ़ में सैकड़ों लोग बह गए होंगे और कई मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं।

मृतकों में सीआईएसएफ के दो जवान और स्थानीय पुलिस का एक विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) भी शामिल है।

14 अगस्त को फटा था बादल

यह आपदा 14 अगस्त दोपहर करीब 12:25 बजे मचैल माता यात्रा मार्ग पर स्थित आखिरी गांव चिशौती में आई। बाढ़ और मलबे की चपेट में एक अस्थायी बाजार, सामुदायिक लंगर, सुरक्षा चौकी और आसपास की बस्तियां आ गईं।

प्रशासन के मुताबिक, कम से कम 16 घर, कई सरकारी इमारतें, तीन मंदिर, चार पनचक्की, 30 मीटर लंबा पुल और एक दर्जन से ज्यादा वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

**************************

 

देशभर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उत्साह, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

नोएडा/नीमच/मुरादाबाद 16  Aug, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व को लेकर देशभर के मंदिरों में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। नोएडा के इस्कॉन मंदिर में इस बार करीब पांच लाख श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। मंदिर को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है।

मंदिर प्रांगण और आसपास के क्षेत्रों को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है, जबकि नोएडा पुलिस ने सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय थाने की पुलिस भारी संख्या में तैनात रहेगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

देशभर के कृष्ण मंदिरों में भक्ति और सौंदर्य का अनुपम संगम देखने को मिल रहा है। आकर्षक लाइटिंग, रंग-बिरंगे फूलों और झूमरों से मंदिरों की रौनक बढ़ गई है। वहीं, मध्य प्रदेश के नीमच के प्रसिद्ध सांवरिया सेठ मंदिर और बिचला गोपाल मंदिर में भी तैयारियां चरम पर हैं।

बिचला गोपाल मंदिर के पुजारी पंडित ललित कुमार शर्मा ने बताया कि 200 वर्ष पुराने इस मंदिर में बृज विहार की झांकी सजाई जा रही है। भगवान श्री गोपाल का अलौकिक श्रृंगार होगा, शाम 7 बजे काल संध्या आरती और रात 12 बजे जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। माखन-मिश्री और पंजरी का भोग लगाकर प्रसाद वितरित किया जाएगा। मंदिर को लाइटों और फूलों से सजाया गया है।

इसी तरह, सांवरिया सेठ मंदिर के पुजारी पंडित राजेंद्र पुरोहित ने बताया कि जन्माष्टमी पर सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान का अभिषेक होगा। मंदिर को फूलों से सजाया गया है। महिला मंडल द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा और रात 12 बजे जन्मोत्सव मनाया जाएगा।

वहीं, उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में भी जन्माष्टमी का उत्साह चरम पर है। बाजारों में लोग भगवान श्रीकृष्ण की पोशाकें, बांसुरी, मोरपंख और फूल खरीदने में व्यस्त हैं। माता-पिता अपने बच्चों को छोटे कान्हा के रूप में सजाने के लिए विशेष पोशाकें खरीद रहे हैं। बाजारों में कान्हा की सवारी की झलक भी देखने को मिल रही है।

मंदिरों को लाइटों और फूलों से सजाया गया है, जहां भक्त दर्शन के लिए उमड़ रहे हैं। मुरादाबाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रूट डायवर्जन की व्यवस्था की है। जन्माष्टमी का यह पर्व भक्ति, उत्साह और श्रद्धा का अनूठा संगम लेकर आया है। मंदिरों में भजन-कीर्तन, झांकियां और विशेष आयोजनों के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।

*****************************

 

झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का दिल्ली में निधन, सीएम हेमंत सोरेन ने जताया शोक

नई दिल्ली 16  Aug, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा, साक्षरता एवं निबंधन विभाग के मंत्री रामदास सोरेन का शुक्रवार की रात को दिल्ली के अपोलो अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई है।

रामदास सोरेन के बड़े बेटे सोमेश सोरेन ने अपने पिता के आधिकारिक एक्स हैंडल से इस दुखद सूचना को साझा किया। सोमेश ने लिखा, “अत्यंत दुख के साथ यह बता रहा हूं कि मेरे पिता रामदास सोरेन अब हमारे बीच नहीं रहे।”

रामदास सोरेन के निधन पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “ऐसे छोड़कर नहीं जाना था रामदास दा… अंतिम जोहार दादा।”

वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा ने एक्स पोस्ट पर लिखा, “झारखंड के शिक्षा मंत्री एवं घाटशिला के विधायक रामदास सोरेन के निधन का अत्यंत ही दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे एवं शोकाकुल परिवार को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”

झारखंड सरकार के मंत्री रामदास सोरेन के निधन से न सिर्फ उनके विधानसभा क्षेत्र घाटशिला, बल्कि पूरे झारखंड में शोक का माहौल है।

रामदास सोरेन बीते दो अगस्त को अपने घोड़ाबांधा स्थित पैतृक आवास में बाथरूम में गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। प्रारंभिक जांच में पता चला कि उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ था।

घटना के तुरंत बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए एयर एंबुलेंस के जरिए जमशेदपुर से दिल्ली के अपोलो अस्पताल ले जाया गया था। वहां उनकी हालत गंभीर बनी रही और चिकित्सकों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

उनके निधन पर कई नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त किया है। रामदास सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेताओं में से एक थे और घाटशिला विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते थे।

उनके निधन से झामुमो को भी गहरा आघात पहुंचा है। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच उनकी सादगी और जनसेवा के लिए विशेष पहचान थी।

************************

 

उपराष्ट्रपति पद का चुनाव: एनडीए कैंडीडेट का आज होगा ऐलान, पीएम मोदी और नड्डा करेंगे चयन

नई दिल्ली,12 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा मंगलवार को आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उम्मीदवार का चयन करेंगे. नई दिल्ली में गुरुवार को एनडीए नेताओं की एक उच्चस्तरीय बैठक के बाद यह घोषणा की गई.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रधानमंत्री मोदी और नड्डा को अधिकृत करने का प्रस्ताव पारित किया गया. बैठक में मौजूद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बाद में मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री और भाजपा अध्यक्ष द्वारा चुने गए अंतिम उम्मीदवार को एनडीए के सभी सहयोगियों की सहमति और समर्थन प्राप्त होगा.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, शिवसेना के श्रीकांत शिंदे, लोक जनशक्ति पार्टी के चिराग पासवान, टीडीपी के लवू कृष्ण देवरायलु और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के रामदास अठावले भी बैठक में शामिल हुए. शिवसेना नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को भाजपा के उम्मीदवार को बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा कर दी थी.

एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा मंगलवार को होने की उम्मीद है. ये नामांकन दाखिल करने की 21 अगस्त की अंतिम तिथि से पहले हो रहा है.

उपराष्ट्रपति पद का चुनाव जगदीप धनखड़ के मध्यावधि इस्तीफे के कारण आवश्यक हो गया. उन्होंने चिकित्सा कारणों का हवाला देते हुए पद छोड़ दिया था.

हालाँकि उनके जाने से उनके और सरकार के बीच तनाव की व्यापक अटकलें लगाई जा रही है. उपराष्ट्रपति का चुनाव 9 सितंबर को होने वाला है. भारत के उपराष्ट्रपति का चुनाव लोकसभा और राज्यसभा दोनों के सदस्यों वाले निर्वाचक मंडल द्वारा किया जाता है.

संसद में स्पष्ट संख्यात्मक लाभ के साथ एनडीए के पास अपने चुने हुए उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त संख्याबल है. भारत का उपराष्ट्रपति राज्यसभा का पदेन सभापति भी होता है, जिससे यह पद राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हो जाता है.

वहीं दूसरी ओर विपक्ष की ओर से भी संयुक्त उम्मीदवार उतारने की चर्चा है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े नामों पर आम सहमति बनाने के लिए विपक्षी दलों से संपर्क में हैं. माना जा रहा है कि एक मजबूत राजनीतिक संदेश देने के लिए ऐसा किया जा रहा है.

हालांकि उपराष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार चुनने पर अभी तक कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है. इस बीच विपक्ष के कुछ नेताओं का यह भी मानना है कि बीजेपी की ओर से उम्मीदवार की घोषणा के बाद ही इंडिया गठबंधन को अपना उम्मीदवार तय करना चाहिए.

********************************

 

मलेशिया से चेन्नई आ रहे मालवाहक विमान के इंजन में लगी आग, सुरक्षित उतारा गया

नईदिल्ली,12 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। मलेशिया के कुआलालांपुर से चेन्नई आ रहे एक अंतरराष्ट्रीय मालवाहक विमान के इंजन में मंगलवार को आग लगने से हड़कंप मच गया।

आग लगने की सूचना पर चेन्नई हवाई अड्डे पर अलर्ट जारी किया गया और मौके पर अग्निशमन विभाग की टीम तैनात रही।

बताया जा रहा है कि विमान के उतरते ही आग पर काबू पा लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। मामले की जांच शुरू हो गई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, हवाई अड्डे पर उतरने के दौरान मालवाहक विमान के चौथे इंजन में आग लगी थी, जिसके बाद पायलटों ने चेन्नई में संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी।

बताया जा रहा है कि यह कोई आपातकालीन नहीं थी, क्योंकि विमान को चेन्नई ही उतरना था, लेकिन पायलट की सूचना के बाद विमान को सुरक्षित उतार लिया गया। आग लगने के कारण अभी सामने नहीं आए हैं। मौके पर अधिकारी मौजूद हैं।

**************************

 

दिल्ली में बारिश के साथ हुई सुबह शुरुआत, उत्तराखंड में रेड अलर्ट

नईदिल्ली,12 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार की सुबह तेज बारिश के साथ हुई। इसके चलते जगह-जगह जलभराव देखने को मिला।

उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर राज्यों में मानसून सक्रिय बना हुआ है, जिसके चलते भूस्खलन और बाढ़ के हालातों ने जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित कर दिया।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने पहाड़ी राज्यों समेत उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी है।

दिल्ली में मंगलवार तड़के से ही झमाझम बारिश शुरू हो गई। इससे विजय चौक, मोती बाग फ्लाईओवर से लेकर रफी मार्ग तक कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया। आईएमडी ने 12 अगस्त को बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।

इस दौरान अधिकतम तपमान 32-35 डिग्री रहने और न्यूनतम 24-26 डिग्री के बीच रह सकता है। अगले 5 दिनों में राजधानी समेत एनसीआर इलाके में मानसून की सक्रियता बढऩे के आसार हैं।

उत्तराखंड में लगातार भारी बारिश जारी है, जिससे नदी-नाले उफान पर आ गए और सड़कों पर जलभराव के साथ घरों में भी पानी पहुंच गया। मौसम विभाग ने 12-14 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

इस कारण केदारनाथ धाम यात्रा 3 दिन के लिए रोक दी है, जबकि देहरादून और उत्तरकाशी में स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं। दूसरी तरफ जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भी लगातार भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं।

इस मानसून ने उत्तर प्रदेश को तरबतर कर दिया है। प्रदेश में 9 दिनों से लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। लखनऊ में सोमवार को तेज बारिश के चलते विधानसभा परिसर में पानी भर गया।

गोरखपुर में सड़कें डूब गईं और जिला अस्पताल समेत कई जगह 1 फीट पानी भर गया। सहारनपुर की नदी में अचानक तेज पानी आने से स्कूल वैन फंस गई। मंगलवार को राज्य के 22 जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है।

बिहार में गंगा, कोसी, बागमती, बूढ़ी गंडक, पुनपुन, घाघरा समेत 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिससे 12 जिले बाढ़ की चपेट में हैं।

राज्य में 17 लाख से अधिक लोग इससे प्रभावित हैं। दूसरी तरफ मध्य प्रदेश के 11 जिलों में मंगलवार को भारी बारिश का अलर्ट है। प्रदेश में 13 अगस्त से बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर मानसून की गतिविधि में और तेजी ला सकता है।

राजस्थान में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कहीं धूप खिल रही है तो कहीं बादल छाए रहने के साथ उमस का असर देखा जा रहा है।

फिलहाल तेज बारिश के दौरे पर ब्रेक लगे हैं, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार, जल्द ही प्रदेश में मानसून का तीसरा दौर झमाझम बारिश लाने की तैयारी में है।

मंगलवार को भरतपुर, अलवर और चूरू समेत आस-पास के इलाकों में मध्यम बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

*************************

 

भारत ने बांग्लादेश से जूट उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध लगाया

नईदिल्ली,12 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बांग्लादेश के साथ तनावपूर्ण संबंधों के बीच भारत ने सोमवार को कुछ जूट उत्पादों और रस्सियों के सामान पर प्रतिबंध लगा दिया है।

ये प्रतिबंध जमीनी मार्गों से आयात पर लगा है। विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने अधिसूचना जारी कर बताया कि भारत-बांग्लादेश सीमा पर स्थित किसी भी स्थलीय बंदरगाह से बांग्लादेश से आयात की अनुमति नहीं होगी।

डीजीएफटी ने बताया कि इन आयातों को केवल न्हावा शेवा बंदरगाह के माध्यम से ही किया जा सकेगा।

भारत की ओर से प्रतिबंधित उत्पादों में जूट या अन्य टेक्सटाइल बास्ट फाइबर से बने ब्लीच किए हुए और बिना ब्लीच किए हुए बुने हुए कपड़े, जूट की सुतली, डोरी, रस्सी, और जूट के बोरे और थैले शामिल हैं।

डीजीएफटी ने बताया कि बांग्लादेश से भारत में कुछ वस्तुओं के आयात को तत्काल प्रभाव से विनियमित किया जाता है। इससे पहले 27 जून को भी बांग्लादेश से कई जूट उत्पादों और बुने हुए कपड़ों के आयात पर प्रतिबंध लगाया था।

************************

 

हैदराबाद के खजाना ज्वैलरी स्टोर में दिनदहाड़े डकैती

6 बदमाश बंदूक लेकर घुसे; गोलीबारी की

हैदराबाद,12 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक आभूषण की दुकान में दिनदहाड़े डकैती का मामला सामने आया है, जिससे लोग दहशत में हैं।

घटना चंदानगर की है, जहां खजाना ज्वेलरी स्टोर में मंगलवार सुबह 10 बजे 6 बदमाश बंदूक लेकर दाखिल हो गए और डकैती को अंजाम दिया।

उन्होंने विरोध जताने पर गोलीबारी की, जिसमें स्टोर का उप-प्रबंधक घायल हो गए हैं। गोलीबारी के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और कई दुकानदारों ने अपनी दुकान बंद कर ली।

पुलिस ने बताया कि सुबह स्टोर खुलने के कुछ देर बाद ही 6 लोग स्टोर में घुस गए और कर्मचारियों को बंदूक दिखाकर लॉकर की चाबियां मांगीं। कर्मचारियों के मना करने पर बदमाशों ने 2 राउंड गोलियां चलाई, जिसमें एक गोली उप-प्रबंधक के पैर में लगी है।

बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त कर दिए और सोने के आभूषणों से भरे डिस्प्ले केस को तोड़कर कीमती सामान ले गए। उन्होंने कर्मचारियों पर भी हमला किया। वे जहीराबाद की ओर फरार हुए।

कर्मचारियों की सूचना के बाद पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। अधिकारियों ने संदिग्धों का पता लगाने के लिए 10 विशेष टीमें गठित की हैं और उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने राज्य सीमाओं को सील कर दिया है।

राजधानी में दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद व्यापारी चिंता में हैं। पुलिस ने दुकान मालिकों से सुरक्षा प्रोटोकॉल बढ़ाने और दुकानों के खुलने और बंद होने के समय सतर्क रहने का आग्रह किया है।

**************************

 

दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि देने झारखंड पहुंचे अखिलेश यादव

एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

रांची,12 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंगलवार को झारखंड की राजधानी रांची पहुंचे. उनका यह दौरा झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और आदिवासी नेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए है.

रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने गुलदस्तों व नारों के साथ उनका स्वागत किया. एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जल, जंगल जमीन से जुड़ा हुआ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलने आया हूं, मैं उनके दुख में शामिल होने आया हूं. उन्होंने अपने पिता शिबू सोरेन जैसा नेता खोया है, वैसा नेता बनना काफी मुश्किल है, उनका पूरा जीवन संघर्ष भरा रहा.

अखिलेश यादव ने कहा कि आदिवासियों के संस्कृति आदिवासियों का संरक्षण आदिवासियों का आशा उन्हीं के जिम्मे में था. हेमंत सोरेन को विरासत में एक विचारधारा मिली है. उन्होंने भाजपा को निशाने पर लेते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी सिर्फ षड्यंत्र करती है, उनके पास बुनियादी सवालों का जवाब नहीं है. इसलिए चुनाव में हेराफेरी करने की फिराक में है. उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी कई निर्णय ले रही है. राहुल गांधी से जो एफिडेविट मांगा गया है उसको भी उन्होंने गलत बताया.

अखिलेश यादव अपराह्न लगभग 11:30 बजे रांची पहुंचे. वे एयरपोर्ट से बाहर निकलकर स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की. इसके बाद वे सड़क मार्ग से रामगढ़ जिला के नेमरा गांव के लिए रवाना हुए. जहां गुरुजी का पैतृक आवास है और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस समय मौजूद हैं.

गुरुजी के निधन के बाद से नेमरा में लगातार देशभर से राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां पहुंच रही हैं. सोमवार को आजाद समाज पार्टी (काशीराम) के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद ने भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की थी और सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि संदेश साझा किया था.

हेमंत सोरेन के पैतृक आवास नेमरा में दिशोम गुरु शिबू सोरेन को अंतिम विदाई देने के लिए लोगों का सैलाब उमड़ रहा है. मंत्री, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों से लेकर दूर-दराज के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं. विभिन्न समाजों और समुदायों के लोग अपने नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करने लगातार यहां जुट रहे हैं. इसी क्रम में कई राजनीतिक दलों के नेता भी गुरुजी के गांव पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं.

बता दें कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन का निधन दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद 4 अगस्त हुआ था. इसके बाद 5 अगस्त शिबू सोरेन का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव नेमरा में हुआ. जहां कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, राहुल गांधी, तेजस्वी यादव समेत कई दिग्गज नेता शामिल हुए थे.

*****************************

 

बेजुबान कोई समस्या नहीं जिन्हें मिटा दिया जाए

लावारिस कुत्तों पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर राहुल गांधी का सवाल

नई दिल्ली,12 अगस्त (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर से आठ हफ़्तों के भीतर सभी आवारा कुत्तों को हटाने का निर्देश दिया है. राहुल गांधी ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट के इस निर्णय की आलोचना की. कहा, कि हम यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि जन सुरक्षा और पशु कल्याण साथ-साथ चलें. सोमवार को सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद कई पशु अधिकार संगठनों ने भी आलोचना की थी.

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, दिल्ली-एनसीआर से सभी आवारा कुत्तों को हटाने का सुप्रीम कोर्ट का निर्देश दशकों से चली आ रही मानवीय और विज्ञान-समर्थित नीति से एक कदम पीछे है.

ये बेज़ुबान आत्माएं कोई समस्या नहीं हैं जिन्हें मिटाया जा सके. आश्रय, नसबंदी, टीकाकरण और सामुदायिक देखभाल सड़कों को बिना किसी क्रूरता के सुरक्षित रख सकते हैं. हम यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि जन सुरक्षा और पशु कल्याण साथ-साथ चलें.

सोमवार को, सर्वोच्च न्यायालय ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सभी इलाकों से आवारा कुत्तों को तुरंत उठाकर कुत्ता आश्रय स्थलों में पहुंचाएं.

ये निर्देश नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद पर भी लागू होंगे. शीर्ष अदालत के आदेश में कहा गया है कि कुत्तों को सड़कों से उठाकर संबंधित अधिकारियों द्वारा बनाए जाने वाले आश्रय स्थलों में रखा जाए.

न्यायमूर्ति जे.बी. पारदीवाला और न्यायमूर्ति आर. महादेवन की पीठ ने कहा, दिल्ली के बाहरी इलाकों सहित सभी इलाकों से सभी आवारा कुत्तों को इकट्ठा करें और उन्हें किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करें… चाहे उनकी नसबंदी हो या न हो, समाज को स्वतंत्र और सुरक्षित महसूस करना चाहिए. आपके आस-पास कोई भी आवारा कुत्ता नहीं घूमना चाहिए.

सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले की पशु अधिकार संगठनों ने आलोचना की. सोमवार को दिल्ली में इंडिया गेट के सामने इस आदेश के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया.

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया. पेटा इंडिया एडवोकेसी एसोसिएट, शौर्य अग्रवाल ने कहा कि यह आदेश अव्यावहारिक और अतार्किक है.

शौर्य अग्रवाल कहते हैं, यह विशेष आदेश अव्यावहारिक, अतार्किक है और पशु जन्म नियंत्रण नियमों के अनुसार अवैध भी है.

दिल्ली सरकार के पास इन नसबंदी कार्यक्रमों को लागू करने और एबीसी नियमों को लागू करने के लिए 24 साल थे. दिल्ली में 10 लाख कुत्ते हैं और उनमें से केवल आधे की ही नसबंदी की गई है. उन्हें आश्रय स्थलों में रखना अव्यावहारिक है. यह बहुत मुश्किल है. इससे अराजकता और अधिक समस्याएं पैदा होंगी.

***************************