श्री अनुराग गुप्ता महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक ने नव प्रोन्नत पुलिस उपाधीक्षक को बैच लगाकर सम्मानित किया

रांची,07.07.2025(एजेंसी) श्री अनुराग गुप्ता, महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, झारखण्ड ने पुलिस मुख्यालय के सभागार कक्ष में नव प्रोन्नत पुलिस उपाधीक्षक श्रीमती कुमुद सिन्हा, श्रीमती ज्योत्सना, श्री अजय कुमार, श्री इजाजुल हसन सिद्दकी, श्री सुशील कुमार, श्री अजय कुमार साहू, श्री राजकपूर, श्री लीलेश्वर महतो, श्री नरेन्द्र कु० सिन्हा, श्री राम अनूप महतो, श्री सरोज कुमार सिंह, श्री हरेन्द्र कु० राय, श्री बिनोद उराँव, श्री अखिलेश प्रसाद मंडल, श्री शभू प्रसाद गुप्ता, श्री सतीश कुमार, श्री नवल किशोर प्रसाद, श्री उज्ज्वल साह, श्री अजय प्रसाद, श्री सुरेश प्रसाद, श्री शारदा रंजन प्रसाद सिंह, श्री राजेश कुमार एवं श्री राजीव कुमार वीर को बैच लगाकर सम्मानित किया।

ज्ञात हो कि गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग झारखण्ड, राँची की अधिसूचना सं0-12/पी5-1004/2024-2632 दिनांक-25.06.2025 के आलोक में कुल- 64 पुलिस निरीक्षक/परिचारी प्रवर एवं समकक्ष कोटि सेे पुलिस उपाधीक्षक के पद पर प्रोन्नति प्रदान किया गया है।

इस अवसर पर श्रीमती प्रिया दूबे, अपर पुलिस महानिदेषक (मुख्यालय), श्रीमती ए0 विजयालक्ष्मी, पुलिस महानिरीक्षक (प्रषिक्षण), डाॅ0 माईकलराज एस0, पुलिस महानिरीक्षक (अभियान), श्री नरेंद्र कुमार सिंह, पुलिस महानिरीक्षक (मानवाधिकार), श्री सुदर्षन प्रसाद मंडल, पुलिस महानिरीक्षक (अप0अनु0वि0), श्री पटेल मयूर कनैयालाल, पुलिस महानिरीक्षक (प्रोविजन), श्री सुरेंद्र कुमार झा, पुलिस उप-महानिरीक्षक (कार्मिक), श्री चौथे मनोज रतन, पुलिस उप-महानिरीक्षक (एस0आई0बी0), श्रीमती संध्या रानी मेहता ,पुलिस उप-महानिरीक्षक (बजट), श्री शैलेंद्र प्रसाद बर्णवाल, पुलिस उप-महानिरीक्षक (वि0षा0), श्री चंदन कुमार झा, पुलिस उप-महानिरीक्षक (अप0अनु0वि0), झारखण्ड एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

***************************

 

विकसित बिहार की दिशा में महत्वपूर्ण होगा मोतिहारी में पीएम मोदी का दौरा : दिलीप जायसवाल

पटना 07 Jully (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने सोमवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मोतिहारी जिले का दौरा करेंगे। यह उनके प्रधानमंत्री बनने के बाद बिहार का 53वां दौरा होगा।

उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री का हर दौरा बिहार के लिए विशेष होता है और इस बार भी वे विकास के लिए नई सौगात लेकर आएंगे। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री का आना बिहार के लिए शुभ है। यह विकसित बिहार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 जुलाई को बिहार के मोतिहारी जिले का दौरा करेंगे। यह उनके प्रधानमंत्री बनने के बाद बिहार का 53वां दौरा होगा। यह दौरा विकसित बिहार के लक्ष्य को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण होगा। हर बार की तरह इस बार भी पीएम मोदी बिहार के लिए नई सौगात लाएंगे, जो राज्य के विकास को गति देगी।

वहीं, उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग का मतदाता सत्यापन कार्यक्रम सुचारू रूप से चल रहा है और इसमें किसी भी मतदाता को कोई परेशानी नहीं हो रही है। उन्होंने विपक्ष से अनुरोध किया कि जनता की समस्याओं को पक्ष और विपक्ष मिलकर हल करें।

दिलीप जायसवाल ने कहा, “यदि मतदाताओं को कोई दिक्कत होगी, तो हम सभी मिलकर चुनाव आयोग से बात करेंगे, लेकिन जब सब कुछ ठीक चल रहा है, तो बंद या विरोध उचित नहीं है।”

साथ ही, उन्होंने कहा कि बिहार सरकार और पुलिस विभाग अपराध रोकने के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि बिहार में कोई भी कानून व्यवस्था का उल्लंघन करने की हिम्मत नहीं जुटा सके और अगर कोई ऐसा करेगा, तो निश्चित तौर पर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कानून अपना काम कर रहा है और गृह विभाग पूरी तत्परता से विधि के शासन का नियंत्रण स्थापित करने में जुटा है।

दिलीप जायसवाल ने बिहार के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सभी पक्षों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं और किसी भी समस्या का समाधान संवाद के जरिए किया जाएगा।

**************************

 

दिल्ली में बारिश बनी मुसीबत : जलभराव और जाम से ऑफिस जाने वाले परेशान

नई दिल्ली 07 Jully (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह हुई बारिश ने जहां एक ओर गर्मी से राहत दी, वहीं दूसरी ओर लोगों के लिए कई समस्याएं भी खड़ी कर दीं।

कई इलाकों में जलभराव और भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति देखी गई, जिससे लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

बारिश थमते ही दिल्ली की सड़कों पर भीड़ उमड़ पड़ी। गुरुग्राम से दिल्ली आने वाली सड़क पर धीरे-धीरे ट्रैफिक बढ़ने लगा है। वहीं, दिल्ली से गुरुग्राम की ओर जाने वाले रूट पर भी वाहनों की गति धीमी पड़ी हुई है।

चूंकि सोमवार का दिन है और अधिकतर लोग ऑफिस के लिए निकलते हैं, इसलिए बारिश के रुकने के तुरंत बाद सड़कों पर जगह-जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति देखी गई।

धौला कुआं से लेकर गुरुग्राम एयरपोर्ट जाने वाली सड़क पर कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। महिपालपुर और दिल्ली कैंट की ओर से आने वाले लोग जाम में बुरी तरह फंसे नजर आए। संगम विहार इलाके की एमबी रोड पर जलभराव के कारण लंबा जाम लग गया।

सोमवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे की तस्वीरों में देखा जा सकता है कि सड़क पर काफी पानी भर चुका है और वाहनों की रफ्तार पूरी तरह थम चुकी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस जाम के चलते उन्हें ऑफिस पहुंचने में काफी देर हो रही है। यह समस्या हर बारिश के बाद यहां आम हो गई है, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।

संगम विहार इलाके में कुछ लोगों ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा, “जलभराव के कारण बड़ी परेशानी हो रही है। रास्तों में काफी गड्ढे हैं, ठीक से सड़कें नहीं बनी हैं।”

हालांकि दिल्ली में कुछ जगह कर्मचारियों को पंप के जरिए पानी निकासी करते हुए देखा गया। आईएएनएस से बात करते हुए एक कर्मचारी ने कहा, “हम सुबह 5 बजे से लगे हुए हैं। हमने इस इलाके में जलभराव नहीं होने दिया। पहले यहां पानी ही पानी हो जाता था।”

मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले कुछ दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में इसी तरह की बारिश होती रहेगी। ऐसे में नागरिकों को सलाह दी गई है कि वो समय से पहले घर से निकलें और ट्रैफिक अपडेट्स पर नजर बनाए रखें।

***************************

 

अमरनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह, 4 दिन में दर्शनार्थियों की संख्या 70 हजार के पार

श्रीनगर 07 Jully (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । अमरनाथ यात्रा को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह दिख रहा है। पिछले चार दिनों में 70 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने अमरनाथ यात्रा की, जबकि 8,605 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था सोमवार को कश्मीर घाटी के लिए रवाना हुआ।

अधिकारियों के अनुसार, तीन जुलाई से शुरू अमरनाथ यात्रा के बाद से अब तक करीब 70 हजार लोगों ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए। इनमें से 21,512 यात्रियों ने रविवार को दर्शन किए। इसके अलावा, 8,605 यात्रियों का एक और जत्था सोमवार को दो सुरक्षा काफिलों में जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से कश्मीर घाटी के लिए रवाना हुआ।

अधिकारियों ने बताया कि पहला काफिला 3,486 श्रद्धालुओं को लेकर उत्तर कश्मीर के बालटाल बेस कैंप जा रहा है, जबकि दूसरा काफिला 5,119 श्रद्धालुओं को लेकर दक्षिण कश्मीर के नुनवान (पहलगाम) बेस कैंप जा रहा है।

श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) के अधिकारियों ने बताया कि जम्मू में भगवती नगर यात्री निवास में आने वाले यात्रियों के अलावा, कई श्रद्धालु यात्रा में शामिल होने के लिए मौके पर पंजीकरण के लिए सीधे बालटाल और नुनवान (पहलगाम) पहुंच रहे हैं।

सेना, बीएसएफ, सीआरपीएफ, एसएसबी और स्थानीय पुलिस की मौजूदा ताकत को बढ़ाने के लिए सीएपीएफ की 180 अतिरिक्त कंपनियां लाई गई हैं। पूरे मार्ग को सुरक्षा बलों द्वारा सुरक्षित कर लिया गया है।

इस साल की अमरनाथ यात्रा में स्थानीय लोगों ने पूरा सहयोग दिया है, जैसा वे पहले भी करते रहे हैं। पहलगाम आतंकी हमले से कश्मीरियों के आहत होने का संदेश देने के लिए, स्थानीय लोग पहले जत्थे के यात्रियों का स्वागत करने सबसे पहले पहुंचे। जैसे ही यात्री नौगाम सुरंग पार कर काजीगुंड से कश्मीर घाटी में पहुंचे, स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

रविवार को स्थानीय लोगों ने उत्तरी कश्मीर के गांदरबल जिले में बालटाल बेस कैंप से लौट रहे यात्रियों को कोल्ड ड्रिंक और शुद्ध पेयजल परोसा। यात्रियों ने बिना हिचकिचाए स्थानीय लोगों की मेहमाननवाजी स्वीकार की और कश्मीरियों के इस प्यार के लिए उनका धन्यवाद किया।

अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई को शुरू हुई है और 38 दिनों के बाद 9 अगस्त को समाप्त होगी।

श्री अमरनाथ जी यात्रा भक्तों के लिए सबसे पवित्र धार्मिक तीर्थयात्राओं में से एक है, क्योंकि किंवदंती है कि भगवान शिव ने इस गुफा के अंदर माता पार्वती को शाश्वत जीवन और अमरता के रहस्य बताए थे।

**********************************

 

मन्नत पूरी होने पर कारोबारी ने सांवरिया सेठ में चढ़ाई चांदी से बनी पेट्रोल पंप मशीन

चित्तौड़गढ़ 07 Jully (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)  । राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से श्रद्धा और आस्था से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक कारोबारी की मन्नत पूरी हुई तो उसने मंदिर में चांदी से बनी पेट्रोल पंप मशीन चढ़ाई है। इस कारोबारी ने चांदी से बनी पेट्रोल पंप मशीन के साथ सांवरिया सेठ को छप्पन भोग अर्पित किए।

जारोली परिवार की चित्तौड़गढ़ जिले के डूंगला क्षेत्र में अच्छी खासी पहचान है। परिवार के अनुसार, बेटे कुशल कुमार और सुशील कुमार ने एक नए पेट्रोल पंप के लिए आवेदन किया था, लेकिन उसमें अड़चनें आ रही थीं।

इसके चलते लगातार असफलता मिल रही थी। ऐसे ही कठिन समय में उन्होंने चित्तौड़गढ़ के प्रसिद्ध सांवरिया सेठ के दरबार में मन्नत मांगी कि अगर उनका काम बन गया तो वो ठाकुरजी को विशेष भोग अर्पित करेंगे और चांदी की प्रतीकात्मक पेट्रोल पंप मशीन भेंट करेंगे।

कुछ ही समय बाद उनकी मन्नत पूरी हुई। उन्हें पेट्रोल पंप खोलने का लाइसेंस मिल गया, जिसके बाद बड़ीसादड़ी क्षेत्र में उनके फिलिंग स्टेशन का शुभारंभ हुआ। इसी कड़ी में आभार स्वरूप शनिवार को डीजे की धुन पर झूमते श्रद्धालुओं के साथ नगर भ्रमण करते हुए भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

शोभायात्रा आवरी माता रोड स्थित होटल से शुरू हुई, जहां से छप्पन भोग और चांदी की पेट्रोल पंप मशीन की प्रतिमा लेकर श्रद्धालु नाचते-गाते सांवलिया सेठ मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर ‘सांवलिया सेठ की जय” के जयकारों से गूंज उठा।

परिवार के लोग चांदी से बनी प्रतीकात्मक पेट्रोल पंप मशीन को सिर पर रखकर मंदिर के अंदर ले गए। उन्होंने सांवलिया सेठ के चरणों में मशीन को अर्पित किया। इस दौरान छप्पन भोग प्रसाद भी चढ़ाया गया। इस अवसर पर राज्य के सहकारिता और पर्यटन मंत्री गौतम दक भी मौजूद रहे।

श्रद्धा की भावना से भरे अनोखे तोहफे की हर जगह चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया पर भी वीडियो काफी देखा जा रहा है।

**************************

 

अपराधियों की अब खैर नहीं: दीवार के पार देखेगा ‘रडार’

बिना सामने आए दुश्मन का सफाया करेगा ‘कॉर्नर शॉट’ हथियार

पटना 07 Jully (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर विपक्ष के निशाने पर रही नीतीश कुमार सरकार ने अब पुलिस को आधुनिक और घातक हथियारों से लैस करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है।

सरकार ने राज्य की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के लिए 5 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी है, जिससे ऐसे हाईटेक हथियार खरीदे जाएंगे जो जवानों के लिए सुरक्षित लेकिन अपराधियों के लिए काल साबित होंगे।

इन हथियारों में सबसे प्रमुख ‘थ्रू-द-वॉल रडार’ और ‘कॉर्नर शॉट वेपन सिस्टम’ हैं, जो अब तक केवल हॉलीवुड फिल्मों या दुनिया की कुछ चुनिंदा सेनाओं के पास ही देखे जाते थे।

गृह विभाग की मंजूरी के बाद अब STF ‘थ्रू-द-वॉल रडार’ सिस्टम खरीदेगी। यह एक ऐसा उपकरण है जो किसी भी घर या इमारत के अंदर छिपे अपराधियों की सटीक संख्या और उनकी लोकेशन बता सकता है।

यह रडार 20 मीटर दूर से 12 इंच मोटी दीवार के पार भी देख सकता है। इससे किसी भी ऑपरेशन को अंजाम देने से पहले STF को अंदर की पूरी जानकारी मिल जाएगी, जिससे जवानों के जीवन का जोखिम कम होगा और ऑपरेशन की सफलता दर बढ़ेगी।

इस खरीद में दूसरा सबसे घातक हथियार ‘कॉर्नर शॉट वेपन सिस्टम’ है। एनकाउंटर के दौरान अक्सर अपराधी किसी दीवार, पेड़ या कोने की आड़ लेकर फायरिंग करते हैं, जिससे जवानों को खतरा होता है।

यह इजरायली तकनीक पर आधारित हथियार जवान को बिना दुश्मन के सामने आए, कोने के दूसरी तरफ छिपे अपराधी को निशाना बनाने की ताकत देगा। इसमें एक कैमरा और स्क्रीन लगी होती है, जिससे जवान सुरक्षित जगह पर रहकर ही दुश्मन को देखकर उस पर सटीक निशाना लगा सकता है।

गृह विभाग द्वारा स्वीकृत 5 करोड़ रुपये की राशि से स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के लिए विभिन्न प्रकार के आधुनिक उपकरण खरीदे जाएंगे। इन उपकरणों में एक ‘थ्रू-द-वॉल रडार’ सिस्टम शामिल है, जो दीवारों के आर-पार देखने में सक्षम होगा, साथ ही दो ‘कॉर्नर शॉट वेपन’ सिस्टम भी खरीदे जाएंगे, जिससे जवान सुरक्षित रूप से कोनों से निशाना लगा सकेंगे।

इसके अतिरिक्त, दस नाइट विजन डिवाइस रात के अंधेरे में निगरानी और कार्रवाई में मदद करेंगे। संचार को बेहतर बनाने के लिए पचास-पचास एलईडी ड्रैगन लाइट और वॉकी-टॉकी भी खरीदे जा रहे हैं।

सुरक्षा बलों को बिना गोली चलाए अपराधियों को निष्क्रिय करने में सक्षम बनाने के लिए दस नॉन-लीथल डिवाइस और जवानों के लिए 80 हल्के टेंट के साथ-साथ कई अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण भी खरीदे जाएंगे।

इस आधुनिकीकरण से बिहार STF की ताकत कई गुना बढ़ जाएगी और संगठित अपराध के खिलाफ लड़ाई में उन्हें एक बड़ी तकनीकी बढ़त हासिल होगी।

**************************

 

नेशनल हाईवे पर अब आधा लगेगा टोल टैक्स

सरकार ने 50प्रतिशत तक की कटौती, जानिए नया नियम

नई दिल्ली ,07 जुलाई (एजेंसी)। सरकार ने टोल टैक्स के नियमो में बदलाव किया है। जिसके तहत सरकार ने कुछ खास हाइवेज पर टोल टैक्स में 50 प्रतिशत से ज्यादा की कटौती कर दी है।

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने टोल टैक्स के नए नियमों को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है, जिसके चलते अब लंबी दूरी तय करने वाले वाहन चालकों को कम टोल देने होगा। नए नियमों के तहत टोल टैक्स की गणना अब दो अलग-अलग तरीके से की जाएगी।

हृ॥्रढ्ढ के आदेश के मुताबिक, नए नियम के अनुसार, अगर हाईवेज में पुल, सुरंग, फ्लाईओवर या एलिवेटेड रोड होंगे तो टोल की गणना दो तरीके से की जाएगी। पहला, संरचना की लंबाई को 10 गुना करके अन्य सड़क की लंबाई में जोड़ा जाएगा।

इसके अलावा पूरी संरचना की लंबाई को पांच गुना करके, दोनों में से जो भी कम होगा, वही टोल की गणना का आधार बनेगा। इस नियम का लाभ एक्सप्रेस-वे या लंबी दूरी के यात्रियों को ज्यादा होगा।

इस नए नियम के जरिए सरकार का मकसद यात्रा के खर्च को कम करना है। नए नियमों का सबसे ज्यादा फायदा बाइपास और रिंग रोड्स पर सफर करने वाले लोगों को मिलेगा।

***************************

 

आज का राशिफल

मेष राशि:

आज का दिन आपके लिए उत्तम रहेगा। आज आप बिजनेस को बड़ा बनाने का प्रयास करेंगें, जिसमें आपको बढिय़ा धन लाभ होगा। आज महिलाओं को खुद के लिए समय मिलेगा, जिससे वो पसंद का काम कर पाएंगी। छात्रों के लिए आज अच्छा दिन है , उनको पढाई में शिक्षकों का पूरा-पूरा सहयोग मिलेगा। आज आप बच्चों के साथ ख़ूब इंजॉय करेंगे, उनको घुमाने मार्केट भी ले जा सकते है जिससे उनको ख़ुशी मिलेगी।

शुभ रंग- लाल

शुभ अंक- 09

वृष राशि:

आज का दिन आपके लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। आज आपके वो सारे काम बनेगे जिनके लिए आप इतने दिनों से परेशान थे। जीवनसाथी के साथ रिश्तों में सुधार होगा , माता – पिता के आशीर्वाद से सब ठीक होगा। वकीलों के लिए आज अच्छा दिन है , आज उनको केस से जुड़े मामलों में सफलता मिलेगी। आज आपको स्वास्थ्य सम्बन्धी समस्याओं से राहत मिलेगी, जिससे आज आप खुद को बेहतर महसूस करेंगें। आज आपके घर पर विशेष आयोजन के लिए, गुरुजनों का आगमन होगा।

शुभ रंग- हरा

शुभ अंक- 05

मिथुन राशि:

आज का दिन आपके लिए मिलाजुला रहने वाला है। आज आपको व्यापार में बढिय़ा धन लाभ होगा , लेकिन परिश्रम की अधिकता रहेगी। आज आप किसी सामाजिक समारोह में शामिल होंगे। छात्रों को आज अपने सहपाठी का सहयोग मिलेगा, जिससे उनका छूटा हुआ काम पूरा हो जायेगा। आज ऑफिस में आपके बॉस किसी बड़े प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा करेंगें। आज आप माता-पिता को लेकर किसी धार्मिक स्थान पर जा सकते है, जिनको मीठे की समस्या है, आज उनको ज्यादा मीठा खाने से बचना चाहिए।

शुभ रंग- बैंगनी

शुभ अंक- 03

कर्क राशि:

आज का दिन आपके लिए शानदार रहेगा। आज आप प्रॉपर्टी में इन्वेस्ट करने का प्लान बना सकते है, आज आपको बढिय़ा डील मिलने की संभावना है। आज आप किसी जरूरतमंद की मदद करेंगें , जिससे आपको ख़ुशी मिलेगी। दाम्पत्य जीवन खुशहाल बना रहेगा , बच्चों का सहयोग प्राप्त होगा। पैतृक सम्पत्ति को लेकर चल रहे किसी मामलें में आज उसका समाधान होगा। आज आप ज्यादा से ज्यादा समय आध्यात्म में बिताएंगे , जिससे आप मानसिक शांति का अनुभव करेंगे। आज आपके दोस्त आपसे मिलने घर आ सकते है, उनके साथ मिलकर आप बहुत इंजॉय करेंगें। कुल – मिलाकर आज आपका दिन अच्छे से बीतेगा।

शुभ रंग- पीला

शुभ अंक- 07

सिंह राशि:

आज का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। कंस्ट्रक्शन का काम करने वालों को आज बड़ा ऑफर मिलने वाला है। आज आप भौतिक सामान की खरीदारी करने जा सकते है। शादीशुदा रिश्तों में सुधार होगा , जिससे मन प्रसन्न रहेगा। आज बच्चे किसी बात को लेकर जिद कर सकते है , आप उनको प्यार से समझाएं। लवमेट के लिए आज अच्छा दिन है , आज आप लोग खूब इंजॉय करेंगें। राजनीति में कार्य करने वाले व्यक्तियों को आज अच्छी खबर मिलेगी। नौकरी में कार्यरत व्यक्तियों का नौकरी में स्थान परिवर्तन की संभावना बन रही है। आज आपका स्वास्थ्य ठीक रहेगा, जिससे आपको बेहतर महसूस होगा।

शुभ रंग- काला

शुभ अंक- 04

कन्या राशि:

आज का दिन आपके लिए लाभप्रद रहेगा। रोजगार की तलाश कर रहे व्यक्तियों के लिए आज नए मार्ग प्रशस्त होंगें , जिससे उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी। कर्ज में डूबे हुए व्यक्तियों को आज कर्ज से राहत मिलने वाली है। आज आप किसी धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन कर सकते है। आज आपको काम के सिलसिले में किसी दूसरे शहर की यात्रा करनी पड़ सकती है। आज आप अपनी दिनचर्या से जुड़े सारे काम समय रहते पूरा करेंगे। वैवाहिक जीवन खुशहाल बना रहेगा , बच्चों के साथ पिकनिक मनाने कहीं बाहर जा सकते है। लंबे समय से चल रही किसी समस्या का समाधान होगा।

शुभ रंग- नीला

शुभ अंक- 06

तुला राशि:

आज का दिन आपके लिए उत्तम रहेगा। आज आपको व्यापार में बड़ा धन लाभ होगा, जिससे आपको भौतिक सुख की प्राप्ति होगी। अविवाहित व्यक्तियों को आज, विवाह के लिए अच्छा रिश्ता आएगा, जिन लोगों को अच्छे घर फ़्लैट की तलाश थी, आज उनको बढिय़ा डील मिलेगी। आज आपको किसी रिश्तेदार की घर आने की शुभ सूचना प्राप्त हो सकती है। बच्चे आपके काम में हाथ बटायेंगे, जिससे आपको काम करने में आसानी होगी। आपको अपनी परवरिश पर गर्व महसूस होगा।

शुभ रंग- सफेद

शुभ अंक- 01

वृश्चिक राशि:

आज का दिन आपके लिए बेहतरीन रहने वाला है। आज आप टीवी डिबेट में बहुत अच्छे से परफोर्म करेंगे, विरोधियों को अपने सामने टिकने नहीं देंगे। नौकरी का इंतजार कर रहे व्यक्तियों को, आज अच्छा ऑफर मिलेगा। आज आप ज्यादा से ज्यादा समय पढऩे-लिखने में बिताएंगे। छात्र जीवन से जुडी समस्याओं का समाधान होगा। आज आपको किसी व्यक्ति से धन की प्राप्ति हो सकती है, समाज में आपकी स्थिति मजबूत बनी रहेगी। आज आपको बच्चों के माध्यम से विशेष सूचना मिल सकती है।

शुभ रंग- सुनहरा

शुभ अंक- 08

धनु राशि:

आज का दिन आपके अनुकूल रहेगा। आज आपको बिजनेस में बड़ा आर्डर मिलने की संभावना है। किसी शारीरिक समस्या से आपको निजात मिलेगी, जिससे आपका मन प्रसन्न रहेगा। दाम्पत्य जीवन खुशहाल रहेगा, बच्चों के साथ आज आप डिनर पर जायेंगे। साइबर सुरक्षा से जुड़े व्यक्तियों को आज एक अहम जानकारी मिलेगी। अविवाहित व्यक्तियों को आज किसी अच्छे रिश्ते का प्रस्ताव मिलेगा। वाहन चलाते समय थोडा ध्यान रखें, जिससे आप भी सुरक्षित रहे और लोगो को भी सुरक्षित रखें। स्टूडेंट को आज स्कूल में किसी प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा।

शुभ रंग- सिल्वर

शुभ अंक- 05

मकर राशि:

आज का दिन मिला-जुला रहेगा। व्यापारिक दृष्टि से आज आपको धन लाभ होगा, पारिवारिक माहौल खुशनुमा बना रहेगा। आज आपके बच्चे आपसे अपनी प्रॉब्लम शेयर करेंगें, आपको उनकी बात ध्यान से सुननी चाहिए। सामाजिक कार्यों से जुड़े लोगों को वरिष्ठ व्यक्तियों से सम्मानित होने का अवसर प्राप्त होगा। आज आप फैमली के साथ टूर प्लान कर सकते है , जिससे सब खुश होंगे। स्वास्थ्य संबधी किसी समस्या को लेकर आज आपको थोड़ी उलझन रह सकती है, लेकिन जल्द ही सब ठीक होगा। छात्रों के लिए आज अच्छा दिन है, उनको आज सीनियर का सहयोग प्राप्त होगा।

शुभ रंग- मैजेंटा

शुभ अंक- 09

कुंभ राशि:

आज का दिन आपके लिए शानदार रहेगा। आज आपको बिजनेस में बड़ा धन लाभ होगा, आर्थिक स्थिति और मजबूत होगी। आज आपमें कमाल का आत्मविश्वास देखने को मिलेगा, जिससे लोग आपसे प्रभावित होंगे। कला जगत से जुड़े हुए व्यक्तियों को आज किसी अनुभवी व्यक्ति से सम्मान प्राप्त होगा। दाम्पत्य जीवन खुशहाल रहेगा, बच्चे अच्छे से पढाई करेंगे। आज आप दोस्तों के साथ मिलकर पार्टी करेंगें। लंबे समय से चल रही किसी समस्या से आपको छुटकारा मिलेगा। आज आपका मन आध्यात्म में ज्यादा लगेगा, जिससे आपका मन शांत रहेगा। महिलाएं आज खुद के लिए समय निकालकर कहीं घूमने जा सकती है।

शुभ रंग- गुलाबी

शुभ अंक- 02

मीन राशि:

आज का दिन आपके लिए ठीक-ठाक रहेगा। आज आप अपने बेटे के साथ मिलकर व्यापार को एक नई दिशा प्रदान करेंगे। आज आप किसी सामूहिक समारोह में शामिल हो सकते है। आज आपको मानसिक उलझन से राहत मिलेगी, जिससे आपका काम में मन लगेगा। छात्र आज किसी डिप्लोमा में प्रवेश ले सकते है। आज आप रोजगार में नए अवसरों का सृजन करेंगे, जिससे लोगों को रोजगार मिलेगा। आज आपके घर में किसी मेहमान का आगमन हो सकता है।

शुभ रंग- स्काई ब्लू

शुभ अंक- 03

**************************

 

भारत की नन्हीं योगा क्वीन वान्या शर्मा मलेशिया में लहराएंगी तिरंगा

बनेंगी सबसे कम उम्र की अंतरराष्ट्रीय योग प्रतिनिधि

नई दिल्ली ,06 जुलाई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भारत की सात वर्षीय योग साधिका वान्या शर्मा एक बार फिर देश का नाम रोशन करने के लिए तैयार हैं।

वान्या आगामी 3rd Asia Pacific Yogasana Sports Championship 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी, जो 3 सितम्बर को मलेशिया में आयोजित होने जा रही है। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में वान्या भारत की सबसे कम उम्र की प्रतिनिधि होंगी।

जब साधना में समर्पण हो और संकल्प अडिग, तो उम्र केवल एक संख्या बन जाती है। यही साबित कर दिखाया है दिल्ली की इस नन्हीं योग प्रतिभा वान्या शर्मा ने, जो अब तक 14 विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर चुकी हैं। इनमें प्रमुख हैं —

*3 वर्ष की उम्र में कठिनतम 14 योगासनों का प्रदर्शन (इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स)

* विशेष बच्चों को योग सिखाने वाली सबसे कम उम्र की बालिका (इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स)

* ग्लोबल योगा आइकॉन की उपाधि (यूनिवर्सल बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स)

अब तक वान्या को 100 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है, जिनमें शामिल हैं —

डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम अवार्ड, रतन टाटा मेमोरियल अवार्ड, योग वीर सम्मान, अटल गौरव सम्मान, राष्ट्रीय रत्न सम्मान, ग्लोबल फेम अवार्ड, और शहीद भगत सिंह नोबल अवार्ड।

उनकी अद्वितीय योग यात्रा को सलाम करने वालों की सूची में देश की कई महान हस्तियाँ शामिल हैं — मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता, पद्मश्री कैलाश सत्यार्थी, योगगुरु स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, डॉ. किरण बेदी, अभिनेता सोनू सूद, अमीषा पटेल सहित कई नामचीन हस्तियाँ।

वान्या की इस सफलता के पीछे हैं उनके माता-पिता — योगाचार्य श्री हेमंत शर्मा और श्रीमती हिमानी शर्मा, जिनके मार्गदर्शन, साधना और संस्कारों ने वान्या को यह ऊँचाई दी।

आज वान्या न केवल एक बाल योग साधिका हैं, बल्कि “कल्कि फाउंडेशन” और “Universal Yogasana Sports Federation” की ब्रांड एम्बेसेडर भी हैं।। उनका उद्देश्य केवल योगाभ्यास नहीं, बल्कि योग के प्रचार-प्रसार के लिए वैश्विक मंच पर सक्रिय भूमिका निभाना है।

भारत की यह नन्हीं बेटी अब मलेशिया में तिरंगा लहराने को तैयार है। देश को अपनी इस योगा क्वीन पर गर्व है और करोड़ों भारतीयों की शुभकामनाएं उनके साथ हैं।

****************************

 

स्टार्स नाइट-सीजन 5 में हस्तियों को मिले अवार्ड

कोलकाता 06 Jully (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। महानगर कोलकाता में स्टार्स नाइट-सीजन 5 का जलवा सिर चढ़कर बोला।

स्टार्स नाइट बिजनेस अवार्ड्स में बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्रियां महिमा चौधरी व संगीता बिजलानी ने देश भर से चुने गए हस्तियों को उनके क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए अवार्ड प्रदान किए।

इस दौरान मीडिया शख्सियत जगदीश यादव को भी अवार्ड प्रदान किए गए। उक्त आयोजन हाई होप्स एंटरटेनमेंट द्वारा व बॉलीवुड एक्टर व संस्थान के सीईओ सौरव हरियाणवी के नेतृत्व में हुआ।

सौरव हरियाणवी ने कहा कि, यह मंच लोगों का सिर्फ मनोरंजन के लिए ही नहीं है बरन यह मंच प्रतिभाओं को प्रेरणा प्रदान कर रहा है। ये सिर्फ एक नामचीन शो नहीं है, ये एक प्लेटफार्म भी है, जहां हम टैलेंटेड लोगों को मौका देते हैं।

हम कोशिश करते हैं कि यह खासकर जरूरतमंद बच्चों के लिए यह शो प्रेरणा बने। सच तो यह है कि, हम हर टैलेंट को मौका देते हैं। यह मंच ऐसे लोगों का है, चुनौतियां जिनका शौक भी है।

**************************

 

कांवड़ यात्रा और बदले नाम! इस खेल पर बाबा रामदेव का बड़ा बयान, कहा ये गलत है

हरिद्वार ,06 जुलाई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। अगले हफ्ते से शुरू हो रही कांवड़ यात्रा से पहले ढाबों और होटलों के नाम बदलने के विवाद पर योग गुरु स्वामी रामदेव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।

उन्होंने इस प्रथा को व्यावहारिक और धार्मिक रूप से गलत बताते हुए कहा कि सभी मुसलमानों के पूर्वज भी हिंदू हैं, इसलिए उन्हें नाम बदलने की कोई जरूरत नहीं है।

बाबा रामदेव ने रविवार को मीडिया से बात करते हुए कहा, जैसे रामदेव को हिंदू होने पर गर्व है, वैसे ही मुस्लिम समुदाय के लोगों को अपने मुस्लिम होने पर गर्व होना चाहिए। सभी मुसलमानों के पूर्वज हिंदू ही हैं।

इसलिए नाम छिपाने में कुछ नहीं रखा है। नाम बताना चाहिए, अगर किसी की मर्जी होगी तो वो खाना खाने आएगा, इसलिए नाम छिपाना न मजहब की दृष्टि से उचित है, न धार्मिक स्थिति और न व्यवहारिक दृष्टि से उचित है।

उन्होंने कहा कि सबको अपने-अपने मातृवंश और मजहब पर गौरव होना चाहिए। मुस्लिम भाइयों को किसी तरह से भी अपना मजहब नहीं छिपाना चाहिए।

योग गुरु रामदेव बाबा ने कांवड़ यात्रियों से भी अपील की है। उन्होंने कहा, कांवड़ लेकर चलने वाले लोग भगवान शिव के सच्चे भक्त हैं। भगवान शिव पवित्रता के प्रतीक हैं और सनातन धर्म के सबसे बड़े देवताओं में से एक ‘आदि योगी’ हैं।

इसलिए शिव भक्तों को संयम और धैर्य का परिचय देना चाहिए। अगर किसी को बीड़ी-सिगरेट, शराब पीने या भांग जैसे नशीले पदार्थों का सेवन करने की लत है तो उन्हें इस बार कांवड़ लेकर चलते समय भगवान भोलेनाथ को अपनी सारी बुराइयां अर्पित करनी चाहिए। उन्हें व्यसन मुक्त जीवन जीने का संकल्प लेना चाहिए।

‘भाषा विवाद’ पर योग गुरु ने कहा, भाषा और अलग-अलग जाति के आधार पर हम हिंदू लड़ते हैं तो उससे हिंदू एकता, राष्ट्रीय एकता और अखंडता पर आंच आती है। इसलिए हम सबको भारतवासी होकर एकजुट रहना चाहिए। हमारी एकता में ही राष्ट्रीय एकता और अखंडता अक्षुण्य रहेगी।

उन्होंने आगे कहा, हिंदुत्व का जो मूल दर्शन है, हमें उसे ही समझना है। हम सब एक ही ईश्वर की संतान हैं। भाषाएं अलग हो सकती हैं, रीति-रिवाज भिन्न हो सकते हैं और जाति-वर्ग अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन अभेद दृष्टि को ही हमने जीया है और यही हिंदुत्व है। वेद भी यही कहते हैं।

****************************

 

बिहार के डीजीपी विनय कुमार का दावा, गोपाल खेमका की हत्या के पीछे का सच जल्द आएगा सामने

पटना 06 Jully (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार देर रात हुए व्यवसायी गोपाल खेमका हत्याकांड मामले में बिहार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार ने रविवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से खास बातचीत में दावा किया कि अगले एक-दो दिनों में इस हत्याकांड की पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी।

डीजीपी विनय कुमार ने बताया कि पटना और वैशाली जिलों में रात भर पुलिस की कई टीमें अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी करती रहीं। इस दौरान दर्जन भर से ज्यादा संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे फिलहाल पूछताछ जारी है। गोपाल खेमका पर गोली चलाने वाले हमलावर को घटना घटनास्थल के अलावा शहर के अन्य हिस्सों में लगे सीसीटीवी में भी ट्रैक किया गया है। हमलावर की मोटरसाइकिल की पहचान कर ली गई है, लेकिन हेलमेट पहनने के कारण उसके चेहरे की स्पष्ट पहचान नहीं हो पाई है। विनय कुमार ने आश्वस्त किया कि एक-दो दिनों में इस हत्याकांड की पूरी कहानी सामने आ जाएगी।

शनिवार को उन्होंने कहा, “यह बेहद दुखद घटना है। मामले की जांच के लिए एसटीएफ की पूरी टीम को लगाया गया है और हमें उम्मीद है कि जल्द ही मामले का खुलासा हो जाएगा। इससे पहले 2018 में हाजीपुर औद्योगिक थाना क्षेत्र में उनके बेटे की भी हत्या कर दी गई थी और उस मामले का भी सफलतापूर्वक खुलासा किया गया था। एक साल के अंदर चार आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई थी। मौजूदा मामले में भी हत्या के पीछे संभावित मकसद को जानने की कोशिश की जा रही है।”

बता दें कि शुक्रवार देर रात अपराधियों ने जाने-माने उद्योगपति गोपाल खेमका की हत्या कर दी। वारदात गांधी मैदान थाना क्षेत्र में रामगुलाम चौक के पास हुई। इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) बनाई है। इस घटना से व्यवसायी गुस्से में हैं।

मृतक के भाई शंकर खेमका ने  अपने भाई गोपाल खेमका की किसी से भी दुश्मनी होने से साफ इनकार किया। उन्होंने कहा, “हमें नहीं लगता कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी थी। वह हर रोज सुबह 10 बजे अपने ऑफिस जाते थे और नियमित रूप से अपने काम में व्यस्त रहते थे।”

*******************************

 

मुजफ्फरनगर में खुला ‘प्रधानमंत्री चाय वाला रेस्टोरेंट

चर्चा में आया नाम और यहां की सफाई व्यवस्था

मुजफ्फरनगर 06 Jully (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर में इन दिनों होटल और ढाबों पर नामकरण को लेकर खूब चर्चा हो रही है। जहां एक ओर ‘पंडित जी वैष्णो ढाबा’ जैसे नाम सुर्खियों में हैं, वहीं दूसरी ओर दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर स्थित गांव बढ़ेंडी में एक अनोखा रेस्टोरेंट चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसका नाम ‘प्रधानमंत्री चाय वाला’ है।

इस रेस्टोरेंट के मालिक अभिषेक पंवार हैं, जो मूल रूप से राजस्थान के जयपुर से हैं। रेस्टोरेंट के मालिक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रेरित होकर अपने रेस्टोरेंट का नाम ‘प्रधानमंत्री चाय वाला’ रखा है। ‘प्रधानमंत्री चाय वाला’ देखने में अन्य रेस्टोरेंट और ढाबों जैसा ही है, लेकिन अनोखे नाम और यहां की सफाई व्यवस्था के कारण इसकी खूब चर्चा हो रही है।

अभिषेक पंवार सभी सरकारी नियमों और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए इस रेस्टोरेंट को चला रहे हैं। रेस्टोरेंट में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, यहां तक कि रसोई में भी कैमरे हैं और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया है। इसके साथ ही ‘आई लव मुजफ्फरनगर’ के नाम से सेल्फी प्वाइंट बनाया गया है, जो युवाओं को खासा आकर्षित कर रहा है।

रेस्टोरेंट के मालिक ने कहा कि वह बचपन से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े रहे हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विचारधारा से प्रभावित हैं। इसी प्रेरणा से उन्होंने अपने रेस्टोरेंट का नाम ‘प्रधानमंत्री चाय वाला’ रखा। उन्होंने कहा, “बच्चों ने इस नाम का सुझाव दिया था। उसके बाद पिछले एक साल से इसी नाम से रेस्टोरेंट चला रहे हैं।”

अभिषेक पंवार पहले चंडीगढ़ में कपड़ों का शोरूम चलाते थे, लेकिन व्यापार में घाटा होने के बाद उन्होंने रेस्टोरेंट व्यवसाय की ओर रुख किया। उन्होंने पहली बार अयोध्या में ‘प्रधानमंत्री चाय वाला’ नाम से रेस्टोरेंट शुरू किया था, लेकिन राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण के चलते वह बंद हो गया। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अब लगभग दो महीने पहले मुजफ्फरनगर में दोबारा इसी नाम से रेस्टोरेंट की शुरुआत की है।

अभिषेक पंवार का परिवार पिछले 30 साल से फूड चेन के व्यवसाय से जुड़ा रहा है। उनके दादाजी भी इसी पेशे में थे और इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अभिषेक ने अपने पारिवारिक व्यवसाय में ही नई शुरुआत की है। आज वे अपने ‘प्रधानमंत्री चाय वाला’ रेस्टोरेंट के साथ न सिर्फ संतुष्ट हैं, बल्कि गर्व से इसे एक मिशन के रूप में आगे बढ़ा रहे हैं।

*******************************

 

अमरनाथ यात्रा: अब तक 21,000 से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए बाबा बर्फानी के दर्शन

श्रीनगर 06 Jully (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पिछले तीन दिनों में करीब 48,000 श्रद्धालुओं ने अमरनाथ यात्रा की। रविवार को 7,208 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था जम्मू से कश्मीर के लिए रवाना हुआ।

अधिकारियों ने बताया कि 21,000 से अधिक यात्रियों ने पवित्र गुफा मंदिर के दर्शन किए। उन्होंने बताया कि रविवार को 7,208 यात्रियों का एक और जत्था दो सुरक्षा काफिलों में जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से घाटी के लिए रवाना हुआ।

उन्होंने कहा, “पहला सुरक्षा काफिला तीर्थयात्रियों को उत्तरी कश्मीर के बालटाल बेस कैंप ले जा रहा है, जबकि दूसरा सुरक्षा काफिला यात्रियों को दक्षिण कश्मीर के नुनवान (पहलगाम) बेस कैंप ले जा रहा है।”

वार्षिक तीर्थयात्रा के मामलों का प्रबंधन करने वाले श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) के अधिकारियों ने बताया कि जम्मू के ‘भगवती नगर यात्री निवास’ आने वाले यात्रियों के अलावा, कई यात्री मौके पर पंजीकरण के लिए सीधे बालटाल और नुनवान (पहलगाम) बेस कैंप में रिपोर्ट कर रहे हैं।

शनिवार को जम्मू संभाग के रामबन जिले के चंद्रकोट में घाटी जाने वाले यात्री काफिले में पांच वाहनों के आपस में टकरा जाने से 36 यात्री मामूली रूप से घायल हो गए।

अधिकारियों ने इस वर्ष की अमरनाथ यात्रा को बहु-स्तरीय सुरक्षा प्रदान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के बाद ये पहली अमरनाथ यात्रा है। पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने पहलगाम की बैसरन घाटी में 26 मासूम लोगों की हत्या कर दी थी।

सेना, बीएसएफ, सीआरपीएफ, एसएसबी और स्थानीय पुलिस की मौजूदा ताकत को बढ़ाने के लिए सीएपीएफ की अतिरिक्त 180 कंपनियों को तैनात किया गया है।

दो बेस कैंपों के रास्ते में सभी ट्रांजिट कैंपों और जम्मू में ‘भगवती नगर यात्री निवास’ से गुफा मंदिर तक के पूरे मार्ग पर सुरक्षा बलों की पैनी नजर है। स्थानीय लोगों ने भी इस वर्ष की अमरनाथ यात्रा में पूरा सहयोग दिया है, जैसा कि उन्होंने पहले भी किया है।

पहलगाम आतंकी हमले से कश्मीरियों को गहरा सदमा पहुंचाने का एक शक्तिशाली संकेत देने के लिए, स्थानीय लोगों ने यात्रियों के पहले जत्थे का माला और तख्तियों के साथ स्वागत किया, जब तीर्थयात्री काजीगुंड में घाटी में प्रवेश करने के लिए नवयुग सुरंग को पार कर रहे थे।

3 जुलाई को शुरू हुई यात्रा 38 दिनों के बाद 9 अगस्त को समाप्त होगी।

यात्री कश्मीर हिमालय में समुद्र तल से 3888 मीटर ऊपर स्थित पवित्र गुफा मंदिर तक या तो पारंपरिक पहलगाम मार्ग से या छोटे बालटाल मार्ग से पहुंचते हैं।

पहलगाम मार्ग का उपयोग करने वालों को गुफा मंदिर तक पहुंचने के लिए चंदनवारी, शेषनाग और पंचतरणी से गुजरना पड़ता है, जो पैदल 46 किमी की दूरी तय करता है। इस यात्रा में तीर्थयात्री को गुफा मंदिर तक पहुंचने में चार दिन लगते हैं।

छोटे बालटाल मार्ग का उपयोग करने वालों को गुफा मंदिर तक पहुंचने के लिए 14 किमी की पैदल यात्रा करनी पड़ती है और यात्रा करने के बाद उसी दिन बेस कैंप वापस लौटना पड़ता है। सुरक्षा कारणों से, इस वर्ष यात्रियों के लिए कोई हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध नहीं है।

गुफा मंदिर में एक बर्फ की संरचना है जो चंद्रमा के चरणों के साथ घटती-बढ़ती रहती है। भक्तों का मानना ​​है कि बर्फ की संरचना भगवान शिव की पौराणिक शक्तियों का प्रतीक है।

अमरनाथ यात्रा भक्तों के लिए सबसे पवित्र धार्मिक तीर्थयात्राओं में से एक है, क्योंकि किंवदंती है कि भगवान शिव ने इस गुफा के अंदर माता पार्वती को शाश्वत जीवन और अमरता के रहस्य बताए थे।

जब भगवान शिव शाश्वत रहस्य बता रहे थे, तब गलती से दो कबूतर गुफा के अंदर आ गए। कहते हैं, आज भी, वार्षिक यात्रा शुरू होने पर पहाड़ी कबूतरों का एक जोड़ा गुफा मंदिर से बाहर निकलता है।

******************************

 

गोपाल खेमका हत्याकांड पर भड़के राहुल गांधी, बोले- बिहार को क्राइम कैपिटल बना दिया

अब बदलाव जरूरी

नई दिल्ली  06 Jully (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा और प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा। गोपाल खेमका हत्याकांड को आधार बनाकर राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा और नीतीश कुमार ने मिलकर बिहार को ‘भारत की क्राइम कैपिटल’ बना दिया है।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पोस्ट में कहा, “पटना में व्यवसायी गोपाल खेमका की सरेआम गोली मारकर हत्या ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भाजपा और नीतीश कुमार ने मिलकर बिहार को ‘भारत की क्राइम कैपिटल’ बना दिया है। आज बिहार लूट, गोली और हत्या के साए में जी रहा है। अपराध यहां ‘नया नॉर्मल’ बन चुका है- और सरकार पूरी तरह नाकाम।”

उन्होंने आगे लिखा, “बिहार के भाइयों और बहनों, यह अन्याय अब और नहीं सहा जा सकता। जो सरकार आपके बच्चों की सुरक्षा नहीं कर सकती, वह आपके भविष्य की जिम्मेदारी भी नहीं ले सकती।

हर हत्या, हर लूट, हर गोली – एक चीख है बदलाव की। अब वक्त है एक नए बिहार का – जहां डर नहीं, तरक्की हो। इस बार वोट सिर्फ सरकार बदलने का नहीं, बिहार को बचाने का है।”

बता दें कि शुक्रवार देर रात अपराधियों ने जाने-माने उद्योगपति गोपाल खेमका की हत्या कर दी। वारदात गांधी मैदान थाना क्षेत्र में रामगुलाम चौक के पास हुई। इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) बनाई है। इस घटना से व्यवसायी गुस्से में हैं।

बिहार के डीजीपी विनय कुमार ने रविवार को दावा किया कि अगले एक-दो दिनों में इस हत्याकांड की पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी। उन्होंने बताया कि पटना और वैशाली जिलों में रात भर पुलिस की कई टीमें अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी करती रहीं।

इस दौरान दर्जन भर से ज्यादा संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे फिलहाल पूछताछ जारी है। गोपाल खेमका पर गोली चलाने वाले हमलावर को घटनास्थल के अलावा शहर के अन्य हिस्सों में लगे सीसीटीवी में भी ट्रैक किया गया है। हमलावर की मोटरसाइकिल की पहचान कर ली गई है, लेकिन हेलमेट पहनने के कारण उसके चेहरे की स्पष्ट पहचान नहीं हो पाई है।

*****************************

 

 

कैप्टन विक्रम बत्रा: कारगिल का शेर, जिसने देश के लिए जान न्यौछावर कर दी

नई दिल्ली 06 Jully (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : कैप्टन विक्रम बत्रा, एक ऐसा नाम है जो शौर्य, बलिदान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। कारगिल युद्ध के दौरान दुर्गम चोटियों पर विजय पाने वाले इस जांबाज योद्धा ने न सिर्फ दुश्मनों को धूल चटाई, बल्कि अपने अदम्य साहस और नेतृत्व से देश के करोड़ों दिलों को छू लिया।

हिमाचल की वादियों से उठकर तिरंगे की शान के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले ‘शेरशाह’ ने साबित कर दिया कि वतन से बढ़कर कुछ नहीं। 7 जुलाई को उन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी और इतिहास में अमर हो गए।

कैप्टन विक्रम बत्रा का जन्म 9 सितंबर 1974 को हिमाचल प्रदेश के पालमपुर के पास स्थित घुग्गर गांव में एक पंजाबी-खत्री परिवार में हुआ था। उनके पिता जीएल बत्रा एक स्कूल प्रिंसिपल और माता जय कमल बत्रा एक शिक्षिका थीं।

बत्रा 1996 में मानेकशॉ बटालियन की जेसोर कंपनी में देहरादून में इंडियन मिलिट्री अकादमी में शामिल हुए। प्रशिक्षण के बाद उन्हें जम्मू-कश्मीर के सोपोर में 13 जम्मू-कश्मीर राइफल्स के लेफ्टिनेंट के रूप में भारतीय सेना में कमीशन दिया गया। बाद में वह कैप्टन के पद तक पहुंचे।

साल 1999 में जब कारगिल युद्ध छिड़ा, उस समय विक्रम बत्रा भारतीय सेना की 13 जम्मू-कश्मीर राइफल्स में तैनात थे। पॉइंट 5140 पर विजय के बाद 13 जम्मू-कश्मीर राइफल्स को अगला लक्ष्य पॉइंट 4875 को कब्जे में लेना था। 5140 पॉइंट पर जब कब्जा हुआ, कैप्टन बत्रा ने रेडियो पर एक मैसेज भेजा था, “यह दिल मांगे मोर।” इस मैसेज में आगे की पूरी रणनीति छिपी थी। यहां से अगले टारगेट पॉइंट 4875 के लिए ऑपरेशन शुरू हुआ।

कैप्टन विक्रम बत्रा और उनकी कंपनी को दुर्गम इलाके में दुश्मन की मजबूत चौकियों को साफ कर पॉइंट 4875 तक पहुंचने का काम सौंपा गया। विक्रम बत्रा ने अद्भुत साहस, रणनीति और नेतृत्व का परिचय देते हुए जिम्मेदारी को स्वीकार किया।

कैप्टन विक्रम बत्रा ने आमने-सामने की मुठभेड़ में 5 दुश्मन सैनिकों को बेहद नजदीक से मार गिराया, जबकि वो खुद पहले से घायल थे। उन्होंने अगले दुश्मन ठिकाने की ओर बढ़ते हुए हैंड ग्रेनेड फेंके और वहां से भी दुश्मनों को खदेड़ दिया।

मुश्किल हालातों में भारतीय फौज ने पॉइंट 4875 पर झंडा फहरा दिया। हालांकि इस ऑपरेशन में विक्रम बत्रा शहीद हो गए।

इन सभी अभियानों में कैप्टन विक्रम बत्रा का अदम्य साहस, नेतृत्व और बलिदान अमिट छाप छोड़ गया। मरणोपरांत भारत सरकार ने कैप्टन विक्रम बत्रा को भारत के सर्वोच्च सैन्य सम्मान ‘परमवीर चक्र’ से सम्मानित किया। उनकी याद में पॉइंट 4875 को भी बत्रा टॉप नाम दिया गया।

*****************************

 

 

PM मोदी ने दलाई लामा को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं, बताया- प्रेम और करुणा के प्रतीक

नई दिल्ली 06 Jully (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दलाई लामा को उनके 90वें जन्मदिन पर बधाई दी और उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु की प्रार्थना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “मैं 1.4 अरब भारतीयों के साथ परम पावन दलाई लामा को उनके 90वें जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित करता हूं। वह प्रेम, करुणा, धैर्य और नैतिक अनुशासन के स्थायी प्रतीक रहे हैं। उनका संदेश सभी धर्मों में सम्मान और प्रशंसा की प्रेरणा रहा है। हम उनकी अच्छी सेहत और लंबी उम्र की प्रार्थना करते हैं।”

प्रधानमंत्री मोदी इस वक्त ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में हैं, जहां वे 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने और राजकीय यात्रा पर हैं।

यह शुभकामनाएं उस समय आई हैं जब दलाई लामा के उत्तराधिकारी को लेकर विवाद चल रहा है। चीन ने भारत से कहा है कि वह इस मामले में ‘सावधानी’ बरते। चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा कि भारत को अपने शब्दों और कार्यों में सावधानी रखनी चाहिए और चीन के अंदरूनी मामलों, खासकर तिब्बत से जुड़े मुद्दों में दखल नहीं देना चाहिए।

हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में रहने वाले दलाई लामा को बीजिंग एक अलगाववादी मानता है। चीन को दलाई लामा का अंतरराष्ट्रीय नेताओं से मिलना या किसी सरकारी कार्यक्रम में जाना पसंद नहीं है।

साल 2021 में, प्रधानमंत्री मोदी ने दलाई लामा को उनके 86वें जन्मदिन पर सार्वजनिक रूप से शुभकामनाएं देकर एक बड़ा बदलाव किया। इससे पहले की सरकारें आम तौर पर दलाई लामा से दूरी बनाए रखती थीं ताकि चीन नाराज न हो। लेकिन 2021 में प्रधानमंत्री मोदी ने खुले तौर पर उन्हें शुभकामनाएं देकर इस पुराने रवैये से साफ तौर पर अलग रास्ता अपनाया, जो भारत की रणनीति में एक अहम बदलाव था।

14वें दलाई लामा को अमेरिकी विदेश मंत्री ने ‘बेजुबानों की आवाज’ कहते हुए बधाई दी। अपने 90वें जन्मदिन से पहले, नोबेल शांति पुरस्कार विजेता ने कहा था, ‘दलाई लामा की प्रथा भविष्य में जारी रहेगी। मेरे मरने के बाद उत्तराधिकारी का चयन तिब्बती बौद्ध परंपराओं के अनुसार होगा।’

*************************

 

श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती, प्रधानमंत्री मोदी ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली 06 Jully (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी को उनकी जन्म-जयंती पर श्रद्धांजलि दी है। 6 जुलाई 1901 को जन्मे श्यामा प्रसाद मुखर्जी एक प्रमुख राष्ट्रवादी नेता और आजादी के बाद भारत की राजनीति के एक प्रमुख व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते हैं। भारत की एकता और अखंडता की दिशा में श्यामा प्रसाद मुखर्जी का विजन करोड़ों लोगों को प्रेरित करता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “राष्ट्र के अमर सपूत श्यामा प्रसाद मुखर्जी को उनकी जन्म-जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि। देश की आन-बान और शान की रक्षा के लिए उन्होंने अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनके आदर्श और सिद्धांत विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में बहुमूल्य हैं।”

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जन्म-जयंती पर उन्हें नमन किया। जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, “अपने प्रखर राष्ट्रवादी विचारों और कामों से मां भारती को गौरवान्वित करने वाले महान विचारक, करोड़ों कार्यकर्ताओं के प्रेरणापुंज, विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन भारतीय जनता पार्टी के आधार स्तंभ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जन्म-जयंती पर उन्हें भावपूर्ण नमन करता हूं।”

जेपी नड्डा ने आगे लिखा, “जम्मू-कश्मीर से दो विधान, दो निशान और दो प्रधान समाप्त करने के लिए श्रद्धेय श्यामा प्रसाद मुखर्जी अपने जीवन के अंतिम क्षणों तक संघर्षरत रहे। कश्मीर से धारा-370 हटाकर उनके स्वप्न को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने साकार किया है। मां भारती की एकता, अखंडता और सम्मान के लिए दिया गया आपका अमर बलिदान अनंतकाल तक देशवासियों को राष्ट्रसेवा और समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा।”

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, श्यामा प्रसाद मुखर्जी जम्मू-कश्मीर को भारत का पूर्ण और अभिन्न अंग बनाना चाहते थे। संसद में अपने भाषण में उन्होंने धारा-370 को खत्म करने की भी जोरदार वकालत की थी। उन्होंने कश्मीर को लेकर एक नारा दिया था, “नहीं चलेगा एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान।”

अनुच्छेद 370 के कारण जम्मू-कश्मीर राज्य पर भारतीय संविधान की अधिकतर धाराएं लागू नहीं होती थीं। एक प्रावधान था कि किसी भी भारतीय नागरिक को जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करने के लिए विशेष परमिट लेना पड़ता था। श्यामा प्रसाद मुखर्जी इसके सख्त खिलाफ थे।

अगस्त 1952 में जम्मू कश्मीर की विशाल रैली में उन्होंने अपना संकल्प व्यक्त किया था कि “या तो मैं आपको भारतीय संविधान प्राप्त कराऊंगा या फिर इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए अपना जीवन बलिदान कर दूंगा।”

श्यामा प्रसाद मुखर्जी अपने संकल्प को पूरा करने के लिए 1953 में बिना परमिट लिए जम्मू-कश्मीर की यात्रा पर निकल पड़े थे। वहां पहुंचते ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। 23 जून 1953 को जेल में रहस्यमय परिस्थितियों में उनका निधन हो गया था।

*******************************

आज का राशिफल

मेष राशि:

आज का दिन आपके लिए उत्तम रहेगा। आज आपको ऑफिस में किसी बड़े प्रोजेक्ट पर काम करने का अवसर मिलेगा, जिससे आपको बढिय़ा लाभ होगा। महिलाएं आज छोटे – मोटे बिजनेस की शुरुआत कर सकती है, जिससे वो आत्मनिर्भर बनेगी। आज इलेक्ट्रॉनिक का बिजनेस करने वालों को बड़ा फायदा होगा, जिससे वो अपने बिजनेस को और बड़ा बनाने का प्रयास करेंगें। आज आपको कोर्ट कचहरी के मामलों से बड़ी राहत मिलने की संभावना है, जिससे आप अपने काम पर फोकस कर पाएंगें। रिश्तों में चल रही अनबन में सुधार होगा , आपके रिश्ते में नयापन आएगा। छात्रों को पढऩे के लिए बाहर जाने का अवसर प्राप्त होगा , आपके माता – पिता को आपके ऊपर गर्व महसूस होगा। आज आप अपनी दैनिक दिनचर्या से निवृत्त होकर अन्य कार्यों को भी करने का प्रयास करेंगें।

शुभ रंग- पीला

शुभ अंक- 05

वृष राशि:

आज का दिन आपके लिए खास रहने वाला है। आज आप टीवी डिबेट में शामिल होंगें और अपने विरोधियों को हराने की पूरी कोशिश करेंगें। संगीत से जुड़े हुए लोगो को म्यूजिक इंडस्ट्री में परफोर्म करने का अच्छा अवसर मिलेगा, उनके सपने पूरे होंगें। आज आपको सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने का सौभाग्य प्राप्त होगा, जन्हा आपकी मुलाकात बड़े लोगों से होगी। आज व्यापार में बच्चे आपका साथ देंगें , जिससे आपका काम आसान हो जायेगा और आपको अच्छा लगेगा। नौकरी में कार्यरत व्यक्तियों के लिए आज का दिन थोड़ा हेक्टिक हो सकता है, क्योंकि नौकरी में स्थान परिवर्तन की संभावना बनती दिख रही है। आज आप फैमली के साथ पिकनिक मनाने कही बाहर जा सकते है , सब लोग बहुत इंजॉय करेंगें।

शुभ रंग- लाल

शुभ अंक- 09

मिथुन राशि:

आज का दिन आपके लिए मिला – जुला रहेगा। व्यापारिक दृष्टिकोण से आज आपको बढिय़ा धन लाभ होगा, किसी पुराने क्लाइंट से आपके रिश्ते खऱाब हो सकते है। आज आप जीवनसाथी के साथ शॉपिंग करने मार्केट जायेंगें, लेकिन आप अपने बजट का भी थोड़ा ध्यान रखें। लंबे समय से चल रही किसी समस्या का समाधान होगा। आज आपके लिए रोजगार में नये मार्ग प्रशस्त होंगें , जिससे आर्थिक समस्या का समाधान होगा। आज आप अपने स्वाथ्य का ध्यान रखे , सयंमित भोजन करें सब ठीक होगा। अविवाहित व्यक्तियों के लिए आज अच्छा दिन है, आज आपके लिए अच्छा रिश्ता आएगा परिवार में रौनक बनी रहेगी। आज आप भाई – बहनों के साथ खूब इंजॉय करेंगें, घर के बड़ो की बातों को भी मानेगें।

शुभ रंग- हरा

शुभ अंक- 06

कर्क राशि:

आज का दिन आपके अनुकूल रहेगा। आज आपको व्यापार में धन लाभ होगा, लेकिन खर्च की अधिकता रहेगी थोडा ध्यान रखें। आज आप घर के काम में व्यस्त रहेंगे, जिसके बाद आपको थकान हो सकती है। लवमेट के लिए आज का दिन ख़ुशी देने वाला है, आज आप लोग कहीं घूमने जा सकते है। आज आपके घर में किसी मेहमान का आगमन हो सकता है, सब लोग खूब इंजॉय करेंगें। महिलाएं आज घर को सजाने – संवारने का काम करेंगी और अपनी सहेलियों के साथ किट्टी पार्टी करेंगी। छात्रों को आज किसी अच्छे स्कूल कॉलेज में प्रवेश मिलेगा, जिससे उनकी पढाई बेहतर ढंग से हो पायेगी। आज आप अपने काम को लेकर थोड़े सजग रहेंगें, जिससे आपके काम को तीव्र गति प्रदान होगी।

शुभ रंग- सफेद

शुभ अंक- 04

सिंह राशि:

आज का दिन आपके लिए बेहतरीन रहने वाला है। आज आपको राजनीति में आगे बढऩे के लिए किसी विशेष व्यक्ति का सहयोग प्राप्त होगा। आज आपकी हेल्थ ठीक रहेगी, जिससे आज दिनचर्या से जुड़े सारे काम आप खुद करेंगें। आपके जिद्दी स्वभाव के कारण कुछ काम बनने से रुक सकते है, इसलिए आप थोड़ा ध्यान रखें। आज आपकी मुलाकात पुराने मित्रों से होगी, कुछ पुरानी यादें तरोताजा होगीं। आप लंबे समय से किसी समस्या से परेशान चल रहे थे, आज उसका समाधान होगा। आज आप जीवनसाथी के साथ गहनों की खरीददारी करने जा सकते है। छात्रों को आज किसी प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा, जिससे उनकी प्रतिभा और अच्छे से निखर कर आएगी।

शुभ रंग- नीला

शुभ अंक- 01

कन्या राशि:

आज का दिन आपके लिए शानदार रहेगा। आज आपको व्यापार में बड़ा धन लाभ होगा, जिससे आप अपने बिजनेस को और बड़ा बनायेंगे। आज महिलाओं को थोडा आराम मिलेगा, घर के काम में बच्चे आपका हाथ बटायेंगे। जीवनसाथी के साथ आज आप किसी काम की शुरुआत कर सकते है। आज आप घर पर धार्मिक प्रोग्राम करवा सकते है , घर का वातावरण शुद्ध होगा। आज आप दोस्तों के साथ मिलकर पार्टी करेंगे। आज आपके पड़ोसी के साथ रिश्तों में सुधार होगा , जिससे दोनों परिवारों के बीच आना – जाना होगा। इस राशि के लोग आज कुछ समय खुद के साथ बितायेंगें, कुछ नए विचार आपके दिमाग में आ सकते है।

शुभ रंग- ओरेंज

शुभ अंक- 02

तुला राशि:

आज का दिन आपके लिए लाभ देने वाला होगा। रोजगार में आपको तरक्की के अवसर प्राप्त होंगे, आप उनका लाभ अवश्य उठाएंगे। आज आप ऑफिस में अपने सहकर्मी के साथ गरिमापूर्ण व्यवहार करे। आज अविवाहित व्यक्तियों को एक अच्छे रिश्ते का ऑफर मिलेगा। प्राइवेट ऑफिस में नौकरी करने वालों को आज उन्नति के अवसर प्राप्त होंगें। आज आपका स्वास्थ्य ठीक रहेगा, जिससे आप काम को फटाफट करेंगें। आज बच्चे घर में खूब उछल कूद मंचायेंगे, जिससे आप थोडा इरेटेट हो सकते है। आज आपको किसी व्यक्ति से लाभ होगा, जिससे मन प्रसन्न बना रहेगा। आज आपके रुके हुए कार्यों को गति मिलेगी।

शुभ रंग- इंडिगो

शुभ अंक- 07

वृश्चिक राशि:

आज का दिन आपके लिए मिला – जुला रहेगा। आज आप किसी स्टार्टअप को शुरु करने का मन बना सकते है, जिसमें आपको अच्छा लाभ होगा। आज आपकी किसी उलझन का समाधान होगा, दिमाग शांत रहेगा। आज आपके शारीरिक कष्टों का निवारण होगा, जिससे आप खुद को बेहतर महसूस करेंगें। आज आप पेरेंट्स के साथ अच्छा समय बिताएंगे, जिससे माता – पिता को ख़ुशी मिलेगी। स्टूडेंट आज किसी नए कोर्स को करने का मन बनायेंगे, जिसमें उनको अच्छी सफलता मिलेगी। आज आप जीवनसाथी के साथ डिनर पर जायेंगें, जिससे आपके रिश्ते में मधुरता आएगी। सामाजिक जीवन में आप बहुत अच्छे प्रयास करेंगें, जिसके आपको सुखद परिणाम देखने को मिलेंगे।

शुभ रंग- नीला

शुभ अंक- 05

धनु राशि:

आज का दिन आपके लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। आज आप किसी शुभ काम की शुरुआत कर सकते है, जिससे आपके घर में धन – धान्य की बढ़ोत्तरी होगी। आज आपको व्यापारिक दृष्टी से बढिय़ा लाभ होगा। आज आप नए रोजगार की शुरुआत कर सकते है , जीवनसाथी का पूरा सहयोग प्राप्त होगा। लवमेट आज एक दूसरे की खुशियों का पूरा ध्यान रखेंगे , जिससे आपका रिश्ता और मजबूत होगा। महिलाएं आज किसी मेहमान के आने की ख़ुशी में अच्छे – अच्छे व्यंजन बनाएंगी। बच्चे आज मन लगाकर पढ़ाई करेंगे, जिससे घर का माहौल सुखद बना रहेगा। आज आपके माता – पिता की हेल्थ भी ठीक रहेगी।

शुभ रंग- पीच

शुभ अंक 04

मकर राशि:

आज का दिन आपके अनुकूल रहेगा। आज आप अपने दिन की शुरुआत एक नयी उर्जा के साथ करेंगें , जो पूरा दिन आपको एक्टिव रखेगी। आज आपको किसी व्यक्ति से धन लाभ होगा। आज आप दोस्तों के साथ जमकर पार्टी करेंगें, जिससे आपको ख़ुशी मिलेगी। लंबे समय से चल रही किसी समस्या से आज आपको छुटकारा मिलेगा। अविवाहित व्यक्तियों को आज किसी अच्छे रिश्ते का प्रस्ताव मिल सकता है। छात्रों के लिए आज का दिन अच्छा है, आज किसी प्रतियोगी परीक्षा का परिणाम उनके फेवर में आएगा। शादीशुदा रिश्तों में आज सामजस्य देखने को मिलेगा और बच्चों का भी सहयोग बना रहेगा।

शुभ रंग- पिंक

शुभ अंक- 07

कुंभ राशि:

आज का दिन आपके लिए उत्तम रहेगा। सोने – चांदी का बिजनेस करने वालों को आज बड़ा धन लाभ होगा। आज आप किसी सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल हो सकते है , जंहा आपको मान – सम्मान की प्राप्ति होगी। आज आपकी मुलाकात किसी राजनितिक व्यक्ति से होगी , जिससे आने वाले समय में आप भी राजनीति से जुड़ सकते है। जो लोग आज प्रॉपर्टी में इन्वेस्ट करना चाहतें है, वो किसी जानकर की सलाह ले लें। जीवनसाथी के साथ रिश्तों में सुधार आएगा , जिससे मन में प्रसन्नता आएगी। आज आप परिवार के साथ कहीं घूमने जाने का प्लान बना सकते है, आपके परिवार में खुशियां बनी रहेगीं।

शुभ रंग- पर्पल

शुभ अंक- 09

मीन राशि:

आज का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। टेक्सटाइल का बिजनेस करने वालों को आज बड़ा आर्डर मिलने की संभावना बन रही है, जिससे उनके बिजनेस को बढिय़ा ग्रोथ मिलेगी। आज आप किसी अजनबी व्यक्ति के साथ अपनी पर्सनल चीजों को शेयर करने से बचें, जिससे आप किसी भी नुकसान से बचें रहें। दाम्पत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी , बच्चों का प्यार मिलेगा। माता – पिता के साथ तीर्थ – यात्रा पर जाने का प्लान बनाएंगे। आज आप भाई – बहनों के साथ खूब इंजॉय करेंगें, उनके साथ डिनर पर भी जा सकते है।

शुभ रंग- ग्रे

शुभ अंक- 06

***************************

 

उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने की गोपाल खेमका के परिजनों से मुलाकात

कहा- नहीं बचेंगे अपराधी

पटना ,05 जुलाई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बिहार की राजधानी पटना के सबसे पॉश इलाके माने जाने वाले गांधी मैदान क्षेत्र में व्यवसायी और उद्योगपति गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या की घटना के बाद एक बार फिर से प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। इस बीच, बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा गोपाल खेमका के आवास पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की।

उन्होंने इस क्रम में कहा कि अपराधी किसी हाल में बख्शे नहीं जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि अपराधियों की पहचान कर ली गई है। शोक संतप्त परिजनों से मिलने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि गोपाल खेमका की हत्या केवल एक हत्या नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने की कोशिश है। जो भी इस जघन्य कृत्य में शामिल हैं, चाहे वो धरती के किसी कोने में छिपे हों या पाताल में, खींचकर निकाला जाएगा।

उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि इस घटना का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वयं संज्ञान लिया है। सुस्त और कार्य के प्रति लापरवाह पुलिस अधिकारी भी बख्शे नहीं जाएंगे। गैर जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र से हटाने के लिए वे खुद मुख्यमंत्री से मिलेंगे और इसे लेकर बात करेंगे। यह घटना निंदनीय है। इस घटना में पुलिस की लापरवाही को सरकार नजरअंदाज नहीं कर सकती है। सरकार इस घटना को पूरी गंभीरता से ले रही है।

उन्होंने कहा कि किसी की भी हत्या हो, हमें मर्माहत करती है। जरूरत पड़ी तो एनकाउंटर भी होगा और अगर अपराधियों के घर पर बुलडोजर चलाना पड़े तो प्रशासन पीछे नहीं हटेगा। बिहार पुलिस और प्रशासन को पूरी छूट दी गई है। अब कोई राजनीतिक या कानूनी ढाल नहीं, केवल कठोरतम कार्रवाई होगी। सरकार अपराध को स्वीकार नहीं कर सकती है, एक्शन होगा।

इधर, जनसुराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि यह घटना बहुत दुखद है। बिहार में अब कुछ बचा ही नहीं है। ?उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अब मुख्यमंत्री को अपनी निद्रा से उठना चाहिए। बिहार में सामान्य नागरिक को जीने का अधिकार दे दें, कानून व्यवस्था तो अब बड़ी बात हो गई है।

*****************************

 

कांग्रेस पर जनता को भरोसा नहीं – कैलाश विजयवर्गीय

इंदौर ,05 जुलाई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। मध्य प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि कांग्रेस जनता के बीच विश्वास हो चुकी है, जिसे फिर हासिल करना संभव नहीं है। राज्य सरकार के नगरीय प्रशासन मंत्री विजयवर्गीय ने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कांग्रेस और उनके नेताओं की कार्य प्रणाली पर सवाल उठाए।

बिहार विधानसभा के चुनाव से पहले कांग्रेस की ओर से किए जा रहे वादों पर उन्होंने तंज कसा और कहा की यह ऐसा राजनीतिक दल है जो वादे कभी पूरा नहीं करता।

महाराष्ट्र में हिंदी बोलने वालों के साथ मारपीट को लेकर मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि हम एक भारत की बात करते हैं, भारतीय जनता पार्टी सभी भाषाओं का सम्मान करती है, अनेकता में एकता हमारे देश की विशेषता है। इस तरह के कृत्य बहुत ओछी पॉलिटिक्स वाले है, इनको कहीं न कहीं नुकसान उठाना पड़ेगा। कहीं न कहीं ये समाज में जहर घोलने का काम भी कर रहे हैं।

वही बिहार में कांग्रेस द्वारा वोट बैंक को आकर्षित करने को लेकर महिलाओं को सेनेटरी पैड बांटने के मामले में उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपना विश्वास खो चुकी है।

घोषणा करना बहुत आसान है लेकिन उसका क्रियान्वयन करना जरूरी होता है। कांग्रेस की बात पर आम लोग भरोसा ही नहीं करते क्योंकि उनकी ओर से किए गए वादे कभी भी पूरे नहीं किए गए।

वही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा अधिकारियों को धमकाने वाले बयान पर कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि कुछ नेता सीरियस होते हैं, कुछ नॉन सीरियस होते हैं। जो सीरियस होते हैं उन्हें प्रशासन गंभीरता से लेता है, नॉन सीरियस नेता कुछ भी बोले कोई फर्क नहीं पड़ता है।

दरअसल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पिछले दिनों अधिकारियों को लेकर एक बयान दिया था और कहा था कि कांग्रेस नेताओं ,कार्यकर्ताओं को प्रताडि़त करने वाले अफसर की सूची कांग्रेस बना रही है और अगले चुनाव के बाद कांग्रेस का सत्ता में आना तय है। ऐसे अधिकारियों को कांग्रेस बख्शेगी नहीं। पटवारी के इस बयान पर भाजपा के कई नेताओं ने आपत्ति दर्ज कराई है।

******************************

बिहार में निष्पक्ष चुनाव होना चाहिए, विपक्ष सवाल उठाकर निभा रहा अपनी जिम्मेदारी – राज बब्बर

लखनऊ ,05 जुलाई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बिहार में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के मुद्दे पर विपक्ष के सवालों को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राज बब्बर ने सही ठहराया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के सवालों को गंभीरता से लेते हुए सरकार और चुनाव आयोग को निष्पक्ष चुनाव कराना चाहिए।

राज बब्बर शनिवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा कि हाल के चुनावों में मतदाता सूची और डाले गए वोटों की संख्या में कथित अनियमितताओं पर विपक्ष ने सवाल उठाया है।

लेकिन, सरकार विपक्ष के सवालों का जवाब नहीं दे पाई। विपक्ष सवाल पूछकर अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है। उन्होंने निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग से इन मुद्दों को गंभीरता से लेने की मांग की है।

महाराष्ट्र भाषा विवाद पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राज बब्बर ने कहा कि महाराष्ट्र देश का एक बहुत ही महत्वपूर्ण हिस्सा है। जब हम हिंदी को राष्ट्रभाषा बनाने की बात करते हैं, तो महाराष्ट्र के लोग इसके लिए अपनी जान देने के लिए भी तैयार रहते हैं।

लेकिन, जब बात स्वाभिमान और सम्मान की आती है, तो उन्हें अपनी बात कहने का पूरा अधिकार है। हर राज्य चाहता है कि उसकी पहचान और गौरव को मान्यता मिले, इसमें कोई बुराई नहीं है। यह दूसरों को नीचा दिखाने की बात नहीं है, बल्कि आपसी सम्मान और एकता के साथ खड़े होने की बात है। सरकार को इस पर ध्यान देने की जरूरत है।

संगठन सृजन कार्यक्रम पर कांग्रेस नेता ने कहा, मुझे व्यक्तिगत रूप से लगता है कि यह एक बहुत ही महत्वपूर्ण क्षण है। यह प्रक्रिया कांग्रेस पार्टी के भीतर, खासकर उत्तर प्रदेश में, बहुत पहले शुरू होनी चाहिए थी। हालांकि, नेतृत्व ने, खासकर दिल्ली में बैठे लोगों ने, अब सही कदम उठाए हैं और जिस तरह से यह प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है, उससे विश्वसनीयता बनाने में मदद मिलेगी। इससे लोगों में जिम्मेदारी की भावना भी पैदा होगी।

कांवड़ यात्रा को लेकर हाल में हुई घटनाओं पर राज बब्बर ने कहा कि हर साल जब कांवड़ यात्रा शुरू होती है, तो इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं।

अगर पिछले साल या उससे पहले भी कुछ ऐसा हुआ था, तो क्या सरकार की यह जिम्मेदारी नहीं है कि वह इन मुद्दों को पहले से ही सुलझाए। मामले को पहले से सुलझाने की बजाय, वे कांवड़ यात्रा शुरू होने तक इंतजार करते हैं, यह अच्छी तरह जानते हुए कि पुराने तनाव फिर से उभरेंगे, भावनाएं भड़केंगी और लोग एक-दूसरे पर हमला करेंगे। ऐसा लगता है कि यह जानबूझकर किया जा रहा है।

************************

 

कंगना रनौत का ट्रोलर्स को जवाब, बोलीं – बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचने की कोशिश की, लेकिन…

मंडी ,05 जुलाई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश ने इन दिनों तबाही मचा रखी है। अचानक आई बाढ़, लैंडस्लाइड और बादल फटने से हाहाकार मचा हुआ है।

मंडी सीट से लोकसभा सांसद और बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत अपने क्षेत्र में नजर नहीं आ रही हैं, जिसे लेकर वह ट्रोल हो रही हैं। वह विरोधियों के साथ अपनों के भी निशाने पर आ गई हैं। कंगना रनौत ने शुक्रवार को ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया।

कंगना रनौत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, हिमाचल प्रदेश में लगभग हर साल बाढ़ से होने वाली तबाही को देखना दिल दहला देने वाला है।

मैंने सेराज और मंडी के अन्य इलाकों में बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचने की कोशिश की, लेकिन विपक्ष के सम्मानित नेता जयराम ठाकुर ने सलाह दी कि जब तक संपर्क और प्रभावित इलाकों तक पहुंच बहाल नहीं हो जाती, तब तक इंतजार करें।

लोकसभा सांसद ने बताया कि मंडी डीसी ने शुक्रवार को भी रेड अलर्ट जारी किया है। इस पर अधिकारियों की मंजूरी का इंतजार है, जल्द से जल्द वहां पहुंचूंगी।

सोशल मीडिया पर जयराम ठाकुर का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में पत्रकारों ने पूछा कि कंगना रनौत आपदा में मंडी के प्रभावित इलाकों से दूर क्यों हैं? इस सवाल के जवाब में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें नहीं मालूम कि उन्होंने ऐसा क्यों किया?

जयराम ठाकुर ने कहा, यहां हम लोग मंडी की जनता के साथ जीने-मरने के लिए हैं। जिनको इसकी चिंता नहीं है, उनके बारे में बोलना नहीं चाहता।

कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने एक्स पर जयराम ठाकुर का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, हिमाचल के मंडी में बादल फटने से बहुत नुकसान हुआ है।

पत्रकार ने भाजपा नेता जयराम ठाकुर से पूछा, सांसद कंगना ने इसपर एक ट्वीट भी नहीं किया। उनका जवाब, जिन्हें चिंता है वे बोल रहे हैं, जिसे लोगों की चिंता नहीं है, वह नहीं बोल रहे। मतलब कंगना को लोगों की चिंता नहीं है.

*************************

 

फिर बिगड़ी बोइंग! कोलकाता-बैंकॉक उड़ान रद्द, यात्रियों का फूटा गुस्सा

कोलकाता ,05 जुलाई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब बैंकॉक जाने वाली एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान को तकनीकी खराबी के कारण उड़ान भरने से ठीक पहले रद्द कर दिया गया। विमान में 130 यात्री और चालक दल के सात सदस्य सवार थे। इस घटना के बाद यात्रियों ने एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा किया।

अधिकारियों ने बताया कि थाई लायन एयर की फ्लाइट संख्या स्रु247 को तड़के 2:35 बजे कोलकाता से बैंकॉक के डॉन मुआंग अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए उड़ान भरनी थी।

विमान तय समय पर रनवे की ओर बढ़ा, लेकिन तभी पायलट को विमान के ‘फ्लैप’ में एक तकनीकी समस्या का पता चला। चूंकि उड़ान भरने और लैंडिंग के दौरान फ्लैप एक महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं, इसलिए यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को तत्काल वापस पार्किंग बे में ले जाया गया।

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, यह बोइंग 737 विमान शुक्रवार देर रात 1:35 बजे ही कोलकाता में लैंड हुआ था। लंबी जांच के बाद, एयरलाइन ने उड़ान को पूरे दिन के लिए रद्द करने का फैसला किया।

उड़ान रद्द होने की सूचना मिलते ही यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। कई घंटों के इंतजार से परेशान यात्रियों ने एयरलाइन कर्मचारियों के साथ तीखी बहस की और अपनी नाराजगी जाहिर की।

वहीं, एयरलाइन के एक अधिकारी ने कहा, यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जा सकता था, इसलिए उड़ान को रद्द करने का कठिन निर्णय लेना पड़ा। एयरलाइन द्वारा यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।

****************************